बिहार-झारखण्ड
मोस्ट वांटेड नक्सली राजकुमार भोजपुर जिले से गिरफ्तार
25 May, 2024 04:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने भोजपुर से वांछित नक्सली राजकुमार सिंह उर्फ विजय सिंह उर्फ शुक्ला जी को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना पर एसटीएफ और भोजपुर जिला बल ने भोजपुर के सिकरहट्टा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर नक्सली को गिरफ्तार किया।नक्सली राजकुमार सिंह के विरुद्ध भोजपुर और औरंगाबाद जिले के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित कई नक्सली कांड दर्ज हैं।वर्ष 2018 में औरंगाबाद जिले के देव थाना अंतर्गत ग्राम सुदी बिगहा में एमएलसी राजन सिंह के घर पर नक्सलियों ने हमला कर उनके चाचा की हत्या की थी। इस दौरान परिसर में खड़े वाहनों में भी आग लगा दी गई थी। नक्सली राजकुमार उक्त नक्सली हमले का भी आरोपित है।इसके एक दिन पूर्व एसटीएफ ने औरंगाबाद से नक्सली संगठन से जुड़े फरार अभियुक्त राजेश सिंह उफ्र राजू सिंह को भी गिरफ्तार किया था। उसके पास से नक्सली पर्चा, लेवी रसीद और अर्द्धनिर्मित हथियार भी बरामद किए गए थे। उसके विरुद्ध औरंगाबाद जिले के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी एवं आर्म्स एक्ट के कई कांड दर्ज हैं।
Cyclone Remal को लेकर रेलवे अलर्ट, लंबी दूरी की छह ट्रेनें रद्द
25 May, 2024 04:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ओडिशा के तटीय क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण चक्रवात तूफान रेमल आ रहा है, जो 25 से 27 मई के बीच ओडिशा के तटीय क्षेत्र सहित खडगपुर से सटे क्षेत्रों से गुजरेगा। ऐसे में रेल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर खड़गपुर से दीघा जाने वाली छह ट्रेनों को रद्द व एक को शार्ट टर्मिनेट किया गया है।रेल प्रशासन ने संभावना जताई है कि चक्रवात तूफान के कारण तटीय क्षेत्रों में भूस्खलन हो सकता है। ऐसे में यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा देते हुए ट्रेनों का परिचालन को रद्द किया गया है।चक्रवात के कारण 25 मई को पुरानी से रवाना होने वाली 22890 पुरी-दीघा समुद्र कन्या एक्सप्रेस का परिचालन खड़गपुर तक होगा, जबकि यह ट्रेन खड़गपुर से दीघा के बीच रद्द रहेगी। 26 मई को यही रैक 22889 बनकर वापस जाएगी।
झारखंड में 18 बिल्डरों के खिलाफ बड़ा एक्शन
25 May, 2024 04:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। बिल्डरों की ओर से प्रोजेक्ट से संबंधित जानकारी तिमाही अपडेट नहीं करने पर झारखंड रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (झारेरा) ने 18 बिल्डरों को जुर्माना की राशि 17 लाख 25 हजार रुपये जमा नहीं करने पर उनके प्रोजेक्ट से संबंधित बैंक खाता से राशि से निकासी पर रोक लगा दी है।10 दिनों के अंदर जुर्माना की राशि जमा नहीं करने पर संबंधित बिल्डरों के प्रोजेक्ट का रेरा रजिस्ट्रेशन रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में प्रोजेक्ट से संबंधित जानकारी तिमाही अपडेट नहीं करने पर झारेरा प्राधिकार न्यायालय के अध्यक्ष बीरेन्द्र भूषण की ओर से 220 बिल्डरों पर जुर्माना लगाया गया था। अब तक 202 बिल्डरों की ओर से जुर्माना की राशि जमा कर दी गई है।
ग्रामीणों ने इस बार वोट का किया बहिष्कार, रोड नहीं तो वोट नहीं
25 May, 2024 04:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नालंदा में लोगों ने गांव के बाहर रोड नहीं तो वोट नहीं का पोस्टर लगाया है। लोगों का कहना है कि गांव से देवी स्थान तक जाने के लिए पक्की सड़क नहीं बनी हुई है। जिसके कारण शादी विवाह के मौके पर दूल्हा दुल्हन को पैदल ही पगडंडियों का सहारा लेकर देवी स्थान जाना पड़ता है। बरसात के दिनों में तो यह समस्या और भी ज्यादा विकराल हो जाती है। सावन के महीने में देवी स्थान पूजा पाठ करने जाने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। फिसलन भरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। पगडंडियों के सहारे मंदिर तक जाना पड़ता है। मामला रहुई प्रखंड अंतर्गत उतरनामा पंचायत का है, जहां दो वार्डो में सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने इस बार वोट बहिष्कार का निर्णय लिया है। शनिवार को ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए गांव के बाहर एक बैनर लगाया है, जिसमें यह लिखा है कि ग्राम सुलेमानपुर धर्मसिंह बीघा के देवी स्थान के लिए रोड नहीं तो वोट नहीं।ग्रामीणों की शिकायत यह भी है कि सुलेमानपुर गांव के वार्ड नंबर 02 और वार्ड नंबर 3 में जल-नल और नाला का भी काम नहीं हुआ है। इस वजह से इन वार्डों में जल जमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। दोनों वार्डों को मिलाकर करीब 900 लोगों की आबादी है, फिर भी लोग मूलभूत सुविधाओं से अब तक वंचित है।
PM मोदी ने भरी सभा में किसकी तरफ किया इशारा....
25 May, 2024 03:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
काराकाट (रोहतास)। प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को बिहार के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान रोहतास जिला के काराकाट लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की आयोजित सभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मंच से इंडी गठबंधन पर जमकर प्रहार किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन वाले चार जून को एक दूसरे का कपड़ा फाड़ेगा। हार का ठीकरा खरगे जी पर फोड़ेगा। कांग्रेस 70 साल से डराते आ रहे हैं, राम मंदिर बनेगा तो खून की नदियां बहेंगी, कश्मीर में 370 हटा तो आतंकी हमला होगा, कुछ नहीं हुआ। अपना मसाला खत्म हो गया तो पाकिस्तान के परमाणु बम का डर दिखा रहे हैं।
लालू यादव की राजद पर प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा हमला
वहीं, लालू यादव की राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि लालटेन लेकर मुजरा करने वाले जमात बिहारियों का अपमान को भी नजरंदाज कर रहे हैं। बिहारियों का पंजाब में अपमान हो रहा है। युवराज और देवी कुछ नहीं कर रहे हैं। बंगाल की मुख्यमंत्री भी अपमान कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस और आरजेडी को चिंता नहीं। बिहारियों को अपमान मोदी नहीं होने देगा। फर्स्ट वोटर जो पहली बार वोट करने जा रहे हैं कि उन्हें जंगल राज पार्ट टू को नहीं लाएं। एनडीए की सरकार नीतीश कुमार के राज में मुश्किल से जंगल राज समाप्त हुआ है। पीएम मोदी ने कहा कि जंगल राज वाले फिर उसी फिराक में छिपे हैं। मौका की तलाश में हैं। उन्हें मौका मिला तो वे जंगल राज पार्ट टू ला देंगे। फिर इससे मुक्ति नहीं मिल पाएगा। एनडीए ही सामाजिक राज लायेगा। पहले टर्म में दलित के बेटे को राष्ट्रपति बनाया। दूसरी बार आदिवासी की बेटी को राष्ट्रपति दिया।
कांग्रेस डरपोक है, मोदी नहीं- प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस डरपोक है, मोदी नहीं। कश्मीर में बम विस्फोट कर आतंकवादी पाकिस्तान चले जाते थे। आज हम सेना को छूट दे दी है। कोई आंख उठाए घर में घुसकर मारो। भ्रष्टाचारियों को अब जेल की रोटी चबाकर जिंदगी पूरी करनी है। बड़े भ्रष्टाचारी चाहते थे कि इंडी गठबंधन बना मोदी की कुर्सी हिला दें। मोदी किसी ने नहीं डरा न डरेगा। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन ने हजारों विद्यालयों में पिछड़ों, अति पिछड़ों काआरक्षण बंद कर दिया और सारा आरक्षण मुस्लिम को दे दिया। उन्हें रातों रात ओबीसी बनाकर आपका हक छीन लिया। कोलकाता हाईकोर्ट ने इसपर जवाब मांगा है।
बिहार के लोगों को एक और गारंटी
उन्होंने कहा कि बिहार के गरीबों को नौकरी के नाम पर जमीन लिखवाने वाले का समय पूरा हो गया है। मोदी की गारंटी है कि उन्हें जेल जाने का रास्ता तय हो गया है। गरीबों का हक नहीं मारने देंगे। यह बिहार और मोदी दोनों की गारंटी है।
झारखंड की 4 सीटों पर वोटिंग जारी
25 May, 2024 01:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। छठे चरण में लोकसभा चुनाव के तहत झारखंड की चार सीट रांची, धनबाद, जमशेदपुर और गिरिडीह संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में वोटिंग जारी है। रांची के जेवीएम श्यामली स्थित बूथ पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने मताधिकार किया। इससे पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
झारखंड में सुबह 11 बजे तक 27.80 प्रतिशत वोटिंग
झारखंड में चार सीटों पर सुबह 11 बजे तक 27.80 प्रतिशत मतदान हुआ। रांची संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में 11 बजे तक 28.06 प्रतिशत, धनबाद में 26.06 प्रतिशत, जमशेदपुर में 28.45 प्रतिशत तथा गिरिडीह में 29 प्रतिशत मतदान हुआ।
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने परिवार संग डाला वोट
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने पत्नी और बेटे के साथ मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र का यह महापर्व है और मतदान प्रतिशत को बढ़ाने मे सहयोग करे। राष्ट्र निर्माण मे सहयोग करें और अहम भूमिका निभाएं। शहर के मतदाता घर से बाहर निकलें और मतदान करें। मैं भविष्य वक्ता नहीं, लेकिन आशावादी हूं। हमने रोजगार, महिला और युवाओं के विकास के अच्छा मेनिफेस्टो बनाया है।
सुबह नौ बजे तक 11.74 प्रतिशत मतदान
झारखंड में चार सीटों पर सुबह नौ बजे तक 11.74 प्रतिशत मतदान हुआ। रांची में 12.19 प्रतिशत, धनबाद में 11.75 प्रतिशत, जमशेदपुर में 10.05 प्रतिशत तथा गिरिडीह में 12.91 प्रतिशत मतदान सुबह नौ बजे तक हुआ है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में काफी संख्या में लोग मतदान के लिए बूथ तक पहुंच रहे हैं। सुबह 9:00 बजे तक रांची संसदीय क्षेत्र के हटिया विधानसभा क्षेत्र में 13 प्रतिशत, इचागढ़ में 15.34 प्रतिशत, कांके में 11 प्रतिशत, खिजरी में 11.76 प्रतिशत, रांची में 10.45 प्रतिशत तथा सिल्ली में 12.30 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसी तरह धनबाद संसदीय क्षेत्र के बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 10.75 प्रतिशत, चंदनक्यारी में 11.95, धनबाद में 10.80, झरिया में 11.63, निरसा में 13.38 तथा सिंदरी में 13.03 प्रतिशत मतदान हुआ है।
जमशेदपुर और गिरिडीह वोटिंग प्रतिशत
जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के बहरागोड़ा एल विधानसभा क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक 10.90 प्रतिशत, घाटशिला में 11.08 प्रतिशत, जमशेदपुर पूर्वी में 9.59 प्रतिशत, जमशेदपुर पश्चिम में 10.50, जुगसलाई में 9.12 प्रतिशत तथा पोटका में 9.50 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक 12.31 प्रतिशत, बेरमो में 12.02 प्रतिशत, डुमरी में 13.48 प्रतिशत, गिरिडीह में 13.47 प्रतिशत, गोमिया में 12.84 तथा टुंडी में 13.36 प्रतिशत मतदान हुआ है।
रघुवर दास, राज्यपाल राधाकृष्णन ने डाला वोट
रघुवर दास ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी, बेटा और बहू मौजूद रहीं।झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने श्री कृष्ण लोक प्रशासन संस्थान स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया।मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। पांच बजे जो भी कतार में होंगे, उन्हें मतदान करने दिया जाएगा।
चारों संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में 8963 बूथ
इन चारों संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 8,963 बूथों पर मतदान जारी है। इनमें 3,361 मतदान शहरी तथा 5,602 मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। ये सभी मतदान केंद्र 5,004 जगहों पर बनाए गए हैं। इस चरण में कुल 82,16,506 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 40,09,290 महिलाएं हैं। कुल 290 थर्ड जेंडर भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पहली बार एक थर्ड जेंडर सुनैना किन्नर धनबाद संसदीय सीट से चुनाव भी लड़ रही हैं।
मौज-मस्ती के लिए चुराते थे बाइक
25 May, 2024 01:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। रांची पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का खुलासा करते हुए पांच नाबालिग समेत नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया। नाबालिगों के अलावा अफरोज अंसारी, राजेश उरांव, हरेकृष्ण स्वांसी, रोनित कच्छप और हरिशचंद्र जायसवाल शामिल हैं।
अरगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपितों के पास से चोरी के चार बाइक और तीन स्कूटी बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह शहर के हर इलाके में घूम-घूमकर बाइक चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
दस से 15 हजार रुपये में बाइक और स्कूटी बेच देते थे। इस गिरोह के द्वारा विशेष रूप से केटीएम बाइक चोरी की जाती थी। केटीएम बाइक बेचने पर आरोपितों को अच्छा पैसा मिल जाता था। पकड़े गए आरोपितों के द्वारा दर्जनों बाइक और स्कूटी चोरी कर बेचा जा चुका है।
चोरी की गाड़ियों के बारे में पुलिस को जानकारी मिली है। पुलिस उन्हें बरामद करने का प्रयास कर रही है। थानेदार ने बताया कि पकड़े गए पांच नाबालिग मौज-मस्ती के लिए बाइक चोरी करते थे। सभी नाबालिग अलग-अलग स्कूल और कालेज के छात्र हैं।
बाइक बेचने के बाद नाबालिगों को जो पैसा मिलता था, उस पैसे से वह अपने दोस्तों के साथ घूमने जाते थे। स्कूल और कालेज में धौंस दिखाते थे। पैसा खत्म हो जाने पर वह फिर से बाइक चोरी करने लगते थे। नाबालिगों को बाइक चोरी करने का तरीका अफरोज अंसारी ने बताया था। इस गिरोह के द्वारा पहले रेकी की जाती थी, फिर बाइक और स्कूटी चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता था।
चोरी की बाइक पर घूमने की वजह से पकड़े गए गिरोह के सभी सदस्य
पुलिस का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि मदर टेरसा मैदान के पास एक युवक चोरी की बाइक के साथ घूम रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची, चोरी की बाइक के साथ अफरोज को पकड़ा गया। अफरोज ने पूछताछ में अपने साथियों का नाम पुलिस को बता दिया। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के सभी सदस्यों को पकड़ लिया।
क्या कह दिया ऐसा नीतीश ने तेजस्वी यादव के बारे में....
25 May, 2024 01:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सासाराम/जहानाबाद। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमने लोगों को नौकरियां दीं और तेजस्वी यादव शिक्षक बहाली का झूठा क्रेडिट ले रहे हैं। यह बात उनसे पूछिए कि प्राथमिक शिक्षक नियुक्ति में 50 एवं अन्य सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण का प्रविधान किसने बनाया।
तंज कसते हुए कहा कि 2005 से 2020 तक पांच लाख नौकरियों का भी क्रेडिट क्यों नहीं ले लेते हैं। आज बिहार पुलिस में महिलाकर्मियों की भागीदारी देश में सर्वाधिक है। मुख्यमंत्री ने लालू पर परोक्ष तौर पर हमला करते हुए कहा कि कोई नौ बच्चा पैदा करता है। उन लोगों को तो सिर्फ बेटे-बेटियों की चिंता है। उन्होंने कहा कि हम भी दो बार गलतफहमी से उन लोगों के साथ चले गए थे, लेकिन अब कहीं नहीं जाएंगे। भाजपा के साथ रह कर विकास की गति को तेज करेंगे। उन्होंने मुस्लिम भाइयों से कहा कि याद करिए राजद (RJD) के राज में कितना दंगा होता था। जब हमने भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई तो एक भी दंगा नहीं हुआ। प्रदेश से भय का माहौल खत्म किया।
इन जगहों पर जनता को संबोधित कर रहे थे नीतीश
मुख्यमंत्री शुक्रवार को काराकाट लोकसभा क्षेत्र के नोखा बाजार समिति प्रांगण में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष व प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा एवं अरवल जिले के कुर्था में जहानाबाद से जदयू प्रत्याशी चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। नीतीश कुमार ने बिहार में आधी आबादी के सशक्तीकरण को सामाजिक क्रांति बताया। कहा कि बिहार में महिलाओं के बदलावों की कहानियां और उनकी आत्मनिर्भरता में वृद्धि के बिहार माडल को देश दुनिया में नजीर बताया जा रहा है। आज देश महिला सशक्तीकरण के बिहार मॉडल को अपना रहा है।
मुख्यमंत्री का 18 मिनट भाषण महिलाओं पर केंद्रित रहा
काराकाट के नोखा में अपने 28 मिनट के भाषण में मुख्यमंत्री का 18 मिनट भाषण महिलाओं पर केंद्रित रहा। कहा कि पंचायती राज संस्थाओं व नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने वाला बिहार पहला राज्य है। पिछले चार चुनावों में लाखों महिलाओं को अपने गांव-समाज का नेतृत्व करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उनका मान-सम्मान बढ़ा है, उनकी आवाज बुलंद हुई है। बालिका साइकिल योजना ने बेटियों के लिए न सिर्फ घर से स्कूल तक की दूरी तय करना आसान बनाया, बल्कि उसे समाज की पुरातन सोच से परे जाकर अपने सपनों की उड़ान भरने के लिए पंख दे दिए हैं। जीविका समूह की उपलब्धियों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि आज 10 लाख 51 हजार सहायता समूह हैं, जिनसे एक करोड़ 31 लाख महिलाएं जुड़ी हैं। जीविका के जरिए गरीब परिवार की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। सभा को जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खां ने भी संबोधित किया।
बिहार में प्रधानमंत्री मोदी ने बताया सबकुछ, बढ़ी सियासी हलचल
25 May, 2024 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को सातवें चरण के चुनाव वाले पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र के बिक्रम कृषि फॉर्म हाउस से आरक्षण को लेकर विपक्षी दलों पर कटाक्ष। साथ ही बंगाल में पिछड़ों का आरक्षण मुसलमानों में बांटने पर प्रश्न खड़े किए। पीएम मोदी ने जनसमूह संवाद करते हुए पूछा कि भारत को कैसा पीएम चाहिए ? दमदार.. देश का दम दुनिया के सामने दमखम के साथ रख सके। ऐसा पीएम चाहिए। दूसरी ओर इंडी वाले हैं।
इनकी योजना पांच साल में पांच पीएम देने की है। ऐसें में इस देश का क्या होगा। दावेदार कौन-कौन है....गांधी परिवार का बेटा, सपा वाले परिवार का बेटा, नेशनल कांफ्रेंस वाले का बेटा, एनसीपी परिवार की बेटी, टीएमसी वाले का भतीजा, आप वाले की पत्नी, आरजेडी वाले का बेटा या फिर बेटियां। ये सारे परिवारवादी पीएम की कुर्सी पर म्यूजिकल चेयर खेलना चाहते हैं। घोर परिवारवादी आपका, आपके परिवार का आपके बिहार का और देश का भला नहीं कर सकते हैं ?
आपलोग मनेर का लड्डू खाकर आए हो?- पीएम मोदी
इससे पहले 11.55 बजे मगही में जनसमूह को प्रणाम निवेदित करते हुए बिहार भाजपा के संस्थापक एवं भीष्म पितामह कैलाशपति मिश्र को नमन करते हुए संबोधन शुरू किया। इस बीच जनसमूह के मोदी मोदी के संबोधन के स्वागत से अभिभूत होकर कहा कि ऐसा लग रहा है आप लोग मनेर का लड्डू खाकर आए हो। पीएम ने कहा कि आपलोग के अभिवादन से चुनाव के नतीजे क्या आने वाले हैं इसका एग्जिट पोल भी आने लगे हैं। आप लोगों के उत्साह को आइएनडीआइए वाले ईवीएम को कोसने लगे हैं। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में 24 घंटे मेहनत करने वाला मोदी है। तो दूसरी ओर झूठ बोलने वाला इंडी गठबंधन हैं। कोई जेल में विश्राम कर हैं तो कोई जेल से जमानत पर बाहर घूम रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर ली चुटकी
इस दौरान विपक्ष की चुटकी ली और कहा कि अपना काम बनता, भार मे जाए जनता... नारे लगवाए। भारत को कैसा पीएम चाहिए भीड़ से मोदी-मोदी का जवाब मिला...। प्रधानमंत्री की कुर्सी पर म्यूजिकल चेयर खेलना चाहते हैं। घोर परिवारवादी हैं। घोर सामप्रदायिक हैं। अति पिछड़ा का बेटा बताने से भी नहीं चुके। आरक्षण के तार को छेड़ा। ओबीसी, ईवीसी एवं अनुसूचितों का आरक्षण को समाप्त कर अपने वोट बैंक को देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आरक्षण पर डाका डालने के प्रयास में जुट गए हैं। अब वोट जिहाद के लिए काम करने में जुट गए हैं। अपने वोट बैंक को खुश करने का षडयंत्र शुरू कर दिया। अल्पसंख्यक संस्थानों में एक भी ओबीसी, ईवीसी एवं अनुसूचितों को आरक्षण का लाभ नहीं दिया। इंडी गठबंधन वाले जब सोते-जागते ईवीएम को गाली देना शुरू कर दें तो समझिए की एक्जिट पोल का रिजल्ट आ गया है।
4 जून को देश में नया रिकॉर्ड बनेगा- प्रधानमंत्री
उन्होंने कहा कि 4 जून को देश में नया रिकार्ड बनेगा। एक तरफ चौबीस घंटे मेहनत करने वाला मोदी है तो दूसरी तरफ 24 घंटे आपसे झूठ बोलने वाला इंडी गठबंधन है। मोदी आत्म निर्भर भारत बनाने में जुटा है, देश की सुरक्षा बढ़ाने में जुटा है। वहीं, दूसरी तरफ इंडी गठबंधन के पास काम नहीं है, समय ही समय है। देशवासियों ने उनकी छुट्टी कर दी है। वे लोग जेल में विश्राम करते हैं या बाहर विश्राम करते हैं। ये लोग दिन-रात मोदी को गाली देने में जुटे रहते हैं। वोट बैंक को खुश करने में जुटा है।
सुलेशन सूंघ-सूंघ कर क्राइम से नाता जोड़ रहे बच्चे
25 May, 2024 01:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। 10-12 वर्ष के बच्चे। सात-आठ वर्ष की उम्र वाले भी हैं। नशे के आदी हो चुके हैं। इन्हें इसकी लत लगाई भी जाती है। नशे के रूप में पंचर साटने वाले केमिकल का प्रयोग करते हैं। आम बोलचाल में इसे सुलेशन कहते हैं। इसकी आसानी से उपलब्धता है और सस्ता भी। बचपन इसकी चपेट में आ रहा है। नशे की शुरुआत यहां से होती है और फिर धीरे-धीरे ब्राउन शुगर और दूसरे नशीले पदार्थों तक पहुंच जाते हैं। एक दिन पहले गुरुवार को पटना जंक्शन के पास चार ऐसे बच्चों को प्रशासन ने अपने संरक्षण में लिया। इससे पहले भी बच्चे मुक्त कराए गए हैं। नशे के इस खेल के पीछे पूरा नेटवर्क है। इनसे चोरी-छिनतई जैसे अपराध भी कराए जाते हैं। बदले में नशा मिल जाता है।
महावीर मंदिर के आसपास नशे में धुत बच्चे मिल जाएंगे
इसे रोकने की बड़ी चुनौती है, अन्यथा यही बच्चे आगे चलकर अपराध की दुनिया में कदम रखेंगे। इसका प्रशिक्षण अभी से मिल रहा है। पटना जंक्शन और महावीर मंदिर के आसपास नशे में धुत बच्चे मिल जाएंगे। इनमें नाबालिग लड़कियां भी होती हैं।
पिछले वर्ष दैनिक जागरण ने इस संबंध में रिपोर्ट भी प्रकाशित की थी, जिस पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने संज्ञान लिया था। उनकी पहल पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की तो कई बच्चों को मुक्त कराया गया। कुछ समय के लिए तो ठीक-ठाक रहा, पर हाल के दिनों में ऐसे बच्चे फिर देखे जा रहे हैं।
केवल यहीं नहीं, नेहरू पथ, राजवंशी नगर, पटेल नगर, बोरिंग रोड, कदमकुआं, राजेंद्र नगर समेत कई अन्य क्षेत्रों में इस तरह के बच्चे सुलेशन सूंघते दिख जाएंगे। इससे समझा जा सकता है कि नशे का कैसा खेल चल रहा है। ई-रिक्शा चलाने वाले किशोरवय भी इसकी चपेट में हैं। एक तो नाबालिग के हाथ में ई-रिक्शा, उस पर नशा।
क्या कहते हैं सेवानिवृत्त शिक्षक?
सेवानिवृत्त शिक्षक तरुण सिन्हा कहते हैं कि जब तक ऐसी सामग्री बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, बच्चों को उसकी चपेट में आने से बचाना संभव नहीं है। ऐसा नहीं है कि केवल झुग्गियों में रहने वाले बच्चे ही इसकी चपेट में आ रहे हैं, कई अच्छे घरों के बच्चे भी इसका शिकार हैं। पटेल नगर में रहकर घरों में दाई का काम करने वाली एक महिला के दोनों बेटों की उम्र 12 और 15 साल है। दोनों बच्चे दिनभर सुलेशन सूंघते रहते हैं।
महिला ने बताया कि शुरू में तो लगा कि ऐसे ही पालिथिन सूंघ रहे हैं, लेकिन बाद में पता चला कि दोनों सुलेशन सूंघते हैं। अब तो वे घर में चोरी करने लगे हैं। क्या करें, समझ नहीं आता। पिछले दिनों एजी कालोनी मोड़ के पास साइकिल चुराकर भागते एक किशोर को लोगों ने पकड़ा। वह नशे में धुत था। पिटाई का भी असर नहीं हो रहा था। पूछने पर उसने बताया कि सुलेशन खरीदने के लिए वह साइकिल, लोहे की जाली आदि चुराता है। ऐसी कहानी एक-दो नहीं, बल्कि दर्जनों बच्चों की है।
जब भी ऐसे बच्चों को रेस्क्यू किया जाता है, उन्हें पुनर्वास गृह में रखा जाता है। अभिभावकों को सौंपा जाता है तो फिर से वे इस दलदल में फंस जाते हैं। अब सघन अभियान चलाया जाएगा। ऐसे बच्चों को रेस्क्यू करने के साथ ही उन्हें इस तरह के पदार्थ बेचने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। -उदय कुमार झा, सहायक निदेशक, बाल संरक्षण इकाई, पटना
दो पक्षों के बीच मारपीट में 7 लोग जख्मी, सभी का अस्पताल में हो रहा इलाज
24 May, 2024 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आरा। भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रतन दांडी गांव में बुधवार को गाली-गलौज के विरोध पर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। जिसमें दोनों पक्षों से 7 लोग जख्मी हो गए। इसके बाद जख्मियों में एक पक्ष के आधा दर्जन लोगों को इलाज के लिए जगदीशपुर अनुमंडलीय अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां उनका इलाज हो रहा है।
जख्मियों में एक पक्ष से जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रतनदंडी गांव निवासी बिरजा सिंह, दुर्गा सिंह, रामेश्वर सिंह, मानती देवी, मनन यादव, विंध्याचल यादव और दूसरे पक्ष से एक अन्य है। जख्मी मनन यादव ने बताया कि मंगलवार शाम उनके पट्टीदार से मामूली विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि बात खत्म हो गई थी। बुधवार को गांव के ही कुछ लोग उनके दरवाजे पर आकर गाली-गलौज करने लगे। जब वे लोग उनके घर पर पूछताछ करने गए तो लाठी-डंडों से जमकर सभी लोगों की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान दूसरे पक्ष के भी एक व्यक्ति जख्मी हो गए हैं। इसके बाद उनके पक्ष के सभी लोगों को इलाज के लिए जगदीश अनुमंडलीय अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया। वहीं दूसरी ओर जख्मी मनन यादव ने गाली-गलौज का विरोध करने पर सभी लोगों की लाठी-डंडों से पीटकर जख्मी करने का आरोप लगाया है।
गैस कनेक्शन व सब्सिडी के लिये केवायसी अब 31 मई तक होगी
24 May, 2024 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
खुटौना । रसोई गैस के उपभोक्ताओं के लिए संबंधित गैस एजेंसी में जाकर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। पहले इसकी सीमा 31 दिसंबर 2023 तक निर्धारित थी। अभी भी बहुत सारे उपभोक्ताओं द्वारा ई-केवाईसी नहीं कराए जाने के कारण पेट्रोलियम एवं गैस मंत्रालय ने इसकी सीमा बढ़ा कर इस वर्ष के 31 मई तक कर दी है।
भारत गैस की स्थानीय उमा गैस एजेंसी के संचालक सत्येंद्र सिंह ने बताया कि 31 मई तक भी ई-केवाईसी नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को एक तो आपूर्ति बाधित होगी और खासकर जो सब्सिडी का लाभ प्राप्त करते हैं उन्हें सब्सिडी नहीं दी जाएगी। उनके अनुसार उपभोक्ता जिनके नाम से कनेक्शन है वह अपना आधार कार्ड और गैस पासबुक लेकर एजेंसी के कार्यालय में सुबह 10 बजे से 5 बजे तक उपस्थित होकर अपना ई-केवाईसी करा सकते हैं।
खरीफ की खेती की तैयारी में जुटे किसान
24 May, 2024 05:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लोकसभा चुनावी के सरगर्मी के बीच शनिवार से खरीफ की खेती के लिए महत्वपूर्ण माना जाने वाला रोहिण नक्षत्र प्रवेश करने जा रहा है। यहां से किसान अब अपने खरीफ की खेती की तैयारी में जुट जायेंगे। जहां इसके लिए किसान अब खेतों की जुताई में लग गये हैं ताकि तैयार खेत में बिचड़ा गिराया जा सके।माना जाता है जो किसान रोहिण नक्षत्र में धान का बिचड़ा गिराते हैं यह बिचड़ा बेहतर उपज देने वाली होती है। कृषि जानकार भी मानते हैं कि रोहिणी नक्षत्र खेत में बिचड़ा गिराने के लिए शुभ माना जाता है।खेती के लिए यह नक्षत्र वरदान माना जाता है। हालांकि, सब कुछ परिस्थिति पर निर्भर करेगी अगर इस दौरान एक दो अच्छी वर्षा हो जाती है तो किसानों के लिए बिचड़ा गिराना आसान हो जायेगा।तीन दिन पूर्व गोड्डा व आसपास के इलाकों में करीब 65 मिमी वर्षा रिकाॅर्ड कि गई थी जिससे कझिया सहित अन्य नदियों में हल्का पानी भी उतरा है।
वहीं किसानों को भी उम्मीद है की रोहिणी नक्षत्र में एक दो मौके पर अच्छी वर्षा होती है तो वे लोग तैयार खेत में बिचड़ा गिरा देंगे वैसे भी जिला की खरीफ की खेती पूरी तरह से मानसूनी वर्षा पर आश्रित है लगभग 7-10 प्रतिशत ही भूमि सिंचित है। इधर रोहिण नक्षत्र के प्रवेश को लेकर किसानों की गतिविधि बढ़ चुकी है।इस बाबत मोतिया ओपी अंतर्गत डुमरिया ग्राम के किसान रामकिंकर झा, सिमरडा के अवधेश मंडल आदि ने कहा कि वे लोग अब खरीफ की खेती की तैयारी में लग चुके हैं।पहले खेतों को जोतकर तैयार किया जा रहा है इसके साथ ही यह भी प्रयास रहेगा कि अगर परिस्थिति कृषि के अनुकूल रहती है तो वे लोग रोहिण नक्षत्र में ही बिचड़ा गिराने का प्रयास करेंगे।
पटना से इन 54 शहरों के लिए चलेगी डायरेक्ट बस
24 May, 2024 05:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार की नीतीश सरकार ने पटना से सिकंदरा समेत प्रदेश के 54 शहरों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए नई बसें चलाने का फैसला किया है। ये बसें विभिन्न मार्गों तथा छोटे-छोटे शहरों-कस्बों को जोड़ते हुए पटना से चलेंगी और गंतव्य तक पहुंचेगी।मुख्यमंत्री के इस हितकारी फैसले से जमुई जिले का सिकंदरा नगर पंचायत भी लाभान्वित होगा।पटना से सीधा जुड़ने वाले रूट चार्ट में सिकंदरा शहर का नाम शामिल है।यहां से सीधी बस सेवा उपलब्ध होने से भगवान महावीर की जन्म स्थली लछुआड़ का आवागमन सुलभ और सुगम होगा।तीर्थ यात्रियों के साथ अन्य राहगीर भी सहूलियत से सिकंदरा और लछुआड़ का भ्रमण कर सकेंगे।बिहार सरकार, परिवहन विभाग ने बताया कि 120 मार्गों पर 376 बसों की आवश्यकता के साथ योजना का क्रियान्वयन शुरू हो गया है।इन बसों का उद्देश्य यात्रियों की बढ़ती संख्या की मांग को पूरा करना है।खासकर शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और पर्यटन सेवाओं के लिए पटना आने वालों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए नीतीश सरकार ने बस चलाने का फैसला लिया है।नामित बसें बैरिया बस स्टैंड, फुलवारी बस टर्मिनल और गांधी मैदान से चलेंगी।
कोयला व्यवसायी के घर में लगी भीषण आग
24 May, 2024 05:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के सुपौल जिले के सिमराही नगर पंचायत स्थित वार्ड 4 में गुरुवार की देर रात अचानक आग लगने से एक ही परिवार के तीन घर जल गए। वहीं, इस दौरान फायर ब्रिगेड की बड़ी लापरवाही सामने आई है। साथ ही प्रशासनिक सजगता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।जानकारी के मुताबिक, सिमराही वार्ड 4 निवासी कोयला कारोबारी रामप्रसाद साह के घर में गुरुवार की देर रात करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि आग की लपटें उठने के साथ ही रात 12:20 बजे कॉल कर दमकल को सूचना दी गई थी। साथ ही इस बीच स्थानीय लोग भी आग बुझाने में जुट गए थे। लोगों ने बताया कि कुछ देर में आग परिसर में रखे कोयले के ढेर में भी लग गई। उसके बाद तेज लपटों से लोगों में हड़कंप मच गया।