बिहार-झारखण्ड
बिहार विधानसभा चुनाव में उतरेंगी ज्योति सिंह, पवन सिंह से विवाद के बीच इस सीट से लड़ सकती हैं इलेक्शन
13 Oct, 2025 04:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह बिहार विधानसभा चुनाव में उतरेंगी। पवन सिंह के ससुर और ज्योति के पिता रामबाबू सिंह ने कहा है कि उनकी बेटी का चुनाव लड़ना तय है। हालांकि, उन्होंने ये नहीं बताया कि ज्योति किस सीट से चुनाव लड़ेंगी. लोकसभा चुनाव 2024 में भोजपुरी स्टार पवन सिंह काराकट से चुनाव लड़े थे। इस दौरान प्रचार के लिए ज्योति भी पहुंची थीं. तब पवन सिंह के हारने के बाद स्थानीय लोगों ने ज्योति को चुनाव में उतारने की मांग की थी। माना जा रहा है कि ज्योति सिंह काराकट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ सकती हैं। पवन सिंह के साथ चल रहे तलाक के मामले के बीच ऐसी खबरें थी कि ज्योति सिंह चुनाव लड़ेंगी। खुद ज्योति ने भी कहा था कि अगर पवन सिंह ने उन्हें नहीं अपनाया तो वे अपने पति के खिलाफ ही चुनाव लड़ेंगी। हालांकि, दो दिन पहले ही पवन सिंह ने ऐलान कर दिया कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। पवन सिंह ने खुद को भाजपा का सच्चा सिपाही बताते हुए कहा था कि चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने पार्टी का दामन नहीं थामा था।
पीके से क्या हुई थी बात?
पवन सिंह से विवाद के बीच ज्योति सिंह की मुलाकात जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर से भी हुई थी। इसके बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया था कि क्या जन सुराज के टिकट पर ज्योति चुनाव लड़ेंगी। लेकिन, ज्योति सिंह ने इन सवालों पर कहा था कि वह अपने भाई (प्रशांत किशोर) के पास न्याय मांगने आई हैं। ज्योति सिंह ने कहा था कि वह चाहती हैं कि उनके साथ जो हुआ, वो किसी महिला के साथ न हो. वहीं प्रशांत किशोर ने भी साफ किया था कि ज्योति सिंह से मुलाकात के दौरान कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई थीं।
विधानसभा चुनाव लड़ेंगी ज्योति
इस मुलाकात के दो दिन बाद अब ज्योति के पिता का बयान आया है कि उनकी बेटी बिहार चुनाव में उतरेंगी। माना जा रहा है कि ज्योति निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी. फिलहाल, किसी सीट को लेकर आधिकारिक ऐलान नहीं है लेकिन ऐसी अटकलें हैं कि वे काराकट से चुनाव लड़ सकती हैं।
कोर्ट में है तलाक का मामला
बता दें कि पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला कोर्ट में तीन सालों से चल रहा है. लेकिन, पिछले दिनों ज्योति सिंह लखनऊ स्थित पवन सिंह के आवास पर मिलने पहुंची थीं। तब उन्होंने पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे और कहा था कि भोजपुरी स्टार ने पुलिस बुलाकर उनको घर से बाहर करवाने की कोशिश की। जबकि, पवन सिंह का कहना था कि उनकी ज्योति से मुलाकात हुई थी। पवन सिंह ने पत्नी के आरोपों पर कहा था कि ज्योति चाहती हैं कि मैं उन्हें चुनाव लड़वाऊं। ज्योति सिंह के हालिया कदम को पवन सिंह ने राजनीति से प्रेरित बताया था।
“आज या फिर कभी नहीं…”, कांग्रेस ने RJD को दे दिया अल्टीमेटम, सहनी की वजह से ही फंसा है पेंच!
13 Oct, 2025 04:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बिहार की सियासत में हलचल मची है विधानसभा चुनाव 2025 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और सीट बंटवारे की जंग ने माहौल को गरमा दिया है। एनडीए (NDA) ने चतुराई से अपनी चाल चल दी, जबकि महागठबंधन में सीटों की खींचतान और आंतरिक रार थमने का नाम नहीं ले रही। एनडीए ने 12 अक्टूबर को अपनी सीट शेयरिंग का ऐलान कर सबको चौंका दिया। बीजेपी (BJP) और जेडीयू (JDU) ने बराबर-बराबर 101-101 सीटें हथिया लीं। चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें मिलीं, जबकि उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 6 सीटों से संतोष करना पड़ा. जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा को भी कुछ सीटें दी गईं। एनडीए का यह फॉर्मूला 2024 के लोकसभा चुनाव से प्रेरित है, जहां हर लोकसभा सीट को 6 विधानसभा सीटों के हिसाब से बांटा गया. इस एकजुटता ने एनडीए को मनोवैज्ञानिक बढ़त दे दी है।
महागठबंधन में रार, सहनी और कांग्रेस के तेवर तीखे!
उधर, महागठबंधन में सीट बंटवारे का सस्पेंस थ्रिलर फिल्म से कम नहीं. आरजेडी (RJD) नेता तेजस्वी यादव गठबंधन को एकजुट रखने की जद्दोजहद में जुटे हैं, लेकिन मुकेश सहनी की वीआईपी (VIP) और कांग्रेस के बीच तनातनी थम नहीं रही। सहनी, न सिर्फ ज्यादा सीटें मांग रहे हैं, बल्कि डिप्टी सीएम का पद भी ठोक रहे हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने तंज कसा, “महागठबंधन का स्वास्थ्य खराब है, डॉक्टर से इलाज करवाने जा रहा हूं।” कांग्रेस ने भी दो टूक कह दिया है कि आज या फिर कभी नहीं.” बिहार कांग्रेस के बड़े नेता, जैसे राजेश राम और शकील अहमद खान दिल्ली पहुंच चुके हैं। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने 70 सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट तैयार कर ली है। अगर वीआईपी के साथ बात बनती है, तो 56 सीटों पर ऐलान हो सकता है, वरना आज शाम तक 70 सीटों की घोषणा हो सकती है। लेकिन, अगर समझौता हुआ तो लिस्ट वापस भी हो सकती है।
पशुपति पारस और आईपी गुप्ता का ट्विस्ट!
महागठबंधन की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं. पशुपति पारस की रालोजपा (RLJD) ने सीट न मिलने पर अकेले चुनाव लड़ने की धमकी दी है। दूसरी ओर, तेजस्वी ने आईपी गुप्ता से बात शुरू की है, जिन्हें कांग्रेस पहले ही तीन सीटों का ऑफर दे चुकी थी। कहलगांव और वैशाली जैसी सीटों पर आरजेडी और कांग्रेस में ठनी हुई है, जबकि सीमांचल की कुछ सीटों पर भी कांग्रेस की नजर है।
क्या है असली गेम?
पहले चरण का चुनाव नजदीक है और समय कम बचा है. एनडीए ने अपनी रणनीति साफ कर दी है, लेकिन महागठबंधन में अंदरूनी कलह उसे कमजोर कर रही है। मुकेश सहनी की बीजेपी से नजदीकी की चर्चाएं भी जोरों पर हैं, जो महागठबंधन के लिए खतरे की घंटी हो सकती है। क्या महागठबंधन आखिरी वक्त में एकजुट हो पाएगा? या फिर कांग्रेस और वीआईपी अपने-अपने रास्ते चल देंगे? अगले कुछ घंटे बिहार की सियासत के लिए निर्णायक साबित होंगे।
‘मन दुखी है…आज कई घरों में खाना नहीं बना होगा…’, बिहार NDA में सीट बंटवारे के बाद उपेंद्र कुशवाहा का भावुक बयान
13 Oct, 2025 11:42 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बिहार चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में रविवार (12 अक्तूबर) को सीट बंटवारे को लेकर सहमति हो गई है। जहां बीजेपी को इस बार ज्यादा सीटें मिली हैं, वहीं कुछ दलों को कम सीटों के साथ संतोष करना पड़ा। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भावुक बयान दिया है। सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आज कई घरों में खाना नहीं बना होगा।
‘हजारों-लाखों लोगों का मन दुखी होगा’
उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि आप सभी से क्षमा चाहता हूं। आपके मन के अनुकूल सीटों की संख्या नहीं हो पायी. मैं समझ रहा हूं, इस निर्णय से अपनी पार्टी के उम्मीदवार होने की इच्छा रखने वाले साथियों सहित हजारों-लाखों लोगों का मन दुखी होगा। आज कई घरों में खाना नहीं बना होगा, परंतु आप सभी मेरी एवं पार्टी की विवशता और सीमा को बखूबी समझ रहे होंगे।उन्होंने आगे लिखा कि किसी भी निर्णय के पीछे कुछ परिस्थितियां ऐसी होती हैं जो बाहर से दिखतीं हैं, मगर कुछ ऐसी भी होती हैं जो बाहर से नहीं दिखतीं। हम जानते हैं कि अंदर की परिस्थितियों से अनभिज्ञता के कारण आपके मन में मेरे प्रति गुस्सा भी होगा, जो स्वाभाविक भी है.आपसे विनम्र आग्रह है कि आप गुस्सा को शांत होने दीजिए, फिर आप स्वयं महसूस करेंगे कि फैसला कितना उचित है या अनुचित। फिर कुछ आने वाला समय बताएगा. फिलहाल इतना ही।
आरएलएम को मिली 6 सीट
बिहार चुनाव के लिए एनडीए में सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है, बीजेपी और जेडीयू 101-101 सीट पर चुनाव लड़ेंगी। वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीट, जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) और RLM को 6-6 सीट मिली हैं. मांझी और कुशवाहा ने ज्यादा सीटों की इच्छा जताई थी।
दो चरणों में होगा विधानसभा चुनाव
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे, पहले चरण का चुनाव 121 सीटों के लिए 6 नवंबर और दूसरे चरण का चुनाव 122 सीटों के लिए 11 नवंबर को होगा. चुनाव के परिणाम 14 नवंबर को जारी किए जाएंगे।पहले फेस के लिए नामांकन 17 अक्तूबर और दूसरे फेज के लिए नामांकन 20 अक्तूबर से होगा।
झारखंड में दरिंदगी की हद: युवती को रिश्तेदार ने फंसाया, कई जगह ले जाकर किया बलात्कार
11 Oct, 2025 08:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Jharkhand News: रांची में बुधवार (8 अक्टूबर) को 18 वर्षीय एक युवती से रेप के आरोप में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पीड़िता ने तमाड़ थाने की पुलिस से शिकायत की थी.
झारखंड: रिश्ते का भाई बना हैवाल, 18 साल की लड़की से 7 लोगों ने किया गैंगरेप
झारखंड के रांची जिले में बुधवार (8 अक्टूबर) को 18 साल की एक लड़की से रेप के आरोप में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पीड़िता ने तमाड़ थाने में मंगलवार (7 अक्टूबर) अपने साथ हुई हैवानियत की शिकायत की. पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके रिश्ते के भाई ने उसे जानबूझकर फंसाया.
तमाड़ थाने के प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी ने बताया कि पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, वारदात 30 सितंबर को हुई. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके रिश्ते के भाई ने उसे मर्दन मोड़ स्थित दशहरा मेले में बुलाया था, जहां दो लोग आए और उनमें से एक ने उसका रेप किया. इसके बाद वे उसे सोना टुंगरी रुगड़ी ले गए जहां दो अन्य लोगों ने उसका रेप किया. वहां से वे उसे बुंडू ले गए जहां तीन और लोगों ने उससे बलात्कार किया. बुंडू से उसे रांची ले जाया गया तथा. वहां एक और व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार किया. बाद में वे उसे तमाड़ इलाके के मर्दन मोड़ पर छोड़ गए.
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तमाड़ थाने में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. अधिकारी ने बताया कि चार आरोपियों की पहचान हो गई है और तीन अभी अज्ञात हैं. उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है. अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच बुधवार को कराई जाएगी.
प्रेमिका से मिलने गया था कपिल राय, परिजनों ने कर दी बेरहमी से हत्या
11 Oct, 2025 07:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Dhanbad Murder Case: धनबाद में प्रेम प्रसंग के चलते युवक कपिल राय की हत्या कर शव को छुपा दिया. हत्या के दस घंटे बाद पुलिस ने शव बरामद कर आरोपी गंगा ठाकुर को गिरफ्तार किया.
धनबाद में प्रेम प्रसंग के चलते युवक की मौत
धनबाद जिले के तोपचांची के हरिहरपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. शुक्रवार (10 अक्टूबर) को पुलिस ने प्रेम प्रसंग में हुई हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी गंगा ठाकुर को गिरफ्तार किया.पुलिस को मृतक कपिल राय का शव आरोपी के घर से मिला, जिसे धान की पत्तियों (बिचाली) के नीचे छुपाया गया था. शव बरामद करने में पुलिस को ग्रामीणों के विरोध के चलते दस घंटे से अधिक समय तक मशक्कत करनी पड़ी.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, कपिल राय का अपने ही गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जाता है कि गुरुवार रात वह युवती से मिलने उसके घर गया था. उसी दौरान युवती के परिजनों ने उसे देख लिया. गुस्से में आकर उन्होंने कपिल पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को घर के आंगन में धान की पत्तियों के नीचे छुपा दिया. शुक्रवार सुबह जब कपिल के परिजन उसे खोजने निकले और गांव में उसकी कोई जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. इसी बीच ग्रामीणों को पता चला कि कपिल अपनी प्रेमिका से मिलने गया था और वहीं उसकी हत्या कर दी गई. खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण आरोपी के घर के बाहर जुट गए और जमकर हंगामा करने लगे.
पुलिस ने आरोपी गंगा ठाकुर को किया गिरफ्तार
सूचना पर हरिहरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गंगा ठाकुर के घर की तलाशी ली. जब पुलिस को धान की पत्तियों के नीचे से शव मिला तो स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई. ग्रामीण आरोपी को पुलिस के हवाले न कर, खुद सजा देने की मांग करने लगे. इस विरोध के कारण पुलिस शव को कब्जे में नहीं ले पाई और स्थिति को संभालने में करीब दस घंटे लग गए.आखिरकार देर रात भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाया. आरोपी गंगा ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
प्रेम प्रसंग में की गई युवक की हत्या
एसडीपीओ पुरूषोतम कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग में की गई हत्या की आशंका है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है.
राबड़ी आवास के बाहर बवाल, आरजेडी कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव की गाड़ी घेरी
11 Oct, 2025 07:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Bihar Elections 2025: बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जब अपने सरकारी आवास जा रहे थे, इसी दौरान उनके गाड़ी को आरजेडी के कई कार्यकर्ताओं ने घेरने की कोशिश की.
समर्थकों ने गाड़ी को घेरा
बिहार में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी गहमागहमी तेज है. इस बीच टिकट को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के गाड़ी को घेरने की कोशिश की गई है. पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास के बाहर शनिवार (11 अक्टूबर) को जमकर हंगामा हुआ. जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव निकल करके अपने सरकारी आवास जा रहे थे, इसी दौरान उनके गाड़ी को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कई कार्यकर्ताओं ने घेरने की कोशिश की. ये कार्यकर्ता अपने-अपने इलाके से आए थे और अपने समर्थकों के टिकट की मांग कर रहे थे. सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरीके से तेजस्वी यादव को भीड़ से निकालने की कोशिश की लेकिन उनके गाड़ी के सामने कार्यकर्ता आकर जमकर प्रदर्शन करने लगे और तेजस्वी यादव जिंदाबाद के नारे लगाने लगे. उसके बाद किसी तरीके से सुरक्षाकर्मियों ने तेजस्वी यादव के गाड़ी को बाहर निकाला उसके बाद वह अपने सरकारी आवास गए.
देश में 2.65 करोड़ सरकारी नौकरियां, बिहार में 3 करोड़ का वादा, विवाद बढ़ा
10 Oct, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: बिहार के मंत्री हरि साहनी ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के हर परिवार में सरकारी नौकरी देने के वादे पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी के माता-पिता ने अपने लंबे कार्यकाल में एक प्रतिशत भी नौकरी नहीं दी। साहनी ने यह भी दावा किया कि बिहार में 50 लाख से भी कम नौकरियां हैं, तो तेजस्वी तीन करोड़ नौकरियां कैसे देंगे। उन्होंने कहा कि जब आरजेडी सत्ता में होती है तो वह अपने परिवार के लिए काम करती है, और सत्ता से बाहर होने पर झूठ बोलकर राजनीति करती है।
हरि साहनी ने कहा, "उनके (तेजस्वी यादव के) माता-पिता (लालू प्रसाद यादव-राबड़ी देवी) ने मिलकर, अपने लंबे कार्यकाल में, एक प्रतिशत भी नौकरियां नहीं दीं... बिहार में 50 लाख नौकरियां भी नहीं हैं, वे तीन करोड़ नौकरियां कैसे देंगे? सभी जानते हैं कि जब वे सत्ता में होते हैं, तो वे अपने परिवार के लिए जीते हैं, और जब वे सत्ता से बाहर होते हैं, तो वे झूठ बोलकर राजनीति करते हैं। लोग उनके चरित्र को पहले से ही जानते हैं।"
बिहार 'जंगल राज' से 'मंगल राज' की ओर बढ़ गया
साहनी ने एनडीए की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि,"बिहार के लोगों ने फैसला कर लिया है कि एनडीए के कार्यकाल में बिहार 'जंगल राज' से 'मंगल राज' की ओर बढ़ गया है। बिहार में फिर से एक मजबूत एनडीए सरकार बनेगी।"
बीजेपी नेता अजय आलोक ने भी तेजस्वी यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें "मूर्ख" कहा। उन्होंने कहा, "एक मूर्ख बगीचे को बर्बाद करने के लिए काफी है; बिहार में ' महागठबंधन ' में दो हैं... आपकी दादी को गरीबी खत्म करने में 50 साल लगे... दादी चली गईं, पिता चले गए, और अब पोता आया है... देश में कुल 2 करोड़ 65 लाख नौकरियां हैं, और वे अकेले बिहार में तीन करोड़ सरकारी नौकरियां देंगे?"
नीतीश सरकार का एक करोड़ नौकरियां देने का वादा
आलोक ने कहा कि एनडीए ने आगामी बिहार विधानसभा चुनावों से पहले एक करोड़ नौकरियों का वादा किया है। उन्होंने कहा, "भाजपा और नीतीश कुमार ने कहा था कि वे 19 लाख नौकरियां देंगे, जिसमें उन्होंने 10 लाख सरकारी नौकरियों सहित कुल 15 लाख से अधिक नौकरियां दीं। अब हम एक करोड़ नौकरियों का वादा कर रहे हैं, जिसमें 10 लाख सरकारी नौकरियां होंगी।"
यह बयान तेजस्वी यादव की उस घोषणा के बाद आया जिसमें गुरुवार को उन्होंने कहा था कि सत्ता में आने पर वे बिहार के हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी सुनिश्चित करने के कानून बनाएंगे। उन्होंने कहा था कि उन्हें अपने वादे को लागू करने के लिए किसी सबूत की जरूरत नहीं है।
20 दिनों के भीतर सरकारी नौकरी देने का वादा
तेजस्वी यादव ने कहा था, "हमने आज एक ऐतिहासिक घोषणा की है। हम लोगों के लिए सामाजिक न्याय के साथ-साथ आर्थिक न्याय के लिए भी प्रयास करते हैं। आज हमने घोषणा की है कि बिहार में जिस भी परिवार के पास सरकारी नौकरी नहीं होगी, उसे हमारी सरकार बनने के 20 दिनों के भीतर एक सरकारी नौकरी दी जाएगी। 20 महीनों में ऐसा कोई परिवार नहीं होगा जिसके पास सरकारी नौकरी न हो। जब बिहार के हर परिवार के पास सरकारी नौकरी होगी, तो तेजस्वी के अलावा हर कोई बिहार सरकार चलाएगा। तेजस्वी की उम्र कच्ची है, पर जुबान पक्की है। इसलिए हमें सबूत देने की जरूरत नहीं है। बिहार के लोग जानते हैं कि तेजस्वी वही करेंगे जो वे कहते हैं।"
JMM की एंट्री से बढ़ी सरगर्मी, महागठबंधन में सीट बंटवारे पर नहीं बन रही बात
10 Oct, 2025 01:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में आज शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है. लेकिन प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को छोड़ किसी भी बड़े दल ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं किया है. राज्य के 2 प्रमुख गठबंधन सत्तारुढ एनडीए और महागठबंधन अपने-अपने घटक दलों के साथ सीट शेयरिंग पर समझौता नहीं कर सके हैं. इस बीच महागठबंधन में शामिल जेएमएम ने भी अपने लिए बड़ी मांग रख दी है.
झारखंड में सत्तारुढ़ और बिहार में महागठबंधन के घटक दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) भी एक दर्जन सीटों पर चुनाव लड़ना चाह रही है. पार्टी से जुड़े एक नेता ने बताया कि हमारी पार्टी बिहार चुनाव में इंडिया गठबंधन के सहयोगी के रूप में कम से कम 12 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार है. महागठबंधन में के प्रमुख दल राष्ट्रीय जनता दल से कांग्रेस, वाम दल और विकासशील इंसान पार्टी अपने लिए अधिक से अधिक सीटों की मांग कर रही है.
सीट शेयरिंग को लेकर चल रही बातचीत
उन्होंने यह भी कहा कि जेएमएम कितनी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी, इस पर अंतिम फैसला इंडिया गठबंधन के सहयोगियों के साथ बैठक के बाद ही लिया जाएगा. जेएमएम के महासचिव विनोद कुमार पांडे ने कहा कि इंडिया गठबंधन के घटकों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बात चल रही है. सीट बंटवारे को अगले एक-दो दिन में अंतिम रूप दे दिया जाएगा.
विनोद कुमार पांडे ने, “हमने पिछले दिनों में पटना में हुई एक बैठक के दौरान बिहार में इंडिया गठबंधन के घटकों के नेताओं को अपनी मंशा से अवगत करा दिया था. हमने अपने पार्टी नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी बैठक के नतीजों के बारे में बता दिया है. अब, मुख्यमंत्री सोरेन इंडिया गठबंधन के सहयोगियों के साथ चर्चा के बाद बिहार में जेएमएम की ओर से चुनाव लड़ी जाने वाली सीटों पर अंतिम फैसला लेंगे.”
दर्जनभर सीमावर्ती सीटों पर जेएमएम की नजर
सीमावर्ती सीटों पर चुनाव लड़ने की बात करते हुए पांडे ने कहा कि मंगलवार को हुई बैठक के दौरान, जेएमएम ने झारखंड से सटे आदिवासी बहुल सीमावर्ती इलाकों के करीब 12 सीटों के लिए अपना दावा किया है. उनका कहना है कि तारापुर, कटोरिया, मनिहारी, झाझा, पीरपैंती, ठाकुरगंज, बांका, रूपौली, चकाई, जमालपुर, बनमनखी और रामनगर वे सीटें हैं जहां से झारखंड मुक्ति मोर्चा चुनाव लड़ने को तैयार है.
पिछले दिनों बिहार विधानसभा के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है. राज्य में गठबंधनों के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है. हालांकि न तो एनडीए और न ही महागठबंधन में सीटों को लेकर अभी तक कोई सहमति बन सकी है. फिलहाल 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा के लिए 2 चरणों में (6 और 11 नवंबर) चुनाव कराए जाएंगे. जबकि वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी.
जेएमएम को 5 सीटें ही देना चाह रहे तेजस्वी यादव
हालांकि, झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल के एक नेता का कहना है कि राष्ट्रीय जनता दल, बिहार में जेएमएम को अधिकतम 5 सीटें देने पर विचार कर रहा है. पिछले साल झारखंड में विधानसभा चुनावों के दौरान, जेएमएम की अगुवाई वाले गठबंधन ने अपने यहां चुनाव लड़ने के लिए आरजेडी को 81 में से 6 सीटें देने की पेशकश की थी. चुनाव में आरजेडी का प्रदर्शन अच्छा रहा था और वह 4 सीटें जीतने में कामयाब रही थीं.
तेज रफ्तार बनी मौत का सबब, लोहरदगा में ऑटो और बाइक की जोरदार भिड़ंत
10 Oct, 2025 11:40 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार की शाम को हुए एक हादसे में तीन युवकों की मौत की चर्चा अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि गुरुवार को एक और गंभीर सड़क हादसा सामने आया। गुरुवार की शाम लगभग छह बजे, नंदनी पुल के समीप ऑटो और तेज रफ्तार बाइक की सीधी भिड़ंत हुई। इस हादसे में भंडरा क्षेत्र के भैसमुंदो टंगरा टोली निवासी पंचू महली के पुत्र ब्रजकिशोर महली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, राम विनोद महली के पुत्र सुभाष महली की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची रिम्स रेफर किया गया। दुर्गा महली के पुत्र बासुदेव महली को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे की जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार सुमंती कुमारी ने बताया कि वे सभी बक्सिडीपा से ऑटो किराया लेकर चट्टी स्थित बनटोली आश्रम में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। ऑटो में दो बच्चे समेत कुल नौ लोग सवार थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार बाइक ने ऑटो से जोरदार टक्कर मारी, जिससे ऑटो पलट गया।
ऑटो में सवार बच्चों को कोई चोट नहीं आई, लेकिन अन्य यात्रियों में गुमला जिला के घाघरा निवासी दुर्गा उरांव की पत्नी दशमी उरांव, घाटा गागया निवासी सुलेंदर महतो की पत्नी रीता देवी, हेसल निवासी छेदू उरांव की पत्नी सीमा उरांव, सेन्हा क्षेत्र के उगरा निवासी धनी महली के पुत्र सुरेश भगत और सेन्हा क्षेत्र के आर्या निवासी मूसन साव की पत्नी फूलमैत देवी को प्राथमिक उपचार के बाद लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा गया। सुमंती कुमारी और भिंसरिया उरांव को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दी गई।
भंडरा थाना प्रभारी रवी रंजन कुमार ने बताया कि जैसे ही सड़क हादसे की सूचना मिली, 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई और पुलिस दल बल सहित घटना स्थल पर पहुंचे। एसआई पप्पू गुप्ता, एएसआई संतोष राय, एएसआई रामदेव राय, एएसआई संजय कुमार और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया गया। मृतक युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेजा गया। पुलिस हादसे की गहनता से जांच कर रही है।
प्रखंड सदर आफताब आलम ने कहा कि नशे में वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार की शाम हुई सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हुई थी और दो को गंभीर हालत में रिम्स रेफर किया गया था। गुरुवार को हुए ऑटो और बाइक के हादसे ने क्षेत्र में लोगों में कोहराम मचा दिया है। इस तरह लगातार दो दिनों में हुए हादसों ने भंडरा थाना क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता और आक्रोश पैदा कर दिया है।
खलारी में तड़के चली गोलियां, पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़
10 Oct, 2025 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। यह मुठभेड़ कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों के साथ हुई। पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रांची एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक विशेष पुलिस टीम ने खलारी थाना क्षेत्र में छापेमारी की। मौके पर मौजूद अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी कार्रवाई में गिरोह के साजन अंसारी और अमित गुप्ता नामक दो अपराधी घायल हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से कई प्रकार के असलहे बरामद किए गए, जिनमें देशी और आठ पिस्टल, कारतूस और खटोला-बारूद शामिल हैं। साथ ही मौके से एक मोटरसाइकिल और अन्य संदिग्ध सामान भी पुलिस ने कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि बरामद हथियार और कारतूस स्थानीय स्तर पर आपराधिक घटनाओं में उपयोग किए जा रहे थे।
पुलिस ने दो अन्य संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ जारी है। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सक्रिय सदस्यों और उनके आश्रयों की खोज शुरू कर दी गई है। रांची पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य गिरोह की कमर तोड़ना और क्षेत्र में अपराध के मामलों को नियंत्रित करना है।
एसएसपी कार्यालय ने कहा कि घटना की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही FIR दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्रीय लोग और स्थानीय व्यापारी इस कार्रवाई से अस्थायी शांति महसूस कर रहे हैं, लेकिन कई लोगों ने सुरक्षा बढ़ाने और नाके-पात जारी रखने की मांग भी की है।
पुलिस ने कहा कि आगामी दिनों में निरंतर गश्त और चेकिंग बढ़ाई जाएगी और किसी भी जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। यह घटना राहुल दुबे गिरोह की सक्रियता के लिए गंभीर चेतावनी मानी जा रही है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि संदिग्ध व्यक्तियों या हथियारों संबंधी जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी थाने या 100 नंबर पर सूचित करें, ताकि अपराधियों को कानून के कटघरे में लाया जा सके।
बिहार विधानसभा चुनाव: सीट शेयरिंग पर चिराग-BJP में सुलह की उम्मीद
10 Oct, 2025 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार विधानसभा चुनाव के ऐलान के बाद NDA और चिराग पासवान में सीटों को ठनी हुई है. गुरुवार को दिन भर चले बैठकों के दौर के बाद चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और BJP के बीच सीटों को जारी गतिरोध कम हुआ है. सूत्रों के मुताबिक इसकी वजह ये है कि जहां चिराग पासवान अपनी मांग से कुछ नीचे आए हैं तो वहीं बीजेपी ने भी बड़ा दिल दिखाने का वादा किया है. हालांकि बात अभी पूरी तरह से बनी नहीं है. सूत्रों का कहना है कि बातचीत सही रास्ते पर है और शुक्रवार को सीटों को लेकर दोनों दलों में मामला सुलझ सकता हो.
दरअसल चिराग पासवान की पार्टी ने ज्यादा सीटों के लिए दबाव की राजनीति का सहारा लिया. गुरुवार सुबह अपने घर से ऑफिस के लिए निकलते हुए चिराग ने कहा कि जब तक वो मंत्री है उनको मंत्री का दायित्व निभाना है. उन्होंने ये संदेश देने की कोशिश की थी, अगर उनकी सीटों की मांग नहीं मानी गई तो वो बड़ा फैसला सकते हैं. इस बीच BJP की तरफ से चिराग पासवान से बात करने के लिए केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय को जिम्मेदारी दी गई. केंद्रीय मंत्री को लगाने के पीछे वजह ये है कि चिराग पासवान नित्यानंद राय को पिता तुल्य मानते हैं.
सुबह से चल रहा था बैठकों का दौर
गुरुवार सुबह नित्यानंद राय ने चिराग पासवान की मां रीना पासवान से करीब एक घंटा बातचीत की. चिराग पासवान को कड़े रूख से नीचे लाने के लिए मां से राय ने बात की. नित्यानंद राय की तरफ से बताया गया कि चिराग का ये रवैया पार्टी, परिवार और एनडीए के हित में नहीं. सूत्रों के मुताबिक रीना पासवान ने चिराग से बात की और उन्हें नित्यानंद राय से मिलने के लिए तैयार किया.
चिराग को मनाने पहुंचे चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान
बताया जाता है कि कुछ देर बाद ही कुछ देर बाद ही चिराग पासवान और नित्यानंद राय की मुलाकात हुई जो एक घंटे से ज्यादा देर चली. इस बैठक में अगली बैठक को लेकर सहमति बनी है. इस मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने कैमरों के सामने कहा कि कोई नाराजगी नहीं है और बातचीत सकारात्मक रही। फिर रात में BJP के बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के साथ नित्यानंद राय फिर चिराग पासवान के घर पहुंचे. तीनों के बीच बैठक करीब 20 मिनट तक बातचीत चली.
बीजेपी ने चिराग को दिए कई ऑफर
इन बैठकों का असर ये हुआ कि चिराग पासवान अपनी सीटों की मांग से पीछे हटे हैं. पहले चिराग पासवान 30 से 40 सीटों से कम पर मानने को तैयार नहीं थे. सूत्रों का कहना है कि अब चिराग पासवान ने अपनी मांग को घटाकर 35 सीटें कर दी हैं. सूत्रों के मुताबिक, चिराग पासवान ने इन 35 सीटों की सूची भी बीजेपी को दे दी है. चिराग की नरमी के बाद बीजेपी का रूख भी बदल रहा है. BJP अब 24 से 26 सीटों तक चिराग को देने को तैयार है. BJP ने चिराग पासवान को भविष्य में एक विधानपरिषद और एक राज्यसभा सीट भी देने का आश्वासन दिया है.
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर बाईपास में आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक का इस्तेमाल
10 Oct, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुजफ्फरपुर जिलेवासियों के लिए राहत और विकास की नई सौगात लेकर हाजीपुर–मुजफ्फरपुर बाईपास अब तैयार है। यह बाईपास 11 अक्टूबर से आम जनमानस और यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इसके शुरू होने से मुजफ्फरपुर शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम व तेज हो जाएगा।
यह बाईपास 16.87 किलोमीटर लंबा है और हाजीपुर मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-63.17) खंड का हिस्सा है। इसके निर्माण से न सिर्फ शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि दरभंगा, मोतिहारी, सीतामढ़ी, वैशाली और समस्तीपुर जैसे आसपास के जिलों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह मार्ग सुविधाजनक साबित होगा।
हाजीपुर–मुजफ्फरपुर बाईपास का निर्माण अत्याधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक से किया गया है। इसमें 66 अंडरपास, 4 माइनर ब्रिज और एक आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) का निर्माण किया गया है। इन संरचनाओं से स्थानीय निवासियों और वाहनों की सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की गई है। अंडरपास के जरिए ग्रामीण इलाकों को भी जोड़ा गया है, जिससे किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को सुगम आवाजाही की सुविधा मिलेगी।
बाईपास के शुरू होने से हाजीपुर से दरभंगा, सीतामढ़ी या मोतिहारी की ओर जाने वाले भारी वाहनों को अब शहर के बीच से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे शहर में ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, ईंधन की खपत घटेगी और प्रदूषण में भी गिरावट होगी। वाहन चालकों को घंटों तक जाम में फंसे रहने से मुक्ति मिलेगी, समय की बचत होगी और सड़क सुरक्षा में सुधार होगा।
जिलाधिकारी सुब्रत सेन ने कहा कि हाजीपुर–मुजफ्फरपुर बाईपास का खुलना जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस मार्ग के शुरू होने से शहर के अंदर ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी और नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही यह मार्ग औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन विकास को भी नई दिशा देगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए इस नई सुविधा का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। यह बाईपास जिले के सामाजिक और आर्थिक विकास का नया अध्याय खोलेगा।
सिवान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अयूब और रईस खान के घर से हथियारों का जखीरा बरामद
8 Oct, 2025 09:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Siwan Crime News: सिवान SP मनोज तिवारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अयूब और रईस खान गिरोह के कुछ सदस्य भारी संख्या में हथियार छिपाकर रखे हुए हैं. इसके बाद STF और पुलिस ने छापेमारी की.
बिहार के सिवान में कुख्यात खान ब्रदर्स अयूब खान के घर पर पुलिस ने छापेमारी की है. अयूब के घर से AK-47 समेत भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं. एसटीएफ और सिवान पुलिस के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई है. मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं अयूब खान फरार हो गया है.
सिवान एसपी मनोज तिवारी ने बुधवार (08 अक्टूबर) को प्रेस कांफ्रेंस कर इस संबंध में जानकारी दी है. उन्होंने बताया, ''पुलिस को 7–8 अक्टूबर की रात में गुप्त सूचना मिली थी कि अयूब खान के घर कई हथियार हैं. अयूब और रईस गिरोह के कुछ सदस्य हथियार को छुपा कर रखे हुए हैं. सूचना के आधार पर अयूब खान और उसके गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी.''
STF और पुलिस की छापेमारी में कई हथियार बरामद
एसपी ने आगे बताया, ''सिवान एसडीपीओ अजय कुमार के नेतृत्व में एसटीएफ और जिला पुलिस ने बल ने छापेमारी की. जहां से AK-47, 1 देसी कट्टा, रेग्युलर दो नाली बन्दूक-1, कार्बाइन- 1, AK 47 का ज़िंदा कारतूस की 143 गोली, 9 MM का जिंदा कारतूस-19 समेत भारी मात्रा में हथियार मिले. एक महिला समेत 4 लोग गिरफ्तार किए गए हैं. वहीं इस छापेमारी में अयूब खान फरार हो गया.''
गिरोह के सदस्य अब्दुल के पास से AK-47 बरामद
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में अयूब खान का करीबी बाबू नामक एक अपराधी जिसके पास से कार्बाइन बरामद हुआ है. वहीं गिरोह का एक दूसरा सदस्य अब्दुल कलाम आजाद है, जिसके पास से AK-47 बरामद हुआ और एक महिला जो शाह आलम की पत्नी है उसके पास से एक दुनाली बंदूक बरामद की गई''.अयूब और रईस खान गिरोह एक संगठित आपराधिक गिरोह हैं. ये अपने गिरोह के सदस्यों के पास अपने हथियार रखते थे. जैसे ही इन्हें हथियार की जरूरत पड़ती तो ये अपने हथियार इकट्ठा करके आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे और फिर उसके बाद हथियार छुपा दिया जाता था.
अयूब के भाई रईस खान के घर भी हुई थी छापेमारी
गौरतलब हो कि 21 सितंबर को अयूब खान के छोटे भाई रईस खान के भी गयासपुर स्थित आवास पर पुलिस की छापेमारी हुई थी. पटना एसटीएफ और जिला बल की इस संयुक्त छापेमारी में डीआईजी सारण नीलेश कुमार भी पहुंचे थे. रईस खान के घर छापेमारी से पुलिस ने एके-47 के कारतूस और कई हथियार भी बरामद किए थे. वहीं पुलिस ने रईस खान के करीबी मुन्ना खान, अफताब और शाह आलम को भी गिरफ्तार किया था.
बिहार चुनाव: भाजपा की चुनाव समिति की बैठक जारी, सीट फॉर्मूले पर माथापच्ची
8 Oct, 2025 05:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग के मुद्दे पर दोनों गठबंधनों के पार्टियों के बीच खींचतान जारी है। इंडिया गठबंधन के समन्वय समिति के अध्यक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पिछले तीन दिनों से उनके ही आवास पर बैठक चल रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में चुनाव समिति की बैठक शुरू हो गई है। चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में हो रही इस बैठक में यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, बिहार के दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, मंत्री मंगल पांडेय समेत कई दिग्गज नेता शामिल हैं। बैठक में सीट शेयरिंग पर चर्चा हो रही है।
इधर, बैठक में शामिल होने से पहले केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि इस चुनाव में NDA पूरी तरह से तैयार है। घटक दलों के सभी नेता और कार्यकर्ता दिन रात जनता की सेवा में लगे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि सीट शेयरिंग पर बात अंतिम चरण में है। अगले 24 से 48 घंटे में सारी बात हो जाएगी। वहीं बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा एनडीए इस चुनाव में इतिहास रचेगा। इस बार 2010 का रिकॉर्ड भी टूट जाएगा।
सीट बंटवारे का फॉर्मूला भी जल्द तय हो जाएगा
इधर, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही इस बार भी चुनाव लड़ा जा रहा है। सीट बंटवारे का फॉर्मूला भी जल्द तय हो जाएगा। इंडिया गठबंधन का नेतृत्व तय नहीं हुआ है। कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट कहा है, तेजस्वी यादव राजद के मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे, इंडिया गठबंधन के नहीं। उन्होंने चिराग पासवान की नाराजगी की बात पर कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। वहीं नाराज नहीं हैं। एनडीए में सबकुछ सामान्य है। सबलोग एकजुट हैं।
एनडीए में चिराग-मांझी की जिद
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में सीट बंटवारे का काम 80 फीसदी तक हो चुका है। भाजपा और जदयू दोनों 100 से अधिक पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। केंद्रीय चिराग पासवान की पार्टी को 28, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को आठ और उपेंद्र कुशवाह की पार्टी को करीब पांच सीटें भाजपा और जदयू देना चाहती है। लेकिन, लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा मानने को तैयार नहीं। चिराग 40 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। वहीं जीतन राम मांझी का तर्क है कि राज्य स्तर की पार्टी बनने के लिए आठ विधायक चाहिए। हमारे पास पहले से चार विधायक हैं। ऐसे में 10 से 12 सीटों से कम पर चुनाव हमलोग नहीं लड़ कसते हैं। दोनों पार्टी के नेताओं ने चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से मिलकर अपनी-अपनी बात रख दी है। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने दावा किया है कि एनडीए के घटक दलों के कहीं कोई मतभेद नहीं है। सबलोग एकजुट हैं। जल्द ही सीट बंटवारे का एलान कर दिया जाएगा।
2010 में एनडीए को 206 सीटों पर जीत मिली थी
एनडीए बार-बार 2010 के रिकॉर्ड टूटने की बात कह रही है। 2010 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का स्ट्राइक रेट सबसे बेहतर रहा था। भाजपा 102 सीटों पर चुनाव लड़कर 91 सीटें जीती थीं। उस समय सीएम नीतीश कुमार की पार्टी ने 141 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे और 115 सीटों पर जीत हासिल की। इस तरह एनडीए को 206 सीटों पर जीत मिली थी। इसलिए एनडीए के नेता इस बार 2010 के चुनाव परिणाम का रिकॉर्ड तोड़ने की बात कह रहे हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव: केंद्र सरकार को भी मानने होंगे आचार संहिता के नियम
8 Oct, 2025 05:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने बुधवार को कहा कि बिहार से संबंधित घोषणाओं और नीतिगत निर्णयों के संबंध में आदर्श आचार संहिता के प्रावधान केंद्र सरकार पर भी लागू होते हैं।
चुनाव आयोग (ईसी) द्वारा सोमवार को बिहार विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा के तुरंत बाद राज्य में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई। चुनाव 6 और 11 नवंबर को होंगे और मतगणना 14 नवंबर को होगी।
चुनाव आयोग ने एक बयान में कहा, "बिहार के लिए घोषणाओं/नीतिगत निर्णयों के संबंध में आदर्श आचार संहिता केंद्र सरकार पर भी लागू होगी।"
नागरिकों की निजता का सम्मान
चुनाव आयोग ने यह भी कहा कि नागरिकों की निजता का सम्मान किया जाना चाहिए और निजी आवासों के बाहर कोई प्रदर्शन या धरना नहीं दिया जाना चाहिए। भूमि, भवन या दीवारों का उपयोग मालिक की सहमति के बिना झंडे, बैनर या पोस्टर लगाने के लिए नहीं किया जाएगा।
चुनाव आयोग ने बिहार के मुख्य सचिव को सरकारी, सार्वजनिक और निजी संपत्ति से विरूपण हटाने, किसी भी राजनीतिक दल, उम्मीदवार या चुनाव से जुड़े किसी अन्य व्यक्ति द्वारा सरकारी वाहन या सरकारी आवास का दुरुपयोग करने, तथा सरकारी खजाने की लागत से विज्ञापन जारी करने पर प्रतिबंध लगाने के संबंध में भी निर्देश जारी किए हैं।
साहब की बहाली के लिए बाबू ने मांगी घूस: 40 हजार रुपये के साथ पकड़े गए स्थापना शाखा प्रभारी।
अनुभव का सम्मान या परीक्षा का दबाव? पात्रता परीक्षा पर मप्र के शिक्षकों ने खोला मोर्चा
ग्रामीणों की बहादुरी से बची दो जानें, लेकिन अंचल और पूनम को नहीं बचा सका कोई
"सस्पेंड करो या कोर्ट झेलने को तैयार रहो" - भाजपा नेता संतोष परवाल की तीखी चेतावनी
Health Tips: पाचन तंत्र को लोहे जैसा मजबूत बना देगा 30/30/3 नियम, आज ही करें ट्राई।
20 अप्रैल तक करना होगा सरेंडर: कोर्ट ने दोषी को दी राहत, मगर पुलिस को दी नसीहत
"अब विकास में बाधा नहीं सहेगा बंगाल": भाजपा के समर्थन में बोले डॉ. मोहन यादव
भारत का करारा जवाब: पाकिस्तान ने समंदर में दिखाई बौखलाहट, भारत ने दोगुनी ताकत से घेरा
डायमंड सिटी को जाम से मिलेगी मुक्ति; सूरत मेट्रो के 8.5 किमी लंबे रूट पर टेस्टिंग जारी।
देवघर और हजारीबाग में नए चेहरों की एंट्री; झारखंड सरकार ने प्रशासनिक अमले में किया बड़ा उलटफेर।
