बिहार-झारखण्ड
महुआ में फिर बजी ‘बांसुरी’, तेज प्रताप के लिए मैदान हुआ चुनौतीभरा
31 Oct, 2025 01:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वैशाली: देख-देख, हेलिकॉप्टर से कौन उतर रहल बा... वैशाली जिले के हरपुर-ओस्ती गांव में यह आवाज़ उस वक्त गूंज उठी, जब तेज प्रताप यादव का हेलिकॉप्टर अस्थायी हेलीपैड पर उतरा। गांव में एक तरफ उत्सव का माहौल था, तो दूसरी ओर लालू युग की यादें ताज़ा हो गईं। महिलाएं दौड़कर देखने आईं, युवक मोबाइल निकालकर सेल्फी लेने लगे- 'लालू जी के बेटा आईल बाड़े!' बता दें, खुद को 'कृष्ण' बताने वाले तेज प्रताप यादव दूसरी बार महुआ से चुनाव लड़ रहे हैं।
तेज प्रताप की पहचान की सबसे बड़ी वजह- 'लालू का बेटा'
महुआ के लोगों के लिए तेज प्रताप यादव आज भी 'लालू यादव का बेटा' ही हैं- चाहे वह पूर्व स्वास्थ्य मंत्री हों या पूर्व विधायक। महिलाओं में उनके प्रति अब भी लगाव झलकता है। स्थानीय महिला सुमित्रा देवी कहती हैं, 'वो बहुत अच्छे हैं, सबसे मिलते हैं। यहां अस्पताल भी बनवाए थे।'
युवाओं के लिए 'तेजु भइया' – बांसुरी बजाने वाला नेता
युवाओं में तेज प्रताप को ‘तेजु भइया’ कहा जाता है, जो बांसुरी बजाते हैं और खुद को कृष्ण जैसा बताते हैं। पहली बार वोट डालने वाले 20 वर्षीय निर्मल कुमार कहते हैं, 'तेजु भइया बांसुरी बजाते हैं, सच भी बोलते हैं। भीड़ उसी तरह खिंचती है, जैसे कृष्ण के पीछे गायें आती थीं।'
अब अपने ही दल से चुनावी मैदान में तेज प्रताप!
तेज प्रताप यादव इस बार अपने नए दल जनशक्ति दल से चुनाव लड़ रहे हैं। भाई तेजस्वी यादव और राजद (RJD) से दूरी के बाद उन्होंने समस्तीपुर की हसनपुर सीट छोड़कर महुआ की अपनी पुरानी जमीन पर वापसी की है। महुआ में तेज प्रताप के आने से मुकाबला त्रिकोणीय है। यहां राजद के मौजूदा विधायक डॉ. मुकेश कुमार रौशन मैदान में है तो एलजेपी (आर) के संजय कुमार सिंह एनडीए के प्रत्याशी हैं।
महुआ में समीकरण मुश्किल, लोकप्रियता बरकरार
स्थानीय जानकारों का कहना है कि तेज प्रताप की लोकप्रियता और लालू परिवार की विरासत के बावजूद गणित उनके पक्ष में नहीं है। युवा नवनीत कुमार कहते हैं, 'अब लोग गठबंधन की ताकत भी देख रहे हैं। एनडीए का उम्मीदवार भी मजबूत है और राजद के मौजूदा विधायक को संगठन का पूरा साथ है।' उन्होंने कहा कि महुआ में पासवान और गैर-राजद, गैर-मुस्लिम वोटर एक बड़ा वोट बैंक हैं, जिससे मुकाबला और कड़ा हो गया है।
‘लालू जी के संस्कार, पर अब अलग राह’
कई मतदाताओं का कहना है कि भले ही तेज प्रताप अब अपनी पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन लालू यादव के बेटे होने की वजह से उनके प्रति लोगों में स्नेह है। लालू यादव ने ओबीसी और पिछड़े वर्गों को राजनीति में आवाज़ दी थी, वही छवि आज भी लोगों के मन में है।
दादी की तस्वीर लेकर नामांकन, भाई पर कटाक्ष
तेज प्रताप ने नामांकन के दौरान अपनी दादी मराछिया देवी की तस्वीर साथ रखी- यह उनके लिए विरासत और स्वतंत्रता दोनों का प्रतीक माना गया।
हालांकि उनका यह बयान कि- 'अगर तेजस्वी महुआ आएंगे तो मैं राघोपुर जाकर उनके खिलाफ प्रचार करूंगा', परिवार के भीतर गहरे मतभेदों की झलक दिखाता है।
‘भीड़ वही है, पर समय बदल गया’
महुआ की सड़कों पर अब भी 'लालू के बेटा आईल बा' की गूंज सुनाई देती है। तेज प्रताप की शैली, भाषा और देहाती करिश्मा लोगों को उनके पिता की याद दिलाता है। लेकिन पुराने रिश्ते अब बिखर चुके हैं, और तेजु भइया के पास अपना स्थायी वोट बैंक नहीं दिखता।
ब्लड बैंक में लापरवाही पर कोर्ट नाराज़, कहा — बिना लाइसेंस कैसे चल रहे हैं केंद्र?
31 Oct, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर: झारखंड हाईकोर्ट ने गुरुवार को थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को HIV संक्रमित खून चढ़ाने के मामले में राज्य के स्वास्थ्य विभाग को कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने राज्य में ब्लड बैंक बिना लाइसेंस क्यों चल रहे हैं, और लोगों की जानकारी के बावजूद इस मामले पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इस पर भी विभाग से सख्त जवाब मांगा।
हाईकोर्ट ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेने के बाद सुनवाई शुरू की। चीफ जस्टिस तारलोक सिंह चौहान और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने राज्य सरकार को ब्लड डोनेशन कैंपों और अस्पतालों में खून की उपलब्धता के विस्तृत विवरण के साथ एक शपथ पत्र दायर करने का आदेश दिया।
HC ने पूछा: ब्लड बैंक बिना लाइसेंस क्यों चल रहे हैं?
कोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग से जानना चाहा कि राज्य में ब्लड बैंक बिना लाइसेंस क्यों चलाए जा रहे हैं? अस्पतालों में NAT (Nucleic Acid Test) सिस्टम क्यों उपलब्ध नहीं हैं? (NAT टेस्ट खून को HIV, हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों से मुक्त सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है)। खंडपीठ ने स्वास्थ्य विभाग को नेशनल ब्लड पॉलिसी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करने का भी निर्देश दिया।
'रक्त बैंकों का नवीनीकरण दो साल से लंबित क्यों?'
सुनवाई के दौरान एक वरिष्ठ वकील ने कोर्ट को बताया कि राज्य में ब्लड बैंकों का नवीनीकरण पिछले दो साल से लंबित है। इस पर खंडपीठ ने मौखिक रूप से टिप्पणी करते हुए कहा, 'जब ब्लड बैंकों का नवीनीकरण दो साल से लंबित है, तो खून पैसे के बदले में क्यों दिया जा रहा है, इसे क्यों नहीं रोका गया?
राज्य सरकार की ओर से एडवोकेट राजीव रंजन ने कोर्ट को बताया कि राज्य सरकार अस्पतालों में ब्लड डोनेशन कैंप लगाने पर रोक लगा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि NBP और NAT मशीनों को लागू करने के लिए SOP तैयार की जा रही है और सभी जिलों में NAT मशीनें लगाई जाएंगी।
सुनवाई के दौरान स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह और राज्य औषधि नियंत्रक रितु सहाय व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में मौजूद रहे।
‘मोंथा’ तूफान से रांची और आसपास के जिलों में भारी बारिश, सड़कों पर पानी भर गया
31 Oct, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: झारखंड की राजधानी रांची समेत जमशेदपुर, खूंटी, लोहरदगा में गुरुवार को जमकर बारिश हुई. यहां ऐसी बारिश हुई की मानो एक बार फिर से बरसात का मौसम आ गया हो. सुबह, दोपहर, शाम और पूरी रात पूरी तेज बारिश की वजह से जन जीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया. यहां दिन में एकदम कश्मीर जैसी कंपकंपी हवा और ठंड देखने को मिली. रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच गया. जबकि अन्य जिलों का तापमान 27 डिग्री के आसपास ही रहा.
मोंथा तूफान ने दिनभर मचाया तांडव
रांची मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान मोंथा का असर 1 नवंबर तक राज्यभर में बना रहेगा. इस दौरान रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और धनबाद समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. हालांकि, 2 नवंबर से मौसम में सुधार की उम्मीद जताई गई है.
ऑफिस और स्कूल जाने वाले लोगों के लिए चेतावनी
इस अचानक बदले मौसम ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है. बारिश के कारण कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया. इस दौरान ऑफिस व स्कूल जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. सुबह से रूक-रूक कर हुई झमाझम बारिश के कारण कई यात्री सड़क किनारे फंसे नजर आए. यात्रियों को बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
बिहार चुनाव: आज जारी होगा एनडीए का घोषणापत्र, शिक्षा और उद्योग पर रहेगा फोकस
31 Oct, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए आज सुबह 9:30 बजे अपना घोषणा पत्र जारी करेगा. इस मौके पर एनडीए घटक दल के लगभग सभी नेता मौजूद रहेंगे. पिछले दिनों इस बाबत पटना में मैनिफेस्टो कमेटी की बैठक हुई थी. इस बैठक में संकल्प पत्र के मुद्दों और वादों को अंतिम रूप दिया गया. संकल्प पत्र में एनडीए के सभी सहयोगी दलों के घोषणापत्र की प्रमुख बातों को शामिल किया गया है.
एनडीए के घोषणा पत्र में बिहार को शैक्षणिक और औद्योगिक हब बनाने पर जोर हो सकता है. इसके अलावा युवाओं को रोजगार देने के लिए कई बड़ी योजनाओं का ऐलान हो सकता है. बिहार की 243 सीटों पर चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे. 14 नवंबर को नतीजे आएंगे. बीजेपी और जेडीयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. वहीं, चिराग पासवान 29, हम और राष्ट्रीय लोक दल 6-6 सीटों पर.
महागठबंधन का घोषणा पत्र तेजस्वी प्रण जारी
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन ने 28 अक्टूबर को अपना साझा घोषणा पत्र जारी किया था. महागठबंधन के घोषणा पत्र में वादों की भरमार है. 20 दिन में सरकारी नौकरी के साथ-साथ और भी कई वादे किए गए हैं. इसमें कहा गया है कि सभी जीविका दीदियों को स्थायी किया जाएगा और उन्हें सरकारी नौकरी का दर्ज दिया जाएगा. साथ ही उनका वेतन 30000 रुपये महीना किया जाएगा.
घोषणापत्र जारी करने पर महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हमें केवल सरकार ही नहीं बनानी, बल्कि बिहार को बनाने का काम करना है. वहीं, VIP चीफ और महागठबंधन की तरफ से उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मुकेश सहनी ने कहा था कि अगले 30-35 सालों तक हमने बिहार की जनता के बीच रहना है, सेवा करनी है. हमने आज जो संकल्प लिया है हर एक संकल्प हम पूरा करेंगे.
घाटशिला में सियासी समीकरण बदले, भाजपा से निष्कासित नेता हुए झामुमो में शामिल
30 Oct, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Jharkhand: झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल होने के बाद कार्यकर्ताओं ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर झामुमो में शामिल हुए हैं। साथ ही बीजेपी पर जमकर हमला बोला।
घाटशिला उप चुनाव से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भाजपा को जोर का झटका दिया है। पूर्वी सिंहभूम जिले के भारतीय जनता पार्टी के कई नेता और पदाधिकारियों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थामा है। गुरुवार को कांके स्थित सीएम के आवासीय कार्यालय में सीएम हेमंत सोरेन के समक्ष सभी ने झामुमो की सदस्यता ली है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी को पार्टी में स्वागत किया।
शामिल होने वाले में सिंहभूम जिला परिषद के उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) सह प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सौरभ चक्रवर्ती, घाटशिला भाजपा मंडल अध्यक्ष कौशिक सिन्हा, मुसाबनी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष तुषार पात्रों, भाजपा के मीडिया प्रभारी सुरेश महाली तथा जमशेदपुर के सुप्रसिद्ध जंबू अखाड़ा के अध्यक्ष बंटी सिंह सहित कई अन्य शामिल रहे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल होने के बाद कार्यकर्ताओं ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर झामुमो में शामिल हुए हैं। साथ ही बीजेपी पर जमकर हमला बोला। गौरतलब है कि झामुमो में शामिल होने वाले नेताओं को बीजेपी ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इन लोगों पर घाटशिला उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेनके खिलाफ चुनाव प्रचार करने का आरोप लगा है। इसलिए बीजेपी ने इनलोगों को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। आज के कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी एवं जिला परिषद अध्यक्षा बारी मुर्मू उपस्थित रहे।
सीवान में एएसआई की हत्या, मोकामा में दुलारचंद यादव की मौत – तेजस्वी बोले, बिहार में अपराधी हावी
30 Oct, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Mokama Murder Case :मोकामा हत्याकांड पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी है. पटना एयरपोर्ट पर गुरुवार (30 अक्टूबर, 2025) की शाम पत्रकारों से उन्होंने कहा कि चुनाव में हिंसा की कोई जरूरत नहीं है. हम कभी हिंसा के पक्षधर नहीं रहे हैं. अभी आचार संहिता है, फिर भी चुनाव के दौरान कैसे कुछ लोग बंदूक-गोली लेकर घूम रहे हैं. प्रधानमंत्री 30 साल पुरानी बाते करते हैं. 30 मिनट पहले क्या हुआ?
तेजस्वी यादव ने कहा, "आज एक एएसआई को सीवान में गला रेतकर मार दिया गया. दुलारचंद यादव जी की हत्या मोकामा में कर दी गई… तो ये क्या है? किस प्रकार के, किस प्रकृति के लोग बिहार को कब्जा किए हुए हैं... अब लोगों को समझ में आ रहा है. प्रधानमंत्री को आंख खोलकर ये चीजें देखनी चाहिए. इन लोगों की जो हार की बौखलाहट है वो सबके सामने आ रही है."
बिहार की जनता जवाब देगी: तेजस्वी
आरजेडी नेता ने कहा कि कौन लोग हैं जिन्होंने अपराधियों को संरक्षण दिया है? चुनाव में बंदूक लेकर आचार संहिता में घूम रहे हैं तो ये कौन सा राज कहा जाएगा? ये लोग हार की बौखलाहट से डरे हुए हैं. बिहार की जनता जवाब देगी. अनंत सिंह का नाम लिए बिना कहा कि कभी 200 राउंड गोलियां चलाते हैं कुछ नहीं होता है. कभी चुनाव के दौरान हत्या होती है कुछ नहीं होता है. शासन-प्रशासन में जितने लोग बैठे हैं केवल अपराधी को संरक्षण देने के लिए बैठे हैं. केवल कुर्सी बचाने के लिए संरक्षण दिए हैं.
एक सवाल पर कि प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि आप भ्रष्टाचारी हैं. वादों का आपने पिटारा खोल दिया है. इस पर तेजस्वी यादव ने कहा कि वादा नहीं प्रण है. प्रधानमंत्री को थोड़ा पढ़ लेना चाहिए. प्रण को प्राण न्योछावर करके भी पूरा करेंगे. चुनाव में तेजस्वी यादव जुमलेबाजी नहीं करता है. तेजस्वी यादव की उम्र कच्ची है पर जुबान पक्की है.
लखीसराय की रैली में अमित शाह का हमला — “लालू-राबड़ी ने किए घोटाले, तबाह किया बिहार”
30 Oct, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखीसरायः भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 2005 के पहले पूरा बिहार जंगलराज की चपेट में था। सारे उद्योग, व्यापार, ट्रेडिंग... बंद हो गए थे, बस एक ही धंधा चल रहा था अपहरण और फिरौती। जघन्य हत्याकांड होते थे, अपराध होते थे, ये सब लालू-राबड़ी के राज में था। अमित शाह गुरुवार को लखीसराय में सभा को संबोधित कर रहे थे।
आरजेडी-कांग्रेस शासन में 10 वर्षों में 12 लाख करोड़ रुपये के घपले
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा -लालू-राबड़ी ने बिहार में घोटाले किए। इनके बड़े नेता हैं, राहुल बाबा। कांग्रेस ने भी 10 वर्षों में 12 लाख करोड़ रुपये के घपले, घोटाले और भ्रष्टाचार किए। लालू-राबड़ी और कांग्रेस बिहार का भला नहीं कर सकते हैं। लेकिन 20 साल हो गए नीतीश बाबू को और मोदी जी को 11 साल हो गए, इन दोनों पर चार आने का भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। पूरा पैसा गरीबों के लिए खर्च होता है।
राहुल गांधी ने अपमान किया, गठबंधन साफ हो जाएगा
राहुल गांधी के कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी की माता जी को अपमानित किया, अशब्द कहे और फिर छठी मैया का अपमान किया है। ये बिहार है बिहार,जब 14 तारीख को डिब्बे खुलेंगे तब गठबंधन साफ हो जाएगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कहा- आपने नीतीश बाबू के हाथ में बिहार का शासन दिया, नीतीश बाबू ने जंगलराज को समाप्त किया और बिहार में नए विकास की शुरुआत की। इस बार फिर एनडीए की सरकार बनाइए, जो नींव मोदी जी और नीतीश जी ने डाली है, उस नींव पर हमारी सरकार बड़ी इमारत खड़ी करेगी।
'ऑपरेशन सिंदूर' नाम देकर माताओं-बहनों का सम्मान बढ़ाया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा -लखीसराय का जो सिंदूर है, वो सिर्फ सिंदूर नहीं है, हमारी माताओं बहनों के सौभाग्य का प्रतीक है। और पीएम मोदी ने पहलगाम में मारे गए यात्रियों की मौत का बदला लेने के लिए जो ऑपरेशन चलाया, उसे 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम देकर हमारी माताओं बहनों का सम्मान पूरे विश्व में बढ़ाया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कहा- 6 नवंबर को मतदान है, आप सभी को कमल और तीर के निशान पर बटन दबाना है। लेकिन आप ऐसा सोच कर बटन मत दबाना कि आपके वोट से कोई विधायक या मंत्री बनेगा, बल्कि आप ये सोच कर वोट दीजिएगा कि आपका एक-एक वोट नीतीश जी और मोदी जी के नेतृत्व में बिहार को विकसित बनाने के लिए है। आपका एक एक वोट जंगलराज को रोकने के लिए है।
अमेरिकी सिंगर ने मैथिली ठाकुर को कहा ‘छोटी बहन चमकती रहो’, जवाब में आया प्यारा रिएक्शन
30 Oct, 2025 02:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: अमेरिकी पॉप सिंगर मैरी मिलबेन ने बिहार चुनाव में भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर को शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही बिहार चुनाव में उनकी भागीदारी और साहस की प्रशंसा भी की है। मैरी मिलबेन ने ये शुभकामनाएं मैथिली ठाकुर के एक मैसेज के जवाब में दी हैं।
छोटी बहन, तुम चमकती रहो- मिलबेन
अमेरिकी सिंगर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मैथिली ठाकुर का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि छोटी बहन मैथिली ठाकुर, तुम मजबूत रहो और चमकती रहो। मुझे तुम पर गर्व है। बिहार के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का तुम्हारा साहस वाकई काबिले तारीफ है। तुम भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की एक खूबसूरत राजदूत हो। मैं तुम्हारे लिए और तुम्हारी शानदार जीत के लिए प्रार्थना कर रही हूं।
मैथिली के थैंक्यू का जवाब आया अमेरिका से
अमेरिकी सिंगर ने 'एक्स' पर मैथिली ठाकुर का जो वीडियो शेयर किया है, उसमें वह मैरी मिलबेन को अपनी प्रशंसा के लिए धन्यवाद दे रही हैं। लोक गायिका और भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने कहा कि मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहती हूं, क्योंकि पिछले 10 दिनों से मैं जिस स्थिति से गुजर रही हूं, उसके बाद इस प्रशंसा की मुझे बहुत जरूरत थी।
मिलबेन ने की मैथिली ठाकुर की तारीफ
इससे पहले बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर को लेकर मैरी मिलबेन ने कहा, 'मैं वहां की लोक गायिका को जानती हूं। मैं बहुत उत्साहित हूं यह देखकर कि उन्होंने राजनीति में कदम रखा है। मैं उनकी कला और गायकी को बहुत पसंद करती हूं। मुझे यह देखकर बहुत खुशी हुई कि उन्होंने इतनी कम उम्र में शास्त्रीय संगीत में अपने जीवन को समर्पित कर दिया है। उन्हें राजनीति में देखकर बहुत खुशी हो रही है। उन्हें और उनके परिवार को ढेर सारा आशीर्वाद। मैं उम्मीद करती हूं कि उनकी तरह और भी नौजवान राजनीति में आएंगे।'
मैथिली ठाकुर की हाल में हुई थी आलोचना
दरअसल, मैथिली ठाकुर को हाल ही में एक वायरल वीडियो के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था। वायरल वीडियो में वो पारंपरिक मिथिला पाग से मखान खाते हुए नजर आ रही थीं, जिसको कुछ लोगों ने इस क्षेत्र की संस्कृति का अपमान माना था। बता दें कि अमेरिका की मशहूर सिंगर मैरी मिलबेन ने बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर एक न्यूज एजेंसी से एक्सक्लूसिव बातचीत की। इस बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार में एनडीए की जीत की उम्मीद जताई। इसके साथ ही उन्होंने बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर को न केवल राजनीति में कदम रखने के लिए शुभकामनाएं दीं, बल्कि उनकी कला और संगीत की सराहना भी की।
स्वास्थ्य मंत्री ने दी जानकारी — दूसरे चरण में चार और मेडिकल कॉलेज की योजना
30 Oct, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जामताड़ाः झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और खूंटी में नए सरकारी मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे।
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि एक समय था जब लोग जामताड़ा को पहचानते भी नहीं थे, लेकिन आज उसी जामताड़ा के बच्चे डॉक्टर बनेंगे, वहीं से डॉक्टर पैदा होंगे। यह सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि मेरे लंबे संघर्ष, बड़ी सोच और जनता के विश्वास का परिणाम है। जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज बनने से न केवल स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ेंगी बल्कि क्षेत्र में रोजगार, व्यवसाय, पर्यटन और शिक्षा के नए अवसर भी पैदा होंगे।
गोड्डा साहेबगंज, सरायकेला और पाकुड़ में भी नए मेडिकल कॉलेज
डॉ. अंसारी ने कहा कि यह पहला चरण है। दूसरे चरण में गोड्डा साहेबगंज, सरायकेला और पाकुड़ जिलों में भी नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। देवघर में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को एम्स की उपस्थिति के कारण केंद्र सरकार से एनओसी नहीं मिल पाई है, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री ने भरोसा दिलाया कि वे इसके लिए लगातार प्रयासरत हैं। परंतु आने वाले समय में वहां भी नए स्वास्थ्य प्रोजेक्ट्स की घोषणा की जाएगी।
डॉक्टरों की कमी दूर होगी
डॉ. अंसारी ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों के खुलने से राज्य के ग्रामीण और छोटे शहरों में डॉक्टरों की भारी कमी दूर होगी, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को इलाज के लिए अब बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय युवाओं को मेडिकल शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था और स्वास्थ्य प्रणाली दोनों को मजबूती मिलेगी। “जब राज्य के स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी एक डॉक्टर को सौंपी गई है, तो बदलाव तो दिखाई देंगे ही।
स्वास्थ्य मंत्री ने हर जिले में सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं जामताड़ा के लोगों ने इस ऐतिहासिक फैसले को झारखंड की जनता के लिए बड़ा तोहफा बताया।
रांची समेत कई जिलों में आंधी और मूसलधार बारिश, मोंथा तूफान ने मचाया गदर
30 Oct, 2025 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: झारखंड की राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में तूफान मोंथा का जबरदस्त असर देखने को मिल रहा है. यहां आंधी-तूफान के साथ ही झमाझम बारिश हो रही है. 80KM की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं. रांची में मूसलाधार बारिश और हवाओं से कंप-कंपी आ गई है. ऐसे में रांची मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों मोंथा तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है.
झारखंड में आज यहां होगी बारिश
रांची के मौसम वैज्ञानिकों ने झारखंड के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा कि सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी और गुमला के कुछ हिस्सों में गुरुवार को भारी बारिश होने की संभावना है. जबकि चतरा, गढ़वा, लातेहार और पलामू के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है.
31 अक्टूबर को यहां होगी बारिश
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, गिरिडीह, कोडरमा, लोहरदगा, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज के कुछ हिस्सों में आज भी भारी बारिश की आशंका है. ऐसे में लोगों को लापरवाही नहीं करनी है. आज भी लोगों को सावधान रहने की जरूरत है.
70-80KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
रांची मौसम केंद्र के मुताबिक खासतौर पर चेतावनी जिन जिलों में जारी की गई है. वहां पर लोगों को काफी सतर्क रहना पड़ेगा. उन जिलों में हवाएं 80 किमी प्रति घंटे के हिसाब से चल सकती हैं ऐसे में पेड़ की टहनी गिरना या पूरा पेड़ गिरना, बिजली का खंबे तक गिर जाना, यह सारी घटना देखने को मिल सकती है. ऐसे में लोगों को सावधान रहना होगा.
नीतीश कुमार का दावा — बिहार अब उपहास नहीं, उत्साह और उम्मीद की पहचान बना
30 Oct, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में विधानसभा का चुनाव होने जा रहा है. पहले चरण के मतदान से सात दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर अपना एक लेख पोस्ट किया है. इसमें उन्होंने लिखा है- वर्ष 2005 से पहले बिहार हर क्षेत्र में पिछड़ गया था. विकास के कार्य पूरी तरह से ठप पड़ गए थे. आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए कोई काम नहीं होता था. नए भवनों का निर्माण तो दूर की बात थी, पहले से बने भवनों का रखरखाव और जीर्णोद्धार तक नहीं हो पाता था. उबड़-खाबड़ और टूटी-फूटी सड़कें बिहार के पिछड़ापन की पहचान बन गयी थीं.
उन्होंने लिखा है वर्ष 2005 में राज्य में नयी सरकार के गठन के बाद आधारभूत संरचनाओं के विकास के क्षेत्र में कई अभूतपूर्व कार्य किए गए. राज्य में नए भवनों के निर्माण के साथ-साथ ऐतिहासिक भवनों और पर्यटन स्थलों के विकास पर जोर दिया गया. राज्य में कई विश्वस्तरीय आधुनिक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया गया, जिसकी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहना भी हुई. इन परियोजनाओं के निर्माण से राज्य के लोगों को काफी फायदा हुआ है तथा राज्य की छवि बेहतर हुई है.
विश्वस्तरीय पथों का निर्माण
नीतीश कुमार ने लिखा कि बीते 20 वर्षों में राज्य में कई विश्वस्तरीय पथों का निर्माण कराया गया, जबकि कई एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य जारी है. इसमें जे०पी० गंगा पथ, अटल पथ, पाटलि पथ, बिहटा-सरमेरा पथ, मीठापुर-महुली पथ, लोहिया पथ चक्र, बख्तियारपुर-रजौली पथ, पटना-गया-डोभी पटना-मुजफ्फरपुर फोर लेन, पटना-बख्तियारपुर-मोकामा पथ तथा ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर प्रमुख हैं. वाराणसी कोलकाता एक्सप्रेस-वे, आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे, पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे और रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे का कार्य निर्माणाधीन है, जिसे तीव्र गति से पूरा किया जा रहा है.
इन एक्सप्रेस-वे और हाई स्पीड कॉरिडोर के बनने से राज्य में न सिर्फ आवागमन बेहद सुगम हो गया है बल्कि राज्य में आर्थिक और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आयी है. राज्य का तीव्र गति से विकास हो रहा है और लोगों की आमदनी बढ़ रही है.
कई ऐतिहासिक भवनों का निर्माण
उन्होंने आगे लिखा कि हमारी सरकार ने राज्य में कई ऐतिहासिक भवनों का भी निर्माण कराया है. इनमें पटना का सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित ज्ञान भवन, बापू सभागार तथा सभ्यता द्वार, बिहार संग्रहालय, अंजुमन इस्लामिया भवन, बापू टावर, सरदार पटेल भवन, बापू परीक्षा परिसर, हज भवन, पटना समाहरणालय, पटना सिटी का प्रकाश पुंज, ओपी शाह सामुदायिक भवन, गया का राज्य अतिथिगृह, महाबोधि कन्वेंशन केंद्र तथा बिपार्ड भवन, दरभंगा में तारामंडल, पश्चिम चंपारण में वाल्मीकि सभागार और दिल्ली में नया बिहार सदन प्रमुख है. ये सभी अत्याधुनिक भवन सिर्फ नई संरचनायें ही नहीं हैं बल्कि बदलते बिहार की पहचान हैं.
इसी तरह से पर्यटन और ईको टूरिज्म के क्षेत्र में भी हमारी सरकार लगातार शानदार कार्य कर रही है. इसमें मुख्य रूप से राजगीर में घोड़ा-कटोरा का विकास, जू-सफारी का निर्माण, राजगीर नेचर सफारी (ग्लास स्काई वॉक) का निर्माण, वेणुवन एवं पांडु पोखर का सौंदर्गीकरण, नवादा के ककोलत जल प्रपात में पर्यटकीय सुविधाओं का विकास, राजगीर एवं मंदार में नये रोप-वे का निर्माण, पटना में बुद्ध स्मृति पार्क का निर्माण, मधुबनी में मिथिला हाट का निर्माण शामिल है. इन कार्यों ने बिहार पर्यटन को आज विश्व मानचित्र पर लाकर रख दिया है.
पटना के कंकड़बाग में पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राजगीर खेल अकादमी एवं खेल विश्वविद्यालय, पटना मेट्रो परियोजना, पटना में विश्वस्तरीय डॉ० ए०पी० जे० अब्दुल कलाम साइंस सिटी का निर्माण, वैशाली में बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय का निर्माण तथा गया में विष्णुपद मंदिर के पास रबर डैम का निर्माण कराया गया है. जबकि पटना में बिहार संग्रहालय एवं पटना संग्रहालय को भूमिगत टनल से जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है.
हवाई सेवाओं की क्षमता में अभूतपूर्व वृद्धि
उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार राज्य में हवाई सेवाओं की क्षमता में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है. राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करते हुये हवाई यातायात का विस्तार किया गया है. पटना में अत्याधुनिक नया एयरपोर्ट टर्मिनल बनाया गया है. साथ ही दरभंगा एवं पूर्णिया में हवाई अड्डे भी संचालित हो चुके हैं. इसके साथ-साथ बिहटा, रक्सौल तथा वीरपुर हवाई अड्डों का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है एवं वाल्मीकिनगर, मधुबनी, मुंगेर, सहरसा तथा मुजफ्फरपुर हवाई अड्डों को विकसित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गयी है.
राज्य में आधारभूत संरचनाओं की मजबूती के लिए हमारी सरकार बजट का भी पूरा इंतजाम कर रही है. आप सबको पता है वर्ष 2004-05 में राज्य का बजट लगभग 24 हजार करोड़ रुपये था. आज बिहार का बजट 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये भी अधिक हो गया है. हमलोग कुशल वित्तीय प्रबंधन करते हुए बढ़े हुए बजट का उपयोग राज्य के सर्वांगीण विकास में कर रहे हैं.
हमलोगों ने जो आपके लिए काम किए हैं, उसे याद रखिएगा. आगे भी हमलोग ही काम करेंगे. हमलोग जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं.
ओवैसी का बिहार सरकार पर निशाना, कहा — अल्पसंख्यकों को सिर्फ दिखावे के लिए रखा गया
30 Oct, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के किशनगंज में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी पर जमकर निशाना साधा. ओवैसी ने कहा कि तेजस्वी यादव के बगल में बैठे वीआईपी पार्टी के मुकेश भाई को अपने समुदाय के इतिहास पर पूरा भरोसा है. उन्होंने घोषणा की कि मल्ला समुदाय तेजस्वी के साथ है. ओवैसी ने कहा कि मल्ला समुदाय बिहार की आबादी का 3 फीसदी है.
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा उन्होंने (मुकेश सहनी) घोषणा की कि अगर उन्हें सत्ता मिली, तो वे उप-मुख्यमंत्री बनेंगे. अगर एक मल्ला का बेटा उप-मुख्यमंत्री बनेगा, तो बिहार का 17% अल्पसंख्यक समुदाय क्या करेगा? क्या वे सिर्फ दरी बिछाने के लिए हैं. अगर एक मल्ला का बेटा उप-मुख्यमंत्री बन सकता है, तो मोहम्मद का बेटा भी प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री बन सकता है. ओवैसी ने कहा हमें अपने लक्ष्य हासिल करने से कोई नहीं रोक सकता.
32 सीटों पर चुनाव लड़ रही AIMIM
ओवैसी की पार्टी ने बिहार में थर्ड फ्रंट बनाया है. AIMIM चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी और स्वामी प्रसाद मौर्य की अपनी जनता पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव के मैदान में उतरी है. ग्रैंड डेमोक्रेटिक अलायंस यानी जीडीए के साथ गठबंधन में AIMIM करीब 32 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि आजाद समाज पार्टी 25 और अपनी जनता पार्टी 4 सीटों पर चुनाव लड़ रही है.
दरअसल, बिहार में यह तीसरा प्रमुख गठबंधन है, जो NDA और महागठबंधन के अलावा अलग से मैदान में है. ओवैसी की पार्टी ने पहले आरजेडी के साथ गठबंधन की कोशिश की थी, लेकिन असफल रहने के बाद यह थर्ड फ्रंट बनाया. AIMIM का पूरा फोकस अपने 25 सीमांचल के क्षेत्रों जैसे किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, अररिया पर है. बिहार में चुनाव 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में होंगे. नतीजे 14 नवंबर को आएंगे. 2020 के चुनाव में AIMIM ने 20 सीटों पर चुनाव लड़ा और पांच सीटें जीतकर सफलता हासिल की थी.
पीड़ित परिवारों को दो-दो लाख की आर्थिक सहायता, इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी
28 Oct, 2025 08:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Jharkhand New:पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाने के गंभीर मामले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने इस मामले में सिविल सर्जन सहित संबंधित अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा है कि राज्य सरकार इस घटना को अत्यंत गंभीरता से ले रही है.
पीड़ित बच्चों के परिवारों को दो- दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. साथ ही संक्रमित बच्चों का पूरा इलाज सरकार की ओर से कराया जाएगा. ज्ञात हो कि दो दिन पूर्व चाईबासा ब्लड बैंक में एक थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ा दिया गया था. यह मामला सामने आने के बाद झारखंड हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए थे.
जांच में बड़ा खुलासा, पांच बच्चों को चढ़ाया गया संक्रमित खून
स्वास्थ्य निदेशालय की पांच सदस्यीय जांच टीम के प्रमुख डॉ. दिनेश कुमार के नेतृत्व में की गई जांच में बड़ा खुलासा हुआ. टीम की जांच में पाया गया कि केवल एक नहीं बल्कि कुल पांच थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाया गया है. इस रिपोर्ट के सामने आते ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब स्वास्थ्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है. सरकार ने साफ कहा है कि बच्चों की जान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
ब्लड बैंक चाईबासा को अब तक नहीं किया गया सील
पूरे मामले में समझने वाली बात यह है कि संक्रमित रक्त सिर्फ बच्चों को ही चढ़ा या कुछ और भी लोग इसकी चपेट में आ गए हैं. अगर जांच की गई तो यह काफी खतरनाक साबित हो सकता है लेकिन खबर लिखे जाने तक ब्लड बैंक को सील नहीं किया गया था ऊपर से रांची से आई टीम ने भी सिर्फ लीपा पोती जैसी कार्रवाई की है.
जांच प्रक्रिया पर उठे सवाल, स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी बनी रहस्य
सबसे बड़ा यक्ष प्रश्न यह पैदा होता है की लगभग 6 चरणों की जांच के बाद किसी भी रक्त को ब्लड बैंक में उपलब्ध करवाया जाता है, रक्तदाता द्वारा रक्तदान करने के पश्चात छह चरणों से गुजरने के बाद रक्त को शुद्ध माना जाता है उससे प्लाज्मा भी निकाले जाते हैं. इन तमाम चरणों में गलती कैसे हुई है, पूरे मामले पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का कोई भी बयान नहीं आना मामले को और ज्यादा संदेहास्पद बनाता जा रहा है.
बच्चों की डूबकर मौत से छठ पर्व पर छाई शोक की लहर
28 Oct, 2025 08:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Jharkhand:झारखंड में छठ पर्व के दौरान डूबने वालों की संख्या 11 हो गई है. अकेले सोमवार (27 अक्टूबर) को ही अलग-अलग जगहों पर पांच और बच्चे डूब गए जिन्हें बचाया नहीं जा सका. पुलिस ने बताया कि इनमें से ज्यादातर लोग छठ पूजा के दौरान डूबे.सोमवार (27 अक्टूबर) को एक नाबालिग और दो पुरुष भी जलाशयों में लापता हो गए. पुलिस ने बताया कि राज्य के हजारीबाग, गढ़वा और सिमडेगा जिलों में पांच बच्चों की मौत हो गई. रविवार (26 अक्टूबर) को सिमडेगा और पलामू जिलों में 6 अन्य लोग डूब गए थे.
शाम की पूजा के दौरान डूब गई थीं दो बच्चियां
पुलिस ने जानकारी दी है कि बीते रविवार शाम छठ पूजा के दौरान हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के बेला गांव में एक तालाब में दो लड़कियां गुनगुन कुमारी (11) और रूपा तिवारी (12) डूब गईं. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस के मुताबिक, गढ़वा में सदर थाना क्षेत्र के दानरो नदी में सोमवार दोपहर नहाते समय 13 वर्षीय राहुल कुमार डूब गया. सदर थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने बताया कि राहुल नदी में नहाते समय गहरे पानी में चला गया और डूब गया. स्थानीय लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला और सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
ढाई साल की बच्ची पानी की बाल्टी में डूबी
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सिमडेगा जिले के बानो थाना क्षेत्र के मयंगसोर गांव में सोमवार को ढाई साल की एक बच्ची पानी से भरी बाल्टी में डूब गई. घटना के समय बच्ची और उसकी दादी घर पर ही थे. दादी दूसरे कमरे में चली गईं, लेकिन जब वह वापस आईं, तो उन्होंने बच्ची को बाल्टी में डूबा हुआ पाया. पुलिस ने बताया कि सोमवार शाम को छठ पूजा के दौरान अर्घ्य देने के बाद सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के साहेरबेरा के पास सुवर्णरेखा नदी में एक नाबालिग लड़का डूब गया. चांडिल थाना प्रभारी दिलशान बिरुआ ने बताया कि 14 वर्षीय आर्यन यादव नदी के खतरे वाले क्षेत्र में चला गया और डूबने लगा.इसके बाद प्रतीक कुमार यादव (19) और संजय सिंह (45) उसे बचाने के लिए नदी में कूद गए. एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने लड़के का शव बरामद कर लिया, जबकि दोनों लापता लोगों की तलाश मंगलवार यानी आज सुबह फिर शुरू होगी.एक अधिकारी ने बताया कि पलामू में सोमवार को 16 वर्षीय एक लड़का नहर में कूदने के बाद लापता हो गया. यह घटना हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गांव में चौरा पुल के पास हुई. सिमडेगा में रविवार शाम को तीन बच्चे तालाब में डूब गए और पलामू जिले में भी तीन अन्य लोगों की इसी तरह मौत हो गई
भाजपा की पूरी फौज मैदान में— मिथुन चक्रवर्ती से शिवराज सिंह चौहान तक करेंगे प्रचार
28 Oct, 2025 07:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Jharkhand:घाटशिला उपचुनाव के प्रचार अभियान में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ऑल-वूमन टीम और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज स्टार प्रचारकों के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। झामुमो की इस महिला टीम का नेतृत्व दिवंगत झारखंड मंत्री रामदास सोरेन की पत्नी सुरजमणि सोरेन कर रही हैं। झामुमो की महिला टीम में लोकसभा सांसद जोबा मांझी, राज्यसभा सांसद महोआ मांझी, इचागढ़ विधायक सबीता महतो, पूर्व जमशेदपुर सांसद सुमन महतो, पूर्वी सिंहभूम की पार्षद बारी मुर्मू, और ओडिशा झामुमो महिला मोर्चा की अध्यक्ष व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन अंजलि सोरेन शामिल हैं। यह टीम रामदास सोरेन की मौत से उपजे भावनात्मक माहौल को खासकर महिला मतदाताओं के बीच साधने में जुटी है। 58 वर्षीय सुरजमणि सोरेन ने एक सभा में कहा मुझे राजनीति की समझ नहीं है। यह मेरे लिए नया है। मैं बस इतना कहना चाहूंगी कि मेरे पति (रामदास सोरेन) ने अपनी सेहत की परवाह किए बिना आपकी सेवा में जीवन बलिदान कर दिया। अब मैं अपने बेटे (सोमेश चंद्र सोरेन) को उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए आपके हवाले कर रही हूं। हमारा दरवाज़ा पहले भी आपके लिए खुला था और आगे भी खुला रहेगा। रामदास सोरेन पिछले एक साल से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे और दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज करा रहे थे। गिरने से उनके सिर में चोट लगी और ब्रेन हेमरेज हो गया। उनका निधन 15 अगस्त को हुआ, जिसके बाद घाटशिला सीट पर 11 नवंबर को उपचुनाव कराया जा रहा है।
यहां महिला मतदाता ज्यादा
स्थानीय झामुमो नेता जगदीश भगत ने बताया सुरजमणि ‘बौदी’ पहले कभी राजनीति में सामने नहीं आईं। लेकिन इस बार उन्होंने अपने पति की स्मृति में बेटे के लिए प्रचार का जिम्मा लिया है। उनका सीधा-सादा संदेश लोगों, खासकर महिलाओं, को खूब प्रभावित कर रहा है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाता पुरुषों से लगभग 5 प्रतिशत अधिक हैं। कुल 2,56,252 मतदाताओं में से 1,31,180 महिलाएं और 1,25,078 पुरुष हैं।
बाबूलाल सोरेन के समर्थन में दिग्गज उतरे
वहीं दूसरी ओर भाजपा अपने उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन के समर्थन में सितारों की फौज उतार रही है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई बड़े नेताओं के साथ-साथ कई केंद्रीय मंत्री भी प्रचार की कमान संभालने वाले हैं। भाजपा उम्मीदवार के सोशल मीडिया प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि पार्टी के कई दिग्गज नेताओं के रोड शो और रैलियों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इनमें अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुवेंदु अधिकारी, टॉलीवुड अभिनेत्री लॉकेट चटर्जी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी जैसे नाम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी को अन्य केंद्रीय मंत्रियों, जिनमें पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुकांत मजूमदार भी शामिल हैं, से भी सहमति मिलने की उम्मीद है। पूर्व झारखंड मुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी, पूर्व सीएम चंपई सोरेन और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू मिलकर भाजपा उम्मीदवार के लिए बूथ स्तर पर रणनीति बना रहे हैं। सुधीर कुमार ने कहा कि फिलहाल हम अपने बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रहे हैं। छठ पर्व के बाद नवंबर के पहले सप्ताह से पार्टी के बड़े नेता रैलियां करेंगे और राज्य सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रखेंगे।
दिशा दर्शन भ्रमण आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर मिले दो प्रतिष्ठित पुरस्कार
राज्यमंत्री गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
महतारी वंदन योजना से संवर रही पहाड़ी कोरवा परिवारों की तकदीर
देवखोल में अवैध कोयला खनन पर बड़ी कार्रवाई, 6 टन से अधिक कोयला जब्त
10वीं-12वीं बोर्ड के विद्यार्थियों को द्वितीय अवसर परीक्षा का मिलेगा मौका : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
पश्चिम बंगाल में भाजपा के समर्थन में उतरे डॉ. मोहन यादव, जनसभा को किया संबोधित
