बिहार-झारखण्ड
मनूसून में हाथियों का हमला, फसलें बर्बाद और ग्रामीण दहशत में
25 Sep, 2025 01:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राज्य में मानसून की बारिश लगातार जारी है, लेकिन इसी बीच हाथियों का झुंड गांवों में घुसकर उत्पात मचा रहा है। बोकारो और हजारीबाग जिलों में गजराजों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि किसानों की नींद उड़ गई है। हाथियों के झुंड ने फसलों को बर्बाद करने से लेकर ग्रामीण इलाकों में दहशत फैलाने तक लोगों को परेशान कर रखा है। स्टील सिटी बोकारो के जंगल क्षेत्र में इन दिनों 42 हाथियों का विशाल झुंड डेरा डाले हुए है, जिसमें तीन छोटे हाथी भी शामिल हैं। यह दल आए दिन गांवों में घुसकर धान और मक्का की फसल रौंद रहा है। कई जगह खेत पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं। किसान बार-बार वन विभाग से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
वहीं हजारीबाग जिले के टाटीझरिया इलाके में भी 30 हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए है। हाथियों ने यहां के कई गांवों में तबाही मचाई है। टाटीझरिया निवासी किसान महेंद्र राम ने बताया कि सैकड़ों एकड़ में लगी फसल बर्बाद हो चुकी है। किसानों को अब भारी आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है। वे सरकार से तात्कालिक मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में हाथियों की दहशत इतनी बढ़ गई है कि लोग खेतों की रखवाली के लिए रातभर जाग रहे हैं। गांवों में महिलाएं और बच्चे भी भय के माहौल में जी रहे हैं। किसान कह रहे हैं कि मेहनत और लागत से तैयार फसल पलभर में बर्बाद हो जा रही है।
वन विभाग की नजर लगातार हाथियों की गतिविधियों पर है। बोकारो और हजारीबाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग के अधिकारी संदीप शिंदे ने कहा –
“हाथियों की गतिविधियों पर हमारी टीम नजर रख रही है। ग्रामीण सतर्क और सजग रहें। हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं ताकि हाथियों को आबादी से दूर रखा जा सके।”
गौरतलब है कि दो-तीन दिन पहले रामगढ़ जिले में भी हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए था। वहां से खदेड़े जाने के बाद यह झुंड बोकारो और हजारीबाग की ओर निकल आया। बोकारो में जंगलों और गांवों में फैले 42 हाथियों में से कुछ हाथी अब हजारीबाग के टाटीझरिया क्षेत्र में जम गए हैं। लगातार हाथियों के आने-जाने से ग्रामीण दहशत में हैं। लोग घर से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। गांव के चौक-चौराहों पर हाथियों के झुंड को लेकर चर्चा का माहौल है। बच्चे घरों से बाहर खेलने नहीं निकल पा रहे हैं।
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बारिश और जंगलों में भोजन की कमी के कारण हाथी अब गांवों की ओर रुख कर रहे हैं। फसलें उनके लिए आसान भोजन का साधन बन गई हैं। विशेषज्ञों ने सरकार को सुझाव दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का आकलन कर किसानों को त्वरित मुआवजा दिया जाए।
ट्रेन संचालन में बाधा डालते बंदर अब होंगे बेअसर, रेलवे ने निकाला समाधान
25 Sep, 2025 12:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। धनबाद रेल मंडल में बंदरों के कारण ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) तारों को बार-बार होने वाले नुकसान से निपटने के लिए रेलवे ने अनोखी पहल शुरू की है। रेलवे अब ओएचई के खंभों पर एंटी मंकी क्लाइंबिंग डिवाइस लगाएगा। लगभग 1.72 करोड़ रुपये की लागत से 900 डिवाइस लगाने की योजना है। इससे न केवल बंदरों को हाई वोल्टेज करंट से बचाया जा सकेगा बल्कि रेलवे उपकरणों को भी नुकसान से सुरक्षा मिलेगी।
रेलवे के मुताबिक, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक फैले धनबाद रेल मंडल के कई रेलखंडों पर बंदर अक्सर ओएचई पर चढ़ जाते हैं। इससे तार हिलने लगते हैं, ओएचई ट्रिप हो जाती है और ट्रेनों को बिजली आपूर्ति बाधित होती है। कई बार तार टूट जाने से रेल सेवाएं प्रभावित होती हैं और बंदरों की मौत तक हो जाती है।
कैसे करेगा काम एंटी मंकी डिवाइस
एंटी मंकी क्लाइंबिंग डिवाइस को ओएचई के खंभों पर लगाया जाएगा, जिसके आसपास कंटीले तार होंगे। जैसे ही बंदर चढ़ने की कोशिश करेगा, उसका पैर फिसल जाएगा और वह ऊपर नहीं जा सकेगा। इससे बंदरों की ओएचई तक पहुंच रोकी जा सकेगी और दुर्घटनाओं से बचाव होगा।
किन रेलखंडों पर लगेंगे डिवाइस
धनबाद रेल मंडल के बरकाकाना, खलारी, लातेहार, डालटनगंज, हजारीबाग रोड, हजारीबाग टाउन, रेणुकूट और चोपन जैसे बंदर प्रभावित रेलखंडों पर ये डिवाइस लगाए जाएंगे। इसके लिए रेलवे ने लगभग 1.72 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है।
पक्षियों की सुरक्षा के लिए लगेंगे एंटी बर्ड डिस्क
रेलवे सिर्फ बंदरों से ही नहीं बल्कि पक्षियों से होने वाले नुकसान से बचने की भी तैयारी कर रहा है। एंटी बर्ड डिस्क लगाकर ओएचई इंसुलेटर की सुरक्षा की जाएगी। चीनी मिट्टी के बने इंसुलेटर पर पक्षियों के बैठने से उनमें खराबी आ जाती है और करंट लगने का खतरा भी रहता है। नई डिस्क पक्षियों को तारों के संपर्क में आने से बचाएगी और लाइन ट्रिपिंग को रोकेगी। इससे ट्रेनों का संचालन सुचारू रूप से जारी रहेगा।
रेलवे को होगा दोहरा फायदा
इस पहल से रेलवे को दोहरा लाभ होगा — बंदरों और पक्षियों की जान भी बचेगी और ओएचई उपकरणों की सुरक्षा भी होगी। साथ ही, ट्रेनों का संचालन बिना बाधा के जारी रहेगा।
झारखंड में आयुष्मान योजना को रफ्तार, मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज और सुविधा
25 Sep, 2025 12:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के लिए झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी की कार्यकारी निदेशक डॉ. नेहा अरोड़ा ने सभी जिलों के जिला कार्यक्रम समन्वयकों को रांची सदर अस्पताल की तर्ज पर निजी डॉक्टरों की सेवाएं लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस संबंध में सभी जिलों से रिपोर्ट भी मांगी गई है।
बुधवार को हुई समीक्षा बैठक में डॉ. अरोड़ा ने कहा कि डॉक्टरों की कमी के कारण किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल से मरीजों को लौटना नहीं चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि रांची सदर अस्पताल में निजी डॉक्टरों की सेवाएं लेकर योजना के तहत कई गंभीर बीमारियों का इलाज और बड़े ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं।
उन्होंने कई जिलों में अब तक बड़े अस्पतालों के योजना से नहीं जुड़ने पर चिंता जताई और इसका कारण बताते हुए विस्तृत रिपोर्ट मांगी। बैठक में एक जून से 23 सितंबर तक के जिलावार आंकड़ों और सरकारी अस्पतालों के क्लेम स्टेटस की भी समीक्षा की गई।
डॉ. अरोड़ा ने सभी जिलों को अधिक से अधिक मरीजों को योजना के तहत निश्शुल्क इलाज उपलब्ध कराने पर जोर देने को कहा। साथ ही उन्होंने मासिक बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय समस्याओं की पहचान और समाधान समय पर हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी जिले में योजना से जुड़ी कोई समस्या आती है तो उसे तत्काल राज्य स्तर पर सूचित किया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
बैठक में कई जिलों ने अपनी विशेष समस्याएं भी सामने रखीं, जिनका तत्काल समाधान किया गया। बैठक में सोसाइटी के महाप्रबंधक प्रवीण चंद्र मिश्रा, डेलॉइट और नेशनल इंश्योरेंस के अधिकारी भी मौजूद रहे।
अस्पतालों में अनिवार्य रूप से कराएं फायर सेफ्टी ऑडिट
डॉ. अरोड़ा ने सभी अस्पतालों में अनिवार्य रूप से फायर सेफ्टी ऑडिट कराने और बायोमेडिकल वेस्ट का निष्पादन नियमानुसार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस बैठक में फायर सेफ्टी और प्रदूषण नियंत्रण के नोडल पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया था।
बादलों के बीच दशहरा मेला, लोगों को लेकर तैयारी जरूरी
25 Sep, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। प्रदेश के अधिसंख्य भागों में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार तीन दिनों बाद प्रदेश के किशनगंज , नवादा, बांका एवं कटिहार जिले के कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
गुरुवार को पटना सहित प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम सामान्य बने होने के साथ सामान्य से अधिक तापमान के कारण गर्मी का एहसास होगा। बीते 24 घंटाें के दौरान औरंगाबाद के रफीगंज में सर्वाधिक वर्षा 60.0 मिमी दर्ज किया गया।
बुधवार को वाल्मीकि नगर, मोतिहारी, औरंगाबाद, नालंदा, वैशाली को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस एवं 36.4 डिग्री सेल्सियस के साथ बेगूसराय में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों में वर्षा की स्थिति
गयाजी के गुरुआ में 53.4 मिमी, औरंगाबाद के मदनपुर में 50.4 मिमी, पटना के दानापुर में 41.6 मिमी, जहानाबाद में 38.6 मिमी , अरवल के किंजर में 31.2 मिमी, सिवान के जीरादेई में 25 मिमी दर्ज की गई।
वहीं जहानाबाद के मखदुमपुर में 22.2 मिमी, भोजपुर के चरपोखरी में 19.8 मिमी, भोजपुर के पीरो में 18.4 मिमी, पटना के दुल्हिन बाजार में 16.2 मिमी, औरंगाबाद के कुटुंबा में 15.4 मिमी, बक्सर के ब्रह्मपुर में 15.4 मिमी, सिवान के हुसैनगंज में 15 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
अल्ट्रासाउंड में गिनती थी तीन की, डिलीवरी में आई चौथी खुशखबरी
24 Sep, 2025 04:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के पूर्णिया में एक महिला ने चार बच्चियों को जन्म दिया है. बायसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की टीम ने सुरक्षित डिलीवरी कराई है. महिला का नाम बीबी हसेरून है, जिसकी उम्र 24 साल है. इससे पहले उसके चार बच्चे (दो बेटे और दो बेटियां) थे. अब कुल मिलाकर उसके आठ बच्चे हो गए हैं.
घरवालों के मुताबिक, बीबी हसेरून को समय से पहले डिलीवरी पेन होने पर आशा कार्यकर्ता की मदद से उसे बायसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. अस्पताल पहुंचने पर मौजूद डॉक्टरों और नर्सों ने उसका अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट देखा, जिसमें तीन बच्चों का जिक्र था. रिपोर्ट देखकर डॉक्टर और नर्स भी हैरान रह गए, क्योंकि एक साथ तीन बच्चों का जन्म होना भी बेहद दुर्लभ माना जाता है. अस्पताल की एएनएम और नर्सिंग स्टाफ ने महिला को सफल प्रसव के लिए मानसिक रूप से तैयार किया. उन्हें भरोसा दिलाया गया कि डिलीवरी सामान्य तरीके से होगी. टीम के लगातार काउंसलिंग के बाद महिला की घबराहट काफी हद तक कम हो गई.
अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में 4 बच्चियों का जिक्र नहीं
प्रसूति कक्ष में जब महिला का प्रसव शुरू हुआ, तो सबसे पहले तीन बच्चियों का जन्म हुआ. लेकिन थोड़ी ही देर बाद महिला के पेट में फिर हलचल महसूस हुई. जांच करने पर पता चला कि गर्भ में एक और बच्ची मौजूद है, जबकि अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में इसका कोई उल्लेख नहीं था. इसके बाद नर्सों और डॉक्टरों की टीम ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए चौथी बच्ची का भी सुरक्षित और सामान्य प्रसव कराया.
डिलीवरी के बाद डॉक्टरों ने मां और चारों बच्चियों की जांच की. सभी को स्वस्थ पाया गया. इस खबर के फैलते ही अस्पताल में स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. लोग बच्चियों की एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखाई दिए.
महिला के पति कैसर आलम ने बताया कि उनकी पत्नी बीबी हसेरून की उम्र मात्र 24 साल है. पहले से ही उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं. अब एक साथ चार बेटियों के जन्म से उनके कुल आठ बच्चे हो गए हैं. उन्होंने कहा कि जब पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई तो आशा कार्यकर्ता की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों और नर्सों की देखरेख में यह सफल डिलीवरी हो सकी.
मां और चारों बच्चियों को पूर्णिया मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
फिलहाल, बेहतर देखभाल और चिकित्सकीय निगरानी के लिए मां और चारों बच्चियों को पूर्णिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है. चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि देश में ऐसे मामले अक्सर देखने को मिलते हैं, लेकिन सामान्य प्रसव से चार स्वस्थ बच्चों का जन्म होना बेहद दुर्लभ है. कई बार ऐसे मामलों में बच्चों के जीवित रहने की संभावना कम होती है, लेकिन बायसी का यह मामला उम्मीद और हिम्मत की मिसाल साबित हुआ है.
'छह सीटें मांगीं, जवाब नहीं मिला' — सीमांचल में ओवैसी ने राजद को घेरा
24 Sep, 2025 03:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
AIMIM पार्टी के सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी मंगलवार शाम किशनगंज पहुंचे। वे अपने चार दिवसीय सीमांचल न्याय यात्रा पर हैं। बुधवार को उनके 9 कार्यक्रम निर्धारित हैं। इसी क्रम में उन्होंने प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता में ओवैसी ने राजद से गठबंधन को लेकर कहा कि हमने उनके सामने प्रस्ताव रखा था और बीजेपी से लड़ने के लिए सिर्फ 6 सीटें मांगी थीं, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। किशनगंज में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर उन्होंने कहा कि मैंने कोई घोषणा नहीं की थी बल्कि कोशिश करूंगा कहा था, और कोशिश अब भी जारी है।
रूईधासा में सभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा, “मेरे भाई, ताकत की बुनियाद पर सीमांचल की आवाज पर हमें पूरा यकीन है कि यहां की जनता हमारे साथ है। AIMIM के वजह से वोट नहीं कटता, तुम्हारा वोटर जाके मोदी की गोद में बैठ गया है इसलिए वोट कट जाता है। मैंने आज तक कभी बीजेपी का साथ नहीं दिया। तीन तलाक का विरोध किया।”
ओवैसी ने आगे कहा, “हां, मैं हैदराबाद से आया हूं, चांद से नहीं आया हूं। जो हरियाणा से आकर बिहार में MP बन जाता है उससे तुम्हारे पेट में दर्द नहीं होता, लेकिन मुझसे होता है। जब तक जिंदा हूं सीमांचल आता रहूंगा।”
उन्होंने किसान के उदाहरण देते हुए कहा, “जब किसान जमीन में बीज बोता है तो आसमान की तरफ देखकर कहता है कि रहमो-करम फरमा दे। उसी तरह मैं भी ऊपर वाले से कह रहा हूं, इंशाअल्लाह आपका लीडरशिप यही रहेगा। बीजेपी सेक्युलरिज्म और संविधान को खत्म करना चाहती है। आई लव मोहम्मद कहने पर दबाने की कोशिश की जाती है।” इस दौरान AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान ने कहा कि यह सीमांचल के लिए खुशी की बात है कि हमारे ओवैसी साहब सीमांचल की बदहाली पर बात करने आए हैं। वे 4 दिनों तक दर्जनों सभाएं करेंगे और चारों जिलों में जाएंगे।
बिहार में सीएम फेस से तेजस्वी आउट? कांग्रेस में उठी नई सियासी हवा
24 Sep, 2025 03:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में कांग्रेस कहीं गजब का खेला तो नहीं कर रही तेजस्वी यादव के साथ! ठीक वैसा ही, जैसा लोकसभा चुनाव के समय राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कांग्रेस के साथ किया था। तेजस्वी यादव ने उन जख्मों को धोने के लिए ही साफ कह दिया कि राहुल गांधी अगले लोकसभा चुनाव में पीएम का चेहरा होंगे। लेकिन, राहुल गांधी ने तो बिहार विधानसभा चुनाव में विपक्षी दलों की ओर से तेजस्वी यादव के चेहरे पर पूछे गए सवाल को लेकर चुप्पी मार दी थी। वोटर अधिकार यात्रा के खत्म होने पर राहुल की यह चुप्पी सामने आई। फिर बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने दिल्ली में पार्टी बैठक से लौटकर कहा कि सीएम कौन होगा, यह जनता तय करेगी। अब कांग्रेस कार्यसमिति में आए नेता सीधे कह रहे हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष सीएम का फेस तय करेंगे। मतलब?
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक से पहले चेहरे पर आई बात
आजादी के बाद पहली बार बिहार में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हो रही है। एक राजनीतिक दल के रूप में एक तरह से पहली बार। बैठक में कांग्रेस में वोट चोरी के आरोप से लेकर सीट बंटवारे की योजना तक पर बात होनी है। लेकिन, बैठक के पहले ही पटना पहुंचकर कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकमार ने कह दिया कि बिहार में I.N.D.I.A. के सीएम का चेहरा कांग्रेस अध्यक्ष तय करेंगे। उन्होंने विपक्षी गठबंधन में सबकुछ ठीक होने की बात भी कही, लेकिन सीएम के फेस पर पूछे गए सवाल का यह जवाब राजद के लिए अप्रत्याशित होगा।
महागठबंधन की जगह इस बार I.N.D.I.A. उतरेगा चुनाव में
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का मुकाबला महागठबंधन से हुआ था। इसका चेहरा तेजस्वी यादव थे। लोकसभा चुनाव में भी यही हुआ। महागठबंधन में राजद की ही चली थी। राजद ने ही सीट दिए थे। कांग्रेस को सीट देने के पहले उसकी मांग वाली सीटों पर अपने प्रत्याशी भी उतार दिए थे। लेकिन, इस बार कांग्रेस देने नहीं, बांटने की बात कह रही है। राहुल गांधी चुनावी साल की शुरुआत से ही सक्रिय हैं। बिहार में मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण का विरोध तेजस्वी यादव ने शुरू किया, लेकिन बाजी राहुल गांधी मार ले गए।
वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत में तेजस्वी यादव को राहुल गांधी के साथ देखा गया। फिर राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी भी उतरीं। उसके बाद, यात्रा समापन के मंच पर महागठबंधन की जगह I.N.D.I.A. का दबदबा दिखा। सीएम फेस पर राहुल गांधी की टालमटोल नीति दिखी। अल्लावरु का बयान आया और अब डीके शिवकुमार के बयान ने तो राजद के अंदर खलबली मचा दी है। राजद और महागठबंधन के पुराने सहयोगी तो तेजस्वी यादव को लेकर संशय में नहीं हैं। यहां तक कि बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह तक तेजस्वी यादव को ही चेहरा बता चुके हैं, लेकिन अब सभी की नजर इस बात पर है कि कांग्रेस की ओर से औपचारिक घोषणा कब की जाती है।
कांग्रेस 70 सीटें मांग रही, 57-58 पर राजी हो सकती है
बिहार चुनाव की गहमागहमी बढ़ाने वाली कांग्रेस कार्यसमिति की इस बैठक के पहले यह साफ हो चुका है कि विपक्षी गठबंधन में दरार जैसी स्थिति नहीं है। सीटों को लेकर कांग्रेस को समझौता करना है और सीएम फेस पर राजद को तेजस्वी यादव के नाम की मुहर लगवानी है, बस। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे आज कांग्रेस कार्यसमिति के बाद चार्टर्ड फ्लाइट से ही लौटेंगे तो उसके पहले वह राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मिलने भी जाएंगे। यह मुलाकात हुई तो आज ही सीट पर एक झटके में बात होने की उम्मीद है। कांग्रेस पिछली बार की तरह 70 सीटें मांग रही है। राजद अबतक 50 से ज्यादा देने को तैयार नहीं है। हालांकि, ताजा स्थिति यह है कि 57-58 पर बात फाइनल हो सकती है।
झारखंड: गुमला में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़, 3 उग्रवादी मारे गए
24 Sep, 2025 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के गुमला जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के लवादाग जंगल में बुधवार की सुबह झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के ठिकाने पर छापा मारा। इस मुठभेड़ में तीन कुख्यात माओवादी मारे गए, जबकि दो अन्य फरार हो गए।
मुठभेड़ के बाद मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद बरामद किए गए। इनमें एक AK-56 राइफल, एक एसएलआर और एक इंसास राइफल शामिल हैं। इसके अलावा कई मैगजीन और कारतूस भी पुलिस ने जब्त किए हैं। सुरक्षाबलों ने मारे गए तीन उग्रवादियों में से एक की पहचान बेलगड़ा गांव निवासी दिलीप लोहरा के रूप में की है। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और कई मामलों में वांछित था। बाकी दो माओवादी की पहचान की जा रही है।
गुमला एसपी हरिश बिन जमा ने बताया, "यह झारखंड पुलिस के नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता है। दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें तीन उग्रवादी मारे गए। उनके पास से अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और जल्द ही फरार नक्सलियों को भी पकड़ा जाएगा।"
मुठभेड़ के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि माओवादी लंबे समय से जंगल में सक्रिय थे और जबरन लेवी वसूलते थे। वहीं सुरक्षाबलों की कार्रवाई से लोगों में राहत है और इलाके में शांति बहाल होने की उम्मीद जगी है। गुमला और आसपास के जिलों में पिछले कुछ हफ्तों से सुरक्षाबलों ने नक्सल सफाया अभियान तेज कर रखा है। यह मुठभेड़ पिछले एक महीने के भीतर दूसरी बड़ी सफलता मानी जा रही है। इससे पहले भी पलामू और चतरा इलाके में कई नक्सलियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए गए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि झारखंड सरकार और सुरक्षा एजेंसियां नक्सल समस्या के स्थायी समाधान के लिए सख्त हैं। जंगल में सुरक्षाबलों का अभियान जारी रहेगा और जल्द ही इलाके से माओवादी गतिविधियों को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा।
एनसीबी रांची का ड्रग तस्करों पर शिकंजा, सैफेमा के तहत 48.6 लाख रुपये जब्त
24 Sep, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) रांची ज़ोनल यूनिट ने ड्रग माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 48.6 लाख रुपये की संपत्ति को फ्रीज करवाया। अब इसे SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Act) की कम्पिटेंट अथॉरिटी ने भी कन्फ़र्म किया है। मिली जानकारी के अनुसार, 8 अगस्त 2024 को एनसीबी रांची को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद मंडार स्थित हेसमी टोल प्लाजा पर एक वाहन को रोका गया, जिसमें 4,317 किलो से अधिक पोपी स्ट्रॉ (अफीम का भूसा) बरामद हुआ। यह माल झारखंड के खूंटी से लाया गया था और राजस्थान सप्लाई किया जाना था।
इस मामले में कुल 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें मास्टरमाइंड मोहम्मद इमरान आलम भी शामिल हैं। एनसीबी का कहना है कि अब एजेंसी केवल ड्रग्स जब्त करने और तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी अवैध कमाई और संपत्ति पर भी कार्रवाई करेगी। यही वजह है कि इस केस में आरोपियों की 48.6 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई और SAFEMA अथॉरिटी ने इसे सही ठहराया।
आज बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, किशनगंज और भागलपुर में भारी बारिश का अलर्ट
24 Sep, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी यहां बारिश हो रही है, तो कभी चिलचिलाती धूप गर्मी बढ़ा रही है। फिलहाल प्रदेश में कुछ हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मंगलवार को बिहार के 4 जिलों में जोरदार बारिश हुई। आज भी मौसम विभाग ने 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 4 जिलों में तेज बारिश होने की भी चेतावनी जारी की गई है। शेष 18 जिलों में आज मौसम साफ रहने वाला है और तेज धूप भी निकलेगी।
बिहार के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज किशनगंज, भागलपुर, बांका और जमुई में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अलर्ट है। साथ ही बादल गरजने और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा सुपौल, अररिया, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, पटना, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, गया और जहानाबाद में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
पटना समेत 4 जिलों में हुई तेज बारिश
बिहार में पिछले 24 घंटों में कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान प्रदेश की राजधानी पटना समेत 4 जिलों में तेज बारिश हुई। पटना में दोपहर 12 बजे के बाद अचानक मौसम में बदलाव हुआ और बारिश शुरू हो गई। कुछ घंटों की बारिश में ही कई इलाकों में जलभराव हो गया। पटना के साथ ही औरंगाबाद, जहानाबाद और गोपालगंज में भी मंगलवार को जोरदार बारिश हुई। इस दौरान बिहार का सबसे गर्म जिला पश्चिम चंपारण रहा, जहां का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
बीच सड़क गोलियों से भूने गए कारोबारी के हत्यारों को उम्रकैद
23 Sep, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड की राजधानी रांची में 30 मई 2022 को सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में देवी मंडप रोड पर दिनदहाड़े चर्चित जमीन कारोबारी कमल भूषण की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसी चर्चित हत्याकांड मामले में, तीन सालों तक चली ट्रायल के बाद आखिरकार जमीन कारोबारी कमल भूषण हत्याकांड मामले में शामिल 3 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. जिसमें कमल भूषण के पूर्व पार्टनर रहे डब्ल्यू कुजूर, उसका पुत्र राहुल कुजूर और काविस अदनान शामिल है.
रांची सिविल कोर्ट के अपर न्यायायुक्त आनंद प्रकाश की अदालत ने तीनों आरोपितों को दोषी करार देते हुए, उम्र कैद की सजा सुनाई है. इसके साथ ही तीनों पर 15-15 हजार का आर्थिक जुर्माना भी लगाया गया है. जुर्माना की राशि अदा नही करने पर 6-6 माह की अतिरिक्त सजा काटनी होगी. जबकि दो आरोपी सुशीला कुजूर और सरकारी गवाह बन गए मुनवर अफाक को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया है.
बता दें कि 30 मई 2022 को दिनदहाड़े राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अति व्यस्ततम पिस्का मोड़ चौक के समीप देवी मंडप रोड के पास अपराधियों ने गोली मारकर जमीन कारोबारी कमल भूषण की हत्या कर दी थी. जब वह अपने अधिवक्ता से मिलकर कार में बैठने वाले ही थे. कमल भूषण के बिजनेस पार्टनर रहे डब्ल्यू कुजूर के बेटे राहुल कुजूर ने कमल भूषण की बेटी यामिनी से लव मैरेज कर ली थी. कमल भूषण बेटी यामिनी के लव मैरिज से नाराज थे और यही से दोनों परिवार में तकरार शुरू हो गयी थी.
लव मैरिज के बाद चलीं गोलियां
बता दें कि जमीन कारोबारी कमल भूषण की हत्या के महज कुछ महीने पूर्व ही रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के सदाबहार चौक के समीप कमल भूषण की बेटी यामिनी और उनके दामाद राहुल कुजूर पर गोलियां चली थी. उस वक्त कमल भूषण की बेटी ने अपने ही पिता पर ही फायरिंग कराने का आरोप लगाया था. इस घटना के बाद से दोनों परिवारों के रिश्तों में इतनी कड़वाहट आ गई की कमल भूषण का समधी डब्ल्यू कुजूर और उनके दामाद राहुल कुजूर ही उनकी जान का दुश्मन बन बैठे थे.
शूटर की मदद से करवाई थी हत्या
इसी विवाद और आपसी तकरार में चर्चित जमीन कारोबारी कमल भूषण के ही पूर्व पार्टनर डब्ल्यू कुजूर और उनका बेटा राहुल कुजूर जिसने कमल भूषण की बेटी यामिनी से लव मैरिज किया था. दोनों बाप बेटे ने मिलकर शूटर काविस अदनान की मदद से 30 मई 2022 को ताबड़तोड़ गोली मरवाकर कमल भूषण की हत्या करवाई थी. 3 वर्षों तक चली ट्रायल और बेहतर पुलिस अनुसंधान के कारण ही आखिरकार कमल भूषण हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा न्यायालय के द्वारा सुनाई गई.
नौवीं सदी की परंपरा आज भी जारी, नवरात्र में मंदिर के द्वार महिलाओं के लिए बंद
22 Sep, 2025 04:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व देशभर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। जगह-जगह माता रानी के जयकारे गूंज रहे हैं और भक्तगण पूजा-अर्चना में लीन हैं। लेकिन नालंदा जिले के प्रसिद्ध मां आशापुरी मंदिर में आज भी एक अनूठी और सदियों पुरानी परंपरा का पालन किया जा रहा है। नवरात्रि के नौ दिनों तक महिलाओं का मंदिर में प्रवेश वर्जित रहता है। गिरियक प्रखंड के घोसरावां गांव स्थित इस मंदिर में नवरात्रि के दौरान महिलाओं को मंदिर परिसर में भी प्रवेश की अनुमति नहीं होती। यही नहीं, पुरुष श्रद्धालुओं के लिए भी इन नौ दिनों में गर्भगृह के दर्शन वर्जित रहते हैं। मंदिर के पुजारी जनार्दन उपाध्याय के मुताबिक, यह परंपरा पूर्वजों के समय से चली आ रही है।
तांत्रिक अनुष्ठानों के कारण होता है ऐसा
पुजारियों का कहना है कि नवरात्रि में होने वाली साधनाएं तंत्र-मंत्र पर आधारित होती हैं, जिनके प्रभाव से नकारात्मक शक्तियां सक्रिय हो जाती हैं। ऐसी मान्यता है कि इस दौरान यदि महिलाएं उपस्थित हों तो उन पर इन शक्तियों का असर हो सकता है और पूजन विधि में विघ्न उत्पन्न हो सकता है। नवरात्रि के अंतिम दिन विशेष हवन के आयोजन के बाद ही मंदिर को आम श्रद्धालुओं के लिए खोला जाता है। तब जाकर महिलाओं और पुरुषों को गर्भगृह के दर्शन का अवसर मिलता है। इस हवन का उद्देश्य मंदिर की ऊर्जा को शुद्ध करना होता है।
नौवीं शताब्दी से चली आ रही परंपरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि दशकों से यह परंपरा चली आ रही है। यहां शारदीय नवरात्र में महिलाओं को प्रवेश नहीं करने दिया जाता है। जानकार बतातें हैं कि आशापूरी मंदिर में महिलाओं का नवरात्र में प्रवेश पर रोक पहली बार नौवीं शताब्दी में लगाई गई थी। उस समय यह क्षेत्र विश्व के प्रमुख बौद्ध साधना केंद्रों में से एक था। बौद्ध भिक्षु और तांत्रिक साधक यहां आकर गहन साधना किया करते थे। नवरात्रि के दौरान तांत्रिक अनुष्ठान की परंपरा तब से ही बनी हुई है। माना जाता है कि मां आशापुरी के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है, इसी कारण इस मंदिर को 'आशापुरी' कहा जाता है। बिहार ही नहीं, बंगाल, झारखंड और ओडिशा से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं।
नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विशेष पूजा का विधान
बता दें कि आदिशक्ति की उपासना का पावन पर्व नवरात्रि आज यानी 22 सितंबर से आरंभ हो गया है। नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विशेष पूजा का विधान है। नवरात्रि के पहले दिन कलश स्थापना के साथ ही मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। मां दुर्गा की साधना भक्तों को शक्ति और आत्मबल प्रदान करती हैं। मां शैलपुत्री की आराधना करने से सांसारिक सुख और मोक्ष दोनों की प्राप्ति होती है। जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और साधक उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ता है।
नीतीश कुमार ने किया महिला रोजगार योजना की पहली किस्त जारी करने का एलान
22 Sep, 2025 03:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए एक अहम कदम उठाया है. मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत प्रत्येक परिवार से एक महिला को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे. योजना की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 22 सितंबर (सोमवार) को सूबे की 50 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त भेजेगी.
स्वरोजगार देने के लिए इन महिलाओं के बीच 5 हजार करोड़ रुपये का वितरण होगा. लाभार्ती महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए से यह राशि मुख्यमंत्री ट्रांसफर करेंगे. इसके लिए सोमवार की सुबह 11 बजे राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है.
महिलाओं को जारी की जाएगी किस्त
इस योजना के तहत महिलाओं को आज पहली किस्त जारी की जाएगी. ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने इसे लेकर सभी जिलों के डीएम को पत्र जारी किया है. इसमें खासतौर से यह निर्देश दिया गया है कि इस मौके पर संकुल स्तरीय संघ ग्राम संगठन स्तर पर इसे उत्सव के तौर पर मनाया जाएगा. इस ऐतिहासिक अवसर को उत्सव के तौर पर मनाने और जन-जन तक इसकी जानकारी पहुंचाने के साथ ही महिला समूहों एवं सामुदायिक संगठनों को जागरूक करने के मकसद से राज्य मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा.
ग्राम पंचायत स्तर पर भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जीविका स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के सदस्यों की सहभागिता होगी.
यह होगी कार्यक्रम की रूपरेखा
इस कार्यक्रम की रूपरेखा निर्धारित की गई है. सभी 38 जिला मुख्यालय में डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा. इसमें जन प्रतिनिधि के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी एवं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी कम से कम 1 हजार महिलाएं शामिल होंगी.
सभी 534 प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ (प्रखंड विकास पदाधिकारी) की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम होगा. इसमें प्रखंड स्तरीय जन प्रतिनिधि, अधिकारी और एसएचजी से जुड़ी 500 महिलाएं भाग लेंगी.
जीविका के सभी 1680 संकुल स्तरीय संघ पर भी इस कार्यक्रम का आयोजन होगा. इसमें संकुल स्तरीय जीविका समूह की 200 महिलाएं शामिल होंगी.
जीविका के सभी 70 हजार ग्राम संगठन स्तर पर भी इस कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है. इसमें एसएचजी से जुड़ी 100 महिलाएं भाग लेंगी.
क्या है योजना का मकसद
यह राशि महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने, छोटे-मोटे व्यवसाय स्थापित करने या मौजूदा व्यवसायों को बढ़ाने में सहायता देगा. इस योजना के तहत दी जाने वाली वित्तीय सहायता से महिलाएं खेती, पशुपालन, हस्तशिल्प, सिलाई, बुनाई, और बाकी बिजनेस शुरू कर सकेंगी.
इस वित्तीय सहायता की मदद से न सिर्फ महिलाए बल्कि इससे इनका परिवार भी सशक्त बन सकेगा. योजना का मुख्य मकसद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को समान रूप से लाभ पहुंचाना है.
कितनी दीदियों ने किया आवेदन
इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया को सरल रखा गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं इसका लाभ उठा सकें. इसका लाभ लेने के लिए अब तक 1 करोड़ 5 लाख जीविका दीदियों ने आवेदन किया है. साथ ही 1 लाख 40 हजार से अधिक महिलाओं ने समूह से जुड़ने के लिए आवेदन किया है. स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को इसका लाभ देने का प्रावधान है.
कौन-कौन उठा सकता है योजना का लाभ
योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा, जिनमें पति-पत्नी और उनके अविवाहित बच्चे शामिल हैं. वैसी अविवाहित वयस्क महिलाएं जिनके माता-पिता जीवित नहीं हैं, वो भी पात्र होंगी. आवेदिका की उम्र 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए. आवेदिका या उनके पति आयकर दाता नहीं होने चाहिए. साथ ही वो या उनके पति सरकारी सेवा (नियमित या संविदा) में नहीं होने चाहिए. जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी सभी महिलाएं इस योजना के लिए पात्र होंगी.
क्या है आवेदन की प्रक्रिया
ग्रामीण क्षेत्र :- एसएचजी से जुड़ी महिलाएं अपने ग्राम संगठन में आवेदन जमा करेंगी. ग्राम संगठन स्तर पर एक विशेष बैठक आयोजित होगी, जिसमें समूह के सभी सदस्यों का एक समेकित प्रपत्र में (consolidated form ) आवेदन लिया जाएगा. जो महिलाएं स्वयं सहायता समूह से नहीं जुड़ी हैं उन्हें पहले अपने ग्राम संगठन में निर्धारित प्रपत्र में आवेदन देकर समूह में शामिल होना होगा.
शहरी क्षेत्र :- शहरी क्षेत्र की महिलाएं जीविका की आधिकारिक वेबसाइट www.brlps.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं. पहले से ही स्वयं सहायता समूह से जुड़ी शहरी महिलाओं को ऑनलाइन आवेदन की जरूरत नहीं होगी.
सात साल बाद टूटा रिश्ता, पत्नी ने ली पति की जान
22 Sep, 2025 12:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सात साल पहले प्रेम विवाह करने वाले दंपत्ति का रिश्ता खून से सना अंत हुआ। पत्नी ने अपने ही पति की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना मिहिजाम थाना क्षेत्र के कुर्मीपाड़ा पाइपलाइन के पास रविवार शाम की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है, ताकि घटना की विस्तृत जानकारी हासिल की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
शराब के बाद विवाद और हत्या
जानकारी के अनुसार, मृतक 35 वर्षीय महावीर यादव ट्रक चालक था। सात साल पहले उसने अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था और उनकी एक बेटी भी है। शादी के कुछ समय बाद से दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा। बताया जाता है कि पति-पत्नी दोनों शराब पीते थे और नशे की हालत में झगड़ा भी करते थे।
रविवार को भी महावीर यादव ने ट्रक खड़ा कर घर लौटने के बाद पत्नी के साथ शराब पी। कुछ देर बाद विवाद बढ़ा और झगड़े के बीच पत्नी ने चाकू से पति के सीने पर वार कर दिया। महावीर की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार, चाकू बरामद
घटना की जानकारी मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया और हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक वारदात के वक्त महिला नशे की हालत में थी और सही से बोलने की स्थिति में नहीं थी।
नवरात्र की शुरुआत के साथ ही मौसम बदलेगा मिजाज, कई जिलों में बारिश के आसार
22 Sep, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आज शारदीय नवरात्र का पहला दिन है। मौसम विभाग ने पटना समेत बिहार के सभी जिलों में एक या दो स्थानों पर बारिश के आसार जताए हैं। हालांकि, इस दौरान किसी भी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग सोमवार को पटना, नालंदा, जहानाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा में बारिश की संभावना है।
कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में 27 सितंबर तक दिनों तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की स्थिति बनने लगी है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, मानसून की ट्रफ रेखा वर्तमान में हिमालय की तराई की ओर खिसक रही है। उत्तर बिहार और आसपास के क्षेत्रों में नमी युक्त पुरवा हवाएं चल रही हैं, जिससे वर्षा की स्थितियां बनी हुई हैं। बंगाल की खाड़ी से नमी लगातार प्रदेश में प्रवेश कर रही है, जिससे बादल बन रहे हैं।
जानिए, कहां कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने कहा 25 से 27 सितम्बर के बीच कई जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा, विशेषकर उत्तर-पूर्व और दक्षिणी बिहार में बारिश के असार हैं। वहीं 24, 25, 26, 27 सितम्बर को दक्षिण-मध्य, पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी बिहार के हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चल सकती हैं। 25, 26 और 27 सितम्बर को अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर, जमुई और बांका में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं अधिकतम तापमान 30-36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
ईरान के फैसले का असर: सप्लाई की चिंता खत्म होते ही कच्चा तेल सस्ता, अब भारत पर टिकी सबकी नजर।
World Heritage Day 2026: विरासत के संरक्षण का संकल्प, आइए देखें दुनिया के ये 7 अजूबे।
₹1,00,000 करोड़ का प्रोजेक्ट: मुंबई के गोरेगांव में 10 साल में तैयार होगी 'अदाणी सिटी'।
वेतन वृद्धि का ऐलान: केंद्र सरकार ने नए साल के तोहफे के रूप में बढ़ाया महंगाई भत्ता
मिलावटी तेल को कहें अलविदा! रसोई में खुद तैयार करें 100% प्योर पीनट ऑयल।
कानूनी दांव-पेंच का दौर: हाईकोर्ट पहुंचने से प्रभावित हुई निचली अदालत की कार्यवाही, सस्पेंस बरकरार।
अनुष्का से रितिका तक: आईपीएल 2026 में छाया इन स्टार वाइव्स का जबरदस्त फैशन सेंस।
योगी आदित्यनाथ की हुंकार: घुसपैठियों से मुक्त बंगाल ही मां का सच्चा सपना
रुके नहीं वीरेंद्र: तहसीलदार पद पर रहते हुए जारी रखी मेहनत, अब बने प्रदेश के दूसरे टॉपर।
18वीं लोकसभा का सातवां सत्र संपन्न: 9 विधेयक पारित, लेकिन संविधान संशोधन बिल अटका
