नारी विशेष
अब आलू के छिलके नहीं जाएंगे कचरे में, राधिका बताती हैं उनसे बनने वाले क्रिस्पी चिप्स की आसान और हेल्दी रेसिपी
19 Sep, 2025 06:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आलू, एक ऐसी चीज है जो भारतीय किचन में सबसे ज्यादा होता है। कभी आलू की सब्जी तो कभी पराठें, या किसी ना किसी सब्जी में आलू डल ही जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिन आलू के छिलके को आप बेकार समझकर फेंक देते हैं उनसे भी कुछ स्वादिष्ट बनाया जा सकता है। दरअसल कंटेंट क्रिएटर राधिका मारू ने आलू के छिलकों को इस्तेमाल करने का बहुत ही अच्छा तरीका बताया है। इनकी मदद से आप क्रिस्पी चिप्स बना सकते हैं जिसका स्वाद काफी अच्छा होता है। राधिका की आसान रेसिपी ना सिर्फ बेहतरीन स्वाद देगी और फेंकने वाली चीजों को इस्तेमाल करना सिखाएगी।
जरूरी सामग्री
आलू के छिलके
कॉर्न फ्लोर
स्वादानुसार नमक
लाल मिर्च पाउडर
मूंगफली
करी पत्ता
सबसे पहले कर लें ये काम
आलू के छिलकों को अच्छी तरह से धो लीजिए, क्योंकि छिलकों पर मिट्टी और गंदगी हो सकती है। धोने के बाद, उन्हें पतले-पतले स्लाइस में काट लें। आप चाहें तो इन्हें लंबे-लंबे या गोल आकार में भी काट सकते हैं, जैसा कि आप सामान्य चिप्स के लिए करते हैं। इन्हें जितना पतला काटेंगे, ये उतने ही क्रिस्पी बनेंगे।
मसालेदार पाउडर की तैयारी
अब एक बड़े कटोरे में आलू के छिलकों के स्लाइस लें। इसमें कॉर्न फ्लोर, नमक और लाल मिर्च पाउडर मिला दीजिए। कॉर्न फ्लोर चिप्स को कुरकुरा बनाने में मदद करता है। नमक स्वाद के अनुसार डालें और लाल मिर्च पाउडर थोड़ा तीखापन जोड़ेगा। इन सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिला लें ताकि हर एक स्लाइस पर मसाला ठीक से लग जाए।
अब है फ्राई करने की बारी
कड़ाही में तेल डालने के बाद अच्छी तरह से गर्म कर लीजिए, उसके बाद इसमें मसालेदार आलू के छिलकों के स्लाइस डालें और उन्हें सुनहरा होने तक तलें। इन्हें धीरे-धीरे तलना चाहिए ताकि ये अंदर तक क्रिस्पी हो जाएं। ध्यान रखें कि एक साथ बहुत सारे स्लाइस न डालें, वरना ये ठीक से नहीं तलेंगे। इस तरह आपकी आलू के छिलके की चिप्स बन जाएंगी।
मूंगफली और करी पत्ते का तड़का
आप चाहें तो नॉर्मल छिप्स खा सकते हैं। या चिप्स तलने के बाद उसी तेल में थोड़ी मूंगफली और करी पत्ते भी तल लें। दरअसल मूंगफली का कुरकुरापन और करी पत्ते की खुशबू स्नैक का स्वाद और भी बढ़ा देगी। तलने के बाद, इन्हें निकालकर चिप्स के साथ मिला दें। इससे परफेक्ट स्नैक बनकर तैयार हो जाएगा।
“स्किन को खराब कर देती हैं ये 4 डेली हैबिट्स, लिख लीजिए – 3-4 तो आप भी रोज़ करते होंगे
18 Sep, 2025 07:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
स्किन को अच्छा रखने की तमाम कोशिशें आप क्यों न कर लें लेकिन जब तक आप अपनी आदतों को नहीं सुधारेंगे तब तक लाख कोशिशों के बाद भी आपकी त्वचा भी मुलायम, ग्लोइंग और जवां नहीं दिखेगी। आपकी रोजमर्रा की आदतें आपके ओवरऑल हेल्थ के साथ-साथ स्किन हेल्थ को भी बूस्ट करने में मदद करती हैं। लेकिन अगर आप गलत आदतों को अपनाते हैं तो इससे स्किन को फायदे की जगह केवल नुकसान झेलना पड़ सकता है। और यकीन मानिए आप रोजाना ऐसी कई चीजें करते आ रहे हैं, जो आपकी त्वचा को डैमेज करने का काम कर रही हैं। इन आदतों के साथ आप जितना भी स्किन केयर क्यों न कर लें कुछ भी काम नहीं आने वाला।
अच्छी स्किन के लिए जरूरी है सही आदतें
जब भी स्किन को हेल्दी रखने की बात आती है तो अधिकतर लोग इसे बस स्किन केयर रूटीन से जोड़कर देखते हैं लेकिन आप जितने भी महंगे प्रोडक्ट्स क्यों न लगा लें लेकिन अगर आपकी डेली आदतें ही सही नहीं हैं तो केवल इससे आपकी स्किन कभी अच्छी नहीं होगी। न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह पांचाल ने अपनी एक लेटेस्ट वीडियो में लोगों को इसे लेकर जागरूक करने का काम किया है। उनका कहना है कि आपकी त्वचा की देखभाल सिर्फ प्रोडक्ट्स पर ही नहीं बल्कि आपकी डेली आदतों पर भी निर्भर करती है। और अगर आप सोच रहे हैं कि केवल जंक फूड ही आपकी स्किन संबंधी समस्याओं का कारण होते हैं तो ऐसा नहीं है बल्कि कुछ अन्य चीजें भी इसकी वजह बन सकती हैं।
स्किन को बर्बाद करती हैं ये 4 आदतें
आपकी लाइफस्टाइल ही ये तय करती है कि आपकी स्किन कितनी अच्छी दिखेगी और अगर आप ये 4 गलतियां कर रहे हैं तो इससे जाने-अनजाने में आपकी स्किन को बहुत बड़ा नुकसान हो रहा है-
चाय और रस्क
कई लोग अपनी सुबह या शाम की चाय के साथ रस्क खाना पसंद करते हैं और अगर आप भी उनमें से एक हैं तो आपको स्किन संबंधी समस्याएं होना कोई हैरानी वाली बात नहीं होगी। न्यूट्रिशनिस्ट ने बताया कि आपको ये पता होना चाहिए कि इस कॉम्बिनेशन में पोषण बहुत कम है और इसमें बहुत अधिक मात्रा में शुगर और ट्रांस फैट मौजूद होता है। केवल इतना ही नहीं बल्कि ये सूजन पाने के लिए भी एक आसान रेसिपी है। आप इसकी जगह बादाम या कद्दू के बीज का सेवन कर सकते हैं। या फिर चिया सीड्स का पानी भी कंज्युम कर सकते हैं। ये ओमैगा-3 फैटी एसिड का अच्छा सोर्स हैं।
स्मोकिंग
धूम्रपान करना कई बीमारियों को न्यौता देने के समान है। यह आपके ओवरऑल हेल्थ के साथ-साथ आपकी स्किन को भी डैमेज करने में कोई कसर नहीं छोड़ता। दरअसल, स्मोकिंग फ्री-रेडिकल्स के जरिए स्किन को तेजी से डैमेज करता है। ऐसे में अगर आपको क्लियर और ग्लोइंग स्किन चाहिए तो अपनी इस आदत को अलविदा कहने में ही समझदारी है।
डिहाइड्रेशन
आपने तमाम सेलेब्स को ये कहते सुना होगा कि वो अपनी स्किन को बेहतर बनाने के लिए ढेर सारा पानी पीते हैं और सच में ये नुस्खा स्किन को यंग और हाइड्रेटेड रखने का सबसे आसान तरीका है। जब आप पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं पीते हैं तो इससे आपकी स्किन डिहाइड्रेटेड हो सकती है। जिससे यह ड्राई और डल दिखेगी। ऐसे में खुद को हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी है। लेकिन हाइड्रेशन के लिए सिर्फ खूब सारा पानी पीने का लक्ष्य न रखें बल्कि इसके लिए आप फल और सब्जियों का भी सेवन कर सकते हैं, जिनमें पानी की अधिक मात्रा होती है।
डूमस्क्रॉलिंग
आज के समय में अधिकतर लोग डूमस्क्रॉल करने के आदि बन चुके हैं, लेकिन ये आदत आपकी स्किन के लिए बिल्कुल भी अच्छी नहीं है। रात में लाइट बंद करके घंटों फोन चलाते रहने से आपके फोन से निकलने वाली ब्लू लाइट आपके कोलेजन फाइबर को नुकसान पहुंचाती है। ये डार्क सर्कल्स की तो वजह बनता ही है। साथ ही साथ आपके सर्कैडियन रीदम को भी बिगाड़ता है। न्यूट्रिशनिस्ट का कहना है कि कम से कम रात 9 बजे तक अपना फोन बंद कर दें और डूमस्क्रॉलिंग न करें।
झटपट बनाएं पंकज की बताई शानदार सब्जी, स्वाद ऐसा कि बेसन का चीला भी भूल जाएंगे और सास भी करेगी तारीफ
18 Sep, 2025 07:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अगर आप रोज-रोज वही सब्जियां खाकर ऊब चुके हैं, तो मास्टरशेफ पंकज भदौरिया की खास रेसिपी आपके लिए एकदम सही रहेगी। बेसन का चीला अक्सर नाश्ते में खाया जाता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इससे एक लाजवाब सब्जी भी बन सकती है। यह रेसिपी न सिर्फ अलग है, बल्कि इसका स्वाद भी इतना शानदार है कि आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे। इसमें बेसन के चीले के टुकड़ों को एक खास ग्रेवी में पकाया जाता है, जिसमें धनिया के डंठल और पालक का इस्तेमाल होता है। जिससे स्वाद और भी निखर कर आता है। अगर आपको समझ नहीं आ रहा है आज कौनसी सब्जी बनाऊं तो बेसन के चीले की सब्जी को ट्राई करके जरूर देख सकते हैं। ये है इसकी आसान सी रेसिपी।
चीला बनाने के लिए सामग्री
2 कप बेसन
स्वादानुसार नमक
½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
¼ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
½ छोटा चम्मच हींग
1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
½ छोटा चम्मच हरी मिर्च का पेस्ट
2 छोटे चम्मच तेल
चीले का बैटर करें तैयार
एक बड़े बर्तन में 2 कप बेसन लेकर नमक, लाल मिर्च, हल्दी, हींग, अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च का पेस्ट डालें। थोड़ा-थोड़ा करके पानी मिलाते जाएं और एक गाढ़ा और मुलायम घोल तैयार करें। घोल इतना गाढ़ा होना चाहिए कि वह आसानी से फैल सके, लेकिन बहुत पतला न हो। ध्यान रखें कि बेसन के घोल में गांठें न बनें।
चीले को बनाने का तरीका
एक नॉन-स्टिक पैन या कड़ाही में 1 बड़ा चम्मच तेल गरम करें। इसमें तैयार पूरा घोल डालें और उसे गोल आकार में फैलाएं। सब्जी बनानी है इसलिए आपको नॉर्मल पतले चीले की जगह पर मोटा बनाना है। अब ढककर धीमी आंच पर पकाएं जब तक कि निचला हिस्सा सुनहरा न हो जाए। इसे पलटें और दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह पका लें। चीला पकाने के बाद ठंडा होने दें, अपनी पसंद के आकार के टुकड़ों में काट लें। इन टुकड़ों से ही सब्जी बनेगी।
सब्जी की ग्रेवी बनाने के लिए सामग्री
2 बड़े प्याज, ¼ कप सरसों का तेल
2 तेजपत्ता, 2 काली इलायची, 4-5 लौंग
¼ जावित्री का फूल
1 छोटा चम्मच काली मिर्च के दाने
2 बड़े टमाटर, 1 इंच अदरक
2 हरी मिर्च, 8-10 पालक के पत्ते
मुट्ठी भर हरा धनिया डंठल सहित
½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर
½ छोटा चम्मच जीरा पाउडर
½ छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच मंत्रा कश्मीरी मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
अब बना लीजिए सब्जी
कड़ाही में सरसों का तेल गरम करें। अब तेजपत्ता, काली इलायची, लौंग, जावित्री और काली मिर्च डालें और उन्हें हल्का भुनने दें। उसके बाद पिसा हुआ प्याज का पेस्ट डालें और सुनहरा होने तक भूनें। हल्दी, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, काली मिर्च पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। टमाटर, अदरक, हरी मिर्च, पालक और धनिया का पेस्ट डालें। इस मसाले को तेल अलग होने तक पकाएं। जब मसाला अच्छी तरह भुन जाए, तो उसमें 1 कप पानी और स्वादानुसार नमक डालें। ग्रेवी में एक उबाल आने दें, उसके बाद पहले से कटे हुए बेसन के चीले के टुकड़े डाल दें। इसे 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं ताकि चीले ग्रेवी को सोख लें। आखिर में, ताजे हरे धनिये से सजाकर गरमागरम परोसें।
अमृत जैसे गुणों वाले सहजन के पत्तों के पराठे – अर्चना की बताई रेसिपी से बनाएं घर पर, PM मोदी भी हैं दीवाने
18 Sep, 2025 06:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 75वां जन्मदिन है। जो साधारण लाइफस्टाइल को फॉलो करने के साथ हेल्दी डाइट लेना पसंद करते हैं। जहां एक ओर लोग आलू और गोभी के पराठों के शौकीन होते हैं तो वहीं दूसरी ओर PM को मोरिंगा के पत्तों से बने पराठे अच्छे लगते हैं। जो ना सिर्फ टेस्टी होते हैं बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं। सेहत को फायदा पहुंचाने वाले गुण होने की वजह से सहजन के पत्तों को अमृत की तरह माना जाता है। लेकिन हो सकता है कि बहुत से लोगों ने अब तक सिर्फ मोरिंगा की फलियों की सब्जी ही बनाई होगी। मगर इसके पराठे बिल्कुल वैसे ही बनते हैं जैसे कि आप मेथी के पराठे बनाते हैं। अगर आप इन पराठों आसानी से और बिना किसी गलती के बनाना चाहते हैं तो अर्चना की रेसिपी सीख लीजिए।
पराठे के लिए सामग्री
2 कप गेहूं का आटा
आधा कप बेसन
जीरा और अजवाइन
हरी मिर्च
हल्दी पाउडर
अदरक का पेस्ट
ऑयल
स्वादानुसार नमक
सबसे पहला काम
आप सहजन के पत्तों की रेसिपी ट्राई करने से पहले इन्हें तोड़कर पानी में अच्छी तरह से धो लीजिए। अक्सर मिट्टी या कीड़े पत्तों में लगे रहते हैं तो ठीक से क्लीन करना जरूरी है। उसके बाद पत्तों को ठीक वैसे की काट लें जैसा कि मेथी की भाजी को पराठे के लिए काटते हैं। इसके अलावा अदरक का पेस्ट तैयार कर लें।
अब गूथे आटा
अब एक बर्तन में गेहूं का आटा डालें और बेसन को डालकर अच्छी तरह से मिला दें। उसके बाद जीरा और अजवाइन को हाथ में लें और हल्का मसलकर डाल दें। अब हल्की पाउडर और बारीक कटी हुई हरी मिर्च मिलाएं। अदरक का पेस्ट डालें, नमक और 2 चम्मच ऑयल डालें। सभी चीजों को मिलाकर पराठे के लिए आटा गूंथना है।
15 मिनट बनाएं पराठें
आटे को गूंथने के बाद 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि वह अच्छे से फूल जाए। तय समय बाद आटे की छोटी लोई लेकर मनचाहे आकार में पराठा बेल लीजिए। इस बीच तवा को गर्म करने के लिए रख दें, उसपर थोड़ा का तेल डालने के बाद पराठे को सेंके। पराठा दोनों तरह से सुनहरा हो जाए इतना सेंकना है। अब गरमागरम पराठों को दही, अचार या चटनी के साथ परोसें।
क्यों फायदेमंद है मोरिंगा के पराठे
दरअसल मोरिंगा के पत्तों में विटामिन ए, सी, ई, कैल्शिमय, प्रोटीन और आयरन जैसे कई जरूरी तत्व होते हैं। ये पराठे रोजाना के पोषण की जरूरतों को पूरा करने में मदद करते हैं। सबसे अच्छी बात है कि इनका स्वाद भी बहुत अच्छा होता है और बनाने में भी बहुत ज्यादा समय नहीं लगता है।
श्राद्ध में तोरई की सब्जी बनाने में बरतें सावधानी, इन 2 चीजों से बिगड़ सकता है स्वाद – सात्विक रेसिपी जानें
18 Sep, 2025 06:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत में धार्मिक मान्यता है कि पितृपक्ष में पूर्वजों की आत्मा पृथ्वीलोक पर आती है ताकि उनके वंश उन्हें तृप्त कर सकें। तभी पिंडदान, श्राद्ध और ब्राह्मण को भाज कराना शुभ माना जाता है। इस दौरान सात्विक भोजन बनता है। जिसमें कद्दू और तोरई की सब्जी भी शामिल है। वैसे तो तोरई की सब्जी हर मौसम में बनाई जाती रहती है। तोरई को भरवां से लेकर मसाले वाली तक अलग-अलग तरह से बनाया जाता है। लेकिन श्राद्ध के दौरान बनने वाली इस सब्जी में खास बातों का ध्यान रखा जाता है। अक्सर लोग सब्जी को ग्रेवी वाली बनाने के चक्कर में कुछ गलती कर देते हैं। ऐसे में पहाड़ी चटकारा यूट्यूब चैनल सात्विक और स्वादिष्ट तोरई की सब्जी बनाने का तरीका शेयर किया गया है।
सबसे पहले जानें क्या है गलती
अक्सर लोग ग्रेवी को गाढ़ा बनाने के लिए लहसुन और प्याज का पेस्ट डाल देते हैं। जबकि इन दोनों को सात्विक भोजन की सूची में शामिल नहीं किया जाता है। आयुर्वेद के अनुसार, लहसुन उष्ण, तीक्ष्ण और तेज गंध वाला होता है, जो रक्त को गर्म करता है और उत्तेजना बढ़ाता है। जबकि प्याज भारी, कफवर्धक और मन को चंचल करने वाला होता है। इसलिए इन दोनों को तामसिक माना जाता है, जो श्राद्ध के लिए बनने वाली सब्जी में नहीं डालते हैं।
सात्विक तोरई की सब्जी के लिए सामान
तोरई
सरसों का तेल
एक चम्मच जीरा
जीरा और धनिया का पाउडर
हल्दी पाउडर
लाल मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
कैसे बनाएं सब्जी
अब एक कड़ाही को गैस पर गर्म होने के लिए रखें और उसमें तेल डालें। आप चाहें तो घी का इस्तेमाल कर सकते हैं। घी या तेल गर्म होने के जीरा डालें, उसके बाद तोरई डालकर अच्छी तरह मिला दे। अब मसाले के तौर पर जीरा और धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह डालें।
पकाने का सही तरीका
सभी चीजें मिलाने के बाद 5 से 7 मिनट तक ढककर पका लीजिए। ध्यान रहे कि तोरई में पानी डालने की गलती ना करें, क्योंकि तोरई और कद्दू जैसी सब्जी में प्राकृतिक रूप से पानी होता है अब अगर आप अलग से भी पानी डाल देंगे तो सब्जी का पूरा स्वाद बेकार हो जाएगा। वहीं तय समय तोरई पक चुकी हो तो गैस बंद करें।
आखिरी काम
अब सब्जी को कितना गाढ़ा बनाना चाहते हैं ये आपकी पसंद पर निर्भर करता है। तो अगर आपको लगता है कि पानी ज्यादा दिख रहा है तो थोड़ी देर और पका सकते हैं। इससे पानी की मात्रा कम हो जाएगी। आखिरी में धनियां की पत्तियों को काटकर डाल दें। इससे सूरज और फ्लेवर दोनों ही बढ़ जाएंगे।
क्रिस्पी-चटपटा स्नैक: शाम की भूख में बेस्ट हैं चिली गार्लिक पोटैटो, जानें आसान बनाने का तरीका
17 Sep, 2025 06:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कितने लोगों के लिए : 2
सामग्री :
4-5 मध्यम आकार के आलू
2-3 चम्मच मैदा या कॉर्नफ्लोर
नमक स्वादानुसार
तेल तलने के लिए
2 चम्मच तेल
4-5 लहसुन की कली (बारीक कटी हुई)
1 प्याज (बारीक कटा हुआ)
1 शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 चम्मच अदरक (कद्दूकस किया हुआ)
2 चम्मच टोमेटो केचप
1 चम्मच सोया सॉस
1 चम्मच रेड चिली सॉस
1/2 चम्मच सिरका
1/2 चम्मच चीनी
थोड़ा-सा हरा धनिया (गार्निश के लिए)
विधि :
सबसे पहले आलू को धोकर छील लें और उन्हें फ्रेंच फ्राइज की तरह लंबा-लंबा काट लें। आप चाहें तो इन्हें थोड़ा मोटा भी काट सकते हैं।
अब एक बर्तन में पानी गरम करें और उसमें थोड़ा सा नमक डालकर आलू को 5-7 मिनट के लिए उबाल लें। ध्यान रखें कि आलू पूरी तरह से न गलें।
उबले हुए आलू को छानकर ठंडा होने दें। फिर उनमें मैदा या कॉर्नफ्लोर और थोड़ा सा नमक मिलाकर अच्छे से मिलाएं ताकि आलू पर एक पतली परत बन जाए।
एक कड़ाही में तेल गरम करें और मध्यम आंच पर आलू को सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें। तले हुए आलू को निकालकर अलग रख दें।
अब सॉस बनाने की तैयारी करें। उसी कड़ाही में थोड़ा तेल गरम करें। इसमें बारीक कटा हुआ लहसुन, अदरक और प्याज डालकर हल्का भूनें।
अब इसमें बारीक कटी हुई शिमला मिर्च डालें और 1-2 मिनट तक पकाएं।
इसके बाद टोमेटो केचप, सोया सॉस, रेड चिली सॉस, सिरका और चीनी डालकर अच्छे से मिलाएं।
जब सॉस गाढ़ा होने लगे तो इसमें तले हुए आलू डालें और अच्छे से मिलाएं ताकि सॉस की कोटिंग आलू पर पूरी तरह से हो जाए।
आपका स्वादिष्ट चिली गार्लिक पोटैटो तैयार है। इसे हरे धनिया से गार्निश करके गरमागरम परोसें।
लहसुन की चटपटी चटनी से बढ़ाएं रोटी-पराठे का स्वाद, मिनटों में बनेगी और देगी दोगुना मज़ा
17 Sep, 2025 06:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। क्या आप भी हर रोज एक ही तरह का खाना खाकर बोर हो गए हैं? क्या आपको लगता है कि आपकी सादी दाल-रोटी या पराठे में कुछ चटपटा मिसिंग है? अगर हां, तो यह रेसिपी आपके लिए एक बढ़िया ऑप्शन साबित हो सकती है। जी हां, सिर्फ 5 मिनट में तैयार होने वाली लहसुन की यह चटपटी चटनी आपके खाने को एक नया और जबरदस्त ट्विस्ट देगी। यकीन मानिए, इसे खाने के बाद आप उंगलियां चाटते रह जाएंगे।
लहसुन की चटनी बनाने के लिए सामग्री
लहसुन की कलियां: 10-12 (छीलकर)
लाल मिर्च: 5-6 (सूखी)
जीरा: आधा चम्मच
अमचूर पाउडर: आधा चम्मच
नमक: स्वादानुसार
सरसों का तेल: 2 चम्मच
लहसुन की चटनी बनाने का तरीका
सबसे पहले, सूखी लाल मिर्च को हल्के गर्म पानी में 10-15 मिनट के लिए भिगो दें ताकि वे नरम हो जाएं।
अब एक मिक्सी का जार लें। उसमें भीगी हुई लाल मिर्च, छिले हुए लहसुन, जीरा, अमचूर पाउडर और नमक डालें।
इसमें थोड़ा सा पानी डालकर इसे अच्छे से पीस लें। ध्यान रखें कि चटनी ज़्यादा पतली न हो, इसे थोड़ा गाढ़ा ही रखें।
अब एक छोटा पैन या कड़ाही लें। उसमें सरसों का तेल गरम करें।
जब तेल गरम हो जाए, तो उसमें पीसी हुई चटनी डालें और धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक भूनें।
जब चटनी तेल छोड़ने लगे, तो गैस बंद कर दें।
चटनी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
लहसुन की चटपटी चटनी बनाते समय कुछ खास बातों का ध्यान रखा जाए, तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा। ये कुछ आसान टिप्स आपकी मदद करेंगे:
मिर्च को भिगोना न भूलें: सूखी लाल मिर्च को गरम पानी में भिगोने से वे मुलायम हो जाती हैं और चटनी का रंग भी गहरा और लाल आता है। अगर आप चाहें, तो तीखापन कम करने के लिए सूखी लाल मिर्च के बीज निकाल सकते हैं।
लहसुन की मात्रा: चटनी का मुख्य स्वाद लहसुन से ही आता है, इसलिए लहसुन की कलियां अच्छी मात्रा में इस्तेमाल करें। इससे चटनी में एक तीखा और मजेदार स्वाद आएगा।
तेल का सही इस्तेमाल: इस चटनी में सरसों का तेल सबसे ज्यादा स्वादिष्ट लगता है। आप चाहें तो किसी और तेल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन सरसों का तेल इसे एक खास देसी स्वाद देता है।
मसालों को अच्छे से भूनें: मिक्सी में पीसने के बाद, चटनी को तेल में भूनना बहुत जरूरी है। इससे चटनी का कच्चापन दूर हो जाता है और इसका स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं। इसे तब तक भूनें जब तक यह तेल न छोड़ने लगे।
पानी का हिसाब रखें: चटनी को पीसते समय बहुत ज्यादा पानी न डालें। इसे गाढ़ा ही रखें ताकि यह पराठे या रोटी के साथ खाने में मजेदार लगे।
बॉडी स्क्रब का नेचुरल तरीका, बेसन में 5 घरेलू सामग्री मिलाकर 2-3 बार लगाने से मिलेगी चमकती स्किन
17 Sep, 2025 06:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अब फेस्टिव सीजन की शुरुआत बस होने ही वाली है। ऐसे में महिलाएं हो या पुरुष दोनों ही अपने आप को कुछ हटकर दिखाना चाहते हैं। यही कारण है कि लोग फेस्टिव सीजन में अच्छी तरह से तैयार होते हैं। मगर सोच कर देखिये, क्या सिर्फ नए कपड़े पहन लेने से आप अच्छे दिख सकते हैं? अगर आपका जवाब नहीं है, तो सवाल उठता है कि अच्छे दिखने के लिए क्या करें? देखिए, अगर आप शॉर्टकट चाहते हैं, तो मेकअप जिंदाबाद है, लेकिन मेकअप का इस्तेमाल सिर्फ चेहरे पर किया जा सकता है। बाकि बचे शरीर को कैसे चमकाएंगे अगर आप चेहरे के साथ पूरे शरीर को चमकाना चाहते हैं, तो एक बहुत ही बेहतरीन घरेलू नुस्खे का इस्तेमाल कर सकते हैं। अब पुरे शरीर पर महंगी-महंगी क्रीमें रगड़ना हमारी और आपकी पॉकेट पर थोड़ा ज्यादा ही भारी पड़ सकता है। ऐसे में घरेलू नुस्खे इस काम के लिए कारगर और बहुत ही बेहतरीन तरीका साबित हो सकते हैं। अब दुनिया भर के घरेलू नुस्खों में से आपको किस इस्तेमाल करना है? आइए इस बारे में विस्तार से जान लेते हैं।
घरेलू नुस्खे फायदेमंद क्यों हैं?
दरअसल, घरेलू नुस्खों से त्वचा के नेचुरल रंग को निखारने में मदद मिलती है। अब क्योंकि इन नुस्खों में घर पर पड़ी या और भी सटीक तरीके से बताएं, तो किचन में पड़ी चीजों का इस्तेमाल होता है। ऐसे में ये स्किन केयर का बहुत ही किफायती तरीका साबित होता है। हम मिडिल क्लास लोग सस्ते, सुंदर और टिकाऊ तरीकों पर भरोसा करते हैं। बता दें कि ये तरीका भी कुछ ऐसा ही है। घरेलू नुस्खों का सबसे अहम फायदा ये होता है कि इनके इस्तेमाल से अगर आपकी त्वचा पर कोई फायदा नहीं होता है, तो कोई बात नहीं नुकसान भी तो नहीं हो रहा है। इस नुस्खे की जानकारी @beautifulyoutips नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो पोस्ट कर दी गई है। अब इस नुस्खे के बारे में जान लेते हैं।
नुस्खे में इस्तेमाल हुई सामग्री
बेसन (3 छोटे चम्मच)
मुल्तानी मिट्टी (1 छोटा चम्मच)
नींबू का रस
नारियल का तेल
कॉफी पाउडर (2 छोटे चम्मच)
दही (6-7 छोटे चम्मच)
नुस्खा बनाने की विधि
इस नुस्खे को बनाने के लिए आपको सबसे पहले एक कटोरी बेसन लेना है। इसमें मुल्तानी मिट्टी, नारियल का तेल, नींबू का रस, कॉफी पाउडर और दही को मिला लें। इन सारी चीजों को अच्छी तरह से मिलाकर एक पेस्ट तैयार कर लें। अब इस पेस्ट को 10 मिनट के लिए पूरे शरीर पर रगड़ लें। इससे अंडर आर्म्स का कालापन भी कम हो सकता है। इसके बाद नहा लें। आपकी त्वचा साफ हो जाएगी, स्किन पर हो रहे छोटे-छोटे दानों में कमी आएगी। साथ ही, शरीर की दुर्गंध भी कम होगी। आइए अब सामग्री से होने वाले फायदे जान लेते हैं।
बेसन के फायदे
बेसन स्किन केयर का बहुत ही अहम हिस्सा होता है। ये त्वचा को गहराई से साफ करता है और स्किन पर जमे डेड सेल्स को हटाने में मदद करता है। आप नेचुरल क्लींजर की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे चेहरा मुलायम होता है और नेचुरली फ्रेश नजर आता है।
मुल्तानी मिट्टी के फायदे
मुल्तानी मिट्टी को भी स्किन की कई समस्याओं के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इससे त्वचा का एक्स्ट्रा ऑयल निकल जाता है और स्किन पोर्स को टाइट करने में भी मदद मिलती है। बता दें कि मुल्तानी मिट्टी चेहरा को ऑयल-फ्री बनाती है और मुंहासे कम करने में मदद करती है।
कॉफी पाउडर के फायदे
बता दें कि कॉफी को त्वचा पर नेचुरल स्क्रब की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे ब्लड सर्कुलेशन बढ़ती है और चेहरे पर नेचुरल निखार नजर आता है। ये लटकी त्वचा को टाइट करने में भी मदद करती है।
सिर्फ 2 मिनट में बदल जाएगा लुक, आलिया की मेकअप आर्टिस्ट ने बताया पतले होंठों को मोटा दिखाने का आसान तरीका
17 Sep, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महिलाएं अपने आप को खूबसूरत दिखाने के लिए तरह-तरह की चीजें करती हैं। इसमें प्रोडक्ट्स भी शामिल होते हैं और कई महंगे-महंगे ट्रीटमेंट्स को भी दरकिनार नहीं किया जा सकता है। महिलाएं खूबसूरती के लिए पार्लर से लेकर डर्मेटोलॉजिस्ट तक, किसी के भी पास बेझिझक जा सकती हैं। अगर आप ये सोच रहे हैं, डर्मेटोलॉजिस्ट के पास क्यों, तो इसका जवाब कॉस्मेटिक सर्जरी जैसी चीजें हैं। दरअसल, साइंस और टेक्नोलॉजी के तेजी से आगे बढ़ने की वजह से लोग अपने नेचुरली चेहरे से भी छेड़छाड़ आसानी से कर पा रहे हैं। अगर आपको अपनी नाक की शेप नहीं पसंद, तो आप उसमें बदलाव कर सकते हैं।
अगर आपको जॉ लाइन चाहिए, तो उसमें भी आराम से बदलाव कर सकते हैं। ऐसा ही कुछ होंठों को मामले में भी होता है। आप बहुत ही आसानी से अपने होंठों के शेप और साइज में भी बदलाव कर सकते हैं। वैसे देखा जाए, तो कोई भी सर्जरी या इंजेक्शन लगाने से पहले कई बातों का ध्यान रखा जाता है, तो ये आसान नहीं है। मगर आपके पास पैसा है, तो उतना मुश्किल भी नहीं है। कुल मिलाकर, अगर नेचुरली आपके होंठ पतले हैं, तो आप उन्हें लिप फिलर्स की मदद से मोटा और बड़ा बना सकती हैं।
लिप फिलर्स नहीं करवाने तो क्या करें?
अगर आप नहीं जानते हैं कि लिप फिलर्स असल में क्या है? तो आसान शब्दों में हम आपको बता देते हैं। दरअसल, लिप फिलर्स एक कॉस्मेटिक प्रोसेस है, जिसमें होंठों को मोटा करने, डिफाइन करने और शेप देने का काम किया जाता है। इस काम को करने के लिए होंठों में हयालूरोनिक एसिड जैसे लिक्विड को इंजेक्ट किया जाता है। अब आप समझ ही रहे होंगे कि इस प्रोसेस में अच्छा पैसा खर्च होना लाजमी सी बात है। अब हर कोई अपने होंठों को मोटा दिखने के लिए इस तरीके का इस्तेमाल नहीं कर सकता। ऐसे में अगर आपको होंठों को मोटा करवाना हो और लिप फिलर्स करवाने का मन नहीं कर रहा हो, तो ये आर्टिकल आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।
बिना ट्रीटमेंट के कैसे मोटे होंगे होंठ?
इस स्थिति में होंठों को मोटा करने के लिए आपको बॉलीवुड की खूबसूरत और बबली एक्ट्रेस आलिया भट्ट की मेकअप आर्टिस्ट के बताई टिप्स को मानना पड़ेगा। दरअसल, आलिया भट्ट के खूबसूरत से चेहरे पर चार चांद लगाने का काम मेकअप आर्टिस्ट पुनीत सैनी करती हैं। ऐसे में पुनीत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनसे किसी ने पूछा कि पतले होंठों को मोटा करने के लिए क्या किया जा सकता है। आइए अब इस पुनीत से इस सवाल का जवाब जान लेते हैं।
लिप लाइनिंग से होगा फायदा
पुनीत सैनी ने बताया कि पतले होंठों की समस्या का सामना कर रहे लोगों के लिए लिप लाइनिंग बहुत ही असरदार ट्रिक या हैक है। बता दें कि लिप लाइनिंग की मदद से आपके होंठों को पहले से कई गुना ज्यादा भरा-भरा और अट्रैक्टिव दिखाया जा सकता है। साथ ही, लिप लाइनिंग से लिपस्टिक को फैलने से रोका जा सकता है। लिप लाइन करने से आपकी होंठों की नेचुरल शेप को बड़ा और उभरा हुआ देखा जा सकता है। ये होंठों की अनइवेननेस को ठीक करने में भी मदद करता है और ये अलग-अलग लुक को और भी ज्यादा अट्रैक्टिव बनाता है।
कैसे बनाएं लिप लाइन?
इसके लिए आपको होंठों की शेप पर नहीं बल्कि इनके थोड़े से ऊपर सही तरह से लिप लाइनर की मदद से लाइन डाल लें। इसके बाद लिप्स को नेचुरल लुक देने के लिए आप इस लाइन को हल्का कर दें। खासकर की होंठों के दोनों कोने से इसे लाइट करना जरूरी है। इसके अलावा, आप लिप को लाइन करने के लिए स्किन के रंग के लिप लाइनर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बाद अपनी लिपस्टिक को अच्छे से इस लाइन के ऊपर फेर लें। इससे आपके होंठ नेचुरल तरीके से बड़े नजर आने लगेंगे।
होंठों को हाइड्रेट करना है जरूरी
आपको अपने होंठों पर इन चीजों का इस्तेमाल करने से पहले इन्हें हाइड्रेट करना चाहिए। अगर आप अपने होंठों को हाइड्रेट रखती हैं, तो इससे लिप्स मेकअप बहुत ही स्मूथ और खिला-खिला दिखेगा। साथ ही, आप जिस भी रंग की लिपस्टिक का इस्तेमाल करेंगी, वो होंठों पर खिलकर आएगी। इससे होंठों की त्वचा को ज्यादा नुकसान भी नहीं होगा। साथ ही, होंठ नेचुरल तरीके से बड़े दिखने लगेंगे।
स्वाद और सेहत का संगम: अलसी-तिल की चटनी बनाएगी आपकी थाली को सुपरहेल्दी, जानें बनाने की आसान विधि
13 Sep, 2025 06:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। क्या आप जानते हैं कि एक मामूली-सी चटनी आपके दिल को हेल्दी रख सकती है और आपके पाचन तंत्र को मजबूत बना सकती है? जी हां, हम बात कर रहे हैं अलसी और तिल की चटनी की। यह सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं, बल्कि गुणों से भरपूर एक सुपरफूड भी है। आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अक्सर सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन अगर हम अपने खाने में कुछ छोटे-छोटे बदलाव करें तो बड़े फायदे पा सकते हैं। अलसी और तिल की चटनी (Flaxseed Sesame Chutney) ऐसा ही एक बदलाव है। आइए, इसके कुछ लाजवाब फायदे और आसान रेसिपी के बारे में जानते हैं।
अलसी-तिल की चटनी खाने के फायदे
हार्ट के लिए फायदेमंद
अलसी में ओमेगा-3 फैटी एसिड और तिल में मैग्नीशियम होता है, जो दिल की सेहत के लिए बहुत जरूरी हैं। ये तत्व कोलेस्ट्रॉल को कम करने और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं, जिससे दिल के दौरे का खतरा कम होता है।
हड्डियों को मजबूत बनाए
तिल में कैल्शियम की भरपूर मात्रा होती है, जो हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है। नियमित रूप से इस चटनी का सेवन करने से ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों से बचाव हो सकता है।
पाचन क्रिया को सुधारे
अलसी में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है, जो डाइजेशन को हेल्दी रखती है और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाती है। यह चटनी शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में भी मदद करती है।
त्वचा और बालों के लिए गुणकारी
अलसी में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड और तिल में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को चमकदार बनाते हैं और बालों को मजबूत करते हैं।
अलसी-तिल की चटनी बनाने के लिए सामग्री
अलसी के बीज - आधा कप
तिल - आधा कप
लहसुन की कलियां - 4-5
हरी मिर्च - 2 (आप अपने स्वाद के अनुसार कम-ज्यादा कर सकते हैं)
नींबू का रस - 1 चम्मच
जीरा - 1 चम्मच
नमक - स्वादानुसार
पानी - आवश्यकतानुसार
अलसी-तिल की चटनी बनाने की विधि
सबसे पहले, एक पैन में अलसी और तिल को धीमी आंच पर हल्का भून लें, जब तक कि उनमें से अच्छी खुशबू न आने लगे।
इसके बाद भुने हुए अलसी और तिल को ठंडा होने दें।
अब, एक ब्लेंडर में भुने हुए अलसी, तिल, लहसुन, हरी मिर्च, जीरा, और नमक डालें।
थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर इसे पीस लें। ध्यान रहे कि चटनी बहुत ज्यादा पतली न हो।
चटनी को एक कटोरी में निकालें और ऊपर से नींबू का रस मिलाकर अच्छे से मिला लें।
आप इस चटनी को रोटी, पराठा, या चावल के साथ खा सकते हैं।
बता दें, अलसी-तिल की चटनी को एयरटाइट कंटेनर में रखकर फ्रिज में कुछ दिनों के लिए स्टोर भी किया जा सकता है।
मिनटों में तैयार होगा चिली गार्लिक पराठा, चटपटा स्वाद ऐसा कि पूरा परिवार बार-बार डिमांड करेगा
13 Sep, 2025 06:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कितने लोगों के लिए : 2
सामग्री :
गेहूं का आटा: 2 कप
लहसुन: 8-10 कलियां (बारीक कटी हुई)
लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटा चम्मच (आप स्वाद के अनुसार कम-ज्यादा कर सकते हैं)
धनिया पत्ती: 2 बड़े चम्मच (बारीक कटी हुई)
जीरा: आधा छोटा चम्मच
नमक: स्वादानुसार
घी या तेल: पराठे सेकने के लिए
विधि :
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में आटा लें। उसमें बारीक कटा हुआ लहसुन, लाल मिर्च पाउडर, जीरा, धनिया पत्ती और नमक मिलाएं।
अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा बहुत ज्यादा सख्त न हो।
आटे को 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए।
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें गोल पराठे की तरह बेल लें।
गर्म तवे पर थोड़ा घी या तेल डालकर पराठे को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें।
आपका गर्मागर्म चिली गार्लिक पराठा तैयार है। इसे दही, अचार या अपनी मनपसंद चटनी के साथ परोसें।
छोटे लाल दानों से परेशान त्वचा को मिलेगा आराम: कॉफी में ये 2 चीज़ें मिलाकर करें स्क्रब, हाथ-पैर बनेंगे ग्लोइंग, चेहरा रहेगा अलग
13 Sep, 2025 06:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कई लोगों के बाजू और पैरों में किसी-किसी जगह पर लाल रंग के दानों की भरमार होती है। अक्सर लोग इस स्थिति को नजरअंदाज कर देते हैं, क्योंकि ये दाने किसी तरह के दर्द जैसी समस्या का कारण नहीं बनते हैं। अब सोचने वाली बात ये है कि लाल से दानों का ये गुच्छा इंसान को दर्द नहीं दे रहा, इसका मतलब ये थोड़ी है कि इन्हें नजरअंदाज किया जाएगा। अब कुछ भी कह लो ये देखने में अजीब ही लगता है। अगर आपकी बाजुओं समेत शरीर के किसी भी हिस्से पर ऐसे दाने हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए है। यहां हम आपको बताएंगे कि इन दानों की समस्या से किस तरह बचा जा सकता है? आइए पहले जान लेते हैं कि इस स्थिति को असल में क्या कहते हैं और इसके लक्षण क्या है?
गुच्छे वाले दानों को क्या कहते हैं?
दरअसल, इस स्थिति को गुच्छे वाले दाने नहीं, बल्कि स्ट्रॉबेरी स्किन कहते हैं। अब आप कहेंगे कि इसमें स्ट्रॉबेरी का क्या सेंस बन रहा है, तो स्ट्रॉबेरी के फल का टेक्सचर उभरा हुआ दानेदार होता है। इसी तरह जब आपकी त्वचा पर किसी जगह पर लाल या काले दाने उभर आते हैं, तो आप स्ट्रॉबेरी जैसे तो नहीं दिखते हैं। मगर इसकी त्वचा से रिलेट जरूर कर सकते हैं।
स्ट्रॉबेरी स्किन के लक्षण
इंटरनेट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, बाजुओं और पैरों में स्ट्रॉबेरी के बीजों की तरह दिखने वाले छोटे, काले या लाल दाने, जो बंद स्किन पोर्स या इनग्रोन हेयर के कारण होते हैं। इसके लक्षणों में दानेदार या अनइवन स्किन टोन और छोटे लाल उभार जैसी समस्याएं होती हैं। अगर इस स्थिति से बचाव की बात करें, तो आमतौर पर लोग इसके लिए क्रीम या सीरम जैसे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं।
कंटेंट क्रिएटर ने बताया नुस्खा
जी हां, कंटेंट क्रिएटर सतिंदर कौर ने इस दानेदार त्वचा की समस्या से निपटने के लिए एक घरेलू नुस्खा बताया है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम वीडियो में कहा कि उनके बताए, इस नुस्खे को आप पूरी बॉडी पर इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, आपको इसे चेहरे पर नहीं लगाना है। इससे स्किन को एक्सफोलिएट किया जा सकेगा और त्वचा में नेचुरल निखार भी आएगा। आइए इस नुस्खे इस नुस्खे के बारे में जान लेते हैं।
नुस्खा बनाने में इस्तेमाल हुई सामग्री
कॉफी पाउडर
पिसी हुई चीनी
नारियल का तेल
(नोट: सामग्री की मात्रा को जरूरत के हिसाब से तय करें)
कैसे करें इस्तेमाल?
इस स्क्रब को बनाने के लिए आपको एक कटोरी में पिसी हुई चीनी लेनी है। इसमें कॉफी पाउडर और नारियल का तेल मिला लेना है। बता दें कि इन सभी चीजों को अच्छी तरह से मिलाकर बॉडी पर लगा लेना है। इसे 10 मिनट लगाकर रखना है और फिर पानी से हल्के हाथों से रगड़ते हुए धो लेना है। बता दें कि इस स्क्रब से त्वचा पर जमे सारे डेड सेल्स निकल जाएंगे, जिससे त्वचा को एक्सफोलिएट करने में मदद मिलेगी। साथ ही, स्किन पोर्स भी क्लीन हो जाएंगे।
कॉफी पाउडर के फायदे
बता दें कि कॉफी पाउडर को नेचुरल एक्सफोलिएटर की तरह इस्तेमाल किया जाता है। इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट त्वचा से डेड सेल्स को हटाकर नए सेल्स को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। इससे स्किन को टाइट करने और झुर्रियों को कम करने में मदद मिलती है।
पिसी हुई चीनी के फायदे
कॉफी की ही तरह चीनी भी नेचुरल स्क्रबर की तरह काम करती है। इससे स्किन पोर्स में जमा गंदगी और एक्स्ट्रा ऑयल को साफ किया जा सकता है। इससे स्किन सॉफ्ट, स्मूथ और ग्लोइंग नजर आती है।
नारियल तेल के फायदे
नारियल तेल में मॉइस्चराइजिंग प्रॉपर्टीज होती हैं, जो स्क्रबिंग के बाद त्वचा को रूखा होने से बचाती हैं। इससे त्वचा को गहराई तक पोषण मिलता है। ऐसे में स्किन पर नेचुरल ग्लो नजर आता है।
आंखों के आसपास झुर्रियों जैसी पतली धारियां? क्रीम-व्रीम से नहीं मिलेगा फायदा, 6 महीने अपनाएं डॉक्टर की बताई आदतें, फिर देखिए कमाल
13 Sep, 2025 06:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आंखों के आसपास झुर्रियां दिखने की समस्या को आमतौर पर बुढ़ापे के शुरूआती निशान की तरह देखा जाता है। इसका मतलब यही होता है कि महिला हो या पुरुष उनका वक्त से पहले बुढ़ापा आना शुरू हो गया है। बता दें कि बुढ़ापा अपने आप में कोई समस्या नहीं है। मगर ये अपने साथ कई तरह की समस्याएं लेकर आता है। ये ऐसी परेशानियां होती हैं, जो उम्र से पहले अपने आसपास कोई नहीं देखना चाहता है। अगर उदाहरण देकर समझाएं, तो उम्र से पहले बुढ़ापा आने पर इंसान की त्वचा लटकने लगती है। इसके साथ ही, त्वचा पर झुर्रियां और फाइन लाइन्स बहुत ज्यादा दिखने लगती है।
इन परेशानियों के साथ व्यक्ति अट्रैक्टिव नहीं दिखता है। साथ ही, लुक्स को लेकर उनकी इनसिक्योरिटी भी बढ़ जाती है। ऐसे में कॉन्फिडेंस में भी कमी आने लगती है। अगर आप इन समस्याओं का सामना नहीं करना चाहते हैं, तो आपको बुढ़ापे के निशानों की शुरुआत का ही अच्छी तरह से इलाज करना चाहिए। इस आर्टिकल में हम आपको यही बताएंगे कि आप आंखों के आसपास दिखने वाले रिंकल्स से किस तरह बच सकते हैं। आइए जान लेते हैं।
आमतौर पर होता है रिंकल्स का इलाज?
आंखों के आसपास रिंकल्स दिखने के कई कारण होते हैं। जैसे कि नींद की कमी, स्मोकिंग, डिहाइड्रेशन और बार-बार फेस की मूवमेंट करना आदि। ऐसे में रिंकल्स यानी झुर्रियों का होना आम सी बात है। इस स्थिति से बचने के लिए लोग अक्सर एंटी-रिंकल्स क्रीम का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, इस तरह की क्रीम महंगी होने के साथ-साथ कई अलग-अलग केमिकल्स से भरपूर होती है। इससे त्वचा की कई अन्य समस्याएं होने का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, आंखें शरीर के सबसे सेंसिटिव पार्ट्स में से एक होती है। इसके आसपास क्रीम लगाने से आंखों को भी नुकसान हो सकता है। तो झुर्रियों को कैसे कंट्रोल करें?
डॉक्टर ने दिए बचाव टिप्स
अगर आप झुर्रियों को बिना क्रीम के नेचुरली कंट्रोल करना चाहते हैं, तो डर्मेटोलॉजिस्ट डॉक्टर आंचल की बताई कुछ टिप्स को कर सकते हैं। दरअसल, डॉक्टर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने कहा कि आंखों के नीचे दिखने वाली झुर्रियों को पूरी तरह से रोका नहीं जा सकता है। ये एक नेचुरल प्रोसेस है, जो कि हमारी बढ़ती उम्र को दर्शाती है। हालांकि, हम इनके बढ़ने की गति धीमा कर सकते हैं। इसके लिए लोगों को अपने लाइफस्टाइल में सुधार करना पड़ेगा। इससे झुर्रियां भी कम होगी और त्वचा को भी फायदा हो सकता है।
आंखों को रगड़ने की ना करें भूल
कई लोग आंख में कुछ चले जाने या खुजली महसूस होने पर अपनी आंखों को बहुत जोर से रगड़ देते हैं। कई लोगों की आदत होती है कि वो सुबह उठने के बाद अपनी आंखों को रगड़ देते हैं। आपको ऐसा करने से बचना चाहिए। इसके अलावा, आपको मुंह आपको धोने के बाद भी अपनी आंखों को तौलिये से ज्यादा नहीं रगड़ना चाहिए।
एलर्जी से बचना है जरूरी
अगर आपकी आंखों में किसी तरह की एलर्जी है, तो डॉक्टर से उसका इलाज करवाएं। इसके अलावा, एलर्जी के समय आई मेकअप का इस्तेमाल ना करें। अगर आप आमतौर पर भी मेकअप का इस्तेमाल करते हैं, तो सोने से पहले इसे पूरी तरह से हटा दें। ध्यान रखें कि आंखें और उसके आसपास बिल्कुल भी मेकअप नहीं होना चाहिए। इससे एलर्जी की समस्या से बचा जा सकता है।
हयालूरोनिक एसिड सीरम का इस्तेमाल
आंखों के आसपास की झुर्रियों को हटाने के लिए आप हयालूरोनिक एसिड का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये त्वचा के लिए गुणकारी होता है, इससे स्किन में नमी बनी रहती है। नमी लॉक होने की वजह से स्किन ग्लो करती है और झुर्रियां कम हो सकती है। अगर आप अच्छे रिजल्ट्स पाना चाहते हैं, तो दिन में दो बार हयालूरोनिक एसिड का इस्तेमाल कर सकते हैं।
6 महीने फॉलो करें ये रूटीन
अगर आप अपनी आंखों के आसपास की झुर्रियों को असल में ठीक करना चाहते हैं, तो आपको ऊपर बताए इस रूटीन को कम से कम 6 महीने फॉलो करना होगा। दरअसल, झुर्रियों की समस्या कभी भी 2 दिन या 1 हफ्ते में सामने आकर खड़ी नहीं होती है। ये लंबे समय तक खराब लाइफस्टाइल को फॉलो करने की वजह से होती है। ठीक उसी तरह अगर आप इस स्थिति से बचना चाहते हैं, तो 6 महीने या इससे ज्यादा समय के लिए भी इस रूटीन को फॉलो करना पड़ सकता है।
मेहमानों के लिए रेस्टोरेंट स्टाइल पनीर चंगेजी, इस आसान तरीके से घर पर तैयार करें स्वादिष्ट डिश
10 Sep, 2025 04:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कितने लोगों के लिए : 2
सामग्री :
पनीर: 250 ग्राम (टुकड़ों में कटा हुआ)
प्याज: 2 मध्यम (बारीक कटा हुआ)
टमाटर: 3 मीडियम (प्यूरी बना लें)
अदरक-लहसुन का पेस्ट: 2 चम्मच
दही: आधा कप
क्रीम: एक चौथाई कप
काजू का पेस्ट: 1 चम्मच
हल्दी पाउडर: आधा चम्मच
धनिया पाउडर: 1 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर: 1 चम्मच
गरम मसाला: आधा चम्मच
जीरा: आधा चम्मच
नमक: स्वादानुसार
तेल/घी: 3-4 चम्मच
कसूरी मेथी: 1 चम्मच
विधि :
सबसे पहले, एक पैन में थोड़ा सा तेल गरम करें और पनीर के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक तल लें। आप चाहें तो पनीर को बिना तले भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
उसी पैन में बचा हुआ तेल गरम करें। इसमें जीरा डालें, फिर प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
जब प्याज अच्छी तरह भुन जाए, तो इसमें टमाटर की प्यूरी, हल्दी, धनिया और लाल मिर्च पाउडर डालकर तेल छोड़ने तक पकाएं। इसके बाद आंच धीमी करके इसमें दही और काजू का पेस्ट मिलाएं और लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं।
अब इस मसाले में थोड़ा पानी मिलाएं और इसे 5-7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। ग्रेवी को बीच-बीच में चलाते रहें।
जब ग्रेवी गाढ़ी हो जाए, तो इसमें तले हुए पनीर के टुकड़े, गरम मसाला, कसूरी मेथी और नमक डालें। सब कुछ अच्छी तरह मिलाएं।
आखिर में, इसमें क्रीम डालें और अच्छी तरह मिक्स करें। एक मिनट के लिए और पकाएं और गैस बंद कर दें।
घर पर बनाएं ढाबा स्टाइल दम आलू, इस सरल रेसिपी से लंच और डिनर का मज़ा दोगुना
10 Sep, 2025 04:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। क्या आप भी ढाबे वाले दम आलू के दीवाने हैं? वो गाढ़ी, मसालेदार ग्रेवी और आलू की हर बाइट में भरा हुआ स्वाद... पढ़कर ही मुंह में पानी आ गया ना? अक्सर लगता है कि घर पर वैसा स्वाद लाना मुश्किल है, लेकिन यकीन मानिए, इस आसान और झटपट रेसिपी से आप भी घर पर वही जादू बिखेर सकते हैं। इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और सामग्री भी आसानी से रसोई में मिल जाती है। आइए, बिना देर किए जानते हैं।
ढाबा स्टाइल दम आलू बनाने के लिए सामग्री
छोटे आलू: 500 ग्राम
प्याज: 2 (बारीक कटे हुए)
टमाटर: 3 (प्यूरी)
अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 चम्मच
दही: 1/2 कप
हरी मिर्च: 2
धनिया पाउडर: 1 चम्मच
हल्दी पाउडर: 1/2 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर: 1 चम्मच
गरम मसाला: 1/2 चम्मच
कसूरी मेथी: 1 चम्मच
तेल: तलने और पकाने के लिए
नमक: स्वादानुसार
हरा धनिया: गार्निश के लिए
ढाबा स्टाइल दम आलू बनाने की विधि
सबसे पहले छोटे आलू को धोकर उबाल लें। ध्यान रहे, इन्हें पूरी तरह से नहीं उबालना है, बस 80% तक ही पकाएं। उबालने के बाद छीलकर, एक कांटे की मदद से इनमें छेद कर दें। इससे मसाला अंदर तक जाएगा।
इसके बाद, एक कड़ाही में तेल गरम करें और आलू को सुनहरा होने तक तलें। तलने से आलू ऊपर से कुरकुरे और अंदर से नरम हो जाते हैं। तले हुए आलू को निकालकर अलग रख लें।
अब उसी कड़ाही में बचा हुआ तेल कम कर लें। जीरा डालकर चटकाएं, फिर प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ देर भूनें।
फिर प्याज भुन जाए तो इसमें हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर मिलाएँ। तुरंत टमाटर की प्यूरी डालें और तेल अलग होने तक अच्छी तरह पकाएं।
अब आंच धीमी करके फेंटा हुआ दही डालें और लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं। जब ग्रेवी तेल छोड़ने लगे, तो इसमें तले हुए आलू और नमक डालकर मिलाएं।
अब आधा कप पानी डालें, कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर 5-7 मिनट के लिए दम पर रखें। दम लगाने से सभी मसाले आलू के अंदर तक चले जाते हैं।
ढक्कन हटाकर गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें। हरा धनिया डालकर मिलाएं और गैस बंद कर दें।
बस अब तैयार है, आपका गरमा-गरम ढाबा स्टाइल दम आलू। इसे रोटी, पराठा या नान के साथ सर्व करें।
स्वास्थ्य मंत्रालय की चेतावनी—लाइफस्टाइल बीमारियां सबसे बड़ा खतरा
दो विदेशी और दो पाकिस्तानी कप्तान मैदान में आमने-सामने
बंगाल में सियासी हिंसा: मिताली बाग की कार पर हमला, सांसद और ड्राइवर घायल
विधानसभा के बाहर हाई-वोल्टेज ड्रामा: MLA ट्रैक्टर लेकर पहुंचे, पुलिस संग झूमाझटकी
