पंजाब
प्रताप सिंह बाजवा को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर रोक
16 Apr, 2025 06:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने बुधवार को पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया और निर्देश दिया कि कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा (Pratap Singh Bajwa Statement) को उनके 'पंजाब में 50 बम पहुंच चुके हैं' वाले बयान के संबंध में अगली सुनवाई की तारीख 22 अप्रैल तक गिरफ्तार न किया जाए।
बाजवा ने अपने बयान को लेकर अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग करते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
बाजवा के खिलाफ कई गंभीर आरोपों के तहत दर्ज किया गया मामला
कांग्रेस नेता के वकील एपीएस देओल ने सुनवाई के बाद संवाददाताओं को बताया कि अदालत ने पंजाब को अगली सुनवाई की तारीख 22 अप्रैल तक बाजवा को गिरफ्तार न करने का निर्देश दिया है। पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता बाजवा पर देश की संप्रभुता और एकता को खतरे में डालने वाली भ्रामक जानकारी सहित कई आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उनसे उनके 'पंजाब में 50 बम पहुंच चुके हैं' के दावों पर पूछताछ की गई। उन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 197(1)(डी) (देश की संप्रभुता और एकता को खतरे में डालने वाली झूठी और भ्रामक जानकारी) और 353(2) (शत्रुता और घृणा या दुर्भावना पैदा करने के इरादे से झूठे बयान) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
FIR रद्द करवाने की मांग करते हुए दायर की थी याचिका
बाजवा ने अपने वकील के माध्यम से अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग करते हुए याचिका दायर की है। देओल ने कहा कि हमने एफआईआर को चुनौती दी है और राज्य से धाराओं की स्थिरता पर याचिका का जवाब देने को कहा गया है। वकील ने यह भी कहा कि बाजवा को मामले के संबंध में सार्वजनिक बयान न देने के लिए भी कहा गया है।
देओल ने कहा कि मंगलवार को पूछताछ के दौरान बाजवा ने पुलिस के साथ सहयोग किया। बाजवा के खिलाफ मोहाली के साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया गया है।
ये है पूरा मामला
दरअसल,बाजवा ने दावा किया था कि उन्हें पता चला है कि पंजाब में 50 बम पहुंच चुके हैं। इनमें से 18 फट चुके हैं, 32 अभी फटने बाकी हैं। मंगलवार को मोहाली में पुलिस के सामने पेश हुए बाजवा से पुलिस ने उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर के सिलसिले में करीब छह घंटे तक पूछताछ की।
उन्होंने अपनी पूछताछ को 'निरंतर पूछताछ' करार दिया और कहा कि राज्य की आप सरकार द्वारा उन्हें निशाना बनाना 'राजनीतिक प्रतिशोध' है।
धार्मिक स्थल के पास शराब ठेका खुला तो भड़के लोग, फरीदकोट में तनाव
16 Apr, 2025 05:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
स्थानीय रेलवे स्टेशन के बाहर एक मंदिर से मात्र 20 से 25 मीटर की दूरी पर शराब का ठेका खोले जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा शिवसेना के जिला अध्यक्ष जगसीर सिंह को धमकियां देने का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
मंदिर के बिल्कुल नजदीक खुली है दुकान
जानकारी के अनुसार स्थानीय रेलवे स्टेशन के बाहर एक मंदिर के बिल्कुल नजदीक शराब की दुकान खोली गई है। इस संबंध में शिवसेना के जिला अध्यक्ष जगसीर सिंह द्वारा आबकारी व पुलिस विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर मांग की गई थी कि लोगों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ठेके को मंदिर से दूर स्थानांतरित किया जाए।
जिसके पश्चात शिवसेना नेता जगसीर सिंह को शराब ठेकेदारों के कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर फोन पर धमकी दी गई। जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने आबकारी विभाग को जांच करने को कहा
उधर इस संबंध में डीएसपी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि यह ऑडियो उनके संज्ञान में भी आया है। जिसके संबंध में पुलिस ने आबकारी विभाग को इस ठेके की जांच करने को कहा है। उनसे यह भी कहा गया कि यदि इससे से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं तो शराब के ठेके को मंदिर के नजदीक से हटा दिया जाना चाहिए।
साधु सिंह धर्मसोत को सुप्रीम राहत — मनी लॉन्ड्रिंग केस में मिली ज़मानत
15 Apr, 2025 08:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. बुधवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अदालत ने उन्हें जमानत दे दी है. जस्टिस सुधांशु धूलिया और जस्टिस विनोद चंद्रन की बेंच ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा हिरासत में लिए जाने के एक साल से अधिक समय के बाद कांग्रेस नेता को राहत दी है. इसके बाद उन्हें आज (बुधवार) को नाभा स्थित जेल से रिहा किया जा सकता है.
धर्मसोत को साल 2022 में रिश्वत के एक मामले में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने नामजद किया था. इसके बाद उन्हें 15 जनवरी 2024 को गिरफ्तार कर लिया गया था. मई 2024 में उन्हें पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने अंतरिम जमानत दे दी थी, ताकि वह लोकसभा चुनावों के लिए चुनाव प्रचार कर सकें. कोर्ट ने उन्हें कुछ शर्तों के साथ जमानत दी थी. जमानत के लिए उन्हें 50 हजार रुपए का बांड भरने के साथ ही बिना कोर्ट की अनुमति के उन्हें विदेश नहीं जाने को कहा था. इसके साथ ही केस के गवाहों से भी मिलने से मना किया गया था. हालांकि उनकी नियमित जमानत याचिका सितंबर 2024 में हाई कोर्ट ने खारिज कर दी थी.
कांग्रेस सरकार में मंत्री थे साधु सिंह धर्मसोत
पंजाब में कांग्रेस सरकार के दौरान साधु सिंह धर्मसोत 1 मार्च 2016 से 31 मार्च 2022 तक सरकार में वन मंत्री रहे थे. धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत ईडी की जांच के दौरान पाया गया कि पूर्व मंत्री धर्मसोत ने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की है. इस मामले पर प्रवर्तन निदेशालय ने कहा कि पूर्व मंत्री और उनके बेटों की आय बताए गए स्रोतों से मेल नहीं खाती. इसी कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई.
ईडी ने कांग्रेस नेता को किया था गिरफ्तार
पिछले साल 15 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब के पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत को गिरफ्तार किया था. धर्मसोत को ईडी की जालंधर इकाई ने वन घोटाले और आय से अधिक संपत्ति मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था. जवाब से असंतुष्ट होकर ईडी ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद से ही वो जेल में बंद थे.
बाजवा के मुद्दे पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने खोला मान सरकार के खिलाफ मोर्चा
15 Apr, 2025 08:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच तल्खी बढ़ती नजर आ रही है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के समर्थन में कांग्रेस आलाकमान उतर आया है. दरअसल बाजवा ने राज्य में 50 बम पहुंचने से संबंधी एक बयान दिया था, जिसके बाद से राज्य में सियासत गरमा गई है. सूबे के मुख्यमंत्री ने बीते दिन उन पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी. वहीं अब कांग्रेस उनके साथ खड़ी दिखाई दे रही. पार्टी का कहना है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और मुख्यमंत्री भगवंत मान नाकाम साबित हुए हैं.
सूत्रों के मुताबिक आलाकमान ने राज्य और केंद्र के नेताओं को निर्देश दिया है कि सभी लोग खुलकर बाजवा का समर्थन करें. केंद्रीय नेतृत्व का कहना है कि पंजाब की आप सरकार भृष्ट है ऐसे में उसके खिलाफ मोर्चा खोलना चाहिए. इससे पहले हाल ही में डेटा प्रोटेक्शन एक्ट के खिलाफ इंडिया गठबंधन की बैठक में कांग्रेस ने AAP से सम्पर्क नहीं किया था. बीते काफी समय से दोनों ही पार्टियों के खिलाफ दूरियां बढ़ती नजर आ रही हैं.
कांग्रेस और AAP में बढ़ी तल्खी !
एक तरफ जहां कांग्रेस AAP के खिलाफ नजर आ रही है तो वहीं दूसरी तरफ AAP प्रवक्ता ने नेशनल हेराल्ड केस में किसी की गिरफ्तारी नहीं होने को कांग्रेस बीजेपी की मिलीभगत बताया है. पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ का कहना है कि बीजेपी पिछले 10 सालों से चुनाव के आसपास नेशनल हेराल्ड का मुद्दा उठाती है, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं होती. ऐसा क्यों है? क्योंकि ये दोनों पार्टियां (कांग्रेस और बीजेपी) मिली हुई हैं. उन्होंने कहा कि जब फर्जी मामला बनाकर अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जा सकता है तो राहुल गांधी को क्यों नहीं किया गया.
लॉरेंस गैंग की धमकी: 'जीशान और शहजाद को जान से मार देंगे, सोशल मीडिया पर दी चेतावनी
14 Apr, 2025 08:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के जालंधर में बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया के घर ग्रेनेड से हमला करने के मामले में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और जीशान अख्तर का नाम सामने आया है. यह दोनों लॉरेन्स बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जाते रहे हैं. अब इनको लेकर लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी की है, जिसमें उन्होंने दोनों से अपने संबंधों को नकारा है. जबकि, पंजाब पुलिस ने दावा किया था कि जीशान अख्तर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ा हुआ है. वह बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में वांटेड है.
लॉरेंस बिश्नोई ने फेसबुक पर ‘जय श्री राम’ नाम के पेज से पोस्ट किया है. लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने पोस्ट में जीशान अख्तर और शहजाद भट्टी के साथ अपने संबंधों को नकारा है. पोस्ट में कहा गया है कि वह जीशान अख्तर को नहीं जानते हैं. कहा गया है कि जीशान अख्तर और शहजाद भट्टी दोनों मिलकर देशविरोधी गतिविधियां कर रहे हैं. उन दोनों मारने की धमकी दी है.
पोस्ट में लिखा- हम इन दोनों को मारेंगे
फेसबुक पर की गई पोस्ट में लिखा गया है “राम राम सभी भाइयों को, जो यह जीशान अख्तर है, न तो हम इसे जानते हैं और न ही कभी इससे हमारी कोई बात हुई है. यह शायद हमारे किसी भाई को जानता था और उससे कभी बात हुई होगी. उसी बात का फायदा उठाकर यह हमारा नाम इस्तेमाल कर रहा है और लोगों को कॉल करके पैसे मांग रहा है.” पोस्ट में आगे लिखा है, “जीशान अख्तर और शहजाद भट्टी दोनों मिलकर देशविरोधी गतिविधियां कर रहे हैं. हम इन दोनों को मारेंगे. सभी भाइयों को सतर्क कर रहे हैं कि कोई भी इनसे बात न करे. अगर कोई भी हमारे नाम से कॉल करे तो पहले पुष्टि कर लें कि वह कौन है और कौन नहीं.
‘ऐसे लोगों से हमारा कोई वास्ता नहीं’
पोस्ट में लिखा है, “जो देश के खिलाफ कोई भी गतिविधि करते हैं, ऐसे लोगों से हमारा कोई लेना-देना नहीं है और न ही हम कभी देशविरोधी काम करेंगे.जो यह शहजाद भट्टी एडिट करके वीडियो डाल रहा है और कुछ मीडिया पर बोल रहा है कि मेरे भाई हैं, ऐसे लोगों से हमारा कोई वास्ता नहीं है.और जो यह आशु राणा उर्फ भानु राणा है, जो इन्हीं के साथ मिला हुआ है, इससे भी हमारा कोई संबंध नहीं है, जो हाल इनका होगा, वही इसका भी किया जाएगा.”
"पंजाब में आए 50 बम" – प्रताप सिंह बाजवा के बयान पर मचा सियासी बवाल
14 Apr, 2025 05:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब विधानसभा में कांग्रेस के नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के एक बयान को लेकर बवाल मच गया है. उन्होंने कहा था कि पंजाब में 50 बम आए हैं. उनके इस बयान को लेकर सोमवार एक बार फिर उन से पूछताछ की जाएगी. इस बयान को लेकर साइबर सेल उनसे पूछताछ करेगी.
बाजवा के खिलाफ रविवार को इस मामले को लेकर एक एफआईआर दर्ज की गई है. सोमवार दोपहर 12 बजे के करीब प्रताप सिंह बाजवा को मोहाली के साइबर थाने में पूछताछ के लिए बुलाया गया है. उन से इस जानकारी के पीछे का सोर्स पूछा जा रहा है.
2 बजे तक का मांगा समय
पंजाब के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के वकील प्रदीप विर्क ने कहा, मैंने सिर्फ उनके वकील के तौर पर कुछ समय की मांग की है. प्रताप सिंह बाजवा को कल रात को समन मिला था और वो यहां उपस्थित होने की स्थिति में नहीं हैं. उन्होंने कल दोपहर 2 बजे तक का समय मांगा है. कल 2 बजे का उनको टाइम मिला है, वह कल यहां उपस्थित होंगे.”
क्या बयान दिया था?
प्रताप बाजवा ने एक इंटरव्यू के दौरान बयान दिया था कि पंजाब में 50 बम आए हैं. जिनमें से 18 फट चुके हैं और 32 अभी बाकी हैं. कांग्रेस नेता ने कहा था कि इन्हीं में से एक बम का इस्तेमाल बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया के घर पर धमाके के लिए किया गया था. उनके इस बयान के बाद पंजाब पुलिस ने रविवार को विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा पर देश की संप्रभुता और एकता को खतरे में डालने वाली भ्रामक जानकारी फैलाने सहित विभिन्न आरोपों में मामला दर्ज किया है.
मोहाली के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 197 (1) (डी) और धारा 353 (2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. एआईजी इंटेलिजेंस रवजोत ग्रेवाल और मोहाली एसपी (सिटी) हरबीर अटवाल ने बाजवा के इस बयान को लेकर उनके चंडीगढ़ आवास पर उन से पूछताछ की.
पुलिस ने की पूछताछ
AIG रवजोत ग्रेवाल ने बाजवा के बयान को लेकर कहा कि यह बहुत संवेदनशील मामला है. ये राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा केस है इसलिए हमारे लिए जरूरी है कि हम इस बयान के सोर्स का पता करें. उन्होंने रविवार को कहा था कि हम ने प्रताप बाजवा से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने पूछताछ में सहयोग नहीं किया. उन्होंने आगे कहा कि पंजाब पुलिस प्रोफेशनल फोर्स है और हम इस मामले की तह तक जाएंगे.
बाजवा ने क्या कहा?
बाजवा ने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सीएम मान पंजाब के लोगों की सेवा करने के इरादे से नहीं बल्कि निजी प्रतिशोध के इरादे से सरकार चला रहे हैं. बाजवा ने कहा कि एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जिसने व्यक्तिगत रूप से आतंकवाद के भयानक नतीजों को झेला है उन्हें जब भी पंजाब की सुरक्षा के लिए खतरा महसूस होगा वो चुप नहीं रहेंगे. दरअसल, बाजवा के पिता साल 1987 में एक आतंकवादी हमले मेंमारे गए थे और 1990 में उन्हें भी निशाना बनाया गया था.
सीएम भगवंत मान ने खड़े किए सवाल
बाजवा के बयान को लेकर सीएम भगवंत मान ने भी सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा, बाजवा को बम की संख्या के बारे में जानकारी कैसे मिली और क्या वह पाकिस्तान में तत्वों के संपर्क में हैं. उन्होंने आगे कहा, अगर बाजवा ने पंजाब में आतंक और अशांति फैलाने वाला बयान दिया है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पटियाला में सनसनीखेज हत्या: पुलिस ने छह घंटे में सुलझाई गुत्थी
12 Apr, 2025 09:29 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटियाला। पंजाब के पटियाला जिले में हुए एक सनसनीखेज कत्ल की गुत्थी पुलिस ने घटना के महज छह घंटे में सुलझा ली। गुरुवार रात पुराने बस स्टैंड के पास 55 वर्षीय महेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल गाड़ी और हथियार भी अपने कब्जे में ले लिए हैं।
इस मामले में पटियाला के एसपी पलविंदर सिंह चीमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुरुवार रात करीब 10 बजे उन्हें हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही डीएसपी सिटी सतनाम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने ह्यूमन और डिजिटल फुटप्रिंट्स के माध्यम से जांच शुरू की और महज छह घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसपी के अनुसार, मृतक महेंद्र सिंह और आरोपी कुणाल वधवा एक साथ ऑफिस में बैठे थे। कुछ समय बाद दोनों के बीच कोई बात बिगड़ी, जिसके बाद कुणाल ने महेन्द्र पर पांच गोलियां दाग दीं। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी द्वारा इस्तेमाल की गई गाड़ी और हथियार बरामद कर लिए हैं। आरोपी कुणाल वधवा की उम्र लगभग 31 से 32 साल है और वह पटियाला का ही रहने वाला है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि आखिर किन कारणों से उसने महेंद्र की हत्या की। एसपी चीमा ने बताया कि जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है और इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि क्या यह कोई पुरानी रंजिश थी या फिर किसी साझेदारी या पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद था। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों एक ही जगह पर बैठकर बातचीत कर रहे थे, इसलिए अचानक इस तरह का बड़ा कदम उठाने के पीछे की वजह जानने के लिए गहन जांच की जा रही है।
एसपी के अनुसार, यह स्पष्ट है कि यह एक प्लान्ड मर्डर हो सकता है, क्योंकि पांच गोलियां बेहद करीब से चलाई गई थीं। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करेगी और पूरे घटनाक्रम की तह तक जाने की कोशिश करेगी।
Alert! चंडीगढ़ की सीमाओं पर पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान
11 Apr, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढः शहर की एंट्री प्वाइंट पर सड़क हादसे रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ब्लिंकिंग स्पीड ब्रेकर लगाने जा रहा है। इसकी शुरूआत जीरकपुर की तरफ से कर दी गई है। यहां योजना सफल रही तो शहर के शहर के अन्य एंट्री प्वाइंट्स पर भी ब्लिंकिंग स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे। पंचकूला और मोहाली से चंडीगढ़ एंट्री प्वाइंट पर गो स्लो लिखकर ब्लिंकर लगाए जाने की योजना है।
सबसे पहले जीरकपुर की तरफ से चंडीगढ़ में एंट्री प्वाइंट पर ब्लिंकिंग स्पीड ब्रेकर लगाए गए है। एंट्री प्वाइंट पर पहले लाल रंग के ब्लिंकर से गो स्लो लिखा होगा। चंद कदम आगे सड़क पर ब्लिंकर स्पीड ब्रेकर की दो लाइनें बनाई गई है, ताकि चालक गाड़ी को धीरे कर सके। इसके बाद पुलिस की ओर से जिग जैग बैरीकेड लगाए जाएंगे, ताकि स्पीड में आने वाले वाहन चालकों की रफ्तार कंट्रोल हो सके।
सुप्रीम कोर्ट ने बड़े-बड़े स्पीड ब्रेकर पर जताई थी चिंता
सुप्रीम कोर्ट ने सड़कों पर बने बड़े-बड़े स्पीड ब्रेकर के बारे में कई बार चिंता व्यक्त की ओर कुछ दिशा निर्देश भी दिए थे। सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों को तेज गति से चलने वाले वाहनों की इलैक्ट्रोनिक निगरानी के लिए भी कहा है।
ट्रैफिक पुलिस ने चिह्नित किए 5 ब्लैक स्पॉट
ट्रैफिक पुलिस ने शहर में 5 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए है। इन जगहों पर होने वाले सड़क हादसों में ज्यादा मौतें हुई है। इसमें एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट, पोल्ट्री फार्म चौक, ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट कलाग्राम लाइट प्वाइंट और शास्त्री नगर लाइट प्वाइंट शामिल है।
वाहन चालकों के लिए खुशखबरी, पंजाब का टोल प्लाजा अब फ्री
11 Apr, 2025 06:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब में एक और टोल प्लाजा फ्री होने की खबर मिली है। मिली जानकारी के अनुसार तरनतानर के झबाल में मन्नण टोल प्लाजा को आज टोल कर्मचारियों द्वारा फ्री कर दिया गया। दरअसल, टोल प्लाजा पर कर्मचारियों द्वारा कर्मचारियों के वेतन में कटौती को लेकर विरोध प्रदर्शन करने के बाद पूरे टोल प्लाजा को फ्री कर दिया गया, जबकि पिछली कंपनियां सभी कर्मचारियों को पूरा वेतन दे रही थीं। कर्मचारियों ने बताया कि अब पिछले माह मार्च में आई नई आईजीटी बी ग्लोबल कंपनी ने सभी टोल कर्मचारियों का वेतन काट लिया है।
वह सभी स्थानीय कर्मचारियों के साथ धक्केशाही की जा रही है, जिसके कारण टोल प्लाजा वर्कर्स यूनियन पंजाब रजि. वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजवंत सिंह खालसा के नेतृत्व में टोल प्लाजा को फ्री करके कर्मचारियों ने टोल प्लाजा पर धरना लगाया। इस समय टोल प्लाजा पर बैठे नेताओं में अवतार सिंह इंचार्ज, अमनदीप सिंह इंचार्ज, सम्पूर्ण सिंह इंचार्ज, कुलदीप सिंह सुपरवाइजर, सुखराज सिंह सुपरवाइजर आदि मौजूद थे।
पादरी बजिंदर सिंह पर रेप पीड़िता के गंभीर आरोप, जेल जाने के बाद बौखलाए समर्थक
10 Apr, 2025 05:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के पादरी बजिंदर सिंह के समर्थकों पर बड़ा आरोप लगा है. पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, बजिंदर सिंह के जेल जाने के बाद अब उसके सपोर्टर रेप पीड़िता को परेशान कर रहे हैं. उसके समर्थक पीड़िता को सोशल मीडिया पर गालियां दे रहे हैं और उसकी पहचान उजागर कर रहे हैं.
शिकायत में कहा गया है कि समर्थक पीड़िता के घर वालों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और उसकी पहचान उजागर करते हुए उसे बदनाम करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं.
मोहाली में दर्ज FIR
इसे लेकर पीड़िता ने मोहाली के बलौंगी थाने में एक FIR भी दर्ज करवाई है, जिसमें पीड़िता ने कहा है कि कुछ लोग उसका नाम और घर का पता सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं. पीड़िता ने करीब 6 लोगों के नाम भी पुलिस को दिए हैं.
पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है. इस मामले में पुलिस साइबर सेल की मदद ले रही है, ताकि इस केस को सुलझाया जा सके. 8 दिन पहले ही मोहाली कोर्ट ने बजिंदर सिंह को 7 साल पुराने रेप केस में उम्रकैद की सजा सुनाई थी.
पीड़िता के पति ने क्या कहा?
इससे पहले बुधवार को पीड़िता के पति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि पादरी बजिंदर सिंह के समर्थकों ने अपने यूट्यूब चैनल पर कई वीडियो पोस्ट किए हैं, जिसमें पीड़िता पर पादरी को फंसाने का आरोप लगाया गया है.
पीड़िता के पति ने कहा, जबकि उनके समर्थक इसे धार्मिक मुद्दा बना रहे हैं, पादरी अपने पापों की सजा भुगत रहा है और इसलिए अदालत ने उसे दंडित किया है. पादरी के समर्थक धर्म के नाम पर दंगे भड़काने की कोशिश कर रहे हैं और पंजाब का माहौल खराब करना चाहते हैं.
1878 करोड़ रुपये से बनेगा 19 किलोमीटर लंबा बाईपास, जीरकपुर के रूट में क्या होंगे बदलाव?
9 Apr, 2025 06:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब और हरियाणा के लोगों को केंद्र सरकार ने बड़ी सौगात दी है। बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पंजाब और हरियाणा में 'हाइब्रिड एन्युटी मोड' पर 19.2 किलोमीटर लंबा बाईपास बनेगा। इस प्रोजेक्ट की लागत 1878.31 करोड़ रुपये होगी और यह हाईवे छह लेन का होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (CCEA) ने बुधवार को इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी। सीसीईए के अनुसार, इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य पटियाला, दिल्ली, मोहाली एयरोसिटी से यातायात को डायवर्ट करके और हिमाचल प्रदेश को सीधा संपर्क देकर ज़ीरकपुर, पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में भीड़भाड़ को कम करना है।
क्या है रूट?
करीब 19.2 किलोमीटर लंबा यह बाईपास एनएच-7 (जीरकपुर-पटियाला) के जंक्शन से शुरू होकर एनएच-5 (जीरकपुर-परवाणू) के जंक्शन पर समाप्त होता है। सीसीईए ने एक बयान में कहा कि यह मंजूरी पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान सिद्धांत के तहत एकीकृत परिवहन बुनियादी ढांचे के विकास की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण कदम है। बयान में कहा गया कि जीरकपुर बाईपास पंजाब सरकार के मास्टर प्लान का अनुसरण करता है और हरियाणा के पंचकूला में एनएच-5 (जीरकपुर-परवाणू) के जंक्शन पर खत्म होता है। सरकार ने कहा,
मौजूदा प्रस्ताव का उद्देश्य यात्रा के समय को कम करना और एनएच -7, एनएच -5 और एनएच -152 के भीड़भाड़ वाले शहरी खंड में परेशानी मुक्त यातायात आंदोलन सुनिश्चित करना है।
सरकार का उद्देश्य सड़क नेटवर्क के विकास के साथ चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली शहरों में भीड़भाड़ कम करना है। यह बाईपास रिंग रोड का आकार लेगा और जीरकपुर बाईपास इस योजना का एक महत्वपूर्ण पार्ट है।
क्या होता है हाईब्रिड एन्यूटी मॉडल?
हाईब्रिड एन्यूटी मॉडल के तहत सरकार डेवलपर को परियोजना में होने वाले खर्च का 40 फीसद भुगतान कार्य प्रारंभ होने से पहले ही कर देती है। जबकि शेष 60 फीसद राशि डेवलपर को खुद लगानी होती है। यह अब तक अपनाए जा रहे बीओटी (टोल) मॉडल से बेहतर है क्योंकि इसमें डेवलपर को परियोजना पर काम प्रारंभ करने के लिए वित्तीय संस्थानों से वित्तीय मंजूरी का इंतजार नहीं करना पड़ता।
‘हम दामाद से तलाक करवा देते हैं...’, बेटी के बॉयफ्रेंड से पिता ने कहा और फिर हुई दिल दहला देने वाली घटना!
9 Apr, 2025 04:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के जालंधर में एक युवक को 5 साल के बच्चे की मां से प्यार हो गया. इसी पर गुस्साए महिला के पारिवारिक सदस्यों द्वारा युवक के घर पर हमला कर दिया गया. महिला के पिता युवक के घर पहुंचे. वहां युवक और उसकी मां से बोले- हम अपने दामाद से बेटी का तलाक करवा देते हैं. तुम हमारी बेटी को भी रख लो और 5 साल की नातिन को भी. बस इतना कहकर गर्लफ्रेंड के परिजनों ने युवक को पीट डाला.घटना मंगलवार देर रात भार्गव कैंप एरिया में हुई. जानकारी के मुताबिक, युवक का शादीशुदा महिला से अफेयर था. देर रात जब युवक के घर पर हमला हुआ तो जांच के लिए थाना भार्गव कैंप की पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गईं थी. उन्होंने पारिवारिक सदस्यों के बयान दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है.
बेटे से शादी के लिए मना किया तो की पिटाई
भार्गव कैंप की रहने वाली शारदा ने कहा- हमारे 19 साल के बेटे की 5 साल के बच्चे की मां से बातचीत होती थी. उस महिला के घर वाले मंगलवार दोपहर को हमारे घर पर आए और कहने लगे- तुम्हारा बेटा हमारी बेटी के साथ रिलेशन में है. ऐसा करते हैं हम अपनी बेटी का तलाक करवा देते हैं. फिर हमारी बेटी को भी तुम लोग रख लो और हमारी पांच साल की नातिन को भी अपना लोग.
महिला ने बताया- तभी मेरा बेटा भी वहां आ गया. उसने कहा मैं आपकी बेटी से शादी नहीं करूंगा. यह सुनते ही महिला के परिजन भड़क गए और उन्होंने हमारे बेटे पर ईंट-पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया.
शारदा बोलीं- हमलावरों में पति भी था शामिल
शारदा ने कहा- हालांकि, उक्त महिला का अपने पति के साथ कोर्ट केस चल रहा है. मगर फिर भी उक्त महिला के पति ने भी अपने साथियों के साथ मेरे बेटे पर हमला कर दिया. शारदा ने बताया कि ये हमला मंगलवार रात करीब 11.30 बजे हुआ. पीड़ित परिवार ने मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग की.
सीमा बाड़ के पास बीएसएफ जवान पर आईईडी हमले में पैर में गंभीर चोट
9 Apr, 2025 04:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुरदासपुर में 8 और 9 अप्रैल की मध्य रात्रि को बाॅर्डर पर सीमा बाड़ के अागे एक आईईडी ब्लास्ट में बीएसएफ जवान घायल हो गया। माैके पर सीमा सुरक्षा बल के अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू की।
दरअसल बीएसएफ पार्टी रात के समय सीमा सुरक्षा बाड़ के आगे क्षेत्र वर्चस्व में गश्त कर रही थी। इस दौरान जवानों को भारतीय क्षेत्र के अंदर संदिग्ध वस्तुओं का पता चला। इस ऑपरेशन के दौरान, सैनिकों ने बाड़ के आगे लगाए गए एक संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) की पहचान की, जो सुरक्षा बलों और किसानों को निशाना बनाने के लिए लगाया गया था।
आगे की जांच में खेतों में छिपे हुए तारों का एक नेटवर्क पाया गया, जिससे कई आईईडी की मौजूदगी की पुष्टि हुई। क्षेत्र की घेराबंदी और सफाई करते समय, आईईडी का छिपा हुआ विस्फोटक उपकरण गलती से चालू हो गया। इससे एक बीएसएफ जवान के पैर में गंभीर चोट आई है। बीएसएफ प्रवक्ता ने बताया कि बम निरोधक दस्ते ने क्षेत्र की गहन तलाशी ली और क्षेत्र की सफाई करने के बाद आईईडी को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
12 घंटे में सुलझा मनोरंजन कालिया ग्रेनेड अटैक केस, ज़ीशान अख़्तर गिरफ्तार
8 Apr, 2025 06:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मनोरंजन कालिया ग्रेनेड अटैक केस को महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. इस मामले में मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है और हमले में इस्तेमाल हुए ई-रिक्शा को भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड ज़ीशान अख़्तर है, जो कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी साथी माना जाता है. यह हमला एक सुनियोजित क्रॉस-बॉर्डर साजिश का हिस्सा बताया जा रहा है, जिसमें पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की भूमिका सामने आ रही है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस हमले के पीछे ISI की मंशा पंजाब में धार्मिक सद्भाव को बिगाड़ने की थी. जांच में यह भी पता चला है कि ज़ीशान अख़्तर न केवल इस मामले में शामिल है, बल्कि वह मुंबई में हुए बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में भी वांछित है. बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सुर्खियों में आया था, और अब ज़ीशान अख़्तर के इस हमले में शामिल होने से यह साफ हो गया है कि यह गैंग बड़े स्तर पर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा है.
खालिस्तानी आतंकवादी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा के कनेक्शन की जांच
पुलिस ने इस मामले में और गहराई से जांच शुरू की है. सूत्रों के अनुसार, जांच में पाकिस्तान बेस्ड खालिस्तानी आतंकवादी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और गैंगस्टर हैप्पी पासिया के कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है. हरविंदर सिंह रिंदा पहले भी कई आतंकी हमलों में शामिल रहा है और माना जाता है कि वह ISI के संरक्षण में पाकिस्तान से अपनी गतिविधियां चला रहा है. वहीं, हैप्पी पासिया भी अपराध की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम है. पुलिस को शक है कि यह हमला इन लोगों के साथ मिलकर तैयार की गई एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है.
यह हमला पंजाब के लिए एक गंभीर चेतावनी है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह क्रॉस-बॉर्डर प्लान्ड अटैक था, जिसका मकसद राज्य में अशांति फैलाना था. मनोरंजन कालिया पर ग्रेनेड से हमला करके अपराधी धार्मिक तनाव पैदा करना चाहते थे, लेकिन पंजाब पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उनकी योजना को नाकाम कर दिया. मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी और ई-रिक्शा की बरामदगी से पुलिस को इस मामले को सुलझाने में अहम सुराग मिले हैं.
पूरे नेटवर्क को उजागर करने में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस साजिश के पीछे के पूरे नेटवर्क को उजागर करने में जुटी है. ज़ीशान अख़्तर के लॉरेंस बिश्नोई से संबंध और ISI के साथ उसके कथित लिंक इस मामले को और जटिल बना रहे हैं. लॉरेंस बिश्नोई, जो इस समय जेल में बंद है, अपने गैंग के जरिए देशभर में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा है. बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में भी उसका नाम सामने आया था, और अब मनोरंजन कालिया पर हमले ने उसके गैंग की पहुंच और खतरनाक मंसूबों को फिर से उजागर किया है.
पंजाब पुलिस की इस तेजी और सूझबूझ की तारीफ हो रही है. 12 घंटे के भीतर मामले को सुलझाकर पुलिस ने न सिर्फ अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है, बल्कि लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी जगाया है. हालांकि, यह हमला कई सवाल खड़े करता है. क्या पंजाब में अशांति फैलाने की साजिशें बढ़ रही हैं? क्या ISI और खालिस्तानी तत्व मिलकर राज्य की शांति को भंग करने की कोशिश कर रहे हैं? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे.
फिलहाल, पुलिस इस मामले में हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. ज़ीशान अख़्तर, हरविंदर रिंदा और हैप्पी पासिया जैसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. पंजाब पुलिस ने साफ कर दिया है कि वह ऐसी साजिशों को कामयाब नहीं होने देगी. लोगों से भी अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें. इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अपराध और आतंक के खिलाफ लड़ाई में पुलिस की भूमिका कितनी अहम है.
पटियाला में महिला के साथब र्बरता, बेटे पर युवती को भगाने का आरोप
7 Apr, 2025 09:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के पटियाला जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां एक महिला को खंभे से बांधकर बर्बरतापूर्वक पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. महिला के बेटे पर गांव की एक युवती को भगाने का आरोप है. इसके चलते पीड़िता को इस बर्बरता का शिकार बनाया गया. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एफआईआर दर्ज कर ली है और अन्य की तलाश जारी है.
मामला पटियाला जिले के थाना राजपुरा क्षेत्र का है. पीड़ित महिला का आरोप है कि जब वह घर से किसी काम के लिए निकली थी. इस दौरान इलाके के कुछ लोगों ने उसे जबरन पकड़ लिया. इसके बाद उसे एक खंभे से बांधकर पीटा गया और उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए. महिला के अनुसार, आरोपियों का कहना था कि उसका 18 वर्षीय बेटा उनकी बहू को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है.
महिला आयोग ने SSP से मांगी रिपोर्ट
पुलिस ने इस मामले के संबंध में राजपुरा के सदर थाने में मामला दर्ज कर लिया है. उन्होंने बताया कि दो आरोपियों कुलदीप और बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके अलावा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पंजाब राज्य महिला आयोग ने मामले को संज्ञान में लेते हुए, पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को निर्देश दिया है कि वह 7 अप्रैल तक इस मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करे.
महिला के बार-बार मना करने पर भी किया गया प्रताड़ित
पीड़ित महिला ने बताया कि वह बार-बार कहती रही कि उसे अपने बेटे के बारे में कोई जानकारी नहीं है. उसने खुद अपने बेटे को ढूंढने में मदद के लिए कहा, बावजूद इसके उसे प्रताड़ित किया गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इससे इलाके में गुस्से का माहौल है.
नक्सल मुक्त क्षेत्र में विकास की सौगात : साहेबिन कछार में गिरधर सोरी और जुगसाय गोड को मिला जीवन का नया सहारा
‘बिहान’ योजना से बदल रही ग्रामीण महिलाओं की तस्वीर, बिलासो बाई बनीं ‘लखपति दीदी’
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रद्धेय बृजमोहन मिश्रा की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि मंत्री के निवास पर पहुंचकर वर-वधू को दिया आशीर्वाद
कृषि मंत्री नेताम ने मिट्टी एवं बीजों की पूजा की और ट्रैक्टर चलाकर बीजों की बुआई की
महतारी वंदन योजना से मिली नई दिशा, प्रेम बाई बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल
जल गंगा संवर्धन अभियान से जल संरक्षण की दिशा में हुआ अभूतपूर्व कार्य
पानी बचाना हमारी जरूरत भी है और जिम्मेदारी भी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
जल जीवन मिशन से ग्राम बंधी की बदली तस्वीर
