बिहार-झारखण्ड
चंपई सोरेन ने अधिकारियों को दिया निर्देश - 26 हजार शिक्षकों की भर्ती 5 सितंबर तक सुनिश्चित करें
25 Jun, 2024 11:29 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने सोमवार को अधिकारियों को 5 सितंबर तक राज्य में 26 हजार सहायक शिक्षकों की भर्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। सोमवार को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने कहा, ''शिक्षकों की भर्ती की सभी प्रक्रियाएं जल्द से जल्द पूरी की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में जनजातीय एवं क्षेत्रीय विषयों की पढ़ाई शुरू की जायेगी।'' मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनजातीय भाषाओं के 3 हजार 538 पदों और क्षेत्रीय भाषाओं के 8 हजार 418 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाए।
आलमगंज में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर की हत्या, घटना CCTV में हुई कैद
24 Jun, 2024 04:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आलमगंज थाना क्षेत्र के जल्ला रोड में रविवार की सुबह लगभग पांच बजे घर के पास ही प्रॉपर्टी डीलर अरुण कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे बाइक से फरार हो गए। दो की संख्या में आए हत्यारों ने चेहरा छिपाने के लिए टोपी पहन रखी थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है।
अरुण की पत्नी आशा कुमारी ने मेयर सीता साहू के पुत्र शिशिर कुमार समेत नौ लोगों पर आपराधिक षड्यंत्र के तहत हत्या कराने का आरोप लगाया है। एएसपी शरथ आरएस ने मेयर पुत्र को नामजद अभियुक्त बनाए जाने की पुष्ट की है। कहा कि हत्याकांड का जल्द उद्भेदन कर दिया जाएगा।
इधर, शिशिर ने बताया कि वे मां और परिवार के अन्य लोगों के साथ दूसरे शहर में हैं। उन्होंने कहा कि अरुण के स्वजन दुर्भावना से ग्रसित होकर साजिश के तहत उन्हें फंसा रहे हैं।
फूलों में पानी देने निकले थे अरुण
आशा कुमार ने पुलिस को बताया कि सुबह उनके पति दरवाजे पर फूलों को पानी देने के लिए घर से बाहर निकले थे। तभी गली के मोड़ पर हत्यारों ने बाइक खड़ी की और पैदल उनके पास गए। सामना होता ही पति पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद हत्यारे भाग निकले।
इधर, गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर स्वजन बाहर निकले और लहूलुहान हालत में अरुण को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल हास्पिटल लेकर गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जमीन की खरीद-बिक्री करते थे अरुण
पत्नी ने बताया कि अरुण जमीन खरीद-बिक्री का काम करते थे। इसी को लेकर महापौर पुत्र शिशिर कुमार, दिव्य सुंदर, विकास गुप्ता, खड़बड़ गोप, छोटन गोप, राकेश, डीएम पप्पू, मंतोष कुमार महतो व मौली सोनार के द्वारा आपराधिक षडयंत्र रचकर पुरानी दुश्मनी व जमीनी विवाद के कारण हत्या करवाई है।
पत्नी ने प्राथमिकी में यह भी बताया है कि आठ मार्च 2023 को होली के दिन शिशिर, खड़बड़ गोप तथा उनके लोगों ने मारपीट कर पति को जेल भिजवा दिया था। सूत्रों की मानें तो हत्याकांड में पुलिस ने एक नामजद को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
चार भाइयों में सबसे छोटे थे अरुण
पिता मदन मोहन प्रसाद ने बताया कि उनके चार पुत्रों में अरुण सबसे छोटे थे। हत्या के बाद मां ऊषा देवी. पत्नी आशा देवी, पुत्र आरव व पुत्री आराध्या का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, अरुण की तीन बहनें संगीता, गीता व बबीता समेत लोग अन्य हत्याकांड से मर्माहत थे। नालंदा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद अरुण का अंतिम संस्कार फतुहा में किया गया।
सूत्रों की मानें तो कई पुलिसकर्मियों से उनकी नजदीकी थी। सिटी क्षेत्र के थानों में भी उनका आना-जाना लगा रहता था। इस कारण विरोधियों को संदेह था कि वे उनकी खबर पुलिस तक पहुंचा देते हैं। हत्याकांड के बाद मोहल्ले में यह भी चर्चा थी कि जेल में रहने के दौरान एक कुख्यात अपराधी से अरुण की दोस्ती हुई थी। बाहर आने के बाद भी दोनों की बातें होती थीं। पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।
पटना जंक्शन पर पहुंचना होगा मुश्किल; क्या है निगम की तैयारी?
24 Jun, 2024 02:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना जंक्शन की करबिगहिया छोर की मुख्य सड़क फिर इस बार वर्षा होने पर डूबेगी। नगर निगम लोकसभा चुनाव के दौरान यहां प्री-कास्ट ड्रेनेज बनाने का फैसला लिया गया था। अब तक इस योजना की मंजूरी नहीं मिल पाई है।
नगर निगम के कंकड़बाग अभियंत्रण प्रमंडल 66 लाख की लागत से निर्माण कराने का प्राकलन बनाकर निगम मुख्यालय को भेज दिया। निगम मुख्यालय और विभाग के बीच यह प्रस्ताव रह गया। चिरैयाटांड पुल से मीठटापुर पुल के बीच वाले भाग में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम फ्लाइओवर का निर्माण कर रहा है।
सिर्फ पुल निर्माण के कारण नाला बाधित
नाला के ऊपरी भाग पिलर पड़ जाने के कारण ध्वस्त हो गया है। यही कारण है कि पिछले वर्ष मानसून के दौरान यहां कमर भर जलजमाव हो गया था। जलनिकासी के लिए योजना भी बन गई है। योजना की मंजूरी के बाद ही कार्य शुरू हो सकेगा। यहां जलजमाव हो जाने के कारण मुख्य सड़क पर अवाजाही बंद हो जाती है।
पटना जंक्शन से करबिगहिया की तरफ यात्री नहीं निकल पाते हैं। आसपास घनी आबादी है। लोग प्रभावित हो जाते हैं। करबिगहिया का पानी सीधे मीठापुर बस पड़ाव संप हाउस में पानी जाने की व्यवस्था की गई है। सिर्फ पुल निर्माण के कारण नाला बाधित है।
क्या कहते हैं निगम के अधिकारी?
निगम अधिकारियों का कहना है कि योजना मंजूर होते ही नाला निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कंकड़बाग अंचल को करबिगहिया मुख्य सड़क पर जलमाव होने का भय सताने लगा है। अंचल की तरफ से पुराने नाले की सफाई कराने का दावा किया गया है।
इसके साथ मोटर पंप लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों का जलजमाव होने के तत्काल बाद निकासी का कार्य शुरू हो जाएगा। नये नाला के निर्माण नहीं होने के बाद भी प्रयास है कि कम से कम लोग प्रभावित हों।
नगर निगम के वार्ड 29 के पार्षद विकास कुमार का कहना है कि करबिगहिया मुख्य सड़क है। स्टीमेट बन गया है। कार्य होना है। इस कार्य को कराकर मीठापुर बस पड़ाव संप से कनेक्ट कर दिया जाए। बड़ी राहत मिलेगी।
JDU के इस बड़े नेता ने बढ़ाई नीतीश कुमार की टेंशन
24 Jun, 2024 12:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के हरपुर बोचहा गांव में रविवार को छापामारी कर पुलिस ने दो गाड़ियों में रखी शराब के साथ दो हथियार और 99 हजार 50 रुपये बरामद किए। शराब रखी स्कॉर्पियो के आगे जदयू प्रधान सचिव किसान प्रकोष्ठ लिखा मिला।
स्कॉर्पियो संजीव कुमार सिंह उपयोग करते थे, जो उगन त्रिवेणी कॉलेज चमथा के शिक्षक हैं। संजीव जिला जदयू किसान प्रकोष्ठ के महासचिव भी हैं। वहीं, मौके से आल्टो कार से भी शराब मिली है। उस पर पुलिस का लोगो लगा है। बताया जाता है कि उसका इस्तेमाल उनके भाई करते हैं। मौके से दोनों फरार हो गए।
पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस को फोन पर सूचना मिली थी कि हरपुर बोचहा गांव के वार्ड नंबर-सात निवासी दो भाइयों संजीव सिंह और अमित सिंह के घर पर शराब रखी गई है। दारोगा रंजीत कुमार छापेमारी करने पहुंचे। वहां दोनों भाइयों ने विरोध किया।
तलवार और हथियार के अलावा रुपये भी जब्त
इस सूचना पर विद्यापतिनगर थाने के अपर थानाध्यक्ष पुलिस चौधरी पुलिस बल के साथ पहुंचे। जांच में स्कॉर्पियो व कार से आठ-आठ लीटर शराब मिली। संजीव के घर से एक रायफल और तलवार के अलावा 99 हजार 500 रुपये जब्त किए गए। अमित पर पहले भी शराब के धंधे को लेकर विद्यापतिनगर में प्राथमिकी दर्ज है।
डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों गाड़ियों के साथ हथियार को जब्त कर सत्यापन कराया जा रहा है। गाड़ी पर पार्टी विशेष का साइन बोर्ड और पदनाम लिखा मिला है। कार पर पुलिस का साइनेज पाया गया है। इसकी भी जांच कराई जा रही है।
घटना के बाद दोनों भाई फरार
दोनों भाइयों के अलावा अन्य दो लोगों पर बिहार शराब अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार दोनों भाइयों की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी चल रही है।
इस संबंध में जदयू जिलाध्यक्ष डा. दुर्गेश राय ने बताया कि किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष को संबंधित पदधारक के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य पार्टी को सूचना भेजने के लिए कहा गया है।
धनबाद के डॉक्टर को धमकी के बाद भी नहीं मिली सुरक्षा
24 Jun, 2024 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद के प्रसिद्ध स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सर्वमंगला प्रसाद को रंगदारी मांगे जाने के मामले में अभी तक सुरक्षा नहीं मिल पाई है। इसे लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने काफी नाराजगी है।
एसोसिएशन का कहना है कि सुरक्षा मांगे जाने पर अभी तक जिला प्रशासन की ओर से कोई जवान नहीं दिया गया है। ऐसे में लगातार डॉक्टर और उनके स्वजनों पर भय का माहौल है।
ज्ञात होगी गुरुवार रात को डॉक्टर सर्व मंगला प्रसाद से प्रिंस खान ने एक करोड रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं देने पर गोली मार देने की धमकी दी थी।
इसके बाद इसकी शिकायत जिला प्रशासन से की गई। पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। लेकिन इससे आईएमए के पदाधिकारी संतुष्ट नहीं है।
जिलेभर में किया जाएगा आंदोलन
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी ने इसे लेकर आपात बैठक की है। पदाधिकारी का कहना है कि डॉ. समुदाय में भय का माहौल होने लगा है। ऐसी स्थिति में बिना सुरक्षा के मरीजों की सेवा नहीं दी जा सकती है।
संगठन की ओर से रणनीति बनाई जा रही है, सुरक्षा के लिए राज्य भर में आंदोलन किया जाएगा। एक प्रतिनिधि मंडल जिला प्रशासन से मिलकर सुरक्षा की मांग करेगा।
कल्पना सोरेन को विधानसभा चुनाव से पहले मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
24 Jun, 2024 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने काफी कम समय में राजनीति में अपनी पहचान बनाई है। राष्ट्रीय मंचों पर उनकी उपस्थिति से राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन को नया स्टार प्रचारक मिला है। कल्पना सोरेन ने विपरीत परिस्थितियों में राजनीति में कदम रखा था।
पति की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने कमान संभालने का निर्णय किया। छोटे राजनीतिक सफर में उन्होंने बड़ा मुकाम हासिल किया है। अब वे अपनी राजनीतिक जमीन को और पुख्ता करने में जुट गई हैं। वह लगातार गिरिडीह में कैंप कर रहीं हैं। इसी जिले के गांडेय विधानसभा क्षेत्र से वह निर्वाचित हुई हैं।
लोकसभा चुनाव के साथ संपन्न हुए विधानसभा उपचुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को हराकर जीत हासिल की। कल्पना सोरेन ने इस दौरान ना सिर्फ हेमंत सोरेन की अनुपस्थिति में बेहतर कार्य कर दिखाया, बल्कि आगे भी उनमें अपार संभावनाएं हैं।
कल्पना सोरेन को बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी
यही वजह है कि सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने की भी तैयारी चल रही है। केंद्रीय समिति में उन्हें महत्वपूर्ण पद मिल सकता है। मोर्चा में उन्हें केंद्रीय उपाध्यक्ष या महासचिव का पद दिया जा सकता है।
कल्पना सोरेन फिलहाल अपने विधानसभा क्षेत्र में ज्यादा समय देकर जमीनी स्थिति को पुख्ता कर रहीं हैं। यह इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है कि संताल परगना क्षेत्र में सोरेन परिवार की राजनीतिक विरासत है। पहली बार इससे अलग हटकर कल्पना सोरेन ने गिरिडीह जिले की एक महत्वपूर्ण विधानसभा सीट पर परचम लहराया है।
उनकी क्षेत्र में मौजूदगी से गिरिडीह और उसके आसपास के क्षेत्र में भी सत्तारूढ़ गठबंधन की किलेबंदी मजबूत होने के आसार है। मोर्चा की रणनीति इसी के इर्द-गिर्द है ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में इसका लाभ मिल सके।
नीट पेपर लीक मामले में में आया नया मोड़!
24 Jun, 2024 12:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नीट प्रश्न पत्र लीक जांच की रही आर्थिक अपराध इकाई (इओयू) बिहार की टीम ट्रांसपोर्टर की भूमिका की गहन जांच कर रही है। ट्रांसपोर्टर ब्लू डार्ट के माध्यम से ही परीक्षा के दो दिन पहले तीन मई को बुलकेट (प्रश्न पत्र) हजारीबाग पहुंचा था, लेकिन ट्रांसपोर्टर ने ट्रक सीधे बैंक पहुंचाने की जगह छह किलोमीटर दूर हजारीबाग बाइपास ओरिया में रोक लिया।
पांच परीक्षा केंद्रों के लिए वहां नौ ट्रंक में बुकलेट को उतारने के बाद टोटो से बैंक पहुंचाया गया था, लेकिन यहां सबसे बड़ी बात यह है कि जांच को पहुंची इओयू की जब ट्रंक की छानबीन की दो ट्रंक के कुंडी अलग-अगल पाए गए। कुंडी की कंपनी भी अलग-अलग थी। संदेश के आधार पर टीम दोनों ट्रंक को सीबीएसइ काॅडिनेटर मो. अहसान की मौजूदगी में जब्त कर पटना ले गई है।
आशंका जताई जा रही है कि ट्रांसपोर्टिंग के दौरान ही प्रश्न पत्र लीक किया हो। तभी परीक्षा के एक दिन यहां आवंटित बुकलेट पटना पहुंच गई, जिसे परीक्षार्थियों को रटवाया जा रहा था। वहीं, ट्रांसपोर्टर की भूमिका की जांच के लिए टीम रांची भी गई थी। वहां उसे कंपनी के वरीय अधिकारी की तलाश थी, लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रांची में कंपनी के अधिकारी की टीम से मुलाकात नही हो पाई है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नही हो पाई है।
पटना में बरामद हुआ जला बुकलेट नंबर 6136488
पांच मई को आयोजित हुई नीट परीक्षा के एक पहले पटना में जला हुआ बुकलेट नंबर 6136488 बरामद किया गया था। इस बुकलेट हजारीबाग के ओएसिस स्कूल को आवंटित थी, जिस वजह से स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ की गई है, लेकिन यहां तहकीकात में यह बात सामने आई कि इसी बुकलेट नंबर पर ओएसिस स्कूल में एक छात्रा ने परीक्षा दी थी।
यहां एक भी बुलकेट कम नही पहुंचा था, जिसकी रिपोर्टिंग एनटीए को की गई थी। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि ट्रांसपोर्टिंग के दौरान ही गिरोह के लोगों ने बुकलेट को गायब किया। उसकी कापी करवाई और फिर सील कर ट्रंक में डाल दिया। मालूम हो कि इस विद्यालय के संचालक मो. अहसान सीबीएसइ के कॉडिनेटर भी हैं।
बैंक की सामने आई लापरवाही, लगी फटकार
इस पूरे प्रकरण में मेन ब्रांच एसबीआइ बैंक प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है। 21 मई को जब जांच के लिए इओयू की टीम बैंक पहुंची तो उन्होंने यहां प्रश्न पत्र आने की बात से ही इनकार कर दिया। टीम को किसी दूसरे बैंक में भेज दिया गया।
पुख्ता जानकारी लेने के बाद टीम वापस बैंक लौटी तो प्रबंधक वीरेंद्र मुंडा को इसके लिए फटकार भी लगाई। उन्होंने फिर कागजात को दिखाने को कहा, लेकिन बैंक के पास प्रश्नों के रिसीविंग के कोई कागजात तक उपलब्ध नही करवा पाए, जिसे टीम ने फिर ट्रांसपोर्ट एजेंसी से बरामद किया। करीब चार घंटे तक यहां छानबीन की गई। उन्हें शो कॉज भी किया गया
पांच मई को सुबह 8.30 बजे बुकलेट पहुंचा था केंद्र
इओयू की टीम ने सभी पांच केंद्रों ओएसिस स्कूल, संत जेवियर्स स्कूल, डीएवी स्कूल में बुकलेट पहुंचने के समय की भी जांच की है। बैंक से यह परीक्षा वाले दिन सुबह करीब 8.30 बजे केंद्रों तक पहुंच गया था। ऐसे में एक दिन पहले पटना में प्रश्न पत्र लीक होने की बात सामने आने यह संभावना जताई जा रही है कि तीन से चार मई के बीच यह खेल हुआ होगा, जिस वजह से ही ट्रांसपोर्टर की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
पिता ने ही पुत्र और बहू की हत्या के लिए दी थी सुपारी
23 Jun, 2024 02:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हजारीबाग। कोचिंग संचालक दंपती राहुल और पूजा की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पिता ने की थी। इसके लिए पिता ने किराए पर पेशेवर अपराधियों की भी मदद ली थी। राहुल की हत्या शनिवार को ही कर दी गई थी। रविवार को बरकाखुर्द के हेसल गांव से जलाने के लिए आटो रिक्शा से लकड़ी लेकर भी आया था।यह खुलासा शनिवार को इस घटना में शामिल अन्य तीन के गिरफ्तार होने के बाद हुआ। राहुल व पूजा हत्याकांड में अबतक छह लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें राहुल के पिता ईश्वर मेहता, भाई बबलू मेहता, वाहन चालक विकास सोनी के अलावा परासी गांव के पांडे पोखर मोहल्ला निवासी अमित कुमार, पांडेय मोहल्ला से शशि कुमार पांडेय और दारु झुमरा से सोनू कुमार शामिल हैं।दूसरी ओर शुक्रवार के बाद शनिवार को भी इचाक पुलिस ने राहुल पूजा हत्यारोपियों के निशानदेही पर मुनेश्वर भवन की तलाशी ली गई। शनिवार दोपहर मुनेश्वर भवन जहां पूजा-राहुल की हत्या हुई थी, एक आरोपित को लेकर पुलिस पहुंची। करीब आधे घंटे तक शयनकक्ष, रसोईघर, शौचालय, कोचिंग की कक्षा तथा भवन के ऊपरी तल्ला आदि की जांच कर अहम साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस टीम वापस लौट गई। सूत्रों की मानें तो राहुल के पिता ईश्वर मेहता तीन दशक पहले साधारण मजदूर था।उसके घर की माली हालत ठीक नहीं थी। उसके पिता मजदूरी करते थे और पैसे के अभाव में टीबी से ग्रसित होकर उनकी मौत हो गई थी। गरीबी को देखते हुए ईश्वर का छोटा भाई महरू दिहाड़ी करने मुंबई चला गया। महरु वहीं मेहनत मजदूरी कर पैसा घर भेजता रहा।
ई-रिक्शा की चपेट में आई बच्ची की मौत
23 Jun, 2024 01:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
खगड़िया में शनिवार देर शाम सड़क दुर्घटना में एक छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई है। जिसके बाद परिजनों में चित्कार मचा है। घटना खगड़िया अलौली सड़क मार्ग की है। बताया जा रहा है कि बच्ची अपने घर के बाहर निकली थी। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ई रिक्शा चालक ने बच्ची के ऊपर ई रिक्शा को पलट दिया। घटना में बच्ची बुरी तरह घायल हो गई।आनन-फानन में परिजनों के द्वारा बच्ची को अस्पताल लाया गया। लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। सदर अस्पताल के डॉक्टर ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया। बच्ची की पहचान मथुरापुर नवटोलिया निवासी संतोष शर्मा की पुत्री वैष्णवी कुमारी के रूप में हुई है।गौरतलब है कि खगड़िया अलौली सड़क मार्ग पर कई बार सड़क हादसा हो चुका है। इसमें लोगों की जान भी गई है। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे आवासीय स्थल रहने के कारण अक्सर कुछ दूरी तक घटनाएं होती रहती हैं। मृतक बच्ची के पिता ने बताया कि वे लोग अपने घर के अंदर थे। बच्ची अकेले ही बाहर थी। इसी दौरान अलौली की तरफ जा रहे हैं एक ई रिक्शा चालक में वाहन से नियंत्रण खो दिया, और वह उनकी बच्ची पर आकर पलट गया।
बहन को गर्भवती कर फरार हुआ फुफेरा भाई
23 Jun, 2024 01:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दरभंगा के कमतौल थाना क्षेत्र के एक गांव में भाई और बहन की रिश्ते को तार-तार कर देने का मामला सामने आया है। नाबालिग लड़की ने अपने ही फुफेरे भाई पर दुष्कर्म कर गर्भवती कर देने की प्राथमिकी दर्ज करवाई है। इस मामले को लेकर पहले दिल्ली के केशुपुरम थाना में जीरो प्राथमिकी दर्ज कराई गई जिसके आधार दरभंगा के कमतौल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।दर्ज प्राथमिकी ने लड़की ने कहा है कि आरोपी फुफेरा भाई अपनी मां के निधन के बाद करीब 10 वर्षों से उसके घर मे रहा करता था। इस दौरान एक रात उसने मेरे साथ दुष्कर्म किया उसके बाद से डरा धमका कर लगातार वह दुष्कर्म करता रहा जब उसका मन भर गया तो वह उसका घर छोड़कर दिल्ली में ही रह रहे वह अपने पिता के घर चला गया।
पीड़िता ने कहा कि जब वह अपने माता पिता के साथ चार महीने पहले वह अपनी बहन के ससुराल गई। जहां उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे डॉक्टर से इलाज करवाया गया जहां वह गर्भवती पाई गई। इसके बाद वह अपने माता पिता के साथ अपने फूफा के दिल्ली वाले घर पर गई जहां हमलोगों के पहुंचते ही आरोपी और फूफा दोनो घर छोड़कर फरार हो गए लेकिन हमलोग उसके आने के इंतजार में उसके ही घर मे बैठे रहे। इस दौरान 13 मई को उसने अपने फूफा के घर में ही एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद मेरे परिजन आरोपी और उसके पिता से लगातार संपर्क करने और खोजने की कोशिश करते रहे लेकिन इनलोगों का कुछ पता नही चल पा रहा है।
विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिए झारखंड दौरे पर पहुंचे शिवराज और हिमंता बिस्व
23 Jun, 2024 01:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भाजपा ने झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा इस साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिए झारखंड दौरे पर हैं। भाजपा के एक पदाधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। भाजपा ने शिवराज सिंह को झारखंड चुनाव का प्रभारी और हिमंता बिस्व सरमा को सह-प्रभारी बनाया है।भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बताया कि राज्य चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी के रूप में दोनों नेता अपने पहले दौरे में पार्टी नेताओं, कोर कमेटी के पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और लोकसभा चुनाव प्रदर्शन की समीक्षा भी करेंगे। रविवार को ये बैठकें आयोजित हो रही हैं। शाहदेव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है।रांची दौरे पर शिवराज सिंह चौहान और हिमंता बिस्व सरमा ने पार्टी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत आईसीएआर, नामकुम परिसर और रांची के हटिया इलाके में लीची बागान में पौधे रोपे। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बात करते हुए कहा 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर्यावरण को लेकर चिंतित हैं। आने वाली पीढ़ियों के लिए धरती को सुरक्षित बनाने के लिए यह पहल शुरू की गई है।'
नीट पेपर लीक मामले में बिहार पुलिस ने झारखंड के देवघर से छह लोगों को किया गिरफ्तार
23 Jun, 2024 11:39 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार पुलिस ने नीट-यूजी में कथित गड़बड़ी के मामले में झारखंड के देवघर जिले से छह लोगों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान परमजीत सिंह उर्फ बिट्टू, चिंटू उर्फ बलदेव कुमार, काजू उर्फ प्रशांत कुमार, अजीत कुमार, राजीव कुमार उर्फ कारू (सभी नालंदा निवासी) और पंकू कुमार के रूप में हुई है।सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार युवकों में से एक ने पूछताछ के दौरान अपना गुनाह भी कबूल कर लिया है। उसने रवि अत्री गैंग से प्रश्नपत्र और अंसरशीट मिलने की बात स्वीकारी है। इसे उसने बाद में व्हाट्सएप के माध्यम से अमित आनंद और नीतीश कुमार को भेजा था। हालांकि, पुलिस ने उसकी पहचान उजागर नहीं की है। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पेपर सबसे पहले चिंटू उर्फ सिंटू के पास पहुंचा था।चिंटू को पेपर लीक गिरोह के सरगना संजीव मुखिया का साथी बताया जा रहा है। एसडीपीओ (देवघर सदर) ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि इन सभी को शुक्रवार देर रात देवीपुर थाना क्षेत्र में एम्स-देवघर के पास एक घर से उठाया गया। इसके बाद पेपर लीक की जांच कर रही आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम आगे पूछताछ के लिए उनको बिहार ले गई। आरोपी अपनी पहचान बदलकर यहां झन्नू सिंह नामक एक व्यक्ति के घर में कमरा लेकर छिपे थे।
बिहार : एक और निर्माणाधीन ब्रिज भरभराकर गिरा
23 Jun, 2024 11:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में पुलों के गिरने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सिवान और अररिया के बाद अब मोतिहारी जिले में एक पुल भरभराकर धराशाई हो गया है। अररिया के ब्रिज की तरह यह पुल भी निर्माणाधीन था। पुल का अधिकांश हिस्सा बनकर तैयार हो चुका था, लेकिन रविवार को पुल धड़ाम हो गया।मिली जानकारी के मुताबिक, अररिया के घोड़ासन में निर्माणाधीन इस पुल का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से हो रहा था। इस पुल का निर्माण धीरेंद्र कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड कर रही थी।अररिया के सिकटी में बकरा नदी पर बना पुल उद्घाटन से पहले ही धवस्त हो गया। पुल का निर्माण लगभग पूरा हो गया था।इस पुल का निर्माण सात करोड़ रुपये से भी अधिक की लागत से बने इस पुल का निर्माण पहले बने पुल की एप्रोच कट जाने के बाद कराया गया था।हाल ही में पुल के एप्रोच की बहाली के लिए विभाग की ओर कवायद शुरू की गई थी, लेकिन उससे पहले पुल ही ध्वस्त हो गया।
डॉक्टर के इलाज के दौरान महिला की हुई मौत, गुस्साएं परिजनों ने क्लीनिक पर किया हमला
22 Jun, 2024 04:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिकरणी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर झोलाछाप के गलत इंजेक्शन लगाने से हुई महिला की मौत पर गुस्साए लोगों ने शुक्रवार देर शाम हथियारों, पत्थरों से लैस होकर आए लोगों ने झोलाछाप के क्लीनिक पर हमला बोल दिया। वहां पर डॉक्टर के नहीं मिलने पर मकान मालिक के घर में हमला कर दिया, जिसमें तीन परिजन घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वहां पर स्थिति को देखकर सुरक्षा के प्रबंध बढ़ाए।
मांडवा थाना क्षेत्र के देबरी खेजरी (छापरिया) निवासी सिरमी (56) पत्नी हमरिया बुंबरिया की तबीयत खराब होने पर परिजन बिकरणी में एक झोलाछाप के क्लीनिक पर उपचार के लिए लेकर लाए थे। झोलाछाप ने बिना जांच किए इंजेक्शन लगा दिया, जिससे महिला की तबियत बिगड़ गई।
परिजन महिला को तुरंत सीमावर्ती गुजरात के पोशीना के लिए लेकर रवाना हुए, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया और परिजनों का गुस्सा बढ़ गया। इधर, महिला की मौत की सूचना मिलते ही झोलाछाप डॉक्टर क्लीनिक से फरार हो गया और वहां पर महिला के परिजन पहुंचे और जहां क्लीनिक चलता था, उसके मकान मालिक के घर पर हमला बोल दिया।
कुल्हाड़ी व पत्थर के हमले से बिकरणी निवासी सिराज पुत्र हैदर खान, साहिल पुत्र रसूल खान व रुकसाना पत्नी रसूल खान घायल हो गए। लोगों की भीड़ ने मकान पर भी पत्थर बरसाए। इन सभी घायलों को अस्पताल ले गए। सूचना पर मांडवा पुलिस जाब्ते के साथ बिकरणी पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर भीड़ वहां से भाग निकली। बिकरणी में एहतियात के तौर पर पुलिस जाब्ता रातभर तैनात रहा। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
झारखंड के 9 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, जाने मौसम का हाल
22 Jun, 2024 04:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में मानसून का इंतजार खत्म हो गया। छह दिन कि देरी के बाद शुक्रवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून झारखंड में प्रवेश कर चुका है। मानसून झारखंड में उत्तरी सीमा पाकुड़ और साहिबगंज पहुंच चुका है। मौसम विज्ञानी ने बताया कि अगले तीन दिनों में पूरे झारखंड में मानसून पहुंचने की संभावना है। झारखंड में आने वाले दिनों में कई स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है।
25 जून को रांची में भारी वर्षा की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 24 जून को राज्य के उत्तर-पूर्वी भाग जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज में कहीं-कहीं पर भारी वर्षा की संभावना है। वहीं 25 जून को उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों रांची समेत रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी। लोगों से सावधान रहने के लिए कहा गया है।
झारखंड में सामान्य से 65 प्रतिशत कम वर्षा
मौसम विभाग के रिपोर्ट के अनुसार झारखंड में 21 जून तक 65 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। 21 जून तक सामान्य वर्षा का आंकड़ा 101.5 एमएम है। जबकि अभी तक झारखंड में 36 एमएम ही वर्षा हुई है। सबसे कम वर्षा गढ़वा में 6.2 एमएम हुई है। यहां 91 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। सबसे अधिक वर्षा धनबाद में 72.2 एमएम हुई है।