बिहार-झारखण्ड
हाईटेक होगी मेला व्यवस्था...
24 Jun, 2025 12:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देवघर। देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक मात्र बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग में कांवरियों का जत्था सावन के महीने में लगातार एक माह तक बोल बम, बोल बम का जयकारा लगाते हुए अजयनाथ से बाबाधाम तक कांवर यात्रा करता है। बाबा बैद्यनाथ पर गंगा जल चढ़ाते हैं और अपनी मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करते हैं।
यह मेला झारखंड सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण है। एक अनुमान के मुताबिक, इस साल श्रावणी मेला में 30 दिनों में 51 लाख कांवरिया आएंगे। यहां भीड़ नियंत्रण हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में इस बार पूरा मेला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) से नियंत्रित होगा। भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक नियंत्रण और प्रत्येक श्रद्धालु की गिनती का काम एआइ कैमरे करेंगे।
श्रद्धालुओं को सुगम व सुरक्षित जलार्पण कराने के उद्देश्य से पहली बार इस तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि हर श्रद्धालु यहां से सुखद यादें लेकर जाए। इसको लेकर एक बार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची में वरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं। जबकि पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने देवघर में दो बार बैठक कर सरकार की मंशा स्पष्ट कर दी है।
पांच जुलाई तक सारी व्यवस्था पूरी करने का टाइम लाइन तय किया गया है। उपायुक्त नमन प्रियश लकड़ा लगातार मेला व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मेला क्षेत्र में दो सौ एआइ व 750 सामान्य कैमरे लगाए जाएंगे। जिसके लिए नेहरू पार्क में इंटीग्रेटेड मेला नियंत्रण कक्ष होगा। जहां से मेले की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। इंटीग्रेटेड मेला नियंत्रण कक्ष में एक माह तक 24 घंटे दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे।
एआइ कैमरा हेड काउंटिंग व फेस रीडिंग भी करेगा
श्रावणी मेला में पहली बार एआइ कैमरा लगाया जा रहा है। एक कांवरिया पथ दुम्मा के पास टिकट काउंटर पर लगेगा। जो प्रत्येक कांवरिया का हेड काउंटिंग करेगा। इसी तरह क्यू कॉम्प्लेक्स में मंदिर के पास होल्डिंग प्वाइंट होगा। इसके बाद बाबा मंदिर के चारों मुख्य द्वार पर लगेगा।
यह कैमरा हेड काउंटिंग के साथ फेस रीडिंग भी करेगा। अगर कोई व्यक्ति खो जाता है तो उसमें भी यह मददगार होगा। लापता व्यक्ति के परिजन उसकी तस्वीर कंट्रोल रूम में बैठे मजिस्ट्रेट को दिखाएंगे तो उस तस्वीर का हर प्वाइंट पर लगे एआइ कैमरे से मिलान कर पता लगाया जाएगा कि वह किन-किन कैमरों से होकर गुजरा और अंतिम बार कहां था।
ट्रैफिक पर भी होगा नियंत्रण
अब तक सबकुछ मैनुअली चल रहा था। पुराने ढर्रे पर चल रहा था। इस बार समय के हिसाब से आधुनिक और हाईटेक होगा। झारखंड की सीमा में वाहनों के प्रवेश करते ही उनकी स्कैनिंग शुरू हो जाएगी। कितना बड़ा वाहन, छोटा वाहन, बाइक प्रवेश कर रहा है। अगर उनकी संख्या बढ़ती है तो बिहार की सीमा पर ही वाहनों को नियंत्रित किया जाएगा।
यह सब स्पीड कैमरे की मदद से होगा। स्पीड कैमरा बिहार-झारखंड की सीमा पर दर्दमारा मुख्य सड़क पर होगा। और एक ही स्पीड कैमरे से इसे नियंत्रित किया जाएगा। वाहनों की गिनती होगी। साथ ही वाहनों की गति सीमा सीमित रहेगी। अगर चालक अधिक गति से वाहन चलाएगा तो ऑनलाइन जुर्माना कट जाएगा।
आरक्षण पर हेमंत सोरेन की पार्टी ने साफ किया अपना रुख
24 Jun, 2025 11:59 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने आजसू पार्टी पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में ओबीसी आरक्षण 27 फीसदी से घटाकर 14 फीसदी करने में आजसू की भूमिका रही है।
एनडीए के सहयोगी के तौर पर आजसू ने हेमंत सरकार की 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण की पहल को कोर्ट में रोक दिया। विनोद पांडेय ने कहा कि आजसू पहले अपना रुख स्पष्ट करे कि वह ओबीसी आरक्षण के पक्ष में है या नहीं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की स्पष्ट नीतियों और संवेदनशील फैसलों ने उन्हें देश का अग्रणी आदिवासी नेता बना दिया है।
उनकी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग को मिल रहा है। उनसे मुकाबला करने के लिए आजसू को पहले उनकी तरह उदार और संवेदनशील बनना होगा। झामुमो ने आजसू के नौकरी दो नारे को खोखला बताया। उन्होंने पूछा कि आजसू की सरकारों में कितनी नौकरियां दी गईं और कितनी परीक्षाएं ली गईं?
इसके उलट हेमंत सरकार ने हजारों नियुक्तियां शुरू कीं और पारदर्शिता लाई। आजसू सिर्फ सस्ती लोकप्रियता के लिए शोर मचा रही है। उन्होंने मैनिया सम्मान योजना पर आजसू के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह योजना गरीब महिलाओं के सम्मान के लिए है। जांच प्रक्रिया को राजनीतिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आजसू से जनता को गुमराह करना बंद करने की अपील की। झामुमो झारखंड की जनता के अधिकार और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जनता अब आजसू की अवसरवादी नीतियों का जवाब देगी।
2022 पेपर लीक में संलिप्तता को लेकर दोबारा हुई कार्रवाई
23 Jun, 2025 09:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गृह विभाग ने भ्रष्टाचार और अनियमितता के मामलों में दो अधिकारियों पर कार्रवाई की है। बीपीएससी पेपर लीक मामले में निलंबित डीएसपी रंजीत कुमार रजक को हाल ही में निलंबन मुक्त होने के बाद फिर से निलंबित कर दिया गया है। उन पर 2022 के पेपर लीक में संलिप्तता का आरोप है। इसके अतिरिक्त, रोहतास की पूर्व जिला समादेष्टा रश्मि के खिलाफ वित्तीय मामलों में घोर लापरवाही और मनमानेपन के आरोप में विभागीय कार्यवाही शुरू की जाएगी।
राज्य ब्यूरो, पटना। गृह विभाग ने भ्रष्टाचार और अनियमितता के मामले में दो अधिकारियों पर कार्रवाई की है। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 67वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के पेपर लीक मामले में हाल ही में निलंबन मुक्त हुए डीएसपी रंजीत कुमार रजक को वापस निलंबित कर दिया गया है। उन्हें करीब तीन सालों के बाद पिछले माह मई में ही निलंबन मुक्त किया गया था मगर करीब एक माह में ही उन्हें फिर से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में रंजीत रजक बिहार पुलिस मुख्यालय के अधीन होंगे। इस दौरान उन्हें सिर्फ जीवन निर्वाह भत्ता ही देय होगा। बीपीएससी पेपर लीक की संलिप्तता के आरोपवर्ष 2022 में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-14 के डीएसपी रहते रंजीत कुमार रजक पर बीपीएससी पेपर लीक की संलिप्तता के आरोप लगे थे।
इस मामले में आर्थिक अपराध थाना में कांड दर्ज किया गया था, जिसके बाद जुलाई, 2022 में उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरात में जेल भेज दिया गया था। मार्च, 2023 से रंजीत के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई संचालित की जा रही है। वहीं, गृह विभाग ने एक अन्य मामले में रोहतास की तत्कालीन जिला समादेष्टा और वर्तमान में प्रमंडलीय समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी रश्मि के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही संचालित करने का निर्णय लिया है। रश्मि पर वित्तीय मामले में घोर लापरवाही और मनमानेपन का आरोप है, जिसके बाद उनके विरुद्ध आरोप पत्र क उपलब्ध कराते हुए अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी।
बिहार को मिला बड़ा तोहफा: 69 किमी फोरलेन सड़क बनेगी 4300 करोड़ की लागत से
23 Jun, 2025 06:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जिले से गुजरने वाली एनएच 727 अब टू लेन की जगह फोरलेन में परिवर्तित हो जाएगी। शीघ्र ही इस सड़क को फोर लेन बनाने का काम शुरू होगा। इसके लिए केंद्र सरकार को डीपीआर भेजा गया है। इसका निर्माण बेतिया के हरिवाटिका चौक से बगहा तक 69 किलोमीटर की दूरी तक होगा। इस पर कुल 4300 करोड़ रुपये खर्च आएंगे।
एनएच, मोतिहारी डीविजन के कार्यपालक अभियंता अमरेश कुमार के अनुसार केंद्र से राशि आवंटित होते ही एनएच की ओर से सड़क निर्माण को लेकर प्रक्रिया तेज कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बेतिया में 25 वां किलोमीटर से इस सड़क का निर्माण कार्य शुरु होगा। फिलहाल विभाग को एनएच-727 व नई बन रही सड़क 139 डब्लू से जोड़कर सड़क निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है।
विभाग के स्तर से निर्णय होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि सड़क सीधे एनएच-727 से होकर बनेगी या मनुआपुल सियारोसत्ती के समीप नई सड़क 139 डब्लू के पास से बनेगी। इसको लेकर विभाग को स्मारपत्र भेजा गया है। निर्णय होने के बाद स्पष्ट हो जाएगा। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि यह फोरलेन सड़क लौरिया,चौतरवा होते हुए बगहा तक बनेगी।
गंडक नदी पर पटजिरवा व बगहा में लंबा पुल का होगा निर्माण
केंद्र सरकार ने जिले के पटजिरवा व बगहा में एक-एक बड़ा पुल निर्माण कराने की स्वीकृति दी है। यह पुल बैरिया के पटजिरवा से ठकराहां जीन बाबा के स्थान के बीच बनेगा। यह पुल एनएच-727एए का हिस्सा होगा और इसकी लंबाई 11.24 किलोमीटर होगी। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 3294.16 करोड़ रुपये है।
यह पुल बिहार के बेतिया से उत्तर प्रदेश के सेवरही को जोड़ेगा। पुल के बनने से बेतिया से सेवरही की दूरी जो अभी 160 किलोमीटर है, वह घटकर 21 किलोमीटर हो जाएगी।
इससे न केवल दोनों राज्यों के बीच यात्रा का समय कम होगा, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा, जबकि बगहा-एक मलपुलवा एकनमरा रोड के समीप से उत्तर प्रदेश राज्य में बेलवानिया (कुशीनगर) तक होने वाले फोरलेन सड़क में गंडक नदी पर बनने वाले फोरलेन पुल निर्माण को लेकर (डीपीआर) तैयार करने को लेकर पहल शुरू की गई है।
अयोध्या की तर्ज पर पुनौराधाम के विकास से समृद्ध होगा सीतामढ़ी
23 Jun, 2025 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीतामढ़ी। अयोध्या की तर्ज पर मां जानकी जन्मस्थली पुनौराधाम के विकास से सीतामढ़ी पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित होगा। इससे यहां लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और आर्थिक समृद्धि आएगी। जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम में 13 दिसंबर, 2023 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विकास कार्यों का शिलान्यास किया था।
अयोध्या धाम की तरह मंदिर निर्माण एवं आसपास बेहतर पर्यटकीय सुविधाओं के विकास एवं आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुनौराधाम मंदिर के विकास के लिए 72.47 करोड़ रुपये दिए गए थे, जबकि सरकार भूमि अधिग्रहण के लिए 120 करोड़ रुपये भी दे चुकी है।
डीएम रिची पांडेय के साथ बिहार पर्यटन विकास निगम के महाप्रबंधक अभिजीत कुमार, जिला भू अर्जन पदाधिकारी विनोद प्रसाद सिंह समेत कई अधिकारी भूमि अधिग्रहण के लिए पुनौराधाम का स्थल निरीक्षण कर चुके हैं। अब तक 89 लोगों का भूमि अर्जन किया जाएगा। इसे चिह्नित कर लिया गया है।
इस संबंध में डीएम कार्यालय द्वारा पर्यटन निदेशालय के निदेशक को भूमि अर्जन से संबंधित रिपोर्ट भेजी गई है। भेजी गई रिपोर्ट में भूमि का खाता नंबर, खेसरा नंबर, अर्जन की जाने वाली भूमि की चौहद्दी, भूमि का वर्गीकरण, खतियान व वर्तमान रैयत का नाम, जमाबंदी नंबर, आवासीय घर, व्यवसायिक भवन आदि का ब्योरा शामिल है।
पुनौराधाम जानकी मंदिर के आसपास 50 एकड़ भूमि का अधिग्रहण करना है। वर्तमान में रामायण परिपथ के अंतर्गत अयोध्या आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक निश्चित रूप से जानकी की जन्मभूमि के दर्शन के लिए पुनौराधाम पहुंचते हैं। अयोध्या से पुनौराधाम जोड़ने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग भी बनाया जा रहा है।
सुविधा बेहतर होने के कारण पुनौराधाम में श्रद्धालु और पर्यटक अधिक संख्या में आएंगे। सीतामढ़ी-शिवहर-मोतिहारी नई रेल लाइन में पुनौराधाम स्टेशन बनाने को लेकर रेलवे के अधिकारी व अभियंताओं द्वारा भी हाल ही में स्थल निरीक्षण किया गया था। जगत जननी माता जानकी की पावन प्राकट्य भूमि पुनौराधाम लगातार विकास के पथ पर अग्रसर रहा है।
वर्ष 2006 से विशेष योजनाओं के माध्यम से शुरू विकास के रफ्तार का आलम रहा कि करोड़ों की लागत से तकरीबन आधा दर्जन भव्य भवनों का निर्माण कराया जा चुका हैं। जिसका उपयोग देश के कोने - कोने से माता सीता प्राकट्य भूमि का दर्शन व पूजन के लिए आने वाले पर्यटकों के ठहराव के लिए होता है। वहीं कुछ अतिथि भवनों का उपयोग जरूरतमंदों द्वारा शादी, उपनयन समेत अन्य अवसरों पर किया जाने लगा है।
जानकी नवमी के अवसर पर विगत करीब डेढ़ दशक से चित्रकूट के तुलसीपीठाधीश्वर जगतगुरु रामानंदाचार्य श्री रामभद्राचार्य जी द्वारा नौ दिवसीय श्रीरामकथा का आयोजन होता आ रहा है। कथा निर्विघ्न सम्पन्न कराने को लेकर भव्य सीता प्रेक्षागृह का निर्माण कराया गया है, जबकि इन भवनों के निर्माण से पूर्व माता सीता प्राकट्य भूमि पुनौराधाम को आकर्षक बनाने के उद्देश्य से मन्दिर के पश्चमी भाग में लाखों की लागत से दो मनोहारी फब्बारा का निर्माण कराया गया।
जिसमें एक सामान्य तो दूसरा म्यूजिकल अत्याधुनिक फब्बारा लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। हालांकि समुचित देखभाल नहीं किए जाने के कारण वर्तमान में दोनों की स्थिति बेहतर नहीं है। सीता कुंड को आकर्षक व मनोहारी बनाने को लेकर कुंड के चारो तरफ पैदल पथ का निर्माण कराया गया। सरकारी कोष से विद्युत सजाबट भी कराई गई है।
कुछ हाई मास्क लाइट लगाया गया हैं। सीता कुंड के समीप अवस्थित सीता उद्यान का भी समय - समय पर उद्धार की बात होती रही, परंतु बाजिब विकास अब तक नहीं कराया जा सका हैं। अयोध्या धाम की तरह मंदिर निर्माण एवं आसपास बेहतर पर्यटकीय सुविधाओं के विकास एवं आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है। श्रद्धालु और पर्यटक अधिक संख्या में आएंगे।
जिले वासियों में सरकार की घोषणा से उत्साह हैं। पर्यटन का विकास के साथ ही रोजगार की अपार संभावनाओं के द्वार भी खुलेंगे। वर्तमान में रामायण सर्किट के अंतर्गत अयोध्या आने वाले श्रद्धालु जानकी जन्मस्थली पुनौराधाम भी आएंगे। अयोध्या से पुनौराधाम को जोड़ने के लिए रामजानकी पथ का निर्माण भी कराया जा रहा है। सुविधा बेहतर होने से श्रद्धालु व पर्यटक अधिक संख्या में आएंगे।
रेवेन्यू रिकॉर्ड्स के साथ छेड़छाड़ के आरोप में राजस्व कर्मचारी सस्पेंड
23 Jun, 2025 05:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फुलवरिया (गोपालगंज)। फुलवरिया अंचल में कार्यरत राजस्व कर्मचारी मोहम्मद शाहिद हुसैन को राजस्व अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ करने तथा अवैध जमाबंदी सृजन के आरोप में डीएम पवन कुमार सिन्हा ने निलंबित कर दिया है। निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय अंचल कार्यालय विजयीपुर में रहेगा। यहां उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
जानकारी के अनुसार, सदर प्रखंड के राजेंद्र बस स्टैंड की कथित भूमि की अवैध जमाबंदी का सृजन करने के आरोप में उन्हें निलंबित किया गया है। फुलवरिया अंचल कार्यालय में कार्यरत मो. शाहिद हुसैन बीते वर्ष सदर अंचल में कार्यरत थे।
राजेंद्र बस स्टैंड, गोपालगंज की भूमि से संबंधित राजस्व अभिलेख के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया था। इतना ही नहीं, भूमि की अवैध जमाबंदी बनाने को लेकर जांच के क्रम में तत्कालीन राजस्व कर्मचारी पर अंचलाधिकारी सदर की ओर से नगर थाने में सनहा दर्ज कराया गया है।
आरोप है कि नगर परिषद क्षेत्र की भूमि जमाबंदी संख्या 792 में गलत तरीके से प्रविष्टि करते हुए उनकी ओर से पंजी 2 के साथ छेड़छाड़ किया गया है। जांच के क्रम में पाया गया कि राजस्व कर्मचारी फुलवरिया (तत्कालीन सदर अंचल) का आचरण उक्त कार्य में संदेहास्पद है।
इसके आलोक में बिहार सरकारी सेवक वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील नियमावली 2005 के नियम 9 के आलोक में तत्कालीन राजस्व कर्मचारी (वर्तमान फुलवरिया अंचल कार्यालय कर्मचारी) मोहम्मद शाहिद हुसैन को निलंबित किया गया है।
डीएम ने आदेश जारी किया है कि निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अंचल कार्यालय विजयीपुर में रहेगा। यहां अंचल अधिकारी फुलवरिया की ओर से निर्गत अनुपस्थित विवरण के आधार पर जीवन निर्वाह भत्ता का भुगतान किया जाएगा।
फुलवरिया सीओ बीरबल वरुण कुमार ने बताया कि फुलवरिया में कार्यरत कर्मचारी के निलंबन के बाद उनके प्रभार वाले पंचायत को दूसरे राजस्व कर्मचारी से टैग कर दिया गया है, ताकि संबंधित क्षेत्र का कार्य प्रभावित न हो।
18 अगस्त से आनंद विहार तक चलेगी पुरुषोत्तम
23 Jun, 2025 04:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। पुरी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली सुपरफास्ट ट्रेन पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 18 अगस्त से नई दिल्ली के बदले आनंद विहार तक चलेगी। वापसी में 20 अगस्त से आनंद विहार से पुरी के लिए चलेगी। नई दिल्ली के स्थान पर आनंद विहार तक चलने से 10 मिनट पहले पहुंचेगी।
अभी पुरी से रात 9:55 पर चलकर अगले दिन बोकारो व गोमो तथा उसके अगले दिन अलसुबह 4:00 बजे नई दिल्ली पहुंचती है। अब अलसुबह 3:50 पर आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में नई दिल्ली से रात 10:40 पर खुल कर सुबह 5:25 पर पुरी पहुंचती है। अब आनंद विहार से रात 10:50 पर रवाना होगी।
आनंद विहार के अलावा अन्य किसी स्टेशन पर आगमन-प्रस्थान के समय में बदलाव नहीं होगा। नई दिल्ली के बदले आनंद विहार तक चलने से किराए में भी फेरबदल होगा। स्लीपर से फर्स्ट एसी तक पांच से 45 रुपये कम चुकाना होगा।
उदाहरण के तौर पर गोमो से नई दिल्ली तक का स्लीपर श्रेणी में किराया 560 रुपये है। आनंद विहार तक चलने से किराए में पांच रुपये की बचत होगी और प्रत्येक यात्री को 555 रुपये चुकाना होगा। इकोनॉमी में 1375 के बदले 1355, थर्ड एसी में 1470 के बजाय 1455, सेकेंड एसी में 2100 के बदले 2070 व फर्स्ट एसी के लिए 3545 के स्थान पर 3500 रुपये चुकाना होगा।
32 साल बाद नई दिल्ली नहीं जाएगी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस
12801 पुरी-नई दिल्ली व व 12802 नई दिल्ली-पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस पुरी से एक जुलाई व नई दिल्ली से दो जुलाई 1993 को पहली बार चली थी। अब 32 वर्षाें बाद नई दिल्ली को अलविदा कहेगी।
24 जुलाई से कानपुर के बदले गोविंदपुरी होकर चलेगी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस
नई दिल्ली से आनंदविहार शिफ्ट होने से पहले पुरुषोत्तम एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल को अलविदा कहेगी। 24 जुलाई से चलने वाली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल के बदले गोविंदपुरी स्टेशन होकर चलेगी।
पुरी व नई दिल्ली दोनों ओर से यह बदलाव 24 जुलाई से प्रभावी होगा। कानपुर सेंट्रल के बदले गोविंदपुरी के लिए टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है।
7 जिलों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी
23 Jun, 2025 12:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में रविवार को हुई झमाझम वर्षा कहर बरपा दिया है। अचानक उमड़-घुमड़ आए काले बदरा ने करीब एक घंटे तक प्रचंड रूप दिखाया तो शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में हाहाकार मच गया। शहर की सड़कें जहां जलमग्न हो गईं तो ग्रामीण क्षेत्रों में किसानी प्रभावित हुईं हैं।
खेतों में एक से डेढ़ फीट तक पानी लबालब भर गया है। जिससे धान के बिचरे और सब्जी की खेती को खासा नुकसान होने की सूचना है। राजधानी के अधिकांश क्षेत्रों में जलजमाव ने आमजनों से लेकर वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है।
रविवार को हुई वर्षा ने गर्मी से राहत अवश्य दी है लेकिन, जलजमाव से कई वाहन आधे डूब गए। जिस कारण करीब दो से तीन घंटे तक शहर की रफ्तार थम सी गई।
बता दें कि शहर के कोकर, बरियातू, हरमू, धुर्वा, हिंदपीढ़ी, वार्ड नंबर 36 पीपर टोली, तारानगर आवासीय परिसर स्थित पंच मंदिर परिसर के सामने, डीफ एंड डंब बच्चों के स्कूल में, अरगोड़ा चौक स्थित एक रेस्टोरेंट समेत निचले क्षेत्रों के घरों में पानी प्रवेश कर गया।
करीब दो घंटे की वर्षा से निवारणपुर में स्वर्णरेखा नदी ने अपना विकराल रूप ले लिया। अरगोड़ा कटहल मोड़ रोड स्थित तारानगर आवासीय परिसर स्थित पंच मंदिर परिसर के सामने स्थित गार्ड वाल बाघा बॉर्डर पूरी तरह से डूब गया, मंदिर में पानी घुस गया। इस जलजमाव के बाद क्षेत्र के लोगों ने गार्ड वाल वाघा बॉर्डर को ऊंचा करने की मांग की है।
वहीं, सेवा सदन पथ स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर एवं माहेश्वरी भवन में नाले का गंदा पानी प्रवेश कर गया। बाहर खड़ा अधिकतर वाहन पानी की चपेट में आ गए। लोगों ने कहा कि पिछले कई वर्षों से शहर की यही स्थिति है। नगर निगम के द्वारा वर्षा से पूर्व नाले की साफ सफाई नहीं कराए जाने का खामियाजा आमजनों को भुगतना पड़ता है।
लोगों ने कहा कि बार बार अनुरोध किए जाने के बाद भी कोई सुधार नहीं हो रहा है। मंदिर की पवित्रता से लेकर लोगों की दुकानों और कार्यालय में बहुत नुकसान हो रहा है। डोरंडा गौरीशंकर नगर, गुरु नानक स्कूल के पास पीपी कंपाउंड और वार्ड नंबर 24 की सड़कों पर भी जलजमाव की सूचना मिल रही है।
वहीं सरकारी बस स्टैंड का हाल बेहाल हो गया है ,पूरे परिसर में वर्षा का पानी भर चुका है, गंदगी इसी पानी में इधर से उधर फैल रही है, जिससे बस यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। यही हाल रांची रेलवे स्टेशन का भी हो गया है।
26 जून तक वर्षा और बिजली गिरने की संभावना
पूरे राज्य में मानसून की सक्रियता ने आमजनों की परेशानी बढ़ा दी है। राज्य के सभी जिलों में दक्षिण-पश्चिमी मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। पूरे राज्य में पिछले कुछ दिनों से पूरे राज्य में हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची से जारी पूर्वानुमान की बात करें तो 23 जून को राज्य के उत्तर पूर्वी क्षेत्र यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज, धनबाद और गिरिडीह में कहीं कहीं भारी वर्षा होने और बिजली गिरने की संभावना है, इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, 24 और 25 जून को दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां के अलावे उत्तर पश्चिमी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
26 जून को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन के साथ बिजली गिरने की संभावना को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा कि राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों यानी 25, 26 और 27 जून को तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस गिरावट होने की संभावना है।
ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मानसून की गतिविधि कमजोर रही लेकिन रविवार को हुई झमाझम वर्षा ने दोबारा मानसून की सक्रियता बढ़ा दी है। राज्य में लगभग सभी स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई है जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई है। सबसे अधिक वर्षा 37.2 मिमी दुमका में हुई है।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रांची के नामकुम में रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 30.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सीता सोरेन के पूर्व PA का बड़ा आरोप
23 Jun, 2025 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। पिछले वर्ष संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में जामताड़ा से भाजपा की प्रत्याशी सीता सोरेन को 25 लाख रुपये बतौर इलेक्शन फंड भाजपा से मिले थे। उन्होंने इसका उपयोग चुनाव के दौरान नहीं किया। इस पैसे से उन्होंने एक लग्जरी गाड़ी खरीदी।
यह दावा उनके पूर्व निजी सहायक रहे देवाशीष मनोरंजन घोष ने किया है। देवाशीष के विरुद्ध सीता सोरेन ने बीते छह मार्च को धनबाद में हमले का आरोप लगाया था। देवाशीष के मुताबिक चुनाव में कई कारणों से उनकी हार हुई, लेकिन वह गलत तरीके से आरोप लगाकर उसे और परिजनों को लगातार परेशान कर रही हैं।
बीते एक जून को सीता सोरेन ने दुमका में भी उनके विरुद्ध एक नया केस दायर किया है। इसके बाद देवाशीष सारे दस्तावेज के साथ सामने आकर सीता सोरेन से दो-दो हाथ करने के मूड में हैं। देवाशीष के मुताबिक बैंक से लेनदेन का सारा दस्तावेज उनके पास है।
सीता सोरेन के पास उनके ही लगभग आठ लाख रुपये उधार हैं, जिसमें दो लाख से अधिक का उधार गाड़ी के मद में है। इसके अलावा सीता सोरेन ने उनके वेतन-भत्ता मद का छह लाख रुपये से ज्यादा नहीं दिया है। देवाशीष से इस संदर्भ में राज्य के गृह सचिव से भी गुहार लगाई है।
उधर देवाशीष के आरोपों के आरोपों के संदर्भ में सीता सोरेन से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई तो कोई जवाब नहीं मिल पाया।
मेरे पास सारे दस्तावेज और साक्ष्य
देवाशीष ने कहा कि उनके पास सीता सोरेन द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देने के लिए सारे दस्तावेज और साक्ष्य उपलब्ध हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा 25 व्यक्तियों की चुनाव समिति के कार्य को देखने की जिम्मेदारी उनकी थी। उसे पूरी निष्ठा से निभाया, लेकिन चुनाव हारने के बाद मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं।
धनबाद में 15 लोगों ने उनके साथ मारपीट की और गाड़ी, जमीन का दस्तावेज, पिन कोड के साथ एटीम कार्ड ले लिया गया। उससे विवेक सिंह की बहन खुशबू कुमारी के खाते में तीन लाख से अधिक ट्रांसफर हुए। इस केस में साक्ष्य रहने के कारण अदालत से जमानत मिली।
दुमका में किए गए केस में सीता सोरेन ने मेरे हस्ताक्षर से चेक के जरिए निकासी का आरोप लगाया है। उसकी फोरेंसिक जांच हो जाए तो पता चल जाएगा कि फर्जी हस्ताक्षर किया गया है। चुनाव में फंड से आभूषण खरीदने के आरोप लगाए गए हैं, जिसे विभिन्न तिथियों में दुकानों से लिया गया है। इसका पूरा बिल उनके पास है।
सीता सोरेन को उन्होंने गाड़ी लेने व निबंधन के लिए 1408021 रुपये दिए। इसमें से उन्होंने 232516 रुपये अबतक नहीं दिए हैं। बीते 24 जनवरी और 29 जनवरी को उन्होंने सीता सोरेन को चुनावी खर्च का सारा हिसाब-किताब सौंप दिया था। चुनाव आयोग को भी यह प्रेषित किया जा चुका है।
नए केस में सीता सोरेन ने देवाशीष पर लगाए ये आरोप
सीता सोरेन ने अपने पूर्व निजी सहायक देवाशीष मनोरंजन घोष के खिलाफ दुमका के नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। सीता सोरेन ने आरोप लगाया है कि देवाशीष ने उनकी चेक बुक पर जाली हस्ताक्षर कर लाखों रुपये की निकासी की और पार्टी फंड में हेराफेरी की। देवाशीष उनके निजी सहायक के रूप में कार्यरत थे और चुनावी खर्चों का हिसाब-किताब संभाल रहे थे।
सीता का दावा है कि जब उन्होंने मार्च 2025 में हिसाब मांगा तो देवाशीष ने टालमटोल की। उनकी निजी जांच में पता चला कि पार्टी द्वारा दी गई राशि में लाखों रुपये का कोई लेखा-जोखा नहीं था। चेक बुक की जांच में जाली हस्ताक्षर के जरिए राशि निकासी का खुलासा हुआ। इसके अलावा देवाशीष के बैंक खाते में असामान्य लेनदेन, एक नई गाड़ी और सोने के जेवरों की खरीदारी भी सामने आई।
सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर बोला हमला
23 Jun, 2025 12:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। आजसू पार्टी ने रविवार को अपना स्थापना दिवस 'बलिदान दिवस' के रूप में मनाया। इस अवसर पर खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने जहां झामुमो और कांग्रेस पर निशाना साधा। वहीं, राज्य सरकार की नाकामियां भी गिनाईं।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के लिए संघर्ष आजसू ने किया। बाकी ने सिर्फ सौदेबाजी की। सुदेश ने प्रखंडों में व्याप्त भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए कहा कि यहां सिस्टम में डकैती हो रही है, जनता त्रस्त है।
उन्होंने कहा कि सारा तंत्र काम में अड़ंगा लगाकर तथा डरा-धमकाकर लूट में लगा है, जमीन की भी लूट मची है। इन सभी के विरुद्ध लड़ाई लड़ने के लिए आजसू तैयार है। उन्होंने इसके लिए कार्यकर्ताओं से संघर्ष करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वोट के लिए उन छह लाख महिलाओं के खाते में पैसे बांटे गए जो इसके लिए योग्य नहीं थे। सवाल उठाया कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार झूठ बोलकर और गुमराह कर राजनीति कर रही है।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा जाति जनगणना की घोषणा का स्वागत किया, लेकिन यह भी कहा कि आबादी के आधार पर आरक्षण भी तय करना होगा।
उन्होंने कहा कि चुनावी घोषणा के बाद भी न तो नियोजन नीति बनी, न ही स्थानीय और विस्थापन नीति। उन्होंने कहा कि पेसा नियमावली पर कांग्रेस सिर्फ राजनीति कर रही है, जबकि इस पार्टी ने ही परंपरागत स्वशासन व्यवस्था को खत्म किया था।
कार्यक्रम में पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष सह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कार्यकर्ताओं से प्रखंड और पंचायत तक जाकर राज्य सरकार की नाकामियों को बताने का आह्वान किया।
पार्टी के प्रधान महासचिव सह पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि जेपीएससी की 90 प्रतिशत नौकरियां बाहरियों को मिली है। महासचिव सह पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने कहा कि वर्तमान सरकार घोटाले की सरकार के रूप में जानी जाएगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रवीण प्रभाकर ने पार्टी को पुराने तेवर में आने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बंगाल के मेदिनीपुर, पुरुलिया और ओडिशा के कई इलाकों रायरंगपुर, बारीपदा आदि से भी कार्यकर्ता पहुंचे थे। विभिन्न मोहल्लों से महानगर कार्यकर्ता मोटरसाइकिल जुलूस की शक्ल में खेलगांव स्थित समारोह स्थल पहुंचे। इस अवसर पर रक्तदान शिविर भी लगाई गई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया।
इधर जुटे आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन के पुराने नेता, मनाया स्थापना दिवस
ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के पुराने नेता रविवार को मोरहाबादी स्थित डॉ. रामदयाल मुंडा सभागार में जुटे। उन सभी ने पार्टी का 40वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर झारखंड आंदोलनकारियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। इसमें हाल ही में आजसू पार्टी छोड़ चुकी कमल किशोर भगत की पत्नी नीरू शांति भगत भी सम्मिलित हैं।
साथ ही फिल्मों के माध्यम से झारखंड की संस्कृति की रक्षा का कार्य करने वाले मेघनाथ भठ्ठाचार्य, प्रबल महतो आदि को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नेताओं ने झारखंड राज्य गठन के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए फिर से संघर्ष करने की बात कही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड राज्य मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. टीएन साहू ने डॉ. रामदयाल मुंडा के नाम सम्मान स्मृति पत्र जारी किया। सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष ललित महतो ने कहा कि भाषा, संस्कृति और खतियान, झारखंडियों को पहचान के नारे को फिर से बुलंद किया जाए।
इस मौके पर आजसू के संस्थापक अध्यक्ष प्रभाकर तिर्की, संस्थापक महासचिव सूर्य सिंह बेसरा, पूर्व अध्यक्ष ललित कुमार महतो, रतन तिर्की, जाय बखला, प्रो विनोद भगत आदि ने पार्टी के पुनर्गठन पर जोर दिया। सभी ने वृहद झारखंड राज्य के लिए आंदोलन शपथ लिया।
यह भी निर्णय लिया गया कि आजसू का पुनर्गठन कर छात्रों को कमान सौंपा जाएगा। साथ ही आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन का राजनीतिक इस्तेमाल करने वालों के विरुद्ध भारत निर्वाचन आयोग से शिकायत करने का निर्णय लिया गया।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन में ऐतिहासिक बढ़ोतरी, मंत्री संतोष कुमार सिंह ने बताया क्रांतिकारी कदम
21 Jun, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री श्री संतोष कुमार सिंह ने सीएम नीतीश कुमार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में की गई ऐतिहासिक बढ़ोतरी का जोरदार स्वागत किया है. उन्होंने इसे राज्य के वृद्धजनों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं के जीवन में सम्मान, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा की दिशा में क्रांतिकारी कदम बताया है.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की जनता को को बड़ा तोहफा दिया है. सीएम ने सामाजिक सहायता पेंशन में तीन गुना बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है. श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने सीएम के इस फैसले का स्वागत किया है. उन्होंने इसे बिहार के वृद्धजनों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं के लिए आर्थिक संबल और सम्मानजनक जीवन की दिशा में क्रांतिकारी कदम बताया. मंत्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ सभी जाति, धर्म, वर्ग और समुदाय के वृद्धजनों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं को एक समान मिल पाएगा, जिसे इनका मान समाज और परिवार में भी बढ़ेगा. उन्होंने कहा कि कोई इन्हें हीन या परित्यक्त भाव से नहीं देखेगा और इनके जीवन स्तर में व्यापक बदलाव आएगा. उन्होंने कहा कि यह पेंशन एनडीए सरकार की कार्य कुशलता को दर्शाता है.
1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लोगों को मिलेगा लाभ
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व में यह साबित कर दिया है कि सामाजिक न्याय और संवेदनशील प्रशासन सिर्फ नारों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखने वाले फैसलों में होता है. उन्होंने कहा कि अब तक लाभार्थियों को जहां ₹400 प्रतिमाह पेंशन मिलती थी, वहीं अब उन्हें ₹1100 प्रतिमाह की राशि मिलेगी, जो करीब तीन गुनी बढ़ोतरी है. उन्होंने बताया कि 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को इस निर्णय का सीधा लाभ मिलेगा और यह राशि हर महीने की 10 तारीख को सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की जाएगी.
वंचित तबकों के लिए ऐतिहासिक फैसला
मंत्री ने इसे समाज के हर वंचित तबकों के जीवन में बदलाव लाने वाला ऐतिहासिक फैसला बताया. उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य सरकार की कल्याणकारी सोच और जन सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, खासकर वृद्ध, विधवा और दिव्यांग नागरिकों के लिए यह आर्थिक सहायता उनकी स्वावलंबन की भावना को मजबूत करेगी और उन्हें दवाइयों, भोजन एवं दैनिक जरूरतों के लिए किसी पर आश्रित नहीं रहना पड़ेगा.
श्रमिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए योजनाएं
इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग द्वारा भी श्रमिकों की ज़िंदगी को बेहतर बनाने के लिए कई अहम योजनाएं संचालित की जा रही हैं. बिहार राज्य भवन निर्माण सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के द्वारा जन्म से लेकर मृत्यु तक राज्य के श्रमिकों को लाभ दिया जा रहा है. इसके तहत श्रमिक दुर्घटना सहायता योजना, सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना, मातृत्व लाभ योजना, आवास निर्माण सहायता योजना सहित कुल 16 जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं, जिसके जरिए बिहार के श्रमिक अब और भी सबल बन रहे हैं. इसके अलावा राज्य के युवाओं के लिए विभाग द्वारा मांग आधारित कौशल प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सके. उन्होंने कहा कि सरकार की यह योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लाखों श्रमिक परिवारों की ज़िंदगी में बदलाव ला रही हैं.
पेंशन में की गई बढ़ोतरी ऐतिहासिक निर्णय
मंत्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सीएम नीतीश की यह पहल सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के उस मॉडल को मजबूत करती है, जिसकी मिसाल आज देश भर में दी जा रही है. उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन में की गई बढ़ोतरी एक ऐतिहासिक निर्णय है और यह सुनिश्चित करेगा कि बिहार का कोई भी बुजुर्ग, दिव्यांग या विधवा महिला आर्थिक तंगी की वजह से उपेक्षित न रहे. उन्होंने कहा कि यह पहल उन्हें न सिर्फ आर्थिक सुरक्षा देगी, बल्कि जीवन में गरिमा और आत्मविश्वास भी लौटाएगी.
बिहार : खेती से केबिन तक: मिथिला लीची ने रचा एयर कार्गो में कीर्तिमान
21 Jun, 2025 08:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार की मशहूर मिथिला लीची ने इस साल में 250 टन एक्सपोर्ट का नया रिकॉर्ड बनाया है. पिछले साल की तुलना में 108% की वृद्धि के साथ मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे शहरों में लीची पहुंचाई गई है. दरभंगा एयरपोर्ट ने इस उपलब्धि में अपनी अहम भूमिका निभाई है. बिहार की मिथिला लीची ने इस साल एक्सपोर्ट के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है. इस वर्ष में अब तक 250 टन से अधिक लीची दरभंगा एयरपोर्ट से देश के विभिन्न हिस्सों में भेजी गई है. यह पिछले साल 2024 के 120 टन के मुकाबले 108 प्रतिशत की शानदार वृद्धि है. इस उपलब्धि ने बिहार के किसानों को बड़े बाजारों से जोड़ने में मदद की है. उनकी मेहनत और टेस्टी लीची अब देश के कोने-कोने में पहुंच रही है. मिथिला की यह मीठी और रसीली लीची देश के चार बड़े महानगरों – मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद और बेंगलुरु तक एयरलाइंस की मदद से तेजी से पहुंचाई गई है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया(AAI) और दरभंगा एयरपोर्ट ने इस काम में अपनी अहम भूमिका निभाई. इसके साथ ही एयरपोर्ट की कार्गो सेवा ने भी फ्रेस और क्वालिटी लीची को हवाई मार्ग से इन शहरों तक पहुंचाने में अपनी अहम भूमिका निभाई.
इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा ने दिखाया दम
20 मई को ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) से मंजूरी मिलने के बाद स्पाइसजेट ने लीची एक्सपोर्ट की शुरुआत की. पहली खेप 21 मई को मुंबई के लिए रवाना हुई. इसके बाद 23 मई से इंडिगो और 1 जून से अकासा एयरलाइंस ने भी लीची भेजना शुरू किया. इस सीजन में इंडिगो ने 159.2 टन, स्पाइसजेट ने 47 टन और अकासा ने 44.5 टन लीची को ट्रांसपोर्ट किया. इस तरह कुल 250 टन से अधिक लीची हवाई मार्ग से देशभर में पहुंचाई गई है.
मौसम की चुनौतियों को किया पार
मौसम की मुश्किलों के बावजूद क्षेत्रीय मुख्यालय (RHQ), AAI कार्गो एंड लॉजिस्टिक्स सर्विसेज (AAICLAS) और एयरलाइंस की टीमों ने शानदार तालमेल के साथ काम किया. इस सहयोग ने बिहार की लीची को देश के बड़े बाजारों तक ताजा और समय पर पहुंचाने में मदद की.
बिहार के किसानों के लिए बड़ी उपलब्धि
यह रिकॉर्ड बिहार के लीची किसानों के लिए गर्व की बात है. दरभंगा एयरपोर्ट की कार्गो सेवा ने न केवल किसानों की आय बढ़ाई, बल्कि मिथिला लीची को राष्ट्रीय स्तर पर और लोकप्रिय बनाया. आने वाले वर्षों में भी इस तरह की पहल बिहार की खेती को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी.
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बनाया चक्रव्यूह
21 Jun, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। भाजपा ने विधानसभा चुनाव को लेकर चक्रव्यूह तैयार करने की रणनीति पर काम तेज कर दिया है। संभवत: इसी लक्ष्य को साधने के लिए प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने दो जुलाई को गांधी मैदान के पास स्थित ज्ञान भवन सभागार में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुलाई है।
कई बड़े मंत्री होंगे शामिल
इसमें नौ सौ कार्यकर्ता के साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार के मंत्री, पार्टी विधायक, विधान पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। विधानसभा चुनाव एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की 11 वर्ष की उपलब्धियों को लेकर राजनीतिक प्रस्ताव लाया जाएगा।
बैठक में इस पर सहमति बनी
इस संबंध में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में इस पर सहमति बनी। कार्यसमिति का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे, जबकि समारोह के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष को बुलाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
इस दौरान यह तय हुआ कि 15 जुलाई से 15 सितंबर तक जिलेवार बूथ सशक्तीकरण अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने चुनाव को लेकर कार्यशाला के आयोजन पर भी विचार-विमर्श किया। साथ ही विधानसभावार 15 जुलाई से 14 अगस्त के बीच एनडीए का सम्मेलन कराने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया।
250 महिला विस्तारक उतारेगी भाजपा
भाजपा ने महिला मतदाताओं के बीच पकड़ मजबूत करने के लिए चिह्नित किए गए 125 विधानसभा क्षेत्र में 250 महिला विस्तारकों को भी उतारने की रणनीति तैयार की है। वहीं, चुनाव के दौरान संगठनात्मक पहल को सूक्ष्म स्तर पर लागू करने के लिए पूरे बिहार को पार्टी ने आठ भागों में बांटा है। इसके साथ ही चुनाव प्रबंधन में सहयोग के लिए अन्य राज्यों से आने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के प्रवास पर भी विचार-विमर्श पार्टी पदाधिकारियों ने की। बैठक में प्रदेश महामंत्री राकेश कुमार एवं लाजवंती झा के अतिरिक्त मुख्यालय प्रभारी अरविंद शर्मा उपस्थित थे।
विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने महिलाओं को दी बड़ी सौगात
21 Jun, 2025 01:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने शनिवार को एक्स पर पोस्ट करके बताया गया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को अब हर महीने 400 की जगह 1100 रुपये पेंशन मिलेगी। सभी लाभार्थियों को जुलाई महीने से पेंशन बढ़ी हुई दर पर मिलेगी। नीतीश कुमार ने बताया कि सभी लाभार्थियों के खाते में यह राशि महीने की 10 तारीख को भेजना सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को काफी मदद मिलेगी। वृद्धजन समाज का अनमोल हिस्सा हैं और उनका सम्मानजनक जीवन-यापन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयत्नशील रहेगी। बता दें कि चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने राज्य की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। हालांकि अभी चुनाव तारीखों की घोषणा नहीं की गई है, पर इसे राजनीतिक पंडित इसी से जोड़कर देख रहे हैं।
बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई परेशानी, आरा-बलिया पुल पर संकट गहराया
21 Jun, 2025 12:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश-बिहार के बीच बड़हरा प्रखंड के महुली गंगा घाट स्थित पीपा पुल को 25 जून तक खोला जाएगा। गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए पीपा पुल को खोला जा रहा है।
बताया जाता है कि 20 जून तक गंगा नदी के जलस्तर में एक फीट की वृद्धि हुई है। पीपा पुल को खोलने से दोनों राज्यों के कई जिलों का संपर्क भंग हो जाएगा। इससे अगले पांच से छह माह तक गंगा नदी के इस रास्ते से परिवहन सुविधा ठप हो जायेगी। इससे दोनों राज्यों के कई जिलों के लोगों को आवागमन में परेशानी बढ़ जाती हैं।
पीपा पुल के खुलने से भोजपुर जिला के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के बलिया जिला और बिहार के छपरा जिला के सड़क मार्ग से संपर्क भंग हो जाता है।
पुल पर आवागमन बंद होने से बलिया ज़िला और खवासपुर पंचायत से आने-जाने वाली गाड़ियों को बक्सर और छापरा होकर भोजपुर जिला तक करीब 100 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
यही हाल दोनों प्रदेश के जिलों में आने वाली गाड़ियों की होती है। आरा-छपरा पुल होकर उत्तर प्रदेश जाने में यह दूरी करीब 150 किलोमीटर हो जाती है।
इतना ही नहीं, बड़हरा प्रखंड अंतर्गत खवासपुर पंचायत के 18 गांवों के निवासियों को चार पहिया गाड़ी से अपने ही प्रखंड मुख्यालय और जिला मुख्यालय पर आने के लिए 75 से 100 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। इससे लोगों को समय के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है।
खवासपुर के 18 गांवों के लोगों के लिए नाव होगी सहारा
खवासपुर पंचायत में 18 गांवों के लोगों के लिए 25 जून से नवंबर माह तक परिवहन बंद रहेगा। ऐसे स्थिति में आवागमन के लिए मात्र नाव ही सहारा रहेगी। बाढ़ आने की स्थिति में लहरों के बीच नाव से आवागमन करना काफी खतरनाक होता है।
इसके बाद भी 75 से 100 किलोमीटर की दूरी तय कर जिला और प्रखंड मुख्यालय आने -जाने में लोग काफी असमर्थ महसूस करते हैं। सबसे ज्यादा संकट की स्थिति स्वास्थ्य सेवा को लेकर हो जाती है।
गंगा के महुली घाट पीपा पुल पर आवागमन शुरू रहने से यहां अगल बगल के गांव में रहने वाले हजारों लोगों के लिए कई मायने में वरदान साबित होता है।
गंगा के उस पार खवासपुर समेत यूपी के बलिया, छपरा के कई गांवों के लोगों को सबसे ज्यादा लाभ स्वास्थ्य सेवा और शादी विवाह के समय होता है।
शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई, CM हाउस के बाहर तनाव
बालाकोट-नोटबंदी पर राहुल का तंज, संसद में हंगामा
