बिहार-झारखण्ड
अब ED ने हेमंत सोरेन के खिलाफ दाखिल की याचिका....
5 Apr, 2024 07:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। हेमंत सोरेन की ओर से ईडी के अधिकारियों के खिलाफ एससी-एसटी के मामला की जांच स्वतंत्र एजेंसी से कराए जाने की मांग को लेकर याचिका दाखिल की गई है। उक्त याचिका ईडी के अधिकारियों की ओर से दाखिल की गई है। जिसमें कहा गया है कि उन्हें पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है इसलिए इस मामले की जांच सीबीआई जैसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईडी के अधिकारी कपिल राज, देवव्रत झा सहित चार अन्य के खिलाफ एससी-एसटी का मामला दर्ज कराया है।
गौरतलब है कि हेमंत सोरेन ने रांची के एससी-एसटी थाने में ईडी के अधिकारी कपिल राज, देवब्रत झा, अनुपम कुमार, अमन पटेल व अन्य अज्ञात के विरुद्ध 31 जनवरी को एससी-एसटी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। ये सभी अधिकारी ईडी के जोनल कार्यालय रांची से संबंधित हैं।
ईडी के अधिकारियों पर हेमंत के लगाए गए आरोप
*हेमंत सोरेन ने कहा था कि ईडी के अधिकारियों ने उन्हें 29 से 31 जनवरी तक रांची में रहने के लिए कहा था।
*इसी दरमियान उनके दिल्ली स्थित आवास पर उनकी अनुपस्थिति में बिना किसी पूर्व सूचना के छापामारी की गई।
*पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह अनुसूचित जनजाति से आते हैं, लेकिन ईडी के उक्त अधिकारियों में से एक भी अधिकारी एससी-एसटी अधिनियम से संबंधित नहीं था।
*हेमंत सोरेन का आरोप है कि केंद्रीय जांच एजेंसी के इस झूठे, बनावटी कृत्य से वह मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित हुए हैं। वह आहत हैं।
*उन्होंने आरोप लगाया ईडी ने मीडिया में भ्रम फैलाने का काम किया है। उन्हें जनता के बीच बदनाम करने की कोशिश की गई है।
क्या है एससी/एसटी अधिनियम
आम भाषा में समझे तो एससी-एसटी एक्ट या हरिजन एक्ट उस व्यक्ति पर लगता है, जो अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग से नहीं, बल्कि किसी अन्य वर्ग से संबंध रखता है।
अगर इस व्यक्ति के द्वारा SC/ST वर्ग के लोगों पर अत्याचार किया जाता है या उनका किसी तरह से अपमान किया जाता है, तो उसके खिलाफ अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निरोधक) अधिनियम, 1989 के तहत उक्त व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाती है।
बाबूलाल मरांडी का 7 अप्रैल को हैदरनगर दौरा....
5 Apr, 2024 06:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जपला (पलामू)। हुसैनाबाद अनुमंडल मुख्यालय के जेपी चौक के समीप पूर्व उपप्रमुख यमुना सिंह के आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक हुई।
इसमें रविवार को दिन के 11 बजे हैदरनगर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के आगमन को लेकर कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार की गई।
बैठक में ये कहा गया
बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविंद्र कुमार सिंह व रामप्रवेश सिंह ने कहा कि हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्षों के अलावा कुल 341 बूथों के कार्यकर्ताओं को विभिन्न माध्यमों से सूचना दे दी गई है।
कहा कि हरिहरगंज, पिपरा, उर्दवार, हुसैनाबाद शहरी व ग्रामीण, हैदरनगर व मोहम्मदगंज के मंडल अध्यक्षों ने 200 से अधिक वाहनों से ग्रामीण समर्थक व ग्रामीणों को इस चुनावी जनसभा में लाने का संकल्प लिया।
बैठक में ये लोग हुए शामिल
बैठक में रामराज मेहता, नीरज कुमार सिंह, उमेश चंद्र शिव, बल्लू बलराम, अजय प्रसाद गुप्ता, संजय मेहता सहित अन्य मंडल अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं ने हैदरनगर हाईस्कूल मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल का जाएजा लेने के बाद कहा कि आगंतुकों के लिये भीषण गर्मी को देखते हुए समुचित पेयजल व आपातकलीन चिकित्सा सेवा बहाल रहेगी।
बैठक में पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. अजय जयसवाल, रणविजय सिंह, सरयू प्रसाद गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।
उधार के पैसे लौटाने के बहाने महिला को बुलाया होटल, किया दुष्कर्म....
5 Apr, 2024 06:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर। गोलमुरी की एक महिला से दुष्कर्म करने, वीडियो बनाकर वायरल करने और हत्या करवा देने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में महिला की शिकायत पर गोलमुरी थाना में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र निवासी जगजीत सिंह सोनू के विरुद्ध दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला से आरोपित की इस तरह से हुई जान-पहचान
महिला के अनुसार, आरोपित भाजपा से जुड़ा हुआ है। पुलिस को शिकायत में बताया कि वह घर में सिलाई कढ़ाई करती है। टाटा मोटर्स प्लांट का अस्थाई कर्मचारी जगजीत सिंह सोनू अपने परिवार का कपड़ा सिलाई करवाने उसके पास आता था। उससे परिचय हो गया। वह उनके घर आने जाने लगा। उससे सोनू ने एक लाख रुपये की मदद मांगी, तो उसने दो किस्त में एक लाख रुपया उसे दे दिया।
आरोपित ने महिला को बुलाया होटल
कुछ दिन बाद रुपये मांगने लगी तो 18, 2023 मार्च को उसने कहा कि भुइयांडीह श्मशान घाट के पास होटल में आ जाओ और अपने रुपये ले लो। वहां जाने पर उसने रुपये की बजाय तीन चेक दिया। कोल्ड ड्रिंक व नाश्ता मंगवाया। कोल्ड ड्रिंक पीने को कहा।
जैसे ही पिया, सिर चकराने लगा और नशा महसूस होने लगा। बेहोशी की हालत में सोनू ने दुष्कर्म किया और उसे बेहोशी की अवस्था में छोड़कर चला गया। होश में आई तो देखा कि उसके शरीर पर कपड़े नहीं है। कपड़ा पहन कर घर आ गई। घर में आकर स्वजन और बच्चों को घटना के बारे में बताया।
धनबाद में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी
5 Apr, 2024 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शुक्रवार का दिन धनमौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, दोपहर में लू चलने की प्रबल संभावना है। बाद के लिए काफी गर्म रहने वाला है। जबकि सुबह की धूप ही लोगों को चूभ रही है। सुबह आठ बजे के आसपास तेज धूप थी और दिन बढ़ने के साथ ही यह और भी गर्म होती जा रही है। सुबह के नौ बजे के आसपास तो धूप को सहन करना मुश्किल हो रहा था, जबकि दस बजे तक तो यह असहयनीय हो चुकी है।
32 डिग्री सेल्सियस पहुंचा सुबह का तापमान
स्थिति यह है कि लोग अपने काम-काज, स्कूल, काॅलेज के लिए सिर पर गमछा रख और मुंह ढ़क कर बाहर निकल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार सुबह नौ बजे तक धनबाद शहर का तापमान जहां 32 डिग्री था, वहीं महज एक घंटे के बाद यानी सुबह के दस बजे तक यह 36 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि दोपहर दो बजे तक इसके 40 डिग्री के पार पहुंचने का अनुमान है।
कुछ ऐसा है शहर का हाल
सुबह सवेरे बरटांड क्षेत्र की बात करें तो यहां की सड़कों के किनारे लगने वाली दुकानें सज चुकी हैं। सभी ने अपने ठेला के ऊपर बड़े आकार का छाता लगाया हुआ है।
सब्जी बेचने वाली महिलाएं छाता लेकर या फिर स्कार्फ या गमछा से अपने सिर को ढकी हुई हैं। वहीं राह पर पैदल चल रहे लोग भी गमछे से अपना सिर और मुंह ढ़के हुए हैं।
इतना ही नहीं, बाइक या स्कूटी से चलने वाले लोग भी हेलमेट पहनने के बावजूद भी गमछा से अपने चेहरे को ढ़के हुए थे। जिन स्थायी दुकानों के अंदर तक सूर्य की तेज किरण पहुंच रहीं थी, उन्होंने इससे बचने के लिए पर्दा लगा रखा है।
सरकारी और निजी कार्यालय खुले हुए हैं। इतनी गर्मी के बावजूद भी लोग अपना काम कर रहे हैं। इधर मौसम विभाग ने दो दिन पूर्व ही लोगों को दोपहर में नहीं निकलने की अपील की है।
ग्राहक बन बार पहुंची SDO ने की छापामारी
5 Apr, 2024 12:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मानगो थाना क्षेत्र एनएच 33 स्थित राॅयल हिल्स परिसर के पायजन नामक बार में रंग-रलियां मनाई जा रही थी। इसका खुलासा गुरुवार देर रात एसडीओ पारुल कुमार सिंह की छापामारी में हुआ।
पुलिस ने दस बार बालाओं को पकड़ा
अधिकारी हैरान रह गए कि वहां बार बालाएं डांस कर रही थीं। ग्राहक सामने बैठे थे। रुपये उड़ाये जा रहे थे। हुक्का, शराब और बीयर का दौर चल रहा था। 10 बार बालाओं को पुलिस ने पकड़ लिया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
बार बालाओं के साथ ठुमका लगा रहे ग्राहक अलग-अलग गेट से भाग निकले। गेट पर तैनात बाउंसर भी गायब हो गए। बार बलाएं पश्चिम बंगाल, नागपुर और मुंबई समेत अन्य क्षेत्र की है। अवैध धंधा लंबे समय से चल रहा था। बार से शराब की बोतलें और अन्य सामान बरामद की गई है।
फ्लोर पर चल रहा था अश्लील डांस
इधर, एसडीओ ने बताया कि गोपनीय सूचना मिली थी कि बार में बार बालाएं डांस करती हैं। सूचना की पुष्टि के लिए वह अपने अंगरक्षक मृत्युंजय कुमार, साधन, दलपति और अन्य के साथ वहां पहुंची। ग्राहक की तरह प्रवेश किया। देखा कि अलग-अलग गेट पर बाउंसर खड़े थे। सभी वाॅकी-टाॅकी से लैस थे। देखा कि बार बालाएं एक-एक कर आकर डांस फ्लोर पर अश्लील डांस कर रही थीं।
बार बालाओं को दिया जाता पैसे का लालच
वह स्टिंग ऑपरेशन करती रही। सूचना मानगो पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस पहुंची। 10 बार बलाएं पकड़ी गई।
एसडीओ ने बताया कि मामले में होटल के मालिक, मैनेजर, बार के संचालक समेत सभी पर कानूनी कार्रवाई होगी।
बालाओं ने बताया कि रुपये का लालच देकर उन सभी को बुलाया जाता था। फिलहाल एसडीओ की इस कार्रवाई के बाद हाईवे के किनारे के रिसॉर्ट, रेस्टोरेंट बार संचालकों में हड़कंप मच गया है।
जेल से हेमंत सोरेन का संदेश लेकर आईं कल्पना, कहा.....
5 Apr, 2024 12:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मटवारी स्थित गांधी मैदान में गुरुवार को झामुमो ने अपना 45वां स्थापना दिवस समारोह भव्यता के साथ मनाया। सांस्कृतिक दलों के साथ झामुमो ने स्थापना दिवस समारोह के बहाने अपनी ताकत का भी प्रदर्शन किया और करीब आठ से दस हजार लोग समारोह में शामिल हुए।
जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा पंडाल
दिन के 11 बजे से कार्यकर्ताओं की टोली पहुंचने लगी थी। करीब चार बजे पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन का आगमन हुआ और जिंदाबाद के नारों से पूरा पंडाल गुंज उठा। कार्यकर्ता 'जेल का ताला टूटेगा हेमंत सोरेन छूटेगा' के नारे के बीच कल्पना सोरेन का स्वागत किया गया।
वही देश और राज्य के साथ-साथ पार्टी के शहीदों को नमन करते हुए कल्पना सोरेन ने अपना संबोधन प्रारंभ किया। देरी के लिए माफी मांगी और बताया कि हेमंत जेल में हैं, सप्ताह में एक दिन मुलाकात की होती है और उनसे मिलकर आने में देर हो गई।
जेल से हेमंत का संदेश लेकर आई कल्पना
कल्पना सोरेन ने कि जेल से संदेश लेकर आई हूं, आपका बेटा झुकेगा नहीं, रुकेगा नहीं। बताया कि दिशोम गुरु ने नंगे पाव महाजनों के खिलाफ आंदोलन प्रारंभ किया था।
उनके सामने उनके पिता की हत्या आवाज उठाने के कारण कर दी गई। वे डरे नहीं, लड़े और राज्य को अलग पहचान दी। बताया कि हेमंत भी बाबा की तरह संघर्ष कर रहे हैं, झुकेंगे नहीं, संघर्ष करेंगे।
जनता से मांगा दिल्ली की सत्ता को हिलाने का आशीर्वाद
कल्पना ने आगे कहा कि भाजपा आदिवासी का बेटा हेमंत को देखना नहीं चाहती। झारखंड से सौतेला व्यवहार और नफरत करती है। उन्होंने कोविड काल में किए गए कार्यों का जिक्र किया और उनके द्वारा योजनाओं की जानकारी देते हुए चुनाव में मतदान कर हेमंत को दिल्ली की सत्ता को हिलाने का आशीर्वाद मांगा।
समारोह में शामिल होने पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथलेश ठाकुर, राज्य सभा सदस्य महुआ माझी, विधायक मथुरा महतो, गिरिडीह विधायक सुदीव्य कुमार सोनू, संजीव बेदिया, फागू बेसरा के साथ साथ कमल नयन सिंह व प्रमंडल स्तर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे।
सभा में जुटी जनजातीय महिलाओं की भीड़
दिन के एक बजे नेताओं का गाजा बाजे के साथ आगमन प्रारंभ हो गया था और यह सिलसिला मुख्य अतिथि कल्पना सोरेन के आगमन तक चला। समारोह में ग्रामीण क्षेत्र से आए जनजातीय महिलाओं की सबसे अधिक संख्या रही और वे पूरे समय तक पंडाल में जमे रहे।
झामुमो का इतिहास विकास गीत के माध्यम से कलाकार पेश करते रहे। पेलावल से मो. सरफुद्दीन के नेतृत्व में दो पेड़ पौधा के सांकेतिक रुप में रथ बनाकर मोटरसाइकिल पहुंचे और ये समारोह में चर्चा का विषय बना रहा। जिला प्रशासन की ओर से पांच बजे तक सभा करने की अनुमति प्रदान की गई थी और निर्धारित समय से 10 मिनट पूर्व सभा को समाप्त कर दी गई।
कल्पना संग तस्वीर खिंचवाने के लिए कार्यकर्ता दिखे उत्सुक
इस दौरान कार्यकर्ता और नेता पूर्व मुख्यमंत्री कल्पना सोरेन के साथ एक तस्वीर के लिए प्रयास करते दिखाई दिए। सभा और समारोह का केंद्र बिंदू भी कल्पना सोरेन थी और अपने शानदार भाषण से हेमंत सोरेन का संदेश भी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाया।
सभा की समाप्ति संथाली भाषा में दिशोम गुरु शिबु सोरेन के संदेश के साथ संपन्न हुआ। समारोह को विधायक मथुरा महतो, मंत्री मिथलेश सिंह, विधायक सोनू कुमार सूदीप, कमल नयन सिंह, फागू बेसरा, सहित अन्य ने भी संबोधित किया।
हेमंत सोरेन ही करते थे BMW कार का उपयोग....
4 Apr, 2024 09:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। ईडी की विशेष अदालत में दाखिल चार्जशीट में ईडी ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बयान भी लगाया है। ईडी ने कोर्ट को बताया है कि 31 जनवरी को गिरफ्तार करने के बाद हेमंत सोरेन से ईडी ने लंबी पूछताछ की है।
हेमंत सोरेन ने बरियातू की विवादित 8.86 एकड़ जमीन, बरामद दस्तावेज, राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद से खुद को अनभिज्ञ बताया। उन्होंने यह भी बताया कि न तो जमीन उनकी है, न ही दस्तावेज के बारे में वो जानते हैं और न हीं भानु प्रताप प्रसाद से उनका कोई संपर्क है।
हालांकि, पूछताछ में उन्होंने यह स्वीकार कर लिया कि दिल्ली स्थित शांति निकेतन से 28 जनवरी की रात अपनी ब्लू रंग की बीएमडब्ल्यू कार से निकले थे। उक्त कार हरियाणा में पंजीकृत है, जिसे अगले दिन 29 जनवरी को छापेमारी के दौरान ईडी ने जब्त किया था।
हेमंत सोरेन ने अपने बयान में यह भी स्वीकार किया कि उक्त बीएमडब्ल्यू कार का संचालन वे करते थे। छानबीन में यह भी खुलासा हुआ कि उक्त बीएमडब्ल्यू कार को खरीदने के लिए बर्ड ऑटोमोटिव नामक शोरूम में हेमंत सोरेन स्वयं गए थे।
उक्त कार मेसर्स भगवानदास होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर खरीदी गई थी। उसका चालक झारखंड भवन नई दिल्ली में कार्यरत है। चालक ने भी ईडी के सामने स्वीकार किया है कि उक्त बीएमडब्ल्यू कार हेमंत सोरेन की निजी कार है।
कांग्रेस MLA ने निशिकांत दुबे के खिलाफ चुनाव आयोग में दर्ज कराई शिकायत....
4 Apr, 2024 09:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड के पोड़ैयाहाट से कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने गोड्डा के भाजपा सांसद और लोकसभा चुुनाव के प्रत्याशी निशिकांत दूबे के विरुद्ध चुनाव आयोग से शिकायत की है।
उन्होंने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर सांसद द्वारा उनके विरुद्ध अभद्र टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
प्रदीप यादव के अनुसार, गोड्डा के सरैयाहाट प्रखंड स्थित मंगलडीह में निशिकांत दूबे ने 30 मार्च को कहा कि चुनाव के दौरान दुष्कर्म मामले में वे (प्रदीप यादव) जेल जा सकते हैं। सांसद ने उनके संबंध में बलात्कारी शब्द का प्रयोग किया। इससे उनकी छवि खराब हुई है।
उन्होंने लोकसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू होने का हवाला देते हुए इसके तहत सांसद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कांग्रेस के सरयौहाट प्रखंड के अध्यक्ष अशोक यादव की भी इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त को की गई शिकायत की जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दी है।
राज्य सरकार की नीतियों से हर वर्ग निराश : सुदेश
आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा है कि राज्य सरकार ने सवा चार साल के कार्यकाल में अपनी गलत नीतियों से समाज के हर वर्ग को निराश किया है। राज्य में अपराध का ग्राफ बढ़ा और विकास का ग्राफ गिरा है। लोकसभा चुनाव में जनता इन्हें अपने वोट की ताकत का अहसास दिलाएगी। सुदेश ने गुरुवार को रांची स्थित आवासीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि आजसू का प्रयास झारखंड के वर्तमान के साथ-साथ भविष्य को बेहतर बनाने का है। इस मौके पर पार्टी के महासचिव रवि शंकर मौर्य के नेतृत्व में जमशेदपुर से आए कई समाजसेवियों और युवा व्यवसायियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में अमन सिंह, विवेक सिंह, नवीन कुमार, धीरेंद्र नायक, विजेंद्र नाथ महतो, रणंजय सिंह, देवा सिंह, रणविजय सिंह, सिंटू कुमार, सौरभ सिंह, सचिन सिंह, सतेंद्र कुमार आदि सम्मिलित हैं।
छह अप्रैल से बिगड़ने वाला है झारखंड का मौसम; ऐसा रहेगा हाल
4 Apr, 2024 01:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी समेत पूरे राज्य के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। गत दिनों हुई वर्षा के बाद राजधानी के तापमान में दो डिग्री की कमी रिकॉर्ड की गई है तो तेज धूप का असर भी बरकरार है। लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण शहर के स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि चार, पांच और छह अप्रैल को हीट-वेव का असर देखने को मिलेगा। सबसे अधिक हीट-वेव का असर दक्षिणी हिस्से के अलावे पूर्वी हिस्से में देखने को मिलेगा।
वहीं सात अप्रैल को राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में कहीं-कहीं 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा बहने और वज्रपात के साथ वर्षा होने की संभावना है। राजधानी में छह अप्रैल की दोपहर या शाम में आंशिक बादल छाए रहेंगे। जिसके बाद गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।
इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची व आसपास के जिलों में अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
इसके बाद अगले तीन दिनों धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। चार और पांच अप्रैल को रांची में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग ने जारी की बुलेटिन
राज्य में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने विशेष बुलेटिन जारी की है। हीट वेव के खतरे से बचने के लिए लोगों को खासकर दोपहर 12 से तीन बजे के बीच धूप में बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।
कहा गया कि पर्याप्त पानी पीएं, प्यास न लगी हो फिर भी साफ पानी पीएं, हल्के रंग के ढीले और छिद्रयुक्त सूती कपड़े पहनें, धूप में बाहर जाते समय सुरक्षात्मक चश्मे, छाता या टोपी, जूते या चप्पल का प्रयोग करें। जब बाहर का तापमान अधिक हो तो बाहरी गतिविधियों से बचें।
यात्रा करते समय पेयजल अवश्य रखें। शराब, चाय, काफी और कार्बोनेटेड शीतल पेय से बचें। ये शरीर को डी-हाईड्रेट करते हैं। उच्च प्रोटीन वाले भोजन से बचने और बासी भोजन न करने, बाहर काम करने वालों को टोपी या छाते का उपयोग करने, सिर, गर्दन, चेहरे और अंगों पर एक नम कपड़े का भी उपयोग करने की सलाह दी गई है।
हीट वेव से सुरक्षा के उपाय
हीट वेव की चपेट में आने के बाद बेहोश या बीमार महसूस होने पर तुरंत डाक्टर से मिलें। ओआरएस, घर में बना पेय लस्सी, तोरानी (चावल का पानी), नींबू पानी, छाछ आदि का उपयोग करें।
जानवरों को छाया में रखने और उन्हें पीने के लिए भरपूर पानी देने के साथ घर को ठंडा रखने के लिए पर्दे, शटर या सनशेड का उपयोग करने की सलाह दी गई है। रात में खिड़कियां खुली रखने तथा पंखें का प्रयोग करने, गीले कपड़े पहनने और बार-बार ठंडे पानी से स्नान करने की सलाह दी गई है।
ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य का मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर का रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस गढ़वा का रहा। वहीं राजधानी रांची की बात करें तो अधिकतम 36.8 डिग्री और न्यूनतम 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हेमंत सोरेन सहित पांच अन्य के खिलाफ ED ने दाखिल किया चार्जशीट
4 Apr, 2024 01:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भूमि घोटाला मामले में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित पांच अन्य के खिलाफ ईडी कोर्ट में संज्ञान लिया है। अदालत ने मामले में आर्किटेक्ट विनोद सिंह, रामकुमार पाहन और हिलेरियस कश्यप को समन जारी किया है। ईडी ने मामले में जांच पूरी करते हुए सभी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर दिया है। इसी पर अदालत में संज्ञान लेते हुए समन जारी किया है। फिलहाल इस मामले में पूर्व सीएम हेमंत सोरेन जेल में बंद है।
हेमंत सोरेन से जुड़े इस मामले में 18 को सुनवाई
इधर, रांची सीजेएम केके मिश्रा की अदालत में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ ईडी द्वारा समन का अनुपालन नहीं करने को लेकर दाखिल शिकायतवाद पर सुनवाई टल गई।
अब इस मामले में अगली सुनवाई 18 अप्रैल को निर्धारित की गई है। बुधवार को मामले में सुनवाई होनी थी, लेकिन हेमंत सोरेन की उपस्थिति दर्ज नहीं कराई गई।
उपस्थिति के लिए कोर्ट ने जारी किया समन
मामले में अदालत ने संज्ञान लेने के बाद उपस्थिति के लिए समन जारी किया है। बता दें कि ईडी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ वहां के सीजेएम कोर्ट में समन के बावजूद नहीं पहुंचने को लेकर शिकायतवाद दर्ज कराई है।
उसी का हवाला देते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ भी रांची की निचली अदालत में शिकायतवाद दर्ज कराई गई है। ईडी के आठ समन पर हेमंत ईडी के समक्ष उपस्थित नहीं हुए थे। हेमंत द्वारा ईडी अधिकारियों के खिलाफ एसटी-एससी थाने में दर्ज प्राथमिकी मामले में दो लोगों का बयान कोर्ट में दर्ज किया गया है।
झारखंड में होगा I.N.D.I.A. का शक्ति प्रदर्शन, महारैली की जमकर तैयारी
4 Apr, 2024 01:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई और दिल्ली में बड़ी रैलियों के बाद भाजपा विरोधी आइएनडीआइए के घटक दलों के नेताओं का अगला जुटान रांची में होगा। राज्य में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) महारैली की मेजबानी करेगा। महारैली की तिथि की जल्द ही घोषणा कर दी जाएगी। इसमें शामिल होने का न्योता आइएनडीआइए के सभी कद्दावर नेताओं को भेजा जाएगा।
इन दो मौकों पर मुंबई और दिल्ली में हुई थी रैली
उल्लेखनीय है कि मुंबई में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन के अवसर पर और दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आइएनडीआइ की रैली हुई थी।
दोनों कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री कल्पना सोरेन ने हिस्सेदारी की थी। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के विरुद्ध झारखंड मुक्ति मोर्चा ने विरोध-प्रदर्शन से लेकर उपवास कार्यक्रमों की घोषणा की थी। हर मंच से हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का प्रतिकार किया गया।
महारैली से होगा चुनाव प्रचार अभियान का आगाज
महारैली में तमाम साथी दलों के कद्दावर नेताओं की मौजूदगी से झारखंड मुक्ति मोर्चा को अपना अभियान चलाने में और बल मिलेगा। मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन और कल्पना सोरेन लगातार विभिन्न मंचों से हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के विरुद्ध अपनी बातें मजबूती से रखते हैं। महारैली राज्य में आइएनडीआइए के लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान का भी आगाज होगा।
रैली की तिथि को लेकर बुलाई गई बैठक
पांच अप्रैल को महारैली की तिथि की घोषणा समेत अन्य तैयारियों के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। बैठक मुख्यमंत्री आवास में होगी।
बैठक में राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों के साथ-साथ लोकसभा चुनाव में साथी दल कांग्रेस और राजद के साथ समन्वय पर विचार-विमर्श होगा। इस लिहाज से बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सीटों के बंटवारे के तहत झारखंड मुक्ति मोर्चा के हिस्से में पांच संसदीय क्षेत्र आए हैं। मोर्चा ने अभी तक अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा नहीं की है। जबकि कांग्रेस ने तीन और भाकपा माले ने एक सीट पर प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
बैठक में इस पर चर्चा के साथ-साथ लोकसभा चुनाव के प्रचार की रणनीति भी तय की जाएगी। इसके अलावा गांडेय विधानसभा उपचुनाव पर भी विमर्श होगा। गांडेय से कल्पना सोरेन को चुनाव मैदान में उतारना तय हो चुका है। इसकी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
पांच लोकसभा क्षेत्र से झामुमो के संभावित उम्मीदवार
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) बाहर से दल में आने वाले को प्रत्याशी बनाने की पक्ष में नहीं है। मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने भी वरीय नेताओं को इस आशय का संदेश भेजा है। जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। संभावित प्रत्याशियों में राजमहल से मौजूदा सांसद विजय हांसदा उतारे जाएंगे।
वरिष्ठ विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी को दुमका, टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो को गिरिडीह, खरसावां के विधायक दशरथ गगराई को सिंहभूम और पूर्व सांसद स्वर्गीय सुनील महतो की बेटी स्नेहा महतो को जमशेदपुर से झामुमो चुनाव में उतार सकता है। इसका आधिकारिक एलान जल्द होगा।
PM Modi आज जमुई रवाना होने से पहले आएंगे देवघर
4 Apr, 2024 09:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 महीने बाद गुरुवार को एक बार फिर से बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर आ रहे हैं। झारखंड के रास्ते बिहार पहुंच रहे प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए जमुई में पहली चुनावी जनसभा करेंगे। इस क्रम में वह देवभूमि पर दस मिनट रूकेंगे।
बाबा बैद्यनाथ को नमन कर निकल जाएंगे जमुई
एयरपोर्ट से ही बाबा बैद्यनाथ को नमन करने के बाद वे जनसभा को संबोधित करने निकल जाएंगे। मोदी यहां एक हेलीकाप्टर से उतरेंगे और दूसरे से जमुई की चुनावी सभा के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
वापस भी आएंगे तो दस मिनट के अंतराल पर हेलीकाप्टर बदल कर दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। पीएम इस दौरान एयरपोर्ट के अंदर ही रहेंगे, यहां किसी आम-खास से उनकी कोई मुलाकात नहीं होगी।
2022 में बाबा बैद्यनाथ की पूजा करने यहां आए थे पीएम
इधर, प्रधानमंत्री के आगमन की खबर से जनमानस में हलचल बढ़ी हुई है। चौक-चौराहों पर मोदी-मोदी होने लगा है। देवभूमि में उनका उतरना मतदाताओं के बीच चुनावी चर्चा को बल दे रहा है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 जुलाई, 2022 को बाबा बैद्यनाथ की पूजा करने यहां आए थे। तब देवघर एयरपोर्ट के साथ एम्स में 250 बेड के आइपीडी का शुभारंभ किया था।
'मोदी के दिल में बसते हैं बिहार-झारखंड के लोग'
ऐसा माना जा रहा है कि बिहार-झारखंड की 54 संसदीय सीटों के चुनाव प्रचार का आरंभ और समापन का साक्षी देवघर बन रहा है। बिहार लोकसभा चुनाव के सहायक प्रभारी सह राज्य सभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिल में बिहार-झारखंड के लोग बसते हैं। मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते देशवासी देखना चाहते हैं। इधर जमुई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को लोजपा प्रत्याशी अरुण भारती के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
गायब राशन पर डीलरों ने दिया गजब का बयान, कहा......
3 Apr, 2024 04:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पीडीएस डीलरों ने तीन माह में 888 क्विंटल गरीबों का अनाज गायब कर दिया है। गायब हुए अनाज के पीछे जो तर्क दिया है वह भी चौंकाने वाला है। डीलरों ने विभाग को जानकारी दी है कि उनके अनाज चूहे खा गए हैं।
दरअसल, कटकमसांडी प्रखंड में पिछले वर्ष अगस्त माह से तीन माह में कागज पर 4947 क्विंटल अनाज चावल और गेहूं आवंटन किया गया था, लेकिन यहां के लाभुकों से बार-बार शिकायत मिल रही थी कि उन्हें अनाज कम दिया जा रहा है। जांच हुई तो 4059 क्विंटल अनाज (गेहूं और चावल) डीलरों के पास पाया गया।
एमओ शौकत सरवर ने मामले में क्या बताया
जांच कर रहे एमओ शौकत सरवर ने बताया कि गायब अनाज के बारे में जब डीलरों से जानकारी मांगी गई तो बताया कि उनके अनाज को चूहे खा गए हैं। डीलरों के जवाब के बाद इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
मालूम हो कि कटकमसांडी प्रखंड में जन वितरण प्रणाली की लगभग 127 दुकानें हैं। इन सभी ने अनाज को चूहे के खाने की बात कही है। डीलरों की यह बात विभाग को हजम नहीं हो रही है। इस पूरे प्रकरण के सामने जांच प्रारंभ होने से डीलरों में हडकंप है। बताया जा रहा है कि अगर सही से जांच की गई तो कई डीलरों के लाइसेंस रद हो सकते हैं।
देवघर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा से बदलेगी तस्वीर, अलग होगा नजारा
3 Apr, 2024 04:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देवघर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा ने संभावनाओं के कई रास्ते खोल दिए हैं। सबसे बड़ी बात यह कि यह एयरपोर्ट दिन और रात का हो गया। कल तक सूर्यास्त के बाद एयरपोर्ट की गतिविधि भी 12 घंटा के लिए अस्त हो जाती थी।
झारखंड का यह दूसरा एयरपोर्ट हो गया, जो 24 घंटा खुला रहेगा। नाइट लैंडिंग की सुविधा नहीं थी तो एक साल में 1.13 लाख यात्रियों ने अपनी यात्रा की। अब यात्रियों की यह संख्या दो गुणी से भी अधिक हो जाएगी। इंडिगो 500 नया एयरक्राफ्ट मंगा रही है।
इंडिगो सूत्रों के मुताबिक, अप्रैल माह से हर सप्ताह एक नया एयर बस इंडिगो कंपनी को मिलेगा। इसके बाद देवघर से बेंगलुरू और मुंबई की सेवा एक एक कर शुरू होगी। प्रबंधन ने सर्वे का काम कर लिया है। सर्वेक्षण के मुताबिक सबसे अधिक डीमांड बेंगुलुरू की है। एक अधिकारी की मानें तो बेंगलुरू की फ्लाइट शुरू होते ही प्रतिदिन फूल लोड मिल सकता है। दिल्ली के लिए दूसरी फ्लाइट भी इसी साल शुरू हो सकती है।
जुलाई 2024 तक इंडिगो सेवा देगी- बीडिंग
देवघर एयरपोर्ट पर बढ़ रही सुविधा के बाद दूसरे एयरलाइंस का ध्यान भी इस ओर आ गया है। एयर एशिया, बिस्तारा भी यहां अपनी सेवा दे सकता है। हालांकि, बीडिंग के मुताबिक, जुलाई 2024 तक इंडिगो की सेवा देगी। यह पहले से करार है। दूसरी एयर लाइंस के आने के बाद फ्लाइट के बढ़ने के बाद यात्रियों को फायदा हाेगा। कारण किराया कम होगा। प्रतियोगिता बढ़ेगी तो उसका सारा लाभ यात्री को ही होगा।
दिल्ली की दो फ्लाइट होने के बाद सुबह दिल्ली से देवघर आकर रात में लौट जाने का मकसद पूरा हो जाएगा। कम से कम दो फ्लाइट देवघर-दिल्ली की होगी तो प्रतिदिन 186 की जगह 372 यात्री आने-जाने लगेंगे। इसी तरह बेंगलुरू, मुंबई की प्रस्तावित सेवा शुरू होगी तो यात्री और प्रीमियम यात्री आएंगे। रात की फ्लाइट से आने वाले एक रात ठहरेंगे। बाजार घूमेंगे। बाजार में पैसा आएगा।
नाइट लैंडिंग नहीं होने से इमरजेंसी वाली बात अधूरी थी
एयरपोर्ट था, लेकिन नाइट लैंडिंग नहीं होने से इमरजेंसी वाली बात अधूरी थी। रात में आने जाने की सुविधा नहीं होने से 24 घंटा का इंतजार होता था अथवा ट्रेन को विकल्प बनाना होता था।
होटल में भीड़ बढ़ेगी। बाबा मंदिर में प्रीमियम सुविधा लेने वाले भक्त आएंगे तो शीघ्रदर्शनम के रास्ते मंदिर का कोष बढ़ेगा। पुरोहितों की आमद बढ़ेगी। यहां के शिक्षण संस्थान, चिकित्सीय संस्थान, प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधि बढ़ेगी। सरकारी और गैर सरकारी संस्थान की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार होने लगेंगे।
कारण उसमें देश के किसी कोने से आने वाले आसानी से पहुंच जाएंगे। अब तक इसका संकट था। अभी एक फ्लाइट होने से भी लोगों को परेशानी हो रही थी। कभी कभी टिकट नहीं मिलता था तो कभी फ्लाइट रद हो जाती थी।
कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के पिता को ED ने किया तलब
3 Apr, 2024 04:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में जमीन घोटाले को लेकर ईडी लगातार कार्रवाई कर रही है, लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। इस क्रम में आज पूर्व मंत्री योगेंद्र साव भी ईडी कार्यालय पहुंचे हुए हैं। उनसे जमीन घोटाला मामले में पूछताछ होनी है। बता दें कि योगेंद्र साव बड़कागांव की विधायक अंबा प्रसाद के पिता हैं।
अंबा प्रसाद के ठिकानों पर ईडी की छापामारी
बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की विधायक अंबा प्रसाद से जुड़े 17 ठिकानों पर ईडी ने बीते 12 मार्च को छापामारी की थी। मामला हजारीबाग में प्रतिबंधित किस्म की जमीन को अवैध तरीके से हड़पने की कोशिश मामले में मनी लांड्रिंग से संबंधित था।
जमीन विवाद में अंबा के परिवार का भी नाम आया सामने
इस दौरान जमीन विवाद में अंबा प्रसाद और उनके परिवार का नाम सामने आया। गौरतलब है कि इस छापामारी में ईडी को कुछ ठिकानों से लगभग 10 लाख नकद, भारी मात्रा में भूमि से जुड़े दस्तावेज, भूमि की खरीद-बिक्री व काले धन के निवेश से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। ईडी इन सभी बरामदगी को मनी लांड्रिंग के बिंदु पर देख रही है।