बिहार-झारखण्ड
इंटरनेट शटडाउन के बीच बरेली में शांति बनाए रखने की अपील
2 Oct, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बरेली: बरेली जिले में 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। दशहरा और इसके बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज को देखते हुए चौकसी और बढ़ा दी गई है। शहर के हालात देखते हुए दूसरे जिलों से आई पुलिस को चार अक्तूबर तक रोक लिया गया है। वहीं शासन के निर्देश पर जिले में इंटरनेट सेवा फिर बंद कर दी गई है। जारी आदेश में बताया गया है कि बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे से चार अक्तूबर यानी शनिवार को तीन बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।
खबर फैलते ही लोगों में मची खलबली
बृहस्पतिवार दोपहर में इंटरनेट बंद होने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो लोग एक-दूसरे को आदेश की कॉपी भेजते रहे। दो दिन के लिए दोबारा इंटरनेट बंद होने से लोगों में खलबली मच गई। परिचितों से पता करते रहे। इस संबंध में बीएसएनएल के जीएम पंकज पोरवाल ने बताया कि शासन के निर्देश पर दो दिन के लिए इंटरनेट सेवा को बंद किया गया है। इस दौरान एसएमएस भी नहीं कर सकेंगे। बता दें कि पिछले शुक्रवार को हुए बवाल के बाद जिले में दो दिन तक इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी।
दशहरा और जुमा पर पुलिस अलर्ट
शहर में हालात पूरी तरह सामान्य हैं। आम दिनों की तरह बाजार में चहल-पहल है। वहीं दशहरा और इसके बाद जुमे की नमाज को देखते हुए सुरक्षा बढ़ाई है। पुलिस प्रशासन के अफसर लगातार भ्रमणशील हैं। एसपी साउथ अंशिका वर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने बृहस्तपिवार को शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया।
एसपी साउथ ने बताया कि महिला एसओजी की वीरांगना यूनिट के साथ महिला क्यूआरटी की छह टीमें तैनात की गई हैं। प्रत्येक टीम में 30-35 कर्मी हैं। क्यूआरटी हर तरह की चुनौतियों से निपटने में पूरी तरह सक्षम हैं। कंट्रोल रूम से भीड़ की गतिविधियों पर नज़र रखी जा रही है। जहां भी भीड़ जमा होती दिखेगी, अलर्ट जारी कर दिया जाएगा और संबंधित बल को तैनात कर दिया जाएगा।
मोतिहारी में अगलगी, एजेंसी मालिक और ग्राहकों की उम्मीदें टूटीं
2 Oct, 2025 05:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दशहरा के दिन बिहार के मोतिहारी से आगजनी की घटना सामने आई है. यहां एक बाइक एजेंसी में भीषण आग लग गई. तालिमपुर वार्ड-7 स्थित बजरंग बाइक एजेंसी में देर रात लगी भीषण आग ने न केवल संपत्ति को राख कर दिया, बल्कि कर्मचारियों और मालिक के लिए विजयादशमी की खुशियों को मातम में बदल दिया. बाइक एजेंसी मालिक का करोड़ों का नुकसान हुआ है.
प्रथम दृष्टया शॉट सर्किट को आग का कारण बताया जा रहा है, लेकिन जांच जारी है और असली वजह का खुलासा अभी होना बाकी है. आग लगते ही फायर ब्रिगेड टीम को सूचना दी गई. दमकल की टीम ने स्थानीय थाना और पुलिस और लोगों की मदद से आग पर काबू पाया.
आज जहां देश भर में लोग विजयादशमी का त्योहार मना रहे हैं. वहीं एजेंसी कर्मी और मालिक को गहरा धक्का लगा है. आग में लगभग 60 बाइक स्पेयर पार्ट जलकर खाक हो गए. देर रात ये हादसा हुआ. बताया जा रहा है कि आग लगने के कारण 4 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. जैसे ही आग लगी, आस-पास के लोग भी दहशत में आ गए.
घंटों की मशक्कत के बाद बुझी आग
जानकारी के मुताबिक, विजयादशमी को लेकर कारोबार की विशेष तैयारी की गयी थी क्योंकि लोग आज के दिन गाड़ियां खरीदते हैं. बड़ी संख्या में गाड़ियां मंगवाई गई थीं. रात को लगी आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई. लेकिन जबतक दमकल पहंची तब तक आग पूरी तरह धधक चुकी थी. आग इतनी भयावह थी कि दूर से देखी जा रही थी. आम लोग पास जाने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाए. दमकल टीम के कई घंटों की मेहनत के बाद बाद आग पर काबू पाया जा सका.
कैमूर जा रही स्कॉर्पियो कंटेनर से टकराई, मौत और चीखपुकार का मंजर
2 Oct, 2025 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कैमूर एनएच-19 पर दुर्गावती थाना क्षेत्र के चिपली गांव के समीप सोमवार देर रात सड़क हादसे महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो खड़े कंटेनर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही दुर्गावती थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को आननफानन में स्थानीय अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, तीनों मृतकों में झारखंड निवासी मुस्लिम अंसारी (45) और रोहतास निवासी मुन्ना अंसारी (43) और रजिया खातून (60) के रूप में की गई है। वहीं घायल सभी रोहतास के तिरकुलिया के रहने वाले हैं। सभी किसी निजी कार्य से कैमूर की ओर जा रहे थे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे खड़ा कंटेनर बिना किसी चेतावनी संकेत के था। इससे यह भीषण हादसा हुआ। गाड़ी की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जांच में जुटी पुलिस टीम
इधर, इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सड़क पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दुर्गावती थाना अध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि दुर्गावती थाना क्षेत्र के छज्जूपुर पोखरे के समीप एक कंटेनर में पीछे से स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी है। इस घटना में एक महिला सहित तीन की मौत हुई है। बाकी अन्य सात लोग घायल हैं। जिनका इलाज चल रहा है। सभी तीनों शव को कब्जे में कर पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूरे मामले की जानकारी के लिए परिजन का इंतजार किया जा रहा है। परिजन के आने के बाद ही पूरी जानकारी हो पाएगी।
कुल आठ लोगों को अस्पताल लाया गया था
इधर, दुर्गावती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉक्टर निकाईल अंसारी ने बताया कि घटना में कुल आठ लोगों को अस्पताल लाया गया था। जबकि दो को मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में ले जाया गया है। इस घटना में तीन लोगों की स्पॉट डेथ हुई है। वही पांच गंभीर थे जिनका प्राथमिक इलाज करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में उमर अंसारी (70), फातिमा (15), हाजरा खातून (40), अशरफ अंसारी (30), अमीर अंसारी (12), नसीम अंसारी (45), मुस्कान परवीन (42) के रूप में हुई।
सहरसा को मिलेगा पर्यटन की नई पहचान, मत्स्यगंधा झील का होगा विकास
2 Oct, 2025 12:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सहरसा में मत्स्यगंधा झील के कायाकल्प के लिए 98 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दो दिन पूर्व पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस परियोजना का शिलान्यास किया था। बुधवार को पूर्व मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. आलोक रंजन ने जिले के डीएम दीपेश कुमार के साथ स्थल पर कार्य योजना का औपचारिक शुभारंभ किया।
पर्यटन और आस्था का नया केंद्र बनेगा मत्स्यगंधा झील
विधायक डॉ. आलोक रंजन ने बताया कि इस परियोजना के तहत झील के किनारे 400 मीटर का घाट, वृत्ताकार ग्लास ब्रिज और पार्किंग स्थल का निर्माण होगा। यह झील धार्मिक आस्था का केंद्र तो बनेगी ही, साथ ही इसे राष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल भी विकसित किया जाएगा। बिहार का दूसरा ग्लास ब्रिज यहां पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र होगा।
रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
विधायक ने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। हस्तशिल्प, होटल और परिवहन क्षेत्र में हजारों लोगों को काम मिलेगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और सहरसा जिले को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
आधुनिक सुविधाओं से होगा कायाकल्प
परियोजना के अंतर्गत अनुभव केंद्र, शौचालय परिसर (शिशु देखभाल कक्ष सहित), स्मृति चिन्ह दुकान, परावर्तन कुंड, विशाल वृक्ष प्रतिरूप, संगीतमय फव्वारा, सेल्फी प्वाइंट, भोजनालय, प्रशासनिक भवन, शहरी हाट, वृत्ताकार लॉन, विशाल वाहन पार्किंग और भव्य मुख्य द्वार जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
यह परियोजना केवल सौंदर्यीकरण का काम नहीं है, बल्कि सहरसा के सर्वांगीण विकास, रोजगार और समृद्धि के अवसर सृजित करने का संकल्प है। विधायक डॉ. आलोक रंजन ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए एनडीए सरकार का आभार व्यक्त किया।
झारखंड में 2 से 3 अक्टूबर तक भारी बारिश, बिजली गिरने का अलर्ट
2 Oct, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: झारखंड की राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में आज अच्छी खासी बारिश हुई. इसके साथ ही दोपहर में वज्रपात भी देखा गया, लेकिन, शाम होते-होते झारखंड का मौसम एक बार फिर से सुहाना हो गया और लोग मौसम का लुफ्त उठाते दिखे. ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि इस बार मॉनसून ने नवरात्र का मजा कीरकिरा नहीं किया. हालांकि बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के कारण 2 से लेकर 4 अक्टूबर तक लगातार बारिश की संभावना बनी हुई है.
झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में 1 अक्टूबर से आगामी 3 अक्टूबर तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है. बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सिस्टम के कारण राज्य के 12 जिलों में 2 और 3 अक्तूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के तापमान में भी अगले 3 दिन में 2-4 डिग्री तक की कमी आ सकती है.
इन जिलों में होगी झमाझम बारिश
1 • 2 अक्टूबर 2025 को रांची, हजारीबाग, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं चतरा, गढ़वा और पलामू में बहुत भारी वर्षा की संभावना है.
2 • इस दौरान तेज़ हवा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली है व खासतौर वज्रपात से सावधान रहना होगा. रांची, हजारीबाग व खूंटी जैसे जिलों में अत्यधिक वज्रपात देखी जा सकती है.
फंदे से लटकता मिला दिव्यांग युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
2 Oct, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में बुधवार को 28 वर्षीय शारीरिक रूप से दिव्यांग युवक का शव उसके आवास में पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या प्रतीत होती है।
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर के ब्लॉक नंबर 2 में रहने वाले साद्दाम हुसैन ने कथित रूप से अपने कमरे में नायलॉन रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या की। कदमा पुलिस स्टेशन के प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा ने बताया कि मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। स्थानीय लोगों ने बुधवार शाम सूचना दी कि युवक ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। शव का पोस्टमॉर्टम एमजीएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल मैंगो में किया गया।
इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई और नौकरी की तलाश
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद सिराज ने बताया कि युवक ने इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की थी और नौकरी की तलाश में था। उनका बड़ा भाई दुबई में काम करता है। सिराज ने आगे कहा कि उसकी बुज़ुर्ग मां हृदय रोगी हैं, जबकि उसका एक छोटा भाई भी उनके साथ रहता है। हमें अभी तक आत्महत्या का कारण पता नहीं चला है। उसने कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है। वह पिछले कुछ महीनों से नौकरी की तलाश में था। हालांकि, उसका भाई खाड़ी देशों से उन्हें पैसे भेजता था और उन्हें कोई आर्थिक तंगी नहीं थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार दोपहर साद्दाम ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया था। मां ने कई बार खटखटाने के बाद पड़ोसी की मदद ली। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा और युवक का शव पंखे से लटका हुआ पाया।
बांका में साढ़े 14 लाख से अधिक मतदाता तय करेंगे विधानसभा चुनाव का भाग्य, अंतिम निर्वाचक सूची जारी
1 Oct, 2025 04:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बांका। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-डीएम की अध्यक्षता में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव और प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तिथि एक जुलाई 2025 को आधार मानकर विशेष गहन पुनरीक्षण किया गया। प्रारूप निर्वाचक सूची एक अगस्त को प्रकाशित की गई थी।
जिले में कुल 14,50,171 निर्वाचक
इसके बाद एक अगस्त से एक सितम्बर तक दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी की गई। डीएम ने बताया कि अंतिम निर्वाचक सूची सभी विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के विनिर्दिष्ट स्थलों पर प्रकाशित कर दी गई है। जिले में कुल 14,50,171 निर्वाचक शामिल किए गए हैं। यानि इस बार साढ़े चौदह लाख से अधिक वोटर मतदान में शामिल होंगे।
ज्ञात हो कि यहां पांच विधानसभा क्षेत्रों की संख्या है। इसमें बांका, अमरपुर, धोरैया, कटोरिया एवं बेलहर शामिल हैं। बैठक में एडीएम अजीत कुमार सहित जदयू जिलाध्यक्ष अमरेंद्र प्रसाद, राजद के अर्जुन ठाकुर, भाजपा के महासचिव मुकेश सिंहा सहित अन्य थे।
मुख्य बिंदु अर्हता तिथि 01 जुलाई 2025 के आधार पर सूची का पुनरीक्षण 30 सितंबर 2025 को प्रकाशित हुई अंतिम निर्वाचक सूची
भागलपुर में दशहरा के अवसर पर कंट्रोल रूम और क्यूआरटी टीम सक्रिय, बिजली आपूर्ति रहेगी निर्बाध
1 Oct, 2025 02:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भागलपुर। आम लोगों को बिजली से संबंधित किसी तरह की परेशानी नहीं हो इसके लिए दुर्गा पूजा की छुट्टी में भी अभियंताओं से विशेष ड्यूटी ली जाएगी। बिजली आपूर्ति व्यवस्था में कोई खराबी होने पर उसे अविलंब दूर करने के लिए विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) बनाई गई है।
अभियंता और लाइमैन की टीम गठित की गई है। शहर में तार टूटने, फ्यूज उड़ने, ट्रांसफार्मर जलने या अन्य कारणों से बिजली आपूर्ति प्रभावित होती, तो उपभोक्ताओं के एक काल पर समस्याओं का समाधान कर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
दुर्गा पूजा पर निर्बाध आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सर्किल स्तर पर भी कंट्रोल रूम का गठन किया गया है। अधिकारियों व कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
बिजली की गड़बड़ी पर यहां करें काल
विद्युत सब डिवीजन, मोजाहिदपुर
मोहल्ला : स्टेशन, सोनापट्टी, लोहापट्टी, पटलबाबूरोड, भगत सिंह चौक, टोला, काजवली चौक, वेरायटी चौक से खलीफाबाग चौक, तातारपुर व मुंदीचक, उर्दू बाजार, लहेरी टोला जूनियर इंजीनियर : 9264428005
मोहल्ला : अलीगंज से मस्जिद, लोहिया पुल के उत्तरी, पूर्वी व दक्षिणी, कुतुबगंज, मिरजानहाट, मोहद्दीनगर, मारुफचक, हसनगंज, काजीचक जूनियर इंजीनियर : 9264428004
मोहल्ला : गोलाघाट से शंकर टाकीज, खलीफाबाग, बूढ़ानाथ, जोगसर चौक से शंकर टॉकीज, लाजपत पार्क जूनियर इंजीनियर : 9264428006
विद्युत सब डिवीजन, तिलकामांझी
मोहल्ला : भीखनपुर, बरहपुरा, आनंदबाग, मुंदीचक, मिनी मार्केट जूनियर इंजीनियर : 9264428014
मोहल्ला : मशाकचक, खंजरपुर, आदमपुर, कोयलाघाट, एसएम कालेज रोड खंजरपुर जूनियर इंजीनियर : 9264428013
मोहल्ला : बरारी, अस्पताल, कुप्पा घाट, तिलकामांझी, बहादुरपुर, गंगापुर, सोइन खान भट्टा, जेल रोड जूनियर इंजीनियर : 9264428012
विद्युत सब डिवीजन, नाथनगर
मोहल्ला : तातारपुर, परबत्ती, आसानंदपुर, कबीरपुर, विश्वविद्यालय जूनियर इंजीनियर : 9264428009
मोहल्ला : चंपानगर, चंपानाला, मनसकामना नाथनगर जूनियर इंजीनियर : 9264428010
मोहल्ला : चंपानगर, महाशय ड्योढ़ी, सीटीएस रोड, दीन मोहम्मदपुर लेन, नरगा, देवी मंडप लेन जूनियर इंजीनियर : 9264428008
जूनियर इंजीनियर के नहीं सुनने पर सहायक अभियंता को बताएं
मोजाहिदपुर विद्युत सब डिवीजन :सहायक अभियंता : 9264428002
नाथनगर विद्युत सब डिवीजन :सहायक अभियंता : 9264428007
तिलकामांझी विद्युत सब डिवीजन :सहायक अभियंता : 9264428011
अलीगंज विद्युत सब डिवीजन :सहायक अभियंता : 9264428015
इसके अलावा यहां भी कर सकते हैं शिकायत
विद्युत कार्यपालक अभियंता (शहरी): 9264428001
नालंदा की सियासी नब्ज: नीतीश कुमार पर आज भी जनता का भरोसा कायम, लेकिन विधायकों से क्यों बढ़ रहा गुस्सा?
1 Oct, 2025 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नालंदा: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गढ़ नालंदा आज भी उनके नाम से गूंजता है। ऐतिहासिक नालंदा जिले के विकास में उन्होंने सड़क ढांचे को मजबूत करने से लेकर खेल स्टेडियम बनवाने तक कई काम किए हैं। यही कारण है कि 1995 से लगातार यहां की जनता ने नीतीश कुमार और उनकी पार्टी को विधानसभा चुनाव में समर्थन दिया है। मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य पर अन्य जगहों पर भले ही चर्चा होती हो, लेकिन नालंदा के मतदाता इसे कोई मुद्दा नहीं मानते हैं।
नालंदा में नीतीश का वर्चस्व
1996 से नालंदा लोकसभा सीट पर पहले समता पार्टी और फिर जेडीयू का दबदबा रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फर्नांडीस यहां से तीन बार जीते, खुद नीतीश कुमार ने एक बार जीत दर्ज की और मौजूदा सांसद कौशलेंद्र कुमार 2024 में चौथी बार विजयी बने।
जनता का विश्वास नीतीश पर कायम
अस्थावां के एक किसान श्याम सुंदर प्रसाद कहते हैं, 'नीतीश कुमार ने हमारे लिए इतना काम किया है कि कोई उनके योगदान को भुला नहीं सकता। उन पर भ्रष्टाचार का आरोप भी विपक्ष नहीं लगा सकता।' वहीं, बेलदारी पर बाजार में चाय बेचने वाले सतीश शर्मा का कहना है, 'नीतीश जी उम्र के बावजूद पूरी तरह सक्षम हैं। छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याएं सबको होती हैं, लेकिन वे सरकार चलाने में सक्षम हैं।'
विधायकों को लेकर जनता में नाराजगी
2020 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू ने नालंदा की सात में से छह सीटों पर चुनाव लड़ा और पांच जीतीं। बीजेपी और राजद को एक-एक सीट मिली। जेडीयू के ज्यादातर विधायक लगातार चार से ज्यादा बार जीतते आए हैं। लेकिन अब जनता में असंतोष दिखने लगा है।
कार्तिसराय के मोबाइल दुकानदार अरुण कुमार कहते हैं, 'अस्थावां से जितेंद्र कुमार पांच बार जीत चुके हैं, लेकिन हर बार सिर्फ नीतीश जी के नाम पर। पार्टी को नए चेहरे को मौका देना चाहिए।'
नालंदा में बदलाव की मांग
नालंदा विधानसभा सीट से राज्य सरकार के मंत्री श्रवण कुमार सात बार लगातार जीत चुके हैं। हालांकि यहां भी युवाओं में असंतोष है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे भावेश कुमार कहते हैं, 'अगर नीतीश जी किसी नए उम्मीदवार को मौका दें तो बेहतर होगा। लेकिन चाहे उम्मीदवार कोई भी हो, नीतीश जी के नाम पर ही वोट पड़ेगा।'
चुनावी समीकरण
नालंदा विधानसभा चुनाव इस बार नीतीश कुमार की लोकप्रियता और जेडीयू विधायकों के खिलाफ नाराजगी के बीच संतुलन का मैदान बनने जा रहा है। जनता नीतीश कुमार के विकास कार्यों और साफ छवि को सराहती है, लेकिन स्थानीय विधायकों से बेहद नाराज़ है।
गौ मतदाता संकल्प यात्रा से शुरू हुई नई सियासी पारी, शंकराचार्य बोले- हर विधानसभा में होंगे गौ भक्त उम्मीदवार
1 Oct, 2025 11:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बिहार में सनातनी राजनीति का शंखनाद कर दिया है। गौ मतदाता संकल्प यात्रा के दौरान उन्होंने घोषणा की कि बिहार की सभी विधानसभा क्षेत्रों में गौ भक्तों को चुनाव लड़ाया जाएगा और उनके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार भी किया जाएगा। साथ ही सनातनी हिन्दुओं से अपील की गई कि वे गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए मतदान करें।
छपरा में गौ सेवकों और गौ रक्षकों को संबोधित करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि “आप जो कर रहे हैं वही धर्म है और वही अधर्म भी हो सकता है। यदि आपका वोट धर्म हो सकता है, तो अधर्म भी हो सकता है। अगर आपने गौ हत्या समर्थकों को वोट दिया तो वह अधर्म होगा।” उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि वोट की ताकत से देश में गौ हत्या पर रोक लग सकती है।
अपने संबोधन में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए आठ हजार करोड़ का विमान खरीदा गया है और यह उनकी चाय बेचने की कमाई से नहीं आया, बल्कि जनता के वोट की ताकत से आया है। “हमारी ही मां (गौ माता) के हत्यारों को सत्ता दिलाकर हम खुद शर्मिंदा हैं।” शंकराचार्य ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है जब गौ माता का संरक्षण होगा। गौ रक्षा सिर्फ आस्था का विषय नहीं है, बल्कि समाज और संस्कृति की आधारशिला है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बिहार की वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए “आई लव मोहम्मद” और “आई लव महादेव” जैसी बयानबाजी कराई जा रही है। इससे जागरूक मतदाताओं का ध्यान भटकाने की कोशिश हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब नरेंद्र मोदी सत्ता में आने से पहले देशभर में गौ हत्या पर रोक की बातें करते थे, तो लोग उनसे उम्मीद करते थे। लेकिन बीते 12 वर्षों में गौ हत्या पर पाबंदी लगाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। शंकराचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री की कथनी और करनी में बड़ा अंतर साफ झलक रहा है।
कड़क मिजाज और सख्त फैसलों के लिए मशहूर IAS अविनाश कुमार को मिली राज्य प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी
1 Oct, 2025 11:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीतामढ़ीः झारखंड सरकार ने सीनियर आईएएस अविनाश कुमार को नए मुख्य सचिव का दायित्व सौंपी है। विभिन्न विभागों की जिम्मेवारी संभाल चुके आईएएस कुमार मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी (मां जानकी की जन्मभूमि) जिले के निवासी है। झारखंड सरकार के सबसे बड़े प्रशासनिक पद का दायित्व सौंपे जाने की खबर से आईएएस कुमार के परिवार ही नहीं, बल्कि गांव में खुशी की लहर है। दुर्गापूजा की खुशी के माहौल में कुमार को मिली उक्त बड़ी उपलब्धि से ग्रामीणों/परिजन की खुशी और बढ़ गई है।
सुरसंड प्रखंड के बखरी गांव के है अविनाश
झारखंड के नए मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने मंगलवार को निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी से कार्यभार ग्रहण किया। 93 बैच के झारखंड कैडर के वरिष्ठ आईएएस कुमार सीतामढ़ी जिले के सुरसंड प्रखंड की बिररख पंचायत के बखरी गांव के निवासी है। उक्त पंचायत के मुखिया सह ग्रामीण विनोद शाही ने बताया कि आईएएस अविनाश कुमार दो भाई है। इनकी एवं इनके बड़े आईपीएस अमिताभ ठाकुर आईआईटी, कानपुर से पढ़े थे। कुमार एम. टेक. किए हुए है।
आईएएस कुमार है कड़क मिजाज
मुखिया सह ग्रामीण शाही बताते है कि दोनों भाइयों से जुड़ी एक रोचक बात है। यह है कि कड़क मिजाज के IAS कुमार वास्तव में IPS बनना चाहते थे, तो शांत स्वभाव के इनके बड़े भाई IPS अमिताभ ठाकुर IAS बनना चाहते थे। हालांकि ऐसा संभव नहीं हो सका था। अविनाश कुमार आईएएस, तो अमिताभ ठाकुर आईपीएस बन गए। इनके पिता तपेश्वर नारायण ठाकुर झारखंड के बोकारो स्टील फैक्टरी में इंजीनियर थे।
बड़े भाई डीआईजी के पद से रिटायर
बताया गया है कि आईएएस कुमार के पिता रिटायर होने के बाद बोकारो में ही वकालत करते हैं। उनके बड़े भाई अमिताभ ठाकुर लखनऊ, यूपी के डीआईजी के पद से रिटायर्ड है। सेवानिवृति के पश्चात ठाकुर सपरिवार लखनऊ में ही रहते हैं। गौरतलब है कि फिलहाल कुमार झारखंड में ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव थे। इसके अलावा कई विभागों के प्रभार में थे।
रांची, धनबाद समेत कई जिलों में नवमी पर तेज हवाएं और बारिश की संभावना
1 Oct, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: माहासप्तमी के बाद महाअष्टमी पर भी इस बार झारखंड का मौसम काफी मेहरबान रहा. पिछले 24 घंटे में राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में अच्छी खासी कर्कश धूप देखी गई और शाम में भी मौसम सुहाना रहा, जिससे लोग जमकर मेला का लुफ्त उठाते दिखे और पंडाल भी घूमते हुए नजर आए, लेकिन आज लगता है नवमी के दिन शाम के वक्त अच्छी बारिश दस्तक दे सकती है. रांची मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है.
आज इन जिलों में होगी बारिश
रांची मौसम केंद्र से जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि बंगाल की खाड़ी में मंगलवार से ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा सक्रिय होगा. इसके प्रभाव से 1 अक्टूबर को लो प्रेशर जन्म लेगा, जिससे पूरा झारखंड प्रभावित होगा. इससे कहीं-कहीं भारी वर्षा के साथ 30 से 40 प्रति घंटे की गति से आंधी चलने व वज्रपात की भी संभावना है.
5 डिग्री तक लुढ़केगा पारा
रांची मौसम विभाग ने 1 अक्टूबर से तापमान में गिरावट का अनुमान जारी किया है. जहां बारिश की गतिविधि बढ़ने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी. 34 डिग्री पर पहुंचा अधिकतम तापमान 5 डिग्री लुढ़क कर 29 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 2 डिग्री तक गिरावट हो सकती है.
प्रशांत किशोर का सनसनीखेज हमला, राजनीतिक गलियारे में हलचल
30 Sep, 2025 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: एक ओर जहां जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार एनडीए के नेताओं पर आरोप लगा रहे हैं, वहीं एनडीए के नेता भी अब पलटवार कर रहे हैं। बिहार के मंत्री नितिन नबीन ने आज कहा कि वे राजद की बी टीम बनकर काम कर रहे हैं।
प्रशांत किशोर राजद की बी टीम- नितिन नबीन
पटना में मीडिया से बातचीत में मंत्री नितिन नबीन ने प्रशांत किशोर के आरोपों को लेकर कहा, "उनकी दिनचर्या यही है, इसी काम में मन लगता है, उनको करने दीजिए। लेकिन, मेरा मानना है कि जब कोरोना कालखंड में बिहार था, उस समय उनको चिंता नहीं थी। बिहार जब आपदा में था, उस समय उनको चिंता नहीं थी। बिहार जब जंगलराज और नक्सलवाद से लड़ रहा था, उस समय उनको बिहार की चिंता नहीं थी, मगर आज जब बिहार विकास की राह पर चल रहा है, तब वह राजद की बी टीम बनाकर काम कर रहे हैं।"
घुसपैठियों की राजनीति करने वालों की जमीन खिसक जाएगी- BJP
दरअसल, नितिन नबीन पटना के आदर्श कॉलोनी में डेढ़ करोड़ की लागत से बनने वाले पार्क का शिलान्यास करने के लिए यहां पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इसकी मांग यहां के लोगों को काफी दिनों से थी। यह योजना मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पार्क स्वर्गीय ठाकुर प्रसाद की स्मृति में बनाया जा रहा है। मतदाता सूची जारी होने को लेकर उन्होंने कहा कि जो घुसपैठियों के लिए राजनीति कर रहे थे, उनको करारा जवाब मिलेगा। उनकी जमीन खिसक जाएगी।
कश्मीर पर भी बोले नीतीश के मंत्री
कश्मीर के संपूर्ण राज्य के दर्जे की मांग पर उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला को जब कश्मीर में पाकिस्तान का झंडा फहराया जाता था, तब दर्द नहीं हुआ। आज पूरा कश्मीर भारत से जुड़ गया है, तो उन्हें कहीं न कहीं पीड़ा हो रही है। भारत का संपूर्ण राज्य स्वतंत्र होकर काम कर रहा है और सभी एकता के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
राजनीति का नया मोड़: तेजस्वी यादव की टीम मजबूत होती दिखी
30 Sep, 2025 03:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: यह सच है कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल ने NDA के कई नामवर नेताओं को अपने पाले में ला दिया है। ऐसा कर वो बीजेपी और जदयू दोनों के सामने पहली नजर में मुश्किलें खड़ी करता दिख रहा है। पर उससे भी बड़ा सवाल तो ये है कि ये दगे कारतूस लालू प्रसाद यादव की राजद को क्या कोई मुकाम दिला पाएंगे? क्या इनकी उपस्थिति राजद के वोट बैंक को बढ़ाएंगे? क्या इनकी मौजूदगी विधायकों के संख्या बल को आगे ले जाएंगे ! जानते है कौन हैं ये NDA नेता जिन्होंने हाल में राजद का दामन थाम कर हलचल मचा दी।
पहला नाम- बृजकिशोर बिंद
बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री एवं चैनपुर के पूर्व विधायक बृज किशोर बिंद ने राष्ट्रीय जनता दल का दामन थाम कर बीजेपी की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि बृज किशोर बिंद की राजनीति बहुत सुरक्षित तो नहीं रह गई थी। ऐसे भी उन्हें लगने लगा था कि उनकी विधानसभा सीट चैनपुर जदयू को जा सकती है। ऐसे में बृज किशोर बिंद का टिकट कटना तय था। ऐसा इसलिए कि साल 2020 के विधानसभा चुनाव में चैनपुर से बसपा के जमा खान चुनाव जीते थे। बाद में ये जेडीयू में शामिल हो गए और बिहार सरकार में मंत्री भी हैं। ऐसे में यह सीट जेडीयू के खाते में जाना तय है। इसलिए बृज किशोर बिंद के लिए राजद जाना मजबूरी था। वहीं अब इस सीट पर वो जीत पाएंगे या नहीं, इस पर भी संशय ही है।
दूसरा नाम- निरंजन राम
बीजेपी नेता और मोहनिया के पूर्व विधायक निरंजन राम का भी राजद में जाना तय है। तेजस्वी यादव से मुलाकात की तस्वीर वायरल हुई है। दरअसल इनकी मजबूरी यह थी कि साल 2020 में आरजेडी की संगीता कुमारी ने निरंजन राम को हराया था। लेकिन कुछ महीने पहले संगीता कुमारी ने बीजेपी का दामन थाम लिया। ऐसे में बीजेपी निरंजन राम के बदले संगीता कुमारी को चुनावी टिकट देती। इसलिए उन्हें राजद की सेफ पार्टी लगी।
नरेंद्र सिंह उर्फ बोगो सिंह
जदयू के पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह उर्फ बोगो सिंह ने भी राजद का दामन थाम लिया है। राजद में जाना इनकी भी मजबूरी थी। ऐसा इसलिए कि साल 2020 के विधानसभा चुनाव में बोगो सिंह की करारी हार हुई थी। इन्हें लोजपा के राज कुमार सिंह ने हराया था। पर बाद में लोजपा विधायक राज कुमार सिंह जदयू में शामिल हो गए। ऐसे में बोगो सिंह को जदयू से टिकट मिलना असंभव था। इसलिए इन्होंने टिकट की उम्मीद में राजद का दरवाजा खटखटाया है।
मुजाहिद आलम
कोचाधामन विधानसभा के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने भी राजद का दामन थाम जदयू की मुश्किल बढ़ा दी। दरअसल साल 2020 विधानसभा चुनाव में जदयू उम्मीदवार मुजाहिद आलम को AIMUIM के उम्मीदवार मुहम्मद इजहार असफी से हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन पार्टी छोड़ने का बहाना इन्होंने नए वक्फ कानून को जदयू का समर्थन बताया।
रेणु कुशवाहा
सांसद और बिहार में मंत्री रह चुकीं रेणु कुशवाहा ने राजद की सदस्यता ले कर भी NDA की मुश्किल बढ़ा दी हैं। राजद इन दिनों कुशवाहा मिशन में लगी हुई हैं। ऐसे में पूर्व मंत्री रेणु कुशवाहा राजद के लिए लाभकारी होती हैं या नहीं, इसे अभी प्रमाणित होना है। रेणु कुशवाहा समय-समय पर जदयू, भाजपा और लोजपा में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं।
हारे हुए नेताओं का लिटमस टेस्ट!
NDA नेताओं की नजर में इन नेताओं के राजद में जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। पर क्या यह हकीकत है? इस सवाल का जवाब बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों से मिलेगा। हालांकि थोड़ा बहुत अंदाजा तो तब ही लग जाएगा जब इनके खिलाफ उतरने वाले NDA उम्मीदवारों की लिस्ट तय हो जाएगी।
बिहार में कांग्रेस की नई रणनीति, वोटों में बदलेगी राहुल-प्रियंका की लहर
30 Sep, 2025 02:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अब पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर चुकी है। बिहार विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की एंट्री से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के बाद अब रणनीति के अगले चरण पर काम शुरू हो चुका है।
आलाकमान ने तय किया है कि प्रदेश के हर जिले में बड़े नेताओं की सभाएं आयोजित होगी। इसका खाका लगभग तैयार है। दुर्गा पूजा पर्व के बाद से दिग्गज कांग्रेसियों की जिलावार तैनाती की तैयारी है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की योजना है कि सभी जिलों में राज्यसभा सांसद, पूर्व मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ऐसे कार्यक्रमों के जरिये पार्टी विधानसभा क्षेत्र में राहुल और प्रियंका के बड़े आयोजनों से पैदा हुई लहर को जमीनी स्तर पर स्थानीय मुद्दों और प्रत्याशियों के समर्थन में वोटों में बदलने की कोशिश करेगी।
कांग्रेस नेताओं के जिलावार कार्यक्रम महागठबंधन के लिए भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। इससे जनता को यह संदेश जाएगा कि गठबंधन में कांग्रेस सिर्फ औपचारिक भागीदार नहीं, बल्कि सक्रिय और संघर्षशील दल है। पार्टी अपने उम्मीदवारों के समर्थन में अकेले भी भीड़ जुटाने और वोटरों को आकर्षित करने का सामथ्र्य रखती है।
राहुल गांधी और प्रिंयका गांधी वाड्रा ने अपने बिहार दौरे में वोट चोरी की आवाज तो बुलंद की है। साथ ही पार्टी की राष्ट्रीय कार्य समिति की विस्तारित बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, आरक्षण और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठा कर करीब करीब साफ कर दिया है कि पार्टी चुनाव के दौरान मुद्दा आधारित राजनीति करके बढ़त हासिल करने में पीछे नहीं रहेगी।
पार्टी का मानना है कि जिलों में दिग्गज नेताओं की मौजूदगी से पार्टी संगठन को भी मजबूती मिलेगी। बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता अपने नेता के साथ खड़े दिखेंगे तो उनकी ऊर्जा और बढ़ेगी। कांग्रेस को यह भी उम्मीद है कि इन कार्यक्रमों से निष्क्रिय कार्यकर्ता भी सक्रिय होंगे और चुनावी मैदान में पूरी क्षमता के साथ जुटेंगे।
देवघर और हजारीबाग में नए चेहरों की एंट्री; झारखंड सरकार ने प्रशासनिक अमले में किया बड़ा उलटफेर।
झारखंड के जंगलों में 'ऑपरेशन मिसिर बेसरा': 10 किमी का घेरा और 50 माओवादी कैद।
झुलसाने वाली धूप और गर्म हवाएं; झारखंड में अगले 48 घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण।
बालेन शाह सरकार से सीधा संवाद: काठमांडू में नई सरकार की प्राथमिकताएं सुनेंगे समीर पॉल कपूर
"नारी शक्ति का अपमान माफ नहीं करेगा देश": बिल गिरने पर विदेश मंत्री जयशंकर ने जताया रोष
उत्तर बनाम दक्षिण: संजय राउत ने महिला आरक्षण बिल के पीछे छिपे 'क्षेत्रीय असंतुलन' पर उठाए सवाल।
संबोधन की तैयारी: महिला आरक्षण बिल पर देश को आगे की रणनीति बता सकते हैं पीएम मोदी
महिला आरक्षण पर आदित्य ठाकरे का सुझाव: 'सीटें बढ़ाए बिना आज से ही लागू करें कोटा'।
ED की पूछताछ के 72 घंटे बाद मौत: जितेंद्र शेल्के की दुर्घटना पर अंजलि दमानिया ने उठाए सवाल।
अभिभावकों को बड़ी राहत: राज्य सरकार ने RTE एडमिशन के लिए दिया 10 दिन का अतिरिक्त समय
