पंजाब
बढ़ी ठंड: रात का तापमान 4.4°C तक गिरा, कई जिलों में घना कोहरा
25 Nov, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटियाला: पंजाब में ठंड लगातार बढ़ रही है। सोमवार को पंजाब का न्यूनतम पारा 4.4 डिग्री पर पहुंच गया। पंजाब के न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। लुधियाना, पटियाला व बठिंडा का न्यूनतम पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया। पंजाब के अधिकतम तापमान में भी 0.4 डिग्री की कमी दर्ज की गई। सबसे अधिक 28.9 डिग्री का पारा फरीदकोट का दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर, लुधियाना व पटियाला का पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया। सोमवार को भी पंजाब में कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम कोहरा पड़ा।
मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ेगा। रात का तापमान में गिरावट जारी रहेगी। हालांकि दिन में तेज धूप की वजह से गर्मी का एहसास हो रहा है, लेकिन रात में पारा कम होने से ठंड सताने लगी है।
अमृतसर का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री (सामान्य से 2.1 डिग्री नीचे), लुधियाना का 23.8 डिग्री (सामान्य से 1.5 डिग्री नीचे), पटियाला का 25.3 डिग्री (सामान्य से 1.0 डिग्री नीचे), पठानकोट का 23.4 डिग्री, बठिंडा का 26.6 डिग्री, फिरोजपुर का 24.8 डिग्री, होशियारपुर का 22.9 डिग्री और रूपनगर का 23.3 डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब में 4.4 डिग्री के न्यूनतम तापमान के साथ फरीदकोट सबसे ठंडा रहा। अमृतसर का न्यूनतम पारा 8.3 डिग्री, लुधियाना का न्यूनतम पारा 7.6 डिग्री (सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे), पटियाला का 9.1 डिग्री (सामान्य से 1.1 डिग्री नीचे ), पठानकोट का 7.6 डिग्री, बठिंडा का 6.4 डिग्री (सामान्य से 2.0 डिग्री नीचे), गुरदासपुर का 7.8 डिग्री और होशियारपुर का 7.9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दो-तीन दिनों के दौरान पंजाब के न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ी तबदीली न होने की संभावना जताई है।
मानहानि मामले में कंगना पर कानूनी शिकंजा, अगली तारीख पर तलब
24 Nov, 2025 04:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बठिंडा (पंजाब) : हिमाचल के मंडी से भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत की आज पंजाब के बठिंडा कोर्ट में मानहानि केस में पेशी थी, लेकिन अभिनेत्री अदालत में पेश नहीं हुईं। अदालत को कंगना के वकील ने सुरक्षा का हवाला देकर अभिनेत्री के पेश होने के लिए छूट देने की मांग की। अब इस मामले में कोर्ट ने कंगना के खिलाफ चार्ज फ्रेम कर दिए हैं।
कंगना रनौत के खिलाफ बठिंडा की बुजुर्ग महिला महिंदर कौर ने मानहानि का केस दर्ज कराया था। इस मामले में 27 अक्तूबर को कंगना रनौत बठिंडा अदालत में पेश भी हुई थी। आज मामले की सुनवाई के दौरान पेश न होने पर महिंदर कौर के वकील ने इसका विरोध जताया और अदालत के सामने पक्ष रखा। इसके अलावा वकील बहनीवाल ने बताया कि आज अदालत ने कंगना के खिलाफ चार्ज फ्रेम कर दिए है। अब अगली सुनवाई दो दिसंबर को होगी।
बुजुर्ग महिला महिंदर कौर के पति लाभ सिंह ने कहा कि वे किसी भी कीमत पर कंगना को माफी नहीं देंगे। वह अदालत में लड़ाई लड़ेंगे और आखिर तक कंगना के खिलाफ डटे रहेंगे।
बता दें कि यह मामला साल 2020-21 के किसान आंदोलन से जाकर जुड़ता है। दरअसल, कंगना रनौत ने एक री-ट्वीट किया था। इसमें बठिंडा जिले के एक गांव की रहने वाली महिला महिंदर कौर को लेकर टिप्पणी की थी। कंगना ने एक ट्वीट में महिंदर कौर की तुलना शाहीन बाग आंदोलन की बुजुर्ग महिला बिलकिस बानो से की थी।
इससे पहले कंगना रनौत 27 अक्तूबर को बठिंडा कोर्ट में पेश हुई थी। कंगना ने बुजुर्ग महिला से माफी भी मांगी थी। तब कंगना ने कहा था कि जैसा दिखाया गया है, वैसा मैं अपने सपने में भी नहीं सोच सकती। मां चाहे हिमाचल की हो या पंजाब की हो, मेरे लिए सम्मानजनक हैं। हालांकि इसके बाद बुजुर्ग महिंदर कौर ने कहा कि वह कंगना को माफ नहीं करेगी और आखिरी तक अदालत में केस लड़ती रहेंगी।
रात का पारा लुढ़का, मौसम विभाग ने जारी किया ठंड और कोहरे का अलर्ट
24 Nov, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटियाला (पंजाब) : पंजाब के तापमान में गिरावट जारी रही। रविवार को पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की कमी दर्ज की गई। अमृतसर, लुधियाना व पटियाला का अधिकतम पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि न्यूनतम पारा फिलहाल सामान्य के पास बना है लेकिन लुधियाना, पटियाला और बठिंडा का न्यूनतम पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने पंजाब में अगले तीन दिनों के दौरान रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक इस दौरान पंजाब में कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम कोहरा भी पड़ेगा। हालांकि आने वाले छह दिनों के दौरान पंजाब में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। आज सबसे अधिक 28.1 डिग्री का अधिकतम पारा बठिंडा का दर्ज किया गया। सात डिग्री के न्यूनतम तापमान के साथ फरीदकोट सबसे ठंडा रहा। रविवार को भी पंजाब में कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम कोहरा पड़़ा।
अमृतसर का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री (सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे), लुधियाना का 24.2 डिग्री (सामान्य से 1.1 डिग्री नीचे), पटियाला का 25.7 डिग्री (सामान्य से 0.6 डिग्री नीचे), पठानकोट का 23.9 डिग्री, फिरोजपुर का 24.4 डिग्री, गुरदासपुर का 24.7 डिग्री और रूपनगर का 24.3 डिग्री दर्ज किया गया। अमृतसर का न्यूनतम पारा 9.7 डिग्री, लुधियाना का न्यूनतम पारा 8.4 डिग्री (सामान्य से 0.8 डिग्री नीचे), पटियाला का 8.9 डिग्री (सामान्य से 1.3 डिग्री नीचे ), पठानकोट का 8.4 डिग्री, बठिंडा का 7.4 डिग्री (सामान्य से 1.0 डिग्री नीचे), गुरदासपुर का 8.0 डिग्री और होशियारपुर का 8.0 डिग्री दर्ज किया गया।
कंबोडिया से आए यात्रियों से 20 लाख अवैध सिगरेट जब्त, अमृतसर एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई
21 Nov, 2025 03:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर (पंजाब): अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी तस्करी को नाकाम करते हुए 1,22,400 स्टिक अवैध सिगरेट बरामद की हैं। बरामद माल की कुल कीमत करीब 20.81 लाख आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई उस समय की गई जब दो यात्री मलेशियन एयरलाइन की फ्लाइट MH118 में कंबोडिया से अमृतसर पहुंचे। जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को उनके सामान में संदिग्ध माल मिलने पर विस्तृत तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध सिगरेट मिली।
दोनों यात्रियों के खिलाफ कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि यह सिगरेट स्थानीय बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए तस्करी कर लाई जा रही थी।कस्टम विभाग ने कहा कि हवाई अड्डे पर निगरानी और कड़ी की जाएगी, ताकि ऐसी तस्करी की कोशिशों को रोका जा सके।
ढाई किलो हेरोइन के साथ तस्कर पकड़े गए, पुलिस ने शुरू की आगे की पूछताछ
21 Nov, 2025 01:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नशे के विरुद्ध युद्ध अभियान के तहत गुरदासपुर पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल के साथ एक संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कलानौर क्षेत्र से दो व्यक्तियों को 2 किलो 544 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
एसपी (इन्वेस्टिगेशन) देविंदर कुमार चौधरी ने बताया कि यह कार्रवाई डीजीपी पंजाब और डीआईजी बॉर्डर रेंज, अमृतसर तथा एसएसपी अदित्य (आईपीएस) के दिशा-निर्देशों के तहत अमल में लाई गई है।
अधिकारियों ने बताया कि 20 नवंबर को नशा विरोधी विशेष अभियान के दौरान बीएसएफ के सहयोग से टी-पॉइंट रुडियाना मोड़, कलानौर में नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को शक के आधार पर रोका गया।
डीएसपी (सिटी) गुरदासपुर मोहन सिंह के नेतृत्व में जब संदिग्धों की चेकिंग कराई गई, तो उनके पास से एक वजनदार प्लास्टिक का लिफाफा बरामद हुआ, जिसमें से कुल 2 किलो 544 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस ने मौके से आरोपियों की पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान मंगल सिंह उर्फ मांगू निवासी गोपाल नगर, अजनाला (जिला अमृतसर) तथा गुरभेज सिंह भेजा निवासी हरुवाल, थाना डेरा बाबा नानक (बटाला) के रुप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कलानौर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों का अदालत से रिमांड हासिल कर और गहराई से पूछताछ की जाएगी।
श्री आनंदपुर साहिब में 350वां शहीदी दिवस: पंजाब की शान दिखाने वाली विशेष प्रदर्शनी शुरू
20 Nov, 2025 04:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्री आनंदपुर साहिब में इस साल एक ऐसा समागम होने जा रहा है, जिसे पूरे पंजाब में बेहद श्रद्धा और गर्व के साथ देखा जा रहा है. पंजाब सरकार ने श्री गुरु तेग बहादुर जी, भाई मती दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी के 350वें शहीदी दिवस को यादगार बनाने के लिए तीन दिन का विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया है. यह समागम 23 से 25 नवंबर 2025 तक चलेगा, और इसका हर पल सिख इतिहास, मानवता और बलिदान की उस विरासत से जोड़ता है, जिस पर पूरा पंजाब गर्व करता है.
23 नवंबर से शुरू हो रहा यह कार्यक्रम एक गहरी आध्यात्मिक वातावरण के साथ आरंभ होगा. सुबह संगत रूपी मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान और राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में अखंड पाठ की शुरुआत होगी. जो यह संदेश देता है कि सिख परंपरा में श्रद्धा और सेवा की भावना सबसे पहले है. इसके बाद गुरु तेग बहादुर जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा.
सर्व धर्म सम्मेलन और भाईचारे की मिसाल
23 नवंबर को ही सुबह 11 बजे सर्व धर्म सम्मेलन होगा, जहां अलग-अलग धर्मों, समुदायों और विचारधाराओं से जुड़े लोग एकता, भाईचारे और मानवाधिकारों पर अपनी बातें साझा करेंगे. यह सम्मेलन दिखाता है कि सिख इतिहास केवल सिख समुदाय का इतिहास नहीं, बल्कि पूरी मानवता का संदेश है, दूसरों की रक्षा करना, सच के लिए खड़े होना और हर मत का सम्मान करना.
शाम को विरासत-ए-खालसा और जुड़े हुए महत्वपूर्ण स्मारकों का गाइडेड टूर रखा गया है, ताकि लोग अपनी जड़ों, अपनी परंपराओं और अपने इतिहास को सामने से महसूस कर सकें. रात को होने वाला ड्रोन शो इस कार्यक्रम की खूबसूरती को और बढ़ा देगा. जहां रोशनी के माध्यम से गुरु साहिबान की शहादत, खालसा पंथ की विरासत और पंजाब के गौरव को आधुनिक अंदाज़ में दिखाया जाएगा.
समागम को लेकर श्रद्धा और उत्साह
तीन दिनों तक कथा, कीर्तन, भक्ति, संगत और सेवा का ऐसा माहौल बनेगा कि हर आने वाला व्यक्ति अपने दिल में गुरु साहिबानों के प्रति और अधिक सम्मान लेकर जाएगा. लोगों में इस समागम को लेकर गहरी श्रद्धा है. हर किसी का मानना है कि पंजाब सरकार ने इस आयोजन को इतने सम्मान और भव्यता से मनाने का फैसला लेकर पूरे पंजाब की भावनाओं को सही मायनों में सम्मान दिया है.
यह समागम सिर्फ इतिहास याद करने का मौका नहीं है, बल्कि उस सोच को अपनाने का अवसर है, जिसकी वजह से सिख धर्म दुनिया भर में साहस, बलिदान और मानवता का प्रतीक माना जाता है. यह तीन दिवसीय समागम पंजाब की आत्मा, पंजाब की शान और पंजाब की विरासत का जीवंत रूप है, और हर पंजाबी के लिए गर्व की बात है.
यूट्यूब ने हटाया SGPC का आधिकारिक चैनल, कमेटी ने की कार्रवाई की निंदा
20 Nov, 2025 03:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर (पंजाब): शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के यूट्यूब चैनल को कम्युनिटी गाइडलाइन उल्लंघन के चलते बंद कर दिया है। यूट्यूब ने एतराज जताया है कि 30 अक्तूबर को एक कथा प्रचार यूट्यूब चैनल के माध्यम से जारी की गई थी जो कम्युनिटी गाइडलाइन का उल्लंघन था। इसलिए चैनल बंद कर दिया गया है।
उधर एसजीपीसी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी और हरमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी रघुवीर सिंह ने यूट्यूब की ओर से हरमंदिर साहिब के बंद किए गए चैनल की निंदा की है। उन्होंने कहा कि जो कथा प्रचार 30 अक्तूबर को किया गया है वह सिख इतिहास के संबंध में है और किसी भी तरह कम्युनिटी गाइडलाइन का उल्लंघन नहीं है। उन्होंने संगत से अपील की है कि जब तक यूट्यूब चैनल बहाल नहीं होता तब तक वह शिरोमणि कमेटी की ओर से बनाए गए दूसरे यूट्यूब चैनल के साथ जुड़कर कथा प्रसारण सुन सकते हैं।
कपास उत्पादन को बाढ़ का बड़ा झटका, पैदावार सिर्फ 1.80 लाख गांठों पर सीमित
20 Nov, 2025 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: बाढ़ ने पंजाब सरकार के कपास की पैदावार बढ़ाने के प्रयासों पर पानी फेर दिया है। सूबे में कपास की पैदावार 1.80 लाख गांठों तक सिमट गई है। हरियाणा की पैदावार भी कम हुई है। बावजूद इसके उसकी स्थिति पंजाब से थोड़ी बेहतर है। कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार पंजाब में कपास की खेती का क्षेत्र 1 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 1.19 लाख हेक्टेयर किया गया था। इससे उत्पादन में कुछ खास सुधार नहीं हुआ क्योंकि 30 हजार एकड़ एरिया में कपास की फसल खराब हो गई थी। विशेषज्ञों के अनुसार बाढ़ व भारी बारिश के कारण कपास की पैदावार पर खासा असर पड़ा है। उसकी गुणवत्ता में भी गिरावट आई है।
वर्ष 2024-25 में पंजाब में 1.50 लाख गांठों का उत्पादन हुआ था जो इस बार कपास की खेती का क्षेत्र बढ़ने के बावजूद 1.80 गांठों तक ही पहुंच पाया। वर्ष 2023-24 के दौरान सूबे में कपास की अच्छी फसल हुई थी तब 2.14 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में 6.09 लाख गांठों का उत्पादन हुआ था। मालवा क्षेत्र को कपास उत्पादन के लिए जाना जाता है जहां किसान अब धान और गेहूं जैसी अन्य फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। गुलाबी सुंडी के प्रकोप, गुणवत्तापूर्ण बीजों और कीटनाशकों की कमी के कारण किसान कपास की खेती छोड़ रहे हैं।
राज्य सरकार ने अब केंद्र से बीजी3 बीज उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल पंजाब कृषि विश्वविद्यालय की टीम विशेषज्ञों के साथ बीजी3 बीजों का ट्रायल कर रही है। अगर एक साल बाद इसके अच्छे नतीजे मिलते है तो केंद्र की तरफ से इसे मंजूरी दी जा सकती है। यह बीज गुलाबी सुंडी के प्रकोप को कम करने में मदद कर सकते हैं। पंजाब में कपास की खरीद 1 अक्तूबर से शुरू हुई थी लेकिन एरिया कम होने के कारण इस बार भी खरीद का काम जल्दी ही पूरा हो गया है। सरकार ने अगले साल के लिए कपास की खेती के क्षेत्र का लक्ष्य बढ़ाकर 1.50 लाख हेक्टेयर तक कर दिया है।
हरियाणा व राजस्थान पर भी असर, पर स्थिति बेहतर
इस बार भारी बारिश का असर हरियाणा व राजस्थान पर भी देखने को मिला है लेकिन फिर भी दोनों राज्यों में कपास का उत्पादन ठीक हुआ है। हरियाणा में 6.52 लाख गांठों का उत्पादन हुआ है जबकि पिछले साल यह 8.05 लाख गांठ था। इसी तरह राजस्थान में कुल 20.84 लाख गांठों का उत्पादन हुआ है।
कटाई का काम पूरा
इंडियन कॉटन एसोसिएशन लिमिटेड के प्रधान मुकुल तायल ने बताया कि पंजाब में कपास की कटाई का काम पूरा हो गया है लेकिन इस बार उत्पादन अच्छा नहीं रहा है। बाढ़ व बारिश का असर फसल पर देखने को मिला है। कपास की गुणवत्ता पर भी इसका असर रहा है। पिछले साल के मुकाबले इस बार फसल अधिक खराब निकल रही है।
रोज़गार का मौका! पंजाब सरकार ने मंजूरी दी, जल्द शुरू होगी सैकड़ों पदों पर नियुक्ति
18 Nov, 2025 08:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़ : पंजाब के वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को घोषणा की कि वित्त विभाग ने पशुपालन विभाग में 345 वेटरनरी इंस्पेक्टरों की चरणबद्ध भर्ती के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पशुपालन विभाग में वर्तमान में वेटरनरी इंस्पेक्टरों के कुल 2010 स्वीकृत पद हैं और इन पदों में से 345 पद वर्तमान में रिक्त हैं तथा 1665 वेटरनरी इंस्पेक्टरों कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वित्त विभाग ने इन 345 रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने की मंजूरी दे दी है, जिनमें से 150 पद चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पहले चरण में और शेष 195 पद अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान दूसरे चरण में भरे जाएंगे।
वित्त मंत्री, जो कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए गठित कैबिनेट सब-कमेटी के अध्यक्ष भी हैं, ने बताया कि पंजाब राज्य पशु चिकित्सा निरीक्षक संघ के साथ हुई बैठक में मौजूदा पदों को भरने की आवश्यकता पर जोर दिया गया था। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान पशुपालन विभाग ने बताया कि राज्य के 22 वेटरनरी पॉलीक्लिनिकों में उपचाराधीन पशुओं की संख्या बढ़ रही है, जिसके कारण विभाग में कर्मचारियों की कमी हो रही है।
पंजाब के पशुपालकों के लिए पशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू और कुशल बनाए रखने हेतु सभी 345 रिक्त पदों को भरने की मंजूरी को एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पशुपालन विभाग राज्य में 22 वेटरनरी पॉलीक्लिनिकों, 1,367 पशु अस्पतालों और 1,489 पशु औषधालयों के विशाल नेटवर्क के माध्यम से सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पशुओं की उचित देखभाल की सुचारू सेवा सुनिश्चित करके विभाग को मजबूत करने का एक प्रयास है।
बस स्टैंड बना युद्ध का मैदान! दो बस कर्मियों के झगड़े में गोलीबारी, एक की जान गई
18 Nov, 2025 03:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर। अमृतसर में मंगलवार सुबह बस स्टैंड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो निजी बसों के मुलाजिमों के बीच विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। एक पक्ष ने गुस्से में हथियार निकाल लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में चार गोलियां लगने से निजी बस के कर्मचारी माखन की मौके पर ही मौत हो गई।
फायरिंग होते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस स्टैंड के पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से छह गोलियों के खोल बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फायरिंग करने वाले आरोपी की स्पष्ट पहचान हो सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों निजी बसों के मुलाजिम काफी देर से बहस कर रहे थे। मामला यात्रियों को पहले चढ़ाने और बसों की टाइमिंग को लेकर बिगड़ा। देखते ही देखते एक मुलाजिम ने गुस्से में हथियार निकाल लिया और मक्खन पर गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी गगनदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस को बस स्टैंड पर फायरिंग की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत टीमें रवाना की गईं। शुरुआती जांच में विवाद का कारण बसों की टाइमिंग और यात्रियों को पहले लेने की होड़ सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और शहर में नाकेबंदी कर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना के बाद बस स्टैंड पर दहशत का माहौल है और यात्रियों में डर है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
मुद्रा योजना का कर्ज नहीं लौटा रहे लोग, पंजाब में 23% खाता धारक डिफॉल्टर
18 Nov, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: पंजाब में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) के तहत स्वरोजगार के लिए दिए गए हजारों करोड़ रुपये के लोन लोगों ने नहीं चुकाए। इस वजह से 23 फीसदी खाते एनपीए (नॉन परफार्मिंग एसेट) घोषित हो गए हैं।
लोन नहीं चुकाए जाने के कारण बैंकों की चिंता बढ़ गई है। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की एक रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 2.24 लाख से अधिक लोगों ने लोन नहीं चुकाया है, जिस कारण बैंकों के 1314 करोड़ रुपए फंस गए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार आठ अप्रैल 2015 से यह योजना शुरू हुई थी जिसके तहत अब तक 9.77 लाख लोगों को 11,333 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया है। इनमें सबसे अधिक 4.88 लाख लाभार्थी किशोर वर्ग के हैं जिनमें से 61,584 खाते एनपीए की श्रेणी में पहुंच गए हैं। दूसरे नंबर पर सबसे अधिक शिशु वर्ग में 4.09 लाख लाभार्थियों को लोन दिया गया है और इसमें सबसे अधिक 1.55 लाख खाते एनपीए घोषित हो चुके हैं। इसी तरह तरुण वर्ग में 5 लाख रुपये से 10 लाख तक का लोन पाने वाले 80,054 लाभार्थी हैं और इसमें 7285 खाते एनपीए हो चुके हैं।
छोटे उद्यमियों के लिए बनी है योजना
पीएम मुद्रा योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है जिसका उद्देश्य छोटे, गैर-कॉर्पोरेट, गैर-कृषि व्यवसायों को अधिकतम 20 लाख तक का ऋण प्रदान करना है। यह योजना छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई थी जिसे शिशु, किशोर और तरुण तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इसमें शिशु वर्ग में छोटे व्यवसायियों को 50,000 रुपये तक का ऋण दिया जाता है। किशोर वर्ग में 50,000 रुपये से 5 लाख रुपये तक, तरुण वर्ग में 5 लाख रुपये से 10 लाख और तरुण प्लस वर्ग में 10 लाख रुपये से 20 लाख रुपये तक का ऋण मिलता है। 10 लाख का लोन चुकाने वाले लोगों के लिए ही तरुण प्लस श्रेणी के साथ 20 लाख रुपये लोन देने की सुविधा शुरू की गई थी। हाल ही में योजना की राज्य स्तर पर समीक्षा की गई जिसमें सामने आया कि कुल लाभार्थियों में से 2.24 लाख लोग ऋण चुकाने में असमर्थ थे।
वसूली के लिए प्रक्रिया की जाएगी तेज
बैंकों ने ऐसे सभी मामलों में वसूली की प्रक्रिया तेज कर दी है और इसके लिए विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। कर्ज न चुकाने वाले लोगों से संपर्क साधा जा रहा है और लोन की सेटलमेंट के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति के अधिकारियों के अनुसाार मुद्रा लोन योजना का उद्देश्य छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाना है और लोगों का लोन न चुकाना चिंता का विषय है।
समिति ने फरवरी में बुला ली बैठक
राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति ने 13 फरवरी 2026 को अगली बैठक बुलाई है जिसमें इस योजना की समीक्षा की जाएगी। सभी बैंकों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट के आधार पर केंद्र को स्थिति से अवगत कराया जाएगा ताकि आगे उचित कदम उठाए जा सके। योजना के तहत विनिर्माण, व्यापार, और सेवा क्षेत्रों से जुड़े व्यवसायों के लिए लोन ले रहे हैं जैसे कि दुकान खोलना, छोटे उद्योग या मरम्मत की दुकानें शामिल हैं।
पंजाब मौसम अलर्ट: हल्के कोहरे के बीच फरीदकोट सबसे ज्यादा ठंडा रहा
18 Nov, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटियाला (पंजाब): पंजाब में हल्का कोहरा पड़ने लगा है। इसके प्रभाव से अमृतसर में सुबह दृश्यता मात्र 800 मीटर दर्ज की गई। लुधियाना में 1000 मीटर और पटियाला में 1500 मीटर दर्ज की गई।
सूबे के न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। इससे यह सामान्य के नजदीक पहुंच गया है। सबसे कम 5 डिग्री का तापमान फरीदकोट का दर्ज किया गया। वहीं लुधियाना, पटियाला व बठिंडा का न्यूनतम पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले छह दिन मौसम शुष्क रहने की भविष्यवाणी की है।
पंजाब के अधिकतम तापमान में भी 0.1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यह भी सामान्य के पास बना हुआ है। लेकिन अमृतसर व लुधियाना का पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया। सबसे अधिक 29.6 डिग्री का पारा फरीदकोट का दर्ज किया गया।
अमृतसर का अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री (सामान्य से 1.0 डिग्री नीचे), लुधियाना का 25.0 डिग्री (1.6 डिग्री नीचे), पटियाला का 27.2 डिग्री, पठानकोट का 25.0 डिग्री, बठिंडा का 27.2 डिग्री, फिरोजपुर का 26.7 डिग्री और रूपनगर का 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। अमृतसर का न्यूनतम पारा 9.2 डिग्री, लुधियाना का 8.8 डिग्री (सामान्य से 1.3 डिग्री नीचे), पटियाला का 9.4 डिग्री (सामान्य से 1.4 डिग्री नीचे), पठानकोट का 9.6 डिग्री, बठिंडा का 6.6 डिग्री (सामान्य से 2.4 डिग्री नीचे ), गुरदासपुर का 6.0 डिग्री, रूपनगर का 9.3 ड़िग्री और होशियारपुर का 8.2 डिग्री दर्ज किया गया।
पंजाब में दहशत : फिरोजपुर में RSS कार्यकर्ता की बीच बाजार हत्या, हमलावरों ने सिर में मारी गोली!
16 Nov, 2025 01:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Firozpur Crime News: पंजाब के फिरोजपुर जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यकर्ता नवीन अरोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना उस समय हुई जब वे अपनी दुकान से घर लौट रहे थे. इसी दौरान अचानक दो अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. उनकी हत्या के बाद स्थानीय इलाके में दहशत और व्यापारियों में भारी आक्रोश है.
घटना स्थल पर पुलिस-प्रशासन अलर्ट
हत्या की सूचना पाकर फिरोजपुर SSP भूपिंदर सिंह और क्षेत्रीय विधायक रणबीर सिंह भुल्लर भी घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिए. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और गतिविधियों का सुराग मिल सके. पुलिस के मुताबिक अभी तक हत्या की वजह सामने नहीं आई है.
RSS से काफी समय से जुड़ा है परिवार
जानकारी के अनुसार नवीन अरोड़ा का परिवार काफी समय से RSS का सदस्य रहा है. नवीन के दादा दीनानाथ फिरोजपुर सिटी के संघ प्रमुख और पिता लंबे समय से संगठन से जुड़े रहे हैं. अब नवीन भी आरएसएस में सक्रिय कार्यकर्ता की भूमिका निभा रहे थे. नवीन अपने पीछे परिवार में दो बच्चे छोड़ गए हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
फिरोजपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद
मृतक नवीन के पिता ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है. फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. नवीन की हत्या न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है बल्कि यह भी दिखाती है कि फिरोजपुर में बदमाशों के हौसले कितने बुलंद हैं. पुलिस का कहना है कि हमलावरों की तलाश जारी है.
पंजाब के संगठनों का रोष मार्च आज, शंभू बैरियर पार कर दिल्ली की ओर रुख
14 Nov, 2025 01:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़-पंजाब: पंजाब-हरियाणा की सीमा पर पटियाला जिले के शंभू बॉर्डर पर एक बार फिर से किसान पहुंचे हैं। पंजाब से किसान जेलों में बंद बंदी सिंहों की रिहाई के लिए शंभू बॉर्डर के जरिए दिल्ली कूच करने आ रहे थे।
शंभू बॉर्डर पर पुलिस ने नाकेबंदी कर कौमी इंसाफ मोर्चे के नेताओं को रोक दिया है। बड़ी संख्या में किसान नेता और कौमी इंसाफ मोर्चे के नेता गुरचरण सिंह हवारा के साथ पहुंचे। बड़ी संख्या में बसें पंजाब से आ रही हैं। हवारा ने बयान दिया है कि उन्हें दिल्ली जाने से रोका जा रहा है और बड़ी संख्या में वाटर कैनन की गाड़ियां और पुलिस बल यहां मौजूद है। उन्होंने कहा कि सभी नाकों पर काफी लोगों को रोका गया है।
इसी साल फरवरी में किसान आंदोलन के चलते पुलिस ने किसानों के मोर्चे को शंभू बॉर्डर से हटाकर हाईवे को एक साल बाद खोला गया था। पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसानों के अस्थायी टैंटों को उखाड़ फेंका था। ऐसे में एक बार फिर से किसान शंभू बॉर्डर पर पहुंच कर दिल्ली के लिए कूच करेंगे।
राष्ट्रीय इंसाफ मोर्चा और किसान संगठनों की ओर से शुक्रवार को शंभू बैरियर तक रोष मार्च निकाला जाएगा, जिसके बाद वह दिल्ली के लिए कूच करेंगे। किसान नेता रणजीत सिंह सवाजपुर ने बताया कि जेलों में बंद बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर दिल्ली की तरफ कूच किया जाएगा। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन की ओर से ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।
लाडोवाल टोल प्लाजा पर इकट्ठा होंगे किसान
दोआबा और माझा की तरफ के किसान लाडोवाल टोल प्लाजा पर इकट्ठा होकर आगे के लिए कूच करेंगे।
जमीन विवाद में 21 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, दातर से किए कई वार
14 Nov, 2025 01:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर (पंजाब): अमृतसर में थाना लोपोके के अधीन गांव ठठे में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पक्ष ने दूसरे पर गोलियां चला दीं और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में 21 वर्षीय जसकरण सिंह की मौत हो गई, जबकि उसके पिता अजीत सिंह गंभीर घायल हो गए।
मृतक के परिजनों के अनुसार, काफी समय से जमीन विवाद चल रहा था। सुबह जसकरण जब जमीन पर पहुंचा तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जसकरण के सीने में गोली लगी। उस पर दातर से वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। जसकरण अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
पुलिस अधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि उन्हें अस्पताल से सूचना मिली थी। माैके का निरीक्षण करने के बाद कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
