छत्तीसगढ़
फिर बदला मौसम, ठंडी हवाओं से रात में बढ़ने लगी ठंड, 10 जनवरी के बाद गिरेगा पारा
7 Jan, 2024 12:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इन दिनों न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है और दिन में ठंड का असर कम हुआ है। हालांकि बादल छाने व ठंडी हवाओं के चलने से रात में ठंड बढ़ने लगी है। शनिवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा। इसके साथ ही बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से नौ जनवरी तक न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। इसके बाद 10 जनवरी के बाद से पारा गिरना शुरू होगा और ठंड और ज्यादा बढ़ेगी।
शनिवार को रायपुर के साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं भी चली। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तो हल्की वर्षा भी हुई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि रविवार से मौसम का मिजाज थोड़ा बदलेगा और बदली छंट जाएगी, इसके साथ ही बादल छंटने से ठंड थोड़ी बढ़ेगी।
इस वर्ष भले ही न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी है, लेकिन ठंड भी बढ़ी है। आउटर व ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही शहरी क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ी है। कई वर्षों बाद ऐसा देखा गया है कि जनवरी का पहला सप्ताह बीतने को है और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं आया है, बल्कि न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पिछले वर्ष जनवरी के पहले सप्ताह में अच्छी ठंड पड़ी थी।
दिसंबर महीने में ठंड अच्छी पड़ने से गर्म कपड़ों की बिक्री जबरदस्त हुई है। कारोबारियों का कहना है कि पिछले वर्ष की तुलना में दिसंबर माह में गर्म कपड़ों की बिक्री 10 प्रतिशत बढ़ी है। जनवरी पहले सप्ताह में हालांकि गर्म कपड़ों की बिक्री कम हो गई है। कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने पर गर्म कपड़ों की बिक्री भी बढ़ेगी। दिसंबर में स्वेटर वै जेकेट की तुलना में शाल की बिक्री ज्यादा हुई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजिम महोत्सव और कवि सम्मेलन में होंगे शामिल
7 Jan, 2024 12:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 7 जनवरी को सतनामी समाज के युवक-युवती परिचय सम्मेलन, राजिम महोत्सव और कवि सम्मेलन में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 7 जनवरी को पूर्वान्ह 12.10 बजे खालसा स्कूल परिसर रायपुर में आयोजित सतनामी समाज के युवक-युवती परिचय सम्मेलन में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री इसके पश्चात दोपहर 2.15 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपेड रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 2.35 बजे राजिम पहुंचेंगे और वहां राजिम महोत्सव स्थल में आयोजित राजिम जयंती समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम पश्चात मुख्यमंत्री दोपहर 3.45 बजे राजिम से प्रस्थान कर शाम 4.05 बजे पुलिस ग्राउण्ड हेलीपेड रायपुर पहुंचेंगे।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रात 9 बजे पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित कवि सम्मेलन में शामिल होंगे।
भारतीय सेना में अग्निवीर की भर्ती की अधिसूचना जल्द होगी जारी, इन बातों को ध्यान रखें उम्मीदवार
7 Jan, 2024 12:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय सेना में अग्निवीर की भर्ती की अधिसूचना फरवरी 2024 के मध्य जारी होने की आशा है। भारतीय सेना में अग्निवीर बनकर देश सेवा का सपना देख रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन भारतीय सेना की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
इन बातों को ध्यान रखें उम्मीदवार
सेना भर्ती कार्यालय रायपुर ने इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अपना यूजर आईडी प्रोफाईल और पासवर्ड भारतीय सेना की साईट पर बनाकर तैयार रखें ताकि ऑनलाईन पंजीकरण के समय अपना पंजीकरण करने में ज्यादा समय ना लगे।
भारतीय सेना में चयन निष्पक्ष
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र दुर्ग के उप संचालक आरके कुर्रे के अनुसार किसी भी स्पटीकरण एवं सहायता के मामले में उम्मीदवार शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय किकेट स्टेडियम, नया रायपुर के पास स्थित सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर के दूरभाष नंबर 0771-2965212 एवं 0771-2965213 पर संपर्क कर सकते हैं। उम्मीदवारों को अवगत कराया गया है कि भारतीय सेना में चयन निष्पक्ष, पारदर्शी और केवल योग्यता के आधार पर होता है।
बढ़ सकती हैं पूर्व CM भूपेश बघेल की मुश्कीलें, ED के आरोप पत्र में नाम शामिल
7 Jan, 2024 11:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महादेव सट्टा ऐप मामले में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ईडी की ओर से रायपुर की विशेष अदालत में एक जनवरी को पेश किए गए पूरक आरोपपत्र में भी उनके नाम का जिक्र है। ईडी सूत्रों के अनुसार उनका बयान दर्ज करने के लिए बुलाया जा सकता है।
वहीं, पूरे मामले को बघेल ने राजनीतिक साजिश बताया है। एएनआइ के मुताबिक, आरोपपत्र में शुभम सोनी, अनिल कुमार अग्रवाल उर्फ अतुल अग्रवाल, रोहित गुलाटी, भीम सिंह यादव और असीम दास सहित कई अन्य आरोपितों के नाम भी शामिल हैं।
ईडी ने आरोपपत्र में ये कहा
जेल में बंद कैश कूरियर असीम दास के पूर्व में दिए गए बयान के हवाले से ईडी ने आरोपपत्र में कहा है कि महादेव एप का पैसा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लिए ही भेजा गया था।
ईडी ने दावा किया कि दास का तीन नवंबर, 2023 को दिया गया पहला बयान सही था, जिसमें बघेल को करोड़ों रुपये देने की बात कही थी। मामले की रायपुर की विशेष अदालत में 10 जनवरी को सुनवाई हो सकती है।
मुंबई पुलिस ने की पहली गिरफ्तारी
अपराध शाखा की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने 15,000 करोड़ रुपये के महादेव सट्टेबाजी एप मामले में पहली गिरफ्तारी की है। इस मामले में दीक्षित कोठारी नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
इस संबंध में कुछ सप्ताह पहले माटुंगा पुलिस ने एक एफआईआर दर्ज की थी और मामला अपराध शाखा को स्थानांतरित कर दिया गया था। इसके बाद इसकी जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था।
भूपेश बघेल के खिलाफ लगे थे रिश्वत के आरोप
इस बीच पिछले महीने दुबई में अधिकारियों ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप प्रमोटरों में से एक सौरभ चंद्राकर की गतिविधियों को प्रतिबंधित कर दिया था। चंद्राकर को इस सट्टेबाजी सिंडिकेट का मास्टरमाइंड माना जाता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का स्वागत किया जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने
6 Jan, 2024 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के बस्तर अंचल में प्रथम आगमन पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री साय के साथ उप-मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री रामप्रताप सिंह भी जगदलपुर पहुंचे।
इस दौरान एयरपोर्ट में कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, पूर्व सांसद श्री दिनेश कश्यप, पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, पूर्व विधायक श्री संतोष बाफना, श्री बैदूराम कश्यप, श्री सुभाऊ कश्यप, श्री राजाराम तोड़ेम के साथ-साथ बस्तर संभागायुक्त श्री श्याम धावड़े, आईजी श्री सुंदरराज पी., कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., एसएसपी श्री जितेन्द्र मीणा, मुख्य वन संरक्षक द्वय श्री गुप्ता एवं दुग्गा, सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश सर्वे, सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के प्रथम बस्तर आगमन पर बस्तरवासियों ने चौक-चौराहों में पारम्परिक लोक नृत्यों और पुष्प वर्षा सहित शंखनाद से किया आत्मीय स्वागत
6 Jan, 2024 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर, प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रथम बस्तर आगमन पर बस्तरवासियों ने जगदलपुर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों में पारम्परिक लोक नृत्यों और पुष्प वर्षा सहित शंखनाद से जोशीला स्वागत किया। इस दौरान जगदलपुर शहर के माड़िया चौक, शहीद पार्क तिराहा, चांदनी चौक, हनुमान मंदिर चौक तथा अनुपमा चौक में बस्तरवासियों के अपार जनसमूह द्वारा मुख्यमंत्री श्री साय को परम्परागत गौर मुकुट पहनाकर लोक नृत्यों और पुष्प वर्षा सहित शंखनाद कर स्वागत किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री द्वय श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, वन मंत्री श्री केदार कश्यप तथा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए ट्रेन चार फरवरी को दुर्ग से रवाना होगी
6 Jan, 2024 07:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए देशभर में 1000 ट्रेन चलाने की घोषणा केंद्र सरकार ने की है। उन्हीं में से एक ट्रेन छत्तीसगढ़ को मिली है। यह ट्रेन चार फरवरी को दुर्ग से रवाना होगी। इस ट्रेन से सभी श्रद्धालुओं को लेकर विश्व हिंदू परिषद जाएगी। अयोध्या जाने वालों में साधु-संतों के साथ विहिप के कार्यकर्ता सहित 2000 श्रद्धालु शामिल हैं। स्पेशल ट्रेन में रिजर्वेशन के लिए रेलवे ने नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिया है। विहिप के पदाधिकारी रेलवे को यात्रियों की सूची व राशि सौपेंगे, जिनका रिजर्वेशन संबंधित अधिकारी करेंगे। जल्द ही विहिप के पदाधिकारी रेल अफसरों के साथ बैठक कर इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त करेंगे। 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाली प्राण-प्रतिष्ठा के लिए हजारों श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।
टोलियों को शुल्क जमा करने की जिम्मेदारी
विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रदेश मंत्री घनश्याम चौधरी ने बताया कि हर जिले में सात से आठ टोलियां हैं। उन्हें अपने-अपने जिलों में सक्रिय सदस्यों के नाम, आइडी प्रूफ और किराया शुल्क लेने की जिम्मेदारी दी गई है।
राम मंदिर से निकलेगी भव्य शोभायात्रा
अयोध्या में भगवान राम के भव्य प्राण-प्रतिष्ठा के दिन राजधानी सहित प्रदेश के सभी मंदिरों में 21 जनवरी से उत्सव शुरू हो जाएगा। वीआइपी रोड राममंदिर से भव्य शोभायात्रा निकलेगी।
बहुचर्चित कोयला घोटाला मामले की सुनवाई आज रायपुर के स्पेशल कोर्ट में चल रही है
6 Jan, 2024 03:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । बहुचर्चित कोयला घोटाला मामले की सुनवाई आज रायपुर के स्पेशल कोर्ट में चल रही है। इस मामले में जेल में बंद आरोपित कारोबारी सूर्यकांत तिवारी, निलंबित आइएएस समीर विश्वनोई, सुनील अग्रवाल, शिवशंकर नाग, लक्ष्मीकांत तिवारी और दीपक टांक समेत राजेश चौधरी ईडी के विशेष जज अजय सिंह राजपूत की कोर्ट में पेश हुए। वहीं राज्य प्रशासनिक सेवा की निलंबित अधिकारी सौम्या चौरसिया ने मेडिकल लगाकर कोर्ट आने में असमर्थता जताई है। इधर, भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की अग्रिम जमानत पर बचाव पक्ष अपना पक्ष रखा है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रडार पर आए भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव समेत नौ आरोपितों की अग्रिम जमानत पर शनिवार को विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत फैसला सुनाएंगे। इस बार भी आरोपितों के कोर्ट में पेश नहीं होने पर जमानती वारंट भी जारी किया जा सकता है। बता दें कि कोयला घोटाला मामले में देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक चंद्रदेव राय समेत नौ लोगों के खिलाफ कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखा है। इस मामले में ईडी की गिरफ्त में आए दो निलंबित आइएएस समेत कई कारोबारी और नेता रायपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं।
इन पर है आरोप
कोयला घोटाले मामले में ईडी ने निलंबित आइएएस रानू साहू और समीर विश्नोई के अतिरिक्त निखिल चंद्रकार, विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक चंद्रदेव राय, कांग्रेस नेता आरपी सिंह, विनोद तिवारी, रोशन सिंह, पीयूष साहू, नारायण साहू और मनीष उपाध्याय को आरोपित बनाया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बस्तर अंचल में प्रथम आगमन पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वागत किया
6 Jan, 2024 01:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बस्तर अंचल में प्रथम आगमन पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री साय के साथ उप-मुख्यमंत्री अरुण साव एवं रामप्रताप सिंह भी जगदलपुर पहुंचे। इस दौरान एयरपोर्ट में कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, पूर्व विधायक संतोष बाफना, बैदूराम कश्यप, सुभाऊ कश्यप, राजाराम तोड़ेम के साथ-साथ बस्तर संभागायुक्त श्याम धावड़े, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर विजय दयाराम के., एसएसपी जितेन्द्र मीणा ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को बस्तर, दुर्ग और धमतरी जिले के दौरे पर रहेंगे। बस्तर से 2.50 बजे दुर्ग पहुंचेंगे और अपरान्ह 3 बजे संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शाम पांच बजे दुर्ग से शाम 6.30 बजे धमतरी जिले के ग्राम परसवानी पहुंचेंगे। ग्राम परसवानी से रात नौ बजे वापस लौटेंगे।
न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से ठंड से मिली राहत, आज इन इलाकों में बारिश के आसार, जानें मौसम हाल
6 Jan, 2024 12:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। रायपुर में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा। रायपुर में यह पूरा सप्ताह न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे नहीं गया है। शुक्रवार को प्रदेश के न्यूनतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री की बढ़ोतरी हुई, इसके चलते ठंड थोड़ी कम हुई है।
प्रदेश भर में नारायणपुर सबसे ठंडा रहा। एडब्ल्यूएस नारायणपुर में न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को सरगुजा संभाग तथा उसके आसपास के जिलों में बादल छाए रहने व हल्की बारिश के आसार है। अगले सप्ताह से ही प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी और ठंड में बढ़ोतरी होगी।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। दो दिनों बाद ही मौसम का मिजाज थोड़ा बदलेगा। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष जनवरी पहले सप्ताह में ठंड काफी कम है, हालांकि दिसंबर महीने में इस वर्ष ठंड अच्छी पड़ी है। ठंड कम पड़ने से अब गर्म कपड़ों के स्टालों में भी ग्राहकों की भीड़ थोड़ी कम होने लगी है। कारोबारियों का कहना है कि अब ठंड बढ़ने पर ही कारोबार की रफ्तार फिर से बढ़ेगी।
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा रहा। इसके साथ ही बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा।
स्वेटर, जैकेट की तुलना में कंबल की हुई जबरदस्त बिक्री
गर्म कपड़ों पर इन दिनों 20 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। कारोबारियों का कहना है कि दिसंबर माह में स्वेटर व जैकेट की तुलना में शाल व कनटोपी की बिक्री ज्यादा हुई। कुछ संस्थानों में तो शाल का स्टाक ही खत्म हो गया था और उन्हें नया स्टाक मंगाना पड़ा। उपभोक्ताओं के लिए इन चीजों के नए व आकर्षक स्टाक भी उपलब्ध है। इन दिनों ठंड कम पड़ता देखकर कारोबारी भी नया स्टाक मंगाने से पहले थोड़ी प्रतीक्षा कर रहे है।
भाजपा छत्तीसगढ़ में मजबूत करेगी लोकसभा की पृष्ठभूमि
6 Jan, 2024 12:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । छत्तीसगढ़ भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए रोडमैप तैयार किया है। दिल्ली-छत्तीसगढ़ के नेताओं के समन्वय से पार्टी जनता अभिनंदन समारोह आयोजित करेगी। इसके लिए हर संभाग में कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया गया है। इसमें विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं का भाजपा के प्रति जो भरोसा दिखा है उसे बरकरार रखने के लिए मोदी की गारंटी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योजनाओं से भी जनता को अवगत कराया जाएगा। जैनम भवन में भाजपा के शीर्ष नेताओं ने करीब छह घंटे तक लोकसभा चुनाव के लिए मंथन किया। इसके अलावा अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को भाजपा जन-जन पहुंचाएगी। लोकसभा चुनाव कैसे जीतेंगे, इसके लिए सुझाव मांगे गए। इसके अलावा वर्तमान में राजनीतिक, संगठनात्मक, क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण पर भी चर्चा हुई।
जीतने के लिए कार्य योजना बनी
चंद्राकर- भाजपा के मुख्य प्रवक्ता व वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने बताया कि छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों को जीतने के लिए कार्य योजना बन गई है। मोदी की गारंटी है, उसमें तेजी से क्रियान्वन करने के लिए दिल्ली और छत्तीसगढ़ के बीच संगठन के समयबद्ध कार्यक्रम तय हुए हैं। आने वाले दिनों में हर संभाग में बैठक होगी, पूरा रोड मैप चुनाव को जीतने की दृष्टि से बन गया है।
विधायक राजेश मूणत ने बताया कि लोकसभा चुनाव में हम सभी सीटें जीतेंगे। विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने बताया कि बैठक में किस लोकसभा सीट पर किसकी क्या जिम्मेदारी होगी, जीतने के लिए क्या-क्या मुद्दे होंगे, इसके लिए सुझाव लिए गए।
हर लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य: किरण सिंह देव
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि हम सभी 11 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेंगे। सभी पांच संभागों में कार्यकर्ताओं और जनता का अभिनंदन समारोह किया जाएगा। सभी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश प्रभारी ओम माथुर शामिल होंगे। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा की योजना
- प्रदेश पदाधिकारी, संयुक्त मोर्चा और महिला मोर्चा मिलकर करेंगे काम।
- मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं को करेंगे सक्रिय।
- बूथ कमेटियों के कार्यकर्ता समाज के बीच में जाकर लेंगे फीडबैक।
- गली मोहल्लों में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड बनाने को लगाएंगे शिविर।
- प्रधानमंत्री आवास जैसी स्कीम के शिविर लगाकर देंगे सुविधाएं।
अयोध्या के लिए विशेष अभियान
- प्रभु श्रीराम का मंदिर अयोध्या में बन चुका है, इसकी प्राण प्रतिष्ठा का होगा प्रचार।
- भाजपा के कार्यकर्ता भगवान राम को लेकर कराएंगे धार्मिक आयोजन।
- श्रद्धालुओं को अयोध्या ले जाने के लिए विभिन्न संगठन करेंगे काम।
ये चलेगा अभियान
- ‘गांव चलो’ अभियान।
- कांग्रेस मुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प अभियान।
- युवा मोर्चा के बैनर तले नव मतदाता जागरुकता अभियान।
- महिला मोर्चा द्वारा लखपति दीदी कार्यक्रम का आयोजन।
- इंटरनेट मीडिया योद्धा बनाने को चलेगा अभियान।
बढ़ते हवाई किराये से हवाई यात्रियों को मिली राहत,इंडिगो एयरलाइंस ने लिया ये बड़ा फैसला
6 Jan, 2024 11:53 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंडिगो एयरलाइंस के हवाई यात्रियों को बढ़ते हवाई किराये से थोड़ी राहत मिल गई है। विमानन कंपनी ने हवाई किराये से फ्यूल चार्ज खत्म करने का फैसला किया है। मालूम हो कि एटीएफ (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) की कीमतों में उछाल के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने अक्टूबर 2023 से फ्यूल चार्ज वसूलने का फैसला किया था। अब इस फैसले को वापस ले लिया गया है।
ट्रैवल्स संचालकों के अनुसार रायपुर से दिल्ली की जो टिकट अभी 6,500 से 8,500 रुपये पड़ती थी, फ्यूल चार्ज खत्म होने से 6,100 से 8,100 रुपये हो सकती है। इसी तरह रायपुर से मुंबई का किराया 6,000 से 7,500 रुपये से घटकर 5,600 से 7,100 रुपये हो सकता है। इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी घोषणा के बाद से ही हवाई किराये से फ्यूल चार्ज हटा दिया है। अब हवाई यात्रियों को टिकट में फ्यूल चार्ज नहीं दिखेगा। बताया जा रहा है कि इसका फायदा लंबी दूरी के यात्रियों को ज्यादा होगा।
दूरी के आधार पर वसूला जा रहा था शुल्क
इंडिगो एयरलाइंस द्वारा दूरी के आधार पर फ्यूल चार्ज वसूला जा रहा था। कम दूरी के लिए 300 रुपये से लिया जा रहा है। वहीं रायपुर से दिल्ली का फ्यूल चार्ज 400 रुपये वसूला जा रहा था। इसके साथ ही ज्यादा दूरी की यात्रा पर 1,000 रुपये तक फ्यूल चार्ज देना पड़ रहा था।
कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर लगाए ब्रेक
6 Jan, 2024 11:39 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में देररात से मौसम ने करवट ली है। रुक-रुककर हो रही बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। कई इलाकों में कोहरा छाया रहा। ठंड ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है, कोहरे के चलते वाहनों की रफ्तार कम हो गई हैं।
दरअसल, कल देररात से जिले में मौसम ने करवट ली है। आसमानों में बादलो का डेरा रहा तो नार्थ छत्तीसगढ़ में इसका असर दिखाई दे रहा है और आज सुबह से रुक रुककर बारिश के चलते तापमान में गिरावट भी देखने को मिली है। इलाके में घना कोहरा छा गया जिसकी वजह से विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है। जिसके चलते सड़को में वाहनों की रफ्तार में भी कोहरे के असर दिखाई दिया।
बारिश के बाद ठंड बढ़ने से तो कोहरे का असर ट्रेन की रफ्तार पर भी पड़ा है ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही है। तो ग्रामीण इलाकों और अमरकंटक की तराई में स्थित छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाको में रहने वाले ग्रामीणों की समस्या भी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में ठंड अपने पूरे चरम पर रहने के आसार हैं।
छत्तीसगढ़ में पांच वर्षों में 15 लाख से अधिक बढ़े लोकसभा चुनाव के मतदाता, युवा अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए यहां कर सकते हैं आवेदन
6 Jan, 2024 11:34 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रदेश में विगत पांच वर्षों में 15 लाख से अधिक मतदाता लोकसभा चुनाव के लिए बढ़े हैं। इसमें 672685 पुरुष, 833656 महिला और 30 तीसरे लिंग के शामिल हैं। प्रदेश में पुरुषों से ज्यादा महिलाओं की संख्या बढ़ी है।
मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के तहत छह जनवरी 2024 की स्थिति में कुल 2,04,22,656 पंजीकृत मतदाता हैं। इसमें पुरुषों की संख्या 1,01,49,798, महिलाओं की 1,02,72,119 और थर्ड जेंडर 739 हैं। मतदाता सूची में दिव्यांग चिन्हांकित मतदाताओं की संख्या प्रारंभिक प्रकाशन में 1,62,215 है।
1 जनवरी की स्थिति में 18-19 आयुवर्ग समूह के कुल मतदाताओं की संख्या 4,94,452 है। वरिष्ठ नागरिक मतदाता (80 आयु वर्ग) 2,22,533 है। हालांकि, यह स्थित आने वाले दिनों में बदल सकती है। वर्ष-2019 के लोकसभा चुनाव में 1,89,16,285 मतदाता थे, जिनमें 94,77,113 पुरुष, 94,38,463 महिलाएं और 709 तीसरे लिंग के शामिल थे।
पुनरीक्षण कार्यक्रम वर्ष-2024 जारी
भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा निर्वाचन-2024 को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के लोगों का मतदाता सूची में नाम पंजीयन, विलोपन, स्थानातंरण और प्रविष्टि में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम वर्ष-2024 जारी कर दिया है।
आयोग के जारी कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों में मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा और इसी के साथ दावा-आपत्ति प्राप्त करने की कार्रवाई प्रारंभ हो जाएगी। 22 जनवरी तक लोग दावा-आपत्ति कर सकते हैं। 13 और 14 जनवरी को समस्त मतदान केंद्रों में विशेष शिविर लगाया जाएगा। आठ फरवरी को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन होगा। सभी मतदान केंद्रों की मतदाता सूची का प्रकाशन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in पर भी किया जाएगा।
प्रदेश में 24,109 मतदान केंद्र
वर्तमान में राज्य में कुल 24,109 मतदान केंद्र हैं। राज्य में निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन तिथि छह जनवरी को सर्विस वोटरों की कुल संख्या 19,905 दर्ज है। पुनरीक्षण में उपयोग होने वाले फार्म्स-प्रारूप-6 केवल नए निर्वाचकों के पंजीयन के लिए, प्रारूप-6क- प्रवासी निर्वाचकों के नाम पंजीयन, प्रारूप-6ख-निर्वाचकों के आधार नंबर प्राप्त करने (स्वैच्छिक आधार पर), प्रारूप-7 विद्यमान निर्वाचक नामावली में नाम को सम्मिलित करने के प्रस्ताव पर आक्षेप व विलोपन, प्रारूप-8 निर्वाचक नामावली में प्रविष्टि को अन्यत्र रखने के लिए आवेदन एवं प्रविष्टि में सुधार के लिए है।
युवा अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने अग्रिम आवेदन कर सकते हैं
1 जनवरी 2024 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रारूप-6 में आवेदन प्रस्तुत कर मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। इस दौरान मृत व स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7 में आवेदन प्राप्त किया जाएगा और त्रुटिपूर्ण नामों के सुधार व अन्य आवश्यक संशोधन एवं किसी भी प्रकार के स्थानातंरण के लिए प्रारूप-8 में आवेदन किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी के अतिरिक्त 1 अप्रैल, 1 जुलाई व 1 अक्टूबर 2024 की स्थिति में भी 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा प्रारूप-6 में अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन भी आवेदन, 180023311950 पर मिलेगी जानकारी
आवेदन करने के लिए मतदान केंद्र में बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम से निर्धारित फार्म मिलेगा। लोग वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह एप्लीकेशन एन्ड्रायड और आइओएस दोनों पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त मतदाता अपना नाम जोड़ने व संशोधन के लिए वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से भी आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचक नामावली में पंजीयन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा शिकायत के लिए राज्य स्तर पर स्थापित काल सेंटर 180023311950 से संपर्क स्थापित किया जा सकता है।
छत्तीसगढ़ में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को किया गया इधर से उधर
5 Jan, 2024 06:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । छत्तीसगढ़ में आईएएस के बाद अब राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला किया गया है। इसका आदेश आज सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया। इसमें 29 डिप्टी कलेक्टरों को इधर से उधर किया गया है।