बिहार-झारखण्ड
सीता सोरेन इस दिन करेंगी रामगढ़ का दौरा....
2 Apr, 2024 07:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रामगढ़(दुमका)। जामा विधानसभा से झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व विधायक सह वर्तमान में भाजपा के दुमका लोकसभा प्रत्याशी सीता सोरेन पांच या छह अप्रैल को रामगढ़ प्रखंड का दौरा कर सकती है।
सीता सोरेन भाजपा में योगदान करने एवं भाजपा द्वारा दुमका लोकसभा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पहली बार आज तीन अप्रैल को दुमका आ रही है। सीता सोरेन के दुमका आगमन को लेकर मंगलवार को रांची में भाजपा की एक बैठक भी की गई है। जिसमें सीता सोरेन के कार्यक्रम को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
जामा और रामगढ़ प्रखंड पर है अच्छी पकड़
सीता सोरेन का दुमका में भव्य स्वागत किया जाएगा। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है की पांच या छह अप्रैल को सीता सोरेन रामगढ़ प्रखंड का दौरा कर सकती है। जामा विधानसभा का तीन बार प्रतिनिधित्व करने के कारण जामा एवं रामगढ़ प्रखंड में उनकी अच्छी पकड़ है।
जामा एवं रामगढ़ प्रखंड के दर्जनों झामुमो कार्यकर्ता सीता सोरेन के संपर्क में हैं। सीता सोरेन के दुमका आने के बाद उनसे मिलने के पश्चात यह सभी कार्यकर्ता भी भाजपा में योगदान कर सकते हैं।
दुमका में होगी गोपनीय बैठक
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीता सोरेन दुमका आने पर जामा एवं रामगढ़ के कई झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ गोपनीय बैठक भी करेगी। सूत्रों पर भरोसा करें तो कई ऐसे झामुमो समर्थक भी हैं जिनका सीता सोरेन से काफी अच्छा संबंध रहा है।
यह समर्थक अंदर ही अंदर सीता सोरेन के पक्ष में काम करने का आश्वासन दे रहे हैं। इधर कई भाजपा कार्यकर्ता भी ऐसे हैं जो सुनील सोरेन के टिकट कटने से अंदर ही अंदर काफी दुखी है। इन कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक वे लोग सीता सोरेन से मुलाकात नहीं करेंगे तब तक कुछ भी नहीं कहा जा सकता।
भाजपा कार्यकर्ताओं करेंगे जोरदार स्वागत
हालांकि सीता सोरेन के रामगढ़ प्रखंड आने पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें कई जगह पर स्वागत किया जाएगा। कार्यकर्ता कड़बिंधा, महुबना, मयूरनाथ एवं रामगढ़ बाजार में सीता सोरेन का भव्य स्वागत करेंगे। सीता सोरेन का रामगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक की भी तैयारी की जा रही है।
हालांकि जिला से निर्देश मिलने के बाद ही इस पर मोहर लगेगी। हालांकि कई आदिवासी गांव में सीता सोरेन के झामुमो छोड़ने पर आदिवासियों के बीच आक्रोश भी देखा जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में आदिवासी आज भी शिबू सोरेन के पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा पर ही विश्वास करते हैं।
बढ़ती गर्मी के कारण विद्यालय में पानी के लिए तरस रहे बच्चे....
2 Apr, 2024 07:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
डुंगी। प्रचंड गर्मी के चलते जलस्तर का पाताल में जाने से कुमारडुंगी प्रखंड में जल संकट उत्पन्न हो गई है। यहां लोग एक-एक बुंद पानी के लिए तरसने लगे हैं। इसका असर अधिकतर विद्यालयों में देखने को मिल रहा है।
विद्यालयों में जल संकट के कारण बच्चे पानी की बोतल ढोकर जाने को मजबूर हैं। पेयजल की समस्या आसानी के साथ आदर्श विद्यालय उत्क्रमित उच्च विद्यालय उलीहातु में देखने को मिल जाएगा। यहां विद्यालय में जल संकट जनवरी माह के आरंभ से ही उत्पन्न हो गई है। तब से बच्चे एक-एक बूंद पानी को लेकर परेशान हो रहे हैं।
स्कूली बच्चों को हरी परेशानी
बच्चे एक बुंद पानी के लिए पाइप लाइन पर मुंह लगाकर पानी खींचने की कोशिश करते हैं। इसमें भी बच्चे को मात्र बुंद भर पानी मिल पाता है। कुछ बच्चे बोतलों में पीने का पानी लेकर आते हैं। लेकिन पानी जल्द खत्म हो जाने से परेशानी पुन शुरू हो जाता है।
हालांकि 738 छात्रों वाले इस विद्यालय में दो चापाकल एवं एक जलमीनार बनी हुई है लेकिन तीनों बेकार है। दोनों चापाकल खराब है। पानी बाल्टी भर भी नहीं निकलता है। वहीं जलमीनार बनने के बाद से ही खराब पड़ी है। तीनों पानी देने वाले तंत्र विद्यालय की शोभा बढ़ा रही है।
विद्यालय ने स्थानीय जनप्रतिनिधि को लिखा था पत्र
इस समस्या को लेकर विद्यालय ने स्थानीय जनप्रतिनिधि को जनवरी माह के आरंभ में ही लिखित आवेदन देकर अवगत करवाया है। इसके अलावा उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी आवेदन देकर अवगत कराया है।
नहीं हुआ परेशानी का समाधान
तीन माह बीत जाने के बाद भी किसी ने समस्या का सामाधान नहीं किया। समस्या को महत्व नहीं देने से सैकड़ों बच्चे चिलचिलाती धूप में पीने के पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। इसके अलावा विद्यालय में कमरों की कमी के कारण कक्षा एक, दो व तीन के बच्चे एक कमरे में बैठते हैं।
जबकि कक्षा चार व पांच के बच्चे एक कमरे में बैठने को मजबूर हैं। विद्यालय में शिक्षकों की भी काफी कमी है। इस तरह विद्यालय में काफी कमी होने के बाद भी विद्यालय को एक आदर्श विद्यालय का दर्जा दिया गया है।
क्या कहते हैं बच्चे
विद्यालय के बच्चों का कहना है कि हमारे विद्यालय में पीने की पानी की समस्या काफी दिनों से है। इसलिए काफी परेशानी होती है। एक बोतल घर से लाते हैं, पानी जल्दी खत्म हो जाता है। ऐसे में परेशानी बढ़ जाती है।
पीने का पानी के लिए रोज बोतलों में पानी भरकर लाते हैं। अधिक धूप होने के कारण प्यास अधिक लगती है। लेकिन बचाकर पानी थोड़ा-थोड़ा पीना पड़ता है। पीने का पानी तो घर से बोतल में भरकर लाते हैं। लेकिन मध्याह्न भोजन के लिए बर्तन धोने को पानी नहीं मिलती है।
पानी की तलाश में गांव के अंदर जाना पड़ता है। पीने का पानी के लिए विद्यालय में काफी समस्या है। इस पर हमारे मुखिया, विधायक, संसद किसी को नजर नहीं है। हमारे स्कूलों पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कांग्रेस कमेटी के उपाध्य ने ये कहा
कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष पुरेन्द्र हेम्ब्रम मैंने विद्यालय में पानी की समस्या को लेकर स्थानीय विधायक को आवेदन दिये थे। उन्होंने समस्या का निदान करने की सांत्वना दी थी।
एक माह बाह बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हमने उन्हें फोन कर पुन याद दिलाया। लेकिन बस सांत्वना ही मिला। स्थानीय जनप्रतिनिधि को शिक्षा के क्षेत्र में भी ध्यान देना चाहिए।
चार अप्रैल से शुरू होगी जेईई मेन की परीक्षा....
2 Apr, 2024 06:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से जेईई मेन के दूसरे सत्र का आयोजन चार अप्रैल से हो रहा है। इसका प्रवेशपत्र जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थी इसकी वेबसाइट जेईई मेन डॉट एनटीए डॉट इन पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। जेईई मेन अप्रैल सत्र की परीक्षा चार, पांच, छह, आठ, नौ और 12 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।
एनटीए के अनुसार पहली परीक्षा तिथि के तीन दिन से पहले प्रवेश कार्ड जारी होगा। अभी चार अप्रैल की परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी किया गया है। दूसरी तिथि का प्रवेश पत्र एनटीए की ओर से क्रमवार जारी किया जाएगा।
रिपोर्टिंग टाइम के अनुसार सेंटर पर पहुंचे- आशुतोष
एनटीए के सिटी कोऑर्डिनेटर आशुतोष कुमार ने बताया कि छात्र प्रवेश पत्र में रिपोर्टिंग टाइम के अनुसार ही सेंटर पर पहुंचने का प्रयास करें। परीक्षा के आधे घंटे पहले प्रवेश कर लेना होगा। इसके बाद किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। पेपर-एक की पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह नौ से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से छह बजे तक होगी।
पेपर-दो की परीक्षा पहली पाली में सुबह साढ़े नौ से दोपहर साढ़े 12 तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से छह तक होगी। जेईई मेन में अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ एक फोटो व पहचान पत्र लेकर परीक्षा केंद्र पर जाना होगा।
इसके बिना प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। यहां बता दें कि धनबाद में आइओएन डिजीटल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। हर दिन 1300 से अधिक छात्र परीक्षा देंगे।
किस दिन कितने छात्र देंगे परीक्षा
- चार अप्रैल : प्रथम एवं द्वितीय पाली 648
- पांच अप्रैल : प्रथम पाली 648, द्वितीय पाली 649
- छह अप्रैल : प्रथम पाली 648, द्वितीय पाली 648
- आठ अप्रैल : प्रथम पाली 649, द्वितीय पाली 648
- नौ अप्रैल : प्रथम पाली 648, द्वितीय पाली 614
- 12 अप्रैल : प्रथम पाली 136
अब हर ओयो होटल की गंभीरता से कराई जाएगी जांच......
2 Apr, 2024 12:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी में कई इलाकों में खुलेआम जिस्मफरोशी का रैकेट चल रहा है। रांची पुलिस ने सोमवार को सदर, बरियातू और कई इलाकों में छापामारी कर 20 लड़की और छह युवकों को हिरासत में लिया है। एसएसपी चंदन सिन्हा को सूचना मिली थी कि शहर के कई इलाकों में जिस्मफरोशी का रैकेट चल रहा है। एसएसपी ने तीन स्पेशल टीम का गठन किया है।
बंगाल और बांग्लादेश की हैं लड़कियां
पूरे शहर में एक साथ टीम के द्वारा छापामारी गई। पुलिस ने सदर और बरियातू इलाके में छापामारी कर कार्रवाई किया। पुलिस का कहना है कि जिन लड़कियों को हिरासत में लिया गया है वह बंगाल और बांग्लादेश की है।
पुलिस का कहना है कि अभी कार्रवाई चल रही है पूरे मामले का खुलासा जल्द किया जायगा। जिस होटल और लाॅज से लड़कियों को बरामद किया गया है उसके संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
ओयो में चल रहा इस तरह का खेल
पुलिस का कहना है कि शहर के कई इलाकों में ओयो होटल चल रहा है। ओयो होटल में ही इस तरह का खेल चल रहा है। जिला के सभी थानेदारों को आदेश दिया गया है कि उनके क्षेत्र में जितने भी ओयो होटल है उन पर विशेष नजर रखें और कार्रवाई करें।
पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही है कि ओयो होटोल में स्कूली छात्र और छात्राएं पहुंच रही हैं। यह गंभीर मामला है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि हर ओयो होटल की गंभीरता से जांच कराई जाएगी।
हिरासत में लिए गए युवक और लड़कियों ने पुलिस को बताया है कि वह पिछले कई माह से यह काम कर रहे हैं। रांची पुलिस मंगलवार को पूरे मामले का खुलासा करेगी। पुलिस को कुछ अन्य लोगों का भी नाम मिला है जो इसमें शामिल हैं। पुलिस सभी का सत्यापन कर रही है।
झारखंड के इन जिलों में तापमान 40 के पार, पूरे राज्य के लिए रेड अलर्ट जारी
2 Apr, 2024 12:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी रांची समेत पूरे राज्य का तापमान सातवें आसमान पर है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने एक अप्रैल को अपनी रिपोर्ट में पूरे राज्य के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। पूरे राज्य की धरती तप रही है और पाकुड़, गोड्डा और जमशेदपुर का तापमान 40 के पार पहुंच चुका है।
वहीं, रांची का तापमान भी 35 के पार पहुंच चुका है। मौसम विज्ञानी के द्वारा वर्तमान स्थिति को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि यदि स्थिति यही रही तो मई और जून में तपती गर्मी लोगों को रूलाएगी। ऐसा पहली बार हुआ कि अप्रैल माह में इतनी गर्मी पड़ रही है।
रविवार को हुई वर्षा ने तपिश को कम जरूर किया है, लेकिन दोपहर की तेज और तीखी धूप ने लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान में बताया गया है कि राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
इसके बाद अगले दो दिनों में इसमें धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। यह स्थिति राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में 5 अप्रैल तक रहेगी, इसके बाद 6 और 7 अप्रैल को कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद बताते हैं कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि अप्रैल माह में 4 और 5 तारीख को राज्य के दक्षिणी पूर्वी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां के अलावे देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा और साहिबगंज में हीट-वेव का असर देखने को मिलेगा। इसे लेकर विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है।
आज से खुल जाएंगे स्कूल
शहर में 2 से 4 अप्रैल के बीच सभी स्कूल खुल जाएंगे। गर्मी की तपिश को देखते हुए अंदाजा लगाया जा सकता है कि आगामी दिनों बच्चों को कितनी मुश्किल होगी। गर्मी के असर को देखते हुए शिक्षा विभाग भी अलर्ट मोड पर है। जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय के द्वारा नए शैक्षणिक सत्र के दौरान गर्मी पर भी नजर रखी जा रही है।
आगामी दिनों में अगर गर्मी का असर बढ़ा और हीट-वेव जैसी स्थिति राजधानी में उत्पन्न हुई तो कदम उठाए जाने की बात कही जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची से जारी रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सिर्फ रांची, खूंटी, जामताड़ा सिमडेगा, गुमला, हजारीबाग और चतरा का तापमान 35 व 36 डिग्री के आसपास है।
शेष जगहों पर तापमान या तो 40 के पार है या फिर 40 के आसपास है। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कुछ जगहों पर मेघगर्जन, आंधी और ओलावृष्टि के साथ हल्की वर्षा हुई है। सबसे अधिक वर्षा 19.3 मिमी गढ़वा के नगर उंटारी में रिकॉर्ड की गई।
गर्मी के असर को देखते हुए छुट्टी देने का आग्रह
वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान पाकुड़ का 41.5 डिग्री सेल्सियस जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री डाल्टेनगंज का रिकार्ड किया गया। वहीं, राजधानी रांची की बात करें तो अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अभी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। शैक्षणिक सत्र की शुरूआत हो रही है। कुछ दिनों तक स्कूलों का संचालन होने के बाद यदि राजधानी का तापमान 40 के पार पहुंचता है तो बेशक एसोसिएशन के द्वारा जिला प्रशासन से गर्मी के असर को देखते हुए छुट्टी देने का आग्रह किया जाएगा।
गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। शिक्षा विभाग और डीसी कार्यालय से जैसे ही दिशा निर्देश प्राप्त होगा, सभी सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों के लिए सूचना जारी कर दी जाएगी। आमतौर पर अभिभावकों की शिकायत पर डीसी कार्यालय गर्मी छुट्टी मामले में हस्तक्षेप करता है।
जमशेदपुर के पोटका में 40 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद....
1 Apr, 2024 08:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पोटका। झारखंड-ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्र होने से ओडिशा से बड़े पैमाने पर अवैध अंग्रेजी शराब लाकर झारखंड में बेचा जाता है। इसी मामले को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान द्वारा टीम बनाकर पुटलूपूग एवं बलियाढिपा में एक ही रात दो जगह छापामारी कर विभिन्न ब्रांड के 40 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया गया।
दो को पुलिस ने किया गिरफ्तार
इस मामले को लेकर छापामारी के दौरान सुमन मंडल एवं बलियाढिपा से कुनु महाली को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता हासिल की वही दोनों ने अपना अपराध कबूल करते हुए कहा कि कुछ सरकारी शराब दुकान से तथा ओडिशा राज्य से विदेशी अंग्रेजी शराब लाकर कोवाली एवं उसके आसपास के क्षेत्र में बेचा जाता है।
दोषियों पर की जाएगी कड़ी कार्रवाई
वहीं इस मामले पर थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने कहा कि अवैध अंग्रेजी शराब बेचने वालों की अब खैर नहीं लगातार छापामारी की जाएगी इसमें जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा साथ ही साथ अन्य नशीली पदार्थ तथा आईपीएल में सट्टेबाजी करने वालों को भी पुलिस नजर बनाए हुए हैं।
5 से 7 अप्रैल तक इस रूट की 6 ट्रेनों का परिचालन होगा प्रभावित....
1 Apr, 2024 07:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल में रेलवे 05 से 07 अप्रैल तक रेल विकास का कार्य को अंजाम देगी। इस कारण रेलवे ने 06 ट्रेनों को शार्ट-टर्मिनेट व शार्ट-ओरिजिनेट कर चलाने का निर्णय लिया है।
वहीं, रेलवे ने 05 और 06 अप्रैल को टाटानगर से खुलने वाली ट्रेन नंबर 18601 टाटानगर- हटिया एक्सप्रेस का परिचालन परिवर्तित मार्ग चांडिल-गुंडा बिहार-मुरी होकर हटिया स्टेशन तक चलाएगी।
ये ट्रेनें शॉर्ट-टर्मिनेट व शॉर्ट-ओरिजिनेट कर चलेगी
6 अप्रैल को ट्रेन नंबर 08174/08652 टाटानगर-आसनसोल-बाराभूम मेमू स्पेशल का परिचालन आद्रा स्टेशन तक होगा।
05 और 07 अप्रैल को ट्रेन नंबर 08680/08679 आद्रा-मिदनापुर-आद्रा मेमू स्पेशल का परिचालन गारबेटा स्टेशन तक होगा।
05 और 07 अप्रैल को ट्रेन नंबर 08671/08672 आद्रा-भागा-आद्रा स्पेशल का परिचालन भोजुडीह स्टेशन तक होगा।
बिजली के लिए इस जिले को अभी करना होगा इंतजार....
1 Apr, 2024 07:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रमना। शनिवार के रात आई तूफान के बाद गढ़वा जिले की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई है। पलामू के लहलहे स्थित सुपर पावर ग्रिड से रमना के भागोडीह ग्रिड सब स्टेशन की ट्रांसमिशन लाइन के चार टावर क्षतिग्रस्त हो जाने से गढ़वा जिला को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही बिजली आधारित काम बुरी तरह से प्रभावित हो गया है।
रविवार की देर रात बिहार के सोननगर से गढ़वा, बी मोड़ और भागोडीह ग्रिड सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति आरंभ कर लोगों को राहत दी गई है। अभी सोननगर से दस मेगावाट बिजली मिल रही है। जिसे रोटेशन के आधार पर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति की जा रही है।
रिहंद से फिलहाल 25 मेगावाट बिजली मिलने की संभावना
इधर, दूसरे ओर उत्तर प्रदेश के रिहंद-बी मोड़ ट्रांसमिशन लाइन को भी दुरुस्त कर जिलेवासियों को बिजली आपूर्ति किए जाने का प्रयास संचरण विभाग द्वारा किया जा रहा है। रिहंद से फिलहाल 25 मेगावाट बिजली मिलने की संभावना है। रविवार की देर रात रमना प्रखंड के भागोडीह, मड़वनिया, रमना, सिलीदाग, गम्हरिया तथा बुलका पंचायतों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दिया गया है।
वहीं, प्रखंड के शेष पंचायतों में बिजली बहाली के लिए विभाग द्वारा तेजी से फाल्ट को खोज कर उसे ठीक करने का काम किया जा रहा है।
भाजपा विधायक के खिलाफ FIR दर्ज....
1 Apr, 2024 07:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार और बाघमारा के विधायक दुलु महतो के खिलाफ मारवाई सम्मेलन के जिला अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल को धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। दरअसल, कृष्णा अग्रवाल ने दुलु महतो की उम्मीदवारी का विरोध किया था।
बरबड्डा थाना प्रभारी सुनील कुमार रवि ने मीडिया को बताया कि कृष्णा अग्रवाल की शिकायत पर दुलु महतो और प्रिंस खान के खिलाफ उन्होंने एफआईआर दर्ज की है। पूर्व भाजपा नेता कृष्णा अग्रवाल ने बताया कि प्रिंस खान ने एक ऑडियो क्लिप के जरिए उन्हें दुलु महतो की उम्मीदवारी का विरोध न करने की धमकी दी थी।
मारवाई सम्मेलन के जिला अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को एक चिट्ठी लिखी। इस चिट्ठी में उन्होंने बताया कि दुलु महतो के निर्देश पर प्रिंस खान और उसके गुंडे उनपर और उनके परिवार पर हमला कर सकते हैं।
बता दें कि शुक्रवार को कृष्णा अग्रवाल और पूर्वी जमशेदपुर के विधायक सरयू राय ने एक प्रेस कॉन्फेरेंस के दौरान दुलु महतो की उम्मीदवारी का विरोध किया था। उन्होंने बताया कि दुलु महतो के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस बयान के बाद दुलु महतो ने भी कृष्णा अग्रवाल को फोन पर धमकी दी थी। एफआईआर दर्ज होने के बाद भाजपा के उम्मीदवार ने धनबाद उपायुक्त से इस मामले में फॉरेंसिक जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि उन्हें बदनाम करने के लिए ऑडियो क्लिप जारी की गई थी।
हेमंत सोरेन ने हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ याचिका वापस ली....
1 Apr, 2024 07:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री ने विधनसभा में बजट सत्र में शामिल होने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाई कोर्ट ने उन्हें बजट सत्र में भाग लेने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद उन्होंने अदालत के इस फैसले को चुनौती थी। हालांकि, अब सोरेन ने सुप्रीम कोर्ट से हाई कोर्ट को चुनौती देने वाली याचिका वापस ले ली है।
सुप्रीम कोर्ट ने दी याचिका वापस लेने की अनुमति
हेमंत सोरेन ने हाई कोर्ट में 23 फरवरी से दो मार्च तक के बजट सत्र में भाग लेने की अनुमति मांगी थी। 28 फरवरी को हाईकोर्ट ने सोरेन की याचिका खारिज कर दी थी। सोमवार को जब उनकी याचिका जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस केवी विश्वानाथन की पीठ के पास सुनवाई के लिए आई तो सोरेन की तरफ से वकील कपिल सिब्बल अदालत में पेश हुए। कपिल सिब्बल ने कहा उन्हें (सोरेन) अपनी याचिका वापस लेने की अनुमति दी जाए, क्योंकि बजट सत्र दो मार्च को समाप्त हो गया।
सिब्बल ने कहा, "मैं इसे वापस लेना चाहता हूं। अदालत में उठाए गए कानून के सवाल को खुला रखा जा सकता है।" सुप्रीम कोर्ट ने याचिका वापस लेने की अनुमति दे दी। उन्होंने कहा कि कानून के सवाल को खुला छोड़ दिया गया है।
जनवरी में हुई थी गिरफ्तारी
झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को प्रर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था। फिलहाल उन्हें न्यायिक हिरासत में रख गया है। रांची की एक विशेष अदालत ने 22 फरवरी को सोरेन को विधानसभा सत्र में भाग लेने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, इससे पहले पांच फरवरी को हाई कोर्ट ने सोरेन को विधानसभा में विश्वास मत में भाग लेने की अनुमति दी थी। सोरेन के खिलाफ धन शोधन के आरोप अवैध रूप से अचल संपत्ति रखने और भूमि माफिया से कथित संबंध रखने से जुड़े हैं।
बिजनेसमैन पति ने ही दी थी पत्नी की हत्या की सुपारी....
1 Apr, 2024 07:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में प्लाईवुड कारोबारी रवि अग्रवाल की पत्नी की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस ने 72 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए रवि अग्रवाल समेत तीन हत्यारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि रवि अग्रवाल ने अपनी पत्नी ज्योति की हत्या की सुपारी दी थी।
बीच हाईवे पर की गई थी हत्या
दरअसल प्लाईवुड कारोबारी रवि अग्रवाल अपनी पत्नी ज्योति और अपने दो बच्चों के साथ एक होटल में भोजन करने के बाद घर लौट रहे थे। इस बीच एनएच-33 पर कांदरबेड़ा में तीन हमलावरों ने उनकी कार रोक ली। पुलिस का कहना है कि पहले से बनाई गई योजना के मुताबिक बदमाशों ने ज्योति को गोली मार दी। पुलिस का कहना है कि घटना से पहले रवि अग्रवाल ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें अज्ञात लोगों द्वारा फिरौती के लिए धमकी दी जा रही है।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
बताया जा रहा है कि अग्रवाल और ज्योति के बीच शादी के बाद से तनावपूर्ण रिश्ते थे। ज्योति के पिता प्रेमचंद अग्रवाल ने इस मामले में पुलिस में मामला दर्ज कराया है। उन्होंने अपने दामाद के खिलाफ अपनी बेटी की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया और न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस अधिकारी सुनील कुमार रजवार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने अग्रवाल की गिरफ्तारी के लिए सबूत जुटाए। जब कड़ी पूछताछ की गई तो अग्रवाल ने कहा कि उसके ज्योति के साथ झगड़े होते रहते थे। इसलिए उसने हत्या की साजिश रच डाली। हत्यारों की पहचान पंकज कुमार साहनी (20), रोहित कुमार दुबे (20) और मुकेश मिश्रा (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने जांच के बाद एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस समेत अग्रवाल के पांच स्मार्टफोन और एक कार भी जब्त की है।
BJP प्रत्याशी के खिलाफ इस विधायक ने खोल दिया मोर्चा....
30 Mar, 2024 06:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी ढुलू महतो के खिलाफ वह धनबाद लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। भाजपा यदि चाहती है कि वह ऐसा नहीं करें तो तत्काल धनबाद में अपना प्रत्याशी बदले।
सरयू राय ने यह बातें शुक्रवार को यहां धैया में अपने समर्थक व मारवाड़ी सम्मेलन के धनबाद जिलाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल के आवास पर पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने विधायक ढुलू महतो के खिलाफ सीधा मोर्चा खोलते हुए कहा कि वह यहां की जनता की रक्षा के लिए चुनाव में उतरने के लिए तैयार हैं।
सरयू राय ने क्या कुछ कहा
उन्होंने कहा कि यहां हम आपको याद करा दें कि सरयू राय लंबे समय से धनबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए वह बराबर धनबाद का दौरा करते रहे हैं। भाजपा से टिकट के दावेदारों में उनका भी नाम शामिल था, लेकिन बाजी ढुलू महतो ने मार ली।
विदित हो कि कृष्णा अग्रवाल ने ढुलू को प्रत्याशी बनाने के विरोध में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को पत्र लिखा था। इसे लेकर ढुलू और कृष्णा अग्रवाल के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत का एक ऑडियो गुरुवार को वायरल हुआ था। इसके दूसरे दिन ही सरयू राय धनबाद पहुंच गए थे।
सरयू राय ने कहा कि प्रिंस खान ने जब व्यवसाय वर्ग के साथ आम जनता को धमकाने का काम किया तो वह सामने आकर लड़े। आज ईडी व उच्च जांच एजेंसी इस मामले की जांच कर रही है।
वहीं, कृष्णा अग्रवाल ने कहा कि सरयू राय धनबाद से चुनाव लड़ें, उन्हें पूरा समर्थन रहेगा। इसके लिए माहौल भी तैयार हो रहा है। इस मौके पर विजय कुमार झा, उदय सिंह, अरविंद सिंह, कृष्णा अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद थे।
प्रत्याशियों के साथ स्टार प्रचारकों के खर्च पर रहेगी EC की नजर....
30 Mar, 2024 06:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 के शंखनाद के साथ ही यह भी तय कर दिया है कि कोई भी उम्मीदवार चुनाव प्रचार में कितना खर्च कर सकता है।
आयोग ने साफ किया है कि इस बार संसद का चुनाव लड़ रहा छोटे राज्य का कोई भी प्रत्याशी 75 लाख और बड़े राज्यों के उम्मीदवार अधिकतम 95 लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे।
विधानसभा चुनाव में इतने रूपये खर्च कर सकेंगे प्रत्याशी
वहीं विधानसभा चुनावों में प्रत्याशियों के खर्च की सीमा 40 लाख रुपये तय है। इसमें चाय-पानी के खर्च से लेकर बैठकों, जुलूसों, रैलियों, विज्ञापनों, पोस्टर-बैनर और वाहनों का खर्च भी शामिल होता है।
दरअसल, चुनाव के दौरान निष्पक्षता कायम रखने के लिए चुनाव आयोग हर उम्मीदवार के लिए चुनाव के दौरान खर्च की अधिकतम सीमा तय कर देता है।
चुनाव आयोग को देना होगा ब्योरा
इससे चुनाव में धन-बल के इस्तेमाल पर काबू पाया जाता है। इस खर्च की गणना नामांकन के साथ शुरू हो जाती है। चुनाव आयोग के नियम के अनुसार हर प्रत्याशी को नामांकन कराने के बाद से ही एक डायरी में रोज के खर्च का हिसाब रखना पड़ता है और चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरा ब्योरा आयोग को देना होता है।
स्टार प्रचारकों के खर्च पर रहेगी चुनाव आयोग की नजर
स्टार प्रचारकों के खर्च पर भी चुनाव आयोग की नजर है। कोई भी स्टार प्रचारक अपने जेब में एक लाख रुपये तक रख सकता है। चुनाव आयोग के मुताबिक, किसी भी पार्टी का प्रत्याशी अपनी जेब में 50 हजार और उसका प्रचार करने आए स्टार प्रचारक एक लाख से ज्यादा की रकम अपने जेब में नहीं रख सकता।
अगर निर्धारित रकम से ज्यादा रकम की बरामदगी होती है तो रकम तो जब्त कर ही ली जाएगी। साथ में उस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई भी होगी। चुनाव आयोग ने इसके साथ यह भी निर्देश दिए हैं कि प्रत्याशी अपने रोजाना के खर्चे के लिए एक अलग से रजिस्टर रखेंगे और उसका पूरा ब्योरा हर रोज चुनाव आयोग को भेजेंगे।
इस रजिस्टर में प्रत्याशी कब कहां और कितनी रैली की और उसमें कितना खर्च हुआ, इसका पूरा हिसाब तो रखेंगे साथ ही उसकी पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराएंगे।
रोजाना खर्चे की जानकारी भी चुनाव आयोग को देनी होगी
रोजाना फूल माला, खानपान, ढोल, डांस पार्टी, वाहन आदि का रेट भी चुनाव आयोग द्वारा तय दरों के हिसाब से ही देना होगा। चुनावी खर्च के संबंध में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के प्रावधानों में स्पष्ट किया गया है कि राजनीतिक दल के स्टार प्रचारक अपने दल के प्रचार कार्यक्रम के लिए किसी साधन से आना-जाना करते हैं।
तो उसका खर्च उम्मीदवार के चुनावी खर्च में नहीं जोड़ा जाएगा, लेकिन अगर उम्मीदवार स्टार प्रचारक के साथ यात्रा करेगा या फिर स्टार प्रचार की सभा या पंडाल में अपना नाम बैनर पोस्टर फोटो लगाएगा तो उसका आधा खर्चा उम्मीदवार के हिस्से में जोड़ा जाएगा।
चाय-समोसे से लेकर वाहन तक की दरें तय
एक कप चाय का दाम कम से कम आठ रुपये और एक समोसे की कीमत कम से कम 10 रुपये जोड़ी जाएगी। बर्फी, बिस्कुट, ब्रेड पकौड़ा से लेकर जलेबी तक की कीमत तय है।
ऐसे ही अगर कोई प्रत्याशी किसी मशहूर गायक आदि को प्रचार के लिए बुलाता है, तो उसकी फीस दो लाख रुपए मानी जाएगी। इसी तरह वाहन और अन्य चीजों की भी दरें तय हैं। हालांकि, ज्यादा भुगतान होने पर असली बिल भी लगाया जा सकता है।
रंगदारी नहीं देने पर कारोबारी की पत्नी की गोली मारकर हत्या....
30 Mar, 2024 06:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर। शहर के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने व्यवसायी रवि अग्रवाल की पत्नी ज्योति अग्रवाल के सिर में गोली मार दी।
घटना उस समय हुई जब रवि अपनी पत्नी व दो बेटे रियान व रिधान के साथ भिलाई पहाड़ी स्थित मिनी पंजाब होटल से खाना खाकर कार से मरीन ड्राइव स्थित आस्था हाईटेक सिटी स्थित अपने घर लौट रहे थे।
चांडिल थाना क्षेत्र कांदरबेड़ा के पास टेंथ माइल स्टोन की है घटना
घटना रात लगभग 10 बजे सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र कांदरबेड़ा स्थित टेंथ माइल स्टोन के समीप की है। रवि अग्रवाल अपने परिवार के साथ लौट रहे थे, तभी पत्नी कुछ असहज महसूस कर रही थी। रवि ने कार रोकी। इसी दौरान पीछा कर रहे अपराधियों ने पत्नी को गोली मार दी। घटना के बाद ज्योति को टीएमएच ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंचे पदाधिकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद झारखंड सरकार के स्वास्थ्य सह आपदा मंत्री बन्ना गुप्ता, सिटी एसपी मुकेश लुणायत सहित सिंहभूम चैंबर के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढ़ाढ़स बंधाया।
रवि प्लाईवुड और लेमिनेशन का काम करते हैं और उनका कार्यालय भुइंयाडीह स्लैग रोड में है। हत्या की घटना से व्यवसायियों में आक्रोश है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे है।
इधर, सरायकेला-खरसावां जिले के एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
25 लाख की मांगी गई थी रंगदारी
सीतारामडेरा थाना की पुलिस ने नहीं दिखाई गंभीरतारवि के स्वजनों के अनुसार अपराधियों ने 22 व 23 फरवरी को कार्यालय के बाहर खड़े एक स्कूटर पर कागज छोड़कर चले गए थे।
इसमें रवि से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रवि ने मामले की लिखित शिकायत 26 फरवरी को सीतारामडेरा थाना की पुलिस से की थी। पुलिस ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई।
मुसाबनी से आकर बसा था परिवार
रवि अग्रवाल के दादा मुसाबनी के विख्यात व्यवसायी छबील दास अग्रवाल के पोते हैं और 25 साल पहले जमशेदपुर में आकर बसे थे। इनके पिता प्रेम अग्रवाल जुगसलाई में रहते हैं जो तेल व्यवसायी हैं।
व्यवसायी पर हमला निंदनीय
सिंहभूम चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका झारखंड में लॉ एंड ऑर्डर की लचर व्यवस्था के कारण यह घटना घटित निंदनीय है। राज्य में जब व्यवसायियों पर हमला होगा तो बाहर से निवेशक कैसे आएंगे। हमारी मांग है दो दिन में अपराधियों की गिरफ्तारी हो।
झारखंड की सियासत में BJP ने खेला बड़ा दांव....
30 Mar, 2024 06:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में अपने हिस्से की 13 सीटों में तीन पर महिला उम्मीदवारों को लोकसभा चुनाव में उतारा है। यह पहली बार है, जब पार्टी ने लोकसभा चुनाव में तीन महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया है। हालांकि, इनमें सभी महिला प्रत्याशी दूसरे दलों से भाजपा में शामिल होकर चुनाव लड़ रही हैं।
भाजपा के पास एक सक्रिय महिला मोर्चा है और तीन महिला विधायक हैं, लेकिन लोकसभा प्रत्याशी बनाने के मामले में पार्टी ने दूसरे दल से आई महिलाओं को प्राथमिकता दी है। इनमें कांग्रेस से आई गीता कोड़ा सिंहभूम से, झामुमो से आई सीता सोरेन दुमका से और राजद से 2019 में आईं अन्नपूर्णा देवी कोडरमा से प्रत्याशी हैं।
कांग्रेस के पास राज्य में सबसे ज्यादा महिला विधायक हैं, लेकिन अबतक जिन तीन लोकसभा प्रत्याशियों की घोषणा हुई है उनमें कोई महिला नहीं है।
झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन से कई नामों की चर्चा
महिला प्रत्याशी के मामले में राज्य की सत्तारूढ़ गठबंधन की तरफ से कई नामों की चर्चा है। सबसे ज्यादा चर्चा चतरा और पलामू सीट के लिए हो रही है। इनमें पलामू से ममता भुईयां और चतरा से नीलम देवी का नाम प्रमुख है। दोनों ही राजद की तरफ से टिकट की आस में हैं, लेकिन अभी तक इनके नाम पर मुहर नहीं लगी है।
आदिवासी महिलाओं को संदेश देगी भाजपा
भाजपा ने सिंहभूम और दुमका की सीट पर आदिवासी महिला प्रत्याशी दिया है। इससे आदिवासी बहुल क्षेत्र की महिलाओं से संवाद करने में पार्टी को आसानी होगी। हालांकि दुमका में भाजपा के पास लुईस मरांडी जैसी नेत्री हैं जो विधायक और मंत्री भी रह चुकी हैं।
दुमका लोकसभा के जामा विधानसभा क्षेत्र से झामुमो विधायक रहीं सीता सोरेन भाजपा के लिए पड़ोसी सीट गोड्डा और राजमहल में भी प्रचार करेंगी। हालांकि पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं के मन में इस बात का मलाल है कि अपने लोगों को चुनाव लड़ाने योग्य नहीं समझा गया है, लेकिन पार्टी अनुशासन की वजह से कोई मुंह नहीं खोल रहा है।