गुजरात
गुजरात हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी: ईमेल मिलने के बाद परिसर खाली, पुलिस जांच में जुटी
10 Jun, 2025 06:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हाई कोर्ट को एक ईमेल प्राप्त हुआ है। सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची है। हाई कोर्ट परिसर और आस-पास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डिप्टी पुलिस कमिश्नर सफीन हसन ने इसकी जानकारी दी।
डीसीपी ने की पुष्टि
डीसीपी सफीन हसन ने धमकी मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले में तत्काल कदम उठाए जा रहे हैं। ईमेल के जरिए गुजरात हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। हालांकि, पुलिस ने धमकी के ईमेल के विशिष्ट कंटेंट को अभी तक सार्वजनिक नहीं किया है।
सार्वजनिक सुरक्षा की चिंता
हालांकि, धमकी झूठी हो सकती है, फिर भी पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर किसी भी तरह के नुकसान से बचने के लिए पूरी तरह से एक्टिव है। हाल के कुछ महीनों में स्कूल, अस्पताल, एयरपोर्ट्स समेत सार्वजनिक संस्थानों को इस तरह की धमकियां मिल रही हैं, जिससे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अधिक सतर्क रहना पड़ रहा है।
पहले बॉम्बे प्रांत का हिस्सा था गुजरात
बता दें कि गुजरात हाई कोर्ट की स्थापना 1 मई 1960 को हुई थी, जब राज्य के निर्माण के साथ ही न्यायिक प्रणाली के लिए एक नए और प्रभावी कोर्ट की जरूरत महसूस की गई। इससे पहले, गुजरात के मामले बॉम्बे हाई कोर्ट के अधीन देखे जाते थे, क्योंकि तब तक गुजरात बॉम्बे प्रांत का हिस्सा था। गुजरात हाई कोर्ट का गठन भारतीय संविधान के अनुच्छेद 214 के तहत किया गया था, जिसमें प्रत्येक राज्य में एक हाई कोर्ट की स्थापना का प्रावधान है। गुजरात हाई कोर्ट का मुख्यालय अहमदाबाद में स्थित है।
गुजरात HC के पहले न्यायाधीश
गुजरात हाई कोर्ट के पहले मुख्य न्यायाधीश चंद्रशेखर पाटील थे, जिन्होंने 1960 में न्यायालय की कार्यप्रणाली की शुरुआत की थी। वर्तमान में गुजरात हाई कोर्ट में एक प्रमुख मुख्य न्यायाधीश के साथ कई अन्य न्यायाधीश होते हैं, जो राज्य के विभिन्न मामलों पर सुनवाई करते हैं।
गुजरात में स्कूल टूर पर दो पुलिसकर्मी होंगे साथ, सुरक्षा को लेकर सख्ती
7 Jun, 2025 06:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात के स्कूलों से अब अगर छात्र-छात्राओं का ग्रुप पिकनिक या टूर के लिए जाएगा, तो उनके साथ सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी भी जाएंगे। ये आदेश गुजरात के डीजीपी विकास सहाय ने नए सुरक्षा नियमों के तहत जारी किया है।
इस नए नियम के अनुसार, बच्चों के आउंटिंग के लिए दो वर्दीधारी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। गर्ल स्टूडेंट के लिए महिला पुलिसकर्मी साथ जाएंगी। इस निर्णय का गुजरात के स्कूलों और अभिभावकों ने स्वागत किया है। अभिभावकों का मानना है कि इससे उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताएं खत्म हो जाएंगी।
राज्य शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव को आदेश
हालांकि यह नियम सुनने में जितना आकर्षक लगता है, उतना ही प्रैक्टिकल है, इस पर कुछ लोगों को संदेह भी है। दरअसल डीजीपी ने राज्य शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव को आदेश भेजकर इस नियम के तुरंत इंप्लीमेंटेशन के लिए कहा है।
स्कूलों को अपनी ट्रिप, टूर या पिकनिक को पहले ही शेड्यूल करना होगा और लोकल पुलिस स्टेशन को इसकी जानकारी देकर उनके कॉर्डिनेशन करना पड़ेगा। भरूट में एमिटी स्कूल सीबीएसई की प्रिंसिपल रीना तिवारी का मानना है कि इस नए नियम से ट्रिप प्लानिंग में देरी हो सकती है और कई स्कूल टूर के लिए डिमोटिवेट भी हो सकते हैं।
अभिभावक नियम से बेहद खुश
हालांकि अभिभावक इससे इत्तिफाक नहीं रखते। अभिभावकों का मानना है कि इस नियम से शिक्षा अधिकारियों और पुलिस के बीच मजबूत सहयोग तो तैयार होगा ही, छात्रों की चिंता से वह मुक्त भी हो जाएंगे। दरअसल इसके पहले तक हर स्कूल टूर से पहले अभिभावकों से एक अंडरटेकिंग पर हस्ताक्षर करवाता था, जिससे किसी दुर्घटना की स्थिति में स्कूल पर दोष नहीं लगता था।
गुजरात पुलिस के पास मैनपावर की कमी इस नियम के इंप्लीमेंटेशन में बाधा भी बन सकती है। दरअसल गुजरात में पुलिस के पास मैनपावर की भयंकर कमी है। एक आंकड़े के मुताबिक, गुजरात में 100,000 लोगों पर 127.82 पुलिसकर्मी हैं, जबकि यह 174.39 होना चाहिए। गुजरात पुलिस के पास अपनी जरूरत का सिर्फ 73 फीसदी मैनपावर है।
काया के बल पर करें धर्म का संचय: आचार्य महाश्रमण का प्रेरक उपदेश
5 Jun, 2025 06:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शामलाजी: जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के 11वें आचार्य महाश्रमण बुधवार सुबह अरवल्ली जिले के मालपुर से विहार कर अणियोर कम्पा गांव पहुंचे। मार्ग में ग्रामीण महिलाओं ने आचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्राथमिक शाला परिसर में प्रवचन में आचार्य ने कहा कि जब तक शरीर सक्षम है, धर्म का आचरण कर लें। शास्त्र में बताया गया है कि जब तक बुढ़ापा पीड़ीत न करे, जब तक शरीर में कोई बीमारी न हो जाए और जब तक इन्द्रियां क्षीण न हो जाएं, तब तक मानव को धर्म का आचरण कर लेना चाहिए। जब तक शरीर की सक्षमता हो, तब तक धर्म का अच्छे रूप में आचरण कर लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि धर्म का कार्य करने में तीन बाधाएं होती हैं। इनमें बुढ़ापा, बीमारी और इन्द्रिय शक्ति की हीनता है। पाप कर्म मानव जीवन रूपी नौका में छिद्र के समान होते हैं और इन छिद्रों के कारण नौका डूब जाती है। इसलिए आदमी को संसार रूपी समुद्र से तरने के लिए पाप कर्मों से बचने का प्रयास करना चाहिए। यह मानव जीवन मोक्ष प्राप्ति का गेट है।
आदमी को कम से कम अपने जीवन में लेनदेन में नैतिकता, प्रामाणिकता को रखने का प्रयास करना चाहिए। जितना संभव हो अहिंसा और नशामुक्ति की भावना को बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए ताकि आत्मा परम सुख की ओर गति कर सके।
प्रवचन के बाद आचार्य ने ग्रामीणों को सद्भावना, नैतिकता व नशामुक्ति की प्रेरणा प्रदान करते हुए इन्हें स्वीकार करने की अपील की। ग्रामीणों ने सहर्ष ही तीनों संकल्पों को स्वीकार किया और आचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया।
वैकल्पिक नहीं, आवश्यकता! प्राकृतिक खेती से बदलेगी भारत की कृषि और अर्थव्यवस्था
5 Jun, 2025 06:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद: विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडुता में प्राकृतिक खेती पर क्षेत्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से सेहत भी और समृद्धि भी है। प्राकृतिक खेती वैकल्पिक कृषि पद्धति नहीं, बल्कि यह भारत के कृषक समुदाय की समृद्धि, समाज के स्वास्थ्य, पर्यावरण की रक्षा और टिकाऊ विकास की नींव है।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती की दिशा में हो रहे व्यापक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल की जलवायु, मृदा संरचना और सीमित कृषि भूमि इस पद्धति के लिए अत्यंत उपयुक्त है। राज्यपाल ने कहा कि प्राकृतिक खेती से न केवल भूमि की उर्वरता बढ़ती है, बल्कि इससे तैयार होने वाले अनाज और सब्जियां उच्च गुणवत्ता की होती हैं। किसानों की आय में वृद्धि होती है और रासायनिक खेती से होने वाले दुष्प्रभाव से बचाव होता है।
2.15 लाख किसान कर रहे रसायन मुक्त खेती
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता और किसान प्राकृतिक खेती को अपनाकर न केवल अपनी आय और सेहत को सुधार रहे हैं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र को एक नई दिशा भी दे रहे हैं। आचार्य देवव्रत हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल थे, उस समय हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से 2018 में प्राकृतिक खेती-खुशहाल किसान योजना की शुरुआत 25 करोड़ रुपए के बजट से की गई थी। आज इस योजना के अंतर्गत 3584 ग्राम पंचायतों में 2.15 लाख से अधिक किसान लगभग 38 हजार हेक्टेयर भूमि पर रसायन मुक्त खेती कर रहे हैं। संगोष्ठी में हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा एवं नगर नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी, पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, विधायक आदि मौजूद थे।
अहमदाबाद की सड़कों पर भरा पानी तो खैर नहीं! कांग्रेस ने नगर निगम के खिलाफ FIR की धमकी दी
4 Jun, 2025 09:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद मनपा में विपक्ष के नेता शहजाद खान पठान ने मंगलवार को कहा कि बीते 10 वर्ष से ज्यादा समय से मनपा में सत्ता पर भाजपा काबिज है, उसके बावजूद शहर में सामान्य बारिश में ही अनेक इलाकों में पानी जमा हो जाता है। जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से लोग परेशान होते हैं।
अहमदाबाद का क्षेत्रफल 480.88 वर्ग किलोमीटर पर पहुंच गया इसके बाद भी सड़कों की लंबाई 3200 किलोमीटर है। शहर में वार्षिक बारिश का औसत 40 इंच के आसपास है। बारिश के पानी की निकासी के लिए स्टॉर्म वाटर लाइन की लंबाई कुल 965 किलोमीटर है। शहर में महज 25 फीसदी मार्गों पर ही यह लाइन बिछाई गई है। उन्होंने बारिश का पानी भरने का सबसे बड़ा कारण यही बताया।
उनका आरोप है कि पिछले दस वर्ष के लंबे समय में केवल 56 किलोमीटर ही स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाई गई। वर्ष 2015-16 में शहर में कुल स्टॉर्म वाटर लाइन 923 किलोमीटर थी जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 980 किलोमीटर हुई हैं। बीते पांच वर्षों में 124.29 करोड़ का खर्च किया गया है। जो लगभग एक फीसदी है। विपक्ष के नेता ने 3000 करोड़ रुपए का वर्ल्ड बैंक से लोन लेकर स्टॉर्म वाटर लाइन अपग्रेड करने की जो बात की गई उस बारे में भी जानकारी देने की मांग की है।
बिहार के बाद गुजरात में लापरवाही: अस्पताल में मौत, फिर पुलिस ने की पिटाई
4 Jun, 2025 09:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के पाटडी सरकारी अस्पताल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मरीज की मौत के बाद उसके रिश्तेदार के साथ पुलिस ने बर्बरता की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने गुजरात पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वीडियो को हितेन्द्र पिथाडिया नाम के एक यूजर ने शेयर किया है।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, पाटडी सरकारी अस्पताल में एक मरीज की तबीयत बिगड़ने पर उसे भर्ती किया गया था। मरीज के रिश्तेदारों का आरोप है कि अस्पताल में उस समय कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिसके कारण मरीज को समय पर उपचार नहीं मिल सका और उसकी मौत हो गई। मरीज की मौत से आहत और गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से डॉक्टर की अनुपस्थिति को लेकर सवाल उठाए और इसकी शिकायत की।
पुलिस ने की मारपीट
इसी दौरान मामला गंभीर हो गया और अस्पताल में अराजकता का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस को बुलाया गया। लेकिन, पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय, मृतक के एक रिश्तेदार के साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी, जिनमें पाटडी के पुलिस इंस्पेक्टर (PI) और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) शामिल हैं, मृतक के रिश्तेदार को थप्पड़ और लातों से पीट रहे हैं। इस दौरान मृतक का शव पास में ही पड़ा था, जिसकी ओर पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया।
वीडियो पर जनता की प्रतिक्रिया
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने इसे गुजरात पुलिस के लिए “कलंक” करार दिया। कई यूजर्स ने इस घटना को “गुजरात मॉडल” की विफलता के रूप में पेश किया, जिसमें सरकारी अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं की कमी और पुलिस की बर्बरता को उजागर किया गया।
घटना की कड़ी निंदा
वीडियो वायरल होते ही घटना की कड़ी निंदा करते हुए एक यूजर ने लिखा, “खाकी में ये पुलिस है या गुंडे? मृतक के परिजन को पीटना कहां का इंसाफ है?” एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, “अस्पताल में डॉक्टर नहीं, मरीज की मौत, और ऊपर से पुलिस की मार। यह है गुजरात मॉडल?” कुछ यूजर्स ने पुलिसकर्मियों पर तत्काल कार्रवाई और बर्खास्तगी की मांग की।
पुलिस और प्रशासन की प्रतिक्रिया
इस घटना के बाद अभी तक गुजरात पुलिस या स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वीडियो के वायरल होने के बाद जनता का दबाव बढ़ रहा है कि इस मामले की जांच हो और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
गुजरात मॉडल पर सवाल
यह घटना गुजरात के स्वास्थ्य सेवाओं और कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाती है। एक ओर जहां सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी जैसी गंभीर समस्या उजागर हुई है, वहीं दूसरी ओर पुलिस का यह व्यवहार संवेदनशीलता की कमी को दर्शाता है। इस घटना ने “गुजरात मॉडल” के दावों पर भी सवाल खड़े किए हैं, जिसे अक्सर विकास और सुशासन का प्रतीक बताया जाता है।
कोरोना की वापसी? गुजरात में दो मौतें और 50 नए केस, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर
3 Jun, 2025 04:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरोना एक बार फिर से देश में अपने पांव पसार रहा है जिसकी वजह से राज्य सरकारों समेत केंद्र सरकार भी सजग हो गई है. कोरोना के फैलते संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकारों ने स्वास्थ्य विभाग को तैयार रहने के निर्देश जारी किए हैं. इसी बीच गुजरात से एक डराने वाली खबर सामने आई है जिसमें एक ही हॉस्पिटल में कोरोना से संक्रमित दो मरीजों की मौत हो गई. अहमदाबाद के एक हॉस्पिटल में दो महिलाओं की मौत दर्ज की गई है.
पूरे गुजरात की बात करें तो सबसे ज्यादा केस अहमदाबाद में ही सामने आ रहे हैं. यहां पर दिन प्रतिदिन कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है. अहमदाबाद में कोरोना से दो लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में दो महिलाएं हैं. दोनों महिलाओं की उम्र में भी काफी अंदर बताया जा रहा है. एक महिला की उम्र करीब 47 साल है जबकि दूसरी की सिर्फ 18 साल. जी हां, 47 साल की महिला का इलाज 23 मई से चल रहा था. दोनों की इलाज के दौरान ही मौत हुई है.
आंकड़ों की बात करें तो पूरे अहमदाबाद में फिलहाल 197 एक्टिव केस हैं. पिछले 24 गंटों में 50 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं. जिससे स्थिति चिंताजनक बन गई है. अहमदाबाद के अलावा राजकोट की बात करें तो यहां भी 44 केस सामने आ चुके हैं. पिछले 24 घंटे में 7 नए मामले यहां पर सामने आए हैं. 38 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 6 रिकवर कर चुके हैं. गांधीनगर में 11 मामले सामने आ चुके हैं. सूरत में फिलहाल सिर्फ 4 एक्टिव केस हैं.
पूरे देश में 4000 केस
पूरे देश में बात करें तो कोरोना के 4 हजार मामले सामने आ चुके हैं. जिनमें सबसे ज्यादा एक्टिव केस केरल में हैं. केरल में फिलहाल 1435 केस हैं जबकि महाराष्ट्र 506 केस के साथ दूसरे नंबर है. 2 जून को सुबह के वक्त स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जो आंकड़े जारी किए गए उनके अनुसार पिछले 24 घंटे में देश में 360 मामले सामने आ चुके हैं. वहीं इस अवधि में 2 लोगों की मौत की खबर भी सामने आई है.
अहमदाबाद: IPL फाइनल से पहले स्टेडियम के बाहर गैस सिलेंडर फटा, कोई हताहत नहीं
3 Jun, 2025 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात के अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और पंजाब किंग्स 11 के बीच आईपीएल 2025 का फाइनल मुकाबला खेला जाना है. आईपीएल मैच से पहले आज सुबह स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर गैस सिलेंडर फट गया. हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
सिलिंडर ब्लास्ट होते ही थोड़ी देर के लिए दहशत का माहौल कायम हो गया. मौके पर अफरातफरी रही, लेकिन कुछ देर बाद ही सबकुछ सामान्य हो गया. आशंका जताई जा रही है कि स्टेडियम के बाहर फुटपाथ पर खाने का सामान बेचने वालों की लापरवाही के कारण ये सिलेंडर फटा. ये हादसा सुबह में हुआ.
समापन समारोह में शंकर महादेवन की होगी प्रस्तुति
वहीं, आईपीएल के समापन समारोह को खास बनाने के लिए बीसीसीआई ने पूरी तैयारी कर ली है. ऑपरेशन सिंदूर की शानदार सफलता के लिए बीसीसीआई सेना के सम्मान में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक खास कार्यक्रम का आयोजन करेगा. इस कार्यक्रम में मशहूर सिंगर शंकर महादेवन अपनी प्रस्तुति देंगे.
रात 12.30 बजे तक चलेंगी बसें
दर्शकों को स्टेडियम तक आने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए बीआरटीएस बसें और मेट्रो रात 12.30 बजे तक चलेंगी. मेट्रो 2 कॉरिडोर में कुल 26 ट्रेनें चलाई जाएंगी. साथ ही सिटी बसों की बात करें तो आज 100 से ज्यादा सिटी बसें चलाई जाएंगी. आईपीएल फाइनल मैच में वीवीआईपी समेत कई लोगों के शामिल होने की संभावना है. इसलिए स्टेडियम के आसपास की सड़कें दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक बंद रहेंगी.
आईपीएल का फाइनल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स 11 के बीच खेला जाएगा. दोनों ही टीमों ने इस आईपीएल में जबरदस्त प्रदर्शन किया है. इस आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की अगुआई रजत पाटीदार कर रहे हैं, वहीं पंजाब किंग्स 11 के कप्तान श्रेयस अय्यर हैं. आज सभी की नजरें विराट कोहली और श्रेयस अय्यर पर रहेंगी, क्योंकि ये दोनों ही बल्लेबाज जबरदस्त फॉर्म में हैं.
2027 की तैयारी अभी से, गुजरात उपचुनाव में सभी दल झोंक रहे ताकत
2 Jun, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के गृहराज्य गुजरात की दो विधानसभा सीटों पर 19 जून को होने वाले उपचुनाव के मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है. जूनागढ़ जिले की विसावदर और महेसाणा जिले की कडी विधानसभा सीट के लिए बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपने-अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं. विसावदर और कडी विधानसभा के उपचुनाव को 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है. इस तरह से मोदी-शाह के साथ-साथ राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल की अग्निपरीक्षा उपचुनाव में होगी.
2022 के विधानसभा चुनावों में विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी को को जीत मिली थी, जब कडी सीट पर बीजेपी ने कब्जा जमाया था. विसावदर के विधायक भूपत भायाणी बीजेपी में शामिल हो जाने के चलते खाली हुई है तो कडी सीट बीजेपी के विधायक करसनभाई सोलंकी के निधन के चलते खाली हुई है. ऐसे में दोनों पार्टियों के लिए अपनी जीती सीटों पर कब्जा बनाए रखने की चुनौती है.
विसावदर-कडी सीट पर त्रिकोणीय फाइट
जूनागढ़ की विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी ने गोपाल इटालिया, बीजेपी ने किरीट पटेल और कांग्रेस ने नितिन रणपारिया को प्रत्याशी बनाया है. ऐसी महसेणा की कड़ी सीट पर बीजेपी के राजेंद्र चावड़ा, कांग्रेस के रमेश चावड़ा और आम आदमी पार्टी के जगदीश चावड़ा किस्मत आजमा रहे हैं. 2022 में विसावदर से भूपत भायाणी ने जीत दर्ज की थी, लेकिन बीजेपी ने उनकी जह किरीट पटेल को उतारा है. इस तरह दोनों ही सीटों पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस, बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला बनता नजर आ रहा है. विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया को उतारकर चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है.
विसावदर सीट पर कांटे की फाइट बन गई
आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की सत्ता गंवाने के बाद अब पार्टी के आधार को बचाने में जुट गए हैं. विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी ने अपने प्रदेशअध्यक्ष गोपाल इटालिया को उतारा है, जिनके नामांकन खुद को केजरीवाल और भगवंत मान पहुंचे थे. केजरीलाल ने कहा कि गुजरात में बीजेपी की सरकार है, लेकिन बीजेपी 18 साल से विसावदर की सीट नहीं जीती है. केजरीवाल ने कहा कि पहले आप ने कांग्रेस को वोट दिया, तो बीजेपी ने कांग्रेस के एमएलए को तोड़ लिया. इसके बाद आपने आप को वोट दिया तो आप के विधायक को तोड़ दिया.
केजरीवाल ने कहा इस बार मैंने भी अपने सबसे बड़े हीरो गोपाल इटालिया को मैदान में उतारा है. मेरी बीजेपी को चुनौती है कि इटालिया को खरीदकर दिखाए, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा. इस तरह से साफ है कि विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी की साख दांव पर है, तो कांग्रेस अपने दुर्ग को दोबारा से हासिल करने में जुटी हुई है, नितिन रणपारिया को प्रत्याशी बनाया है. विसावदर सीट बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है क्योंकि 18 साल से इस सीट पर विपक्ष का कब्जा है. केशुभाई पटेल का चुनाव क्षेत्र रहे विसावदर में बीजेपी के सामने कमल खिलाने की चुनौती है. पिछले चुनाव में इस सीट पर बीजेपी-आप की सीधी टक्कर हुई थी, लेकिन मुकाबला आप के पक्ष में रहा था.
मोदी के गढ़ में बीजेपी का इम्तिहान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह जनपद में आने वाली कडी सीट अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व है. बीजेपी के विधायक करसन भाई सोलंकी के निधन की वजह से यहां पर उपचुनाव हो रहा है. इस सीट पर गुजरात की महशूर गायिक काजल महेरिया ने भी टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने यहां से राजेंद्र चावड़ा को उम्मीदवाद बनाया है. कांग्रेस ने कडी से विधायक रह चुके रमेश चावड़ा को टिकट दी है. वे 2017 के चुनाव में करसन भाई सोलंकी से 7746 वोटों से हारे थे. रमेश चावड़ा 2012 से 2017 तक विधायक रह चुके हैं.
कड़ी सीट गुजरात बीजेपी के दिग्गज नेता पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल भी लगातार चार बार विधायक रह चुके हैं. 2009 में यह सीट रिजर्व हो गई थी, जिसके बाद तीन चुनाव हुए हैं, जिसमें दो बार बीजेपी और एक बार कांग्रेस जीती है. बीजेपी के सामने अपने दुर्ग को बचाए रखने की चुनौती है, तो कांग्रेस अपनी वापसी करने की जुगत में है. इस सीट पर आम आदमी पार्टी चुनाव को त्रिकोणीय मुकाबाल बनाने की फिराक में है. ऐसे में देखना है कि उपचुनाव की जंग कौन फतह करती है.
राजकोट में होटल के खिलाफ झूठा आरोप लगाकर हंगामा, बाल खुद के निकले
2 Jun, 2025 06:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात के राजकोट में तीन युवकों ने होटल में फ्री खाना खाने के लिए एक प्लान बनाया और खुद के सिर से बाल तोड़कर खाने में डाल दिया. इसके बाद उन्होंने होटल में हंगामा खड़ा कर दिया और होटल पर ही आरोप लगाया कि उनके खाने में से बाल निकला है, तीनों युवकों ने होटल के कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने सफाई से काम नहीं किया. इसलिए खाने में बाल निकला है. अब वह बिल नहीं देंगे. उन्होंने काफी देर तक इस बात को लेकर हंगामा किया.
ये मामला राजकोट के साधु वासवानी रोड स्थित मोमोनी रेस्टोरेंट से सामने आया है. यहां तीन दोस्त खाना खाने के लिए आए थे. जहां इन तीनों ने खूब हंगामा किया. इन तीनों में से से दो युवकों ने अपने सिर से से धीरे से बाल उखाड़ा और खाने में फेंक दिया. लेकिन उनकी ये हरकत होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. इन युवकों ने बाल खाने में डालने के बाद खाने को होटल के मैनेजर को दिखाया और उन पर चिल्लाना शुरू कर दिया.
डीएनए टेस्ट कराने तक कही बात
यही नहीं एक युवक ने झगड़े में अपनी गलती मानने के बजाए बाल का डीएनए टेस्ट कराने तक की बात कह दी. युवक सफाई और खाद्य सुरक्षा की झूठी शिकायत करके होटल में फ्री में खाना, खाना चाहते थे. जब उन्होंने देखा की होटल के कर्मचारियों ने सिर पर टोपी नहीं लगाई है तो उन्होंने ये ड्रामा शुरू किया. उन्होंने होटल में काफी देर तक बवाल मचाया और चिल्ला-चिल्ला कर हंगामा खड़ा किया.
फ्री खाना खाने के लिए रचा खेल
हालांकि जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो युवकों की हरकत सबके सामने आ गई और उनके ड्रामे की पोल खुल गई. स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है. लेकिन यहां युवकों ने इस बात का फायदा उठाकर होटल पर गलत आरोप लगाया. उन्होंने फ्री खाने के लिए ये पूरा खेल खेला. हालांकि आखिर में खुद युवकों को ही शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा और माफी भी मांगनी पड़ी.
गुजरात में मिशन मोड पर पीएम स्वनिधि योजना, स्ट्रीट वेंडर्स को मिल रही आर्थिक मजबूती
31 May, 2025 06:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत सरकार के आवास और शहरी कार्य मंत्रालय की प्रमुख पहल पीएम स्वनिधि योजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में 1 जून 2020 को शुरू किया गया था. इसका मकसद देशभर के स्ट्रीट वेंडर्स को सशक्त बनाना और उन्हें औपचारिक वित्तीय प्रणाली से जोड़ना है. गुजरात सरकार ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में इस योजना को मिशन मोड में लागू किया है, जिसके तहत शहरी क्षेत्रों में वेंडर्स को निर्बाध ऋण वितरण, डिजिटल पंजीकरण और निरंतर सहायता सुनिश्चित की जा रही है.
जून 2025 में यह योजना अपनी पांचवीं वर्षगांठ मना रही है. बीते पांच सालों में आजीविका सशक्तिकरण, संकल्प और समावेशी आर्थिक विकास की मिसाल बन चुकी है. पीएम स्वनिधि के सफल क्रियान्वयन में गुजरात ने निरंतर अपेक्षाओं से बेहतर प्रदर्शन किया है. राज्य ने जुलाई 2023 तक 3 लाख लाभार्थियों को लोन सुविधा उपलब्ध कराने का पहला लक्ष्य समय पर पूरा किया.
गुजरात को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरे नंबर पर
अक्टूबर 2024 तक 4 लाख लाभार्थियों तक लोन पहुंचाने का दूसरा लक्ष्य भी पार कर लिया, जिसमें गुजरात को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त हुआ. राज्य के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए केंद्र सरकार ने नवंबर 2024 में गुजरात का लक्ष्य बढ़ाकर 5.20 लाख लाभार्थियों तक लोन सुविधा पहुंचाने का निर्णय लिया. गुजरात ने इस संशोधित लक्ष्य का भी 92.14% हिस्सा सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. इस मामले में गुजरात राष्ट्रीय स्तर पर चौथे स्थान पर है.
अब तक 4,79,141 स्ट्रीट वेंडर्स इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं. इन्हें कार्यशील पूंजी लोन और विभिन्न प्रकार के सहयोग प्रदान किए गए हैं, जिससे उनकी आजीविका में सुधार हुआ है और उन्हें आर्थिक रूप से अधिक सक्षम और स्थिर बनने में सहायता मिली है.
स्ट्रीट वेंडर्स को मिली आर्थिक मजबूती
भारत सरकार ने पीएम स्वनिधि योजना के सफल क्रियान्वयन में गुजरात के प्रयासों को ₹30.47 करोड़ की ब्याज सब्सिडी देकर समर्थन दिया है. यह योजना पूरी तरह से 100% केंद्रीय वित्त पोषण के तहत संचालित हो रही है. इस वित्तीय मदद से वेंडर्स पर लोन चुकाने का दबाव कम हुआ है, जिससे योजना में ज्यादा लोग जुड़ सके हैं. गुजरात में अब तक 4.79 लाख से ज्यादा वेंडर्स को पहली किश्त का लोन मिला है, वहीं 1.71 लाख वेंडर्स को दूसरी किश्त और 42,176 वेंडर्स को तीसरी किश्त दी गई है.
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात सरकार ने लक्षित लोन वितरण शिविर, डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम और वित्तीय संस्थानों के साथ मिलकर समय पर लोन वितरण और सभी स्ट्रीट वेंडर्स के लिए वित्तीय समावेशन सुनिश्चित किया है. गुजरात ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स के लिए डिजिटल समावेशन और वित्तीय साक्षरता को खास महत्व दिया है. राज्य में नियमित रूप से डिजिटल साक्षरता शिविर आयोजित किए जाते हैं, जहां वेंडर्स को रियल-टाइम भुगतान प्रणाली से परिचित कराया जाता है.
डिजिटल तकनीकों का प्रभावी इस्तेमाल
गुजरात की इस सफलता में स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी (SLBC) और विभिन्न वित्तीय संस्थानों का मजबूत सहयोग भी अहम भूमिका निभा रहा है. शुक्रवार और शनिवार को विशेष लोन वितरण दिवस रखकर वेंडर्स को जल्दी और सुनिश्चित ऋण मिल सके, यह सुनिश्चित किया जाता है. साथ ही, सभी शहरी स्थानीय निकायों (ULBs) में खास अभियान चलाकर हर वेंडर को योजना से जोड़ा जा रहा है, ताकि कोई भी पीछे न छूटे और समावेशन पूरी तरह हो सके.
डिजिटल तकनीकों का प्रभावी इस्तेमाल, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना और विभिन्न महत्वपूर्ण हितधारकों के साथ सक्रिय सहयोग के जरिए गुजरात सरकार ने सुनिश्चित किया है कि हजारों स्ट्रीट वेंडर्स आवश्यक संसाधनों तक पहुंच सकें और अपने व्यवसाय को मजबूती से आगे बढ़ा सकें.
इन संयुक्त प्रयासों के माध्यम से गुजरात ने यह साबित किया है कि राज्य स्तर पर सक्षम शासन न केवल जीवन बदल सकता है, बल्कि समुदायों को सशक्त बनाकर जमीनी स्तर से आर्थिक विकास की दिशा में मजबूत कदम उठा सकता है.
गुजरात के मोरबी और अमरेली में दर्दनाक हादसा, चार बच्चों की डूबने से मौत
30 May, 2025 08:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद: गुजरात के मोरबी और अमरेली जिले में गहरे पानी में डुबने से चार बच्चों की मौत हो गई। इस बाद उन बच्चों के परिवार में मातम पसर गया है। पहली घटना मोरबी जिले के हलवद तालुका के कडियाना गांव के पास वोकला में नहाने गए दो बच्चे गहरे पानी में डूब गए और दोनों की मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
कड़ियाना गांव में रहने वाले आदित्य रातड़िया और प्रिंस रातड़िया नाम के दो बच्चे गांव के पास एक खेत के पास बने तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों बच्चे पानी में डूब गए। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया। दूसरी ओर, घटना की सूचना मिलने पर हलवद पुलिस की एक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अमरेली में भी दो बच्चे डुबे, गर्मी से राहत पाने के लिए नदी नहाने गए थे
अमरेली जिले के सावरकुंडला में आकाशी मेलडी मंदिर के पास भेंसनिया बांध में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए नहाते समय तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए। इनमें से दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक को बचा लिया गया। इस संबंध में मिले विवरण के अनुसार, सावरकुंडला के जेसर रोड क्षेत्र में रहने वाले तीन बच्चे आज दोपहर भेंसनिया बांध में नहाने गए थे।
दुर्भाग्यवश बांध की गहराई का अंदाजा न होने के कारण एक के बाद एक तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने बारी-बारी से तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। इनमें से केवल दो बच्चों के शव बरामद किए जा सके, जबकि एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।
परिवार में कोहराम मच गया
प्रारंभिक पुलिस जांच में मृतक बच्चों की पहचान क्रुणाल सोलंकी (14) और मंत्रा मसरानी (10) के रूप में हुई है। जबकि उनके साथ नहाते हुए पकड़ा गया और बच गया बच्चा मोहित सोलंकी (13) के रूप में पहचाना गया। इस घटना से मृतक कुणाल के परिवार में कोहराम मच गया।
सदमे में आकर कुणाल के दोस्त ने पत्थर से अपना सिर मारकर खुद को घायल कर लिया। दूसरी ओर, सावरकुंडला अस्पताल का माहौल परिजनों की करुण पुकार से भरा हुआ था।
पाटन में दलित की रहस्यमयी मौत का खुलासा, प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
29 May, 2025 05:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात के पाटन में कुछ दिन पहले घाघरा और ब्लाउज पहने एक बुजुर्ग का अधजला शव मिला था. बुजुर्ग व्यक्ति दलित समाज से था, इसलिए उसकी रहस्यमयी मौत के बाद इलाके में सांप्रदायिक तनाव भी बढ़ने लगा. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और मामले की जांच तेजी से शुरू की. फिर जो खुलासा हुआ वाकई वो हैरान कर देने वाला था. 23 साल की युवती ने अपने बॉयफ्रेंड संग मिलकर बुजुर्ग को मार डाला था.
इस मामले में जाखोत्रा गांव की ही एक 23 साल की गीता और उसके बॉयफ्रेंड भरत लुभाअहिर को अरेस्ट कर लिया गया है. मृतक की पहचान 56 वर्षीय दलित मजदूर हरजी देभा सोलंकी के रूप में हुई. पूछताछ के दौरान महिला ने खुलासा किया कि उसने गांव के ही अधेड़ व्यक्ति को इसलिए घाघरा और ब्लाउज पहनाकर मौत के घाट उतारा क्योंकि वो चाहते थे कि घर वाले समझें कि उसकी मौत हो गई है. गीता चुप-चाप अपने प्रेमी के साथ गांव से भाग निकलना चाहती थी.
पहले से शादीशुदा है गीता
पुलिस के मुताबिक, गीता पहले से शादीशुदा थी. उसके पति का नाम सुरेश गेंगा भीमा है. उसकी तीन साल की एक बेटी भी है. गीता अपने बॉयफ्रेंड भरत के साथ जोधपुर भागने की योजना बना रही थी. इस योजना तहत दोनों ने सोलंकी को मारकर उसके शव को गीता के कपड़ों में लपेटा, ताकि यह लगे कि गीता की मौत हो चुकी है. इस अपराध को अंजाम देने के लिए दोनों ने सोलंकी को शराब पिलाकर बेहोश किया और फिर उसे जला दिया.
पति को लगा गीता की लाश है
अगले दिन 27 मई को सुरेश अपनी तीन साल की बच्चे की रोने की आवाज पर सुबह उठा. तो उसने अपनी पत्नी गीता को पास नहीं पाया. पत्नी को ढूंढते हुए जब वह घर के पीछे पहुंचा, वहां उसे एक अधजला शव मिला जिसे देखकर उसके होश उड़ गए. ये शव नारंगी और बैंगनी घाघरा-चोली में था, पैरों में चांदी की पायल भी थी. यह वही कपड़े थे जो उसकी 22 वर्षीय पत्नी गीता के थे. सुरेश को लगा कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है और उसने पुलिस को सूचना दी. लेकिन जांच के कुछ ही घंटों में मामला पूरी तरह पलट गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि शव 56 वर्षीय दलित व्यक्ति हरजी देभा सोलंकी का था, जो वौवा गांव (जाखोत्रा से 7 किमी दूर) का रहने वाला था.
ट्रेन पकड़ने से पहले ही गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, 27 मई की सुबह जब शव मिला, तो स्थानीय लोगों ने इसे जातिगत हिंसा समझा, लेकिन पोस्टमार्टम और जांच में असली सच सामने आया. पुलिस ने 28 मई को सुबह 4 बजे पालनपुर रेलवे स्टेशन से गीता और भरत को गिरफ्तार कर लिया. दोनों जोधपुर की ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रहे थे.
रेल मंत्रालय ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में वंदे भारत एक्सप्रेस का किया शुभारंभ
29 May, 2025 05:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा को लेकर लगातार प्रयास करती रहती है. रेल मंत्रालय ने जारी वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत कर दी है. चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में तैयार की गई नीले और सफेद रंग की यह ट्रेन देश में रेल सफर के इतिहास में एक शानदार शुरुआत है. यह नई वंदे भारत ट्रेन गुजरात में चल रही है.
नई वंदे भारत ट्रेन वेरावल (सोमनाथ) से साबरमती (अहमदाबाद) के बीच चलेगी. यह ट्रेन 26 मई को पहली बार ट्रैक पर चली तो लोगों में खासा उत्साह भी दिखा. बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पर मौजूद थे. यह ट्रेन जब पहली बार वीरमगाम में पहुंची तो वहां मौजूद लोगों ने इसके फोटो भी खींचे. इससे पहले जब ट्रेन वेरावल से रवाना होकर साबरमती स्टेशन पर पहुंची तो पहली बार आगमन जमकर वहां भी जश्न मनाया गया.
वेरावल से साबरमतीः दूरी, यात्रा और समय
वेरावल से साबरमती तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन राजकोट से होते हुए चलेगी. साबरमती-वेरावल वंदे भारत एक्सप्रेस अपने 7 घंटे के सफर में 438 किमी की दूरी तय करेगी.
साबरमती से वेरावल जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की संख्या 26901 है जबकि वेरावल से साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की संख्या 26902 है. इस तरह से ट्रेन (नंबर 26901 और 26902) साबरमती-वेरावल-साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस इस रूट पर चलेगी. यह ट्रेन गुरुवार को छोड़कर हफ्ते के सभी 6 दिन चलेगी.
कहां-कहां रुकेगी ये ट्रेन
अपने सफर के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 5 रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी. ये स्टेशन हैं वीरमगाम जंक्शन, सुरेंद्रनगर, वांकानेर जंक्शन, राजकोट जंक्शन और जूनागढ़ जंक्शन. इस एक्सप्रेस में 2 तरह के कोच एसी चेयर कार और एग्जीक्यूटिव एसी होंगे.
वंदे भारत एक्सप्रेस में साबरमती और वेरावल के बीच सफर करने का किराया एसी चेयर कार के लिए 1105 रुपये होगा जबकि एग्जीक्यूटिव एसी के लिए 2110 रुपये रखा गया है. यह ट्रेन साबरमती से सुबह 05:25 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:25 बजे वेरावल पहुंचेगी. जबकि यही ट्रेन वेरावल से दोपहर बाद 14:40 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 21:35 बजे साबरमती पहुंचेगी.
गुजरात में भी बरसेंगे बादल, मौसम विभाग ने दी बारिश की चेतावनी
28 May, 2025 04:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद: गुजरात में सटे महाराष्ट्र में मानसून ने दस्तक दे दी है। इसके चलते मुंबई समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। महाराष्ट्र में मानसून की एंट्री पर 25 मई रात को गुजरात में कई जिलों में मौसम ने करवट ली थी, लेकिन अब मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि गुजरात के कई इलाकों में 29 मई तक अच्छी बारिश की संभावना है। आईएमडी ने अलर्ट में कहा है कि 29 मई तक राज्य के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, नर्मदा, भरूच, सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड, तापी, अमरेली, भावनगर और गिर सोमनाथ सहित कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
24 घंटे के लिए क्या है अलर्ट
अगले 24 घंटों के दौरान, 28 मई को सुबह 8:30 बजे तक, नर्मदा, भरूच, सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड, तापी के साथ-साथ दमन, दादरा और नगर हवेली, अमरेली, भावनगर, गिर सोमनाथ और दीव में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों में बिजली चमकने और 50-60 किमी/घंटा की गति से सतही हवाएँ चलने के साथ मध्यम गरज के साथ बारिश भी हो सकती है। इस बीच, शेष जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
28-29 मई को कहां बारिश?
28 मई को दाहोद, महिसागर, छोटा उदेपुर, नर्मदा, भरूच, सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड, तापी, अमरेली, भावनगर और गिर सोमनाथ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। 29 मई को नवसारी, वलसाड, तापी, अमरेली और भावनगर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
30 मई से कम हो जाएगी बारिश
30 मई से बारिश कम होने लगेगी। केवल सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड, तापी और दमन, दादरा और नगर हवेली, अमरेली, भावनगर, गिर सोमनाथ और दीव के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में 31 मई तक मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। 1 और 2 जून को नर्मदा, भरूच, सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड, तापी, अमरेली, भावनगर और गिर सोमनाथ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। क्षेत्र के शेष जिलों में शुष्क मौसम की संभावना है।
गुजरात कब पहुंचेगा मानसून?
अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम-मध्य तथा बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से के ज़्यादातर हिस्सों के साथ-साथ शेष पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों को कवर करने की संभावना है। आईएमडी ने अपने पहले के पूर्वानुमान में मानसून गुजरात में 10-12 जून के बीच दस्तक दे सकता है।
मुख्यमंत्री आज निवाड़ी में देंगे 193 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
ई-मोबिलिटी की ओर भोपाल का बड़ा कदम, 10 नई ई-बसें सोमवार से शुरू
धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा देना चाहते थे! छात्र आंदोलन पर बीजेपी नेता का बड़ा खुलासा
टैंक में जहरीली गैस से मची त्रासदी, ग्रेटर नोएडा में दो लोगों की मौत
