बिहार-झारखण्ड
सावन स्नान में गहराया मातम, गंगा में डूबा किशोर लापता
14 Jul, 2025 04:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सावन के पवित्र महीने में गंगा स्नान की परंपरा हर साल लाखों श्रद्धालुओं को नदी किनारे खींच लाती है, लेकिन कभी-कभी यह श्रद्धा भारी पड़ जाती है। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र स्थित नवानगर घाट पर सोमवार सुबह ऐसा ही एक दुखद हादसा हुआ, जब स्नान के दौरान एक किशोर गंगा नदी के गहरे पानी में डूब गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई, वहीं मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
स्नान के दौरान हुआ हादसा, युवक अब तक लापता
जानकारी के मुताबिक, सराय थाना क्षेत्र के भकरोहर गांव निवासी अशोक ठाकुर का 15 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार सोमवार सुबह अपने मौसेरे भाई विक्रम के साथ गंगा नदी में स्नान करने गया था। हिमांशु बीते तीन दिन पहले ही अपने मौसा राजकुमार चौधरी के घर आया था, जो राजापाकर थाना क्षेत्र के रंदाहा गांव में रहते हैं। सोमवार सुबह वह मौसेरे भाई के साथ नवानगर घाट पहुंचा और वहां स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चला गया। अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह डूब गया।
मौसेरे भाई ने दी परिवार को सूचना, घाट पर जुटी भीड़
हिमांशु के साथ स्नान कर रहे विक्रम ने जैसे ही यह देखा कि उसका भाई डूब रहा है, उसने तुरंत शोर मचाया और घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही हिमांशु के परिवार के लोग भागते हुए घाट पर पहुंचे। देखते ही देखते स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में वहां इकट्ठा हो गए। गंगा की लहरों के बीच लापता किशोर को ढूंढ़ने के प्रयास शुरू हो गए, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस और SDRF टीम कर रही शव की तलाश
स्थानीय प्रशासन को सूचना मिलने के बाद बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वहीं SDRF की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर गंगा नदी में शव की तलाश में जुट गई है। पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाशी अभियान में परेशानी आ रही है। पुलिस ने बताया कि किशोर की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और नदी के कई हिस्सों में खोजबीन जारी है।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल, गांव में पसरा मातम
हादसे के बाद भकरोहर गांव और रंदाहा गांव दोनों में ही मातम का माहौल है। हिमांशु दो भाइयों में एक था और हाल ही में गर्मी की छुट्टियों के दौरान मौसी के घर आया था। किसी को अंदेशा नहीं था कि उसका यह गंगा स्नान उसकी जिंदगी का आखिरी स्नान बन जाएगा। परिजन घाट पर बैठकर बेसुध हो चुके हैं और उन्हें ढांढ़स बंधाना मुश्किल हो रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
फर्जी दस्तावेजों से बेची गई 100 एकड़ से ज्यादा जमीन, जांच में हड़कंप
14 Jul, 2025 04:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद: झारखंड में धनबाद बोकारो सीमा से सटे वन भूमि घोटाला अभी और कई को लपेटे में लेगा। यही वजह है कि कई अधिकारियों के चेहरे की हवाइयां उड़ने लगी है। चर्चा तेज है कि अगला नंबर किसका? 1000 करोड़ के इस भूमि घोटाले की जांच फिलहाल सीआईडी कर रही है। सीआईडी की टीम ने इस घोटाले से जुड़े दो कथित 'किंगपिन' को अरेस्ट भी किया है। इनसे पूछताछ की जा रही । इन दिनों की गिरफ्तारी के बाद इस घोटाले से जुड़े लोगों में इस बात का खौफ है कि कही सीआईडी के सामने उनका नाम न खुल जाए। अब यह चर्चा तेज है कि आगे अब क्या होगा?
100 एकड़ से अधिक वन भूमि फर्जी दस्तावेज बनाकर बेचने का मामला
बोकारो के तेतुलिया में 100 एकड़ से अधिक वन भूमि को कथित फर्जी दस्तावेज बनाकर बेच दिया गया है। आरोप है कि भू -माफिया, अंचल कर्मी और बोकारो स्टील प्लांट के अधिकारियों की मिलीभगत से यह सब किया गया है। इस जमीन को उपयोग में नहीं आने पर बोकारो स्टील प्लांट को वन विभाग को लौटाना था। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। जब मामले की चर्चा रांची तक पहुंची, तो डीजीपी ने जमीन घोटाले मामले की जांच सीआईडी को सौंप दिए।
सीआईडी ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू की
सीआईडी ने बोकारो सेक्टर -12 थाने में दर्ज केस को टेकओवर कर अपनी जांच शुरू की। इसके पहले वन विभाग की जमीन को बेचे जाने का मामला सामने आने के बाद बोकारो वन प्रमंडल प्रभारी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामला सामने आया था कि 100 एकड़ से अधिक जमीन फर्जी दस्तावेज बनाकर बेच दी गई है। इस मामले की जांच और कार्रवाई सीआईडी के साथ-साथ प्रवर्तन निदेशालय भी कर रही है। इस मामले में अब तक इजहार हुसैन और अख्तर हुसैन की गिरफ्तारी हुई है। घोटाले का आंकड़ा लगभग 1000 करोड़ का माना जा रहा है। घोटाले को अंजाम देने वालों की संख्या लंबी है और शायद यही वजह है कि केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियां जांच में जुटी हुई है।
मैदान में मिली महिला की लाश, इलाके में फैली सनसनी
14 Jul, 2025 03:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा में रविवार को दो अलग-अलग जगहों पर दो महिलाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। एक महिला अपने घर में बिस्तर पर मृत पाई गई, जबकि दूसरी का शव घर से कुछ दूर एक मैदान में पड़ा मिला। पुलिस दोनों मामलों की तहकीकात में जुटी है।
दो महिलाओं की संदिग्ध हालात में मौत
पहली घटना तिलैया थाना क्षेत्र के देवी मंडप रोड की है। यहां किराए के मकान में रहने वाले सोनू कुमार की 24 वर्षीया पत्नी शिवानी कुमारी बिस्तर पर मृत पाई गई। बताया गया कि शिवानी 9 महीने की गर्भवती थी और इसी महीने उनकी डिलीवरी होने वाली थी। डिलीवरी के दौरान देखभाल के लिए उसकी सगी बहन भी उसके पास आई थी। उसने पुलिस को बताया कि दोपहर के वक्त शिवानी और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद दोनों अपने-अपने कमरे में चले गए।
पहली मौत एक गर्भवती की
शिवानी के पहले से दो बच्चे हैं, जो उसके साथ ही कमरे में थे। अचानक दोनों बच्चों के रोने की आवाज सुनकर जब शिवानी के पति और बहन कमरे में पहुंचे तो वह मृत पड़ी मिली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शिवानी के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। पुलिस का मानना है कि मामला आत्महत्या का हो सकता है, हालांकि हर एंगल से जांच जारी है।
दूसरा शव मिला मैदान में
दूसरी घटना जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के टोंगरा टांड़ गांव की है। यहां 45 वर्षीय उर्मिला देवी का शव गांव से कुछ दूर मैदान में मिला। उर्मिला के पति डोमन भुइयां मुंबई में मजदूरी करते थे और दो दिन पहले ही गांव लौटे थे। बताया गया कि शनिवार दोपहर किसी बात पर दोनों में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उर्मिला घर से बाहर निकल गई थी। अगले दिन उसका शव मैदान में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। चंदवारा थाना प्रभारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या जैसा लग रहा है, लेकिन असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।
झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित
14 Jul, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांचीः बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के कारण झारखंड में मौसम बदला हुआ है। मौसम विभाग ने 14 से 16 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट और कुछ में येलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
120 से 200 मिमी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार 14 जुलाई को राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। मध्य और उत्तर-पूर्वी झारखंड में भी बारिश होगी। 15 जुलाई को उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर 120 से 200 मिमी तक बारिश हो सकती है। बाकी जगहों पर 70 से 110 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी भाग और उत्तरी ओडिशा व पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसी वजह से झारखंड में बारिश हो रही है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी है।
अब तक सामान्य से 61 प्रतिशत अधिक बारिश
राज्य में अब तक सामान्य से 61 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में अब तक 510 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जबकि इस दौरान औसत रूप 316 मिलीमीटर बारिश होती है। रांची में भी 327 मिलीमीटर की जगह अब तक 779 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
बिहार: पटना में स्कूल संचालक की हत्या, पत्नी ने कॉन्ट्रैक्ट किलर से कराई हत्या, संपत्ति बनी वजह
12 Jul, 2025 08:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: पुलिस ने शुक्रवार की देर रात खगौल इलाके में निजी स्कूल संचालक अजीत कुमार की हत्या मामले का खुलासा कर दिया है. इस मामले में स्कूल संचालक की पत्नी ने ही हत्या का षड्यंत्र रचा था. इसके पीछे जमीन हड़पने की साजिश बताई जा रही है. पत्नी का नाम रीता सिन्हा है.
शुक्रवार को इस बारे में जानकारी देते हुए सिटी वेस्ट भानु प्रताप सिंह ने कहा कि स्कूल संचालक अजीत कुमार की हत्या में उसकी पत्नी और उनके ड्राइवर का हाथ है. इन दोनों ने जमीन और संपत्ति को हड़पने की नियत से इस संगीन वारदात को अंजाम दिया और पूरी साजिश रची. इन सभी ने अजीत कुमार की हत्या के लिए दस लाख रूपये में शूटर हायर किया था.
सिटी एसपी वेस्ट भानु प्रताप सिंह ने बताया कि छह जुलाई को रात एक बजे 50 साल के अजीत कुमार की गोली मार कर कुछ अपराधियों ने हत्या कर दी थी. जिसको लेकर खगौल थाने में सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने इस हत्याकांड की जांच के लिए एक एसआइटी का गठन किया था.
प्रॉपर्टी के लिए किया मर्डर
सिटी एसपी वेस्ट ने बताया कि इस पूरे मामले की मुख्य अभियुक्त मृतक स्कूल संचालक की पत्नी रीता सिन्हा है. जबकि लाइजनर के रूप में रीता सिन्हा का ड्राइवर मंटू कुमार था. इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. सिटी एसपी वेस्ट ने बताया कि स्कूल संचालक अजीत कुमार की पत्नी, अजीत कुमार की सारी संपत्ति को अपने नाम पर करवाना चाह रही थी. वह स्कूल का संचालन करती थी लेकिन जिस जमीन पर स्कूल बना था, वह अजीत कुमार के नाम पर था. इनकी सोच यही थी कि अगर उनकी मौत हो जाती है तो जमीन रीता नाम पर शिफ्ट हो जाएगी. इसके अलावा मृतक की जितनी और भी संपत्ति थी, वह सब उनके नाम पर आनी थी. घटना में प्रयुक्त बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
शूटर भी जल्द होगा गिरफ्तार
सिटी एसपी वेस्ट ने बताया कि दस लाख रूपये में शूटर को हायर किया गया था. जिसमें से तीन लाख रूपये भी दिए गए थे. शूटर की भी पहचान कर ली गयी है. उसको पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. इन लोगों को गिरफ्तार करके न्यायालय में भेजा जा रहा है.
'भाभी' के बाद 'दादी' ने संभाला नशे का मोर्चा, झारखंड से बिहार तक फैला था ब्राउन शुगर का जाल
12 Jul, 2025 08:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड: राजधानी रांची में बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर सहित अन्य नशे का कारोबार जोरों से चल रहे हैं. पुलिस की तफ्तीश में नशे के इस कारोबार के तार बार-बार बिहार के सासाराम से जुड़ते रहे. इस पर पुलिस ने एसआईटी बनाकर बिहार के सासाराम में जाकर नशे के कारोबारियों को दबोचा है. पुलिस ने इस ब्राउन शुगर के खेल में शामिल इंटर स्टेट गिरोह का भंडाफोड़ किया है.
इस नशे के कारोबार का संचालन एक दादी अम्मा कर रही थी, जिनका नाम मोहिनी शर्मा उर्फ मोहिनी देवी है. इनकी उम्र 65 साल बताई जा रही है. मामले में गिरफ्तार मोहिनी देवी को कारोबार का मुख्य आरोपी बताया गया है. उसकी निशानदेही पर ब्राउन शुगर के धंधे में शामिल गिरोह के चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मोहिनी शर्मा उर्फ मोहिनी देवी उम्र 65 साल, सुमित तिर्की उम्र 22 साल, पारस कुमार उर्फ गोलु उम्र 25 साल, मो० इस्माईल उम्र 29 साल और एक नाबालिग किशोर शामिल हैं.
65 साल की महिला गिरफ्तार
कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि, रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा को गुप्त सूचना मिली थी, कि 65 वर्षीय महिला जिसका नाम मोहिनी देवी उर्फ मोहिनी शर्मा है वह अपने किराए के मकान में ब्राउन शुगर के खरीद फरोख्त का काम करती है और नशे के कारोबार का नेटवर्क संचालित करती है. इसके बाद कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. गठित टीम के द्वारा मोहिनी शर्मा के घर पर छापेमारी की गई. इस दौरान लगभग 50 पुड़िया ब्राउन शुगर और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया.
पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
इससे पहले रांची पुलिस के द्वारा बिहार के सासाराम की रहने वाली रूबी देवी उर्फ भाभी जी को भी इसी साल जून में गिरफ्तार किया गया था. जांच के दौरान पुलिस को पता चला था कि रूबी देवी उर्फ भाभी जी का पूरा परिवार नशे के व्यापार मे लिप्त था. उसके नाम रांची के सुखदेवनगर थाना में कई मामले दर्ज हैं. जिसके आधार पर रांची पुलिस के द्वारा उसे गिरफ्तार किया गया. भाभी जी के बाद अब 65 साल की दादी अम्मा को ब्राउन शुगर के कारोबार चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
बिहार जॉब फेयर 2025 दूसरे दिन 2031 युवाओं की मौजूदगी 400 से ज्यादा को मिला ऑफर
12 Jul, 2025 10:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना स्थित दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान में बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा आयोजित मेगा जॉब फेयर2025 के दूसरे दिन युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. कुल 2031 प्रतिभागियों ने इस रोजगार मेले में भाग लिया, जिनमें से लगभग 400 से अधिक युवाओं का चयन विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिए किया गया.
मेगा जॉब फेयर2025 में राज्यभर के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर लेकर आया है. बिहार के विभिन्न जिलों के सुदूरवर्ती क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी QR कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर मेले में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं. खास बात यह है कि पटना के बाहर से आने वाले युवाओं एवं पटना के स्थानीय अभ्यर्थियों के लिए गंतव्य तक पहुचाने के लिए निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई गई है, जिसमें महिला प्रतिभागियों के लिए विशेष पिंक बस भी चलाई जा रही है.
श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन के द्वारा दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान, पटना में 10 जुलाई से 15 जुलाई तक “मेगा जॉब फेयर2025” का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल बिहार सरकार द्वारा राज्य में कौशल विकास और रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने — IPRD Bihar
15 जुलाई 2025 तक चलने वाले इस रोजगार मेले में देश की 80 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग ले रही हैं. इनमें एलएंडटी, सबरोस, डूट ट्रांसमिशन, मुथूट फाइनेंस, ज़ोमैटो, एमआरएफ लिमिटेड, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, अरविंद लिमिटेड, बारबेक्यू नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड, क्वेस कॉर्प लिमिटेड और सुधीर फाउंडेशन जैसी नामचीन कंपनियाँ शामिल हैं.
मेगा जॉब फेयर के माध्यम से बिहार के हजारों युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे. साथ ही उन्हें करियर परामर्श और मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है, जिससे वे सही दिशा में अपने कौशल का उपयोग कर सकें.
नगर निगम की बैठक में हंगामा पटना में पार्षद आपस में उलझे मारपीट के साथ चली कुर्सियां
12 Jul, 2025 10:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राज्य के भोजपुर जिले में कांग्रेस पार्टी की बैठक में गुरुवार को हुए जबरदस्त हंगामें की खबर अभी लोग भूले भी नहीं थे कि कुछ-कुछ वैसी ही हंगामें की खबर राजधानी से आ गई है. जहां शुक्रवार को पटना नगर निगम के पार्षदों की मीटिंग में इतना जबरदस्त हंगामा हुआ कि सब देखते ही रह गए. आलम यह हुआ कि पार्षदों के बीच जमकर धक्का मुक्की होने लगी. जिससे कई पार्षदों के कपड़े भी फट गए हैं.
राजधानी के एक निजी होटल में आयोजित इस बैठक में मेयर सीता साहू भी मौजूद थीं, लेकिन उनकी कोशिशों के बावजूद हंगामा शांत नहीं हुआ. बताया जा रहा है कि बैठक शुरू होते ही मेयर द्वारा पेश किए गए एक एजेंडे पर तीखी बहस छिड़ गई थी. जिससे मेयर समर्थक और विरोधी पार्षदों के बीच पहले तीखी नोंकझोंक हुई, जो धीरे-धीरे हाथापाई में बदल गई. कुछ पार्षद इतने उत्तेजित हो गए कि उन्होंने एक-दूसरे के कपड़े तक फाड़ दिए. इस दौरान निगम आयुक्त अनिमेष पाराशर ने भी एजेंडे को नियमों के खिलाफ बताते हुए आपत्ति जताई, जिसने विवाद को और हवा दे दी है.
आखिर बैठक को क्यों स्थगित करना पड़ा?
हंगामे के दौरान मेयर सीता साहू ने पार्षदों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उत्तेजित पार्षदों ने उनकी बात की अनसुनी कर दी. कुछ देर के लिए विरोधी पार्षद मेयर समर्थकों पर हावी रहे और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि बैठक को स्थगित करना पड़ा. सूत्रों की माने तो मेयर द्वारा पेश किए गए एजेंडे में एक दागी कंपनी को ठेका देने की कोशिश का मुद्दा अहम था. इस पर विरोधी पार्षदों ने कड़ा ऐतराज जताया है.
हंगामे से नगर निगम में पारदर्शिता की कमी सामने आई
निगम आयुक्त ने भी इस प्रस्ताव को नियम-विरुद्ध बताया, जिसके बाद माहौल और गरमा गया है. मेयर के बेटे ने भी इस दौरान समर्थन में मोर्चा संभाला, लेकिन हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा था. इस घटना ने स्थानीय लोगों और राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है. कुछ लोगों का कहना है कि यह हंगामा नगर निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता की कमी को दर्शाता है. वहीं, कुछ इसे राजनीतिक गुटबाजी का नतीजा मान रहे हैं.
संजय यादव का निशाना कहा नागपुर में विचारधारा गिरवी रखी तो बन जाएगा RJD का मुख्यमंत्री
12 Jul, 2025 10:25 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेजस्वी यादव के बेहद करीबी कहे जाने वाले सांसद संजय यादव ने आरजेडी के अकेले पूर्ण बहुमत मिलने की बात पर कहा कि जिस दिन हम अपनी विचारधारा को नागपुर के संघ में गिरवी रख देंगे, उस दिन RJD का सीएम बन जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि लालू बहुत ही न्यायप्रिय आदमी हैं.
राष्ट्रीय जनता दल राज्य सिंगल लारजेस्ट पार्टी से पूर्ण बहुमत तक का फासला क्यों नहीं खत्म हो पा रही है, के सवाल पर संजय यादव ने ‘सत्ता सम्मेलन बिहार’ में कहा, “ये कोई रॉकेट साइंस नहीं है. जिस दिन हम अपनी विचारधारा और अपनी नैतिकता को नागपुर के संघ के यहां गिरवी रख देंगे, तुरंत यहां सरकार बन जाएगी. आरजेडी का मुख्यमंत्री बन जाएगा.”
हर दल के साथ नीतीश ने किया गठबंधनः संजय यादव
उन्होंने आगे कहा कि ये कौन सी रॉकेट साइंस है. बिहार में एक दल भी ऐसा नहीं बचा है जिसके साथ नीतीश कुमार नहीं गए हों, गठबंधन नहीं किया हो. संजय यादव को तेजस्वी यादव का राजनीतिक सलाहकार कहा जाता है.
बिहार में राष्ट्रीय जनता दल की ओर से सीट बंटवारे के दौरान कांग्रेस को 70 सीटें दिए जाने और उसका दसवां हिस्सा ही जीतने से जुड़े सवाल और आगामी चुनाव को लेकर संजय यादव ने कहा कि जेडीयू को पिछले चुनाव में 100 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ी थी और 43 सीटें ही जीत सकी थी. मुख्यमंत्री भी चुनाव में थे. उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी थे जिन्होंने 40 से अधिक सभाएं की थी. राजनीति में यह होता है. 100 से अधिक सीटों पर लड़ने के बावजूद जेडीयू की 40 से अधिक सीटें क्यों आईं.
NDA में कोई जुबान खोल सकता है क्याः संजय यादव
‘सत्ता सम्मेलन बिहार’ के मंच पर सीट शेयरिंग को लेकर संजय यादव ने कहा कि हर कोई अपनी दावेदारी कर रहा है. लेफ्ट के लोग मांग रहे हैं. मुकेश सहनी भी मांग रहे हैं. अन्य सहयोगी दल भी अपने लिए सीटें मांग रहे हैं. कुछ अन्य दल जो आना चाह रहे हैं वो भी सीटें मांग रहे हैं. यही तो खूबसूरती है.
उन्होंने कहा, “हम न्यायप्रिय लोग हैं तभी हमसे लोग अपेक्षा करते हैं और हमसें सीटें मांग रहे हैं. वरना एनडीए में कोई जुबान खोलकर दिखा कि कौन कितनी सीटें मांग रहा है. चिराग पासवान बता सकते हैं कितनी सीट चाहिए. उपेंद्र कुशवाहा कह सकते हैं कितनी सीटें चाहिए. जीतन राम मांझी कह सकते हैं कि उन्हें कितनी सीटें चाहिए क्योंकि उन्हें पता है कि हमारे सर्वेसर्वा लालू यादव बहुत ही न्यायप्रिय आदमी हैं, वो सबकी सुनते हैं. यहां कोई तानाशाही नहीं है. हम लोकतंत्र हैं और हम अपनी बातें खुले मन से रखते हैं. सब अपने-अपने समर्थकों को मैसेज देते हैं.”
हम नया बिहार बनाना चाहते हैंः संजय यादव
बिहार के भविष्य को लेकर संजय यादव ने कहा कि हम नया बिहार बनाना चाहते हैं कि जहां देश के टॉप 10 कॉलेज में से हो. यहां पर 2 हजार एकड़ में एक एजुकेशनल सिटी हो. वर्ल्ड क्लास हेल्थ इंफ्रास्टक्चर हो. बिहार को गरीबी और बेरोजगारी के पलायन से बाहर निकालें. पालयन को रोकें.
पत्नी की बेवफाई ने ले ली जान बहन की शादी में गया पति लौटा तो खुद को खत्म कर लिया
12 Jul, 2025 10:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के बेगूसराय में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. घटनाक्रम में बहन की डोली उठने से पहले भाई की अर्थी उठ गई. दरअसल, पति बहन की शादी में अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था. उसे खबर मिली कि उसकी पत्नी ने दूसरी शादी कर ली है. इसी से खफा होकर युवक ने घर में ही बहन की शादी से पहले ही गले में फंदा लगाकर बीती रात आत्महत्या कर लिया.
घटना चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव की है. मृतक युवक की पहचान कुंभी गांव के रहने वाले नंदलाल सदा के रूप में की गई है. घटना के संबंध में मृतक के पिता मंटून सदा ने बताया कि घर में 11 जुलाई को मेरी पुत्री की शादी थी. इसी शादी के अवसर पर अपनी पत्नी को लाने के लिए मेरा पुत्र अपने ससुराल लखीसराय गया था.
पता चला कि उसकी पत्नी ने दूसरे से शादी रचा ली है. उन्होंने बताया कि ससुराल से वापस अपने घर आया और घर में बस इतना कहा कि पत्नी ने दूसरी से शादी कर ली है. इतना कह कर ही घर में बीती रात गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली.
उन्होंने बताया कि पत्नी की दूसरी शादी से खफा होकर नंदलाल सदा ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. 10 साल पहले ही नंदलाल सदा की शादी हुई थी. उसके तीन मासूम बच्चे भी हैं. उन्होंने बताया कि एक महीने पहले ही बहू बच्चों को छोड़कर अपने मायके गई थी. क्या पता था कि वो नंदलाल सदा को छोड़कर दूसरी शादी कर लेगी.
यह किसी को पता नहीं था. मृतक नंदलाल सदा की बहन की शादी 11 जुलाई को होनी थी, लेकिन बहन की डोली उठने से पहले भाई की अर्थी उठ गई. इस घटना के बाद शादी की खुशी गम में तब्दील हो गई.
फिलहाल इस घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने चेरिया बरियारपुर थाना पुलिस को दी है. मौके पर चेरिया बरियारपुर थाने के पुलिस पहुंचकर शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है. आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
महंगी सब्जी की तलाश में जंगल गया युवक हाथी ने मार डाला
12 Jul, 2025 10:11 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
1000 रुपये किलो वाली दुर्लभ सब्जी की तलाश में जंगल गया युवक, हाथी ने कुचल कर मार डालाझारखंड के रांची के जंगलों में मिलने वाली दुर्लभ सब्जी रुगड़ा की खोज एक युवक के लिए काल बन गया. एक युवक इसी सब्जी की तलाश में जंगल गया था, जहां उसे जंगली हाथी ने पटक-पटक कर मार डाला. युवक का नाम गोपेन उरांव है. वह रांची के चान्हो थाना क्षेत्र का रहने वाला था.
गोपेन उरांव तेज बारिश के बीच अपने परिवार के साथ गांव से थोड़ी दूरी पर स्थित होन्हे पाकरटोली जंगल में “रुगड़ा ” चुनने गया था. जंगल में ढेर सारा रुगड़ा सब्जी को देख कर गोपेन के खुशी का ठिकाना नहीं रहा. इसी अति उत्साह में वह यह नहीं देख पाया कि एक हाथी उसकी ओर काल बनकर दौड़ा चला आ रहा है.
हाथी ने कुचलकर मार डाला
जब तक गोपेन की नजर हाथी पर पड़ी, तब तक गजराज ने उसे कुचल डाला. हाथी के हमले से गोपेन की हड्डी पसली टूट गई थी. गनीमत यह रही कि हाथी को आता देख गोपन की पत्नी मनीता उरांव और बेटा अकेला उरांव वहां से भाग गए.सूचना मिलते ही मौके पर वन विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस पहुंची. गोपेन के शव को जंगल से बरामद करते हुए पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल भेजा.
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से हाथियों ने इस जंगल में डेरा जमा लिया है. हाथी जंगल की ओर जाने वाले ग्रामीणों पर हमला कर रहे हैं.
क्या है रुगड़ा सब्जी की खासियत?
बता दें कि ” रुगड़ा ” एक प्रकार की मशरूम की प्रजाति है, जिसे अंडरग्राउंड मशरूम के नाम से भी जाना जाता है. अपने स्वादिष्ट जायके के लिए तो यह सब्जी प्रसिद्ध है ही, साथ ही साथ , इस सब्जी में उच्च प्रोटीन के साथ विटामिन, कैल्शियम, फॉस्फोरस, पोटेशियम और विटामिन बी मिलते हैं.यह सब्जी बाजार में काफी ऊंचे दाम पर (लगभग ₹800- ₹1000 रुपया किलो) मिलती है. इसकी डिमांड ज्यादा होती है, क्योंकि यह सब्जी साल के केवल 2 महीने मानसून के दौरान ही बाजारों में उपलब्ध हो पाती है.
बिहार: हत्या केस में आरोपियों पर ढोल-नगाड़े से कार्रवाई
11 Jul, 2025 04:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखीसराय के पिपरिया थाना क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के फरार आरोपियों के खिलाफ लखीसराय पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके घरों पर ढोल-नगाड़ों के साथ इश्तेहार चिपकाया। यह कार्रवाई पिपरिया थाना अध्यक्ष उज्ज्वल कुमार के नेतृत्व में औलीपुर गांव में की गई।
इश्तेहार के जरिए चेतावनी, 3 दिन में आत्मसमर्पण का अल्टीमेटम
पुलिस ने गांव में ढोल-बाजे के साथ मार्च करते हुए लोगों को आरोपियों के खिलाफ जारी कार्रवाई की जानकारी दी। साथ ही फरार अभियुक्तों के परिजनों को चेतावनी दी गई कि नामजद आरोपी तीन दिनों के भीतर आत्मसमर्पण करें, अन्यथा उनकी चल-अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया जाएगा।
इन आरोपियों के खिलाफ हुई कार्रवाई
पुलिस ने जिन आरोपियों के खिलाफ इश्तेहार जारी किया है, उनमें माधव कुमार, मुकेश सिंह, श्याम सुंदर सिंह, राजेश राम समेत अन्य शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके घरों पर सार्वजनिक रूप से नोटिस चिपकाया और पूरे गांव में मुनादी कर लोगों को इस विषय में जानकारी दी।
17 जून को हुआ था दोहरा हत्याकांड
गौरतलब है कि 17 जून की रात पिपरिया थाना क्षेत्र के औलीपुर गांव में अपराधियों ने मुखिया चंदन सिंह और वार्ड सदस्य प्रतिनिधि चंदन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक मुखिया की पत्नी पलवी कुमारी ने सात लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
दो गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। थाना अध्यक्ष उज्ज्वल कुमार ने स्पष्ट किया है कि अगर आरोपी तय समय सीमा के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
शादी से पहले बुझ गया घर का चिराग: NH-922 पर हादसे में ट्रक ड्राइवर की जान गई
11 Jul, 2025 04:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-922 पर शुक्रवार को चंदा गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय ट्रक चालक मोहित कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का निवासी था और उसकी शादी अगले महीने तय थी।
झपकी लगने से हुआ हादसा, ट्रक ट्रेलर में जा घुसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहित कुमार लोहे की सरिया लादकर पटना से हिमाचल प्रदेश के बद्दी की ओर जा रहा था। चंदा गांव के पास सामने चल रहे बालू से लदे ट्रेलर में ट्रक ने पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। आशंका है कि मोहित को चलाते समय झपकी लग गई थी, जिसके चलते ट्रक बेकाबू होकर ट्रेलर में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोहे की सरिया ट्रक के केबिन में घुस गई और मोहित बुरी तरह उसमें फंस गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
शव निकालने को जेसीबी की ली गई मदद
हादसे की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना पुलिस, एनएचआई की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। मोहित का शव केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी की सहायता ली गई। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया।
परिजनों पर टूटा दुख का पहाड़
परिजनों को जैसे ही इस हादसे की खबर मिली, पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मोहित की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और अगले माह उसकी बारात निकलने वाली थी। वह परिवार का जिम्मेदार और मेहनती सदस्य था।
पुलिस ने की सतर्कता बरतने की अपील
नया भोजपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम लें और सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके। हादसे के चलते NH-922 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
कटिहार में दो फर्जी अभ्यर्थी धराए गए, बायोमैट्रिक सत्यापन में धोखाधड़ी पकड़ी गई
11 Jul, 2025 04:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सहरसा जिले के स्टेडियम ग्राउंड में चल रही होमगार्ड बहाली के दौरान शुक्रवार को एक फर्जी अभ्यर्थी को रंगेहाथ पकड़ लिया गया। होमगार्ड के कमांडेंट संदीप कुमार ने फर्जी अभ्यर्थी को तत्काल सहरसा सदर थाना पुलिस को सौंप दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उम्र और चेहरे में फर्क देख हुआ शक
कमांडेंट संदीप कुमार के अनुसार, 1 जुलाई से 15 जुलाई तक स्टेडियम ग्राउंड में होमगार्ड पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही है। शुक्रवार को ऊंचाई, सीना और लंबाई की जांच की जा रही थी। इस दौरान एक अभ्यर्थी का दस्तावेज़ों में जन्मतिथि 31 दिसंबर 1989 दर्ज थी, लेकिन वह महज 21 वर्ष का प्रतीत हो रहा था। संदेह होने पर जब कागजातों की जांच की गई, तो सामने आया कि वह अभ्यर्थी असली नहीं, बल्कि फर्जी है।
दूसरे के नाम पर दे रहा था शारीरिक परीक्षा
कमांडेंट ने बताया कि शारीरिक जांच में शामिल हुआ युवक, जय राम कुमार, असल में बिहरा थाना क्षेत्र के बिशनपुर पंचायत के आरण गांव वार्ड नंबर 13 निवासी बेचन यादव का 21 वर्षीय पुत्र है। वह विजेंद्र कुमार के स्थान पर परीक्षा में शामिल हुआ था, जबकि विजेंद्र उसी गांव का निवासी और वास्तविक अभ्यर्थी है। घटना की जानकारी मिलते ही सहरसा सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और फर्जी अभ्यर्थी को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि जय राम कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ड्रोन ऑपरेशन 'सतर्क' में सफलता, इंटरसिटी एक्सप्रेस से बड़ी शराब खेप बरामद हुई
11 Jul, 2025 04:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शराबबंदी वाले बिहार में तस्करों की नई तरकीबों पर अब हाईटेक नजर रखी जा रही है। कटिहार में रेलवे पुलिस ने ड्रोन की मदद से इंटरसिटी एक्सप्रेस की बोगी में छिपाकर लाई जा रही शराब की बड़ी खेप बरामद की है। हालांकि, तस्कर मौके से फरार हो गया, लेकिन आरपीएफ इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मान रही है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि सिलिगुड़ी से कटिहार आने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस पर ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान बोगी में संदिग्ध गतिविधि देखी गई। गुप्त सूचना के आधार पर जब ट्रेन की तलाशी ली गई तो उसमें छुपाकर रखी गई शराब की बड़ी मात्रा बरामद हुई।
सूत्रों के अनुसार, यह शराब पश्चिम बंगाल सीमा से लाई गई थी और कटिहार में इसकी सप्लाई की जानी थी। ड्रोन से निगरानी के चलते तस्करों का यह प्रयास विफल हो गया। इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाई तेज की जाएगी और ड्रोन के माध्यम से ट्रेनों और रेलवे यार्डों की निगरानी लगातार जारी रहेगी। रेलवे पुलिस का मानना है कि ड्रोन तकनीक शराब तस्करी रोकने में गेमचेंजर साबित हो सकती है। अब सवाल यह उठ रहा है कि जब आसमान से निगरानी हो रही है, तो तस्कर कब तक बच पाएंगे?
माओवाद की समाप्ति के बाद अब बस्तर का सर्वांगीण विकास होगा: मंत्री राम विचार नेताम
अम्बिकापुर में विकास को नई रफ्तार
ड्रोन के साथ अपने हौसलों को उड़ान दे रही हैं सरूपी मीणा
अल्पविराम की अवधारणा जीवन और कार्य के संतुलन के लिये अत्यंत आवश्यक : अर्गल
चिन्हारी योजना से सशक्त हो रही छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति
जल जीवन मिशन से संवरी बुलगा की तस्वीर, जीवंती बाई के घर तक पहुँचा शुद्ध पेयजल
नगरीय निकायों के कायाकल्प और वित्तीय सुदृढ़ीकरण के लिये दो दिवसीय "शहरी सुधार कार्यशाला" का हुआ समापन
संकल्प से समाधान अभियान’ से त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी निराकरण हुआ सुनिश्चित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
यूरिया का प्रभावी विकल्प बन रही हरी खाद, जशपुर में 600 हेक्टेयर में प्रदर्शन
