बिहार-झारखण्ड
बिहार चुनाव से पहले चिराग का सियासी तीर, 2005 के दर्द से RJD पर कसा तंज
25 Oct, 2025 12:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की गहमागहमी के बीच चिराग पासवान ने एक पुरानी कहानी को कुरेदकर राजद नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोला है. चिराग ने 2005 की उस घटना का जिक्र किया जब उनके पिता और लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के संस्थापक रामविलास पासवान ने मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने की खातिर अपनी पार्टी को दांव पर लगा दिया था. लेकिन, चिराग का ये बयान अब नई बहस छेड़ रहा है, क्योंकि उनकी अपनी पार्टी ने इस बार एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया. आइए, 2025 में 2005 के इस सियासी ड्रामे को विस्तार से समझते हैं.
2005 में हुआ क्या था?
2005 का बिहार विधानसभा चुनाव रामविलास पासवान और उनकी पार्टी के लिए सुनहरा मौका लेकर आया था. उस वक्त एलजेपी ने कांग्रेस के साथ मिलकर तीसरे मोर्चे के तौर पर चुनाव लड़ा. रामविलास की रणनीति थी दलित और मुस्लिम वोटरों को एकजुट करना ताकि लालू प्रसाद यादव की राजद और नीतीश कुमार की जदयू-भाजपा गठबंधन को चुनौती दी जा सके. नतीजा? एलजेपी ने 29 सीटें जीतकर अपनी सबसे बड़ी कामयाबी हासिल की, जिसमें दो मुस्लिम विधायक भी शामिल थे. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई.
विधानसभा में कोई भी गठबंधन बहुमत तक नहीं पहुंच सका. राजद को 75 और एनडीए को 92 सीटें मिलीं, पर 122 का जादुई आंकड़ा किसी के पास नहीं था. रामविलास ने मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने की शर्त रखकर न राजद का साथ दिया, न एनडीए का. नतीजतन, बिहार में राष्ट्रपति शासन लग गया. लेकिन नीतीश कुमार ने चाल चली. उन्होंने एलजेपी के 12 विधायकों को तोड़ लिया, जिनमें रामविलास के भाई पशुपति कुमार पारस भी शामिल थे. इन बागियों को जदयू ने दोबारा चुनाव में टिकट का लालच दिया. नतीजा? नवंबर 2005 के दोबारा चुनाव में एलजेपी सिर्फ 10 सीटों पर सिमट गई और नीतीश मुख्यमंत्री बन गए.
चिराग का तेजस्वी पर वार
चिराग पासवान ने 24 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर लिखा, “2005 में मेरे पिता ने मुस्लिम मुख्यमंत्री के लिए अपनी पार्टी कुर्बान कर दी, लेकिन राजद ने उनका साथ नहीं दिया. आज भी राजद न मुस्लिम सीएम देने को तैयार है, न डिप्टी सीएम.” उनका इशारा तेजस्वी यादव की ओर था, जिन्हें महागठबंधन ने 23 अक्टूबर को सीएम चेहरा घोषित किया. 18 फीसदी मुस्लिम वोटरों को लुभाने के लिए चिराग ने ये दांव खेला. लेकिन सवाल ये है कि क्या चिराग का ये हमला उनकी अपनी साख पर सवाल नहीं उठा रहा?
चिराग की अपनी साख पर सवाल
चिराग खुद को पीएम नरेंद्र मोदी का ‘हनुमान’ कहते हैं और एनडीए का हिस्सा हैं. उनकी पार्टी को इस बार 29 सीटें मिली हैं, लेकिन एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया गया. इससे उनकी बात पर सवाल उठ रहे हैं. एनडीए की दूसरी पार्टियां भी इस मामले में पीछे नहीं. भाजपा 101 सीटों पर लड़ रही है, लेकिन एक भी मुस्लिम उम्मीदवार नहीं उतारा. जदयू ने 101 सीटों पर चार मुस्लिम चेहरों को टिकट दिया, जो 2020 के 18 से काफी कम है. हम और रालोसपा ने भी कोई मुस्लिम उम्मीदवार नहीं चुना.
महागठबंधन का जवाब
महागठबंधन में राजद ने 143 सीटों पर 16 मुस्लिम उम्मीदवार उतारे हैं, जो उनकी कुल सीटों का करीब 13% है. तेजस्वी रोजगार और विकास की बात कर रहे हैं, लेकिन मुस्लिम नेतृत्व को बड़ा पद न देना उनके लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है. दूसरी ओर, एआईएमआईएम और जन सुराज जैसी पार्टियां मुस्लिम वोटरों को लुभाने में लगी हैं.
2025 का सियासी समीकरण
बिहार में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में वोटिंग होगी, और 14 नवंबर को नतीजे आएंगे. एनडीए ‘विकसित बिहार’ का नारा दे रही है, जबकि महागठबंधन ‘जंगल राज’ के डर को खत्म करने की बात कर रहा है. बेरोजगारी, पलायन और महिलाओं का कल्याण बड़े मुद्दे हैं. चिराग की 29 सीटें फिर से ‘किंगमेकर’ की भूमिका निभा सकती हैं अगर एनडीए बहुमत से चूक गया. लेकिन मुस्लिम वोटों का बंटवारा, खासकर सीमांचल और मिथिलांचल में, एनडीए के लिए फायदेमंद हो सकता है. 2005 का वो घाव आज भी चिराग को चुभता है. उनके पिता का सपना दलित-मुस्लिम एकता का था, जो नीतीश की चालबाजी ने तोड़ दिया. लेकिन चिराग का राजद पर हमला तब कमजोर पड़ता है जब उनकी अपनी गठबंधन और पार्टी मुस्लिम नेतृत्व को आगे बढ़ाने में पीछे दिखती है. बिहार की सियासत में ये नया ड्रामा न सिर्फ पुराने जख्म खोल रहा है, बल्कि वोटरों को भी सोचने पर मजबूर कर रहा है कि असली ‘मुस्लिम हितैषी’ कौन है?
देवरानी-जेठानी आमने-सामने: बिहार की इस सीट पर राजनीति में घमासान तय
25 Oct, 2025 12:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नवादा। नवादा जिले की हिसुआ सीट से छह बार विधायक रहे दिवंगत पूर्व मंत्री आदित्य सिंह के परिवार का राजनीतिक विवाद एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है. आदित्य सिंह की बहू नीतू कुमारी सिंह जो वर्तमान में कांग्रेस प्रत्याशी और विधायक हैं, उनके खिलाफ एनडीए के समर्थन में उनकी देवरानी आभा देवी खुलकर चुनाव प्रचार कर रही हैं. यह देखकर ऐसा लग रहा है जैसे नीतू कुमारी का सामना इस बार किसी और से नहीं, बल्कि अपनी ही देवरानी आभा देवी से है.
परिवार से राजनीति तक पहुंचा विवाद
बता दें, 2020 के विधानसभा चुनाव में नीतू कुमारी ने कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी. लेकिन उस दौरान घर का विवाद शांत हो गया था, 2020 के विधानसभा चुनाव में उनकी देवरानी आभा देवी, जो कांग्रेस की पूर्व जिला अध्यक्ष रह चुकी हैं, नीतू कुमारी के पक्ष में खुलकर प्रचार-प्रसार किया था. इस दौरान ऐसा लग रहा था जैसे मानों आदित्य सिंह परिवार का विवाद खत्म हो गया है. लेकिन अब बिधानसभा चुनाव नजदीक आते ही एक बार फिर विवाद खुलकर सबके सामने आ गया है. जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही हैं, वैसे ही चुनावी समीकरण भी बदल रहे हैं. जेठानी से सामने देवरानी आभा देवी के खुलकर बीजेपी प्रत्याशी अनिल सिंह के समर्थन में प्रचार करने से कांग्रेस के भीतर भी हलचल मच गई है. अब यहां कि लड़ाई को जेठानी बनाम देवरानी के रूप में देखी जा रही है. हिसुआ विधानसभा सीट की बात की जाए तो यहां से पूर्व मंत्री आदित्य सिंह ने 6 बार विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की है. पहली बार आदित्य सिंह 1980 में निर्दलीय विधायक चुने गए थे. इसके बाद लगातार 5 बार विधायक रहे. पहली बार उन्हें 2005 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. जहां भाजपा के अनिल सिंह ने जीत दर्ज की थी.
कांग्रेस ने 9 बार जीत दर्ज की
बता दें, हिसुआ विधानसभा सीट से सबसे ज्यादा कांग्रेस प्रत्याशियों ने 9 बार जीत दर्ज की. इसके बाद भाजपा 2005 से लगातार 3 बार जीतकर हैट्रिक लगाई लेकिन पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अनिल सिंह को भी हार का सामना करना पड़ा. वहीं इस सीट से अभी तक जदयू और आरजेडी को एक बार भी जीत नहीं मिल पाई है. यह सीट कांग्रेस की परंपरागत जीतने वाली सीट मानी जाती है. इस बार भी कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में आदित्य सिंह की बहू चुनावी मैदान में हैं.
हिसुआ में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
जेठानी के सामने देवरानी के प्रचार करने के बाद माना जा रहा है कि हिसुआ सीट पर कांग्रेस, बीजेपी और बीएसपी के बीच इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है. वहीं देवरानी आभा देवी की वजह से कांग्रेस को नुकसान की आशंका जताई जा रही है. हिसुआ विधानसभा सीट से किसे जीत मिलेगी यह तो वहां कि जनता ही तय करेगी. लेकिन मतदाताओं के बीच इस “देवरानी-जेठानी की जंग” की चर्चा जोरों पर है. दोनों पक्ष अपने समर्थकों को एकजुट करने में जुटे हैं. स्थानीय लोगों का मानना है कि अबकी बार यह चुनाव सिर्फ दलों का नहीं, बल्कि परिवार और प्रभाव की साख का भी मुकाबला होगा.
2020 में 15 साल बाद कांग्रेस की वापसी
2020 में कांग्रेस पार्टी को 15 साल बाद जीत मिली थी. यहां कांग्रेस की नीतू कुमारी ने 17,091 वोट से जीत दर्ज की था. वहीं, भाजपा से हैट्रिक लगाने वाले तीन बार के विधायक अनिल सिंह दूसरे नंबर पर रहे. इस बार भी अनिल सिंह के सामने नीतू कुमारी सिंह चुनावी मैदान में हैं.
गया में दर्दनाक सड़क हादसा: बस और ट्रक की टक्कर में चालक की मौत, 14 यात्री घायल
24 Oct, 2025 01:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के गया जी जिले में शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। महाराष्ट्र से बोधगया आ रही तीर्थयात्रियों की बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
चालक की मौके पर ही मौत हो गई
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शेरघाटी थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पास हुआ। यात्रियों से भरी बस जैसे ही गांव के समीप पहुंची, अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया
सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं मृत चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि बस महाराष्ट्र से तीर्थयात्रियों को लेकर अयोध्या और काशी विश्वनाथ होते हुए बोधगया जा रही थी। इसी दौरान गोपालपुर गांव के पास यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद प्रशासन की देखरेख में अन्य यात्रियों को दूसरी बस से बोधगया रवाना कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।
तेजस्वी यादव की आज कई जिलों में चुनावी सभाएं, बोले- जनता ने मौका दिया तो करेंगे बड़ा बदलाव
24 Oct, 2025 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महागठबंधन में मुख्यमंत्री चेहरा घोषित होने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज ताबड़तोड़ चुनावी सभा करने के लिए निकल चुके हैं। पटना में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। 17 महीने के महागठबंधन सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। साथ ही कहा कि बिहारवासियों से बस यही कहना चाहता हूं कि आप हमें शक्ति प्रदान कीजिए हम आपको बेरोज़गारी, महंगाई, पलायन, घूसखोरी, रिश्वतखोरी, गरीबी और अपराध से मुक्ति दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेगा तो बिहार के लोग चिंता मुक्त हो जाएंगे। हमने जो वादा किया है, उसे पूरा करेंगे। हमारी राजनीति झूठ नहीं, भरोसे की राजनीति है।
इन जिलों में वोट मांगेंगे तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव आज सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली में जनसभा करेंगे और महागठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगेंगे। वहीं माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य आरा में पार्टी और महागठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभा करेंगे।
तेजस्वी बोले- एनडीए वाले नकलची हैं
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एनडीए वाले नकलची हैं। इनके नेता थके हुए हैं। यह लोग बिहार को ठगने में लगे हुए हैं। हमलोगों ने पांच लाख नौकरियां दी। साढ़े तीन लाख नौकरियां प्रक्रियाधीन करवाई। हमलोगों ने यह घोषणा की है कि महागठबंधन की सरकार बनते ही हर परिवार में एक सरकारी नौकरी दी जाएगी। माई-बहिन मान योजना लागू करेंगे। गैस सिलेंडर को पांच सौ रुपया करेंगे। जीविका दीदी को स्थायी नौकरी और 30 हजार रुपया प्रतिमाह देने का एलान किया। इसके अलावा बिहार सरकार में काम करने संविदाकर्मियों को राज्यकर्मी का दर्जा देंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता परिवर्तन चाहती है।
छठ पूजा पर ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, बसों और यात्री वाहनों के लिए जारी किया रूट चार्ट
24 Oct, 2025 12:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। छठ पूजा के मौके पर शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट चार्ट जारी किए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार 27 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक और 28 अक्टूबर को तड़के 2 बजे से सुबह 9 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक रहेगी।
इस अवधि में पूजा टाकीज से सिटी सेंटर और सिटी सेंटर, बेकारबांध चौक से पूजा टाकीज की ओर आने-जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों के लिए नो इंट्री रहेगा।
वैकल्पिक मार्ग इस प्रकार रहेंगे
मेमको मोड़ से आनेवाले वाहन सिटी सेंटर, लूबी सर्कुलर रोड, रणधीर वर्मा चौक होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे।
बैंकमोड़ से आने वाले वाहन पूजा टाकीज–डीआरएम चौक–रणधीर वर्मा चौक की ओर जाएंगे।
सिटी सेंटर से मेमको मोड़ की दिशा में जाने वाले वाहन धैया पेट्रोल पंप के पास वाले कट से दाहिनी सड़क की ओर मुड़ेंगे। इस मार्ग में धैया पेट्रोल पंप से लीलावती विवाह स्थल तक वन-वे लागू रहेगा।
बिनोद बिहारी महतो चौक से आनेवाले सवारी वाहन चंद्रशेखर आजाद चौक से होकर सिटी सेंटर जाएंगे।
पूजा टाकीज से बेकारबांध होकर बिनोद बिहारी महतो चौक की ओर जानेवाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग होगा
पूजा टाकीज, डीआरएम चौक रणधीर वर्मा चौक, सिटी सेंटर, मेमको, कुर्मीडीह चौक, बिनोद बिहारी महतो चौक।
बसों के लिए विशेष व्यवस्था
छठ पूजा के दौरान 27 अक्टूबर दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक और 28 अक्टूबर तड़के 2 बजे से दिन 9 बजे तक के बीच बरटांड बस स्टैंड से कोई भी बस परिचालित नहीं होगी। सभी बसों का परिचालन मेमको मोड़ से किया जाएगा। बसों की वापसी भी मेमको मोड़ तक ही सीमित रहेगी।
ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे छठ पूजा के दौरान निर्धारित मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पीएम मोदी बोले- बिहार चुनाव में एनडीए की होगी प्रचंड जीत, जनता का मिल रहा अपार समर्थन
24 Oct, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह आज बिहार दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी समस्तीपुर और बेगूसराय में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं गृह मंत्री अमित शाह बक्सर और सीवान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिहार में ही हैं। तीनों दिग्गज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। इसके लिए सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। पुलिस और प्रशाासन भी अलर्ट मोड पर है। इधर, यात्रा पर निकलने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि आज समस्तीपुर में भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। फिर दोपहर करीब 12:15 बजे वहां के अपने परिवारजनों से संवाद का सुअवसर मिलेगा। इसके बाद लगभग दो बजे बेगूसराय की जनसभा में अपने भाई-बहनों का आशीर्वाद प्राप्त करूंगा। बिहार की जनता-जनार्दन का जोश और उत्साह बताता है कि इस बार के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा-एनडीए को प्रचंड जीत मिलने जा रही है।
लठबंधन वालों को सिर्फ लाठी चलाना आता है
इधर, बिहार आने से पहले पीएम मोदी ने महागठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने गुरुवार को 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के जरिए बिहार के युवा कार्यकर्ताओं से बातचीत की। वर्चुअल संवाद के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए उनके गठबंधन को लठबंधन करार दिया और आरोप लगाया कि इन विपक्षी दलों के लिए स्वार्थ सर्वोपरि है, जिन्हें बिहार के युवाओं की परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को 'गठबंधन' कहते हैं, जिन्हें बिहार की जनता 'लठबंधन' कहती है, वे सिर्फ लाठी चलाना और लड़ते रहना जानते हैं। 'लठबंधन' के लिए उनका अपना स्वार्थ सर्वोपरि है। उन्हें बिहार के युवाओं की कोई परवाह नहीं है। दशकों से देश और बिहार के युवा नक्सलवाद और माओवादी आतंक से पीड़ित रहे हैं।
एनडीए ने बिहार को जंगलराज के अंधेरे से बाहर निकाला
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार को जंगलराज के अंधेरे से निकालकर विकास की नई रोशनी में ला दिया है। उन्होंने कहा कि इस माओवादी आतंक ने स्कूल, कॉलेज या अस्पताल नहीं खुलने दिए, बल्कि पहले से बने अस्पतालों को नष्ट कर दिया। उन्होंने उद्योगों को आने नहीं दिया, बिहार को इससे बाहर निकालने में बहुत मेहनत लग रही है, लेकिन हम यह कर रहे हैं। हमने 2014 से बहुत मेहनत की है।
‘ना’ सुनते ही बन जाता था हैवान, दो पत्नियों की जान लेने वाला दुमका का कातिल गिरफ्तार
24 Oct, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यह कहानी झारखंड के दुमका जिले की है, जहां एक शख्स ने अपनी हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. मसलिया थाना क्षेत्र के बसमता गांव में रहने वाला राखीशल बेसरा नाम का यह शख्स दो पत्नियों का कत्ल कर चुका है और दोनों हत्याओं की वजह बेहद मामूली थी. अगर पत्नी किसी बात पर ना कह देती, तो यह शख्स आगबबूला हो जाता.
पहली पत्नी की हत्या के अपराध में राखीशल बेसरा करीब नौ साल तक जेल में रहा. जेल से छूटने के बाद उसने दूसरी शादी की, लेकिन अपनी सनक और हिंसक प्रवृत्ति नहीं छोड़ी. बुधवार की रात उसने अपनी दूसरी पत्नी बिटीनी हांसदा की भी बेरहमी से हत्या कर दी. वजह, बस इतना कि पत्नी ने उसके साथ काली पूजा का मेला घूमने जाने से इनकार कर दिया था.
कुल्हाड़ी से वारकर पत्नी की हत्या
घटना के दिन राखीशल बेसरा शराब के नशे में था. उसने पत्नी बिटीनी से मेला चलने की जिद की, लेकिन जब पत्नी ने इंकार किया तो वह आपा खो बैठा. गुस्से में उसने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठाई और बिटीनी पर ताबड़तोड़ वार करने लगा. वह तब तक वार करता रहा जब तक पत्नी ने दम नहीं तोड़ दिया. हत्या के बाद आरोपी भागने की तैयारी कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को खबर दे दी.
सूचना मिलते ही मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. ग्रामीणों के मुताबिक, राखीशल पहले भी अपनी पहली पत्नी की हत्या कर चुका था. उस समय भी मामला घरेलू विवाद से जुड़ा था. उस हत्या के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जहां उसने लगभग नौ साल की सजा काटी.
शराब पीकर पत्नी से झगड़ा करता था
जेल से छूटने के बाद ऐसा लगा कि शायद वह सुधर गया होगा, लेकिन उसकी सनक फिर उजागर हो गई. दूसरी पत्नी के साथ मामूली बात पर हुए झगड़े ने एक और निर्दोष जान ले ली. स्थानीय लोगों का कहना है कि राखीशल अक्सर शराब पीकर अपनी पत्नी से झगड़ा करता था और उसे प्रताड़ित भी करता था.
फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहराई से जांच कर रही है. यह घटना पूरे इलाके में सनसनी फैलाने वाली है. बसमता गांव में लोग अब भी दहशत और आक्रोश में हैं.
पलामू, गढ़वा समेत कई जिलों में छठ के दिन बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने दी चेतावनी
24 Oct, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: झारखंड में छठ पूजा की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं. बाजार में चारों तरफ काफी रौनक देखने को मिल रहा है. हर तरफ लोग खरीदारी करते नजरा आ रहे हैं और अच्छा मौसम की वजह से चहल-पहल काफी अधिक है, लेकिन रांची मौसम केंद्र के मुताबिक 24 और 25 अक्टूबर को मौसम बिल्कुल साफ रहेगा. वहीं, 26 अक्टूबर को झारखंड के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है.
जानें आज कैसा रहेगा मौसम
छठ पूजा के दिन हल्की बारिश होने की संभावना है और आसमान में बादल छाए रहेंगे. वहीं, 24 अक्टूबर के बीच सुबह में कोहरे या धुंध और शाम के वक्त आसमान में आंशिक बादल छाए रहने और मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है.
जानें खरना के दिन का मौसम
वहीं, खरना के दिन यानी 26 अक्टूबर को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे और उत्तर पश्चिमी क्षेत्र यानी पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है.
रांची में ठंड की दस्तक
झारखंड की राजधानी रांची में शाम ढलते ही ठंड का अहसास होने लगता है. यहां रात 9 बजे के बाद कुहरे का असर देखने को मिल रहा है. रांची मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी होने की संभावना है. सुबह में करीब 6:00 बजे भी चारों तरफ कोहरा देखने को मिल रहा है, लेकिन, इसके उलट जमशेदपुर में अभी भी लोग एसी चलाकर सोने को मजबूर हैं.
दुमका एयरपोर्ट में बड़ा हादसा: शॉर्ट सर्किट से सोलर प्लांट में लगी आग
23 Oct, 2025 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दुमका। दुमका के एयरपोर्ट के सोलर प्लांट में गुरुवार की सुबह 9:00 बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आग से करीब दो से तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और किसी तरह से आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि हवाई अड्डा परिसर में रोशनी के लिए सोलर प्लांट लगाया गया है।
सुबह नौ बजे करीब अचानक प्लांट के मुख्य केबिन में आग लग गई। आग धीरे-धीरे बढ़ते हुए सोलर पैनल तक पहुंच गई। तेज लपट निकलते देख एयरपोर्ट के अधिकारियों ने नगर थाना पुलिस और दमकल को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचे और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
एयरपोर्ट के कर्मियों का कहना है कि अगर आग को समय पर काबू नहीं किया जाता तो एयरपोर्ट के हैंगर में खड़े छह प्रशिक्षण विमान में आग लग सकती थी, हालांकि आग लगते ही कर्मचारियों ने सभी प्लेन को सुरक्षित बाहर निकाल दिया था।
आग कैसे लगी है या फिर किसी अन्य कारण से यह बताने के लिए एयरपोर्ट का कोई भी अधिकारी तैयार नहीं है। केवल इतना कहा गया है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से हादसा हुआ है।
24 अक्टूबर को बिहार में चुनावी रैली करेंगे पीएम मोदी, आज शाम होगा संवाद कार्यक्रम
23 Oct, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के युवाओं से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम गुरुवार शाम को आयोजित किया जाएगा और बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान का हिस्सा है। प्रधानमंत्री मोदी ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत बीजेपी नेतृत्व वाले NDA के प्रयासों में शामिल होंगे। मोदी ने अपने X (पूर्व ट्विटर) पोस्ट में कहा, "हमारे कार्यकर्ता बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी नेतृत्व वाले NDA की जीत सुनिश्चित करने के लिए अभूतपूर्व ऊर्जा और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं।" 24 अक्तूबर को पीएम बिहार में दो रैलियां करने वाले हैं।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "मैं आज शाम करीब 6 बजे फिर से युवाओं से संवाद करने के लिए उत्साहित हूं और 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम में भाग लेने जा रहा हूं।" उन्होंने इससे पहले 15 अक्टूबर को इसी तरह के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में होंगे — 6 नवंबर और 11 नवंबर को। मतगणना 14 नवंबर को होगी। बीजेपी नेतृत्व वाला NDA, जिसमें जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं, सीधे मुकाबले में RJD नेतृत्व वाले महागठबंधन से भिड़ेगा। महागठबंधन में कांग्रेस, वाम दल और कुछ छोटे दल शामिल हैं। साथ ही, चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर के नेतृत्व में जन सुराज पार्टी भी चुनावी मैदान में है।
ऑनलाइन परीक्षा में गड़बड़ी का मामला: धनबाद के दो परीक्षा केंद्र हुए रद्द
23 Oct, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। सीजीएल 2025 टियर वन कंप्यूटर आधारित परीक्षा में पिछले माह हाइटेक तरीके से फर्जीवाड़ा सामने आने की सजा धनबाद-बरवाअड्डा रोड स्थित इन्फिनिटी डिजिटल जोन को मिली है।
इस सेंटर को सील कर दिया गया है। बरवाअड्डा थाने की ओर से यह कार्रवाई की गई। इन्फिनिटी से पहले यहां संचालित आइओन डिजिटल परीक्षा केंद्र को जेईई मेन का परीक्षा केंद्र बनाया जाता रहा है।
पिछले वर्ष भी यहां जेईई मेन की परीक्षा हुई थी। फर्जीवाड़े का दाग लगने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने इस बार यहां केंद्र नहीं बनाया है। इसके साथ ही पर्थ डिजिटल कुसुम विहार भी लपेटे में आ गया है। इसे भी एनटीए ने सेंटर नहीं बनाया, जबकि 2024 में जेईई मेन के दोनों सत्र के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
जनवरी और अप्रैल 2026 में होने वाले जेईई मेन के लिए दोनों जगह परीक्षा केंद्र नहीं बनेगा। इनकी जगह बीआइटी सिंदरी और केके पॉलिटेक्निक गोविंदपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने वर्ष 2026 के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई मेन) की तारीखों की घोषणा कर दी है।
एनटीए के अनुसार परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड (सीबीटी) में दो सत्रों जनवरी और अप्रैल 2026 में आयोजित की जाएगी। जनवरी के प्रथम सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन छठ पूजा के बाद अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से शुरू हो जाएगा। प्रथम सत्र की परीक्षा 21 से 30 जनवरी 2026 के बीच होगी।
अप्रैल में होने वाले दूसरे सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन जनवरी 2026 के अंतिम सप्ताह से शुरू होगा। अप्रैल सत्र की परीक्षा एक से 10 अप्रैल 2026 के बीच होगी।
इंफिनिटी डिजिटल जोन में भविष्य की परीक्षाओं पर संशय
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की प्रतिष्ठित संयुक्त स्नातक स्तर (सीजीएल) 2025 टियर-वन कंप्यूटर आधारित परीक्षा के अंतर्गत 26 सितंबर को परीक्षा के अंतिम दिन धनबाद-बरवाअड्डा रोड स्थित इंफिनिटी डिजिटल जोन में पटना का एक अभ्यर्थी फर्जी तरीके से परीक्षा देते रंगे हाथ पकड़ा गया था।
अमित शाह आज बक्सर में दिखाएंगे चुनावी दम, जनसभा में जुटेगी भारी भीड़
23 Oct, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
24 अक्टूबर को देश के गृहमंत्री अमित शाह बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में एक बड़ी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। यह सभा बक्सर जिले की सभी चार विधानसभा सीटों के एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित की जा रही है। सभा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, बुधवार को किला मैदान का निरीक्षण करने के लिए सदर अनुमंडलाधिकारी अविनाश कुमार और सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय समेत दिल्ली से आए अधिकारियों ने बनाए जा रहे पंडाल का जायजा लिया और कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। गृहमंत्री के आगमन को लेकर एनडीए नेताओं में जोश और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। एनडीए के सभी दल कार्यक्रम की तैयारी में जुटे हुए हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह का हेलीकॉप्टर शहर के आईटीआई मैदान में लैंड करेगा। इसके बाद गृहमंत्री किला मैदान में पहुंचेगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता ओमप्रकाश भुवन ने की। बैठक में कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम की सफलता और ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
जानकारी के अनुसार, यह जिला में किसी बड़े नेता द्वारा विधानसभा चुनाव 2025 में पहली बड़ी जनसभा होगी। सभा में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जुटाने के लिए भाजपा और एनडीए के सभी कार्यकर्ता एक साथ सक्रिय हैं।
सभा चार विधानसभा सीटों के एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित की जा रही है। बक्सर से भाजपा के आनंद मिश्रा, राजपुर से जदयू के संतोष निराला, डुमरांव से जदयू के राहुल सिंह और ब्रह्मपुर विधानसभा से लोजपा के हुलास पांडेय के पक्ष में गृहमंत्री जनता को संबोधित करेंगे।
ट्रेन हादसे में चार की दर्दनाक मौत, महिला और बेटी भी शामिल
23 Oct, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के बेगूसराय में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। सभी लोग मेला देखकर घर लौट रहे थे। यह घटना बरौनी-कटिहार रेलखंड के साहेबपुर कमाल और उमेशनगर रेलवे स्टेशन के बीच रहुआ गांव के पास हुई। हादसे में एक महिला, दो नाबालिग बच्चियां और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रहुआ गांव के किशुनदेव महतो के पुत्र धर्मदेव महतो (45), मदन महतो की पत्नी रीता देवी (40), उनकी बेटी रोशनी कुमारी (17) और नीतीश कुमार महतो की बेटी आरोही कुमारी (10) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग पास के रघुनाथपुर गांव में आयोजित काली मेला देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रेलवे लाइन पार करने की कोशिश की, तभी खगड़िया की ओर जा रही आम्रपाली एक्सप्रेस अचानक आ गई और चारों को चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय थाना पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय सभी लोग रेलवे ट्रैक के किनारे-किनारे चल रहे थे। ट्रेन पीछे से आ रही थी, जिसे वे देख नहीं पाए। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही चारों की जान चली गई। हादसे के बाद पूरे रहुआ गांव में मातम छा गया है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
साहेबपुर कमाल थाने के SHO सिंतु कुमार ने बताया कि यह घटना बरौनी-कटिहार रेलखंड पर हुई। सभी मृतक रहुआ गांव के निवासी थे। SHO ने बताया कि वे लोग पास के इलाके में लगने वाले मेले में शामिल होकर लौट रहे थे। घर लौटते समय उन्होंने रेल पटरी पार करने की कोशिश की, तभी वहां से अमरपाली एक्सप्रेस गुजर रही थी और चारों उसकी चपेट में आ गए।
मौसम विभाग का अलर्ट: झारखंड में बारिश और ठंड बढ़ने की संभावना
23 Oct, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। छठ पूजा के दिन हल्की बारिश होने की संभावना है और आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं, 25 अक्टूबर के बीच सुबह में कोहरे या धुंध और शाम के वक्त आसमान में आंशिक बादल छाए रहने और मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है।
वहीं, खरना के दिन यानी 26 अक्टूबर को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे और उत्तर पश्चिमी क्षेत्र यानी पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है।
राजधानी में शाम ढलते ही ठंड का अहसास होने लगता है और 9 बजे के बाद कुहासे का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी होने की संभावना है। अगले पांच दिनों के दौरान कोहरे और धुंध का असर बढ़ेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।
पिछले एक सप्ताह से राजधानी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों का मौसम लगातार बदल रहा है। दिनभर मौसम शुष्क रहता है और शाम ढलते ही ठंड का असर शुरू हो जाता है। जिस कारण आमजनों ने धीरे धीरे अपना गर्म कपड़ा निकालना शुरू कर दिया है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस लातेहार का रिकॉर्ड किया गया है।
वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची का तापमान मंगलवार के मुकाबले बुधवार को एक डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।
बिहार विधानसभा चुनाव में झामुमो नहीं उतरेगा, गठबंधन पर उठाए सवाल
22 Oct, 2025 07:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने सोमवार को घोषणा की कि वह पड़ोसी राज्य बिहार में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगा. पार्टी ने दावा किया कि उसने यह फैसला सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस की 'सियासी साजिश' की वजह से लिया है क्योंकि उन्हें महागठबंधन की तरफ से सीटें नहीं दी गईं. झामुमो के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी झारखंड में कांग्रेस और राजद के साथ गठबंधन की समीक्षा करेगी और इस 'अपमान' का करारा जवाब देगी. हेमंत सोरेन नीत झामुमो ने दो दिन पहले कहा था कि वह बिहार में अकेले चुनाव लड़ेगी और छह विधानसभा क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारेगी क्योंकि महागठबंधन में सीट बंटवारे पर बातचीत विफल हो गई है.
'गठबंधन की समीक्षा करेंगे'
राज्य के पर्यटन मंत्री कुमार ने कहा, "आरजेडी और कांग्रेस एक राजनीतिक साजिश के तहत झामुमो को चुनाव लड़ने से वंचित करने के लिए जिम्मेदार हैं. झामुमो इसका करारा जवाब देगा और राजद व कांग्रेस के साथ अपने गठबंधन की समीक्षा करेगा."
6 सीटों पर लड़ने का किया था ऐलान
झामुमो ने शनिवार (18 अक्टूबर) को घोषणा की थी कि वह चकाई, धमदाहा, कटोरिया, मनिहारी, जमुई और पीरपैंती सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जहां 11 नवंबर को दूसरे चरण में मतदान होना है. इन सीटों पर नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि सोमवार थी.
10वीं-12वीं बोर्ड के विद्यार्थियों को द्वितीय अवसर परीक्षा का मिलेगा मौका : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
पश्चिम बंगाल में भाजपा के समर्थन में उतरे डॉ. मोहन यादव, जनसभा को किया संबोधित
राहुल गांधी की 6 गारंटियां: तमिलनाडु की महिलाओं और छात्रों को हर महीने मिलेंगे 2000 रुपये।
प्रशासन का सख्त एक्शन: बिना लाइसेंस चल रही चांदी रिफाइनरी सील, मौके से आधुनिक मशीनें बरामद।
ईरान की सख्ती: अब जहाजों को लेनी होगी IRGC की इजाजत
साहब की बहाली के लिए बाबू ने मांगी घूस: 40 हजार रुपये के साथ पकड़े गए स्थापना शाखा प्रभारी।
अनुभव का सम्मान या परीक्षा का दबाव? पात्रता परीक्षा पर मप्र के शिक्षकों ने खोला मोर्चा
ग्रामीणों की बहादुरी से बची दो जानें, लेकिन अंचल और पूनम को नहीं बचा सका कोई
