छत्तीसगढ़
पड़ोसियों के बीच आपसी बात को लेकर हुआ विवाद, युवक की पीठ पर चाकू से किया हमला
12 Feb, 2024 11:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी रायपुर में लगातार चाकूबाजी के मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार रात एक बजे देवेंद्रनगर थाना इलाके में दो गुटों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक युवक की पीठ और महिला के सिर पर चाकू से हमला किया गया। देवेंद्रनगर पुलिस थाने से मिली जानकारी के मुताबिक पड़ोसियों के बीच आपसी बात को लेकर विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ गया कि आपस में जमकर मारपीट हो गई।
शास्त्रीनगर, फोकटपारा निवासी फोन पे कंपनी में मार्केटिंग सेल्समेन सैय्यद तबरेज अली (21) ने शिकायत दर्ज कराई कि शनिवार रात मोहम्मज अशरफ, भूपेंद्र उर्फ राकी तथा एक अन्य ने घर का दरवाजा खटखटाया तो मेरी मां वहिदा बेगम ने दरवाजा खोला। तीनों घर में घुसकर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी बीच अशरफ ने किसी नुकीली चीज से वहिदा बेगम के माथे पर वार कर दिया। आवाज सुनकर तबरेज बाहर निकला तो अशरफ ने उसके पीठ, गर्दन के नीचे वार कर दिया। भूपेंद्र उर्फ राकी समेत अन्य ने मारपीट की। चाचा इंदु अली ने बीच-बचाव कर सभी को अलग किया। इस घटना में अशरफ, वहीदा बेगम, सैयद तवरेज, भूपेंद्र उर्फ राखी को चोट आई है। देर रात को दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया।
चाकू के साथ बदमाश गिरफ्तार
राजधानी के कबीरनगर पुलिस ने जरवाय पानी टंकी के पास धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका कर आतंकित कर रहे झंडा चौक, सुंदरनगर के विशाल यादव (23) को गिरफ्तार कर चाकू जब्त कर लिया। मामले में आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर उसे जेल भेज दिया गया।
कोरबा पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी
12 Feb, 2024 11:37 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पूर्वोत्तर के मणिपुर से शुरू हुई। जो अब छत्तीसगढ़ में चल रही है। इसी क्रम में राहुल गांधी की यात्रा कोरबा पहुंच गई है।
जानकारी के लिए बता दें कि 11 फरवरी को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ के रायगढ़ पहुंची। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ में प्रवेश करते ही विवादों का दौर शुरू हो गया है। रेंगालपाली सभा स्थल के आस-पास दीवारों पर लिखे नारों को लेकर समर्थक आपस में भिड़ गए। कई दीवारों पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल का भी नाम मिटाकर पूर्व मंत्री उमेश पटेल का नाम लिख दिया गया। नाम लिखने को लेकर वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। लोकसभा चुनाव के माहौल आपसी गुटबाजी पार्टी पर भारी पड़ सकती है।
13 फरवरी को जिला सरगुजा के रायगढ़ बस स्टैंड चौक (उदयपुर) से पदयात्रा शुरू होगी और रात्रि विश्राम झींगो जिला बलरामपुर में होगी। 14 फरवरी को जिला बलरामपुर के पुराना सर्किट हाउस से पदयात्रा प्रारंभ होगी, जिसका समापन छत्तीसगढ़ की सीमा रामानुजगंज जिला बलरामपुर में होगा।
इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की ओर से झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को राष्ट्रीय ध्वज देंगे। रायगढ़ खरसिया, सक्ती, कोरबा से लेकर अंबिकापुर, रामानुजगंज तक ऐतिहासिक स्वागत की तैयारियां की गयी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और वरिष्ठ नेतागण यात्रा की तैयारियो को स्वंय निगरानी कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज होगी बजट पर चर्चा
12 Feb, 2024 11:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ विधानसभा की छठवें दिन की कार्यवाही दो दिन के अंतराल के बाद सोमवार को फिर शुरू होगी। इस दिन बस्तर, सरगुजा में आदिवासी विकास प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत कामों को लेकर भी सदन में चर्चा हो सकती है।
इसके अलावा नया रायपुर स्मार्ट सिटी और रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड में अपात्र कंपनियों को काम बांटने का मामला सदन में गूंजेगा। वहीं वित्तीय सत्र 2024-25 के बजट पर सामान्य चर्चा भी होगी।
गौरतलब है कि इसके पहले नौ फरवरी को सदन में बजट प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद कार्यवाही दो दिन यानी 10 और 11 फरवरी को स्थगित रही है। सोमवार को फिर 11 बजे से कार्यवाही शुरू होगी। सदन एक मार्च तक चलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कैम्प कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति का किया अनावरण
11 Feb, 2024 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बगिया के कैम्प कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की मूर्ति का अनावरण किया l उन्होंने कहा कि जनता के बीच अटल बिहारी वाजपेयी अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे।
अटलजी एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय नेता, प्रखर राजनीतिज्ञ, नि:स्वार्थ सामाजिक कार्यकर्ता, सशक्त वक्ता, कवि, साहित्यकार, पत्रकार और बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। अटलजी जनता की बातों को ध्यान से सुनते थे और उनकी आकाँक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करते थे। उनके कार्य राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को दिखाते हैं।
मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता से आग से झुलसी सुकान्तिबाई के पैरों की सफल सर्जरी हुई
11 Feb, 2024 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : सहज, सरल व्यक्तित्व के धनी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके क्षेत्र के लोगों का आत्मीय संबंध है, छोटी-मोटी कोई भी जरूरत होने पर ये लोग बिना किसी संकोच के मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें अपनी परेशानी बताते हैं,
मुख्यमंत्री भी लोगों की परेशानियां दूर करने के लिए भरसक प्रयास करते हैं।
बगिया के कैंप कार्यालय में कुछ समय पूर्व कुनकुरी तहसील के ग्राम गोरिया निवासी नंदकुमार चौहान ने बताया था कि उनकी पत्नी सुकांती बाई 2019 में आग से झुलस जाने से चल-फिर नहीं सकती है l
मुख्यमन्त्री साय ने सुकांती बाई के पैर के इलाज के लिए एम्बुलेंस भेज कर रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया और चिकित्सकों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने निर्देश दिए l
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कैंप कार्यालय के शुभारंभ के मौके पर सुकान्ति बाई जिनके दोनो पैर की सर्जरी हो गई है, उनसे फोन के माध्यम से हाल-चाल लेकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य होने की कामना की l मुख्यमंत्री जरूरतमंद लोगों के मसीहा के रूप में सभी की सहायतार्थ कार्य कर रहे हैं l
राज्यपाल हरिचंदन से छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता ने की सौजन्य भेंट
11 Feb, 2024 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से आज राजभवन में छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता प्रफुल्ल भारत ने सौजन्य भेंट की।
मुख्यमंत्री साय ने धर्मपत्नी के साथ गृहग्राम बगिया के मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय का किया शुभारंभ
11 Feb, 2024 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले स्थित अपने गृह ग्राम बगिया मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय का धर्मपत्नी के साथ शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय का उद्देश्य जनता अपनी बातों को मुख्यमंत्री जी तक पहुंचा सकें और मुख्यमंत्री जनता का निकट एवं निरन्तर संपर्क बना रहे इस उद्देश्य से कैंप कार्यालय का शुभारंभ किया जा रहा है l.
आम जनता को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना एवं प्रशासन में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना भारतीय प्रशासन के लिए सचमुच चुनौती भरा कार्य है। इस समस्या का समाधान तभी संभव है जब प्रशासन को जनसाधारण की प्रवृत्ति एवं सोच का सही ज्ञान हो।
जनता और प्रशासन में सही तालमेल रहे और जनता के विचारों को सुना जाएगा। इसके साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री साय जी ने कहा कि लोग अपने विचारों और समस्याओं को हम तक पहुंचा सकते हैं। इस कारण से उनके बीच एक सकारात्मक संबंध स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की व्यवस्था की गई है। यह कैंप कार्यालय आम जनता की समस्याओं और विचारों का सम्मान करते हुए सार्थक समाधान का प्रयास करेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस कैम्प कार्यालय में अभी आकाश गुप्ता को बैठाया गया है और आगे अधिकारी को यहां का प्रभार दिया जाएगा l यहां के कैम्प कार्यालय का सम्पर्क नंबर है 07764-250061, 07764-250062, 07764-250068
इस अवसर पर कमिश्नर जी आर चुरेन्द्र, जनसंपर्क विभाग के आयुक्त मयंक श्रीवास्तव, आई जी अंकित गर्ग , कलेक्टर डॉक्टर रवि मित्तल, एस पी शशि मोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे l
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहुंचे कंडोर, कुनकुरी हेलीपैड
11 Feb, 2024 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहुंचे कंडोर, कुनकुरी हेलीपैड। हेलीपैड पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर मुख्यमंत्री का किया आत्मीय स्वागत। कंडोर में आयोजित मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं मुख्यमंत्री।
माता-पिता की सेवा से बढ़कर कुछ नहीं, उन्हें खुश रखें तो जीवन सफल होगा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
11 Feb, 2024 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखण्ड के ग्राम कंडोरा में आयोजित मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि माता-पिता की सेवा से बढ़कर कुछ भी नहीं है, इसलिए हम सभी को प्रतिदिन अपने माता-पिता का चरण छूकर आशीर्वाद लेना और उन्हें प्रणाम करना चाहिए। उन्हें खुश रखेंगे, तो जीवन सफल होगा। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में 14 फरवरी को मातृ-पितृ पूजन दिवस के रूप मनाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री साय ने आयोजकों को मातृ-पितृ पूजन दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित करने पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके गुरु ने कहा था कि माता-पिता भगवान से बड़े होते हैं। माता जन्म देती है। गर्भ में 9 माह तक रखने के बाद पालन-पोषण करती है। यदि माता-पिता खुश नहीं हैं, तो सभी पूजा-पाठ सभी व्यर्थ है। वेदों में भी माता-पिता का स्थान सर्वाेच्च है। मुख्यमंत्री ने धार्मिक कथाओं का उदाहरण देते हुए माता-पिता के महत्व को रेखांकित किया और सभी बेटे-बेटियों को अपने माता-पिता को खुश रखते हुए उनसे आशीर्वाद लेने और उनका आदर और सम्मान करने की अपील की। कार्यक्रम को राजीव रंजन नन्दे और वनवासी आश्रम के योगेश बापट ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने माता-पिता का महत्व बताते हुए उनका आशीर्वाद लेने और पाश्चात्य संस्कृति से दूर रहकर अपने माता पिता की सेवा करने और उनका नाम रोशन करने की बात कही। इस दौरान पद्मजागेश्वर यादव, राम प्रताप सिंह, संभाग आयुक्त जी.आर. चुरेंद्र, जनसंपर्क आयुक्त मयंक श्रीवास्तव, आई.जी. अंकित गर्ग, कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह आदि उपस्थित थे।
मैं भी अपने माता-पिता के आशीर्वाद से आज मुख्यमंत्री हूँ
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होने के पश्चात भावुकता के साथ अपने माता-पिता को याद करते हुए बताया कि बचपन में उनके सिर से पिता का साया उठ जाने के पश्चात अपनी माता में ही पिता औऱ माता का रूप देखते थे और निरंतर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते रहे। उन्होंने बताया कि आज भी उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेता हूँ और मुझे लगता है कि आज मैं जिस मुकाम पर हूँ, मुख्यमंत्री हूँ उसमें मेरे माता-पिता का ही आशीर्वाद है।
बच्चों ने की माता-पिता की पूजा
कार्यक्रम में शामिल बच्चों ने अपने माता-पिता की विधि विधान से पूजा की और माता पिता की सेवा करने का संकल्प भी लिया। मंच पर मुख्यमंत्री साय सहित अन्य अतिथियों का भी बच्चों ने अभिनन्दन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ग्राम लोधमा में आयोजित श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह में शामिल हुए
11 Feb, 2024 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्य्मंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिला अंतर्गत ग्राम लोधमा में ग्रामवासियों द्वारा आयोजित श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सनतान-धर्म ज्ञान का महासागर है। जिसमें जितनी क्षमता हो, वह उतने गहरे उतर सकता है। ज्ञान की इस परंपरा का न आदि है और न ही अंत है। यदि हम केवल श्रीमद् भागवत की ही बात कर लें, तो इसकी गहराई को छूने के प्रयास में ही सारा जीवन बीत जाता है। उल्लेखनीय है कि जशपुर जिला ग्राम लोधमा में 10 फरवरी से 17 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है। जिसमे वृंदावन से पहुंचे श्रद्धेय पंडित बलराम शास्त्रीजी कथा वाचन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यहां राम मंदिर में भगवान राम का दर्शन कर पूजा अर्चना भी की। ज्ञात है कि ग्राम लोधमा राम वन गमन क्षेत्र अंतर्गत शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राम वन गमन परिपथ को भी विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर कथावाचक पंडित बलराम शास्त्री ने मुख्यमंत्री को तुलसी माला और राम गमछा पहनाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री में वृंदाबिहारी लाल की जयकारे के साथ उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने गांव वालों को इस भक्तिमय आयोजन की शुभकामना देते हुए कहा की यह भव्य आयोजन करते आ रहे है। आगे भी होता रहे। उन्होंने कहा कि वृंदावन बिहारी और राधा रानी के आशिर्वाद से मुझे मुख्यमंत्री का दायित्व मिला।
हम सबके विश्वास पर खरा उतरें यही विश्वास है
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी दो दिन पहले बजट में कुनकुरी में अस्पताल की सौगात दी गई है, जिससे अंचल में स्वास्थ की सुविधाएं बढ़ेगी। लोगों को दूर नहीं जाना पड़ेगा। इसके अलावा इस अंचल को अनेकों सौगातें दी है। आगे भी अंचल के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने यहां भागवत भवन के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन की घोषणा की गई।
इस अवसर पर कमिश्नर जी.आर. चुरेन्द्र, जनसंपर्क विभाग के आयुक्त मयंक श्रीवास्तव, आई.जी. अंकित गर्ग, कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल, एस.पी. शशि मोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवम श्रद्धालु गण बड़ी संख्या में मौजूद थे।
मौसम में होगा परिवर्तन, रायपुर में हल्की वर्षा की संभावना, बढ़ सकती है ठंड
11 Feb, 2024 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी रायपुर सहित प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को हल्की बारिश की आशंका जताई है। इससे एक बार फिर रायपुर में पारा गिर सकता है और ठंड बढ़ सकती है। शनिवार को रायपुर का मौसम शुष्क रहा। ठंड थोड़ी कम रही, हालांकि आउटर व ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड बनी हुई है। रायपुर का न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री रहा।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से आने वाली गर्म और नमी युक्त हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण मौसम का मिजाज बदलेगा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि रविवार से रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम का मिजाज बदल सकता है और 14 फरवरी तक विभिन्न क्षेत्रों में बारिश के आसार है। उन्होंने बताया कि शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 30.9 व न्यूनतम 14.9 डिग्री दर्ज किया गया। बिलासपुर में यह क्रमश: 28.4 व 12.6 और दुर्ग में 29.2 व 13 डिग्री रिकार्ड किया गया, जबकि राजनांदगांव में यह 32 व 16 डिग्री दर्ज किया गया।
बढ़ी किसानों की चिंता
छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में किसान रबी की फसल लेते हैं। बेमौसम वर्षा से गर्मी फसलों को नुकसान हो सकता है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। कृषि विभाग ने किसानों के लिए सामयिक सलाह जारी किया है। विभाग ने किसानों से सब्जियों में कीट-रोगों के प्रति नियमित निगरानी करने कहा है।
सो रहे पति पर पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग, पत्नी हुई गिरफ्तार
11 Feb, 2024 12:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लैलूंगा थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में निर्माणाधीन मकान में अधजली अवस्था मिले एक युवक के नग्न शव का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। दिल दहलाने वाले इस हत्याकांड में पुलिस ने युवक की पत्नी को गिरफ तार किया है। युवक की प्रताड़ना से तंग आकर उसकी पत्नी ने ही पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जलाया था। वारदात के बाद फरार महिला को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से मिले साक्ष्य के आधार पर धरदबोचा है।
लैलूंगा थाना प्रभारी ने बताया कि वार्ड नंबर एक इंदिरा नगर में शुक्रवार की सुबह कैलाश रजक के घर से लगे निर्माणाधीन मकान में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव मिलने की सूचना पर मौका मुआयना के लिए पहुंची पुलिस ने पाया कि शव नग्न अवस्था में अधजली हालत में पड़ा है। निर्वस्त्र शव मिलने की खबर से देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
पुलिस ने मौके पर आसपास के लोगों से पूछताछ की। युवक की पहचान कैलाश रजक के भाई राजू रजक पिता अशर्फी लाल रजक (45) के रूप में हुई। कैलाश रजक ने बताया कि 15 साल पहले भाई राजू रजक ने अनिमा एक्का से प्रेम विवाह किया था। उनका करीब 14 साल का एक बेटा है। राजू शराब सेवन का आदी था। आठ फरवरी को भी राजू ने शराब पिया था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच रात में झगड़ा हुआ। फिर रात को ही घर से निकल गए। दूसरे दिन 09 फरवरी को सुबह पता चला कि इंदिरानगर में पवन मिंज के नये बन रहे मकान के अंदर राजू का शव पड़ा है।
पूछताछ में इस बात की जानकारी हुई कि मूलत: जशपुर जिले के बगीचा ग्राम सरबकोम्बो निवासी राजू रजक पत्नी के साथ चार दिन पहले लैलूंगा आया था। वह ग्राम सरबकोम्बो में रहता था। राजू की लाश बरामद होने के बाद से उसकी पत्नी गायब थी। इसलिए शक के आधार पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। इसमें विवाहिता भागती दिखी।
इसके बाद पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछाया और महिला के मायके सहित उसके संभावित ठिकानों में दबिश दी। पकड़े जाने पर राजू की पत्नी ने अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि उसका पति उस पर अत्याचार करता था। इससे परेशान होकर उसने मौका पाते ही अपने पति राजू पर पेट्रोल उड़ेला और जिंदा जला दिया। वारदात के बाद वह फरार हो गई। बहरहाल लैलूंगा पुलिस आरोपित पत्नी अनिमा एक्का (44) को धारा 302 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई में जुटी है।
राजधानी के हाइपर क्लब में चली गोली
11 Feb, 2024 12:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी रायपुर के वीआइपी रोड स्थित हाइपर क्लब में शनिवार रात चल रही एक पार्टी में जमकर बवाल हो गया। पुरानी प्रेमिका को लेकर दो युवक आपस में भिड़ गए। इसके बाद एक युवक ने तैश में आकर दूसरे पर गोली चला दी। गोली की आवाज के बाद पार्टी में अफरातफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना तेलीबांधा क्षेत्र स्थित हाइपर क्लब के पार्किंग ग्राउंड में रात लगभग 11.30 बजे गुढ़ियारी निवासी विकास अग्रवाल और भाटागांव निवासी रोहित तोमर किसी युवती से पुराने प्रेम संबंध की बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद रोहित ने तैश में आकर विकास अग्रवाल पर हमला करते हुए उसके गाड़ी में तोड़ फोड़ कर हमला कर दिया। वहीं विकास अग्रवाल ने भी रोहित तोमर के ऊपर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन मनोज ध्रुव व सीएसपी क्राईम दिनेश सिन्हा थाना तेलीबांधा और एसीसीयू की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि हाइपर क्लब में श्री नगर गुढ़ियारी निवासी विकास अग्रवाल ने फायरिंग की है। रोहित तोमर नामक व्यक्ति से विवाद में गोली चली है। दोनों ही पक्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा आज
11 Feb, 2024 12:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग रायपुर (सीजीपीएससी) द्वारा आज राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। कबीरधाम जिले में परीक्षा के लिए नौ केंद्र बनाए गए हैं। कलेक्टर जनमेजय महोबे के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों में पूरी तैयारी कर ली गई है।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली में सुबह 10 बजे से 12 बजे से और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से पांच बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा में कुल 3 हजार 737 प्रतियोगी शामिल होंगे। परीक्षा के संचालन, गोपनीय सामाग्री की सुरक्षा के लिए अपर कलेक्टर इंद्रजीत बर्मन को नोडल अधिकारी और प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी एमके गुप्ता के सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
अपर कलेक्टर इंद्रजीत बर्मन ने बताया कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग रायपुर (सीजीपीएससी) परीक्षा के लिए पीजी कॉलेज कवर्धा, स्वामी करपात्री जी शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल रानी दुर्गावती चौक, शासकीय कन्या महाविद्यालय कवर्धा, सरस्वती शिशु मंदिर लोहारा रोड़ कवर्धा, अभ्युदय स्कूल सरोधा कनाल रोड़ कवर्धा, संत कबीर कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन कवर्धा, अशोका पब्लिक स्कूल छिरहा, रायपुर रोड़, स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम स्कूल बस स्टैंड कवर्धा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
गरीब और जरूरतमंद 50 लड़कियों का जीवन संवारेगी दो संस्थाएं
10 Feb, 2024 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । पायल एक नया सबेरा और साथी हाथ बढ़ाना संस्था के संयुक्त तत्वाधान में प्रारंभ होने वाले नए प्रोजेक्ट ज्ञान सपनों की उड़ान से प्रतिभावान छात्राओं को अपने सपने पूरा करने में मदद मिलेगी।बालक और बालिकाएं रोजगार, नौकरी, संगीत, खेल, व्यापार के क्षेत्र में जपना भविष्य संवारने का सपना देखते हैं परंतु आर्थिक तंगी, आवश्यक संसाधनों की कमी, मार्गदर्शन का अभाव, प्रेरणा नही मिल पाने के कारण अपनी प्रतिभा का उपयोग नहीं कर पाते। ज्ञान सपनों की उड़ान प्रोजेक्ट के तहत संगठन ने निर्णय लिया है कि सत्र 2024 25 में पाचवी कक्षा पास कर छठवीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली बालिकाओं को चयनित कर उन्हें विशेष प्रशिक्षण प्रदान कराएंगे। पायल एक नया सवेरा वेलफेयर फाउंडेशन की पायल शब्द लाठ और साथी हाथ बढ़ाना की अनीता अग्रवाल ने शुक्रवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्राए कक्षा पांचवी के बाद से 12वीं तक हमारे द्वारा उपलब्ध विशेष प्रशिक्षण उचित संसाधनों मार्गदर्शन, आर्थिक सहायता प्राप्त करेगी ताकि उनके सपनों की उड़ान पूरी हो। इस प्रोजेक्ट में प्रतिभाशाली 50 बालिकाओं का चयन समाज के उस वर्ग के परिवार से प्राथमिकता के आधार पर किया आएगा जहां किसी भी कारण से एकाकी महिला अपनी बच्चियों का भरण पोषण कर रही है या परिवार का पुरुष गंभीर बीमारी विकलांगता का शिकार है तथा उन्हें आर्थिक रूप से बच्चों की परवरिश हेतु सहायता की आवश्यकता है। चयन के लिए बालिकाओं की प्रतिभा ही प्राथमिकता होगी। पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट ज्ञान सपनों की उड़ान की नई सोच को पूरा करने हेतु शहर के 70 वर्ष पुराने ख्याति प्राप्त स्कूल राष्ट्रीय पाठशाला का चयन किया गया है। सन 1954 में प्रारंभ स्कूल से शिक्षा मार्गदर्शन प्राप्त छात्र-छात्राए देश विदेश में इसका नाम रोशन किया है। सत्र 2024 25 से ज्ञान सपनों की उड़ान हेतु चयनित कक्षा छठवी की 50 छात्रों का प्रवेश राष्ट्रीय पाठशाला में किया जाएगा तथा इस प्रोजेक्ट के संचालन हेतु सलाहकार समिति में अनुभवी, शिक्षाविद शामिल किए जाएंगे। यह ध्यान रखा जाएगा कि सामान्य पाठ्यक्रम की शिक्षा के साथ इन छात्राओं के व्यक्ति एवं निर्माण हिंदी, अग्रेजी,भाषा पर विशेष ध्यान विभिन्न कार्यक्रमों में उनको अपने विचार प्रस्तुत करने प्रोत्साहन,संगीत,खेलकूद के जरिए आपसी सौहार्द निर्माण तथा अपनी स्वयं की सुरक्षा हेतु जूडो कराटे जैसे प्रशिक्षण के साथ योग ध्यान, आदि पर विशेष बल दिया जावेगा। जो अकेली माताएं हैं जिन्हें अपनी बच्ची का एडमिशन करवाना है वह सर्व मंगल ट्रेड लिंक इंदू चौक सन बैटरीज के बाजू में जाकर फॉर्म भरकर जमा कर सकती हैं।बच्चियों का चयन उनकी जरूरत एवं प्रतिभा के आधार पर किया जाएगा। यह एक बड़ा प्रोजेक्ट है जिसके लिए फंड भी पर्याप्त मात्रा में लगेगा उसी को ध्यान में रखते हुए एक मिनी मैराथन का आयोजन कराया जा रहा है। 25 फरवरी को सीएमडी कॉलेज ग्राउंड से इसकी शुरुआत होगी।जिसमें विभिन्न तरह के इनाम भी दिए जाएंगे। इस दौरान जो फंड प्राप्त होगा उसे बच्चियों के शिक्षा में लगाया जाएगा। उन्होंने सभी से अनुरोध किया है की ज्यादा से ज्यादा लोग आगे आए और इस आयोजन को सफल बनाने में मदद करें। इन 50 बच्ची में से अगर कोई बच्चों को अडॉप्ट करना चाहता है तो वह हमसे संपर्क भी कर सकता है। संगठन के उपाध्यक्ष चंचल सलूजा एवं स्वाति अग्रवाल उपाध्यक्ष, इसी तरह साथी हाथ बढ़ाना से कोषाध्यक्ष शीलू अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल पत्रकार वार्ता के दौरान मौजूद रहे।