बिहार-झारखण्ड
झारखंड के 14 जिलों में होगी झमाझम बारिश
21 Jun, 2025 12:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही वर्षा के बाद शुक्रवार की सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बाद मौसम का मिजाज बदल गया।
शहर की सड़कों पर वाहनों का आवागमन सामान्य रहा। दुकानों में ग्राहकों की भीड़ रही। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार की सुबह 08:30 से शाम 05:30 बजे तक मात्र 7.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
रांची का अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सामान्य तापमान की तुलना में अधिकतम तापमान में 5.9 डिसे. व न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम पूर्वानुमान के तहत शनिवार को बादल छाए रहेंगे और दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी। रविवार व सोमवार को एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी।
मंगलवार व दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी। 25 व 26 जून को भी बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ वर्षा होगी।
भारत मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर पूर्व झारखंड व उससे जुड़े गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर बना निम्न दाब क्षेत्र अब उत्तर-पूर्व झारखंड व आसपास के क्षेत्रों में बना हुआ है।
आगामी 24 घंटे में यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। मौसम पूर्वानुमान के तहत शनिवार को राज्य के उत्तर-पश्चिमी व उत्तर-पूर्वी भाग (पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा और देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहेबगंज) में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
राज्य के कुछ स्थानों पर गरज के साथ वज्रपात होने की भी संभावना है। रविवार व सोमवार को राज्य में कुछ स्थानों पर गरज के साथ वज्रपात होने की संभावना है।
24 जून को राज्य के उत्तर-पूर्वी भाग के कुछ जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है। साथ ही राज्य में कुछ स्थानों पर गरज के साथ वज्रपात होने की संभावना है। 25 व 26 जून को राज्य के दक्षिण व मध्य भाग में कुछ जिलों में भारी वर्षा होगी।
झारखंड की राजधानी रांची समेत दूसरे जिलों के मौसम का हाल जाने।
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी वर्षा हुई (मिमी. में)
मांडर : 210.2, बानो (सिमडेगा) : 180, बरियातू : 170, रामगढ़ : 156.2, रामगढ़ (बीडीओ) : 142.6, सिमडेगा : 130.2, गोला : 130, मांडू : 122.4, पतरातू : 120, बीएयू कांके : 110.4, आनंदपुर : 110, गुमला : 109.3, रायडीह : 105, खलारी : 104.2, हिंदगीर : 100.4, पालकोट : 95.6, रामगढ़ डीवीसी : 92.5, लेसलीगंज : 88.5, गोबिंदपुर डीवीसी : 87.6, मांडू डीवीसी :87
कोलेबिरा : 85.6, कुरडेग : 83.4, कुड़ू : 82.2, पोटका : 81.4, रामगढ़ केवीके : 79, मनोहरपुर : 78.6, रांची : 76.6, गुदरी : 76.2, बोड़ाम : 75, ओरमांझी : 72.4, गोईलकेरा : 70, हेरहंज : 70, हरिहरगंज : 68.9, चाईबासा : 67.2, बड़कागांव : 67, आइसीएआरनामकुम : 66.6
डुमरी डीवीसी : 66.5, जमशेदपुर : 62.8, मंझारी : 60.2, रनिया : 58.2, पुटकी : 57.2, बोकारो थर्मल : 55.8, तांतनगर : 55.2, चंद्रपुरा : 54.4, पपुंकी : 52.6, जगन्नाथपुर : 52.4, गढ़वा केवीके : 52.0।
रांची शहर में बदल जाएगी सड़कों की सूरत
21 Jun, 2025 12:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। राजधानी में जल्द ही सिक्स लेन व फोरलेन सड़क का निर्माण होगा। शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इन दो परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान कर दी। मार्च 2027 तक इन दोनों परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
एचईसी क्षेत्र स्थित शहीद मैदान से वाया हाई कोर्ट होते हुए रिंग रोड तक व दूसरा अरगोड़ा से रिंग रोड तक। इन दो सड़कों का निर्माण होने से वाहनों का आवागमन सुगम होगा। कैरेज-वे सुदृढ़ होगा। लंबी दूरी तय करने में समय की बचत होगी।
एचईसी क्षेत्र स्थित शहीद मैदान से रिंग रोड तक छह लेन सड़क का निर्माण होगा। झारखंड राज्य राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से इस सिक्स लेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
लगभग 301 करोड़ की लागत से निर्माण होने वाले इस सिक्स लेन सड़क की लंबाई 8.29 किलोमीटर होगी। इस सड़क का निर्माण होने के बाद 25 से 30 मिनट का सफर मात्र पांच मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
वर्तमान में इस सड़क की चौड़ाई सात से 10 मीटर है, जिसे सिक्स लेन में बदलने का प्रस्ताव है।इस परियोजना में डिवाइडेड कैरेज-वे, सर्विस रोड, साइकिल ट्रैक व फुटपाथ शामिल होंगे। इसके अलावा पुल निर्माण व लिंक रोड भी बनाए जाएंगे।
अरगोड़ा चौक से रिंग रोड होते हुए 35 मिनट में पहुंचेंगे ओरमांझी
पुराना अरगोड़ा चौक से पुंदाग होते हुए नया सराय तक फोरलेन सड़क बनेगी। इस सड़क की लंबाई 6.175 किलोमीटर होगी। फिलहाल इस मार्ग की स्थिति जर्जर हो चुकी है, जबकि इस मार्ग पर भारतीय प्रबंधन संस्थान (आइआइएम) जैसे महत्वपूर्ण संस्थान है।
इस संस्थान के बगल में ही पासपोर्ट कार्यालय का भी निर्माण कराया जा रहा है। इसी मार्ग पर आरबीआइ का कार्यालय भी है। इस मार्ग पर कई स्कूल भी संचालित हो रहे हैं। सड़क की स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण इस मार्ग पर वाहन चालक जाम की समस्या भी जूझते रहते हैं।
हालांकि अब 141 करोड़ की लागत से इस मार्ग पर 6.175 किलोमीटर फोरलेन सड़क का निर्माण होगा। पथ निर्माण विभाग की ओर से इस फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। वर्तमान में इस सड़क की चौड़ाई 5.5 से 7 मीटर तक है। फोरलेन सड़क के तहत इसकी चौड़ाई 14 मीटर होगी।
इस फोरलेन सड़क का निर्माण होने से रांची के अलावा गुमला, लोहरदगा, लातेहार व डालटनगंज जिले के लोग भी लाभान्वित होंगे। इस मार्ग से होकर लोग रिंग रोड होते हुए ओरमांझी की दूरी 35 मिनट में तय कर पाएंगे।
37 दिनों में झारखंड-बिहार के 61 लाख मोबाइल यूजर्स को ऑनलाइन ठगी से बचाया गया
21 Jun, 2025 11:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। एक निजी टेलीकाम कंपनी ने दावा किया है कि उसने झारखंड और बिहार सर्कल में अपने एआई-आधारित फ्रॉड डिटेक्शन सिस्टम की मदद से केवल 37 दिनों में 61 लाख से अधिक यूजर्स को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाया है।
इसकी जानकारी कंपनी ने शुक्रवार को झारखंड पुलिस मुख्यालय में राज्य के पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता को दी। इस दौरान कंपनी ने समक्ष ऑनलाइन धोखाधड़ी से निपटने व डिजिटल सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी।
कंपनी के अनुसार, यह पहल ऑनलाइन फ्रॉड की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए शुरू की गई है। उसकी यह अत्याधुनिक प्रणाली एसएमएस, सोशल मीडिया, ईमेल और ब्राउजर में मौजूद संदिग्ध लिंक को स्कैन कर खतरे का आकलन करती है।
यह प्रणाली हर दिन एक अरब से अधिक यूआरएल की जांच करती है और संदिग्ध साइटों तक पहुंच को 100 मिलीसेकेंड के भीतर ब्लॉक कर देती है।
ऐसे काम करता है सिस्टम
डीजीपी अनुराग गुप्ता ने इसकी सराहना की। बताया गया कि यह अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली सभी मोबाइल व ब्रॉडबैंड ग्राहकों के लिए ऑटोमैटिक रूप से एक्टिव है।
यह एसएमएस, वाट्सएप, टेलीग्राम, फेसबुक, इंस्टाग्राम, ई-मेल व अन्य ब्राउजर्स पर भेजे गए लिंक को स्कैन व फिल्टर करती है। यह तकनीक रियल टाइम थ्रेट इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करती है।
एक उदाहरण देकर भी समझाया कि जैसे रांची का कोई निवासी अगर संदिग्ध संदेश प्राप्त करता है और वह व्यक्ति बिना सत्यता जाने उस लिंक पर क्लिक करता है तो कंपनी का एआई सिस्टम तुरंत सक्रिय हो जाता है और उस लिंक को स्कैन कर संदिग्ध पाए जाने पर साइट को ब्लॉक करता है।
यूजर्स को एक एआई संचालित प्लेटफार्म से चेतावनी संदेश जाता है, जिसमें उन्हें सतर्क किया जाता है। इससे ऑनलाइन धोखाधड़ी से यूजर्स को बचाया जा रहा है।
अजगैवीनाथ धाम से झारखंड सीमा तक बनेगी चकाचक सड़क
20 Jun, 2025 04:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भागलपुर। एक माह तक चलने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की जल्द शुरुआत होगी। इस बार अजगैवीनाथ धाम से बाबाधाम (देवघर) जाने वाले कांवड़ियों को सहूलियत होगी। पैदल यात्रा के दौरान उन्हें सड़क की बदहाली नहीं झेलनी पड़ेगी। अजगैवीनाथ धाम से झारखंड सीमा तक मार्ग को गड्ढामुक्त बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) कार्य प्रमंडल बांका ने इस कार्य को लेकर निविदा जारी कर दी है। 27 जून को ठेकेदार का चयन होगा। मरम्मत कार्य अजगैवीनाथ धाम से तारापुर, बेलहर, कटोरिया, चांदन और दर्दमारा तक स्टेट हाईवे- 22 को झारखंड सीमा तक किया जाएगा। कांवड़िया पथ को गड्ढों को भरकर रास्ते को पैदल चलने लायक बनाया जाएगा।
इस पर 29 लाख रुपये खर्च होंगे। काम को मेला शुरू होने से पहले पूरा करने की योजना है। यही नहीं, श्रावणी मेले में बाबा धाम जाने वाले लाखों कांवड़ियों को अजगैवीनाथ धाम से झारखंड सीमा स्थित डुम्मा तक की कच्ची कांवड़िया पथ भी राहत मिलेगी। पैदल चलने लायक बनाया जाएगा। किमी 0.70 से 83.35 के बीच रैन कट रिपेयरिंग, गंगा बालू बिछाने, पानी छिड़काव सहित अन्य काम होंगे।
इससे कांवड़ियों को एक सुरक्षित और आरामदायक रास्ता मिल सकेगा। इस पर 36 करोड़ पांच लाख रुपये खर्च होंगे। चयनित एजेंसी को 45 दिन में काम पूरा करना होगा। इसके बाद तीन महीने में एक माह निर्माण और दो माह रखरखाव एवं मलेमास के दौरान चार महीने में एक माह निर्माण और तीन माह रखरखाव अनिवार्य होगा।
इधर, अजगैवीनाथ धाम से झारखंड सीमा के दर्दमारा तक की सड़क को 10 मीटर चौड़ा किया जाना है। इसकी चौड़ीकरण फोरलेन जितनी की जानी है। करीब 385 करोड़ 87 लाख से चौड़ीकरण व मजबूतीकरण कार्य कराने के लिए पथ निर्माण विभाग, बांका की ओर से टेंडर की प्रक्रिया अपनाई जा रही थी। जिसको विभाग ने निरस्त कर दिया है।
इस पर आगे काम होगा या नहीं, पथ निर्माण विभाग के अधिकारी द्वारा अभी इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। अगर इस प्रोजेक्ट पर काम होता है तो अजगैवीनाथ धाम और झारखंड के विभिन्न जिलों के लिए कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी।
सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य से न केवल आम दिनों में यातायात सुगम होगा, बल्कि श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों को भी आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में यह मार्ग संकरा होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। जिससे राहगीरों को काफी परेशानी होती है।
पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि अजगैवीनाथ धाम से झारखंड बॉर्डर के दर्दमारा तक की सड़क को 10 मीटर चौड़ा करने की योजना का टेंडर रद कर दिया गया है। अभी गड्ढा भरकर चलने लायक बनाया जाएगा।
टाटानगर और राउरकेला में ट्रेन हादसों को रोकेगी 'कवच' प्रणाली
20 Jun, 2025 04:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन में सुरक्षित और दुर्घटना रहित रेलयात्रा की कवायद तेज हो गई है।
स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली 'कवच' को चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बंडामुंडा और राउरकेला स्टेशन क्षेत्र में सहित दक्षिण पूर्व रेलवे के हावड़ा मुंबई मुख्य रेल मार्ग में लगाए जाने की कवायद शुरू हो गई है।
यह प्रणाली भारतीय रेलवे की स्वदेशी और अत्याधुनिक ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम 'कवच' 4.0 है, जो रेल हादसों को रोकने में अहम भूमिका निभाएगी।
टावर निर्माण से 'कवच' सिस्टम की राखी जा रही नींव
हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग के चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बंडामुंडा स्टेशन के के केबिन, आर केबिन और ए केबिन तथा राउरकेला स्टेशन के दोनों एंडिंग प्वाइंट पर 'कवच' प्रणाली के तहत संचार टावरों का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है।
इन टावरों से जीपीएस आधारित रेडियो नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जिससे ट्रेन को वास्तविक समय में निर्देश दिए जा सकेंगे और किसी भी आपात स्थिति में ब्रेक लगा कर ट्रेन को बड़े हादसे से बचाया जा सकेगा।
इसके साथ ही 'कवच' प्रणाली के लिए सिग्नलिंग डिवाइस, सेफ्टी सिस्टम, सेंसर और ट्रैक इक्विपमेंट भी स्थापित किए जा रहें है।
2028 तक 1563 किमी रूट होगा 'कवच' से लैस
दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत आने वाले हावड़ा से खड़गपुर, टाटानगर, चक्रधरपुर, राउरकेला, झारसुगुड़ा और खड़गपुर से भद्रक स्टेशनों के बीच 'कवच' सुरक्षा प्रणाली को स्थापित करने के लिए रेलवे 324.54 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। 2028 तक दक्षिण पूर्व रेलवे के 1563 किमी रेल लाइन और 136 रेल इंजनों को 'कवच' से जोड़ दिया जाएगा।
पहले चरण में चक्रधरपुर रेल मंडल में लग रहा 'कवच'
पहले चरण में हावड़ा मुंंबई मुख्य रेल मार्ग में 'कवच' से सुरक्षित किया जा रहा है। यही वजह है कि सबसे ज्यादा माल ढुलाई करने वाली और ट्रेफिक का भार सहने वाली चक्रधरपुर रेल मंडल में पहले चरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
चक्रधरपुर रेल मंडल के आसनबनी से झारसुगुड़ा स्टेशनों के बीच आने वाले राउरकेला और बंडामुंडा स्टेशनों में 'कवच' लगाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।
कैसे काम करती है 'कवच' तकनीक
इस खास तकनीक से एक ही ट्रैक पर आगे-पीछे दौड़ने वाली ट्रेनों में टक्कर नहीं होगी। इसे रोकने के लिए जीपीएस, रेडियो फ्रीक्वेंसी का प्रयोग होगा। ट्रेनों के टकराने की स्थिति आने से पहले ही दोनों ट्रेनों में ऑटोमेटिक ब्रेक लगने के साथ ही पांच किलोमीटर के दायरे में मौजूद सभी ट्रेनों का संचालन भी बंद हो जाएगा।
ट्रेन हादसों में कमी लाने के लिए दो साल पहले रेलवे ने आरडीएसओ के साथ मिलकर काम शुरू किया था। इसकी मदद से स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली 'कवच' को विकसित किया गया है।
'कवच' प्रणाली ब्रेक, हॉर्न, थ्रोटल हैंडल आदि की मॉनिटरिंग करती है। लोको पायलट से किसी प्रकार की चूक होने पर 'कवच' पहले ऑडियो-विडियो के माध्यम से अलर्ट करेगा। रेड सिग्नल पार होते ही ट्रेन में अपने आप ब्रेक लग जाएगा।
रेल यात्रा को तकनीकी रूप से और भी सुरक्षित बनाने की दिशा में चक्रधरपुर रेल मंडल में 'कवच' सिस्टम लगाने का काम तेजी से चल रहा है। फिलहाल राउरकेला बंडामुंडा में संचार टावर लगाए जा रहे है। विशेषकर हावड़ा से झारसुगुड़ा और खड़गपुर से भद्रक स्टेशनों के बीच करीबन 325 करोड़ की लागत से 'कवच' सिस्टम को लगाया जा रहा है। - आदित्य चौधरी, सीनियर डीसीएम, चक्रधरपुर रेल मंडल
मुस्लिम लड़की को भगाने के मामले में लड़के के मौसा को मिली जमानत
20 Jun, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गाजियाबाद। गाजियाबाद में कवि नगर थाना क्षेत्र में मुस्लिम लड़की को भगा ले जाने के मामले में युवक का सहयोग करने वाले उसके मौसा को कोर्ट ने बृहस्पतिवार को जमानत दे दी।
इससे पहले फरवरी 2024 में आरोपित युवक को भी जमानत दे दी थी। युवती ने कोर्ट में बयान दिए थे कि उसने युवक से मंदिर में शादी रचा ली है और वह बालिग है।
आरोपित युवक और लड़की के पिता एक-दूसरे के दोस्त थे। दोनों एक साथ ही काम करते थे। दोनों अपने-अपने परिवार के साथ शास्त्री नगर रहते हैं। लड़की के पिता ने 22 नवंबर 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी 17 वर्षीय बेटी कहीं चली गई है।
पुलिस ने जनवरी 2025 में बिहार के खगड़िया से लड़की को युवक के साथ बरामद किया था। कोर्ट ने युवक को जेल भेज दिया था। पुलिस ने युवक के मौसा को भी आराेपित बनाया था। बचाव पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता ज्ञानेंद्र शर्मा ने बताया कि कोर्ट में पीड़िता ने बयान दिया है कि वह युवक के साथ अपनी मर्जी से बिहार चली गई थी।
बताया कि वह युवक की मौसी के यहां एक माह तक रही। वह युवक से प्यार करती थी। उन दोनों ने मंदिर में शादी कर ली है। उन्होंने शारीरिक संबंध नहीं बनाए हैं। वह अपने घर नहीं जाना चाहती है। वकील ने दलील देते हुए कहा मेडिकल रिपोर्ट ने पीड़िता की उम्र लगभग 18 वर्ष पाई है।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश भारत सिंह यादव ने अभियोजन पक्ष और बचाव पक्ष के वकील की दलील को सुनने के बाद आरोपित मौसा को अग्रिम जमानत दे दी। कोर्ट ने जमानत देते हुए कहा कि आरोपित बिना अनुमति के भारत नहीं छोड़ेगा। अन्य अपराध में शामिल नहीं होगा।
अगला स्टेशन भूतनाथ है, दरवाजे बाईं ओर खुलेंगे
20 Jun, 2025 01:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। पटना मेट्रो सेवा में आपका स्वागत है...। अगला स्टेशन भूतनाथ है। दरवाजे बाईं ओर खुलेंगे। मेट्रो रेल में सफर कर रहे लोगों को जल्द ही इस तरह का एनाउंसमेंट सुनने को मिलेगा। छुकछुक करती रेल से हाईस्पीड ट्रेनों तक के सफर के बाद अब बारी मेट्रो की है।
बिहार की राजधानी में मेट्रो के शुभारंभ का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। करीब 56 दिन बाद 15 अगस्त को ब्लू लाइन पर चलने वाली मेट्रो को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इसके लिए प्रायोरिटी कारिडोर के स्टेशन स्वरूप में आने लगे हैं। मेट्रो सेवा शुरू होने से पटना की यातायात व्यवस्था में आमूल-चूल बदलाव आने की उम्मीद है। लोगों को जाम, धूल, धूप, ठंड एवं गर्मी से राहत मिलेगी। पूरी तरह एयर कंडिशंड बोगियों में सफर का आनंद उठा सकेंगे।
2019 में हुई थी परियोजना की शुरुआत
पटना मेट्रो रेल परियोजना की स्वीकृति 27 फरवरी 2019 को दी गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी आधारशिला रखी थी। दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन इसका काम कर रही है। इसके तहत कुल 31.9 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण होना है। इसमें दो कारिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है।
कुल 24 स्टेशन होंगे जिनमें 12 अंडरग्राउंड एवं इतने ही एलिवेटेड होंगे। एक कारिडोर उत्तर-दक्षिण का है जिसकी लंबाई 14.5 किलोमीटर जबकि दूसरे कारिडोर पूर्व-पश्चिम की लंबाई 16.94 किलोमीटर होगी। पहले कारिडोर में आठ एलिवेटेड एवं छह अंडरग्राउंड जबकि दूसरे कारिडोर में पांच एलिवेटेड ओर सात अंडरग्राउंड स्टेशन हैं।
पहले कारिडोर में मेट्रो का पहला स्टेशन बैरिया में न्यू आइएसबीटी जबकि अंतिम स्टेशन मलाही पकड़ी होगा। इस बीच में जीरो माइल, भूतनाथ और खेमनीचक भी आएंगे। सभी स्टेशन एलिवेटेड हैं। न्यू आइएसबीटी में ही 76 एकड़ जमीन पर डिपो बन रहा है। इसी डिपो से मेट्रो ट्रेन निकलेगी। मलाही पकड़ी से आइएसबीटी का 14.45 किमी लंबा ट्रैक उत्तर-दक्षिण कारिडोर का हिस्सा है। शुरुआत में 6.61 किमी एलिवेटेड हिस्से में मेट्रो चलेगी। बाद के दिनों मे मलाही पकड़ी से पटना यूनिवर्सिटी की ओर दो और स्टेशन जुड़ेंगे।
तीन रेक के साथ चलेगी पहली मेट्रो ट्रेन
प्रायोरिटी कारिडोर के तहत पहले चरण में पटना मेट्रो रेल में तीन रेक होंगे। इसमें डेढ़ सौ यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। अधिकतम छह कोच के साथ इसका परिचालन किया जाएगा। सभी कोच वातानुकूलित होंगे। इनमें सीसी कैमरे की नजर रहेगी। साथ ही वाइफाइ कनेक्शन, मोबाइल चार्जिंग साकेट भी होगा। मेट्रो स्टेशनों पर कैफेटेरिया एवं शापिंग एरिया भी होगा।
गौरतलब है कि दानापुर से नेहरूपथ होते हुए खेमनीचक के बीच 14 स्टेशन होंगे। इनमें सगुना मोड़, आरपीएस मोड़, पाटलिपुत्र, रुकनपुरा, चिड़ियाघर, विकास भवन आदि शामिल हैं। एलिवेटेड स्टेशन में दानापुर, सगुना मोड़, आरपीएस मोड़, पाटलिपुत्र, पटना बस टर्मिनल, जीरो माईल, भूतनाथ, खेमनीचक, मलाही पकड़ी, जगनपुरा, रामकृष्णानगर और मीठापुर शामिल हैं। वहीं अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों में रुकनपुरा, राजाबाजार, पटना जू, विकास भवन, विद्युत भवन, आकाशवाणी, गांधी मैदान, पीएमसीएच, पटना विश्वविद्यालय, मोइनुल हक स्टेडियम, राजेंद्रनगर और पटना जंक्शन शामिल हैं।
पटना मेट्रो का परिचालन 15 अगस्त से शुरू करने की तैयारी है। पहले चरण में मलाही पकड़ी से न्यू आइएसबीटी तक करीब 6.1 किलोमीटर की दूरी मेट्रो ट्रेन तय करेगी। इसमें पांच स्टेशन होंगे। मेट्रो डिपो भी लगभग बनकर तैयार है। फिलहाल एक रूट पर परिचालन शुरू किया जाएगा। मेट्रो के ससमय परिचालन शुरू करने के लिए हर स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है। - जिवेश कुमार, नगर विकास एवं आवास मंत्री
चांडिल डैम जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर
20 Jun, 2025 12:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर। चांडिल डैम में जलस्तर के खतरनाक स्तर तक पहुंचने से स्थिति चिंताजनक हो गई है। डैम के ऊपर बनी सड़क को भी पानी ने पार कर लिया है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, जिसके कारण कदमा, शास्त्रीनगर, बागबेड़ा, बाबूडीह, सोनारी और मानगो जैसे तटीय इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है।
इससे हजारों लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आज भी रेड अलर्ट जारी किया है, जिससे स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
जलस्तर और डिस्चार्ज की स्थिति
शुक्रवार को सुबह 8 बजे चांडिल डैम का जलस्तर 182.62 मीटर दर्ज किया गया। डैम से कुल 3109.00 क्यूमेक्स पानी का डिस्चार्ज हो रहा है, जिसमें रेडियल गेट से 3094.63 क्यूमेक्स और रिवर स्लुइस से 14.37 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है।
डैम के 10 गेट खोले गए हैं, जिनमें से प्रत्येक की ऊंचाई 2.31 मीटर से 3.05 मीटर तक है। नहर से पानी का डिस्चार्ज शून्य है, और डैम में भंडारण 690.75 यूनिट है। लगातार बारिश और ओडिशा के ब्यांगबिल डैम से पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर में और वृद्धि की संभावना है।
सड़कों पर पानी, आवागमन ठप
चांडिल डैम के ऊपर बनी सड़क पर पानी का बहाव इतना तेज है कि यह पूरी तरह जलमग्न हो चुकी है। स्थानीय निवासियों और एनएचएआई की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कई लोग इस स्थिति से नाराज हैं।
एक स्थानीय निवासी रमेश महतो ने बताया कि हर साल बारिश में यही हाल होता है, लेकिन प्रशासन और एनएचएआई कोई ठोस कदम नहीं उठाते। सड़क पर पानी का बहाव होने से चांडिल और आसपास के इलाकों को जोड़ने वाला यातायात पूरी तरह बाधित है।
तटीय इलाकों में बाढ़ का कहर
कदमा, शास्त्रीनगर, बागबेड़ा, बाबूडीह, सोनारी और मानगो जैसे निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घरों और सड़कों पर भर गया है। लोगों को अपने घरों से सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को आश्रय स्थलों में शरण लेने की सलाह दी है।
बाढ़ के कारण कई परिवारों का सामान नष्ट हो गया है, और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। स्थानीय निवासी सुनीता देवी ने कहा कि पिछले साल भी हमारा गांव डूब गया था, और इस बार फिर वही स्थिति है। सरकार को स्थायी समाधान करना चाहिए।
प्रशासन की कार्रवाई और रेड अलर्ट
जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। चांडिल डैम के 11 गेट खोलकर जलस्तर को नियंत्रित करने की कोशिश की गई है। डीसी सरायकेला ने ट्वीट कर लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस को राहत और बचाव कार्यों के लिए तैनात किया गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को झारखंड में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिसके चलते रेड अलर्ट जारी है।
आगे की चुनौतियां
लगातार बारिश और डैम से पानी छोड़े जाने के कारण स्थिति और बिगड़ सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ड्रेनेज सिस्टम की कमी और नदियों में गाद जमा होने से बाढ़ की समस्या हर साल बढ़ रही है।
प्रशासन से मांग की जा रही है कि दीर्घकालिक समाधान के लिए नदियों की सफाई और बाढ़ प्रबंधन योजनाओं को लागू किया जाए। फिलहाल, प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी हैं, लेकिन लोगों का कहना है कि यह पर्याप्त नहीं है।
पुरुलिया-जमशेदपुर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा
20 Jun, 2025 12:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नीमड़ीह। पुरुलिया जिला के बलरामपुर थाना अंतर्गत नामसोल गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे ट्रेलर एवं बोलेरो की टक्कर में बोलेरो सवार नौ लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में आठ नीमडीह थाना अंतर्गत लाकड़ी गांव के तिलाईटांड मिवासी बीरु महतो, अजय महतो, विजय महतो, स्वपन महतो, गुरुपद महतो, शशांक महतो, चित्त महतो, कृष्णा महतो है एवं एक व्यक्ति चंद्रमोहन महतो नीमडीह थाना के रघुनाथपुर का निवासी है।
बताया गया कि कुछ लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई जबकि, कुछ घायल लोगों की बलरामपुर अस्पताल ले जाने के क्रम में मौत हो गई।
घटना की जानकारी के बाद तिलाईटांड गांव में मातम छा गया। सभी लोग ईचागढ़ थाना के चिरुगोड़ा गांव से बराबजार थाना के अदाबना गांव बरात में गए थे। लौटने के दौरान यह भीषण सड़क दुर्घटना घटी।
जेएसएससी भर्ती के लिए फिर से होंगी दो परीक्षाएं
19 Jun, 2025 12:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा एक बार फिर दो बार में आयोजित कराने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
माना जा रहा है कि शुक्रवार को आयोजित कैबिनेट की बैठक में इससे संबंधित निर्णय लिया जाएगा। कार्मिक विभाग का इससे संबंधित प्रस्ताव फिलहाल वित्त विभाग की सहमति के लिए पहुंचा हुआ है।
कार्मिक विभाग के प्रस्ताव पर विधि विभाग से सहमति मिल गई है और अब वित्त से सहमति मिलने का इंतजार है। माना जा रहा है कि गुरुवार को वित्त से सहमति मिल जाएगी।
ज्ञात हो कि पूर्व में भी कर्मचारी चयन आयोग दो बार परीक्षा लेकर परिणाम जारी करता था। पहले प्रारंभिक परीक्षा और फिर मुख्य परीक्षा का आयोजन होता था।
कैबिनेट विभाग के सूत्रों के अनुसार ग्रामीण विकास विभाग और कुछ अन्य विभागों को मिलाकर अभी तक एक दर्जन के करीब प्रस्ताव पहुंच चुके हैं।
ज्ञात हो कि पूर्व में भी कर्मचारी चयन आयोग दो बार परीक्षा लेकर परिणाम जारी करता था। पहले प्रारंभिक परीक्षा और फिर मुख्य परीक्षा का आयोजन होता था।
कैबिनेट विभाग के सूत्रों के अनुसार ग्रामीण विकास विभाग और कुछ अन्य विभागों को मिलाकर अभी तक एक दर्जन के करीब प्रस्ताव पहुंच चुके हैं।
कसमार के शशि शेखर ने किया कमाल
19 Jun, 2025 12:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। बोकारो के युवा पर्वतारोही शशि शेखर ने फिर झारखंड का मान बढ़ाया है। लद्दाख की 6,070 मीटर ऊंची, तकनीकी और दुर्गम चोटी ‘यूटी कांगड़ी-1’ को फतह कर तिरंगा फहरा दिया है।
यह चढ़ाई पर्वतारोहण की सबसे चुनौतीपूर्ण अल्पाइन स्टाइल में पूरी की। बिना किसी पोर्टर, शेर्पा या बाहरी सहायता के पूरी तरह आत्मनिर्भर अभियान के रूप में। शिखर पर पहुंचकर भारत का तिरंगा और झारखंड पर्यटन विभाग का झंडा फहराया, जिससे राज्य की साहसिक पर्यटन क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्शाया जा सके।
अभियान की शुरुआत 13 जून को लेह से की थी। 14 जून को वे बेस कैंप पहुंचे और 15 जून की रात तीन बजे शिखर के लिए अंतिम चढ़ाई (समिट पुश) शुरू की। लगातार 5 घंटे की कठिन चढ़ाई के बाद सुबह 7:50 बजे यूटी कांगड़ी-1 के शिखर को छू लिया। छूते ही वे रोमांच से भर गए।
नके साथ मित्र फुंसोग नामग्याल भी सहभागी थे। दोनों ने तेज हवाओं, न्यूनतम तापमान और बर्फ से ढकी तीखी ढलानों जैसी मुश्किल परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करते हुए इस लक्ष्य को प्राप्त किया।
शशि शेखर ने कहा कि यह चढ़ाई मेरे लिए सिर्फ एक व्यक्तिगत विजय नहीं थी, बल्कि झारखंड की पहचान को हिमालय की ऊंचाइयों तक पहुंचाने का एक प्रयास था।
इस अभियान का आयोजन झारखंड की प्रमुख साहसिक संस्था लैम्बडा ऐडवेंचर द्वारा किया गया, जो राज्य में ट्रेकिंग, राक क्लाइंबिंग, रैपलिंग और नेचर स्टडी कैंप्स जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और स्कूली बच्चों को साहसिक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य कर रही है।
अब शशि का दीर्घकालिक लक्ष्य है सेवन समिट चैलेंज, यानी दुनिया के सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह करना। अब तक वे इस मिशन में दो महाद्वीपों की चोटियां सफलतापूर्वक फतह कर चुके हैं, जिसमें माउंट अकोंकागुआ (दक्षिण अमेरिका) और माउंट एल्ब्रुस (यूरोप) है।
शशि शेखर की पूर्व की प्रमुख पर्वतारोहण उपलब्धियां
शशि शेखर इससे पूर्व भी कई प्रतिष्ठित पर्वत चोटियों को फतह कर चुके हैं
माउंट अकोंकागुआ (6,961 मीटर) – दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी (अर्जेंटीना)
माउंट एल्ब्रुस (5,642 मीटर) – यूरोप की सबसे ऊंची चोटी (रूस)
माउंट एवरेस्ट (8,848 मीटर) – शशि इस चोटी पर अभियान के दौरान 8,430 मीटर की ऊंचाई पर स्थित ‘बैलकनी’ तक पहुंचे
माउंट लोबुचे ईस्ट (6,119 मीटर) – नेपाल
माउंट मणिरंग (5,758 मीटर)– हिमाचल प्रदेश— जहां वे समिट कैंप तक पहुंचे
झारखंड शराब घोटाला केस में छत्तीसगढ़ का कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया गिरफ्तार
19 Jun, 2025 11:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। शराब घोटाला केस में छत्तीसगढ़ के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। सिद्धार्थ सिंघानिया को रायपुर से गिरफ्तार किया गया है।
सूचना है कि झारखंड एसीबी की टीम ने सिद्धार्थ सिंघानिया को गिरफ्तार किया है, उनको रायपुर कोर्ट में पेशी के बाद ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाया जाएगा।
उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के पूर्व प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे के कार्यकाल में मई 2022 में लागू उत्पादन नीति में सिद्धार्थ सिंघानिया की सक्रियता थी।
छत्तीसगढ़ मॉडल पर आधारित इस नीति में सिद्धार्थ सिंघानिया महत्वपूर्ण भूमिका में था। उस समय उसने ही झारखंड की खुदरा शराब दुकानों में मैनपॉवर आपूर्ति का ठेका लिया था।
बाद में विवादों में आने के बाद राज्य सरकार ने उसकी प्लेसमेंट एजेंसियों को ब्लैक लिस्ट करते हुए बाहर कर दिया था।
झारखंड में शराब घोटाला केस उजागर होने के बाद से ही एसीबी की टीम सिद्धार्थ सिंघानिया से पूछताछ करने के लिए समन कर रही थी।
वह जांच एजेंसी के सामने उपस्थित नहीं हो रहा था। इसके बाद एसीबी ने कोर्ट से सिंघानिया का गिरफ्तारी वारंट लिया और फिर छत्तीसगढ़ जाकर उसे गिरफ्तार किया।
शराब घोटाला केस में यह सातवीं गिरफ्तारी
शराब घोटाला केस में झारखंड एसीबी की टीम ने सिद्धार्थ सिंघानिया के रूप में यह सातवीं गिरफ्तारी की है। इससे पूर्व उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग प्रधान सचिव आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे, पूर्व उत्पाद आयुक्त अमित प्रकाश को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, संयुक्त आयुक्त उत्पाद गजेंद्र सिंह, पूर्व महाप्रबंधक वित्त सुधीर कुमार दास, पूर्व महाप्रबंधक वित्त सह अभियान सुधीर कुमार, प्लेसमेंट एजेंसी मार्शन इन्नोवेटिव के स्थानीय प्रतिनिधि नीरज कुमार सिंह को एसीबी ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सभी आरोपित न्यायिक हिरासत में रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद हैं।
यौन उत्पीड़न के जुर्म में जेल में बंद बबलू शर्मा बरी
19 Jun, 2025 11:56 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। पॉक्सो मामले के विशेष न्यायाधीश बीके श्रीवास्तव की अदालत ने नाबालिग का यौन उत्पीड़न के आरोपित बबलू शर्मा को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया है। वह पिछले साढ़े चार साल से जेल में बंद था।
गुरुवार को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार से बाहर निकलेगा। बचाव पक्ष के अधिवक्ता फणीनेश्वर नाथ नीलेश ने उसके बचाव में बहस की थी। वह दिसंबर 2020 से जेल में है।
झारखंड हाई कोर्ट ने भी दो बार जमानत देने से इनकार किया था। अधिवक्ता नीलेश ने बताया कि घटना को लेकर पीड़िता ने चुटिया थाना में दिसंबर 2020 में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
सुनवाई के दौरान रिकॉर्ड पर यह बात आई कि पीड़िता ने अपनी मां के कहने पर बबलू शर्मा के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था।
जिसमें कहा गया था कि मेरी मां से शादी का झांसा देकर साल 2018 से साथ रहा था। इसके बाद उसे छोड़ दिया। सुनवाई के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ही पीड़िता का बयान अदालत में दर्ज किया गया।
मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से पीड़िता, उसकी मां और पिता की गवाही दर्ज कराई गई, लेकिन घटना को साबित करने में नाकाम रहे।
झारखंड शराब घोटाले में गुजरात और महाराष्ट्र के सात आरोपितों के विरुद्ध वारंट
19 Jun, 2025 11:53 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। एसीबी कोर्ट ने 38 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले से जुड़े मामले में सात आरोपितों के खिलाफ गिरफ्तार वारंट जारी किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को अदालत में गिरफ्तार वारंट का आवेदन दाखिल किया था।
एसीबी कोर्ट ने जांच अधिकारी को महाराष्ट्र और गुजरात के सात आरोपितों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की अनुमति प्रदान की है।
इसमें गुजरात की विजन हॉस्पिटैलिटी सर्विस एंड कंसल्टेंट से जुड़े विपिन जादवभाई परमार, महेश शेडगे, परेश अभेसिंह ठाकोर और विक्रम सिंह ठाकोर शामिल है।
जबकि महाराष्ट्र की मार्शन इनोवेटिव सिक्योरिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े जगन तुकाराम देसाई, कमल जगन देसाई और शीतल जगन देसाई का नाम शामिल है।
एसीबी अब तक 16 से अधिक लोगों को आरोपित बना चुकी है। इसमें से तत्कालीन उत्पाद सचिव विनय कुमार चौबे सहित छह की गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्य आरोपितों को एसीबी पूछताछ के बुला रही है। इसके लिए सभी को समन जारी किया गया है। आरोपित पूछताछ के लिए नहीं पहुंच रहे हैं।
इसको देखते हुए मामले में निलंबित आईएएस विनय कुमार चौबे के करीबी विनय कुमार सिंह और छत्तीसगढ़ के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया के खिलाफ पूर्व में वारंट जारी हो चुका है।
जमशेदपुर में पिछले 40 घंटे से मूसलाधार बारिश
19 Jun, 2025 11:51 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर। पिछले 40 घंटों से जमशेदपुर में लगातार बारिश हो रही है, जिससे स्वर्णरेखा और खरकाई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।
सोनारी, कदमा और बागबेड़ा के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। चांडिल डैम का जलस्तर भी चिंताजनक स्तर पर पहुंच गया है, जिसके चार गेट खोले गए हैं।
ओडिशा के व्यांगबिल डैम खुलने से स्थिति और गंभीर हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक भारी बारिश की चेतावनी दी है।
जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और नदियों से दूर रहने की सलाह दी है। राहत टीमें तैयार हैं। 40 घंटे से जमशेदपुर में लगातार बारिश हो रही है।
जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्कूल खुले रहने से बच्चों एवं अभिभावकों की परेशानी बढ़ गई है। कई स्कूलों में पानी रिस रहा है। सड़के जलमग्न हो गई है।
दो से पांच फीट तक जल जमाव हो गया है। सड़क पर चलत समय वाहन का आधा हिस्सा पूरी तरह डूब जा रहा है। निचले इलाकों में बने घरों में वर्षा का पानी घुस गया है। घरों में घुसे हुए पानी को लोग निकालने में लगे हैं।
शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई, CM हाउस के बाहर तनाव
बालाकोट-नोटबंदी पर राहुल का तंज, संसद में हंगामा
