छत्तीसगढ़
बढ़ने वाली है ठंड, तीन डिग्री तक गिरेगा पारा, आज रायपुर व दुर्ग संभाग में बारिश के आसार
23 Jan, 2024 01:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। ठंड में और बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के अनुसार दो दिनों बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। द्रोणिका के प्रभाव से मंगलवार को रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों व जांजगीर, रायगढ़, जशपुर जिले से लगे क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। सोमवार को प्रदेश भर में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, यहां का न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हुई।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक 0.9 किमी ऊंचाई तक है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण बादल छाए रहेंगे। उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है। आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंडकता बनी रहने की उम्मीद है। न्यूनतम तापमान में जहां गिरावट आएगी, वहीं अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।
रायपुर का न्यूनतम तापमान एक डिग्री ज्यादा
उत्तरी छत्तीसगढ़ में अभी भी शीतलहर चल रही है और मध्य छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा है। सोमवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 5.0 डिग्री रहा। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 8.2 डिग्री रहा।
गर्म कपड़ों पर 60 प्रतिशत तक छूट
गर्म कपड़ों पर इन दिनों 50 से 60 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। कारोबारियों का कहना है कि जनवरी का महीना कारोबार के लिए अच्छा नहीं रहा। अभी दो-तीन दिनों से ठंड में बढ़ोतरी हुई है और गर्म कपड़ों की बिक्री में तेजी आई है। उपभोक्ताओं के लिए ही गर्म कपड़ों पर 50 से 60 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। उपभोक्ताओं के फायदे का ही ध्यान रखा जा रहा है। कुछ कारोबारियों ने अपना काउंटर बंद कर दिया है।
नगर पालिका में दो माह का वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर जड़ा ताला, की ये मांग
23 Jan, 2024 01:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नगर पालिका कवर्धा में कार्यरत स्वास्थ्य विभाग, जल प्रदाय, स्थापना, लेखा, लोक निर्माण व अन्य विभाग में कार्यरत नियमित व प्लेसमेंट कर्मचारियों को बीते दो माह से वेतन नहीं मिला है। इसे लेकर बीते हफ्ते बुधवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था।
सात दिन बाद भी इन कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला। इससे नाराज कर्मचारियों ने मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में ताला लगाकर विरोध किया है। साथ ही जमकर नारेबाजी की। नगर पालिका सीएमओ से मुलाकात कर वेतन प्रदान करने की मांग की। नगर पालिका के सीएमओ नरेश कुमार वर्मा ने सभी कर्मचारियों के साथ बैठक कर वेतन भुगतान नही होने के कारण व तकनीकी समस्या के बारे में संपूर्ण जानकारी दी। जल्द से जल्द वेतन प्रदान करने की बात की।
सीएमओ नरेश कुमार वर्मा ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा त्याग पत्र सौंपने के बाद से शासन स्तर पर अग्रिम कार्रवाई की जा रहीं है। कर्मचारियों को वेतन भुगतान के लिए अनुमति प्रदान किए जाने शासन को पत्र लिखा गया है। कर्मचारियों को जल्द से जल्द वेतन देने का प्रयास किया जा रहा है।
आज से रायपुर में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कुमार शास्त्री सुनाएंगे हनुमंत कथा सुनाएंगे
23 Jan, 2024 01:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक साल बाद फिर से आज मंगलवार से बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कुमार शास्त्री हनुमंत कथा सुनाएंगे। दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक कथा सुनाई जाएगी। कोटा रोड गुढ़ियारी स्थित विवेकानंद विद्यापीठ के सामने बाबा का दिव्य दरबार लगेगा। कार्यक्रम का आयोजन एक्स आर्मी फाउंडेशन और समाजसेवी बसंत अग्रवाल की ओर से किया जा रहा है।
कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर आयोजन स्थल पर 11 लाख 11 हजार 11 सौ दीप जलाकर प्रभुराम का स्वागत किया गया। इसमें शामिल होने के लिए रायपुर के कोने-कोने से लोग पहुंचे। सभी ने दीप जलाकर भगवान राम का स्वागत किया। रामोत्सव मनाया। इस दीपोत्सव को रिकॉर्ड में भी शामिल कराने की तैयारी चल रही है। इस दौरान भव्य आतिशबाजी भी की गई। भव्य आतिशबाजी को हर कोई देखते ही रह गए।
बाबा के दरबार में अर्जी लगाने दूसरे राज्यों से पहुंचे लोग
बाबा के दरबार में अर्जी लगाने छत्तीसगढ़ समेत दूसरे राज्यों से भी लोग रायपुर पहुंच चुके हैं। कई छत्तीसगढ़ बीती रात को ही पंडाल में बिस्तर लगाकर बाबा का इंतजार कर रहे हैं। अपनी अर्जी लगाने दरबार में डेरा डाले हुए हैं। दरबार में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, यूपी, बिहार आदि राज्यों के श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं।
उन्हें उम्मीद है कि बाबा उनकी फरियाद सुनेंगे। बाबा उनकी अर्जी स्वीकार करेंगे।
समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने बताया कि 23 से 27 जनवरी तक बाबा का दिव्य दरबार लगेगा। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी होगा। इस कथा में सैकड़ों परिवारों की घर वापसी, भारतीय सैनिकों का सम्मान और पं धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की उपस्थिति में निर्धन कन्याओं का विवाह समिति के विख्यात पंडितों की ओर से हिन्दू रीति-रिवाज वैदिक परंपरा अनुसार कराया जाएगा।
हनुमंत कथा को देखते हुए हिन्दू सनातन धर्मप्रेमियों की के लिए हर प्रकार की सुविधा की व्यवस्था की गई है। तीन भव्य पंडाल बनाए गए हैं। कथा आयोजन समिति के प्रमुख चंदन बसंत अग्रवाल एवं दिनेश मिश्रा ने बताया कि इस पांच दिवसीय कथा आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ के सुदूर अंचलो में जो कुछ हिन्दू भाई बहने अज्ञानतावश अपनी मूल हिन्दू सनातन धर्म को छोड़कर दूसरे धर्म मे चले गए थे, उनकी घर वापसी कराया जाएगा।
आज बिलासपुर में मनेगा भव्य दीपोत्सव, मंदिरों में हो रहा भजन-कीर्तन, सुन्दरकाण्ड का पाठ
22 Jan, 2024 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अयोध्या में रामलला का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह सुबह 10 बजे 'मंगल ध्वनि' के भव्य वादन से प्रारंभ। इसके साथ ही 500 साल का इंतजार खत्म होगा। बिलासपुर में भव्य दीपोत्सव मनेगा। रंगोली, सुगंधित फूलों सहित विद्युत लाइट से घर और मंदिर जगमग हो चुके हैं। रामभक्तों को सोमवार की सुबह का बेसब्री से इंतजार है, जब रामलला मंदिर में दर्शन देंगे।
रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की विधि का कार्यक्रम सोमवार दोपहर एक बजे तक पूरा हो जाएगा। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की मुख्य पूजा अभिजीत मुहूर्त में होगी। इस अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी सहित अन्य विशिष्ट लोग उपस्थित रहेंगे। बिलासपुर भी इसका साक्षी बनेगा। शहरवासी जो अयोध्या गए हैं रामलला के दर्शन करेंगे लेकिन जो नहीं गए हैं वे अपने घरों और आसपास मंदिर में उत्सव मनाएंगे। प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण भी होगा।
जिसे मोबाइल से लेकर टीवी और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों में लगे प्रोजेक्टर के माध्यम से देख सकेंगे। रेलवे स्टेशन में भी इसकी सुविधा होगी। प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर अंचल के सभी मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। प्रमुख रूप से श्री राम मंदिर तिलक नगर, वेंकटेश मंदिर, श्री कोदंड रामा रेलवे, श्री लक्ष्मी नारायण सहित सभी मंदिरों जगमग हो गए हैं। दीवाली सा माहौल है। सूर्यास्त के बाद घरों और मंदिरों में दीपक जलेंगे। आतिशबाजी के साथ दिनभर भोग प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
आज यह होगा सबसे खास
22 जनवरी को रामभक्त भजन कीर्तन करेंगे। बड़े पर्दे पर देंखेंगे अयोध्या का प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव। शंखध्वनि, घंटानाद, प्रसाद वितरण भी होगा। सभी मंदिरों में भजन-कीर्तन व आरती होगी। “श्री राम” विजय महामंत्र का १०८ बार सामूहिक जाप। हनुमान चालीसा, सुंदरकांड, रामरक्षा स्तोत्र का सामूहिक पाठ होगा।
विशेष भोग भंडारा, मनेगा दीपोत्सव
घरों में रंगोली,तोरण आदि सजावट किया जाएगा। सभी हिन्दू घरों में भगवा पताका लहराएंगे। प्राण प्रतिष्ठा के बाद शाम को व्रती उपवास तोड़ेंगे। चौक-चौराहों व मंदिरों में विशेष भंडरा होगा। सूर्यास्त के बाद दीप जलेंगे, दीपोत्सव मनाया जाएगा।
सभी जाति, मत, पंथ भी जुड़े
प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व प्रतिदिन प्रभात फेरी निकाली गई। सभी जाति, मत, पंथ से लोगों को जुडने अपील की गई। जिसका असर पूर्व संध्या पर निकाली गई शोभायात्रा में नजर आया। यह कार्यक्रम संपूर्ण हिंदू समाज का है यह संदेश भेजने में सफलता मिली। महिलाओं, युवाओं, किसान, कर्मचारी सहित बुजुर्ग भी जुड़े।
उत्सव पूरी तरह से गैर राजनीतिक
प्राण प्रतिष्ठा उत्सव बिलासपुर में वृहद स्तर पर होगा और इसमें काफी लोगों की सहभागिता होगी। कार्यक्रम पूरी तरह गैर राजनीतिक है, लेकिन जनसहभागिता के नाते भाजपा का सहयोग मुख्य रूप से जारी है। लोगों तक अक्षत, पत्रक पहुंचाने में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
बाजारों में लगेंगे एलईडी स्क्रीन
अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के मंदिर के उद्घाटन और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम हर हिंदू के लिए एक अविस्मरणीय दिन होगा। यही कारण है कि घर से लेकर बाजार में अभी से रौनक बिखरने लगी है। बाजारों में एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे। लोगों को मिठाई खिलाई जाएगी।
भगवामय हुआ संस्कारधानी
एक पखवाड़े से हिंदू समुदाय के लोगों ने भगवान राम की तस्वीर वाले झंडे हाथ में लेकर जोर-जोर से 'जय श्री राम' के नारे भी लगाने शुरू कर दिया है। अंचल में इस दिन को एतिहासिक बनाने के लिए हर कोई जोर-शोर से अपनी तैयारी कर रहा है। जगह-जगह केसरिया व भगवा रंग में रंगे भगवान श्रीराम व हनुमाजी के झंडे लगाएं जा चुके हैं। यहां तक अयोध्या के प्रतिकात्मक फोटो के साथ कट आउट भी शहर के कई जगहों में लग चुका है। देवालयों को रंग-बिरंगी रोशनी से केसरिया झंडे लगाकार सजाया गया है। चारों ओर रामधुन सुनाई देने लगी है।
इंटरनेट पर छा गए प्रभु श्रीराम
इंटरनेट के अलग अलग साइट पर भगवान राम इन दिनों छा गए हैं। मोबाइल भी राममय हो चुका है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, वाट्सएप स्टेटस सहित अन्य मीडिया प्लेटफार्म पर जाते ही प्रभु श्रीराम के दर्शन हो रहे हैं। एक से बढ़कर एक फोटो और भजन व गाने देखने व सुनने को मिल रहा है। बिलासपुर में भी रामभक्त भगवान राम के गानों को ही रिंगटोन व कालर ट्यून सुनाई दे रहा है।
घरों में लहराने लगे श्रीराम के ध्वज
प्रभु श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर ऐसा उत्साह और दीवानगी की आमजन और व्यापारी अपने घरों और प्रतिष्ठानों में जय श्रीराम लिखे ध्वज लगा रहे हैं। बाइक से लेकर कार, ट्रक बस सभी में ध्वज नजर आने लगा है। तेलीपारा, बुधवारी बाजार, सरकंडा व गोल बाजार में श्रीराम ध्वजा, भगवान श्रीराम वाले लाकेट, चाबी के छल्ले, रामदरबार की फोटो के साथ ही हनुमान जी के चित्र सहित बालार में रामनामी कुर्तें, टीशर्ट, सजावटी लटकन, कड़े
बिकने लगे हैं।
बाजार में बंपर खरीदारी
बाजार में रविवार को पूजा-पाठ सामग्री की बंपर खरीदी हुई। प्रभु श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा से पहले लोग अपने घरों के पूजन स्थल को भी सजा और संवारने में दिनभर व्यस्त रहे। नारियल से लेकर अगरबत्ती सहित सुगंधित चीजों से पूजन कक्ष को महका रहे हैं। राम कथा व हनुमान चालीसा किताब भक्त ले जा रहे हैं। बाजार में भीड़ कल भी होगी।
रंग-बिरंगी लाइट व झालर से जगमग
अयोध्या की तर्ज पर बिलासपुर के सभी बाजार जगमग हो गए है। इलेक्ट्रानिक दुकानों में रंग-बिरंगे लाइट व झालरों की मांग रही। बाजार में उत्सव का माहौल है। प्राण प्रतिष्ठा के दिन घर व मंदिरों के साथ दुकानों के बाहर दीप भी जलाए जाएंगे। इस आयोजन को लेकर व्यापारियों इस दिन को खास बनाने पहले से तैयारी कर ली है।
छत्तीसगढ़ के तापमान में आई गिरावट, बढ़ी ठंड, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम
22 Jan, 2024 12:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से मौसम ने करवट बदली है। राजधानी रायपुर सहित कई क्षेत्रों में रविवार को अच्छी बारिश की वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिली और ठंड वापस लौटी। मौसम विभाग के अनुसार एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से पूर्वी विदर्भ तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। साथ ही प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी आने कारण बादल छाए रहे और मध्य छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ वर्षा दर्ज की गई।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना
वहीं, सोमवार को भी दक्षिण छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है। साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा मध्य छत्तीसगढ़ में प्रातः काल में कोहरा बनने की संभावना है। जिसकी वजह से गाड़ी चलाने में परेशानियां हो सकती हैं। वहीं, उत्तर और मध्य छग में न्यूनतम तापमान गिरावट होने की संभावना के साथ ही मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की सम्भावना है। दक्षिण छत्तीसगढ में 24 जनवरी तक एक दो स्थानों में हल्की वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।
बलरामपुर सबसे ठंडा, दंतेवाड़ा सर्वाधिक गर्म
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को छत्तीसगढ़ में बलरामपुर सर्वाधिक ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सर्वाधिक अधिकतम तापमान दंतेवाड़ा में 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सोमवार को अब दक्षिणी क्षेत्र में बारिश की वजह से यहां के अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके अलावा रायगढ़ में दो सेमी, जबकि तमनार में एक सेमी की वर्षा दर्ज की गई।
राजधानी में आज फिर बारिश के आसार
राजधानी में रविवार की सुबह अच्छी बारिश हुई, जिसकी वजह से मौसम दिनभर ठंडा रहा। दाेपहर के बाद हल्की धूप भी देखने को मिली। मौसम विज्ञानियों के अनुसार राजधानी में मौसम मेघमय रहने के साथ ही एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने के संकेत हैं। वहीं, राजधानी का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई जा रही है।
गर्म कपड़ों का बाजार फिर रोशन
एक बार फिर मौसम की करवट से गर्म कपड़ों के बाजारों की रौनक वापस से लौट गई है। लोग बड़ी संख्या में मौसम के हिसाब से गर्म कपड़ों की खरीदी के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, मौसम विभाग के संकेत के अनुसार कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ठंडा ही रहने के आसार हैं। इसकी वजह से अगले कुछ दिनों तक गर्म कपड़ों का बाजार रोशन रहने के आसार हैं।
प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में उत्सव का वातावरण, दूधाधारी मठ पहुंचे CM साय ने किए रामलला के दर्शन
22 Jan, 2024 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के स्वागत के अवसर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर के श्री दूधाधारी मठ पहुंचे। मुख्यमंत्री साय ने मंदिर परिसर में भगवान श्रीराम, माता जानकी, भगवान श्रीलक्ष्मण, श्रीसंकट मोचन हनुमान जी, स्वामी बाला जी भगवान की पूजा अर्चना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अयोध्या में हो रही प्रभु श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर रायपुर के दूधाधारी मठ पहुंचकर राम दरबार का दर्शन किया। मुख्यमंत्री साय ने गौ माता को भी भोग लगाया। इसके बाद सीएम साय शिवरीनारायण के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, वहीं से वर्चुअल माध्यम से श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा देखेंगे।
अयोध्या की तरह प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में रामलला के विग्रह की प्राणप्रतिष्ठा को लेकर उत्सव का वातावरण है। उत्तर में सरगुजा से लेकर दक्षिण के बस्तर तक जगह-जगह भक्ति -भाव से आयोजन किए जा रहे हैं। सोमवार को राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई शहरों में कहीं लाखों तो कहीं हजारों दीपक प्रज्जवलित किए जाने की तैयारी है। गली, मोहल्लों से लेकर बाजार-घाट सब के सब भगवा पताकाओं से सुसज्जित हैं। देवालयाें में साफ-सफाई के बाद सोमवार को धार्मिक कार्यक्रमों के साथ ही भंडारों का आयोजन किया गया है।
इधर, अयोध्या में हो रहे श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर सुबह से रायपुर के मंदिरों में भक्ति भाव छाया है। अलग-अलग मोहल्लों में शोभायात्रा निकाली गई। समता कॉलोनी अग्रसेन चौक से निकाली गई शोभायात्रा में अयोध्या मंदिर की झांकी के साथ श्रीराम, जानकी, लक्ष्मण, हनुमानजी का भेष धारण किए बच्चे, युवतियां आकर्षण का केंद्र रहे। रामायण की चौपाईयां चौक, चौराहों पर गूंज उठी। धुप्पड़ पेट्रोल पंप के पास रामजी का झूला सजाया गया है। महाभण्डारे की तैयारियां की जा रही है। दोपहर को प्रसादी का वितरण होगा।
11 लाख दीपों का प्रज्ज्वलन
शाम को कोटा स्थित मैदान में बागेश्वर धाम के कथा पंडाल में 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी की जा रही है। वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर में शाम को महाआरती, आतिशबाजी के पश्चात गायिका स्वस्ति मेहुल भजनों की प्रस्तुति देंगी।
विशेष डाक टिकट का होगा विमोचन
अयोध्या में श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर चंदखुरी स्थित कौशल्या धाम में सोमवार को रामोत्सव का आयोजन किया गया है। संस्कृति और पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य और सांसद सुनील सोनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर के लोक कलाकार मानस गायन और भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। पर्यटन विभाग की ओर से आयोजन कराया जा रहा है।
रामोत्सव का शुभारंभ माता कौशल्या धाम परिसर में शाम 5:30 बजे से होगा। इस मौके पर विशेष डाक टिकट का विमोचन भी किया जाएगा। प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकार राकेश तिवारी राम वनगमन नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा गोपा सान्याल और उनके साथी राम भजन, अल्का चंद्राकर भजन, जसगीत और लोकगीत के साथ ही मानस मंडलियों की ओर से मानस गायन प्रस्तुत किए जाएंगे।
बस्तर में भी उत्सव का माहौल
अयोध्या धाम में सोमवार को नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में ‘रामलला’ के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की खुशी में यहां बस्तरांचल में भी लोगों में जबरदस्त उत्साह है। कई दिन पहले से ही बस्तर के लोग रामभक्ति में डूबकर गोता लगा रहे हैं। मदिरों में धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत की जा रही है। धार्मिक रैलियां निकाली जा रही हैं। घरों से लेकर मंदिरों तक में साफ-सफाई का काम चल रहा है मानों दीवाली का अवसर हो। राम भक्ति में सराबोर बस्तर की संस्कारधानी जगदलपुर दुल्हन की तरह सजाई गई है। शहर के साथ ही गांवों में भी उमंग का वातावरण है। शहर से लेकर गांव तक धार्मिक स्थलों को सजाया गया है। भगवा रंग के स्वागत द्वारों से शहर की सड़कें रंगी हैं।
श्री रामलला के स्वागत के एक दिन पूर्व ’एक दीया प्रभु श्री राम के नाम’ दीपोत्सव के कार्यक्रम में जगदलपुर शहर के सभी वर्गों में गजब का उत्साह देखने को मिला। जगदलपुर का दलपत सागर लगभग तीन लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। रानी घाट में पूजा अर्चना के बाद एक साथ तीन लाख दीपों की रोशनी में दलपत सागर की सुंदरता भी कई गुना बढ़ गई। इस दौरान आईलैंड में कलाकारों द्वारा निर्मित रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में दलपत सागर के किनारों में जलते दीपक और जगमग रोशनी से थल और नभ को रोशनी से भर दिया। दलपत सागर के आसपास दीप उत्सव पर जमकर आतिशबाजी भी की गई, जिससे पूरा माहौल उल्लासमय हो गया। सभी लोगों ने सात बजे भव्य आतिशबाजी के साथ दीपों को जलाया। कार्यक्रम में फ्लोटिंग मंच में रामायण मंडली द्वारा रामचरित मानस का गायन किया गया।
साइंस कालेज मैदान में विश्व की सबसे बड़ी धान से बनी प्रभु श्रीराम की रंगोली, 501 बच्चे प्रभु राम के वेशभूषा में, बनेगा विश्व रिकार्ड
22 Jan, 2024 12:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी रायपुर के साइंस कालेज मैदान में धान से भगवान राम की रंगोली बनाई गई है। रंगोली में भगवान श्री राम का सौम्य चेहरा दिखाई दे रहा है। इस रंगोली को 51 कलाकरों ने लगभग 7500 किलो धान व चावल से तैयार किया है। छत्तीसगढ़ राष्ट्रवादी संघ के तत्वाधान में यह रंगोली बनाई गई है। संयोजक वीरेंद्र दुबे ने बताया कि रंगोली की लंबाई और चौड़ाई लगभग 19600 स्केवयर फीट है।
अंतरराष्ट्रीय रंगोली कलाकार प्रमोद साहू की टीम ने तीन दिन में अपने साथियों के साथ यह रंगोली तैयार की है। धान का विभिन्न रंगों में रंगकर किया गया है। वीरेंद्र दुबे ने दावा किया है कि यह धान से बनी विश्व की सबसे बड़ी रंगोली है। रंगोली को विश्व रिकार्ड में शामिल करने के लिए आवेदन भेजा गया है। बिंदुओं की जांच के बाद ये रंगोली विश्व के सबसे बड़ी धान की रंगोली के विश्व रिकार्ड में शामिल हो जाएगी।
501 बच्चे प्रभु राम के वेशभूषा में, यह भी बनेगा विश्व रिकार्ड
इसके साथ ही छग राष्ट्रवादी संघ की ओर से रविवार को शोभायात्रा भी निकाली गई। शोभायात्रा में 501 बच्चे प्रभु राम की वेशभूषा में शामिल हुए। बाजे-गाजे के साथ शोभायात्रा साइंस कालेज मैदान से वीआइपी रोड स्थित राम मंदिर तक पहुंची। शोभायात्रा राजधानी के जिस भी सड़क से गुजरी वह जय श्री राम... के जयघोष से गूंज उठा। पूरा सड़क भगवामय नजर आ रहा था। भगवान राम के साथ कई बच्चे माता सीता, भइया लक्ष्मण और भक्त हनुमान की वेशभूषा में गदा लिए पहुंचे थे।
वीरेंद्र दुबे ने बताया कि शोभायात्रा को भी विश्व रिकार्ड में शामिल करने के लिए आवेदन भेजा जाएगा। इसके साथ एक और रिकार्ड गमछे का बनने जा रहा है। उन्होंने बताया कि विश्व का सबसे बड़ा गमछा लगभग 2000 मीटर का तैयार किया गया है। गमछे में जय श्री राम लिखा हुआ है। इस गमछे को वीआइपी रोड स्थित मंदिर के भगवान राम को अर्पित की जाएगी।
मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य मुलाकात
21 Jan, 2024 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज यहां राज्य अतिथि गृह पहुना में छत्तीसगढ़ वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय को प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बोर्ड फ़ॉर वेटरन क्रिकेट इन इंडिया (बीवीसीआई) द्वारा आगामी 22 फरवरी से 3 मार्च तक देहरादून में इंडियन वेटरन प्रीमियर लीग का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें पहली बार छत्तीसगढ़ की टीम भी सहभागी बनेगी। छत्तीसगढ़ की टीम में कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल रहेंगे। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की वेटरन क्रिकेट टीम के इंडियन वेटरन प्रीमियर लीग में शामिल होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर तरुणेश परिहार, राजीव सोनी, इंद्रजीत सिंह खालसा, सोनू सलूजा, राजेश सहित छत्तीसगढ़ वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के अन्य लोग उपस्थित रहे।
जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना जीत से भी बड़ी चुनौती: अमर
21 Jan, 2024 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । मिशन 2024 की मजबूती के लिए पार्टी हाई कमान के निर्देशानुसार बिलासपुर जिले में दीवार लेखन अभियान शुरू हो गया है। इसका शुभारंभ भाजपा के विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने पश्चिम मंडल में अपने बूथ अंतर्गत वॉल पेंटिंग बनाकर किया। वॉल पेटिंग में अमर अग्रवाल ने पार्टी के चुनाव चिन्ह कमल का फूल बनाकर ‘एक बार फिर से मोदी सरकार’ का स्लोगन भी लिखा। अमर अग्रवाल ने बताया इस अभियान की शुरुआत 15 जनवरी 2024 को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने की थी।
उसके बाद पार्टी के विभिन्न प्रदेशों में समस्त मंडलो के प्रत्येक बूथ में दीवार लेखन अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने क्लस्टर अंतर्गत जिलेभर के कार्यकर्ताओं से भी आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ पर 5-5 वॉल पेंटिंग बनाएं तथा भाजपा की नीतियों व योजनाओं का पुरजोर प्रचार करे। इस मौके पर उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास के मूलमंत्र पर काम करते हुए समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए कार्य किया है. सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के सबको मिला है।
मोदी ने सर्वहारा वर्ग के कल्याण के संकल्प के साथ सरकार की योजनाओं को लागू किया है, मालूम हो छत्तीसगढ़ में लोकसभा की 11 सीटों में चार सीटों सरगुजा, बिलासपुर कोरबा और रायगढ़ क्लस्टर हेतु अमर अग्रवाल को पार्टी हाईकमान के द्वारा लोकसभा प्रभारी बनाया गया है। अग्रवाल का मानना है भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव में इस बार पहले से भी ज्यादा 400 सीटों पर विजय का लक्ष्य लेकर चल रही है, छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर मोदी जी की गारंटी ,भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत जनता ने छत्तीसगढ़ से जीत आशीर्वाद देने का मन बना लिया है। भाजयुमो बिलासपुर ने नए वोटर्स ऑनलाइन पंजीयन का कार्य भी शुरू किया है। अपरान्ह सत्र में अग्रवाल ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियो को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आवश्यक प्रशिक्षण देते हुए आवश्यक निर्देश दिए एवं भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह संबंधित कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर सहभागिता निभाते हुए विभिन्न मंडलों में युवाओं एवं विभिन्न वर्गों को जोडऩे का आह्वान किया।
भारतीय जनता पार्टी पश्चिम मंडल की इकाई के द्वारा विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने वाले सबके प्रिय विधायक अमर अग्रवाल का तेग बहादुर भवन में विगत संध्या सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया। इस मौके पर अमर अग्रवाल ने कहा बिलासपुर में मिली जीत एक-एक कार्यकर्ताओं की मेहनत और साहस का नतीजा है, पिछले पांच वर्षों में ना उम्मीद हो चुकी बिलासपुर की जनता ने फिर से भारतीय जनता पार्टी को अवसर प्रदान किया है, जनता की उम्मीद पर खरा उतरने के लिए पार्टी को क्षेत्र की जनता के संपर्क में रहकर उनके सुख-दुख में भागीदारी करनी होगी। लाडले विधायक के सम्मान में पश्चिम मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह भोगल के नेतृत्व में समस्त कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी ने पुष्प वर्षा से स्वागत करते हुए कापियों, चावल, नारियल एवं फूलों से तौल कर अभिनंदन किया। बताया गया निर्धन बच्चों के बीच कापियों का एवं भगवान राम के चरणों में नारियल का तथा मरीजो और गरीबों के बीच फलों का वितरण कराया जाएगा।
ओम नगर के कार्यकर्ताओं ने चावल से तौल कर अमर अग्रवाल का स्वागत किया, जिसे वनवासी कल्याण आश्रम के बच्चों के लिए दिया जाएगा। भाजयुमो मंडल अध्यक्ष वैभव गुप्ता ने अग्रवाल को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, रमेश लालवानी,पार्षद यादव पार्षद श्रद्धा जैन,सुरेश वाधवानी अनुज टंडन,एसके गुप्ता, अमित चतुर्वेदी, लक्ष्मीनारायण कश्यप, चंदन गोस्वामी, वैभव गुप्ता, श्रद्धा जैन,अमित बजाज,आनंद तावड़कर, जगदीश ठाकुर श्रद्धा तिवारी, त्रिलोचन सिंह, मीनाक्षी यादव ,सरिता ठाकुर ,बबीता वाडेकर सुखविंदर सिंह महावीर अग्रवाल, विनोद यादव किशन यादव उमेश यादव रामावतार सूर्यवंशी, अमित बजाज आदि उपस्थित थे।
संसाधनों से ज्यादा सेवा भावना को दे अहमियत: कलेक्टर
21 Jan, 2024 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर। कलेक्टर अवनीश शरण ने अस्पतालों की बुनियादी जरूरतों और सेवाओं में सुधार के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मैराथन बैठक लेकर हालात की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लोगों को बुनियादी चिकित्सा सुविधा प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अस्पतालों की बुनियादी ज़रूरतें प्राथमिकता के साथ पूरी की जा रही हैं, लेकिन इससे ज्यादा चिकित्सकों और स्टाफ की मरीजों के प्रति समर्पण और सेवा भावना ज्यादा जरूरी है। उन्होंने कहा कि अच्छे काम करने वाले स्वास्थ्य कर्मचारी जहां पुरस्कृत किए जाएंगे वहीं लापरवाही बरतने वालों को दंडित भी किया जाएगा। कलेक्टर ने नियमित रूप से अस्पताल नहीं जाने पर सीपत के चिकित्सा अधिकारी और सेक्टर सुपरवाइजर के वेतन रोकने के निर्देश भी दिए। वहीं अपने कर्तव्य के प्रति गंभीर एवं निष्ठापूर्वक काम करने वाले तखतपुर के ग्राम राजपुर के एएनएम और शहर के राजकिशोर नगर के चिकित्सा अधिकारी का सम्मान करते हुए अपने निवास पर चाय के लिए आमंत्रित किया है। उन्हें गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित भी किया जाएगा। कोटा ब्लॉक के सुदूर जंगलों में निवासरत बैगा, बिरहोर सहित अन्य लोगों की सुविधा के लिए 4 बाइक एंबुलेंस की स्वीकृति भी प्रदान की गई।
कलेक्टर अवनीश शरण ने उप स्वास्थ्य केंद्र से लेकर पीएचसी, सीएचसी जिला अस्पताल तक एक-एक संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं और जरूरतों की विस्तृत जानकारी लेकर उन्हें जल्द मुहैया कराने के निर्देश दिए। मामलों हो कि डीएमएफ की कल संपन्न बैठक में लगभग 7 करोड़ की राशि इन कामों के लिए स्वीकृत की गई है।
कलेक्टर ने सभी अस्पतालों की जरूरत का आकलन कर एक सप्ताह में प्रस्ताव स्वीकृति के लिए प्रस्तुत करने को कहा है। उन्होंने समीक्षा के दौरान नाकारापन के लिए उप स्वास्थ्य केन्द्रों के लगभग डेढ़ दर्जन सीएचओ को सेवा से हटाने के निर्देश दिए। इनके सेवाकाल में स्वास्थ्य सूचकांक बढऩे के बजाय और कम हो गया है। संस्थागत प्रसव व टीकाकरण की संख्या भी कम हो गई है। उन्होंने सीएमएचओ से ऐसे निकम्मे सीएचओ की लिस्ट सोमवार को शाम तक मंगाई है, ताकि बर्खास्तगी का पुख्ता प्रस्ताव एनएचएम के राज्य कार्यालय को भेजा जा सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सभी डॉक्टरों, नर्सेज और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ को अपने निर्धारित मुख्यालय पर ही निवास करने को कहा है। इससे आधी समस्याएं तो ऐसे ही दूर हो जाएंगी। कलेक्टर ने कहा कि अगले महीने से ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने गावों का सघन दौरा किया जाएगा। इस दौरान मैं स्वयं कर्मियों के मुख्यालय निवास का भौतिक सत्यापन करूंगा।कलेक्टर शरण ने कहा कि बच्चों में कुपोषण की समस्या दूर करने के लिए बिल्हा, तखतपुर और रतनपुर सामुदायिक अस्पतालों में पोषण पुनर्वास केन्द्र खोले जाएंगे। डीएमएफ मद से वित्तीय सहयोग लेकर इनका संचालन किया जाएगा। अभी तक जिले में केवल जिला अस्पताल में ही एनआरसी संचालित थी। जिला अस्पताल की एनआरसी की वर्तमान क्षमता को भी 15 से बढ़ाकर 30 किया गया है।
कलेक्टर ने कहा कि हमारी पीएचसी, सीएचसी यदि पूरी क्षमता से काम करें तो मरीजों को छोटी छोटी बीमारी के इलाज के लिए सिम्स अथवा जिला अस्पताल जाना नहीं पड़ेगा और बड़े शासकीय अस्पताल रेफरल और गंभीर मरीजों पर ज्यादा ध्यान दे पाएंगे। उन्होंने कहा कि हर एक व्यक्ति का प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनना चाहिए। हर परिवार को 5 लाख रुपए तक इलाज इससे नि:शुल्क मिलता है। शहरी क्षेत्रों में राशन दुकान और ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत को जोडकर इसकी शतप्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। फिलहाल 63 फीसदी लोगों को आयुष्मान कार्ड मिला हुआ है। बैठक में सीएमएचओ डॉ राजेश शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ. अनिल गुप्ता, डीपीएम पीयूली मजूमदार सहित बीएमओ, बीपीएम, चिकित्सा अधिकारी, सेक्टर सुपरवाइजर उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, बूंदाबांदी ने बढ़ाई ठिठुरन, इन पांच जिलों में बारिश के आसार, IMD का अलर्ट
21 Jan, 2024 11:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
द्रोणिका के प्रभाव के साथ ही उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं ने छत्तीसगढ़ में ठिठुरन बढ़ा दी है। बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी के चलते सुबह व रात के साथ ही दोपहर में भी ठंड बढ़ गई है।
ठंडी हवाओं के कारण दिन के अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है और प्रदेश भर में बलरामपुर सबसे ठंडा रहा। एआरजी बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले 48 घंटों में ठिठुरन और बढ़ने वाली है, न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। प्रदेश में मौसम का मिजाज अभी ऐसा ही बना रहने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, बूंदाबांदी ने बढ़ा दी ठिठुरन
शनिवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाए रहे और प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। बादल व हल्की बूंदाबांदी ने दोपहर के वक्त भी ठिठुरन बढ़ा दी है और दोपहर में भी लोगों को स्वेटर, जैकेट पहने देखा जा सकता है। रायपुर का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसी प्रकार बिलासपुर का अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम रहा।
राजनांदगांव को छोड़ प्रदेश के सभी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम है, हालांकि न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार और जांजगीर जिले में बारिश के आसार है। अब उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी।
गर्म कपड़ों की बिक्री फिर बढ़ी
ठंड बढ़ते ही एक बार फिर से गर्म कपड़ों के स्टालों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। कारोबारियों द्वारा गर्म कपड़ों पर 60 प्रतिशत छूट दिया जा रहा है। उपभोक्ताओं द्वारा भी इसे काफी पसंद किया जा रहा है और बीते दो दिनों में गर्म कपड़ों की खरीदारी भी काफी बढ़ गई है। कारोबारियों का कहना है कि ठंड में बढ़ोतरी हुई तो आने वाले दिनों में कारोबार की रफ्तार और ज्यादा होगी।
उपराष्ट्रपति की पत्नी ने आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की पहल को सराहा, छात्राएं ले रही कम्प्यूटर साफ्टवेयर प्रोग्रामिंग की ट्रेनिंग
21 Jan, 2024 11:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की पत्नी डा. सुदेश धनखड़ ने रायपुर प्रवास के दौरान जिला प्रशासन के सहयोग से सेरीखेड़ी में संचालित नवगुरुकुल संस्थान में निश्शुल्क साफ्टवेयर इंजीनियरिंग प्रोग्रामिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अंचल की छात्राओं से मिलीं।
प्रशिक्षणरत छात्राओं से चर्चा करते हुए धनखड़ ने नई सोच के साथ गुणवत्तायुक्त शिक्षा से जुड़ने व आधुनिक प्रशिक्षण प्राप्त कर समाज सेवा के लिए सभी को शुभकामनाएं दी। इस दौरान धनखड़ ने छात्राओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अंचल के जरूरतमंद परिवारों को आधुनिक शिक्षा से जोड़कर बेहतर भविष्य देने के प्रयासों के लिए जिला प्रशासन और राज्य सरकार की सराहना की। उनके आगमन पर उत्साहित छात्राओं ने उन्हें स्व-हस्त निर्मित आभार पत्र भी भेंट स्वरूप प्रदान किया।
इस मौके पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की स्टेट डायरेक्टर पद्मिनी भोई साहू भी साथ थीं। धनखड़ के नव गुरुकुल संस्थान आगमन पर नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विश्वदीप ने उनकी अगवानी की। इन अधिकारियों ने राज्य शासन के सहयोग से रायपुर जिला कलेक्टर डा. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अंचल की छात्राओं को कम्प्यूटर साफ्टवेयर प्रोग्रामिंग की निश्शुल्क शिक्षा प्रदान करने संचालित किए जा रहे इस आवासीय संस्थान की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
100 छात्राएं हो रही प्रशिक्षित
संस्थान के प्रमुख निकेश ध्रुव व रायपुर कैंपस की मैनेजर पूर्वी सक्सेना ने अवगत कराया कि वर्तमान में रायपुर कैंपस में रायपुर, महासमुंद व धमतरी जिले की 100 छात्राएं 18 महीने का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। रायपुर जिला प्रशासन द्वारा इन सभी छात्राओं के लिए भोजन, आवास व अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही है।
प्रशिक्षण अवधि पूर्ण हो जाने के पश्चात इन छात्राओं को बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार के अवसर मिलने के साथ ही स्वयं का स्टार्टअप शुरू करने में भी सहायता मिलेगी। प्रशिक्षण के दौरान निश्शुल्क लैपटाप भी इन छात्राओं को दिया गया है। इस दौरान जिला पंचायत के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरि किशन जोशी, जोन कमिश्नर संतोष पांडेय,जिला पंचायत और निगम की टीम उपस्थित थी।
खाट के नीचे रखे मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती से लगी भीषण आग, बुजुर्ग महिला की हुई मौत
21 Jan, 2024 11:23 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती एक बुजुर्ग महिला की मौत का कारण बन गई। दरअसल जामुल निवासी एक बुजुर्ग महिला अपनी खाट के नीचे मच्छर भगाने अगरबत्ती जलाकर सोई हुई थी। उससे उसकी खाट में आग लगी और वो भी उस आग की चपेट में आ गई। घटना में महिला की जिंदा जलने से मौत हो गई। जामुल पुलिस ने प्राथमिकी कर मामले की जांच शुरू की है।
पुलिस ने बताया कि जामुल निवासी दुखिया बाई (90) शुक्रवार को अपने घर पर सोई हुई थी। उसका बेटा और बहू अलग कमरे में थे। वृद्धा भी अपने कमरे में खाट पर सोई हुई थी। रात में ठंड ज्यादा होने के कारण उसने कंबल आदि ओढ़ा हुआ था। खाट के नीचे जल रहे मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती से खाट में आग लगी और महिला भी उसकी चपेट में आ गई।
बताया जा रहा है कि ज्यादा उम्र होने के कारण महिला अस्वस्थ भी रहती थी। आग लगने के बाद वो खाट से उतरकर भाग नहीं सकी। घर में सो रहे उसके परिवार के सदस्यों ने उसकी चिल्लाने की आवाज भी नहीं सुनी। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उन्हें घर में जलने की दुर्गंध आई। वे लोग बगल के कमरे में गए और देखा तो दुखिया बाई की लाश अधजली हालत में पड़ी हुई थी।
गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे, प्रदेश में बढ़ती नक्सल विरोधी अभियान की करेंगे समीक्षा
21 Jan, 2024 11:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। वह प्रदेश में बढ़ती नक्सल घटनाओं के बीच नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा करेंगे।
तीन दिसंबर को प्रदेश में भाजपा की सरकार गठित होने के बाद 10 से अधिक नक्सल घटनाएं और मुठभेड़ हो चुकी हैं।
गृह मंत्री बस्तर और राजनांदगांव के इलाके के सभी एसपी, कलेक्टर समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शाम चार बजे वह विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों को प्रभावी विधायक बनने के गुर सिखाएंगे।
रेत के ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई, खनिज विभाग ने कई वाहन किए जब्त
20 Jan, 2024 12:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महासमुंद में खनिज विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने धड़ल्ले से चल रहे रेत केओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में नांदगांव के पास रेत से भरे 25 हाइवा वाहनों को रोककर वजन कराया गया, जिसमें वाहनों में क्षमता से अधिक रेत भरा हुआ पाया गया। जिसपर खनिज विभाग ने वाहनों को जब्त करते हुए चलानी कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस को सौंपा दिया है। यदि वाहन मालिक चालान जमा नहीं करता तो मामला न्यायालय में पेश किया जाएगा।
बता दें कि अभी रेत खदानों में खनन का परमिशन किसी भी रेत खदान को नहीं है। इसके बावजूद रेत का अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है। साथ ही डंप किए गये रेत का क्षमता से अधिक परिवहन किया जा रहा है। इन ओवरलोड वाहनों से गांव की सड़कों की हालत भी खस्ता हो गई है। सरकार बदलने के बाद ग्रामीणों की इन्हीं शिकायतों को लेकर खनिज विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।