राजनीति
कांग्रेस ने किया ‘प्यारी दीदी’ योजना का ऐलान
7 Jan, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। कांग्रेस ने दिल्ली की महिलाओं के लिए प्यारी दीदी योजना का ऐलान किया है। इस योजना के तहत दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये मिलेंगे। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव, राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा, प्रदेश महिला अध्यक्ष पुष्पा सिंह व राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने संयुक्त रूप से योजना को जारी किया है।
इस दौरान देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली में एक सपनों का सौदागर बैठा हुआ है, जो वादे तो खूब करता है, लेकिन उन्हें पूरा करने में विफल रहता है, लेकिन कांग्रेस हमेशा अपनी बात को पूरा करती है। लोग भी इसीलिए पार्टी पर भरोसा करती है। उन्होंने आगे कहा कि जब दिल्ली में केजरीवाल अपनी कोई योजना लागू नहीं कर पाते तो केंद्र सरकार और एलजी पर रुकावट डालने का आरोप लगाते हैं, लेकिन पंजाब में तो उनकी पूर्ण राज्य वाली सरकार है, वहां पर वह क्यों नहीं महिलाओं को अभी तक महिला सम्मान राशि क्यों नहीं दे पाएं? सच तो यही है कि उनकी नीयत में खोट है।
पहली कैबिनेट मीटिंग में योजना को देंगे मंजूरी
इसी क्रम में कांग्रेस नेत्री अलका लांबा ने कहा कि केजरीवाल अपनी शीशमहल में तो जनता के टैक्स का पैसा लगाते हैं, लेकिन महिलाओं को कुछ नहीं देती। अगर पंजाब की महिलाएं उनसे जवाब मांगती है तो आप सरकार उन्हें कांग्रेसी कह देती है। दिल्ली की परमानेंट समस्याओं को कोई टेम्परेरी सरकार या सीएम नहीं सुलझा सकती। इस बार दिल्ली में कांग्रेस की परमानेंट सरकार बनेगी और पहली कैबिनेट मीटिंग में ही इस योजना को मंजूरी देकर पहली मार्च से ही महिलाओं के खाते में यह राशि डालना शुरू कर देगी।
कांग्रेस के 30 से अधिक वरिष्ठ नेता संभालेंगे मोर्चा
दिल्ली विधानसभा चुनाव की लगातार बढ़ रही सरगर्मियों के बीच कांग्रेस ने भी अपनी तैयारी को पुख्ता किया है। एक तरफ वार रूम से प्रत्याशियों के लिए दिशानिर्देश जारी किए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ आप और भाजपा को मुंहतोड़ दवाब देने के लिए 30 से अधिक वरिष्ठ नेताओं को भी मैदान में उतारा जा रहा है। इसमें कांग्रेस के सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से लेकर प्रवक्ता तक शामिल हैं। ये सभी वरिष्ठ नेता रोज यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता करेंगे।
चुनावी मैदान में उतरेंगे कांग्रेस के दिग्गज
कांग्रेस के घोषणापत्र यानी गारंटियों को भी जारी करेंगे। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में कांग्रेस की टॉप लीडरशिप इस चुनावी मैदान में उतरेगी। इनके लिए बड़ी रैलियों से लेकर प्रत्याशियों के यहां पर जनसभाओं तक के लिए समय निर्धारित किया गया है। इनमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम किए जाएंगे। इनके अलावा जिन 30 से अधिक नेताओं की ड्यूटी प्रेसवार्ता के लिए लगाई गई है, उनमें उनमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवाकुमार, सचिन पायलट, अशोक गहलोत, जयराम रमेश, पवन खेड़ा, दीपेंद्र हुड्डा, कन्हैया कुमार, अजय राय, कुमारी शैलजा, जिग्नेश मेवानी, भूपेश बघेल, अजय माकन, चरणजीत सिंह चन्नी आदि का नाम शामिल है।
लोगों ने समस्याएं बताईं तो भड़के अजित पवार बोले- मुझे खेतिहार मजदूर समझ रहे हैं क्या?
6 Jan, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार आजकल काफी गुस्से में नजर आने लगे हैं। सियासी समस्याएं जो भी हों पर जनता अपनी समस्याएं तो बताएगी ही। बारामती के दौरे पर पहुंचे अजित पवार एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान वह अपना आपा खो बैठे। दौरे के दौरान नागरिकों ने उन्हें विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। कुछ नागरिकों ने विकास कार्यों में देरी को लेकर शिकायत की, जिस पर अजित पवार भड़क गए। उन्होंने कहा, आपने मुझे वोट दिया है, इसका मतलब यह नहीं कि आप मेरे मालिक बन गए। क्या आपने मुझे खेतिहर मजदूर बना दिया है? उनके इस बयान ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है।
इस मौके पर अजित पवार ने एमआईडीसी (महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम) के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बारामती में किसी भी भूखंड का दर्जा आवासीय से व्यावसायिक में उनकी अनुमति के बिना न बदला जाए। उन्होंने कहा, हमने कुछ भूखंडों को व्यावसायिक बनाया ताकि उद्योग स्थापित हों और स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके। लेकिन एमआईडीसी अधिकारी भूखंडों का दर्जा बदलने की होड़ में न लगें। मेरी जानकारी के बिना एक भी भूखंड का दर्जा नहीं बदला जाएगा।
अजित पवार ने बारामती तालुका क्रय-विक्रय संघ परिसर में एक पेट्रोल पंप का उद्घाटन किया। इस दौरान मौजूद नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने लंबित कामों को लेकर सवाल उठाए। एक कार्यकर्ता ने कहा कि क्षेत्र में कई विकास कार्य अब तक पूरे नहीं हुए हैं। इसे लेकर नागरिकों ने पवार से जवाब मांगा। इस पर डिप्टी सीएम ने पहले अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्य जल्द शुरू किए जाएं। लेकिन नागरिकों की बढ़ती शिकायतों पर वह नाराज हो गए और तीखी प्रतिक्रिया दी।
डिप्टी सीएम की नाराजगी पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है। कुछ इसे जनप्रतिनिधि का अहंकार मान रहे हैं, जबकि अन्य का कहना है कि मतदाताओं को भी अपना व्यवहार संतुलित रखना चाहिए। अजित पवार के बयान ने सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में एक नई बहस छेड़ दी है।
आतिशी ने अपना उपनाम बदलकर सिंह रख लिया, आप-कांग्रेस भड़की
6 Jan, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कालकाजी विधानसभा सीट पर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस सीट से बीजेपी के रमेश बिधूड़ी, कांग्रेस की आलका लांबा और आम आदमी पार्टी (आप) की सीएम आतिशी मार्लेना के बीच मुकाबला होगा। चुनावी माहौल को गरमाने में बीजेपी उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी की विवादित टिप्पणियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रविवार को बिधूड़ी ने प्रियंका गांधी पर विवादित बयान दे दिया, जिससे बवाल मच गया। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने बयान पर खेद जताते हुए माफी मांगी, लेकिन इसके बाद उनका दिल्ली की सीएम आतिशी पर बयान ने नई बहस शुरू कर दी। बिधूड़ी ने आतिशी के उपनाम मार्लेना को लेकर विवादित बयान दे दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि आतिशी ने अपना उपनाम बदलकर सिंह रख लिया है। बिधूड़ी ने चुनावी रैली में कहा कि वह मार्लेना से अब सिंह बन गईं। बिधूड़ी की इस बयान से दिल्ली का चुनावी माहौल गरमा गया है। आप और कांग्रेस ने बिधूड़ी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी नेताओं ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग एक महिला सीएम का अपमान सहन नहीं करेंगे और महिलाएं इसका बदला लेंगी। आप के बयान में कहा गया है कि बिधूड़ी की महिला सीएम के खिलाफ की गई टिप्पणी ने बीजेपी की महिला विरोधी मानसिकता को उजागर किया है। पार्टी ने कहा कि अगर बिधूड़ी ऐसे बर्ताव कर रहे हैं और अगर वह विधायक बनते हैं तो आम महिलाओं के साथ क्या होगा? वहीं, कांग्रेस ने भी बिधूड़ी की आलोचना की और कहा कि उनका बयान न केवल असंवेदनशील है बल्कि महिला अपमान को बढ़ावा देने वाला है।
वहीं, बिधूड़ी ने अपने बयान पर खेद जताते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी से किसी को ठेस पहुंची है तो वह माफी मांगते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग उनकी बातों का गलत अर्थ निकाल रहे हैं और राजनीतिक लाभ के लिए इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। अब सवाल यह उठता है कि क्या यह बिधूड़ी की सोची-समझी रणनीति है ताकि चुनावी चर्चाओं में बना रहे। बिधूड़ी के खिलाफ कालकाजी सीट पर दो महिलाएं मैदान में हैं, और उनका यह बयान सियासी खेल को और दिलचस्प बना रहा है।
पूरे देश में रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने सरकार प्रतिबद्ध
6 Jan, 2025 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, तेलंगाना और पूरे देश में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पठानकोट-जम्मू-उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला खंड सहित अन्य रेल खंडों के तहत नए जम्मू रेलवे मंडल का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन किया। कुल 742.1 किलोमीटर लंबे इस खंड के निर्माण से जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों को भारत के अन्य हिस्सों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। यह परियोजना रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देगी।
तेलंगाना का नया चेरलापल्ली टर्मिनल स्टेशन
413 करोड़ रुपये की लागत से विकसित चेरलापल्ली टर्मिनल पर्यावरण के अनुकूल होगा और यात्री सुविधाओं से लैस होगा। यह सिकंदराबाद, हैदराबाद और काचीगुडा के मौजूदा टर्मिनलों पर यात्री भीड़ को कम करेगा।
ईस्ट कोस्ट रेलवे के रायगढ़ मंडल भवन का शिलान्यास
रायगढ़ रेलवे मंडल भवन से ओडिशा, आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कनेक्टिविटी में सुधार होगा। यह परियोजना क्षेत्र के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान देगी।
प्रधानमंत्री का विजन
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा और तेलंगाना समेत देशभर में रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजनाएं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय जनता की आकांक्षाओं को भी पूरा करेंगी।
परियोजनाओं का सामाजिक-आर्थिक महत्व
निर्माण और संचालन के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। नई कनेक्टिविटी पर्यटकों को आकर्षित करेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ होगा। बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्रीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
केजरीवाल के वादे द्रौपदी की साड़ी जैसे, भाई-बहन खेल रहे फैशन-फैशन
6 Jan, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। बसपा अध्यक्ष मायावती के भतीजे और पार्टी के नेशनल को-ऑर्डिनेटर आकाश आनंद का आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर दिया बयान चर्चा का विषय बना हुआ है। बता दें आकाश रविवार को दिल्ली के कोंडली में चुनाव प्रचार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के वादे ऐसे हैं, जैसे द्रौपदी की साड़ी। ये फेंकते जाएं और हम लपेटे जाएं।
आकाश पहले नेता नहीं हैं, जिन्होंने कोई विवादित बयान दिया है। दिल्ली विधानसभा के चुनाव प्रचार के दौरान कई नेताओं के ऐसे बयान आ रहे हैं, जिन पर विवाद खड़े हो रहे हैं। वहीं बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी ने प्रियंका गांधी के गालों जैसी सड़क बनाने का बयान दिया था। इस पर कांग्रेस ने विरोध जाहिर करते हुए कहा था-संघ की मानसिकता को ऐसे ओछे नेताओं के बयान जाहिर कर देते हैं।
आकाश आनंद ने कहा कि केजरीवाल ने 28 लाख नौकरियों का वादा किया था और दी क्या साढ़े बारह हजार नौकरियां। ये भी कोई वादा है, इसे तो हम धोखा भी नहीं कह सकते। ये आदमी सामने-सामने मुंह पर झूठ बोलकर गया। सरकार में पहले से जो नौकरियां थीं सरकारी, उसका भी इन्होंने बुरा हाल कर दिया। इन्होंने उन नौकरियों को कॉन्ट्रैक्चुअल यानी कच्ची नौकरियां बना दिया है।
आनंद बोले कि आपको जो 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी गई, उसकी आपने क्या कीमत चुकाई। आपने शिक्षा गंवाई, आपने साफ पानी गंवाया, साफ हवा गंवाई, आपने अपनी नौकरियां गंवाईं, आपने अपनी यमुना नदी गंवाई। जब केजरीवाल जेल में थे तो दलित को सीएम बना देते। आनंद ने कहा कि इस सरकार से हमारे समाज का कोई नेता इस सरकार से नहीं मिल पाया है। आपको मिली है तो सिर्फ एक भ्रष्ट सरकार जिसके सारे नेता, यहां तक की सीएम भी जेल होकर आ चुके हैं। जब जेल में थे तो मौका था कि हमारे एससी-एसटी समाज से उपमुख्यमंत्री या मुख्यमंत्री बनाने का, लेकिन खुद को बाबा साहेब का समर्थन बताने वालों ने ऐसा क्यों नहीं किया। एक भी ऐसा विधायक नहीं था, जिसे सीएम बना सकते थे? दलित और पिछड़े समाज का इनसे बड़ा विरोधी कोई नहीं है।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर आकाश आनंद ने कहा कि बीजेपी पर दो शब्द बोल भी सकता हूं, कांग्रेस पर तो कुछ भी बोलना बेकार है। कांग्रेस के दो भाई बहन हैं, इन्हें फैशन-फैशन खेलने से फुरसत नहीं है। सांसद में नीली टी-शर्ट और नीली साड़ी पहनकर नाटक करते हैं। जिन राज्यों में इनकी सरकारें हैं, वहां तो हमारे समाज को सम्मान दे नहीं पाए। दिल्ली चुनाव सर पर हैं तो इन्हें फैशन-फैशन खेलना है।
अरविंद केजरीवाल भी हो गए नितिन गडकरी के मुरीद तारीफ में क्या बोले
6 Jan, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय सड़क एवं परिवन मंत्री नितिन गडकरी की खुलकर तारीफ की है। आप मुखिया ने कहा उनके कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि वह उन्हें अच्छे लगते हैं। केजरीवाल ने एक तरफ नितिन गडकरी की तारीफ की तो दूसरी तरफ पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को भी साफ नीयत वाला नेता बताया। अक्सर कांग्रेस और भाजपा को भ्रष्ट बताने वाले केजरीवाल को कम ही मौकों पर इस तरह दूसरे दलों के नेताओं की तारीफ करते हुए देखा गया है। दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे अरविंद केजरीवाल ने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में कई बड़ी बातें कहीं। केजरीवाल से जब पूछा गया कि क्या भाजपा के किसी नेता का काम अच्छा है? इस पर आप मुखिया ने कहा, नितिन गडकरी जी मुझे अच्छे लगते हैं। उनका काम भी अच्छा लगता है। उन्होंने काफी काम किया है, सड़कों पर। मुझे वह अच्छे लगते हैं। नितिन गडकरी मोदी सरकार में सड़क और परिवहन मंत्री हैं। देश में कई अच्छे राजमार्ग बनाने की वजह से उन्हें हाईवे मैन भी कहा जाने लगा है। उनके कामकाज की विपक्ष के भी कई नेता तारीफ कर चुके हैं। अब इनमें आप प्रमुख भी शामिल हो गए हैं। अरविंद केजरीवाल से इसी इंटरव्यू में जब पूछा गया कि वह अपने अलावा क्या देश में किसी राजनेता को साफ नीयत वाला समझते हैं तो उन्होंने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का नाम लिया। केजरीवाल ने कहा कि वह बहुत साफ नीयत वाले नेता थे। एक अन्य सवाल के जवाब में केजरीवाल ने कहा, पढ़े लिखे थे, शांत थे। उनकी उपलब्धियां इतनी ज्यादा है। उन्होंने राइट टु एजुकेशन दिया, राइट टु इन्फॉर्मेशन ऐक्ट दिया, मनरेगा दिया, न्यूक्लियर डील किया, कितना काम किया, कभी गाया उन्होंने। न्यूक्लियर डील उन्हें लगा कि देश हित में है उन्होंने अपनी सरकार दांव पर लगा दी। कितने लोगों में हिम्मत होती है। 2008 में पूरी दुनिया में मंदी थी, वह अर्थशास्त्री थे उन्होंने देश को बचा लिया।
दिल्ली रैली के बाद केजरीवाल का बीजेपी पर पलटवार: कहा- प्रधानमंत्री ने 29 मिनट दिल्लीवालों को गालियां दीं
6 Jan, 2025 12:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिल्ली रैली के बाद आम आदमी पार्टी के प्रमुख एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण का अधिकांश समय दिल्ली की जनता और सरकार को गालियां देने में बिताया। केजरीवाल ने कहा- प्रधानमंत्री जी आज 38 मिनट बोले, जिनमें से 29 मिनट तो दिल्लीवालों को गालियां दीं। यह दिल्ली की जनता का अपमान है।
पू्र्व सीएम केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर दिल्ली के विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया और कहा- बीजेपी सरकार ने कई योजनाओं को रोक दिया है। उन्होंने कहा, मोहल्ला क्लिनिक, सीसीटीवी प्रोजेक्ट और दिल्ली का मास्टर प्लान जैसी कई योजनाएं केंद्र ने रोकीं। 2020 में प्रधानमंत्री ने दिल्ली के किसानों को मालिकाना हक देने का वादा किया था, लेकिन वह अब तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के देहाती इलाकों के किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे वे परेशान हैं।
इसी के साथ केजरीवाल ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में जितना विकास किया है, उतना बीजेपी की डबल इंजन सरकारें भी नहीं कर पाईं हैं।
हालांकि, केजरीवाल ने रैपिड रेल और नई मेट्रो लाइन परियोजनाओं का स्वागत करते हुए इसे केंद्र और दिल्ली सरकार का साझा प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास के लिए दोनों सरकारों को साथ मिलकर काम करना चाहिए।
केजरीवाल ने पीएम मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा, कि आप हमें गालियां दे लीजिए, लेकिन दिल्ली का विकास रुकने मत दीजिए। दिल्ली की जनता इसका जवाब चुनाव में देगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जनता के हित में काम करती रहेगी, चाहे केंद्र कितनी भी बाधाएं खड़ी करे।
चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले पीएम मोदी ने आप सरकार पर फिर बोला हमला
6 Jan, 2025 11:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की आप सरकार को एक बार फिर आपदा सरकार बताया। मोदी ने केजरीवाल को शराब घोटाले, स्कूल घोटाले और शीशमहल जैसे मुद्दों पर घेरा। पीएम ने कहा कि दिल्ली की आपदा सरकार के पास न कोई विजन है, न दिल्ली वालों की परवाह है। इन्होंने हर मौसम का आपादकाल बना दिया। जब काला चिठ्ठा सबके सामने उजागर किया तो मुझ पर भडक़ने लगे।प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को राजधानी में 12 हजार 200 करोड़ रुपए से ज्यादा की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। उन्होंने आज दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक के सेक्शन का उद्घाटन किया। मोदी का दिल्ली में पिछले 3 दिन में यह तीसरा कार्यक्रम है।
भाजपा ही है जो दिल्ली का विकास कर सकती
पीएम ने कहा कि ये भाजपा ही है जो दिल्ली का विकास कर सकती है। बीते 10 साल में दिल्ली ने जिस तरह की राज्य सरकार देखी है। वो किसी आपदा से कम नहीं है। ये अहसास आज दिल्लीवालों को अच्छे से हो चुका है। अब दिल्ली में एक ही आवाज गूंज रही है। आपदा नहीं सहेंगे, बदलकर रहेंगे। अब दिल्ली विकास की धारा चाहती है। मुझे खुशी है कि दिल्ली का विश्वास भाजपा पर है। पीएम ने कहा कि आपदावालों की नीयत और निष्ठा पर ही सवाल है। जनलोकपाल के मुद्दे पर इस पार्टी का जन्म दिया, भ्रष्टाचार हटाना उनका मुख्य मुद्दा था। इस पार्टी के ज्यादातर नेताओं पर करोड़ों के भ्रष्टाचार के मुकदमे हैं। शराब घोटाला, स्कूल घोटाला, गरीबों के इलाज के नाम पर किसने जनता के पैसे लूटे, प्रदूषण से लड़ाई के नाम पर किसने करोड़ों का खेल किया... आपदा वालों ने। इनका मूल एजेंडा यही था। अनैतिकता के जरिए कारनामें करने वाले दिल्ली में आपदा लाकर तबाही की ओर ले जा रहे हैं।
आने वाले 25 साल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण
पीएम ने कहा कि दिल वालों की दिल्ली का ये उत्साह ये उमंग, ये हौसला वाकई अद्भुत है। आप सभी का अभिनंदन। हम 2025 में हैं। यानी एक चौथाई सदी गुजर गई है। इस दौरान दिल्ली में नवजवानों की 2 या 3 पीढ़ी जवान हो चुकी हैं। आने वाले 25 साल भारत के भविष्य के लिए दिल्ली के भविष्य के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। ये 25 साल भारत को विकसित राष्ट्र बनते हुए देखेंगे। अपनी आंखों के सामने, विकसित भारत की ये यात्रा हम देख पाएंगे। हम उसके भागीदार होंगे। ये भारत को आधुनिकता के एक नए दौर से गुजरते हुए देखेंगे। विकसित भारत के इस सफर का एक बहुत बड़ा पड़ाव जल्द ही आने वाला है। जब भारत दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनेगा। पीएम ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने दिल्ली की सुरक्षा के लिए, स्वास्थ्य के लिए, विकासकार्यों के लिए 75 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा दिए हैं। हम दिल्ली को दुनिया की ऐसी राजधानी बनाना चाहते हैं, जिसमें भारत की विरासत का विराट स्वरूप दिखे। दिल्ली को ऐसे विकास की जरूरत है, जो दुनिया के लिए अर्बन डेवलपमेंट का मॉडल बने। ये तभी हो सकता है, जब दिल्ली में केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा सरकार काम करे।
अमृतपाल की नई पार्टी का नाम अकाली दल (श्री आनंदपुर साहिब)
6 Jan, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खालिस्तान समर्थक और खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह अपनी पार्टी का नाम अकाली दल (श्री आनंदपुर साहिब) रखने जा रहे हैं। 14 जनवरी को उनके कहने पर पंजाब की नई क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी का गठन किया जाएगा।
श्री मुक्तसर साहिब में माघी पर्व के अवसर पर आयोजित माघी दा मेला के दौरान इसकी घोषणा की जाएगी। यह जानकारी तेजतर्रार और फरीदकोट से सांसद सरबजीत सिंह खालसा ने मीडिया से जानकारी साझा करते हुए दी। उन्होंने कहा कि खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह द्वारा गठित की जाने वाली नई क्षेत्रीय पार्टी का नाम अकाली दल (श्री आनंदपुर साहिब) रखा जाएगा। इस अवसर पर पंथ बचाओ, पंजाब बचाओ रैली का आयोजन किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। रैली के दौरान अमृतपाल सिंह के पिता और उनके करीबी सहयोगी पार्टी की घोषणा करेंगे।
भाजपा के कालकाजी से उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी के बिगड़े बोल, कहा- प्रियंका के गालों जैसी सडक़ें बनवाएंगे
6 Jan, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली से भाजपा कैंडिडेट रमेश बिधूड़ी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी पर आपत्तिजनक कमेंट किया। बयान का वीडियो कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक्स पर शेयर किया। रमेश बिधूड़ी वीडियो में कहते दिख रहे हैं कि लालू ने वादा किया था कि बिहार की सडक़ों को हेमा मालिनी के गालों जैसा बना दूंगा, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, जैसे ओखला और संगम विहार की सडक़ें बना दी हैं, वैसे ही कालकाजी में सारी की सारी सडक़ें प्रियंका गांधी के गाल जैसी बना दूंगा। हालांकि, विवाद बढऩे पर बिधूड़ी ने सफाई देते हुए कहा- मैंने यह बात लालू यादव की कही बातों के संदर्भ में कही है। कांग्रेस उस समय भी चुप रही जब लालू यादव उनकी सरकार में मंत्री थे। अगर मेरी बात से किसी को ठेस पहुंची है तो मैं अपने शब्द वापस लेता हूं।
पवन खेड़ा ने इस बयान पर ऐतराज जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह बदतमीजी सिर्फ इस घटिया आदमी की ही मानसिकता नहीं दिखाती, यह है इसके मालिकों की असलियत। ऊपर से लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्कार आपको भाजपा के इन ओछे नेताओं में दिख जाएंगे।
आतिशी के खिलाफ रमेश बिधूड़ी चुनाव लड़ेंगे
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने शनिवार को उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी थी। लिस्ट में 29 नाम हैं। इनमें से 7 नेता हाल ही में आप और कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हुए हैं। नई दिल्ली से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रवेश वर्मा चुनाव लड़ेंगे। कालकाजी से सीएम आतिशी के खिलाफ रमेश बिधूड़ी को मैदान में उतारा है। इस सीट पर कांग्रेस ने अलका लांबा को टिकट दिया है। पार्टी ने पहली सूची में पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट पाने वाले अधिकतर प्रत्याशियों को फिर से टिकट दिया है। 29 उम्मीदवारों की सूची में 13 उम्मीदवारों को रिपीट किया है, जबकि 16 के टिकट बदले हैं।
फडणवीस ने परिवारवादी राजनीतिक पार्टियों पर साधा निशाना
6 Jan, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 2,300 पार्टियों में से लगभग सभी निजी स्वामित्व वाली हैं। फडणवीस ने कहा कि भाजपा एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जिसका स्वामित्व किसी परिवार के पास नहीं, बल्कि उसके कार्यकर्ताओं के पास है।
एक पार्टी कार्यक्रम में बोलते हुए फडणवीस ने भाजपा को एक लोकतांत्रिक संगठन बताया। उन्होंने कहा कि देश में 2,300 से अधिक पंजीकृत पार्टियां हैं, लेकिन राष्ट्रीय पार्टियों की संख्या उंगलियों पर गिनी जा सकती है। उन्होंने कहा कि केवल दो पार्टियां हैं - भाजपा और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी - जिनका स्वामित्व किसी परिवार के पास नहीं है। फडणवीस ने कहा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी अब राष्ट्रीय पार्टी नहीं रही। लेकिन भाजपा एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जिसका स्वामित्व लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के पास है। पार्टी का स्वामित्व किसी नेता के पास नहीं है और इसका अपना संविधान है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साधारण शुरुआत से आगे बढ़ने का जिक्र करते हुए फडणवीस ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां एक लड़का जो कभी चाय बेचता था, सीएम (गुजरात का) और फिर पीएम बन गया। उन्होंने कहा कि मोदी का राजनीति में कोई रिश्तेदार नहीं है और कोई गॉडफादर भी नहीं है, लेकिन फिर भी वह शीर्ष पद पर पहुंच सकते हैं। अपनी खुद की राजनीतिक यात्रा का वर्णन करते हुए फडणवीस ने कहा कि उन्होंने बूथ स्तर से शुरुआत की, वार्ड अध्यक्ष बने और तीन बार सीएम बने। उन्होंने कहा, यह केवल भाजपा में ही संभव है। यह लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। उन्होंने नागपुर में पार्टी के विशेष सदस्यता अभियान की भी शुरुआत की। फडणवीस ने कहा कि भाजपा ने 11 करोड़ सदस्यों को पंजीकृत किया है, जिनका सत्यापन हो चुका है और यह दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। भाजपा ने महाराष्ट्र से 1.5 करोड़ सदस्यों को नामांकित करने का लक्ष्य रखा है। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए फडणवीस ने कहा कि रविवार को 25 लाख सदस्यों को नामांकित करने के उद्देश्य से राज्य भर में 1 लाख बूथों पर विशेष सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है।
महाराष्ट्र में बगावत की आग है तो हाथ तापने की भी होड़ है, इंतजार सिर्फ मौके का है?
5 Jan, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई । महाराष्ट्र की राजनीति में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। यहां मंत्री नहीं बनाए जाने से छगन भुजबल जैसे दिग्गज नेता नाराज हैं और आए दिन अपनी ही सरकार को निशाने पर ले रहे हैं। वहीं फडणवीस सरकार में वरिष्ठ मंत्री धनजंय मुंडे एक सरपंच की हत्या के मामले में घिरते नजर आ रहे हैं। तीसरा संकट ये भी बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र सरकार में उप मुख्यमंत्री अजित पवार भी खुश नहीं हैं और वे अपने चाचा शरद पवार की तरफ आकर्षित होते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में आने वाले समय में महाराष्ट्र की राजनीति में उथल पुथल की संभावना से कैसे इनकार किया जा सकता है। कुल मिलाकर यहां बगावत की आग सुलग रही है तो सियासी हाथ तापने वालों की भी कमी नहीं है और सिर्फ मौके का इंतजार हैं।
छगन भुजबल, जो महायुति सरकार में मंत्री पद नहीं मिलने से नाराज हैं, ने अपना असंतोष खुलकर जाहिर किया है। शनिवार को नवी मुंबई में एक कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान, उन्होंने कहा कि मंत्री पद न मिलना उनके लिए निराशाजनक है। उन्होंने धनंजय मुंडे के खिलाफ भी बयान दिया, जो बीड के मसजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड में नाम आने के कारण विवादों में हैं। छगन भुजबल ने कहा कि अजित पवार को देखना होगा कि धनंजय मुंडे की वजह से पार्टी संकट में है या नहीं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि किसी के इस्तीफे में जल्दबाजी करना उचित नहीं है। भुजबल का यह बयान पार्टी के अंदर चल रहे मतभेदों को उजागर करता है। छगन भुजबल ने यह भी कहा कि पवार परिवार को एकजुट होना चाहिए। उन्होंने ठाकरे परिवार को भी साथ आने की सलाह दी। हालांकि, उन्होंने बीजेपी में शामिल होने की अटकलों को खारिज कर दिया। इस संकट से महायुति सरकार और अजित पवार की नेतृत्व क्षमता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आने वाले दिनों में एनसीपी (अजित गुट) का यह आंतरिक संकट महाराष्ट्र की राजनीति पर गहरा प्रभाव डाल सकता है।
धनंजय मुंडे, जो राज्य के वरिष्ठ मंत्री हैं, बीड के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मामले में आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। इस हत्या से जुड़े रंगदारी के मामले में गिरफ्तार वाल्मीक कराड का नाम धनंजय मुंडे से जोड़ा जा रहा है। विपक्ष और बीजेपी के साथ-साथ एनसीपी के अंदर भी उनके इस्तीफे की मांग तेज हो रही है। बीजेपी विधायक सुरेश धस और अजित पवार गुट के विधायक प्रकाश सोलंके ने भी धनंजय मुंडे को पद से हटाने की मांग की है। साथ ही, बीड जिले के संरक्षक मंत्री के रूप में उनकी भूमिका को भी हटाने की बात कही जा रही है।
राहुल गांधी ने छात्रों को बताया कांग्रेस और भाजपा की नीतियों में अंतर
5 Jan, 2025 04:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चैन्नई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आईआईटी मद्रास में छात्रों के साथ संवाद करते हुए कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी की विचारधाराओं और नीतियों के महत्वपूर्ण अंतर को समझाया। उन्होंने विकास, सामाजिक समरसता, और शिक्षा के मुद्दों पर कांग्रेस की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए छात्रों से बात भी की।
कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस के समावेशी विकास के दृष्टिकोण को रेखांकित किया। यहां पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता संसाधनों का समान वितरण और कमजोर वर्गों को सशक्त बनाना है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने से देश में एकता और संतुलित विकास सुनिश्चित होता है।
वहीं बीजेपी की नीतियों पर बात करते हुए राहुल गांधी ने उनकी ट्रिकल-डाउन आर्थिक नीति पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यह मॉडल अमीरों को अधिक अमीर और गरीबों को और अधिक कमजोर बनाता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की नीतियां समाज के कुछ वर्गों को लाभ पहुंचाने तक सीमित हैं। राहुल गांधी ने कहा कि सामाजिक समरसता देश की स्थिरता और विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियां भाईचारे और एकता को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने दावा किया कि सामाजिक असमानता को दूर करने से देश की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में सुधार आएगा।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता
राहुल गांधी ने भारत की शिक्षा प्रणाली में बदलाव की जरूरत को रेखांकित करते हुए कहा कि कांग्रेस का फोकस शिक्षा के क्षेत्र में अवसरों को बढ़ाने और इसे अधिक समावेशी बनाने पर है। छात्रों को बेहतर अवसर देने से देश में नवाचार और विकास को गति मिलेगी।
इस बातचीत में राहुल गांधी ने कांग्रेस की नीति को सभी को साथ लेकर चलने और सभी का विकास सुनिश्चित करने की दिशा में अधिक ठोस और व्यापक बताया है। उन्होंने छात्रों से कहा कि भारत का विकास तभी संभव है, जब सभी वर्गों को समान अवसर और भागीदारी दी जाए।
केजरीवाल का दावा, आप के खिलाफ दिल्ली में गठबंधन करके लड़ रही कांग्रेस और भाजपा
5 Jan, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । पंजाब की महिलाओं के समूह ने शनिवार को दिल्ली में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर विरोध कर दावा किया कि पंजाब विधानसभा चुनावों के दौरान उनके द्वारा किए गए वादे अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। इस प्रदर्शन पर आप के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, वे महिलाएं उनकी (कांग्रेस और भाजपा) पार्टी की हैं। वे पंजाब से नहीं आई हैं, पंजाब की महिलाएं हमारे साथ हैं। उन्हें आप पर भरोसा है। कांग्रेस और भाजपा को आधिकारिक तौर पर घोषणा करनी चाहिए कि वे दिल्ली में आप के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। केजरीवाल ने कहा, दिल्ली में हमारी सरकार पिछले 10 सालों से लोगों को मुफ्त पानी दे रही है। 12 लाख से ज़्यादा परिवारों को 0 पानी का बिल आता है। लेकिन मेरे जेल जाने के बाद, मुझे नहीं पता कि इन लोगों ने क्या किया। इन लोगों ने कुछ गलत किया और हर महीने हजारों-लाखों रुपये का पानी का बिल आना शुरू हो गया। मैं सार्वजनिक रूप से और आधिकारिक तौर पर घोषणा करना चाहता हूं कि जिन लोगों को लगता है कि उनके बिल गलत हैं, उन्हें अपने पानी के बिल का भुगतान करने की जरूरत नहीं है, उन्हें इंतज़ार करना चाहिए। चुनाव के बाद आप की सरकार बनेगी और हम उनके गलत बिलों को माफ करवाएंगे। यह मेरा सभी लोगों से वादा है, यह मेरी गारंटी है।
जदयू के पोस्टर से गायब पीएम मोदी, क्या फिर खेला करने को तैयार नीतीश बाबू
5 Jan, 2025 10:03 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोपालगंज । बिहार के गोपालगंज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान एक पोस्टर ने सियासी बवाल मच गया है। सीएम नीतीश कुमार ने जिले में आईटीआई का उद्घाटन कर कई विकास योजनाओं की शुरुआत की, लेकिन पोस्टर के विवाद ने बीजेपी और जदयू के रिश्तों में खटास का संकेत दे दिया है।
जिला समाहरणालय के मुख्य द्वार पर जदयू द्वारा लगे पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश के साथ-साथ पार्टी के कई नेताओं और मंत्रियों के फोटो थे, लेकिन पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के किसी अन्य नेता का फोटो नहीं था। इस पर बीजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने सवाल उठाकर कहा कि यह गठबंधन धर्म का उल्लंघन है। उन्होंने मामले में जदयू के राष्ट्रीय नेतृत्व से जांच की मांग कर कहा कि यह मुद्दा एनडीए की बैठक में भी उठाया जाएगा।
बीजेपी नेताओं का आरोप था कि पोस्टर में जानबूझकर प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी के नेताओं को शामिल नहीं किया गया, जो एक सियासी संदेश देता है। जैसे ही यह खबर मीडिया में आई, जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीजेपी नेताओं के फोटो पोस्टर पर लगा दिए। इस घटनाक्रम ने एनडीए गठबंधन में दरार की चर्चाओं को हवा दी है, और सवाल उठाए जा रहे हैं कि क्या नीतीश कुमार फिर से खेला करने जा रहे हैं। अब सभी की नजरें इस पर हैं कि क्या यह सियासी विवाद गठबंधन टूटने की दिशा में कोई बड़ा कदम होगा।
राजस्थान SI विवाद: मई के दूसरे हफ्ते में होगी 'सुप्रीम' सुनवाई, दांव पर लगा है हजारों का भविष्य।
थमी हुई सप्लाई चेन को मिली रफ्तार, भारत आ रहे 41 जहाजों का रास्ता साफ
लोकसभा में गिरा 131वां संविधान संशोधन विधेयक, दो-तिहाई बहुमत जुटाने में रही नाकाम
मंडियों में भीगा 'पीला सोना': बेमौसम बरसात ने रोकी गेहूं की खरीद, उठान न होने से बढ़ी दिक्कत।
सरकारी रिकॉर्ड में नहीं थे कैमरे: लावारिस सीसीटीवी के जरिए लाइव जासूसी का अंदेशा, FIR दर्ज।
19 साल पहले जहां से शुरू हुआ था सफर, आज वहीं इतिहास रचेगी विराट की बेंगलुरु
कुरुक्षेत्र एनआईटी में सन्नाटा: लगातार आत्महत्याओं के बाद ठप हुई पढ़ाई, 19 अप्रैल की डेडलाइन तय।
25 लाख का जुर्माना और आजीवन कारावास; नए कानून की कठोरता पर छिड़ी कानूनी जंग
जांच एजेंसियों पर नकेल: रोककर रखने और गिरफ्तार करने के बीच का धुंधलापन कोर्ट ने किया साफ।
मिशन 2027: यूपी बीजेपी की नई टीम और मंत्रिमंडल विस्तार को जल्द मिल सकती है हरी झंडी
