बिहार-झारखण्ड
वन विभाग की लापरवाही पर भड़के ग्रामीण, बोले– समय पर कदम उठते तो बच सकती थी जान
3 Sep, 2025 12:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के रानिया प्रखंड के बोंगटेल गांव में मंगलवार देर रात जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान कृष्णा सिंह (पिता–बंधन सिंह) के रूप में हुई है। हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
हाथियों का बढ़ता आतंक
झारखंड के कई जिलों में इन दिनों जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाथी अक्सर जंगल से निकलकर गांवों में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे फसलों, घरों और अनाज का नुकसान हो रहा है। कई बार ये घटनाएँ जानलेवा साबित हो रही हैं।
ग्रामीणों की मुआवजे और सुरक्षा की मांग
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और वन विभाग से तत्काल मुआवजा दिलाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को बार-बार सूचित करने के बावजूद हाथियों से सुरक्षा को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने दी चेतावनी
घटना की जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा और प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष जोन कंडुलना मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकग्रस्त परिवार से मुलाकात कर मदद का भरोसा दिया और वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। नेताओं का कहना था कि अगर विभाग समय पर कदम उठाता, तो इस तरह की दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी।
उन्होंने चेतावनी दी कि हाथियों से निपटने के लिए शीघ्र ठोस रणनीति बनाई जाए, अन्यथा ग्रामीणों का आक्रोश और भड़क सकता है। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष जोन कंडुलना, मंडल अध्यक्ष रामसिंह राम, डाहु पंचायत अध्यक्ष सुनील कंडुलना, बसत बारवा, समुएल कंडुलना समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हीरापुर-सिटी सेंटर सबसे ज्यादा प्रभावित, गली-चौराहों पर डेरा जमाए आवारा कुत्ते
3 Sep, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब हालत यह हो गई है कि पार्कों में भी लोग जॉगिंग और मॉर्निंग वॉक करने से डरने लगे हैं। गोल्फ मैदान स्थित नगर निगम पार्क में कुत्तों के झुंड लोगों पर हमला कर रहे हैं। नतीजा यह है कि लोग पार्क जाना कम कर रहे हैं।
पार्क में घुसकर कुत्तों का हमला
हीरापुर निवासी कंचन डे बताते हैं कि रोजाना कुत्तों का झुंड पार्क में घुस जाता है, जिससे लोग परेशान हैं। स्थानीय अंजली देवी कहती हैं कि कई बार कुत्ते हमला कर देते हैं, ऐसे में काटने का डर बना रहता है। नगर निगम से शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
हर दिन 100 लोग एंटी रेबीज वैक्सीन लेने मजबूर
शहर में डॉग बाइट की घटनाएं इतनी बढ़ गई हैं कि हर दिन करीब 100 लोग एसएनएमएमसीएच के एंटी रेबीज केंद्र पहुंच रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, इसमें 70% नए केस होते हैं। एक बार काटे जाने पर मरीज को तीन बार वैक्सीन लगानी पड़ती है।
एंटी रेबीज केंद्र में वैक्सीन लेने वालों का आंकड़ा (2025)
जनवरी – 2349
फरवरी – 2026
मार्च – 1958
अप्रैल – 2032
मई – 2982
जून – 2816
जुलाई – 3015
अगस्त – 2910
गली-चौराहों पर आतंक
स्टील गेट, हीरापुर, सिटी सेंटर, बैंक मोड़ और पुराना बाजार इलाका सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां से सबसे अधिक लोग कुत्तों के काटने के मामले लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। वहीं ग्रामीण इलाकों में सियार काटने के केस ज्यादा सामने आ रहे हैं।
निगम के दावे और हकीकत
नगर निगम का दावा है कि अब तक 10 हजार कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है, जिस पर डेढ़ करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि सड़कों पर हर जगह कुत्तों का झुंड घूम रहा है। पशुपालन विभाग का अनुमान है कि शहर में डेढ़ लाख से अधिक कुत्ते हैं।
नगर आयुक्त रवि राज शर्मा का कहना है कि कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के लिए निगम लगातार प्रयास कर रहा है। नसबंदी कराई जा रही है और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
सिदो-कान्हू आदिवासी संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन के प्रतीक
3 Sep, 2025 09:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग शहर में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी सिदो और कान्हू मुर्मू की प्रतिमाओं को एक बार फिर शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। यह घटना मंगलवार तड़के करम पूजा की पूर्व संध्या पर हुई। वारदात से गुस्साए स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने सड़कों पर उतरकर कई घंटों तक जाम लगाया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
15 दिन में दूसरी घटना
करीब 15 दिन पहले भी इन्हीं प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया गया था, लेकिन पुलिस दोषियों तक नहीं पहुंच सकी। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही दूसरी बार ऐसी घटना घटी है। इससे पहले शरारती तत्वों ने पूर्व मुख्यमंत्री के.बी. सहाय की प्रतिमा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
बारिश और अंधेरे का फायदा उठाया
पुलिस के मुताबिक घटना सुबह लगभग 3:30 बजे की है। रात में गश्त के दौरान प्रतिमाएं सुरक्षित थीं, लेकिन भोर से पहले हुई भारी बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को शक है कि योजनाबद्ध तरीके से मूर्तियों को तोड़ा गया है।
लोगों का सड़क पर प्रदर्शन
सुबह जैसे ही प्रतिमाओं के टूटने की खबर फैली, बड़ी संख्या में लोग सदानंद रोड और कोरह रोड चौराहे पर पहुंच गए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी चौक पर कई घंटों तक जाम कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिस दोषियों को बचा रही है और गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही।
पुलिस का आश्वासन
हजारीबाग सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार आनंद ने कहा कि प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया।
सिदो-कान्हू आदिवासी संघर्ष के प्रतीक
सिदो और कान्हू मुर्मू ने वर्ष 1855–56 में ब्रिटिश शासन और स्थानीय जमींदारों के खिलाफ संथाल विद्रोह का नेतृत्व किया था। आदिवासी समाज उन्हें नायक और स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत के रूप में मानता है। उनकी प्रतिमाओं को तोड़े जाने की घटनाओं ने आदिवासी समाज की भावनाओं को गहरा आहत किया है।
महज 200 रुपये के लिए दोस्त ने दोस्त को उतारा मौत के घाट
2 Sep, 2025 08:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गिरिडीह (झारखंड)। गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में महज 200 रुपये की उधारी को लेकर एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस हत्याकांड का उद्भेदन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने प्रेस वार्ता में बताया कि 31 अगस्त को मुंड्राडीह गांव में पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी दौरान जमालुद्दीन अंसारी का पुत्र अनाउल अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी टीम गठित की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुंड्राडीह गांव निवासी 40 वर्षीय मकसूद अंसारी को अशगंधों के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने महज 200 रुपये के उधार को लेकर अपने दोस्त की हत्या की।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। हालांकि आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।
उधर, मृतक के परिजनों ने जिला प्रशासन से सरकारी सहायता की मांग की है।
कोडरमा के बरियारडीह मोड़ की घटना , दमकल ने घंटों की मशक्कत के बाद बुझाई आग
2 Sep, 2025 06:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोडरमा। मरकच्चो प्रखंड के कोडरमा-गिरिडीह रोड स्थित बरियारडीह मोड़ के पास मंगलवार दोपहर एक मिक्सर प्लांट में भीषण आग लग गई। प्लांट में अलकतरा से भरे टैंकर को गर्म कर अनलोड किया जा रहा था, तभी अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते टैंकर पूरी तरह लपटों में घिर गया।
आग लगने से पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया। सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। नुकसान का अनुमान लाखों रुपये में लगाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अलकतरा गर्म करने के दौरान लापरवाही आग लगने की वजह हो सकती है। हादसे के वक्त मौजूद कर्मचारी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे बड़ी त्रासदी टल गई।
बताया जाता है कि यह प्लांट बोकारो जिले के जैनामोड़ निवासी विनोद जैन के स्वामित्व में है। यहां अलकतरा और स्टोन चिप्स मिलाकर सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य के लिए सामग्री तैयार की जाती है।
घाटशिला विधानसभा: अब 300 बूथों पर होगा मतदान, मतदाताओं की संख्या 2.5 लाख पार
2 Sep, 2025 06:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव: निर्वाचक सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, 9 नए मतदान केंद्र बनाए गए
जमशेदपुर/घाटशिला। घाटशिला विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर सक्रियता तेज हो गई है। मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत एकीकृत निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशन कर दिया गया है। अंतिम सूची 29 सितंबर को प्रकाशित होगी।
उन्होंने बताया कि दावा और आपत्ति दर्ज करने की तिथि 2 से 17 सितंबर तक निर्धारित की गई है। इन दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 25 सितंबर तक किया जाएगा। निर्वाचन नियमों के अनुसार, तैयार सूची की प्रतियां कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएंगी और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी साप्ताहिक आधार पर साझा की जाएंगी।
बढ़ाए गए मतदान केंद्र
निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन के बाद इस बार 9 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पहले 291 केंद्र थे, अब कुल 300 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इसके लिए 218 भवनों का उपयोग किया जाएगा। वर्तमान में घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में 2,51,367 मतदाता पंजीकृत हैं। विशेष पुनरीक्षण के बाद मतदाताओं की संख्या बढ़ने की संभावना है।
आवेदन प्रक्रिया
नए नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6, नाम संशोधन के लिए प्रपत्र-8 , स्थानांतरण/विलोपन के लिए प्रपत्र-7
इन सभी प्रकार के आवेदन https://voters.eci.gov.in पोर्टल, Voter Helpline App अथवा संबंधित बीएलओ/ईआरओ/एईआरओ कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।
राजनीतिक सरगर्मी
उपचुनाव की घोषणा से पहले ही स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। दिवंगत विधायक एवं पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद उनके बड़े पुत्र सोमेश सोरेन ने मंगलवार को सक्रिय रूप से राजनीति में कदम रखा। उन्होंने अपने पिता की तस्वीर पर नमन कर सोशल मीडिया पर लिखा—
"पिताजी का आशीर्वाद लेकर मैं घाटशिला विधानसभा क्षेत्र की ओर प्रस्थान कर रहा हूं। स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को समझना और समाधान करना ही मेरा उद्देश्य है।" सोमेश ने मां का आशीर्वाद लेने के बाद भाइयों के साथ घाटशिला पहुंचकर पहली बार झामुमो की विधानसभा स्तरीय बैठक को संबोधित किया।
गहनों की चोरी का आरोप, 36 वर्षीय महिला को बेरहमी से पीटा और किया अपमानित
2 Sep, 2025 05:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गिरिडीह (झारखंड): झारखंड के गिरिडीह जिले में आभूषण चोरी के शक में एक 36 वर्षीय महिला के साथ अमानवीय बर्ताव किया गया। आरोपियों ने उसके बाल काट दिए और चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। पुलिस ने इस मामले में नगेश्वर यादव समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें छह महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
डुमरी थाना प्रभारी प्रणीत पटेल ने बताया कि रविवार शाम पिपरादिह गांव में यह घटना हुई। नगेश्वर यादव के परिजनों ने महिला पर गहने चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने महिला को घर से घसीटकर बाहर निकाला, उसकी पिटाई की और जबरन गहने लौटाने की मांग की। जब उसने इंकार किया तो आरोपियों ने उसके बाल काट दिए और गांव में अपमानित किया।
इस मामले की जानकारी पुलिस को तब मिली जब घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने नगेश्वर यादव के परिवार की चार महिलाओं—रेखा देवी, हॉरली देवी, बिंदा देवी और भानुमति देवी—को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है।
अधिकारी ने बताया कि महिला के खिलाफ अब तक किसी भी थाना क्षेत्र में चोरी का कोई मामला दर्ज नहीं है। मारपीट में घायल पीड़िता को डुमरी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बीजेपी सिर्फ धर्म की राजनीति कर सकती है - आरजेडी
2 Sep, 2025 05:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बिहार बीजेपी महिला मोर्चा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ दरभंगा में एक मंच से की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में 4 सितंबर को बिहार बंद का ऐलान किया है। यह बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। आपात सेवाओं और रेल परिचालन को इससे बाहर रखा गया है।
बीजेपी का कहना है कि इस बंद के जरिए यह संदेश दिया जाएगा कि मां का अपमान किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संजय सरावगी का हमला
बीजेपी कोटे के मंत्री संजय सरावगी ने एबीपी न्यूज़ से कहा, “महिलाओं में भारी गुस्सा है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को माफी मांगनी चाहिए, लेकिन वे माफी नहीं मांग रहे क्योंकि उनमें लज्जा नहीं है।” “मुस्लिम वोट पाने के लिए पीएम मोदी और उनकी मां को गालियां दी गईं।” “माई का स्थान देवता-पितर से भी ऊपर होता है। पीएम मोदी आज भावुक हो गए और देश को संबोधित किया।”
उन्होंने दावा किया कि वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राहुल और तेजस्वी के इशारे पर दरभंगा में पीएम मोदी और उनकी मां के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
‘चुन-चुनकर बदला लेगी जनता’
सरावगी ने कहा कि बिहार की जनता में आक्रोश है और विधानसभा चुनाव में जनता इसका बदला ईवीएम पर बटन दबाकर लेगी।
आरजेडी का पलटवार
बीजेपी के आरोपों पर आरजेडी ने पलटवार किया है। आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा, “बीजेपी सिर्फ धर्म की राजनीति कर सकती है।” “मंत्री संजय सरावगी के नेतृत्व में कांग्रेस दफ्तर पर हमला किया गया, इस पर वे चुप क्यों हैं?” “इन लोगों को बिहार की जनता से कोई मतलब नहीं है।”
कैबिनेट बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े प्रस्तावों पर विचार
2 Sep, 2025 10:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। दोपहर ढाई बजे शुरू होने वाली इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय लिए जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में नगर निकाय चुनाव को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है। लंबे समय से टल रही चुनाव प्रक्रिया पर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर रहा है। ऐसे में आज की बैठक में चुनाव की रूपरेखा तय होने और तारीखों की घोषणा की संभावना जताई जा रही है। यदि निर्णय लिया गया तो जल्द ही अधिसूचना जारी हो सकती है।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के सरकारी आवास को उनकी पत्नी रूपी सोरेन के नाम करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, उद्योग और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। खासकर बेरोजगारी और जनकल्याणकारी योजनाओं पर सरकार सकारात्मक रुख दिखा सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आज की कैबिनेट बैठक से न केवल प्रशासनिक स्तर पर बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण संदेश जाएगा। लिए गए फैसले आने वाले दिनों में झारखंड की राजनीति और विकास की दिशा तय करने में निर्णायक साबित हो सकते हैं।
अपमानजनक टिप्पणी से देश की अस्मिता को ठेस - भाजपा महिला मोर्चा
1 Sep, 2025 07:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। बिहार में चल रही वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता के प्रति अपशब्द कहने का आरोप लगा है। इसको लेकर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को राजधानी रांची स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।
भाजपा महिला मोर्चा की मीडिया प्रभारी कुमुद झा ने कहा कि राहुल गांधी का यह व्यवहार न केवल अपमानजनक है, बल्कि भारतीय राजनीति की गरिमा और संस्कारों के खिलाफ भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के सर्वोच्च पद पर हैं, ऐसे में उनके प्रति या उनकी माता के प्रति अपशब्द कहना पूरे देश की अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाला है।
कुमुद झा ने चेतावनी दी कि जब तक राहुल गांधी प्रधानमंत्री और जनता से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, भाजपा महिला मोर्चा का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक कांग्रेस के इस असंस्कारी रवैये का विरोध करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सोमवार सुबह से ही शहर के विभिन्न हिस्सों से कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च करेंगी। इस दौरान नारेबाजी और राहुल गांधी का पुतला दहन भी किया जाएगा।
भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रही है, लेकिन इस बार मामला केवल राजनीतिक मतभेद का नहीं, बल्कि व्यक्तिगत मर्यादा और देश की संस्कृति पर चोट का है। उन्होंने संकेत दिया कि यदि राहुल गांधी सार्वजनिक माफी नहीं मांगते तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
158 करोड़ की लागत से बनेगी सड़क, नौ प्रमुख गलियां होंगी विकसित
1 Sep, 2025 07:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। राजधानी के पटना साहिब क्षेत्र को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कई विकास योजनाओं पर काम शुरू हो गया है। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए गायघाट से दीदारगंज तक 7.80 किलोमीटर लंबी गंगा किनारे की सड़क का चौड़ीकरण कार्य जल्द शुरू होगा।
जेपी गंगा पथ के समानांतर बनने वाली इस फोरलेन सड़क का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर चुके हैं। करीब 158.40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से पटना सिटी की नौ प्रमुख गलियां जुड़ेंगी, जिन्हें आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।
छठ और धार्मिक आयोजनों में मिलेगा लाभ
अशोक राजपथ से गंगा घाटों को जोड़ने वाली इन गलियों के विकसित होने से नागरिकों और व्यापारियों के साथ-साथ छठ के दौरान हजारों व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को भी सुगमता होगी।
सितंबर से होगा नाला व गली निर्माण कार्य
स्थानीय विधायक और विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने बताया कि नगर विकास विभाग द्वारा सितंबर से नौ लंबी गलियों और नाले के निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी। इनमें बुंदेलटोली घाट गली, पीरमरिया घाट गली, नंदगोला घाट गली, नुरुद्दीनगंज घाट गली, अदरक घाट गली, महाराज घाट गली, शरीफागंज घाट गली, मिरचाई घाट गली और टेढ़ी घाट गली शामिल हैं। इनकी प्रशासनिक स्वीकृति के बाद निर्माण के लिए टेंडर भी हो चुका है।
हर गली होगी दुरुस्त
विधायक यादव ने कहा कि पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र की कोई भी गली अब बदहाल नहीं रहेगी। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से अन्य वार्डों में भी गलियों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और कई जगहों पर तैयारी चल रही है।
धार्मिक स्थलों तक आसान पहुँच
इन विकसित गलियों और गंगा तट की नई फोरलेन सड़क से गायघाट, भद्रघाट, महावीर घाट, नौजर घाट, खाजेकलां घाट, कंगन घाट और मालसलामी से लेकर दीदारगंज घाट तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। साथ ही, भद्रघाट, महावीर घाट और नौजर घाट पर विकसित हो रहे पांच पार्कों तक लोगों का आना-जाना और सुविधाजनक होगा।
जेवड़ा गांव में सड़क संकट, गर्भवती को कंधे पर उठाकर पहुंचाया अस्पताल
1 Sep, 2025 06:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गिरिडीह। जिले के देवरी प्रखंड अंतर्गत खटोरी पंचायत के जेवड़ा गांव में सड़क सुविधा न होने के कारण प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को खटिया पर कंधे के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ा। यह घटना मूलभूत सुविधाओं से वंचित इस सुदूरवर्ती आदिवासी बहुल क्षेत्र की बदहाली को उजागर करती है।
जानकारी के अनुसार, जेवड़ा निवासी नरेश सोरेन की 19 वर्षीय पत्नी सलगी मुर्मू प्रसव पीड़ा से तड़प रही थी। गांव तक एंबुलेंस या बाइक का रास्ता न होने के कारण परिजनों और ग्रामीणों ने उसे खटिया पर लिटाकर कंधे से उठाया और नदी पार कर मेन रोड तक पहुंचाया। इसके बाद महिला को तीसरी स्थित स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
आजादी के बाद से नहीं बनी सड़क
ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से अब तक जेवड़ा गांव को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव पूरी तरह टापू बन जाता है। ऐसे में मरीजों को अस्पताल ले जाना सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है।
अधिकारियों और नेताओं के दौरे बेनतीजा
ग्रामीणों ने बताया कि जब वंदना डडेल गिरिडीह की उपायुक्त थीं, तब उन्होंने गांव का दौरा किया था। इसके अलावा तीन बार विधायक रहे केदार हजरा भी यहां आ चुके हैं, लेकिन सड़क निर्माण की समस्या अब तक जस की तस है।
ग्रामीणों ने सरकार से जल्द से जल्द सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
हमारा वोट संविधान की रक्षा करता है'—CM सोरेन का NDA पर हमला
1 Sep, 2025 04:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार (01 सितंबर) को बीजेपी और एनडीए पर बड़ा हमला बोला। पटना में कांग्रेस की ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ के समापन अवसर पर आयोजित रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) के नाम पर लोगों के अधिकार छीन रही है और मतदाता सूची को सत्ता के मुताबिक तैयार किया जा रहा है।
सोरेन ने कहा कि बीजेपी “फूट डालो और राज करो” की नीति पर काम कर रही है और इसी वजह से कई राज्यों में काबिज है। उन्होंने सभी INDIA ब्लॉक दलों से एकजुट होकर सत्ता परिवर्तन की अपील की।
BJP पर 'वोट चोरी' का आरोप
सीएम सोरेन ने आरोप लगाया कि बीजेपी राज्य सरकारों को गिराने के लिए वोट चोरी और विधायकों की खरीद-फरोख्त तक करती है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को डराने के लिए बीजेपी प्रवर्तन निदेशालय (ED), सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
उन्होंने कहा, “हमारा वोट संविधान की रक्षा करता है। मगर आज वोट चोरी खुलेआम हो रही है। आरोपी रंगे हाथ पकड़े भी गए हैं और अब जनता के सामने उनका पर्दाफाश हो रहा है।”
अगर अब नहीं चेते तो मौका नहीं मिलेगा
हेमंत सोरेन ने 2014 के बाद की नीतियों को देश के लिए विनाशकारी बताते हुए कहा, “चालाक और चतुर लोग धनबल के दम पर सत्ता में आए और तब से देश को बर्बाद कर रहे हैं। अगर आज नहीं चेते तो दोबारा चेतने का मौका नहीं मिलेगा।”
आदिवासी-दलित-पिछड़ों के शोषण का आरोप
जेएमएम नेता ने कहा कि आदिवासी, दलित, पिछड़े, किसान और मजदूर वर्ग वर्षों से शोषण झेल रहे हैं। उन्होंने नोटबंदी, कोरोना काल और प्राकृतिक आपदाओं का जिक्र करते हुए कहा कि “2014 के बाद से जितनी मौतें हुई हैं, उतनी आजादी के बाद कभी नहीं हुईं।”
अंत में सोरेन ने विपक्ष से एकजुट होकर लड़ने की अपील करते हुए कहा कि जब-जब हमने एकजुट होकर संघर्ष किया है, तब-तब जीत हासिल की है।
पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 14 मामले दर्ज जोनल कमांडर ने भी किया सरेंडर
1 Sep, 2025 03:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड में नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार को नौ नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें पांच इनामी नक्सली भी शामिल हैं, जिन पर कुल 23 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने भारी मात्रा में हथियार और कारतूस भी पुलिस को सौंपे।
जोनल कमांडर रविंद्र यादव ने डाले हथियार
सबसे बड़ा नाम जोनल कमांडर रविंद्र यादव का है, जिस पर 5 लाख रुपये का इनाम था और उसके खिलाफ 14 आपराधिक मामले दर्ज थे। उसने सरेंडर के समय दो एके-47 राइफल, तीन अन्य राइफलें और 1241 कारतूस पुलिस को सौंपे।
अन्य इनामी नक्सली भी सरेंडर
सब-जोनल कमांडर अखिलेश रविंद्र यादव (इनाम ₹5 लाख, 10 मामले दर्ज) ने एक एके-47 और 256 कारतूस के साथ आत्मसमर्पण किया। सब-जोनल कमांडर बलदेव गंझू (इनाम ₹5 लाख, 9 मामले दर्ज), मुकेश राम यादव (इनाम ₹5 लाख, 21 मामले दर्ज) ,पवन उर्फ राम प्रसाद (इनाम ₹3 लाख, 3 मामले दर्ज, एक राइफल बरामद)।
एरिया कमांडर भी आए सामने
इसके अलावा एरिया कमांडर ध्रुव (3 मामले दर्ज, एक राइफल), विजय यादव (2 मामले दर्ज, एक राइफल), श्रवण सिंह (2 मामले दर्ज, एके-47 और एक राइफल, 131 राउंड कारतूस) और मुकेश गंझू (2 मामले दर्ज, एके-47, एक राइफल, 154 राउंड कारतूस) ने भी आत्मसमर्पण किया।
पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह आत्मसमर्पण नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार नक्सलियों को मुख्यधारा में लाने के लिए पुनर्वास योजनाएं चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से संगठन की कमर टूटेगी और ग्रामीण इलाकों में विकास की रफ्तार तेज होगी।
बिहार के अररिया में दिल दहला देने वाली वारदात, दो की निर्मम हत्या
30 Aug, 2025 03:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अररिया: बिहार के अररिया जिले से जमीन विवाद को लेकर सनसनीखेज घटना सामने आई है। भरगामा थाना क्षेत्र के धनेश्वरी पंचायत वार्ड संख्या-13 में शनिवार की अहले सुबह करीब तीन बजे अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी, जबकि दूसरे को जिंदा जलाकर हत्या कर दी। घटना का कारण पौने दो एकड़ जमीन को लेकर चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है।
शुक्रवार शाम से शुरू हुआ तनाव
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार की देर शाम भी जमीन की जुताई को लेकर दोनों पक्षों के बीच भिड़ंत हुई थी। तनाव इतना बढ़ गया कि शनिवार तड़के वारदात को अंजाम दिया गया। मृतकों की पहचान डिपोकर्मी 40 वर्षीय जयकुमार यादव और नयन यादव के रूप में हुई है। जयकुमार यादव को डिपो के अंदर सोते समय गोली मार दी गई, जबकि घर के भीतर सो रहे नयन यादव को जिंदा जला दिया गया।
जमीन लिखवाने को लेकर विवाद
जानकारी के मुताबिक, पंचायत समिति सदस्य गुड्डू यादव ने अपने चचेरे बहनोई से जबरन पौने दो एकड़ जमीन अपने नाम लिखवा लिया था। इस जमीन पर कब्जे को लेकर उनका बड़ा साढ़ू नयन यादव विरोध कर रहा था। इसी को लेकर शुक्रवार की शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। सुबह होते ही विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया और दो लोगों की जान चली गई।
मर्डर के बाद गांव में तनाव, कई थानों की पुलिस तैना
घटना की सूचना पर फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा सहित भरगामा और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सैंपल कलेक्ट किए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवा दिया। गांव में तनाव का माहौल है। इसे देखते हुए फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा के साथ भरगामा और अन्य थाना की पुलिस कैंप कर रही है।
मामले पर क्या कहना है पुलिस का?
एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान की मदद से पुलिस जांच कर रही है। एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद मामला और स्पष्ट होगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
FII का बदला मन: लगातार बिकवाली के बाद विदेशी निवेशकों ने फिर लगाया भारत पर दांव
बांग्लादेश दौरे के लिए पाक टीम घोषित: शान मसूद कप्तान, 4 नए खिलाड़ियों की एंट्री
श्रेयस अय्यर का 'कैप्टन कूल' अवतार; पंजाब किंग्स के प्रदर्शन से गदगद हुए इरफान पठान
वैश्विक तनाव के बीच अमेरिका का बड़ा फैसला: तेल कीमतों को थामने के लिए बढ़ाई समयसीमा
विदेशी नंबरों से संचालित था सट्टा नेटवर्क; 18 दिन में हुआ 45 लाख का ट्रांजेक्शन
70 किसानों की राशि का गबन; पद से हटने के बाद भी बैंक ने लुटाए लाखों रुपये
महंगाई की मार और कम वेतन: नीमराना में श्रमिकों ने कंपनी गेट पर डाला डेरा
23 अप्रैल को पहला चरण: योगी, शाह और फडणवीस की रैलियों से बंगाल में बढ़ेगी तपिश
लगातार 6 हार से हिला कोलकाता नाइट राइडर्स; कोच और कप्तान पर बढ़ा इस्तीफा देने का दबाव
