पंजाब
पंजाब के मोगा में शिवसेना नेता मंगत राय की गोली मारकर हत्या, तीन बदमाशों पर आरोप
14 Mar, 2025 05:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के मोगा में शिवसेना (शिंदे ग्रुप) के नेता की गोली मार कर हत्या कर दी गई. इस वारदात को तीन बदमाशों ने मिलकर अंजाम दिया. मृतक का नाम मंगत राय है. उन्हें तत्काल जख्मी हाल में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है.
मंगत राय से शिव सेना के साथ जुड़े हुए थे. वे पार्टी के जिला प्रधान थे. गुरुवार रात 10 बजे के करीब मोगा के गिल पैलेस के पास तीन बदमाशों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. मंगत एक्टिवा से जा रहे थे. फायरिंग को देखकर मंगत वहीं पर एक्टिवा छोड़कर भागने लगे.
सड़क पर घेरकर बदमाशों ने मारी गोली
बदमाशों ने मंगत राय का पीछा किया और थोड़ी दूर जाकर स्टेडियम रोड पर उनको घेर लिया. फिर उन्हें गोली मार दी और फरार हो गए. इसी बीच, राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंगत को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई.
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस बदमाशों की पहचान में जुटी है. ये पता लगाया जा रहा था कि क्या किसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है. क्या पहले से मंगत की किसी से कोई दुश्मनी थी. पुलिस कॉल डिटेल भी खंगाल रही है. हर हाल में अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा. घटनास्थल और उसके आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल
वहीं, इस घटना के बाद घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी बेलगाम हो गए हैं. सरेआम हत्याएं हो रही हैं. मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है. घरवालों ने पुलिस से मांग की है कि बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए.
चंडीगढ़-जीरकपुर बैरियर पर हादसा, स्विफ्ट कार की टक्कर से तीन की मौत
14 Mar, 2025 05:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
होली के दिन चंडीगढ़ में भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां एक एक तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को कुचल दिया. तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक पुलिस कांस्टेबल, एक होमगार्ड का जवान और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश में जुटी हुई है.
चंडीगढ़-जीरकपुर बैरियर पर सुबह ये हादसा हुआ.एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान चंडीगढ़ पुलिस के कांस्टेबल सुखदर्शन और होमगार्ड जवान राजेश के रूप में हुई है. वहीं, पुलिस तीसरे व्यक्ति की पहचान में जुटी हुई है. हादसे में दो अन्य कारें भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं.
आरोपी कार चालक मौके से फरार
आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया है. पुलिस की टीमें ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है. पुलिस आसपास के इलाकों में तलाशी कर रही है. एक अधिकारी ने बताया कि मौके पर पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों के अलावा सीएफएसएल और फोरेंसिक टीम ने भी जांच की है.
नाके पर कार ने पीछे से मारी टक्कर
पुलिस ने नाके पर एक गाड़ी को चेकिंग के लिए रोका हुआ था. गाड़ी चालक अपने डॉक्यूमेंट चेक करा रहा था, तभी पीछे से एक बहुत ही तेज रफ्तार से स्विफ्ट कार ने दो पुलिसकर्मियों और डॉक्यूमेंट चेक करवा रहे युवक को कुचल दिया. तत्काल तीनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.एक अधिकारी ने बताया कि मृतक जवानों के परिवार को सूचना भेज दी गई है. पोस्टमार्टम के बाद शव घरवालों को दे दिया जाएगा. पुलिस सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार की पहचान में जुटी हुई है. पुलिस आरोपी कार चालक को हर हाल में गिरफ्तार करेगी.
जालंधर फैक्ट्री में गैस रिसाव पर श्रम विभाग ने कहा- 2-3 घंटे में स्थिति सामान्य हो जाएगी
13 Mar, 2025 04:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जालंधर: पंजाब के जालंधर में उस दौरान हड़कंप मच गया जब एक फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक हो गई। जिसके बाद आनन-फानन में फैक्ट्री की बिजली आपूर्ती काट दी गई। जानकारी के अनुसार, जालंधर के पुलिस स्टेशन मकसूदां के अंतर्गत रिहायशी इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव हुआ। एसडीएम प्रदूषण बोर्ड मनविंदर सिंह हुंदल ने इस घटना को लेकर बताया कि इस फैक्ट्री से वायु और जल प्रदूषण के बारे में हमें पहले भी रिपोर्ट मिली थी। हमें पता चला है कि यहां परीक्षण के दौरान गैस का रिसाव हुआ। फैक्ट्री की बिजली आपूर्ति काट दी गई है। वहीं, श्रम विभाग के डिप्टी डायरेक्टर-फैक्ट्रीज ने बताया कि यहां अमोनिया गैस का रिसाव हुआ है। फैक्ट्री की बिजली आपूर्ति काट दी गई है। 2-3 घंटे में स्थिति पर काबू पा लिया जाएगा।
जालंधर में पहले भी हुआ हादसा
इससे पहले पिछले साल सितंबर महीने में जालंधर के दमोरिया पुल के पास रेलवे रोड संत नगर में स्थित एक बर्फ कारखाने से अमोनिया गैस लीक हो गई थी। उस समय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रास्ता बंद किया। इस बीच सारी दुकानें भी बंद कर दी गईं थीं। लोग मौके से बाहर निकले। दमोरिया पुल के पास बर्फ की फैक्ट्री में गैस लीक होने एक की मौत हो गई थी जबकि वहां से निकल रहे तीन श्रमिक बेहोश हो गए।
आईआईएसईआर के वैज्ञानिक अभिषेक स्वर्णकार की मोहाली में पार्किंग विवाद में हत्या
13 Mar, 2025 04:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) के एक 39 वर्षीय वैज्ञानिक की मंगलवार रात पंजाब के मोहाली के सेक्टर 66 में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में मौत हो गई. पड़ोसी ने वैज्ञानिक पर हमला किया था. वैज्ञानिक अभिषेक स्वर्णकार पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे. हाल ही में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ थे और वह डायलिसिस पर थे. मोहाली में वह अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ किराए के मकान में रहते थे.
उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी मोंटी एक आईटी प्रोफेशनल है. वह अभिषेक की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानने के बावजूद उन पर बेरहमी से हमला कर दिया. यह झगड़ा सीसीटीवी में कैद हो गया. परिवार ने इस घटना के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने कहा कि गुरुवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गौरतलब है कि IISER ने खुलासा किया कि अभिषेक स्वर्णकार का शोध पत्र प्रतिष्ठित जर्नल ऑफ साइंस में प्रकाशित हुआ था. इसी के कारण उन्हें IISER में मौका मिला था. IISER ने उनकी मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हमने एक प्रतिभाशाली दिमाग खो दिया है. इस तरह की हिंसा अस्वीकार्य है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
विदेश से लौटे थे भारत
अभिषेक स्वर्णकार ने विदेश में काम किया था और स्वास्थ्य समस्याओं के कारण भारत लौट आए थे. उनकी दो विवाहित बहनों में से एक ने उन्हें किडनी दान की थी. पुलिस के अनुसार, यह विवाद रात करीब 8:30 बजे शुरू हुआ और तेजी से बढ़ गया. गवाहों ने बताया कि मोंटी ने पहले स्वर्णकार को गालियां दीं और फिर उन्हें जमीन पर गिराकर बार-बार मुक्के मारे.
स्थानीय किरायेदार रोमा ने कहा कि मैंने जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनी और बाहर भागी. मैंने देखा कि मोंटी अभिषेक पर हमला कर रहा था, उसे जमीन पर गिराकर बार-बार छाती पर मुक्के मार रहा था. जब अभिषेक बेहोश हो गए, तो मोंटी घबरा गया और उन्हें अस्पताल ले गया. मोंटी ने कथित तौर पर एक निजी अस्पताल जाते समय एक कार को टक्कर मार दी. डॉक्टरों ने स्वर्णकार को मृत घोषित कर दिया. एसएचओ गगनदीप सिंह ने बुधवार को कहा कि परिवार की शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है. गुरुवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पंजाब कांग्रेस में बढ़ी रार, आलाकमान को सौंपी रिपोर्ट के बाद बैठक की बुलाई गई
12 Mar, 2025 05:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब कांग्रेस में आपसी खींचतान खुलकर सामने आ गई है. इस बाबत आलाकमान को एक आंतरिक रिपोर्ट सौंपी गई है. पंजाब कांग्रेस में सब ठीक नहीं है. आलाकमान को सौंपी गई आंतरिक रिपोर्ट टीवी 9 ने प्रसारित की. इससे राज्य कांग्रेस में हलचल बढ़ गई है. इसके बाद ही गुरुवार सुबह 11 बजे पंजाब कांग्रेस के प्रभारी महासचिव भूपेश बघेल ने बैठक बुलाई. प्रदेश की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में प्रभारी सचिव, अध्यक्ष समेत राज्य के अहम नेता शामिल होंगे.बता दें कि अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरा ने मक्का की निजी खरीद की वकालत करने के लिए पार्टी विधायक राणा गुरजीत सिंह की खुलेआम आलोचना की थी. इससे पार्टी के नेताओं में घमासान मचा हुआ है.
हालांकि इससे पहले पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल के नेताओं को सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे पर हमला करने से बचने का निर्देश दिया था. फिर से पार्टी के एक नेता ने दूसरे की आलोचना की.
सुखपाल सिंह खैरा ने गुरजीत राणा पर उठाए सवाल
खैरा ने गुरजीत के अभियान के समय पर भी सवाल उठाया था और कहा था कि यह 2027 के पंजाब चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों को बाधित कर सकता है. सोमवार को मुक्तसर में एक कार्यक्रम में, कपूरथला के विधायक राणा गुरजीत सिंह ने किसानों से कपास की जगह मक्का की खेती करने का आग्रह किया, इसे एकमात्र तत्काल विकल्प बताया.
उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे अगले दो वर्षों तक मक्के की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद व्यक्तिगत रूप से सुनिश्चित करेंगे. खैरा ने हालांकि राणा गुरजीत के रुख पर कड़ी आपत्ति जताई और उन पर फसल विपणन के निजीकरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया, जो अब निरस्त किए गए कृषि कानूनों के समान है, जिसने 2021 में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया था.
खैरा ने गुरजीत राणा पर बोला हमला
खैरा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, “यह बिल्कुल निजी मंडीकरण (बाजार निजीकरण) का भाजपा-अडानी मॉडल है.” खैरा ने राणा गुरजीत के अभियान के समय को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने सवाल किया कि जब कांग्रेस 2027 के चुनावों की तैयारी कर रही है, तो विधायक अचानक इस एजेंडे को क्यों आगे बढ़ा रहे हैं. खैरा ने पूछा, “क्या यह अभियान भाजपा के इशारे पर कांग्रेस के भीतर भ्रम पैदा करने के लिए चलाया जा रहा है, खासकर हाल ही में आयकर छापों और सेबी के राणा को 63 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाने के आदेश के बाद?
राणा गुरजीत पर आगे हमला करते हुए खैरा ने बताया कि मक्के पर एमएसपी का वादा करने के बावजूद विधायक की फगवाड़ा चीनी मिल ने 2021-22 सीजन के लिए किसानों को गन्ने का 27.74 करोड़ रुपये का बकाया अभी तक नहीं चुकाया है. उन्होंने राणा के उद्योग पर चुकंदर की फसल का भुगतान रोकने का भी आरोप लगाया. खैरा ने सवाल किया कि क्या राणा गुरजीत ने सार्वजनिक बयान देने से पहले पार्टी के भीतर अपने मक्का अभियान पर चर्चा की थी. इसके बाद कांग्रेस में घमासान मच गया है.
अमृतसर में फॉर्च्यूनर गाड़ी लूटने वाले दो लुटेरे पुलिस मुठभेड़ में घायल
11 Mar, 2025 12:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
युवक से हथियारों के बल पर रविवार को फार्च्यूनर गाड़ी लूट कर फरार हुए दो लुटेरे सोमवार शाम को अमृतसर में पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल हो गए। जंडियाला इलाके में हुई मुठभेड़ में दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। एक लुटेरा टांग पर गोली लगने से जबकि दूसरा खेतों में भागते समय घायल हुआ। दोनों की पहचान तरनतारन के गुरु रामदास एवेन्यू निवासी हरमनदीप सिंह और इकबाल एवेन्यू निवासी गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग देहाती पुलिस के सीआईए स्टाफ को सोमवार को सूचना मिली थी कि रविवार को जालंधर के शाहकोट तहसील के गांव कोटली गुज्जरा निवासी अरमानदीप सिंह से जंडियाला गुरु में पिस्तौल के बल पर फार्च्यूनर गाड़ी लूटने वाले गाड़ी में घूम रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने जब नाकाबंदी कर गाड़ी में सवार दोनों को रुकने का इशारा किया तो नशे में धुत्त आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करनी शुरू कर दीं।
पुलिस ने भी की जवाबी कार्रवाई
इस पर टीम ने भी उन पर जवाबी फायरिंग की तो आरोपित गाड़ी को छोड़ वहां से भागने लगे। इस दौरान पुलिस की ओर से की गई फायरिंग के दौरान एक गोली हरमनदीप सिंह की टांग में लगी जबकि गुरजीत सिंह खेतों में भागते समय पैर मुड़ने से वहीं गिर गया। उसरे पैर की हड्डी टूट गई है।
भगवानपुरिया के गुर्गे की गोली मारकर हत्या
अमृतसर के बाबा बकाला तहसील के चुघे गांव में लंगर छकने जा रहे वरिंदर सिंह नामक युवक की रविवार शाम गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि वरिंदर सिंह कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के लिए काम कर रहा था और उसकी कुछ साल पहले मारे जा चुके कुख्यात गैंगस्टर राणा कंदोवालिया के गुर्गों के साथ दुश्मनी थी। कंदोवालिया गैंग के गुर्गे काफी दिन से उसकी रेकी भी कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। एसएसपी मनिंदर सिंह ने बताया कि हत्या करने वालों का पता लगाया जा रहा है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पंजाब पुलिस ने मादक पदार्थ रोधी अभियान में 538 स्थानों पर की छापेमारी, 112 तस्कर गिरफ्तार
11 Mar, 2025 11:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब में पुलिस ने मादक पदार्थ रोधी अभियान के तहत 538 स्थानों पर छापेमारी करके ड्रग्स के 112 तस्करों को गिरफ्तार किया. पंजाब पुलिस ने सोमवार को बताया कि इसके साथ ही अभियान के दौरान की गई कुल गिरफ्तारियों की संख्या केवल 10 दिनों में 1,436 तक पहुंच गई है. आज की गई छापेमारी में गिरफ्तार किए गए ड्रग्स तस्करों के कब्जे से 1.8 किलोग्राम हेरोइन, 200 ग्राम अफीम, 15 किलोग्राम पोस्त, 3,874 नशीली गोलियां व इंजेक्शन और 1.2 लाख रुपए नकद बरामद किए गए.
220 पुलिस टीमों ने की छापेमारी
यह अभियान पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के निर्देश पर चलाया गया. स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बताया कि 1,600 से अधिक पुलिसकर्मियों वाली 220 से अधिक पुलिस टीमों ने पूरे राज्य में छापेमारी की और दिनभर चले अभियान के दौरान 610 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की.
नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल
इस बीच आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब यूनिट के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि आप सरकार ने पिछले 10 दिनों में राज्य में नशे के खिलाफ अपने अभियान में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है. उन्होंने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने नार्कोटिक ड्रग्स और एनडीपीएस के तहत 988 एफआईआर दर्ज की हैं.
ड्रग्स के खिलाफ अभियान शुरू
मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने रविवार को कहा था कि 25 फरवरी को युद्ध नश्यां विरुद्ध (ड्रग्स के खिलाफ युद्ध) अभियान शुरू किया गया था. उन्होंने कहा कि इस अभियान के असाधारण परिणाम सामने आए हैं. बता दें कि हरपाल सिंह चीमा राज्य के वित्त मंत्री और कैबिनेट की नशा रोधी अभियान उप-समिति के अध्यक्ष हैं.
जागरूकता के लिए प्रयास
मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब से नशे की समस्या को खत्म करने के लिए आम आदमी पार्टी सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र किया. उन्होंने ये भी बताया है कि- एक व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें नागरिकों को नशा मुक्त और समृद्ध पंजाब के निर्माण में योगदान देने के लिए सक्रिय रूप से प्रेरित किया जा रहा है.
महिला कम्युनिस्ट लीडर की हत्या: पंजाब में जमीन विवाद में पांच लोगों पर मामला दर्ज
10 Mar, 2025 05:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के मानसा जिले के गांव गामीवाला में एक प्लाट को लेकर हुए विवाद में महिला सभा की जिला अध्यक्ष मनजीत कौर की हत्या कर दी गई. मृतक महिला का नाम मनजीत कौर था, वो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की प्रदेश काउंसिल मेंबर थीं. बताया जा रहा है कि कौर शनिवार (8 मार्च) सुबह अपने प्लाट में काम करवा रही थीं. इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया.
जानकारी के मुताबिक कि आरोपियों ने मनजीत कौर पर लाठी, डंडों से हमला किया और बेरहमी से उनके साथ मारपीट की. इस दौरान खोई उनके बचाव के लिए नहीं आया. जिसके बाद उनकी मौत हो गई. वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. दिन दहाड़े हुई इस घटना से हड़कंप मच गया. इस बीच मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया.
जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
मनजीत महिलाओं के अधिकारों के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रही थीं और उन्हें न्याय दिलाने का काम करती थीं. बताया जा रहा है कि मनजीत और दूसरे पक्ष के बीच एक जमीन को लेकर काफी लंबे समय से चल रहा विवाद था. कुछ दिन पहले ही संयुक्त संगठनों के प्रयास से प्लाट का मसला सुलझाते मनजीत कौर के पक्ष में समझौता करवा दिया गया था, हालांकि दूसरे पक्ष द्वारा समझौते को न मानने के चलते हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया गया.
5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने मृतका की बेटी वीरपाल कौर के बयान के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. थाना बोहा के इंचार्ज जगदेव सिंह ने बताया कि संदीप सिंह, काका सिंह, भागो देवी लक्ष्मण सिंह सहित एक अज्ञात महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है और जल्द ही सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
सीपीआई वर्करों ने सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
वहीं दूसरी तरफ इस हत्याकांड को लेकर सीपीआई वर्करों ने सिविल अस्पताल बुढलाडा में हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. सीपीआई के जिला सचिव कामरेड कृष्ण चौहान ने कहा कि जब तक पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर लेती तब तक उनका धरना जारी रहेगा.
पंजाब पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी सचिन दीप सिंह को गिरफ्तार किया
10 Mar, 2025 02:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए शनिवार को बब्बर खालसा इंटरनेशनल आतंकी संगठन से जुड़े एक और संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार कर लिया. पकड़ा गया आतंकी सचिन दीप सिंह जो कि अजनाला का रहने वाला है, कि गिरफ्तारी दिल्ली एयरपोर्ट से की गई.
आतंकी थाईलैंड भागने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले वो पंजाब पुलिस के शिकंजे में आ गया. सचिन दीप सिंह बब्बर खालसा आतंकियों को न सिर्फ फ़ंड मुहैया कराता था, बल्कि लॉजिस्टिक और छुपने की जगह भी मुहैया करवा रहा था. ये हरविंदर सिंह रिन्दा और हैप्पी पासिया आतंकी का करीबी है.
पंजाब पुलिस को यह कामयाबी ऐसे समय में मिली है, जबकि जालंधर की काउंटर इंटेलिजेंस पुलिस ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल संगठन के तीन आतंकवादियों जगरूप सिंह जग्गा, सुखजीत सिंह सुखा और नवप्रीत सिंह नव को गिरफ्तार किया है. इस तरह पुलिस ने एक और बड़ी हत्या की घटना को टाल दिया है. पुलिस ने मॉड्यूल तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया और गोला-बारूद के साथ चार अत्याधुनिक हथियार बरामद किए.
शुरुआती जांच से पता चला है कि इस मॉड्यूल को अमेरिका स्थित गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह गोपी नवाशहरिया संचालित कर रहा था, जो पाकिस्तान स्थित आतंकवादी हरविंदर सिंह रिंदा का करीबी सहयोगी है. उसका सहयोगी लाडी बकापुरिया भी इसमें शामिल है. वह वर्तमान में ग्रीस में रहता है.
एसएसओसी अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है. गोला-बारूद के साथ चार अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद किया गया. इसमें एक ग्लॉक पिस्तौल 9MM, 01 मैगजीन और 06 कारतूस, एक पिस्तौल PX5 स्टॉर्म (बेरेटा) 30 बोर, 01 मैगजीन और 04 गोलियां, एक देसी 30 बोर पिस्तौल, 01 मैगजीन और 04 कारतूस और एक देसी 32 बोर पिस्तौल, 01 मैगजीन और 08 कारतूस शामिल है.
मनजिंदर सिंह सिरसा का केजरीवाल पर निशाना, पंजाब यात्रा को लेकर उठाए सवाल
6 Mar, 2025 04:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली सरकार में केबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि दिल्ली का भगोड़ा आजकल दिल्ली से पंजाब में आया हुआ है. पंजाब में मनीष सिसोदिया, सत्येन्द्र जैन घूम रहें है दिल्ली के मालिक जो खुद को कहते थे अब किरायेदार भी नहीं रहे वो विपश्यना के लिये पंजाब आए हुए हैं. उन्होंने आगे कहा, 50 काफिले के साथ कौन विपश्यना के लिये आता हैय़ अरविंद केजरीवाल सत्ता हड़पना चाहते हैं और भंगवत मान को मुख्यमंत्री पद से हटाना चाहते हैं. केजरीवाल का मक़सद है कि लोगों को ये दिखाना कि तीन साल में भंगवत मान कुछ नहीं कर पाए और केजरीवाल के पंजाब में आने से काम शुरू हो गया है. नशे पर वार किया जा रहा है.
दिल्ली हारने के बाद पंजाब की याद आई
मनजिंदर सिंह सिरसा ने आगे कहा, केजरीवाल ने पहले भी पंजाब के मुख्यमंत्री पद से भगवंत मान को हटाने कि कोशिश की लेकिन वो सफल नहीं हो सके. पंजाब में कोई नहीं बचा नशे के प्रकोप से स्कूलों तक नशा पहुंच चुका है. लेकिन अब मान सरकार कह रही है हमने नशे में तगड़ा वार किया है. बड़े नशा तस्कर पंजाब सरकार में राज कर रहें है. दिल्ली हारने के बाद पंजाब की याद आई है. पहले नशे पर वार क्यों नहीं किया गया.
पंजाब पर आज बाहरी लोगों का कब्जा
दिल्ली सरकार के मंत्री ने आगे केजरीवाल पर हमला करते हुए कहा, दिल्ली के लोगों ने केजरीवाल को भगाया है, पंजाब के लोगों से भी अपील है कि पंजाब से भी इन्हें भगाओ. पंजाब पर आज बाहरी लोगों ने क़ब्ज़ा कर लिया है. पंजाब के लोगों से मेरी अपील है कि राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा लुधियाना उप चुनाव लड़ेगा उसे बुरी तरह से हराओ. अगर ऐसा नहीं हुआ तो एक ओर राज्यसभा सीट भी फंस जाएगी.
उन्होंने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में पंजाब के विधायकों को बुलाया ताकि भगवंत मान को हटा सके लेकिन वो नहीं हुआ. केजरीवाल अब पंजाब में है, लोगों को ऐसा मैसेज देने की कोशिश की जा रही है कि तीन साल में भंगवत मान से काम नहीं हुआ अब केजरीवाल के पंजाब में आने से नशे पर वार हो रहा है. शिरोमणि अकाली दल के साथ बीजेपी का किसी तरह का गठबंधन नहीं होगा हम अकेले चुनाव लड़ें है और आने वाले चुनाव भी आगे लड़ेंगे.
किसानों से भी सिरसा ने की अपील
वहीं किसानों को लेकर मनजिदंर सिंह सिरसा ने कहा कि किसानों से अपील है कि सार्थक रास्ता अपनाए हमेशा ही राज्य सरकार अड़चन डालती है. किसानों की अपील है कि बैठक कर मसले पर चर्चा करें. वहीं सिरसा ने 1984 के सिंह दंगों को लेकर कहा कि दंगों के बड़े आरोपी सज्जन कुमार,जगदीश टाइटलर पर कार्यवाही हुई. सज्जन कुमार ने राजीव गांधी के कहने पर 1984 सिंह कत्लेआम करवाए. जिन्होंने 1984 के सिख दंगे करवाये उनको कांग्रेस ने बड़े पद दिए. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1984 सिख दंगों के आरोपियों पर नकेल कस जेल में डाला. कानपुर सिख कत्लेआम पर कार्रवाई हुई है.
जालंधर परिवार की सिडनी फ्लाइट मिस, एयर इंडिया के मैनेजर की बदसलूकी का आरोप
6 Mar, 2025 04:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एयर इंडिया: अमृतसर एयरपोर्ट से एक ऐसी घटना सामने आई है, जो एयर इंडिया से सफर करने वाले हर पैसेंजर को परेशान करने वाली है. यदि आप भी आने वाले दिनों में एयरपोर्ट से सफर पर जा रहे हों, तो आप भी थोड़ा सतर्क हो जाएं, कहीं ऐसा ना हो कि आपका सामना भी ऐसे किसी एयरपोर्ट स्टाफ से सामना हो जाए और उसकी जिद की वजह से आपके लाखों रुपयों पर पानी फिर जाए. जी हां, बीते दिनों अमृतसर एयरपोर्ट पर ऐसा ही कुछ हुआ है. इस घटना में जालंधर मूल के एक परिवार को बोर्डिंग पास जारी करने के बावजूद प्लेन में बोर्ड नहीं करने दिया गया. 70 वर्षीय बुजुर्ग सहित यह पूरा परिवार करीब एक घंटे तक एयर इंडिया के मैनेजर के सामने हाथ जोड़ कर गिड़गिड़ा रहा. लेकिन, इस परिवार की मदद करने की जगह इस मैनेजर ने अपने साथी स्टाफ से कहा – दफा कर इन्हां नूं… अमृतसर एयरपोर्ट पर हुई इस घटना से यह पूरा परिवार न केवल स्तब्ध है, बल्कि उसके लाखों रुपए बर्बाद हो गए हैं.
समय पर पहुंचने के बावजूद नहीं करने दी बोर्डिंग
पीड़ित पैसेंजर शुभम शर्मा ने बताया कि उन्हें अमृतसर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए और दिल्ली एयरपोर्ट से सिडनी के लिए फ्लाइट पकड़नी थी. अमृतसर एयरपोर्ट से उनकी फ्लाइट का डिपार्चर टाइम 8:20 बजे का था. वे सभी लगभग 7:10 बजे अमृतसर एयरपोर्ट के एयर इंडिया चेक-इन काउंटर पर पहुंच गए थे. एयरपोर्ट पहुंचते ही वह बैगेज एक्सरे के लिए सिक्योरिटी बेल्ट 11 पर चले गए, जबकि उनकी पत्नी सभी पासपोर्ट लेकर एयरलाइंस चेकइन काउंटर पर पहुंच गई.
चेकइन काउंटर पर मौजूद स्टाफ ने उनसे कहा कि आप देर से पहुंचे हैं, लिहाजा आपका चेक-इन नहीं किया जा सकता है. जब उन्होंने बताया गया कि उनकी डोमेस्टिक फ्लाइट है और करीब एक घंटे का समय बचा है, ऐसे में आप चेकइन के लिए कैसे मना कर सकते हैं. इसके बाद, बेमन से उन्होंने हमारा चेकइन प्रॉसेस शुरू किया. इस दौरान, एयरलाइन स्टाफ का व्यवहार काफी अपमानजनक रहा. चेकइन प्रॉसेस पूरा होने के बाद हमने अपने बैग वेट के लिए रखना शुरू कर दिए.
एक्सेस बैगेज के नाम पर मांगे 21 हजार रुपए
इसके बाद, एयरलाइंस ने 7 किलो एक्सेस बैगेज के नाम पर उसने 21,000 रुपए की मांग की. लेकिन, जैसे ही हमने अपना एक्सेस बैगेज एयरपोर्ट के बाहर मौजूद जानकार को देने की बात कही, वे सभी आपे से बाहर हो गए. वहां मौजूद मैनेजर ने कहा- हम आपकी बोर्डिंग रद्द कर रहे हैं. इसके बाद, मैं, मेरे 70 वर्षीय ससुर, मेरे 60 वर्षीय माता-पिता, और मेरी पत्नी स्टाफ से अनुरोध करने लगे कि वे हमारी स्थिति पर पुनर्विचार करें. हम ने विनती की, हाथ जोड़े और यहां तक कि उनके पैरों में भी झुकने के लिए तैयार हो गए.
हाथ में बोर्डिंग पास होने के बावजूद हम 49 मिनट तक उनके सामने रिक्वेस्ट करते रहे. लेकिन किसी का दिल नहीं पसीजा. इस बीच, हमारी अमृतसर से दिल्ली की फ्लाइट तो छूट ही गई, सिडनी वाली फ्लाइट भी मिस हो गई. वहीं, जब हमने एयरपोर्ट से बाहर निकलने के लिए एयरलाइंस स्टाफ से अनुरोध किया तो एयरलाइंस मैनेजर ने अपने साथी से कहा कि दफा कर इन्हां नूं… उन्होंने बताया कि एयर इंडिया मैनेजर की जिद की वजह से उनकी करीब पांच लाख रुपए की टिकट खराब हो गई. वहीं, इस मामले में एयर इंडिया की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
किसान आंदोलन को लेकर सीएम भगवंत मान की चिंता, राज्य में बढ़ रहे विरोध प्रदर्शन
5 Mar, 2025 01:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भगवंत मान: पंजाब में पिछले लंबे समय से लगातार आंदोलन-धरना और विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. कभी सड़क बंद होती है तो कभी रेल रोकी जाती है. इस बात पर सूबे के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चिंता व्यक्त की है. सीएम भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि पंजाब धरनों का राज्य बनता जा रहा है. इससे राज्य को नुकसान हो रहा है. उनका ये बयान बुधवार को होने वाले संयुक्त किसान मोर्चा के प्रदर्शन के एक दिन पहले आया है.
मंगलवार को किसानों के साथ सीएम भगवंत मान की बैठक थी लेकिन यह बैठक पूरी नहीं हो पाई. भगवंत मान ने कहा कि भगवंत मान ने कहा कि क्योंकि किसान अपनी प्रदर्शन जारी रखना चाहते थे. इसलिए बैठक रद्द की गई. किसानों ने कहा सीएम का रवैया गुस्से से भरा था. वह मीटिंग से उठकर चले गए.
धरनों से लोग हो रहे परेशान
सीएम ने कहा कि अगर आप ऑनलाइन कुछ ऑर्डर करेंगे और पंजाब के पते पर डिलीवरी करना चाहेंगे तो लिखा आएगा कि रास्ते बंद है और पंजाब में डिलीवरी का रेट ही अलग दिखाई देगा. क्या ये हमारी इंटरनेशनल इमेज बना रहे हैं. रोज सड़कें रोक कर बैठ जाते हैं ये कोई बात है. उन्होंने कहा कि मैं किसानों के साथ हुई मीटिंग में बिल्कुल नाराज नहीं हुआ.
डर के कारण बैठक नहीं बुलाई थी- मान
सीएम ने कहा कि मैंने उनसे कहा कि मैंने डर के कारण बैठक नहीं बुलाई, मैं उनसे पहले भी मिल चुका हूं। मैं आपका दोस्त हूं…लेकिन अगर आप मुझसे कहते हैं कि बैठक के साथ मोर्चा जारी रहेगा, तो मैं बैठक रद्द कर देता हूं और आप मोर्चा जारी रख सकते हैं।
मैं कार्रवाई नहीं कर सकता- सीएम
किसान नेताओं के साथ अपनी बैठक के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मान ने कहा कि मैंने कल उनसे कहा कि आप हर दिन रेल रोको, सड़कें जाम करते हैं. इससे पंजाब को बहुत बड़ा आर्थिक नुकसान होता है और पंजाब धरना-प्रदर्शनों का राज्य बनता जा रहा है. उन्होंने कहा कि मेरी नरमी का यह मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए कि मैं कार्रवाई नहीं कर सकता.
किसान संगठनों का चंडीगढ़ मार्च, एसकेएम के बैनर तले लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन
5 Mar, 2025 12:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में बुधवार को किसानों का धरना होने वाला है. किसान अपनी लंबित मांगों को लेकर किसान संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के बैनर तले चंडीगढ़ की ओर बढ़ रहे हैं. किसानों के इस प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम किए हैं. हालांकि यातायात काफी प्रभावित हुआ है. पुलिस की तैयारी है कि किसानों को शहर के एंट्री प्वाइंट पर रोक दिया जाएगा. एसकेएम ने पंजाब सरकार पर विरोध के अधिकार को दबाने का आरोप लगाया है.
किसानों के प्रदर्शन के कारण मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर ट्रैफिक की गति काफी धीमी हैं, क्योंकि चंडीगढ़ पुलिस ने पंजाब में संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के आज चंडीगढ़ की ओर मार्च के मद्देनजर शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों के लिए बैरिकेड्स लगा दिए हैं और ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया है.
डायवर्सन के कारण लोग हो रहे परेशान
ट्रैफिक डायवर्जन के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लंबे समय तक उन्हें कतारों में लगे होने के कारण ऑफिस अपने रोजमर्रा के काम के लिए लेट होना पड़ रहा है. हालांकि प्रदर्शन को देखते हुए पूरे चंडीगढ़ में भारी पुलिस बल तैनात है. कृषि नीति के क्रियान्वयन के अलावा एसकेएम की मांगों में भूमिहीन मजदूरों और किसानों को भूमि वितरण जारी करना और किसानों और मजदूरों की कर्ज माफी शामिल है.
बैठक से निकल गए थे सीएम
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने किसानों के चंडीगढ़ कूच के ऐलान को देखते हुए सोमवार को संयुक्त किसान मोर्चा-राजनीतिक के 40 नेताओं के साथ एक अहम बैठक की थी. इस बैठक में नेताओं के साथ बहस भी हुई थी और वो बैठक छोड़कर निकल भी गए थे. बाद में सीएम के व्यवहार को लेकर किसानों ने नाराजगी भी जताई. किसानों नेताओं का कहना है सीएम ने उनकी बेइज्जती करते हुए कहा कि जाओ करते रहो धरना.
तहसीलदारों ने 7 मार्च तक हड़ताल पर जाने का लिया फैसला, सीएम भगवंत मान ने जताई नाराजगी
4 Mar, 2025 03:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पजांब में विजिलेंस ब्यूरो पर एक्शन के खिलाफ तहसीलदार हड़ताल पर चले गए हैं. शुक्रवार (7 मार्च) तक काम नहीं करने का निर्णय लिया है. वहीं अब इन सबके बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान भी एक्शन में हैं. उन्होंने तहसीलदारों की सामूहिक छुट्टी पर नाराजगी जताते हुए उन्हें वॉर्निंग दी है.
सीएम भगवंत मान ने कहा, तहसीलदार अपने भ्रष्टाचारी साथियों के समर्थन में हड़ताल कर रहे हैं पर हमारी सरकार रिश्वत के सख्त खिलाफ है. आम लोगों की परेशानियां रोकने के लिए तहसील के अन्य अधिकारियों को तहसील के सारे कामों की जिम्मेदारी दी जा रही है ताकि लोगों के काम ना रुकें. तहसीलदारों को सामूहिक छुट्टी मुबारक, पर छुट्टी के बाद कब या कहां ज्वॉइन करवाना है, यह लोग फैसला करेंगे.
ब्लैकमेल नहीं कर सकते
इससे पहले मगंलवार (4 मार्च) को सीएम भगवंत मान ने जीरकपुर, खरड़ समेत कई तहसीलों का विजिट किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि तहसीलदार इस तरह से सरकार को ब्लैकमेल नहीं कर सकते हैं.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हम तहसीलदारों से लगातार बात कर रहे थे, लेकिन उनका कहना है कि जब तक हमारे साथियों को क्लीन चिट नहीं मिल जाती तब तक काम नहीं करेंगे. लेकिन हमारी भ्रष्ट्राचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति है.
5 बजे तक ड्यूटी पर लौटने के आदेश
वहीं भगवंत मान सरकार ने तहसीलदारों की हड़ताल के बीच पांज बजे तक ड्यूटी पर लौटने के आदेश दिए हैं. अगर कोई ड्यूटी नहीं लौटता है तो उसे सस्पेंड समझा जाएगा.
केजरीवाल होशियारपुर के धम्म धजा विपश्यना केंद्र में 10 दिवसीय सत्र में होंगे शामिल
4 Mar, 2025 03:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल दिल्ली में अपनी पार्टी के सत्ता गंवा बैठने के करीब एक महीने बाद आज 10 दिवसीय विपश्यना सत्र के लिए पंजाब जाएंगे. आप सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल मंगलवार (आज) को ध्यान शिविर के लिए होशियारपुर रवाना होंगे. सूत्रों ने बताया कि वह पांच मार्च से 15 मार्च तक वहां एक केंद्र में विपश्यना सत्र में शामिल होंगे. केजरीवाल ने दिसंबर 2023 में होशियारपुर के आनंदगढ़ में धम्म धजा विपश्यना केंद्र में 10 दिवसीय सत्र में भाग लिया था.
चुनाव हारने के बाद पहला दौरा
इससे पहले वह आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से समन मिलने के बाद होशियारपुर गये थे. पांच फरवरी के दिल्ली विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट से चुनाव हारने के बाद केजरीवाल सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं और उन्होंने खुद को पार्टी से संबंधित गतिविधियों तक ही सीमित कर रखा है.
22 सीटों पर सिमट गई आप
आम आदमी पार्टी ने भारी जनादेश के साथ 2015 से 2024 तक दिल्ली पर राज किया था लेकिन इस हालिया विधानसभा चुनाव में वह 70 सदस्यीय सदन में 22 सीट पर सिमट गई. बीजेपी ने 48 सीट जीतकर यहां केजरीवाल की पार्टी का वर्चस्व खत्म कर दिया. मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, सत्येंद्र जैन और सोमनाथ भारती समेत आप के कई बड़े नेता हार गए.
केजरीवाल का पंजाब दौरा खास
हार के बाद आप की दिल्ली यूनिट संगठनात्मक बैठकें कर रही है. इसके संयोजक गोपाल राय ने कहा कि चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने वाले नेताओं को ही संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी. केजरीवाल का पंजाब दौरा कांग्रेस के इस दावे को लेकर भी महत्वपूर्ण है कि आप के कई विधायक उसके पाले में जाने के लिए तैयार हैं. आप ने भगवंत मान को राज्य के मुख्यमंत्री के पद से हटाने समेत ऐसी सभी अफवाहों का खंडन किया है.
राशिफल 21 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
गुरु पूर्णिमा पर प्रदेश में मनाया जाएगा महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
वन प्रधान क्षेत्रों में आजीविका सशक्तिकरण की नई पहल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले सीजी पॉवर के एमडी कौल
टैलेंट सर्च में एथलेटिक्स का दमदार आगाज़: 400 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाई रफ्तार और हुनर
आयुष्मान भारत योजना में मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय सम्मान
