बिहार-झारखण्ड
सीएम नीतीश ने बिहार के संस्कार दिखाये हैं: पप्पू यादव
8 Jun, 2024 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाजीपुर। नव निर्वाचित पूर्णिया सांसद पप्पू यादव शुक्रवार को हाजीपुर पहुंचे। शहर के पासवान चौक स्थित निजी होटल में उन्होंने कार्यकर्ता का धन्यवाद किया। इस दौरान सीएम नीतीश के दिल्ली में मोदी के पैर छूने पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि अच्छा है बिहार तो चरण बंदन करता ही है। सीएम ने बिहार के संस्कार दिखाये हैं।
बिहार माफ भी करता है और माफी भी मांगता है। वैसे सीएम नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी दोनों एक ही उम्र के हैं फिर क्या जरूरत पड़ी थी उनका पैर छूने की। आगे पप्पू ने कहा अब तो नीतीश कुमार की बार्गेनिंग पावर बढ़ गई है। इसके साथ ही पीएम मोदी के पैर भी छू लिए हैं। अब तो वे बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिला ही देंगे। मालूम हो कि दिल्ली में एनडीए गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए सीएम नीतीश कुमार पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी के पैर छुए और इसके कारण सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। इसको लेकर विपक्ष भी बयानबाजी करने लगे हैं। बता दें कि पप्पू यादव अभिनंदन समारोह में शामिल होने दिल्ली पहुंचे थे।
ईश्वर ने 7 फेरों के 7 दिन बाद ही दुलहन को दूल्हे से हमेशा के लिए दूर कर दिया
8 Jun, 2024 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवहर । बिहार के शिवहर जिले में शुक्रवार को दिल को झंकझोर देने वाली एक घटना घटी। हर कोई इस घटना पर दुखी है और कहा रहा है कि ईश्वर को ऐसा नहीं करना चाहिए था। उस दुल्हन की क्या गलती थी कि ईश्वर ने 7 फेरों के 7 दिन बाद ही उसे दूल्हे से हमेशा के लिए दूर कर दिया।
दुल्हन की हाथों में लगी मेहंदी के रंग के उसी तरह से लाल हैं। मेहंदी की लालिमा ज्यों की त्यों है और विधाता ने उस रंग को बेरंग कर दिया। जो भी घटना सुन रहा है वह दुल्हन की किस्मत के साथ ही ईश्वर को भी कोस रहा है। दरअसल शिवहर में मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया जिससे घटनास्थल पर ही बाइक सवार की मौत हो गयी। यह घटना तरियानी थाना क्षेत्र के सलेमपुर चौक की है। इस घटना से मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। पत्नी और घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस युवक की मौत हुई है वही दुल्हन का जीवन साथी था जिसकी शादी के 7 फेरे लेने के मात्र 7 दिन ही पूरे हुए थे। मृत युवक की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के मोतनाजे निवासी बिकाऊ सहनी के दामाद चंदन के रूप में हुई है। जो तरियानी थाना क्षेत्र के वृंदावन सपत्तोली निवासी लालजी सहनी का बेटा था। चंदन की शादी जगदीशपुर कोठिया में एक सप्ताह पहले हुई थी। वह अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए बाइक से ससुराल आ रहा था। तभी मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने बाइक को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची तरियानी थाने की पुलिस ने ट्रैक्टर और बाइक को जब्त कर लिया है। जबकि ट्रैक्टर का ड्राइवर घटना के बाद फरार हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझा कर जाम खत्म कराया। बताया गया है कि ट्रैक्टर अवैध खनन में लगा हुआ था। ट्रैक्टर पर मिट्टी लदी थी। ट्रेक्टर ने उस दुल्हन के सुहाग को उजाड़ दिया। जिसकी शादी मात्र 7 दिन पहले हुई थी और उसकी मेहंदी के रंग भी फीके नहीं हुए थे। लोगों का कहना है कि दुल्हन भी सोच रही होगी कि विधाता ने न जाने किस गलती की उसे सजा दी है।
सड़क दुर्घटना रोकने के लिए इस मशहूर डायलॉग का लिया सहारा
8 Jun, 2024 05:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। आपने कई बार इंटरनेड मीडिया पर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के एक डायलाग को बार-बार सुना होगा। इस डायलाग पर काफी मीम भी बनाए गए हैं। इसमें राहुल गांधी को यह कहते हुए पाए गए हैं कि खत्म, टाटा, बाय-बाय। राहुल गांधी ने किसी सभा के दौरान यह शब्द बोले थे।जिस पर सोशल मीडिया इंफ्लूयेंसर ने काफी मीम बनाए। अब इसी का उपयोग धनबाद पुलिस जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कर रही है। हालांकि इस उपयोग धनबाद पुलिस अपने इंटरनेड मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से कर रही है।
धनबाद पुलिस के इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म के एक पेज पर इन शब्दों का उपयोग किया गया है। जिसमें बताया गया है कि वाहन चलाते समय अगर आपके अंदर ओवरस्पीड अथवा रोड रेसिंग को लेकर ईगो आता है तो महज छह सेकेंड में ही आपका काम खत्म हो सकता है। ओवरस्पीड और सड़क पर रेसिंग के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर धनबाद पुलिस थोड़ी सख्त हुई है।
धनबाद जिले में सड़क दुर्घटनाओं की बात करें तो पुलिस के अनुसार प्रत्येक महीने 20 से 25 लोगों की मौत इसमें होती है। वहीं 30 से अधिक लोग हर माह घायल होते हैं। हाल के दिनों में दो ऐसी सड़क दुर्घटनाएं घटी हैं जो लोगों के जेहन में अब भी हैं। पहली घटना बरटांड से मेमको मोड़ सड़क पर रात में हुई थी।जिसमें एक काले रंग की तेज रफ्तार वाहन ने डिवाइडर को छलांग लगाते हुए बाहक से जा रहे इंजीनियर राणा दास और उनकी पत्नी मानसी दास को कूचल दिया था। इसमें दोनों की मौत हो गई। जबकि इनका 12 साल का बेटा गंभीर रूप से जख्मी हुआ।
बिहार के कई जिलों में लू का यलो अलर्ट, इन 10 जिलों में तेज आंधी-बारिश के आसार
8 Jun, 2024 12:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर सामने आ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के उत्तरी भाग के 10 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश के आसार हैं। किसानों और नाविकों को खुले में जाने से बचने की सलाह दी गई है। वहीं, इस बारिश से लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इन 10 जिलों में बारिश के आसार
पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा जिला, सुपौल, सहरसा, खगड़िया और बेगूसराय में बारिश के आसार हैं। किसानों और आम लोगों में खुले में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
राजधानी पटना में इस सीजन का सर्वाधिक तापमान दर्ज
राजधानी पटना में इस सीजन का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, 43.8 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। शनिवार को राजधानी व आसपास इलाकों में गर्म हवा के प्रवाह से लोगों को बुरा हाल रहा। दक्षिणी भागों में तापमान के उतार-चढ़ाव के साथ शुष्क पछुआ हवा के कारण उमस भरी गर्मी का प्रभाव बना हुआ है।
उत्तरी भागों में बंगाल की खाड़ी से आनी वाली नमीयुक्त पुरवा के कारण आर्द्रता में वृद्धि होने से मौसम दक्षिणी भागों की तुलना में सामान्य बना हुआ है। इन जगहों पर छिटपुट वर्षा से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है।
इन जिलों में कम रहेगा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज जिलों को छोड़ कर पटना सहित सभी जिलों में गर्म दिन रहने की संभावना है। दक्षिणी भागों के एक या दो स्थानों पर लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
सात दिनों के दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव राजधानी समेत प्रदेश के अधिसंख्य भागों के अधिकतम तापमान में सात दिनों के दौरान काफी अंतर आया है। पटना व वैशाली के अधिकतम तापमान में छह डिग्री, बेगूसराय में पांच डिग्री, भागलपुर में 4.6 डिग्री, बांका में सात डिग्री समेत अन्य जिलों के तापमान में वृद्धि हुई है।
जेल में बंद चीन के नागरिक ने की आत्महत्या की कोशिश
8 Jun, 2024 12:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुजफ्फरपुर में दो दिन पहले बिना वीजा के पकड़े गए चीनी नागरिक ली जियाकी ने शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में ही सुसाइड की कोशिश की. उसने चश्मे के शीशे से अपने प्राइवेट पार्ट को चीड़ने की कोशिश कर खुदकुशी का प्रयास किया. जिससे काफी खून बहने की वजह से बेहोश हो गया, फिलहाल उसे पुलिस अभिरक्षा में SKMCH में भर्ती कराया गया हैं. जेल प्रशासन का मानना हैं कि ली जियाकी ने आत्महत्या की कोशिश की है.
मामले को लेकर जेल प्रशासन ने अस्पताल वार्ड में साथी बंदियों से पूछताछ की तो पता चला कि चीनी नागरिक ने अपने चश्मे के शीशे को तोड़कर प्राइवेट पार्ट को काटने का प्रयास किया. जिससे शौचालय में ही वह बेहोश हो गया. बंधिया ने बताया कि उसकी भाषा स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी या जेल के दूसरे बंदी नहीं समझ पा रहे थे, उसने शाम में दही चुरा खाया था और फिर सो गया था. बीच में वह कभी-कभी खूब रोता भी था. उसके बाद शौचालय में जाकर उसने आत्महत्या की कोशिश की. घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
आपको बता दें कि बुधवार की देर शाम मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चौक के पास पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था, उसके पास भारत का वीजा नहीं था, हालांकि चीन का पासपोर्ट था. ली जियाकी नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश किया था, नेपाल के बीरगंज से बस के जरिए मुजफ्फरपुर के बैरिया बस स्टैंड पहुंचा था. जहां से कुछ दूरी के बाद लक्ष्मी चौक के निकट उसे पुलिस ने पकड़ लिया.
अरविंद सिंह चंदेल होंगे पटना हाई कोर्ट के न्यायाधीश
8 Jun, 2024 12:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
न्यायमूर्ति अरविंद सिंह चंदेल ने शनिवार (8 जून) को पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली. बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने यहां राजभवन में आयोजित एक समारोह के दौरान न्यायमूर्ति चंदेल को शपथ दिलाई. इस मौके पर कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे.
29 मई को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से हुआ था स्थानांतरित
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा जारी एक अधिसूचना के तहत न्यायमूर्ति चंदेल को 29 मई को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से पटना उच्च न्यायालय स्थानांतरित किया गया था. अरविंद सिंह चंदेल का जन्म एक सितंबर 1963 को बिलासपुर में हुआ है. उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से बीए करने के बाद गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी से एलएलबी की डिग्री ली है. एक सितंबर, 1963 को बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में पैदा हुए न्यायमूर्ति चंदेल ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से बीए की डिग्री और गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की थी.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अधीनस्थ अदालतों में विभिन्न पदों पर किया कार्य
उन्होंने 26 अगस्त, 1987 को मध्य प्रदेश के शहडोल व्यवहार न्यायालय में सिविल जज के रूप में कार्यभार संभाला था. इसके बाद, न्यायमूर्ति चंदेल ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अधीनस्थ अदालतों में विभिन्न पदों पर कार्य किया. उन्होंने 27 जून, 2017 को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ ली और दो सितंबर 2019 को स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली.
झारखंड में मानसून को लेकर आया नया अपडेट; अलर्ट जारी
8 Jun, 2024 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी समेत राज्यभर में गर्मी से लोगों को अभी राहत नहीं मिलने वाली हैं। राज्यभर में हीटवेव जारी रहेगा। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रिकार्ड किया गया है। वहीं पिछले साल जहां 19 जून को मानसून झारखंड में सक्रिय हुआ था, इस साल 15 से 16 जून तक पहुंचने का अनुमान है।
जबकि, 11 से 13 जून तक प्री-मानसून वर्षा होने का अनुमान है। राजधानी समेत राज्यभर में अब भी 80 प्रतिशत किसान खेती के लिए मानसून पर निर्भर है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस साल अच्छी वर्षा की उम्मीद है। जुलाई में अच्छी वर्षा होने की संभावना है। इसलिए किसान जुलाई में बिचड़ा व रोपनी का काम करें। इस वक्त खेतों में पानी भरा हुआ रहेगा। जिससे फसल जोतने से लेकर रोपनी करने तक का काम आसानी से किया जा सकेगा।
पेड़ों की कटाई गर्मी का मुख्य कारण
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में विकास के नाम पर तेजी से पेड़ों की कटाई जारी है। पेड़ों के महत्व को लोग नहीं समझ रहे है। पेड़ों की अंधाधुंध कटाई गर्मी का मुख्य कारण है। पहले से अब रांची का वातावरण बदल चुका है। अब पहले जैसा रांची नहीं रह गया है। जितने पेड़ काटे गए है, उनका 50 प्रतिशत पेड़ भी शहर में नहीं दिखाई पड़ते हैं। पर्यावरण के प्रति सभी को सजग होना होगा।
क्या कहते है किसान
अधिकांश किसान आज भी वर्षा पर ही निर्भर है। वहीं बादलों की मौजूदगी व हवा के बीच जनजीवन उमसभरी गर्मी से जूझ रहा है। वर्षा के इंतजार में जून माह के पहला सप्ताह तक धान की फसलों की बीज डालने की रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। खेतों को तैयार कर किसान अब सतत बारिश का इंतजार कर रहे है।
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी पड़ने एवं वर्षा नहीं होने के कारण खेतों में बीज डालने काम ठप पड़ा है। किसान अभी भी धान का बिचड़े डालने के लिए खेत तैयार नहीं कर पाए हैं। अगर वर्षा होती तो किसान खेत तैयार कर बीज डाल चुके होते।
वर्षा में विलंब होने से इस वर्ष भी धान की खेती पिछड़ने के आसार दिख रहा है। किसानों को वर्षा का इंतजार कर रहे हैं। साथ ही बीज खरीदने के लिए वर्षा का राह ताक रहे है। जल्दी वर्षा होती तो अच्छी खेती होने की संभावना है। पिछले साल अंतिम समय पर अच्छी वर्षा हुई थी।
जब तक वर्षा से खेत भर नहीं जाता है। तब तक बीज खरीदने का सवाल ही नहीं उठता है। इनका कहना है कि खेत में लगे सब्जी के पटवन के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। वर्षा होने के बाद ही खेत तैयार की जाएगी।
जमीन घोटाले मामले में पूर्व सीएम हेमंत सोरेन पर एक्शन तेज
8 Jun, 2024 12:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमीन घोटाला मामले में मनी लांड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी ने रांची स्थित पीएमएल की विशेष अदालत में झामुमो नेता अंतु तिर्की सहित दस आरोपितों के विरुद्ध शुक्रवार को चार्जशीट दाखिल की है। ईडी ने कोर्ट में बताया है कि सभी आरोपितों ने आपसी मिलीभगत से जमीन के मूल दस्तावेज में हेराफेरी कर प्रतिबंधित श्रेणी की जमीन को प्रतिबंध मुक्त किया। इसके बदले में भारी मात्रा में रुपयों के भी लेन-देन किया।
ईडी ने रांची के सदर थाने में एक जून 2023 को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर अपने यहां दर्ज ईसीआइआर में यह चार्जशीट की है। इसी ईसीआइआर में अनुसंधान के क्रम में ईडी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बड़गाईं अंचल के तत्कालीन राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद को गिरफ्तार किया था।
ईडी ने चार्जशीट में इसका जिक्र किया है और कोर्ट में बताया है कि गत वर्ष 13 अप्रैल 2023 को एक आरोपित सद्दाम हुसैन के ठिकाने से 1940 का डीड नंबर 3985 बरामद हुआ था। यह डीड 6.34 एकड़ जमीन के लिए तैयार हुआ था, जिसमें खाता नंबर 234 के कई प्लॉट शामिल हैं। इनमें प्लॉट नंबर 989 की 84 डिसमिल जमीन व प्लाट नंबर 996 की 32 डिसमिल जमीन भी शामिल हैं।
दोनों ही प्लॉट हेमंत सोरेन के कब्जे वाली जमीन का हिस्सा
दोनों ही प्लाट की उक्त जमीन भी हेमंत सोरेन के कब्जे वाली 8.86 एकड़ जमीन का हिस्सा है। ईडी ने जांच में यह भी पाया है कि 1940 की उक्त डीड की सभी 6.34 एकड़ जमीन भुइहरी प्रकृति की है, जिसकी खरीद-बिक्री नहीं की जा सकती है। इसके बावजूद उसपर अवैध रूप से कब्जा किया गया व उसे बेचा गया।
उक्त जमीन पर हेमंत सोरेन, सद्दाम हुसैन, अफसर अली, प्रियरंजन सहाय, अंतु तिर्की व अन्य ने गलत तरीके से कब्जा किया। ईडी ने सद्दाम की डायरी को भी सबूत के तौर पर चार्जशीट में लगाया है, जिसमें उसके व अंतु तिर्की के बीच रुपयों के लेन-देन हुए हैं।
कोलकाता के रजिस्ट्रार आफ एश्योरेंस में डीड सर्चर तापस घोष डीड की मूल कापी जालसाजों को मुहैया कराता था। इसके बदले में उसके बैंक खाते में जालसाजों ने 21.43 लाख रुपये भी डाला था। हजारीबाग का डीड राइटर इरशाद भी फर्जी डीड बनाता था, जिसके एवज में रुपये लिए।
इनके दाखिल की गई है चार्जशीट
झामुमो नेता बरियातू के तेतरटोली निवासी आनंद तिर्की उर्फ अंतु तिर्की, बरियातू के मिल्लत कालोनी निवासी अफसर अली उर्फ अफ्सू खान, टैगोर हिल रोड मोरहाबादी के सत्येंदु अपार्टमेंट निवासी विपिन सिंह, बैंक कालोनी कोकर निवासी प्रियरंजन सहाय, बरियातू के मिल्लत कालोनी निवासी इरशाद अख्तर, बरियातू निवासी मोहम्मद सद्दाम हुसैन, पश्चिम बंगाल के मधुरपुर हुगली निवासी रजिस्ट्रार आफ एश्योरेंस कोलकाता का डीड सर्चर तापस घोष, नार्थ रजिस्ट्री आफिस कोलकाता निवासी संजीत कुमार व हजारीबाग के मंडई कलान रिफार्मेटरी स्कूल निवासी डीड राइटर मोहम्मद इरशाद व सरकारी कर्मी मनोज कुमार यादव।
फर्जी डीड के लिए इरशाद ने उपलब्ध कराया था ब्लैंक पेपर
ईडी ने कोर्ट में बताया है कि बरियातू के मोहम्मद इरशाद ने फर्जी डीड तैयार करने के लिए कोलकाता के रजिस्ट्रार आफ एश्योरेंस का ब्लैंक पेपर उपलब्ध कराया था। इसी ब्लैंक पेपर पर जालसाज अफसर अली व सद्दाम ने हेराफेरी की थी। आरोपितों ने चेशायर होम रोड की 4.83 एकड़ सीएनटी एक्ट की जमीन को भी फर्जी डीड से जेनरल बना दिया था।
बिहार में सुबह 6:30 बजे खुलेंगे सरकारी स्कूल
7 Jun, 2024 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना । बिहार में एक बार फिर स्कूलों का टाइम टेबल बदल गया है। 10 से 30 जून तक सभी सरकारी स्कूल सुबह 6:30 से 12:10 बजे तक खुलेंगे। इसका शेड्यूल भी जारी किया गया है। इसी के साथ अवकाश में गए केके पाठक के फैसले पलटने का काम शुरु है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक की ओर से जारी लेटर के मुताबिक शिक्षकों को सुबह 6:30 बजे स्कूल पहुंचना होगा। साढ़े 6 से 6:45 बजे तक प्रार्थना होगी। 7:20 बजे तक पहली कक्षा, 7:20 से 7:55 तक दूसरी कक्षा, 7:55 से 8:30 तक तीसरी कक्षा, 08:30 से 09:05 तक चौथी कक्षा, 9:05 से 09:40 तक पांचवीं कक्षा और 9:40 से 10:15 बजे तक छठी व सुबह 10:15 से 10:50 तक 7वीं कक्षा संचालित की जाएगी। इसके बाद 11:30 तक मिशन दक्ष की क्लासेज होगी। वर्ग 3-8 तक के विद्यार्थियों के लिए मिशन दक्ष के अंतर्गत कक्षा संचालित होगी। कक्षा 9-12 तक के विद्यार्थियों के लिए नियमित कक्षा का संचालन भी होगा। जो बच्चे मिशन दक्ष से आच्छादित नहीं हैं उनके लिए खेलकूद, पेंटिंग एवं अन्य सृजनात्मक गतिविधियां होंगी। जबकि सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:10 मिनट तक कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों के लिए मध्यान भोजन का समय रहेगा।
हीट वेव से किसान हो रहे परेशान, केले की फसल को हो रहा नुकसान
7 Jun, 2024 05:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के हाजीपुर और कोसी क्षेत्र की पहचान केले के उत्पादक के रूप में होती है. इन इलाकों में लंबी और बौनी दोनों प्रजातियों के केले की खेती की जाती है. हाल के वर्षों में हीट वेव और भीषण गर्मी ने केले की फसल को नुकसान पहुंचाता है. वैज्ञानिकों का भी मानना है कि कई वर्षों से हीट वेव (लू) की साल दर साल बढ़ती आवृत्ति और तीव्रता, विशेष रूप से 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर का तापमान, केले की खेती के लिए महत्वपूर्ण खतरा पैदा कर रहा है.
वैज्ञानिकों का कहना है कि अत्यधिक तापमान केले की वृद्धि और विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है. डॉ राजेंद्र प्रसाद सेंट्रल एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी, पूसा, समस्तीपुर के विभागाध्यक्ष और अखिल भारतीय फल अनुसंधान परियोजना के प्रधान अन्वेषक प्रोफेसर डॉ. एस के सिंह ने बताया कि उच्च तापमान केले में फूल और फल लगने के लिए आवश्यक हार्मोनल संतुलन को बाधित करता है. वे कहते हैं कि फूल को बढ़ावा देने वाले हार्मोन, गर्मी के तनाव से नकारात्मक रूप से प्रभावित हो जाते हैं, जिससे पुष्पक्रम का खराब विकास होता है. इसके अलावा, फूल लगने की महत्वपूर्ण अवधि के दौरान गर्मी के चलते असामान्य फूल होंगे जिससे कम फल लग सकते हैं.
कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में केले की खेती 42.92 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में होती है, जिससे कुल 1968.21 हजार टन उत्पादन होता है. बिहार की उत्पादकता 45.86 टन प्रति हेक्टेयर है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर केला 924 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में उगाया जाता है, जिससे कुल 33,062 टन उत्पादन प्राप्त होता है.
बताया जाता है कि इसकी खेती के लिए आवश्यक है कि तापक्रम 13 से 40 डिग्री के बीच हो. सर्दी में न्यूनतम तापमान जब 10 से डिग्री नीचे जाता है तब केला के पौधे के अंदर द्रव का प्रवाह रुक जाता है, जिससे केला के पौधे का विकास रुक जाता है और कई तरह के विकार दिखाई देने लगते हैं. सिंह बताते हैं कि हीट वेव से केले के पकने की प्रक्रिया तेज हो जाती है, जिससे समय से पहले फल पक जाते हैं और फलों की 'शेल्फ लाइफ' कम हो जाती है.
उच्च तापमान पर श्वसन दर में वृद्धि के कारण स्टॉक शर्करा में तेजी से कमी आ जाती है, जिसर्च से फल अधिक पके और अक्सर फट जाते हैं. किसान भी मानते है कि हीट वेव से केले की फसल प्रभावित हुई है. इधर, वैज्ञानिकों का मानना है कि सिंचाई के जरिए मिट्टी की नमी के स्तर को बनाए रखा जा सकता है.
कई इलाकों में झुलसाएगी गर्मी; बिहार के इन आठ जिलों में तेज हवा बारिश के आसार
7 Jun, 2024 12:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के कई स्थानों पर पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्य स्तर की वर्षा दर्ज की गई। बताते चले की मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तरी भाग के कुछ स्थानों में हल्की से मध्य स्तर की जबकि दक्षिण भाग के एक दो स्थानों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। इसके साथ ही मौसम विभाग ने राज्य के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज जिलों के एक दो स्थानों में तेज हवा, मेघ गर्जन के साथ बारिश के आसार हैं। इसके अलावा राज्य के दक्षिण भाग के जहानाबाद, गया जिला के एक दो स्थानों पर गर्म एवं आर्द्र दिन होने की संभावना बताई गई है।
पटना समेत इन जिलों में पड़ेगी गर्मी
मौसम विभाग का मानना है कि राज्य के दक्षिण पश्चिम बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल जिले का तापमान 40 से 42 डिग्री रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रहने की बात बताई गई है। ठीक उसी प्रकार दक्षिण मध्य के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री रहने के बाद बताई गई है। वहीं उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य, उत्तर पूर्व एवं दक्षिण पूर्व भाग में अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री रहने की बात बताई गई है।
औरंगाबाद में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ी
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के औरंगाबाद में अधिकतम तापमान 43.01 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान मोतिहारी में 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। मौसम विभाग ने जिन जिलों में 40 डिग्री से अधिक तापमान 24 घंटे के दौरान दर्ज की गई,वह जिले इस प्रकार हैं। डेहरी 40.4 डिग्री सेल्सियस, बक्सर 40.01 डिग्री, भोजपुर 40.8 डिग्री, वैशाली 41.01 डिग्री, औरंगाबाद 40.9 डिग्री, अरवल 40.5 डिग्री और बिक्रमगंज 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पटना 38.4 डिग्री, गया 41.2 डिग्री, भागलपुर 37.4 डिग्री, पूर्णिया 34.7 डिग्री, बाल्मीकि नगर 36.0 डिग्री, मुजफ्फरपुर 34.8 डिग्री, छपरा 37.6 डिग्री, दरभंगा 33.4 डिग्री, सुपौल 34.2 डिग्री, फारबिसगंज 35.02 डिग्री, मधुबनी 32.9 डिग्री, मोतिहारी 37.01 डिग्री, शेखपुरा 39.4 डिग्री, गोपालगंज 40.02 डिग्री, जमुई 39.4 डिग्री, बक्सर 42.8 डिग्री, भोजपुर 41.7 डिग्री, वैशाली 39.4 डिग्री, औरंगाबाद 43.01 डिग्री, बेगूसराय 35.5 डिग्री, बांका 38.4 डिग्री, कटिहार 34.01 डिग्री, नवादा 41.3 डिग्री, हरनौत 40.01 डिग्री, अररिया 34.4 डिग्री, जीरादेई 40.02 डिग्री, पूसा 34.5 डिग्री, किशनगंज 32.5 डिग्री, अरवल 42.01 डिग्री, बिक्रमगंज 42.01 डिग्री और मुंगेर 39.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अररिया में सबसे अधिक बारिश हुई
24 घंटे के दौरान बिहार राज्य के उत्तरी भागों में एक दो जगह हल्के से मध्यम वर्षा हुई। अररिया 35.5 एमएम, सुपौल 23.8 एमएम, फारबिसगंज 23.4 एमएम, कटिहार 23.0 एमएम एवं मोतिहारी 16.1 एमएम वर्षा हुई। दिन का तापमान बिहार के दक्षिण मध्य एवं पश्चिमी भाग में अपने सामान से दो से तीन डिग्री सेंटीग्रेड अधिक यानी 40 डिग्री से ऊपर रहा। शेष भाग में 40 डिग्री सेंटीग्रेड से नीचे रहा। बिहार के इन दोनों भागों में उष्ण और उमस गर्मी बनी रही और आगे भी बनी रहेगी। दक्षिण पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा का पूर्वी भाग आज भी उप हिमालय पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर पर आकर रुका हुआ है। समुद्र तल से नौ किलोमीटर ऊपर एक पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर चक्रवर्ती संरक्षण झारखंड होते हुए अब पश्चिम बंगाल तक जा रही है। अभी बिहार में दो तरह से हवा आ रही है। उत्तरी बिहार में नमीयुक्त बंगाल की खाड़ी से आ रही है एवं दक्षिण बिहार में पश्चिमी हवा आ रही है। इसके परिणाम स्वरूप के अगले 24 से 48 घंटों के दौरान उत्तरी बिहार में तराई वाले जिलों में मेघ गर्जन तेज हवा 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हल्की से मध्यम वर्षा होगी। दक्षिण बिहार में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। एक दो जगह पर शाम या सुबह के समय तेज हवा के साथ धूल भरी आंधी चलने का पूर्वानुमान है।
विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी; रेलवे ने छात्रों की सुविधा के लिए शुरू की परीक्षा स्पेशल ट्रेन
7 Jun, 2024 12:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची से पटना जाने वाले विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी है. अब रांची, कोडरमा, गोमो और बोकारो के विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए पटना जाने में आसानी होगी. उनके लिए एक विशेष ट्रेन चलाई जा रही है. ट्रेन संख्या 08639/08640 रांची-पटना-रांची परीक्षा स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा.
रांची रेल मंडल के वरिष्ठ डीसीएम निशांत कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए यह स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. ट्रेन संख्या 08639 रांची-पटना परीक्षा स्पेशल ट्रेन 8 जून 2024 शनिवार को एक ट्रिप के लिए रांची से पटना जाएगी. यह ट्रेन रांची से दोपहर 2:10 बजे प्रस्थान करेगी और पटना रात 11:00 बजे पहुंचेगी. यह ट्रेन बीच में मूरी, बोकारो स्टील सिटी, गोमो, कोडरमा और गया स्टेशनों पर रुकेगी. इसके बाद ट्रेन संख्या 08640 पटना-रांची परीक्षा स्पेशल ट्रेन 9 जून 2024, रविवार को पटना से रांची के लिए चलेगी. यह ट्रेन रात 9:00 बजे पटना से प्रस्थान करेगी और अगली सुबह 5:30 बजे रांची पहुंचेगी. यह ट्रेन पटना से रांची के बीच गया, कोडरमा, गोमो, बोकारो स्टील सिटी और मूरी स्टेशनों पर रुकेगी.
साथ ही उन्होंने बताया कि इन स्पेशल ट्रेनों में विद्यार्थियों के आराम के लिए कुल 13 कोच होंगे. इनमें 01 एसएलआरडी कोच, 01 जनरेटर यान, 05 सामान्य श्रेणी के कोच, 04 द्वितीय श्रेणी स्लीपर के कोच, 01 वातानुकूलित 3-टियर कोच और 01 वातानुकूलित प्रथम श्रेणी सह वातानुकूलित 2-टियर का संयुक्त कोच शामिल हैं. इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से रांची, कोडरमा, गोमो और बोकारो के विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी. परीक्षा के लिए उन्हें अब यात्रा में परेशानी नहीं होगी और वे आसानी से पटना पहुंच सकेंगे. इस प्रकार इस विशेष ट्रेन सेवा से विद्यार्थियों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और समय पर हो सकेगी.
झारखंड में मानसून को लेकर मौसम विभाग ने दिया नया अपडेट
7 Jun, 2024 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में मौसम ने अंगड़ाई लेना शुरू कर दिया है। कभी तल्ख तो कभी आसमान में बादल छाने लगे हैं। इससे मानसून की आहट लगने लगी है। लेकिन मानसून इस बार झारखंड में देरी से दस्तक देने वाला है, क्योंकि केरल में ही मानसून 6 जून को प्रवेश किया है। केरल के मानसून का असर झारखंड पर भी दिखेगा और यहां भी देरी से मानसून प्रवेश करेगा।
झारखंड में 15 जून तक मानसून करेगा प्रवेश
इस बार संथाल के रास्ते झारखंड में मानसून पहुंचने वाला है। झारखंड में भी पांच दिनों की देरी से मानसून 15 जून तक प्रवेश करेगा। इसका असर किसानी पर भी पड़ेगा। देरी से मानसून आने के चलते वर्षा सामान्य से कम होने की संभावना होती है।
2023 में भी 18-20 जून को मानसून ने दी थी दस्तक
पिछले वर्ष भी मानसून पांच दिनों की देरी से 18 से 20 जून तक झारखंड में प्रवेश किया था जबकि वर्ष 2022 को छह दिनों की देरी से मानसून ने झारखंड में प्रवेश किया था जबकि झारखंड में 12 जून को मानसून प्रवेश की बात कही जा रही थी। मौसम विज्ञानी इस लेटलतीफी का बड़ा कारण मौसम परिवर्तन को बता रहे हैं। वहीं सात जून को राज्य के उत्तर पूर्वी, दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के अलावे निकटवर्ती मध्य भाग में कहीं कहीं हीटवेव का असर देखने को मिलेगा।
मध्य व उत्तर पश्चिमी हिस्सों में देश के पश्चिमी हिस्से से आ रही गर्म हवाओं ने क्लाउड बैंड के असर को कम कर दिया है। इन हिस्सों में लगातार सिमट रही हरियाली के कारण जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से जूझना पड़ रहा है।
लगातार कम हरियाली के कारण बारिश नहीं हो पा रही
वहीं क्लाउड बैंड बनने के बाद भी इन क्षेत्रों में लगातार कम हो रही हरियाली के कारण वर्षा नहीं हो पा रही है। पिछले दस दिनों से राजधानी समेत पूरे राज्य के तापमान में दो-तीन डिग्री का उतार चढ़ाव का दौर लगातार बना हुआ है। देरी हुई तो किसानी होगी प्रभावित : राज्य में जब भी मानसून देरी से आया है, यहां सामान्य से कम वर्षा हुई है और इसका सीधा असर किसानी पर पड़ा है। दरअसल राज्य में मानसून में 1022.9 मिमी वर्षा को सामान्य माना जाता है।
झारखंड में 7 साल से देरी से पहुंच रहा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र के पिछले नौ साल के आंकड़ों को देखें तो सात वर्ष यहां मानसून देरी से पहुंचा है जबकि 2016 व 2021 को छोड़ दें तो हरेक बार सामान्य से कम वर्षा हुई है। 2018 में मानसून सबसे ज्यादा देरी से 25 जून को झारखंड में पहुंचा था और उस बार सबसे कम 784.4 मिमी वर्षा हुई थी। इस बार भी मानसून के तीन दिनों की देरी से आने की संभावना है। ऐसे में किसानों की परेशानी बढ़ सकती है। वर्ष 2022 और 2023 में 18 से 20 जून तक मानसून ने झारखंड में प्रवेश किया था।
होटल के बंद कमरे में फंदे से लटका मिला व्यापारी का शव
7 Jun, 2024 12:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के मुजफ्फरपुर में देर शाम एक होटल के बंद कमरे में पंखे से लटकता हुआ एक व्यापारी का शव मिला है. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का सामने आ रहा है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना के बाद मौके पर सदर थाने की पुलिस पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू करते हुए एफएसएल की टीम को सूचना दिया. इसके बाद जिस कमरे में घटना हुई, उस कमरे को पुलिस ने सील कर दिया है.
मृतक व्यापारी हाजीपुर का रहने वाला बताया जा रहा है और उसका नाम मोहम्मद अशरफ अली बताया जा रहा है, जो अक्सर मुजफ्फरपुर व्यापार के लिए आता था और उसी होटल में रुकता था. दरअसल, पूरा मामला सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर चौक स्थित एक आवासीय होटल का है. बताया जा रहा है कि हाजीपुर का व्यापारी मोहम्मद अशरफ अली कल शाम को भगवानपुर चौक स्थित आवासीय होटल में कमरा नंबर 303 को बुक कराया था और कल दोपहर से ही वह यहां रुका हुआ था. उसके बाद आज सुबह में होटल का स्टाफ चेकिंग में गया तो कमरा बंद पाया. उसके बाद होटल स्टाफ वापस लौट गया, फिर जब उस व्यापारी के कमरे का लाइट जलाने होटल स्टाफ पहुंचा तो कैमरा बंद पाया.
उसके बाद उसने कमरे को खुलवाने का प्रयास किया, जब कमरा नहीं खुला तो उसने झटके से कमरे का दरवाजा को खोला तो देखा कि उस व्यापारी का शव पंखे से लटका हुआ है. होटल के मैनेजर ने बताया कि हाजीपुर के रहने वाले व्यापारी मोहम्मद अशरफ अली कल दोपहर में आकर इस होटल में रुके और आज जब देर शाम रूम की लाइट जलाने गया तो रूम बंद पाया. उसके बाद उसने रूम को झटके से खोला तो देखा कि रूम में पंखे से लटकता हुआ व्यापारी का डेड बॉडी है. उसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी.
होटल मैनेजर ने बताया कि अक्सर वह व्यापारी मुजफ्फरपुर व्यापार के सिलसिले में आता था और उसी होटल में रुकता था. जिस दिन प्रधानमंत्री की सभा हुई थी, उस दिन भी मुजफ्फरपुर आया था और रुका था. इस दौरान प्रधानमंत्री की सुरक्षा के दृष्टिकोण से होटल जांच के दौरान पुलिस उसका फोटो भी खींचा था.
पूरे मामले पर एसडीपीओ विनीता कुमारी ने बताया कि एक सूचना मिली थी कि होटल के कमरे में एक व्यक्ति का डेड बॉडी पड़ा हुआ है. उसके बाद मामले की जांच की गई तो प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. इसके साथ ही FSL की टीम को भी सूचना दी गई है. ताकि जो भी साक्ष हो उसको कलेक्ट कर आगे की जांच की जाएगी.
स्थानीय विधायक ने बढ़ाया सियासी पारा
7 Jun, 2024 12:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांग्रेस पार्टी के भीतर लोहरदगा में गुटबाजी की चर्चा हमेशा होती आई है। इस गुटबाजी की अटकलों को तब और बल मिल गया जब गुरुवार को कांग्रेस के नवनिर्वाचित सांसद सुखदेव भगत के आभार यात्रा में स्थानीय विधायक सह झारखंड सरकार के मंत्री डा. रामेश्वर उरांव क्षेत्र में होने के बावजूद भी शामिल नहीं हुए!
नवनिर्वाचित सांसद की आभार यात्रा में शामिल नहीं हुए स्थानीय विधायक
नवनिर्वाचित सांसद सुखदेव भगत द्वारा लोहरदगा कांग्रेस मुख्यालय से निकाली गई आभार यात्रा के दौरान विधायक सह मंत्री की अनुपस्थिति ने इन अटकलों पर एक तरह से मुहर ही लगा दी। हालांकि लोकसभा चुनाव अभियान के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बेरुखी और असहयोगात्मक रवैया की चर्चा भी खूब हो रही थी, लेकिन तब कोई खुलकर कुछ भी नहीं बोल रहा था।
भीतर घात होने की संभावना
चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता पूरी तरह से मुखर हो गए हैं। जिसकी बानगी कांग्रेस के व्हाट्सप्प ग्रुप में देखने को मिल रहा है, जहां भीतर घात करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। कांग्रेसी कार्यकर्ता दो गुटों में पहले से ही बंटे हुए दिख रहे हैं।
ऐसे में लोहरदगा के स्थानीय विधायक सह मंत्री के क्षेत्र में होने के बाद भी आभार यात्रा से दूरी बनाकर रखने पर पार्टी के भीतर दरार की बातों को और भी पुख्ता कर दिया है। इससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
आभार यात्रा के लिए नवनिर्वाचित सांसद सुखदेव भगत एवं उनके समर्थक ने आमंत्रण भी दिया, मीडिया में खबरें भी छपी पर यह आमंत्रण विधायक सह मंत्री को मिला या नहीं यह पुष्ट नहीं है। बावजूद विधायक को क्षेत्र में होने के बाद आभार यात्रा में होने की बात को कांग्रेसी ही स्वाभाविक बता रहे हैं, लेकिन उनकी अनुपस्थिति ने कई सवालों को खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि कांग्रेस के भीतर ऐसी घटनाएं पार्टी की एकता के लिए गंभीर संकेत हो सकती हैं।
पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा
चर्चा यह भी है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच इस तरह की घटनाएं दर्शाती हैं कि पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। यह भविष्य में पार्टी की चुनावी संभावनाओं पर भी असर डाल सकता है। झारखंड कांग्रेस के भीतर गुटबाजी संगठन के भविष्य के लिए एक गंभीर चुनौती हो सकती हैं।
विधायक सह मंत्री के आभार यात्रा से दूरी बनाने पर विवाद और बढ़ गया है। हालांकि, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इन अटकलों को खारिज किया है, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में पार्टी इस स्थिति को कैसे संभलती है।
पार्टी के भीतर दरार की आशंकाएं कांग्रेस पार्टी के भीतर गुटबाजी की आशंकाएं तब से उठ रही हैं जब से झारखंड में हाल ही में हुए चुनावों के बाद विभिन्न नेताओं के बीच खींचतान की खबरें सामने आई हैं। लोहरदगा के विधायक सह मंत्री की आभार यात्रा से दूरी ने इन आशंकाओं को और बढ़ावा दिया है।
कांग्रेस पार्टी के भीतर यह चर्चा जोरों पर है कि क्या यह अनुपस्थिति किसी आंतरिक असंतोष का संकेत है या फिर यह महज एक संयोग है।
मामले में क्या कहते हैं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष
इस बीच, कांग्रेस पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इन अटकलों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा के विधायक सह मंत्री डा. रामेश्वर उरांव की अनुपस्थिति का कारण उनके पूर्व निर्धारित कार्यक्रम होंगे। कांग्रेस पार्टी में कहीं कोई गुटबाजी नहीं है और सभी नेता एकजुट हैं। राजेश ठाकुर ने कहा कि पांच जून को रांची में आयोजित सम्मान समारोह में कांग्रेस के सभी नेताओं के साथ-साथ लोहरदगा के विधायक सह मंत्री डा. रामेश्वर उरांव ने भी सुखदेव भगत को जीत की बधाई दिए थे।