बिहार-झारखण्ड
हेमंत सोरेन के गले की फांस बनीं उनकी भाभी.....
17 Apr, 2024 12:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दुमका। दुमका लोकसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन मंगलवार को पार्टी के चुनावी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में झामुमो पर जोरदार प्रहार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में ही देश का समग्र विकास संभव है।
भाजपा के संकल्प पत्र की चर्चा करते हुए कहा कि इसमें सभी वर्ग के लोगों का ध्यान रखा गया है। युवा वर्ग पर विशेष फोकस है।
किसानों की आयवृद्धि, सिंचाई, ग्रामीण विकास व नारी सशक्तीकरण, आधारभूत संरचनाओं में बढ़ोत्तरी, रेल परियोजनाओं के अलावा रोजगार सृजन को लेकर संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को गारंटी दी है।
जेल भरो अभियान चल रहा है- सीता सोरेन
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का नाम लिए बगैर सीता ने कहा कि अगर राज्य की सरकार इतना ही अच्छा काम कर रही थी तो फिर वह जेल कैसे चले गए? पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में कहा कि झामुमो (JMM) के प्रत्याशी नलिन सोरेन बीज घोटाला के आरोपित हैं। एक-एक कर ये सारे लोग जेल जा रहे हैं।
जेल भरो अभियान चल रहा है और यह कब तक चलेगा पता नहीं है। तीन साल से जेल जाने का सिलसिला जारी है। इसकी शुरुआत पाकुड़ से इसकी शुरुआत हुई है। सीता ने कहा कि आने वाले दिनों में अगर राज्य में विकास होगा तो वह भाजपा के माध्यम से ही होगा।
झामुमो पर हमलावर सीता ने कहा कि हेमंत सरकार ने राज्य में विकास के बजाए विनाश किया है। इसकी वजह से झामुमो के लोग मुंह दिखाने के लायक नहीं रह गए हैं।
हेमंत ने जनहित में लिए हैं बड़े फैसले, जनता दे रही है करारा जवाब
दुमका से झामुमो प्रत्याशी नलिन सोरेन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनहित में व्यापक व बड़े फैसले लिए हैं। इससे विरोधी दल भाजपा व इसके लोग बौखला गए हैं। चुनाव में भाजपा की जमीन खिसक रही हैं। जमीन खिसकती देख भाजपा नेता अब बौखलाहट में अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।
जनता को दिग्भ्रमित किया जा रहा है। ग्रामीणों इलाकों में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ अनुचित भ्रम फैलाने की कोशिश करने वालों को जनता करारा जवाब दे रही है। भाजपा की प्रत्याशी गीता कोड़ा को वहां की जनता ने जवाब दिया है तो भाजपा बौखला कर इसे झामुमो का साजिश करार देने पर आमादा है।
जनता के बीच यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि घटना झामुमो के इशारे पर हुई है। एक सवाल के जवाब में नलिन ने कहा कि सीता को अपने गिरबान में झांकना चाहिए। सभी जानते हैं कि वह राज्यसभा चुनाव में हार्स ट्रेडिंग के मामले में आरोपित हैं। जिसका अपना घर शीशे का बना है उसे दूसरे के घरों पर पत्थर नहीं फेंकना चाहिए।
लड़की से मांग रहा था मोबाइल नंबर; नहीं देने पर भाई पर चाकू से हमला....
17 Apr, 2024 12:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधनवार, (गिरिडीह)। मोबाइल नंबर मांगने का विरोध करने से आक्रोशित युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक युवक पर चाकू और लोहे के राड से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक को गंभीर हालत में रेफरल अस्पताल से प्रारंभिक इलाज के बाद धनबाद रेफर कर दिया गया है।
वहीं, शक के आधार पर धनवार पुलिस एक हमलावर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामला दो समुदायों के बीच होने के कारण गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए धनवार पुलिस गांव में कैंप कर रही है।
धनवार के गोरहंद निवासी नारायण राणा के 18 वर्षीय पुत्र नीरज राणा के अनुसार उसकी बहन शाम पांच बजे के करीब गोरहंद के पंचखेरो डैम से दाल बनाने के लिए पानी लेकर आ रही थी। रास्ते में गांव के ही अख्तर अंसारी उसकी बहन को रोककर मोबाइल नंबर मांगने लगा, जिसकी जानकारी उसकी बहन ने उसे दी।
दोनों पक्षों को समझा बुझा कर घर भेज दिया
अख्तर जब डैम से वापस लौट रहा था, तब रास्ते में नीरज ने उससे बहन का मोबइल नंबर मांगने का कारण पूछा तो वह भड़क उठा। उस वक्त लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझा बुझा कर घर भेज दिया।
फिर, कुछ देर बाद नीरज शौच के लिए डैम की तरफ गया तो अख्तर अपने दोस्त आंसूफ अंसारी, शाहिद अंसारी, अरमान अंसारी, वारिश अंसारी, अफजल अंसारी आदि के साथ मिलकर उसे पकड़कर गाली गलौज करने लगा।
युवक ने जब इसका विरोध किया तो अख्तर के दोस्त अरमान अंसारी ने पीछे से युवक के पीठ पर चाकू से वार कर दिया। साथ ही पिटाई भी की।
मतदान को लेकर दिमाग में हैं तरह-तरह के सवाल, सही जवाब के लिए इस नंबर पर करें कॉल.....
17 Apr, 2024 12:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर मतदाताओं की समस्याओं का निदान है। सिर्फ डायल करें और निदान पाएं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, शिफ्ट करने और नाम-पता सुधारने के लिए संपर्क कर सकते हैं।
साथ ही नेशनल वोटर सर्विस पोर्टल (एनवीएसपी) की मदद से मतदाता अपना आवेदन कर सकता है। साथ ही किए गए आवेदन का स्टेटस भी जान सकता है। इसकी जानकारी उप विकास आयुक्त-सह- स्वीप कोषांग के नोडल आफिसर दिनेश कुमार यादव ने मंगलवार को दैनिक जागरण कार्यालय में आयोजित प्रश्न पहर के दौरान दी।
मतदाता छुट्टियों का सही करें इस्तेमाल: उप विकास आयुक्त
उप विकास आयुक्त ने बताया कि इस लोकसभा चुनाव में मतदाता छुट्टियों का सही इस्तेमाल करें, जिसके लिए उन्हें छुट्टी दी गई है। अवकाश को सफल बनाएं मतदान जरूर करें।
विशेषकर पिछले लोकसभा चुनाव में रांची विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत कम था, जिसे बढ़ाने की आवश्यकता है। स्वीप कोषांग की ओर से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां लोकसभा क्षेत्र में की जा रही है। इसलिए इसे सफल बनाने के लिए मतदाताओं को आगे बढ़कर मतदान करना होगा।
पाठकों के पूछे गए सवाल और उनके जवाब
1. सवाल- मतदाता पहचान पत्र खो गया है। नया पहचान पत्र बनाने के लिए क्या करना होगा। अमित - पिस्कामोड़, राहुल -कोकर
जवाब- नए पहचान पत्र के लिए एनवीएसपी वेबसाइट पर जाकर फार्म-6 भरें। सात दिनों के बाद नाम मतदाता सूची में दर्ज हो जाएगा। वोटर आइडी कार्ड आने तक आप अपने मत का प्रयोग कर सकते हैं।
2. सवाल- बच्चे की उम्र 18 साल है और उसका आधारकार्ड नहीं है। वोटर आइडी कार्ड कैसे बनेगा? हर्ष कुमार नामकुम
जवाब- बिजली बिल व पानी बिल, जन्म प्रमाण पत्र या स्कूल सर्टिफिकेट सहित अन्य डाक्यूमेंट देकर नए वोटर कार्ड के लिए आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
3. सवाल- मुझे मेरे बूथ का लोकेशन नहीं मिल रहा है। इसके लिए क्या करना होगा अमित महतो, विकास
जवाब- आप अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। अगर बीएलओ का फोन नंबर नहीं है तो वोटर हेल्पलाइन एप से भी आप अपने बीएलओ का नंबर प्राप्त कर सकते हैं।
4. सवाल- वोटर आइडी कार्ड का फोटो पुराना हो गया है। इसके लिए फार्म भी जमा किया है। लेकिन, स्टेटस नहीं मिल रहा है। अखिलेश कुमार- रामगढ़
जवाब- फार्म-8 के माध्यम से फोटो या पता चेंज कर सकते हैं। अब जो भी प्रक्रिया होगी। चुनाव के बाद होगी। इसके लिए चाहें, तो 1950 डायल कर या एनवीएसपी वेबसाइट पर जानकर अपना स्टेटस जान सकते हैं।
5. सवाल- दादी बिहार की हैं। उनका वोटर आइडी कार्ड रांची के लिए शिफ्ट कराना है राकेश- हटिया
जवाब- वर्तमान में रांची लोकसभा क्षेत्र के लिए सिर्फ नाम जोड़ने के लिए 25 अप्रैल तक फार्म-6 को स्वीकारा जा रहा है। चुनाव के बाद नाम शिफ्ट का काम होगा। इसके बाद आप फार्म-7 भरकर शिफ्ट कर सकते हैं।
6. सवाल- सीसीएल के कई कर्मी दूसरे जगह चले गए हैं। मतदाता सूची से नाम शिफ्ट करवाना है। कैसे होगा। - आनंद खेलारी
जवाब- चुनाव के बाद ही नाम शिफ्ट का काम होगा। वर्तमान में सिर्फ नाम जोड़ने का काम किया जा रहा है।
7. सवाल- मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए क्या करना होगा। संतोष ठाकुर, कोकर मतदान
जवाब- सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 भरें। इसके लिए मतदाता दस्तावेज के तौर पर फोटोग्राफ, पता और उम्र के लिए प्रमाण पत्र देना होगा। इसके आधार पर एनवीएसपी वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
8. सवाल- बिहार और झारखंड में मेरा वोटर आइडी कार्ड है। बिहार से नाम हटवाने के लिए क्या करना होगा। - अभिषेक मिश्रा, कोकर
जवाब- मतदाता सूची से नाम डिलीटेशन का काम अब चुनाव के बाद होगा। चुनाव के बाद अपना आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आप वोटर हेल्प लाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
9. सवाल- बेटी का वोटर आइडी कार्ड नहीं आया है। इसके लिए क्या करना होगा। - रीना, लालपुर
जवाब- बेटी का अगर वोटर आइडी कार्ड नहीं आया है, तो एनवीएसपी पर जाकर वर्तमान स्टेटस को देख सकते हैं। वैसे मतदाता सूची में नाम आ गया है। इस आधार पर आपकी बेटी वोट डाल सकती है।
10. सवाल- मेरे बच्चे की उम्र छह माह में 18 वर्ष हो जाएगी। वोटर आइडी कार्ड बनाने के लिए क्या अभी से आवेदन करना होगा। संतोष शुक्ला, कोकर
जवाब- नहीं। वोटर आइडी कार्ड के लिए अर्हता 18 वर्ष उम्र होना अनिवार्य है। इसके पहले आप आवेदन नहीं कर सकते हैं।
हजारीबाग में रामनवमी का जुलूस रोकने पर हुआ बवाल.....
17 Apr, 2024 12:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बड़कागांव (हजारीबाग)। बड़कागांव में महुदी से रामनवमी जुलूस लेकर मंगलवार दोपहर सैकड़ों रामभक्त सोनपुरा तो पहुंच गए, लेकिन वापस लौटने के दौरान प्रशासन द्वारा रोके जाने पर विवाद बढ़ गया। स्थिति यहां तक पहुंच गई कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। ग्रामीण भी उग्र हो गए।
बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी समेत चार से अधिक गाड़ियों में तोड़फोड़ की। पथराव हुआ। गांव की दो मचानों को फूंक दिया गया। सीओ के चालक विजय राम समेत आधा दर्जन ग्रामीणों के घायल होने की सूचना है। सीओ के चालक के सिर पर पत्थर से चोट लगी है।
घटना के बाद उपायुक्त नैंसी सहाय और एसपी अरविंद सिंह घटनास्थल पर ही कैंप कर रहे हैं। स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। पूरा विवाद 40 साल पुराना है। विवाद की वजह से प्रखंड के महुदी गांव मुस्लिम मोहल्ले से 40 वर्षों से जुलूस नहीं निकाला जा रहा था।
गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया
मंगलवार को ग्रामीण बिना प्रशासन की देखरेख में जुलूस शांतिपूर्वक निकाल कर सोनपुरा गांव मेलाटांड़ पहुंचे। इसकी सूचना मिलते ही बड़कागांव पुलिस प्रशासन महुदी गांव पहुंचकर हरकत में आ गया। गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। बैरीकेडिंग कर दी गई। इसे लेकर ही बवाल हुआ।
अंचलाधिकारी के चालक विजय समेत दर्जनों ग्रामीण घायल महुदी के पुराने रास्ते से ग्रामीण जुलूस को वापस ले जाने की मांग कर रहे थे। काफी समझाने का प्रयास किया। लेकिन, वे नहीं माने। हल्के बल का प्रयोग किया गया है।- नैंसी सहाय, उपायुक्त हजारीबाग
शॉर्ट फिल्म 'उड़ चली' में बताया गया एक-एक वोट का महत्व....
17 Apr, 2024 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। लोकसभा चुनाव में सभी मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर चुनाव आयोग लगातार प्रयासरत है। इसे लेकर कई माध्यम अपनाए जा रहे हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने इसे लेकर लघु फिल्म ' उड़ चली' तैयार कराई है।
फिल्म में मतदान का बताया गया महत्व
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को धुर्वा स्थित निर्वाचन सदन के सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में इसका विमोचन किया। 'उड़ चली' लघु फिल्म झारखंड के क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा तैयार की गई है, जिसका निर्देशन झारखंड के सैकत चटर्जी द्वारा किया गया है।
इसके माध्यम से एक-एक वोट के महत्व को बताया गया है। साथ ही परिवार गढ़ने से पहले देश गढ़ने की बात कही गई है। इस फिल्म के माध्यम से निर्वाचन को उत्सव की तरह मनाने एवं पूरे परिवार के साथ मतदान में भाग लेने की अपील की गई है।
वीडियो सॉन्ग भी हुआ रिलीज
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इस अवसर पर ' चुनाव कर परब, देस कर गरब' नागपुरी वीडियो गीत का भी लोकार्पण किया। यह गीत किसान, बुजुर्ग, युवा, दिव्यांग हर वर्ग के लोगों को निर्वाचन के महत्व को बताते हुए इसमें उत्साहित होकर भाग लेने के लिए प्रेरित करता है। साथ ही निर्वाचन हेतु जागरूकता के लिए 'उड़ चली' लघु फ़िल्म के एक गीत को भी लिया गया है, जिसमें सभी वर्ग के मतदाताओं को अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर मतदान करने के संदेश को बताया गया है।
कार्यक्रम में ये भी रहे उपस्थित
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने रांची जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा आड्रे हाउस में आयोजित कला महोत्सव में कलाकारों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों के फोटोग्राफ संबंधित काफी टेबल बुक का भी विमोचन किया।
इस मौके पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नेहा अरोड़ा, ओएसडी गीता चौबे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क आनंद, उप निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय संजय कुमार, उड़ चली लघु फ़िल्म के निर्देशक सैकत चटर्जी, नागपुरी गीत के गीतकार एवं गायक सुनील कुमार आदि उपस्थित थे।
सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि इस बार राज्य में दिन भर मतदान की व्यवस्था की गई है। मतदान की अवधि सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक है।
इसके प्रचार-प्रसार के लिए स्लोगन भी तैयार किया गया है। जो भी मतदाता शाम पांच बजे से पहले अपने मतदान केंद्र पर लाइन में खड़े होंगे, उन्हें वोट देने का अधिकार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी मतदाता छूटे नहीं इस ध्येय से निर्वाचन आयोग कार्य कर रहा है।
आठ क्षेत्रीय भाषाओं में चुनाव का पर्व-देश का गर्व स्लोगन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य की आठ क्षेत्रीय भाषाओं में तैयार चुनाव का पर्व-देश का गर्व स्लोगन का भी लोकार्पण किया। यह भारत निर्वाचन आयोग का नारा है।
इसे नागपुरी, कुडुख, हो, खड़िया, कुड़माली, खोरठा, मुंडारी एवं संताली में रूपांतरित कर पोस्टर बैनर के माध्यम से संबंधी भाषाई क्षेत्र के लोगों के बीच प्रसारित किया जाना है, जिससे उन क्षेत्रीय भाषाओं वाले मतदाताओं तक भी भारत निर्वाचन आयोग का यह संदेश पहुंच सके।
रामनवमी के अखाड़े को लेकर बदला ट्रैफिक....
16 Apr, 2024 07:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। रामनवमी में अखाड़ा जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन ने शहर में परिचालित वाहनों के रुट में काफी बदलाव किया है। यात्री व प्राइवेट सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन 17 अप्रैल को दोपहर एक बजे से जुलूस समाप्ति तक निर्धारित रास्ते से ही होंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों के लिए नये रूट चार्ज जारी कर दिया है। बस ट्रक, मालवाहक यात्री वाहन ऑटो, कार बाइक सभी प्रकार के वाहनों के लिए रूट निर्धारित किए गए हैं। कुछ सड़कों पर वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।
आठ लेन से होगा रांची-टाटा की बसों का परिचालन शहर में दोपहर एक बजे से अखाड़ा जुलूस समाप्त होने तक यात्री बसों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। इस दौरान धनबाद से बोकारो, रांची तथा वहां से धनबाद आने वाली बसें करकेंद मोड़ से लोयाबाद, सिजुआ नया मोड़, पांडेयडीह, तेतुलमारी थाना होते ही शहीद शक्ति चौक, बिनोद बिहारी महतो चौक होते हुए मेमको मोड़ से बस स्टैंड तक आएंगी।
वहीं, जमशेदपुर, पुरुलिया से धनबाद आनेवाली और धनबाद से जमशेदपुर, पुरुलिया जानेवाली बसें भौंरा नगीना बाजार, मोहलबनी चेकपोस्ट सीआइएसफ सुदामडीह, जामाडाबा मोड़, पुटकी मोड़, करकेंद मोड़ से लोयाबाद होते हुए आठ लेन सड़क से बरटांड़ बस स्टैंड तक आएंगी।
इन स्थानों पर नो एंट्री
सिंदरी से पुटकी की ओर जानेवाले भारी वाहनों की गोशाला ओपी के पास नो एंट्री। बोकारो से धनबाद की ओर आनेवाले सभी भारी वाहनों के लिए बरटांड़ बस स्टैंड से आगे नो एंट्री पुटकी से सिंदरी की ओर जानेवाले भारी वाहन आबो देवी पेट्रोल पंप के बाद नो एंट्री।
बैंक मोड़ से कतरास मोड़ तक नो एंट्री
धनसार से कतरास मोड़ झरिया तक भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। केंदुआडीह से कतरास मोड़ तक भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। बैंकमोड़ से झरिया, केंदुआडीह की ओर आने जाने वाले वाहन मटकुरिया चेकपोस्ट, नई दिल्ली मोड़ होते हुए जाएंगे।
ऑटो व ई रिक्शा के लिए अलग मार्ग
ऑटो रिक्शा, ई रिक्शा एवं सवारी वाहनों का परिचालन संध्या चार बजे से जुलूस समाप्ति तक बंद रहेगा। मेमको मोड़ की ओर आनेवाले सभी प्रकार के सवारी वाहन ऑटो ई रिक्शा गोल बिल्डिंग, मेमको मोड़, सिटी सेंटर, रेलवे स्टेशन श्रमिक चौक होते हुए दोबारा इसी रास्ते से वापस अपने गंतव्य स्थान की ओर जाएंगे।
केंदुआडीह की ओर आनेवाले सभी वाहन मटकुरिया चेकपोस्ट तक आएंगे एवं दोबारा इसी रास्ते से वापस अपने गंतव्य स्थान की ओर जाएंगे। धनसार चौक से बैंकमोड़, शक्ति मंदिर के तरफ जाना वर्जित रहेगा।
इस रास्ते में वाहनों की नो एंट्री रहेगी
झरिया की ओर से आने वाले वाहन धनसार चौक तक आएंगे। दोबारा इसी रास्ते से वापस अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
भूदा, बलियापुर, हीरापुर, झारखंड मैदान की तरफ से पुराना बाजार मनईटांड़ की ओर से आनेवाले वाहन बरमसिया पुल से वापस दोबारा मनईटांड़, पुराना बाजार एवं हीरापुर की तरफ नो एंट्री रहेगी।
भूली बिनोद बिहारी चौक की तरफ से आनेवाले वाहन बिरसा मुंडा पार्क, मेमको मोड़ सिटी सेंटर, रेलवे स्टेशन, श्रमिक चौक होते हुए दोबारा इसी रास्ते से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
धनबाद नगर से भूली की ओर जाने वाली गाड़ी ओवरब्रिज पर सुभाष चौक से होते हुए ओवरब्रिज के नीचे से वासेपुर होते हुए भूली जाएगी।
श्रमिक चौक से गया पुल, बैंकमोड़ की तरफ नो एंट्री रहेगी। जेसी मल्लिक, पटेल चौक, पानी टंकी हटिया मोड़, प्रेम गली, रणधीर वर्मा चौक, अनुमंडल कार्यालय रोड, भोला स्वीट्स, रेलवे स्टेशन, मजार की ओर से हीरापुर की तरफ नो एंट्री रहेगी।
इन जगहों पर ड्रॉप गेट
केंदुआ मोड़, धनसार, कतरास मोड़, केंदुआडीह थाना मार्ग, बस्ताकोला से कतरास मोड़ आनेवाला मार्ग, सिंदरी गौशाला ओपी के पास, बोरार्गढ़, जोड़ापोखर, गोल बिल्डिंग, मेमको मोड़ के पास.
कांग्रेस ने झारखंड में तीन सीटों पर उतारे प्रत्याशी....
16 Apr, 2024 06:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। लोकसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने झारखंड में तीन प्रत्याशियों की एक और लिस्ट जारी की। झारखंड में कांग्रेस ने गोड्डा, चतरा और धनबाद सीट पर प्रत्याशियों के नामों का एलान किया है।
कांग्रेस की ओर से गोड्डा सीट से दीपिका पांडे सिंह को टिकट दिया गया है। वहीं, कृष्णा नंद त्रिपाठी को चतरा सीट से पार्टी ने चुनावी मैदान में उतारा है। इसके अलावा धनबाद सीट पर कांग्रेस ने अनुपमा सिंह को लोकसभा प्रत्याशी बनाया है।
क्या हेमंत सोरेन को मिलेगी बेल?
16 Apr, 2024 02:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। जमीन घोटाला मामले में आरोपित पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जमानत याचिका पर ईडी कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान ईडी की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा गया, जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने अगली सुनवाई 23 अप्रैल को निर्धारित की है।
31 जनवरी को हुई थी हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बीते 31 जनवरी को ईडी ने गिरफ्तार किया था। इससे पहले राजभवन जाकर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया। जमीन घोटाला प्रकरण में सोरेन 15वें आरोपित हैं।
उनसे पहले जांच एजेंसी 14 लोगों को पहले गिरफ्तार कर चुकी थी। इस मामले में ईडी के दस समन, मुख्यमंत्री के माध्यम से लगातार समन की अवहेलना, ईडी की पूछताछ में संतोषजनक जवाब का नहीं मिलना उनकी गिरफ्तारी का कारण बना।
जमीन घोटाले में कब-कब कौन-कौन हो चुके हैं गिरफ्तार
14 अप्रैल 2023 : प्रदीप बागची, अफसर अली उर्फ अफ्सू खान, सद्दाम हुसैन, इम्तियाज अहमद, तल्हा खान, फैयाज खान व भानु प्रताप प्रसाद।
चार मई 2023 : रांची के पूर्व उपायुक्त निलंबित आइएएस छवि रंजन।
सात जून 2023 : दिलीप कुमार घोष व अमित कुमार अग्रवाल।
तीन जुलाई 2023 : भरत प्रसाद व राजेश राय।
31 जुलाई 2023 : विष्णु अग्रवाल।
11 अगस्त 2023 : प्रेम प्रकाश।
31 जनवरी 2024 : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।
किया गिरफ्तार अली उर्फ अफ्सु को
16 Apr, 2024 02:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। जमीन घोटाला मामले ईडी ने चौथे आरोपित अफसर अली उर्फ अफ्सु को गिरफ्तार कर लिया है। इस केस में यह चौथी गिरफ्तारी है। अफसर अली किसी का भी हूबहू हस्ताक्षर कर देता है। पूर्व में गिरफ्तार सद्दाम के बाद अब अफसर की भी गिरफ्तारी हो गई।
जाली दस्तावेज बनाने के मामले में हो चुका है अरेस्ट
जाली डीड तैयार करने, मूल डीड में छेड़छाड़ करने में इसे विशेषज्ञता रही है। गत वर्ष 13 अप्रैल को सेना के कब्जे वाली जमीन का जाली दस्तावेज बनाने के मामले में यह गिरफ्तार हुआ था।
इसके पास से जाली डीड बनाने से संबंधित स्टाम्प व अन्य सामग्री की बरामदगी हुई थी। उस वक्त से ही यह न्यायिक हिरासत में है। अब ईडी इसे हेमंत केस में भी रिमांड पर लेगी।
मामले में अब तक इन लोगों की हो चुकी गिरफ्तारी
हेमंत सोरेन के अलावा इस केस में अब तक पूर्व राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद, सद्दाम हुसैन और अब अफसर अली की गिरफ्तारी हो गयी है। ईडी की विशेष अदालत से अफसर अली की रिमांड मिली है। ईडी अब 22 अप्रैल तक उससे पूछताछ करेगी।
JMM-RJD और कांग्रेस की विरोधी इस वजह से गठबंधन में हुई शामिल
16 Apr, 2024 02:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। भाकपा माले भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस, राजद और झामुमो की प्रबल विरोधी थी। इसलिए एकला चलो की नीति अपना रखी थी। चुनाव में अकेले आगे बढ़ने के इस सिद्धांत कुछ खास फायदा नहीं मिल रहा था। आखिरकार माले ने रणनीति बदली और झामुमो-राजद और कांग्रेस के गठबंधन में शामिल हो गई। इसके बाद इसका सितारा चमक उठा।
कोडरमा सीट से माले को मिला मौका
पिछले चुनाव में गठबंधन से चुनाव लड़ने पर पहली बार इस दल के 12 विधायक बिहार विधानसभा पहुंचने में सफल रहे थे। उससे पहले इस पार्टी के मात्र तीन विधायक थे। इस लोकसभा चुनाव में भी आइएनडीआइए (तब की संप्रग) के साथ मिलकर पार्टी बिहार में तीन और झारखंड में एक सीट लेने में सफल रही।
झारखंड में इस बार माले के हिस्से में कोडरमा लोकसभा सीट आई है। हालांकि पिछले लोकसभा चुनाव में वहां पार्टी जमानत तक नहीं बचा सकी थी। फिर भी इस सीट पर माले को फिर मौका दिया गया। झामुमो और राजद का मजबूती से साथ देकर ही माले ने गठबंधन में विश्वसनीयता बनाई।
देश में जो स्थिति है, उसे देखते हुए वाम एकता से इतर व्यापक एकता की जरूरत थी। इसी कारण भाकपा माले आइएनडीआइए में शामिल हुई। हम बिहार में तीन और झारखंड में एक लोकसभा सीट से लड़ रहे हैं। बंगाल, ओडिशा और आंध्रप्रदेश की एक-एक सीट पर भी लड़ रहे हैं - दीपंकर भट्टाचार्य, महासचिव भाकपा माले।
हेमंत-तेजस्वी से मिलकर रिश्ता किया मजबूत
माले ने पिछले लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव से पहले अपनी रणनीति बदल ली थी। राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य झारखंड में झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन एवं बिहार में राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव से मिलकर नए रिश्ते की शुरुआत की।
विधानसभा चुनाव में माले के विनोद सिंह बगोदर से जीते थे। चुनाव के बाद पहली बार माले खुलकर हेमंत सरकार के साथ आई। विनोद सिंह हर संकट में झामुमो-कांग्रेस-राजद सरकार के साथ खड़े रहे।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत यात्रा के दौरान पूर्वी टुंडी में रात्रि विश्राम किया था तो उनसे मिलने विनोद सिंह भी वहां पहुंचे थे।
भाकपा माले के पोलित ब्यूरो के सदस्य व राज्य सचिव मनोज कुमार भक्त कहते हैं कि महागठबंधन में शामिल होने का पहला प्रयोग बिहार में पिछले विधानसभा चुनाव में हुआ था जो काफी सफल रहा था। इसका काफी लाभ मिला।
1969 में हुआ था भाकपा माले का गठन
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से टूटकर 22 अप्रैल 1969 में भाकपा माले का गठन हुआ था। राजनीति की मुख्यधारा में शामिल होने के बाद पहली बार माले को 1989 में बिहार विधानसभा चुनाव में एक सीट जीती थी। पिछले विस चुनाव में बिहार में बेहतर प्रदर्शन रहा।
झारखंड में यह पार्टी अब तक राजधनवार और बगोदर में ही जीतती रही है। पिछले विस चुनाव में सिर्फ बगोदर में ही सफलता मिली। दो दशक पहले तक झारखंड-बिहार में वामपंथी पार्टी भाकपा ताकतवर थी। अलग रह कर आंदोलन करने की रणनीति ने माले ने धीरे-धीरे भाकपा को पीछे धकेलना शुरू कर दिया।
माले वाम एकता की पक्षधर थी। उसकी कोशिश भाकपा, माकपा, मासस के साथ गठबंधन बनाने की थी। राजद-कांग्रेस-झामुमो पर भ्रष्टाचार के सवाल पर माले सीधे हमला करती थी। इधर भाकपा इन्हीं तीनों पार्टियों के साथ तालमेल कर चुनाव लड़ती थी। इस कारण वाम एकता कायम नहीं हो पाती थी। भाकपा के भुनेश्वर मेहता इसी गठबंधन के बल पर 2004 में हजारीबाग के सांसद भी बने थे।
पटना में बड़ा हादसा, क्रेन से ऑटो की टक्कर; सात लोगों की मौत
16 Apr, 2024 01:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को एक बड़ा हादासा हो गया। एक क्रेन से ऑटो रिक्शा की टक्कर की वजह से इस हादसे में करीब सात लोगों की मौत हो गई है।जानकारी के अनुसार, यहां के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में न्यू बाईपास पर रामलखन पथ मोड़ के समीप क्रेन की टक्कर ऑटो से हो गई थी। ऑटो में आठ लोग सवार थे।इनमें से चार लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। तीन अन्य घायलों ने अस्पताल ले जाने के क्रम में दम तोड़ दिया। वहीं, एक अन्य युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि ऑटो रिक्शा मीठापुर से जीरो माइल की तरफ से जा रहा था, तभी मेट्रो निर्माण कार्य में लगी क्रेन से उसकी टक्कर हो गई। इधर, हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया है।
पटना न्यू बाईपास पर यह बड़ा हादसा हुआ। हादसे में ससुर, बेटी-दामाद और नाती समेत कुल सात लोगों की जान चली गई। घटना कंकड़बाग थाना क्षेत्र के बाईपास स्थित राम लखन पथ का है।सुबह करीब 3:44 पर मेट्रो बाईपास पर क्रेन से पटना मेट्रो के निर्माण का काम किया जा रहा था। इसी दौरान पुराने बस स्टैंड की तरफ से आ रहे ऑटो रिक्शा की क्रेन से टक्कर हो गई। टेंपो पर कुल 8 लोग सवार थे, जिसमें 3 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। जबकि चार लोगों की मौत इलाज के दौरान हो गई।बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही बरते जाने के कारण यह हादसा हुआ। पटना मेट्रो के कार्य समय क्रेन के आसपास कोई भी गार्ड मौजूद नहीं था। घटना के बाद बिना किसी को सूचना दिए क्रेन चालक क्रेन लेकर मौके से फरार भी हो गया।
मां की गला रेतकर हत्या बेटी के सामने
15 Apr, 2024 04:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सेन्हा (लोहरदगा)। सेन्हा थाना क्षेत्र के कुंदगड़ी भेसलेटा टाड़ स्थित गन्ने की खेत में बेटी एवं अन्य मजदूरों के साथ काम कर रही महिला मजदूर की हत्या गला रेतकर कर दी गई। रविवार को दिन दहाड़े हत्या की इस जघन्य घटना के गवाह मृतक की बेटी के साथ अन्य मजदूर बने हैं। जिनके सामने तीन की संख्या में आए अपराधियों ने धारदार हथियार से महिला की गला रेतकर हत्या कर दी।
चुपके से पीछे से अपराधियों ने किया वार
धारदार हथियार से लैस बेखौफ तीन अपराधियों ने कुंदगड़ी गांव निवासी स्वर्गीय बिमला मांझी के पत्नी कलावती देवी की गला काटकर हत्या की घटना को अंजाम दिया। इससे पहल गन्ने की खेत में आए अपराधी कलावती देवी को पीछे से वार किया, फिर गला रेतकर मार डाला।
बताया जाता है कि अर्जुन उरांव के खेत में कलावती देवी अपनी बेटी एवं अन्य मजदूरों के साथ मिलकर मजदूरी का काम कर रही थीं। इसी क्रम में कलावती देवी के गांव के तीन अपराधी वहां पहुंचे और चुपके से महिला के ऊपर पीछे से वार कर दिया।
इस वजह से हत्या को दिया गया अंजाम
मृतक के स्वजन बताते हैं कि कलावती देवी की हत्या के पीछे का कारण मूकबधिर नाबालिग बेटी को घर से निकालकर दुष्कर्म के मामले में गांव के ही दो नाबालिग पर प्राथमिकी दर्ज कराना है।
आरोपित दोनों नाबालिग वर्तमान समय में बाल सुधार गृह में बंद है, स्वजनों ने बताया कि दुष्कर्म के आराेपित नाबालिग के स्वजन विनोद मांझी, अशोक उरांव एवं काशी महतो ने गन्ना खेत में काम कर रहे बेटी और अन्य मजदूरों के बीच में पहुंचकर महिला मजदूर कलावती देवी की हत्या कर दिया।
अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस कर रही छापामारी
मामले की जानकारी प्रशिक्षु आईपीएस सह सेन्हा थाना प्रभारी वेदांत शंकर को मिलने के बाद पुअनि अविनाश राम दलबल के साथ घटना स्थल पहुंचकर महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुअनि अविनाश राम का कहना है कि पुरानी रंजिश में कलावती देवी हत्या गला रेतकर कर दिया गया है। अपराधियों को चिन्हित कर लिया गया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी अभियान चला रखी है।
बाबूलाल मरांडी को बड़ी राहत झारखंड हाई कोर्ट से
15 Apr, 2024 03:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के खिलाफ बयान देने के मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को हाई कोर्ट से राहत मिली है। अदालत इस मामले में उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की पीड़ा कार्रवाई पर रोक लगा दी है और प्रतिवादी को नोटिस कर जवाब मांगा है।
गौरतलब है कि बाबूलाल ने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में सोरेन परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया था। इसे लेकर 25 अगस्त, 2023 को सिमडेगा थाना में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। हाई कोर्ट के न्यायाधीश एके चौधरी की अदालत में आज मामले की सुनवाई हुई। उनकी तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता अजित कुमार और प्रशांत पल्लव ने कोर्ट में बहस की।
लोग आ रहे खिंचे चले इस देसी फ्रिज की ओर
15 Apr, 2024 03:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। गर्मी के दिनों में झुलसा देने वाली तेज धूप से जब धरती तपती है तो कंठ भी सूखता है। इस समय सूखते कंठ को सबसे प्रिय चीज यदि कोई है तो वह सिर्फ शीतल जल ही है। मिट्टी से बने बर्तनों में जल शीतल रहता है।
मिट्टी के बर्तनों की ओर खींचे आ रहे लोग
यह बात सही है कि आजकल बिजली से उपयोग होने वाले सामान में जल के साथ अन्य वस्तुएं भी ठंडी रहती हैं, लेकिन मिट्टी से बने बर्तनों की बात ही कुछ अलग है। और लोग इस बात को भलीभांति जानते भी हैं। तभी तो सड़क के किनारे बेचे जा रहे मिट्टी के बर्तनों को देखकर इधर से गुजरने वाले लोग स्वत: इसकी ओर खींचे चले आ रहे हैं। जिनके घरों में फ्रिज है वे भी आजकल मिट्टी के बर्तनों का उपयोग कर रहे हैं।
युवाओं में भी ट्रेंड कर रहा मिट्टी के बर्तन
शहर के डंगरा टोली, कांटाटोली, हरमू पुल, पुरानी रांची, मोरहाबादी, डोरंडा बाजार समेत कई अन्य जगहों पर मिट्टी से बने बर्तनों को खरीदने के लिए ज्यादातर छात्रों व युवाओं की भीड़ देखने को मिल रही है।
इनमें अधिकतर युवा शहर के हास्टल या फिर लाज में रहने वाले हैं और उन्हें गर्मी से राहत के लिए शीतल पेयजल की आवश्यकता होती है।
मिट्टी बर्तन के दुकानदार ग्राहकों को पूरी गारंटी के साथ बर्तन दे रहे हैं कि घर जाने के बाद भी यदि लिकेज की समस्या रहती है तो 24 घंटे के अंदर बर्तन बदल दी जाएगी। ऐसे में आजकल मिट्टी से बने बर्तन शहर के युवाओं के बीच ट्रेंड में हैं।
बता दें कि रांची में गुमला, भुरकुंडा, ओरमांझी का मायापुर, सिकिदरी, खूंटी रोड हरदाग से मिट्टी के सामान्य बर्तन जबकि डिस्पेंसर वाला घड़ा और सुराही सिल्लीगुड़ी से मंगाया जा रहा है। जिसकी मांग लगातार बढ़ रही है।
देते हैं शीतलता की गारंटी
मिट्टी बर्तन लोगों को शीतलता की भी गारंटी देता है। इसलिए दुकानदार पहले से घड़ा में रखे पानी को पहले अपने ग्राहक को पिलाते हैं। जल की शीतलता अनुभव करने के बाद ही लोग इसे खरीदते हैं।
पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद ही मोलभाव शुरू होता है। दुकानदार कहते हैं कि स्थानीय निर्मित घड़ा में ही मोलभाव करते हैं बाकी जो बर्तन सिलीगुड़ी या फिर अन्य जगहों से मंगाते हैं उन बर्तनों के लिए मोलभाव नहीं होता है।
ये रही कीमत
बड़ा घड़ा 30 लीटर - 250 रुपये प्रति पीस
मीडियम घड़ा 20 लीटर - 170 और 200 रुपये प्रति पीस
छोटा घड़ा 10 लीटर - 100 रुपये प्रति पीस
सुराही 6 लीटर - 150 रुपये
वाटर बोतल - 120 से 150 रुपये
डिस्पेंसर सेगमेंट
बड़ा घड़ा 30 लीटर - 400 रुपये प्रति पीस
मीडियम घड़ा 20 लीटर - 300 रुपये प्रति पीस
छोटा घड़ा 10 लीटर - 200 रुपये प्रति पीस
सुराही 6 लीटर - 250 रुपये
'सफाई वाला' की वरीयता का रखा जाए ख्याल
15 Apr, 2024 03:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर। चक्रधरपुर मंडल में सफाई वाला की वरीयता का ख्याल रखा जाए और उन्हें संशोधित सुनिश्चित कैरियर प्रगति योजना (एमएसीपीएस) का लाभ देते हुए टाइम बांड प्रमोशन की सुविधा दें। दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस, चक्रधरपुर मंडल ने इस मामले में जोन के महाप्रबंधक अनिल मिश्रा को एक पत्र देकर संज्ञान लेने का आग्रह किया है।
चक्रधरपुर मंडल में सफाई वाला के 280 पद रिक्त
चक्रधरपुर मंडल में सफाई वाला के 280 पद एक अप्रैल से समाप्त हो चुके हैं। इनमें से 72 पद रिक्त हैं जबकि 208 पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को दूसरे विभागों (सेफ्टी, ऑपरेशन, कामर्शियल व मेडिकल) विभाग में समायोजित करने की योजना चल रही है।
ऐसे में सफाई वाला कर्मचारियों ने किस तारीख में रेलवे ज्वाॅइन किया है उसी आधार पर वे जिस विभाग में समायोजित हो, उन्हें उसी तारीख से वरीयता का लाभ दिया जाए। साथ ही एमससीपीएस के तहत टाइम बांड प्रमोशन का लाभ देने का भी आग्रह किया है।
मेडिकल टेस्ट के आधार पर होगा समायोजन
सफाई वाला कर्मचारियों का पिछले दिनों मेडिकल टेस्ट हुआ है। इसमें वैसे कर्मचारी जिनका स्वास्थ्य बेहतर है उन्हें सेफ्टी व इंजीनियरिंग विभाग में ग्रुप डी पदों पर समायोजित किया जाएगा। जो कर्मचारी स्नातक कर चुके हैं उन्हें परीक्षा के आधार पर काॅमर्शियल विभाग में और जो अशिक्षित या आठवीं पास हैं और उनका सेवाकाल अवधि भी कम हैं। उन्हें मेडिकल विभाग में समायोजित करने की मांग मेंस कांग्रेस ने की है। मेंस कांग्रेस के मंडल संयोजक शशि मिश्रा का कहना है कि वे इस मामले में जल्द ही महाप्रबंधक से मिलकर सफाई वाला कर्मचारियों की मांगों से अवगत कराएंगे।