पंजाब
पंजाब का नया बजट: वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने 2 लाख 36 हजार करोड़ के बजट का किया ऐलान
26 Mar, 2025 03:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने आज राज्य सरकार का चौथा बजट पेश किया. वर्तमान बजट 2 लाख, 36 हजार 80 करोड़ रुपए का है. यह पिछली बार 2.05 लाख करोड़ रुपये के बजट से करीब 5-7 फीसदी अधिक है. यह आम आदमी पार्टी सरकार का सबसे बड़ा बजट भी होगा. बजट भाषण पढ़ते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष पंजाब की विकास दर 9 प्रतिशत की दर से बढ़ी है. अब तक 3 करोड़ लोग आम आदमी क्लिनिक का लाभ उठा चुके हैं. इस वर्ष जीएसडीपी में 10 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है.
3,000 इनडोर स्टेडियम बनाए जाएंगे
वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा- पंजाब सरकार खेलों के क्षेत्र में पहली बार मेगा खेल खेडां पंजाब बदलता पंजाब शुरू करने जा रही है. इससे खेल के क्षेत्र में पंजाब में सुधार आएगा. इसके तहत हर गांव में खेल के मैदान और जिम बनाए जाएंगे. इनमें दौड़ने के लिए ट्रैक, सौर ऊर्जा लाइटें और अन्य सुविधाएं होंगी. हम इसमें सभी लोकप्रिय गेम लॉन्च करेंगे.
उन्होंने कहा कि पंजाब भर में 3,000 इनडोर जिम बनाए जाएंगे. खेल के उत्कृष्टता केंद्र में सुधार होगा. इसके लिए सरकार 979 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध कराएगी. यह पंजाब के इतिहास में जारी की जाने वाली सबसे बड़ी राशि है. यह अब तक किसी भी सरकार द्वारा जारी की गई सबसे अधिक राशि होगी.
नशा मुक्ति अभियान पर 150 करोड़ का खर्च
हरपाल चीमा ने कहा- हमारी सरकार ने नशे के खिलाफ जंग छेड़ रखी है. जब से हमारी सरकार सत्ता में आई है, नशा तस्करों की कमर टूट रही है. पिछले एक महीने से लगातार प्रयास किये जा रहे हैं. पंजाब में अगले वर्ष पहली बार मादक पदार्थों की गणना की जाएगी. सरकार 2025-26 में नशा मुक्ति अभियान पर 150 करोड़ रुपये खर्च करेगी.
गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई में सरकार
वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि सरकार गैंगस्टरों से निपटने के लिए बड़ी कार्रवाई कर रही है. इसलिए, हम आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करेंगे. इसकी अवधि 30 मिनट से घटाकर 8 मिनट कर दी जाएगी. ईआरवी खरीदने के लिए 125 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और 112 नए नियंत्रण मुख्यालय बनाने के लिए 153 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
817 भ्रष्ट अधिकारी गिरफ्तार – चीमा
वित्त मंत्री ने कहा- हमारी सरकार ने जनता से किए वादे पूरे किए हैं. हम लोगों को मुफ्त बिजली दे रहे हैं. 817 भ्रष्ट अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है. सड़क सुरक्षा बल का गठन किया गया है. उन्हें 144 हाईटेक वाहन दिए गए हैं. पूरे राज्य में मुख्यमंत्री योगशाला कार्यक्रम शुरू किया गया है. तीन वर्षों में पंजाब में 96,836 करोड़ रुपये का निवेश आया है.
मनीष सिसोदिया ने पंजाब में नशा खत्म करने का किया वादा, कहा- हर गांव तक पहुंचेंगे
25 Mar, 2025 06:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने आज चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने कई बड़े काम किये हैं. सिसोदिया ने पंजाब से ड्रग्स को खत्म करने, विकास में तेजी लाने और पंजाब के लोगों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए आम आदमी पार्टी की अटूट प्रतिबद्धता भी दोहराई.
सिसोदिया ने पंजाब में पार्टी की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपने के लिए आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का आभार व्यक्त किया. उन्होंने पिछले प्रशासन द्वारा की गई राजनीतिक गंदगी को दूर करने और पंजाब को तेजी से विकास के पथ पर ले जाने में मान सरकार द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्य की तारीफ की.
एक महीने में ही बड़ी उपलब्धियां हासिल
सिसोदिया ने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने केवल एक महीने में वह हासिल किया है जो पिछली सरकारें दशकों में हासिल नहीं कर सकीं.” उन्होंने पंजाब में वर्षों से व्याप्त नशीली दवाओं की समस्या से निपटने में मुख्यमंत्री मान के निर्णायक नेतृत्व की सराहना की और कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाना आप सरकार की पहली प्राथमिकता है. मनीष सिसोदिया ने रेखांकित किया कि नशीली दवाओं के खिलाफ लड़ाई सिर्फ एक सरकारी पहल नहीं है बल्कि यह आम आदमी पार्टी के लिए एक मिशन है. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में मान सरकार ने पंजाब में नशे के खिलाफ आक्रामक युद्ध छेड़ रखा है. उन्होंने कहा, “परिणाम स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं. केवल एक महीने में सरकार ने महत्वपूर्ण प्रगति की है जो पिछली सरकारें दशकों में हासिल नहीं कर सकी थी.
उन्होंने पंजाब की जनता को आश्वासन दिया कि मान सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रही है कि राज्य का हर गांव नशा मुक्त हो. उन्होंने कहा, “सरकार पंजाब के हर कोने तक पहुंचेगी और नशे को खत्म करने के अपने मिशन में कोई कसर नहीं छोड़ेगी.”
पिछली सरकारों ने बढ़ाए भ्रष्टाचार
मान सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए सिसोदिया ने कहा, “पिछली सरकारों ने पंजाब को बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, चरमराती शिक्षा प्रणाली, उपेक्षित स्वास्थ्य सेवा और आसमान छूती बेरोजगारी के साथ जर्जर स्थिति में छोड़ दिया था. वहीं मान सरकार ने केवल तीन वर्षों में 20 वर्षों की इस गंदगी को दूर किया है जिसके कारण अब पंजाब रॉकेट गति से विकास कर रहा है.”
उन्होंने आप सरकार के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों में हुई महत्वपूर्ण प्रगति को बताते हुए कहा कि तेजी से निर्णय लेने और नीतियों के कार्यान्वयन में हालिया उछाल लोगों के कल्याण के प्रति आप सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
पंजाब प्रभारी के रूप में मेरी जिम्मेदारी
सिसोदिया ने चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के लिए आम आदमी पार्टी की प्रतिबद्धता की पुष्टि की. उन्होंने कहा, “पंजाब के प्रभारी के रूप में यह सुनिश्चित करना मेरी जिम्मेदारी है कि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान द्वारा किए गए हर वादे को पूरा किया जाए. पंजाब सुशासन का हकदार है और आप सरकार एक पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित प्रशासन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है.”
उन्होंने पंजाब के लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार का ध्यान भ्रष्टाचार से लड़ने और नशा मुक्त राज्य देने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और बुनियादी ढांचे में सुधार करने पर भी रहेगा.
तोता हुआ गायब, परिवार ने पोस्टर लगाया और 10,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा
25 Mar, 2025 06:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के मोगा से एक अनोखा मामला सामने आया है. जहां एक परिवार का तोता लापता हो गया है. परिवार ने मिट्ठू की तलाश के लिए मुनादि करवाने के अलावा फ्लैक्स बैनर भी बनवाए हैं. परिवार ने बैनर में दस हजार रुपए देने की बात कही है. बैनर में लिखा गया है कि तोता ‘मिट्ठू’ लाओ,10 हजार नगद ले जाओ. हालांकि इसके अलावा परिवार के लोग मिट्ठू को ढूंढने के लिए दिन रात कोशिश कर रहे हैं.
इंसान का पशु पक्षियों से अजीब रिश्ता रहा है. अनेकों बार इंसान अपने शौक के लिए घर पर किसी पालतू जानवर या पक्षी को ले आता है. हालांकि ये पता नहीं चलता कि कब वह पालतू जानवर या पक्षी, घर का एक सदस्य बन जाता है. देखते ही देखते वह संबंधित व्यक्ति और पालतू जानवर या पक्षी एक दूसरे की जान बन जाते हैं.
ढाई साल पहले लाए थे तोता
ऐसा ही एक मामला पंजाब के मोगा से सामने आया है, जहां एक परिवार ढाई वर्ष पूर्व, एक दो साल के तोते ‘मिटठु’ को अपने घर ले आया था. लेकिन धीरे धीरे वह तोता उनके परिवार का एक सदस्य बन गया. जहां मिटठू परिवार के बड़ों का बेटा बन गया, वहीं किसी का भाई बन गया, और अब जब अचानक से मिटठू गायब हो गया है, तो परिवार ने तोते ‘मिटठू’ को ढूंढने के लिए दिन रात एक कर दिया है.
महिला बोली-कोई मेरा मिट्ठू ला दो
परिवार द्वारा जहां शहर में लापता मिटठू की तलाश में मुनादी करवाई जा रही है तो वहीं, इस संबंध में फ्लैक्स बैनर भी बनवाये गए हैं. परिवार ने मिटठू को घर लाने वाले या उसकी सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए एक अच्छी खासी रकम की भी घोषणा की है. ताकि किसी प्रकार मिट्ठू अपने घर वापिस आ सके. घर की मालकिन मोनिका सूद, जिनके लिए कि तोता मिट्ठू एक तोता नहीं बल्कि उनका पुत्र है, मीडिया से कहा कि कोई भी हमारे मिट्ठू को वापस ला दे हम उसके इनाम देंगे. उन्होंने रोते हुए कहा कि हमारा मिट्ठू ना जाने कहां, किसी हाल में होगा.
सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में शामिल गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया को असम जेल में किया गया शिफ्ट
24 Mar, 2025 03:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कुख्यात गैंगस्टर, ड्रग माफिया और पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी जग्गू भगवानपुरिया को रविवार (23 मार्च) को मादक पदार्थ निरोधक कानून के तहत हिरासत में लिया गया. इसके बाद उसे पंजाब से ट्रांसफर कर दिया गया है. एनसीबी के मुताबिक गैंगस्टर को मादक पदार्थ और मादक पदार्थ (PIT-NDPS) अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है. पंजाब के बठिंडा की जेल में बंद भगवानपुरिया को पंजाब पुलिस के सहयोग से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने असम के सिलचर स्थित सेंट्रल जेल पहुंचाया.
इससे पहले 5 बड़े नशा तस्करों को असम जेल में शिफ्ट किया जा चुका है. गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का नाम अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के मामलों में भी था. कड़ी सुरक्षा के बीच उसे बठिंडा से सड़क मार्ग से चंडीगढ़ लाया गया और यहां से हवाई मार्ग से असम जेल भेज दिया गया. एनसीबी का कहना है कि जगदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया पंजाब के गुरदासपुर जिले का रहने वाला है. उसके खिलाफ 128 आपराधिक मामलों में जांच चल रही है.
128 आपराधिक मामलों में शामिल है भगवानपुरिया
एनसीबी के बयान के अनुसार जग्गू भगवानपुरिया 2012 से अब तक 128 मामलों में शामिल है. इनमें हाई-प्रोफाइल हत्या के मामले, जबरन वसूली, हथियार कानून और एनडीपीएस अधिनियम के तहत 12 मामले शामिल हैं. भगवानपुरिया सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में भी आरोपी है. उसके आपराधिक नेटवर्क ने हेरोइन, अफीम, नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी में मदद की.
जेल से देता था आपराधिक गतिविधियों को अंजाम
इसके साथ ही बयान में यह भी कहा गया है कि भगवानपुरिया ने पंजाब की उच्च सुरक्षा वाली जेलों के अंदर से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए बार-बार मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया है. एनसीबी ने कहा कि भगवानपुरिया को हिरासत में लिया गया और पंजाब से बाहर ले जाया गया क्योंकि उसने कनाडा, अमेरिका और पाकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय गुर्गों के साथ संबंध स्थापित कर लिए थे. ऐसे में उसे अनुकूल माहौल से दूर रखने के लिए किसी दूसरी जगह ले जाना जरूरी था.
पहले इन अपराधियों को भी किया जा चुका है शिफ्ट
इसके अलावा बलविंदर सिंह उर्फ बिल्ला हवेलियां, अक्षय छाबड़ा और जसपाल सिंह उर्फ गोल्डी जैसे अपराधियों को भी पिछले छह महीनों में पंजाब की जेलों से असम के डिब्रूगढ़ की केंद्रीय जेल में स्थानांतरित किया गया है. बताया जा रहा है कि ये सभी जेल में रहने के बावजूद आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे.
पंजाब में आज 450 किसानों को रिहा किया जाएगा, रिहाई की जानकारी के लिए मोबाइल नंबर जारी
24 Mar, 2025 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब हरियाणा के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन को पिछले दिनों सरकार ने खत्म करा दिया. पुलिस ने बुलडोजर की मदद से सड़क पर लगे टेंट और बाकी सामान को भी हटा दिया है, इसके साथ ही कई किसानों को हिरासत में लिया था, जिनको रिहा करने को लेकर किसानों और पुलिस के बीच काफी नोकझोंक देखने को मिली थी. इस बीच किसानों के जेल में होने और उनके रिहा होने को लेकर पंजाब पुलिस के आईजी सुखचैन सिंह गिल ने जानकारी दी है.
आईजी सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि 19 मार्च से अब तक करीब 1400 किसानों को हिरासत में लिया गया था. इनमें से 800 किसानों को रिहा कर दिया गया है. इसके अलावा पंजाब के सीएम ने फैसला किया है कि महिलाओं, दिव्यांगों, मेडिकल समस्याओं वाले किसानों और 60 साल से अधिक उम्र के किसानों को तुरंत रिहा किया जाएगा. यही कारण है क आज करीब 400 किसानों को रिहा किया जाएगा.
इस नंबर पर मिलेगी किसानों को जानकारी
आई जी ने बताया कि इसके अलावा हमने एक नोडल अधिकारी जसबीर सिंह बनाया है, जो पटियाला में तैनात एसपी स्तर के अधिकारी हैं. कोई भी किसान जिसे अपने सामान को लेकर किसी भी तरह की शिकायत है, वह उनसे संपर्क कर सकता है और उनकी समस्या का तुरंत समाधान किया जाएगा. किसी का कोई भी सामान हो उसकी हर जानकारी दी जाएगी. परेशान नहीं होना है आपको केवल फोन करना है, किसान किसी भी समय 9071300002 इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं.
पहले किसान नेताओं को हिरासत में लिया, फिर कराए बॉर्डर खाली
पुलिस ने पूरी प्लानिंग के साथ यह किसानों का आंदोलन खत्म कराया था. जगजीत सिंह डल्लेवाल, सरवन सिंह पंधेर, काका सिंह कोटड़ा, अभिमन्यु कोहाड़, मनजीत सिंह राय, सुखजीत सिंह हरदोई झंडे समेत सभी बड़े किसान नेता बुधवार सुबह से चंडीगढ़ में केंद्र के साथ बैठक के लिए गए थे. पुलिस ने पहले बैठक से बॉर्डरों की तरफ वापस जाते किसान नेताओं को हिरासत में लिया. इसके बाद बॉर्डर पर कार्रवाई शुरु कर दी. पुलिस ने दोनों बॉर्डरों पर कार्रवाई करते हुए किसानों को बसों में बिठा लिया गया. इसके बाद पुलिस ने मंच से लेकर किसानों द्वारा बनाए अस्थायी घरों व अन्य निर्माणों को बॉर्डर से हटा दिया. इसी तरह की कार्रवाई शंभू बॉर्डर पर की गई.
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब में आम आदमी पार्टी पर कसा तंज
22 Mar, 2025 10:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू शनिवार को पंजाब के बठिंडा दौरे पर थे. जहां, उन्होंने राज्य की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए बड़ा बयान दिया और कई गंभीर आरोप भी लगाए. केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली ने जब नकार दिया तो आम आदमी पार्टी के दो नेता पंजाब आ गए हैं. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को तमिलनाडु भेज दिया गया है.
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब में अब प्रशासनिक तंत्र मनीष सिसोदिया और वित्त मंत्रालय के काम सत्येंद्र जैन संभालेंगे. केंद्रीय मंत्री ने पंजाब में शराब की दुकानों की संख्या पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि हर चौक और मार्केट में फाइव स्टार होटल जैसी शराब की दुकानें सजी हुई हैं. उनका आरोप है कि सरकार आबकारी से कमाई बढ़ाने के लिए लोगों को नशे में रखना चाहती है.
किसानों और मजदूरों से एकजुट होने की अपील
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए बिट्टू ने कहा कि उन्होंने कई बार मीटिंग की मांग की, लेकिन नहीं सुनी गई. हालांकि, केंद्रीय मंत्रियों के सामने किसानों की बात रखी गई है. उन्होंने किसानों और मजदूरों से एकजुट होने की अपील की. पटियाला में कर्नल बाठ पर हुए हमले को उन्होंने पंजाब पुलिस की विफलता बताया. बिट्टू ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे दूसरे राज्यों के लोगों या उनके वाहनों को नुकसान न पहुंचाएं. उन्होंने याद दिलाया कि पंजाब के लोग भी अन्य राज्यों में रहते और यात्रा करते हैं.
आम आदमी पार्टी ने सिसोदिया को पंजाब का प्रभारी बनाया
दरअसल, एक दिन पहले यानी शुक्रवार को आम आदमी पार्टी ने कई राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारियों को बदलते हुए नई नियुक्तियां की है. इसमें पंजाब भी शामिल है. पार्टी ने पंजाब के लिए दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया प्रभारी नियुक्त किया है जबकि सत्येंद्र जैन को सह प्रभारी बनाया है. माना जा रहा है कि पार्टी की ओर से यह कदम आने वाले समय में विधानसभा चुनाव को देखते हुए उठाया गया है. पार्टी को दिल्ली के चुनाव में करारी हार झेलनी पड़ी है इसलिए अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की कमान अपने सबसे विश्वसनीय मनीष सिसोदिया को दी है.
‘किसानों पर पंजाब पुलिस की कार्रवाई की निंदा करता हूं’
हाल ही में केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब पुलिस की ओर से किसान नेताओं को हिरासत में लिए जाने का मुद्दा भी उठाया था. उन्होंने कहा था कि मैं पंजाब सरकार की इस कार्रवाई की निंदा करता हूं. उन्होंने आपको (AAP सरकार) वोट दिया. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को शर्म आनी चाहिए. वे(AAP सरकार) नहीं चाहते थे कि केंद्र सरकार और किसानों के बीच बातचीत से कोई समाधान निकले. आपने लुधियाना पश्चिम उपचुनाव जीतने के लिए किसानों को हिरासत में लिया. पंजाब के लोग पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को किसी भी गांव में घुसने नहीं देंगे.
पंजाब में किसान नेताओं की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट का सवाल, DGP से स्टेटस रिपोर्ट तलब
22 Mar, 2025 11:59 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शंभू और खन्नौरी बॉर्डर से किसान आंदोलन 2.0 को हटाने के दौरान किसान नेताओं की गिरफ्तारी का मामला कोर्ट तक पहुंच गया है. पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में शुक्रवार को इस मामले की इमरजेंसी सुनवाई हुई. कोर्ट में दायर याचिका में किसान नेताओं की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया गया है. इसपर कोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया है.
19 मार्च को केंद्र सरकार और किसान नेताओं के प्रतिनिधिमंडल के बीच 7वें दौर की बैठक हुई. चंडीगढ़ में हुई इस बैठक के समाप्त होने के बाद जगजीत सिंह डल्लेवाल समेत कई किसान नेताओं को पंजाब पुलिस ने हिरासत में लिया. वहीं अब कोर्ट ने सोमवार को पंजाब के डीजीपी को पूरे मामले की स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के निर्देश दिए हैं.
राजनीतिक पार्टी एक-दूसरे पर लगा रहे आरोप
पंजाब पुलिस द्वारा शीर्ष किसान नेताओं को हिरासत में लेने के बाद शंभू और खन्नौरी बॉर्डर पर किसानों के बनाए गए विरोध स्थल को खाली करा लिया गया. जिसके बाद शंभू-अंबाला राजमार्ग पर यातायात एक साल से अधिक समय बाद फिर से शुरू हो गया. वहीं, हरियाणा पुलिस द्वारा सड़क पर से अवरोधक हटाने के साथ खनौरी बॉर्डर से भी आवाजाही शुरू होने वाली है.
वहीं, किसानों ने शंभू और खनौरी बॉर्डर से प्रदर्शनकारियों को हटाने और किसान नेताओं को हिरासत में लेने के लिए पंजाब सरकार की आलोचना की है. वहीं, बीजेपी ने आरोप लगाया है कि जब शंभू और खनौरी को ऐसे किसान नेताओं के विरोध के बिना खाली किया जा सकता है, तो पंजाब को 400 दिनों तक क्यों परेशान रहने दिया गया?. वहीं, कांग्रेस ने इसे बीजेपी और आप सरकार की मिलीभगत करार दिया है.
डल्लेवाल को रेस्ट हाउस में किया गया ट्रांसफर
पुलिस द्वारा पिछले साल 26 नवंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को भी हिरासत में लिया गया. हालांकि, उनकी स्वास्थ्य को लेकर उन्हें जालंधर स्थित पंजाब आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया, जहां से उन्हें बाद में जालंधर के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में ट्रांसफर कर दिया गया. किसान फसलों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी सहित कई मांगों को लेकर पिछले साल 13 फरवरी से शंभू-खन्नौरी बॉर्डर पर डेरा डाले हुए थे.
शंभू बॉर्डर खुलने से लोगों को मिली राहत, 13 महीने बाद वाहनों की आवाजाही शुरू
20 Mar, 2025 09:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब-हरियाणा को जोड़ने वाला शंभू बॉर्डर करीब 13 महीने बाद ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है. दिल्ली-जालंधर नेशनल हाईवे पर हरियाणा के अंबाला से पंजाब के राजपुरा की और ट्रैफिक पूरी तरह से सुचारु हुआ. अब ट्रैफिक डाइवर्ट रास्तों की बजाय नेशनल हाईवे से जा रहा है. पहले पंजाब के राजपुरा से शंभू आने और अंबाला से शंभू की ओर आने के बाद ट्रैफिक को गांवों के रास्ते डाइवर्ट करके भेजा जा रहा था. इसमें लोगों का काफी वक्त बर्बाद हो रहा था. ग्रामीण रास्ते होने की वजह से गाड़ियों को भी नुकसान हो रहा था.
उधर, पटियाला रेंज के डीआईजी मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा, खनौरी बॉर्डर पर एक बड़ा इलाका खाली करा लिया गया है और ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसी चलने योग्य चीजों को बॉर्डर से 3 किलोमीटर दूर शिफ्ट किया जा रहा है. अगर कोई वहां से ट्रॉली ले जाना चाहता है तो वो पहचान प्रमाण पत्र दिखा सकता है. एंट्री के बाद ट्रॉली उसे सौंप दी जाएगी. कल किसानों ने हमारा सहयोग किया. हिरासत में लिए गए किसानों की देखभाल की जा रही है.
भगवंत मान से यही उम्मीद थी
किसानों को शंभू और खनौरी बॉर्डर से हटाए जाने को लेकर सियासत भी तेज है. पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, पंजाब के सीएम भगवंत मान से यही उम्मीद थी. उन्होंने किसानों को धोखा क्यों दिया? एक तरफ उन्होंने किसानों को मीटिंग के लिए बुलाया और फिर किसानों को हिरासत में ले लिया.
भाजपा और AAP एक ही सिक्के के दो पहलू
बाजवा ने कहा, भाजपा और AAP एक ही सिक्के के दो पहलू हैं. हरियाणा सरकार ने बॉर्डर खाली कराना शुरू कर दिया है. वो यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा चुनाव जीतें ताकि अरविंद केजरीवाल राज्यसभा सदस्य बन सकें.
कब शुरू हुआ था आंदोलन
बता दें कि अपनी मांगों को लेकर पंजाब के किसानों ने 13 फरवरी 2024 को दिल्ली कूच किया था. मगर, पुलिस ने खनौरी बॉर्डर पर रोक लिया था. तब से ही हजारों किसान बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे थे. उन्होंने अस्थायी आशियाने बना रखे थे, जिनके अंदर रोजमर्रा की जरूरत की चीजें थीं.
बीते दिन किसानों और केंद्र सरकार के बीच 7वें दौर की बातचीत हुई थी. इसके बाद पंजाब पुलिस ने किसान नेताओं सहित सौ से ज्यादा किसानों को हिरासत में ले लिया. फिर रात में खनौरी बॉर्डर पर मौजूद किसानों को वहां से हटाया और अस्थाई आशियानों को भी बुलडोजर से हटा दिया गया.
आतिशी ने पंजाब सरकार के कदम का समर्थन किया, कहा- "हम हमेशा किसानों के साथ हैं"
20 Mar, 2025 05:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब की भगवंत मान सरकार ने 13 महीने से आंदोलन कर रहे किसानों को शंभू और खनौनी बॉर्डर से हटा दिया. अब इसको लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली विधानसभा की नेता विपक्ष आतिशी का बयान सामने आया है. आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा से किसानों के साथ खड़ी रही है. जब केंद्र सरकार ने काले कानून पास किए तब आम आदमी पार्टी ने किसानों का साथ दिया.
उन्होंने आगे कहा कि किसान एक साल से बार्डर पर बैठे हुए थे. पंजाब की अर्थव्यवस्था को बहुत नुकसान पहुंच रहा था. व्यापार और नौकरी के लिए हाइवे को खोलना जरुरी था. ये पंजाब की लाइफ लाइन है. रोजगार नहीं होगा तो युवा नशे की तरफ बढ़ते हैं. नशे के खिलाफ पंजाब सरकार ने मुहिम छेड़ी हुई है. हम अभी भी किसानों के साथ हैं.
पिछले 13 महीने से किसान कर रहे थे आंदोलन
पंजाब पुलिस ने एक साल से अधिक समय से डेरा डाले किसानों को बुधवार देर रात शंभू और खनौरी बॉर्डर से हटा दिया. इसके साथ ही किसान नेता सरवन सिंह पंधेर और जगजीत सिंह डल्लेवाल सहित करीब 200 प्रदर्शनकारी किसानों को हिरासत में लिया गया है. किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी किसान पिछले साल 13 फरवरी से शंभू-अंबाला और संगरूर-जींद यानी खनौनी बॉर्जर पर डेरा डाले हुए थे. किसान एमएसपी की कानूनी गारंटी, कर्ज माफी और अन्य मांगों को लेकर शंभू बॉर्डर पर धरना दे रहे थे.
पंजाब और मोदी सरकार को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी
किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनैतिक) ने पंजाब सरकार पर केंद्र सरकार से मिलीभगत कर किसान आंदोलन को खत्म करने का आरोप लगाया है. शंभू और खनौरी बॉर्डर से किसानों को हटाए जाने के बाद किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेता सतनाम सिंह पन्नू ने कहा कि हम किसानों के खिलाफ की गई कार्रवाई की निंदा करते हैं.
उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार और मोदी सरकार को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी. किसान संगठनों ने कहा कि किसानों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ हरियाणा और पंजाब में डिप्टी कमिश्नरों के दफ्तरों के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे.
किसान नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद सियासत गरमाई, कांग्रेस ने किया विरोध
19 Mar, 2025 10:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल के साथ किसान नेताओं की बातचीत के तुरंत बाद कई किसानों को हिरासत में ले लिया गया है. किसान नेताओं को हिरासत में लिए जाने को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है. कांग्रेस ने बातचीत के लिए बुलाए गए किसान नेताओं को उठाए जाने को उनके साथ बड़ा धोखा करार दिया. साथ ही कहा कि किसानों की समस्याओं को दूर करने की जगह उनके साथ धोखा किया गया है. पंजाब की AAP सरकार ने इस कार्रवाई को सही बताया है.
बैठक के बाद किसान आंदोलन 2.0 को लीड कर रहे कई किसान नेताओं सरवन सिंह पंढेर, अभिमन्यु कोहाड़, जगजीत सिंह डल्लेवाल, मनजीत राय, काका सिंह कोटड़ा और सुखविंदर कौर समेत कई को जीरकपुर में हिरासत में ले लिया है. फिलहाल तनाव को देखते हुए शंभू और खन्नौरी बॉर्डर के आसपास के इलाकों में इंटरनेट बंद कर दिया गया है.
पंजाब को हो रहा था भारी नुकसानः मंत्री सौंध
किसान नेताओं को हिरासत में लिए जाने को लेकर पंजाब सरकार ने इसे सही बताया है. कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सौंध ने किसानों पर पुलिस की कार्रवाई पर कहा कि हाईवे बंद करने से पंजाब को भारी नुकसान हो रहा था. पंजाब किसानों के साथ खड़ी है. हमारी सरकार हमेशा किसानों के समर्थन में रही है. उन्होंने कहा कि हाईवे बंद करने से पंजाब को खासा आर्थिक नुकसान हुआ है. व्यापार और रोजगार के लिए हाईवे बेहद जरूरी है.
किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखाः वडिंग
किसान नेताओं की हिरासत की आलोचना करते हुए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा है कि केंद्र पंजाब सरकार के साथ मिलकर किसानों को आइसोलेट करना चाहती है. ताकि वो अपना आंदोलन खत्म कर दे.
अमरिंदर सिंह ने कहा कि ये किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखा है कि एक ओर तो केंद्र सरकार उनसे बातचीत करती है और उनको अगली बातचीत के लिए 4 मई का न्यौता तक देती है. लेकिन जैसे ही वो मीटिंग से बाहर निकलते हैं तो पंजाब पुलिस के द्वारा उनको हिरासत में ले लिया जाता है. उन्होंने कहा कि किसानों के संकट को दूर करने की जगह उनके साथ धोखा किया जा रहा है और जबरन उनके आंदोलन को खत्म कराया जा रहा है.
केंद्र की साजिश के शिकार हो गए मानः चन्नी
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि सीएम भगवंत मान दिल्ली गए और वहां जाकर उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. फिर उसके बाद पंजाब में किसान आंदोलन को खत्म करने के लिए बड़ी साजिश की गई. पंजाब के तमाम बड़े किसान नेताओं को पकड़ लिया गया.
चन्नी ने कहा, “बॉर्डरों पर टियर गैस, वॉटर कैनन और भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. मैं सीएम भगवंत मान से पूछना चाहता हूं कि आप कैसे केंद्र सरकार की साजिश का शिकार हो गए. कैसे आपने पंजाब के किसानों के खिलाफ इतना बड़ा एक्शन ले लिया.”
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि पंजाब के बॉर्डर पर चल रहे आंदोलन में सरकार एक तरफ किसान संगठनों से वार्ता कर रही है तो दूसरी ओर उन्हें गिरफ्तार करने का काम कर रही है. पंजाब सरकार की कार्रवाई की हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं और सभी किसान संगठन हर संघर्ष के लिए तैयार हैं.
हरभजन सिंह ने पंजाब सरकार की बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उठाया, फिर लिया यू-टर्न
19 Mar, 2025 05:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब सरकार ने नशे के विरुद्ध युद्ध छेड़ रखा है. इस दौरान आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई भी की जा रही है. इस कार्रवाई पर आम आदमी पार्टी के अपने सांसद हरभजन सिंह ने ही सवाल खड़े करते हुए कहा है कि किसी की छत नहीं तोड़नी चाहिए, लेकिन इस बयान के विरोध के बाद हरभजन सिंह ने अपने पहले के बयान पर यू-टर्न ले लिया है. उन्होंने सोशल साइट एक्स पर कहा कि मैं यह बात बिल्कुल स्पष्ट कर देना चाहता हूं. पंजाब में आप की सरकार पंजाब में ड्रग तस्करों के खिलाफ इतनी कठोर कार्रवाई करने वाली पहली सरकार है.
हरभजन के बयान से खड़ा हो गया था विवाद
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह ने भगवंत मान की अगुवाई वाली आप सरकार द्वारा पंजाब में ड्रग तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का विरोध करके विवाद खड़ा कर दिया है. उन्होंने कहा कि बुलडोजर चलाना समाधान नहीं है. आप नेता सोमनाथ भारती ने अपने पार्टी सहयोगी पर पलटवार करते हुए राज्य सरकार के ड्रग्स के खिलाफ युद्ध पहल के बारे में उनकी टिप्पणी को पूरी तरह से अनुचित बताया.
सोमनाथ भारती ने हरभजन सिंह पर बोला हमला
पंजाब सरकार के अभियान का विरोध करने के लिए हरभजन पर निशाना साधते हुए भारती ने एक्स पर लिखा कि हरभजन सिंह पता चला कि आपने पंजाब के युवाओं और भविष्य को बर्बाद करने वाले ड्रग माफियाओं के खिलाफ आप की पंजाब सरकार की बुलडोजर कार्रवाई का विरोध किया है.
उन्होंंने लिखा कि इन ड्रग माफियाओं ने लाखों परिवारों को बर्बाद कर दिया है, उन्होंने बुजुर्ग माता-पिता के सपनों को कुचल दिया है, उन्होंने नवविवाहित लड़कियों के सपनों को जला दिया है और आप उनका पक्ष ले रहे हैं? ड्रग माफियाओं के पक्ष में आपका बयान बिल्कुल अनुचित है.
हरभजन सिंह ने बुल्डोजर एक्शन का किया था विरोध
मंगलवार को हरभजन ने तोड़फोड़ अभियान का विरोध करते हुए कहा था कि मैं घरों को ध्वस्त करने के पक्ष में नहीं हूं. इसके बजाय, कानून के अनुसार, ड्रग सप्लायर और तस्करों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए. उन्हें नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाना चाहिए. किसी भी घर को गिराना सही नहीं है, जो अन्य परिवार के सदस्यों को छत प्रदान करता है. मुझे नहीं पता कि ये घर कैसे और किसके पैसे से बने हैं, लेकिन कोई और विकल्प होना चाहिए। यह सही तरीका नहीं है. अगर किसी ने सरकारी जमीन पर कब्जा किया है, तो अधिकारियों को कार्रवाई करनी चाहिए और उसे वापस लेना चाहिए, लेकिन घरों को ध्वस्त करने के बजाय, सरकार को जगह खाली करने से पहले निवासियों को स्थानांतरित करना चाहिए. बाद में हरभजन सिंह द्वारा बयान वापस लेने पर सोमनाथ भारती ने संतोष जताया.
पंजाब के मानसा में अनोखी बारात, हाथी, घोड़े और बैलगाड़ियों में सवार हुए बाराती
18 Mar, 2025 08:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वैसे तो आज कल की शादियों में बारात ले जाने के लिए एक से एक गाड़ियों की बुकिंग होती हैं. दूल्हे के लिए घोड़ी बग्घी का इंतजाम तो होता है, लेकिन यह घोड़ा बग्धी महज कुछ ही देर के लिए होता है. इससे उलट पंजाब के मानसा में एक ऐसी शादी हुई है, जिसमें बारात हाथी घोड़े और बैलगाड़ियों में निकली. इस बारात में दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के माता पिता के अलावा पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी समेत हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए.
जी हां, हम बात कर रहे हैं मानसा जिले के गांव समाओ से निकली प्रसिद्ध गिद्दा कोच पाल सिंह की बारात की. इस बारात में पारंपरिक तरीके से बारात निकाली गई. दूल्हा खुद हाथी पर सवार होकर निकला. वहीं, सभी बाराती पीछे पीछे घोड़े और बैलगाड़ियों में सवार होकर निकले. इन सभी वाहनों को भव्य तरीके से सजाया गया था. इन्हीं वाहनों में पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और सिद्धू मूसेवाला के माता पिता के अलावा पंजाबी सिनेमा के तमाम कलाकार भी सवार हुए.
गांव की लड़कियां भी बनी बाराती
गिद्दा कोच पाल सिंह ने इस शादी को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी. उन्होंने अपनी बारात में शामिल होने के लिए गांव की सभी लड़कियों को आमंत्रित किया था. इसके अलावा उन्होंने जिले के समस्त नागरिकों को भी अपनी शादी में बुलाया था. उनके आह्वान पर मानसा जिले के अलावा आसपास के जिलों से हजारों की तादात में लोग बारात में शामिल हुए.
बारात के वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि जिस राजसी ठाट के साथ बारात निकली, उठी ठाट के साथ दुल्हन के परिवार ने बारात का स्वागत सत्कार भी किया. वहीं शादी की रस्मों में भी सभी परंपराओं का पालन किया गया. इस बारात और शादी के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही हैं. लोग इन तस्वीरों को देखकर बोल उठते हैं कि राजे महाराजे की शादी की यादें ताजा हो गईं.
मोहाली में मोमोज और स्प्रिंग रोल में मिलावट की जांच, दुकानों पर चौंकाने वाला खुलासा
18 Mar, 2025 06:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आज कल स्ट्रीट फूड के शौकीन लोगों की कमी नहीं है. यदि आप भी मोमोज और स्प्रिंग रोल खाने के शौकीन हैं तो फिर आपको सावधान हो जाना चाहिए. बहुत संभव है कि जो मोमोज या स्प्रिंगरोल आप खा रहे हैं, उसमे सड़े गोभी आदि भर दिए गए हों. यदि नॉनवेज मोमोज या स्प्रिंगरोल खा रहे हैं तो और भी सावधानी की जरूरत है. दरअसल पंजाब के मोहाली में एक ऐसा मामला सामने आया है, जो मोमोज के शौकीनों के लिए कान खड़े करना वाला है. मामला मोहाली के मटौर का है.
यहां मोमोज और स्प्रिंगरोल में मिलावट की खबरें लगातार आ रही थीं. इन खबरों को ध्यान में रखते हुए हेल्थ विभाग की एक टीम ने कई दुकानों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पता चला कि जिन फैक्ट्रियों और दुकानों में ये चीजें तैयार हो रही थीं, उनमें कचरे का ढेर भरा था. यहीं नहीं, इसमें डालने के लिए सड़ी गली सब्जियां रखी हुई थी. यही नहीं, एक फैक्ट्री के फ्रीज में तो किसी कुत्ते या बिल्ले जैसे जानवर का सिर पड़ा था.
60 किलो मिला बदबूदार चिकन
बताया जा रहा है कि इस जानवर के शरीर के बाकी हिस्से का इस्तेमाल हो चुका था. इस कार्रवाई के वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं. इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि जिस तेल में मोमोज फ्राई किया जा रहा था, वो भी ना केवल मिलावटी था, बल्कि कई बार इस्तेमाल भी हो चुका था. स्वास्थ्य विभाग की टीम फैक्ट्रियों का यह दृष्य देखकर हैरान रह गई. इस टीम ने तत्काल वहां मौजूद चीजों का सैंपल लिया और इन फैक्ट्रियों को सीज कर दिया है. इस कार्रवाई में टीम ने करीब 60 किलो बदबूदार चिकन और इससे अधिक मात्रा में सड़ी गली सब्जियां जब्त करने के साथ ही इन दुकानों का चालान किया है.
फैक्ट्री में मिली मांस काटने की मशीन
मोहाली के सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ . अमृत वारिंग के मुताबिक अभी तक की कार्रवाई में यह साफ नहीं हो सका है कि जो सड़ा गला मांस रखा हुआ था, उसमें इस्तेमाल हुआ है कि नहीं. फ्रीज में मिले जानवर के सिर और मांस को कब्जे में लेकर जांच के लिए लैबोरेट्री भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि इन दुकानों से मोमोज और स्प्रिंगरोल के अलावा चटनी के भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं. इस टीम के मुताबिक मौके से मांस काटने की मशीन भी बरामद की गई है. अधिकारियों के मुताबिक जिन प्रतिष्ठानों में गड़बड़ी मिली है, उन सभी के संचालक नेपाली मूल के रहने वाले हैं.
अरविंद केजरीवाल ने अमृतसर ब्लास्ट पर कहा, पंजाब की शांति को बाधित करने वालों को जवाब मिलेगा
17 Mar, 2025 06:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के अमृतसर में मंदिर के बाहर ब्लास्ट मामले में एक संदिग्ध पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया है. इस मामले में दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि पंजाब की शांति भंग करने का प्रयास करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. नशे और गैंग्स्टरों के खिलाफ पंजाब ने जंग छेड़ी हुई है. इससे राष्ट्र विरोधी ताकतें और पाकिस्तानी समर्थक बौखलाए हुए हैं. वो पंजाब में माहौल खराब करना चाहते है, पंजाब की जनता ये बिल्कुल नहीं होने देगी.
मुठभेड़ को लेकर पंजाब पुलिस के मुखिया ने एक पोस्ट में कहा, खुफिया इनपुट पर कार्रवाई करते हुए कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने 15 मार्च 2025 को ठाकुरद्वार मंदिर अमृतसर पर हुए हमले के लिए जिम्मेदारों का पता लगाया. विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत पीएस छेहरटा में एफआईआर दर्ज की गई और आरोपियों की पहचान हुई.
आरोपियों ने की फायरिंग
उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने राजासांसी में संदिग्धों को ट्रैक किया. इस दौरान आरोपियों ने गोलियां चला दीं, जिससे एचसी गुरप्रीत सिंह और इंस्पेक्टर घायल हो गए. आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे आरोपी घायल हो गया. उसेहें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया. अन्य आरोपी फरार हो गए. उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
पुलिस स्टेशन एयरपोर्ट में एक नई एफआईआर दर्ज की जा रही है. पंजाब पुलिस राज्य में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. इससे पहले अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया था कि मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों को जब पुलिस टीम ने रुकने के लिए कहा तो उन्होंने पुलिस पर गोलियां चला दीं. एक गोली हेड कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह के बाएं हाथ में लगी. जबकि एक गोली इंस्पेक्टर अमोलक सिंह की पगड़ी में लगी.
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पुलिस टीम पर पांच राउंड फायरिंग की. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. इसमें गुरसिदक सिंह घायल हो गया और बाद में उसने दम तोड़ दिया. जबकि विशाल भाग गया. उसको पकड़ने के प्रयास जारी हैं. गुरसिदक सिंह छीनाझपटी के दो मामलों में शामिल था. हाल ही में वो जेल से रिहा हुआ था. विशाल पर हत्या की कोशिश का मामला दर्ज है.
पंजाब सीएम भगवंत मान का बयान, अमृतसर मंदिर पर हमले को लेकर कहा- पंजाब को परेशान करने की कोशिशें जारी हैं
15 Mar, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के अमृतसर में मंदिर पर हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले और पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब को परेशान करने की बहुत कोशिश की जा रही है. ऐसा सिर्फ एक बार नहीं होता है समय-समय पर ऐसी कोशिशें चलती रहती हैं. ड्रग भी तो पंजाब को डिस्टर्ब करने की कोशिश है, फिर गैंगस्टर, फिरौतियां इसलिए सुनाई दे जाती हैं ताकि, ये लगे कि पंजाब अशांति का सूबा बन गया है.
उन्होंने कहा कि आप उधर की घटनाएं देखें कभी जुलूस को बड़ी मुश्किल से निकालना पड़ता है कहीं लाठीचार्ज करना पड़ता है, लेकिन हमारे यहां पर ऐसा नहीं होता है. जो भी गैर-सामाजिक तत्व हैं उन पर हम कार्यवाही कर रहे हैं. मोगा में जो शिवसेना नेता के हत्या की घटना हुई है वहां पर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस का जो इक्विपमेंट है और पुलिस के जो साधन हैं वो बहुत अपडेटेड हैं.
70 प्रतिशत ड्रोन आने कम हो गए हैं
उन्होंने कहा कि मैं बार-बार आपको बताता रहता हूं हम एक-दूसरे से सहयोग करके अपराधियों को पकड़ लेते हैं. BSF ने हमें रिपोर्ट दी है. युद्ध नशे विरुद्ध हमने मिशन शुरू किया है. 70% जो ड्रोन आते थे वो कम हो गए हैं क्योंकि यहां पर कोई रिसीव करने वाला नहीं है. पाकिस्तान ये चाहता ही है कि पंजाब शांति में ना रहे. लेकिन हम यकीन दिलाते हैं पंजाब के लोगों को कि हम भाईचारक सांख जो है उसको बनाकर रखेंगे.
अमृतसर के खंडवाला में ग्रेनेड से हमला किया गया. ये हमला ठाकुरद्वारा मंदिर पर पर किया गया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. सीसीटीवी के आए वीडियो में दो युवक बाइक पर सवार होकर मंदिर के करीब जाते हुए दिखाई दिए. उनमें से एक शख्स ने मंदिर पर ग्रेनेड फेंका, उसके बाद दोनों मौके से निकलकर फरार हो गए.
राशिफल 21 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
गुरु पूर्णिमा पर प्रदेश में मनाया जाएगा महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
वन प्रधान क्षेत्रों में आजीविका सशक्तिकरण की नई पहल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले सीजी पॉवर के एमडी कौल
टैलेंट सर्च में एथलेटिक्स का दमदार आगाज़: 400 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाई रफ्तार और हुनर
आयुष्मान भारत योजना में मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय सम्मान
