बिहार-झारखण्ड
चलती ट्रेन में कारोबारी की गोली मारकर हत्या, मची अफरातफरी
26 Jun, 2024 01:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जहानाबाद में पटना-गया रेलखंड के नदवां और पोथाही रेलवे स्टेशन के बीच बीती रात लगभग 11 बजे हथियारबंद अपराधियों ने मसौढ़ी के दहीभत्ता गांव निवासी भोला शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद काफी देर तक पटना से गया जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन में अफरातफरी का माहौल कायम रहा। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले अपराधी हथियार लहराते हुए भाग निकले।बताया जा रहा है कि इस घटना को आपसी जमीन विवाद को लेकर अंजाम दिया गया है, क्योंकि गत 11 जून को भी भोला शर्मा पर उनके घर के पास जानलेवा हमला हुआ था। जमीन विवाद में हुए इस हमले को लेकर भोला शर्मा ने अपने भाई पर प्राथमिकी नामजद दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि उस वक्त भोला शर्मा के हाथ में गोली लगी थी। भोला शर्मा हाथ का इलाज करा कर पटना से देर रात अपने गांव लौट रहे थे कि ट्रेन में अपराधियों ने घटना को अंजाम दे दिया। फिलहाल रेल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, पटना से गया जा रही चलती ट्रेन में भोला शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ट्रेन में हुई फायरिंग के बाद यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। अपराधियों ने वारदात को अंजाम मंगलवार की रात करीब 11 बजे पटना-गया रेलखंड पर पोठाही और नदवां स्टेशन के बीच नीमा हॉल्ट पर दिया। हत्या की घटना को अंजाम देने के बदमाश नीमा स्टेशन पर उतरकर आराम से भाग निकले। मृतक की पहचान भोला शर्मा उर्फ जयप्रकाश सिंह के रूप में हुई है। भोला शर्मा पटना के मसौढ़ी थाना इलाके के दहीभत्ता गांव के रहने वाले थे।बताया जा रहा है कि भोला शर्मा उर्फ जयप्रकाश सिंह अपने हाथ का इलाज कराने मंगलवार को पटना आए थे। वह इलाज कराकर मेमू पैसेंजर ट्रेन से अपने घर मसौढ़ी लौट रहे थे। पोथाही स्टेशन पर अपराधी भी उसी ट्रेन में चढ़े और भोला शर्मा को ढूंढने लगे। नीमा हॉल्ट के पास अपराधियों ने भोला सिंह को ट्रेन में ढूंढ लिया और गोली मारकर हत्या कर दी।
सीएम सोरेन - मादक पदार्थ बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
26 Jun, 2024 01:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड को नशामुक्त बनाने का झारखंड सरकार ने लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने चेतावनी दी है कि नशा बेचने वाले और मादक पदार्थों की खेती में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार हमारा लक्ष्य झारखंड को नशा मुक्त बनाना है।झारखंड में मादक पदार्थों की तस्करी में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में 164 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यही नहीं मई 2024 तक 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नशीली सामग्री जब्त की जा चुकी है। इसको लेकर झारखंड सरकार ने चिंता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य राज्य को नशा मुक्त बनाना है। सोरेन ने कहा, "छात्र और युवा राज्य और देश का भविष्य हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि नशा बेचने वालों और मादक पदार्थों की खेती में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा बेचने वाले युवाओं को निशाना बनाते हैं। उन्हें नशीले पदार्थों की लत में फंसाते हैं। इससे न केवल युवाओं का भविष्य बर्बाद होता है, बल्कि राज्य और देश का भविष्य भी बर्बाद होता है। हमें झारखंड को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के किसी भी हिस्से में मादक पदार्थों की खेती मिलती है तो वे प्रशासन को सूचित करें।"नशा मुक्ति झारखंड की दिशा में मादक पदार्थों के इस्तेमाल के खिलाफ एक सप्ताह का जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ जागरूकता अभियान 19 जून को शुरू हुआ। इसके तहत पूरे राज्य में मैराथन, साइकिलिंग, क्विज, पेंटिंग प्रतियोगिता और मानव श्रृंखला जैसे कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित की गई।
Bihar: बिहार के जमुई में जल्द ही विश्व स्तरीय बर्ड म्यूजियम ,12 एकड़ में तैयार होगा बिहार का पहला बर्ड म्यूजियम, 1.50 करोड़ आएगी लागत
25 Jun, 2024 07:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के जमुई में जल्द ही विश्व स्तरीय बर्ड म्यूजियम बनाया जाएगा। बर्ड म्यूजियम को 12 एकड़ में तैयार किया जाएगा। अनुमान है कि बर्ड म्यूजियम को बनाने में 1.50 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस बर्ड म्यूजियम में 1300 प्रजातियों के पक्षियों से संबंधित विस्तृत जानकारी लोगों को दी जाएगी। बर्ड म्यूजियम के लिए जमीन का भी चयन कर लिया गया है। संवाद सहयोगी, जमुई। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो जमुई में जल्द ही बिहार का पहला बर्ड म्यूजियम बनकर तैयार हो जाएगा। बिहार का पहला और दूसरा राजकीय पक्षी महोत्सव भी यहीं हुआ था। फिलहाल, म्यूजियम पटना की टीम ने सर्वे पूर्ण कर लिया है। टीम द्वारा निर्माण के लिए स्थल का भी चयन कर लिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा जमीन वन विभाग को हस्तांतरित होते ही प्रस्ताव अग्रसारित कर दिया जाएगा। सबकुछ अपनी गति से चलता रहा तो दो-तीन वर्षों में यह म्यूजियम बनकर तैयार हो जाएगा।
झारखंड में उमस भरी गर्मी से भी मिलेगी राहत
25 Jun, 2024 12:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। एक बार फिर से गर्मी का एहसास होने लगा है। धनबाद का जो तापमान 34 डिग्री पर थमा हुआ था, वह अब बढ़ने लगा है। मंगलवार को सुबह से ही गर्मी का असर देखने को मिला। मौसम में गरमाहट रही।पिछले कई दिनों से धनबाद के आसमान में बादलों का आना-जाना लगा हुआ है, लेकिन मानसून की जोरदार बारिश नहीं हो रही है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो पश्चिम विक्षोभ के मजबूत रहने के कारण गर्मी का प्रभाव दिख रहा है, जबकि मानसून कमजोर पड़ रहा है।बादलों का अध्ययन करने वाले डा. एसपी यादव ने बताया कि झारखंड पश्चिमी विक्षोभ का इलाका है। यह यहां नौ माह तक रहता है, जबकि मानसून केवल तीन महीने के लिए ही आता है।
उन्होंने बताया कि ऐसी स्थिति में जब तक पश्चिमी विक्षोभ कमजोर नहीं होगा तब तक मानसून की बारिश होने की संभावना नहीं है। सुबह से ही पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। यह इसके उपस्थिति का प्रमाण है। इधर मौसम केंद्र ने बुधवार से जोरदार बारिश की उम्मीद जतायी है, जबकि मौसम केंद्र रांची का पुर्वानुमान भी हर एक दिन बीतने के साथ ही बदल जा रहा है।पांच दिन पूर्व ही मानसून ने झारखंड में अपनी उपस्थित दर्ज करा चुका है। संताल परगना के रास्ते उसका आगमन हुआ है, लेकिन अभी तक वह वहीं रूका हुआ है। वर्तमान में यह पाकुड़, साहिबगंज में है।मौसम केंद्र की ओर से बुधवार के लिए आरेंट अलर्ट जारी किया गया है। इसके अनुसार गर्जन के साथ तेज बारिश की संभावना है, जबकि बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की स्थिति भी बन रही है।
जनता के लिए आए करोड़ों रुपये लैप्स होने पर हाईकोर्ट सख्त
25 Jun, 2024 11:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस एसएन प्रसाद व जस्टिस एके राय की खंडपीठ में चतरा जिले में सुखाड़ राहत का नौ करोड़ रुपया लैप्स होने के मामले में सरकार से दो सप्ताह में जवाब मांगा है।वर्ष 2018-19 में हुए सुखाड़ के बाद सरकार से मिलने वाली राहत राशि अधिकारियों की लापरवाही के कारण किसानों के बीच वितरण नहीं हो पाया था और सुखाड़ राहत की राशि वापस हो गई थी। इसको लेकर प्रार्थी जयद्रथ सिंह की ओर से याचिका दाखिल की गई है।उनकी ओर से अधिवक्ता राहुल कुमार और मनोज कुमार ने चौबे अदालत में पक्ष रखा। याचिका में कहा गया है कि किसानों की सूची उपलब्ध नहीं कराने के कारण राज्य सरकार द्वारा सुखाड़ राहत के लिए आवंटित 8.94 करोड़ की लैप्स हो गई।जिला स्तर से सभी प्रखंडों से प्रस्ताव मांगा गया लेकिन किसी ने भी समय पर किसानों की सूची उपलब्ध नहीं कराया। वर्ष 2018-19 में जिले के नौ प्रखंडों को सूखा घोषित किया था, जिसमें चतरा, इंटरगंज, प्रतापपुर, कुंदा, लाव्वालौर कानाचट्टो, इटखोरी, पत्थला और मयूरखंड प्रखंड शामिल है।
अग्निवीर भर्ती में 11 जिलों के हजारों अभ्यर्थी होंगे शामिल
25 Jun, 2024 11:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बोधगया बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बीएसएपी-3 के ग्राउंड पर मंगलवार भोर से अग्निवीर भर्ती रैली शुरू होगी, जो 29 जून तक चलेगी। रैली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।सोमवार को बीएसएपी-3 के ग्राउंड पर गया सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल राहुल द्विवेद्वी ने प्रेस वार्ता में कहा कि इस अग्निवीर भर्ती में पूरे बिहार के 11 जिलों से शार्टलिस्ट किए गए लगभग साढ़े पांच हजार पुरुष उम्मीदवार शामिल होंगे।सितंबर माह में अग्निवीर भर्ती बहाली का परिणाम घोषित होने की उम्मीद है। निदेशक ने बताया कि अरवल, औरंगाबाद, जमुई, रोहतास, जहानाबाद, कैमूर, लखीसराय, नालंदा, नवादा और शेखपुरा के लिए भर्ती रैली 25 से 29 जून तक होगी।
बिहार एवं झारखंड के अभ्यर्थियों के लिए सैनिक तकनीकी नर्सिंग सहायक एवं सिपाही फार्मा के लिए भर्ती रैली 29 जून को होगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को मध्य रात्रि के बाद एक बजे बीएसएपी-3 ग्राउंड पर रिपोर्टिंग करनी है। ग्राउंड का गेट रात्रि 2.30 बजे बंद हो जाएगा।भीषण गर्मी, गर्म हवा और लू को देखते हुए दौड़ प्रतिदिन सुबह चार से सात बजे तक ही होगी। प्रतिदिन आठ सौ से एक हजार अभ्यर्थी दौड़ में भाग लेंगे। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच होगी, इसमें उनकी ऊंचाई मापी जाएगी, उन्हें ऊंची कूद सहित अन्य बाधाओं को पार करना होगा।इसके बाद मेडिकल जांच होगी। उन्होंने बताया कि सेना भर्ती के लिए आनलाइन प्रवेश परीक्षा गत 22 अप्रैल से तीन मई तक बिहार एवं झारखंड के 15 शहरों के 34 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इसमें 95 हजार 549 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। उनमें साढ़े पांच हजार चयनित किए गए हैं।
नीट मामले के बीच बिहार में अब इस मुद्दे पर सियासत तेज
25 Jun, 2024 11:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बिहार में बीते कुछ दिनों में अपराध की घटनाओं में वृद्धि आई है। आए दिन कहीं न कहीं से कोई आपराधिक घटना सामने आ रही है।बढ़ते अपराध के बीच बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेर लिया। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि प्रधानमंत्री जी आपके पावन मुखारविंद से बिहार में दिन दोगुनी रात चौगुनी वृद्धि कर रहे रिकॉर्ड तोड़ अपराध पर दो शब्द निंदा के अपेक्षित हैं।नेता प्रतिपक्ष ने पोस्ट में हाल के दिनों में अलग अलग हुई कई वारदातों का हवाला भी दिया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि वैसे भी सभी न्यायप्रिय और विवेकशील बिहारी कहते हैं कि आपको चुनाव के वक्त ही जंगलराज के जंगली सपने आते है। आपकी जानकारी और संज्ञान के लिए 2-3 दिन की आपराधिक घटनाओं की दर्दनाक अल्प सूची सांझा कर रहा हूं।तेजस्वी ने पोस्ट में 33 आपराधिक घटनाओं का ब्यौरा दिया है। उन्होंने लिखा शेखपुरा में डबल इंजन सरकार में डबल पावर से लैस अपराधियों ने आठ साल की बच्ची की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या की। कैमूर में अपराधियों ने युवक की हत्या की। अपराधियों ने तांडव मचा सिविल कोर्ट के स्टाफ की गोली मारकर हत्या की।तेजस्वी ने आगे लिखा कि मधेपुरा में बेलगाम अपराधियों ने ईंट और पत्थरों से सिर और चेहरे को कूच-कूच कर एक युवक की निर्मम हत्या की। अररिया में 55 साल के एक व्यक्ति की हत्या कर अपराधियों ने शव फेंका। बेतिया में अपराधियों ने पत्रकार पर चाकू से जानलेवा हमला किया।
नग्न हालत में मिली शिक्षक की लाश, दरवाजा खोलते ही दंग रह गए लोग
25 Jun, 2024 11:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुज़फ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र के विशनपुर बघनगरी गांव में एक शिक्षक की संदिग्ध मौत हो गई। सोमवार देर रात उनके घर के कमरे में उनकी नग्न हालत में लाश मिली है। शिक्षक की पहचान 45 वर्षीय दिलीप राय के रूप में हुई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।बताया जा रहा है कि दिलीप राय गांव के बच्चों को ही ट्यूशन पढ़ाते थे। पिछले तीन दिनों से वह पढ़ाने नहीं आए थे। सोमवार की देर शाम गांव के लोग उनका हालत जानने उनके घर पहुंचे। घर पर पहुंचकर लोगों ने आवाज दी लेकिन वह बाहर नहीं निकले। इसके बाद लोगों ने दरवाजा खोला तो वह दंग रह गए। फर्श पर शिक्षक की लाश पड़ी थी।
घटना की खबर पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई तथा ग्रामीणों ने घटना की सूचना सकरा पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। और जांच में जुट गई।ग्रामीणों का कहना है कि दिलीप अपने भाइयों में पांचवें स्थान पर थे। वह अपने पीछे उनके एक पुत्र व एक पुत्री छोड़कर चले गए। दो बच्चे दिल्ली में रहते हैं। शिक्षक की पत्नी भी दिल्ली में ही रहती है। लोगों का कहना है कि उनका संबंध पत्नी से बेहतर नहीं था इसलिए पत्नी इनके साथ रहना नहीं चाहती थी। पूरे मामले को लेकर सकरा थाना के थानाध्यक्ष राजू पाल ने बताया है कि मृतक का शव नग्नावस्था में फर्श पर लेटा हुआ मिला है शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज में भेजा जा रहा है। जांच के बाद ही सही जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि अभी उनके परिजन दिल्ली है उनके आने के बाद जो लिखित आवेदन मिलेगी इस पर अग्रसर कार्रवाई की जाएगी।
पटना समेत 10 जिलों में लू का अलर्ट जारी
25 Jun, 2024 11:31 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में मानसून की इंट्री होने के बावजूद कई जिलों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। पटना, भोजपुर, बक्सर समेत कई जिलों में लोग लू का कहर झेल रहे हैं। पटना में सोमवार देर शाम हल्की बारिश हुई लेकिन उमस भरी गर्मी से निजात नहीं मिली। मौसम विभाग इस सप्ताह 10 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पटना, भोजपुर, नालंदा, जहानाबाद, गया, औरंगबााद, अरवल, रोहतास, बक्सर और कैमूर समेत आसपास के जिलों लू का अलर्ट जारी किया है। वहीं कोसी, सीमांचल, मिथिलांचल के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में पटना, गया, शेखपुरा, गोपालगंज, जमुई, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, औरंगाबाद, बांका, नवादा, नालंदा, सीवान, अरवल और मुंगेर जिले का तापमान 40 डिग्री के पार रहा। सबसे अधिक गर्मी वैशाली में 43. 5 डिग्री पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार, 26 जून से तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट होने की संभावना है।
चंपई सोरेन ने अधिकारियों को दिया निर्देश - 26 हजार शिक्षकों की भर्ती 5 सितंबर तक सुनिश्चित करें
25 Jun, 2024 11:29 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने सोमवार को अधिकारियों को 5 सितंबर तक राज्य में 26 हजार सहायक शिक्षकों की भर्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। सोमवार को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने कहा, ''शिक्षकों की भर्ती की सभी प्रक्रियाएं जल्द से जल्द पूरी की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में जनजातीय एवं क्षेत्रीय विषयों की पढ़ाई शुरू की जायेगी।'' मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनजातीय भाषाओं के 3 हजार 538 पदों और क्षेत्रीय भाषाओं के 8 हजार 418 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाए।
आलमगंज में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर की हत्या, घटना CCTV में हुई कैद
24 Jun, 2024 04:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आलमगंज थाना क्षेत्र के जल्ला रोड में रविवार की सुबह लगभग पांच बजे घर के पास ही प्रॉपर्टी डीलर अरुण कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे बाइक से फरार हो गए। दो की संख्या में आए हत्यारों ने चेहरा छिपाने के लिए टोपी पहन रखी थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है।
अरुण की पत्नी आशा कुमारी ने मेयर सीता साहू के पुत्र शिशिर कुमार समेत नौ लोगों पर आपराधिक षड्यंत्र के तहत हत्या कराने का आरोप लगाया है। एएसपी शरथ आरएस ने मेयर पुत्र को नामजद अभियुक्त बनाए जाने की पुष्ट की है। कहा कि हत्याकांड का जल्द उद्भेदन कर दिया जाएगा।
इधर, शिशिर ने बताया कि वे मां और परिवार के अन्य लोगों के साथ दूसरे शहर में हैं। उन्होंने कहा कि अरुण के स्वजन दुर्भावना से ग्रसित होकर साजिश के तहत उन्हें फंसा रहे हैं।
फूलों में पानी देने निकले थे अरुण
आशा कुमार ने पुलिस को बताया कि सुबह उनके पति दरवाजे पर फूलों को पानी देने के लिए घर से बाहर निकले थे। तभी गली के मोड़ पर हत्यारों ने बाइक खड़ी की और पैदल उनके पास गए। सामना होता ही पति पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद हत्यारे भाग निकले।
इधर, गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर स्वजन बाहर निकले और लहूलुहान हालत में अरुण को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल हास्पिटल लेकर गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जमीन की खरीद-बिक्री करते थे अरुण
पत्नी ने बताया कि अरुण जमीन खरीद-बिक्री का काम करते थे। इसी को लेकर महापौर पुत्र शिशिर कुमार, दिव्य सुंदर, विकास गुप्ता, खड़बड़ गोप, छोटन गोप, राकेश, डीएम पप्पू, मंतोष कुमार महतो व मौली सोनार के द्वारा आपराधिक षडयंत्र रचकर पुरानी दुश्मनी व जमीनी विवाद के कारण हत्या करवाई है।
पत्नी ने प्राथमिकी में यह भी बताया है कि आठ मार्च 2023 को होली के दिन शिशिर, खड़बड़ गोप तथा उनके लोगों ने मारपीट कर पति को जेल भिजवा दिया था। सूत्रों की मानें तो हत्याकांड में पुलिस ने एक नामजद को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
चार भाइयों में सबसे छोटे थे अरुण
पिता मदन मोहन प्रसाद ने बताया कि उनके चार पुत्रों में अरुण सबसे छोटे थे। हत्या के बाद मां ऊषा देवी. पत्नी आशा देवी, पुत्र आरव व पुत्री आराध्या का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, अरुण की तीन बहनें संगीता, गीता व बबीता समेत लोग अन्य हत्याकांड से मर्माहत थे। नालंदा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद अरुण का अंतिम संस्कार फतुहा में किया गया।
सूत्रों की मानें तो कई पुलिसकर्मियों से उनकी नजदीकी थी। सिटी क्षेत्र के थानों में भी उनका आना-जाना लगा रहता था। इस कारण विरोधियों को संदेह था कि वे उनकी खबर पुलिस तक पहुंचा देते हैं। हत्याकांड के बाद मोहल्ले में यह भी चर्चा थी कि जेल में रहने के दौरान एक कुख्यात अपराधी से अरुण की दोस्ती हुई थी। बाहर आने के बाद भी दोनों की बातें होती थीं। पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।
पटना जंक्शन पर पहुंचना होगा मुश्किल; क्या है निगम की तैयारी?
24 Jun, 2024 02:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना जंक्शन की करबिगहिया छोर की मुख्य सड़क फिर इस बार वर्षा होने पर डूबेगी। नगर निगम लोकसभा चुनाव के दौरान यहां प्री-कास्ट ड्रेनेज बनाने का फैसला लिया गया था। अब तक इस योजना की मंजूरी नहीं मिल पाई है।
नगर निगम के कंकड़बाग अभियंत्रण प्रमंडल 66 लाख की लागत से निर्माण कराने का प्राकलन बनाकर निगम मुख्यालय को भेज दिया। निगम मुख्यालय और विभाग के बीच यह प्रस्ताव रह गया। चिरैयाटांड पुल से मीठटापुर पुल के बीच वाले भाग में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम फ्लाइओवर का निर्माण कर रहा है।
सिर्फ पुल निर्माण के कारण नाला बाधित
नाला के ऊपरी भाग पिलर पड़ जाने के कारण ध्वस्त हो गया है। यही कारण है कि पिछले वर्ष मानसून के दौरान यहां कमर भर जलजमाव हो गया था। जलनिकासी के लिए योजना भी बन गई है। योजना की मंजूरी के बाद ही कार्य शुरू हो सकेगा। यहां जलजमाव हो जाने के कारण मुख्य सड़क पर अवाजाही बंद हो जाती है।
पटना जंक्शन से करबिगहिया की तरफ यात्री नहीं निकल पाते हैं। आसपास घनी आबादी है। लोग प्रभावित हो जाते हैं। करबिगहिया का पानी सीधे मीठापुर बस पड़ाव संप हाउस में पानी जाने की व्यवस्था की गई है। सिर्फ पुल निर्माण के कारण नाला बाधित है।
क्या कहते हैं निगम के अधिकारी?
निगम अधिकारियों का कहना है कि योजना मंजूर होते ही नाला निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कंकड़बाग अंचल को करबिगहिया मुख्य सड़क पर जलमाव होने का भय सताने लगा है। अंचल की तरफ से पुराने नाले की सफाई कराने का दावा किया गया है।
इसके साथ मोटर पंप लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों का जलजमाव होने के तत्काल बाद निकासी का कार्य शुरू हो जाएगा। नये नाला के निर्माण नहीं होने के बाद भी प्रयास है कि कम से कम लोग प्रभावित हों।
नगर निगम के वार्ड 29 के पार्षद विकास कुमार का कहना है कि करबिगहिया मुख्य सड़क है। स्टीमेट बन गया है। कार्य होना है। इस कार्य को कराकर मीठापुर बस पड़ाव संप से कनेक्ट कर दिया जाए। बड़ी राहत मिलेगी।
JDU के इस बड़े नेता ने बढ़ाई नीतीश कुमार की टेंशन
24 Jun, 2024 12:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के हरपुर बोचहा गांव में रविवार को छापामारी कर पुलिस ने दो गाड़ियों में रखी शराब के साथ दो हथियार और 99 हजार 50 रुपये बरामद किए। शराब रखी स्कॉर्पियो के आगे जदयू प्रधान सचिव किसान प्रकोष्ठ लिखा मिला।
स्कॉर्पियो संजीव कुमार सिंह उपयोग करते थे, जो उगन त्रिवेणी कॉलेज चमथा के शिक्षक हैं। संजीव जिला जदयू किसान प्रकोष्ठ के महासचिव भी हैं। वहीं, मौके से आल्टो कार से भी शराब मिली है। उस पर पुलिस का लोगो लगा है। बताया जाता है कि उसका इस्तेमाल उनके भाई करते हैं। मौके से दोनों फरार हो गए।
पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस को फोन पर सूचना मिली थी कि हरपुर बोचहा गांव के वार्ड नंबर-सात निवासी दो भाइयों संजीव सिंह और अमित सिंह के घर पर शराब रखी गई है। दारोगा रंजीत कुमार छापेमारी करने पहुंचे। वहां दोनों भाइयों ने विरोध किया।
तलवार और हथियार के अलावा रुपये भी जब्त
इस सूचना पर विद्यापतिनगर थाने के अपर थानाध्यक्ष पुलिस चौधरी पुलिस बल के साथ पहुंचे। जांच में स्कॉर्पियो व कार से आठ-आठ लीटर शराब मिली। संजीव के घर से एक रायफल और तलवार के अलावा 99 हजार 500 रुपये जब्त किए गए। अमित पर पहले भी शराब के धंधे को लेकर विद्यापतिनगर में प्राथमिकी दर्ज है।
डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों गाड़ियों के साथ हथियार को जब्त कर सत्यापन कराया जा रहा है। गाड़ी पर पार्टी विशेष का साइन बोर्ड और पदनाम लिखा मिला है। कार पर पुलिस का साइनेज पाया गया है। इसकी भी जांच कराई जा रही है।
घटना के बाद दोनों भाई फरार
दोनों भाइयों के अलावा अन्य दो लोगों पर बिहार शराब अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार दोनों भाइयों की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी चल रही है।
इस संबंध में जदयू जिलाध्यक्ष डा. दुर्गेश राय ने बताया कि किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष को संबंधित पदधारक के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य पार्टी को सूचना भेजने के लिए कहा गया है।
धनबाद के डॉक्टर को धमकी के बाद भी नहीं मिली सुरक्षा
24 Jun, 2024 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद के प्रसिद्ध स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सर्वमंगला प्रसाद को रंगदारी मांगे जाने के मामले में अभी तक सुरक्षा नहीं मिल पाई है। इसे लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने काफी नाराजगी है।
एसोसिएशन का कहना है कि सुरक्षा मांगे जाने पर अभी तक जिला प्रशासन की ओर से कोई जवान नहीं दिया गया है। ऐसे में लगातार डॉक्टर और उनके स्वजनों पर भय का माहौल है।
ज्ञात होगी गुरुवार रात को डॉक्टर सर्व मंगला प्रसाद से प्रिंस खान ने एक करोड रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं देने पर गोली मार देने की धमकी दी थी।
इसके बाद इसकी शिकायत जिला प्रशासन से की गई। पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। लेकिन इससे आईएमए के पदाधिकारी संतुष्ट नहीं है।
जिलेभर में किया जाएगा आंदोलन
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी ने इसे लेकर आपात बैठक की है। पदाधिकारी का कहना है कि डॉ. समुदाय में भय का माहौल होने लगा है। ऐसी स्थिति में बिना सुरक्षा के मरीजों की सेवा नहीं दी जा सकती है।
संगठन की ओर से रणनीति बनाई जा रही है, सुरक्षा के लिए राज्य भर में आंदोलन किया जाएगा। एक प्रतिनिधि मंडल जिला प्रशासन से मिलकर सुरक्षा की मांग करेगा।
कल्पना सोरेन को विधानसभा चुनाव से पहले मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
24 Jun, 2024 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने काफी कम समय में राजनीति में अपनी पहचान बनाई है। राष्ट्रीय मंचों पर उनकी उपस्थिति से राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन को नया स्टार प्रचारक मिला है। कल्पना सोरेन ने विपरीत परिस्थितियों में राजनीति में कदम रखा था।
पति की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने कमान संभालने का निर्णय किया। छोटे राजनीतिक सफर में उन्होंने बड़ा मुकाम हासिल किया है। अब वे अपनी राजनीतिक जमीन को और पुख्ता करने में जुट गई हैं। वह लगातार गिरिडीह में कैंप कर रहीं हैं। इसी जिले के गांडेय विधानसभा क्षेत्र से वह निर्वाचित हुई हैं।
लोकसभा चुनाव के साथ संपन्न हुए विधानसभा उपचुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को हराकर जीत हासिल की। कल्पना सोरेन ने इस दौरान ना सिर्फ हेमंत सोरेन की अनुपस्थिति में बेहतर कार्य कर दिखाया, बल्कि आगे भी उनमें अपार संभावनाएं हैं।
कल्पना सोरेन को बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी
यही वजह है कि सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने की भी तैयारी चल रही है। केंद्रीय समिति में उन्हें महत्वपूर्ण पद मिल सकता है। मोर्चा में उन्हें केंद्रीय उपाध्यक्ष या महासचिव का पद दिया जा सकता है।
कल्पना सोरेन फिलहाल अपने विधानसभा क्षेत्र में ज्यादा समय देकर जमीनी स्थिति को पुख्ता कर रहीं हैं। यह इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है कि संताल परगना क्षेत्र में सोरेन परिवार की राजनीतिक विरासत है। पहली बार इससे अलग हटकर कल्पना सोरेन ने गिरिडीह जिले की एक महत्वपूर्ण विधानसभा सीट पर परचम लहराया है।
उनकी क्षेत्र में मौजूदगी से गिरिडीह और उसके आसपास के क्षेत्र में भी सत्तारूढ़ गठबंधन की किलेबंदी मजबूत होने के आसार है। मोर्चा की रणनीति इसी के इर्द-गिर्द है ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में इसका लाभ मिल सके।