पंजाब
गुरदासपुर में बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के दौरान बिस्तर में छुपे 3 लाख रुपये जलकर बाहर गिरें
29 Jan, 2025 04:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुरदासपुर: गुरदासपुर में दीनानगर के पनियार गांव में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक 95 साल के बुजुर्ग का निधन हो गया. परिवार के लोग उन्हें अंतिम संस्कार के लिए ले गए. इस दौरान उनके बिस्तर को भी जला दिया गया. जैसे ही बिस्तर में आग लगाई गई, उसमें रखे 3 लाख रुपए के नोट भी जलने लगे. इन्हें देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए. दरअसल किसी को उम्मीद भी नहीं थी कि बुजुर्ग ने परिवार से छिपाकर तीन लाख रुपये बिस्तर में दबा रखे थे. दरअसल बिस्तर में आग लगाते ही पांच सौ रुपये के नोटों का बंडल जलते हुए चिमनी से बाहर गिर गया. इसके बाद जल्दी जल्दी आग बुझाई गई और बिस्तर को खंगाला गया. इस दौरान बिस्तर में से 3 लाख रुपये के नोट मिले. यह सभी नोट काफी हद तक जल चुके थे. इस संबंध में बुजुर्ग के परिजनों से पूछताछ की गई. हालांकि परिवार का कोई भी इस संबंध में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है.वहीं गांव के लोगों ने बताया कि पनियार गांव में रहने वाले बुजुर्ग (95) की सोमवार की सुबह मौत हो गई थी.
बैंक से निकालकर बिस्तर में छिपाए थे 3 लाख रुपये
वह जीवन भर खेती बारी करते रहे. उनके बेटे सरकारी नौकरी में हैं. बुजुर्ग के परिजनों को यह तो पता था कि उनके बैंक खाते में अच्छी खासी रकम जमा है, लेकिन घर में किसी को अंदाजा भी नहीं था कि तीन लाख रुपये वह बैंक से निकालकर अपने बिस्तर में छिपा रखे थे. परिजनों के मुताबिक सोमवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया.इस दौरान उनके कपड़े और बिस्तर भी जला दिया गया.
बिस्तर के साथ जल गई पूरी रकम
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक बिस्तर में आग लगाने के कुछ ही देर बाद जलते हुए बिस्तर में से 500 रुपये के नोटों की गड्डी बाहर गिर पड़ी. इस गड्डी के ज्यादातर नोट जल चुके थे. इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने आग बुझाया और खोजबीन की गई. इस दौरान पता बिस्तर में से ढेर सारे कागज के बंडल मिले. इसके बाद परिजनों ने उनके बैंक एकाउंट की जांच कराई तो पता चला कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने बैंक से तीन लाख रुपये निकाले थे और यह सारी रकम उन्होंने अपने बिस्तर में छिपा रखी थी.
पंजाब में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए मुफ्त बिजली योजना
27 Jan, 2025 04:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति माह 300 यूनिट (दो माह के सर्कल पर 600 यूनिट) मुफ्त बिजली दे रही है, साथ ही सस्ती बिजली खरीदने के अलावा ग्रीन एनर्जी को भी प्रोत्साहित कर रही है. इसके लिए पंजाब सरकार ने सबसे कम कीमत पर सोलर और विंड एनर्जी से बनने वाली बिजली खरीद का समझौता किया है. अब किसानों के मोटरों को भी सोलर एनर्जी से जोड़ने की कवायद चल रही है
सस्ती बिजली की उपलब्धता:
कम कीमत पर बिजली खरीद के समझौते से न सिर्फ आम लोगों में ग्रीन एनर्जी को लेकर उत्साह बढ़ा है बल्कि सरकार को भी सस्ते में बिजली मिली है. पंजाब सरकार का यह एग्रीमेंट काफी अहम माना जा रहा हैं.
300 यूनिट मुफ्त बिजली:
पंजाब सरकार यही सोलर एनर्जी पहले 14 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से खरीदा करती थी. लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार में आम जनता के हित में फैसले लिये गए हैं. मान सरकार ने कहा कि उनकी नियत साफ है. हम न सिर्फ घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट प्रति माह मुफ्त बिजली देकर उनकी आर्थिक मदद कर रहे हैं बल्कि बिजली के क्षेत्र में सुधार के कार्यक्रम भी लागू कर रहे हैं.
सोलर एनर्जी से जुड़ने की योजना:
आज पंजाब के किसानों की मोटरों की बिजली भी मुफ्त है. अब पंजाब सरकार ने धीरे-धीरे किसानों के मोटरों को सोलर एनर्जी से जोड़ने का फैसला लिया है. पंजाब सरकार इसे चरणबद्ध तरीके से करेगी. पंजाब की योजना हैं कि 2047 तक 80 फीसदी कृषि मोटरों को सोलर एनर्जी से जोड़ दिया जाए. ताकि किसान फसल के सीजन में मुफ्त बिजली का उपयोग तो कर ही सकें बाद में सोलर से उत्पन्न होने वाली एनर्जी का लाभ राज्य के लोगों को मिल सके.
तरनतारन में पुलिस पर हमला, आरोपित ने की गाड़ी चढ़ाने की कोशिश
25 Jan, 2025 04:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तरनतारन। विधानसभा हलका खडूर साहिब के गांव वरियां में आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर परिवार ने हमला कर दिया। इतना ही नहीं आरोपित जसकरन सिंह ने पहले पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया फिर एएसआइ राजबीर सिंह की वर्दी भी फाड़ डाली।
आरोपित हुआ गिरफ्तार, 2020 से था फरार
सब डिवीजन श्री गोइंदवाल साहिब के डीएसपी अतुल सोनी ने मौके पर पहुंचकर मुख्य आरोपित जसकरन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। तीन आरोपित अभी फरार हैं। थाना चोहला साहिब के एडिशनल एसएचओ विपिन कुमार ने बताया कि गांव वरियां के जसकरन सिंह के खिलाफ 1 मई 2020 को हवाई फायर करने व गुंडागर्दी का केस दर्ज किया गया था। इसके बाद से वह भगोड़ा था। वीरवार को पुलिस को उसके बारे में पता चला।
पहले पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने का किया प्रयास फिर एएसआइ की वर्दी भी फाड़ी
एएसआइ राजबीर सिंह की अगुआई में पुलिस टीम थाना चोहला साहिब से रवाना हुई। इस पर रात वीरवार करीब नौ बजे आरोपित जसकरन सिंह ने अपनी पत्नी लवलीन कौर के साथ मिलकर टाटा इंडिगो गाड़ी (पीबी 01 ए 8463) को पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया और अन्य लोगों से मिलकर पुलिस पर हमला कर दिया।
एएसआइ राजबीर सिंह की वर्दी भी फाड़ दी गई। आरोपित को पुलिस ने मौके पर दबोच लिया। उसे पुलिस हिरासत से छुड़वाने के लिए उसके चाचा सविंदर सिंह व चाची कुलविंदर कौर के अलावा निर्मल सिंह काकू ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की।
पंजाब में अब मिलेगा बिजली बिल पंजाबी भाषा में, विभाग ने की नई पहल
24 Jan, 2025 12:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिजली बिलों को पंजाबी भाषा में जारी करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट को जानकारी दी कि 26 दिसंबर से इसे लागू किया जा चुका है। इस जानकारी को आधार बनाते हुए हाईकोर्ट ने याचिका का निपटारा कर दिया।
एडवोकेट निखिल थम्मन ने याचिका दायर करते हुए पंजाब में बिजली बिलों को पंजाबी भाषा में जारी करने की मांग की थी। याचिका पंजाब राजभाषा अधिनियम, 1967 के कार्यान्वयन में हो रही अनदेखी पर केंद्रित थी। इस अधिनियम के तहत राज्य में सभी सरकारी संवाद, जिसमें बिजली बिल भी शामिल हैं, पंजाबी भाषा में होना अनिवार्य है। याचिका में पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड को बिजली बिल पंजाबी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी करने का निर्देश देने की मांग की गई थी।
सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार के वकील ने अदालत को सूचित किया कि याचिका में उठाए गए मुद्दे का समाधान कर दिया गया है। 26 दिसंबर के निर्णय के अनुसार अब बिजली बिल पंजाबी भाषा में जारी किए जा रहे हैं, जो कि पंजाब राजभाषा अधिनियम के परविधान के अनुरूप है। अदालत ने पाया कि अब बिजली बिल पंजाबी में जारी हो रहा है और इसलिए याचिका का निपटारा किया गया। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को यह स्वतंत्रता दी कि यदि भविष्य में यह समस्या फिर से उत्पन्न होती है, तो वे अदालत का रुख कर सकते हैं।
पंजाब पुलिस में 10 हजार नई भर्तियां, थानों की हालत सुधारने के लिए 450 करोड़ का निवेश
24 Jan, 2025 12:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बठिंडा। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस के थानों व पुलिस लाइनों की दशा शीघ्र ही सुधरेगी। इसके लिए पुलिस विभाग हुडको से 450 करोड़ रुपये का कर्ज लेकर पुलिस इंफ्रास्ट्रक्टर एवं बिल्डिंगों पर खर्च किए जाएंगे।
पंजाब पुलिस में होंगी 10 हजार नई भर्तियां
पुलिस को हाईटेक बनाने के लिए फरवरी माह में 140 पुलिस थानों को नई गाड़ियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस फोर्स में कमी पूरी करने के लिए लगभग दस हजार नई भर्तियां की जा रही हैं। इसके लिए सरकार से मंजूरी मिल चुकी है।
बठिंडा जोन के डीआईजी, एसएसपीजी व अन्य अधिकारियों के साथ सुरक्षा की समीक्षा बैठक में यह जानकारी सांझा की।
आंतकवादी गतिविधियों में शामिल लोगों को नहीं बख्शेगी पुलिस
डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंजाब में अलगाववाद, आतंकवाद व खालिस्तान समर्थकों के लिए कोई स्थान नहीं है तथा इनसे जुड़ी गतिविधियों में शामिल लोगों को पुलिस किसी भी सूरत में बख्शेगी नहीं।
उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जहां भी गणतंत्र दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे, वहां किसी भी प्रकार की चूक सहन नहीं होगी। अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहले ही सुरक्षा प्रबंध पुख्ता करें।
डीजीपी ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक व संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि आपराधिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके।
आयोग के आदेश पर केजरीवाल की सुरक्षा से हटाई पंजाब पुलिस
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान व अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकियों की इनपुट लगातार खुफिया विभाग से मिल रही हैं। दिल्ली चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद दिल्ली पुलिस से मिली सूचना पर पंजाब पुलिस के जवान वापस बुला लिए गए हैं। डीजीपी पटियाला पुलिस लाइन में 20 पीसीआर बाइक्स को हरी झंडी देने पहुंचे थे।
सीएम के फरीदकोट का कार्यक्रम रद्द
बता दें कि वीरवार को फरीदकोट के नेहरू स्टेडियम और रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखे मिले। वहां खालिस्तान के झंडे भी लगे थे। स्टेडियम में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह होना था, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान बतौर मुख्य अतिथी के तौर पर शामिल होने वाले थे।
बता दें कि प्रतिबंधित संगठन सिख्स फार जस्टिस (एसएफजे) के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो जारी कर नारे लिखे जाने और खालिस्तान के झंडे लगाने की जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान को धमकी दी। जिसके बाद फरीदकोट में गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री मान का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
NIA का बठिंडा में इमिग्रेशन एजेंट भाइयों के घर छापा, आतंकी कनेक्शन की आशंका
23 Jan, 2025 12:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बठिंडा/चंडीगढ़। एनआईए ने बुधवार सुबह बठिंडा शहर के प्रताप नगर में इमिग्रेशन एजेंट भाइयों के घर पर छापा मारा। टीम ने एजेंट सन्नी जौड़ा व उसके भाई मनप्रीत मन्नी जौड़ा से विदेशी नंबरों पर कॉल के संबंध में पूछताछ की।
दोनों के आतंकी हैप्पी पशियां से संबंध होने का संदेह
टीम करीब चार घंटे रही। घर की तलाशी ली व स्वजनों से पूछताछ की। दोनों के मोबाइल की भी जांचे। संदेह है कि दोनों के संबंध आतंकी हैप्पी पशियां से हैं। एनआईए ने अमृतसर, गुरदासपुर, फिरोजपुर, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी, उत्तराखंड के रुद्रपुर में भी तलाशी अभियान चलाया।
टीम ने जब्त की आपत्तिजनक सामग्री
मोबाइल, डिजिटल उपकरण, दस्तावेज सहित आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की। एनआईए के अनुसार गत वर्ष नौ सितंबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-10डी में घर पर ग्रेनेड हमले में बब्बर खालसा इंटरनेशनल के पाकिस्तान में छिपे आतंकी हरविंदर रिंदा व अमेरिका में रह रहे आतंकी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पशियां की साजिश का राजफाश हुआ है।
एनआईए को दोनों भाइयों पर है शक
दोनों आतंकियों ने हमले के लिए एक मॉड्यूल को काम सौंपा था। आतंकी हैप्पी पशियां पर पंजाब में पुलिस थानों व चौकियों पर ग्रेनेड हमले करने का भी आरोप है। एनआईए को शक है कि उक्त एजेंट इंटरनेट मीडिया के जरिए आतंकी को फॉलो करते हैं और विदेशी नंबरों से कॉल भी आती है।
वहीं, दोनों भाइयों ने कहा कि उनका किसी आपराधिक तत्व से संबंध नहीं है। इमीग्रेशन का काम होने से विदेश से फोन आते रहते हैं। एनआईए को घर से कुछ नहीं मिला। एनआईए की टीम दिल्ली कार्यालय में पेश होने का आदेश देकर लौट गई।
पंजाब में होजरी फैक्ट्री में परिवार पर कपड़े चोरी का आरोप, मुंह काला कर गलियों में घुमाया
22 Jan, 2025 02:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लुधियाना। यदि कोई अपराध करे, तो उसे काबू करने के लिए पुलिस प्रशासन और सजा देने के लिए अदालतें हैं। यदि कोई अपराध करे और उसे सभी लोगों के सामने जलील किया जाए, यह ठीक नहीं।
पंजाब के लुधियाना में बहादरके रोड स्थित एकजोत नगर इलाके में एक होजरी फैक्ट्री में काम करने वाले परिवार (तीन बेटियों, बेटे और मां) को फैक्ट्री मालिक व लोगों ने कपड़े चोरी करने के आरोप में पकड़ लिया।
उसके बाद फैक्ट्री मालिक ने उन सभी के मुंह काले कर दिए तथा सभी के गले में ‘चोर’ लिखी तख्तियां टांगकर गलियों में घुमाते हुए गलत कमेंट किए गए। शर्मनाक बात यह है कि लोग तमाशा देखते रहे। किसी ने भी फैक्ट्री मालिक को ऐसा करने से नहीं रोका और न ही पुलिस को इसके बारे में जानकारी दी।
इस सजा के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। यह घटना सायं चार बजे के आसपास की है। लोगों के अनुसार होजरी फैक्ट्री में एक ही परिवार की तीन बेटियां, बेटा व मां काम करते हैं। मालिक ने आरोप लगाया कि पिछले काफी समय से फैक्ट्री से कपड़ा चोरी हो रहा है इसलिए उन्होंने सीसीटीवी कैमरों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
मंगलवार को उन्होंने उनके पास काम करने वाले स्टाफ के पांचों लोगों को रंगे-हाथ पकड़ लिया। इनमें तीन लड़कियां नाबालिग हैं। फैक्ट्री मालिक व लोगों की ओर से मुंह काले करने के बाद परिवार के पांचों सदस्यों के गले में एक-एक तख्ती डाली गई। इस तख्ती पर गया-‘मैं चोर हूं, मैं अपना गुनाह मान रही हूं।’ तख्ती में नीचे उन लड़कियों, मां व लड़के का नाम भी लिखा गया।
हद तो तब हो गई, जब लोगों ने उन सभी को उसी हालत में अलग-अलग गलियों में घुमाना शुरू कर दिया। तब उनके साथ धक्का-मुक्की भी हुई और गालियां देते हुए गलत कमेंट भी किए गए। सब कुछ वहां के लोग, कारोबारी देख रहे थे और उन पर हंस रहे थे, मगर उन्हें बचाने वाला कोई नहीं था।
बताया जा रहा है कि तीन लड़कियों में से एक का रिश्ता तय हुआ है। उसकी शादी होने वाली है पर फैक्ट्री मालिक व लोगों ने इस बात का ख्याल नहीं रखा। जिस समय कर्मियों के चेहरों पर कालिख पोती जा रही थी, लोग तमाशबीन बनकर खड़े रहे।
वीडियो आई है, मामले की जांच करेंगे
वहीं, मामले को लेकर बात करते हुए पुलिस थाना जोधेवाल के एसएचओ जसवीर सिंह ने इस घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अभी हमें शिकायत नहीं दी पर उनके पास वीडियो आई है। इस मामले की पड़ताल के बाद तुरंत एक्शन लिया जाएगा।
पंजाब के कई जिलों में आज भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने दी चेतावनी
22 Jan, 2025 12:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लुधियाना। पंजाब में मंगलवार सुबह अधिकतर जिलों में धूप रही, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली। कई जिलों में अधिकतम तापमान 23.73 और न्यूनतम 10.75 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बुधवार को कहीं हल्की व कहीं भारी वर्षा हो सकती है। वीरवार को घनी धुंध पड़ेगी। कश्मीर में हिमपात भी हुआ।
फाजिल्का रात रही प्रदेश में सबसे ठंडी
पठानकोट में मंगलवार को दिन का तापमान प्रदेश में सबसे ज्यादा 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि फाजिल्का में रात का तापमान सबसे कम 6.2 डिग्री रहा। अमृतसर एयरपोर्ट पर दिल्ली-अमृतसर फ्लाइट दो घंटे 25 मिनट देरी से पहुंची। एयर इंडिया की अमृतसर-बर्मिंघम फ्लाइट दोपहर 1:45 के बजाय 3:29 बजे गई। अमृतसर-दुबई 45 मिनट लेट रही।
देश में कैसा है मौसम का मिजाज?
बता दें कि मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शाम और रात के समय गर्जन वाले बादल बनने तथा हल्की बरसात भी होने के आसार हैं। इससे ठिठुरन भरी ठंड बढ़ेगी, तो तापमान में गिरावट हो सकती है। दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.1 डिग्री ऊपर था। पंजाब के साथ दिल्ली और हरियाणा में भी अगले दो दिन हल्की वर्षा हो सकती है।
इधर जम्मू कश्मीर में कुछ जगहों पर मंगलवार को हिमपात हुआ। जबकि हिमाचल और उत्तराखंड में भी हिमपात होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में अभी पूर्वी जिलों में कोहरे का असर रहेगा। तेज हवाओं के चलने से तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो रही है।
हिमाचल और उत्तराखंड में हिमपात की संभावना
इधर जम्मू कश्मीर में कुछ जगहों पर मंगलवार को हिमपात हुआ। जबकि हिमाचल और उत्तराखंड हिमपात होने की संभावना है। वर्षा और हिमपात के कारण एक बार फिर तापमान गिरने से ठंड बढ़ सकती है। उत्तर प्रदेश में अभी पूर्वी जिलों में कोहरे का असर रहेगा।
तेज हवाओं के चलने से तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। कश्मीर घाटी में मौसम फिर मेहरबान हुआ और उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई। श्रीनगर समेत निचले इलाकों में भी हल्की बर्फबारी हुई, लेकिन बर्फ के साथ हुई बारिश ने इसे जमने नहीं दिया। उच्च पर्वतीय इलाकों में हुई बर्फबारी के चलते कुपवाड़ा-केरन और बांडीपोरा-गुरेज मार्ग यातायात के लिए बंद किए गए है।
कंगना रनौत की फिल्म 'Emergency' पर SGPC ने पंजाब सरकार से प्रतिबंध लगाने की मांग
16 Jan, 2025 05:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। मंडी से BJP सांसद और बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत की फिल्म 'Emergency' का इन दिनों काफी चर्चा में है। फिल्म 17 जनवरी को रिलीज होगी, लेकिन इससे पहले इसका भारी विरोध शुरू हो गया है। इस बीच शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने फिल्म का विरोध करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को पत्र लिखा है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि सिखों की छवि खराब करने वाली और इतिहास को गलत तरीके से पेश करने वाली कंगना रनौत की फिल्म 'Emergency' पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने 17 जनवरी पंजाब में इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है।
विरोध करेगी शिरोमणि कमेटी
शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर यह फिल्म रिलीज हुई तो सिख जगत में आक्रोश और गुस्सा फैल जाएगा। इसलिए राज्य में इस पर प्रतिबंध लगाना सरकार की जिम्मेदारी है। अगर यह फिल्म रिलीज हुई तो शिरोमणि कमेटी इसका कड़ा विरोध करेगी। इस संबंध में पंजाब के सभी डिप्टी कमिश्नरों को मांग पत्र भी भेजे गए हैं।
बांग्लादेश में नहीं होगी फिल्म रिलीज
बता दें कि फिल्म 'Emergency' पर इन दिनों काफी चर्चा हो रही है। पहले फिल्म की रिलीज डेट कई बार बदली गई। अब यह फिल्म 17 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं इस फिल्म को बांग्लादेश में बैन कर दिया गया है। बांग्लादेश में यह फिल्म रिलीज नहीं होगी। कंगना रनौत की फिल्म 'Emergency' 1975 में तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी द्वारा भारत में घोषित आपातकाल पर आधारित है। बांग्लादेश में 'Emergency' की स्क्रीनिंग रोकने का फैसला भारत और बांग्लादेश के बीच मौजूदा तनावपूर्ण संबंधों से जुड़ा है।
पंजाब में ठंड की मार, मौसम विभाग ने 11 जनवरी को बारिश की दी चेतावनी
9 Jan, 2025 01:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लुधियाना। कोहरे और शीतलहर की चपेट में चल रहे पंजाब समेत उत्तर भारत में बुधवार को ठंड का प्रकोप और बढ़ गया। तीन डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ संगरूर में सबसे ठंडा रहा। राज्य में न्यूनतम तापमान में साढ़े छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में कुछ जगहों पर तापमान और गिर सकता है। पंजाब में वीरवार को भी घनी धुंध पड़ सकती हैं। दस जनवरी को मौसम साफ रहेगा। 11 को हल्की वर्षा होने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को अमृतसर में भी न्यूनतम तापमान 3.5 व शहीद भगत सिंह नगर में 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा। घनी धुंध से दृश्यता भी शून्य रही, जिससे रेल व सड़क यातायात प्रभावित रहा।
कई जगहों पर घना कोहरा
हालांकि दोपहर को धूप निकलने से राहत मिली। दिन का तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में दृश्यता 80 मीटर तक कम हो गई। हरियाणा में कई स्थानों पर घना कोहरा देखा गया।
कश्मीर घाटी में रात का तापमान अधिकांश इलाकों में शून्य से नीचे रहा। यहां कश्मीर में 11 से फिर बर्फबारी होगी। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में यह जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया है।
धूप की वजह से दिखी चहल पहल
बता दें कि लुधियाना में बुधवार को शहर फिर से घनी धुंध की चपेट में रहा। सुबह सात बजे तक शहर के कई इलाकों में दृश्यता शून्य रही। इसके बाद सुबह नौ बजे तक दृश्यता दस से बीस मीटर के बीच दर्ज की गई। सुबह साढ़े नौ से दस बजे के दौरान धूप खिल उठी। पिछले एक सप्ताह में पहली बार पूरा दिन तीखी धूप रही। इससे लोगों को ठंड से राहत महसूस हुई।
शाम पांच बजे तक धूप खिली रही। धूप निकलने की वजह से दिन में तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, वहीं रात का तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मंगलवार को दिन का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। धूप की वजह से छत और पार्कों में चहल पहल रही।
लोग परिवार के साथ धूप सेकते हुए दिखे। हालांकि, शाम छह बजे के बाद से कड़ाके की ठंड फिर से महसूस होने लगी। सात बजे के बाद से शहर के कई इलाकों में धुंध छानी शुरू हो गई।
शंभू बॉर्डर पर एक और किसान ने सल्फास निगलकर किया सुसाइड
9 Jan, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तरनतारन। एमएसपी की गारंटी कानून सहित अन्य किसानी मांगों को लेकर शंभू बॉर्डर और खनौरी बॉर्डर पर किसानों का प्रदर्शन जारी है। इस बीच शंभू बॉर्डर पर एक किसान ने सल्फास निगल लिया है। जिसके बाद से उसकी हालत खराब हो गई है। अस्पताल में इलाज के दौरान रेशन सिंह की मौत हो गई है।
बता दें कि रेशम सिंह को पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई है। रेशम सिंह की मौत की पुष्टि किसान नेता तेजवीर सिंह पंजोखरा ने की है।
धरने में शामिल होने के लिए 6 जनवरी को हुआ था रवाना
किसानी मांगी को लेकर शंभू बॉर्डर पर दिए जा रहे धरने में शामिल होने के लिए तरनतारन जिले के गांव पहुविंड निवासी किसान रेशम सिंह 6 जनवरी को अपने गांव रवाना हुआ था।
रेशम सिंह के साथ पांच अन्य और भी किसान थे। गुरुवार को रेशम सिंह द्वारा मोर्चे दौरान सल्फास निगलने की सूचना मिलते ही रेशम सिंह का परिवार पटियाला के लिए रवाना हो गया।
दिल्ली में भी किसान आंदोलन में हुआ था शामिल
गांव के पूर्व सरपंच इंद्रवीर सिंह ने बताया कि रेशम सिंह की पत्नी दविंदर कौर व बेटा इंद्रजीत सिंह काफी परेशान है। रेशम सिंह इससे पहले भी दिल्ली आंदोलन में शामिल होता रहा है।
पूर्व सरपंच ने बताया कि रेशम सिंह द्वारा सल्फास निगलने की सूचना सुबह करीब 9:30 मिली जिसके बाद परिवार पटियाला के लिए रवाना हो चुका है।
चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में इमारत ढहने से आसपास की इमारतों को हुआ नुकसान
6 Jan, 2025 12:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। शहर के दिल कहे जाने वाले सेक्टर-17 में सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक पुरानी तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस इमारत में दशकों पुराना "महफिल रेस्टोरेंट" भी स्थित था, जो काफी समय से बंद था। सौभाग्य से, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई क्योंकि इमारत को पहले ही खाली करवा लिया गया था।
वहीं, सुबह का वक्त होने के कारण लोगों की आवाजाही भी नहीं थी। सुबह जैसे ही इमारत गिरने की सूचना मिली, मौके पर पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। जानकारी के मुताबिक, यह इमारत पिछले कई वर्षों से जर्जर स्थिति में थी। इसमें बड़ी दरारें आ चुकी थीं, जिसके चलते इसे खाली करवा दिया गया था और आसपास के कारिडोर को भी बंद कर दिया गया था।
आसपास की इमारतों को भी हुआ नुकसान
इमारत के गिरने से आसपास की इमारतों को भी काफी नुकसान हुआ है। यह इमारत कोने पर बनी थी और इसके बिल्कुल पीछे की इमारत के पिलर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पीछे वाली इमारत के मालिक भी सोमवार सुबह मौके पर पहुंचे।
इस इमारत में स्थित महफिल होटल और रेस्टोरेंट कभी चंडीगढ़ के प्रतिष्ठित स्थानों में गिना जाता था। यह होटल पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के स्वामित्व में था, लेकिन उन्होंने इसे कुछ वर्षों पहले बेच दिया था। महफिल होटल किसी समय पर्यटकों में काफी लोकप्रिय था।
पंजाब में सुबह कोहरा और शाम को ओलावृष्टि ने मुश्किलें बढ़ाईं, अमृतसर में हवाई सेवा बाधित
6 Jan, 2025 12:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लुधियाना/ पंजाब में चार दिन बाद रविवार को सुबह धूप निकली। इससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। शाम को फिरोजपुर, अमृतसर व मुक्तसर में जहां वर्षा हुई, वहीं पाकिस्तान से सटे फिरोजपुर के सीमावर्ती क्षेत्रों में ओले भी गिरे। दिल्ली, हरियाणा व अन्य राज्यों में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित रहा। हिमाचल, उत्तराखंड व जम्मू कश्मीर में आज से फिर हिमपात होने की संभावना है।
कई जिलों में हुई बारिश गिरे ओले
पंजाब में रविवार सुबह धूप निकलने से दिन का तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, वहीं रात का तापमान भी अधिकांश जिलों में सामान्य से तीन से पांच डिग्री ज्यादा था। कुछ जिलों में वर्षा हुई और ओले भी गिरे।
मौसम विभाग ने नौ जनवरी तक हिमाचल प्रदेश से सटे जिलों में घनी धुंध छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। 10 व 11 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। अमृतसर में रविवार सुबह धुंध के कारण दिल्ली से अमृतसर एअर इंडिया की उड़ान एक घंटा देरी से पहुंची।
दिल्ली व एनसीआर में कोहरे की चादर बिछी रही, जिससे कई क्षेत्रों में दृश्यता शून्य रही। वंदे भारत, राजधानी समेत 50 से ज्यादा यात्री ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं। कोहरे के कारण श्रीनगर, पटना, दरभंगा समेत कई एयरपोर्ट पर उड़ानें रद करनी पड़ीं। श्रीनगर हवाई अड्डे पर सभी 50 उड़ानें रद कर दी गईं।
धुंध के चलते वंदे भारत लेट
रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला में हल्का हिमपात हिमाचल में रोहतांग, बारालाचा व शिंकुला में रविवार को हल्का हिमपात हुआ। मौसम विभाग ने छह जनवरी को हिमपात और वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया है।
हमीरपुर, कांगड़ा, सिरमौर व नाहन से शिमला अधिक गर्म रहा। शिमला का अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। धुंध के कारण ऊना के अंब में वंदे भारत पौने चार घंटे देर पहुंची। हिमाचल एक्सप्रेस भी कुछ मिनट देरी से पहुंची।
हरियाणा के 11 जिलों में घने कोहरे की संभावना
रविवार सुबह पूरा हरियाणा कोहरे की चादर में लिपट रहा। मौसम विज्ञानियों ने नौ जनवरी तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। वीरवार को 11 जिलों कैथल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी में येलो अलर्ट रहेगा। कुछ जिलों में घना कोहरा छा सकता है। वहीं, सोमवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में वर्षा की भी संभावना है।
सड़क हादसा : बस और ट्रक में भीषण टक्कर; 20 से अधिक लोग घायल
3 Jan, 2025 01:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बठिंडा। पंजाब में शीतलहर का प्रकोप जारी है। कोहरे के चलते हादसों की घटनाएं में वृद्धि हो गई है। इस बीच शुक्रवार सुबह बठिंडा के जोधपुर रूमाना गांव के पास एक बस और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें 20 से अधिक लोग घायल हो गए।
सभी घायलों को बठिंडा के एम्स और सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। बताया जा रहा है कि धुंध के चलते यह हादसा हुआ है। विजिबिलिटी कम होने से दोनों ड्राइवरों को दिखाई नहीं दिया।
बता दें कि गहरी धुंध के कारण बठिंडा-रामा रोड पर एक ट्रक व सवारियों से भरी एक निजी कंपनी की बस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए एम्स बठिंडा व सिविल अस्पताल बठिंडा में दाखिल करवाया गया है। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, जबकि बस यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि हादसे का कारण गहरी धुंध है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद संबंधित थाने की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, न्यू दीप कंपनी की बस रामा मंडी से बठिंडा की तरफ आ रही थी। बठिंडा-डबवाली रोड नई बनने के कारण सड़क की एक साइड बंद पड़ी है, जिसके कारण एक साइड पर वाहन आ जा रहे है।
गांव गुरुसर सैणे वाला के पास गहरी धुंध होने के कारण बठिंडा से डबवाली की तरफ जा रहा ट्रक व रामा से बठिंडा आ रही बस की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
हादसे में बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बस में सवार 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिन्हें 108 एंबुलसें व सहारा जनसेवा की टीम ने उपचार के लिए बठिंडा एम्स व सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बताया जा रहा है कि हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोंटे नहीं आई हैं और न ही कोई जानी नुकसान हुआ है। 12 के करीब लोगों को एम्स में दाखिल है, तो 8 के करीब सिविल अस्पताल बठिंडा में उपचारधीन है।
मौसम विभाग ने पंजाब में कड़ाके की ठंड को लेकर जारी किया अलर्ट
3 Jan, 2025 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लुधियाना। पंजाब में शीतलहर के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वीरवार को अधिकतर जिलों में घनी धुंध रही। फरीदकोट व अमृतसर हिमाचल की राजधानी शिमला से भी ठंडे रहे। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 5.5 और अमृतसर में 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शिमला का तापमान 6.0 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं बठिंडा का न्यूनतम तापमान 6.0, पटियाला का 8.2, लुधियाना का 8.4 व फिरोजपुर का 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान छह डिग्री गिरने से दिन में भी ठंड रही। लोग अलाव सेंकते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी ठंड रहेगी। रविवार को हल्की वर्षा हो सकती है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार ठंड गेहूं के लिए फायदेमंद है। कोहरे के कारण आलू की फसल को नुकसान हो सकता है।
शीतलहर ने संगरूरवासियों को सुन्न कर दिया
उधर संगरूर में नववर्ष की शुरुआत से ही सर्दी तेज हो गई है। शीतलहर ने संगरूरवासियों को सुन्न कर दिया है। संगरूर में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। बढ़ती सर्दी से जनजीवन भी अस्तव्यस्त होने लगा है। वीरवार को सुबह की शुरुआत घनी धुंध से हुई।
दिन भर आसमान में बादल छाए रहे व दोपहर को कुछ समय ही सूरज दिखाई दिया। पिछले करीब दस दिनों से सुबह शाम के समय पड़ रही ठंड से जहां फसलें प्रभावित हो रही हैं, वहीं छोटे बच्चों खासकर बुजुर्गों को अधिक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। संगरूर में वीरवार को अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक रहा।
खेतों में छा गईं धुंध
रात के समय तापमान इससे भी नीचे गिर रहा है। अगले तीन दिन इसी प्रकार का मौसम रहेगा। कई दिन घना कोहरा व तापमान में गिरावट रहेगी। पिछले समय हुई तेज वर्षा से ठिठुरन और भी बढ़ गई है। खेतों में धुंध छा रही है। बता दें कि सूखी सर्दी व शीत लहर से जानवर पक्षियों से लेकर प्रत्येक फसल पर इसका बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक आगे चलकर भी हल्की बूंदाबांदी व घनी धुंध की संभावना है। धुंध व बादल छाये रह सकते हैं। लोग आग सेंककर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। इन दिनों बच्चों में कोल्ड कफ, खांसी, बुखार, जुकाम की समस्या आ रही है। मेडिकल स्टोर व अस्पताल में मरीजों का तांता लगा रहता है।
त्रिपुरा के पुलिस प्रमुख अनुराग धनखड़ का निधन, आत्महत्या की खबर से प्रशासन में हलचल
मतभेदों के बीच पंजाब कांग्रेस की बड़ी बैठक, क्या एक मंच पर दिखेंगे चन्नी और बघेल?
जॉर्डन में अमेरिकी बेस पर हमले का दावा, IRGC बोला- कई सैनिक मारे गए
सपा का आरोप- डिंपल यादव, इकरा हसन सहित कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया
पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट का कहर जारी, इलाज के दौरान एक और घायल की मौत
शिक्षा के मुद्दे पर विधानसभा में गरजे जयवर्धन सिंह, सरकार से की यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड की मांग
नेनमारा डबल मर्डर केस: आखिर क्यों मिली आरोपी को फांसी? जानिए पूरे हत्याकांड की कहानी
44 लाख के गेहूं घोटाले ने खोली व्यवस्था की पोल, कागजों में खरीद और गोदामों से अनाज लापता
