पंजाब
Vaishno Devi ट्रेन रूट में बदलाव! पंजाब से सफर करने वालों के लिए नई सूचना
13 Nov, 2025 07:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जालंधर
ट्रेनों की देरी के क्रम में विभिन्न ट्रेनों अपने निधार्रित समय से घंटों की देरी के साथ सिटी व कैंट स्टेशनों पर पहुंची जिसके चलते यात्रियों को लंबा इंतजार करने को मजबूर होना पड़ा।
इसी क्रम में 15707 आम्रपाली एक्सप्रैस जालंधर के अपने निधार्रित समय सुबह साढ़े 10 से 4 घंटे लेट रहते हुए दोपहर अढ़ाई बजे सिटी स्टेशन पर पहुंची। रि-शैड्यूल होकर देरी से चलने वाली अमृतसर क्लोन स्पैशल 04651 करीब 10 घंटे लेट रही। वहीं, अमृतसर से वैष्णों देवी कटरा जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रैस 26405/ 26406 बुधवार को भी रद्द रही और 13 नवम्बर को भी रद्द रहेगी। इसी तरह 14504 वैष्णों देवी कालका व 22461 श्री शक्ति सुपरफास्ट रद्द रही।
वहीं आपको बता दें कि रेलवे द्वारा फिरोजपुर कैंट से दिल्ली जंक्शन के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रैस संख्या 26462/26461 का संचालन किया गया है। इस नई सेवा का शुभारंभ 8 नवंबर को फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन से किया जा चुका है।
चंडीगढ़ में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत
12 Nov, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। पीजीआई पुलिस चौकी क्षेत्र के तहत आने वाले खुड्डालौहरा से नयागांव को जोड़ने वाले सिंगल रोड पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक ने सामने से आ रहे स्कूटी सवार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह स्कूटी समेत कई फीट हवा में उछलकर पटियाला की राव नदी में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के दौरान स्कूटी नदी के बीचोंबीच एक तरफ जा गिरी जबकि चालक करीब 15 फीट दूर जाकर मुंह के बल गिरा। राहगीरों ने तुरंत आरोपित स्कॉर्पियो चालक को पकड़ लिया और पुलिस को मौके पर बुलाया। घायल युवक को तत्काल पीजीआई पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नयागांव निवासी शुभम के रूप में हुई है। बताया गया कि शुभम ने हाल ही में नई स्कूटी खरीदी थी, जिस पर अस्थायी (टेंपरेरी) नंबर लगा हुआ था। घटना सरकारी स्कूल के पास मंगलवार बाद दोपहर की बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक मनप्रीत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हादसे के वक्त शराब के नशे में था या नहीं।
पंजाब में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, तापमान गिरकर 2 डिग्री से नीचे जाने की आशंका
12 Nov, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। भारत में इस बार सर्दी के तेवर तीखे रहने के संकेत मिल रहे हैं। दिसंबर से जनवरी के बीच देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है। इसका प्रमुख कारण ला-नीना जलवायु घटना को माना जा रहा है, जो प्रशांत महासागर में समुद्री सतह के तापमान में गिरावट से बनती है। इसके प्रभाव से ठंडी हवाएं अधिक सक्रिय होती हैं।
पंजाब समेत उत्तर भारत में शीतलहर का असर लंबा खिंचता है। भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) का अनुमान है कि दिसंबर में रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस होगा।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं और कोहरा बढ़ेगा। आइएमडी ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दो महीनों में घना कोहरा, शीतलहर व न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ला-नीना की स्थिति नवंबर से जनवरी तक बनी रह सकती है।
स्काईमेटवेदर सर्विस के अनुसार यह ला-नीना कमजोर जरूर रहेगा, लेकिन ठंड की तीव्रता पर इसका असर स्पष्ट होगा। ला-नीना के दौरान उत्तर और मध्य भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से बर्फबारी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इससे न केवल रातें ठंडी होती हैं बल्कि सुबह में कोहरा और नमी भी बढ़ जाती है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में सर्दी ने पहले ही दस्तक दे दी है।
चार दिन में न्यूनतम तापमान सात से 10 डिग्री में पहुंच जाएगा
अगले तीन से चार दिनों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में कई स्थानों पर, जबकि पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर न्यूनतम तापमान सात से दस डिग्री के बीच रह सकता है। ला-नीना का प्रभाव केवल तापमान तक सीमित नहीं है। यह बारिश और हवाओं के पैटर्न को भी प्रभावित करता है।
कैदी की रहस्यमयी मौत से हड़कंप, गुस्साए परिवार ने जेल गेट पर दिया धरना
11 Nov, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब: लगभग एक साल पहले मोबाइल चोरी के केस में जेल गए हिमांशु (25) की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के नाना करेलाल पासवान ने बताया कि हिमांशु को लुधियाना जेल में बंद रहने के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा लगातार मारपीट की जाती थी, जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई।
परिवार वालों ने कहा कि उन्हें इंसाफ चाहिए। परिवार वालों ने जेल प्रशासन के खिलाफ आरोप लगाया कि उनकी मारपीट के कारण उनके बच्चे की माैत हुई है।
नाना करेलाल ने बताया कि एक हफ्ते पहले जेल अस्पताल से फोन आया कि हिमांशु की तबीयत खराब है। जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो देखा कि हिमांशु के हाथ-पैरों में हथकड़ियां लगी थीं और वह बोलने की स्थिति में नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल कर्मचारियों की मारपीट की वजह से वह बोल नहीं पा रहा था।
परिवार ने बताया कि 8 नवंबर को फोन आया कि हिमांशु की मौत हो गई है और शव लेने के लिए सदर थाने के कर्मचारी घर पहुंचे। परिवार जब लुधियाना पहुंचा तो वहां भी उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
हिमांशु के परिजनों का कहना है कि उसके शरीर पर चोटों के निशान थे, जिससे साफ झलकता है कि उसके साथ गंभीर अत्याचार किया गया। इसी के विरोध में आज परिजनों और ग्रामीणों ने एसएसपी दफ्तर के बाहर धरना प्रदर्शन किया और जेल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
धरने के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और लोगों ने घंटों तक नारेबाजी की। बाद में एसपी (डी) मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि जिसकी भी लापरवाही पाई जाएगी, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
फिरोजपुर में सुरक्षा एजेंसियों की कामयाबी, हथियारों की तस्करी करने वाले दबोचे गए
11 Nov, 2025 01:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चण्डीगढ़-पंजाब: फिरोजपुर पुलिस ने एक सीमा पार हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरी और विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों से 6 ग्लॉक 9 मिमी पिस्तौल, 4 मैगजीन और 4 कारतूस बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी विक्रमजीत सिंह अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल एक पाकिस्तानी तस्कर के साथ सीधे संबंध रखता था। उसके खुलासे पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने दो अतिरिक्त ग्लॉक पिस्तौल बरामद कीं।
उसने अपने पाकिस्तानी आकाओं के निर्देश पर स्थानीय संपर्कों को हथियार सप्लाई करने की बात भी कबूल की। उसकी गिरफ्तारी से उसी सीमा पार नेटवर्क से एके-47 राइफल की खरीद से जुड़े एक पुराने मामले का भी पता लगाने में मदद मिली।
पंजाब और चंडीगढ़ में NIA की बड़ी कार्रवाई, बॉर्डर एरिया में कई ठिकानों पर छापेमारी
11 Nov, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: दिल्ली में ब्लास्ट के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी चंडीगढ़ की दो टीमें देर रात पंजाब पहुंची।
एक टीम ने चंडीगढ़ और इसके पास के इलाकों में जगह जगह छापेमारी की। एनआईए चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारिक के मुताबिक पंजाब में एनआईए की मौजूद टीमों के अलावा चंडीगढ़ एनआईए उनके साथ ज्वाइंट सर्च ऑपरेशन में जुट गई है। इसी के साथ पंजाब में केंद्र ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
पंजाब के बॉर्डर एरिया के जिलों में डीजीपी गौरव यादव ने पुलिस और प्रशासन को अलर्ट पर रहने के आदेश दिए हैं। डीजीपी ने सभी पुलिस कमिश्नर और एसएसपी के साथ देर रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर बात की और राज्य में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर निर्देश जारी किए। इस बीच चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में भी स्थानीय पुलिस अलर्ट पर रही।
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस के बम स्क्वाॅड की टीमें जांच करती देखी गईं। एनआईए सूत्रों के मुताबिक अमृतसर, फाजिल्का, तरनतारन, गुरदासपुर समेत अन्य जिलों में सर्च शुरू कर दी गई है। विशेषकर अमृतसर में हरिमंदिर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब में विशेष चौकसी बढ़ाई गई है। हरियाणा के जिला अंबाला में भी एक टीम ने चार से पांच जगहों पर सर्च किया है।
आतंकी संगठनों के गुर्गे निशाने पर
एनआईए अधिकारियों के मुताबिक पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैले आतंकी और खालिस्तान समर्थक आतंकी संगठन के गुर्गे उनके निशाने पर है। पंजाब, हरियाणा और यूपी में जो भी आतंकी संगठन एक्टिव है, उनके गुर्गे की मूवमेंट पर मानवीय और तकनीकी रूप से खुफिया निगरानी बढ़ाई गई है।
पंजाब में शीतलहर की दस्तक, छह जिलों में यलो अलर्ट जारी — ठिठुरन से बढ़ी परेशानी
11 Nov, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटियाला (पंजाब): पंजाब में शीतलहर शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक फरीदकोट सोमवार को 7.2 डिग्री के न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा।
विभाग ने अगले दो दिनों के लिए पंजाब के छह जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, बठिंडा व मानसा शामिल हैं। पंजाब में अगले सात दिन फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री तक नीचे जा सकता है।
सोमवार को राज्य के न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे अब यह सामान्य से 2.7 डिग्री नीचे पहुंच गया है। अधिकतम तापमान में भी 0.1 डिग्री की कमी दर्ज की गई। फिलहाल यह सामान्य के नजदीक बना हुआ है। सबसे अधिक 29.5 डिग्री का पारा समराला का दर्ज किया गया।
सात शहरों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे
पंजाब में फरीदकोट समेत सात शहरों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया। इनमें अमृतसर का न्यूनतम पारा 9.6 डिग्री, लुधियाना का 9.0 डिग्री, बठिंडा का 8.0 डिग्री, एसबीएस नगर का 9.1 डिग्री, होशियारपुर का 8.9 डिग्री और रोपड़ का 8.7 डिग्री दर्ज किया गया। पटियाला का न्यूनतम पारा 10.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अमृतसर, लुधियाना व पटियाला का अधिकतम तापमान भी सामान्य के नीचे बना रहा। इनमें अमृतसर का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री (सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे), लुधियाना का 27.6 डिग्री (1.0 डिग्री नीचे), पटियाला का 28.1 डिग्री (सामान्य से 0.7 डिग्री नीचे), पठानकोट का 27.0 डिग्री और बठिंडा का 28.0 डिग्री दर्ज किया गया।
स्कूल की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, आरोपी युवक पर लगाया दबाव बनाने का आरोप
10 Nov, 2025 05:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ दर्दनाक घटना हुई है। यहां एक छात्रा ने घर पर फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया। 10वीं कक्षा की छात्रा की मौत के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। छात्रा ने एक युवक से परेशान होकर यह खौफनाक कदम उठाया है। 17 साल की किशोरी पर एक युवक दोस्त बनाकर उस पर शादी का दबाव बना रहा था। युवक की हरकतों से किशोरी खासी परेशान थी।
इस संबंध में गोबिंदगढ़ पुलिस ने किशोरी के पिता के बयान के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़िता के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी बेटी मंडी गोबिंदगढ़ के एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा थी। किशोरी को हरमनजोत सिंह नाम का युवक दोस्ती करने के लिए तंग करता था। आरोपी के बारे में छात्रा ने घर वालों को भी बताया था। आरोपी युवक द्वारा बार-बार बेटी को तंग परेशान किया जा रहा है। इससे आहत होकर किशोरी ने सात नवंबर की शाम को घर पर ही फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
पुलिस थाना गोबिंदगढ़ के एसएचओ मनप्रीत सिंह देओल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
फायरिंग से दहशत: कार सवार पड़ोसी ने कोल्ड स्टोर मैनेजर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं
10 Nov, 2025 05:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लुधियाना में कूमकलां के गांव लक्खोवाल गद्दोवाल इलाके में रविवार की रात को एक व्यक्ति ने कोल्ड स्टोर के मैनेजर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। एक छर्रा मैनेजर के बेटे के पैर पर लगा। गोलियां चलने से इलाके में दहशत फैल गई।
घायल को पास के निजी अस्पताल में दाखिल कराया जहां उसकी पहचान जोबनप्रीत सिंह के रुप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी, एसीपी इंडस्ट्री एरिया ए इंद्रजीत सिंह और थाना कूमकलां की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने वहां से गोलियों के खोल बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में मैनेजर सतवंत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोल्ड स्टोर के मैनेजर सतवंत सिंह ने बताया कि रविवार की रात आठ बजे वह अपने बेटे जोबनप्रीत के साथ थे। इसी दौरान एक कार सवार व्यक्ति आया, जिसने पहले घर के बाहर खड़े होकर उनके साथ गाली-गलौच की और फिर हाथ में पकड़े पिस्तौल से घर के दरवाजे की ओर आठ से दस से अधिक फायर किए। गोली का एक छर्रा जोबनप्रीत के पैर में लगा। जिससे वह घायल हो गया। जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। जोबनप्रीत को उसके परिवारिक सदस्यों ने निजी अस्पताल दाखिल कराया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने सतवंत सिंह के घर के बाहर चलाई गई गोलियों के खाली खोल भी बरामद किए और उनके दरवाजे पर गोलियों के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि गोली चलाने वाले के बारे में कोई सुराग मिल सके।
एसीपी इंडस्ट्री एरिया ए इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सतवंत सिंह के घर के बाहर गोलियां चलाने वाले के खिलाफ हत्या की कोशिश की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अज्ञात व्यक्ति ने कितनी गोलियां चलाईं और क्यों चलाईं, इसकी जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
तरनतारन उपचुनाव: थमा चुनावी शोर, प्रत्याशी अब घर-घर जाकर मांगेंगे वोट
10 Nov, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तरनतारन विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार रविवार शाम 6 बजे बंद हो गया। अब उम्मीदवार और समर्थक डोर टू डोर जाकर प्रचार करेंगे।
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन अपनी जीत पक्की करने के लिए सभी उम्मीदवारों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। सभी दलों की तरफ से रैली, रोड शो और जनसभाओं का आयोजन किया गया।
उपचुनाव के लिए कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रमुख मुकाबला शिरोमणि अकाली दल की सुखविंदर कौर, भारतीय जनता पार्टी से हरजीत सिंह संधू, आम आदमी पार्टी से हरमीत सिंह संधू और कांग्रेस के करणबीर सिंह के बीच है। चुनाव आयोग ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इस जिले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए जिला चुनाव मशीनरी के माध्यम से पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए हैं। विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 12 कंपनियां तैनात की गई हैं जो किसी भी उपचुनाव में चुनाव आयोग द्वारा अब तक की सबसे बड़ी तैनाती में से एक है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने बताया कि कुल 222 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों के जवान तैनात रहेंगे। सभी संवेदनशील मतदान केंद्र स्थलों की निगरानी के लिए 46 माइक्रो ऑब्जर्वर भी नियुक्त किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वेबकास्टिंग की व्यवस्था है। इनकी निगरानी रिटर्निंग अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के स्तर पर चुनाव आयोग की देखरेख में की जाएगी। उन्होंने तरनतारन विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे मंगलवार सुबह 7 से शाम 6 बजे तक निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
विधानसभा हलके में मतदाताओं की संख्या 1,92,838 है। इसमें 1,00,933 पुरुष, 91,897 महिला मतदाता और 8 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा सर्विस वोटरों की कुल संख्या 1,357 है। 85 वर्ष से अधिक आयु के कुल मतदाताओं की संख्या 1,657 है। वहीं 306 एनआरआई मतदाता भी शामिल हैं।
इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बनाया स्ट्रांग रूम
इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ नर्सिंग पिद्दी में ईवीएम के लिए एक स्ट्रांग रूम बनाया गया है और सभी पोलिंग पार्टियों को सोमवार 10 नवंबर दोपहर यहीं से रवाना किया जाएगा। मतदान के बाद सभी ईवीएम को इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ नर्सिंग पिद्दी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा जाएगा और 14 नवंबर को यहीं मतगणना की जाएगी। जिला चुनाव अधिकारी-सह-उपायुक्त तरनतारन राहुल चुनाव को लेकर रविवार को बैठक भी की। उन्होंने कहा कि 10 और 11 नवंबर को कोई भी चुनावी विज्ञापन देने से पहले जिला स्तर पर गठित मीडिया प्रमाणन एवं प्रमाणीकरण समिति (एमसीएमसी) से पूर्व प्रमाणीकरण अवश्य करवा ली जानी चाहिए। 11 नवंबर को मतदान प्रक्रिया समाप्त होने से पहले किसी भी प्रकार के ओपिनियन पोल, सर्वेक्षण आदि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
कल स्कूल-कॉलेज, दुकानें सब बंद
तरनतारन विधानसभा क्षेत्र के सभी सरकारी, गैर-सरकारी कार्यालयों, बैंकों, औद्योगिक इकाइयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, कारखानों और दुकानों में 11 नवंबर को अवकाश घोषित किया गया है। जिला उपायुक्त राहुल ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जारी आदेशों के तहत यह अवकाश घोषित किया है। खास बात यह है कि इस अवकाश से वेतन न काटने के भी आदेश दिए गए हैं। जिला मजिस्ट्रेट राहुल ने बताया कि इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तरनतारन विधानसभा क्षेत्र के सभी पात्र मतदाता बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का पूर्णतः प्रयोग कर सकें। उन्होंने बताया कि यह अवकाश केवल सरकारी कर्मचारियों के लिए ही नहीं, बल्कि उद्योगों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और निजी क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों पर भी लागू होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस अवकाश के कारण वेतन में कोई कटौती नहीं होगी। इसके अलावा, वे कर्मचारी जो अलग-अलग शिफ्टों में काम करते हैं या जिले से बाहर कार्यरत हैं, लेकिन उनका नाम तरनतारन निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज है, वे भी इस अवकाश का लाभ उठा सकेंगे। जिला प्रशासन ने सभी से 11 नवंबर को मतदान करके लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
उत्तर भारत की ठंडी हवाओं का असर, पंजाब में गिरा तापमान — 11 डिग्री पर पहुंची न्यूनतम दर्जा हरारत
10 Nov, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब-चंडीगढ़: चंडीगढ़ और पंजाब में ठंडक लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को पहली बार चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और गिरेगा तथा 13 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह और शाम के बाद अब दोपहर में भी हल्की ठंड महसूस होने लगी है। रविवार अवकाश होने के कारण लोगों ने सुहावने मौसम का भरपूर आनंद लिया। शहर के पर्यटन स्थलों पर दिनभर भीड़ नजर आई। सुखना लेक पर पहुंची पर्यटक आरती पाल ने बताया कि उमस भरे दिनों में यहां आना कम कर दिया था, लेकिन अब तापमान गिरने के साथ दोस्तों के साथ दोबारा आने के बाद यहां के मौसम और नजारों का आनंद लिया। साप्ताहिक अवकाश होने की वजह से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मौसम निदेशालय चंडीगढ़ का कहना है कि 15 नवंबर के बाद ठंड में और तेजी आएगी, जिसके चलते सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।
पंजाब में फरीदकोट सबसे ठंडा
पंजाब में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को पंजाब में रात के तापमान में 0.2 डिग्री की कमी दर्ज की गई। इससे यह सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे गिर गया है। 8 डिग्री के न्यूनतम तापमान के साथ फरीदकोट सबसे ठंडा रहा।
पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। फिलहाल यह सामान्य के पास बना हुआ है। लेकिन अमृतसर, लुधियाना व पटियाला का अधिकतम पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया। सबसे अधिक 30.8 डिग्री का पारा फरीदकोट का दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने पंजाब में अगले छह दिन मौसम शुष्क बना रहने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम भले ही शुष्क बना रहेगा, लेकिन तापमान में गिरावट जारी रहेगी। जिससे मौसम में ठंडक बनी रहेगी।
अमृतसर का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री (सामान्य से 1.4 डिग्री नीचे), लुधियाना का 28.0 डिग्री (सामान्य से 0.6 डिग्री नीचे) , पटियाला का 28.6 डिग्री (सामान्य से 0.2 डिग्री नीचे), बठिंडा का 27.5 डिग्री, गुरदासपुर का 27.3 डिग्री, एसबीएस नगर का 27.7 डिग्री, फाजिल्का का 27.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम पारा 10.2 डिग्री, लुधियाना का 11.8 डिग्री, पटियाला का 10.3 डिग्री, बठिंडा का 8.4 डिग्री, फरीदकोट व फिरोजपुर का 9.8-9.8 डिग्री व रोपड़ का 8.4 डिग्री दर्ज किया गया।
खेलते-खेलते बुझ गया घर का चिराग, करंट से गई मासूम की जान
8 Nov, 2025 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब: फतेहगढ़ साहिब की सबडिवीजन अमलोह में एक बच्चे को घर में लगी लड़ियों से करंट लग गया और उसकी मौत हो गई। बच्चे की उम्र 9 साल है और वह चौथी कक्षा का विद्यार्थी था।
मृतक की पहचान फतेह वीर सिंह के तौर पर हुई। अमलोह शहर के वार्ड नंबर 1 में बीती रात घर हुए हादसे से परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहवीर सिंह अपने भाई के साथ घर में खेल रहा था और खेलते-खेलते वह छत पर चला गया। वहां बिजली के तार से करंट लगने से उसकी मौत हो गई। फतेह वीर के पिता मजदूरी करते हैं।
अमलोह स्थित श्मशान घाट में बच्चे का अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले मां ने बच्चे के सिर पर सेहरा सजाया और उसे अंतिम विदाई दी।इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब सिंह सभा अमलोह की कमेटी के सदस्य दर्शन सिंह चीमा सहित स्थानीय लोगों ने परिवार के साथ अपना दुख साझा किया।
अफसरों और कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा पंजाब, ठप पड़ रहे विभागीय काम
8 Nov, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के सरकारी महकमों, निकायों व बोर्डों में लंबे समय से अफसरों और कर्मचारियों की भारी कमी बनी हुई है। इसका प्रतिकूल असर विभागों के कामकाज पर पड़ रहा है।
इन सरकारी संस्थानों व विभागों में 1 लाख 47 हजार 397 पद रिक्त पड़े हैं। इनमें 83904 पद सरकारी महकमों में खाली हैं। वहीं 63493 रिक्तियां सरकारी निकायों, निगमों व बोर्डों में हैं।
साढ़े तीन साल में 56856 नई नियुक्तियां भी हुई हैं मगर वर्तमान स्थिति यह है कि स्टाफ की कमी और बढ़ते कार्यभार की वजह से कर्मचारियों व अफसरों पर दबाव बढ़ रहा है। क्योंकि ये लोग अतिरिक्त कार्यभार के बोझ तले दबे हुए हैं। कई कर्मचारियों के पास कई सीटों का काम है तो कई अफसर अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे हैं।
सूबे के विभागों में ये रिक्त पद लंबे समय से बने हुए हैं। इस वजह से लोगों को भी अपने काम करवाने के लिए या तो भटकना पड़ता है या फिर वे लंबा इंतजार करने को मजबूर होते हैं। पंजाब के विभिन्न सरकारी विभागों व संस्थानों के कर्मचारी संगठन कई बार अपने-अपने महकमों में रिक्त पदों को भरने की मांग उठाते रहे हैं। पिछले दिनों हुई कैबिनेट सब कमेटी की बैठकों के दौरान भी कर्मचारी संगठनों व एसोसिएशनों के नेताओं ने महकमों में रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरने की बात सरकारी के समक्ष रखी थी ताकि विभागों का कामकाज सुचारू रूप से चले।
सभी सरकारी रिक्त पद जल्द भरेंगे : सीएम
हमारी सरकार ने साढ़े तीन साल में ईमानदारी से 56856 सरकारी नौकरियां युवाओं को दी हैं। विभागों के यह रिक्त पद पिछली सरकारों की देन हैं जिन्होंने नौकरियों को सिर्फ अपने चहेतों या सिफारिश तक सीमित रखा। प्रतिभाशाली युवा पहले दरकिनार और भ्रष्ट सिस्टम का शिकार थे। हमारी सरकार ने बिना भ्रष्टाचार काबिलियत के बूते सरकारी नौकरियां दीं और खुद उन्हें नियुक्ति पत्र बांटे। प्रयास है हम सभी विभागों के रिक्त पदों को जल्द भर दें। इस दौरान पहली प्राथमिकता यह रहेगी कि हम अफसरों व कर्मचारियों का अतिरिक्त कार्यभार कम करें ताकि उन पर दबाव कम हो।
पीएम मोदी ने ऑनलाइन किया वंदे भारत का शुभारंभ, फिरोजपुर में खुशी की लहर
8 Nov, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फिरोजपुर (पंजाब): पंजाब के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर से शनिवार को दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन रवाना हुई। ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बताया कि यह ऐतिहासिक कदम फिरोजपुर को विकास की नई पटरी पर ले जाएगा और व्यापारियों सहित समूचे क्षेत्र को इसका व्यापक लाभ मिलेगा। यह ट्रेन न केवल फिरोजपुर, बल्कि पूरे मालवा क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगी। अब फिरोजपुर का नाम देश के बड़े शहरों की श्रेणी में शामिल हो गया है।
ट्रेन का प्रस्तावित समय
ट्रेन सुबह 7:55 बजे फिरोजपुर से रवाना होकर फरीदकोट, बठिंडा, धुरी, पटियाला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और पानीपत होते हुए दोपहर 2:35 बजे पुरानी दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में शाम 4:00 बजे दिल्ली से चलकर रात 10:35 बजे फिरोजपुर पहुंचेगी। बिट्टू ने हरी झंडी दिखाकर फिरोजपुर से दिल्ली के लिए रवाना किया है।
पंजाब में AAP विधायक पठानमाजरा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
7 Nov, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है. वह बलात्कार के मामले में दो सितंबर से फरार हैं. अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी कि सनौर विधायक के आधिकारिक आवास, निजी घर तथा बस स्टैंड के बाहर पोस्टर चिपकाए गए हैं.
इस बीच, पठानमाजरा के वकील बिक्रमजीत सिंह भुल्लर और एसएस सग्गू ने कहा कि वे विधायक की अग्रिम जमानत के लिए जल्द ही पंजाब एवं हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे.
अग्रिम जमानत याचिका खारिज
एक स्थानीय अदालत पहले ही उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर चुकी है. पठानमाजरा के खिलाफ बलात्कार, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोप में एक सितंबर को सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज किया गया था.
महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
यह मामला जीरकपुर की एक महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया था, जिसने आरोप लगाया था कि विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में 2021 में शादी कर ली, जबकि वह पहले से ही शादीशुदा था. महिला ने विधायक पर लगातार यौन शोषण करने, धमकियां देने और उसे ‘अश्लील’ सामग्री भेजने का आरोप लगाया.
देश से बाहर भागने की आशंका
आरोपी विधायक के देश से बाहर भागने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी किया है. साथ ही सनौर विधानसभा क्षेत्र और सरकारी आवास सहित कई सार्वजनिक स्थानों पर उनके पोस्टर लगाए गए हैं. थाना सिविल लाइन के इंचार्ज गुरमीत सिंह के मुताबिक, मामले में विधायक की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है.
उन्होंने बताया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत अब आरोपी विधायक के पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए हैं, ताकि आम लोग अगर उन्हें कहीं देखें तो पुलिस को तुरंत सूचना दे सकें.
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
