बिहार-झारखण्ड
रोहिणी ने कहा विधानसभा चुनाव में हार की आशंका से भाजपा नेता बौखलाए
8 Apr, 2026 10:14 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भाजपा नेताओं को कड़ी आलोचना का सामना कराया। रोहिणी आचार्य ने लिखा कि साक्ष्यों और दस्तावेजों के साथ लगाए गए आरोपों पर मर्यादित, तथ्यपरक और तार्किक जवाब देने के बजाय पवन खेड़ा के लिए गाली-गलौज की भाषा, और वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। यह आसन्न विधानसभा चुनाव में संभावित हार की बौखलाहट है, या फिर हिमंत बिस्वा सरमा मानसिक असंतुलन की स्थिति में हैं? उन्होंने आगे कहा कि यह जगजाहिर है कि भाषाई मर्यादा का उल्लंघन भाजपा की वह कुसंस्कृति और संक्रमण है, जिससे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के साथ-साथ खुद को संस्कारी बताने वाला हर छोटा-बड़ा भाजपाई ग्रसित है। सैकड़ों ऐसे उदाहरण हैं जब इन लोगों ने विपक्ष के नेताओं के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया है, जिसका एक सभ्य समाज और लोकतांत्रिक व्यवस्था में कोई स्थान नहीं है।
रोहिणी आचार्य ने हाल ही में संसद में गृह मंत्री अमित शाह के एक बयान का भी उल्लेख करते हुए कहा कि देश अभी उस अभद्र टिप्पणी को भूला भी नहीं था कि अब हिमंत बिस्वा सरमा लगातार अपना आपा खोते हुए अपनी ओछी और मवालियों जैसी भाषा से पूरे देश और उसकी राजनीति के लिए शर्म का विषय बने हुए हैं।
क्या है हिमंत और खेड़ा के बीच के विवाद की जड़?
दरअसल, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री सरमा की पत्नी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां के खिलाफ कुछ दस्तावेज भी पेश किए। इसके बाद मुख्यमंत्री हिंमत बिस्वा सरमा ने दावा किया कि पवन खेड़ा ने यह सब कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इशारे पर किया है। सरमा ने कहा कि पवन खेड़ा ने जो 'कागज' पेश किए हैं, वे केवल राजनीति से प्रेरित हैं और इसके पीछे की असली पटकथा राहुल गांधी ने लिखी है। अगर खेड़ा पाताल में भी जाकर छिप जाते हैं, तो असम पुलिस उन्हें वहां से भी ढूंढ कर लाएगी।
होल्डिंग टैक्स से हुई बड़ी कमाई, शहरी निकायों ने जुटाए 908 करोड़ रुपए
8 Apr, 2026 09:02 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। वित्तीय वर्ष एक अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 की अवधि में राज्य के नगर निकायों द्वारा होल्डिंग टैक्स सहित कुल 908 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व संग्रहण किया गया है। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने बताया कि राज्य के कुल 19 नगर निगम, 89 नगर परिषद एवं 156 नगर पंचायतों से उक्त अवधि के दौरान होल्डिंग टैक्स सहित कुल 908 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व वसूला गया है। इसमें केवल होल्डिंग टैक्स वसूली का लक्ष्य 533 करोड़ रूपये था, जबकि 565 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की गई जो कुल लक्ष्य का 106 प्रतिशत है।
एक साल में होल्डिंग टैक्स से दोगुना राजस्व आया
वित्तीय वर्ष 2024-25 में होल्डिंग टैक्स सहित कुल राजस्व संग्रहण 432 करोड़ रूपये तथा केवल होल्डिंग टैक्स का संग्रहण 290 करोड़ रूपये हुआ था। विजस सिन्हा ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य सरकार द्वारा शहरी निकायों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं डिजिटल प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। विभाग द्वारा राजस्व संग्रहण की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने के लिए ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, समयबद्ध कर निर्धारण एवं नियमित मॉनिटरिंग जैसी पहलें की गई हैं, जिससे नागरिकों की भागीदारी भी बढ़ी है।
समय पर करों का भुगतान करें लोग
विजय सिन्हा ने आगे कहा कि शहरी निकायों की वित्तीय सुदृढ़ता राज्य के समग्र शहरी विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। बढ़ा हुआ राजस्व संग्रहण शहरी आधारभूत संरचना के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, जलापूर्ति, सड़क निर्माण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी नगर निकायों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इसी प्रकार की प्रतिबद्धता एवं कार्यकुशलता के साथ आगे भी कार्य करते हुए राजस्व संग्रहण को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही नागरिकों से भी अपील की कि वह समय पर अपने करों का भुगतान करें, ताकि राज्य में बेहतर शहरी सेवाओं का विस्तार सुनिश्चित किया जा सके।
मामूली कहासुनी के बाद दंपति पर तेजाब से हमला, इलाके में सनसनी
8 Apr, 2026 07:08 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। जिले के मनेर नगर परिषद क्षेत्र के हुद्दापर-मीरा चक मोहल्ला में देर रात मंगलवार को पैसे के विवाद को लेकर दो युवकों के बीच कहा-सुनी के साथ ही मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान एक पक्ष का युवक दूसरे पक्ष पर एसिड अटैक कर दिया। इस घटना में पति और पत्नी एसिड से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मनेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पैसे की मांग को लेकर हुआ विवाद
बताया जाता है कि नगर के वार्ड नंबर 10 स्थित हुद्दापर-मीरा चक मोहल्ला निवासी पिंटू कुमार सोनी अपने घर पर थे। इसी दौरान पड़ोस के गुड्डू कुमार सोनी ने सोना के जेवर बनाने के लिए पिंटू सोनी को जेवर दे रखा था। जेवर का कुछ पैसा गुड्डू सोनी के यहां बकाया था। पैसे की मांग को लेकर दोनों लोगों के बीच अचानक विवाद हो गया, जिसके बाद हाथापाई और मारपीट हो गई।
स्थानीय लोगों ने मामला कराया शांत
स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। लेकिन इसके बाद गुड्डू सोनी अपने कुछ साथियों के साथ दुकान में रखे एसिड के साथ पिंटू सोनी के घर पहुंच गया और धमकी देते हुए मारपीट करने के साथ एसिड फेंक दिया। एसिड कुछ छींटे पिंटू सोनी और उनकी पत्नी रजनी देवी पर पड़ने से दोनों घायल हो गए।
स्थिति खतरे से बाहर
दोनों घायल पति-पत्नी को इलाज के लिए मनेर पीएचसी भेजा गया, और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। मनेर पुलिस ने बताया कि मामले की हर बिंदु पर ध्यान देकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद आरोपी गुड्डू सोनी घर छोड़कर फरार हो गया है।
शिक्षक भर्ती को लेकर छात्रों का हंगामा, जारी नहीं हुआ विज्ञापन
7 Apr, 2026 02:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। गांधी मैदान में महात्मा गांधी की मूर्ति के बाद सैकड़ों शिक्षक अभ्यर्थी जमा हुए। अभ्यर्थियों ने छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और बिहार लोक सेवा आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। छात्र नेता दिलीप कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आयोग अगले तीन दिन के अंदर विज्ञापन जारी नहीं करेगा तो हमलोग 10 अप्रैल आमरण अनशन करेंगे। दिलीप ने कहा कि टीआरई-4 के लाखों अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। पिछले एक वर्ष से शिक्षा मंत्री द्वारा लगातार कहा जा रहा है कि 10-15 दिनों में वैकेंसी आ जाएगी। चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान भी टीआरई-4 का विज्ञापन जल्द जारी करने का आश्वासन दिया गया था।
शिक्षक अभ्यर्थियों को गुमराह किया गया
बीपीएससी ने फरवरी के द्वितीय सप्ताह में एक नोटिस जारी कर कहा था कि अधियाचना मिल चुकी है और शीघ्र ही टीआरई-4 का विज्ञापन जारी किया जाएगा। लेकिन, 45 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। दिलीप कुमार ने आरोप लगाया कि बार-बार टीआरई-4 अभ्यर्थियों को गुमराह किया गया है। विज्ञापन के इंतजार में हजारों अभ्यर्थियों की उम्र सीमा समाप्त होती जा रही है।
मार्च के अंत तक विज्ञापन जारी करने की मांग
छात्र नेता ने कहा कि 18 मार्च के आंदोलन के दौरान छात्र प्रतिनिधिमंडल से वार्ता में बीपीएससी अधिकारियों ने बताया था कि अधियाचना को शिक्षा विभाग ने वापस ले लिया है और 20 मार्च की बैठक के बाद जैसे ही अधियाचना मिलेगी, चार दिनों के भीतर टीआरई-4 का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। साथ ही मार्च अंत तक विज्ञापन जारी करने की बात कही गई थी लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ।
पटना में महा आंदोलन करेंगे
दिलीप कुमार ने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान लगातार टीआरई-4 की वैकेंसी की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बीपीएससी अधियाचना मिलने के बावजूद विज्ञापन जारी नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग और बीपीएससी द्वारा लाखों अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किया जा रहा है, जिससे मुख्यमंत्री की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तीन दिनों के भीतर टीआरई-4 का विज्ञापन जारी नहीं किया गया, तो पटना में फिर से महा आंदोलन किया जाएगा।
बड़े घोटाले का शक, तीन कॉलेजों की मान्यता रद्द करने की तैयारी
7 Apr, 2026 01:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वैशाली। जिला एक बार फिर शिक्षा विभाग के मामले में चर्चा में आ गया है। हाजीपुर स्थित कुछ कॉलेजों को बीएससीसी योजना के अंतर्गत मिलने वाली राशि पर सरकार ने रोक लगा दी है। बता दें कि वैशाली जिले के तीन कॉलेजों के भुगतान पर रोक लगाई गई है। इनमें हाजीपुर के उमेश मिश्रा रंजीत कुमार प्रकाश कॉलेज, इंदु देवी रंजीत कुमार प्रकाश प्रोफेशनल कॉलेज और डॉ. रंजीत कुमार प्रकाश कॉलेज शामिल हैं। इस संबंध में बिहार सरकार की ओर से परियोजना प्रबंधक को आदेश जारी किया गया है। वहीं, वैशाली जिला अधिकारी की ओर से इन कॉलेजों की मान्यता रद्द करने के लिए विभाग को पत्र भेजा गया है।
वैशाली जिला अधिकारी वर्षा सिंह ने जानें क्या बताया?
वैशाली जिला अधिकारी वर्षा सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इन कॉलेजों में बिहार सरकार की सात निश्चय योजना के अंतर्गत चलने वाली बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड (बीएससीसी) योजना का दुरुपयोग हो रहा था। जानकारी मिली थी कि फंड का भुगतान तो हो रहा है, लेकिन छात्र वहां पढ़ाई नहीं कर रहे हैं और सरकार का लाभ सही तरीके से छात्रों तक नहीं पहुंच रहा है। इस मामले की जांच के लिए वैशाली डीडीसी के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन किया गया। जांच में पाया गया कि कॉलेजों में कई ऐसे कोर्स संचालित किए जा रहे हैं, जिनकी कोई उचित व्यवस्था नहीं है। जहां लैब दिखाए गए हैं, वहां आवश्यक उपकरण नहीं हैं। कई कोर्स चलाए जा रहे हैं, लेकिन उनके लिए जरूरी संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
फंड के दुरुपयोग की आशंका प्रबल
जांच में यह भी सामने आया कि कॉलेजों में छात्र संख्या भी बहुत कम है, जबकि कागजों में कई कोर्स संचालित दिखाए जा रहे हैं। इससे फंड के दुरुपयोग की आशंका प्रबल हो गई है। इस संबंध में रिपोर्ट विभाग को भेज दी गई है और इन कॉलेजों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की सिफारिश की गई है। संभावना है कि इन कॉलेजों की मान्यता रद्द की जा सकती है। साथ ही, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत मिलने वाला लाभ भी अब इन कॉलेजों को नहीं मिलेगा। वहीं, बताया जा रहा है कि इस मामले से जुड़े पटना स्थित आद्या इंटरनेशनल कॉलेज और मुजफ्फरपुर स्थित अर्पिता इंटरनेशनल कॉलेज भी अब जांच के दायरे में हैं।
कार्रवाई में बड़ा खुलासा, होटल से 17 घरेलू सिलिंडर बरामद
7 Apr, 2026 10:32 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वैशाली। जिला अधिकारी के निर्देश पर एलपीजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल सहित आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार अनुश्रवण एवं निरीक्षण किया जा रहा है। इस क्रम में कालाबाजारी एवं घरेलू एलपीजी सिलिंडर के व्यावसायिक दुरुपयोग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, महनार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा स्टेशन रोड, महनार स्थित राज दरबार होटल में छापेमारी की गई। जांच के दौरान होटल में 03 घरेलू एलपीजी सिलिंडर भंडारित पाए गए, जिनका उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में किया जा रहा था। यह कृत्य द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 का उल्लंघन है। इस मामले में होटल संचालक के विरुद्ध महनार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इसी प्रकार हाजीपुर अनुमंडल क्षेत्र में भी घरेलू एलपीजी सिलिंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने हेतु प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा हाजीपुर शहर के गांधी चौक से अनवरपुर चौक तक सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न होटलों एवं प्रतिष्ठानों से कुल 17 घरेलू एलपीजी सिलिंडर जब्त किए गए, जिनका उपयोग अवैध रूप से व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था। जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, उनमें प्रमुख रूप से बालेश्वर मीट हाउस, हमसफर चाय एंड कॉफी कैफे, दिल्ली दरबार चिकन बिरयानी, ग्रीन इन (डाक बंगला रोड, हाजीपुर), जगमाया चूल्हा घर, अशोक लाइट हाउस, चूल्हा हाउस तथा मोहन घी भंडार शामिल हैं। सभी मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा-7 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत नगर थाना, हाजीपुर में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
राहत के लिए की गई ये पहल
वैशाली डीएम वर्षा सिंह के निर्देश पर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है, जो 24×7 संचालित है। आम नागरिक दूरभाष संख्या 06224-260233/260234 पर संपर्क कर अपनी शिकायत अथवा सुझाव दर्ज करा सकते हैं, जिनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।
अपील: अफवाहों पर ध्यान न दें
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि एलपीजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही अनावश्यक भीड़ से बचते हुए नियमानुसार बुकिंग करें एवं होम डिलीवरी सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में किसी प्रकार की अनियमितता अथवा कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
जमीन विवाद ने ली महिला की जान, परिजनों पर हत्या का आरोप
7 Apr, 2026 09:22 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बाढ़। अनुमंडल के अथमलगोला थाना अंतर्गत मेउरा गांव में सुबह लगभग पांच बजे भाभी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप श्लोक यादव और उसके बेटे चंद्रभूषण कुमार पर लगा है। बताया जा रहा है कि जमीनी विवाद और आपसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया है। मृतका रघुवंश यादव की पत्नी मीना देवी (35) थीं और वह एक पैर से दिव्यांग थीं। रघुवंश घर के आगे ही समोसा-लिट्टी की दुकान चलाते हैं। हाल ही में तीनों भाइयों के बीच बंटवारा हुआ था। बड़े भाई ने अपना नया घर बना लिया था और मंझले भाई ने घर बनाना शुरू किया था, लेकिन उस जमीन पर बड़ा भाई पुनः अपना दावा कर रहा था। इसी विवाद में यह घटना हुई।
इन दोनों का रहा है अपराधिक इतिहास
थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि दोनों के बीच अक्सर लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। लगभग 2 से 3 महीने पहले भी मारपीट का एक एफआईआर दर्ज हुआ था। मामले में गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपी श्लोक प्रसाद और उसके बेटे का आपराधिक इतिहास रहा है। अथमलगोला थाना अंतर्गत हुए ट्रिपल मर्डर मामले में उसका एक बेटा आरोपी है और वह जेल में है। रघुवंश प्रसाद ने बताया कि बड़े भाई ने अपना घर बना लिया है और अब वह अपना घर बना रहे हैं, लेकिन बड़ा भाई उन्हें घर बनाने नहीं दे रहा था। वह हमेशा विवाद करता रहता था। जैसे ही उन्होंने घर बनाना शुरू किया, बड़े भाई ने उनकी पत्नी को गोली मार दी।
घर से बाहर निकलते ही घात लगाए बड़े भाई ने गोली मार दी
छोटे भाई परमहंस प्रसाद ने बताया कि मंझले भाई के घर बनाने से बड़े भाई नाराज थे और हमेशा विवाद करते रहते थे। आज सुबह बिना किसी विवाद के, घर से बाहर निकलते ही घात लगाए बड़े भाई ने गोली मार दी। बड़ा भाई कई दिनों से घर में नहीं था, वह रात 9:00 बजे घर आया था और आज सुबह-सुबह इस घटना को अंजाम दिया। एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह लगभग पांच बजे सूचना मिली कि रघुवंश प्रसाद की पत्नी मीना देवी की उनके भैसुर श्लोक प्रसाद ने गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना का मुख्य कारण आपसी विवाद और घर बनाने को लेकर जमीनी विवाद है। रघुवंश प्रसाद नया घर बना रहे थे, जिस जमीन पर बड़े भाई श्लोक प्रसाद भी अपना दावा कर रहे थे। इसी विवाद में उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पूर्व में भी दोनों के बीच विवाद होता रहा है। श्लोक प्रसाद ने अपने छोटे भाई के साथ मारपीट भी की थी। मृतका को दो गोलियां लगी हैं और घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है। वर्ष 2023 में भी दोनों के आपसी विवाद में गोलीबारी की घटना हुई थी।
शादी के चार माह बाद सब-इंस्पेक्टर की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
7 Apr, 2026 08:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वैशाली। जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जढुआ ओपी अध्यक्ष ने सोमवार देर शाम अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अब इस मामले में खुलासा हुआ है, जिसमें बताया गया है कि प्रेम प्रसंग के चलते ओपी अध्यक्ष ने आत्महत्या की। इस बात का खुलासा तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुमार कुशवाहा ने किया है। बताया गया कि हाजीपुर के ट्रेजरी ऑफिस में तैनात एक महिला कांस्टेबल के साथ मृतक सब-इंस्पेक्टर का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसके बाद चार महीने पहले कौशल किशोर ने किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली। लगातार महिला कांस्टेबल द्वारा दूसरी महिला को छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसके बाद सब-इंस्पेक्टर कौशल किशोर ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
वहीं, इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक दरोगा 2019 बैच के कौशल कुमार थे, जो खगड़िया जिले के रहने वाले बताए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी विक्रम सिहाग, सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार, नगर थाना अध्यक्ष सहित कई थानों की पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जढुआ बैंकमैन कॉलोनी में पत्नी के साथ रहते थे कौशल
मिली जानकारी के अनुसार, कौशल कुमार 2019 बैच के दरोगा थे। वे करीब 15 दिन पहले बिदुपुर थाना से स्थानांतरण होकर हाजीपुर आए थे। इसके बाद वैशाली पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग द्वारा उन्हें जढुआ ओपी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। वे जढुआ बैंकमैन कॉलोनी स्थित अपने किराए के मकान में अपनी पत्नी के साथ रहते थे।
डीआईजी चंदन कुमार ने जानें क्या बताया?
तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुमार कुशवाहा ने बताया कि जढुआ टॉप (टाउन थाना) के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर कौशल किशोर (2019 बैच) ने हाजीपुर स्थित अपने निजी आवास पर अपनी सर्विस पिस्टल से आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण निजी बताया जा रहा है। उनका हाजीपुर के ट्रेजरी में तैनात एक महिला कांस्टेबल के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बाद में उनकी शादी किसी दूसरी महिला से हो गई थी। शादी के बाद महिला कांस्टेबल द्वारा उन पर दूसरी महिला को छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा था, इसी वजह से उन्होंने आत्महत्या कर ली।
शादी की तैयारियों के बीच उठी भाई की अर्थी, परिवार में कोहराम
7 Apr, 2026 07:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी शहर के मेहसौल थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रताप नगर मोहल्ले में सोमवार को उस वक्त कोहराम मच गया, जब एक घर से खुशियों की जगह चीख-पुकार सुनाई देने लगी। मोहल्ले के निवासी चंचल सिंह के पुत्र रूद्र प्रताप सिंह का शव उनके अपने ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। इस घटना ने न केवल परिवार को झकझोर दिया है, बल्कि पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
शादी की तैयारियों के बीच पसरा सन्नाटा
जानकारी के अनुसार, चंचल सिंह के घर में इन दिनों उत्सव का माहौल था। मृतक रूद्र प्रताप सिंह की बहन की शादी आगामी 27 अप्रैल को होनी तय हुई थी। घर में मेहमानों का आना-जाना शुरू हो चुका था और शादी की रस्में व तैयारियां जोरों पर थीं। भाई अपनी बहन की विदाई की तैयारियों में व्यस्त था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस घर में शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मौत के सन्नाटे ने जगह ले ली है।
संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव
परिजनों ने बताया कि रूद्र प्रताप सिंह की लाश घर के कमरे में संदेहास्पद स्थिति में पाई गई। मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है, जिसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मेहसौल थाना की पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और परिवार के सदस्यों के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर तकनीकी और वैज्ञानिक पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या है, दुर्घटना है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। वहीं, मेहसौल थानाध्यक्ष असदुल्लाह ने बताया कि प्रताप नगर मोहल्ले में एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही मौत के कारणों का खुलासा कर लिया जाएगा। परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नियमों की धज्जियां: कॉलेजों ने सीट से ज्यादा नामांकन कर किया बड़ा उल्लंघन
6 Apr, 2026 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वैशाली। जिला पहले भी शिक्षा में गड़बड़ियों को लेकर सुर्खियों में रहा है, चाहे टॉपर घोटाला हो, डिग्री घोटाला या परीक्षा केंद्रों को लेकर विवाद। हालांकि हाल के दिनों में ऐसे मामले सामने नहीं आ रहे थे लेकिन अब एक बार फिर जिले की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हाजीपुर स्थित इंदू देवी रंजीत कुमार प्रकाश प्रोफेशनल कॉलेज और डॉ. रंजीत कुमार प्रकाश कॉलेज की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। डीएम वर्षा सिंह के निर्देश पर गठित जांच टीम ने दोनों कॉलेजों में कई खामियां पाई हैं और उनकी संबद्धता पर पुनर्विचार के लिए विश्वविद्यालय को अनुशंसा की है। मालूम हो कि कई शिकायतों के बाद डीएम ने जांच टीम का गठन किया था, जिसमें उप विकास आयुक्त कुंदन कुमार समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। टीम ने 23 मार्च को दोनों कॉलेजों का स्थलीय निरीक्षण किया, जिसमें कई अनियमितताएं उजागर हुईं।
आवंटित सीट से ज्यादा लिया नामांकन
जांच के दौरान पाया गया कि इंदू देवी रंजीत कुमार प्रकाश प्रोफेशनल कॉलेज ने कई कोर्स में निर्धारित सीटों से अधिक छात्रों का नामांकन लिया। कॉलेज द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार बीबीए कोर्स के लिए 300 सीट आवंटित हैं लेकिन 411 छात्रों का नामांकन किया गया। इसी तरह बीसीए कोर्स में 300 सीट के मुकाबले 413 छात्रों का दाखिला लिया गया। यह भी सामने आया कि एक ही कोर्स के लिए कॉलेज ने दो अलग-अलग विश्वविद्यालयों से संबद्धता ले रखी है, जो अपने आप में गंभीर सवाल खड़े करता है। जांच टीम को मिले दस्तावेजों के अनुसार एमबीए कोर्स के लिए कॉलेज को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय से 240 सीट और आर्यभट्ट नॉलेज विश्वविद्यालय से 360 सीट की अनुमति मिली है।
इसी प्रकार एमसीए कोर्स में बीआरएबीयू से 60 और एकेयू से 120 सीट आवंटित हैं। विशेषज्ञों के अनुसार एक ही कॉलेज द्वारा एक ही कोर्स के लिए दो अलग-अलग विश्वविद्यालयों से संबद्धता लेना गंभीर अनियमितता है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ की आशंका भी जताई जा रही है। अब वैशाली जिला प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। शिक्षा विभाग भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की तैयारी में है। सवाल यह उठ रहा है कि कहीं यह मामला फिर से डिग्री घोटाले जैसी स्थिति की ओर तो नहीं बढ़ रहा, जहां बिना उचित पढ़ाई के छात्रों को डिग्री देने का खेल चलता रहा हो। फिलहाल जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।
प्रेम विवाह के बाद कपल का बयान वायरल, चर्चा में आई कहानी
6 Apr, 2026 10:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंगेर। जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड क्षेत्र में एक प्रेम विवाह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह शादी ऐतिहासिक बाबा पंचमुखी नाथ मंदिर परिसर में संपन्न हुई, जिसे लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वायरल वीडियो में प्रेमिका का बयान खासा चर्चा में है, जिसमें वह साफ तौर पर कहती नजर आ रही है- हम इनको भगा कर लाए हैं, ये हमको नहीं भगाकर लाए हैं। इस बयान के सामने आने के बाद मामला और भी दिलचस्प बन गया है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार युवक की पहचान हवेली खड़गपुर के सिंहपुर निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है, जबकि युवती मुजफ्फरगंज की नीतू कुमारी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों अलग-अलग जाति से संबंध रखते हैं लेकिन प्रेम संबंध के चलते उन्होंने सामाजिक बंधनों को दरकिनार करते हुए मंदिर में विवाह रचा लिया।
मंदिर परिसर में दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाईं और शादी संपन्न की। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इसे लेकर चर्चा का माहौल है। वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग अपनी-अपनी राय रख रहे हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन यह प्रेम विवाह क्षेत्र में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।
इन्फ्लूएंसर छात्रा का सनसनीखेज मामला: खुद को चोट पहुंचाने की घटना से हड़कंप
6 Apr, 2026 09:21 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुजफ्फरपुर। जिले में एक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर छात्रा द्वारा आत्महत्या की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा ने ब्लेड से अपने हाथ की नस पर 19 बार वार कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 24 घंटे बाद उसे होश आया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार छात्रा ने ब्लेड से अपने हाथ की नस को ऊपर से नीचे तक 19 बार काटा, जिससे गहरे जख्म हो गए। लहूलुहान हालत में परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध हैं।
बताया जा रहा है कि छात्रा मूल रूप से मुसहरी थाना क्षेत्र की रहने वाली है लेकिन फिलहाल अपने परिवार के साथ माड़ीपुर में रह रही थी। वह पिछले कुछ महीनों से सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी और शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग लेती रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि छात्रा का किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि युवक ने बालिग होने पर शादी का वादा किया था लेकिन बाद में मुकर गया। इस कथित धोखे और मानसिक तनाव के कारण छात्रा ने यह कदम उठाया। हालांकि छात्रा ने पुलिस के सामने प्रेम प्रसंग की बात से इंकार करते हुए इसे पारिवारिक विवाद बताया है। उसका कहना है कि घर में चल रहे आपसी झगड़े के कारण वह तनाव में थी, जिससे उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
काजी मोहम्मदपुर थाना प्रभारी नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि छात्रा ने लिखित शिकायत में घरेलू विवाद का जिक्र किया है। हालांकि जांच के दौरान अन्य पहलू भी सामने आए हैं, जिनमें प्रेम प्रसंग का एंगल भी शामिल है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। छात्रा की सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं किसी ने उसे इस कदम के लिए उकसाया तो नहीं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
बिहार में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने टेबल फैन से की बेटी की हत्या
6 Apr, 2026 09:07 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज के कटेया थाना क्षेत्र के गौरा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सनकी पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की टेबल फैन से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर पिता ने इस वारदात को अंजाम दिया। मृतका की पहचान मोनिका के रूप में हुई है। वह बी.ए. की छात्रा थी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरा गांव निवासी जनार्दन कमकर की 19 वर्षीय पुत्री मोनिका कुमारी, जो बी.ए. की छात्रा थी, का किसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिता को यह रिश्ता मंजूर नहीं था और इसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था।बीती रात इसी बात को लेकर बाप-बेटी के बीच तीखी बहस हुई। आवेश में आकर जनार्दन कमकर ने घर में रखे लोहे के टेबल फैन को उठा लिया और मोनिका के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया। प्रहार इतना जोरदार था कि छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भागने की फिराक में लगे आरोपी पिता जनार्दन कमकर को धर दबोचा। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सने टेबल फैन को भी साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है।
गांव में पसरा सन्नाटा
इस घटना के बाद गौरा गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि मोनिका पढ़ने में होनहार थी, लेकिन पिता के गुस्से ने एक हंसते-खेलते जीवन का अंत कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी पिता को जेल भेजने की प्रक्रिया में जुटी है और मामले की कानूनी तफ्तीश जारी है।
एक के बाद एक धमाके: सिलिंडर ब्लास्ट से गांव में मची तबाही
6 Apr, 2026 08:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव में रविवार की शाम एक छोटी-सी चिंगारी ने भयावह रूप धारण कर लिया। एक घर से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते पूरे मोहल्ले को अपनी चपेट में ले लिया और 18 से अधिक घर जलकर राख हो गए। इस दौरान कई घरों में रखे घरेलू एलपीजी सिलेंडर भी एक के बाद एक फटने लगे, जिससे आग और भयंकर होती चली गई। करीब 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि इस पूरे हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दमकल की देरी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
डेढ़ दर्जन से अधिक घरों में लगी आग
रविवार की शाम गांव में सब कुछ सामान्य था और लोग अपने घरों में थे। तभी एक घर में चूल्हे से उठी चिंगारी ने आग का रूप ले लिया। लोगों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेजी से फैलती रहीं। जैसे ही आग पास के घरों तक पहुंची, उनमें रखे गैस सिलेंडर एक के बाद एक धमाके के साथ फटने लगे। इन धमाकों ने आग को और विकराल बना दिया और देखते ही देखते डेढ़ दर्जन से ज्यादा घर आग की भेंट चढ़ गए। पूरे गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
दमकल की मदद के लिए पहले वैशाली जिले के बालोगांव से बड़ा वाहन पहुंचा और बाद में मुजफ्फरपुर से भी गाड़ी आई। दोनों जिलों की संयुक्त टीम ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सहायक अग्निशमन कर्मी ने बताया कि आग चूल्हे की चिंगारी और सिलेंडर के फटने से फैली तथा वाहनों को पहुंचने में ट्रैफिक जाम के कारण देरी हुई। हालांकि, आग पर काबू पाने में हुई इस देरी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका कहना है कि अगर दमकल समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान इतना नहीं होता। अंचल अधिकारी को घटना से अवगत करा दिया गया है और क्षति के आकलन का काम शुरू कर दिया गया है।
हथियार तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: पीके गन हाउस सहित आधा दर्जन ठिकानों पर रेड
6 Apr, 2026 07:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नालंदा। जिले में आज तड़के सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हड़कंप मचा दिया। लहेरी थाना क्षेत्र के व्यस्ततम इलाके पोस्ट ऑफिस मोड़ स्थित 'पीके गन हाउस' में सुबह से ही एनआईए और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम छापेमारी कर रही है। समाचार लिखे जाने तक पिछले तीन घंटे से अधिक समय से सर्च ऑपरेशन जारी है।
आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी
सूत्रों के मुताबिक, एनआईए की टीम नालंदा में कुल आधा दर्जन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। यह कार्रवाई मुख्य रूप से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, स्मगलिंग और संदिग्ध धंधेबाजों के सिंडिकेट को ध्वस्त करने के उद्देश्य से की जा रही है।
100 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम गठित
इस बड़े ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए जिला स्तर पर 100 से अधिक पुलिस पदाधिकारियों की एक विशेष टीम गठित की गई है। टीम ने सुबह-सुबह ही चिन्हित ठिकानों की घेराबंदी कर ली, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच किसी भी बाहरी व्यक्ति को छापेमारी स्थल के पास जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
स्थानीय पुलिस को नहीं मिली जानकारी
छापेमारी की गोपनीयता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्थानीय थाने को भी इस मिशन के मुख्य उद्देश्य की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी। लहेरी थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि वरीय अधिकारियों के माध्यम से एक पत्र प्राप्त हुआ था, जिसके आलोक में उनके थाने से दो पुलिस अधिकारियों को रेड में शामिल होने के लिए भेजा गया है। हालांकि, यह रेड किसके नेतृत्व में और किस सटीक कारण से की जा रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल उन्हें नहीं है। फिलहाल 'पीके गन हाउस' के भीतर दस्तावेजों और स्टॉक की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच टीम का कोई भी सदस्य अभी कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से बच रहा है। अंदेशा जताया जा रहा है कि इस छापेमारी के तार किसी बड़े अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
प्रशासकीय स्वीकृति के बाद तत्परता से तकनीकी स्वीकृति और टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण कर कार्यारंभ करें - अरुण साव
‘सेवा सेतु’: छत्तीसगढ़ में सुशासन और डिजिटल प्रशासन का नया अध्याय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ज्योति कुलस्ते को दिया सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद
सोमनाथ हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान का है प्रतीक : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
विजय के समर्थन पर सस्पेंस, CPI गठबंधन शुक्रवार को करेगा ऐलान
डिप्टी CM नहीं, अब मंत्री बनेंगे निशांत कुमार! विभाग को लेकर अटकलें
यात्रियों को मिलेगी तेज और बेहतर टिकट बुकिंग सुविधा
सिंहस्थ मेला की व्यापक तैयारियों को लेकर भोपाल में सुरक्षा सम्मेलन व संगोष्ठी आयोजित
23 मिनट में बदली तस्वीर, जांबाजों की कार्रवाई से कांपा पाकिस्तान
‘आरोप साबित करें या माफी मांगें’: BJP का भगवंत मान को नोटिस
