पंजाब
बोरे में मिला युवती का शव, राहगीरों ने देख पुलिस को दी सूचना
9 Jul, 2025 04:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। पंजाब के लुधियाना में उस समय सनसनी फैल गई जब एक बोरे में महिला का शव मिला। नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की रिहायश से कुछ ही दूरी पर स्थित आरती चौक के पास बाइक सवार दो युवकों ने सड़क के बीचों बीच डिवाइजर पर एक बोरी फेंक दी। जब बोरी खोली गई तो उसमें युवती की लाश मिली। आरोपियों ने युवती की हत्या करने के बाद शव बोरी में बांधा और शव को खुर्द बुर्द करने की नियत से वहां फेंक गए।
हैरानी की बात यह है कि दिनदहाड़े पूरी दिलेरी के साथ युवती का शव बोरी में डाल कर बाइक पर ले जा रहे युवकों को लोगों ने देख लिया। जब बोरी से बदबू आई तो उसकी वीडियो बना ली गई। वीडियो बनाते ही युवक वहां से फरार हो गए और बोरी वहीं फेंक गए। जब लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने बोरी खोली सभी हैरान हो गए। बोरी में युवकी का शव था। थाना डिविजन आठ की पुलिस भी मौके पर पहुंची।
राहगीर अमरजीत सिंह और जीवन ने बताया कि नीले रंग की बाइक पर दो युवक सवार थे। इसमें से एक ने सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी पहनी हुई थी। दोनों ने फिरोजपुर रोड आरती चौक के पास डिवाइडर पर बोरी फेंक दी। वहां मौजूद एक रेहड़ी वाले ने युवकों से बोरी के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि वे तो खराब आम फेंकने आए हैं। उसे शक हुआ तो उसने शोर मचा दिया। जीवन ने उनकी बाइक साइड में रुकवाई और वीडियो बनाने लगा।
जीवन के मुताबिक जब उसने बोरी पकड़ी युवक की वीडियो बनाई तो वह धमकियां देने लगा। जिस युवक ने बोरी पकड़ी थी उसने नीले रंग की सिक्योरिटी गार्ड की ड्रेस पहन रखी थी। वह हाथापाई करने पर उतारु हो गया। इसके बाद पहले सिक्योरिटी गार्ड वाली वर्दी पहना युवक गायब हो गया और उसके बाद दूसरे युवक ने आगे रखी बोरी वहां फेंकी और वहां से वह भी खिसक गया। लोगों ने दूसरी तरफ खड़े पुलिस कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। उन्होंने आगे थाने में इसकी सूचना दे दी। पुलिस ने बोरी को चेक किया तो उसमें युवती का शव था।
क्या कहती है पुलिस
थाना डिवीजन नंबर 8 के सब इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें कॉल आई थी कि आरती चौक के पास किसी ने बोरी फेंकी है और इसमें लाश होने का शक है। लोगों ने बोरी फेंकने वाले दोनों लड़कों को रोककर पूछा कि इसमें क्या है तो उन्होंने कहा कि आम के छिलके हैं और यह कहने के बाद वे भाग गए। सब इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने बाइक कब्जे में ले ली है। नंबर के आधार पर पता लगाया जाएगा कि उक्त बाइक का मालिक कौन है और उसके बाद वीडियो को भी कब्जे में ले लिया है। वीडियो में दोनों आरोपी प्रवासी लग रहे हैं और मृतक युवती भी प्रवासी है। अभी मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने वीडियो कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
पटियाला में डायरिया बना जानलेवा, चार की मौत के बाद मचा हड़कंप
8 Jul, 2025 08:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटियाला। पटियाला के गांव अलीपुर अराइयां में डायरिया का प्रकोप लगातार फैल रहा है। मंगलवार को डायरिया से एक और मौत हो गई। इससे अब मौतों का आंकड़ा बढ़कर चार हो गया है जबकि मरीजों की गिनती 106 पहुंच गई है। मृतक की पहचान 60 साल की महिला निर्मला के तौर पर हुई है।
सिविल सर्जन डाॅ. जगपाल इंद्र सिंह के मुताबिक इस समय अस्पताल में सात मरीज उपचाराधीन हैं। आगे बताया कि विभाग की तरफ से 22 टीमों का गठन किया गया है जो घर-घर सर्वे करके लोगों को डायरिया की रोकथाम को लेकर जागरूक कर रही हैं। साथ ही लोगों में ओआरएस के पैकेट व क्लोरीन की गोलियां बांट रही हैं।
पटियाला की डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव ने मंगलवार सुबह डायरिया से प्रभावित अलीपुर अराइयां, हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर व माता कौशल्या अस्पताल का दौरा किया। सेहत विभाग की डायरेक्टर डॉ. हितेंद्र कौर, कमिश्नर नगर निगम परमवीर सिंह व वाटर सप्लाई व सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर डायरिया के मामलों की समीक्षा की। इस दौरान डीसी ने ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि डायरिया के मामलों में वृद्धि को रोकने के लिए जमीनी स्तर पर कार्रवाई की जाए। इसमें किसी भी तरह की ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने डायरिया फैलने के कारणों का पता लगाने और इसको और फैलने से रोकने के लिए एसडीएम के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन भी किया। इसमें जलापूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया।
इससे पहले उन्होंने अलीपुर अराइयां और माता कौशल्या अस्पताल का दौरा करते हुए डायरिया से पीड़ित लोगों से बातचीत की। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों में अवैध वाटर सप्लाई न चलाएं। बरसात के मौसम में दूषित पानी पीने से बचने के लिए क्लोरीन की गोलियां और उबला हुआ पानी पीने को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि यदि किसी को उल्टी या दस्त के लक्षण महसूस होते हैं, तो वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल से चिकित्सा सहायता लें।
हॉटस्पॉट क्षेत्रों में भी एहतियात बरतने के आदेश बैठक में डिप्टी कमिश्नर ने आदेश दिए कि शहर सहित जिले के अन्य हॉटस्पॉट क्षेत्रों में भी एहतियात बरता जाए। उन्होंने कहा कि पटियाला सहित पूरे जिले में सभी हॉटस्पॉट पर नजर रखी जाए। जहां भी दूषित पानी मिलने की संभावना हो, वहां पर जल्द कार्रवाई की जाए। उन्होंने सेहत विभाग को जागरूकता कैंप लगाने, क्लोरीन की गोलियां बांटने के निर्देश दिए।
फरीदकोट में युवक की रहस्यमयी मौत, पुलिस जुटी हर एंगल से पड़ताल में
8 Jul, 2025 06:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फरीदकोट। फरीदकोट के गांव कम्मेआना में तेजधार हथियार से एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान इंद्रजीत सिंह उर्फ इन्द्रू के रूप में हुई जिसका शव उसके घर से बरामद हुआ।
मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही एसपी संदीप वढेरा समेत थाना सदर फरीदकोट की पुलिस मौके पर पहुंची।
घटनास्थल से शराब की एक खाली बोतल भी बरामद हुई है। पुलिस ने जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेन्सिक टीम को बुलाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। इस मामले में एसपी संदीप बढेरा के अनुसार, मृतक की दो शादियां हुई थीं। उसकी दूसरी पत्नी के साथ रिश्ते अच्छे नहीं थे। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
जालंधर में बाढ़ से मची अफरा-तफरी, एनडीआरएफ-SDRF की मुस्तैदी से टली बड़ी त्रासदी
8 Jul, 2025 05:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। पंजाब के जालंधर फिल्लौर-लुधियाना हाईवे किनारे गुजरने वाली सतलुज नदी उफान पर है। नदी में पानी बढ़ जाने से बाढ़ आ गई। कई लोग पानी की जद में आ गए और वहां अफरा-तफरी मच गई। बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए सेना तक बुलानी पड़ी। जैसे ही सेना का हेलीकॉप्टर वहां पहुंचा तो लोगों में हड़कंप मच गया। सेना के अलावा एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पंजाब पुलिस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड और अन्य विभागों के कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और लोगों को सुरक्षित बचाया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
दरअसल यहां किसी तरह की बाढ़ नहीं आई थी, लेकिन बाढ़ जैसी आपदा से निपटने के लिए मंगलवार को डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल के नेतृत्व में यह अभ्यास (मॉक ड्रिल) की गई।
मॉक ड्रिल में सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पंजाब पुलिस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड और स्थानीय प्रशासन के अलग-अलग विभागों द्वारा सतलुज नदी के किनारे गांव तलवंडी कलां, (फिल्लौर-लुधियाना रोड) फिल्लौर में बाढ़ सुरक्षा अभ्यास किया गया। इस अवसर पर एसडीएम लाल विश्वास बैंस सहित सेना व जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
कपूरथला हिंसा: जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, पुलिस ने हालात किए काबू
8 Jul, 2025 05:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कपूरथला। कपूरथला के गांव नत्थूचाहल में जमीन की निशानदेही करने पहुंचे कानूनगो, पटवारी व पुलिस फोर्स की मौजूदगी में दो पक्षों में झड़प हो गई। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के 6 लोग घायल भी हुए हैं। सभी को सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती करवाया गया है। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में अधिकारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई है। वहीं थाना सदर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई आलमजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में 5 आरोपियों और 8-9 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
घायलों की पहचान अजीत सिंह पुत्र भाण सिंह, गुरदेव सिंह पुत्र अर्जुन सिंह, कुलदीप सिंह पुत्र धन्ना सिंह व बलविंदर सिंह पुत्र गुरदेव सिंह सभी गांव नत्थूचाहल के रहने वाले हैं। घायल गुरदेव सिंह ने बताया कि उसने गांव नत्थूचाहल में जमीन खरीदी है। जमीन की निशानदेही होनी थी। कुछ माह पहले वह निशानदेही करवा रहे थे तो साथ लगती जमीन मालिकों ने उन्हें निशानदेही करवाने से रोका था और धमकियां दी थी। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी थी। इस मामले में पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया था। अब फिर जमीन की निशानदेही का समय रखा था। उन्हें पहले ही संदेह था कि वही लोग फिर से झगड़ा करेंगे और उनपर हमला भी कर सकते हैं। इसलिए उन्होंने निशानदेही के दौरान पुलिस सुरक्षा की मांग की थी।
वह कानूनगो नवजोत कौर, पटवारी लखविंदर सिंह, सदर में गतणत निरवैर सिंह पुलिस पार्टी और अपने साथियों अजीत सिंह, कुलदीप व बलविंदर सिंह की मौजूदगी में जमीन की निशानदेही करवा रहा था। तभी साथ लगती जमीन मालिकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। अधिकारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई। कानूनगो नवजोत कौर के अनुसार उनकी टीम अपनी ड्यूटी कर रही थी, लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्हें उनकी सरकारी ड्यूटी करने से भी रोका गया। इस संबंधी शिकायत थाना सदर पुलिस को दी गई है। वहीं इस मामले की रिपोर्ट तैयार कर तहसीलदार को भी भेजी जाएगी।
एएसआई आलमजीत सिंह ने बताया कि गांव नत्थूचाहल में जमीन की निशानदेही दौरान हथियारों से हमला करने के मामले में पीड़ित गुरदेव सिंह की शिकायत पर आरोपी बलजीत सिंह, तरनजीत सिंह, गुरविंदर सिंह, सुरिंदर कौर, इंद्रजीत सिंह सभी निवासी गांव नाथूचाहल और 8-9 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
संजय वर्मा मर्डर केस: पुलिस ने पकड़े दो फरार आरोपी, पंजाब से हुई गिरफ्तारी
8 Jul, 2025 04:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। पंजाब के अबोहर में एक दिन पहले सोमवार को मशहूर कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा की हत्या की गई थी। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं संजय वर्मा हत्याकांड में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इसका खुलासा पंजाब पुलिस के एडीजीपी अर्पित शुक्ला ने मंगलवार को अबोहर में किया। इससे पहले एडीजीपी शुक्ला ने घटनास्थल का दौरा भी किया।
एडीजीपी शुक्ला ने बताया कि संजय वर्मा हत्याकांड में शामिल दो जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है उनमें पटियाला निवासी रामरतन और जसबीर सिंह निवासी मरदनपुर शामिल है। दोनों से पूछताछ के बाद और जानकारियां सामने आएंगी। इस वारदात को क्यों अंजाम दिया गया, कहां और किस की साजिश थी, इस सब बारे उन्होंने जानकारी नहीं दी और यह बताया कि जब मामले की जांच पूरी हो जाएगी, सभी तथ्य स्पष्ट हो जाएंगे, तब पूरा खुलासा किया जाएगा। इस मामले में पुलिस टीमें गहनता से जुटी हुई हैं।
जगत वर्मा का दर्द छलका
इससे पहले शोक जताने पहुंचे पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष राजा वड़िंग से फरियाद करते हुए संजय वर्मा के भाई जगत वर्मा ने कहा कि आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछो कि यह हिंदुस्तान कैसा है, जहां सैकड़ों लोगों को रोजगार देने वालों को बदमाश गोलियां मार कर चले जाते हैं। जेलों में बदमाशों की खातिरदारी होती है। जनता सरकार से सुरक्षा व न्याय ही तो मांगती है। मैं किसी पार्टी का नहीं हूं। सरकार को करोड़ों का टैक्स देता हूं, पांच सात सौ लोगों को रोजगार दिया है। हमारे साथ ही ऐसा क्यों हुआ है। मेरी बात सरकार तक पहुंचाओ।
बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ – न पंजीकरण, न नियम; फर्जी बस चल रही थी धड़ल्ले से
8 Jul, 2025 04:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। पंजाब के होशियापुर में एक दिन पहले सोमवार को बड़ा हादसा हुआ था। एक निजी बस ओवरलोडिंग और ओवरस्पीड की वजह से पलट गई और इसमें सवार 10 लोगों की मौत हो गई थी। बावजूद इसके अभी भी यात्री वाहन चालक सीख लेने के बजाए लापरवाही बरत रहे हैं।
पंजाब के जालंधर में देश के भविष्य कहलाए जाने वाले स्कूली बच्चों की जान से खिलवाड़ हो रहा है। यहां एक सरकारी स्कूल की बस की पुलिस ने जब जांच की तो हैरान कर देने वाली सच्चाई सामने आई। सरकारी स्कूल की 51 सीटर बस में 80 बच्चों को बैठाया गया था। बच्चों से खचाखच भरी बस के दस्तावेज चेक किए गए तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। क्योंकि बस में जो नंबर प्लेट लगी हुई थी वह भी फर्जी निकली। बस में लग नंबर प्लेट किसी बाइक की थी।
जालंधर के श्री राम चौक पर ट्रैफिक पुलिस ने सरकारी स्कूल को रोका तो हंगामा हो गया। पुलिस ने बस का चालान काटा है। पुलिस के मुताबिक बस में 51 सीट हैं, लेकिन उसमें 80 बच्चे सवार थे। बस का नंबर भी मोटरसाइकिल है। बस चालक के राजविंदर सिंह मुताबिक वह पिछले छह महीने से स्कूल बस चला रहा है। उसने बताया कि उसे बस के दस्तावेजों के बारे में कोई जानकारी भी नहीं है। स्कूल से जो भी आदेश आते हैं, वह उसी तरह काम करता है। वहीं जोन इंचार्ज डिवीजन नंबर चार सब इंस्पेक्टर सुखजिंदर सिंह ने कहा है कि स्कूल बस का ओवरलोडिंग, सीट बेल्ट और बस की नंबर प्लेट के चालान काटे गए हैं। पुलिस को निर्देश मिले हैं कि सभी स्कूल वाहनों की नियमित जांच की जाए। चेकिंग के दौरान उन्होंने देखा कि स्कूल बस चालक नियमों का पालन नहीं कर रहा था, जिसका चालान काटा गया।
सुखबीर बादल को तनखइया घोषित करने पर दो तख्तों में टकराव, सिख राजनीति में हलचल
7 Jul, 2025 05:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर (पंजाब)। श्री अकाल तख्त साहिब और तख्त श्री पटना साहिब के बीच पंथक संकट गहरा गया है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल को तख्त श्री पटना साहिब ने तनखइया घोषित किया था। अब श्री अकाल तख्त ने सुखबीर बादल को तनखइया घोषित करने वाले तख्त श्री पटना साहिब के पांच प्यारों को तनखइया घोषित कर दिया। यह आदेश तख्त श्री पटना साहिब के आदेशों को काउंटर बताए जाते है। नया विवाद यह है कि कौन सा तख्त सर्वोपरि है। हालांकि अब तक यह कहा जाता रहा है कि सभी तख्त बराबर है।
गौरतलब है कि तख्त श्री पटना साहिब की ओर से श्री अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह और तख्त दमदमा साहिब के जत्थेदार टेक सिंह धनौला को हुक्मनामा जारी करके तख्त पटना साहिब पर अपना स्पष्टीकरण देने के आदेश दिए थे। श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह ने शनिवार को आदेश जारी करके तख्त पटना साहिब के आदेशों को रद्द कर दिया। इसके साथ ही मुख्य ग्रंथी समेत कार्यकारिणी को अकाल तख्त साहिब पर तलब कर लिया है।
पांच सिंह साहिबान की बैठक में लिया फैसला
सुखबीर को तख्त श्री पटना साहिब की ओर से जारी आदेशों के बाद अकाल तख्त साहिब के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह की अगुआई में पांच सिंह साहिबान की बैठक बुलाई गई। इसमें तख्त श्री पटना साहिब के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, सीनियर उपप्रधान लखविंदर सिंह, जूनियर उपप्रधान गुरविंदर सिंह, महासचिव इंद्रजीत सिंह, सदस्य गोबिंदर सिंह लौंगोवाल, राजा सिंह व सदस्य महिंदरपाल को 15 दिन के भीतर श्री अकाल तख्त साहिब पर पेश होकर स्पष्टीकरण देने का आदेश जारी कर दिया। इसके साथ सुखबीर बादल को तनखइया घोषित करने वाले पांच प्यारों को भी अकाल तख्त द्वारा तनखइया घोषित कर दिया गया।
पंजाब के तीनों तख्तों पर हैं बादल का प्रभाव
ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में श्री अकाल तख्त साहिब श्री गुरु हरगोबिंद साहिब द्वारा स्थापित हैं। इसके बाद चार तख्त और अस्तित्व में आए। जिसमें पंजाब के श्री दमदमा साहिब तथा केसगढ़ साहिब हैं, वहीं पटना साहिब और तख्त श्री नांदेड़ साहिब भी शामिल हैं। पंजाब के तीनों तख्तों पर एसजीपीसी के माध्यम से अकाली दल बादल का प्रभाव है, बाकी तख्तों पर स्थानीय सरकारों का प्रभाव है। विवादों के चलते ही दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एसजीपीसी के लिए अब चुनौती बन गई। अब राजस्थान , उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के सिख संगठनों और लोगों ने अलग होना शुरू कर दिया।
अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें
हथियार और ड्रग तस्करी में संलिप्त गैंग पर छापा, 9.7 लाख रुपये की ड्रग मनी जब्त
7 Jul, 2025 04:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। पंजाब पुलिस ने मलयेशिया व दुबई से जुड़े एक ड्रग-हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग गैंग के नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर एक किलो 15 ग्राम हेरोइन, पांच पिस्तौल और 9.7 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। इस मामले में हवाला का सारा कारोबार दिल्ली से कर्नाटक होते हुए दुबई के रास्ते किया जा रहा था।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जसप्रीत सिंह निवासी बरनाला, हरप्रीत सिंह निवासी बटाला और तेजबीर सिंह निवासी हरिके को पुलिस ने फतेहगढ़ चूड़ियां रोड से गिरफ्तार किया गया है। जसप्रीत सिंह और तेजबीर सिंह कुछ माह पहले ही मलयेशिया से लौटे हैं। यह वहां पर ही पाकिस्तानी तस्करों के संपंर्क में आ गए। आरोपी हरप्रीत सिंह के पास बीएएमएस की डिग्री है। आरोपी राज्य के विभिन्न हिस्सों में हथियार और हेरोइन की सप्लाई करते थे।
भुल्लर ने बताया कि थाना इस्लामाबाद पुलिस ने नशा तस्करी और हवाला राशि के नेटवर्क को ध्वस्त कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सबसे पहले कोट खालसा निवासी दानिश को गिरफ्तार किया गया। आराेपी से 115 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इसके खिलाफ पहले भी तीन केस दर्ज हैं। उससे पूछताछ के आधार पर इसकी साथी सालोनी निवासी कोट खालसा और जोबनप्रीत सिंह निवासी जंडियाला गुरु को गिरफ्तार किया गया। इन सभी से पूछताछ में पता चला कि बड़े स्तर पर हवाला का कारोबार चल रहा है। इसके बाद लुधियाना निवासी कुलवंत सिंह को गिरफ्तार किया। जांच आगे बढ़ी तो कर्नाटक निवासी अदरक डीलर अब्दुल रहमान और पुनीत पिंटू को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से 9.7 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई।
गिरोह की कड़ियां तलाश रही पुलिस
डीजीपी ने कहा कि पुलिस इस मामले में गिरोह आगे की कड़ियों की तलाश कर रही है। वह नशा और हथियार तस्करी के गठजोड़ को तोड़ने और राज्य को सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश, सरपंच को फंसाकर मांगी भारी रकम, पूर्व सरपंच भी शामिल
7 Jul, 2025 04:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मोगा (पंजाब)। मोगा में बाघापुराना पुलिस ने एक हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के मुख्य सदस्य पूर्व सरपंच समेत तीन महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी फरार हैं। इस मामले में डीएसपी बाघापुराना दलबीर सिंह ने बताया कि गांव गुरुसर माड़ी निवासी जगसीर सिंह ने थाना बाघापुराना में शिकायत दर्ज करवाई कि चार जुलाई को डेढ़ बजे वह मोगा के आईसीआईसीआई बैंक में किसी जरूरी काम से गया था। इस दौरान उसे एक महिला प्रीत ने फोन करके कहा कि मेरा बाघापुराना थाने में लड़ाई-झगड़े का केस चल रहा है राजीनामा करवा दो क्योंकि आप आम आदमी पार्टी के सरपंच हो। उसने गांव गिल पर मिलने के लिए कहा।
जगसीर सिंह मोटरसाइकिल पर मोगा से वापस अपने गांव आ रहा था तो गिल पुल सुंआ पर एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार नं PB-10-EP-8390 आई, जिसमें तीन आदमी व दो महिलाएं बैठी थीं। इन्होंने उसे जबरदस्ती कार में डाल लिया और अगवा करके मोगा शहर में एक खाली मकान में ले गए, वहां एक महिला और दो अज्ञात व्यक्ति पहले से मौजूद थे। इन्होंने उसे एक कमरे में ले जाकर मारपीट की और उसके कपड़े उतरवाकर एक महिला के साथ खड़ा कर उसकी वीडियो बना ली तथा धमकी दी कि इस वीडियो को वायरल कर बदनाम कर देंगे। आरोपियों ने उससे 10 लाख रुपये की मांग की। इसके बाद उन्होंने उसे बंदी बनाकर रखा और पूर्व सरपंच मेजर सिंह को भी वहां बुला लिया। उसने कुछ देर बाद आकर 4 लाख रुपये में इनका आपसी समझौता करवा दिया। आरोपियों ने पैसे की व्यवस्था करने को कहा और धमकी दी कि अगर पांच जुलाई शाम तक पैसे नहीं दिए तो वीडियो वायरल कर देंगे।
मेजर सिंह वापस अपने गांव आया और कई बार फोन करके पैसे लाने के लिए जगसीर सिंह पर दबाव बनाने लगा। जगसीर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी। बाघापुराना पुलिस ने जांच के बाद नाै लोगों पर मामला दर्ज करके जसप्रीत सिंह उर्फ गोभी, जॉन उर्फ लाफी, विजय, पूर्व सरपंच मेजर सिंह, राज रानी व ममता रानी को गिरफ्तार करके उनके पास से एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार, पांच मोबाइल फोन बरामद की है। बाकी तीन आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड लिया जाएगा।
डीएसपी दलबीर सिंह सिद्धू ने जनता से अपील की है कि इस प्रकार के हनी ट्रैप व ब्लैकमेलिंग गिरोहों से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबर पर दें। पुलिस द्वारा ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई करेगी।
होशियारपुर: सड़क के बीच पलटी बस, चीख-पुकार के बीच छह की मौत
7 Jul, 2025 02:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
होशियारपुर: पंजाब के दसूहा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 24 यात्री घायल हो गए। हादसा हाजीपुर रोड पर सगरा अड्डा के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। मिनी बस करतार कंपनी की थी और तलवाड़ा-दसूहा रोड की ओर जा रही थी। अचानक अनियंत्रित होकर बस पलट गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार सुनाई दी। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि घायल हुए लोगों को दसूहा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या बस में कोई तकनीकी खराबी थी।
पंजाब में गोमांस की तस्करी, पुलिस ने 8 आरोपियों को दबोचा
5 Jul, 2025 06:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़ : पंजाब के फगवाड़ा में गौमांस तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। फगवाड़ा-गोराया हाइवे पर स्थित ज्योति ढाबे से पुलिस ने 29 क्विंटल 32 किलो गोमांस बरामद कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड ली गई है।
इस मामले में विभिन्न हिंदू संगठनों और गौ रक्षक संस्थाओं ने मौके पर पहुंचकर नाराजगी जताई। ढाबे के पीछे बनाए गए एक बड़े फ्रीजर में भारी मात्रा में मांस स्टोर किया गया था।
पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई करनी पड़ी। गुरुप्रीत सिंह नामक व्यक्ति ने बताया कि ज्योति ढाबे के पीछे पैकिंग प्लांट में गाय का मांस काटा और पैक किया जाता है, जिसे दिल्ली और श्रीनगर तक सप्लाई किया जाता है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं – मुख्तयार आलम,आजाद,जाकिर हुसैन,रिहाना आलम,मिंजर अली (सभी पश्चिम बंगाल),अरशद (उत्तर प्रदेश),मदन शाह (गोराया, लंधर) और एक नाबालिग। पुलिस ने इनसे एक मालवाहक वाहन भी जब्त किया है। इनके खिलाफ IPC की धाराओं, पंजाब प्रिवेंशन ऑफ काऊ स्लॉटर एक्ट 1955 की धारा 8 और प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स एक्ट 1960 की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का मानना है कि इस रैकेट में और भी लोग शामिल हो सकते हैं और जांच अभी जारी है।
बिक्रम मजीठिया को राहत नहीं, हाईकोर्ट ने सुनवाई 8 जुलाई तक टाली
4 Jul, 2025 01:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में आज शिरोमणि अकाली दल (SAD) नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया द्वारा मोहाली की जिला अदालत के रिमांड आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई हुई। हालांकि, इस मामले में आज कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई और अदालत ने सुनवाई 8 जुलाई 2025 तक के लिए स्थगित कर दी।
सुनवाई के दौरान पंजाब के महाधिवक्ता (एजी) ने दलील दी कि मजीठिया ने मोहाली अदालत के दिनांक 26 जून 2025 के आदेशों को चुनौती दी है, जो अब अप्रासंगिक हो चुके हैं, क्योंकि उसके बाद नए समन जारी हो चुके हैं इसके बाद अदालत ने मजीठिया के वकील से संशोधित याचिका दायर करने को कहा।
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने अपनी गिरफ्तारी व रिमांड को अवैध बताते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। पिछले वीरवार को सुनवाई में जस्टिस त्रिभुवन दहिया की पीठ ने मजीठिया के वकील को ताजा रिमांड आदेश पेश करने के लिए एक दिन का समय दिया था।
भ्रष्टाचार के खिलाफ मान सरकार की सख्ती, फरीदकोट में DSP राजनपाल गिरफ्तार
4 Jul, 2025 01:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फरीदकोट। फरीदकोट में जिला पुलिस ने वैवाहिक विवाद की शिकायत में पीड़ित परिवार से एक लाख की रिश्वत वसूलने और खुद की शिकायत होने पर एसएसपी के रीडर को एक लाख की रिश्वत देने की कोशिश करने के मामले में डीएसपी (क्राइम अगेंस्ट वूमेन) राजनपाल के खिलाफ केस दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी राजनपाल के पास फरीदकोट के गांव पक्का की रहने वाली एक विवाहिता किरणजीत कौर की शिकायत की जांच चल रही थी, जिसमें डीएसपी ने पीड़िता के परिवार से एक लाख रिश्वत ली और उनके मामले को भी हल नहीं करवाया। इसके बाद विवाहिता के भाई कर्मतेज सिंह ने एक दिन पहले वीरवार को एसएसपी के पास डीएसपी राजनपाल के खिलाफ एक लाख रिश्वत वसूलने की शिकायत दे दी।
रिश्वत देने का किया प्रयास
खुद के खिलाफ इस शिकायत की भनक मिलते ही डीएसपी राजनपाल ने एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के रीडर एएसआई जसविंदर सिंह से संपर्क साधा और अपने खिलाफ हुई उक्त शिकायत को रफा-दफा करवाने के लिए उसे एक लाख रिश्वत देने का प्रयास किया।
रीडर ने तुरंत पूरे मामले की एसएसपी को जानकारी दी और उनकी हिदायत के बाद राजनपाल के खिलाफ थाना सिटी में भ्रष्टाचार रुको एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया और उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया।
संजीव अरोड़ा ने पंजाबी में ली शपथ, CM मान के मंत्रिमंडल में हुई एंट्री
3 Jul, 2025 03:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने आज संजीव अरोड़ा को कैबिनेट मंत्री के रूप पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित सभी कैबिनेट के मंत्री ,विधायक आदि राजभवन में मौजूद थे।
मात्र 11 मिनट तक चले इस छोटे से समारोह में संजीव अरोड़ा ने पंजाबी में पद और गोपनीयता की शपथ ली। उन्होंने भगवंत मान के मंत्रिमंडल में 17वें मंत्री के रूप में साथ ली है।
बता दें कि कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल से NRI मामले का विभाग वापस लेकर संजीव अरोड़ा को उद्योग और NRI मामले का विभाग दिया गया है। वहीं, अब कुलदीप सिंह धालीवाल को कोई बड़ा विभाग मिलने का आसार बढ़ गया है।
भगवंत मान मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या फिर हुई 16
भगवंत मान मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या फिर से 16 हो गई है। संजीव अरोड़ा के मंत्री बनने से यह 17 हो गई थी, लेकिन अब कुलदीप धालीवाल को हटाने से यह 16 हो गई है। मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने इन तीन सालों में अर्श से फर्श तक का सफर किया है।
उन्हें पहले कृषि, ग्रामीण विकास व पंचायत विभाग जैसे बड़े महकमे दिए गए थे, जहां उन्होंने सैकड़ों एकड़ जमीन खाली करवाई। हालांकि, इसके बावजूद उन्हें NRI मामले का विभाग दे दिया गया था। साथ ही, एक ऐसा महकमा दे दिया, जो वास्तव में था ही नहीं।
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
