बिहार-झारखण्ड
कटिहार में मोहर्रम जुलूस ने लिया हिंसक रूप:मंदिर पर पथराव के बाद इंटरनेट सेवाएँ निलंबित, पुलिस की कार्रवाई जारी
7 Jul, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के कटिहार जिले के शहर के नया टोला में मोहर्रम के जुलूस के दौरान उपद्रवियों ने इलाके में मौजूद प्राचीन महावीर मंदिर के ऊपर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया. इस दौरान उपद्रवियों ने रास्ते मे पड़ने वाले घरों के खिड़कियों के शीशे, दरवाजों को ईंट-पत्थर मारकर तोड़ा गया है. उपद्रवियों ने घर के आगे लगे बाइक व कार को भी नुकसान पहुंचाया है. वहीं जुलूस के साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने जब उपद्रवियों को रोकने की कोशिश की तो उन लोगों पर भी हमला किया गया.
उपद्रवियों ने इस दौरान पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया जिसके बाद उन्हें भी भाग कर अपनी जान बचानी पड़ी. घटना की जानकारी हिंदू समुदाय के लोगों को हुई तो वो भी मौके पर पहुंच गए. इस दौरान दोनों तरफ से ईंट-पत्थर की बरसात होती रही. मोहर्रम जुलूस में से निकले उपद्रवियों की संख्या ज्यादा जिसकी वजह से मामला जल्द शांत नहीं हुआ. उपद्रवी तोड़फोड़ करते हुए आगे बढ़ गए. घटना की सूचना पर बजरंग दल सहित कई हिन्दू संगठन नया टोला पहुंचे. हिंदू संगठनों ने मंदिर पर हुए हमले पर नाराजगी जताई.
हिंदू संगठनों ने किया विरोध
हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता भी विरोध प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतर गए और जगह-जगह टायर जलाकर सड़क को जाम कर दिया है. घटना की जानकारी मिलते ही कटिहार जिलाधिकारी मनीष कुमार मीणा, एसपी वैभव शर्मा बड़ी संख्या में पुलिस बल लेकर घटनास्थल पर पहुंचे. जिला प्रशासन ने नया टोला क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
पूर्व डिप्टी सीएम मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना पर बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद मौके पर पहुंचे और उपद्रवियों पर करवाई का भरोसा दिलाकर हिन्दू संगठनों को शांत कराया. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, मगर मामला तनावपूर्ण बना हुआ है. जिला प्रशासन अब उपद्रव फैलाने वाले लोगों की पहचान करने में जुट गया है. घटनास्थल के आसपास पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं.
इंटरनेट बंद, आरोपियों के खिलाफ सख्त एक्शन
जिला प्रशासन ने बताया कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और इलाके में अफवाहों को रोकने के लिए और शांति बहाल करने के लिए गृह विभाग (विशेष शाखा) के निर्देश पर इंटरनेट, सोशल मीडिया और मैसेजिंग सेवा पर 24 घंटों के लिए रोक लगा दी गई है. पुलिस ने अपील की है कि लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाएं रखें.
टीचर्स का 'कसूर' बस इतना कि बच्चे को डांटा था, परिजनों ने स्कूल में घुसकर पीटा
7 Jul, 2025 12:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एक तरफ देश ‘शिक्षित भारत-विकसित भारत’ का सपना देख रहा है. वहीं, दूसरी तरफ बिहार के गया जिले से एक टीचर पर हमले की घटना सामने आई है. पीड़ित टीचर ने छात्र को होम न करके आने पर डांटा था. इसी बात पर गुस्साए छात्र के परिजनों ने टीचर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस हमले में टीचर को गंभीर चोटें आई है. साथ ही बीच-बचाव करने से कई अन्य टीचर्स भी घायल हुए हैं. इस घटना की पूरे इलाके में खूब चर्चा हो रही है.
गया जिले के शहवाजपुर स्थित मध्य विद्यालय में शनिवार को स्कूल में उस वक्त खलबली मच गई, जब होमवर्क न करने पर एक छात्र को समझाने वाले टीचर पर उसी छात्र के परिजनों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया. इस हमले में टीचर राकेश रंजन श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं बीच-बचाव करने आए अन्य टीचर्स को भी चोटें आईं. घटना न केवल एक टीचर पर हमला है, बल्कि यह पूरे शिक्षा तंत्र, नैतिकता और शिक्षक-अभिभावक रिश्तों पर गहरा प्रश्नचिह्न है.
मामूली सी बात पर टीचर की पिटाई
एक ओर जहां टीचर बच्चों के भविष्य संवारने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनका अपमान और अब तो उन पर हमला समाज की गिरती मानसिकता और बिगड़ते मूल्यबोध का प्रतीक बनता जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टीचर राकेश रंजन श्रीवास्तव ने केवल यह कहा था कि पढ़ाई में लापरवाही न बरतें और होमवर्क समय पर करें. यह एक जिम्मेदार शिक्षक का कर्तव्य है, लेकिन अफसोस इस सामान्य बात को अपमान समझते हुए छात्र के परिजन स्कूल आ धमके और बिना कुछ सुने-समझे टीचर पर टूट पड़े.
प्रिंसिपल ने की हमले की निंदा
शांत वातावरण में गूंजती शिक्षा की आवाज अचानक चीख-पुकार और लाठी की धमक में बदल गई. बच्चों और टीचर्स की आंखों में डर समा गया. शिक्षक अपने सहकर्मी को बचाने दौड़े, लेकिन उन्हें भी चोटें आईं. यह दृश्य मानो किसी गुंडागर्दी के मैदान का हो, ना कि एक शिक्षा मंदिर का. इस पूरी घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रिंसिपल ने कहा कि टीचर की सुरक्षा नहीं होगी, तो शिक्षा का भविष्य क्या होगा? हम टीचर्स हुए इस प्रकार के हमलों की कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे.
घायल टीचर्स अस्पताल में भर्ती
टीचर्स पर हमले के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करके घायल टीचर्स को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. मामले की जानकारी देते हुए खिजरसराय थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि शिक्षक के पिटाई की जानकारी मिली है, लेकिन शिक्षक ने अभी आवेदन नहीं दिया गया है.
जांच में जुटी पुलिस
इस पूरे मामले की कांग्रेस ने ताबिश पटेल ने भी कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने कहा कि टीचर समाज का दीप स्तंभ होता है. अगर उन्हीं पर लाठी उठेगी, तो बच्चों को ज्ञान और संस्कार कौन देगा? यह हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि हमारे नैतिक मूल्यों, संविधान और पूरे शिक्षण तंत्र पर हमला है. दोषियों को बख्सा नहीं जाना चाहिए. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. आरोपी परिजनों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा रही है.
सनातन महाकुंभ में धीरेंद्र शास्त्री का उद्घोष: "राजनीति नहीं राम नीति के लिए हम यहां आए"
7 Jul, 2025 10:19 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले वहां पर राजनीतिक हलचल बढ़ती जा रही है. राजनीतिक हलचल के बीच राजधानी पटना में आज रविवार को सनातन महाकुंभ का आयोजन कराया गया. सनातन महाकुंभ में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि हम यहां राजनीति के लिए नहीं बल्कि राम नीति के लिए आए हैं. बिहार ही पहला हिंदू राष्ट्र बनेगा. सनातन महाकुंभ में रामभद्राचार्य भी शामिल हुए. उन्होंने आरोप लगाया कि मुझे और धीरेंद्र शास्त्री को गांधी मैदान आने से रोकने की कोशिश की गई.
सनातन महाकुंभ के मुख्य आकर्षण बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भारत अगर हिंदू राष्ट्र होगा तो बिहार से इसकी शुरुआत होगी और वह पहला राज्य बनेगा. उनका यह भी कहना है कि वह किसी धर्म के विरोधी नहीं हैं. उन्होंने कहा कि वो बिहार में विधानसभा चुनाव के बाद पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे. साथ ही 7 नवंबर से 16 नवंबर तक दिल्ली से वृंदावन की यात्रा करेंगे.
बिहार से होगी भगवा गजवा-ए-हिंद की शुरुआतः धीरेंद्र शास्त्री
पटना में आयोजित महाकुंभ में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “बिहार से ही भारत के हिंदू राष्ट्र बनने की शुरुआत होगी. अगर हमारे धर्म पर घात हुआ तो हम प्रतिघात करेंगे, भगवा गजवा-ए-हिंद की शुरुआत बिहार से होगी.” सनातन महाकुंभ में देश भर के संत शामिल हो रहे हैं.
हिंदुओं को जो बांटेगा वो खुद कट जाएगाः रामभद्राचार्य
महाकुंभ में जगदगुरु स्वामी रामभद्राचार्य भी शामिल हुए. हालांकि इस दौरान उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि पटना के गांधी मैदान में मुझे और धीरेंद्र शास्त्री को आने से रोका गया. उन्होंने महाकुंभ से कहा, “सत्ता अब हिंदू विरोधी के हाथ में कभी नहीं जाएगी. हिंदू को जो बांटना चाहेगा वो खुद ही कट जाएगा.”
प्रतिष्ठित गांधी मैदान में सनातन महाकुंभ 2025 का भव्य आयोजन किया गया. पहली बार इस महाकुंभ का आयोजन पटना में हो रहा है, इसमें भारी संख्या में देशभर के संत-महात्मा, जगद्गुरु और महामंडलेश्वर शामिल हो रहे हैं.
यह भव्य आयोजन भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित की जा रही है. इस महाकुंभ में धार्मिक प्रवचन और भजन-संध्या के साथ- साथ संत समागम, हवन-पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार भी किया .
झारखंड CID ने किया चीनी साइबर ठगी का भंडाफोड़, 7 भारतीय एजेंट दबोचे गए
7 Jul, 2025 10:09 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आधुनिकता के इस दौर में साइबर फ्रॉड एक ऐसी जटिल समस्या बन गई है, जिससे निपटने के लिए लगातार अपराध अनुसंधान विभाग झारखंड (रांची) लगातार कार्रवाई कर रहा है. इसी क्रम में आज झारखंड सीआईडी की टीम को एक बड़ी सफलता मिली है. रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओलिव गार्डन नामक होटल में छापा मारकर 7 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है.
गिरफ्तार सभी आरोपी चीनी साइबर फ्रॉड के नेटवर्क से जुड़े हुए थे. वो भारत में चीनी गिरोह के लिए काम करते थे. ये लोग पहले लोगों से पैसा निवेश करवाते ये कहकर कि उन्हें ज्यादा मुनाफा मिलेगा. फिर उन्हें चूना लगा देते. यही नहीं, लोगों को डिजिटल अरेस्ट करके भी पैसे ऐंठते
गुप्त सूचना के आधार पर सीआईडी की साइबर क्राइम ब्रांच ने होटल में छापेमारी की. गिरफ्टार 7 साइबर अपराधियों की पहचान बिहार के सिवान जिला के टाउन थाना के रहने वाले कुमार दीपक, नालंदा जिला के बिन्द थाना क्षेत्र के रहने वाले कुमार सौरभ, सिवान जिला के टाउन थाना क्षेत्र के रहने वाले प्रभात कुमार, मध्य प्रदेश के सागर जिला के रहने वाले लखन चौरसिया, पटना जिला के दिदारगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले अनिल कुमार, नवादा जिला के रहने वाले शिवम कुमार के और पटना जिला के गौरीचक थाना क्षेत्र के रहने वाले प्रदीप कुमार के रूप में हुई है.
गिरफ्तार साइबर अपराधियों के पास से 12 मोबाइल फोन, 11 सिम, 14 एटीएम कार्ड ,एक लैपटॉप, एक चेक बुक के अलावा व्हाट्सएप और टेलीग्राम के 60 से अधिक चैट की विवरणी जप्त की गई है.
अपराध अनुसंधान विभाग रांची, के मुताबिक गिरफ्तार किए गए 7 साइबर अपराधी देश के अलग-अलग हिस्सों से चीनी साइबर अपराधियों को म्युल बैंक खातो की सप्लाई करते थे. गिरफ्तार किए गए साइबर अपराधियों में एक स्पेशल एजेंट भी शामिल है. स्पेशल एजेंट चीनी milnay, dargonpay, super pay, mangopayindia के लिए काम कर रहा था.
करोड़ों की धोखाधड़ी
गिरफ्तार चीनी नेटवर्क से जुड़े एजेंटों के पास से व्हाट्सएप और टेलीग्राम चैट भी बरामद किया गया है जिसमें बड़ी संख्या में बैंक खातों की जानकारी और डिजिटल साक्ष्य मौजूद थे. दरअसल, चीनी गिरोह के लिए काम करने वाले एजेंटों को टेलीग्राम के माध्यम से एक एप्लीकेशन (एपीके फाइल) भेजी जाती, इन एप्लीकेशन को वह बैंक से जुड़ी सिम कार्ड में इंस्टॉल करते थे. इंस्टॉल करने के बाद यह एप्लीकेशन ओटीपी और बैंक अल्ट्स चीनी सर्वर पर ट्रांसमिट कर देती थी. इसे चीन में बैठे अपराधी उन बैंक खातों का एक्सेस प्राप्त कर लेते थे और फिर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दे रहे थे.
गिरफ्तार किए गए चीनी गिरोह के एजेंट के पास से अब तक जांच में 60 म्युल बैंक खाता स्टेटमेंट प्राप्त हुए हैं. इस गिरोह के खिलाफ देशभर में कुल 68 शिकायतें दर्ज हैं.
लोगों से की अपील
अपराध अनुसंधान विभाग रांची झारखंड ने आम लोगों से अपील की- ऐसे साइबर फ्रॉड से बचने के लिए किसी भी प्रकार के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के ऐड पर इन्वेस्टमेंट से संबंधित ऑफर पर क्लिक करने से पहले उसकी जांच जरूर कर लें. इसके अलावा इन्वेस्टमेंट के नाम पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने बैंक अकाउंट या यूपीआई से पैसे जमा न करें. इसके साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर फ्रॉड के शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं.
हॉकी खिलाड़ी बिमल लाकड़ा से मिलीं कृषि मंत्री नेहा तिर्की
6 Jul, 2025 04:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी बिमल लाकड़ा का इलाज राजधानी रांची स्थित क्यूरेस्टा अस्पताल में जारी है। मंगलवार को राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की अस्पताल पहुंचीं और बिमल लाकड़ा से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मंत्री नेहा तिर्की ने हॉकी खिलाड़ी की पत्नी कांति विमल लाकड़ा और समाजसेवी अनिल अभिताभ पन्ना से पूरी घटना की विस्तृत जानकारी भी ली। उन्होंने डॉक्टरों की टीम से इलाज की प्रगति के बारे में चर्चा की और बेहतर इलाज के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि बिमल लाकड़ा जल्द स्वस्थ हों और अपने परिवार के साथ पहले की तरह सामान्य जीवन बिताएं। बताया गया कि बिमल लकड़ा के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है और डॉक्टरों की टीम दिन-रात उनकी देखभाल में जुटी है।
इससे पहले राज्यपाल संतोष गंगवार, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी अस्पताल जाकर बिमल लकड़ा का हालचाल ले चुके हैं। बता दें कि लाकड़ा ने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबलों में देश का प्रतिनिधित्व किया है। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना राज्य के हॉकी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों द्वारा लगातार की जा रही है।
रेलवे कोयला साइट पर अंधाधुंध फायरिंग, अपराधियों ने ट्रक को फूंका
6 Jul, 2025 03:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। लातेहार जिले के फुलबसिया रेलवे कोयला साइडिंग में बीती रात बेखौफ अपराधियों ने गोलीबारी कर दहशत का माहौल बना दिया। अपराधियों ने मौके पर खड़े एक हाईवा ट्रक को आग के हवाले कर दिया, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस वारदात के पीछे कुख्यात राहुल दुबे गैंग का नाम सामने आया है, जिसने न सिर्फ घटनास्थल पर एक हाथ से लिखा धमकी भरा पर्चा छोड़ा, बल्कि फेसबुक पोस्ट के जरिए भी खुली धमकियां दी हैं।
अंधाधुंध फायरिंग से मची अफरातफरी, सात खोखा बरामद
गवाहों के मुताबिक, अपराधियों ने घटनास्थल पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। ग्रामीणों ने डर के कारण खुलकर कुछ कहने से परहेज किया, लेकिन दबी जुबान से गोलीबारी की पुष्टि की। पुलिस को मौके से सात खोखे बरामद हुए हैं, जिनमें दो जिंदा कारतूस हैं। वारदात के बाद कोयला साइटिंग पर काम कर रहे ट्रांसपोर्टर, हाईवा मालिक और मजदूरों में भय का माहौल व्याप्त है।
भाजपा नेता समेत तीन व्यवसायियों को मिली धमकी
बताया जा रहा है कि यह हमला लेवी वसूली को लेकर किया गया है। राहुल दुबे गैंग ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से बालूमाथ, चतरा और लातेहार के कोयला व्यवसायियों को खुलेआम चेतावनी दी है। खासतौर पर कोयला व्यवसायी सह भाजपा नेता चेतलाल रामदास, सुशांत सिंह राजपूत और रामस्वरूप पांडे को सीधे धमकाया गया है। पोस्ट में कहा गया है कि अगर बिना 'मैनेज' किए कारोबार किया गया तो ‘खोपड़ी खोल दी जाएगी’। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगली बार घर-परिवार को भी नहीं बख्शा जाएगा।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच और सर्च ऑपरेशन शुरू
घटना की सूचना मिलते ही बारियातू थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि राहुल दुबे गैंग ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है, लेकिन उनका इस इलाके में कोई सक्रिय जनाधार नहीं रहा है। बावजूद इसके, पुलिस सतर्कता बरतते हुए पूरे इलाके में सर्च अभियान चला रही है और अपराधियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
कोयला कारोबारियों में बढ़ी चिंता
यह वारदात कोयला उद्योग से जुड़े लोगों के लिए खतरे की घंटी मानी जा रही है। जिस तरह से सोशल मीडिया और पर्चों के माध्यम से धमकी दी जा रही है, उससे साफ है कि अपराधी अब खुलकर सत्ता और प्रशासन को चुनौती दे रहे हैं। इससे पहले भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में लेवी के लिए कई हमले हो चुके हैं, लेकिन इस तरह की सुनियोजित और सार्वजनिक चेतावनियां कोयला व्यवसाय में असुरक्षा की भावना को और गहरा कर रही हैं।
दहला पटना: जाने-माने उद्योगपति गोपाल खेमका का मर्डर, बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
5 Jul, 2025 02:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार की राजधानी पटना में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शहर के जाने-माने उद्योगपति गोपाल खेमका की शुक्रवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह खौफनाक घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक के पास स्थित होटल पनाश के समीप हुई. मौके पर पुलिस पहुंची है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
रात करीब 11:45 बजे गोपाल खेमका होटल पनाश के पास अपने घर जा रहे थे, तभी बाइक सवार अपराधी अचानक वहां पहुंचे और बेहद नजदीक से उनके सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही खेमका खून से लथपथ हो गए और मौके पर गिर पड़े. आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. आनन-फानन में घायल खेमका को पटना के मेडिवर्सल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने मौके से एक खोखा और एक कारतूस बरामद किया है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है, ताकि हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके. मौके पर पहुंचे सीनियर पुलिस अफसरों ने बताया कि घटना को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया है और इसमें पेशेवर अपराधियों का हाथ हो सकता है.
दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग
गोपाल खेमका शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी माने जाते थे. उनकी पहचान केवल एक सफल उद्योगपति के रूप में ही नहीं, बल्कि समाजसेवी के तौर पर भी थी. वह मगध अस्पताल के मालिक भी थे. उनकी हत्या से शहर में शोक की लहर दौड़ गई है. कई व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने इस घटना की निंदा की है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. 2018 में गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की भी हाजीपुर इंड्रस्ट्रीयल एरिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
पुलिस के अनुसार, व्यावसायिक रंजिश, जमीन विवाद या फिर किसी अन्य व्यक्तिगत दुश्मनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर गहराई से जांच की जा रही है.
पटना में बढ़ते अपराध को लेकर एक बार फिर प्रशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं. राजधानी के मध्यवर्ती और भीड़भाड़ वाले इलाके में एक नामी व्यवसायी की इस तरह हत्या होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है. फिलहाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है. शहरवासियों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करेगी.
नई कार की 'जल समाधि': ड्राइवर ने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबाया, सीधे गंगा में उतर गई गाड़ी!
5 Jul, 2025 02:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार की राजधानी पटना से एक हैरान कर देने वाली खबर है. यहां एक दंपति को गंगा नदी के किनारे कार चलाना बहुत महंगा पड़ गया. बताया जा रहा है कि कार चलाने के वक्त ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर पैर चले जाने के कारण नई नवेली कार सीधे गंगा नदी में चली गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
मिली जानकारी के अनुसार, पटना के दीघा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम छह बजे के करीब गंगा नदी के किनारे अचानक तब हडकंप मच गया, जब एक नई कार स्पीड में गंगा नदी में समा गई. इस घटना को देखकर लोगों में हडकंप मच गया. आनन-फानन में लोग मौके पर एकत्र हो गए. इसके बाद दो युवकों ने जान पर खेलकर कम वक्त में ही कार के अंदर मौजूद दंपति को बाहर निकाला.
गंगा नदी में समाई कार
सीडीपीओ दिनेश कुमार पांडे ने बताया कि शुक्रवार की शाम छह बजे के करीब दीघा थाना क्षेत्र में मीनार घाट के पास पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के रहने वाले आदित्य प्रकाश अपनी पत्नी के साथ कार से जा रहे थे. इसी बीच में उनकी कार अनियंत्रित हो गई और गंगा नदी में समा गई. आसपास के लोगों को कहना है कि जिस जगह पर कार थी, वहां पर गहराई बहुत ज्यादा थी.
लाइफ जैकेट की मदद से बची जान
वहां पर 40 से 50 फीट पानी है. हादसे के वक्त कार का शीशा बिल्कुल बंद था. एयर टाइट होने की वजह से कार थोड़ी देर ऊपर ही रही. इसी बीच में स्थानीय नाविकों विशेष रूप से राहुल और आशू नाम के युवकों के द्वारा बहादुरी का परिचय देते हुए दोनों दंपति को मोटर बोर्ड से लाइफ जैकेट की सहायता से तत्काल रेस्क्यू किया गया.
दो युवकों ने बचाई पति-पत्नी की जान
एसडीपीओ ने बताया कि इन दोनों ही युवकों ने एक मिनट के अंदर पूरे रेस्क्यू को कर लिया. दोनों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. रात हो जाने के कारण कार नहीं निकल पाई है. कार को निकाला जाएगा. स्थानीय नाविकों ने काफी बहादुरी का परिचय दिया है. इनको पुरस्कृत करने के लिए भी अनुशंसा की जाएगी.
ट्रेन से फेंका, फिर भी बची जान: लव मैरिज करने वाली पत्नी पर पति का हमला, बहन ने बताया 'जीजा' का काला चिट्ठा!
5 Jul, 2025 02:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के रामगढ़ में एक युवती को लव मैरिज करना भारी पड़ गया. जिस प्रेमी से शादी करने के लिए वो घर वालों के खिलाफ हो गई. फिर उससे शादी भी की. वही प्रेमी बेवफा निकला. प्रेमी से पति बनते ही उसने पत्नी से कहा- चलो हनीमून पर ले चलता हूं. फिर वापसी में उसने पत्नी को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया. खून से लथपथ हालत में महिला नाले में पड़ी मिली. कुछ गांव वालों ने उसे देखा और फौरन RPF को इसकी जानकारी दी.
आनन-फानन में महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया. फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. घटना पतरातू स्टेशन के पास किरीगढ़ा गांव की है. महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया की रहने वाली खुशबू कुमारी के रूप में हुई. जानकारी के मुताबिक, उसने अपने घर वालों के खिलाफ जाकर गोरखपुर की रहने वाले शंकर से शादी की थी. दोनों प्रेम विवाह करने के बाद उत्तर प्रदेश से झारखंड घूमने के लिए गए थे. जब दोनों वहां से लौट रहे थे, तभी शंकर ने खुशबू को किरिगढ़ा के पास ट्रेन से धक्का दे दिया. इसके बाद महिला एक नाले में पड़ी मिली.
पसलियों में फ्रैक्चर, ICU में भर्ती महिला
महिला को नाले में पड़ा देख गांव वालों ने आरपीएफ को जानकारी दी गई. वहां से उसे अस्पताल पहुंचाया गया और उसका इलाज शुरू किया गया. डॉक्टरों ने बताया कि महिला के पसलियों में फ्रैक्चर हुआ है और पैर में भी चोटें लगी हैं. खुशबू ने होश में आने पर अपने बारे में जानकारी दी और कि उसने परिवार की बिना रजामंदी के शंकर से लव मैरिज की थी. महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है. उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है.
चलती ट्रेन से दे दिया पत्नी को धक्का
खुशबू ने बताया कि दो दिन पहले वह और शंकर उत्तर प्रदेश से घूमने के लिए निकले थे और झारखंड पहुंचे थे. वहां दोनों कई धार्मिक और पर्यटक स्थलों पर घूमे और खूब मजे किए. फिर रात वाली ट्रेन से वह वापस आ रहे थे. इसी बीच शंकर उसे मीठी-मीठी बातों में उलझाकर ट्रेन के दरवाजे के पास ले गया और उसे धक्का देना शुरू किया. खुशबू ने बताया कि उसने शंकर के पैर पकड़े, लेकिन शंकर ने उसे धक्का मारकर नीचे गिरा दिया.
रेलवे कर्मचारी आकाश पासवान ने घटना की जानकारी आरपीएफ को दी और ग्रामीणों की मदद से 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू ले गए,जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को रामगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
गोरखपुर का रहने वाला है आरोपी
घायल खुशबू ने होश में आने पर पुलिस को बताया कि उसका पति शंकर कुमार गोरखपुर जिले का रहने वाला है. बुधवार रात बनारस-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन में यात्रा के दौरान उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया. खुशबू ने बताया कि उसने एक वर्ष पहले शंकर से प्रेम विवाह किया था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से उसका व्यवहार बदल गया था और वह मारपीट करने लगा था.
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
पुलिस ने खुशबू का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. खुशबू की बहन ने कहा कि उसने घर वालों के खिलाफ जाकर शादी की थी. आज वह इसका खामियाजा भुगत रही है. हमें उसका नतीजा देखने को मिल रहा है. पुलिस का कहना है कि वह आरोपी की तलाश कर रही है. उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी.
मंत्री ही नहीं महफूज़ तो जनता का क्या?: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री को 24 घंटे में जान से मारने की धमकी
5 Jul, 2025 02:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को गुरुवार देर रात एक अज्ञात शख्स द्वारा मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई. धमकी देने वाले शख्स ने मंत्री से कहा कि 24 घंटे के भीतर तुम्हें उड़ा देंगे. इस सनसनीखेज मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने तुरंत इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तेज जांच शुरू कर दी है. जिस मोबाइल नंबर से धमकी भरा फोन आया है यह किसका है इसकी की जांच की जा रही है.
मंत्री को धमकी भरे लहजे में कहा गया, ‘कान खोलकर सुन लो, 24 घंटे में तुम्हें उड़ा देंगे’. जानकारी के मुताबिक, यह धमकी उन्हें 3 जुलाई की देर रात उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात शख्स द्वारा कॉल कर दी गई. कॉल में उस व्यक्ति ने मंत्री को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी. घटना से हैरान मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने तुरंत इसकी सूचना रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) चंदन कुमार सिन्हा को दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है. धमकी देने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर भी भी सामने आया है. और उसी के आधार पर रांची पुलिस जांच में जुट गई है. आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.
जांच में जुटी पुलिस
बता दें कि, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी फिलहाल दिल्ली में हैं. वह राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल अंसारी के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली गए है. इसी दैरान उन्हें जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स ने मंत्री इरफान अंसारी के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें गाली भी दी. शख्स ने कहा कि 24 घंटे के अंदर में तुमको उड़ा देंगे. स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी को 7903928578 मोबाइल नंबर से धमकी दी गई है, मोबाइल नंबर किसका है इसकी पहचान और उसकी धर पकड़ में पुलिस जुट गई है.
डॉ. इरफान अंसारी झारखंड के जामताड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार कांग्रेस पार्टी के टिकट पर विधायक बने हैं, और लगातार दूसरी बार वह हेमन्त सोरेन सरकार की कैबिनेट में मंत्री बने हैं. पूर्ववर्ती सरकार में वह ग्रामीण विकास मंत्री रह चुके हैं. जबकि, वर्तमान की सरकार में वह स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री हैं. अक्सर अपनी बयानबाजी को लेकर चर्चा में रहने वाले झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं,और इस बार चर्चा का कारण उन्हें जान से मारने की धमकी मिलना है.
ट्रिपल मर्डर से दहला सिवान: अवैध शराब के धंधे में 3 लोगों की बेरहमी से हत्या
5 Jul, 2025 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के सिवान जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के मलमलिया गांव में तीन लोगों की हत्या ने सनसनी फैल गई. घटना शराब के अवैध कारोबार से जुड़ी बताई जा रही है, जिसमें एक व्यक्ति शत्रुधन सिंह को गांव वाले आरोपी बता रहे हैं. बताया जा रहा है कि पुलिस को 10 दिन पहले ही शत्रुधन सिंह के खिलाफ शराब तस्करी की सूचना मिली थी, लेकिन कार्रवाई में देरी के कारण उसने मौका पाकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया.
हत्या के बाद तीन अन्य घायलों को गंभीर हालत में सिवान सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. सिवान के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और वीरेंद्र सिंह की तलाश में छापेमारी की जा रही है. इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है.
मलमलिया ओवरब्रिज पर हुआ संघर्ष
जानकारी के मुताबिक, भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मलमलिया ओवरब्रिज पर दो गुटों के बीच संघर्ष में गुरुवार शाम संघर्ष हुआ. इस संघर्ष में गोलीबारी और तलवारबाजी हुई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए. हत्या की वजह अवैध शराब की मुखबिरी करना बताया जा रहा है. भगवानपुर थाना प्रभारी ने बताया कि दो पक्षों में गोलीबारी के दौरान तीन लोगों की मौत हुई है. मृतकों की पहचान मुन्ना सिंह, कन्हैया कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है.
अवैध शराब की मुखबिरी पर हुआ ट्रिपल मर्डर
थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार की सूचना पुलिस को देने का आरोप लगाकर एक पक्ष ने तलवार और गोली-बंदूक से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया. दूसरा पक्ष बीच-बचाव कर रहा था, लेकिन खून संघर्ष में दूसरे पक्ष के तीन लोगों की जान चली गई. वहीं तीन की हालत गंभीर है. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया. लोगों ने गाड़ियां फूंक दी. दुकानों को बंद कर दिया गया. स्थिति गंभीर देखते हुए मौके पर SP-DM पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे.
सीवान SP ने दी जानकारी
सीवान SP मनोज तिवारी ने बताया कि पूर्व के आपसी विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है. इस आपसी विवाद में कई तरह के मामले सामने आ रहे हैं, जिसकी जांच की जा रही है. वहीं परिजन बता रहे हैं कि एक महीने पहले शराब की सूचना देने को लेकर विवाद हुआ था. पुलिस के सामने गांव में शराब बेचने से मना करने बात कही गई थी, जिससे इस घटना को अंजाम देने की बात कह रहे हैं.
तीनों मृतकों को बेरहमी से मारा गया
फिलहाल सीवान SP मनोज तिवारी और एसडीपीओ घटनास्थल पर जांच में जुट गए हैं. माहौल को तनावपूर्ण देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है. बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड को जघन्य तरीके से अंजाम दिया गया. पहले तो गोलीबारी और तलवारबाजी हुई, फिर गाड़ी से कुचलकर मार दिया गया. सड़क पर शव क्षत-विक्षत अवस्थ में पड़े थे.
फ्री मटन न देने पर चाकूबाजी: दुकानदार गंभीर रूप से घायल, इलाके में दहशत
5 Jul, 2025 12:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि अब मामूली बात पर भी बड़ी घटना को अंजाम दिया जा रहा है. फ्री में मटन नहीं खिलाने पर बदमाश ने एक दुकानदार केशव सिंह को चाकू से गोद दिया. चाकू से हमला करने के बाद आरोपी दुकानदार को घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गया. दुकानदार को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुट गई है.
दरअसल दिल दहला देने वाली यह घटना नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन चौक सब्जी मंडी के पास की है. घायल दुकानदार केशव सिंह ने बताया कि रोज की तरह रात को दुकान बंद कर रहा था. तभी मुकुल कुमार नामक एक युवक आया और फ्री में मटन खिलाने के लिए बोला, लेकिन जैसे ही हमने मटन खत्म होने की बात कही, वैसे ही मुकुल ने चाकू निकाल लिया और ताबड़तोड़ हमला करने लगा. हमला करने के बाद ही मौके से फरार हो गया.
दुकानदार को चाकुओं से गोदा
आरोपी ने दुकानदार केशव सिंह को तीन से चार चाकू मारे, जिससे वो गंभीर रुप से घायल हो गया. वहीं आरोपी ने दुकान में रखे 12 हजार रुपए भी छीन कर फरार हो गया. घायल दुकानदार ने बताया कि इससे पहले भी आरोपी आए दिन अपने दोस्तों के साथ आता था और फ्री में मटन खा कर चला जाता था. घायल का ईलाज चल रहा है.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश में जुट गई है. वीडियो फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मामले की जांच कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी. किसी को भी कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं है.
एग्जाम में गजब का रिजल्ट: बिहार यूनिवर्सिटी में 100 नंबर के पेपर में छात्रा को मिले 257 अंक, कैसे हुआ ये?
5 Jul, 2025 09:26 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में स्थित बिहार विश्वविद्यालय हमेशा सुर्खियों में रहता है. यहां कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से छात्रों को आए दिन विश्वविद्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है. वहीं एक बार फिर रिजल्ट गड़बड़ी का मामला सामने आया है. तमाम दावों के बाद भी बिहार विश्वविद्यालय प्रशासन इस पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं. बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में पीजी थर्ड सेमेस्टर में बड़ी संख्या में छात्रों के रिजल्ट में गड़बड़ी का मामला सामने आया है..
आरडीएस कॉलेज में हिंदी की एक छात्रा को 100 में 257 अंक दे दिए गए हैं. 30 नंबर के प्रैक्टिकल में छात्रा को 225 अंक मिले हैं. इसके बाद भी छात्र पास नहीं प्रमोटेड है. 150 से अधिक छात्रों का रिजल्ट पेंडिंग हो गया है. नौ हजार छात्रों ने थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा दी थी. लगभग आठ हजार छात्रों ने परीक्षा पास की है.
छात्रों ने गड़बड़ी को लेकर जताया विरोध
हिंदी और अंग्रेजी के छात्रों का कहना है कि उनके रिजल्ट में गड़बड़ी हुई है. विज्ञान संकाय के छात्रों ने भी गडबड़ी की शिकायत विश्वविद्यालय प्रशासन से की है. रिजल्ट में गड़बड़ी होने के बाद छात्र अब विश्वविद्यालय का चक्कर लगा रहे हैं. बिहार विश्वविद्यालय में रिजल्ट सुधार करवाने पहुंचे छात्र अंकित कुमार ने बताया कि पीजी थर्ड सेमेस्टर का रिजल्ट आने के बाद हम लोग काफी परेशान है.
‘गलत टाइप होने से गड़बड़ी हुई’
विश्वविद्यालय की गलती के कारण छात्रों का रिजल्ट फंस गया है. अब विश्वविद्यालय का चक्कर लगाने के बाद ही सुधार हो पायेगा. वहीं बिहार विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. राम कुमार ने बताया कि मेरे संज्ञान में रिजल्ट गड़बड़ी का मामला सामने आया है. कुछ छात्रों को पूर्णांक से अधिक अंक मिले हैं. कभी-कभी की-बोर्ड पर गलत टाइप हो जाने के कारण ऐसा होता है. कंप्यूटर प्रोग्रामर को हिदायत दे दी गई है कि आप अपने प्रोग्राम को इस तरीके से बनाए की अगर पूर्णांक से ज्यादा अंक अंकीत हो तो कंप्यूटरर इसको स्वीकार नहीं करे.
सॉफ्टवेयर में सुधार के लिए आदेश दिए गए हैं. छात्रा को 100 में 257 अंक कैसे मिल हैं, इसकी जांच कराई जाएगी. हम यह कोशिश कर रहे हैं कि अगली बार से किसी छात्र का रिजल्ट पेंडिंग नहीं हो.
बिहार चुनाव में कांग्रेस का 'पिंक' अभियान: 5 लाख महिलाओं को बांटे जाएंगे राहुल गांधी की तस्वीर वाले सैनिटरी पैड
5 Jul, 2025 08:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार विधानसभा चुनावों को लेकर जोर-आजमाइश शुरू हो चुकी है. तमाम राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं. इस बीच कांग्रेस ने चुनाव से पहले बड़ा ऐलान किया है . कांग्रेस ने ऐलान किया कि वो बिहार की 5 लाख महिलाओं को सैनिटरी पैड बांटेगी. इस सैनिटरी पैड के पैकेट पर राहुल गांधी की तस्वीर लगी हुई है और नारी न्याय, महिला सम्मान का स्लोगन छपा है.
कांग्रेस का यह कदम चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे महिला मतदाताओं को लुभाने की कोशिश की जा रही है. कांग्रेस इस पहल से महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर जोर दे रही है.
कांग्रेस के इस ऐलान में सबसे खास बात यह है कि इन सेनेटरी पैड के पैकेट पर राहुल गांधी की तस्वीर, नारी न्याय का नारा, और माई बहिन मान योजना का प्रचार छपा है. इसके अलावा पैकेट पर 2500 रुपये की सम्मान राशि की घोषणा बात भी लिखी है.
कांग्रेस के इस ऐलान को चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है. ऐसा माना जा रहा है कि कांग्रेस इस ऐलान से महिला वोटर्स को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है. यही कारण है कि ये ऐलान चुनाव से पहले ही कांग्रेस ने कर दिया है.
चुनाव आयोग का फैसला तुगलकी फरमान- राजेश राम
बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम पार्टी अपने-अपने स्तर पर तैयारी कर रही है, वहीं आज कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की आवश्यक बैठक बुलाई गई है. मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा इलेक्शन कमीशन द्वारा जारी किए गए आदेश को तुगलकी फरमान बताया है.
उन्होंने कहा कि इलेक्शन कमिशन 8 करोड़ मतदान को वोट देने से वंचित करने की कोशिश कर रहा है. जिस 20% वोट पर इलेक्शन कमिशन की नजर है. उसे संरक्षित करने के लिए सघन अभियान चलाएंगे.
माई बहिन मान योजना का लिया जाएगा फीडबैक
कांग्रेस की ये बैठक माई बहिन मान योजना पर जिला अध्यक्षों से फीडबैक लेने के लिए आज की बैठक रखी गई है. माई बहिन मान योजना और महागठबंधन और कांग्रेस के विजन को जन जन तक पहुंचाने के लिए नई थीम कांग्रेस ने तय की है. माई बहिन मान योजना को घर-घर पहुंचने और ₹2500 महीना के फायदे गिनवाने के लिए अब अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की तरफ से महिलाओं को सेनेटरी पैड दिया जाएगा. साथ ही इस सैनिटरी पैड के डब्बे पर नारी न्याय का स्लोगन दिया गया है और माई बहिन मान योजना का प्रचार किया गया है. जरूरतमंद महिलाओं को सम्मान राशि ₹2500 दिए जाएंगे इसकी घोषणा इस सैनिटरी पैड के पैकिंग पर की गई है.
'वोटर लिस्ट में धांधली की साजिश': पप्पू यादव ने SIR के विरोध में 9 जुलाई को बिहार बंद का आह्वान किया
4 Jul, 2025 03:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार की मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर लगातार विपक्ष सवाल खड़े कर रहा है. इस बीच सांसद पप्पू यादव ने एक बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा है कि 9 जुलाई को बिहार बंद का आह्वान किया गया है. इस दौरान चुनाव आयोग का भी घेराव किया जाएगा. पप्पू यादव ने इस बंद को समर्थन देने के लिए विपक्ष से भी मांग की है.
वहीं, उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘बिहार के सभी युवाओं, दलित, अति पिछड़े, अल्पसंख्यक और सभी समाज के लोगों से विनम्र आग्रह है BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) भी अपने भाई-बहन हैं. वह हमें फोन कर बता रहे हैं वह भी सरकार के भीषण दबाव में हैं. मतदाता पुनरीक्षण के लिए उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है. वह गांव घर आएं तो उन्हें प्रेम से कोई काम न करने दें.’
उन्होंने कहा, ‘बीएलओ को आराम से चाय पानी दें, बिठा लें, कोई फॉर्म भरने न दें. न फॉर्म बांटने दें. उनके सारे फॉर्म को अग्नि को समर्पित कर दें. उनसे कोई दुर्व्यवहार न करें, वह हमारे अपने ही हैं. वह फिरंगियों के मानस पुत्र सरकार की गुलामी की मानसिकता के शिकार हैं. उन्हें भी इस जुल्मी सरकार के जुल्म से आजाद कराना है.’
क्या कह रहा है चुनाव आयोग?
एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग (ईसीआई) का कहना है कि यह एक ऐसी प्रक्रिया है जो कानूनी रूप से अनिवार्य है. वहीं विपक्षी दलों का आरोप है कि इससे “लाखों” वास्तविक मतदाता, खास तौर पर गरीब, प्रवासी और हाशिए पर रहने वाले मतदाता सूची से बाहर हो सकते हैं. चुनाव आयोग ने कहा कि 22 साल बाद हो रहा यह संशोधन संविधान और जनप्रतिनिधित्व कानून के अनुरूप है. वहीं विपक्षी दलों का दावा है कि यह समय विधानसभा चुनावों के करीब है और इससे “मतदाता आधार में हेराफेरी” हो सकती है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का कहना है कि लोकतंत्र में कानून से ज्यादा पारदर्शी कुछ नहीं है. कुछ लोगों की आशंकाओं के बावजूद SIR यह सुनिश्चित करेगा कि सभी पात्र व्यक्ति इसमें शामिल हों.
संकल्प से समाधान अभियान’ से त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी निराकरण हुआ सुनिश्चित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
यूरिया का प्रभावी विकल्प बन रही हरी खाद, जशपुर में 600 हेक्टेयर में प्रदर्शन
फॉरेस्ट ग्राउंड में बना बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित और अनुशासित कर रहा
माता-पिता के संस्कार और गुरूओं से प्राप्त ज्ञान के प्रति सदैव रहें कृतज्ञ : राज्यपाल पटेल
आदि शंकराचार्य का दर्शन भारतीय संस्कृति, धर्म और आध्यात्मिक एकता का बना आधार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
