पंजाब
जम्मू तवी एक्सप्रेस में बड़ा हादसा टला, समय रहते रोकी गई ट्रेन
21 Jul, 2025 12:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बठिंडा (पंजाब), जम्मू तवी एक्सप्रेस (19223 बी.1 कोच) में सोमवार सुबह अचानक धुआं निकलने की वजह से यात्रियों में हड़कंप मच गया। यह ट्रेन बठिंडा रेलवे स्टेशन से सुबह 7:45 बजे फिरोजपुर के लिए रवाना हुई थी।
करीब 15 मिनट बाद, जैसे ही ट्रेन भोकड़ा गांव के पास पहुंची, कोच से धुआं निकलता दिखाई दिया। इस पर चालक ने तुरंत ट्रेन को रोक दिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी जरूरी कदम उठाए गए। यात्री घबराकर ट्रेन से बाहर आ गए। प्रत्यक्षदर्शी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि गाड़ी से धुआं निकलते देख चेन पुल की गई और गाड़ी को रोका गया।
सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। ट्रेन लगभग आधे घंटे तक गोनियाना और बठिंडा के बीच रुकी रही। इस दौरान तकनीकी टीम ने कोच की जांच की और पाया कि कोच की बेल्ट गर्म हो जाने के कारण धुआं निकल रहा था। मरम्मत टीम ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया।
बठिंडा रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि कोच की बेल्ट में गर्मी की वजह से धुआं उठा था, लेकिन आग नहीं लगी। कोई जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ। आवश्यक मरम्मत के बाद ट्रेन को सुरक्षित रवाना कर दिया गया। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे स्टाफ ने अतिरिक्त जांच की और सभी कोचों की तकनीकी खामियों को देखा। घटना के कारण ट्रेन करीब आधे घंटे की देरी से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई।
भाई संग मायके लौट रही महिला की मौत, मोगा में बाइक फिसलने से हुआ हादसा
19 Jul, 2025 02:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मोगा (पंजाब)। मोगा जिले के बाघापुराना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की माैत हो गई। मृतका की पहचान ज्योति निवासी मोगा के रूप में हुई है, जिसकी शादी कोटकपूरा में हुई थी।
जानकारी के अनुसार, सावन के महीने में मायके आने के लिए ज्योति अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर कोटकपूरा से मोगा की ओर रवाना हुई थी। जैसे ही वे बाघापुराना के मुख्य बाजार में पहुंचे, पीछे से तेज़ रफ्तार में आ रहे एक टिप्पर वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ज्योति गंभीर रूप से घायल हो गई जबकि उसका भाई बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एंबुलेंस के ज़रिए ज्योति को मोगा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बाघापुराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे थे, लेकिन तब तक घायल महिला को अस्पताल भेजा जा चुका था। बाद में अस्पताल से सूचना मिली कि महिला की मृत्यु हो चुकी है। पुलिस द्वारा परिजनों के बयानों के आधार पर अगली कार्रवाई की जा रही है।
मोहाली-चंडीगढ़ में मजीठिया के ठिकानों पर छापेमारी, SIT ने जुटाए अहम सुराग
19 Jul, 2025 02:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया एक बार फिर जांच एजेंसियों के निशाने पर हैं। सूत्रों के मुताबिक, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) और विजिलेंस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में मजीठिया के चंडीगढ़ स्थित कई ठिकानों पर शनिवार सुबह से छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली स्थित एक हाई-प्रोफाइल संपत्ति सैनिक फार्म में भी विजिलेंस की टीम रेड कर रही है। बताया जा रहा है कि यह संपत्ति बिक्रम मजीठिया की बेनामी संपत्तियों की सूची में शामिल है, जिसकी कीमत करीब 150 से 200 करोड़ रुपये आंकी गई है।
छापेमारी के दौरान टेक्निकल टीम भी मौके पर मौजूद है ताकि डिजिटल सबूत और दस्तावेजों को जब्त किया जा सके। इसके अलावा, मजीठिया और उनके परिवार से जुड़ी कंपनियों की भी गहन जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, इन शेल कंपनियों के जरिए नशा तस्करी से जुड़ा पैसा (ड्रग मनी) घुमाया गया था। विजिलेंस की यह कार्रवाई गवाहों के बयानों के आधार पर की जा रही है और इसका मकसद ड्रग्स से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क को उजागर करना है। फिलहाल, अधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। जांच एजेंसियों की यह रेड पंजाब की सियासत में एक बार फिर हलचल मचा सकती है।
न्यायिक हिरासत बढ़ी
बिक्रम सिंह मजीठिया की 14 दिन की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी गई है, अगली सुनवाई 2 अगस्त को होगी। मजीठिया को कथित धन शोधन से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और वर्तमान में वे न्यायिक हिरासत में हैं।
पंजाब में बढ़ा प्रॉपर्टी टैक्स, नगर निकायों की वित्तीय स्थिति होगी मजबूत
18 Jul, 2025 04:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब सरकार ने शहरी स्थानीय निकायों में आवासीय मकानों, फ्लैटों और व्यवसायिक इमारतों (मल्टीप्लेक्स को छोड़कर) पर प्रॉपर्टी टैक्स की दरों में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। यह बढ़ोतरी वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए लागू मानी जाएगी, यानी अप्रैल 2025 से प्रभावी होगी।
स्थानीय सरकार विभाग द्वारा 5 जून 2025 को अधिसूचना के तहत जारी इस फैसले को केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुरूप लागू किया गया है। केंद्र की हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स मंत्रालय की स्कीमों के तहत अतिरिक्त उधारी सीमा और फंडिंग का लाभ उठाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
सरकार द्वारा फरवरी 14, 2021 और अप्रैल 26, 2021 को जारी पुराने निर्देशों के आधार पर यह स्पष्ट किया गया था कि हर साल प्रॉपर्टी टैक्स में 5 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि होनी चाहिए। अब जारी अधिसूचना के अनुसार, जिन संपत्तियों पर नया टैक्स लागू होगा, वे आवासीय मकान, आवासीय फ्लैट, व्यवसायिक इमारतें, जिनमें रेस्तरां भी शामिल हैं। (मल्टीप्लेक्स शामिल नहीं) प्रॉपर्टी टैक्स में वृद्धि करके पंजाब सरकार केंद्र द्वारा तय की गई मौजूदा उधारी सीमा से 0.25 प्रतिशत अधिक ऋण लेने में सक्षम होगी।
नशे के जाल में फंसा पंजाब: स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा देह व्यापार और ड्रग्स तस्करी
18 Jul, 2025 01:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के स्पा सेंटर नशा तस्करों का नया अड्डा बन गए हैं। राज्य में ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे तस्करों की धरपकड़ और उनके नेटवर्क की जब तह तक जांच की गई तो उसमें स्पा सेंटरों का नारकोटिक्स रोल सामने आया है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की ओर से युद्ध नशे के विरुद्ध के तहत सरकार के साथ साझा की एक रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। एएनटीएफ के एडीजीपी निलाभ किशोर ने बताया कि स्पा सेंटरों की आड़ में नशा तस्कर ड्रग्स की नई सप्लाई चेन तैयार कर रहे हैं। पंजाब के कुछ जिलों में जैसे अमृतसर,जालंधर, मोहाली, पटियाला व अन्य में स्थित स्पा सेंटरों को नशा तस्कर अपने गिरोह के साथ जोड़ रहे हैं।
स्पा सेंटरों में देह व्यापार के साथ नशा का काला कारोबार
रिपोर्ट के मुताबिक स्पा सेंटर में देह व्यापार की आड़ में नशे का काला कारोबार भी किया जा रहा है। पुलिस इन स्पा सेंटरों पर भी नजर टिका कर बैठी है।
एएनटीएफ के अधिकारियों के अनुसार तो नशा तस्कर इन स्पा सेंटरों को ड्रग्स के सेल पॉइंट यानी बिक्री केंद्र के रूप में अपने नेटवर्क में इस्तेमाल करते हैं। नशा तस्कर इन स्पा सेंटर में काम करने वाली लड़कियों के जरिये नशे के ग्राहकों को छोटी मात्रा में ड्रग्स की सप्लाई करते हैं।
स्पा सेंटरों की निगरानी बढ़ाई गई
एडीजीपी निलाभ किशाेर ने बताया कि सरकार के युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत एएनटीएफ ने और सभी जिला पुलिस को उनके अधिकार क्षेत्र में स्पा सेंटरों की चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। स्पा सेंटरों में ड्रग्स की सप्लाई चेन को खंगाला जा रहा है। कई स्पा सेंटरों से पुलिस ने ड्रग्स भी बरामद की है, हालांकि अब तक इन सेंटरों से कोई बड़ा ड्रग्स का कार्टल या खेप बरामद नहीं हुई है, लेकिन छोटी-छोटी मात्रा में पुड़ियों के जरिये इन स्पा सेंटर में बिकी वाली ड्रग्स और आसानी से ड्रग्स की सप्लाई चेन तैयार करने वाले तस्करों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
उत्तर-पूर्वी राज्यों की लड़कियों को तस्करों ने नेटवर्क के साथ जोड़ा
स्पा सेंटरों में काम करने वाली उत्तर-पूर्वी राज्यों की लड़कियों को ड्रग्स के धंधे के नेटवर्क में भी जोड़ा जा रहा है। ये लड़कियां स्पा सेंटर में आने वाले युवाओं को ड्रग्स के जाल में फंसाने और नए ग्राहकों को भी जोड़ने का काम करती है। एएनटीएफ ने जब कुछ मामलों की जांच की तो उसमें सामने आया कि स्पा सेंटर में काम करने वाली इन उत्तर-पूर्वी राज्यों की लड़कियों के कई जगहों पर रिकॉर्ड तक नहीं रखे जाते, ताकि वे आसानी से पुलिस के शिकंजे से बच सकें।
पंजाब में भारी बारिश से टूटी मजदूर की झोपड़ी, खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर
17 Jul, 2025 08:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बरनाला (पंजाब)। पंजाब के बरनाला में बारिश गरीब परिवार के लिए आफत बन गई। मजदूरी करने वाले व्यक्ति का कच्चा घर बारिश की वजह से ढह गया। बरनाला के भदौड़ हलके के गांव दराका में बारिश के कारण गरीब परिवार के घर की छत गिर गई, जिससे परिवार को लाख रुपये का नुकसान हो गया है। छत गिरने से कुछ समय पहले ही परिवार के सदस्य कमरे से बाहर आ गए थे, लेकिन उनका 12 साल का बेटा अंदर ही था और उसने भागकर अपनी जान बचाई।
पीड़ित अमर सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है और बुधवार रात वह और उसका परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे। सुबह करीब सात बजे अमर सिंह, उनकी पत्नी किरणपाल कौर और बेटी बवनदीप कौर बाहर आंगन में बैठे थे, लेकिन उनका 12 वर्षीय बेटा दलजीत सिंह कमरे में चाय पी रहा था। जब उसने कमरे की छत से टुकड़े गिरते देखे तो बच्चा डर के मारे बाहर भाग गया। कुछ ही मिनटों के बाद कमरे की पूरी छत अचानक गिर गई, जिससे बिस्तर, सिलाई मशीन, फ्रिज, टेलीविजन, पंखा, अलमारी, संदूक, गद्दा, बिस्तर, बर्तन और घर का सारा सामान सहित सारा फर्नीचर मलबे में दब गया। वहीं अमर सिंह की वहीं 70 वर्षीय मां मेलो कौर भी साथ के कमरे में सो रही थीं और उन्हें बचाया गया।
अमर सिंह ने बताया वह बहुत गरीब है और मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। बारिश के कारण मकान की छत गिर गई है। इससे अंदर रखा सारा सामान टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे करीब 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। एक कमरे की छत गिरने के बाद दूसरे कमरे में भी दरारें आ गई हैं और बगल वाला कमरा कभी भी गिर सकता है। परिजनों व ग्रामीणों ने मांग की कि आर्थिक रूप से कमजोर इस परिवार को बहुत बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। इसके चलते पंजाब सरकार और भदौड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक लाभ सिंह उगोके इस गरीब परिवार की मदद के लिए आगे आए ताकि वे अपना घर बना सकें। गांव के शहीद उधम सिंह क्लब के सभी सदस्यों ने जिला प्रशासन को लिखित आवेदन देकर परिवार के लिए आर्थिक मुआवजे की मांग की है।
सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी से पकड़ा गया 96 लाख का सोना, दो यात्रियों से पूछताछ जारी
17 Jul, 2025 08:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 96 लाख रुपये का सोना मिला है। यह सोना दो यात्रियों से पकड़ा गया है। कोलकाता से अमृतसर आई फ्लाइट से उतरे दो यात्रियों से कस्टम विभाग ने 96 लाख रुपये से अधिक कीमत का सोना जब्त किया है। आरोपियों ने गोल्ड बेहद चालाकी से छुपा कर लाया था, लेकिन इस बारे कस्टम विभाग को सूचना मिली और उसके बाद कार्रवाई कर दोनों को पकड़ लिया गया। फिलहाल जांच का हवाला देते हुए यात्रियों की पहचान नहीं बताई जा रही है।
जानकारी मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6 ई 201 से कोलकाता से उड़ान भरकर श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट अमृतसर पहुंची थी। फ्लाइट लैंड करने के बाद विमान से सभी यात्री एक-एक कर बाहर आने शुरू हो गए। इसी दौरान फ्लाइट से उतरे दो यात्रियों पर कस्टम विभाग को संदेह हुआ। शक होने पर कस्टम अधिकारियों ने दोनों को रोक लिया और उनकी गहनता के साथ जांच की। जांच के दौरान दोनों से 968.47 ग्राम गोल्ड बरामद किया गया। आरोपियों ने यह सोना अत्यंत चालाकी से छिपाकर रखा था। पकड़े गए गोल्ड की बाजार में कीमत 96 लाख 75 हजार बताई जा रही है। कस्टम विभाग ने तत्काल मामला दर्ज कर सोना जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। दोनों से पूछताछ में पता लगाया जाएगा कि यह गोल्ड कहां से लाए और कहां इसका इस्तेमाल किया जाना था।
गैंगस्टर गोपी लहोरिया के नाम पर धमकी, कारोबारी को मिली जान से मारने की चेतावनी
17 Jul, 2025 07:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लुधियाना(पंजाब)। हत्या और हत्या के प्रयास के साथ कई अपहरण व गोली चलाने की वारदातों में नामजद विदेश में बैठे गैंगस्टर गोपी लहोरिया के नाम पर शहर के एक कारोबारी को धमकियों भरे फोन आ रहे हैं। फोन करने वाले ने खुद को गोपी लहोरिया बताकर पचास लाख रुपये की रंगदारी मांगी। उसके बाद अगले दिन आरोपी ने दस लाख रुपये ओर रंगदारी मांग ली। घबराए कारोबारी ने इसकी शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों के पास की। पुलिस द्वारा मामले की जांच की गई और राजगुरु नगर के जगजीत नगर इलाके में रहने वाले कारोबारी मनमीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि मनमीत को फोन किसने किया।
मनमीत सिंह द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उनका अपना कारोबार है और राजगुरु नगर के जगजीत नगर इलाके में परिवार सहित रहते हैं। कुछ समय पहले उन्हें विदेशी नंबर से फोन आया और आरोपी ने खुद को गैंगस्टर गोपी लहोरिया कहकर बताया। आरोपी ने धमकियां दी कि अगर परिवार और अपनी सलामती चाहते हैं तो उन्हें पचास लाख रुपये दें। कारोबारी मनमीत सिंह ने बात आई गई कर दी और फोन नहीं उठाया। करीब दो सप्ताह पहले फिर से उन्हें एक कॉल आई और आरोपी ने अपना नाम गैंगस्टर गोपी लहोरिया बताया और परिवार और अपनी सलामती के लिए दस लाख रुपये रंगदारी मांगी। इसके बाद मनमीत सिंह ने इसकी शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों के पास की। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
10 महीने पहले लाहोरिया ने चलवाई थी सिंधी बेकरी पर गोलियां
लुधियाना में 28 अगस्त 2024 को राजगुरु नगर स्थित सिंधी बेकरी पर गोलियां चलने की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ के दौरान बदमाशों ने कई खुलासे किए। बदमाश 1 घंटे में दो बार हमला करने आए। पहली बार असफल रहे तो 45 मिनट के बार फिर से हमला करने के लिए आए। सिंधी बेकरी मालिक का बेटा नवीन गोलीबारी में घायल हुआ। इस केस में गैंगस्टर गोपी लहोरिया का नाम सामने आया। गोपी ने कनाडा बैठकर इस घटना को अंजाम दिलवाया। मोगा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए दोनों लुटेरों ने खुलासा किया था कि वह बेकरी मालिक के बेटे को मारना नहीं चाहते थे, वह सिर्फ धमकाने के लिए आए थे। कनाडा से गोपी लहोरिया उनके टच में था। वह उन्हें कॉल पर वारदात किस तरह से करनी है, इस संबंधी गाइड कर रहा था। गोपी लहोरिया ने ही इन बदमाशों को मोगा से अवैध हथियार दिलवाए जो लुटेरों ने वारदात में इस्तेमाल किए।
किडनी चोरी कर दी गई जान! 22 साल की युवती की मौत के पीछे की खौफनाक सच्चाई
17 Jul, 2025 06:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने लुधियाना के एचएमसी अस्पताल में एक युवती की संदिग्ध मौत और उसके शरीर से बाईं किडनी गायब होने के मामले में लुधियाना के पुलिस कमिश्नर को जांच के आदेश दिए हैं। यह मामला 22 वर्षीय तान्या शर्मा की मौत से जुड़ा है। तान्या को 1 जून 2021 को सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान हालत बिगड़ती गई और 16 जून 2021 को उनकी मौत हो गई। हालांकि, मेडिकल रिपोर्ट में मौत का कारण कोविड संक्रमण के चलते कार्डियक अरेस्ट बताया गया। तान्या की मौत के बाद उनके परिजनों को शक हुआ। तान्या के पिता मंगत राम शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद तान्या के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि तान्या की बाईं किडनी गायब है।
मेडिकल रिपोर्ट पर उठाए सवाल
इस मामले की सुनवाई के दौरान पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति कुलदीप तिवारी ने कहा कि कि प्रथम दृष्टया कोर्ट का मानना है कि मेडिकल रिपोर्ट मृतका की गायब किडनी जैसे महत्वपूर्ण पहलू पर पूरी तरह चुप है। साथ ही कोई ऐसा दस्तावेज भी नहीं है जिससे यह लगे कि इस गंभीर मुद्दे पर किसी विशेषज्ञ की राय ली गई हो। कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि गायब किडनी का रहस्य अब भी अनसुलझा है। इस मामले में किसी आपराधिक षड्यंत्र की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
जांच के आदेश
तान्या शर्मा का इलाज डॉ. व्योम भार्गव (स्पाइन और ब्रेन सर्जन) और अन्य डॉक्टरों की टीम ने किया था। उन्हें दो बार ऑपरेशन किया गया, लेकिन हालत सुधरने की बजाय बिगड़ती रही। कोर्ट ने निर्देश दिए हैं कि लुधियाना पुलिस कमिश्नर इस पूरे मामले की स्वतंत्र जांच करें और आवश्यकता पड़ने पर विशेष जांच टीम (SIT) गठित करें और विषय विशेषज्ञों की मदद लें। मामले की अगली सुनवाई 30 सितंबर को होगी। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि डॉक्टरों की लापरवाही साबित होती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वर्क वीजा के नाम पर जालसाजी: कारोबारी बना शिकार, पूरा परिवार पहुंचा डंकी रूट से अमेरिका
17 Jul, 2025 02:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लुधियाना (पंजाब)। वर्क परमिट पर अमेरिका भेजने का झांसा देकर कपूरथला और लुधियाना के तीन ट्रैवल एजेंटों ने लुधियाना के कारोबारी को डंकी रूट से अमेरिका भेज दिया। आरोपियों ने कारोबारी से उन्हें परिवार समेत अमेरिका भेजने के नाम पर एक करोड़ चालीस लाख रुपये लिए थे।
जब कारोबारी परिवार समेत आधे रास्ते पहुंचे तो आगे जाने के नाम पर उनसे और पैसे मांगे गए। बीच रास्ते फंसे माॅडल टाउन इलाके में रहने वाले कारोबारी आकाशवीर कंग ने आरोपियों को पैसे दिए और अमेरिका पहुंचे। अमेरिका से उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस के पास की। जिसकी पैरवी के लिए उन्होंने आप की वार्ड-53 की पार्षद पति गुरकरण टिन्ना को कहा। जांच के बाद थाना माॅडल टाउन की पुलिस ने गुरकरण टिन्ना की शिकायत पर कपूरथला के गांव नडाला में रहने वाले ट्रैवल एजेंट सरबजीत सिंह, दलजीत सिंह और लुधियाना निवासी जय जगत जोशी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दरअसल, आकाशवीर सिंह कंग अपने परिवार सहित विदेश में सेटल होना चाहते थे। किसी के जरिये उनकी आरोपियों से मुलाकात हुई। आरोपियों ने आकाशवीर को बातों में फंसा लिया। आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को अमेरिका में वर्क परमिट दिलाने के नाम पर एक करोड़ चालीस लाख रुपये ले लिए। लेकिन आरोपियों ने उसे सीधे रास्ते से भेजने के बजाय डंकी रूट के जरिये भेजा। जब आकाशवीर आधे रास्ते पहुंच गए तो आरोपियों ने उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जिसके बाद आरोपियों को ओर पैसे दिए गए। वे अमेरिका पहुंचे तो वहां जाकर पुलिस को इसकी शिकायत भेज दी। जिसकी पैरवी के लिए अपने दोस्त गुरकरण टिन्ना को बोल दिया। इसके बाद कारोबारी भी परिवार के साथ भारत लौट आए। उन्होंने पुलिस को बयान दर्ज करवा दिए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
भीख मांगते बच्चों की किसकी संतान? पंजाब में डीएनए टेस्ट से खुलेगा राज
17 Jul, 2025 01:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। पंजाब सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य भर में सार्वजनिक स्थलों, रेड लाइट पॉइंट्स, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मल्टीप्लेक्स, बाजारों और अन्य स्थलों पर भीख मांगने वाले बच्चों का अब डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।
महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ओर से प्रदेश के सभी डीसी को आदेश जारी कर प्रोजेक्ट जीवनज्योत को लागू करने के लिए कहा गया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि भीख मांगने वाले बच्चों का डीएनए टेस्ट करवा कर न केवल उन्हें जीवन में मुख्य धारा से जोड़ने का सरकार प्रयास कर रह है बल्कि उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए यह कदम उठा रही है।
मंत्री बलजीत कौर ने बताया कि डीएनए टेस्ट करवाकर सरकार छोटे बच्चों से भीख मंगवाने वाले गिरोहों पर भी शिकंजा कसेगी। पड़ोसी राज्यों से कुछ लोग पंजाब में छोटे बच्चाें से भीख मंगवाने का गिरोह चला रहे हैं। बीते दिनों कुछ बच्चों को भीख मांगते समय रेस्क्यू किया गया था, जिसमें यह बात सामने आई थी। सभी जिलों के डीसी को आदेश जारी कर दिए हैं।
कुलजीत की मौत से गांव में शोक, नशे की जद में सेना का जवान
16 Jul, 2025 09:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। पंजाब के श्री चमकोर साहिब के गांव फतेहगढ़ वीरान में नशे की ओवरडोज से सेना के एक जवान की मौत का मामला सामने आया है। 14 सिख रेजिमेंट का जवान कुलजीत सिंह करीब 10 दिन पहले छुट्टी पर घर आया था। जालंधर में कुछ दिन बिताने के बाद दो दिन पहले वह अपने गांव फतेहगढ़ वीरान पहुंचा था। कुलजीत की पत्नी पंजाब पुलिस में है।
मंगलवार को सैनिक कुलजीत सिंह घर से कपड़े खरीदने के लिए गया था। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की। सुबह करीब साढ़े आठ बजे कुलजीत सिंह नजदीकी गांव खोखरां के पास अपनी गाड़ी में मृत पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो गाड़ी में से संदिग्ध पदार्थ बरामद हुए। मृतक सिपाही कुलजीत सिंह का परिवार सरकार की नशा विरोधी मुहिम पर सवाल उठा रहा है। मृतक कुलजीत सिंह की पत्नी करमजीत कौर पंजाब में पुलिस में नौकरी करती है और जालंधर में तैनात है। उनका नौ महीने का छोटा बच्चा भी है।
जानकारी के अनुसार सैनिक कुलजीत सिंह 2017 में भारतीय फौज में भर्ती हुआ था और वह 14 सिख रजिमेंट का जवान था। कुलजीत सिंह ने फौज में कई तमगे जीते हैं। उसका पंजाब पुलिस में महिला सिपाही कर्मजीत कौर के साथ दिसंबर 2023 में विवाह हुआ था और 2024 में इनके घर बेटे महिताब सिंह ने जन्म लिया। मृतक के पिता अरजन सिंह ने कहा कि वह इस बात से हैरान है कि उनका बेटा दो दिन पहले गांव आया था और उसने कब नशा किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के गांवों में नशा सरेआम बिक रहा है और पुलिस की मिलीभगत के साथ बिक रहा है, पर किसी को पकड़ा नहीं जा रहा।
इस घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद चरणजीत सिंह चन्नी मृतक के घर पहुंचे और परिवार के साथ दुख साझा किया। चरणजीत चन्नी ने भारतीय सेना के जवान की मौत से जुड़े इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। जांच में जुटे एसआई व डल्ला चौकी इंचार्ज सुखजिंदर सिंह ने कहा कि सैनिक कुलजीत सिंह की मौत का कारण नशा है, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई केस दर्ज नहीं किया है। इस मामले में जांच की जा रही है और उसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
सेना में सेंध: पाकिस्तानी जासूस निकला पंजाब का जवान, बारामूला से गिरफ्तार
16 Jul, 2025 09:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मोहाली (पंजाब)। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को गोपनीय सैन्य जानकारी लीक करने के आरोप में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने सेना के जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संगरूर जिले के गांव निहालगढ़ शादीहारी निवासी दविंदर सिंह के रूप में हुई है। दविंदर सिंह को एसएसओसी की टीम ने 14 जुलाई को जम्मू-कश्मीर के उड़ी जिले के बारामूला से गिरफ्तार किया है।
एसएसओसी की एआईजी रवजोत कौर ग्रेवाल ने बताया कि आरोपी दविंदर सिंह को पहले से गिरफ्तार किए पूर्व सैन्यकर्मी गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी उर्फ फौजी की निशानेदही पर पकड़ा गया है। दोनों ही जासूसी गतिविधियों में संलिप्त थे। पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि फिरोजपुर जेल में बंद के दौरान गुरप्रीत सिंह की दविंदर सिंह ने सहायता की थी। आरोप है कि दविंदर ने विशेष रूप से भारतीय सेना से संबंधित संवेदनशील जानकारी वाले गोपनीय दस्तावेजों की खरीद में उसका साथ दिया था। आरोपी के खिलाफ थाना एसएसओसी मोहाली में मामला दर्ज किया गया है। दविंदर सिंह को 15 जुलाई को मोहाली अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
2017 में आए थे एक दूसरे के संपर्क में
गिरफ्तार दविंदर से प्रारंभिक पूछताछ के दौरान पता चला है कि दविंदर और गुरप्रीत वर्ष 2017 में एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। सिक्किम और जम्मू-कश्मीर में अपनी सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न सैन्य कार्यों में एक साथ काम किया है। सेवा के दौरान दोनों को सेना की गोपनीय सामग्री वाले दस्तावेज प्राप्त हुए जिन्हें गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी उर्फ फौजी ने पाकिस्तान की आईएसआई को लीक कर दिया। आगे की जांच के दौरान दविंदर सिंह की भूमिका निर्णायक रूप से स्थापित होगी।
जासूसी नेटवर्क को खत्म करने में बड़ी सफलता
एसएसओसी की एआईजी रवजोत कौर ग्रेवाल ने बताया कि यह गिरफ्तारी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर काम कर रहे जासूसी नेटवर्क को उजागर करने और उसे खत्म करने में एक बड़ी सफलता है। एसएसओसी मोहाली जासूसी रैकेट की गहराई की जांच, अतिरिक्त सहयोगियों की पहचान और वर्गीकृत रक्षा जानकारी के लीक होने की पूरी सीमा का पता लगाने के लिए काम कर रही है।
सात, पांच और तीन साल की बहनों की एक साथ मौत, पटियाला में पसरा सन्नाटा
16 Jul, 2025 09:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटियाला(पंजाब)। पंजाब के पटियाला में बेहद दुखद घटना हुई है। पटियाला के पांतड़ा में तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। तीनों बच्चियां सगी बहनें थीं। बच्चियों के मां और पिता दिहाड़ी मजदूरी का काम करते हैं। बच्चियों के मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पातड़ां में बुधवार को बिजली का करंट लगने से तीन सगी बहनों की मौत हो गई। इस हादसे के वक्त तीनों घर में अकेली थीं, जबकि इनके माता-पिता रोजाना की तरह दिहाड़ी करने के लिए बाहर गए हुए थे। घटना के बारे में पता लगते ही मौके पर पुलिस पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों में नगमा खातिम (7), रुकसार खातिम (5) और खुशी खातिम (3) पुत्रियां मोहम्मद फारूकदीन शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक यह घटना बुधवार दोपहर करीब दो बजे की है। थाना पातड़ां के इंचार्ज हरविंदर सिंह ने बताया कि तीनों बहनें घर के बाहर खेल रही थीं। जैसे ही बारिश शुरू हुई तो तीनों घर के अंदर आ गईं। उन्होंने बताया कि मौके को देखने पर लग रहा है कि घर में रखे बिजली के पंखे की तार लोहे के मंजे के एक पैर के नीचे आई हुई थी। तीनों बहनें मंजे पर चढ़कर उछलकर खेलने लगी। इसी दौरान बिजली की तार कट गई और इससे लोहे के मंजे में करंट आ गया। इसकी चपेट में आने से तीनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक बारिश को देखते हुए बाहर काम पर गई मां अपनी बच्चियों को देखने के लिए जब घर पहुंची, तो देखा कि सभी मृत पड़ी हैं। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार यह परिवार रोजी रोटी कमाने के लिए गांव लखरा बस्ती जिला रइया (बिहार) से पातड़ां आकर बसा है।
पंजाब में नार्को टेरर का खतरा बरकरार, सीमा पार से लगातार बढ़ रही तस्करी
16 Jul, 2025 12:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। युद्ध नशे के विरुद्ध... इस मुद्दे पर पंजाब विधानसभा में खूब राजनीति हुई। पक्ष-विपक्ष के विधायकों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए और इस दौरान सदन में खूब हंगामा हुआ। सरकार ने भी नशे के खिलाफ अपनी जंग जारी रखने के प्रति वचनबद्धता जाहिर की मगर क्राॅस बाॅर्डर नार्को ट्रैफिकिंग अभी भी एक बड़ी चुनाैती बनी हुई है।
हालांकि पंजाब पुलिस और बाॅर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) की टीम संयुक्त रूप से बॉर्डर पार से की जा रही इस तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी हुई है लेकिन पाकिस्तान से नशे की तस्करी अभी जारी है। सीमा पार से इस नशा तस्करी में पाकिस्तान ने डीजीआई मॉविक-3 क्लासिक और डीजीआई एयर-3 ड्रोन का इस्तेमाल किया। नशा तस्करी में लगे 104 ड्रोनों को निशाना बनाया गया। नशा तस्करी में संलिप्त 66 भारतीयों और तीन पाकिस्तानी नागरिकों को भी पकड़ा गया।
इसी साल पाकिस्तान से इन ड्रोनों के जरिये अमृतसर के काकर, खासा व रोरांवाला खुर्द गांव, गुरदासपुर के ठेठेरके, फिरोजपुर के किलचे, जालोके गांव, तरनतारन के डल, हवेलियन, वान गांव, खेमकरण व राजोके गांव, फाजिल्का के चाक बजीदा गांव के खेतों में नशे पैकेट गिराए गए। अमृतसर के मोडे गांव में भी ड्रोन के जरिये 7.47 किलो के आईसीई के सात पैकेट गिराए गए थे। ये सभी गांव पाकिस्तान बॉर्डर से बिल्कुल साथ सटे हुए हैं। इन सभी पैकेटों को आयरन हुक के साथ पीले रंग की चमकीली टैप से पैक किया गया था जबकि कुछ पैकेटों पर चमकीली पाइप भी लगाई गई थी ताकि खेत में रात के समय नशा तस्कर इन्हें आसानी से ढूंढ सकें।
बीएसएफ से जुड़े सूत्र ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से आने वाले नशीले पदार्थों में अधिकतर हेरोइन है जबकि कुछ मात्रा में अफीम भी पकड़ी गई है। उनके अनुसार पाकिस्तान के इस नार्को ट्रैफिकिंग के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए बीएसएफ कड़ी निगरानी के साथ कार्रवाई कर रही है और इसमें पंजाब पुलिस का भी सहयोग लिया जाता है।
हैंड ग्रेनेड, विस्फोटक और हथियार भी भेजे
इस साल ड्रोनों के जरिये पाकिस्तान से सिर्फ नशा ही नहीं बल्कि हेंड ग्रेनेड, विस्फोटक और हथियार भी भेजे गए। इनमें 14 हैंड ग्रेनेड, 60 हथियार व 10 किलो विस्फोटक शामिल है। यह सामग्री भी बीएसएफ ने सीमा से सटे गांवों से पकड़ी है। सूत्र बताते हैं कि इस सामग्री का इस्तेमाल पंजाब का माहौल खराब करने के लिए किया जाना था।
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
