बिहार-झारखण्ड
26 जुलाई को होगी बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा
18 Jun, 2025 12:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। राज्य के नर्सिंग संस्थानों में संचालित बीएससी नर्सिंग-बेसिक एवं बीएससी नर्सिंग-पोस्ट बेसिक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित की जाएगी। इस प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए बुधवार से ऑनलाइन आवेदन भरे जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 11 जुलाई है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने इस प्रवेश परीक्षा को लेकर विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी।
इसके तहत बीएससी नर्सिंग-बेसिक परीक्षा 26 जुलाई को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 12.30 बजे तक रांची, बोकारो, धनबाद, पलामू, दुमका तथा हजारीबाग में आयोजित की जाएगी, जबकि बीएससी-पोस्ट बेसिक परीक्षा इसी दिन अपराह्न दो बजे से चार बजे तक आयोजित होगी।
अभ्यर्थी ऑनलाइन नामांकन के समय परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए परीक्षा केंद्र का चयन कर सकेंगे। नामांकन में सरकारी या गैर सरकारी अस्पतालों में ए ग्रेड नर्स के रूप में काम कर रहे अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। बीएससी नर्सिंग में पढ़ाई करने के लिए छात्रावास में रहना अनिवार्य होगा।
पोस्ट बेसिक में नामांकन के लिए नर्सिंग का पाठ्यक्रम पूरा करनेवाले तथा झारखंड नर्सिंग काउंसिल में निबंधित पुरुष नर्स भी योग्य होंगे, बशर्ते वे अन्य अर्हता भी पूरी करते हों। पर्षद द्वारा जारी अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि झारखंड के स्थानीय निवासी के नामांकन के बाद सीटें रिक्त रहने पर अन्य पात्र अभ्यर्थियों का नामांकन होगा।
एएनएम तथा जीएनएम प्रवेश परीक्षा 27 जुलाई को
झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने एएनएम तथा जीएनएम में नामांकन के लिए आयोजित होनेवाली प्रवेश परीक्षाओं का भी कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन प्रवेश परीक्षाओं के लिए भी बुधवार से आनलाइन फार्म भरे जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई निर्धारित है।
एएनएम प्रवेश परीक्षा रांची, बोकारो, धनबाद, पलामू, हजारीबाग, दुमका तथा जमशेदपुर में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। वहीं, इन्हीं शहरों में जीएनएम प्रवेश परीक्षा अपराह्न 2.30 बजे से पांच बजे तक आयोजित होगी। एएनएम दो वर्षीय तथा जीएनएम तीन वर्षीय पाठ्यक्रम है।
जमशेदपुर में भारी बारिश का कहर, स्कूल बंद
18 Jun, 2025 11:56 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर। जमशेदपुर में मानसून की दस्तक के साथ भारी बारिश ने शहर को जकड़ लिया है।
मौसम विभाग ने आज बुधवार को भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जो सुबह 8:30 बजे से गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक जारी रहेगी।
इस बीच, स्वर्णरेखा और खरकाई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे मानगो और बागबेड़ा जैसे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक गिरने और तेज हवाओं-वज्रपात की संभावना है।
खतरनाक हालात को देखते हुए लिया गया अहम फैसला
इन खतरनाक हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल आज बंद रहेंगे।
जहां कक्षा 1-8 के साथ अन्य कक्षाएं भी संचालित होती हैं, वहां भी इन कक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा, बच्चों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।
जहां कक्षा 1-8 के साथ अन्य कक्षाएं भी संचालित होती हैं, वहां भी इन कक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा, बच्चों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।
लोग नदी किनारे न जाएं और घरों में रहें। राहत-बचाव टीमें अलर्ट हैं, और कंट्रोल रूम से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
झारखंड में टीचर के बंपर पदों पर भर्ती का एलान
18 Jun, 2025 11:53 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। सरकारी टीचर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए नोटिफिकेशन जारी कर आवेदन मांगे गए हैं। जो भी उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्रता पूरी करते हैं वे आज यानी 18 जून से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 जुलाई 2025 तय की गई है। ध्यान रखें कि फॉर्म केवल ऑनलाइन ही स्वीकार होंगे, अन्य किसी भी प्रकार से एप्लीकेशन मान्य होंगे।
विषयानुसार भर्ती विवरण
माध्यमिक आचार्य राजनीति शास्त्र: 221 पद
माध्यमिक आचार्य समाज शास्त्र: 159 पद
माध्यमिक आचार्य मनोविज्ञान: 53 पद
माध्यमिक आचार्य मानव शास्त्र: 21 पद
माध्यमिक आचार्य दर्शनशास्त्र: 19 पद
माध्यमिक आचार्य गृह विज्ञान: 96 पद
माध्यमिक आचार्य भूगर्भ शास्त्र: 32 पद
माध्यमिक आचार्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं कोडिंग: 54 पद
माध्यमिक आचार्य साइबर सिक्योरिटी एवं डाटा साइंस: 54 पद
माध्यमिक आचार्य कंप्यूटर साइंस: 131 पद
एप्लॉयड इंग्लिश माध्यमिक आचार्य: 54 पद
माध्यमिक आचार्य उर्दू: 92 पद
माध्यमिक आचार्य संथाली: 83 पद
माध्यमिक आचार्य बांग्ला: 25 पद
माध्यमिक आचार्य मुंडारी: 16 पद
माध्यमिक आचार्य, हो: 26 पद
माध्यमिक आचार्य कुड़ुख: 24
माध्यमिक आचार्य कुरमाली: 10 पद
माध्यमिक आचार्य नागपुरी: 21 पद
माध्यमिक आचार्य पंचपरगनिया: 10 पद
माध्यमिक आचार्य उड़िया: 4 पद
विशेष शिक्षा आचार्य माध्यमिक: 150 पद
माध्यमिक आचार्य खोरठा: 18 पद
एप्लीकेशन प्रॉसेस एवं फीस
इस भर्ती में शामिल होने के लिए ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अभ्यर्थियों को पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। उसके बाद अन्य डिटेल भरकर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। इसके बाद वर्ग के अनुसार निर्धारित शुल्क (यदि लागू हो) जमा करना होगा। ध्यान रखें कि आवेदन फीस फॉर्म के साथ अवश्य जमा करें नहीं तो फॉर्म स्वीकार नहीं किया जायेगा।
एप्लीकेशन फीस अन्य सभी उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये तय की गई है। झारखंड के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों को शुल्क के रूप में 50 रुपये भुगतान करना होगा। 40 फीसदी से अधिक वाले दिव्यांग अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए निशुल्क आवेदन कर सकते हैं।
नोटिफिकेशन डाउनलोड करने के लिए यहां क्लिक करें।
आयु सीमा
इस भर्ती में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। अधिकतम आयु अनारक्षित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 40 वर्ष, अत्यंत पिछड़ा वर्ग एवं पिछड़ा वर्ग के लिए 42 वर्ष महिला 43 वर्ष अनुसूचित जाति 45 वर्ष एवं अनुसूचित जनजाति (पुरुष एवं महिला) के लिए वर्ष निर्धारित है।
कितना मिलेगा वेतन
इस भर्ती में चयनित होने वाले उम्मीदवारों को पे-लेवल 6 के अनुसार 35400 से लेकर 112400 रुपये मासिक वेतन प्रदान किया जायेगा। भर्ती से जुड़ी अधिक डिटेल के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन का अवलोकन कर सकते हैं सकते हैं।
सासंदों-विधायकों के खिलाफ 12 आपराधिक मामले कोर्ट में लंबित
18 Jun, 2025 11:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस रामचंद्र राव और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ में सांसद- विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामले के त्वरित निष्पादन को लेकर स्वत: संज्ञान से दर्ज जनहित याचिका पर मंगलवार को सुनवाई हुई।
सुनवाई के दौरान मामले में सीबीआइ की ओर से स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की गई। जिसमें झारखंड में सांसद-विधायकों के खिलाफ 12 लंबित आपराधिक मामलों की अद्यतन जानकारी दी गई, जिसमें कहा गया कि अलकतरा घोटाला से संबंधित बिहार के पूर्व मंत्री इलियास हुसैन के मामले में फैसला हो चुका है।
इलियास हुसैन को तीन साल की सजा हुई
इलियास हुसैन को तीन साल की सजा हुई है। एक मामले में ट्रायल अंतिम चरण में है। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए नौ जुलाई की तिथि निर्धारित की है।
पिछली सुनवाई में न्याय मित्र ने कोर्ट को बताया था कि झारखंड में सांसद-विधायकों के कई मामले में आरोप पत्र दाखिल होने के बाद आरोप गठन में छह साल लग जाते हैं। ऐसे में ट्रायल पूरा होने में कई वर्ष लग जाएंगे।
सीबीआइ की मंशा ही नहीं है कि ट्रायल जल्द पूरा हो। सीबीआइ की ओर से बताया गया था कि राज्य में सांसद-विधायकों के 12 आपराधिक मामले लंबित हैं।
इनमें रांची सिविल कोर्ट में नौ और धनबाद कोर्ट में तीन मामले शामिल हैं। पूर्व की सुनवाई में खंडपीठ ने मौखिक रूप से कहा था कि सीबीआइ जैसी संस्था गवाहों को जल्द लाने में असफल साबित हो रही है।
ट्रायल में देरी होने से गवाहों में डर का भी माहौल बना रहता है। एक मामले में सीबीआइ ने भी स्वीकार किया है कि ट्रायल में गवाहों को धमका की आशंका को देखते हुए उस गवाह की गवाही के लिए वीडियो कान्फ्रेंसिंग का भी सहारा लेना पड़ा है। ट्रायल में देरी होने से गवाहों पर भी असर पड़ता है, उनकी गवाही प्रभावित होती है।
रथयात्रा के लिए रेलवे का तोहफा, 7 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
18 Jun, 2025 11:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर। भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा को जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने 27 जून से शुरू हो रहे रथयात्रा के लिए सात स्पेशल ट्रेन की घोषणा की है जिसमें से चार ट्रेन चक्रधरपुर मंडल से होकर चलेगी। इसमें एक ट्रेन बदामपहाड़-टाटा-पुरी स्पेशल ट्रेन चलेगी।
बदामपहाड़ से पुरी के लिए स्पेशल ट्रेन 25 जून व चार जुलाई को टाटानगर होते हुए रवाना होगी। रेल प्रशासन द्वारा जारी आदेश के तहत ट्रेन नंबर 08370 बदामपहाड़ से सुबह छह बजे रवाना होगी।
जो सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर टाटानगर, 10 बजकर 23 मिनट पर झारग्राम, 11 बजकर 45 मिनट पर हिजली होते हुए रात सवा नौ बजे पुरी पहुंचेगी।
डाउन ट्रेन का टाइम टेबल
वहीं, डाउन ट्रेन 08380 पुरी-बदामपहाड़ 27 जून व छह जुलाई की रात 11 बजकर 40 मिनट पर पुरी से रवाना होगी जो दूसरे दिन की दोपहर 12 बजे टाटानगर व दोपहर तीन बजे बदामपहाड़ पहुंचेगी।
इसके अलावा बीरमित्रापुर-पुरी-बीरमित्रापुर स्पेशल 25 जून व चार जुलाई को व डान ट्रेन 26 जून व पांच जुलाई को सुबह पौने 10 बजे रवाना होगी।
08389 बड़बिल-पुरी बड़बिल स्पेशल 25 जून व चार जुलाई को बड़बिल से शाम पांच बजे रवाना होगी जो दूसरे दिन सवा चार बजे पुरी पहुंचेगी। जबकि डाउन ट्रेन 08390 स्पेशल ट्रेन 27 जून व छह जुलाई की रात नौ बजकर 40 मिनट पर पुरी से रवाना होकर सुबह 10 बड़बिल पहुंचेगी।
वहीं, 08385 राउरकेला-पुरी स्पेशल ट्रेन 25 जून व चार जुलाई की सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर राउरकेला से रवाना होकर रात सवा 11 बजे पुरी पहुंचेगी।
जबकि 08386 डाउन ट्रेन 28 जून व छह जुलाई की सुबह तीन बजे पुरी से रवाना होकर दोपहर तीन बजकर 50 मिनट पर राउरकेला स्टेशन पहुंचेगी। रेल प्रशासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
बेतिया में दो टीचरों को किया गया निलंबित
17 Jun, 2025 11:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेतिया। उच्च माध्यमिक विद्यालय केसरिया नरकटियागंज के सहायक शिक्षक दिलीप कुमार व तमन्ना राजा को फर्जी उपस्थिति दर्ज करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के लिए प्रपत्र क गठित करने का निर्देश दिया गया है। दिलीप कुमार व तमन्ना राजा के ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दैनिक उपस्थिति दर्ज करने में अनियमितता पाई गई थी।
उन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने अपनी उपस्थिति की फोटो की जगह फोटो से फोटो लेकर पोर्टल पर अपलोड किया था।
24 घंटे के भीतर मांगा गया था स्पष्टीकरण
इस पर उनसे 24 घंटे के भीतर साक्ष्य आधारित स्पष्टीकरण मांगा गया था। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नरकटियागंज ने 31 मई को विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में आरोप सही पाया गया।
रिपोर्ट में कहा गया कि दोनों शिक्षकों ने पोर्टल पर फर्जी तरीके से उपस्थिति दर्ज की। यह आचरण घोर लापरवाही, कर्तव्यहीनता,अनुशासनहीनता और उच्चाधिकारी के आदेश की अवहेलना है।
रिपोर्ट में कहा गया कि दोनों शिक्षकों ने पोर्टल पर फर्जी तरीके से उपस्थिति दर्ज की। यह आचरण घोर लापरवाही, कर्तव्यहीनता,अनुशासनहीनता और उच्चाधिकारी के आदेश की अवहेलना है।
यह शिक्षक पद की गरिमा के खिलाफ है। जिसके बाद अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग, बिहार के आदेश के आलोक में डीईओ मनीष कुमार सिंह ने शिक्षक दिलीप कुमार व तमन्ना राजा को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है।
कटरा चौक पर ट्रक-कार में भीषण टक्कर
17 Jun, 2025 11:38 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाजीपुर। हाजीपुर के चेहरा कला प्रखंड अंतर्गत कटहरा थाना क्षेत्र के कटरा चौक के निकट अनियंत्रित ट्रक और कार की टक्कर में कार सवार सात लोग घायल हो गए।
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग एवं राहगीर जुट गए। घटना की जानकारी स्थानीय थाना की पुलिस को दी गई।
स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में इलाज के लिए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआ भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। डॉक्टर इलाज के बाद गंभीर हालत देखते हुए एक बच्चा समेत चार को पीएमसीएच रेफर कर दिया। घायल बच्चा समेत सभी का हालत गंभीर बताया गया है।
घायलों की सूची
घायल की पहचान पातेपुर थाना क्षेत्र के टेकनारी गांव निवासी मोहम्मद फजलु अंसारी के 45 वर्ष से पुत्र मोहम्मद अनु अंसारी, मोहम्मद अनु अंसारी के 35 वर्षीय पत्नी रूबाना खातून, अनु अंसारी के 13 वर्षीय पुत्र अमीर खातून, मोहम्मद अनु अंसारी के 10 वर्षीय पुत्री अक्सा फातमा, मोहम्मद अनु अंसारी के 12 वर्षीय पुत्र मोहम्मद कमर रजा, 5 वर्षीय पुत्र बैश राजा एवं 16 वर्षीय पुत्र अलीशा रहमान के रूप में हुई है।
शादी में गए थे सभी लोग
घटना के संबंध में बताया गया कि सभी अपने रिश्तेदार के घर मुजफ्फरपुर जिले के मनिहारी थाना अंतर्गत मुरादपुर गांव गए हुए थे।
शादी समारोह संपन्न होने के बाद वह सभी परिवार के सदस्य कार पर सवार होकर अपने घर पातेपुर थाना क्षेत्र के टेकनारी लौट रहे थे।
इसी दौरान कटहरा थाना क्षेत्र के कटरा चौक पर अनियंत्रित ट्रक और कार की टक्कर में सभी घायल हो गए। घटना के संबंध में घायल अमीरा ने बताया कि वह अपने नानी के घर मुजफ्फरपुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव शादी में शामिल होने के लिए परिवार के साथ गया था।
वहां से अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान ट्रक ने कार में ठोकर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदस्य अस्पताल लाया गया।
भागलपुर में होल्डिंग टैक्स जमा करने का सुनहरा मौका
17 Jun, 2025 11:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भागलपुर। इस्टर्न बिहार चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज कार्यालय में मंगलवार से रविवार तक 11 बजे से संध्या चार बजे तक नगर निगम द्वारा लिए जाने वाले होल्डिंग टैक्स जमा करने के लिए छह दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया है।
चेंबर अध्यक्ष शरद कुमार सलारपुरिया ने जानकारी देते हुए यह बताया है कि शिविर वैसे लोगों के लिए है, जो वर्तमान वर्ष या उससे पहले का नगर निगम का होल्डिंग टैक्स किसी कारणवश जमा नहीं कर पाए हों, उन लोगों का टैक्स इस शिविर में जमा लिया जाएगा।
30 जून तक मिलेगी छूट
30 जून तक टैक्स का भुगतान करने वालों को पांच प्रतिशत की छूट मिलेगी। चेंबर महासचिव सीए पुनीत चौधरी ने लोगों से अपील की है कि भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों का यानी कि वार्ड नंबर एक से वार्ड नंबर 51 तक का होल्डिंग टैक्स इस शिविर में जमा लिया जाएगा।
अधिक से अधिक संख्या में लोग इस शिविर का लाभ उठावें। चेंबर कार्यालय में आयोजित शिविर में संयोजक के रूप में चेंबर सचिव दीपक कुमार शर्मा अपनी भूमिका निभाएंगे। अनिल खेतान, अजीत जैन, प्रदीप जैन आदि उपस्थित रहे।
30 जून तक टैक्स का भुगतान करने वालों को पांच प्रतिशत की छूट मिलेगी। चेंबर महासचिव सीए पुनीत चौधरी ने लोगों से अपील की है कि भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों का यानी कि वार्ड नंबर एक से वार्ड नंबर 51 तक का होल्डिंग टैक्स इस शिविर में जमा लिया जाएगा।
अधिक से अधिक संख्या में लोग इस शिविर का लाभ उठावें। चेंबर कार्यालय में आयोजित शिविर में संयोजक के रूप में चेंबर सचिव दीपक कुमार शर्मा अपनी भूमिका निभाएंगे। अनिल खेतान, अजीत जैन, प्रदीप जैन आदि उपस्थित रहे।
सांसद ढुलू महतो की संपत्ति की जांच मामले में बहस पूरी
17 Jun, 2025 11:29 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस एसएन प्रसाद और जस्टिस राजेश कुमार की खंडपीठ में सोमवार को धनबाद के सांसद ढुलू महतो की संपत्ति की जांच के लिए दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई हुई।
सभी पक्षों की बहस पूरी होने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। सांसद ढुलू महतो की आय से अधिक संपत्ति की जांच के लिए सोमनाथ चटर्जी ने याचिका दाखिल की है।
पिछली सुनवाई के दौरान आयकर विभाग की ओर से बताया गया था कि ढुलू महतो की संपत्ति के बारे में एसबीआइ पटना की ओर से कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
मामले से जुड़े कुछ तथ्य जानने के लिए कई बार आग्रह किया गया, लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। इसके बाद अदालत ने एसबीआइ को प्रतिवादी बनाने का निर्देश दिया था।
हाई कोर्ट ने ढुलू महतो की संपत्ति के संबंध में मांगी थी रिपोर्ट
इस दौरान हाई कोर्ट ने आयकर विभाग से ढुलू महतो की संपत्ति के संबंध में रिपोर्ट मांगी थी और पूछा था कि कोर्ट के आदेश के आलोक में अब तक इस मामले में क्या कार्रवाई हुई है। कोर्ट ने राज्य सरकार को भी निर्देश दिया था कि वह आयकर विभाग को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराएं।
इस दौरान हाई कोर्ट ने आयकर विभाग से ढुलू महतो की संपत्ति के संबंध में रिपोर्ट मांगी थी और पूछा था कि कोर्ट के आदेश के आलोक में अब तक इस मामले में क्या कार्रवाई हुई है। कोर्ट ने राज्य सरकार को भी निर्देश दिया था कि वह आयकर विभाग को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराएं।
सोमनाथ चटर्जी की ओर से दाखिल याचिका में कहा गया है कि विधायक बनने के बाद ढुलू महतो ने काफी संपत्ति अर्जित की है। नामांकन के दौरान उन्होंने संपत्ति की सही जानकारी नहीं दी है। इसलिए इसकी जांच कराई जाए।
कला के दम पर दिव्यांग जगन्नाथ ने जीता दिल
17 Jun, 2025 11:26 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पोटका। कोल्हान का प्रसिद्ध हरिणा मेला जो रोजो संक्रांति में 5 दिनों तक लगने वाले इस मेले में पिछले 10 सालों से बंगाल के झाड़ग्राम स्थित गोपीबल्लापुर के रहने वाले जगन्नाथ बेरा रोजगार के लिए प्रतिवर्ष बस मार्ग से हरिणा पहुंचते हैं।
वहीं जगन्नाथ बेरा दोनों हाथों से दिव्यांग है। मगर कला का वह अनुपम भेट लोगों को दिया जो सभी ने एक स्वर में कहा वाह उस्ताद वाह यानी एक स्वस्थ मनुष्य भी एक साथ ढोलक, झाल एवं करताल का ऐसा ताल प्रस्तुत किया, जिसे देखते ही आप दंग रह जायेंगे।
दिव्यांग होते हुए भी दोनों हाथों से मजबूर जगन्नाथ ने समाज के समक्ष अपने मजबूरी को प्रकट नहीं किया और अपने हौसले और हिम्मत को हथियार बनाया एवं बंगाल में ही कला का प्रशिक्षण लेकर आज कई राज्यों में लगने वाले मेले में अपने जीविका उपार्जन के लिए मेले में जाकर जगह-जगह कला का प्रदर्शन करते हैं और रोजगार कर रहे हैं।
क्या बोले जगन्नाथ ?
वहीं अपने शब्दों में जगन्नाथ ने कहा कि मुझे सरकारी सहयोग के रूप में मात्र ₹1000 प्रतिमाह बंगाल सरकार देती है। मगर अन्य सुविधाओं से महरूम हुँ। मुझे इसका मलाल नहीं मगर जब तक मेरे शरीर में जान है, मैं कला के माध्यम से समाज को सीख एवं हिम्मत देते हुए उन्हें यह सीख दे जाऊंगा की दिव्यंगता मजबूरी नहीं आप कौशल के माध्यम l एक मुकाम पा सकते हैं। अपना जीविका उपार्जन कर सकते हैं। आगे बढ़ सकते हैं।
वहीं, इस समाज के लोगों को कला का अनुपम भेंट देते हुए जगन्नाथ उन दिव्यांगों के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन गए कि आप दिव्यांग हो मन से दिव्यांग मत बनो आगे बढ़ो और अपने हुनर के बल पर रोजगार कर समाज में एक नया स्थान कायम करो, जिससे दिव्यांग समाज भी आगे बढ़े और रोजगार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाये।
वहीं, जगन्नाथ के कला को देखने के लिए लोगों का जमावड़ा लगातार जमा रहा और उनके कला का सभी ने प्रशंसा की कहा कि इस तरह कलाकार अनुपम उपहार कम देखने को मिलता है। ऐसे कलाकारों को संजोए रखने की आवश्यकता है। वही जगन्नाथ अपने कलला के बल पर रोज हजारों रुपए कमा लेता है।
रिमझिम फुहारों ने दी गर्मी से राहत
17 Jun, 2025 11:22 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में हुई रिमझिम फुहारों ने गर्मी से राहत दी है।
राजधानी का तापमान गिर गया है और लोगों ने गर्मी से राहत पाई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान की बात करें तो 17 जून को राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के अलावे निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला और बोकारो में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का झोंका बहेगा।
साथ ही बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इन जिलों में यह स्थिति 18 जून को भी बनी रहेगी।
19 और 20 जून को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और साहिबगंज के कई हिस्सों में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में भी 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले चार दिनों तक भारी वर्षा के संकेत हैं। इसे लेकर यलो व आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि संभावित अलर्ट काे लेकर आमजनों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। वर्षा के साथ साथ तेज हवा बहने और वज्रपात होने की भी संभावना है। इसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
उन्होंने अलर्ट को देखते हुए आमजनों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और पेड़ के नीचे खड़ा न होने, बिजली के खंभों से दूरी बनाकर रखने और किसानों को अपने खेत में न जाने की सलाह दी है।
ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 60 मिमी सिमडेगा में रिकॉर्डकी गई।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस गुमला का रिकॉर्ड किया गया।
झारखंड की राजधानी रांची समेत दूसरे जिलों के मौसम का हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें।
वहीं राजधानी रांची की बात करें तो अधिकतम 35.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मादक पदार्थ बरामदगी मामले के अनुसंधान ठप
16 Jun, 2025 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। ड्रग्स तस्करों ने शहर में नेटवर्क बिछा रखा है। स्मैक और ड्रग्स कभी पकड़े भी गए तो पुलिस तस्करों तक नहीं पहुंच सकी। राजधानी से लेकर ग्रामीण इलाके में नशे की पड़िया आराम से पहुंच रही हैं। बीते कुछ महीने में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में यदा कदा पुलिस को स्मैक की पुड़िया के साथ कैरियर हाथ लगे भी लेकिन गिरफ्तारी के बाद भी जांच किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
मौके पर हुई दो चार गिरफ्तारी और कुछ ग्राम स्मैक बरामदगी तक की पुलिस की कार्रवाई सिमट कर रही गई। पुलिस बड़ी मछली तक नहीं पहुंच पा रही और दूसरी तरफ इसका फायदा उठा रहे तस्कर अपना दायरा बढ़ाते जा रहे।
सितंबर 2023 में कंकड़बाग थाने की पुलिस ने 590 ग्राम स्मैक के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से 88 हजार रुपये और कार भी बरामद की गयी थी। इसमें एक फतुहा और दो वैशाली के रहने वाले थे। दिसंबर 2023 में रामकृष्णा नगर से सात लोगों को पांच सौ ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया था।
सभी आरोपित चेन का हिस्सा थे। अक्टूबर 2024 में बिहटा थाना क्षेत्र के अमनाबाद बांध पर दो तस्करों 252 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसी वर्ष मार्च माह में भोजपुर में हुई 25 करोड़ की लूट हुई। पटना-आरा सीमा पर जांच बढ़ाई गई। तभी परेव पुल के पास बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। उन्हें दबोचा गया तो उनके पास से 500 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
स्मैक की सप्लाई किसके इशारे पर की जा रही थी? कहां से की जा रही है? कहां डंप किया गया है? इस नेटवर्क से कौन लोग जुड़े है? बरामद स्मैक किसे पहुंचानी थी या इसकी सप्लाई कहां होनी थी? इसकी जांच जांच वहीं अटक गई, जहां से शुरू हुई थी।
युवा टारगेट, झोपड़पट्टी के आसपास बिक्री
स्मैक की खेप पटना में मंगाकर उसे नाबालिगों से पत्रकार नगर, आरके नगर, पीरबहोर, कदमकुआं, कंकड़बाग, जक्कनपुर, गर्दनीबाग सहित अन्य इलाकों में पुड़िया में बेचा जा रहा है। पूर्व में कंकड़बाग थाना गेट के पास झोपड़ी से महिला को गिरफ्तार किया गया था। बुद्धा कालोनी में भी पुड़िया बेचने वाले दंपति को पकड़ा गया, लेकिन इनके पास से वह पुड़िया कहां से आ रहे थे? वह किन लोगों के संपर्क में थे? इसकी तह तक जाने की पुलिस जरूरत नहीं समझी। प्रत्येक पुड़िया पर कमीशन पर दिया जाता। यह गिरोह गिरोह युवाओं को टारगेट करता था।
कहीं जा रही जान, तबाह हो रहा परिवार
नशे की ओवरडोज से कई युवाओं की जान तक चली गई। हाल के दिनों में इस तरह के कई मामले भी सामने आ चुके हैं। शव मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां से इंजेक्शन या नशीली चीज मिली। कुछ दिन पूर्व दानापुर में एक युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस पहुंची तो उसकी जेब में नशीली चीज मिली। आशंका जताई कि नशे की आवेरडोज से उसकी मौत हुई है।
अपैल में दानापुर में एक जर्जर मकान परिसर में युवक का शव मिला। मौके पर नशे का इंजेक्शन गिरा हुआ था। फुलवारीशरीफ में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस की मानें तो स्वजन द्वारा मृतक के नशे का सेवन करने की बात भी बताई गई। सितंबर 2023 में आलमगंज में एक नशेड़ी युवक ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। दिसंबर 2023 में बकाया दस हजार रुपये वापस नहीं लौटाने पर 21 वर्षीष युवक को नशे की ओवरडोज दे दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
शराब के नशे में दामाद ने ससुर को लाठी से पीटकर मार डाला
16 Jun, 2025 12:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गाजीपुर। बिरनो थाना के बिहरा गांव में शनिवार की देर रात नशे में धुत दामाद ने 65 वर्षीय ससुर गुदरी राम की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन के बाद शव को लेकर थाने आई।
इस मामले में गुदरी के पुत्र मुन्ना राम ने मुहम्मदाबाद कोतवाली के बैरान गांव निवासी अपने जीजा संजय कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। घटना का कारण मामूली विवाद बताया जा रहा है।
गुदरी राम की पुत्री रेशमा की शादी मुहम्मदाबाद के बैरान गांव के संजय के साथ हुई है। रेशमा की मां की मृत्यु करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई तो वह पिता को खाना बनाने के लिए घर आकर रहने लगी।
पत्नी के ससुराल में रहने के बाद करीब पांच माह पूर्व संजय भी आ गया। यही मेहनत मजदूरी करता था। रेशमा की माने तो वह शराब का आदी था। शनिवार की रात खाना खाकर सभी लोग सो रहे थे।
इसी बीच रात के पहर संजय घर में रखा अनाज उठाकर छिपाने जाने लगा। गुदरी की नींद खुली तो वह उसे टोके, इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में तमतमाया दामाद संजय लाठी उठाकर ससुर के सिर के ऊपर चला दिया।
पिता की चीख सुनकर रेशमा पहुंची तो आरोपित भाग निकला। आनन-फानन गुदरी को निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया।
पिता की मौत के बाद रेशमा दहाड़े मारकर रोने लगी। थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है।
पिता से अलग रहता है बेटा
बिहरा गांव निवासी गुदरी राम गांव स्थित सिवान में बने डेरे पर पुत्री रेशना संग रहते थे। उनका इकलौता पुत्र मुन्ना पिता से अलग रहता है। रात के पहर पिता की हत्या की जानकारी होने पर मुन्ना पहुंचा और इसकी जानकारी पुलिस को दी।
खेत बेचकर पुत्री रेशमा के बेटियों की शादी किए थे गुदरी
दामाद संजय राम के नशा का आदी होने के कारण गुदरी राम उसकी दो पुत्रियों की शादी खेत बेचकर किए। इसको लेकर पुत्र मुन्ना व गुदरी में विवाद भी हुआ था, मगर बेटी की हालत को देखते हुए गुदरी राम ने अपने पुत्र की एक न सुनी थी।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर खुले रहेंगे सरकारी स्कूल
16 Jun, 2025 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी सरकारी स्कूल खुले रहेंगे। माह का तीसरा शनिवार होने पर भी स्कूल खुले रहेंगे।
इस दिन सभी स्कूलों में 'योग संगम' का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बच्चे, शिक्षक, अभिभावक और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य योग करेंगे।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के निर्देश पर राज्य के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला शिक्षा अधीक्षकों को इस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिया। इसे लेकर भेजे गए पत्र में बकायदा केंद्र के पत्र भी सम्मिलित किया गया है।
शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह ने अपने पत्र में सभी स्कूलों में केंद्रीय आयुष मंत्रालय द्वारा जारी प्रोटोकॉल के अनुसार सुबह 6.30 बजे से 7.45 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम के आयोजन करने के निर्देश दिए है।
इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य लोगों को भी बुलाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जिलों से इस आयोजन को लेकर गूगल शीट पर रिपोर्ट भी देने को कहा गया है।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन की जवाबदेही संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापक और योग क्लब की होगी। शिक्षा विभाग ने हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी के रूप में स्कूलों में एक दिन तथा एक साथ सूर्य नमस्कार तथा योगाभ्यास का आयोजन कराया था।
बताते चलें कि सरकारी स्कूलों में प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को अवकाश रहता है। लेकिन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्कूल खुले रहेंगे। हालांकि, स्कूल कितनी देर खुले रहेंगे, जिलाें को भेजे गए पत्र में इसका उल्लेख नहीं किया गया है।
केंद्र के पत्र में इतना ही कहा गया है कि सुबह 6.30 बजे से 7.45 बजे तक योग संगम के आयोजन के लिए स्कूल खुले रहेंगे।
इसे लेकर शिक्षकों में संशय भी है कि स्कूल सुबह 7.45 तक ही खुले रहेंगे या अन्य दिनों की तरह पूर्वाह्न 11.30 बजे तक। शिक्षकों ने अपने-अपने संघ के जरिए विभाग के माध्यम से इससे स्पष्ट करने की मांग उठाई है।
उत्पाद सचिव मनोज कुमार से आज एसीबी करेगी पूछताछ
16 Jun, 2025 11:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड में जारी शराब घोटाले में उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग के वर्तमान सचिव मनोज कुमार पर गंभीर आरोप लगे हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मनोज कुमार को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। सोमवार को उनसे गहन पूछताछ होगी। उन पर फर्जी बैंक गारंटी को छिपाने, अवैध वसूली को संरक्षण देने और एक खास बीयर कंपनी को लाभ पहुंचाने जैसे संगीन आरोप हैं। इस घोटाले से राज्य सरकार को 38 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
एसीबी की जांच में खुलासा हुआ है कि फर्जी बैंक गारंटी के आधार पर मैनपावर आपूर्ति करने वाली एजेंसियों को ठेके दिए गए। मेसर्स मार्शन इनोवेटिव सिक्यूरिटी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स विजन हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज जैसी कंपनियों ने 2023 से फर्जी गारंटी के जरिए काम शुरू किया, जिससे सरकार को 38 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व नुकसान हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि नवंबर 2024 में छत्तीसगढ़ की दो कंपनियों मेसर्स दीशिता वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स ओम साईं विबरेजेज प्राइवेट लिमिटेड को बिना मंत्री की जानकारी के 11 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया, जबकि इन कंपनियों पर 450 करोड़ रुपये का बकाया था। मनोज कुमार पर इन अनियमितताओं को छिपाने का आरोप है।
शराब पर अवैध वसूली और खास बीयर कंपनी को लाभ
शराब घोटाले में एक और सनसनीखेज खुलासा यह है कि एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब बिक्री के जरिए अवैध वसूली की गई। जांच के अनुसार, बीयर की प्रति बोतल पर 10 रुपये अतिरिक्त वसूले गए, जिससे हर महीने करीब 48 लाख रुपये और सालाना 57 करोड़ रुपये की अवैध कमाई हुई। यह पैसा नीरज कुमार सिंह और मनोज कुमार के करीबी रिश्तेदार अंशु के जरिए पहुंचाया जाता था। अंशु को हर माह 50 लाख रुपये दिए जाते थे।
इसके अलावा, एक खास बीयर कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए अन्य ब्रांडों की आपूर्ति रोककर दबाव बनाया गया। दुकानदारों को इस कंपनी की बीयर बेचने के लिए मजबूर किया गया, जिसके पीछे मनोज कुमार की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है।
एसीबी की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
एसीबी ने इस मामले में अब तक 27 लोगों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। पूर्व उत्पाद सचिव विनय कुमार चौबे, संयुक्त आयुक्त गजेंद्र सिंह, और झारखंड स्टेट बिवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेएसबीसीएल) के पूर्व महाप्रबंधक सुधीर कुमार और सुधीर कुमार दास को गिरफ्तार किया जा चुका है।
नीरज कुमार सिंह, जो अवैध वसूली का प्रमुख किरदार माना जाता है, भी जेल में है। छत्तीसगढ़ के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है, क्योंकि वह पूछताछ में शामिल नहीं हुए। एसीबी ने पूर्व आयुक्त अमित प्रकाश से भी पूछताछ की, लेकिन उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए।
दो आईएएस अधिकारियों, करण सत्यार्थी और फैज अक अहमद, जिन्होंने इस घोटाले को उजागर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, को एसीबी ने गवाह के तौर पर बुलाया है। इनसे पूछताछ के दौरान नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक, सरकार मनोज कुमार को उनके पद से हटाने की कार्रवाई शुरू कर सकती है। जांच में यह भी सामने आया है कि मनोज कुमार ने नौ महीनों में 200 करोड़ रुपये से अधिक का घाटा होने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया। एसीबी का मानना है कि इतने बड़े पैमाने पर चल रहे इस घोटाले की जानकारी मनोज कुमार को थी और अब उनसे सख्त पूछताछ की जाएगी।
बालाकोट-नोटबंदी पर राहुल का तंज, संसद में हंगामा
ट्रैफिक अलर्ट: राजबाड़ा-गांधी हॉल मार्ग पर वाहनों की एंट्री बंद
रिजल्ट के तनाव ने ली एक और जान: इंदौर में 12वीं की छात्रा ने जहर खाकर की आत्महत्या
गुजरात हाई कोर्ट का बड़ा झटका: आसाराम आश्रम की याचिका खारिज
