गुजरात
तीन दशकों के शासन के बाद भी इस बार BJP को मिला नया राजनीतिक मील का पत्थर, कांग्रेस गुजरात में इतिहासिक पराजय से हुई पस्त
13 Sep, 2025 05:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद: 2022 के गुजरात विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए 182 में 156 सीटें जीती थीं। यह गुजरात में बीजेपी की सबसे बड़ी जीत थी। अब बीजेपी ने कुछ ऐसा ही अमूल डेयरी के चुनावों में किया है। बीजेपी ने चुनावों में पहली बार क्लीन स्वीप कर दिया है। गुजरात के सहकारी क्षेत्र में कभी मजबूत रही कांग्रेस पार्टी सिर्फ दो सीटों पर सिमट गई। गुजरात की राजनीति में सहकारिता क्षेत्र की राजनीति में दबदबा काफी अहम है। डेयरी चुनावों में बीजेपी की बड़ी जीत पर कांग्रेस ने छल और कपट का आरोप लगाया है। बीजेपी की यह जीत इसलिए भी बड़ी है क्योंकि उसने पहली बार कैरा जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (अमूल डेयरी में अंर्तगत) पर पूर्ण बहुमत से कब्जा कर किया है।
बीजेपी 11 और कांग्रेस को 2 सीटें
बीजेपी ने 10 सितंबर को हुए चुनावों में निदेशक मंडल की 13 में से 11 सीटें जीती हैं। इनमें एक व्यक्तिगत सदस्य की सीट भी शामिल है। इनमें से चार सीटें बीजेपी ने चुनाव से पहले निर्विरोध जीती थीं। शुक्रवार को जब दो ब्लॉकों की आठ सीटों और एक व्यक्तिगत सीट के लिए मतगणना शुरू हुई, तो बीजेपी कुल छह ब्लॉकों और एक व्यक्तिगत सीट पर स्पष्ट विजेता बनकर उभरी, जबकि कांग्रेस ने बोरसाद की अपनी सीट बरकरार रखी और कपड़वंज में जीत हासिल की।
तब कांग्रेस को मिली थी आठ सीटें
फरवरी 2023 में भाजपा इस प्रतिष्ठित दुग्ध सहकारी संस्था पर नियंत्रण पाने में सफल रही थी, जब अमूल के चार निदेशक कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे, जिससे अमूल की संख्या घटकर तीन रह गई थी। 2020 में जिन 11 सीटों पर चुनाव हुए थे। उनमें से आठ पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। ये दो सीटें रामसिंह परमार और आजीवन सदस्य रंजीत पटेल की थीं, लेकिन वे निर्विरोध जीत गई थीं, लेकिन इस बार भाजपा 11 सीटों पर नियंत्रण हासिल करने में सफल रही। इनमें 10 ब्लॉक और एक व्यक्तिगत सदस्य शामिल हैं। राज्य के सभी 18 दुग्ध संघों में बीजेपी का बहुमत के साथ कब्जा है।
बड़े मार्जिन से जीती बीजेपी
डेयरी चुनावों में भाजपा की जीत का अंदाजा उसके उम्मीदवारों की जीत के अंतर से लगाया जा सकता है। थसरा, बालासिनोर, मेहमदाबाद और वीरपुर ब्लॉकों से उसके चार उम्मीदवार निर्विरोध जीते। खंभात से राजेंद्रसिंह बलवंतसिंह परमार जैसे अन्य उम्मीदवारों को 84 वोट मिले।वे 65 वोटों के अंतर से जीते। पेटलाद में बीनाबेन तेजसकुमार पटेल ने 83 में से 78 वोटों से जीत हासिल की, जबकि नाडियाड में अमूल के पूर्व अध्यक्ष विपुलभाई कांतिभाई पटेल ने 83 में से 60 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। इसके विपरीत कांग्रेस बोरसाद और कपड़वंज में क्रमशः 12 और 11 वोटों से जीतने में सफल रही। इससे साफ होता है कि यह एक कांटे की टक्कर थी। बीजेपी के अमूल डेयरी चुनावों में यह जीत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से ठीक पहले मिली है। शाह 14 सितंबर को गुजरात के दौरे पर पहुंचेंगे।
पत्रकार के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग केस पर सुप्रीम कोर्ट की सख्ती, ईडी और गुजरात सरकार से मांगा स्पष्टीकरण
9 Sep, 2025 02:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद/नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पत्रकार महेश लांगा की जमानत याचिका पर गुजरात सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जवाब मांगा है। यह मामला एक कथित वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस का है। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने लांगा की उस याचिका पर नोटिस जारी किया, जिसमें उन्होंने गुजरात हाईकोर्ट द्वारा जमानत से इनकार किए जाने को चुनौती दी थी। सुनवाई के दौरान बेंच ने सवाल उठाया। यह किस तरह के पत्रकार हैं?
कुछ सच्चे पत्रकार होते हैं
बेंच ने वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल (याचिकाकर्ता की ओर से पेश) से कहा सम्मान सहित कहना चाहते हैं कि कुछ बहुत ही सच्चे पत्रकार होते हैं, लेकिन कुछ लोग होते हैं जो कहते हैं ‘हम पत्रकार हैं’, और वास्तव में वे क्या करते हैं, सबको पता है। इस पर सिब्बल ने जवाब दिया कि ये सभी केवल आरोप हैं। उन्होंने कहा कि एक एफआईआर में उन्हें अग्रिम जमानत मिलती है, फिर दूसरी एफआईआर दर्ज होती है। उसमें भी अग्रिम जमानत मिल जाती है, लेकिन अब उन पर तीसरी एफआईआर दर्ज हुई है आयकर चोरी को लेकर। इनके खिलाफ और भी बातें कही जा रही हैं। बेंच ने ने नोटिस जारी कर अधिकारियों से जवाब मांगा है।
हाईकोर्ट ने नहीं दी जमानत
31 जुलाई को गुजरात हाईकोर्ट ने लांगा की जमानत अर्जी यह कहते हुए खारिज कर दी थी कि रिहाई से अभियोजन पक्ष के मामले को नुकसान पहुंचेगा। 25 फरवरी को ईडी ने कहा था कि उसने लांगा को कथित वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। इससे पहले, अक्टूबर 2024 में उन्हें जीएसटी धोखाधड़ी मामले में पहली बार गिरफ्तार किया गया था। लांगा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला अहमदाबाद पुलिस की दो एफआईआर पर आधारित है। जिनमें धोखाधड़ी, आपराधिक गलत इस्तेमाल, आपराधिक विश्वासघात, ठगी और लोगों को लाखों रुपये का गैरकानूनी नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप शामिल हैं।
63 दिन जेल में रहने के बाद विधानसभा में सांसद की तरह पहुंचे चैतर वसावा, लेकिन चार्जशीट ने फिर से खेल बदला
9 Sep, 2025 02:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद: गुजरात में आम आदमी पार्टी के फायरब्रांड आदिवासी नेता चैतर वसावा को सोमवार सुबह वडोदरा सेंट्रल जेल से सीधे विधानसभा पहुंचे। वसावा को मानसून सत्र में भाग लेने के लिए कोर्ट ने तीन दिन की पैरोल दी है, हालांकि इस दौरान कोर्ट ने मीडिया को संबोधित न करने, रैलियां न करने और नर्मदा जिले में प्रवेश न करने की शर्त भी बनाए रखी है। वसावा करीब तीन बजे विधानसभा में पहुंचे। नर्मदा जिले की डेडियापाड़ा विधानसभा से प्रचंड तरीके से जीते वसावा को एक तालुका पंचायत कर्मचारी पर कथित हमले के आरोप में अरेस्ट किया गया था। वसावा ने जमानत के लिए निचली कोर्ट से लेकर हाईकोर्ट तक खूब कोशिश की थी, लेकिन उन्हें जमानत नहीं मिल पाई थी। अब इस मामले में चार्जशीट दाखिल से होने से फिर मामला निचली कोर्ट यानी राजपीपला पहुंच गया है।
चैतर वसावा ने टिकी रही नजरें
गुजरात विधानसभा के सत्र के पहले दिन स्पीकर शंकर चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का के चित्र का सदन के अंदर लगाया। रुपाणी की अहमदाबाद विमान हादसे में मौत हो गई थी, तो वहीं दूसरी मनरेगा घोटाले में फंसे सरकार के मंत्री बचूभाई खाबड़ के भी पहुंचने को लेकर भी काफी चर्चाएं रहीं। इस सब के बीच आम आदमी पार्टी के विधायक चैतर वसावा की खूब चर्चा रही। चैतर वसावा अकेले ही विधानसभा गृह में पहुंचे, तो वहीं आप के तीन अन्य विधायकों ने राज्य में टूटी सड़कों को लेकर प्रदर्शन किया। उपचुनाव में विसावदर से जीते गोपाल इटालिया पहली बार सदन में पहुंचे। गुजरात में आम आदमी पार्टी की कमान पत्रकारिता से राजनीति में कदम रखने वाले इसुदान गढ़वी के हाथों में है।
राजपीपला कोर्ट में बेल पर सुनवाई
एक ओर चैतर वसावा जहां सत्र अटेंड करने के लिए वडोदरा से गांधीनगर गए तो वहीं नर्मदा जिले की राजपीपला कोर्ट में उनकी जमानत की अर्जी पर सुनवाई हुई। पुलिस के निचली कोर्ट के सुनवाई हुई। अगर चैतर वसावा को निचली कोर्ट से जमानत मिलती है तो उन्हें लिए यह बड़ी राहत होगी नहीं तो उन्हें 10 सितंबर की शाम को फिर से वडोदरा जेल का रुख करना पड़ेगा। इतना ही नहीं उनकी लीगत टीम को निचली कोर्ट के बाद फिर ऊपरी कोर्ट का रुख करना पड़ेगा। आम आदमी पार्टी में आने से पहले चैतर वसावा भारतीय ट्राइबल पार्टी (BTP) में थे। दिग्गज आदिवासी नेता चैतर वसावा का गुरु छोटू वसावा को माना जाता है, हालांकि चैतर अब गुजरात में सबसे बड़े आदिवासी नेता बन गए हैं। उनकी अपने क्षेत्र में तगड़ी फैन फालाेइंग है। 2022 के चुनाव में आप को पांच सीटें मिली थी, इनमें सबसे बड़े अंतर से चैतर वसावा ही जीते थे। चैतर वसावा को आम आदमी पार्टी ने विधानसभा में नेता विधायक दल भी बनाया हुआ है।
IMD ने रेड अलर्ट जारी किया, कच्छ में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, सफेद रण बना समंदर
8 Sep, 2025 03:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद: गुजरात के कच्छ में रविवार रात से हो रही बारिश से जलप्रलय जैसी स्थिति खड़ी हो गई है। जिले की कई तहसील की झीलें और बांध उफान पर हैं। इतना ही नहीं धाेरडो में जिस स्थान पर कच्छ रन उत्सव का आयोजन होता है। वहां पर भी पानी भरने से पूरा इलाका डूब गया है। कच्छ जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने का अनुरोध किया है क्योंकि भारी बारिश के कारण 9 बांध भर गए हैं, कभी भी निचले इलाकों में बाढ़ का पानी आ सकता है। मौसम विभाग ने ताजा अलर्ट में पूरे कच्छ और उत्तर गुजरात के पाकिस्तान के नजदीक वाले जिलों के लिए रेड अलर्ट रखा है।
रण में सिर्फ पानी-पानी
कच्छ में पिछले 24 घंटों से हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। भारी बारिश के कारण कई नदियां और नाले दोनों किनारों पर हैं। वहीं, कच्छ का रण भी जलमग्न हो गया है, रण में दूर-दूर तक बारिश का पानी दिखाई दे रहा है।कच्छ के रापर में 15 घंटे में 15 इंच बारिश के बाद शहर में बाढ जैसे हालात हो गए है। कई सोसाइटी इलाकों में नदी की तरह पानी बह रहा है। गौरतलब है कि रापर में कल रात से भारी बारिश हो रही है। ग्रामीण इलाकों में भी कई गांवों को जोड़ने वाली सड़कों पर पानी बह रहा है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
अगले कुछ घंटों और भारी बारिश का अलर्ट
कच्छ जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार, पूरे जिले में अत्यधिक भारी बारिश के कारण स्कूल बंद कर दिए हैं। स्कूल 8 सितंबर को बंद रहेंगे। कच्छ जिले में भारी बारिश के कारण जिन सड़कों के ऊपर तेज पानी बह रहा है वह 7 राजमार्ग सड़कें वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दी गई हैं। जिला कलेक्टर जनता से अनुरोध करते हैं कि वे इन सड़कों पर यात्रा न करें। कच्छ के साथ सौराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। आईएमडी अपने अलर्ट में पूरे कच्छ के लिए रेड अलर्ट और सौराष्ट्र के कई जिलों के लिए भी रेड अलर्ट रखा है। उत्तर गुजरात के लिए ऑरेंज अलर्ट और बाकी जिलों को येलो अलर्ट दिया है।
अंबाजी सेवा कैंप का डांस वीडियो बना चर्चाओं का केंद्र, योगी देवनाथ ने कहा – सख्त कदम उठाना होगा
8 Sep, 2025 03:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद: उत्तर प्रदेश और बिहार में अक्सर धार्मिक कार्यक्रमों में फिल्मी गानों पर अश्लील डांस के वीडियो वायरल होते हैं लेकिन गुजरात में भी ऐसे ही दो मामले सामने आए हैं। जहां धार्मिक कार्यक्रम के दौरान फिल्मों गानों पर महिला डांसर को बुलाकर नृत्य करवाया गया। इन मामलों में सामने आने के गुजरात के याेगी कहे जाने वाले महंत योगी देवनाथ बापू ने गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दरअसल गुजरात के बनासकांठा में स्थित शक्तिपीठ आद्यशक्ति मां जगदंबा की बहुत ज्यादा मान्यता है। हर साल भादवा अंबाजी मेला भाद्रपद माह की पूर्णिमा (भादरवी पूनम) के आस-पास आयोजित होता है। इसी मेले के सेवा कैंप में फिल्मी गानों पर डांस की घटना सामने आई हैं।
दो कैंपों में फिल्मी डांस पर बवाल
भादवा अंबाजी मेला आमतौर पर अगस्त-सितंबर में आता है। इस साल यह मेला 1 सितंबर से 7 सितंबर तक चला था। जिसमें 7 सितंबर को मुख्य पूनम का दिन था। इस दौरान मां जगदंबा के भक्तों की भारी भीड़ अंबाजी पहुंचती है। सरकार ने इस बड़े आयोजन के महातैयारियों की थीं लेकिन यूपी-बिहार की तर्ज पर सेवा कैंपों में अश्लील डांस पर विवाद खड़ा हो गया है। इस मेले के दौरान मां जगदंबा के भक्त सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा करके अंबाजी पहुंचते हैं और अपनी मन्नत मांगते हैं। भादरवी पूनम का हिन्दू संस्कृति में बड़ा महत्व है।
आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सोशल मीडिया पर आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग हो रही है। यह भी सवाल खड़ा हो रहा है गुजरात सरकार के पर्यटन विभाग के सांस्कृतिक विंग के अधिकारी क्या कर रहे हैं? सोशल मीडिया पर पोस्ट किए वीडियो में लिखा गया है ये गुजरात है? एक घटना पाटन जिले की बताई जा रहा है जहां पर वक्त बर्बाद न बेकार की बातें में कीजिए गाने पर डांस हुआ तो वहीं दूसरी घटना हारिज में हुई। यहां पर मुन्नी बदनाम हुई गाने पर खूब डांस हुआ।
कलेक्टर को करनी पड़ी अपील
एक तरफ से जहां योगी देवनाथ ने कार्रवाई की मांग की है तो वहीं दूसरी बनासकांठा के कलेक्टर मिहिर पटेल ने भी इन घटनाओं पर संज्ञान लिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसे कार्यक्रमों से बचा जाना चाहिए। धार्मिक कार्यक्रमों के लिए यह ठीक नहीं है। पटेल ने बयान में कहा कि ध्यान रखें की कि अगले साल ऐसा नहीं नहीं हो। पटेल ने कहा है कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नृत्य में बहुत थोड़ा सा फर्क है। ऐसे में अगले साल मंदिर ट्रस्ट पर कोई लांछन न लगे इसका ध्यान रखें।
सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग
सोशल मीडिया पर इन मामलों को लेकर कार्रवाई की मांग उठ रही है। एक एक्स पोस्ट में कहा गया है कि अब गुजरात में यह संस्कृति? एक ओर, लोग आदिशक्ति की भक्ति के लिए पैदल अंबाजी पहुंचते हैं, रास्ते में जगह-जगह उनका अभिवादन करते हैं, उनकी सेवा करते हैं, यह सब निस्वार्थ सेवा भावना से देखा जाता है। अगर ऐसा होने लगा, तो परंपरा का पतन निश्चित है। अंबाजी भादरवी मेले के कैंप में यह घटना ऐसे वक्त पर सामने आई जब गुजरात के अंकलेश्वर के मीरानगर स्थित गणेश पंडाल में भोजपुरी गाने में ठुमके लगवाए गए. इसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी गई। तब आयोजकों ने माफी मांग ली थी।
गुजरात में बारिश का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, अलर्टेड रहें लोग और प्रशासन
8 Sep, 2025 03:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद: गुजरात में मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। विशेष रूप से अगले 24 घंटों में उत्तरी गुजरात के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। दबाव क्षेत्र के सक्रिय रहने और मानसून की कम दबाव रेखा के चलते यह अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, बनासकांठा, साबरकांठा, मेहसाणा, पाटन और सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जहां अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। अहमदाबाद, सुरेंद्रनगर, मेहसाणा, खेड़ा और पाटन जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिण गुजरात में भी कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने दी ये जानकारी
मौसम विभाग के अनुसार, तीसरे दिन से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन अगले दो दिनों तक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। वैज्ञानिक अभिमन्यु चौहान ने बताया कि अभी तक पूरे गुजरात में औसत से 23 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है, जो राज्य के लिए महत्वपूर्ण है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
रविवार को भी हुई बारिश
इससे पहले भी विभाग ने गुजरात में 7 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई थी। विभाग ने बताया था कि रविवार को बनासकांठा, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, नर्मदा, भरूच, नवसारी, वलसाड, तापी, डांग और सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ हिस्सों जैसे राजकोट, जामनगर, जूनागढ़, भावनगर, कच्छ और द्वारका सहित लगभग पूरे राज्य में व्यापक बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, मानसून की कम दबाव रेखा वर्तमान में गंगानगर से उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी और उससे सटे म्यांमार तट पर एक ऊपरी हवा की चक्रवाती गतिविधि बनी हुई है।
27 साल पुराने मर्डर केस में महिला की उम्रकैद पर रोक, हाईकोर्ट ने कहा – अब नए सिरे से चलेगा मुकदमा
6 Sep, 2025 05:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद: गुजरात में 27 साल से चल रहे हत्या मामले में एक निचली अदालत का फैसला रद्द कर दिया है। हाईकोर्ट ने राजकोट जिले की एक महिला को निचली अदालत द्वारा सुनाई गई उम्रकैद की सजा को रद्द करते हुआ कहा कि इस केस की कार्यवाही जल्दबाज़ी में पूरी की गई। हाईकोर्ट ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया का सही पालन नहीं हुआ। हाईकोर्ट ने धोराजी की सत्र अदालत को आदेश दिया है कि वह छह महीने के भीतर इस मामले की नई सुनवाई पूरी करे।
यह मामला वर्ष 1996 का है, जब धोराजी कस्बे में अरुणा उर्फ अनीता देवमुरारी पर पड़ोसी के सात वर्षीय बेटे की हत्या का आरोप लगा था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में ही दो साल लग गए और आरोप तय करने में अदालत को पूरे 14 साल लग गए। इसके बाद भी मुकदमे की सुनवाई और फैसला आने में 13 साल और लग गए। आखिरकार जून 2025 में निचली अदालत ने देवमुरारी को उम्रकैद की सजा सुना दी। अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट कहा कि ट्रायल कोर्ट ने पुराने मामलों को जल्द निपटाने के उद्देश्य से शॉर्टकट अपनाया और सत्र न्यायालय की तय प्रक्रिया का पालन किए बिना जल्दबाज़ी में ट्रायल पूरा कर दिया।
हाईकोर्ट में अपील की
बता दें कि देवमुरारी को 1998 में हाईकोर्ट से जमानत मिली थी, जिसके बाद से वह फरार थीं। 2024 में लंबित मामलों को निपटाने के लिए हाईकोर्ट के निर्देश पर ट्रायल फिर से शुरू हुआ। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश नहीं कर सकी और मुकदमा उनकी गैरहाज़िरी में चला। पति के बयान और 16 गवाहों की गवाही के आधार पर अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया और उम्रकैद की सजा सुना दी। सजा सुनाए जाने के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने वडोदरा से उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में अपील की कि उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर ही नहीं दिया गया। अभियोजन पक्ष ने तर्क दिया कि आरोपी इतने वर्षों से फरार थी, इसलिए अदालत का फैसला उचित है।
धारा 313 की प्रक्रिया का पालन नहीं किया
हाईकोर्ट के जस्टिस इलेश वोरा और जस्टिस पी.एम. रावल ने माना कि ट्रायल कोर्ट ने सीआरपीसी की धारा 313 की प्रक्रिया का पालन नहीं किया। इस प्रावधान के तहत, गवाहों की जिरह पूरी होने के बाद आरोपी को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाना अनिवार्य है। हाईकोर्ट ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि पुलिस इतने वर्षों तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी, लेकिन जैसे ही सजा सुनाई गई, कुछ ही घंटों में उसे ढूंढ निकाला गया। अब धोराजी की सत्र अदालत को छह महीने के भीतर नए सिरे से मुकदमे की सुनवाई करनी होगी।
23 गेट खुलते ही नर्मदा का जलस्तर 134 मीटर पार, गुजरात सरकार और नर्मदा निगम ने सुरक्षा के किए कड़े इंतज़ाम
5 Sep, 2025 02:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद/केवडिया: मध्य प्रदेश और गुजरात में अच्छी बारिश से सरदार सरोवर डैम छलक गया है। इसी के साथ पूरे गुजरात में जश्न है। गुजरात की प्यास बुझाने वाले इस डैम के भरने और छलकने का इंतजार पूरे साल रहा है। इस बार डैम के दरवाजे जल्दी खुल गए हैं। सरदार सराेवर को गुजरात की लाइफलाइन माना जाता है। इस डैम ने निकले वाली नर्मदा कैनाल राज्य के बड़े हिस्से में पानी की आपूर्ति पूरे साल करती है। मानसून के इस सीजन में पहली बार नर्मदा डैम के 23 दरवाजे खोले गए हैं। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि सरदार सरोवर नर्मदा डैम का जलस्तर अधिकतम स्तर में प्रवेश कर गया था।
अभी क्या है जलस्तर की स्थिति?
आधिकारिक बयान के अनुसार फिलहाल नर्मदा डैम का जलस्तर 135.93 मीटर पर पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों में 40 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। ऊपरी इलाकों से 5,30,291 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। 23 गेट 2.50 मीटर तक खोले गए। इन गेटों से नर्मदा नदी में 4,46,451 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसी के साथ दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का नजारा दिलकश हो गया है। गुजरात के लोग इस पल के लिए पूरे साल इंतजार करते हैं। ऐसा होने पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (State of Unity) जाने वाले टूरिस्ट की संख्या भी बढ़ जाती है।
30 गांवों के लिए अलर्ट जारी
सरदार सराेवर डैम के गेट खोलने के बाद नर्मदा नदी में जलस्तर ऊपर आ गया है। इसके बाद दोनों किनारों पर प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। सरदार सरोवर डैम की अधिकतम जलस्तर क्षमता 138.68 मीटर है।नर्मदा डैम अब 90 प्रतिशत भर चुका है। भुरुच, नर्मदा और वडोदरा जिले के नर्मदा नदी किनारे स्थित 30 गांवों को अलर्ट जारी किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सरदार सरोवर डैम के भरने और इसके तमाम गेट खोलने के मौके पर संदेश साझा करते आए हैं। पीएम मोदी के मुख्यमंत्री रहते हुए ही सरदार सरोवर डैम की ऊंचाई बढ़ाने का काम हुआ था।
मौसम विभाग ने कहा- सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में भारी से अति भारी बारिश की संभावना, प्रशासन हाई अलर्ट पर
30 Aug, 2025 06:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद/साबरकांठा: गुजरात में मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार शनिवार को बारिश की वापसी हुई। उत्तर गुजरात के साबरकांठा जिले में बादल फटने जैसी बारिश हुई। ढाई घंटे की बारिश में हिम्मतनगर का एक बड़े इलाके में जलप्रलय आ गई। एक बड़े प्लॉट में खड़ी कारें पानी में डूब गईं। हिम्मतनगर में बारिश देर रात शुरू हुई जो सुबह तक जारी रही। शहर की प्रज्ञाकुंज और अवनी पार्क सोसायटी के कॉमन प्लॉट में करीब 15 कारें खड़ी की गई थीं जो पानी में डूब गईं। लोगों ने बताया कि कॉमन प्लॉट में और आसपास की जगहों से बारिश का पानी भरने के कारण वाहन डूब गए।
आईएमडी ने जारी किया अलर्ट
आईएमडी ने राज्य के पांच जिलों के रेड अलर्ट जारी किया है। अहमदाबाद और वडोदरा के साथ दक्षिण के सूरत और दूसरे जिलों को ऑरेज वॉर्निंग में रखा है। आईएमडी ने अपनी चेतावनी में कहा है कि राज्य में दो सितंबर तक बारिश जारी रहेगी। राज्य के काफी हिस्सों में अभी सीजन की पूरी बारिश नहीं हो पाई।
72 घंटे के लिए क्या है IMD का पूर्वानुमान
आईएमडीए ने उत्तर गुजरात के जिलों में अगले कुछ घंटों में बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। आईएमडी ने 31 अगस्त के लिए जारी पूर्वानुमान में पूरे प्रदेश में बारिश होने की बात कही है। मौसम विभाग ने पूरे सभी 33 जिलों को येलो अलर्ट दिया है। मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवाती सर्कुलेशन और मानसून के जरिए अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। इसके चलते राज्य में हल्की से कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। आईएमडी ने 2 सितंबर तब राज्य में बारिश पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
गुजरात में खौफनाक वारदात: फोन न उठाने और नंबर ब्लॉक करने से नाराज युवक ने कॉलेज के बाहर गर्लफ्रेंड का गला रेता
30 Aug, 2025 06:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भुज (गुजरात): गुजरात के कच्छ जिले में हत्या की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मोहित सिद्धपारा नाम के एक 22 वर्षीय युवक ने 19 साल की साक्षी खानिया की कॉलेज के बाहर गला काटकर हत्या कर दी। यह घटना इसलिए हुई क्योंकि साक्षी ने मोहित से रिश्ता तोड़ दिया था और उसका फोन नंबर ब्लॉक कर दिया था। पुलिस के अनुसार, मोहित और साक्षी पहले प्रेम संबंध में थे। साक्षी के रिश्ता तोड़ने और नंबर ब्लॉक करने से मोहित गुस्से में था। इसी गुस्से में उसने साक्षी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने क्या बताया?
डीएसपी आर डी जडेजा ने बताया कि पीड़िता साक्षी खानिया की शुक्रवार को यहां एक अस्पताल में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मोहित ने भुज में एयरपोर्ट रोड स्थित अपने कॉलेज के बाहर साक्षी का गला काट दिया। क्योंकि साक्षी ने उससे दोबारा संपर्क न करने को कहा था। जडेजा ने कहा कि साक्षी और मोहित आदिपुर में पड़ोसी थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे। गुरुवार को जब साक्षी अपने कॉलेज जाने के लिए भुज आई थी, तो मोहित ने उसे फोन किया और किसी कारण से आदिपुर वापस आने को कहा। हालांकि साक्षी ने मना कर दिया और उससे कहा कि वह उसे फिर कभी फोन न करे।
लड़की का चाकू से काटा गला
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब साक्षी ने अपनी मां को मोहित के कॉल के बारे में बताया, तो उन्होंने उसे मोहित का नंबर ब्लॉक करने की सलाह दी, और उसने ऐसा ही किया। जडेजा ने बताया कि उसके इस कदम से परेशान और गुस्से में मोहित भुज स्थित उसके कॉलेज गया और नंबर ब्लॉक करने के लिए उससे पूछताछ की। जब साक्षी ने उससे कहा कि वह अब उसके साथ कोई रिश्ता नहीं रखना चाहती, तो मोहित गुस्से में आ गया और उसने चाकू से उसका गला काट दिया और मौके से फरार हो गया।
आरोपी अरेस्ट, हत्या का मुकदमा दर्ज
जडेजा ने बताया कि युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया और आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि सुबह युवती की मौत हो जाने के बाद अब आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
गणेशोत्सव और गरबा की खुशियों पर छाई टेंशन, अंबालाल पटेल की भविष्यवाणी बनी चर्चा का बड़ा विषय
30 Aug, 2025 05:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद: गुजरात के 'बाबा वेंगा' अंबालाल पटेल ने नवरात्रि में गरबा खेलने वालों की टेंशन बढ़ाने वाली अगाही (चेतावनी) दी है। मौसम का सही अनुमान लगाने वाले अंबालाल पटेल नवरात्रि में बारिश की संभावना व्यक्त की है। इस साल नवरात्रि की शुरुआत 22 सितंबर से होगी।गुजरात में नवरात्रि के नौ दिनों मां की शक्ति की पूजा होती है। इस दौरान राज्य के अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में बड़े गरबा कार्यक्रमों का आयोजन होता है। इनमें हजारों लोग भाग लेते हैं। इन कार्यक्रमों की तैयारियां कई महीने पहले शुरू हो जाती हैं।
गुजरात के 5 सबसे बड़े गरबा आयोजन:
1. यूनाइटेड वे वडोदरा
2. वडोदरा नवरात्रि फेस्टिवल (VNF)
3. अहमदाबाद राजपथ क्लब गरबा
4. कर्णावती क्लब अहमदाबद गरबा
5. एलवीपी (लक्ष्मी विलास पैलेस) गरबा
अंबालाल पटेल का पूर्वानुमान
अंबालाल पटेल ने कहा है कि नवरात्रि में बारिश गरबा खेलने वालों का मूड बिगाड़ सकती है। मौसम का सही अनुमान लगाने के लिए 'बाबा वेंगा' माने जाने वाले अंबालाल पटेल की चेतावनी पर लोग आंख मूंद कर यकीन करते हैं। अंबालाल पटेल ने अपनी भविष्यवाणी की है कि 18 से 30 सितंबर के बीच बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण नवरात्रि के दिनों में भी बारिश की संभावना रहेगी।
पारा भी ढहाएगा कहर
अंबालाल पटेल ने कहा है कि गुजरात में मानसून यानी बरसात का मौसम सितंबर के आखिरी तक देखने को मिलेगा। सितंबर के अंत में बरसात की विदाई होगी। अंबालाल पटेल पहले सरकारी नौकरी में थे। कृषि विभाग से रिटायर होने के बाद अब वह फुलटाइम मौसम की भविष्यवाणी करते हैं। कुछ मौकों पर वह राजनीतिक अनुमान भी लगाते हैं। अंबालाल पटेल ने यह भी कहा कि राज्य में 23 सितंबर के बाद यानी नवरात्रि के दूसरे दिन से तापमान में भी इजाफा होगा। अक्तूबर महीने में उन्होंने गुजरात के समुद्र तटीय जिलों में तेज हवा चलने का अनुमान व्यक्त किया है।
गुजरात की इकलौती महिला कांग्रेस सांसद की मांग से बढ़ी सियासी सरगर्मी, बोलीं- “गाय को ‘राज्यमाता’ मानना हमारी संस्कृति का सम्मान”
30 Aug, 2025 05:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद: गुजरात से कांग्रेस की एकमात्र लोकसभा सांसद गेनीबेन नागाजी ठाकोर ने राज्य के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर महाराष्ट्र की तर्ज पर गाय को ‘राज्यमाता’ घोषित करने की मांग की है। उन्होंने यह पत्र स्थानीय धार्मिक नेता देवनाथ बापू के समर्थन में लिखा है, जो बीते एक सप्ताह से इस मांग को लेकर अनशन पर बैठे हैं। ठाकोर ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि गुजरात और कच्छ जिले के कई महंतों, साधुओं, राष्ट्रीय हिंदू संगठनों और बजरंग दल नेताओं की बैठक के बाद 159 विधायकों को पत्र लिखा गया था। परंतु कोई ठोस जवाब न मिलने पर देवनाथ बापू और कई साधुओं ने अनशन शुरू किया है। उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा सदस्य और कांग्रेस की नेता होने के नाते मैं आपसे अपील करती हूं कि महाराष्ट्र की तरह गुजरात में भी गाय को ‘राज्यमाता’ घोषित किया जाए।
महाराष्ट्र सरकार ने दिया है राज्यमाता का दर्जा
गौरतलब है कि महाराष्ट्र सरकार ने सितंबर 2024 में राज्य की स्वदेशी गौ नस्लों को ‘राज्यमाता गोमाता’ का दर्जा दिया था। गुजरात कांग्रेस सांसद का कहना है कि इस मांग के पीछे कोई राजनीतिक या वैचारिक एजेंडा नहीं है, बल्कि यह केवल सांस्कृतिक और धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कांग्रेस का ‘सॉफ्ट हिंदुत्व’ एजेंडा नहीं है, बल्कि जनता की भावनाओं को देखते हुए की गई अपील है। देवनाथ बापू, जो एकलधाम से जुड़े हुए हैं, पिछले एक सप्ताह से कच्छ में अनशन पर हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि गाय को ‘राज्यमाता’ का दर्जा दिए जाने से न केवल धार्मिक भावनाओं को बल मिलेगा, बल्कि गौ संरक्षण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज
वहीं, इस पत्र के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। एक ओर भाजपा इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बता रही है, तो दूसरी ओर राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस इस तरह की मांगों के जरिए ग्रामीण और पारंपरिक मतदाताओं को साधने की कोशिश कर रही है। अब देखना होगा कि गुजरात सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है, क्योंकि इससे राज्य की राजनीति और धार्मिक विमर्श में नई हलचल पैदा हो सकती है।
NHSRCL का बड़ा ऐलान – मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट तय समय में पूरा होगा, पीएम मोदी ने जापान में की प्रगति पर चर्चा
29 Aug, 2025 05:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई/अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जापान दौरे से पहले नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन (NHSRCL) ने बुलेट ट्रेन के काम का लेटेस्ट अपडेट साझा किया है। बुलेट ट्रेन परियोजना पीएम मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है। इसके तहत गुजरात के अहमदाबाद से मुंबई के बांद्रा तक हाईस्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को निर्माण हो रहा है। एनएचएसआरसीएल ने 27 अगस्त तक अपडेट साझा किया है। इसमेंबताया है कि 508 किलोममीटर लंबे कॉरिडोर में 317 किलोमीट हिस्से पर वायाडक्ट का काम पूरा कर लिया गया है। पियर वर्क 396 किमी, पियर फाउंडेशन 407 किमी और गर्डर कास्टिंग का काम 337 किमी हिस्से पर पूरा हो चुका है। बुलेट ट्रेन का बड़ा हिस्सा गुजरात में है। गुजरात और डीएनएच 352 किमी कॉरिडोर हैं जबकि महाराष्ट्र में 156 किमी हिस्सा पड़ता है।
बुलेट ट्रेन में कुल 12 स्टेशन हैं
मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में कुल 12 थीम आधारित स्टेशन हैं। इसमें गुजरात में साबरमती, अहमदाबाद, आणंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलीमोरा, वापी है। जबकि महाराष्ट्र में बोइसर, विरार, ठाणे और मुंबई हैं। NHSRCL ने कहा है कि कुल 21 नदी पुल हैं। इसमें 17 नदियों पर पुल का निर्माण पूरा किया जा चुका है। ये पुल पार (वलसाड), पूर्णा (नवसारी), मिन्धोला (नवसारी), अम्बिका (नवसारी), औरंगा (वलसाड), वेगनिया (नवसारी), मोहर (खेड़ा), धाधर (वडोदरा), कोलक (वलसाड), वत्रक (खेड़ा), कावेरी (नवसारी), खरैरा (नवसारी), मेश्वा (खेड़ा), किम (सूरत), दरोथा (वलसाड), दमन गंगा (वलसाड) और विश्वामित्रि (वडोदरा) पर बनाए गए हैं। इसके साथ आठ स्टील ब्रिज बन चुके हैं।
गुजरात में लग रहे नॉइज बैरियर
NHSRCL के अनुसार गुजरात में वायाडक्ट पर नॉइज़ बैरियर लगाने का काम चल रहा है। लगभग 3,90,000 नॉइज बैरियर 195 किमी लंबे खंड पर लगाए जा चुके हैं। इतना ही नहीं गुजरात में 198 ट्रैक किमी ट्रैक बेड निर्माण पूरा किया जा चुका है। वायाडक्ट पर 200 मीटर लंबे रेल पैनल बनाने हेतु वेल्डिंग कार्य प्रगति पर है। गुजरात में ओवरहेड इक्विपमेंट मास्ट (ओएचई) लगाने का काम चल रहा है। सूरत-बिलिमोरा बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच करीब 1600 ओएचई मास्ट लगाए गए हैं, जो मेनलाइन वायडक्ट के करीब 40 किलोमीटर हिस्से को कवर करते हैं।
महाराष्ट्र में क्या है स्थिति?
NHSRCL ने बताया है कि महाराष्ट्र में बीकेसी और शिलफाटा के बीच 21 किलोमीटर लंबी सुरंग का काम निर्माणाधीन है। न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग विधि (एनएटीएम) के माध्यम से शिलफाटा और एडीआईटी पोर्टल से दो समवर्ती फेस से लगभग 4.5 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण पूरा हो चुका है। पालघर ज़िले में सात पहाड़ी सुरंगों की खुदाई का काम चल रहा है। कुल 6 किमी में से 2 किमी कार्य पूरा हो गया है। गुजरात में सभी आठ स्टेशनों का संरचनात्मक कार्य पूरा हो गया है, बिल्डिंग इंटीरियर व फिनिशिंग कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। तीनों एलिवेटेड स्टेशनों पर काम शुरू हो चुका है। महाराष्ट्र में मुंबई बुलेट ट्रेन स्टेशन पर बेस स्लैब डाली जा रही है। विरार और बोईसर बुलेट ट्रेन स्टेशन के लिए पहली स्लैब कास्टिंग पूरी हो गई है।
पूर्व विधायक नलिन कोटडिया और IPS अधिकारी समेत कई दिग्गज फंसे, बिटक्वाइन धोखाधड़ी केस में अदालत ने सुनाया उम्रकैद का फैसला
29 Aug, 2025 05:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद: गुजरात के चर्चित करोड़ों रुपये के बिटक्वाइन मामले में कोर्ट ने 14 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनवाई है। शुक्रवार को स्पेशल एबीसी कोर्ट ने पूर्व विधायक नलिन कोटडिया, अमरेली के पूर्व एसपी जगदीश पटेल और पूर्व पीआई अनंत पटेल समेत 14 आरोपियों को दोषी करार दिया। इसके बाद कोर्ट ने सभी को आजीवन करावास की सजा दी है। 2012 विधानसभा चुनावों में नलिन काेटडिया केशुभाई पटेल की गुजरात परिवर्तन पार्टी (GPP) से जीते थे। कोर्ट ने धारी के पूर्व विधायक कोटडिया, अमरेली के तत्कालीन एसपी जगदीश पटेल, पूर्व पीआई अनंत पटेल समेत 15 में से 14 आरोपियों को दोषी ठहराया। इसके बाद आजीवन कारावास की सजा सुनाई। यह मामला 2018 में बिल्डर शैलेश भट्ट पर 176 बिटकॉइन और 32 लाख रुपये नकद अपहरण से जुड़ा है। बचाव पक्ष के वकीलों ने कोर्ट के फैसले को गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती देने की बात कही है।
क्या है यह पूरा मामला?
सूरत के बिल्डर शैलेश भट्ट से जुड़े 2018 के सनसनीखेज अपहरण और बिटकॉइन जबरन वसूली मामले में तत्कालीन पुलिस निरीक्षक (पीआई) अनंत पटेल, पूर्व विधायक नलिन कोटडिया, अमरेली के पूर्व एसपी जगदीश पटेल और एक वकील सहित कुल 14 लोगों को आरोपी बनाया गया था। आरोप लगा था कि भट्ट का कथित तौर पर पीआई अनंत पटेल और उनकी टीम ने सरकारी वाहनों का इस्तेमाल करके अपहरण किया था। आरोपी उन्हें गांधीनगर के पास ले गए और कथित तौर पर उनसे लगभग 9 करोड़ रुपये मूल्य के 176 बिटकॉइन ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया। ट्रांसफर के बाद उन्होंने उनसे फिरौती की भी मांग की। बाद में इस मामले की जांच सीआईडी क्राइम ने की थी। सीआईडी क्राइम ब्रांच ने पीआई, 10 अन्य पुलिसकर्मियों और सूरत के वकील केतन पटेल को गिरफ्तार किया। केतन पटेल से पूछताछ में पूर्व विधायक नलिन कोटडिया और तत्कालीन अमरेली एसपी जगदीश पटेल की कथित संलिप्तता का पता चला।
गुजरात का हाईप्रोफाइल केस
सीआईडी ने जगदीश पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया और आगे की जांच जारी रखी थी। कोटडिया की भूमिका एक 'फिक्सर' के रूप में सामने आई। यह मामला गुजरात के सबसे हाई-प्रोफाइल साइबर अपराध से संबंधित जबरन वसूली के मामलों में से एक है, जिसमें पुलिस अधिकारियों, राजनीतिक हस्तियों और निजी व्यक्तियों के बीच गहरे संबंधों का खुलासा हुआ था। अहमदाबाद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 2,091 बिटकॉइन, 11,000 लाइटकॉइन और 14.50 करोड़ रुपये नकद, कुल 1232.50 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की चल रही जांच के तहत अगस्त 2024 में शैलेश भट्ट को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया था।
शैलेष भट्ट ने कुंभानी से की थी वूसली
ईडी की जांच में सामने आया था कि शैलेश भट्ट ने सतीश कुंभानी से अपना निवेश वापस पाने के लिए उनके दो कर्मचारियों का अपहरण कर लिया और अपहृत कर्मचारियों की रिहाई के बदले 2,091 बिटकॉइन, 11,000 लाइटकॉइन और 14.50 करोड़ रुपये नकद वसूले। बिटकनेक्ट कॉइन के प्रमोटर सतीश कुंभानी पर 2017-18 में लोगों को कंपनी में निवेश करने का लालच देकर आम जनता को ठगने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद, सतीश कुंभानी ने जनवरी 2018 में बिटकनेक्ट कॉइन और उसके लैंडिंग प्लेटफॉर्म की बिक्री अचानक बंद कर दी और जनता का पैसा हड़पकर फरार हो गया।
गुजरात में भाई-बहन के रिश्ते को किया तार-तार, बहन के प्रेम संबंधों से नाराज युवक ने दो बार किया रेप
29 Aug, 2025 05:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद/राजकोट: गुजरात के भावनगर जिले में रिश्तों को कलंकित कर देने वाली घटना सामने आई है। एक भाई ने ही अपनी बहन को हवस का शिकार बनाया। बहन का प्रेम प्रसंग होने पर भाई ने चाकू की नोंक पर उसके साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया। विवाहित भाई की हैवानियत ने लोगों को आक्रोश से भर दिया है। भाई ने बहन के साथ गंदा सलूक करने के बाद उसे सिगरेट से दाग दिया। मामले के खुलासे के बाद भावनगर पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है।
दो बार बनाया हवस का शिकार
यह शर्मनाक घटना भावनगर के तलाजा के पास ही है। 29 साल के विवाहित व्यक्ति ने छोटी बहन के साथ चाकू की नोक पर दो बार बलात्कार किया। यह सामने आया है कि भाई अपनी बहन को किसी अन्य व्यक्ति के साथ अपने संबंधों के कारण ब्लैकमेल कर रहा था। उसने जुलाई और अगस्त में दो बार दुष्कर्म किया। पीड़िता दूसरी घटना के बाद बर्दाश्त नहीं कर पाई। उसने बहादुरी से 181 हेल्पलाइन पर संपर्क किया। इसके बाद भाई की हैवानियत का खुलासा हुआ। जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
पत्नी के जाने पर घिनौना हकरत
पुलिस सूत्रों के अनुसार 22 वर्षीय महिला ने बताया कि वह पिछले तीन सालों से अपने गांव के एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी, जिसकी जानकारी उसके भाई को थी। उसने इस जानकारी का इस्तेमाल उसे ब्लैकमेल करने के लिए किया। आरोपी का एक बच्चा है और वह ड्राइवर का काम करता है। 13 जुलाई और 22 अगस्त को, जब वह घर पर अकेली थी। उसके भाई ने चाकू की नोक पर उसके साथ बलात्कार किया। उसने पीड़िता की दाहिनी जांघ पर बीड़ी भी दागी।पीड़िता अविवाहित है और अपने भाई और उनके माता-पिता के साथ रह रही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहली बार अपराध तब किया जब उसकी पत्नी अपने माता-पिता से मिलने गई थी, और दूसरी बार जब वह किसी काम से घर से बाहर गई थी।
पुलिस ने जब्त किया चाकू और कपड़े
भावनगर पुलिस के अधिकारी डी पी खंभला के अनुसार आरोपी द्वारा इस्तेमाल किया गया चाकू और अपराध के दौरान पहने गए कपड़े जब्त कर लिए गए हैं। पीड़िता और आरोपी दोनों का मेडिकल परीक्षण हो चुका है और पुलिस ने बयान दर्ज कर लिए हैं। उस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एफ)(एम) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। भावनगर में एक भाई द्वारा बहन के साथ हैवानियत की घटना ने लोगों को सकते में डाल दिया है।
मुख्यमंत्री आज निवाड़ी में देंगे 193 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
ई-मोबिलिटी की ओर भोपाल का बड़ा कदम, 10 नई ई-बसें सोमवार से शुरू
धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा देना चाहते थे! छात्र आंदोलन पर बीजेपी नेता का बड़ा खुलासा
टैंक में जहरीली गैस से मची त्रासदी, ग्रेटर नोएडा में दो लोगों की मौत
