बिहार-झारखण्ड
छापामारी के डर से भागे हुए व्यक्ति की मौत
6 May, 2024 01:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आरा। भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अन्तर्गत घाघा गांव में रविवार की रात पुलिस की छापेमारी के डर से भागे एक वारंटी की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। सोमवार की सुबह। गांव स्थित एक खंडहरनुमा घर के पास से फरार वारंटी का शव बरामद किया।
शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश भड़क उठा और आक्रोशित लोगों ने शव के साथ बिहिया -घाघा पथ को जाम कर हो-हंगामा किया। मृतक 75 वर्षीय भीम साह घाघा गांव निवासी स्व. ज्ञानचंद साह के पुत्र थे। पेशे से किसान थे। इधर, हंगामा कर रहे गुस्साए लोग पट्टीदार से जुड़े लोगों पर गला हत्या का आरोप लगा रहे थे। इधर, जगदीशपुर एसडीपीओ राजीव चन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई गंभीर जख्म नहीं पाया पाया गया है। शुरुआती जांच में ह्रदयघात से मौत की आशंका है। वैसे शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल,आरा भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोर्ट से निर्गत वारंट के आधार पर गई थी पुलिस
इधर, मृतक के पुत्र उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2011 में करीब 60 बिगहा जमीन को लेकर पट्टीदार के लोगों से ही मारपीट हुई थी। जिसमें दोनों तरफ से प्राथमिक की भी दर्ज हुई थी। उस समय वे जेल भी गए थे और जमानत पर बाहर आए थे। इस बीच उनका बेल टूट गया था और कोर्ट से वारंट निकल गया था। रविवार की रात उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस घर आई थी। जिसके कारण वे रविवार की रात घर से निकल गए थे। काफी देर जब वह घर पर वापस नहीं लौटे तो देर रात तक उनकी काफी खोजबीन की गई। लेकिन, कुछ पता नहीं चल पाया।
गांव में ही खंडहरनुमा घर के पास मिला शव
सोमवार की सुबह एक व्यक्ति द्वारा सूचना मिली के गांव में ही पुराने उनके घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूरी उनके पुराने घर के खड़ी में एक बुजुर्ग का शव पड़ा है। सूचना स्वजन वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनके पिता का ही शव वहां पड़ा है। इसके बाद इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी गई। दूसरी ओर, मृतक के पुत्र उमेश कुमार गुप्ता ने अपने पट्टीदार से ही चल रहे 60 बिगहा जमीन के विवाद को लेकर पट्टीदार के ही कुछ लोगों पर पिता की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। मृतक के परिवार में पत्नी शकुंतला देवी,तीन पुत्र उमेश कुमार गुप्ता,भोला गुप्ता सुनील गुप्ता व दो पुत्री ममता देवी एवं सीता देवी है। इस घटना के बाद मृतक की पत्नी शकुंतला देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
PM Modi के लिए लिखी ये बात.....
6 May, 2024 01:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। लोकसभा चुनाव के बीच दोनों गठबंधन में लगातार जुबानी जंग जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को सारण में आयोजित अपनी विभिन्न चुनावी सभाओं के लिए निकलने के पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर एक बार फिर हमला बोला। एक्स पर तेजस्वी यादव ने लिखा कि बचपन से सुनते आए हैं कि समाज के बड़े बुजुर्ग ज्ञान-ध्यान और काम की बातें करते हैं, लेकिन यहां 74 वर्षीय प्रधानमंत्री बुजुर्ग होने के बावजूद चुनाव में एक भी काम की बात नहीं कर रहे है?
नौकरी, रोजगार, शिक्षा को लेकर सवाल उठाया
उन्होंने एक बार फिर नौकरी, रोजगार, शिक्षा को लेकर सवाल उठाया और अपनी चुनावी सभाओं का हवाला देकर कहा कि हम नई पीढ़ी के लोग केवल नौकरी, रोजगार, शिक्षा-चिकित्सा और विकास की सकारात्मक बातें ही कर रहे है। वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री जी विभाजनकारी, बैर एवं नफरत को बढ़ावा देने वाली नकारात्मक बातें ही कर रहे हैं।
गरिमामय पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देता
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि यह एक अनुभवी, बुजुर्ग और प्रधानमंत्री के गरिमामय पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देता। चुनाव तो आते-जाते रहेंगे लेकिन इससे समाज व देश की जो हानि होती है, उसकी भरपाई में दशकों लग जाते है। बता दें कि तेजस्वी यादव की रविवार को तबीयत बिगड़ी गई थी। एक चुनावी सभा से लौटने के बाद पटना एयरपोर्ट से उन्हें व्हील चेयर पर बाहर आते देखा गया था। लेकिन, रात भर आराम करने के बाद वे सोमवार को एक बार फिर चुनाव प्रचार के लिए निकल गए हैं।
भरी सभा में नीतीश ने किसको दे डाली चेतावनी?
6 May, 2024 01:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कल्याणपुर (समस्तीपुर)/लखीसराय। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी में भितरघात करने वालों को स्पष्ट चेतावनी दी। किसी का नाम लिए बिना कहा कि हमलोगों के उम्मीदवार के साथ कोई बाएं-दाएं गड़बड़ी कर रहा है।
चुनाव के बाद उससे मुक्ति ले लेंगे। इधर-उधर नहीं करना है। सभी मिलकर समस्तीपुर से एनडीए प्रत्याशी शांभवी के लिए काम करें। इस दौरान उन्होंने लोगों से साथ देने की हामी भी ली।
दरअसल, कल्याणपुर के कालाजार परिसर में आयोजित चुनावी सभा में स्थानीय जदयू (JDU) विधायक व मंत्री महेश्वर हजारी नहीं थे। सभा में उपस्थित उनके भाई राजेश्वर हजारी ने मंच से ही निशाना साधते हुए कहा कि यह गंभीर बात है कि मंत्री रहते हुए महेश्वर हजारी आज दूसरी पार्टी के लिए वोट मांग रहे हैं।
लालू-राबड़ी के कार्यकाल पर निशाना साधा
बता दें कि समस्तीपुर लोकसभा सीट से जदयू (JDU) विधायक के पुत्र सन्नी हजारी कांग्रेस से मैदान में हैं। मुख्यमंत्री रविवार को एनडीए प्रत्याशी समस्तीपुर के कल्याणपुर में शांभवी व लखीसराय में राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के पक्ष में किया चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए लालू-राबड़ी के कार्यकाल पर निशाना साधा। कहा कि उनके राज में शिक्षा, स्वास्थ्य की व्यवस्था ठीक नहीं थी। सड़कें खराब थीं। शाम को लोग डर से घर से नहीं निकलते थे। हमलोगों को जब मौका मिला तो सबके हित में काम किया।
पांचवीं कक्षा बाद लड़कियां पढ़ नहीं पाती थीं
नीतीश ने आगे कहा कि हमसे पहले 15 साल जिनको मौका मिला, उन्होंने सात साल खुद और सात साल पत्नी को सीएम बना दिया। पांचवीं कक्षा बाद लड़कियां पढ़ नहीं पाती थीं। हमलोगों ने पढ़ाई की व्यवस्था की। साइकिल योजना शुरू की। उन्होंने कहा कि छात्राओं को इंटर पास करने पर 25 हजार व स्नातक पास करने पर 50 हजार रुपये दिए जा रहे। पहले पीएचसी में एक महीने में 30 से 40 लोग आते थे। आज हर महीने 11 हजार मरीज पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब वे लोग थे, तब हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा होता रहता था। जब हम आए तब झगड़ा बंद कराया। मुस्लिम हित में किए गए कार्यों को गिनाया। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में पति पत्नी की सरकार में नौ बच्चे पैदा लिए। वे लोग तब से बिहार की जनता के लिए नहीं बल्कि अपने परिवार के लिए काम कर रहे हैं।
2005 के पहले बिहार में अराजकता का माहौल था
नीतीश ने कहा कि हमलोगों के यहां और भाजपा में परिवारवाद नहीं है। हमारे लिए पूरा बिहार परिवार है। बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए वे प्रयासरत हैं। 2005 के पहले बिहार में अराजकता का माहौल था। रंगदारी, लूट, हत्या एवं भ्रष्टाचार का बोलबाला था।
नीतीश ने कहा कि शाम होते ही लोग डर से घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाते थे। भाजपा के साथ मिलकर उन्होंने बिहार से जंगलराज को खत्म किया। सीएम ने कहा कि लड़कियों के शिक्षित होने से प्रजनन दर में कमी आई। जीविका दीदी अच्छा काम कर रही हैं। राज्य में 30 हजार महिला पुलिसकर्मी हैं। उन्होंने अगले विस चुनाव तक 10 लाख नौकरी देने की बात कही। उन्होंने कहा कि कुछ योजनाओं की शिकायत मिली है। चुनाव के बाद जांच कराकर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई कराएंगे। अंत में सूबे की 40 सीटों के साथ ही देश में 400 सीट जीतने के संकल्प को दोहराते हुए फिर नरेन्द्र मोदी को पीएम बनाने की बात कही। सभा में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी आदि मौजूद थे।
पप्पू यादव बिहार छोड़ अचानक धनबाद पहुंचे
6 May, 2024 01:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। बिहार के पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस छोड़ निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे पूर्व सांसद पप्पू यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बाेला। उन्होंने कहा भाजपा (BJP) हमारी सीता को चुरा ले गई, गीता को भी ईडी के दबाव में अपने झांसे में ले लिया। 400 का नारा देकर अपने मुंह मियां मिट्ठू बन रही भाजपा चुनाव हारेगी और आइएनडीआइए राहुल गांधी के नेतृत्व में चार जून के बाद सरकार बनाएगी।
अनुपमा सिंह के प्रचार में धनबाद पहुंचे पप्पू
पप्पू यादव सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार करने धनबाद पहुंचे। सर्वप्रथम बारामुड़ी खटाल पहुंचकर अपने चिरपरिचित अंदाज में खाट पर बैठकर दाल-चावल-चोखा खाया। बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, धनबाद से कांग्रेस की प्रत्याशी अनुपमा सिंह के पक्ष में वोट मांगा। यह भी कहा कि धनबाद के विकास के लिए स्वच्छ एवं अच्छे नेता का चुनाव करें, जो दागदार न हों। अनुपमा सिंह श्रेष्ठ प्रत्याशी हैं। जाते-जाते भाजपा पर तंज भी कसा।
चार जून के बाद पूर्णिया लिखेगा इतिहास
उन्होंने कहा कि पूर्णिया सीट पर आज पूरे विश्व की निगाहें हैं। उनका किसी से भेदभाव नहीं है। परिवार भी उनके साथ है। पूर्णिया में हिंदू न मुसलमान न जाति न धर्म और न ही बाहुबल, इस पर मतदान नहीं हुआ बल्कि उनके कार्यों को देखते हुए पूर्णिया की जनता ने वोटिंग की। सभी लोगों का साथ और प्यार मिला। चार जून के बाद पूर्णिया इतिहास लिखेगा, जिसे पूरा विश्व देखेगा।
तीन लाख वोट से जीतेगी कांग्रेस
पप्पू यादव ने कहा, कम से कम तीन लाख वोट से जीतेंगे। धनबाद से कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह विजयी हो रही हैं। भाजपा की करारी हार होगी। पप्पू यादव ने भाजपा पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा झारखंड बनने में भी कांग्रेस का योगदान है। महिलाएं भाजपा से अलग हो रही हैं। युवाओं में आक्रोश है, किसानों की आवाज दबाई जा रही है। छोटे व्यापारी की हालत खराब है, ये बर्बाद हो चुके हैं। पिछले 10 वर्षों में झारखंड के अंदर एक भी फैक्ट्री नहीं लगी। रोजगार की आस में युवा पलायन कर रहे हैं। भाजपा के विरोध में लहर है। कांग्रेस ही इसका जवाब है।
पुलिस कस्टडी में चाचा के श्राद्ध कर्म में शामिल होने पहुंचे हेमंत सोरेन
6 May, 2024 01:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन जेल से बाहर निकले हैं। वह अपने चाचा के श्राद्ध कर्म में शामिल होने रामगढ़ के नेमरा गांव पहुंचे हुए हैं।
अलग अंदाज में दिखे पूर्व सीएम
इस दौरान पूर्व सीएम कुछ अलग अंदाज में दिखे। उनका नया लुक सामने आया, जो काफी हद तक उनके पिता शिबू सोरेन जैसा है। हेमंत सोरेन ने यहां पहुंचकर अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया। उन्हें देख उनकी मां रूपी सोरेन भावुक हो गईं। बता दें कि हाई कोर्ट ने उन्हें पुलिस कस्टडी में इस कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति प्रदान की है।
31 जनवरी को हुई थी पूर्व सीएम की गिरफ्तारी
श्राद्ध कर्म में शामिल होने के बाद पुनः बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार जाएंगे। गौरतलब है कि हेमंत सोरेन की ओर से एक दिन की औपबंधिक जमानत मांगी गई थी, जिस पर हाई कोर्ट ने अनुमति नहीं प्रदान की। कोर्ट ने उन्हें पुलिस कस्टडी में शामिल होने की छूट प्रदान की और इस दौरान मीडिया से दूर रहने का निर्देश दिया। बता दें कि रांची के बड़गाई अंचल के 8.86 एकड़ जमीन मामले के आरोपित पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने 31 जनवरी की रात को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था।
8 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी के बाद हत्या
6 May, 2024 01:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पेटरवार (बोकारो)। ओरदाना पंचायत क्षेत्र में आठ वर्षीय आदिवासी बच्ची की दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। बच्ची पेटरवार थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। बताया गया कि वह अपने चचेरे मामा की शादी में अपने पिता, दादी एवं अपने छोटे भाई के साथ आई हुई थी।
शादी की पार्टी में खाना खाने के बाद उसकी दादी रात करीब नौ बजे घर में जारी गीत-नृत्य के बीच उसे छोड़कर किसी काम से अंदर गई। जब वह बाहर निकली तो बच्ची नहीं दिखी। इसके बाद स्वजन उसे खोजने लगे, परंतु उसका कहीं से कोई पता नहीं चला। इधर, रविवार की सुबह करीब छह बजे घर से लगभग 300 मीटर की दूरी पर झाड़ी में वह मृत मिली। बच्ची के गले में रस्सी से दबाने के निशान पाए गए। शव की जो स्थिति थी, प्रथम दृष्ट्या दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या की आशंका पुलिस ने व्यक्त की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बेवजह आचार संहिता का मामला दर्ज करने का विरोध
कसमार प्रखंड के दुर्गापुर में रविवार को जेबीकेएसएस कसमार ईकाई की बैठक प्रखंड अध्यक्ष प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में एक मई को बोकारो जिला निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान पुलिस प्रशासन के द्वारा नगडी थाना द्वारा जिस तरह गिरफ्तारी करने का प्रयास किया गया, उसकी निंदा की गई। बैठक में मुखिया अमरेश कुमार महतो ने कहा कि कार्यकर्ताओं और समर्थकों को वेवजह आचार संहिता का उल्लंघन करने का मामला दर्ज करने का प्रयास किया गया। साथ ही केंद्रीय पदाधिकारी फरमान खान, रिजवान अंसारी, संजय महतो के ऊपर मुकदमा दर्ज कर आधी रात को बोकारो सिटी थाना के पुलिस जबरन उठाकर ले गई, जो सही नहीं है।
मतांतरित मां ने बेटे की चर्च में कराई शादी
6 May, 2024 01:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुमला। अहीर सेना के प्रदेश अध्यक्ष राम लखन गोप की अध्यक्षता में रविवार को सोसो मोड़, गुमला में बैठक की गई। बैठक में गुमला में ईसाई मिशनरियों द्वारा चंगाई सभा के नाम पर मतांतरण कराने के मामले पर नाराजगी जताई गई।
मतांतरण का प्रलोभन देने वाले मिशनरी एजेंसी और मतांतरित होने वाले अहीर समाज के लोगों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यह गंदा खेल बंद नहीं होगा तो अहीर सेना मुखर होकर इसका विरोध करेगी। बताते चलें कि स्व. सुरेन्द्र गोप की पत्नी अनिता देवी विलिवर्स चर्च के संपर्क में है और इसाई धर्म का अनुसरण कर रही है।
रिश्तेदारों ने विरोध किया और सभी वापस लौट गए
यह मामला तब प्रकाश में आया जब अनिता देवी ने अपने पुत्र विशाल गोप की शादी के लिए अपने रिश्तेदारों को निमंत्रण दिया और घर पर हिंदू रीति से शादी नहीं कराकर चर्च में विवाह कराकर अपने पुत्र और बहु को ले घर लाई। इसका सभी रिश्तेदारों ने इसका विरोध किया और सभी उसके घर से वापस लौट गए।
इधर, जब इसकी जानकारी अहीर सेना को हुई तो समाज के प्रतिनिधिमंडल और अन्य सदस्य उनके घर पहुंचे। भीड़ देखकर अनिता देवी घर से भाग गई। उसकी बेटी नेहा कुमारी ने बताया कि नहीं चाहते हुए भी उसकी मां जबरदस्ती उसका मतांतरण कराना चाहती है। पूजा करने से रोकती है।
भगवान की तस्वीर या मूर्ति नहीं रखने देती
उनके घर पर किसी भगवान की तस्वीर या मूर्ति नहीं रखने देती है। विशाल गोप की शादी ठेठईटांगर प्रखंड के सेमरकुदर गांव की युवती से हुई है। संरक्षक शिवदयाल गोप, सचिव देवनारायण गोप ने नेहा कुमारी को हनुमान चालीसा भेंट किया और मुन्नी देवी ने नेहा के हाथ में रक्षा सूत्र बांधकर हिंदू धर्म के रीति रिवाज की रक्षा करने का संकल्प दिलाया।
मंत्री आलमगीर के पीएस के 6 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापामारी
6 May, 2024 01:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। रांची से ईडी की एक और बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आ रही है। राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के पीएस (निजी सचिव) संजीव कुमार लाल के छह ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापामारी चल रही है।
निजी सचिव के ठिकाने से 25 करोड़ कैश बरामद
इस दौरान टीम को 25 करोड़ रुपये नकद मिले हैं। ये रुपये संजीव कुमार लाल के नौकर के घर में रखे गए थे। इस सिलसिले में ईडी की पूछताछ जारी है और रुपयों के स्रोत पर जानकारी ली जा रही है। संजीव कुमार लाल के नौकर जहांगीर आलम यहीं रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू में रहते हैं और रुपये भी यहीं से मिले हैं। कुल छह ठिकानों पर छापामारी चल रही है।
पुदांग के सेल सिटी भी पहुंची ईडी की टीम
इसके अलावा, पुंदाग के सेल सिटी में भी ईडी की टीम (ED Raid) पहुंची हुई है। वहां पथ निर्माण विभाग से जुड़े इंजीनियर के यहां छापमारी चल रही है। प्रारंभिक सूचना है कि 23 फरवरी, 2023 को गिरफ्तार ग्रामीण कार्य विभाग के तत्कालीन मुख्य अभियंता वीरेंद्र राम से जुड़े मामले में यह छापमारी चल रही है। वीरेंद्र राम के पास सवा सौ करोड़ की संपत्ति का ईडी ने खुलासा किया था।
अवैध बालू परिवहन करते 5 ट्रैक्टर पुलिस ने किया जब्त
6 May, 2024 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लोहरदगा । लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र सीठियो कोयल नदी से 5 ट्रैक्टर को ज़ब्त किया गया है । बालू माफियाओं द्वारा रविवार को बालू का खनन कर परिवहन किया जा रहा था जिसकी सूचना जिले के पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा को मिलने पर जिला पुलिस बल और प्रशिक्षु एस पी सह थाना प्रभारी वेदांत शंकर, एस आई मनोज कुमार ए एस आई जमशेद खान द्वारा क्षेत्र में अवैध बालू खनन व परिवहन मामले में छापेमारी करते हुए सीठियो कोयल नदी से 5 ट्रैक्टर को ज़ब्त कर सेन्हा थाना में ला कर सुरक्षित रखा गया गया । इस संदर्भ में जिला खनन पदाधिकारी राजा राम प्रसाद के लिखित आवेदन पर बालू माफियाओं द्वारा अवैध तरीके से बालू उठाव कर विभाग का राजस्व क्षति करते हुए चोरी छुपे लगातार बालू ढुलाई करने के आरोप में सेन्हा थाना कांड संख्या 31/24 दर्ज कर खनन अधिनियम की धारा 379,411 के तहत अवैध तरीके से बालू परिवहन करने के मामले में ट्रैक्टर मालिक व चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किया गया है । एक साथ पांच ट्रैक्टर जब्त होने पर बालू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। मौके पर प्रशिक्षु एसपी सह थाना प्रभारी वेदांत शंकर,एस आई मनोज कुमार ए एस आई जमशेद खान शस्त्र पुलिस पुलिस बल शामिल थे ।
गोलघर के पास झुग्गियों में लगी भयंकर आग, करीब 6 गैस सिलेंडर फटे
5 May, 2024 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना । बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को एक बार फिर भीषण आग लगी है। राजधानी के मध्य क्षेत्र में स्थित गोलघर के पास झुग्गियों में दोपहर को भयंकर आग लग गई। यहां कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए। हालांकि अब पता चला है कि करीब 6 गैस सिलेंडर फटे हैं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने अब आग पर लगभग काबू पा लिया है।
आग लगने की इस घटना में किसी के हताहत होने की अभी तक कोई सूचना नहीं है। इससे पहले बताया गया था कि पछुआ हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। ऐसे में आग बुझाने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही थी। जानकारी यह भी मिली कि बीच-बीच में गैस सिलेंडरों के विस्फोट होने की आवाज भी सुनाई दी। बाद में बताया गया कि करीब 6 गैस सिलेंडर में विस्फोट हुआ है। धमाकों की वजह से इलाके में दहशत का माहौल है। आग लगने के बाद सामने वाली सड़क पर लोगों की भीड़ जुटी रही। वहीं फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग पर काबू पाने में लगे रहे।
लूट के बाद बदमाशों ने की रिटायर महिला प्रधानाध्यापक की हत्या
5 May, 2024 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंगेर । मुंगेर के असरगंज थाना क्षेत्र के रहमतपुर बासा गांव में घर में अकेले रह रही रिटायर प्रधानाध्यापक मंजू कुमारी की बदमाशों ने हत्या कर दी। हत्या के पहले पहले बदमाशों ने लूटपाट की है। यह घटना गुरुवार की देर रात की है। महिला के 2 पुत्र हैं इनमें से एक भागलपुर और दूसरा देवघर में रहते हैं। सुबह विक्रमपुर गांव के एक लोग महिला की बेटी के कहने पर शिक्षिका का हालचाल लेने पहुंचे। जब वे लोग घर के अंदर पहुंचे तो शिक्षिका का शव दिखा।
कमरे में गोदरेज सहित अन्य सामान बिखरा था। शिक्षिका के पति मुरलीधर उपाध्याय की मौत भी 1980 में गोली लगने से हो गई थी। महिला मध्य विद्यालय गोपी स्कूल में प्रधानाध्यापिका के पद से सेवानिवृत हुई थी। घटना की सूचना पर पुलिस तारापुर डीएसपी सिंधु शेखर सिंह सहित कई थाने की पुलिस पहुंची। तारापुर डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने बताया की बदमाशों ने शिक्षिका की हत्या पैर-हाथ बांध कर की है। घर में समान बिखरा मिला है। भागलपुर से फारसेंसिक टीम पहुंच रही है। साथ ही उनके दोनों बेटे को घटना की जानकारी दे दी गई है।
चुनाव में जवनो के स्वास्थ्य का रखा जाएगा विशेष ध्यान
4 May, 2024 01:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। लोकसभा चुनाव को लेकर राज्य के सभी जिले में पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पुलिस उप महानिरीक्षक चुनाव कोषांग ने सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति से पूर्व राज्य भर की पुलिस को सात बिंदुओं पर दिशा-निर्देश जारी किया है।
सभी एसपी मुख्यालयों को भेजा पत्र
सभी जिले के एसपी को मुख्यालय के निर्देश का पत्र भी भेजा गया है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट तौर पर सभी जिले की पुलिस से कहा है कि चुनाव ड्यूटी करनेवाले सुरक्षा बल के जवानों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। जवानों के भोजन और पानी की ठोस व्यवस्था के साथ रहने व जरूरत के हिसाब से इलाज की भी पूरी व्यवस्था हर जिले में होनी चाहिए। मुख्यालय ने गर्मी को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों के लिए पूरी सावधानी बरतने के लिए कहा है।
सुरक्षा बलों के लिए ये व्यवस्था करने का निर्देश
चुनाव कार्य के लिए प्रतिनियुक्त किए जानेवाले सुरक्षा बलों को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त तथा स्थानीय चिकित्सक के सहयोग से प्लाटूनवार एक-एक फास्ट ट्रैक किट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिसमें सभी जरूरी दवा उपलब्ध रहेंगे। अधिक से अधिक ओआरएस तथा इलेक्ट्रोल पाउडर की उपलब्धता पूर्व से ही सुनिश्चित की जाए। चुनाव कार्य में लगे सुरक्षा बलों को इसे ससमय उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो सके।
सभी जिले में सत्तू, प्याज, नींबू और कच्चे आम आदि की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा बलों के इस्तेमाल के लिए साफ पीने का पानी उपलब्ध कराया जाए। सुरक्षा बलों के आवासन स्थल पर घड़ा/सुराही की पर्याप्त उपलब्धता पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाए। सुरक्षा बलों के लिए अगर मेस (भोजनालय) चलाया जा रहा है तो वहां भोजन और रसोईया की गुणवता सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा बलों को उपलब्ध कराई जानेवाली दवा व खाद्य पदार्थ की निर्माण व अंतिम तिथि जरूर चेक करें। उनकी गुणवत्ता खराब न हो।
पाल और अमृत होटल में झुलसने से 8 लोगों की मौत, किसी की गिरफ्तारी नहीं
4 May, 2024 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना । जंक्शन गोलंबर के पास पाल और अमृत होटल में झुलसने से आठ लोगों की मौत मामले में आठ दिनों बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इस मामले में कोतवाली थाने में दोनों होटलों के मालिक के खिलाफ गैर जमानती धारा में केस दर्ज है।
केस दर्ज होने के बाद से दोनों होटल मालिकों का नंबर बंद हैं। दोनों घर पुलिस दो बार छापेमारी भी कर चुकी है लेकिन वह नहीं मिले। तकनीकी अनुसंधान कर उनकी लोकेशन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। डीएसपी विधि व्यवस्था कृष्ण मुरारी ने बताया कि दोनों नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके घर पर दबिश भी दी गई लेकिन वह नहीं मिले। न ही अग्निशमन विभाग की रिपोर्ट मिली है।
गौरतलब है कि 25 अप्रैल को जंक्शन गोलंबर के पास पाल होटल के रेस्टोरेंट के किचन में सिलेंडर ब्लास्ट से आग लग गई थी। पाल होटल के साथ ही अमृत होटल भी आग की चपेट में आ गया था। रेस्टोरेंट में खाना खाने वाले और होटल में ठहरने वाले 40 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया था। इसमें एक दर्जन लोग झुलस गए थे। जबकि घटना के बाद देर बाद 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया था। इसके बाद उपचार के क्रम में 2 अन्य लोगों की मौत हो गई। घटना के दिन केस दर्ज करने के दौरान पहले जमानती धारा लगायी थी बाद में दोनों होटल मालिक और अन्य अज्ञात के खिलाफ गैर जमानती जोड़ी गयी। इसके बाद पुलिस ने दावा कि कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 8 लोगों की मौत होने के 8 दिन बाद भी पुलिस केस दर्ज करने के अलावा किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं कर सकी है।
पलामू में पीएम मोदी का बड़ा हमला
4 May, 2024 01:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। पीएम मोदी आज यानी शनिवार को भी झारखंड दौरे पर हैं और पलामू में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी अपने एक वोट के महत्व को बहुत अच्छी तरह जानते हैं।
2014 में आपके एक वोट ने ऐसा काम किया कि पूरी दुनिया भारत के लोकतंत्र की ताकत को सलाम करने लगी थी। आपने 2014 में अपने एक वोट से कांग्रेस की महाभ्रष्ट सरकार को हटा दिया था। आपके एक वोट ने BJP-NDA की सरकार बनाई।
पीएम मोदी ने बताई वोट की ताकत
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आपके इस एक वोट की ताकत से आज भारत का पूरी दुनिया में डंका बज रहा है। 500 साल से हमारी कितनी ही पीढियां संघर्ष करती रही, इंतजार करती रही, लाखों लोग शहीद हुए, 500 साल लंबा संघर्ष चला। शायद इतिहास में इतना लंबा संघर्ष कहीं नहीं हुआ, जो अयोध्या में हुआ। 500 साल में जो काम नहीं हुआ, आपके एक वोट से वो कार्य पूरा हुआ और आज अयोध्या में राम मंदिर बन गया। आपके एक वोट की ताकत से जम्मू कश्मीर में धारा 370 की दीवार को जमीन में गाड़ दिया गया। हमारे झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और आंध्र प्रदेश में, पशुपति से लेकर तिरुपति तक नक्सलवाद, आतंकवाद फैला कर यहां की धरती को लहूलुहान कर देता था। आपके एक वोट ने कितनी ही माताओं की आस पूरी की और इस धरती को नक्सलवादी आतंकवाद से मुक्ति दिला दी।
कांग्रेस पर बोला हमला
एक वो स्थिति थी, जब आतंकी हमले के बाद कांग्रेस की डरपोक सरकार दुनिया भर में जाकर रोती थी, लेकिन आज स्थिति ये है कि पाकिस्तान दुनिया भर में जाकर रो रहा है। आज पाकिस्तान के नेता कांग्रेस के शहजादे को पीएम बनाने के लिए दुआ कर रहे हैं, लेकिन मजबूत भारत तो अब मजबूत सरकार ही चाहता है। पूरा हिंदुस्तान कह रहा है - मजबूत भारत के लिए मजबूत सरकार, मजबूत सरकार के लिए मोदी सरकार। कांग्रेस के शहजादे मोदी के आंसुओं में अपनी खुशी ढूंढ रहे हैं। कहते हैं कि मोदी के आंसू अच्छे लगते हैं। निराश-हताश लोग अब कुंठित हो गए हैं। एक कहावत है - जाके पांव न फटी बिवाई, वो क्या जाने पीर पराई! कांग्रेस के शहजादे की हालत वही है।
25 सालों में एक भी घोटाले का आरोप नहीं
आपके आशीर्वाद से सीएम और पीएम के रूप में देशवासियों की सेवा करते हुए मुझे अब 25 साल हो जाएंगे। इन 25 वर्षों में आपके आशीर्वाद से मोदी पर एक पैसे के घोटाले का भी आरोप नहीं लगा है। मैं आज भी पद, प्रतिष्ठा, सुख-समृद्धि से दूर आज भी वैसा ही हूं, जैसा आपने मुझे यहां भेजा था। मोदी मौज नहीं, मिशन के लिए पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि JMM-कांग्रेस के नेताओ ने भ्रष्ट्राचार से अपार धन संपदा खड़ी की है। संपत्ति हो, राजनीति हो, सब कुछ ये अपने-अपने बच्चों के लिए अर्जित कर रहे हैं। ये उनके लिए विरासत में ढेर सारी काली कमाई छोड़ कर जाएंगे
25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले
मोदी के 10 साल के सेवाकाल में 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले हैं। इसलिए वो आज भाजपा को आशीर्वाद दे रहे हैं। इन गरीब भाई-बहनों के आशीर्वाद ही मेरी शक्ति और मेरी पूंजी है। मैं तो गरीबी का जीवन जीकर आया हूं। इसलिए 10 वर्षों में गरीब कल्याण की हर योजना की प्रेरणा, मेरे जीवन के अनुभव ही हैं। जब आज लाभार्थियों से मिलता हूं, तो खुशी के मारे आंसू आ ही जाते हैं। ये आंसू वही समझ सकता है, जिसने गरीबी देखी हो, जिसने कष्ट में जीवन गुजारा हो। मोदी यहां रोजगार बढ़ाना चाहता है, आपके जीवन में खुशहाली लाना चाहता है, लेकिन कांग्रेस वालों की नजर आपकी जमीन जायदाद पर पड़ गई है। कांग्रेस-JMM को और कुछ नजर ही नहीं आता है।
धर्म के आधार पर वोट बैंक नहीं देने दूंगा
मेरे आदिवासी, दलित और पिछड़े भाई-बहन लिख कर रख लें कि जब तक मोदी जिंदा है तब तक दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के आरक्षण में से रत्तीभर भी मैं धर्म के आधार पर उनके वोट बैंक को नहीं देने दूंगा। मैं संविधान से कोई भी छेड़छाड़ नहीं करने दूंगा। कांग्रेस और INDI गठबंधन ने एक और खतरनाक बात कही है। ये लोग अब SC-ST-OBC का आरक्षण छीन लेना चाहते हैं। जब हमारा संविधान बन रहा था, तभी संविधान निर्माताओं ने मिलकर तय किया था कि भारत में कभी भी धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा। लेकिन अब कांग्रेस-JMM और RJD सब मिलकर आदिवासियों, पिछड़ों व दलितों के आरक्षण में डाका डालकर उसे धर्म के आधार पर मुसलमानों को देना चाहते हैं। कांग्रेस ये ऐलान कर रही है, लेकिन JMM और RJD इस पर चुप हैं और इसे अपनी मौन सहमति दे रहे हैं।
दोपहर 1 बजे गुमला में जनसभा को करेंगे संबोधित
इसके बाद पीएम गुमला के सिसई में दोपहर जनसभा करेंगे और यहां मोदी लोहरदगा से भाजपा प्रत्याशी समीर उरांव के समर्थन में वोट की अपील करेंगे। शुक्रवार को भी पीएम मोदी ने राज्य में जनसभा को संबोधित किया था।
लोकसभा सीट के इस प्रत्याशी को जारी हुआ नोटिस
4 May, 2024 01:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बोकारो। गिरिडीह लोकसभा की निर्वाची पदाधिकारी विजया जाधव ने जयराम महतो को नोटिस जारी कर सात मई को नामांकन पत्र की संविक्षा के दौरान सभी प्रस्तावकों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
जारी नोटिस में कहा गया है कि जयराम कुमार महतो. पिता-कृष्ण प्रसाद महतो, पता- ग्राम मानटांड, चितरपुर, तोपचांची, जिला-धनबाद को सूचित किया जाता है कि आपने 1 मई को 06-गिरिडीह लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष 3 सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया है।
सभी हस्ताक्षर संदेहास्पद हो रहे प्रतीत
नोटिस में यह भी लिखा गया है कि आपके द्वारा समर्पित नाम निर्देशन पत्र में उल्लेखित प्रस्तावक में से सभी का हस्ताक्षर संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है। जिसका सत्यापन किया जाना आवश्यक है। इस संबंध में आपको अवगत कराने हेतु 06-गिरिडीह लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के सहायक निर्वाची पदाधिकारी ने आपके मोबाइल संख्या 7543097890 पर संपर्क किया गया पर आपके द्वारा फोन नहीं उठाया गया एवं आपसे किसी प्रकार का प्रति उत्तर भी प्राप्त नहीं हुआ। सूचित किया जाता है कि यह नोटिस आपके नाम-निर्देशन पत्र में उल्लेखित पते पर एवं दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित की जा रही है। सभी प्रस्तावकों के वैध कागजात के साथ सात मई को 11 बजे से 12.30 बजे तक उपस्थित हो।
गिरफ्तारी के डर से गायब हो गए थे जयराम
एक मई को नामांकन के बाद नगड़ी थाने में दर्ज मामले को लेकर गिरफ्तार करने पहुंची रांची पुलिस को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने सभा करने के बाद गिरफ्तारी देने की बात कहकर भीड़ में गायब हो गए थे।