महाराष्ट्र
टिकट न मिलने पर रामदास अठावले ने बयां की दिल की बात,मैं शिरडी से चुनाव लड़ना चाहता था लेकिन...
10 Apr, 2024 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नागपुर। केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने बुधवार को कहा कि वह महाराष्ट्र में शिरडी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन एनडीए गठबंधन की कुछ मजबूरियों के कारण ऐसा नहीं हो सका।
शिरडी सीट पर चुनाव लड़ने की कोशिश की
महाराष्ट्र के एक प्रमुख दलित नेता अठावले ने नागपुर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा,"रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के कार्यकर्ताओं ने उन्हें सत्तारूढ़ एनडीए के साथ रहने और केंद्र में कैबिनेट में जगह देने के लिए कहा है। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि वह लोकसभा जाना चाहते हैं और इसके लिए शिरडी सीट मांगने की कोशिश की है।
कैबिनेट में जगह की मांग की है: रामदास अठावले
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने अपनी पार्टी के मौजूदा सांसद सदाशिव लोखंडे को शिरडी सीट देने का आश्वासन दिया है।
अठावले ने कहा कि देशभर के आरपीआई (ए) कार्यकर्ताओं ने उनसे एनडीए के साथ रहने और कैबिनेट में जगह की मांग की है। मंत्री ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र फड़नवीस के साथ चर्चा की है।
रामदास अठावले ने कांग्रेस पर साधा निशाना
अठावले ने यह भी कहा कि कांग्रेस अफवाह फैला रही है कि सरकार संविधान बदल देगी। उन्होंने लोगों से ऐसी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। मंगलवार को भी अठावले ने कांग्रेस के आरोप को खारिज करते हुए कहा था कि अगर संविधान में बदलाव की कोई कोशिश हुई तो वह इस्तीफा दे देंगे।
उड़ गए होश कर्मचारियों के समोसा खाते ही
9 Apr, 2024 06:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे से एक अजीबोगरीब खबर सामने आई है। यहां पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में एक प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी में सप्लाई किए गए समोसे में कथित तौर पर कंडोम, गुटखा और पत्थर पाया गया है। घटना सामने आने के बाद पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, उनमें सबकॉन्ट्रैक्टिंग फर्म के दो कर्मचारी भी शामिल हैं, जिन्हें समोसे की सप्लाई करने के लिए कहा गया था। बाकी तीन आरोपी भी ऐसी ही एक फर्म के पार्टनर थे, जिन्हें पहले मिलावट के आरोप में हटा दिया गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान रहीम शेख, अजहर शेख, मजहर शेख, फिरोज शेख और विक्की शेख के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि ऑटोमोबाइल फर्म की कैंटीन में खाने-पीने के सामान की सप्लाई करने की जिम्मेदारी कैटलिस्ट सर्विस सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड की थी। हालांकि, कैटलिस्ट सर्विस ने फर्म में समोसा सप्लाई करने का कॉन्ट्रैक्ट मनोहर एंटरप्राइजेज नाम की कंपनी को दिया था। शनिवार को ऑटो फर्म के कुछ कर्मचारियों ने समोसे में कंडोम, गुटखा और पत्थर मिलने की शिकायत की थी।
कंपनी को बदनाम करने की थी साजिश
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि एसआरए एंटरप्राइजेज (जिसका अनुबंध पहले मिलावट के कारण रद्द कर दिया गया था) के कर्मचारियों ने मनोहर एंटरप्राइजेज को बदनाम करने के लिए कंपनी को सप्लाइ किए जाने वाले समोसे में मिलावट करने के लिए अपने दो कर्मचारियों को मनोहर एंटरप्राइजेज में भेजा था।
IPC की इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
इस घटना में अबतक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें से तीन मौजूदा ठेकेदार की फर्म से जुड़े लोग हैं और दो पुरानी फर्म के ठेकेदार से जुड़े हैं। पुलिस ने बताया कि आईपीसी की धारा 328 (जहर के जरिए नुकसान पहुंचाना) और 120बी (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले को लेकर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुरानी फर्म से जुड़े एक और शख्स को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं इस मामले को लेकर आगे की जांच की जा रही है।
'जहां भी सत्ता पाओ, खूब मलाई खाओ' कांग्रेस और INDI गठबंधन का यह एक ही मंत्र
8 Apr, 2024 06:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई, पीटीआई। चंद्रपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव स्थिरता और अस्थिरता के बीच का चुनाव है। एक तरफ बीजेपी और एनडीए है जिसका लक्ष्य देश के लिए कड़े और बड़े फैसले लेना है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और INDI गठबंधन है, जिसका एक ही मंत्र है जहां भी सत्ता पाओ, खूब मलाई खाओ।
संसद की नई इमारत में चंद्रपुर की लकड़ी लगी
पीएम मोदी ने कहा कि चंद्रपुर से इतना सारा स्नेह मिलना मेरे लिए और भी विशेष है। एक चंद्रपुर ही है, जिसने भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए लकड़ी भेजी। नए भारत के प्रतीक संसद की नई इमारत में भी चंद्रपुर की लकड़ी लगी हुई है। चंद्रपुर की ख्याति पूरे देश में पहुंची है। मैं चंद्रपुर के लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
मोदी किसी शाही परिवार में पैदा होकर प्रधानमंत्री नहीं बना
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव 'स्थिरता बनाम अस्थिरता' के बीच का चुनाव है। एक ओर भाजपा-NDA है, जिसका ध्येय है- देश के लिए कड़े फैसले लो, बड़े फैसले लो। दूसरी ओर कांग्रेस और इंडी गठबंधन है, जिसका मंत्र है- जहां भी सत्ता पाओ खूब मलाई खाओ। आज देश का दलित, पिछड़ा, आदिवासी और गरीब... मोदी सरकार को अपनी सरकार मानता है। मोदी किसी शाही परिवार में पैदा होकर प्रधानमंत्री नहीं बना। मोदी एक गरीब परिवार में जन्म लेकर, आपके बीच रहकर, यहां तक आया है।
कांग्रेस कभी नहीं बदल सकती
मोदी ने कहा कि राजनीतिक पार्टियों का दायित्व होता है कि वो जनता की समस्याओं का समाधान करे, लेकिन कांग्रेस पार्टी खुद ही समस्याओं की जननी है। पिछले 10 वर्षों से कांग्रेस सत्ता से बाहर है। आपने NDA को पूर्ण बहुमत दिया। हमने देश की बड़ी-बड़ी समस्याओं का स्थायी इलाज किया है। कड़वे करेले को घी में तलें या शक्कर में घोलें, वो फिर भी कड़वा का कड़वा ही रहता है। ये कहावत कांग्रेस पर सटीक लागू होती है। कांग्रेस कभी नहीं बदल सकती।
नकली शिवसेना वाले महाराष्ट्र में रैली करवाते हैं
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के सांसद भारत के एक और विभाजन की बात कर रहे हैं। इंडी अलायंस के लोग दक्षिण भारत को अलग करने की धमकी दे रहे हैं। इंडी अलायंस में शामिल DMK पार्टी सनातन को डेंगू-मलेरिया कह कर उसके खात्मे की बात कर रही है और नकली शिवसेना वाले उन्हीं लोगों को महाराष्ट्र में रैली करवाते हैं।
डिप्टी CM का एलान एकनाथ शिंदे के बेटे लड़ेंगे चुनाव
6 Apr, 2024 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे 2024 के लोकसभा चुनाव में कल्याण से चुनाव लड़ेंगे। राज्य उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को इसकी घोषणा की है। इस बीच डिप्टी सीएम ने महायुति गठबंधन में विवाद की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि श्रीकांत शिंदे कल्याण से महायुति के उम्मीदवार हैं।
श्रीकांत शिंदे के नाम की घोषणा
महायुति महाराष्ट्र में भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजीत पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का गठबंधन है। शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के मंत्री संभुराज देसाई ने कहा कि श्रीकांत शिंदे के नाम की घोषणा महायुति गठबंधन में एकता को दर्शाती है।
संभुराज देसाई ने कहा 'यह महायुति के लोगों के बीच एकता को दर्शाता है। भाजपा और शिवसेना भाई-भाई हैं, इसलिए आज देवेंद्र फडणवीस ने कल्याण लोकसभा सीट से श्रीकांत शिंदे की घोषणा की और भाजपा के सभी नेता और कार्यकर्ता श्रीकांत शिंदे के साथ होंगे। यही भूमिका है। हमारी महायुति और यह एक अच्छी बात है।'
लोकसभा चुनाव जीतने का विश्वास जताते हुए, शिवसेना नेता ने कहा कि हम 400 से अधिक सीटों के अंतर के साथ एक बार फिर मोदी जी को लाएंगे। हम सभी पीएम मोदी के साथ हैं।
बता दें कि मौजूदा सांसद श्रीकांत शिंदे कल्याण निर्वाचन क्षेत्र से शिवसेना (यूबीटी) की दो बार की पार्षद वैशाली दरेकर से मुकाबला करेंगे। महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव पांच चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई और 20 मई को होंगे। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।
अब पुलिस ने दर्ज किया FIR
5 Apr, 2024 08:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बच्चों को नमकीन खरीदने के लिए पैसे देने पर एक व्यक्ति की पिटाई का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना उस समय हुई, जब 25 वर्षीय शिकायतकर्ता भिवंडी इलाके में एक दरगाह जा रहा था। इस दौरान दो बच्चे शिकायतकर्ता के पास आए और उससे नमकीन खरीदने के लिए पैसे मांगे। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पीड़िता को यह बताने के लिए बाध्य किया कि उसने बच्चों को पैसे क्यों दिए हैं।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि इस दौरान दोनों ने कथित तौर पर पीड़िता को लकड़ी की छड़ी और बेल्ट से पिटाई कर दी। पुलिस ने दोनों की पहचान अमीर कुरैशी और आरिफ कुरैशी के रूप में की है। अधिकारी ने आगे कहा कि पीड़ित का इलाज एक स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा। उन्होंने आगे बताया कि आरोपियों के खिलाफ खतरनाक हथियारों या साधनों से जानबूझकर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।
Lok Sabha Election 2024: NCP- उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कीशरदचंद्र पवार ने
4 Apr, 2024 07:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुबंई। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए NCP- शरदचंद्र पवार ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट गुरुवार को जारी कर दी। पार्टी ने अपनी दूसरी लिस्ट में दो उम्मीदवारों की घोषणा की है। पार्टी द्वारा जारी सूची के मुताबिक, सुरेश म्हात्रे को भिवंडी से लोकसभा का उम्मीदवार बनाया गया है।
वहीं, पार्टी ने बजरंग सोनवणे को बीड सीट से मैदान में उतारा है। मालूम हो कि पार्टी ने इससे पहले अपनी पहली सूची में पांच उम्मीदवारों की घोषणा की थी, जिसमें से सुप्रिया सुले को बारामती से टिकट दिया गया था।
36 साल से फरार चल रहे आरोपी, मौत के घाट 24 साल के एक शख्स को उतारा था
3 Apr, 2024 09:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में 36 साल से अधिक समय से फरार चल रहे एक हत्या मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दरअसल, 30 नवंबर, 1988 को पालघर के वसई इलाके के नवघर में 24 वर्षीय सलीम अकबर अली की एक दुश्मनी के कारण हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में पुलिस ने लगभग 8 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया था। इसमें विजय सुदाम राणे, शंकर बगली माखन, धर्म धर्मेंद्र, शेखर पुजारी, चंद्रशेखर शेट्टी, कुमार होडे, धनंजय बेलूर और क्लैमेंट साइमन लोबो का नाम शामिल था। सभी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत FIR दर्ज की गई थी।
6 आरोपियों तो 1988 में किया गया था गिरफ्तार
मानिकपुर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक राजू माने ने कहा कि बेलूर और लोबो को छोड़कर अन्य छह आरोपियों को 1988 में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा, लोबो बहरीन में था और तीन साल पहले भारत लौटा था। पुलिस की एक जांच टीम ने आरोपी का पता लगाने के लिए तकनीकी और खुफिया जानकारी पर काम किया। पुलिस को हाल ही में सूचना मिली कि लोबो (55) भारत आया है और वसई शहर के मानिकपुर इलाके में रह रहा है।
पुलिस ने जाल बिछाया और लोबो को सोमवार को एक घर से गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान लोबो ने पुलिस को बताया कि उसका अली के साथ लंबे समय से झगड़ा चल रहा था, जिसके कारण अन्य आरोपियों की मदद से उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि बेलूर को पकड़ने के प्रयास अभी भी जारी हैं। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है।
संजय राउत का बड़ा दावा, गद्दारों के लिए खुले नहीं दरवाजे....
2 Apr, 2024 07:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बावजूद महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी के बीच कुछ सीटों को लेकर अभी भी पेंच फंसा हुआ है। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि एमवीए अभी भी प्रकाश अंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) के साथ सीट-बंटवारे पर बातचीत करना चाहते है।
मतपत्र पर चुनाव कराने की मांग
पत्रकारों से बात करते हुए, राउत ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) को खत्म करने और मतपत्र पर चुनाव कराने की अपनी मांग को भी दोहराया। उन्होंने दावा किया कि अगर ईवीएम पर मतदान नहीं हुआ तो भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
सीटों को लेकर अब भी फंसा हुआ पेंच
बता दें कि लोकसभा चुनावों के लिए प्रकाश अंबेडकर एमवीए के साथ बातचीत कर रहे थे। इसमें कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (यूबीटी) पार्टी शामिल थी। लेकिन, हाल ही में उन्होंने 48 में से 20 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की। सेना (UBT) नेता ने दावा किया कि अंबेडकर की पार्टी ने एमवीए के साथ बातचीत बंद कर दी, जिसने उसे अकोला, रामटेक, धुले और मुंबई की एक सीट सहित पांच सीटों का प्रस्ताव दिया था।
एकनाथ शिंदे जल्द खो देंगे अपनी कुर्सी
राउत ने आगे कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जल्द ही अपनी कुर्सी खो देंगे और कहा कि पार्टी के दरवाजे 'गद्दारों' के लिए खुले नहीं हैं। बता दें कि कांग्रेस ने सोमवार को अकोला लोकसभा सीट से डॉ. अभय पाटिल की उम्मीदवारी की घोषणा की। पाटिल मौजूदा भाजपा सांसद संजय धोत्रे के बेटे अनूप धोत्रे और अंबेडकर से मुकाबला करेंगे, जो 2019 के चुनाव में इस सीट से हार गए थे।
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े ड्रग्स मामले.....
1 Apr, 2024 08:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। Sushant Singh Rajput Drugs Case: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े ड्रग्स मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट ने आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े को राहत दी है। हाई कोर्ट ने कहा कि एनसीबी के नोटिस पर 10 अप्रैल तक समीर वानखेड़े के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी।
बॉम्बे हाई कोर्ट ने मांगा जवाब
न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने सोमवार को एनसीबी को 10 अप्रैल तक याचिका पर जवाब देने का निर्देश दिया है। बॉम्बे हाई कोर्ट का कहना है कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े ड्रग्स मामले में एनसीबी के नोटिस पर समीर वानखेड़े के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी।
क्या बोले समीर वानखेड़े के वकील?
इस पर समीर वानखेड़े के वकील राजीव चव्हाण ने हाई कोर्ट को बताया कि NCB के डिप्टी डायरेक्ट संजय सिंह, समीर वानखेड़े के खिलाफ जांच का नेतृत्व नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े ड्रग्स केस के दौरान समीर वानखेड़े उनके वरिष्ठ अधिकारी थे। इसलिए अब संजय सिंह इस जांच का नेतृत्व नहीं कर सकते हैं।
समीर वानखेड़े ने दायर की याचिका
बता दें कि समीर वानखेड़े ने पिछले सप्ताह हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने जांच और उन्हें जारी किए गए नोटिस को चुनौती दी थी। समीर वानखेड़े ने याचिका में दावा किया था कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और यह पूछताछ प्रतिशोध की कार्रवाई है।
एजेंसी ने जारी किए थे आठ नोटिस
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत से संबंधित ड्रग्स मामले और ड्रग्स रखने के लिए एक नाइजीरियाई नागरिक की गिरफ्तारी के एक अन्य केस में वानखेड़े के खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू की है। बता दें कि नवंबर 2023 से मार्च 2024 तक एनसीबी ने आईआरएस अधिकारी वानखेड़े को आठ नोटिस जारी किए है। जिसमें उन्हें एजेंसी के डिप्टी डायरेक्टर संजय सिंह के सामने पेश होने का निर्देश दिया था।
केंद्रीय गृह मंत्री की बहू शामिल बीजेपी में......
30 Mar, 2024 06:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के बीच महाराष्ट्र में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल की बहू अर्चना पाटिल BJP में शामिल हो गई हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, शिवराज पाटिल की बहू अर्चना पाटिल चाकुरकर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गई हैं।
बीजेपी में शामिल होने के बाद क्या बोलीं अर्चना पटेल
भाजपा में शामिल होने के बाद अर्चना पाटिल ने कहा कि मैंने 30 साल सामाजिक क्षेत्र में काम किया है और अब मुझे राजनीतिक क्षेत्र में काम करना है। मैंने कांग्रेस में आधिकारिक तौर पर काम नहीं किया है इसलिए मैं कोई पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल नहीं हुई हूं। ये मेरी पहली पार्टी है।
कौन हैं शिवराज पाटिल
शिवराज पाटिल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। शिवराज पाटिल महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा वह लातूर लोकसभा सीट से सात बार सांसद भी रहे हैं। इसके साथ ही वह दसवीं लोकसभा के अध्यक्ष और देश के गृह मंत्री व रक्षा मंत्री भी रह चुके हैं।
इन नेताओं ने छोड़ा कांग्रेस का साथ
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र कांग्रेस के कई नेताओं ने बीते दिनों पार्टी का साथ छोड़ा है। इनमें अशोक चव्हाण, मिलिंद देवड़ा और बाबा सिद्दिकी शामिल हैं। अशोक चव्हाण बीजेपी में शामिल हो गए हैं, जबकि मिलिंद देवड़ा एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए और बाबा सिद्दिकी ने अजित गुट के नेतृत्व वाली NCP का दामन थामा था।
पांच चरणों में डाले जाएंगे वोट
बता दें कि महाराष्ट्र में लोकसभा के चुनाव पांच चरणों में होंगे। पहला चरण 19 अप्रैल, दूसरा चरण 26 अप्रैल और तीसरा चरण 7 मई को होगा। जबकि चौथे चरण के लिए 13 मई और पांचवें चरण के लिए 20 मई को वोट डाले जाएंगे। लोकसभा चुनाव की मतगणना चार जून को होगी।
विवाद शुरू हुआ लाउडस्पीकर की आवाज पर..........
29 Mar, 2024 06:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर में एक मंदिर में लाउडस्पीकर की आवाज को लेकर दो समुदायों के सदस्यों के बीच जमकर विवाद हुआ। वहीं, इस विवाद के बाद राज्य परिवहन की एक बस पर कथित तौर पर पथराव किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के हवाईअड्डे के नजदीक चिकलथाना इलाके में मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुई घटना के संबंध में कई लोगों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
राज्य परिवहन की एक बस पर किया गया पथराव
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि इलाके में स्थित मंदिर में लाउडस्पीकर की आवाज़ को लेकर दो समुदायों के सदस्यों के बीच झगड़ा हुआ। पुलिस ने हस्तक्षेप किया और भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया। एमआईडीसी सिडको पुलिस स्टेशन के एक अन्य अधिकारी ने कहा, 'राज्य परिवहन की एक बस पर पथराव किया गया।'
एक महिला सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
एक स्थानीय निवासी की शिकायत के बाद, एमआईडीसी सिडको पुलिस ने बुधवार सुबह एक महिला सहित सात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295 ए (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य, किसी भी वर्ग के धर्म का अपमान करके उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा) के तहत मामला दर्ज किया। वहीं, एक कांस्टेबल की शिकायत के बाद, पुलिस ने आईपीसी की धारा 141, 143, 427 (नुकसान पहुंचाने वाली शरारत) और 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत आदेश की अवज्ञा) के तहत दो पहचाने गए और 30-40 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया।
इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को नोटिस जारी किया है।
महाराष्ट्र में शिवसेना ने पूछा- पद अहम या सीट......
28 Mar, 2024 07:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। एक कहावत है – ‘गरीब की जोरू, गांव की भौजाई’। आजकल महाराष्ट्र में ये कहावत कांग्रेस पर सटीक बैठती दिखाई दे रही है। उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस की परंपरागत सीटों पर भी अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। अब कांग्रेस से न रोते बन रहा है, न गाते।
बात ज्यादा पुरानी नहीं है। देश में मोदी लहर उठने से पहले साल 2009 के लोकसभा चुनाव में जिस कांग्रेस-राकांपा गठबंधन ने मुंबई की सभी लोकसभा सीटें जीतकर शिवसेना-भाजपा गठबंधन का सफाया कर दिया था। बुधवार को अपने लिए उसी मुंबई की सीटें घोषित करते समय शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने उसी कांग्रेस-राकांपा से पूछा तक नहीं।
जबकि अब उद्धव ठाकरे की पार्टी का गठबंधन कांग्रेस-राकांपा से है और उस भाजपा के खिलाफ हैं, जिसके सहयोग से साल 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में वह 18 सीटों के अपने सर्वोच्च आंकड़े तक जा पहुंची थी।
कांग्रेस के किले पर शिवसेना लगा रही सेंध
शिवसेना (यूबीटी) ने पश्चिम महाराष्ट्र की उस सांगली लोकसभा सीट पर अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया, जहां आजतक वह कभी न लड़ी है, न जीती है। महाराष्ट्र में कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं मुख्यमंत्री रहे वसंतदादा पाटिल के गृह जिले की इस सीट पर साल 2009 तक लगातार कांग्रेस ही जीतती आई थी। साल 2014 और 2019 का चुनाव वहां से भाजपा ने जीता है। फिर भी कांग्रेस के आग्रह को नजरंदाज करते हुए शिवसेना ने वहां से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया।
कांग्रेस नेताओं से बात करना नहीं चाहते
शिवसेना ही नहीं, वंचित बहुजन आघाड़ी जैसे कम जनाधार वाले दल के नेता प्रकाश आंबेडकर भी कांग्रेस के स्थानीय नेताओं से बात तक नहीं करना चाहते। कुछ दिनों पहले महाविकास आघाड़ी की गठबंधन वार्ता से तंग आकर उन्होंने सीधे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को ही पत्र लिखा था।
प्रकाश आंबेडकर भी प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से बात करना उचित नहीं समझते। शरद पवार खुद चूंकि महाराष्ट्र कांग्रेस के ही बड़े नेता रहे हैं। इस समय कांग्रेस के सभी नेता उनसे एक पीढ़ी बाद के ही हैं।
इसलिए वह भी प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को कोई खास महत्व नहीं देते। उनकी सीधी बातचीत सोनिया गांधी से ही होती है। साल 2019 में उन्होंने ही सोनिया गांधी से बात करके उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया था।
चुनाव से जुड़ी और हर छोटी-बड़ी अपडेट के लिए यहां क्लिक करें
अब महाविकास आघाड़ी के बीच सीटों के बंटवारे में भी वह उस कांग्रेस का पक्ष लेने से कतरा जाते हैं, जो विधानसभा में सबसे कम सदस्यों वाला दल होने के बावजूद अब तक टूट-फूट से बचा रहा है। जबकि खुद उनकी पार्टी राकांपा और शिवसेना के तो दो तिहाई से ज्यादा सदस्य टूटकर दूसरा दल बना चुके हैं।
कांग्रेस नेतृत्व से गुहार लगा रहा नेता
अब सीट बंटवारे में सिर्फ 16 सीटें पाने के बाद कांग्रेस नेताओं के पास अपने केंद्रीय नेतृत्व के सामने गुहार लगाने के सिवाय कोई चारा नहीं बचा है। महाराष्ट्र में कांग्रेस की इसी लाचारी से त्रस्त होकर अशोक चव्हाण जैसे जनाधार वाले नेता और मिलिंद देवड़ा जैसे युवा नेता कांग्रेस छोड़कर जा चुके हैं। क्योंकि मिलिंद देवड़ा को पहले ही अहसास हो गया था कि कांग्रेस उनकी परंपरागत दक्षिण मुंबई की सीट के लिए शिवसेना (यूबीटी) के सामने मुंह नहीं खोलेगा।
'कांग्रेस के लिए एक सीट जरूरी या पद'
जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले द्वारा शिवसेना (यूबीटी) के रवैये पर ऐतराज जताया जाता है, तो शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता संजय राउत कहते हैं कि हम तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की बात कर रहे हैं। ये कांग्रेस को तय करना है कि महाराष्ट्र की एक सीट उसके लिए महत्त्वपूर्ण है, या प्रधानमंत्री पद ।
सीएम शिंदे ने कार्यालय की नेमप्लेट पर मां का नाम किया शामिल
13 Mar, 2024 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को दक्षिण मुंबई में राज्य सचिवालय में अपने कार्यालय कक्ष के बाहर एक नई नेम प्लेट लगवाई है, जिसमें अब उनके पिता से पहले उनकी मां का नाम लिखा हुआ है।उनकी नई नेम प्लेट पर अब 'एकनाथ गंगूबाई संभाजी शिंदे' लिखा है।नेम प्लेट में बदलाव राज्य कैबिनेट के हालिया फैसले के अनुसार किया गया है, जिसमें 1 मई, 2024 को या उसके बाद पैदा हुए सभी बच्चों के लिए आधार और पैन कार्ड जैसे सभी सरकारी दस्तावेजों में उनकी मां का नाम शामिल करना अनिवार्य हो गया है।मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान में कहा गया है कि राज्य कैबिनेट ने आधिकारिक दस्तावेजों में मां का नाम शामिल करने के महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे के ऐतिहासिक प्रस्ताव को लागू करने का फैसला किया है और मुख्यमंत्री ने इसे खुद लागू करके इसकी शुरुआत करने का फैसला किया है।इसमें कहा गया है कि किसी के पिता की तरह ही उसकी मां भी बच्चे के पालन-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और सरकार का मानना है कि उसे उचित मान्यता दी जानी चाहिए।उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फड़नवीस और उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष अजीत पवार ने भी प्रतीकात्मक संकेत के रूप में अपने कार्यालय की नेम प्लेट बदल दी, जिसमें उनकी मां के नाम का उल्लेख है।फड़णवीस की नेमप्लेट पर अब लिखा है, 'देवेंद्र सरिता गंगाधरराव फड़नवीस', जबकि पवार की नेमप्लेट पर लिखा है 'अजीत आशाताई अनंतराव पवार'।
लाउडस्पीकर की आवाज पर शुरू हुआ विवाद
13 Mar, 2024 04:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर में एक मंदिर में लाउडस्पीकर की आवाज को लेकर दो समुदायों के सदस्यों के बीच जमकर विवाद हुआ। वहीं, इस विवाद के बाद राज्य परिवहन की एक बस पर कथित तौर पर पथराव किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के हवाईअड्डे के नजदीक चिकलथाना इलाके में मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुई घटना के संबंध में कई लोगों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि इलाके में स्थित मंदिर में लाउडस्पीकर की आवाज़ को लेकर दो समुदायों के सदस्यों के बीच झगड़ा हुआ। पुलिस ने हस्तक्षेप किया और भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया। एमआईडीसी सिडको पुलिस स्टेशन के एक अन्य अधिकारी ने कहा, 'राज्य परिवहन की एक बस पर पथराव किया गया।'एक स्थानीय निवासी की शिकायत के बाद, एमआईडीसी सिडको पुलिस ने बुधवार सुबह एक महिला सहित सात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295 ए (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य, किसी भी वर्ग के धर्म का अपमान करके उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा) के तहत मामला दर्ज किया। वहीं, एक कांस्टेबल की शिकायत के बाद, पुलिस ने आईपीसी की धारा 141, 143, 427 (नुकसान पहुंचाने वाली शरारत) और 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत आदेश की अवज्ञा) के तहत दो पहचाने गए और 30-40 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया।
सांसद नवनीत राणा को मिली जान से मारने की धमकी
6 Mar, 2024 05:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमरावती सांसद नवनीत राणा को वाट्सएप पर आडियो संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस ने मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने बताया कि सांसद राणा को गत तीन मार्च को धमकी भरा आडियो संदेश भेजा गया है। आरोपित ने संदेश में सांसद राणा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया है। पुलिस ने बताया कि सांसद राणा को 3 मार्च को उनके फोन नंबर पर धमकी भरा संदेश मिला, जिसके बाद उनके निजी सहायक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने राणा के पीए की शिकायत पर छेड़छाड़, पीछा करने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और आगे की जांच जारी है।