बिहार-झारखण्ड
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आएंगे झारखंड
28 Apr, 2024 04:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 30 अप्रैल से दो दिनों के प्रवास पर झारखंड आ रहे हैं। मंगलवार 30 अप्रैल को भजनलाल शर्मा धनबाद में भाजपा प्रत्याशी ढुलू महतो के नामांकन में शामिल होंगे।
नामांकन के बाद धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में एक सभा को संबोधित करने के बाद प्रबुद्ध जनों से संवाद करेंगे और प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन में भी शामिल होंगे।
संजय सेठ के समर्थन में करेंगे कार्यक्रम
मंगलवार शाम सात बजे भजनलाल शर्मा रांची में भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के समर्थन में रांची के मारवाड़ी समाज के लोगों से संवाद करेंगे। झारखंड में बड़ी संख्या में मारवाड़ी समाज के लोग रहते हैं।
भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के मुख्यमंत्री से मारवाड़ी समाज का संवाद कराकर अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेगी। बुधवार एक मई को भजनलाल शर्मा हजारीबाग से भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल के नामांकन में शामिल होंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उसी दिन शाम में वो जयपुर रवाना हो जाएंगे।
2014 विधानसभा चुनाव में दस दिन रांची में रहे थे CM भजनलाल
2014 विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए कैंपेन करने भजनलाल शर्मा रांची आए थे। करीब दस दिनों तक रांची और अन्य शहरों में रहकर उन्होंने टीम भाजपा के लिए काम किया था। उस समय भजनलाल शर्मा राजस्थान भाजपा के महामंत्री हुआ करते थे।
रांची में तेजी से फैल रहा बर्ड फ्लू
28 Apr, 2024 04:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची में बर्ड फ्लू के प्रकोप के बीच, होटवार में क्षेत्रीय पोल्ट्री फार्म के दो डॉक्टरों और छह स्टाफ सदस्यों को रांची के जेएसआईए भवन में अलग कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक,जेएसआईए सरकारी भवन को बर्ड फ्लू वार्ड में बदल दिया गया है। रांची से आई मेडिकल विशेषज्ञों की टीम ने संक्रमित लोगों का सैंपल लिया है।
लोगों में H5N1 संक्रमण के लगभग सभी मामले संक्रमित जीवित या मृत पक्षियों या H5N1-दूषित वातावरण के निकट संपर्क से जुड़े हुए हैं। बर्ड फ्लू के प्रकोप की पुष्टि के बाद पशुपालन मंत्रालय के तहत सभी पक्षियों की बिक्री और खरीद पर पूर्ण प्रतिबंध और भूकंप के केंद्र के आसपास सर्वेक्षण करने सहित कई कार्रवाइयां की गई हैं।
रांची के उपायुक्त राहुल कुमार ने दी बड़ी जानकारी
रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि रांची में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। जैसे ही बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई, पशुपालन मंत्रालय में उल्लिखित दिशानिर्देशों के तहत कार्रवाई की एक श्रृंखला शुरू हो गई है। पहली कार्रवाई पूर्ण प्रतिबंध है। भूकंप के केंद्र के एक किलोमीटर के दायरे में सभी पक्षियों की बिक्री और खरीद पर।
प्रभावित क्षेत्र में सभी पक्षियों का सर्वेक्षण भी किया गया
इसके अलावा, अधिकारी ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में सभी पक्षियों का सर्वेक्षण भी किया गया है। बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए जिले की एक मशीनरी भी तैनात की गई है। जिला पशुपालन कार्यालय, नगर निगम, पुलिस और मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है।
इस संदर्भ में, समाचार पत्रों में सलाह जारी की गई है, इसके अतिरिक्त, प्रशासन बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए क्षेत्र में सभी प्रकार के एहतियाती उपायों को लागू करना सुनिश्चित करेगा।
आरआरटी टीम पोल्ट्री एरिया होटवा में एपिसेंटर के एक किलोमीटर के क्षेत्र को कीटाणुरहित करने का काम करेगी। क्षेत्रीय पोल्ट्री फार्म के डॉ. संतोष कुमार ने एएनआई को बताया एक किमी के दायरे में सभी मुर्गियों और अंडों का निपटान किया जाएगा। हम सभी किसानों और दुकानदारों से कहेंगे कि वे कोई भी बाहरी मुर्गे न लाएं। जब तक हमें नहीं मिलता है एक नकारात्मक रिपोर्ट, हम उनसे चिकन फार्म न करने के लिए कहेंगे।
जिलाधिकारी के आदेश पर करीब 1745 मुर्गियां, 450 बत्तख और 1697 अंडों को मार दिया गया है।
क्या है H5N1
H5N1 का मतलब अत्यधिक रोगजनक एशियाई एवियन इन्फ्लुएंजा (H5N1) वायरस है। एवियन इन्फ्लूएंजा इन्फ्लूएंजा वायरस का एक प्रकार है जो मुख्य रूप से पक्षियों को संक्रमित करता है, लेकिन मनुष्यों को भी संक्रमित कर सकता है। इस प्रकार का फ्लू अक्सर बीमार पक्षियों के संपर्क में आने से होता है। यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में भी प्रसारित हो सकता है। लोगों में H5N1 संक्रमण के लगभग सभी मामले संक्रमित जीवित या मृत पक्षियों या H5N1-दूषित वातावरण के निकट संपर्क से जुड़े हुए हैं।
इन 11 सीटों पर केवल दो समुदायों का दबदबा
28 Apr, 2024 04:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में सत्ता की चाबी डबल एम यानी महतो (कुरमी) और मांझी (आदिवासी) मतदाताओं के पास है। इसे देखते हुए इन्हें आकर्षित करने की कवायद भी चरम पर है। इन समुदायों के जन संगठनों की पूछ जहां बढ़ गई है, वहीं समर्थन के लिए ऐलान का क्रम भी आरंभ होने वाला है।
इसके अलावा पक्ष-विपक्ष अपने ऐसे नेताओं को मुहिम में लगा रहा है, जो माइक्रो लेवल पर इन दोनों प्रभावी समुदाय को साधने की कोशिश करेंगे। राज्य की 14 लोकसभा सीट में से पांच आदिवासियों के लिए सुरक्षित है तो लगभग छह सीटों पर कुरमी मतदाता जीत-हार में अहम भूमिका निभाते हैं।
13 से पहले राहुल आएंगे झारखंड, कांग्रेस ने शुरू की तैयारी
लोकसभा चुनाव के लिए झारखंड में पहले फेज का मतदान 13 मई को चार क्षेत्रों-पलामू, खूंटी, लोहरदगा और सिंहभूम में होगा। इन क्षेत्रों में नामांकन की प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही चुनाव प्रचार जोर पकड़ने लगा है। इसे देखते हुए एनडीए और आइएनडीआइए के नेता अपने-अपने राष्ट्रीय नेताओं का कार्यक्रम बनाने में जुट गए हैं।
13 मई से पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी झारखंड में प्रचार करने आएंगे। इस लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने खूंटी और गुमला जिले के बसिया में जनसभा के लिए स्थल निरीक्षण किया और प्रस्तावित रैली को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को होमवर्क में जुट जाने का निर्देश दिया।
बेहतर माहौल तैयार करने की कोशिश
स्थल निरीक्षण के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि झारखंड में लोकसभा चुनाव-2024 के लिए बेहतर माहौल तैयार करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि रैली से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
युवाओं, किसानों, महिलाओं, आदिवासियों के बीच राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली को लेकर काफी उत्साह है। रैली स्थल निरीक्षण के दौरान अमुल्य नीरज खलखो, रवीन्द्र सिंह, मानस सिन्हा गुमला जिलाध्यक्ष चैतु उरांव, खूंटी जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष रौशन बरवा सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल थे।
हेमंत सोरेन के मामले में फैसला सुरक्षित
27 Apr, 2024 01:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। Hemant Soren पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ईडी कोर्ट से औपबंधिक जमानत देने की गुहार लगाई है। याचिका में कहा गया है कि उनके बड़े पिता राजाराम सोरेन का निधन हो गया है। इसलिए, अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उन्हें 13 दिनों की औपबंधिक जमानत दी जाए।
भूमि घोटाला मामले में ईडी ने हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, वह होटवार जेल में बंद है। इस मामले में अदालत में सुनवाई हुई और दोनों पक्षों की बहस पूरी होने के बाद अदालत का फैसला सुरक्षित रख लिया है।
15 बच्चे घायल; अभिभावकों ने लगाया ये आरोप
27 Apr, 2024 01:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। Ranchi School Bus Accident: रांची में शनिवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूल बस पलट जाने से 15 बच्चे घायल हो गए हैं। यह घटना मंदार के सेंट मारिया स्कूल के पास हुई। बताया जा रहा है कि स्कूल बस में कुल 30 बच्चे सवार थे। घायल बच्चों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना को लेकर मंदार पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि बस हादसे में लगभग 15 बच्चे घायल हो गए। सभी पास के मिशन अस्पताल में निगरानी में हैं। एक बच्चे के सिर में चोट लगी है और उसका सीटी स्कैन किया जा रहा है।
अभिभावकों ने लगाया ये आरोप
वहीं, इस घटना को लेकर बच्चे के माता-पिता का आरोप है कि बस तेज रफ्तार में थी और दुर्घटना के वक्त ड्राइवर फोन पर बात कर रहा था। इस वजह से बस हादसे का शिकार हुई।
अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि आज बस 45 मिनट लेट आई थी। ऐसे में समय की भरपाई के लिए ड्राइवर तेज गति से गाड़ी चला रहा था। साथ ही वह फोन पर किसी से बात भी कर रहा था।
अब इस घटना के बाद से पुलिस एक्टिव है और मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के बाद से बस चालक मौके से फरार हो गया है। आरोपित बस ड्राइवर की तलाश की जा रही है
झारखंड में मलेरिया के बढ़ते मामले....
27 Apr, 2024 01:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। गर्मी बढ़ने के साथ ही मच्छरों का आतंक शुरू हो गया है। राजधानी के कई क्षेत्रों में पसरी गंदगी व खुली नालियों में मच्छर पनप रहे हैं। अस्पतालों में तेज बुखार, सिर दर्द, उल्टी जैसी समस्या लेकर मरीज पहुंच रहे हैं, जिन्हें डॉक्टर अन्य जांच के साथ मलेरिया जांच कराने की सलाह दे रहे हैं। पिछले दो वर्षों में राज्य में मलेरिया के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
2022 की तुलना में पिछले वर्ष मलेरिया के मरीज 56 प्रतिशत बढ़े हैं। 2022 में 19 हजार मलेरिया के मरीज थे, जबकि 2023 में यह संख्या बढ़कर 34 हजार से अधिक पहुंच गई। इनमें सबसे अधिक मलेरिया के मरीजों की संख्या पाकुड़ और पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम की रही।
यहां मलेरिया मरीजों का आंकड़ा एक वर्ष में तीन हजार से अधिक रहा। दूसरी ओर, वर्ष 2022 की तुलना में 2023 में 71 प्रतिशत अधिक बीमार मरीजों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें 56 प्रतिशत अधिक मामलों की पुष्टि हुई। इस वर्ष जनवरी से मार्च तक राज्य में करीब पांच हजार मलेरिया के मरीजों की पहचान हुई है, जिनमें से कुछ का इलाज चल रहा है।
रांची जिले में घटे मरीज
रांची में मलेरिया मरीजों की संख्या में कमी आई है। 2022 में मलेरिया मरीजों की संख्या 200 थी, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 196 ही था। इस वर्ष जनवरी से मार्च तक के आंकड़ों के अनुसार सिर्फ 28 मरीज ही मिलें, जिनमें से सभी का इलाज हुआ और वे स्वस्थ हैं।
10 जिलों में मलेरिया का प्रकोप कम रहा
पिछले दो वर्षों में जहां कुल मलेरिया मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, राज्य के 10 जिलों में मलेरिया का प्रकोप कम हुआ है। इनमें बोकारो, चतरा, गढ़वा, गिरिडीह, हजारीबाग, जामताड़ा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा व रामगढ़ जिले शामिल हैं। इन जिलों में बेहतर प्लानिंग की वजह से मलेरिया के मच्छर को पनपने से रोका जा सका और इसे नियंत्रित किया जा सका।
जिले के ग्रामीण क्षेत्र में प्रकोप अधिक
रांची जिले में बुंडू, तमाड़, अनगड़ा एवं सिल्ली क्षेत्र में मलेरिया का प्रकोप अधिक है, लेकिन नियंत्रित है। रांची के ईटकी में नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ मलेरिया रिसर्च खोला जा चुका है। इसकी यूनिट रिम्स में कार्यरत है। रिम्स में हर माह लगभग तीन सौ मलेरिया पीड़ित लोग पहुंचते हैं।
बरसात के दिनों में यह संख्या बढ़ जाती है। इससे बचाव के लिए विभाग द्वारा कई तरह के कार्यक्रम चलाए जाते हैं। विश्व मलेरिया दिवस पर इस संबंध में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाता रहा है। मालूम हो कि यह बीमारी प्रोटोजुअन प्लाज्मोडियम नामक कीटाणु मादा एनोफिलीज मच्छर के माध्यम से फैलती है।
मलेरिया के लक्षण
मलेरिया होने पर लोगों को ठंड लगती है, उसके बाद बुखार होता है और सिरदर्द, शरीर में दर्द और उल्टी जैसे लक्षण हो सकते हैं। एक प्रकार का मलेरिया गंभीर लक्षणों का कारण बनता है, जैसे डेलिरियम, गंभीर सांस लेने की समस्या, किडनी फेल, दस्त। समय पर इलाज नहीं होने पर मरीज की मौत तक हो सकती है।
प्रत्याशियों का नामांकन छोटी सी चूक भी रद्द करा सकती है
27 Apr, 2024 01:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। Nomination Rule गुजरात की सूरत लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी नीलेश कुंभानी और बंगाल की बीरभूम लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी देबाशीष धर का नामांकन रद्द हो चुका है। ये घटनाएं देशभर में चर्चा में हैं। ऐसे में यह जान लेना जरूरी है कि किन-किन त्रुटियों को लेकर चुनाव आयोग किसी उम्मीदवार का नामांकन पत्र रद्दकर सकता है।
सूरत में हस्ताक्षर गलत बताए जाने के कारण कुंभानी का नामांकन रद्द हुआ। वहीं, एनओसी नहीं देने के कारण देबाशीष धर का नामांकन रद्द हुआ। भारत निर्वाचन आयोग ने नामांकन भरने के नए नियमों में फॉर्म-26 में बड़े बदलाव किए है। नए नियमों के अनुसार अब प्रत्याशी से उसके इंटरनेट मीडिया हैंडल्स की भी जानकारी मांगी जाती है।
क्या कहता है नियम
इसके साथ ही साथ अब प्रत्याशियों से उनके नाम संपत्ति के ब्योरे समेत उनकी पत्नी और बच्चों के नाम संपत्ति का भी ब्योरा मांगा जाने लगा है। कोर्ट में चल रहे किसी केस या एफआइआर की भी जानकारी आयोग को देनी होती है। अगर, प्रत्याशी इनमे से किसी भी जानकारी में कोई तथ्य छुपाता है या जानकारी नहीं साझा करता है तो उसका नामांकन रद्द हो सकता है।
चुनाव आयोग नामांकन पत्र के साथ गलत जानकारी साझा करने पर उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द कर चुनाव लड़ने से भी रोक सकता है। नामांकन पत्र में फॉर्म 26 काफी अहमियत रखता है, इसके रद्द होने की कई वजहें हो सकती है। कई बार प्रत्याशी चुनाव आयोग के साथ फॉर्म-26 में आवश्यक जानकारियां नहीं साझा करते हैं।
इस सूरत में भी आयोग उमीदवार का नामांकन पत्र रद्द कर सकता है। कई बार तो उम्मीदवार के पास जरूरी संख्या में प्रस्तावक भी मौजूद नहीं होतें है तो कभी आरक्षित सीट पर प्रूफ न दे पाने के अभाव में भी नामांकन रद्द हो जाता है।
वैसे आमतौर पर नामांकन की आखिरी तारीख में समय रहने पर आयोग गलतियां सुधरने का भी मौका चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को देता है। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों को नो-ड्यूज सर्टिफिकेट भी देना होता है। नो-ड्यूज सर्टिफिकेट न देने के कारण उम्मीदवारी रद्द हो सकती है।
तीन सीटों पर 18 उम्मीदवारों का पर्चा रद्द
झारखंड में लोकसभा चुनाव के पहले चरण (देश के चौथे) की सीटों पर हुए नामांकन में चार में तीन सीटों पर कुल 18 उम्मीदवारों का पर्चा रद्दहो गया। इस तरह, इन चारों सीटों पर कुल 47 उम्मीदवार शेष रह गए हैं। इन सीटों पर नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 29 अप्रैल निर्धारित है।
इन चारों सीटों पर दाखिल नामांकन पत्रों की शुक्रवार को जांच हुई। इसमें खूंटी में नौ, सिंहभूम में सात तथा लोहरदगा में दो उम्मीदवारों का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया। सिर्फ पलामू में सभी 11 उम्मीदवारों का नामांकन पत्र सही पाया गया। नामांकन पत्र रद्द होने के बाद खूंटी में सात, सिंहभूम में 14 तथा लोहरदगा में 15 उम्मीदवार शेष रह गए हैं। जिन उम्मीदवारों का नामांकन पत्र रद्द हुआ है, उनमें कोई बड़ा नाम नहीं है।
इन उम्मीदवारों के आवेदन हुए रद्द
सिंहभूम: सिंजान मिरन मुंडा (निर्दलीय), पार्वती किस्कु (निर्दलीय), सुभद्रा बिरुवा (निर्दलीय), हरि उरांव (कलिंगा सेना), अमित सिंकू (निर्दलीय), सुभद्रा सिंकू (लोकहित अधिकार पार्टी), तुराम बाकिंरा (निर्दलीय)।
खूंटी: सोमा मुंडा (अबुआ झारखंड पार्टी), जयपाल मुंडा (भागीदारी पार्टी पी), सामड़ोम गुड़िया (अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया), सामुएल पूर्ति (अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया), थामस डांग (पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया, डेमोक्रेटिक), प्यारा मुंडू (झारखंड पार्टी), काशीनाथ सांगा (लोकहित अधिकार पार्टी), सुबोध पूर्ति (निर्दलीय) तथा अहलाद केरकेट्टा (निर्दलीय)।
लोहरदगा: ललित उरांव (बहुजन मुक्ति पार्टी) एवं एतवा उरांव (निर्दलीय)।
JMM ने दे दिया क्लियर कट संदेश.....
27 Apr, 2024 01:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो ने स्पष्ट किया कि दल के बागियों के लिए उनके नेताओं के दिल में कोई जगह नहीं होगी। झामुमो गठबंधन धर्म का सख्ती से पालन सुनिश्चित करेगा। यही संदेश देने के लिए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने गुरुवार को लोहरदगा का रुख किया।
बताते चलें कि बंटवारे के तहत लोहरदगा संसदीय सीट कांग्रेस के खाते में गई है। यहां से कांग्रेस ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत को प्रत्याशी बनाया है। बिशुनपुर के झामुमो विधायक चमरा लिंडा ने पार्टी लाइन से अलग जाते हुए यहां निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरकर कांग्रेस को चुनौती दे डाली है।
कयास लगाया जा रहा था कि चमरा लिंडा के प्रति झामुमो के शीर्ष नेतृत्व की सहानुभूति हो सकती है। इसका सीधा असर गठबंधन में शामिल दलों के परस्पर तालमेल पर पड़ रहा था।
विरोध करने वालों पर पार्टी कर सकती है कार्रवाई
यही वजह है कि सुखदेव भगत के नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी जीए मीर, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और पार्टी विधायक दल के नेता आलमगीर आलम मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पांस पहुंचे और उनसे नामांकन समारोह में भाग लेने का आग्रह किया। चंपई सोरेन ने भी इस पर हामी भर दी।
लोहरदगा में उनकी मौजूदगी से यह स्पष्ट संदेश गया कि झामुमो गठबंधन धर्म निभाने को मजबूती से कांग्रेस प्रत्याशी के साथ खड़ा है। इससे चमरा लिंडा खेमे में निराशा है।
हालांकि, कहा जा रहा है कि नामांकन समारोह में झामुमो समर्थकों की तादाद कम थी, लेकिन शीर्ष नेतृत्व ने संदेश दिया कि उनका साथ कांग्रेस पार्टी को ही मिलेगा, जो विरोध करेंगे, उन्हें अनुशासनात्मक कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा। पार्टी ऐसे लोगों को बाहर निकालने से नहीं हिचकेगी।
चमरा लिंडा के रुख पर सबकी नजर
चमरा लिंडा के अगले कदम पर सबकी निगाह है। झामुमो ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर वे मैदान में डटे रहेंगे तो कार्रवाई की जाएगी। नामांकन पत्र वापस लेने की भी अटकलें लगाई जा रही है। हालांकि, चमरा लिंडा के करीबियों का कहना है कि वे अपना निर्णय वापस नहीं लेंगे। चुनावी मैदान में मुकाबला होगा।
लोबिन हेम्ब्रम भी निशाने पर
बोरियो के झामुमो विधायक लोबिन हेम्ब्रम भी शीर्ष नेतृत्व के निशाने पर हैं। उनकी तैयारी राजमहल से अपने ही दल के प्रत्याशी विजय हांसदा के विरुद्ध चुनाव लड़ने की है। हेम्ब्रम काफी समय से नेतृत्व पर उंगली उठा रहे हैं। उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान भी कर दिया है। ऐसा हुआ तो वे भी कार्रवाई के दायरे में आएंगे।
रेलवे के इन कर्मचारियों को भी अब अस्पतालों में मिलेगी हाई-फाई फेसिलिटी
26 Apr, 2024 04:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर। देश भर के रेल कर्मचारियों को अब उनके बेसिक के आधार बोर्ड द्वारा सूचीबद्ध अस्पतालों में वार्ड मिलेंगे। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उक्त व्यवस्था को सभी जोन में प्रभावी करने का आदेश दिया है। इसके लिए बोर्ड ने कर्मचारियों के वेतनमान को तीन श्रेणियों में विभाजित किया है।
अस्पतालों में मिलेगी एलीट क्लास की सुविधा
रेलवे में अब तक राजपत्रित कर्मचारियों को ही अस्पतालों में केबिन की सुविधा मिलती थी। लेकिन नेशनल फेडरेशन आफ इंडियन रेलवेमैन (एनएफआइआर) के महासचिव डा. एम रघुवईया ने रेलवे बोर्ड को इस संबंध में पत्र भेजा।
उनका तर्क है कि जब एक रेलकर्मी का वेतनमान अच्छा है तो उसे सूचीबद्ध अस्पतालों में भी आम मरीजों के बजाए एलीट क्लास की सुविधा मिलनी चाहिए।
फेडरेशन के इस सुझाव का रेलवे बोर्ड ने वित्त मंत्रालय से समीक्षा के बाद इसे देश भर में कार्यरत रेल कर्मचारियों के लिए क्रियान्वित कर दिया है।
रेलवे में लगभग 13 लाख कर्मचारी हैं जिनमें से लगभग 45 प्रतिशत सुपरवाइजर ग्रेड में कार्यरत कर्मचारियों का वेतनमान 50,500 रुपये से अधिक है। ऐसे में वे या उनके स्वजन अस्पताल में भर्ती होने पर वे भी केबिन पाने के हकदार होंगे।
तीन श्रेणियों में बांटा गया है वेतनमान
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी पत्र में रेल कर्मचारियों के वेतनमान को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इसमें 36,500 रुपये के मासिक वेतन वालों को जनरल वार्ड, 36,501 से 50,500 रुपये के वेतनमान पर सेमी प्राइवेट वार्ड और 50,500 से अधिक वेतनमान पर प्राइवेट वार्ड या केबिन की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा कर्मचारियों के अलावा उनके आश्रित और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी मिलेगी।
फेडरेशन ने डायरेक्टर को सौंपा पत्र
फेडरेशन के जोनल महासचिव शशि रंजन मिश्रा ने इस संबंध में दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रिंसिपल चीफ मेडिकल डायरेक्टर को एक पत्र सौंपा है। फेडरेशन की मांग है कि उक्त सुविधा लाभ उन सभी कर्मचारियों को मिले जिनका वेतन 50,500 रुपये से अधिक है।
हमारी मांग है कि डायरेक्टर सभी डिवीजन को पत्र जारी करे और रेफरल के दौरान ही संबधित रेल कर्मचारी किस वार्ड में भर्ती होंगे, यह रेफरल लेटर में ही उल्लेखित कर दिया जाए ताकि उन्हें उक्त लाभ सुनिश्चित हो सके।
SC तैयार हेमंत सोरेन की जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए
26 Apr, 2024 01:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। इस मामले में 29 अप्रैल को सुनवाई होने की संभावना है। हेमंत सोरेन ने 56 दिनों बाद भी हाई कोर्ट द्वारा आदेश नहीं सुनने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दाखिल की है।
हाई कोर्ट ने अभी तक नहीं सुनाया फैसला
बता दें कि हेमंत सोरेन की ओर से ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। सभी पक्षों को सुनने के बाद हाई कोर्ट ने 28 फरवरी को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। लेकिन इस मामले में अभी तक फैसला नहीं सुनाया है। इसी मामले को लेकर हेमंत सोरेन ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
31 जनवरी को गिरफ्तार हुए थे पूर्व सीएम
रांची के बड़गाई अंचल की 8.86 एकड़ जमीन घोटाले के आरोपित पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने यह कहते हुए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे कि हाई कोर्ट फैसला सुनाने में देरी कर रहा है।
पूर्व सीएम को 31 जनवरी की रात ईडी ने पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किया था। इसके 75 दिनों बाद 16 अप्रैल को पूर्व सीएम ने जमानत याचिका दायर की थी। फिलहाल वह रांची के होटवार जेल में बंद हैं।
दुमका में गरजे बाबूलाल, कहा- PM मोदी के हाथों में देश सुरक्षित
26 Apr, 2024 01:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चितरा (देवघर)। झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों देश सुरक्षित है। उन्हें फिर से प्रधानमंत्री बनाएं। कांग्रेस के शासनकाल में वह विकास नहीं हो पाया जो मोदी के नेतृत्व में दस वर्ष के दौरान हुआ।
बाबूलाल का हेमंत सोरेन पर निशाना
मरांडी गुरुवार को दुमका लोकसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन के पक्ष में ताराबाद मध्य विद्यालय परिसर में सभा में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मरांडी ने झामुमो और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी हमला किया। कहा-अपनी करनी के कारण हेमंत सोरेन जेल की हवा खा रहे हैं।
बाबूलाल ने गिनाई पीएम मोदी की उपलब्धियां
मरांडी ने जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कहा- आर्थिक, सामरिक, राजनीतिक, कूटनीति दृष्टि से प्रधानमंत्री मोदी ने सशक्त राष्ट्र की नींव रखी।
यही कारण है कि भारत का लोहा पूरा विश्व मानता है। घरेलू मोर्चे पर आतंकियों के विषैले फन को कुचला है। जम्मू कश्मीर से 370 धारा हटाई। अयोध्या में रामलला की स्थापना की।
जरूरतमंदों के शुभचिंतक हैं मोदी: बाबूलाल
मोदी देश के गरीबों, महिलाओं, किसानों और जरूरतमंदों की चिंता करने वाले प्रधानमंत्री हैं। जिन्होंने भोजन, आवास, बीमारी के लिए इलाज, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान, फसल बीमा सहित अनेक योजना चलाकर सुविधा मुहैया करने का हर संभव प्रयास किया है। हेमंत पर प्रहार करते कहा कि झारखंड की खनिज संपदा को बेरहमी से लुटवाने का काम किया। लोहा, कोयला, बालू माफिया के हाथों में बेच दिया।
जमशेदपुर सीट से बनाया उम्मीदवार,JMM ने समीर मोहंती को
26 Apr, 2024 01:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर। लंबे इंतजार के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए जमशेदपुर सीट से अपने उम्मीदवार की घोषणा गुरुवार को कर दी है। पार्टी ने बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती को इस महत्वपूर्ण सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। समीर मोहंती, जो संघर्षशील छवि के लिए जाने जाते हैं, को पार्टी ने जमशेदपुर में जीत का परचम लहराने की जिम्मेदारी सौंपी है।
जमीनी स्तर के नेता हैं समीर मोहंती
समीर मोहंती एक अनुभवी राजनेता और जमीनी स्तर के नेता हैं। बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहते हुए उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं को हल करने के लिए लगातार काम किया है। उनकी साफ-सुथरी छवि और जनता से जुड़ाव उन्हें जमशेदपुर में एक मजबूत उम्मीदवार बनाता है।
जनता के लिए संघर्ष का वादा
उम्मीदवारी मिलने के बाद समीर मोहंती ने कहा कि वह जमशेदपुर की जनता के लिए संघर्ष करने और उनके हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ा हुआ है और यहां की जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने वादा किया कि वह जमशेदपुर के विकास और जनता की समस्याओं को हल करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
जमशेदपुर लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दबदबा रहा है। ऐसे में झामुमो और समीर मोहंती को इस सीट पर जीत हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।
समीर मोहंती ने कहा कि वह जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और उन्हें पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि झामुमो एक ऐसी पार्टी है जो जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें पूरा विश्वास है कि जमशेदपुर की जनता पार्टी का साथ देगी।
झामुमो का जमशेदपुर सीट पर अच्छा जनाधार
झामुमो का जमशेदपुर में अच्छा जनाधार है। पार्टी की आदिवासी और मूलवासी वोट बैंक मजबूत है और क्षेत्र में पार्टी के कई सक्रिय कार्यकर्ता हैं। ऐसे में समीर मोहंती को पार्टी के जनाधार का फायदा मिल सकता है।
समीर मोहंती की उम्मीदवारी से जमशेदपुर लोकसभा सीट पर चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। मोहंती की संघर्षशील छवि और जनता से जुड़ाव उन्हें एक मजबूत उम्मीदवार बनाता है।
देखना होगा कि आने वाले दिनों में वह किस तरह अपना चुनावी अभियान आगे बढ़ाते हैं और जनता का समर्थन हासिल करने में कितना कामयाब होते हैं।
बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट पर रांची,नहीं बिकेगा चिकन-अंडा
26 Apr, 2024 01:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र, होटवार के मुर्गा-बतख (कुक्कुटों) की जांच किए गए नमूनों में एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा की पृष्टि के बाद प्रभावित क्षेत्र के एक किलोमीटर के दायरे में शेष बचे कुक्कुटों की कलिंग, वैज्ञानिक विधि से निस्तारण एवं संक्रमित क्षेत्र का वैज्ञानिक विधि से संपूर्ण डिसइन्फेक्शन का कार्य किया जा रहा है।
बर्ड फ्लू को रोकने के लिए उठाए जा रहे जरूरी कदम
जिला प्रशासन की ओर से बर्ड फ्लू के प्रसार के रोकथाम एक्शन प्लान के तहत कार्य के लिए बनाई गई रैपिड रिस्पाॅन्स टीम द्वारा संक्रमित क्षेत्र में कुक्कुट की कलिंग वैज्ञानिक विधि से निस्तारण और संक्रमित क्षेत्र का क्लीजिंग एंड डिसइन्फेक्शन का कार्य किया जा रहा है।
टीम द्वारा चिकन अंडा दुकानों एवं आसपास के क्षेत्र में मुर्गियों, अंडे आदि की उपलब्धता की जांच की जा रही है। बर्ड फ्लू के प्रसार की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
चिकन-अंडा की खरीद-बिक्री पर लगी रोक
आइसीएआर-एनआइएचएसएडी भोपाल में क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र, होटवार, रांची के कुक्कुटों के जांच के क्रम में एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा की पृष्टि हुई है।
उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा द्वारा एहतियात के तौर पर क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र, होटवार, रांची संक्रमित क्षेत्र में किसी भी जिंदा, मृत कुक्कुटों, कुक्कुट उत्पाद व अंडा की खरीद-बिक्री एवं परिवहन पर अगले आदेश तक रोक है।
मारे गए 1700 मुर्गी व 450 बत्तख
गौरतलब है कि क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र, होटवार, रांची के मुर्गी व बतखों का नमूना लिया गया था, जिसे जांच के लिए आइसीएआर एनआइएचएसएडी भोपाल भेजा गया। जांच किए गए नमूनों में एच5एन1 एवियन इंफ्लूएंजा की पृष्टि हुई है।
इसके बाद उपायुक्त ने एक्शन प्लान के तहत रैपिड रेस्पांस टीम (आरआरटी) का गठन किया गया। इधर, पशुपालन विभाग की ओर से भी होटवार फार्म के एक किलोमीटर के दायरे में पाली जा रही 1700 मुर्गी और 450 बत्तख को मार दिया गया।
पटना के होटल में भीषण आग में अब तक छह की मौत
25 Apr, 2024 03:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना । राजधानी पटना में जंक्शन के ठीक सामने स्थित बहुमंजिले पाल होटल में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। सुबह करीब साढ़े 10 बजे आग की सूचना सामने आयी और लगभग आधे घंटे के अंदर पूरी बिल्डिंग आग और धुएं से भर गई। होटल के बगल वाली बिल्डिंग में भी आग पहुंच गई और दोनों बिल्डिंग से सिर्फ आग और धुआं ही दिखा। इससे सटे पटना किराना को भी आग से खतरा है। अग्निशमन दस्ते का इंतजाम इस आग के सामने कमजोर साबित हो रहा है। बिल्डिंग के सामने स्थित पुल पर भी भीषण जाम लग गया है और स्टेशन रोड भी पूरी तरह जाम है। इधर, अगलगी के करीब डेढ घंटे एक शख्स की लाश बाहर निकाली गई। इसके आधे घंटे बाद दो युवतियों की लाशें बाहर निकाली गई।
पटना सेंट्रल रेंज के टीएसपी सत्य प्रकाश ने पुष्टि करते हुए बताया कि पाल होटल में लगे आग की घटना में छह लोगों की मौत हुई है। इसमें तीन महिला एवं तीन पुरुष हैं। दो लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि पीएमसीएच में इलाज के लिए लगभग 20 लोगों को भर्ती कराया गया है।
रसोई गैस से लगी आग
स्थानीय लोगों का कहना है कि किचन में लगी आग ने चार मंजिला इमारत को अपनी जद में ले लिया। ऊपर के फ्लोर पर नाश्ता कर रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के होटल और दुकानों के लोग बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। फायर ब्रिगेड की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लोगों को बाहर निकालने में जुटी हुई है।
आग में झुलसे लोगों को पीएमसीएच भेजा रहा है।
अब तक 30-35 लोगों को होटल से बाहर निकाला गया
फायर ब्रिगेड की टीम की मानें तो अब तक 30-35 लोगों को होटल से बाहर निकाला गया है। रेस्क्यू अभी भी जा रही है। आग इतनी प्रचंड है कि लोग अंदर जाने से कतरा रहे हैं। इधर, जिन लोगों को फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला, उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा जा रहा है। मौके पर छोटे बड़े अग्निशमन के लगभग दर्जन भर गाड़ियां मौजूद हैं। लगातार आग को बुझाने का काम किया जा रहा है। इधर, भीषण आग ने पाल होटल के पास के दो अन्य होटलों में भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। हवा तेज होने के कारण पाल होटल के दाहिनी तरफ के दोनों होटल भी आग की जद में आ गए। अब तक करोड़ों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है।
हाई कोर्ट ने निचली अदालत की कार्यवाही पर लगाई रोक
25 Apr, 2024 02:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Rahul Gandhi : झारखंड हाई कोर्ट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को राहत मिली है। जस्टिस राजेश कुमार की अदालत ने अमित शाह पर टिप्पणी करने के मामले में राहुल गांधी के खिलाफ निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगा दी है। इस मामले में अदालत ने सूचक से जवाब मांगा है। अगली सुनवाई 13 जून को होगी।
कोर्ट ने जारी किया था गैर जमानती वारंट
बता दें कि अमित शाह पर टिप्पणी करने के मामले में राहुल गांधी के खिलाफ प्रताप कुमार ने चाईबासा कोर्ट में शिकायतवाद दर्ज कराया था। इस मामले में निचली अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसको राहुल गांधी ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
क्या है पूरा मामला
यह मामला साल 2018 का है। उस दौरान नई दिल्ली में हुए कांग्रेस के अधिवेशन में राहुल गांधी ने कहा था कि भाजपा में कोई भी हत्यारा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।
उस वक्त भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर वर्तमान गृह मंत्री अमित शाह थे। राहुल की इस बयानबाजी के खिलाफ भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रताप कटियार ने चाईबासा के सीजीएम कोर्ट में केस दर्ज कराया था।