बिहार-झारखण्ड
इस पॉलिटेक्निक कॉलेज में BCA में होगा डायरेक्ट एडमिशन....
13 Apr, 2024 07:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुमला। झारखंड के गुमला पॉलिटेक्निक में बीसीए में डायरेक्ट नामांकन की सुविधा उपलब्ध है। वैसे छात्र-छात्राएं, जिन्होंने 45 प्रतिशत अंकों के साथ 10 प्लस टू किसी भी संकाय से उत्तीर्ण हैं, वे सीधे नामांकन करा सकते हैं।
कम्प्यूटर और आइटी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए गुमला पॉलिटेक्निक प्रबंधन ने बीसीए डिग्री कोर्स की शुरुआत की है।
10 अप्रैल से शुरू होकर 15 मई तक चलेगी आवेदन की प्रक्रिया
एआइसीटीई और झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से मान्यता प्राप्त डिग्री कोर्स में ऑनलाइन या ऑफलाइन अपनी सुविधा के अनुसार आवेदन किया जा सकता है।
आवेदन की प्रक्रिया दिनांक 10 अप्रैल से शुरू होकर 15 मई तक चलेगी। गुमला पॉलिटेक्निक में दी जा रही कौशल योजना और उज्ज्वला मासिक योजना में नामांकन हेतु चयन, साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
झारखंड में फिर बिगड़ा मौसम, कई इलाकों में बारिश....
13 Apr, 2024 07:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चतरा। चतरा में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है। आसमान में बादल छाने के चलते ओलावृष्टि और बारिश की संभावना है। हालांकि, इन सबके बीच लोगों को चिलचिलाती धूप और गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
तापमान में ज्यादा अंतर नहीं दिखा है। शनिवार को यहां का अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार को भी यही हाल रहने का अनुमान है। करीब एक सप्ताह आंख मिचौली का खेल जारी है, लेकिन रविवार से फिर मौसम खराब हो गया है।
आस-पास के इलाकों में बारिश की संभावना
ऐसी संभावना है कि आस-पास के इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। आने वाले दो-चार दिनों तक मौसम का हाल ऐसा ही रहने का पूर्वानुमान है। मौसम का हाल देखकर किसान परेशान हैं।
वर्षा एवं ओलावृष्टि होती है तो वैसे में आम और महुआ का व्यापक नुकसान हो सकता है, क्योंकि आम और महुआ का फूल पेड़ों पर लदा हुआ है।
कृषि जानकारों ने क्या कुछ कहा
कृषि जानकारों ने कहा कि यदि मौसम साथ दिया तो दोनों की पैदावारी रिकॉर्ड स्तर पर होगी। स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक रंजय कुमार सिंह ने बताया कि यदि बेमौसम बरसात हुई तो किसानों को नुकसान का सामना करना पड़ेगा।
बता दें कि गेहूं और चने की फसल पूरी तरह से तैयार है। किसान उसे काट रहे हैं। आम और महुआ को भी बारिश की पानी से भारी नुकसान हो सकता है।
BJP पर बरसे CM चंपई, जोबा मांझी की नाराजगी पर साधा चुप्पी....
13 Apr, 2024 07:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गम्हरिया। सूबे के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन तीन दिवसीय दौरे के दौरान शनिवार को अपने विधानसभा सरायकेला के गम्हरिया पहुंचे। इस दौरान कांड्रा मोड़ पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री गम्हरिया के पिंडराबेड़ा में ग्रामीणों से मिले। गम्हरिया के होटल डॉल्फिन में ग्रामीण क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष और सदस्यों के साथ बैठक की।
कार्यकर्ताओं और बूथ कमेटी को दिए गए चुनावी टिप्स
करीब एक घंटे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं और बूथ कमेटी के सदस्यों को लोकसभा चुनाव में झामुमो और गठबंधन दल के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कराने के टिप्स दिए।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री चंपई सोरेन आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के बूथ संख्या एक से दस तक के झामुमो के बूथ अध्यक्षों और सदस्यों संग आयोजित बैठक में हिस्सा लिया।
भाजपा पूंजीपतियों की सरकार- चंपई सोरेन
इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह पूंजीपतियों की सरकार है। राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 50 साल पार कर चुके हर तबके की महिलाओं को पेंशन देने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि अबुआ आवास योजना से आवासहीन लोगों को मकान उपलब्ध करा रही है। रोजगार के क्षेत्र में भी आदिवासी मूलवासी व स्थानीय लोगों के लिए औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियों में 75 प्रतिशत नौकरियां आरक्षित करवाई गई।
सभी 14 सीटों पर इंडी गठबंधन जीतेगी- चंपई सोरेन
मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने आग कहा कि लोकसभा चुनाव में सभी 14 सीटों पर इंडी गठबंधन के प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे। कार्यकर्ताओ से अभी से तैयारी में जोर-शोर से जुट जाने की अपील की।
प्रत्याशियों के नाम पर घोषणा नहीं होने के सवाल पर कहा कि संगठन सामूहिक निर्णय से होता है। इंतजार कीजिए बहुत मजा आएगा। जोबा माझी को लेकर चल रही नाराजगी पर चुप्पी साध गए।
इन इलाकों में मच सकता है पानी का हाहाकार....
13 Apr, 2024 07:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भुरकुंडा (रामगढ़)। पेयजल व स्वच्छता प्रमंडल रामगढ़ के सौजन्य से चल रहे भुरकुंडा ग्रामीण जलापूर्ति योजना का टेंडर 31 मार्च को खत्म हो गया है।
इस बावत कार्यपालक अभियंता कार्यालय पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल रामगढ़ द्वारा जवाहर नगर, भुरकुंडा, पटेलनगर, सुंदर नगर व कुरसे पंचायत के मुखिया व जलसहिया को पत्र प्रेषित कर भुरकुंडा ग्रामीण जलापूर्ति योजना का हस्तनांतरण ग्राम जल व स्वच्छता समिति को करने का निर्देश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पांचों पंचायत में समन्वय बनाकर कमेटी का गठन कर योजना को चलानी है। सूत्रों की माने तो कमेटी गठन में पद के लिए विवाद हो रहा है। अविलंब पांचों पंचायत में समन्वय बनाकर कमेटी का गठन नहीं हुआ तो इन पंचायतों में पानी के लिए हाहाकार मच सकता है।
हालांकि, गर्मी व पर्व को देखते हुए विभाग ने जलापूर्ति तो बंद नहीं की है, लेकिन टेंडर खत्म होने के कारण जलापूर्ति योजना बाधिक हो सकती है। जलापूर्ति योजना बंद हो जाने से लगभग 50 हजार की आबादी प्रभावित होगी।
5 हजार 518 कनेक्शन
जानकारी के अनुसार, इन पांचो पंचायतों में 5 हजार 518 घरों में पानी की कनेक्शन है। लगभग 50 हजार की आबादी इस जल का उपयोग करती है। इसमें जवाहर नगर पंचायत में सबसे अधिक 2 हजार, पटेलनगर पंचायत में 1480, भुरकुंडा पंचायत में 1215, सुंदरनगर पंचायत में 640 और कुरसे पंचायत के 183 घरों में ग्रामीण जलापूर्ति का कनेक्शन है।
स्थानीय संचालक द्वारा तमाम उपभोक्ताओं को टेंडर खत्म होने की सूचना भी दे दी गई है। लोगों में संशय बना हुआ है कि कब समन्वय गठित होकर कमेटी बनेगी। क्या पानी हमलोगों का बंद हो जायेगा।
जल्द कमेटी कर दी जाएगी गठित- जेई
मामले पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के जेई मिन्हाज अंसारी ने बताया कि कमेटी गठन करने की दिशा में प्रयास शुरू कर दी गई है। जल्द ही पांचों पंचायत के मुखिया व जल सहिया के साथ पतरातू बीडीओ की देख-रेख में कमेटी गठित कर दी जायेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि फिल्हाल जलापूर्ति जारी रहेगी।
कचरा फेंकने को लेकर चचेरे भाइयों में विवाद, भाई ने ही भाई का तलवार से काट दिया हाथ....
13 Apr, 2024 06:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चतरा। झारखंड के चतरा शहर स्थित लाइन मोहल्ला के लियाकत अली रोड में शनिवार को कचरा फेंकने को लेकर चचेरे भाइयों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने घर से तलवार निकाला और दूसरे पक्ष पर सीधा वार कर दिया, जिससे मो. उमैर नामक युवक का हाथ कट गया।
साथ ही साथ मारपीट में मो. उमैर के भाई और दूसरे सदस्य भी जख्मी हो गए। उमैर की हालत गंभीर है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर किया था।
स्थिति को देखते हुए वहां के चिकित्सकों ने रिम्स रेफर कर दिया है। सदर थाना पुलिस इस मामले में फिलहाल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि पीड़ित परिवार ने चार लोगों को आरोपी बनाया है।
प्राथमिकी में क्या कुछ बताया
प्राथमिकी के लिए दिए गए आवेदन में कहा कि शनिवार को चचेरे भाई के साथ घर के पीछे कचरा फेंकने को लेकर विवाद हुआ था। कुछ ही देर बाद मिस्टर जावेद, मो. सिबगतुल्ला, जेबा परवीन एवं सेफा परवीन घर मे घुसकर गाली-गलौज करते हुए धारदार तलवार से हमला कर दिया।
इससे उमैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस बीच जब उसकी मां ने हस्तक्षेप किया तो उनका गला दबाते हुए सोने का चैन छीन लिया। आवेदन में यह भी कहा गया कि घर में रखे सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया है और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
भाजपा ने आइएनडीआइए की रैली को भ्रष्टाचारियों का जुटान बताया....
12 Apr, 2024 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। भाजपा ने 21 अप्रैल को रांची में प्रस्तावित आइएनडीआइए की रैली को भ्रष्टाचारियों का जुटान कहा है। प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि 21 अप्रैल को एक ही मंच पर भ्रष्टाचारी, सनातन विरोधी, टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग और परिवारवादी राजकुमार दिखेंगे।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि रैली का नाम उलगुलान रखना भगवान बिरसा मुंडा सहित झारखंड के अमर बलिदानियों का अपमान है। उलगुलान का आह्वान अंग्रेजों के अत्याचार के खिलाफ हुआ था।
ऐसे भ्रष्टाचारी जुटान का नाम उलगुलान देकर इन्होंने पूरे देश के आदिवासियों का अपमान किया गया है। आगामी चुनाव में जनता इन देश विरोधियों के खिलाफ उलगुलान करेगी।
सीता सोरेन का नाम लेकर मोर्चा पर साधा निशाना
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि सोरेन परिवार के घर की बड़ी बहू सीता सोरेन ने भी अपने साथ परिवार के भीतर हुए अन्याय के खिलाफ उलगुलान का एलान किया है। विषम परिस्थितियों में उन्होंने बच्चियों को पाला-पोसा था। परिवार में उन्हें तिरस्कृत किया गया।
प्रतुल शाहदेव ने आगे कहा कि सीता सोरेन ने अपने आंदोलनकारी पति स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के रहस्यमयी मौत को साजिश बताते हुए जांच की मांग की। सरकार ने उसे ठंडे बस्ती में डाल दिया। इसपर झारखंड मुक्ति मोर्चा खामोश क्यों है।
लोबिन हेम्ब्रम के अभियान पर चुप्पी साधना उलगुलान
उन्होंने कहा कि लोबिन हेम्ब्रम द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ , स्थानीय नीति और 1932 की स्थानीय नीति को लागू करने के लिए किए गए उलगुलान पर भी चुप्पी साध ली है। उल्टे उन पर प्रश्न उठाने के लिए झामुमो के नेताओं द्वारा टारगेट किया जा रहा है।
रात में घर से निकली लड़की ने सुबह वापस आकर तोड़ा दम....
12 Apr, 2024 07:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बरहेट (साहिबगंज)। बरहेट थाना क्षेत्र की एक किशोरी की मौत शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
एक कॉल के बाद घर से निकली लड़की
किशोरी के पिता ने बताया कि गुरुवार रात करीब नौ बजे उसकी बेटी के मोबाइल पर एक काॅल आया जिसके बाद वह घर से निकली। उन लोगों ने एक बाइक की आवाज भी सुनी। लगा कि वह आसपास ही कहीं गई होगी।
देर रात तक नहीं लौटी तो उन लोगों को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह वह लौट आयी। घर में बिछावन पर लेटी और कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
हाथ में अकबर का नाम, गले में रस्सी के निशान
उन्होंने पुलिस को बताया कि उसका प्रेम प्रसंग तलबड़िया के एक युवक से था। आशंका है कि वहीं उसकी बेटी को बुलाकर ले गया और सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया जिससे उसकी बेटी की मौत हो गई। सूत्रों की मानें तो किशोरी के हाथ व पैर पर मेहंदी से अकबर लिखा हुआ है। गले में रस्सी के निशान भी हैं।
एक आशंका यह भी है कि घटना से क्षुब्ध होकर किशोरी ने स्वयं आत्महत्या कर ली हो। बरहेट थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामला स्पष्ट हो पाएगा। बताया जाता है कि किशोरी अपने प्रेमी के साथ सिदो कान्हु की जयंती पर भोगनाडीह में लगे मेले में गई थी, जहां उसके साथ कुछ लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
शिबू व हेमंत सोरेन की तस्वीर के साथ जोड़ दिया आपत्तिजनक गाना....
12 Apr, 2024 07:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। इंटरनेट मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख शिबू सोरेन की तस्वीर के बैकग्राउंड में आपत्तिजनक गाना लोड करने को लेकर धनबाद थाने में प्रशासन ने आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया है। यह मुकदमा राजस्व उपनिरीक्षक धनबाद के देवेंद्र सिंह की लिखित शिकायत पर की गई है।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ गाना
देवेंद्र ने आवेदन में बताया है कि लोकसभा चुनाव के दौरान झारखंड चौपाल आइडी से इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत व शिबू सोरेन की तस्वीर लगाकर उसमें आपत्तिजनक गाना लोड किया गया है, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। इसके संचालक पर कार्रवाई की जाए।
हेमंत सोरेन की आपत्तिजनक फोटो भी हुई थी पोस्ट
गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पूर्व भी इसी फेसबुक आइडी से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की आपत्तिजनक तस्वीर फेसबुक पर पोस्ट की गई थी।
इसको लेकर झामुमो नेताओं ने धनबाद जिले के धनबाद, झरिया, सिंदरी आदि थानों में लिखित शिकायत देकर आइडी के संचालक पर कार्रवाई की मांग की थी।
इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से धनबाद थाने में आदर्श चुनाव आचार संहिता उल्लंघन की प्राथमिकी की गई थी। अभी इस मामले में जांच शुरू ही हुई थी कि अब उसी आइडी संचालक पर दूसरी प्राथमिकी भी हो गई।
रेलवे अंडरपास बना जी का जंजाल, एक महीने पहले पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन....
12 Apr, 2024 07:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पोटका। टाटा बादाम पहाड़ रेलवे लाइन में विद्या भारती इंग्लिश स्कूल के समीप फाटक को बंद कर अंडरपास को चालू किया गया था, जिसका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विधिवत रूप से एक माह पहले उद्घाटन किया गया है। वही ठेकेदार की लापरवाही के कारण अंडरपास इन दिनों हजारों स्कूली बच्चों के समक्ष जी का जंजाल बन चुका है।
सीमेंट के डस्ट से बढ़ रहा प्रदूषण
इस अंडरपास से होकर विद्या भारती इंग्लिश स्कूल, नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल, गिरी भारती हाई स्कूल एवं प्लस टू विद्या निकेतन उच्च विद्यालय के हजारों बच्चे एवं स्थानीय लोग तथा बच्चों के अभिभावक गुजरते हैं।
स्थानीय अंकुश मंडल एवं पोलटू दे का कहना कि अंडरपास के उद्घाटन के साथ ही कई शिकायतों के बाद ठेकेदार द्वारा कई जगह मरम्मत किया गया।
मगर ढलाई सही तरीके से नहीं होने के कारण अब गिट्टी उखाड़ने लगा है, जिसके कारण सीमेंट का डस्ट पाउडर बनकर आने-जाने वाले वाहनों से भारी प्रदूषण हो रहा है।
गिट्टी उखड़ने से बढ़ रही है परेशानी
जिसके कारण विद्यालय आने जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चे नाक, मुंह बंद कर अंडरपास को पार कर रहे हैं। साथ ही दिन में अंडरपास अंधेरा सा लगने लग रहा है क्योंकि इतना ज्यादा धूल उड़ने लगा है कि बच्चे, अभिभावक एवं स्थानीय लोग काफी परेशान नजर आ रहे हैं।
उनका कहना है कि 200 मी बने इस अंडरपास में जो ढलाई किया गया है, वह निम्न स्तर का किया गया है। जिसके कारण गिट्टी उखाड़ने लगा है और लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतें हो रही है वही कई बार सड़क की सफाई की गई इसके बावजूद गिट्टी का उखड़ना रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बच्चों के अभिभावकों को चिंता सता रही है कि कहीं बच्चे इस उड़ती धूल से गंभीर बीमारी के शिकार ना हो जाए।
नक्सलियों के दहशत से कांप रहा गोमिया....
12 Apr, 2024 07:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोमिया। गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के अति नक्सल प्रभावित बड़की सीधाबारा पंचायत के खखंदो में गुरुवार की देर रात को नक्सली गतिविधियां एक बार से फिर सामने आई हैं। हथियार के साथ पहुंचे करीब एक दर्जन नक्सलियों ने यहां बन रहे उच्च स्तरीय पुल के निर्माण कार्य में लगे कर्मियों के साथ जमकर मारपीट की और काम को भी बंद करा दिया। इस वारदात के बाद गुरुवार रात को ही यहां काम करने वाले कई मजदूर और ऑपरेटर कार्य स्थल से भाग गए।
लेवी व रंगदारी से जुड़ा है मामला
मारपीट में घायल पोकलेन ऑपरेटर अस्पताल जाने बात कह वहां से चला गया। मामला लेवी व रंगदारी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुरुवार रात को एक दर्जन की संख्या में हथियार से लैस वर्दीधारी नक्सली पहले निर्माण स्थल पर पहुंचे।
यहां काम करने वाले लोगों से नक्सलियों ने कार्यरत कंपनी के मुंशी के बारे में पूछा। यहां मौजूद कर्मियों ने मालूम नहीं होने की बात कही, जिसके बाद नक्सली आगे बढ़े और वहां मौजूद पोकलेन ऑपरेटर से पूछताछ करते हुए मुंशी का नाम और पता मांगने लगे।
नक्सलियों ने पोकलेन ऑपरेटर के साथ की मारपीट
ऑपरेटर ने कहा कि मुंशी फिलहाल खाना खाने गया हुआ है, वे थोड़ी देर इंतजार कर लें। कुछ देर इंतजार करने के बाद नक्सलियों ने पोकलेन ऑपरेटर से मुंशी का मोबाइल नंबर मांगा।
जिस पर ऑपरेटर ने कहा कि वह दो दिन पहले ही यहां काम करने आया है और उसे मुंशी का मोबाइल नंबर पता नहीं है। जिसके बाद नक्सली बिफर गए और उसे पीटते-पीटते कार्यस्थल से करीब दो सौ मीटर दूर ले गए।
इस दौरान नक्सलियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और बुरी तरह घायल कर दिया। काफी देर तक मारपीट करने के बाद भी जब वहां मुंशी नहीं पहुंचा तो कार्यस्थल पर ही मौजूद अन्य दो कर्मियों को नक्सलियों ने बुलाकर उन्हें भी जमकर पीटा। नक्सली काफी देर तक वहां डटे रहे और सभी को मारने की धमकी देते रहे।
लेवी को लेकर पहले भी यहां पहुंचे थे नक्सली
इधर, शुक्रवार सुबह आस-पास के ग्रामीणों ने बताया कि उक्त पोकलेन आपरेटर शुक्रवार अहले सुबह तक वहां था और घायल अवस्था में खुद ही अस्पताल जाने की बात कर रहा था। जिसके बाद वहां कोई कर्मी नजर नहीं आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, पोकलेन ऑपरेटर कार्यस्थल से भागकर अपने घर हजारीबाग चला गया है। घायलों के पेट, पीठ, सीने और कमर में चोट लगी है। मुंशी ने बताया कि पोकलेन आपरेटर को दो-तीन दिन पहले ही यहां काम पर रखा गया था। मुंशी के पास उसका मोबाइल नंबर नहीं था।
बता दें कि यहां उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कार्य महीनों से चल रहा है और संवेदक द्वारा निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार उच्च स्तरीय पुल निर्माण को लेकर पहले भी लेवी को लेकर यहां नक्सली पहुंचे थे।
नक्सली घटनाओं से थर्राता रहा है गोमिया
बता दें कि पिछले छह माह में गोमिया के कई क्षेत्रों में नक्सलियों की धमक दिखती रही है। कुछ माह पहले इसी गांव के पास नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी की बात कह पूर्व वार्ड सदस्य की बर्बर हत्या कर दी थी और पर्चे भी छोड़े थे। इसके बाद बीते माह ही झुमरा पहाड़ के पास सीआरपीएफ के जवानों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई थी। हालांकि, नक्सली जंगल में भागने में सफल हो गए थे। घटना को लेकर आस-पास के लोगों में दहशत का माहौल है।
लोकसभा चुनाव 2024 में वोट के दंगल में इस बार गुरुजी नहीं....
12 Apr, 2024 06:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दुमका। लगभग पांच दशकों से बिहार-झारखंड की राजनीति में धमक रखने वाले और 1980 से अब तक आठ बार दुमका से सांसद रहने से लेकर राज्यसभा सदस्य, केंद्रीय मंत्री व झारखंड के मुख्यमंत्री पद पर रह चुके शिबू सोरेन पहली बार चुनावी मैदान में नहीं हैं। दुमका से इस बार झामुमो से नलिन सोरेन तो भाजपा से सीता सोरेन मैदान में हैं।
दुमका के खिजुरिया में स्थित झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के आवासीय परिसर में खड़ी उनकी सुगनिया जीप क्लासिक को भी उनके आने का इंतजार है। दरअसल, यह वही क्लासिक जीप है, जिस पर सवार होकर शिबू सोरेन पहली बार वर्ष 1980 में दुमका लोकसभा सीट से जीतने में कामयाब हुए थे।
चुनाव जीतने के बाद दिल्ली जाने के लिए भी वह खुद ड्राइव कर मधुपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में झपकी आने की वजह से बाद में उनके सहयोगी पूर्व सांसद सूरज मंडल मधुपुर तक जीप चलाकर ले गए थे। इसके बाद वह दिल्ली वाली ट्रेन पर सवार होकर पहली बार संसद पहुंचे थे।
धक्का मार कर स्टार्ट करते फिर उछल कर बैठते थे साथी
पुराने दिनों को याद करते हुए झामुमो के केंद्रीय महासचिव विजय कुमार सिंह कहते हैं कि खिजुरिया आवास पर खड़ी जीप की सवारी करके गुरुजी फर्श से अर्श तक पहुंचे हैं। शिबू सोरेन ने इस जीप को सेकेंड हैंड खरीदा था। इस जीप की सवारी तब बहुत सहज नहीं थी। इसे स्टार्ट करने के लिए पहले सब मिलकर धक्का मारते थे और फिर जब यह स्टार्ट होती थी, तब सभी उछलकर कर इस पर सवार होते थे।
उस दौर में पेट्रोल पंप भी इक्का-दुक्का ही थे। वैकल्पिक व्यवस्था के लिए प्लास्टिक के जार में गुरुजी डीजल भी जीप में साथ रखते थे। एक बार इस जीप की बैटरी शिकारीपाड़ा जाने के क्रम में रास्ते में गिर गई थी। बैटरी गिरने की जानकारी बहुत आगे जाने के बाद हुई थी, तब फिर वापस लौटकर बैटरी उठाई गई।
विजय कहते हैं कि इस जीप को आज भी गुरुजी के आवास पर काफी सहेज कर रखा गया है। शारीरिक तौर पर अस्वस्थ होने से पूर्व तक गुरुजी जब भी दुमका आते थे तो अपने लोगों से इसकी वर्तमान कंडीशन की जानकारी लेना नहीं भूलते थे। वह हमेशा इस जीप की साफ-सफाई व मरम्मत करवाते थे। अब गुरुजी अस्वस्थ हैं और इस बार चुनावी दंगल में उनकी प्रत्यक्ष मौजूदगी की कमी अखर रही है। सगुनिया जीप को भी उनका इंतजार है।
पहले राजदूत थी सवारी, बाद में चास से लेकर आए जीप
दुमका के टीन बाजार में रहने वाले झामुमो के पुराने कार्यकर्ता रहे अनूप कुमार सिन्हा कहते हैं कि 80 के दशक में गुरुजी सेकेंड हैंड जीप चास से लेकर आए थे। इस जीप का चालक बन्नू हुआ करता था। खुद गुरुजी भी काफी तेज गति से इसे चलाते और गांव-गांव में घूमकर ग्रामीणों से संपर्क करते थे। पहले गुरुजी राजदूत मोटरसाइकिल से जामताड़ा तक आना-जाना करते थे। जब सांसद बन गए तो एक एंबेसडर कार से सफर करते थे।
इस बार का मुकाबला खास
बहरहाल, दुमका लोकसभा सीट के लिए इस बार का लोकसभा चुनाव कई मायनों में अलग होगा। शिबू सोरेन जहां स्वास्थ्य कारणों से चुनावी मैदान में नहीं हैं। वहीं, झामुमो के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गैरमौजूदगी भी झामुमो के लिए अखरने वाली है।
हेमंत फिलहाल कानून के शिकंजे में कैद हैं। उधर शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन भाजपा के टिकट पर दुमका सीट से ही चुनाव लड़ रही हैं। यह पहली बार है जब सोरेन परिवार का कोई सदस्य झामुमो के ही विरुद्ध ताल ठोंककर खड़ा है।
रांची में सेना की जमीन पर कब्जा मामले में 150 लोगों पर FIR....
11 Apr, 2024 05:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित कचनार टोली में सेना की जमीन कब्जा करने के मामले में पुलिस ने 14 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में 150 अन्य को आरोपी बनाया गया है। इन आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस की जांच में इस बात का खुलासा हुआ है कि मंगलवार को पुलिस जब कब्जा रोकने गई तो आरोपितों के द्वारा पुलिसकर्मी राजकुमार के साथ बदसलूकी की गई।
इस मामले में दो प्राथमिकी हुई है। पहली प्राथमिकी सेना के अधिकारी एमके राय के बयान पर और दूसरी प्राथमिकी पुलिसकर्मी राजेंद्र कुमार राम के बयान पर हुई है। दोनों प्राथमिकी में डेढ़ सौ अज्ञात के खिलाफ केस हुआ है। सेना के अधिकारियों ने पुलिस को जमीन का पेपर दिया है। पेपर से स्प्ष्ट है कि जमीन सेना की है। इसके बाद भी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था।
वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपितों की हो रही है पहचान
पुलिस का कहना है कि उन्हें वीडियो फुटेज मिला है। फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। घटना स्थल पर पुलिसकर्मी और अन्य लोगों के द्वारा वीडियो बनाया गया था। फुटेज के आधार पर जिनकी पहचान होगी उन्हें पहले नामजद किया जाएगा। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
आरोपितों के द्वारा आनन-फानन में जमीन पर बाउंड्री कराया जा रहा था, ताकि जमीन उनके कब्जे में आ जाए। इन लोगों को पुलिस ने भेजा जेल: पुलिस ने नामजद आरोपित मुबारक खान, शमीम खान, अतीक, इकबाल, जाकिर, नासीर हुसैन, इकराम, अब्दुल जबर, सलीम, राशिद, मो हुसैन, दिनेश कुमार, मो मंजूर और मो अनवर को जेल भेजा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपितों की भी गिरफ्तारी होगी।
हेमंत सोरेन के साथ चार्जशीटेड बड़े कारोबारी की मौत.....
11 Apr, 2024 05:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। बरियातू की 8.86 एकड़ जमीन हड़पने की कोशिश मामले में ईडी के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ चार्जशीटेड हिलेरियस कच्छप की मंगलवार की रात हृदयगति रुकने से मौत हो गई। सीने में दर्द की शिकायत पर हिलेरियस के स्वजन उसे लेकर रिम्स पहुंचे थे, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। हिलेरियस पहले से बीमार चल रहा था, उसे कई बीमारियां थी। हिलेरियस कच्छप डीएवी बरियातू के समीप श्रेया इंक्लेव रोड का निवासी था।
कारोबारी हिलेरियस कच्छप के खिलाफ भी चार्जशीट हुई थी दाखिल
बरियातू की विवादित जमीन मामले में ईडी ने इसी 30 मार्च को रांची स्थित ईडी की विशेष अदालत में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बड़गाईं अंचल के पूर्व राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद, हेमंत के दोस्त सह आर्किटेक्ट विनोद सिंह, रैयत राजकुमार पाहन व जमीन कारोबारी हिलेरियस कच्छप पर चार्जशीट दाखिल की थी।
ईडी ने चार्जशीट में दावा किया है कि हिलेरियस कच्छप हेमंत सोरेन के कब्जे वाली 8.86 एकड़ जमीन का सत्यापन कराने में बड़गाईं अंचल के तत्कालीन राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद के साथ संलिप्त था। वह हेमंत सोरेन के लिए उक्त जमीन की घेराबंदी के लिए चारदीवारी तैयार करवाने में शामिल था। चारदीवारी के भीतर बने एक कमरे में बिजली का मीटर लगा है। उक्त मीटर पर हिलेरियस कच्छप दिवाकर नगर बरियातू सदर का नाम लिखा हुआ था।
हिलेरियस कच्छप के नाम से बिजली का कनेक्शन लिया गया था
ईडी ने चार्जशीट में दावा किया है कि बरियातू की 8.86 एकड़ जमीन खाली थी। उसपर कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ था। हेमंत सोरेन ने उस जमीन पर अवैध तरीके पहले कब्जा किया। हिलेरियस कच्छप वही व्यक्ति था, जिसने हेमंत सोरेन को सहयोग किया और उस जमीन का स्थानीय मालिक की तरह रहा।
वर्ष 2015 में हेमंत सोरेन की पहल पर उक्त जमीन पर हिलेरियस कच्छप के नाम से बिजली का कनेक्शन लिया गया था। हिलेरियस कच्छप सीधे तौर पर रैयत सह हेमंत के अन्य सहयोगी राजकुमार पाहन के संपर्क में था।
जमीन विवाद में तेजाब से हमला, आठ लोग गंभीर रूप से घायल....
11 Apr, 2024 05:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोमो (धनबाद)। हरिहरपुर थाना अंतर्गत चमड़ा गोदाम में जमीन विवाद को लेकर बुधवार की सुबह दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लाठी, रड के प्रहार के साथ साथ ईंट और तेजाब फेंका गया। इस घटना में दोनों पक्ष के महिला, पुरुष तथा बच्चे समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बुधवार को एक पक्ष के घायल पुरानी बाजार निवासी लव कुमार स्वर्णकार एवं उनके भाई गोपाल सोनी, रीता गुप्ता, 12 वर्षीय नंदनी कुमारी हरिहरपुर थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की। दूसरे पक्ष के जख्मी थाने नहीं आकर इलाज कराने धनबाद चले गए।
जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई
घायल लव कुमार ने थाना में चैता पंचायत के खेराबेड़ा गांव निवासी बिनोद महतो सहित अन्य के खिलाफ जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश तथा जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी गिरधर गोपाल ने कहा कि जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट की घटना घटी है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
चाईबासा पुलिस को मिल सकती है बड़ी सफलता....
11 Apr, 2024 05:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। लोकसभा चुनाव से पूर्व चाईबासा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोल्हान और सारंडा के बीहड जंगलों में 15 सक्रिय नक्सली कभी भी आत्म समर्पण कर सकते हैं। अगर सभी आत्मसमर्पण करते हैं तो पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जाएगी।
बता दें कि झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में नक्सलियों के विरुद्ध सुरक्षा बलों की निर्णायक लड़ाई जारी है। सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के जवान घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में घुसे हुए हैं।
इन जंगलों को नक्सलियों से मुक्त करवाने के लिए पुलिस का अभियान जारी
बूढ़ा पहाड़, बुलबुल जंगल, खूंटी, चाइबासा व सरायकेला खरसावां के ट्राई जंक्शन क्षेत्र को नक्सलियों से मुक्त करने के बाद सुरक्षा बलों का फोकस पश्चिम सिंहभूम के सारंडा क्षेत्र में है। सभी बड़े नक्सली इसी क्षेत्र में सिमटे हुए बताए जा रहे हैं। कई महीनो से उनकी घेराबंदी जारी है।
झारखंड पुलिस व सीआरपीएफ के जवानों की बदौलत नक्सलियों के प्रभाव वाले दर्जनों गांव उनसे मुक्त कर लिए गए हैं। इस अभियान में सुरक्षा बलों को भी नुकसान पहुंचा है लेकिन उनका मनोबल ऊंचा है व अभियान जारी है।