बिहार-झारखण्ड
'ये लोग धर्म के आधार पर देना चाहते हैं आरक्षण', अश्विनी चौबे ने लालू यादव पर साधा निशाना
8 May, 2024 12:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के मुसलमानों को आरक्षण देने वाले बयान पर BJP नेता व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे (Ashwini Choubey) ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ये लोग धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहते हैं।
'महागठबंधन जीरो पर समाप्त हो जाएगा'
मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र और कर्नाटक में उनका व्यवहार इस बात को स्पष्ट कर रहा है। ये लोग पिछड़ों, अनुसूचित जाति और अति पिछड़े सभी का आरक्षण धर्म के नाम पर मुसलमानों को देना चाहते हैं। इन लोगों की सरकार नहीं बनने वाली है केवल पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार बनेगी। देश में फिर से तीसरी महाशक्ति हम बनने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भूल से अगर इनकी सरकार बन जाए तो ये लोग आरक्षण का पूरी तरीके से दुरुपयोग करेंगे। वहीं तेजस्वी यादव के दावे पर कहा कि इस चुनाव में महागठबंधन जीरो पर समाप्त हो जाएगा। खानदान नहीं बचेगा। बता दें कि मुसलमानों को आरक्षण दिलवाने को लेकर जिस तरह से राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का बयान सामने आया। इसपर फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पलटवार किया। इसके बाद लालू यादव बैकफुट पर आ गए है। उन्होंने कहा कि आरक्षण का आधार धर्म नहीं बल्कि सामाजिक पिछड़ापन होता है। पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को इतनी सी भी समझ नहीं है। लालू प्रसाद यादव ने कहा था कि मंडल कमीशन हमने लागू करवाया है। क्या नरेंद्र मोदी ने कभी मंडल कमीशन और उसकी सिफारिशें पढ़ी है? मंडल कमीशन में 3500 से अधिक पिछड़ी जातियों को आरक्षण मिलता है, जिसमें अन्य धर्मों की भी सैकड़ों जातियों को आरक्षण मिलता है। ये हमसे बड़े और असली ओबीसी नहीं ना है? हमसे ज्यादा गरीबों, पिछड़ों और दलितों की इनको समझ नहीं है। ये लोग बस एक-दूसरे को लड़ाते है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के संविधान और जननायक कर्पूरी ठाकुर जी द्वारा दिए गए आरक्षण को खत्म करने की संघियों और भाजपाइयों की पुरानी ख्वाहिश और साजिश रही है।
अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दंपती को रौंदा...पत्नी की मौत, पति घायल
8 May, 2024 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छपरा: बिहार के छपरा जिले में मंगलवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बालू लदे ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। इस हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा है।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
जानकारी के मुताबिक, घटना छपरा-रेवा मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नेवाजी टोला चौक के समीप की है। मृत महिला की पहचान गड़खा थाना अंतर्गत साहोसराय गांव निवासी राजू सिंह की 34 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी के रूप में की गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शिक्षक राजू सिंह अपनी पत्नी मुन्नी देवी (34) के साथ मोटरसाइकिल से अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान बालू लदे अनियंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इस घटना में मुन्नी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने शव के समीप रोड जाम कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया और जाम हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। बताया जाता है कि मुन्नी देवी आंगनबाड़ी में काम करती थी। घायल को बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया है।
'PM अगर हिन्दू-मुसलमान ना करें तो पार्षद का चुनाव तक नहीं जीत सकते', राजद नेता मनोज झा का हमला
8 May, 2024 11:42 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: राजद नेता मनोज झा (Manoj Jha) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अगर हिन्दू और मुसलमान ना करें तो वे पार्षद का चुनाव तक नहीं जीत सकते हैं।
'पीएम के स्क्रिप्ट राइटर बड़ा नुकसान करा रहे'
मनोज झा ने कहा कि मंडल कमीशन की रिपोर्ट से देश की राजनीति और सामाजिक ढांचा बदला है। पीएम को पढ़ना चाहिए, उसमें अन्य धर्मों के लोग भी हैं। पीएम के स्क्रिप्ट राइटर बड़ा नुकसान करा रहे हैं। आपको ये क्या हो जाता है प्रधानमंत्री जी? आप हिंदू मुसलमान नहीं करेंगे तो पार्षद और पंचायत का चुनाव लड़ने की क्षमता आप में नहीं है। देश के पीएम की ये जुबान होनी चाहिए? उनको डर उन्हीं (लालू परिवार से) से हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की पार्टी अधिकतम 200 सीटों पर संघर्ष करने जा रही है। मैं 125-150 सीटें कहना चाहता था, लेकिन मैं अहंकार की भाषा नहीं बोलना चाहता। (बिहार में सभी 5 सीटों से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और मुझे नहीं लगता कि एक भी सीट भाजपा को मिलेगी।
बता दें कि राजद चीफ लालू यादव ने कहा था कि मुसलमानों को पूरा आरक्षण मिलना चाहिए। वहीं, लालू यादव के बयान पर पीएम मोदी ने मध्यप्रदेश के धार में चुनावी सभा के दौरान पलटवार किया और कहा था कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने अपनी बहुत खतरनाक साजिश पर खुद ही मुहर लगा दी है। इतने दिनों से मैं देश से कह रहा था कि कांग्रेस और उसके साथी बहुत खतरनाक खेल में लगे हैं, आज इंडिया गठबंधन के सबसे बड़े नेता ने इससे पर्दा भी उठा दिया है। ये बिहार में अभी-अभी जेल से बाहर आए हैं। लालू यादव ने मीडिया के सामने साफ कहा है कि INDI गठबंधन की सरकार आई तो देश में मुसलमानों को आरक्षण देंगे और पूरा का पूरा देंगे। INDI गठबंधन का कहना है कि ये पूरा का पूरा आरक्षण छीनकर मुसलमानों को देंगे।
मधेपुरा में दो जगहों पर वोट बहिष्कार के साथ शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, 61 प्रतिशत पड़े वोट
8 May, 2024 10:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मधेपुरा में मंगलवार को शांतिपूर्ण माहौल में तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव का मतदान संपन्न हो गया। शाम 6 बजे तक 61 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। पिछले वर्ष 60.62 प्रतिशत मतदान हुआ था। दिनभर मौसम खुशनुमा बने रहने से मतदाताओं को परेशानी नहीं हुई। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे और पूरव हवा चलती रही। इस वजह से सुबह में मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ मतदान केंद्रों पर देखने को मिली। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही मतदान की रफ्तार कुछ धीमी हुई। लेकिन 3 बजे के बाद एक बार फिर मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ बढ़ने लगी। शहरी क्षेत्र की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं में अधिक उत्साह देखने को मिला। खासकर दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर महिलाओं की भीड़ अधिक देखी गई।
दो जगह लोगों ने किया वोट का बहिष्कार
जिले के दो जगहों पर सुबह में वोट बहिष्कार की बात भी सामने आई थी, लेकिन बाद में अधिकारियों के समझाने के बाद लोग मतदान के लिए तैयार हो गए। मदनपुर पंचायत के मैनिरही में लोगों ने सड़क की मांग को लेकर वोट बहिष्कार किया था। इस वजह से दोपहर 12 बजे तक मतदान केंद्र पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं मुरलीगंज के दीनापट्टी सखुआ में भी लोगों वोट बहिष्कार किया था। दोनों जगह पर वरीय अधिकारियों के समझाने के बाद ग्रामीणों ने मतदान किया।
राजद-जदयू के बीच सीधा मुकाबला
मधेपुरा लोकसभा सीट पर वैसे तो 8 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। लेकिन सीधा मुकाबला राजद के कुमार चंद्रदीप और जदूय के दिनेशचंद्र यादव के बीच है। 2019 के लोकसभा चुनाव में दिनेशचंद्र यादव ने राजद के कद्दावर नेता शरद यादव को 3 लाख से अधिक मतों से पटखनी दी थी। हालांकि इस बार दोनों के बीच कांटे की टक्कर होने की संभावना है। यहां चुनाव में क्षेत्रीय मुद्दें गौण रहे। हालांकि कुछ जगहो पर युवा रोजगार को लेकर मतदान करने की बात कही।
बिहार के इन इलाकों में आज भी बारिश के आसार;
8 May, 2024 10:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। पटना सहित बिहार के कई जिलों में मंगलवार की बारिश ने लोगों को तेज लू (भीष्म उष्ण लहर, उष्ण लहर) से काफी हद तक राहत दी है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में स्पष्ट कर दिया था कि पूर्वी हवा के प्रभाव के कारण तापमान में गिरावट होगी और 7 मई से 11 मई के बीच प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से तेज गति की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार को अपने पूर्वानुमान में बताया है कि दक्षिण मध्य, दक्षिण पूर्व के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्य स्तर की वर्षा होगी। जबकि उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य, उत्तर पूर्व, दक्षिण पश्चिम बिहार के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्य स्तर की वर्षा होने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहा। समग्र बिहार भीषण गर्मी के प्रकोप में था। पूर्वी हवा के प्रभाव के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बिहार के अधिकांश भागों में दर्ज हुई है। मंगलवार जो बिहार के उत्तर पूर्वी भाग पर चक्रवर्ती परिसंचरण बना हुआ था वह आज कमजोर पर गया है। पिछले दो दिनों से धीरे-धीरे बंगाल की खाड़ी से नम हवा बिहार की ओर आ रहा था। जिस कारण बस समग्र बिहार पर बादल बने हुए हैं। यहां पर जिस बारिश का इंतजार है वह खत्म होगा।
मौसम विभाग ने कहा- सावधान रहें
आज बिहार के उत्तर पूर्वी भाग एवं तराई वाले जिलों में वर्षा का पूर्वानुमान है। कल से पूरे बिहार के कुछ जगहों पर गरज, चमक तेज हवा के साथ हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है। अब समय आ गया है सतर्क रहने का। धीरे-धीरे काल बैसाखी का प्रकोप होने की संभावना बन रही है। इस समय जो बादल बनते हैं एक तरफ गर्मी रहती है उसके बाद अचानक बादल बनना शुरू हो जाते हैं। यह जो बादल बनते हैं बहुत घने और छोटे दायरे में होते हैं। जिस क्षेत्र से गुजरते हैं भयंकर गर्जना तेज हवा के साथ बारिश होती है। इस तरह के मौसम से सतर्क रहें। अगर बाहर हो तो घर के अंदर चले जाए। पेड़ों के नीचे खड़े होना खतरा है।
जानिए, इन जिलों में का अधिकतम तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार के जिला में अधिकतम तापमान दर्ज किए गए वह इस प्रकार हैं। पटना 33.0, भागलपुर 32.4 ,पूर्णिया 31.2 ,वाल्मीकि नगर 31.4, मुजफ्फरपुर 30 8 छपरा 32.3, दरभंगा 32.0, सुपौल 30.4, डेहरी 37.6, मधुबनी 33.4, मोतिहारी 32.8, शेखपुरा 36.8, गोपालगंज 33.5, जमुई 35.4, बक्सर 35.0, भोजपुर 34.9, समस्तीपुर 31.2, औरंगाबाद 37.4, बेगूसराय 31.3, खगड़िया 30.8, बांका 33.5, कटिहार 30.0, अररिया 29.2, जीरादेई 33.8, पूसा 31.0, किशनगंज 28.0, अरवल 37.0 और बिक्रमगंज 35 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई।
नीतीश कुमार फिर बोले लड़का-लड़की के बारे में
7 May, 2024 01:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तारडीह (दरभंगा)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा 2005 से पहले किसकी सरकार थी, यह याद है ना। लोगों को रात में निकलने में डर लगता था। जब से हमारी सरकार आई तब से रात में लड़का-लड़की सब साथ में घूमते हैं। अब डर नहीं लगता है।
वे सोमवार को तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा में एनडीए प्रत्याशी गोपालजी ठाकुर के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवंबर 2005 से हम सरकार में हैं। तब से बिहार के विकास के लिए काम कर रहे हैं। बिना नाम लिए कहा कि वे (Lalu Yadav Rabri Devi) तो राज्य में 15 साल राज किए। हट गए तो अपनी पत्नी को बना दिए।
उन्हें सिर्फ परिवार की चिंता
नीतीश ने आगे कहा कि अब बेटे-बेटी को बना रहे। नौ-नौ गो बेटा-बेटी पैदा किए। उन्हें सिर्फ परिवार की चिंता है। उनके राज में न तो कहीं बिजली थी, ना आने-जाने का रास्ता। कानून व्यवस्था नहीं थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका परिवार राज्य और देश है। हम काम करते हैं और वे कमाने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा से हम लोगों का संबंध तो 1995 से है। बीच में गलतियां हो गईं, जिसे सुधार लिया गया है। सीएम ने कहा कि बिहार में अब लड़कियां पढ़ रही हैं। पहले प्रजनन दर अधिक थी, लेकिन जब लड़कियां पढ़ती हैं तो प्रजनन दर घटती है। महिलाओं को नौकरी में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया है।
अभी तक चार लाख को रोजगार मिल गया
नीतीश ने कहा कि बिहार पुलिस में देश व अन्य राज्यों के अनुपात में सबसे ज्यादा महिला पुलिसकर्मी आज राज्य में हैं। उनकी सरकार ने यह तय किया है कि इस कार्यकाल के खत्म होते-होते 10 लाख को सरकारी नौकरी और 10 लाख को रोजगार देंगे। अभी तक चार लाख को रोजगार मिल गया है। एक लाख को बहुत जल्द मिलने वाला है। जरूरत पड़ी तो उसके आगे भी नौकरी दी जाएगी।
नीतीश ने कहा कि 17 माह के कार्यकाल में की गई बहाली को वे (Tejashwi Yadav) अपना कार्य बताते हैं, जबकि इसके लिए रोडमैप पूर्व में ही तैयार कर लिया गया था। लड़कियों के साथ राज्य की महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक क्षेत्र में हिस्सेदारी बढ़ाई गई। पंचायत, नगर निकाय के चुनाव में आरक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह जीविका की भी चर्चा की। राज्य में स्वयं सहायता समूह बहुत समृद्ध है। 10 लाख 51 हजार स्वयं सहायता समूह में एक करोड़ 31 लाख महिलाएं जुड़कर आर्थिक और सामाजिक रूप से समृद्ध हो रही हैं।
साइबर अपराधी ठगी करने के नए-नए पैंतरे अपना रहे है
7 May, 2024 01:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भागलपुर। विदेशों में विभिन्न कंपनियों में बेहतर जाॅब दिलाने का झांसा देने वाले साइबर ठग जाॅब दिलाने के नाम पर लिंक भेज झटके में खाता खाली कर दे रहे हैं। बीते एक साल में साइबर शातिर दो दर्जन से अधिक पढ़े-लिखे लोगों के बैंक खाते से लाखों का चूना एक झटके में लगा चुके हैं।
MBA की छात्रा के खाते से लगभग दो लाख गायब
साइबर ठगी के शिकार लोगों में एमबीए की छात्रा, मेडिकल प्रोफेशनल, इंजीनियर आदि भी शामिल हैं। जरा भी ऐसे अनचाहे मैसेज या लिंक को टच किया नहीं कि आपके साथ साइबर फ्राॅड हो सकता है। जोगसर थानाक्षेत्र के हनुमान नगर की रहने वाली एमबीए की छात्रा अंशिका प्रिया से नौकरी के नाम पर खाते से एक लाख 75 हजार रुपये की साइबर ठगी एक झटके में कर ली गई।
घटना की बाबत छात्रा अपने मौसेरे भाई निशांत के साथ जोगसर थाने में 15 फरवरी 2024 की शाम शिकायत की थी। छात्रा बेंगलुरु में रहकर एमबीए की पढ़ाई कर रही थी। वहां से वह भागलपुर स्थित हनुमान नगर स्थित मौसी के यहां आई थी। इस दौरान उसके मोबाइल पर एक यूएस की कंपनी में नौकरी का अवसर बता लिंक भेजा गया था। जिसे क्लिक करते ही उसके खाते से एक लाख 75 हजार रुपये की निकासी कर ली गई।
स्त्री रोग विशेषज्ञ वीणा सिन्हा को लगा चुके हैं छह लाख का चूना
22 दिसंबर 2023 को साइबर शातिर ने इस बार स्त्री रोग विशेषज्ञ वीणा सिन्हा के खाते से छह लाख 35 हजार रुपये का चूना लगा दिया था। साइबर ठगी की जानकारी पर डा.सिन्हा के पुत्र सत्यशील कुमार ने जोगसर थाने में केस दर्ज कराया था। अब तक मामले में पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी है। एक दिसंबर 2023 को सुबह नौ बजे इंटरनेट बैंकिंग को ओपन किया। इंटरनेट बैंकिंग खोलने के तुरंत बाद चार चरणों में छह लाख 35 हजार रुपये की निकासी कर ली गई थी।
नाइजीरियन फेसबुक फ्रेंड ने 80 हजार का लगाया चूना
नाइजीरियन फेसबुक फ्रैंड सारा मोंबाटा ने 27 दिसंबर को साइबर ठगी को अंजाम देते हुए बेंगलुरु के बनसंकरी इलाके में रहने वाले इंजीनियर राकेश अग्रवाल को 80 हजार रुपये का चूना झटके में लगा दिया था। मामले में अब तक पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। पुश्तैनी जमीन के कागजात दुरुस्त कराने भागलपुर पहुंचे राकेश अग्रवाल को उनकी नाइजीरियन फेसबुक फ्रेंड सारा मोंबाटा ने व्हाट्सएप्प काॅल कर बताया था कि वह इंडिया पहुंची है। दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग के अधिकारियों ने उसे रोक रखा है। पेनाल्टी के रूप में पांच लाख रुपये भरने को कह रहे हैं।
फेसबुक फ्रेंड के उस रिक्वेस्ट पर राकेश ने मोंबाटा के खाते में 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिये। रुपये ट्रांसफर के बाद उसने मोबाइल पर काॅल रिसीव करना ही बंद कर दिया। अब तक मामले में साइबर टीम को कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
60 करोड़ में यूपी से खरीदा गया था प्रश्न पत्र
7 May, 2024 01:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। नीट (नेशनल एंट्रेंस कम एलिजिबिलिटी टेस्ट) परीक्षा में गड़बड़ी की आशंका में डीएवी स्कूल, बोर्ड कालोनी से गिरफ्तार अभ्यर्थी आयुष राज ने चौंकाने वाला राजफाश किया है। इससे प्रश्न पत्र लीक की पुष्टि हो गई है और तार झारखंड से जुड़ गए हैं।
पटना पुलिस ने शास्त्री नगर थाने में प्रश्न पत्र लीक की प्राथमिकी की है। इसमें अब तक एक अभ्यर्थी की मां, राजफाश करने वाले आयुष के पिता समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों में दानापुर नगर परिषद का कनीय अभियंता सिकंदर यादवेंदु भी शामिल है।
झारखंड नंबर की डस्टर कार और मोबाइल बरामद
इनके पास से झारखंड नंबर की डस्टर कार एवं मोबाइल बरामद हुए हैं। प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने वाला राकी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है, पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही किंग पिन का पता चलेगा, जिसने प्रश्न पत्र उड़ा कर गुर्गों के बीच बांटे। पुलिस को अब तक मिली जानकारी में पता चला है कि नालंदा के नगरनौसा प्रखंड की भूतहाखार पंचायत के बलवा पर गांव निवासी कुख्यात परीक्षा माफिया संजीव कुमार ने रॉकी को प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए थे।
40 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था
संजीव के पुत्र डॉ. शिव कुमार का नाम गत मार्च में बीपीएससी टीआरई 3 प्रश्न पत्र लीक में सामने आया था, उसे मध्य प्रदेशके उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था, अभी जेल में है। संजीव की पत्नी ममता देवी भूतहाखार पंचायत की मुखिया रही हैं। ममता 2020 में हरनौत से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
वह विजेता की निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहीं थीं। अभ्यर्थी के अभिभावकों ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि प्रति अभ्यर्थी 40 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने वालों ने कहा था कि राकी ने संजीव के माध्यम से 60 करोड़ में उत्तर प्रदेश से प्रश्न खरीदा था।
आयुष ने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि परीक्षा से एक दिन पूर्व (चार मई) की रात ही उसे प्रश्न पत्र और उनके उत्तर मिल गए थे। परीक्षा माफिया के लोगों ने रामकृष्ण नगर के खेमनीचक स्थित लर्न ब्वायज हास्टल एवं लर्न प्ले स्कूल में रात भर रखकर प्रश्नों के उत्तर रटवाए थे। वहां उसके जैसे 20-25 अन्य छात्र भी थे।
दूसरे दिन गिरोह के सदस्य सभी छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक लेकर गए थे। आयुष ने पुलिस की पूछताछ में दावा किया कि जिन प्रश्नों के उत्तर उसे रटवाए गए थे, वे ही प्रश्न परीक्षा में शत प्रतिशत मिले थे। ऐसे में पुलिस मान रही है कि प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही माफिया के माध्यम से अभ्यर्थियों तक पहुंच गए थे।
गाड़ी के नंबर से पकड़े गए सेटर
रविवार को एक केंद्रीय एजेंसी की रांची (झारखंड) इकाई से एसएसपी को नीट का प्रश्न पत्र लीक होने की सूचना मिली। उन्हें डस्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर (जेएच01बीडब्ल्यू-0019) के बारे में बताया गया कि इस गाड़ी में परीक्षा माफिया के लोग घूम रहे हैं। इसके बाद कार की खोज शुरू हुई।
शास्त्री नगर थाना अध्यक्ष अमर कुमार के नेतृत्व में टीम ने रविवार की दोपहर 2:05 बजे राजवंशी नगर मोड़ के पास घेराबंदी कर पटेल भवन की ओर से आ रही कार को रोक लिया। उसमें सिकंदर यादवेंदु (पुसहों, विधान थाना, समस्तीपुर), अखिलेश कुमार (सुल्तानपुर, दानापुर) और बिट्टू कुमार (बड़का गांव, गढ़ नोखा, रोहतास) सवार थे।
कार के डैश बोर्ड में मिला था आयुष का एडमिट कार्ड
तीनों सवारों समेत कार शास्त्री नगर थाने लाई गई। वहां पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो डैश बोर्ड के सेल्फ से चार नीट अभ्यर्थी अभिषेक कुमार, शिवनंदन कुमार, आयुष राज और अनुराग यादव के एडमिट कार्ड मिले। सख्ती से पूछताछ करने पर सिकंदर ने बताया कि इन सभी विद्यार्थियों को उसने अलग-अलग सेंटरों पर परीक्षा देने के लिए पहुंचाया है।
चूंकि, आयुष शास्त्री नगर थाने के समीप बोर्ड कालोनी स्थित डीएवी स्कूल में परीक्षा दे रहा था तो पुलिस वहां फौरन पहुंच गई। केंद्राधीक्षक ने एडमिट कार्ड देख कर पुलिस को बताया कि यह अभ्यर्थी कमरा नंबर 28 में परीक्षा दे रहा है। पुलिस सेंटर के बाहर ही खड़ी रही, जैसे ही आयुष निकला, उसे पकड़ लिया गया। आयुष ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसे शनिवार की रात प्रश्न पत्र व उत्तर रटवाए गए थे, इसके बाद वह परीक्षा देने आया था।
सिकंदर ने चार साथियों के उगले नाम
गिरफ्तारी के बाद कनीय अभियंता सिकंदर ने संजीव सिंह, राकी, नीतीश और अमित आनंद के नाम बताएं, जिनके माध्यम से वह नीट में धांधली करवाता था। राकी प्रश्न पत्र उपलब्ध कराता था। शेष सदस्य रुपये देने वाले अभ्यर्थियों की तलाश करने से लेकर उत्तर रटवाने और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने व लाने का काम करते थे। पुलिस ने रविवार की देर रात खेमनीचक, कोतवाली, जक्कनपुर, राजीव नगर और दानापुर क्षेत्र में छापेमारी की। वहां से आठ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इनके नाम नहीं बताए हैं।
रांची सिविल कोर्ट के एडीजे सात विशाल श्रीवास्तव की अदालत ने गवाही बंद कर दी है
7 May, 2024 01:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। हाईकोर्ट और सरकार द्वारा बार-बार एमपी/एमएलए से जुड़े मुकदमों से संबंधित सरकारी/निजी गवाहों को कोर्ट में पेश कर ट्रायल पूरा करने पर जोर दिया जाता है। वहीं, कुछ मामलों में शिथिलता भी बरती जाती है।
मामले में ये बनाए गए थे नामजद अभियुक्त
हजारीबाग जिले के बड़कागांव के ढेंगा में 14 अगस्त, 2015 को हुए चर्चित गोलीकांड के मामले में रांची सिविल कोर्ट के एडीजे सात विशाल श्रीवास्तव की अदालत ने गवाही बंद कर दी है। मामले को लेकर बड़कागांव थाना कांड संख्या 167/15 दर्ज किया गया था, जिसमें पूर्व विधायक योगेंद्र साव, उनकी पत्नी निर्मला देवी सहित दर्जनों लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था।
इस वजह से कोर्ट ने बंद की गवाही
सरकार की तरफ से केस के सूचक तत्कालीन एसडीओ अनुज प्रसाद, अनुसंधानकर्ता इंस्पेक्टर अवधेश सिंह और चिकित्सक के साथ तत्कालीन थाना प्रभारी रामदयाल मुंडा की गवाही नहीं कराई जा सकी। कोर्ट द्वारा बार-बार गवाहों को बुलाने के बावजूद सरकार द्वारा गवाह नहीं पेश किए जाने पर कोर्ट ने गवाही बंद कर आगे की कार्यवाही करते हुए आरोपियों के बयान दर्ज कराने का आदेश दे दिया है।
किसान अधिकार महारैली में हुई थी झड़प
कांड के सूचक अनुज प्रसाद, रामदयाल मुंडा अभी नौकरी में हैं, वहीं कांड के अनुसंधानकर्ता अवधेश सिंह सेवानिवृत्त होकर हजारीबाग जिले के केरेडारी में एक कंपनी में सुरक्षा सलाहकार की नौकरी कर रहे हैं। बता दें कि किसान अधिकार महारैली के दौरान पुलिस-पब्लिक के बीच हुई झड़प में छह लोग घायल हो गए थे। जबकि, पुलिस की चार्जशीट में किसी के घायल होने का जिक्र नही किया गया था, जिसे लेकर हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट दायर किया गया था। हाईकोर्ट में सरकार की तरफ से शपथ दायर कर बड़कागांव थाना कांड संख्या 167/2015 की घटना में लोगों के घायल होने की बात स्वीकार करते हुए सीआइडी से जांच कराने की बात कही गई थी।
वहीं, ट्रायल कोर्ट ने जब सरकार द्वारा सीआइडी जांच के आदेश और हाईकोर्ट के आदेश पर सहायक लोक अभियोजक से जवाब मांगा तो चार महीने बाद कोर्ट में यह जवाब दिया गया कि हाईकोर्ट ने ऐसा कोई आदेश नहीं दिया है।
चार सीटों पर मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई....
7 May, 2024 01:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड में लोकसभा चुनाव के तहत तीसरे चरण (देश के छठे) की चार सीटों पर मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया संपन्न हो गई। अंतिम दिन गिरिडीह संसदीय सीट पर एनडीए से आजसू के उम्मीदवार चंद्रप्रकाश चौधरी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसी सीट पर आइएनडीआइए से झामुमो के उम्मीदवार मथुरा महतो ने भी नामांकन किया।
रांची से कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी ने दाखिल किया नामांकन
वहीं, रांची संसदीय सीट पर आइएनडीआइए से कांग्रेस उम्मीदवार यशस्विनी सहाय ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया। तीसरे चरण की चार सीटों पर अंतिम दिन कुल 50 उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें रांची के 16, गिरिडीह के 12, जमशेदपुर के 12 तथा धनबाद के 10 उम्मीदवार सम्मिलित हैं। इन सीटों पर अब तक 118 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है।
इन उम्मीदवारों ने नामांकन लिया वापस
इनमें गिरिडीह लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से 25, धनबाद से 28, रांची से 33 और जमशेदपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से 32 उम्मीदवार सम्मिलित हैं। इधर, दूसरे चरण (देश का पांचवां) की सीटों में मंगलवार को कोडरमा में दो उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। वहीं, चतरा में भी एक उम्मीदवार जयप्रकाश भोगता ने नाम वापस लिया है। इन्होंने भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर बागी होकर नामांकन कर दिया था। वहीं, हजारीबाग सीट पर नामांकन दाखिल करने वाले सभी उम्मीदवार डटे रहे गए। यहां कोई नामांकन वापस नहीं हुआ।
नामांकन वापसी के बाद इतने लड़ेंगे चुनाव
नामांकन वापसी के बाद तीनों सीटों पर कुल 54 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। नामांकन वापसी के बाद चतरा में कुल 22 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। कोडरमा में 15 उम्मीदवारों के बीच हार-जीत का फैसला होगा। वहीं, हजारीबाग लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से किसी भी उम्मीदवार द्वारा नामांकन वापस नहीं लेने के कारण यहां कुल 17 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।
गिरिडीह उपचुनाव में अर्जुन बैठा सहित सभी हैं डटे
झारखंड विधानसभा के गांडेय उपचुनाव में भी नामांकन वापसी के अंतिम दिन किसी भी उम्मीदवार ने अपनी उम्मीदवारी वापस नहीं ली। यहां से कुल 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यहां आजसू से बागी होकर नामांकन दाखिल करनेवाले अर्जुन बैठा भी चुनाव मैदान में डटे रह गए। इन्होंने भी नाम वापस नहीं लिया।
दुल्हन की मांग भरकर फिर गया जेल
7 May, 2024 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गिरिडीह। शहर के दुखिया महादेव मंदिर में अमूमन जलाभिषेक और शादी की शहनाई बजती रहती है, लेकिन सोमवार को मंदिर परिसर में अलग ही माहौल था। यहां एक जोड़े की शादी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ था। आखिर, हो भी क्यों नहीं, सेहरा बांधकर आए दूल्हे के हाथों में हथकड़ी जो लगी थी। पुलिस अधिकारी और जवान साथ थे। कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं था। हवाला दिया गया कोर्ट के आदेश का।
आरोपित बंदी ने पीड़िता के साथ लिए सात फेरे
पता चला कि कोर्ट के आदेश पर लड़का पैरोल पर सुरक्षा के बीच मंदिर पहुंचा था। उस पर दुष्कर्म का आरोप था। उसी लड़की के साथ उसने सात फेरे लिए। दरअसल, इस शादी की पटकथा पहले प्यार फिर धोखे से घिरी रही। अंतत: जेल में बंद आरोपित ने पीड़िता के साथ शादी कर ली। न्यायालय के आदेश पर आरोपित बंदी ने हथकड़ी लगाए पीड़िता के साथ सात फेरे लिए।
शादी में किया गया था भोज का इंतजाम
न्यायालय के आदेश पर आरोपित को सुबह 10 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच अजीडीह स्थित बाबा दुखहरण नाथ मंदिर लाया गया। पीड़िता के परिवार वालों के साथ आरोपित के परिवार के लोग शादी की तैयारी किए थे। मंदिर के पुजारी ने दोनों की शादी कराई। इस शादी के लिए न्यायालय से चार घंटे का विशेष पैरोल दिया गया था। शादी के बाद मंदिर परिसर में रस्म अदायगी के साथ खान-पान की भी व्यवस्था की गई थी। आरोपित बंदी को दोपहर वापस सेंट्रल जेल लाया गया और नवब्याहता को ससुराल विदा किया गया।
लॉकडाउन के समय दोनों की हुई थी पहचान
बता दें कि यह मामला जमुआ थाना क्षेत्र के बदडीहा का है। पीड़िता ने प्राथमिकी में कहा था कि 2020 में लाॅकडाउन के दौरान उसे गावां थाना क्षेत्र के युवक से मोबाइल पर जान पहचान हुई थी। फिर दोनों मिलने लगे। युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद शादी से इन्कार कर दिया था। इस मामले में आरोपित युवक और पीड़िता के घरवालों में आपस में बात कर दोनों की शादी कराने की बात कही। जेल में बंद आरोपित और पीड़िता शादी के लिए सहमत हुए। दोनों पक्षों के घरवाले न्यायालय में आकर आवेदन किया और शादी कराने के लिए न्यायालय से आदेश की मांग की थी। न्यायालय ने जेल में बंद आरोपित की शादी मंदिर में कराने का आदेश दिया था।
अब ED तैयारी में आलमगीर को घेरने की
7 May, 2024 01:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। लोकसभा चुनाव के मध्य में ही मंत्री आलमगीर आलम के करीबियों के आवास से करोड़ों रुपये की बरामदगी ने सत्ताधारी गठबंधन पर सवाल उठा दिए हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बरामद रुपये पिछले दो-तीन महीनों में प्रखंड विकास पदाधिकारियों के तबादलों से अर्जित राशि है।
आलमगीर को घेरने की ईडी की तैयारी
इस राशि का इस्तेमाल अभी चुनाव के दौरान होना था। कुछ ऐसे ही प्रमाण ईडी को भी प्राप्त हुए हैं। इन प्रमाणों के आधार पर अब ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम को घेरने की कवायद में ईडी जुट गई है।
रुपयों की बरामदगी पर आलमगीर का बयान
अपने पीएस के नौकर के आवास से इतनी बड़ी धन राशि बरामद होने पर मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि वह सरकारी मुलाजिम है और उसके खिलाफ सरकार नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
संजीव लाल को हटाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि निश्चित तौर पर उन्हें हटाया जाएगा। वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि ईडी के आधिकारिक बयान पर पार्टी कोई विचार देगी। इसके पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि कौन क्या कह रहा है, वे यह नहीं जानते। जिस संजीव लाल बारे में कहा जा रहा है वह सरकारी पदाधिकारी हैं और उन्हें अपना पीएस उनके अनुभव को देखते हुए बनाया गया था ताकि विभागीय कार्य सुचारू रूप से चले। पीएस संजीव लाल को निश्चित तौर पर हटाने की बात भी आलम ने कही है।
संजीव लाल पहले भाजपाई मंत्रियों के पीए थे
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कैश बरामदगी को लेकर कहा कि वे संजीव कुमार के नौकर के लिए बयान देने के लिए अधिकृत नहीं हैं। यह पहले स्पष्ट होना चाहिए कि मंत्री आलमगीर के पीएस के यहां मिला है या नौकर के यहां मिला है। दूसरी बात यह है कि संजीव लाल पहले किस-किस के पीएस रहे थे। वे भाजपा नेता और मंत्री रह चुके सीपी सिंह और विमला प्रधान के पीएस भी रहे हैं।
ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह कैसे समझ लिया कि यह 15 दिनों का पैसा होगा, एक महीने का या चार साल का होगा। यह 10 साल का भी हो सकता है। प्रधानमंत्री जिस तरह से एजेंडा सेट कर रहे हैं, उससे लगता है कि प्रधानमंत्री ने पहले स्वतंत्र एजेंसी को गुलाम बनाया और अब उस गुलाम एजेंसी के बास बनकर बात कर रहे हैं।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और स्टार प्रचारक राहुल गांधी आज चाईबासा आ रहे हैं।
7 May, 2024 01:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चाईबासा। सिंहभूम लोकसभा में सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। बीती 3 मई को भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाईबासा आये थे। अब अखिल भारतीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सात मई को सुबह 11.30 बजे चाईबासा के टाटा काॅलेज मैदान में एक चुनावी आमसभा को संबोधित करने आ रहे हैं।
जोबा मांझी के लिए राहुल बनाएंगे माहौल
राहुल गांधी की यह आम सभा झारखंड मुक्ति मोर्चा से सिंहभूम लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ रही विधायक सह झारखंड सरकार की पूर्व कैबिनेट मंत्री जोबा मांझी के पक्ष में आयोजित की गई है। सिंहभूम संसदीय क्षेत्र में राहुल गांधी की यह तीसरी चुनावी सभा होगी।
2014 में सन्नी सिंकू के पक्ष में की थी राहुल ने सभा
28 नवंबर, 2014 को राहुल गांधी ने कांग्रेस के जगन्नाथपुर विधानसभा के प्रत्याशी सन्नी सिंकू के पक्ष में सभा की थी। जगन्नाथपुर विधानसभा में सन्नी सिंकू को निर्दल गीता कोड़ा से हार का सामना करना पड़ा था। गीता कोड़ा ने उन्हें भारी बहुमत से चुनाव हराया था। राहुल गांधी की दूसरी चुनावी सभा 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान 8 मई 2019 को कांग्रेस प्रत्याशी गीता कोड़ा के पक्ष में की गई थी। इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी गीता कोड़ा ने भाजपा प्रत्याशी व निवर्तमान सांसद लक्ष्मण गिलुवा को करीब साठ हजार मतों से पराजित कर चुनाव जीता था। अब देखना यह है कि अपनी चौथी चुनावी सभा में राहुल गांधी आइएनडीआइए गठबंधन की प्रत्याशी जोबा मांझी को जीत दिलवा पाते हैं या नहीं।
पिछली बार जिसे जिताने को मांगे थे वोट, अबउसे ही हराने की करेंगे अपील
यहां मजे की बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में तत्कालीन भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण गिलुवा को जीत दिलाने और गीता कोड़ा को हराने के लिए 6 मई 2019 को इस टाटा काॅलेज मैदान में आमसभा की थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में उसी टाटा कालेज मैदान में उसी गीता कोड़ा को भाजपा प्रत्याशी के तौर पर जीत दिलाने के लिए 3 मई 2024 को आमसभा कर चुके हैं। विडंबना यह है कि 2019 में राहुल गांधी जिस गीता कोड़ा को जीताने के लिए आए थे, इस बार उसी गीता कोड़ा को हराने के लिए टाटा कालेज मैदान में आम सभा करेंगे।
ABHA Card बनवाने में नंबर वन रांची
7 May, 2024 01:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (आभा) कार्ड बनवाने में रांची जिला राज्य में पहले स्थान पर है। रांची में 12.96 लाख लोगों का आभा कार्ड बनाया जा चुका है। अब तक दूसरे स्थान पर पूर्वी सिंहभूम और तीसरे स्थान पर धनबाद है।
खूंटी में बना सबसे कम आभा कार्ड
सबसे कम आभा कार्ड खूंटी जिले में बन पाया है, यहां आभा कार्ड की संख्या 1.86 लाख है। खूंटी में कार्ड बनवाने में लोगों के बीच जागरूकता की कमी है। रांची के सिविल सर्जन डा. प्रभात कुमार बताते हैं कि कार्ड बनने का लाभ मरीजों को ही मिलेगा। मरीजों के इलाज से लेकर उनकी सभी जानकारी आभा कार्ड में स्टोर होगी। जिससे उनके इलाज में मदद मिलेगी।
आभा कार्ड में रहेगा मरीज का पूरा हेल्थ रिकाॅर्ड
आभा कार्ड सभी वर्ग के लोगों का बनाया जा रहा है। जिसमें लोगों का पूरा हेल्थ रिकार्ड होगा, जिससे वे कहीं भी इलाज करवा सकेंगे और उनके इलाज की पूरी जानकारी इलाज करने वाले डाक्टर को एक क्लिक में उपलब्ध हो सकेगी। सदर अस्पताल के डाॅक्टरों ने बताया कि आभा कार्ड बनने के बाद लोगों के इलाज में सुविधा मिलेगी, वे देश के किसी भी अस्पताल में इलाज कराते हैं तब भी उनके पिछले इलाज की जानकारी मिल सकेगी।
खुद बनवा सकते हैं कार्ड
आभा कार्ड खुद से भी ऑनलाइन बनवाया जा सकता है। इसके लिए एबीडीएम डाट जीओवी डाॅट इन में जाकर अपनी पूरी जानकारी देने के बाद निबंधन करवा सकते हैं। इसके बाद 14 अंक का नंबर जारी होगा, जिसके माध्यम से कहीं भी अपनी पूरी जानकारी शेयर कर सकेंगे।
विभिन्न जिलों में बने आभा कार्ड की संख्या
रांची 1296792
पूर्वी सिंहभूम 1259279
धनबाद 956724
बोकारो 827062
गिरिडीह 793732
हजारीबाग 791964
पलामू 708238
गोड्डा 555974
देवघर 547749
पश्चिमी सिंहभूम 497570
पाकुड़ 490175
दुमका 474692
गुमला 459779
सरायकेला खरसावां 449514
चतरा 434845
जामताड़ा 431145
गढ़वा 408042
कोडरमा 407016
रामगढ 368024
साहेबगंज 343304
लातेहार 331720
सिमडेगा 301214
लोहरदगा 254609
खूंटी 186049
चेतावनी और चुप्पी के बाद राजग-महागठबंधन में बढ़ा दबाव
6 May, 2024 01:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। भाजपा ने पार्टी छोड़ कर झंझारपुर (मधुबनी) से विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के सिंबल पर चुनाव लड़ने वाले पूर्व एमएलसी (विधान पार्षद) सुमन महासेठ को निलंबित कर अन्य दलों में भी बगावत करने वालों पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा दिया है।
भाजपा की यह पहल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों के साथ-साथ विपक्षी आईएनडीआईए (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के लिए एक चुनौती भी है। वहीं, जदयू ने भी ताबड़तोड़ कई नेताओं को पार्टी लाइन के विरुद्ध स्टैंड लेने के मामले में निष्कासित कर बागियों को कुचलने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो टूक चेतावनी और चुप्पी
अहम यह है कि मंच से जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी बागियों को दो टूक चेतावनी दे चुके हैं। पर, विपक्ष में भी ऐसे बागियों की संख्या कम नहीं है। महागठबंधन में नेतृत्व के निर्णय के विरुद्ध बगावत करने वाले अधिसंख्य राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में ही हैं।
इनमें पूर्णिया में पप्पू यादव के समर्थन में उतरे राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव के अलावा नवादा के दो राजद विधायक एवं एक विधान पार्षद तो राजद प्रत्याशी का मुखर विरोध कर नेतृत्व को अपनी हनक का अहसास करा चुके हैं। लेकिन, अभी तक राजद नेतृत्व चुप्पी साधे हुए हैं। नवादा में राजद के दो विधायक बागी हो गए थे। इनमें विभा देवी और प्रकाश वीर ने निर्दलीय प्रत्याशी विनोद यादव के लिए समर्थन जुटाने का हरसंभव प्रयास किया। यही नहीं, विनोद यादव के समर्थन में राजद विधान पार्षद अशोक यादव ने भी पूरी ताकत झोंक दी थी। लेकिन, राजद की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
चुनाव बाद होगी कार्रवाई
अब पार्टी के विरुद्ध काम करने वाले राजद के बागियों एवं भितरघात करने वालों के बारे में वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता चित्तरंजन गगन का कहना है कि नेतृत्व की नजर हर जगह है। चुनाव बाद कार्रवाई होगी। उधर, कांग्रेस में भी पार्टी लाइन के खिलाफ पश्चिम चंपारण में निर्दलीय ताल ठोकने वाले बागियों एवं दल में रहते हुए भितरघात करने वालों की सूची लंबी होती जा रही है। वाल्मीकिनगर में कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी प्रवेश मिश्रा ने पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
पिछले लोकसभा चुनाव में प्रवेश मिश्रा कांग्रेस से प्रत्याशी थे और वे महज 20 हजार वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे। अबकी बार वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र से राजद ने दीपक यादव को उम्मीदवार बनाया है। प्रवेश की चेतावनी से साफ है कि वह आइएनडीआइए की परेशानी का सबब बनेंगे। अभी छठे चरण के लिए सोमवार पर्चा भरने की आखिरी तिथि है। ऐसे में कुछ और बागियों के आगे आने की संभावना है। वहीं, सातवें चरण में ताल ठोकने को लेकर बागी मचल रहे हैं। अब देखना यह है कि कांग्रेस कैसे बागियों एवं भितरघातियों से निपटती है।