पंजाब
ईमेल से धमकी के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता सक्रिय
2 Mar, 2026 12:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जालंधर| में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी ने सनसनी फैला दी है। होली से पहले आई इस धमकी ने पुलिस प्रशासन को हाई अलर्ट पर ला दिया है।जानकारी के अनुसार जालंधर के एपीजे स्कूल और पुलिस डीएवी स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थानों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मेल में होली वाले दिन खून की होली और खतरनाक होली खेलने जैसी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इतना ही नहीं, संदेश में ट्रेनों को भी निशाना बनाने का जिक्र होने से मामला और गंभीर हो गया है।धमकी भरा ईमेल सामने आते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। संबंधित स्कूलों में तुरंत पुलिस टीमें भेजी गईं। एहतियातन बच्चों को स्कूल परिसर से बाहर निकाला गया और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड भी मौके पर बुलाए गए हैं।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को जांच सौंपी गई है। मेल की तकनीकी पड़ताल की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश किस लोकेशन और किस आईडी से भेजा गया।शहर में एक ही दिन दो फायरिंग की घटनाओं ने पहले ही कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। ऐसे में स्कूलों को मिली धमकी ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ब्रेक, अमृतसर से सफर करने वाले फंसे
2 Mar, 2026 10:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर| के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से संचालित खाड़ी देशों की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें सोमवार को रद्द रहीं। मध्य-पूर्व एयर-स्पेस में जारी प्रतिबंधों के कारण दुबई, शारजाह और दोहा सेक्टर की कुल 10 उड़ानें संचालित नहीं हो सकीं। इससे विदेश जाने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा।रद्द उड़ानों में कतर एयरवेज की दो उड़ानें दोहा से अमृतसर और अमृतसर से दोहा शामिल रहीं। इसी तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस की चार उड़ानें—दुबई से अमृतसर, अमृतसर से शारजाह, शारजाह से अमृतसर और अमृतसर से दुबई रद्द रहीं। स्पाइसजेट की दुबई–अमृतसर तथा अमृतसर–दुबई उड़ानें भी संचालित नहीं हुईं। इसके अलावा इंडिगो की शारजाह–अमृतसर और अमृतसर–शारजाह उड़ानें प्रभावित रहीं।एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय एयर-स्पेस की स्थिति सामान्य होने तक संचालन अनिश्चित बना रह सकता है। हालांकि घरेलू उड़ानों का संचालन सामान्य बताया गया है, लेकिन कुछ सेवाओं में देरी दर्ज की गई।एयरलाइंस की ओर से प्रभावित यात्रियों को टिकट रिफंड या री-शेड्यूल का विकल्प दिया जा रहा है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या ग्राहक सेवा से उड़ान का ताजा स्टेटस अवश्य जांच लें।
बासमती निर्यात अटका, पंजाब के कारोबारियों को भारी नुकसान की आशंका
2 Mar, 2026 09:04 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़|ईरान संकट के बीच पंजाब में बासमती निर्यातकों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि युद्ध के हालात के बीच बासमती के निर्यात पर संकट के बादल छा गए हैं। ईरान व बाकी देशों से 10 लाख टन बासमती के आर्डर हैं जिसमें से अकेले पंजाब से ही तीन लाख टन बासमती का निर्यात लटक गया है। बासमती निर्यातकों का कहना है कि अगर स्थिति सामान्य जल्द न हुई तो घरेलू बाजार में बासमती के दाम गिर जाएंगे जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है।अमेरिका-इस्राइल के हमले के बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है जहां से बासमती का निर्यात होता है। यह सिर्फ ईरान ही नहीं बल्कि सऊदी अरब, इराक और संयुक्त अरब अमीरात जैसे खाड़ी देशों को भी निर्यात के लिए जोड़ता है लेकिन अब इसके बंद होने से गुजरात और ईरान बंदरगाह पर ही माल अटका हुआ है। इससे बासमती के खराब होने का भी डर है।देश से हर साल 20 लाख टन का निर्यात होता है जिसमें से 25 प्रतिशत कुल बासमती का निर्यात ईरान को होता है जबकि 20 प्रतिशत निर्यात इराक को होता है। अकेले पंजाब की निर्यात में 25 से 30 प्रतिशत हिस्सेदारी है और इसमें से भी सबसे ज्यादा निर्यात ईरान को होता है। बाकी मध्य पूर्वी देशों को भी निर्यात किया जाता है।
दोनों बंदरगाह और मिलों में पड़ा बासमती
पंजाब बासमती मिलर्स एंड एक्सपोर्ट एसोसिएशन के वित्त सचिव नरेश गोयल ने बताया कि मौजूदा हालात के कारण दोनों बंदरगाह पर पंजाब का बासमती अटक गया है। इसके अलावा मिलों में भी भारी मात्रा में बासमती पड़ा है। अगर जल्द निर्यात शुरू न हुआ तो इसके खराब होने का भी डर है। अदायगी भी रुकने से निर्यातकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिस तरह के हालात बने हैं उससे यह जल्द सामान्य होते दिखाई नहीं दे रहे हैं जिससे आगे संकट और गहरा सकता है।
आगे ऑर्डर देने से डर रहे व्यापारी
एसोसिएशन के प्रधान बाल कृष्ण बाली ने बताया कि रोज औसत 10 हजार टन बासमती का निर्यात अकेले पंजाब से ही होता है लेकिन मौजूदा हालात में अब ईरान में व्यापारी आगे ऑर्डर देने से डर रहे हैं। वह लगातार उनके संपर्क में हैं लेकिन पोर्ट बंद होने से फिलहाल वह पहले से फंसे माल की अनलोडिंग नहीं कर पा रहे हैं। पिछले साल भी उनके 2 हजार करोड़ रुपये फंस गए थे और अब दोबारा हालात पहले से भी अधिक खराब हो गए हैं। आगे गेहूं की खरीद भी शुरू होनी है लेकिन पहले ही मिलों में चावल का भंडारण किया हुआ है। इससे आगे स्टोरेज संकट का भी सामना करना पड़ सकता है क्योंकि गेहूं के लिए सरकार जगह बनाने की तैयारी कर रही थी।
देर रात गोलियों की गूंज, जालंधर में डॉक्टर के घर पर हमला
28 Feb, 2026 01:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जालंधर| के संतोषपुरा इलाके में देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक डॉक्टर के घर और बाहर खड़ी कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। घटना के समय डॉक्टर अपने परिवार के साथ घर के अंदर मौजूद थे। गनीमत रही कि किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।जानकारी के मुताबिक वारदात रात करीब 1:40 बजे की है। दो युवक बाइक पर पहुंचे और पहले घर के बाहर खड़ी कार पर फायरिंग की। इसके बाद उन्होंने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें तीन संदिग्ध नजर आ रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही एसीपी जयंत पुरी पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोल बरामद किए हैं। परिवार के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी रंगदारी की मांग या पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। संबंधित पार्षद राजेश ठाकुर ने बताया कि उन्हें रात करीब 2 बजे डॉक्टर का फोन आया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी पुलिस कमिश्नर के संज्ञान में दे दी गई है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन मिला है।डॉक्टर क्षेत्र में पिछले करीब 20 वर्षों से प्रेक्टिस कर रहे हैं और इलाके में उनकी अच्छी छवि है। ऐसे में बिना किसी स्पष्ट कारण के हुई इस फायरिंग ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
अमृतसर में तस्करी रैकेट ध्वस्त, 10 आरोपी गिरफ्तार
28 Feb, 2026 01:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर (पंजाब)| पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित दो संगठित ड्रग्स और अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में कमिश्नरेट पुलिस ने इस ऑपरेशन को अंजाम देते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने 5.438 किलोग्राम हेरोइन, तीन अत्याधुनिक पिस्तौल, 34 कारतूस और 4,500 रुपये की ड्रग्स मनी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों में एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल, एक जिगाना 9 एमएम पिस्तौल और एक .32 बोर की पिस्तौल शामिल है। यह सभी हथियार और नशीले पदार्थ अंतरराष्ट्रीय सीमापार तस्करी के जरिये भारत लाए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के सीधे संपर्क में थे।जांच एजेंसियों ने बताया कि हेरोइन और अवैध हथियारों को भारतीय क्षेत्र में पहुंचाने के बाद एक सुव्यवस्थित नेटवर्क के माध्यम से अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाता था। इस नेटवर्क में कई स्तरों पर काम करने वाले लोग शामिल थे, जिनकी भूमिकाएं अलग-अलग तय थीं। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कई एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
बरनाला में कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन, राहुल-खरगे ने भरी हुंकार
28 Feb, 2026 01:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बरनाला (पंजाब)| कांग्रेस नेता राहुल गांधी बरनाला रैली में पहुंच गए हैं। अनाज मंडी में मनरेगा मजदूर किसान बचाओ महा रैली में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सुखजिंदर सिंह रंधावा, डॉ. राजकुमार वेरका, बरनाला के विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों, प्रताप सिंह बाजवा, सुखपाल सिंह खैरा, बीबी राजिंदर कौर भट्ठल, डॉक्टर धर्मवीर गांधी, गुरजीत सिंह औजला, पूर्व मंत्री व कांग्रेसी विधायक राणा गुरजीत सिंह समेत कई सीनियर लीडर भी मंच पर पहुंच चुके हैं।राहुल की रैली के लिए सियासी रणनीति के तहत मालवा क्षेत्र को चुना गया है। इस क्षेत्र के बरनाला में जिले में यह रैली होगी, क्योंकि यह जिला मालवा का केंद्र है। पार्टी सूत्रों के अनुसार रैली में करीब एक लाख लोगों की भीड़ एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। कांग्रेस मालवा से अपना सूखा खत्म करना चाहती है। इसलिए राहुल गांधी यही से चुनाव हुंकार भरेंगे। मनरेगा के संशोधन बिल और अमेरिका-भारत के बीच ट्रेड डील पर केंद्र सरकार को घेरते हुए मजदूरों और किसानों को साधेंगे।शिरोमणि अकाली दल को घेरेंगे जबकि आप सरकार में बढ़े रहे गैंगस्टरवार, नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों समेत अन्य मुद्दों पर आप सरकार पर भी निशाना साधेंगे। वरिष्ठ कांग्रेसियों को लगता है कि साल 2027 में कांग्रेस इस क्षेत्र में अपना खोया जनाधार वापस पाएगी।मान और बादल दोनों मालवा से अमूमन यह कहा जाता है कि पंजाब में सीएम मालवा क्षेत्र से ही निकलता है। मौजूदा सीएम भगवंत सिंह मान संगरूर से एमपी थे और अब धुरी से विधायक हैं। पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल भी श्री मुक्तसर साहिब से थे।उनके बेटे व पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल भी इसी क्षेत्र से हैं। मौजूदा सीएम के अलावा आप के तीन मंत्री हरपाल सिंह चीमा, बरिंदर सिंह गोयल व अमन अरोड़ा और आप के सांसद मीत हेयर भी इसी क्षेत्र से आते हैं।
चरस बरामदगी मामले में दोषी करार, अजीत सिंह को कठोर कारावास
26 Feb, 2026 11:59 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लुधियाना (पंजाब)। पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई को बड़ी मजबूती देते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की चंडीगढ़ जोनल यूनिट को अहम कामयाबी मिली है। लुधियाना की विशेष एनडीपीएस अदालत ने अंतरराज्यीय चरस तस्करी मामले में आरोपी अजीत सिंह को 10 साल की कठोर कैद और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है, जिसे नशा तस्करों के लिए कड़ी चेतावनी माना जा रहा है। मामला 20 फरवरी 2018 का है। एनसीबी को गुप्त सूचना मिली थी कि लुधियाना में बड़ी मात्रा में चरस की खेप लाई जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एनसीबी की चंडीगढ़ जोनल यूनिट ने जाल बिछाया और जम्मू-कश्मीर के कठुआ निवासी अजीत सिंह को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 2.840 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर टीम ने शहर के लकी होटल में छापा मारा, जहां से उसके साथी श्याम लाल (निवासी कठुआ) को गिरफ्तार किया गया। श्याम लाल के पास से 1.175 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इस तरह एक ही दिन में चार किलोग्राम से अधिक चरस जब्त कर एनसीबी ने अंतरराज्यीय तस्करी के इस नेटवर्क की कमर तोड़ दी। एनसीबी ने अगस्त 2018 में दोनों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। मुकदमे के दौरान 20 नवंबर 2025 को आरोपी श्याम लाल की मृत्यु हो गई, जिसके चलते उसके खिलाफ चल रही कार्यवाही समाप्त कर दी गई। वहीं अजीत सिंह के खिलाफ मामला जारी रहा और पुख्ता सबूतों के आधार पर कोर्ट ने उसे दोषी ठहराया। एनसीबी की चंडीगढ़ जोनल यूनिट ने इस फैसले को नशे के खिलाफ अभियान में मील का पत्थर बताया है। विभाग का कहना है कि ड्रग नेटवर्क को जड़ से उखाड़ फेंकने तक कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी राज्य से जुड़ा हो।
Moga में भाजपा की बदलाव रैली को संबोधित करेंगे केंद्रीय गृहमंत्री
26 Feb, 2026 11:24 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी पंजाब 14 मार्च को मोगा में बदलाव रैली का आयोजन करेगी जिसे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे। यह घोषणा पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने की। शर्मा ने कहा कि पंजाब का हर वर्ग मौजूदा सरकार से त्रस्त है। 16 मार्च 2026 को आम आदमी पार्टी सरकार के चार वर्ष पूरे हो जाएंगे। इन चार वर्षों में चुनावी गारंटियां और वादे पूरे करना तो दूर, आप सरकार पंजाब में कानून का राज भी सुनिश्चित नहीं कर पाई। सत्ता में आने से पहले कही गई हर बात से मुकरते हुए सरकार ने यू-टर्न लिया है।
पंजाब में नशा और भ्रष्टाचार बेलगाम
शर्मा ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था बदहाल है और नशा व माइनिंग माफिया के साथ भ्रष्टाचार बेलगाम है। स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है, कर्मचारियों को वेतन-पेंशन समय पर नहीं मिल रही। मुफ्त योजनाओं का बकाया न मिलने से बिजली बोर्ड और पंजाब रोडवेज भारी घाटे में हैं और महीनों से वेतन तक नहीं दे पा रहे। बेअदबी के दोषियों को सजा नहीं मिली, जबकि आप नेताओं पर ही माफिया से मिलीभगत के आरोप आप के नेता, सांसद और विधायक ही लगा रहे हैं। हर फसल पर एमएसपी देने का वादा पूरा करना तो दूर, पिछले चार वर्षों में केंद्र द्वारा गेहूं और धान के लिए भेजी जा रही एमएसपी में भी किसानों को कटौती झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि व्यापारी टैक्स उगाही आतंक से त्रस्त है। शहरों, कस्बों व गांवों को जाने वाली और उनके अंदर की सड़कों की हालत खस्ता है। शर्मा ने कहा कि पंजाब के हर गांव, कस्बे और शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं रोज हो रही हैं। कबड्डी खिलाड़ियों को सरेआम मौत के घाट उतारा जा रहा है। गैंगस्टर खुलेआम गोलियां चलाकर जिसे चाहें मार रहे हैं, और अब तो पुलिस थानों और एसएसपी कार्यालयों के बाहर भी बेखौफ वारदातें हो रही हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि पंजाब में आतंकवाद को जड़ से खत्म करने वाली पंजाब पुलिस को राजनीतिक विरोधियों से बदला लेने में इतना व्यस्त कर दिया है कि पुलिस अपने ही थानों पर हो रहे ग्रेनेड हमलों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। शर्मा ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाएगी।
मणिपुर में ड्यूटी के दौरान शहीद हुआ सुनाम का बहादुर लाल
26 Feb, 2026 10:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। सुनाम की वीर प्रसूता मिट्टी ने आज अपने एक और शूरवीर को अश्रुपूर्ण विदाई दी। शहीद गुरप्रीत सिंह का नाम इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है, लेकिन गांव 'महिलां' की उन गलियों में आज सन्नाटा है, जहां कभी इस जांबाज के कदमों की आहट सुनाई देती थी। जैसे ही शहीद का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपट उनके पैतृक निवास पहुंचा, पूरे इलाके में कोहराम मच गया। वीर जवान की देह को देखते ही परिजनों का धैर्य टूट गया। पत्नी, मासूम बच्चे, बूढ़ी मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल था। हर आंख नम थी। कुछ ही दिन पहले श्री गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व पर गुरप्रीत छुट्टी लेकर घर आए थे। किसे पता था कि अपनों के साथ बिताए वे पल आखिरी होंगे। बूढ़ी मां जल कौर की पथराई आंखें दरवाजे की ओर टकटकी लगाए हैं, मानो बेटे का इंतजार कर रही हों। गुरप्रीत सिंह महज़ एक फौजी नहीं, बल्कि कर्तव्यपरायणता और सेवा की जीती-जागती मिसाल थे। उन्होंने अपनी आधी से ज्यादा उम्र देश की सेवा को समर्पित कर दी। गांव वाले बताते हैं कि वे सिर्फ सरहद पर ही नहीं, बल्कि गांव में भी समाज सेवा और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। मणिपुर की पहाड़ियों में जब देश-विरोधी तत्वों ने उन्हें चुनौती दी, तो यह जांबाज पीछे नहीं हटा और आखिरी सांस तक दुश्मन का मुकाबला करते हुए भारत मां की गोद में सो गया।
शहादत की इस खबर ने एक हंसते-खेलते परिवार की नींव हिला दी है। वह पिता, जो हर बार 'जल्द वापस आने' का वादा करके ड्यूटी पर जाता था, इस बार खामोशी की चादर ओढ़कर लौटा है। शहीद का 10 साल का बेटा और 7 साल की बेटी है। इन मासूमों को शायद अभी शहादत का पूरा अर्थ भी नहीं पता, लेकिन उनकी आंखों की नमी बता रही है कि उन्होंने अपना सबसे बड़ा सहारा खो दिया है। पिता के साथ बिताई पिछली छुट्टियों की यादें अभी धुंधली भी नहीं हुई थीं कि अब उन्हें ताउम्र 'शहीद के बच्चे' होने का गौरवपूर्ण लेकिन अत्यंत भारी बोझ ढोना होगा।
सरपंच हरबिंदर की हत्या के मामले में थे वांछित
25 Feb, 2026 11:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तरनतारन (पंजाब)। आम आदमी पार्टी के सरपंच हरबरिंदर सिंह की हत्या के दो आरोपियों का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। फायरिंग में दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि पिछले बुधवार को सिद्धू फार्म में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे सरपंच हरबरिंदर सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने आरोपियों की तलाश में सघन अभियान शुरू किया था। जानकारी के अनुसार, गांव जलोके (नजदीक गांव कोट बुद्धा) के हथाड़ इलाके में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों आरोपी घायल हो गए और मौके से दो पिस्तौल बरामद किए गए। एक आरोपी जिला तरनतारन का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा पड़ोसी जिले से संबंध रखता है। इस संबंध में थाना सदर पट्टी में नया मामला दर्ज किया गया है। मुठभेड़ के बाद मौके पर फोरेंसिक टीम और जिले के उच्च अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और घटनास्थल की जांच की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर, दो साल पहले हुई थी शादी
25 Feb, 2026 10:43 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। अमृतसर के सुल्तानविंड रोड स्थित गोबिंद नगर इलाके के एयर एंबुलेंस के को-पायलट स्वराजदीप सिंह की झारखंड में हुए एयर एंबुलेंस हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, एयर एंबुलेंस मरीज को लेकर रांची से नई दिल्ली जा रही थी, इसी दौरान यह हादसा हो गया। दुर्घटना में को-पायलट स्वराजदीप सिंह की जान चली गई। स्वराजदीप सिंह बचपन से ही पायलट बनने का सपना देखते थे। परिजनों के मुताबिक, उन्हें हवाई जहाज उड़ाने का बेहद शौक था। बचपन में वे हवाई जहाज जैसे खिलौने खरीदा करते थे और बड़े होकर उन्होंने अपने इसी सपने को साकार किया।
माैत से दो घंटे पहले ही रिश्तेदार से हुई थी बात
करीबी रिश्तेदार रंजीत सिंह ने बताया कि स्वराजदीप सिंह से घटना से करीब दो घंटे पहले ही बातचीत हुई थी। किसी को अंदेशा नहीं था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी। दो दिन पहले ही वह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। परिवार ने बताया कि स्वराजदीप सिंह की शादी दो वर्ष पहले हुई थी। उनके दो भाई भी हैं। स्वराजदीप सिंह एक होनहार और जिम्मेदार पायलट थे। उन्हें 300 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव था। परिजनों के अनुसार, स्वराजदीप सिंह का पार्थिव शरीर उनके अमृतसर स्थित आवास पर लाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शन के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके के लोग और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।
आरोपी पर ASI और होमगार्ड की हत्या का आरोप था
25 Feb, 2026 09:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। गुरदासपुर में एएसआई और होमगार्ड जवान की हत्या के एक आरोपी को गुरदासपुर पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। मृतक आधियां गांव का ही रणजीत सिंह है। आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में सीआईए स्टाफ के इंचार्ज गुरमीत सिंह को गोली लगी जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। गुरदासपुर के गांव आधियां पुलिस चौकी में 22 फरवरी को होमगार्ड के जवान अशोक कुमार और पंजाब पुलिस के एएसआई गुरनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
एक आरोपी पुलिस गिरफ्त में
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह आरोपी को पकड़ने गई पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस फायरिंग में आरोपी रणजीत सिंह ढेर हो गया। पुलिस ने पहले ही एक आरोपी दिलावर सिंह निवासी गांव अलीनंगल को गिरफ्तार किया है। जबकि तीसरे आरोपी इंद्रजीत सिंह निवासी गांव आधियां की तलाश की जा रही है। यह मुठभेड़ बुधवार सुबह पुराना शाला इलाके में हुई। फायरिंग में सीआईए स्टाफ के इंचार्ज जख्मी पुलिस के मुताबिक इस मामले में पहले अलीनंगल के दिलावर सिंह को पकड़ा गया था। उससे पूछताछ के दौरान ही आधियां गांव के रणजीत और इंद्रजीत का नाम पता चला था। जिसके बाद पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए पीछा कर रही थी। पुलिस आरोपी रणजीत सिंह को पकड़ने के लिए गई थी लेकिन उसने फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद रणजीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं रणजीत सिंह की ओर से की गई फायरिंग में सीआईए स्टाफ के इंचार्ज गुरमीत सिंह भी जख्मी हो गए, उन्हें भी गोली लगी है।
भतीजे ने ही रची साजिश, अंधविश्वास बना वजह
24 Feb, 2026 12:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गढ़शंकर। पुलिस ने गांव महिंदवाणी में सात फरवरी को पंजाब पुलिस के सेवानिवृत्त एएसआई शाम लाल की 60 वर्षीय पत्नी हत्या की गुत्थी को सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके भतीजे राकेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, तीन कारतूस, एक दातर और एक बाइक बरामद की है। आरोपी को संदेह था कि उसके पिता की मौत उसकी चाची द्वारा काला जादू करने से हुई थी। साथ ही काले जादू के कारण ही उसकी दुकान का काम भी नहीं चल रहा था। डीएसपी गढ़शंकर दलजीत सिंह खख ने बताया कि 7 फरवरी को महिंदवाणी गांव में हुई हत्या के आरोपी राकेश कुमार को 22 फरवरी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। खख ने बताया कि 7 फरवरी को सेवानिवृत्त एएसआई शाम लाल की पत्नी 60 वर्षीय रचना देवी सुबह 5:30 बजे गांव में ही धार्मिक स्थल से माथा टेककर लौट रही थी। रास्ते में बाइक सवार ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। इस संबंध में गढ़शंकर पुलिस स्टेशन में मामला जांच शुरू की गई थी। डीएसपी ने बताया कि विभिन्न टीमों ने हत्या की गुत्थी सुलझाई। पूछताछ के दौरान आरोपी राकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह हिमाचल प्रदेश के गांव गोंदपुर में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता था। उसके पिता की कुछ समय पहले मौत हो गई थी। उसे संदेह था कि महिंदवाणी निवासी उसकी चाची रचना ने उसके घर में काला जादू किया था जिसके कारण उसके पिता की मौत हुई थी और उसकी दुकान का काम भी नहीं चल रहा था। इसके चलते उसने अपनी चाची की तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।
हादसे में मकान मालिक समेत चार लोग घायल
24 Feb, 2026 10:02 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटियाला (पंजाब)। पटियाला के गांव लंग में एक मकान में निर्माण के दौरान कमरे की छत गिरने से इसके नीचे काम कर रहे दो मजदूरों की मौत हो गई है। वहीं मकान के मालिक, उसके बेटे समेत चार लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए पटियाला के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है। जानकारी के मुताबिक पटियाला के गांव लंग में बलदेव सिंह का मकान बन रहा था। इस दौरान कमरे का लिंटर डाला जा रहा था। इसी दौरान अचानक लिंटर गिर गया। इससे नीचे काम कर रहे 6 लोग मलबे के नीचे दब गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां दो मजदूरों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। जबकि मकान का मालिक, उसके बेटे समेत चार लोग घायल हो गए हैं। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रेम संबंध बना विवाद की वजह, परिवार ने जताई हत्या की आशंका
24 Feb, 2026 08:56 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मोगा (पंजाब)। मोगा के बुकानवाला रोड स्थित एक मोहल्ले में अवैध प्रेम संबंधों को लेकर खूनी खेल खेला गया। इसमें 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी प्रेमिका गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान लभदीप सिंह (27) के रूप में हुई है। लभदीप के परिवार के परिवार ने बताया कि लभदीप सिंह के अपने ही मोहल्ले की शादीशुदा महिला अमन के साथ कथित अवैध संबंध थे। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। कुछ दिन पहले लवदीप सिंह का हर्निया का ऑपरेशन हुआ था। सोमवार दोपहर अमन अपने दो बच्चों को साथ लेकर लभदीप सिंह के घर उसका हालचाल जानने पहुंची थी। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार किए। जब बच्चों के रोने-चिल्लाने की आवाज आई तो लभदीप सिंह की माता कमरे में पहुंचीं। वहां खून से लथपथ लभदीप का शव पड़ा था और अमन गंभीर रूप से घायल थी। अमन को तुरंत मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस लवदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोगा सिविल अस्पताल में रखवा कर जांच शुरू कर दी है। लभदीप की माता ने बताया कि सोमवार दोपहर अमन अपने दोनों बच्चों को लेकर उनके घर आई थी। वह उनके लिए चाय बनाने के लिए रसोई में गई। एक कमरे में अमन, उसके दोनों बच्चे और लभदीप मौजूद थे। कुछ देर बाद कमरे से चीखने की आवाज सुनकर वह अंदर गईं तो उसका बेटा खून से लथपथ पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि अमन शादीशुदा है और उसके लभदीप से प्रेम संबंध थे। अमन का उनके घर आना-जाना भी था। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या की गई है।
घायल अमन ने बताया कि लभदीप सिंह उस पर लगातार अपने पति से तलाक लेने का दबाव बना रहा था और उस पर शक करता था। अमन ने बताया कि लभदीप ने ऑनलाइन चाकू मंगवाया था। वह उससे मिलने गई तो लभदीप ने चाकू से उस पर हमला कर दिया और बाद में खुद को भी चाकू मार लिया। थाना सिटी साउथ के प्रभारी भलविंदर सिंह ने बताया कि बुकान वाला रोड स्थित एक मोहल्ले में लभदीप सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जबकि एक युवती घायल हो गई है। घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। पुलिस युवक के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर रही है, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
