गुजरात
हादसे के वक्त माता-पिता बिल्डिंग की सफाई में व्यस्त थे
31 Mar, 2026 12:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात। राजकोट से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां स्विमिंग पूल में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई. यह घटना रैयाधार इलाके स्थित ‘सोपान हाइट्स’ बिल्डिंग की है, जहां खेलते-खेलते दो मासूम बच्चों की जान चली गई. मृतकों की पहचान 7 साल के दीपेश भंडारी और उसकी 5 साल के बहन दीपिक्षा भंडारी के रूप में हुई है. दोनों बच्चे एक नेपाली परिवार से थे, जिससे पूरे परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. जानकारी के मुताबिक, बच्चों के माता-पिता उसी बिल्डिंग में सफाई का काम करते हैं. घटना के समय दोनों बच्चे स्विमिंग पूल के पास खेल रहे थे. खेलते-खेलते अचानक दोनों पानी में गिर गए. स्विमिंग पूल गहरा होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।
कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला
घटना की जानकारी मिलते ही माता-पिता और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला. तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने इस मामले में दुर्घटनावश मौत का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पानी से भरी बाल्टी में डूबने से बच्ची की हुई मौत
इसी तरह की एक और दुखद घटना गुजरात के सूरत से सामने आई है, जहां पानी से भरी बाल्टी में डूबने से डेढ़ साल की बच्ची की मौत हो गई. यह हादसा पलसाना तालुका के कडोदरा नगर स्थित अमृतनगर में हुआ. बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता दुकान पर गए हुए थे. जब वे वापस लौटे तो बच्ची घर में नजर नहीं आई. खोजबीन करने पर बच्ची बाथरूम में पानी से भरी बाल्टी में डूबी हुई मिली. परिजन तुरंत बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दोनों घटनाओं ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है और स्थानीय लोगों में भी शोक और चिंता का माहौल है।
गुजरात का सताधार धाम बना मिसाल, बायोगैस से जलती हजारों की रसोई
30 Mar, 2026 12:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात। के जूनागढ़ जिले में स्थित प्रसिद्ध यात्राधाम संत आपा गीगा का स्थान सताधार धाम अपने संध्या आरती दर्शन के लिए विख्यात है. आपा गीगा का यह ‘पवित्र स्थल’ अब वैकल्पिक ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन गया है. सताधार स्थान संध्या आरती की पवित्र ज्वाला के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की ज्वाला भी प्रज्वलित कर रहा है। सताधार धाम में गुजरात का सबसे अधिक क्षमता वाला बायोगैस संयंत्र कार्यरत है. वर्तमान में यहां दैनिक 85 घनमीटर की क्षमता वाले चार बायोगैस संयंत्र चालू हैं और दो और (दैनिक 85 घनमीटर) नए बायोगैस संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है।
बायोगैस से चल रही पूरी रसोई
सताधार स्थान में एक हजार गायें हैं. उल्लेखनीय बात यह है कि यहां श्रद्धालुओं के लिए एक विशाल अन्नक्षेत्र चलाया जाता है, जहां रोजाना औसतन 10,000 लोगों को सात्विक भोजन-प्रसाद मिलता है. इस रसोई को चलाने के लिए केवल बायोगैस का उपयोग किया जाता है. बायोगैस उत्पन्न करने के लिए रोजाना 8 हजार किलो गोबर का उपयोग होता है। संस्था के प्रबंधकों ने बताया कि जब बायोगैस की व्यवस्था नहीं थी, तब रसोई बनाने के लिए लकड़ी के चूल्हे का उपयोग किया जाता था, जिसके लिए रोजाना 800 से 900 किलो लकड़ी का इस्तेमाल होता था. वहीं, जब रसोई के लिए सिलेंडर का इस्तेमाल होता था, तब रोजाना औसतन 10 से 15 सिलेंडर की खपत होती थी। सताधार के महंत विजयबापू ने बताया, “हम यहां खाना पकाने के मामले में पूरी तरह से आत्मनिर्भर हैं और रसोई बनाने के लिए केवल बायोगैस का ही उपयोग करते हैं. इसके अलावा, बायोगैस संयंत्र से निकलने वाली स्लरी का उपयोग संस्था की कृषि गतिविधियों में जैविक खाद के रूप में किया जाता है।”
सरकार की योजना से मिली बढ़ावा
गुजरात सरकार के गुजरात ऊर्जा विकास निगम (जीईडीए) द्वारा ‘संस्थागत बायोगैस प्लांट योजना’ के अंतर्गत संस्थाओं को बायोगैस संयंत्र स्थापित करने के लिए सब्सिडी दी जाती है. सताधार धाम को भी इस सहायता का लाभ मिला है। गुजरात में स्थित गौशालाओं, पिंजरापोलों, शैक्षणिक संस्थानों और चेरिटेबल ट्रस्टों के पास बड़े पैमाने पर पशुधन के साथ ही कृषि अवशेष और रसोई का कचरा उपलब्ध होता है. इन सभी जैविक पदार्थों को ऑक्सीजन की अनुपस्थिति में (एनेरोबिक प्रक्रिया के माध्यम से) बायोगैस में परिवर्तित किया जाता है, जो खाना पकाने के लिए एक किफायती ईंधन प्रदान करता है। साथ ही, इस प्रक्रिया के बाद मिलने वाला उप-उत्पाद स्लरी उत्तम नाइट्रोजन युक्त जैविक खाद के रूप में कृषि में उपयोगी सिद्ध होता है. गुजरात सरकार के गुजरात ऊर्जा विकास निगम द्वारा वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के लिए संस्थाओं को सब्सिडी दी जाती है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। राज्य में वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को प्रोत्साहन देने तथा गौशाला, पिंजरापोलों, शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों में उत्पन्न होने वाले जैविक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से सदुपयोग करने के लिए राज्य सरकार द्वारा संस्थागत बायोगैस संयंत्र की स्थापना की विशेष योजना लागू की गई है. इस योजना का मुख्य उद्देश्य संस्थाओं को ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बनाना, पर्यावरण प्रदूषण को कम करना और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देना है। इस योजना के अंतर्गत 25, 35, 45, 60 और 85 घनमीटर क्षमता वाले संयंत्र के लिए सहायता दी जाती है. राज्य सरकार गैर-लाभकारी संस्थानों को 50 फीसदी तक की सहायता देती है, ताकि अधिक से अधिक संस्थाएं स्वच्छ ऊर्जा और जैविक कृषि की दिशा में आगे बढ़ सके।
राज्य में 193 से अधिक संस्थागत बायोगैस संयंत्र कार्यरत
राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए संस्थागत बायोगैस योजना के तहत कुल 12 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जिनमें से लगभग 60 संस्थागत बायोगैस संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है. इस योजना के कार्यान्वयन के लिए वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 15 एजेंसियों को सूचीबद्ध किया गया है. इस योजना के तहत वर्ष 2021-22 से 2025-26 के दौरान, पिछले पांच वर्षों में कुल 193 संस्थाओं में बायोगैस संयंत्र स्थापित किए गए हैं, जिनकी कुल क्षमता दैनिक 13,955 घनमीटर है। आगामी वर्ष 2026-27 के लिए भी संस्थागत बायोगैस योजना के अंतर्गत कुल 12 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिसके तहत 60 बायोगैस संयंत्र स्थापित करने की योजना है।
‘30 साल का कुशासन खत्म होगा’, अमरेली रैली में केजरीवाल का बड़ा बयान
26 Mar, 2026 11:22 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान के साथ गुजरात के अमरेली में ‘विजय विश्वास सभा’ में बीजेपी सरकार पर जमकर कर हमला बोला. उन्होंने कहा कि बीजेपी के कुशासन से गुजरात की जनता परेशान है. अब आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में जनता की सरकार बनेगी। अरविंद केजरीवाल ने जनता का आह्वान करते हुए कहा, "इस बार किसी पार्टी या नेता के नाम पर वोट मत दो, बल्कि अपने आपको वोट दो और अपनी सरकार बनाओ." उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी कोई पार्टी नहीं, बल्कि आंदोलन, क्रांति, स्वतंत्रता और देश को तरक्की देने का नाम है. पंजाब में जनता की सरकार है और जनता के लिए काम कर रही है. अगर गुजरात में भी ‘‘आप’’ के नेतृत्व में जनता की सरकार बन गई तो पूरे राज्य का नक्शा बदल जाएगा।
केजरीवाल ने बीजेपी पर क्या-क्या आरोप लगाए?
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पिछले 30 साल से बीजेपी ने गुजरात पर कब्जा कर रखा है. भगवान बीजेपी का भ्रष्टाचार और कुशासन से गुजरात के लोगों को मुक्ति दिलाएं. सौराष्ट्र 48 विधानसभा सीटें हैं. 2022 में सौराष्ट्र की जनता ने 48 में से 40 सीटें बीजेपी को दी. सौराष्ट्र की जनता ने बीजेपी को प्यार, सम्मान देने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन बदले में बीजेपी ने भ्रष्टाचार, धक्के, गालियां, अपमान, डंडा और जेल दिया. जनता को वोट लेकर बीजेपी के लोग विधायक, मंत्री बन गए. उनके पास बड़ी-बड़ी गाड़ियां आ गईं, बड़े-बड़े बंगले, प्रॉपर्टी और दुकानें बनवा ली. इन्होंने अथाह पैसा कमा लिया. 30 साल में बीजेपी ने गुजरात को लूट लिया।"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "बीजेपी सरकार द्वारा बनवाई गई सड़क तीन दिन में टूट जाती है. मोरबी और बड़ौदा का पूल टूट गया. सारा पैसा कहां जाता है? यहां के किसानों ने बताया कि कुछ महीने पहले उनकी मुगफली की फसल खराब हो गई. गुजरात सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपए मुआवजे का एलान किया, लेकिन किसानों को नहीं मिला. ये लोग 10 हजार करोड़ रुपए खा गए. राशन कार्ड बनवाने, बिजली का गलत बिल ठीक कराने, जाति-जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र समेत सभी तरह के काम करवाने के बदले पैसे देने पड़ते हैं. 30 साल में गुजरात के अंदर भ्रष्टाचार के रेट जरूर बढ़ गए हैं. पहले जो काम 100 रुपए में होता था, अब 10 हजार रुपए में हो रहा है।"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पिछले 30 साल से गुजरात की जनता नेताओं को वोट देती आई, लेकिन कुछ नहीं मिला. ये नेता किसी के सगे नहीं हैं. इस बार गुजरात की जनता अपने आपको को वोट दो, जनता की सरकार बनाओ. इस बार किसी पार्टी या नेता के नाम पर वोट मत दो. पंजाब के लोगों ने अपनी सरकार बनाई है. आम आदमी पार्टी कोई पार्टी नहीं है, बल्कि आंदोलन, क्रांति, स्वतंत्रता आंदोलन और इस देश को तरक्की देने का नाम है. भगवंत मान किसान के बेटे हैं. मेरे पिता भी नेता नहीं थे. ईशुदान गढ़ी, गोपाल इटालिया, चैतर वसावा, विनोद सोहरठिया समेत ‘‘आप’’ के सभी नेताओं के घर में पहले कोई नेता नहीं था. हम आम लोग हैं. इसलिए पंजाब में आम आदमी पार्टी के आम लोगों की सरकार है और किसान का बेटा मुख्यमंत्री है।"
पंजाब में आप को क्यों मिली सफलता? केजरीवाल ने बताया
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पंजाब में 117 में से आम आदमी पार्टी के 96 विधायक हैं. इनमें 80 से ज्यादा पहली बार आम घरों के लड़के-लड़कियां विधायक बने हैं. वहीं, गुजरात में विधायक की पत्नी, बेटा विधायक बनता है. बीजेपी और कांग्रेस में आम घरों के बच्चों को नहीं, बलिक नेताओं के बच्चों को ही टिकक मिलता है. लेकिन आम आदमी पार्टी सिर्फ आम घरों के बच्चों को टिकट देती है. आम लोगों के मुद्दे उठाती है और आम लोगों की सरकार बनाती है। गुजरात की तरह पंजाब भी किसानों की धरती है. पंजाब में किसानों के लिए काम होता है. गुजरात में आधी रात में किसानों को बिजली मिलती है, लेकिन पंजाब में दिन में 8 घंटे बिजली मिलती है. सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक बिजली आती है. पहले नहीं आती थी, लेकिन किसान के बेटे ने मुख्यमंत्री बनते ही सारा सिस्टम बदल दिया।"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पहले पंजाब की कुल कृषि भूमि में से सिर्फ 20 फीसद ही नहर से सिंचाई होती थी. लेकिन अब 70 फीसद खेतों तक नहरी पानी पहुंच रहा है और अगले साल तक 90 फीसद खेतों तक पानी पहुंच जाएगा. पूरे देश में पंजाब इकलौता राज्य है, जहां खेती के लिए बिजली मुफ्त मिलती है. गुजरात में नेताओं-अमीरों की सरकार है, इसलिए खेती की बिजली मुफ्त नहीं है। पंजाब में जनता की सरकार है, जो 24 घंटे जनता के बारे में सोचती है. पंजाब में मंडी में आने वाली किसानों की सारी फसल सरकार खरीदती है, किसी को वापस नहीं भेजती है और घर पहुंचने से पहले उसके खाते में पैसे आ जाते हैं. लेकिन गुजरात में तीन-तीन महीने तक किसानों को फसल का पैसा नहीं मिलता है. क्योंकि नेताओं को किसानों की परवाह ही नहीं है।"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "सौरष्ट्र में आम की खेती होती है. हर साल आम की खेती बर्बाद होती है, लेकिन सरकार ने आज तक इस नुकसान की भरपाई के लिए कोई पॉलिसी ही नहीं बनाई. गुजरात सरकार ने ईको जोन कानून बनाया, आज इस कानून से पूरा किसान परेशान है. यह कानून खत्म होना चाहिए. बीजेपी को किसानों से कोई लेना-देना होता तो यह कानून नहीं बनाते. वन विभाग वाले भी किसानों को परेशान करते हैं. पंजाब की तरह गुजरात में भी किसानो के लिए काम होना चाहिए।अरविंद केजरीवाल ने कहा, "2022 में सौराष्ट्र की जनता ने 48 में से 40 सीट बीजेपी को दी तो 4 सीट आम आदमी पार्टी को भी दी और गुजरात में ‘‘आप’’ का खाता खोला. आज बीजेपी के लोग आम जनता को डंडे मारते हैं तो उन्हें बचाने के लिए ‘‘आप’’ के नेता डंडे खाने, जेल जान के लिए आगे आते हैं. सौराष्ट्र में 40 सीट पाने वाली बीजेपी जनता को डंडे मारती है और 4 सीट पाने वाली ‘‘आप’’ के नेता अपनी छाती के उपर डंडे खाकर जेल जाते हैं। चैतर वसावा, प्रवीण राम समेत हमारे तमाम नेता जेल गए. लेकिन हम डरने वाले हैं. जब इन्होंने मुझे जेल में डाल दिया और मैं नहीं डरा तो हमारी पार्टी के लोग इनके डंडों और जेल से डरने वाले नहीं है. सौराष्ट्र ने ‘‘आप’’ सिर्फ 4 सीट दी, तब भी हम जनता के लिए लड़ रहे हैं. अगर गुजरात के लोग आम आदमी पार्टी की अपनी सरकार बना लेंगे तो गुजरात का नक्शा बदल जाएगा।"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पंजाब में इतने काम इसलिए हो रहे हैं, क्योंकि एक रुपए का भ्रष्टाचार नहीं होने देते हैं. बुधवार सुबह ही मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपनी ही पार्टी के एक विधायक को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया, क्योंकि वह भ्रष्टाचार कर रहा था. कभी नहीं सुना गया था कि कोई पार्टी अपने ही विधायक को गलत काम करने पर जेल में डालती है। अगर किसी विधायक के भ्रष्टाचार के बारे में पता चलता है तो मुख्यमंत्री बुलाकर कहता है कि कमाई का हिस्सा मुझे क्यों नहीं दिया? लेकिन भगवंत मान ऐसे विधायक को पकड़ कर जेल में डालते हैं कि उसने जनता का पैसा चोरी करने की हिम्मत कैसे की? पंजाब में ‘‘आप’’ सरकार ने भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म कर दिया. सरकार का एक-एक पैसा जनता के उपर खर्च हो रहा है। अरविंद केजरीवाल ने कहा, "हम 24 घंटे जनता के बारे में सोचते हैं कि और क्या काम करें? आज इलाज बहुत महंगा हो गया है. सिटी स्कैन समेत कई जांचें बहुत महंगी हैं. दवाई और एमआरआई में हजारों रुपए खर्च होते हैं. कैंसर में लाखों रुपए लग जाते हैं. गरीब आदमी कहां से पैसे लाएगा? भगवंत मान ने ऐसी व्यवस्था कर दी है कि अब जिस अस्पताल में मुख्यमंत्री का इलाज होता है, उसी में आम आदमी का भी इलाज हो रहा है. क्योंकि पंजाब के 63 लाख परिवारों को 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा कर दिया. ये नेता गुजरात की जनता को 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा नही ंदेने वाला है, इसके लिए अपनी सरकार बनानी होगी. बीजेपी और कांग्रेस ने देश का बेड़ा गर्क कर दिया है।"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "अहमदाबाद के केडी अस्पताल में अमित शाह अपना इलाज कराते हैं. गुजरात की जनता आम आदमी पार्टी सरकार बनाए, सबका इलाज केडी अस्पताल में फ्री में करवाएंगे. दूसरी पार्टी वाले आकर गालियां देते हैं. लेकिन मैं किसी को गाली नहीं देता, सिर्फ आम लोगों के परिवार, उनके बच्चों और गुजरात के भविष्य और तरक्की की बात करता हूं। हम पंजाब में 18 साल से अधिक उम्र की हर महिला को 1 हजार रुपए और दलित समाज की महिला को 1500 रुपए देने जा रहे हैं. एक घर में तीन महिलाएं हैं तो उसके परिवार को तीन हजार रुपए प्रतिमाह मिलेगा. कांग्रेस और बीजेपी वाले हमें गालियां दे रहे हैं कि महिलाओं को पैसे की देने की क्या जरूरत है? महिलाएं बिगड़ जाएंगी. ये लोग जनता के करोड़ों रुपए डकार गए, ये नहीं बिगड़े. आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर गुजरात की हर महिला के खाते में हजार रुपए आएंगे।
क्यों जरूरी है गुजरात में आप सरकार? केजरीवाल ने बताया
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में जिला परिषद के चुनाव है. इस चुनाव में आम घरों के बच्चों को टिकट देंगे. ‘‘आप’’ के नेताओं के बच्चों, भाई या रिश्तेदार को टिकट नहीं मिलेगा. आम लोगों को आम आदमी पार्टी चलानी है और अपनी सरकार बनानी है. जिला परिषद का चुनाव विधानसभा का सेमीफाइनल है. डेढ़ साल बाद विधानसभा का चुनाव है. इससे पहले जिला परिषद में आम आदमी पार्टी को जिताकर अपनी सरकार बनानी है और अपने बच्चों को पंचायतों और नगर पालिका में भेजा है और हम सभी को मिलकर गुजरात को तरक्की के रास्ते पर लेकर जाना है। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, "आम लोगों की भलाई के लिए आम आदमी पार्टी बनी है. जब दिल्ली में ‘‘आप’’ की सरकार थी, तब वहां सरकारी स्कूल बहुत अच्छे हो गए थे. मोहल्ला क्लीनिक में मुफ्त दवाई और गरीबों को मुफ्त इलाज मिलता था. झुग्गी झोपड़ी में रहने वालों की जिंदगी में सुधार आ गया था और लोगों को रोजगार मिल रहे थे. उसके बाद बीजेपी की सरकार आ गई और सब कुछ बंद कर दिया गया. सब कुछ उठाकर बड़े उद्योगपतियों को दे दिया गया. प्राइवेट स्कूल मनमर्जी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में ‘‘आप’’ की सरकार है. पंजाब में हर परिवार का 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा कार्ड बनाया जा रहा है, जिससे लोग अपनी पसंद के किसी भी बड़े प्राइवेट या सरकारी अस्पताल में इलाज करवा सकते हैं. पंजाब के सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपए और दलित समाज की महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे।"भगवंत मान ने जनता से अपील की कि आने वाले चुनाव में वे इस बात का ख्याल रखें कि बीजेपी पिछले 30 साल से लूट रही है और कांग्रेस भी उनके साथ मिली हुई है. ऐसे में लोग किसके पास जाएं? अब आम आदमी पार्टी आ गई है, इसलिए लोगों को झाड़ू चुनाव चिह्न का बटन दबाना चाहिए. यह झाड़ू राजनीतिक तौर पर 30 साल से फैली सारी गंदगी की सफाई कर देगा। अगर लोग झाड़ू वाला बटन दबाएंगे तो किस्मत चमक जाएगी, लेकिन अगर वे पहले वाले बटन दबाएंगे तो अपनी किस्मत को अगले पांच या 10 साल के लिए इन लुटेरों के पास गिरवी रख देंगे. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने गुजरात को बर्बाद कर दिया है. देश में गुजरात का झूठा मॉडल बेचे गए. इसलिए जिला परिषद चुनाव में आम आदमी पार्टी को वोट दें. बीजेपी-कांग्रेस वाले लोगों केा धर्म और जाति के नाम पर लड़ाएंगे, लेकिन अरविंद केजरीवाल आपके बच्चों को पढ़ाएंगे।
वादे नहीं गारंटियां देती है आप- सीएम मान
भगवंत मान ने कहा, "आम आदमी पार्टी केवल वादे नहीं करती, बल्कि गारंटियां देती है और उन्हें पूरा भी करती है. आज पंजाब में 90 फीसदी घरों का बिजली बिल जीरो आता है. पंजाब में किसानों को बिल्कुल मुफ्त बिजली मिलती है और वह भी दिन के समय. किसान सुबह 10 बजे खेत में जाता है और शाम को छह बजे अपना ट्यूबवेल बंद करके घर आ जाता है, जैसे किसी दफ्तर की छुट्टी हो गई हो. हम किसानों को यही इज्जत और सम्मान देते हैं।"
गुजरात में बेमौसम बारिश की चेतावनी, 28 मार्च से 2 अप्रैल तक ‘मावठा’ का असर
25 Mar, 2026 08:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात। मौसम विशेषज्ञ अंबालाल पटेल ने फिर एक बार बेमौसम बारिश और मावठा को लेकर भविष्यवाणी की है. उनकी भविष्यवाणी के अनुसार गुजरात में 28 मार्च से वातावरण में बदलाव आएगा. 28 मार्च से 2 अप्रैल तक मावठा की संभावना उन्होंने व्यक्त की है. उत्तर गुजरात, मध्य गुजरात में बेमौसम बारिश की भविष्यवाणी की गई है। सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ भागों में भी मावठा की भविष्यवाणी की गई है. दक्षिण गुजरात के वातावरण में भी बदलाव आएगा. मौसम विशेषज्ञ अंबालाल पटेल की भविष्यवाणी के अनुसार, 28 मार्च से 2 अप्रैल तक बारिश की संभावना होने के कारण किसानों को सावधानी रखनी पड़ेगी. उत्तर गुजरात, मध्य गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ भागों में भारी हवा के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है. दक्षिण गुजरात में मौसम में बदलाव आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने राज्य में 4 अप्रैल तक बारिश की भविष्यवाणी की
राज्य में गत सप्ताह से वातावरण में बदलाव आया है. एक के बाद एक सिस्टम एक्टिव होने से बादल छाए वातावरण के बीच अनेक जगह गरज के साथ बारिश हुई है. मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी वातावरण में बदलाव के संकेत दिए हैं. मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार राज्य में लगभग 4 अप्रैल तक बादल छाए वातावरण के बीच छिटपुट हल्की बारिश का अनुमान है. इसके साथ तापमान का पारा भी गिरेगा. जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. जो कि बेमौसम बारिश के अनुमान ने किसानों की चिंता बढ़ाई है। खास करके बागवानी खेती करने वाले किसान चिंता में पड़ गए हैं. आम का फसल फिलहाल तैयार होने के समय है. तब इस समय वातावरण में बदलाव आम की फसल खराब होने के संकेत देते हैं, आम का बाग रखने वाले किसान चिंता में पड़ गए हैं।
गुजरात में वातावरण में बदलाव के संकेत
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक, आगामी तीन दिन तक अभी भी बादल छाए वातावरण रहेगा और नमी वाले हवा के कारण इस बादल छाए वातावरण के बीच कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है. गुजरात में दो और सिस्टम आने वाले हैं. इन दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की असर से गुजरात में वातावरण में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. ये दो सिस्टम कितने मजबूत होंगे उस पर बेमौसम बारिश का आधार है। अगर सिस्टम मजबूती से आगे बढ़ेगा तो फिर गुजरात के ज्यादातर इलाके में मावठा का संकट है, लेकिन अगर सिस्टम कमजोर होगा तो बादल छाए वातावरण के बीच कहीं-कहीं छिटपुट बेमौसम बारिश होगी. वर्तमान स्थिति के आकलन के अनुसार 28 से 30 तक बेमौसम बारिश की संभावना प्रबल दिखाई दे रही है. इस दौरान खास करके कच्छ, सौराष्ट्र, उत्तर गुजरात, मध्य गुजरात, दक्षिण गुजरात के इलाके में बेमौसम बारिश हो सकती है। इस समयावधि के दौरान कुछ जगह हल्की तो कुछ जगह हल्की से अधिक मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में भारी हवा और गरज के साथ भी बारिश हो सकती है. संक्षेप में कहें तो गुजरात में बादल छाए वातावरण के बीच 4 अप्रैल तक बारिश की संभावना मौसम विभाग द्वारा की गई है।
UCC पर गुजरात में बवाल: लिव-इन रिलेशन और दूसरी शादी को लेकर सख्त प्रावधान
24 Mar, 2026 05:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात। सरकार ने मंगलवार को विधानसभा में गुजरात समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक, 2026 पेश किया, जिसमें धर्म से परे हटकर विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और सह-जीवन संबंध को विनियमित करने के लिए एक समान कानूनी ढांचे का प्रस्ताव है. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने यह विधेयक विधानसभा में पेश किया. राज्य सरकार द्वारा नियुक्त एक विशेषज्ञ समिति ने यूसीसी के क्रियान्वयन के विषय पर एक सप्ताह पहले अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। यदि यह विधेयक विधानसभा में पारित हो जाता है, तो गुजरात, उत्तराखंड के बाद समान नागरिक संहिता विधेयक पारित करने वाला देश का दूसरा राज्य बन जाएगा. उत्तराखंड ने फरवरी 2024 में यूसीसी विधेयक पारित किया था। 'गुजरात समान नागरिक संहिता, 2026' नामक यह प्रस्तावित कानून पूरे राज्य में लागू होगा और गुजरात की सीमा से बाहर रहने वाले राज्य के निवासियों पर भी प्रभावी होगा।
द्विविवाह पर भी रोक लगाई गई
लेकिन यह प्रस्तावित कानून अनुसूचित जनजातियों और कुछ ऐसे समूहों पर लागू नहीं होगा, जिनके पारंपरिक अधिकार संविधान के तहत संरक्षित हैं. विधेयक के ‘उद्देश्य और कारण’ के अनुसार, इसका लक्ष्य समान कानूनी ढांचा तैयार करना है. अन्य बातों के अलावा, विधेयक में सह-जीवन संबंध के पंजीकरण और औपचारिक घोषणा के माध्यम से उनके समापन का प्रावधान है। विधेयक में द्विविवाह पर भी रोक लगाई गई है. इसमें कहा गया है कि किसी विवाह को संहिता के तहत तभी वैध माना जाएगा, जब विवाह के समय किसी भी पक्ष का जीवनसाथी जीवित न हो। इससे पहले विधानसभा में विधेयक पेश होने के बीच मंगलवार को सड़कों पर इसका जमकर विरोध हुआ. अहमदाबाद में गुजरात विधानसभा के बाहर यूनिफॉर्म सिविल कोड बिल के विरोध में प्रदर्शन कर रहे सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ़ इंडिया के कार्यकर्ताओं को पुलिसकर्मियों ने हिरासत में ले लिया।
करोड़ों- अरबों की संपत्ति वाले मंदिर, इन राज्यों के धार्मिक स्थलों की आय है हैरान करने वाली
23 Mar, 2026 01:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात। भारत देश में कई ऐसे मंदिर है जहां लोग दर्शन करने के लिए लंबी-लंबी कतारों में लगते हैं. ऐसे ही कुछ प्रमुख मंदिरों की संपत्ति और आय को लेकर कुछ ताजा आंकड़े सामने आए हैं, जिन्होंने एक बार फिर धार्मिक स्थलों की संपत्ति को लेकर चर्चा तेज कर दी है. इनमें उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के मंदिरों ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
यूपी के इन मंदिरों की 3,000 करोड़ से ऊपर की अनुमानित संपत्ति
उत्तर प्रदेश के मंदिरों में काशी विश्वनाथ मंदिर और राम मंदिर प्रमुख रूप से चर्चा में आते हैं. जहां साल भर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी होती है. काशी विश्वनाथ मंदिर की अनुमानित संपत्ति करीब 3,000 करोड़ रुपये लगाई गई है, जबकि यहां साल भर की आय 100 से 125 करोड़ रुपये के बीच मानी जा रही है, जो भक्तों के जरिए दान या चढ़ावे से आता है. वहीं अयोध्या का राम मंदिर जो अब आस्था का बड़ा केंद्र बन चुका है, उसकी कुल संपत्ति 6,000 से 9,000 करोड़ रुपये के बीच अनुमान लगाई गई है और सालाना आय करीब 300 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सोमनाथ टेंपल की 40 से 55 करोड़ की सालाना आय
गुजरात के वेरावल में स्थित सोमनाथ टेंपल की बात करें तो यह भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में सबसे पहला और प्रमुख ज्योतिर्लिंग माना जाता है. यह मंदिर 'अमर ज्योतिर्लिंग' के रूप से भी प्रसिद्ध है, जो हिंदू आस्था का एक बड़ा केंद्र है. ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखने वाले सोमनाथ मंदिर की कुल संपत्ति करीब 1,100 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि इसकी सालाना आय 40 से 55 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है. यह मंदिर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के द्वारा दिए गए चढ़ावे और दान के कारण लगातार आर्थिक रूप से मजबूत बना हुआ है।
सिद्धिविनायक मंदिर की इतनी है संपत्ति
महाराष्ट्र में सिद्धिविनायक मंदिर का नाम प्रमुखता से सामने आता है. यह भगवान गणेश का एक अत्यंत प्रसिद्ध और 200 साल से अधिक पुराना मंदिर है. इसका निर्माण 19 नवंबर 1801 को लक्ष्मण विठ्ठू और देऊबाई पाटिल द्वारा किया गया था. मुंबई के इस प्रसिद्ध गणपति मंदिर की अनुमानित संपत्ति करीब 800 करोड़ रुपये है और इसकी सालाना आय लगभग 130 करोड़ रुपये के आसपास मानी जाती है. यह मंदिर देश के सबसे अधिक दान प्राप्त करने वाले धार्मिक स्थलों में गिना जाता है. इन आंकड़ों से यह होता है कि देश के प्रमुख मंदिर सिर्फ आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी बेहद मजबूत बन चुके हैं।
ATM की गलती को न भूल सका बैंक, 9 साल बाद ग्राहक को मिला 3.28 लाख
20 Mar, 2026 05:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात। के सूरत से रोचक मामला सामने आया है। नौ साल पहले एक व्यक्ति को एटीएम से 10 हजार रुपये की निकासी में गड़बड़ी का सामना करना पड़ा था। नौ साल के लंबे इंतजार के बाद अब उपभोक्ता अदालत ने पीड़ित को 3.28 लाख रुपये देने का आदेश दिया है। कंज्यूमर कोर्ट ने यह आदेश बैंक ऑफ बड़ौदा को दिया है, क्योंकि क्योंकि बैंक लगभग नौ साल तक 10,000 रुपये के असफल ATM विड्रॉल को वापस नहीं कर पाया था। अदालत ने माना कि बैंक ने सफल ट्रांजैक्शन का कोई सबूत नहीं दिया था।
एसबीआई का एटीएम, BOB में खाता
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार 18 फरवरी 2017 को सूरत के उधना में एक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएसम से रुपये निकालने की कोशिश के दौरान ग्राहक के खाते से पैसे कट गए थे, लेकिन एटीएसम से कैश नहीं निकला। जब बैंक आरबीआई द्वारा तय किए गए पांच दिनों के भीतर कटी हुई राशि वापस नहीं कर पाया, तो ग्राहक ने ट्रांजैक्शन का सबूत या CCTV फुटेज मांगा। 21 फरवरी को बैंक ऑफ बड़ौदा की डुंभाल शाखा में लिखित शिकायत करने और 10 मार्च से 23 मई के बीच कई फॉलोअप ईमेल भेजने के बावजूद, बैंक ने न तो कोई सबूत दिया और न ही कटी हुई राशि वापस की।
आरटीआई का लिया सहारा
पीड़ित खाताधारक ने ने 21 अप्रैल, 2017 को एसबीआई में एक आरटीआई भी दायर की। इसमें सीसीटीवी फुटेज की मांग की गई थी। 20 दिसंबर, 2017 को वह सूरत उपभोक्ता फोरम पहुंचा और 10,000 रुपये की राशि वापस करने के साथ-साथ मुआवजे और ब्याज की भी मांग की। इस मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया दोनों को प्रतिवादी बनाया। बैंक ऑफ बड़ौदा के वकील ने यह तर्क दिया कि चूंकि पैसे निकालने की कोशिश एसबीआई के एटीएसम से की गई थी, इसलिए बैंक इसके लिए जिम्मेदार नहीं है। वकील ने बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा ने सीसीटीवी फुटेज के लिए एसबीआई को दो बार पत्र लिखा था, लेकिन उसे फुटेज नहीं मिली।
बैंक ने ट्रांजैक्शन को दिखाया सफल
एक्वायरिंग बैंक (SBI) से मिले जवाब के आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा ने दावा किया कि विड्रॉल को सफल दिखाया गया था और उसने किसी भी तरह की अनुचित व्यापार प्रथा से इनकार किया। एसबीआई कोर्ट में पेश नहीं हुआ। कोर्ट ने पाया कि बैंक ऑफ बड़ौदा लिखित शिकायत और कानूनी नोटिस मिलने के बाद भी इस मामले को सुलझाने में नाकाम रहा। यह फैसला दिया कि बैंक सीसीटीवी फुटेज शेयर न करने के एसबीआई के फेलियर को अपनी सफाई के तौर पर पेश नहीं कर सकता। कोर्ट ने कहा कि कस्टमर का इससे कोई लेना-देना नहीं है। यह बैंक ऑफ बड़ौदा की जिम्मेदारी थी कि वह मजबूत सबूतों के साथ पैसे निकालने की बात साबित करे।
RBI के सर्कुलर का दिया हवाला
सूरत कंज्यूमर डिस्प्यूट्स रिड्रेसल कमीशन (CDRC एडिशनल) ने एटीएम से पैसे निकालने के बारे में 2019 के आरबीआई सर्कुलर का हवाला दिया। जिसके तहत फेल हुए ट्रांजेक्शन को पांच दिनों के अंदर रिवर्स करना जरूरी है। इतना ही नहीं देरी होने पर हर दिन 100 रुपये का मुआवजा देने का प्रावधान है। कमीशन ने बैंक ऑफ बड़ौदा को आदेश दिया कि वह 24 फरवरी, 2017 से लेकर 10,000 रुपये 9 फीसदी ब्याज के साथ वापस करने तक हर दिन 100 रुपये का भुगतान करे। 26 फरवरी, 2026 के आदेश के मुताबिक देरी 3,288 दिनों की हो गई है, जिसकी कुल रकम 3,28,800 रुपये बनती है। बैंक ऑफ बड़ौदा को 30 दिनों के अंदर यह रकम चुकानी होगी। अगर बैंक आखिरी दिन पेमेंट करता है, तो 3,315 दिनों की देरी के हिसाब से मुआवजे की रकम बढ़कर 3,31,500 रुपये हो जाएगी।
गुजरात में अचानक बदला मौसम, गुरुवार को भारी बारिश का अलर्ट
19 Mar, 2026 06:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात। देश के कुछ हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ और हवा के चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने के कारण पूरे गुजरात में मौसम अचानक बदल गया है, जिसके चलते गुरुवार सुबह से ही प्रदेश के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी और बेमौसम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अहमदाबाद, कच्छ, भुज, गांधीनगर, कलोल और आसपास के क्षेत्रों में बेमौसम बारिश दर्ज की गई, साथ ही इन इलाकों में धूल भरी आंधी भी चली, जिससे कई इलाकों में विजिबिलिटी कम हो गई। मौसम विभाग ने अभी एक-दो दिन प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहने व अगले दो दिनों में पूरे गुजरात में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद जताई है, जिससे गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने 19 मार्च (गुरुवार) को प्रदेश के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कच्छ, द्वारका और पोरबंदर जिलों में आंधी-तूफान व बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान इन जिलों में ओले भी गिरने की आशंका भी है। साथ ही विभाग ने प्रदेश के बनासकांठा, पाटण, साबरकांठा, मोरबी, जामनगर, राजकोट, अमरेली, जूनागढ़ और गिर सोमनाथ जिलों में गुरुवार को तेज हवाएं चलने के साथ बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान इन सभी जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से सतही हवाएं चलने की भी उम्मीद है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य सभी जिलों के लिए मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी करते हुए यहां कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है।
मौसम विभाग ने 20 मार्च (शुक्रवार) के लिए प्रदेश के बनासकांठा, साबरकांठा, अरावली, दाहोद और महीसागर में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही कच्छ में भी कुछ स्थानों पर भी इसी तरह गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि इसके अलावा शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। राज्य में बेमौसम बारिश की आशंका ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं, क्योंकि खेतों में खड़ी फसलों को इस प्रतिकूल मौसम से भारी नुकसान पहुंच सकता है।
बीते दिन राजकोट रहा सबसे गर्म
बीते दिन के मौसम की बात करें तो बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजकोट में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा भुज में 37 डिग्री, डीसा में 36.8 डिग्री, अहमदाबाद में 36.3 डिग्री और अमरेली में 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे कम तापमान डांग में 15 डिग्री, दाहोद में 17.5 डिग्री, नालिया में 18.6 डिग्री, डीसा में 18.7 डिग्री और राजकोट में 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सिनोप्टिक मौसमी परिस्थितियां
एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, उत्तर मध्य प्रदेश के मध्य भागों के ऊपर माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं निकटवर्ती क्षेत्रों पर औसत समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। एक ट्रफ, उत्तर मध्य मध्य प्रदेश के मध्य भागों के ऊपर सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण से मराठवाड़ा तक, विदर्भ के ऊपर से गुजरते हुए माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है। इसके अलावा 22 मार्च से एक नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जो कि उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
बजट सत्र के दौरान विधानसभा परिसर को बम से उड़ाने की धमकी
18 Mar, 2026 02:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गांधीनगर। गुजरात विधानसभा में जारी बजट सत्र के दौरान बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब विधानसभा परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश मिला. धमकी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे विधानसभा भवन को खाली करा दिया गया. मंत्रियों, विधायकों और कर्मचारियों को तत्काल परिसर से बाहर निकाला गया. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विधानसभा भवन और परिसर की बारीकी से तलाशी ली। सुरक्षा एजेंसियों ने बुधवार को विधानसभा भवन के एक-एक कोने की गहन जांच की. लंबी तलाशी के बाद जब कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली तो बम की धमकी झूठी साबित हुई. सभी को क्लीन चिट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर को सुरक्षित घोषित किया।
सदन की कार्यवाही 9 की जगह 10 बजे हुई शुरू
बम की धमकी झूठी साबित होने और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विधानसभा की कार्यवाही फिर से शुरू की गई. जो सत्र सुबह 9 बजे शुरू होना था वह इस पूरे घटनाक्रम की वजह से एक घंटे की देरी से सुबह 10 बजे शुरू हो सका. पुलिस ने धमकी भरे संदेश के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
पिछले कुछ महीनों से कई सरकारी इमारतों को मिल रही हैं धमकियां
आप विधायक गोपाल इटालिया ने इस घटना पर कहा कि पिछले कुछ महीनों से गुजरात में अदालतों, नगर निगम की इमारतों, स्कूलों और कई अन्य सरकारी इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिल रहे हैं. आज एक बेहद गंभीर सुरक्षा मामला सामने आया है. उन्होंने कहा कि अगर उस वक्त सभी लोग विधानसभा के अंदर होते तो क्या होता. आप की तरफ से इस मामले में सरकार को पूरा समर्थन देते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शादी से पहले नाबालिग लड़की को किडनैप कर गैंगरेप, इलाके में सनसनी
16 Mar, 2026 04:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सूरत | गुजरात के सूरत जिले के उमरपाड़ा तालुका से एक अत्यंत सनसनीखेज और मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 14 साल की नाबालिग लड़की को शादी समारोह से उठाकर उसके साथ गैंगरेप किया गया है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उमरपाड़ा इलाके में शादी समारोह चल रहा था. इस अवसर पर नाबालिग लड़की मौजूद थी, तभी चार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया. आरोपियों ने नाबालिग लड़की को पास की एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां उसको डरा-धमकाकर गैंगरेप किया गया|
पीड़िता ने परिवार को आपबीती सुनाई
उल्लेखनीय है कि रेप की शिकार नाबालिग लड़की ने अपने परिवार को अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद बेटी की बात सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई. परिवार ने तुरंत पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. पुलिस ने भी घटना की गंभीरता को समझते हुए तुरंत नाबालिग लड़की को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा और जांच शुरू कर दी. 14 साल की बच्ची के साथ हुई इस घटना से हर कोई चौंक गया है|
रेप से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज
इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए सूरत जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश गढ़िया सहित वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने अपराध की गंभीरता को समझते हुए पॉक्सो (POCSO) एक्ट और रेप से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है|सूरत जिला पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए इस जघन्य घटना को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है. चार आरोपियों में से एक नाबालिग निकला है. घटना के बाद उमरपाड़ा तालुका में लोगों में आरोपियों के खिलाफ भारी आक्रोश है और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला चलाकर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग उठ रही है|
छात्र सुरक्षा और सुविधा के लिए गुजरात सरकार का कदम, हॉस्टलों को मिलेगा PNG कनेक्शन
14 Mar, 2026 04:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात | पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ते दबाव को देखते हुए गुजरात सरकार ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया है. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उच्च स्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य के जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन वितरण नेटवर्क उपलब्ध है वहां होटल, रेस्तरां, शैक्षणिक एवं सामाजिक-धार्मिक संस्थानों को आवेदन करने पर तत्काल प्रभाव से पीएनजी यानी पाइप्ड नेचुरल गैस का कनेक्शन दिया जाएगा|
उच्च स्तरीय बैठक में हुई राज्य की ऊर्जा स्थिति की समीक्षा
CM भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर राज्य में पीएनजी और पेट्रोलियम उत्पादों की मौजूदा स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई. सरकार की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि जिन क्षेत्रों में शहरी गैस वितरण के लिए पाइपलाइन नेटवर्क मौजूद है वहां संस्थानों को नए पीएनजी कनेक्शन की आवश्यकताओं के अनुसार तत्काल प्रभाव से सुविधा दी जाएगी. इसके लिए संस्थानों को आवेदन करना होगा |
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त गैस उपलब्ध - सरकार
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि पाइपलाइन के माध्यम से घरेलू उपयोग के लिए गैस प्राप्त करने वाले नागरिकों के लिए राज्य में रसोई गैस की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है. सरकार ने गुरुवार को भी स्पष्ट किया था कि पश्चिम एशिया में बदलती भू-राजनीतिक स्थिति के बावजूद राज्य में घरेलू खपत के लिए एलपीजी और पीएनजी का पर्याप्त भंडार मौजूद है|
पश्चिम एशिया संघर्ष से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित
गौरतलब है कि भारत अपने ऊर्जा उत्पादों का एक बड़ा हिस्सा पश्चिम एशिया से आयात करता है. इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला को बुरी तरह प्रभावित किया है. इसी के मद्देनजर गुजरात सरकार ने व्यावसायिक और सामाजिक संस्थानों को एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम करने और पाइपलाइन गैस का उपयोग बढ़ाने का विकल्प देने का फैसला किया है ताकि एलपीजी की उपलब्धता घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सुनिश्चित रहे|
सोशल मीडिया का प्यार बना सनसनी, 21 की मोना 17 के राज संग फरार
11 Mar, 2026 01:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जयपुर (राजस्थान)। राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोशल मीडिया से शुरू हुई एक प्रेम कहानी पुलिस तक पहुंच गई। यहां 21 साल की युवती मोना 17 साल के नाबालिग लड़के राज को लेकर घर से भाग गई। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों को तलाश कर बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे बढ़ती गई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। कुछ समय बाद युवती नाबालिग लड़के को लेकर जयपुर से निकल गई। जब लड़का घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सोशल मीडिया के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों शहर से बाहर चले गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने तलाश कर दोनों को बरामद कर लिया।
पुलिस ने नाबालिग लड़के को उसके परिवार के हवाले कर दिया, जबकि युवती से पूछताछ की जा रही है। चूंकि लड़का नाबालिग है, इसलिए मामले में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए बनने वाले रिश्तों को लेकर परिवारों को सतर्क रहने की जरूरत है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
BJP के खिलाफ केजरीवाल का आह्वान: जागो और झाड़ू चलाओ
10 Mar, 2026 01:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात| दौरे पर आए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दूसरे दिन भी भाजपा और कांग्रेस पर जमकर बरसे. उन्होंने जनता से भाजपा सरकार के दमन को खत्म करने का आह्वान करते हुए कहा कि जागो और झाड़ू चलाकर इस बार अपनी सरकार बनाओ. 30 साल में भाजपा वाले गुजरात का व्यापार, रोजगार, स्कूल, अस्पताल, सड़कें, नरेगा सब कुछ खा गए|उन्होंने लोगों से पूछा कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार, पेपर लीक, टूटी सड़कों, गिरे पूलों, अस्पतालों में बच्चों की मौतों पर कब तक चुप रहेंगे? इस बार पूरे गुजरात में विसावदर करने का मौका है. जिस तरह विसावदर की जनता ने बड़े-बड़ों के सिंहासन हिला दिए, वैसे ही इस बार पूरे गुजरात में करना है. ‘‘आप’’ की अपनी सरकार होगी तो पंजाब की तरह मुफ्त बिजली, इलाज, शिक्षा, हर महिला को एक हजार रुपए समेत सारी सुविधाएं मिलेंगी|
गुस्से में और बीजेपी से नाराज हैं किसान- केजरीवाल
सोमवार को सूरत में आयोजित आम आदमी पार्टी के क्षेत्रीय बूथ सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे अरविंद केजरीवाल ने गुजरात की जनता की आवाज़ को मज़बूती देने का संकल्प लेते हुए कहा कि आज पूरे गुजरात के किसान बहुत नाराज और गुस्से में हैं. हर जगह लोग एक ही बात कह रहे हैं कि इस बार बोटाद का बदला लेना है. उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले बोटाद में कुछ किसान इकट्ठा होकर करदा प्रथा के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे|उन्होंने कोई पत्थर नहीं चलाया, किसी को मारा नहीं. लेकिन पुलिस ने उनके ऊपर लाठीचार्ज किया, उन्हें उनके घरों से खींच-खींच कर ले गए और 85 किसानों को कई महीनों तक जेल के अंदर रखा गया. इसे लेकर किसानों में जबरदस्त विद्रोह और गुस्सा है. किसान इस बार चुनाव में भाजपा से बदला लेना चाहते हैं और उन्हें मजा चखाएंगे|
भाजपा पर 30 साल के शासन को लेकर हमला
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पिछले 30 साल से गुजरात में भाजपा की सरकार है और इन 30 सालों में इन्होंने गुजरात को पूरी तरह चूस लिया है. ये लोग किसानों के बीज, खाद, पानी, और पैसा भी खा गए. इन्होंने व्यापारियों का व्यापार, बेरोजगारों का रोजगार, स्कूल, अस्पताल, सड़कें और पुल तक खा लिए. ये लोग मजदूरों का नरेगा, बजरी, लोहा और मिट्टी तक खा गए हैं. जो भी इनके भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाता है, उस पर ये अत्याचार करते हैं और झूठे केस करके जेल में डाल देते हैं"|अरविंद केजरीवाल ने बताया कि “आप” विधायक चैतर वसावा ने नरेगा में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी. नरेगा के अंदर ये लोग फर्जी रिकॉर्ड भरते हैं, काम होता नहीं है पर दिखा देते हैं कि काम हुआ और इनके मंत्री व नेता पैसा खा जाते हैं. जब चैतर वसावा ने रिकॉर्ड मांगे, तो उन्हें उठाकर जेल में डाल दिया गया. चैतर वसावा और प्रवीण राम जनता के लिए लड़ रहे थे. इसलिए उन्हें चार-चार महीने जेल में रखा गया. जो भी इनके खिलाफ आवाज उठाता है, ये उसे पकड़कर जेल में डाल देते हैं|
युवाओं, बेरोजगारी और नशे के मुद्दे उठाए
आप ने कहा, "आज हमारे नौजवान बेरोजगार घूम रहे हैं और जब वे रोजगार मांगने जाते हैं, तो ये उनके हाथ में नकली दारू की बोतल पकड़ा देते हैं. पूरे गुजरात में नकली दारू बिक रही है और उससे न जाने कितने बच्चे मर गए. युवाओं के हाथ में कोकेन, हेरोइन और गांजे की पुड़िया पकड़ा दी जाती है. ये हमारे बच्चों और परिवारों को बर्बाद करने में लगे हुए हैं|मैं गुजरात के कई ऐसे परिवारों को जानता हूं जिनके बच्चे नकली दारू पीकर और ड्रग्स खाकर मर गए और उनके घर बर्बाद हो गए. लेकिन कसूर हमारा भी है. हमारे बच्चे मर रहे हैं, बर्बाद हो रहे हैं, फिर भी हम जाकर कमल का बटन दबा आते हैं. हम लोग कब जागेंगे? हम और कितने परिवारों के बर्बाद होने का इंतजार कर रहे हैं?"
पुल हादसे और पेपर लीक का मुद्दा
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "मोरबी का पुल गिरा तो 140 लोगों की मौत हो गई, बड़ौदा में पुल गिरा तो 22 लोग मारे गए. पिछले 5 साल में 12 पुल गिर चुके हैं. हम और कितनी मौतों का इंतजार कर रहे हैं? एक गरीब किसान अपनी जमीन और पत्नी के जेवर बेचकर बच्चे को पढ़ने भेजता है. वह बच्चा अहमदाबाद, सूरत, राजकोट जैसे शहरों में जाकर दिन-रात मेहनत करता है, लेकिन जब पेपर देने जाता है तो पेपर लीक हो जाता है. यहां हर पेपर लीक हो रहा है और लाखों बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है. क्या हम तब भी चुप बैठे रहेंगे? क्या पेपर लीक होते रहेंगे, भ्रष्टाचार होता रहेगा, सड़कें टूटती रहेंगी, प्राइवेट स्कूल लूटते रहेंगे और सरकारी अस्पतालों में बच्चे मरते रहेंगे और हम चुप बैठे रहेंगे?"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पिछले साल बरसात के समय पूरे मीडिया में सूरत की तस्वीरें आ रही थीं. सूरत में एक बारिश होते ही घर-घर में पानी भर जाता है, बेडरूम और ड्राइंग रूम तक डूब जाते हैं और टीवी तक पानी पहुंच जाता है. यह भाजपा के 30 साल के शासन का नतीजा है. हर्ष संघवी और सी.आर. पाटिल भी सूरत में रहते हैं, लेकिन उनके घरों में पानी नहीं भरता, सिर्फ आम लोगों के घरों में भरता है. ये लोग जनता को कीड़े-मकौड़े भी नहीं समझते और हम फिर भी इनके पीछे-पीछे घूमते रहते हैं|"
जनता की सरकार बनाने की अपील
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "यह सब बदलना है. भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी बंद होनी चाहिए. जनता की सुनवाई होनी चाहिए और सरकारी पैसा जनता के लिए खर्च होना चाहिए. तो इस बार विसावदर जैसा ही पूरे गुजरात में करना है. विसावदर वालों ने दिखा दिया कि जब जनता खड़ी हो जाए, तो बड़े-बड़े सिंहासन डोल जाते हैं. गोपाल इटालिया विसावदर से चुनाव में उतरे, जो एक अत्यंत साधारण परिवार के आम आदमी हैं. वे किसी नेता या कोई अमीर अरबपति के बेटे नहीं हैं, बल्कि एक किसान के बेटे हैं. गोपाल इटालिया के सामने विसावदर में बड़े-बड़े नेता और रसूखदार धनवान लोग खड़े थे. वहां भाजपा और कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टियां थीं, लेकिन विसावदर की जनता ने संकल्प लिया और सबको हराकर एक आम आदमी को विजयी बनाया. जनता ने स्वयं को वोट दिया. इस बार पूरे गुजरात में विसावदर जैसा ही दोहराना है|"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "हम लोग हर 5 साल में वोट डालते हैं और हर चुनाव में ये नेता हाथ जोड़कर खड़े हो जाते हैं और लोगों का दरवाजा खटखटाते हैं. उनके पैर पकड़ते हैं, उनके बच्चे को गोद में उठाकर फोटो खिंचवाते हैं और बहुत स्नेह दिखाते हैं. वे उनकी दादी के पांव छूते हैं और घर के सभी सदस्यों को सम्मान देते हैं. लेकिन जैसे ही चुनाव समाप्त होते हैं और जब आम लोग इनके घर किसी काम के लिए जाते हैं, तो ये उन पर कुत्ता छोड़ देते हैं. ये दरवाजा तक नहीं खोलते, उनसे मिलते नहीं हैं और गाली देते हैं. ये कहलवा देते हैं कि साहब बिजी हैं. ये लोग पूरे 5 साल तक आम लोगों से नहीं मिलते हैं. आखिर ये 5 साल करते क्या हैं? ये लोग केवल पैसा, पैसा और पैसा कमाने में लग जाते हैं."अरविंद केजरीवाल ने कहा,"यदि कोई व्यक्ति विधायक बन जाए, तो उसके पास लंबी-लंबी गाड़ियां आ जाती हैं. यदि वह मंत्री बन जाए, तो उसकी कई कोठियां और मॉल बन जाते हैं. इन नेताओं के पास बड़े-बड़े मॉल और विशाल संपत्तियां हैं. इनके बच्चों को ही विधायक का टिकट मिलता है, आपके बच्चों को ये टिकट नहीं मिलते. न भाजपा वाले आपके बच्चों को टिकट देते हैं और न ही कांग्रेस वाले. इनके बच्चे विधायक और मंत्री बनते हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी में ऐसा नहीं होता. आम आदमी पार्टी आपके बच्चों को टिकट देगी. अभी पंचायत का चुनाव है, आपका बच्चा सरपंच और वार्ड सदस्य बनेगा. हमारे यहां नेताओं के बच्चों को नहीं, बल्कि आपके बच्चों को टिकट मिलेगा. इस बार चुनाव में हमें व्यवस्था परिवर्तन करना है. इस बार किसी पार्टी को वोट नहीं देना है. इस बार स्वयं को वोट देना है और अपनी सरकार बनानी है."
गुजरात में पंजाब मॉडल लागू करने का वादा, युवाओं से 2 साल पार्टी को देने की अपील
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "जब जनता की सरकार बनेगी, तभी सारे काम पूरे होंगे. जनता की सरकार बनने पर वही कार्य होंगे जो जनता चाहेगी. तभी जनता को सम्मान मिलेगा और नेताओं का भ्रष्टाचार व गुंडागर्दी समाप्त होगी. जनता की सरकार बनने पर गरीबों को अच्छी शिक्षा मिलेगी, अच्छे पुल और सड़कें बनेंगी तथा सबका उचित इलाज होगा. उन्होने कहा कि पंजाब में आज जनता की सरकार है. मुख्यमंत्री भगवंत मान एक किसान के बेटे हैं. आज पंजाब में किसानों की खेती और घरों की बिजली मुफ्त है. जिस-जिस को गुजरात को मुफ्त बिजली चाहिए, वह अपनी सरकार बनाए. भाजपा और कांग्रेस की सरकारें बनाना अब बंद कीजिए. अपनी सरकार के लिए स्वयं को वोट दीजिए."अरविंद केजरीवाल ने बताया कि "पंजाब के अंदर खेती के लिए दिन में 8 घंटे बिजली आती है. मुझे पता चला है कि गुजरात में रात को 3 बजे और 4 बजे बिजली आती है. पंजाब में किसानों के लिए दिन में लगातार 8 घंटे बिजली आती है. ऐसा इसलिए है क्योंकि वहां जनता की सरकार है, आपकी अपनी सरकार है और आम आदमी की सरकार है. अभी पंजाब के अंदर हर परिवार का 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा किया गया है. इसका अर्थ यह हुआ कि मैक्स और अपोलो जैसे जितने भी बड़े अस्पताल हैं, जिनमें बड़े अमीर लोग इलाज कराते हैं, वहां अब एक गरीब मजदूर भी जाकर अपना इलाज करा सकता है. उसका इलाज पूरी तरह मुफ्त होगा."अरविंद केजरीवाल ने कहा, "भगवान न करे, यदि किसी गरीब मजदूर, किसान या उसके परिवार के किसी सदस्य को हार्ट अटैक आ जाए, कैंसर हो जाए, या उसे किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट जैसा बड़ा ऑपरेशन कराना पड़े, तो बड़े से बड़े अमीरों वाले अस्पताल में उसका 10 लाख रुपए तक का सारा इलाज मुफ्त होगा. उसके सिटी स्कैन, एमआरआई, सभी टेस्ट और सारी दवाइयां मुफ्त होंगी. पंजाब की “आप” सरकार ने अभी-अभी यह योजना पास की है और 60 लाख परिवारों का बीमा करवाया है. क्या गुजरात में ऐसा होना चाहिए या नहीं? इसके लिए आपको अपनी सरकार बनानी होगी. झाड़ू चलाइए और अपनी सरकार बनाइए. जब झाड़ू की सरकार बनेगी, तो सब कुछ मिलेगा|"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "रविवार को ही पंजाब का बजट आया है, जिसमें घोषणा की गई है कि हर महिला के खाते में प्रति माह 1,000 रुपए दिए जाएंगे. गुजरात में भी यह संभव है, लेकिन आपको अपनी सरकार बनानी पड़ेगी. आप में से कुछ लोग भाजपा और कुछ कांग्रेस के होंगे, लेकिन अब इन पार्टियों का साथ छोड़ दीजिए. भाजपा और कांग्रेस से आपको कुछ नहीं मिला है. इस बार अपनी सरकार बनाइए. गुजरात आपका है, यह इनके पिता का नहीं है. हम सबको मिलकर गुजरात को बचाना है. अपने बच्चों और आने वाली पीढ़ियों के लिए गुजरात को सुरक्षित करना है|"अरविंद केजरीवाल ने कहा, "हमारे पूर्वजों ने कुर्बानियां दी थीं. सरदार पटेल ने बलिदान दिया और महात्मा गांधी ने संघर्ष किया था, जबकि इन लोगों ने केवल मलाई खाई है. आप लोग इस गुजरात को बचा लीजिए. हम सबको जागना होगा और जिम्मेदारी लेनी होगी. मैं विशेषकर युवाओं से कहना चाहता हूं कि 2027 में चुनाव हैं और अभी दो साल का समय है. ये दो साल आप आम आदमी पार्टी को दे दीजिए. यदि छुट्टी ले सकते हैं, तो ले लीजिए, लेकिन ये दो साल पार्टी के लिए समर्पित कर दें. आप देखेंगे कि गुजरात की तकदीर बदल जाएगी|"
तीन दिन से घर में पड़ा था दादी का शव, गुजरात से लौटे पोते ने खोला राज
9 Mar, 2026 05:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धार | जिले की मनावर तहसील के दशहरा मैदान क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग महिला का शव घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुजरात से मजदूरी कर लौटे पोते ने सबसे पहले दादी का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मनावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार मृतक महिला की पहचान चंपाबाई (60) पत्नी किशोर के रूप में हुई है, जो घर में अकेली रहती थीं। उनका बेटा और पोता मजदूरी के लिए गुजरात गए हुए थे। सोमवार सुबह पोता दीपक जब गुजरात से वापस घर लौटा तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद वह घर के पीछे के रास्ते से अंदर पहुंचा, जहां उसने दादी को मृत अवस्था में पड़ा देखा। बताया जा रहा है कि शव दो से तीन दिन पुराना है, जिसके कारण उसमें से दुर्गंध आने लगी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। महिला की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर में किसी प्रकार के खून के निशान नहीं मिले हैं, ऐसे में पुलिस मौत को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है। एसडीओपी ब्रजेश मालवीय ने बताया कि महिला का शव घर के अंदर मिला है और पोते ने ही सबसे पहले उसे देखा था। शव की स्थिति को देखते हुए मौत दो से तीन दिन पहले होने की आशंका है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
“मुझे भरोसा था…” भारत की जीत पर अक्षर पटेल के पिता का भावुक बयान
9 Mar, 2026 02:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात।भारत के टी-20 वर्ल्ड कप जीतने से पूरे देश में खुशी की लहर है. इस बीच टीम इंडिया के उपकप्तान अक्षर पटेल के पिता राजेश पटेल ने भी अपनी खुशी व्यक्त करते हुए बयान दिया है. उन्होंने टीम की सराहना करते हुए पूरे टीम को बधाई दी. उन्होंने कहा कि टीम ने मिलकर शानदार मेहनत की है, जिसके दम पर भारत यह कप जीतने में सफल रहा. साथ ही उन्होंने अक्षर पटेल के योगदान पर भी गर्व जताया।
'अक्षर पटेल का प्रदर्शन पूरे देश और परिवार के लिए गर्व की बात'
राजेश पटेल ने कहा कि अक्षर ने जो भी प्रदर्शन किया, वह देश के लिए और उनके परिवार के लिए बेहद गर्व की बात है. उन्होंने बताया कि एक पिता के तौर पर उनकी हमेशा यही इच्छा रहती है कि उनका बेटा ऐसा प्रदर्शन करे जिससे हर गुजराती और पूरे देश के लोगों को गर्व महसूस हो. उन्होंने कहा कि जब सेमीफाइनल में अक्षर ने अच्छा प्रदर्शन किया था, तो मेने उससे ये पहले ही कहा था कि आज तो तूने अच्छा कर दिया, मगर फाइनल में भी अच्छा प्रदर्शन करके देश को कप जीता देना। बता दें कि भारत ने वर्ल्डकप फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से धूल चटा दी. अहमदाबाद में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की और 5 विकेट गवा कर 255 रन बनाए. इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ही ऑलआउट हो गई. इस जीत के साथ ही भारत ने तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब (2007, 2024, 2026) अपने नाम कर लिया, और खास बात यह रही कि यह जीत भारत ने अपनी ही धरती पर हासिल की।
घर के बाहर लोगों ने लगाए ‘अक्षर-अक्षर’ या ‘बापू-बापू’ के नारे
राजेश पटेल ने बताया कि जैसे ही मैच खत्म हुआ, उन्हें घर के बाहर बुलाया गया. बाहर आकर उन्होंने देखा कि बड़ी संख्या में लोग उनके घर के बाहर जमा थे और ‘अक्षर-अक्षर’ या ‘बापू-बापू’ के नारे लगा रहे थे. उन्होंने कहा कि आज अक्षर ने अच्छा प्रदर्शन किया, इसलिए लोग उसका नाम ले रहे हैं और जो भी उसने देश के लिए किया है, उस पर उन्हें गर्व है। राजेश पटेल ने बताया कि सुबह अक्षर का फोन भी आया था. उस दौरान उन्होंने बेटे को बधाई दी और कहा कि उसके प्रदर्शन से नडियाद ही नहीं बल्कि पूरे गुजरात के लोग बेहद खुश हैं. उन्होंने कहा कि अक्षर और पूरी भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत को यह जीत मिली है, जिससे पूरा देश खुशी मना रहा है।
मुख्यमंत्री आज निवाड़ी में देंगे 193 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
ई-मोबिलिटी की ओर भोपाल का बड़ा कदम, 10 नई ई-बसें सोमवार से शुरू
धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा देना चाहते थे! छात्र आंदोलन पर बीजेपी नेता का बड़ा खुलासा
टैंक में जहरीली गैस से मची त्रासदी, ग्रेटर नोएडा में दो लोगों की मौत
