पंजाब
अति-संवेदनशील इलाके में सुरक्षा चूक के आरोप
23 Feb, 2026 04:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुरदासपुर| पंजाब के गुरदासपुर में एक दिन पहले भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पंजाब पुलिस के दो जवानों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (कमांडो) गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार के शव भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट दोरांगला सेक्टर में स्थित पुलिस चेक पोस्ट से मिले थे। दोनों को गोलियां मारी गई थीं। अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। गुरदासपुर से सांसद और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने इस घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक विस्तृत पत्र लिखा है। रंधावा ने इस घटना को मात्र एक अपराध नहीं, बल्कि देश के सुरक्षा तंत्र की तीन-स्तरीय विफलता करार दिया है।सांसद रंधावा ने पत्र में सनसनीखेज खुलासा किया है कि जिस संयुक्त चेकपोस्ट पर एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार की हत्या हुई, वहां सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की निर्धारित टुकड़ी ड्यूटी के लिए पहुंची ही नहीं थी। उन्होंने बताया कि अगली सुबह भी समय पर कोई रिलीविंग पार्टी नहीं पहुंची और घटना का पता तब चला जब स्थानीय लोगों ने दोनों जवानों की लाशें देखी।रंधावा ने सवाल उठाया है कि अति-संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्र में निगरानी और समन्वय की इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई? उन्होंने मांग की है कि जब तक पेशेवर जांच पूरी न हो जाए, इसे आतंकवादी हमला मानकर ही जांच की जाए। इस त्रासदी के लिए इंटेलिजेंस फेलियर, भारी चूक और पंजाब में नियमित डीजीपी की अनुपस्थिति और बढ़ते गैंगस्टर-नार्को-टेरर नेटवर्क के बीच नेतृत्व की कमी स्पष्ट नजर आ रही हैरंधावा ने कहा कि यह घटना सीमा सुरक्षा और हमारे जवानों के प्रति ड्यूटी ऑफ केयर की गंभीर अवहेलना है। सांसद ने गृह मंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की अपील करते हुए दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक बुलाने, समयबद्ध जांच करवाने, सीमावर्ती क्षेत्रों में इलेक्ट्रॉनिक अटेंडेंस और रीयल-टाइम लोकेशन मॉनिटरिंग अनिवार्य करने की मांग की है इसी के साथ रंधावा ने अमित शाह को सुझाव दिया कि वे अपनी आगामी पंजाब यात्रा (मोगा और अन्य जिलों) के दौरान राजनीतिक कार्यक्रमों से पहले पीड़ित परिवारों से मिलें। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री का शोक संतप्त परिवारों के पास जाना सीमावर्ती आबादी और सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाने के लिए आवश्यक है।
वित्त वर्ष के लिए 12,800 करोड़ रुपये राजस्व का लक्ष्य तय
23 Feb, 2026 03:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़| मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में आज चंडीगढ़ में पंजाब कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। मंत्रिमंडल की बैठक में पंजाब सरकार ने एक्साइज पॉलिसी को मंजूरी दी है। इसके तहत पंजाब में शराब महंगी नहीं होगी। मंत्रिमंडल की बैठक में नई एक्साइज पॉलिसी के तहत पिछले साल जिन ग्रुपों ने शराब के ठेके लिए थे, उन्हें इस बार भी 6.5 प्रतिशत रेट बढ़ोतरी के साथ प्राथमिकता दी जाएगी। पंजाब में इस वित्त वर्ष के दौरान शराब बिक्री से 12800 करोड़ रुपये राजस्व इकट्ठा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ये फैसले भी लिए गए
पंजाब में कोविड वॉलिंटियर्स को नर्सिंग और पैरा मेडिकल स्टाफ की भर्तियों में 5 से लेकर 10 अंक तक विशेष लाभ मिलेगा। गैंगस्टरों, अपराधियों, नशा तस्करों की मुखबिरी करने वाले लोगों की इनाम राशि भी बढ़ाई गई। वन टाइम सेटलमेंट योजना की मिआद 30 जून तक की गई है। बाढ़ के दौरान जिन जमीनों पर खेती कर रहे जो किसान, भले ही जमीन के मालिक न हों तब भी उन्हें बाढ़ मुआवजा दिया जाएगा। विशेष कमेटी उन काश्तकारों की तस्दीक करेगी।
धार्मिक मंच से सियासी संदेश देने की संभावनाओं पर अटकलें
21 Feb, 2026 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर| शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी), अकाल तख्त और शिरोमणि अकाली दल को मौजूदा संकट से उबारने के लिए सरबत खालसा बुलाने की मांग ने पंजाब की पंथक और सियासी हलकों में नई हलचल पैदा कर दी है। श्री हरिमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी और अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने स्पष्ट कहा है कि पंथक संस्थाओं को एक परिवार के प्रभाव से मुक्त करवाने और सिख कौम को एकजुट करने के लिए सरबत खालसा समय की जरूरत है। उन्होंने संकेत दिए हैं कि इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाया जा सकता है।
ज्ञानी रघबीर सिंह के इस बयान ने विशेष रूप से शिरोमणि अकाली दल (बादल) पर दबाव बढ़ा दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि सरबत खालसा बुलाया जाता है तो इसका सबसे सीधा प्रभाव अकाली दल पर पड़ेगा, जो पहले ही अंदरूनी मतभेद और नेतृत्व को लेकर उठते सवालों से जूझ रहा है।
क्या है सरबत खालसा का महत्व
सरबत खालसा सिख परंपरा में सर्वोच्च सामूहिक निर्णय की संस्था मानी जाती है, जिसमें पंथ से जुड़े अहम धार्मिक और सामुदायिक मुद्दों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिए जाते हैं। इतिहास गवाह है कि जब-जब पंथक संकट गहराया, तब-तब सरबत खालसा के मंच से बड़े फैसले सामने आए। पिछले वर्षों में भी जब-जब सरबत खालसा बुलाया गया, उसका सीधा असर पंजाब की राजनीति, विशेषकर अकाली दल की स्थिति पर पड़ा। सबसे पहले वर्ष 1986 में अकाल तख्त साहिब पर सरबत खालाया बुलाया गया था। इस के बाद वर्ष 2015 में गांव चब्बा में सरबत खालसा बुलाया गया था।
किस दल पर पड़ेगा असर
विशेषज्ञों के अनुसार सरबत खालसा की घोषणा अकाली दल (बादल) के पारंपरिक पंथक वोट बैंक को प्रभावित कर सकती है। इससे नेतृत्व परिवर्तन का दबाव बढ़ सकता है या नए पंथक मोर्चे के उदय की संभावना बन सकती है। 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह घटनाक्रम बादल गुट के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। अन्य दलों की बात करें तो आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इसे धार्मिक मामला बताकर दूरी बना सकती हैं, लेकिन पंथक वोटों में संभावित बिखराव का राजनीतिक लाभ उन्हें मिल सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरबत खालसा के निर्णयों की वैधता और व्यापक स्वीकार्यता पर ही उसके प्रभाव की गहराई निर्भर करेगी। फिलहाल, इसकी संभावित घोषणा ने पंजाब की राजनीति में नई बहस को जन्म दे दिया है।
पंथक राजनीति का भविष्य
पंजाब की राजनीति में पंथक मुद्दे हमेशा अहम रहे हैं। यदि सरबत खालसा बुलाया जाता है और कोई बड़ा धार्मिक या संगठनात्मक फैसला सामने आता है, तो पंथक राजनीति का पुनर्गठन संभव है। इससे अकाली दल में नेतृत्व परिवर्तन का दबाव बढ़ सकता है, नए पंथक मोर्चे उभर सकते हैं या वोट बैंक का स्थायी विभाजन हो सकता है। प्रभाव की गहराई उसकी वैधता और स्वीकार्यता पर निर्भर करेगी।
नवजोत कौर सिद्धू का दावा—जीरकपुर में 100 एकड़ जमीन खरीदी
21 Feb, 2026 11:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस से निष्कासित नेता नवजोत कौर सिद्धू ने प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि वडिंग ने जीरकपुर में 100 एकड़ जमीन खरीदी, जिसमें से 60 एकड़ जमीन फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे लगवाकर निर्दोष लोगों से अवैध तरीके से छीनी गई है।
नवजोत कौर ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा कि वडिंग अदालत में आकर जवाब दें कि इतनी बड़ी जमीन कैसे खरीदी गई। उन्होंने 2400 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का भी जिक्र करते हुए कहा कि मामले में जवाब देने के लिए तैयार रहें। इसके साथ ही उन्होंने वडिंग पर युवाओं को लूटने का आरोप लगाया। नवजोत काैर ने कहा कि कांग्रेस से जुड़ने वाले युवाओं से 75 रुपये की सदस्यता फीस ली जा रही है और इससे करोड़ों रुपये एकत्र किए जाएंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि इन पैसों का उपयोग किस तरह किया जाएगा और कितने युवाओं को रोजगार या बेहतर अवसर दिलाए गए हैं।
उधर, वडिंग ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह ऐसे व्यक्ति पर टिप्पणी करना उचित नहीं समझते, जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
देर रात संदिग्ध वस्तु दिखने पर स्थानीय पुलिस ने तुरंत घेरा डाला
21 Feb, 2026 10:31 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर। के ब्यास थाना के अधीन पड़ती पुलिस चौकी रइया को आतंकियों ने शुक्रवार की देर रात आईईडी लगाकर उड़ने का प्रयास किया। लेकिन किसी तरह आईईडी के बारे में जानकारी लग जाने पर पुलिस ने उसे बरामद कर लिया।
शनिवार सुबह बम डिस्पोजल टीम को बुलाकर आईईडी डिस्पोज कर दिया गया। बड़ी घटना रोकने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। किसी आतंकी संगठन या गैंगस्टर की तरफ से इसे लेकर किसी तरह की जिम्मेदारी नहीं ली गई है। अधिकारी पता लगाने में जुटे हैं कि आईईडी किस आतंकी संगठन या गैंगस्टर ने चौकी के पीछे फिट की थी और फरार हो गए। पुलिस द्वारा इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शनिवार सुबह तक मामले को लेकर आरोपियों का पता नहीं लग सका है।
सिर से टक्कर मारकर नाक तोड़ने का आरोप, अभद्र भाषा का इस्तेमाल
19 Feb, 2026 02:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जालंधर| ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया प्रांत के शहर जिलॉन्ग में 22 वर्षीय सिख नर्स पर कथित रूप से नस्लीय द्वेष के चलते हमला कर दिया गया। हमले में उसकी नाक टूट गई और वह गहरे मानसिक आघात से गुजर रहा है। पीड़ित हरमनप्रीत सिंह के अनुसार, देर रात वह स्थानीय व्यायामशाला में अभ्यास समाप्त कर बाहर निकले ही थे कि तीन लोगों ने उन्हें घेर लिया। उनका कहना है कि दुर्व्यवहार की शुरुआत भीतर ही हो गई थी, जो बाहर आकर हिंसा में बदल गई। सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति अचानक उनके बेहद निकट आया और पीछे हटकर सिर से उनकी नाक पर जोरदार प्रहार कर दिया। इससे तुरंत रक्तस्राव शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक हमलावरों द्वारा अपमानजनक और नस्लीय टिप्पणियां किए जाने की बात सामने आई है। वापस वहीं चले जाओ जहां से आए हो जैसी आपत्तिजनक बातें भी कही गईं। हमला करने के बाद आरोपी एक कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां पूरी रात चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। चिकित्सकों ने आगे विशेषज्ञ परामर्श और संभव शल्य चिकित्सा की आवश्यकता जताई है। सिंह ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में नस्लीय दुर्व्यवहार का यह उनका पहला अनुभव नहीं है, किंतु यह घटना अत्यंत भयावह रही। हाल के समय में ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के लोगों के विरुद्ध नस्लीय घटनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। पिछले वर्ष एडिलेड में एक भारतीय छात्र पर भी कथित रूप से नस्लीय हमला हुआ था। इसके अतिरिक्त मेलबर्न स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर में तोड़फोड़ की घटना ने प्रवासी समुदाय की चिंता बढ़ाई थी। ताजा घटना ने एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया में प्रवासियों की सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।
रिहायशी इलाके में चल रही छोटी फैक्टरी में लगी आग
19 Feb, 2026 12:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लुधियाना (पंजाब)| औद्योगिक नगरी लुधियाना का व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र दाल बाजार वीरवार सुबह उस वक्त दहल गया, जब यहां एक रिहायशी मकान में चल रही छोटी होजरी फैक्टरी में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में फैक्टरी के भीतर मौजूद एक व्यक्ति की झुलसने से मौत हो गई। संकरी गलियों और रिहायशी इलाका होने के कारण दमकल विभाग को राहत कार्य चलाने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दमकल विभाग को सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि दाल बाजार की एक तंग गली स्थित मकान, जिसमें व्यावसायिक गतिविधियां चल रही थीं, वहां से धुएं का गुबार उठ रहा है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। रिहायशी क्षेत्र होने के कारण आसपास के घरों में भी अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षा की दृष्टि से बाहर निकल आए।
मशक्कत के बाद पहुंच पाईं पाइपें
हादसे की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर रवाना हुईं, लेकिन बाजार की भौगोलिक स्थिति बचाव कार्य में बड़ी बाधा बनी। गलियां इतनी संकरी थीं कि दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के पास तक नहीं पहुंच सकीं। अधिकारियों के मुताबिक, मजबूरी में गाड़ियों को मुख्य सड़क पर खड़ा कर करीब 12 लंबी पाइपें आपस में जोड़कर अंदर तक पानी पहुंचाया गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
मलबे से मिला शव, शिनाख्त की कोशिश जारी
आग बुझने के बाद जब दमकल कर्मियों ने अंदर प्रवेश किया, तो मलबे और धुएं के बीच से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। दमकल विभाग के अधिकारियों ने शव मिलने की पुष्टि की है, हालांकि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
दूसरी बार धमकी भरी ईमेल से हड़कंप
19 Feb, 2026 11:27 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़| के सेक्टर 9 स्थित पंजाब मिनी सेक्रेटेरिएट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। सचिवालय को धमकी की ई मेल भेजी गई है। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। सचिवालय को दूसरी बार धमकी मिली है। पुलिस की बम डिटेक्शन और अन्य टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। वहीं चंडीगढ़ जिला अदालत को भी चौथी बार धमकी आई है।
लगातार आ रहीं धमकियां
पिछले कुछ समय में चंडीगढ़ के कई संवेदनशील संस्थानों को धमकियां मिल चुकी हैं। जिला अदालत को चार बार ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके अलावा करीब 30 स्कूलों, पंजाब सचिवालय (सेक्टर-1), पंजाब मिनी सचिवालय (सेक्टर-9) और सेक्टर-35 स्थित पंजाब म्युनिसिपल भवन को भी धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। वर्ष 2024-25 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, सेक्टर-10 म्यूजियम और दो बड़े होटलों को भी निशाना बनाए जाने की चेतावनी मिल चुकी है।
पहले भी मिल चुके हैं इनपुट
जनवरी 2025 में साउथ एरिया के एक थाने पर हमले की आशंका जताई गई थी। उस दौरान सभी थानों की सुरक्षा बढ़ाई गई थी। सूत्रों के अनुसार इसमें आतंकी हैप्पी पासिया का नाम सामने आया था। एसएसपी कंवरदीप कौर ने तब सभी एसएचओ को रात में थाने में मौजूद रहने और पुलिसकर्मियों को लॉन्ग रेंज हथियारों के साथ मुस्तैद रहने के निर्देश दिए थे। अप्रैल 2025 में भी सेंट्रल डिवीजन के एक थाने पर हमले की आशंका का इनपुट मिला था।
सैलानियों के लिए नई टाइमिंग जारी, इतने बजे तक पहुंचना होगा
16 Feb, 2026 05:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर (पंजाब)|भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित वाघा-अटारी बॉर्डर पर रोजाना होने वाली रिट्रीट सेरेमनी के समय में बदलाव किया गया है। प्रोटोकॉल अधिकारी अरुण माहल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि परेड का समय सूर्यास्त के अनुसार घटता-बढ़ता रहता है।उन्होंने बताया कि पहले यह सेरेमनी शाम साढ़े चार से पांच बजे तक होती थी, लेकिन अब 16 फरवरी 2026 से नया समय लागू किया गया है। नए शेड्यूल के अनुसार रिट्रीट परेड अब शाम पांच बजे से साढ़े पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। यह बदलाव हर साल मौसम और दिन की रोशनी को ध्यान में रखकर किया जाता है।प्रोटोकॉल अधिकारी ने देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि वे दोपहर करीब तीन बजे तक बॉर्डर पहुंच जाएं, ताकि प्रवेश, बैठने और सुरक्षा संबंधी औपचारिकताओं में किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे पूरी परेड का उत्साहपूर्वक आनंद ले सकें।
नवजात बच्ची बेचने की कोशिश नाकाम, लेडी डॉक्टर और खरीदार गिरफ्तार
16 Feb, 2026 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लुधियाना| में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी मां ने अपनी ममता का गला घोंटते हुए चंद रुपयों के लिए अपनी नवजात बेटी का सौदा कर दिया। बच्ची को बेचने के पीछे पूरा रैकेट है। पुलिस ने इस रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला डॉक्टर सहित पांच आरोपियों को दबोच लिया है। यह शर्मनाक खेल एक निजी नर्सिंग होम से शुरू हुआ, जहां मासूम के जन्म के बाद उसकी बोली लगा दी गई।थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस ने इस मामले में बच्ची की मां सुनीता रानी, खरीदार और डॉक्टर सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, थानेदार गुरमेल सिंह 15 फरवरी को टीम के साथ इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाबा थान सिंह चौक स्थित अरोड़ा नर्सिंग होम में 14 फरवरी को जन्मी एक बच्ची को बेचने की तैयारी चल रही है। सूचना थी कि मां ने अपनी बेटी का सौदा 2 लाख 10 हजार रुपये में तय किया है और आरोपी नीली झंडा रोड स्थित पार्क के पास सौदे की रकम लेकर इकट्ठा हुए हैं।पुलिस ने बिना वक्त गंवाए पार्क में छापेमारी की, जहां बच्ची को सौंपने की प्रक्रिया चल रही थी। मौके से पुलिस ने बच्ची की मां सुनीता देवी के साथ प्रवीण, बीएएमएस डॉ. मनमीत कौर, रुची और खरीदार मनदीप कौर को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि इन सभी ने मिलीभगत कर इस घिनौने अपराध को अंजाम दिया गया। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या यह गिरोह पहले भी बच्चों की खरीद-फरोख्त में शामिल रहा है। फिलहाल मासूम बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया गया है।
नशे में चूर बेटे का खौफनाक कदम, पिता की जान ली
16 Feb, 2026 09:09 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लुधियाना| के ढंडारी खुर्द स्थित दीप कॉलोनी में 25 वर्षीय युवक ने भांग के नशे में अपने पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी भाग निकला लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया।मृतक की पहचान 44 वर्षीय सिकंदर चौहान के रूप में हुई है। वह अपने बेटे उमेश चौहान के साथ दीप कॉलोनी में किराए के कमरे में रहता था। उमेश की मां और पत्नी उत्तर प्रदेश में रहती हैं। रविवार शाम उमेश भांग के नशे में घर पहुंचा। किसी बात को लेकर उसका पिता से विवाद हो गया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाकर शांत कराया। कुछ देर बाद कमरे के बाहर खून बहता दिखाई दिया जिससे आसपास के लोग दोबारा मौके पर पहुंचे। दरवाजा खोलकर देखा गया तो सिकंदर चौहान खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा था। उनकी गर्दन पर कई बार चाकू से वार किए गए थे। वारदात के बाद उमेश मौके से भाग निकला।वारदात की सूचना पर थाना फोकल पॉइंट पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ इंस्पेक्टर कुलबीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नशे की हालत में था जिस कारण प्रारंभिक पूछताछ में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। आरोपी ने पूछताछ में दावा किया है कि उसके पिता उसकी पत्नी को परेशान करते थे। इसी कारण उसने गुस्से में आकर हत्या की। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पत्नी इस समय लुधियाना में नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश स्थित गांव में रह रही है। ऐसे में हत्या के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हत्या रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से की गई। आरोपी ने गर्दन पर कई वार किए जिससे मौके पर ही सिकंदर की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
AAP ने मोगा के मेयर बलजीत सिंह चन्नी को पार्टी से निकाला, मेयर पद से भी हटाए—जानें क्या है वजह
27 Nov, 2025 04:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब आम आदमी पार्टी ने मोगा नगर निगम के मेयर बलजीत सिंह चन्नी को पार्टी से निकाला है। पार्टी ने उनसे इस्तीफा लिया है। इस संबंध में पार्टी की तरफ से एक पत्र भी जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि मोगा नगर निगम मेयर बलजीत सिंह चन्नी के नशा तस्करों के साथ संबंध होने के चलते उन्हें पार्टी से निकाला गया है। इतना ही नहीं चन्नी को
मोगा मेयर को पद से भी हटा दिया गया है। मेयर के नशा तस्करों के साथ संबंध के पुख्ता सबूत भी मिले हैं। बता दें बलजीत सिंह चन्नी पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के पहले मेयर बने थे।
जापान के साथ रणनीतिक साझेदारी पर जोर: CM मान की सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक्स व फूड प्रोसेसिंग में खोले अवसर
27 Nov, 2025 02:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जापान के साथ उन्नत निर्माण, गतिशीलता, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग, नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी पर जोर दिया है। सीएम मान ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के साथ 25 से अधिक प्रमुख जापानी कंपनियों के साथ विचार-विमर्श किया। उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ वर्चुअल विचार-विमर्श के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, पंजाब की धरती साहस, लचीलापन, कड़ी मेहनत, उद्यमशीलता, रचनात्मकता और सामुदायिक साझेदारी के लिए जानी जाती है। भारत में काम करने वाली जिन 25 से अधिक जापानी कंपनियों के साथ बात हुई उनमें पैनासोनिक, सुमितोमो, निप्पॉन, एनईसी, टोयोटा शामिल रहीं।
सरकार की तरफ से जारी बयान के मुताबिक 25 कंपनियों के साथ यह विचार-विमर्श अगल साल 13 से 15 मार्च को मोहाली में होने वाली छठी प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर समिट का हिस्सा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब ने भारत के विकास में, विशेष रूप से देश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
जापानी उद्योग के साथ पंजाब के मजबूत संबंधों पर जोर देते हुए सीएम मान ने जापानी कंपनियों से पंजाब के औद्योगिक परिवर्तन के अगले चरण का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब और जापान विश्वास, अनुशासन और दीर्घकालिक साझेदारी के मूल्य साझा करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मकसद युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने के साथ-साथ निवेशकों के लिए स्थिर और विश्वसनीय वातावरण सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा, जापान के साथ हमारे संबंध पहले से ही मजबूत हैं। कई प्रसिद्ध कंपनियों ने पंजाब में निवेश पर भरोसा दिखाया है। सीएम भगवंत मान ने कहा, पंजाब के ऑटोमोटिव और विनिर्माण क्षेत्र में माजदा, सुमितोमो, एसएमएल इसुज़ु, यानमार, आइची स्टील और गुनमा सीको जैसी कंपनियां पैर पसार चुकी हैं। पैकेजिंग और औद्योगिक उत्पादों में टोपन और ओजी होल्डिंग्स ने मजबूत पकड़ बनाई है। कृषि और मशीनरी में निवेश के लिए भी जापान की कई कंपनियां उत्सुक हैं।
पंजाब को भारत के सबसे अधिक कारोबार-अनुकूल राज्यों में से एक बताते हुए सीएम मान ने कहा, भारत सरकार ने 2024 की बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान (बी.आर.ए.पी.) रैंकिंग में पंजाब को पहला स्थान दिया है। यह उपलब्धि राज्य सरकार की कारोबार में सुगमता, पारदर्शिता और जवाबदेही प्रशासन को दर्शाती है। राज्य सरकार का दृष्टिकोण स्पष्ट है- नीतिगत स्थिरता, त्वरित फैसले और निवेशकों के समय और भरोसे का सम्मान करते हुए पंजाब को वैश्विक उद्योग के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाना। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने बीते कुछ समय में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है जिससे औद्योगिक क्षमता के विस्तार और निवेश के नए रास्ते खुले हैं।
गुरदासपुर में धमाका: थाने के बाहर ब्लास्ट में तीन घायल, पुलिस बोली—यह सिर्फ टायर फटना था
27 Nov, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब में बम ब्लास्ट के मामले थम नहीं रहे हैं। ताजा मामला गुरदासपुर में हुआ है। गुरदासपुर थाना सिटी के बाहर मंगलवार रात जोरदार ब्लास्ट हुआ है। चपेट में आने से तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। धमाके से इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि पुलिस इस घटना को बम ब्लास्ट की वारदात नहीं मान रही है। पुलिस कर्मियों ने इसे बजरी से भरे ट्रक का टायर फटने का मामला बताया है। धमाके की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
धमाके में घायल सपना शर्मा, अनु बाला और राजेश कुमार के अनुसार, उन्हें आई चोटें टायर फटने जैसी नहीं लगतीं जिससे घटना को लेकर और संदेह बढ़ गया है। राजेश कुमार की आंख में गंभीर चोट आने पर उसे चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
वहीं, धमाके के बाद सोशल मीडिया पर खालिस्तान लिबरेशन आर्मी के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई जिसमें हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। कहा गया कि हिंदू खालिस्तान के खिलाफ बोलते रहेंगे, तो ग्रेनेड हमले होते रहेंगे। पुलिस ने इस पोस्ट को फर्जी बताया है। साथ ही कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
वहीं, कांग्रेस विधायक बरिंदरमीत पाहड़ा ने घायलों से मुलाकात कर सरकार और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। साथ ही मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उधर, मामले को लेकर एसएसपी आदित्य ने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है। जल्द सच्चाई सामने लाई जाएगी।
पोस्ट शेयर होने पर सामने आए घायलों के परिजन
बता दें कि सोशल मीडिया के जरिये ग्रेनेड हमले संबंधी (पुलिस के अनुसार फेक) पोस्ट शेयर होने के बाद घायलों के परिजन सामने आए। लाइब्रेरी चौक निवासी सपना शर्मा के शरीर पर कई जगहों पर छोटे-छोटे, तेजधार घाव मिले हैं। वहीं, नंगल कोटली निवासी अनु बाला के सिर में चोट लगी है। उनके पति राजेश कुमार की आंख में गहरी चोट आई है।
350वां शहीदी दिवस: सीएम मान और केजरीवाल ने की सूबे की खुशहाली की अरदास
25 Nov, 2025 01:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़-पंजाब: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी (आप) के नेशनल कन्वीनर अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को राज्य की तरक्की और पंजाबियों की खुशहाली के लिए अरदास की। दोनों नेताओं ने गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा दल चौनी में श्री गुरु तेग बहादुर जी और महान सिख शहीदों भाई मति दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद की गई अरदास में हिस्सा लिया। वे गुरु का शुक्रिया अदा करने के लिए बड़ी संगत में शामिल हुए और सभी की भलाई के लिए प्रार्थना की।
मंगलवार को सीएम मान और अरविंद केजरीवाल परिवार सहित नतमस्तक होने पहुंचे। श्री आनंदपुर साहिब में सीएम के साथ उनकी माता, धर्मपत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर और अरविंद केजरीवाल के साथ उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल भी पहुंची। दोनों नेताओं ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ के मौके पर हुए कार्यक्रमों में सेवा करने का मौका मिलना उनके लिए बहुत सम्मान की बात है।
इस मौके पर, मुख्यमंत्री मान और केजरीवाल ने कहा कि सिख धर्म ने दुनिया में समाजवाद और सेक्युलरिज्म (धर्मनिरपेक्षता) का सच्चा मॉडल फैलाया है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी हर इंसान के लिए दुनिया भर में भाईचारे, सेक्युलरिज्म और समाजवाद का एक रोशनी का खंभा हैं। आम तौर पर पंजाबियों और खासकर सिखों को महान सिख गुरुओं से कुर्बानी और बहादुरी की शानदार विरासत मिली है, जिन्होंने उन्हें जुल्म और नाइंसाफी के खिलाफ लड़ना सिखाया।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को हमेशा के लिए संभालकर रखना राज्य सरकार का फर्ज है। दुनिया भर के लाखों-करोड़ों लोगों की यह दिली इच्छा है कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस गुरु जी के महान बलिदान की बेमिसाल और बेमिसाल शान के मुताबिक बड़े पैमाने पर मनाया जाए।
अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने कहा कि दुनिया भर के लाखों-करोड़ों लोगों की उम्मीदों के मुताबिक, राज्य सरकार ने इन यादगार कार्यक्रमों को उनके जीवन का एक खास मौका बनाने की छोटी सी कोशिश की है। उन्होंने कहा कि सरकार और पंजाब के लोग इस शानदार और पवित्र ऐतिहासिक मौके का हिस्सा बनकर खुद को बहुत खुशकिस्मत मानते हैं।
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
