नारी विशेष
घर में तैयार करें शुद्ध अमचूर पाउडर, बिना मिलावट की रेसिपी
11 Apr, 2026 03:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Raw Mango Powder Recipe: भारतीय रसोई में खट्टे स्वाद का खास महत्व होता है और इस स्वाद को बढ़ाने के लिए अमचूर पाउडर का इस्तेमाल काफी आम है। चाहे सब्जी हो, चाट हो या दाल थोड़ा सा अमचूर डालते ही स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बाजार में मिलने वाला अमचूर हमेशा शुद्ध नहीं होता?
कई बार इसमें मिलावट या प्रिजर्वेटिव्स भी मिलाए जाते हैं, जो सेहत के लिए अच्छे नहीं होते। ऐसे में घर पर बना अमचूर पाउडर एक बेहतर और हेल्दी विकल्प हो सकता है। अच्छी बात यह है कि अमचूर पाउडर बनाना बेहद आसान है और इसके लिए ज्यादा मेहनत या खास सामग्री की जरूरत नहीं होती। सही तरीके से बनाकर आप इसे पूरे साल के लिए स्टोर भी कर सकते हैं।
अगर आप भी अपने खाने का स्वाद और सेहत दोनों बेहतर बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी जरूर अपनाएं। आइए जानते हैं घर पर अमचूर पाउडर बनाने का सही तरीका।
अमचूर पाउडर बनाने के लिए जरूरी सामग्री
घर पर अमचूर पाउडर बनाने के लिए आपको सिर्फ कच्चे आम की जरूरत होती है। ध्यान रखें कि आम ताजे और बिना दाग-धब्बों वाले हों, ताकि पाउडर का स्वाद बेहतर आए।
अमचूर पाउडर बनाने का तरीका
कच्चे आम को काटने और तैयार करने का तरीका
सबसे पहले आम को धोकर छील लें। फिर इन्हें पतले-पतले स्लाइस में काट लें। पतले टुकड़े जल्दी सूखते हैं और पाउडर भी अच्छी क्वालिटी का बनता है।
धूप में सुखाने की सही विधि
कटे हुए आम के टुकड़ों को साफ कपड़े या ट्रे पर फैलाकर तेज धूप में 3-4 दिन तक सुखाएं। ध्यान रखें कि उनमें बिल्कुल भी नमी न रहे, वरना पाउडर जल्दी खराब हो सकता है।
पाउडर बनाने की प्रक्रिया
जब आम के टुकड़े पूरी तरह सूख जाएं, तो उन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। तैयार पाउडर को छलनी से छान लें, ताकि उसका टेक्सचर स्मूद हो जाए।
स्टोरेज और इस्तेमाल के टिप्स
अमचूर पाउडर को एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें और नमी से दूर रखें। सही तरीके से स्टोर करने पर यह सालभर आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है और इसका स्वाद भी बना रहता है।
घर बैठे बनाएं रेस्टोरेंट जैसा स्वाद, बेसन की 5 खास रेसिपी
11 Apr, 2026 02:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Besan Se Kya Banaye: भारतीय रसोई में बेसन एक ऐसी सामग्री है, जिसे सब्जी या रोटी दोनों को बनाने में उपयोग किया जा सकता है। इससे लंच या डिनर तो बनाया ही जा सकता है, साथ ही नाश्ते में भी कई स्वादिष्ट व्यंजन बनाने में बेसन को शामिल किया जाता है।
नाश्ता हो, स्नैक हो या लंच बेसन से बनने वाली डिश हर समय स्वाद और पोषण का बेहतरीन संतुलन देती हैं। खास बात यह है कि बेसन प्रोटीन, फाइबर और जरूरी मिनरल्स से भरपूर होता है, जिससे यह न सिर्फ स्वादिष्ट बल्कि सेहतमंद भी बनता है।
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग ऐसे खाने की तलाश में रहते हैं जो जल्दी बन जाए, हल्का हो और पेट भी भर दे। ऐसे में बेसन से बनी डिश एक परफेक्ट विकल्प है। गर्मियों में जब भारी खाना खाने का मन नहीं करता, तब बेसन से बनी हल्की और पौष्टिक रेसिपी लंच के लिए एक शानदार विकल्प बन जाती हैं।
इस लेख में बेसन से बनने वाली 5 ऐसी आसान और टेस्टी डिश के बारे में बताएंगे, जिन्हें आप अपने लंच में शामिल कर सकते हैं। ये रेसिपी न सिर्फ बनाने में आसान हैं, बल्कि बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएंगी।
बेसन चीला
लंच के लिए हेल्दी और क्विक विकल्प की तलाश में हैं तो बेसन का चीला बेहतर विकल्प है। बेसन चीला एक बहुत ही आसान और जल्दी बनने वाली डिश है। इसे बनाने के लिए बेसन में प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और मसाले मिलाकर बैटर तैयार करें और तवे पर हल्का सा तेल डालकर सेंक लें। यह प्रोटीन से भरपूर होता है और दही या हरी चटनी के साथ खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है।
बेसन कढ़ी
बेसन की कढ़ी भारतीय घरों की फेवरेट डिश है। दही और बेसन से बनी यह ग्रेवी हल्की खट्टी और बेहद स्वादिष्ट होती है। इसमें पकौड़े डालकर इसे और भी टेस्टी बनाया जाता है। चावल के साथ यह लंच के लिए एक परफेक्ट कॉम्बिनेशन है।
बेसन की सब्जी
अगर घर में सब्जी नहीं है, तो बेसन की सब्जी एक बेहतरीन विकल्प है। इसमें बेसन को मसालों के साथ पकाकर गाढ़ी ग्रेवी बनाई जाती है। यह रोटी या पराठे के साथ बहुत अच्छी लगती है और मिनटों में तैयार हो जाती है। इसके अलावा गट्टे की सब्जी बना सकते हैं। जिसमें बेसन में नमक, अजवाइन मिलाकर गूंद लें। अब इसे किसी भी आकार में काट लें। इसे उबालकर गट्टे तैयार कर लें। फिर ग्रेवी में डालकर पकाएं।
बेसन ढोकला
लंच में कुछ हल्का और सॉफ्ट चाहते हैं तो ढोकला बना सकते हैं। बेसन से बना ढोकला एक स्टीम्ड डिश है, जो हल्की और हेल्दी होती है। इसे बनाने के लिए बेसन में दही और मसाले मिलाकर बैटर तैयार किया जाता है और फिर स्टीम किया जाता है। यह डिश खासकर गर्मियों में लंच के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है।
बेसन पराठा
ये स्वाद और एनर्जी का कॉम्बिनेशन है। बेसन पराठा एक स्वादिष्ट और पेट भरने वाला विकल्प है। इसमें बेसन को मसालों के साथ मिलाकर आटे में भरकर पराठा बनाया जाता है। यह दही या अचार के साथ खाने में बहुत अच्छा लगता है।
इलेक्ट्रिक कैटल में झटपट तैयार करें लाजवाब वेज बिरयानी, मिनटों में मिलेगा होटल जैसा स्वाद
9 Apr, 2026 12:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Bina Gas Biryani Kaise Banaye: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर किसी के पास समय और संसाधन दोनों सीमित होते जा रहे हैं। खासकर हाॅस्टल में रहने वाले छात्रों और घर से दूर रेंट पर रहने वाले दफ्तर कर्मियों के लिए स्वादिष्ट और हेल्दी खाना बनाना एक चुनौती बन जाता है। ऐसे में इलेक्ट्रिक कैटल एक बेहद उपयोगी और मल्टीपर्पज़ किचन उपकरण के रूप में सामने आता है, जो सिर्फ पानी उबालने के लिए ही नहीं, बल्कि कई तरह के व्यंजन बनाने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
अगर आप सोचते हैं कि बिरयानी जैसी डिश केवल गैस या कुकर में ही बन सकती है, तो यह धारणा अब बदलने वाली है। इलेक्ट्रिक कैटल की मदद से आप आसानी से घर पर ही स्वादिष्ट वेज बिरयानी तैयार कर सकते हैं, वो भी बिना ज्यादा मेहनत और बर्तनों के। यह तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो कम समय में कुछ स्पेशल बनाना चाहते हैं।
इस रेसिपी में न सिर्फ स्वाद का ध्यान रखा गया है, बल्कि यह हेल्दी और आसान भी है। तो आइए जानते हैं कैसे आप अपने इलेक्ट्रिक कैटल में झटपट वेज बिरयानी बना सकते हैं।
इलेक्ट्रिक कैटल में वेज बिरयानी बनाने के लिए सामग्री
1 कप बासमती चावल (भीगे हुए)
1 कप मिक्स सब्जियां (गाजर, मटर, बीन्स)
1 छोटा प्याज (कटा हुआ)
1 टमाटर (कटा हुआ)
1 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
2 कप पानी
नमक स्वादानुसार
बिरयानी मसाला, हल्दी, लाल मिर्च
1-2 चम्मच तेल या घी
कैटल में बिरयानी बनाने का तरीका
ध्यान रखें अधिकतर इलेक्ट्रिक कैटल आॅटो कट होती है, इसलिए इसमें बिरयानी बनाते समय कुछ धैर्य और सयंम जरूर रखें।
स्टेप 1- सबसे पहले पहले से भीगे चावल और पानी को कैटल में डालकर उबाल लें।
स्टेप 2- ध्यान रखें कि कैटल अपने आप बंद हो सकती है। इसलिए आपको इसे बार-बार आन करना पड़ेगा।
स्टेप 3- ऐसा तब तक करें, जब तक चावल 90 फीसदी पक न जाए।
स्टेप 4- चावल पक जाने के बाद इसे कैटल से निकाल लें।
स्टेप 5- अब इसी इलेक्ट्रिक कैटल को ऑन करें और उसमें थोड़ा तेल डालें।
स्टेप 6- जब तेल हल्का गर्म हो जाए, तो उसमें प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
स्टेप 7- अदरक-लहसुन पेस्ट और टमाटर डालकर अच्छे से मिक्स करें।
स्टेप 8- अब इसमें सभी कटी हुई सब्जियां डालें और 2-3 मिनट तक पकाएं।
स्टेप 9- इसके बाद नमक, हल्दी, लाल मिर्च और बिरयानी मसाला डालकर अच्छी तरह मिक्स करें, ताकि मसालों का स्वाद सब्जियों में अच्छी तरह घुल जाए।
स्टेप 10- अब पके हुए चावल को कैटल के दोबारा डालकर मिक्स कर लें।
स्टेप 11- ढक्कन बंद एक-दो मिनट तक पकने दें। बीच-बीच में चेक करते रहें ताकि चावल नीचे चिपके नहीं।
सर्व करने के टिप्स
जब चावल पूरी तरह पक जाएं और पानी सूख जाए, तो आपकी गरमा-गरम वेज बिरयानी तैयार है। इसे दही या रायते के साथ सर्व करें, जिससे स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
घर पर बनाएं नेचुरल सनस्क्रीन, रसोई की चीजें आएंगी काम
9 Apr, 2026 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Ghar Par Sunscreen Kaise Banayen: गर्मियों का मौसम आते ही सबसे बड़ी समस्या होती है तेज धूप और उससे होने वाली टैनिंग। चाहे आप बाहर काम करते हों या घर से बाहर निकलना पड़ता हो, सूरज की हानिकारक किरणें त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं। बाजार में मिलने वाली सनस्क्रीन क्रीम भले ही तुरंत सुरक्षा देती हों, लेकिन उनमें मौजूद केमिकल्स कई बार त्वचा को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं।
ऐसे में लोग अब नेचुरल और घरेलू उपायों की ओर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। क्या आप जानते हैं कि आपकी रसोई में मौजूद कई साधारण चीजें आपकी त्वचा को धूप से बचाने में बेहद कारगर हो सकती हैं?
एलोवेरा, नारियल तेल, खीरा और चंदन जैसी चीजें न केवल त्वचा को ठंडक देती हैं, बल्कि उसे पोषण भी प्रदान करती हैं। इनसे बनी सनस्क्रीन पूरी तरह सुरक्षित होती है और लंबे समय तक त्वचा को हेल्दी बनाए रखती है। अगर आप भी केमिकल-फ्री और सस्ती सनस्क्रीन की तलाश में हैं, तो ये 5 घरेलू तरीके आपके लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकते हैं।
एलोवेरा और नारियल तेल सनस्क्रीन
एलोवेरा जेल में नारियल तेल मिलाकर लगाएं। यह त्वचा को ठंडक देने के साथ-साथ मॉइस्चराइज भी करता है और हल्की धूप से बचाव करता है।
खीरा और गुलाब जल मिश्रण
खीरे का रस और गुलाब जल मिलाकर स्प्रे बनाएं। इसे चेहरे और आसपास के भाग पर लगाएं। यह त्वचा को ठंडा रखता है और टैनिंग कम करने में मदद करता है।
चंदन और हल्दी पेस्ट
चंदन पाउडर में हल्दी और गुलाब जल मिलाकर पेस्ट बनाएं। यह त्वचा को ठंडक देता है और सनबर्न से राहत दिलाता है।
दूध और शहद सनस्क्रीन
दूध और शहद मिलाकर चेहरे पर लगाएं। यह स्किन को पोषण देता है और टैनिंग कम करने में मदद करता है।
नींबू और एलोवेरा जेल
एलोवेरा जेल में थोड़ा नींबू रस मिलाकर लगाएं। यह त्वचा को साफ करता है और धूप के असर को कम करता है।
गैस नहीं, बिजली से पकता है खाना—नई तकनीक का कमाल
8 Apr, 2026 03:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
induction cooktop benefits: आज जब दुनिया के नक्शे पर युद्ध की लपटें दिखाई दे रही हैं, तो उसका सीधा असर सरहदों से दूर हमारी रसोई की चौखट तक आ पहुंचा है। अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच संघर्ष और वैश्विक अस्थिरता ने रसोई गैस की सप्लाई चेन को हिलाकर रख दिया है।
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने इसे इतिहास का सबसे भीषण ऊर्जा संकट माना है। ऐसे में एक आम गृहिणी के लिए गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतें और उसकी किल्लत केवल एक आर्थिक बोझ नहीं, बल्कि मानसिक चिंता का सबब बन गई हैं। इसी अनिश्चितता ने हमें मजबूर किया है कि हम अपनी रसोई के पारंपरिक तरीकों पर दोबारा विचार करें।
आज इंडक्शन कुकटॉप केवल एक आधुनिक उपकरण नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में आत्मनिर्भरता का सबसे भरोसेमंद साथी बनकर उभरा है। भारतीय महिलाओं के लिए ‘स्मार्ट किचन’ अब सिर्फ एक फैशन नहीं, बल्कि वक्त की सबसे बड़ी जरूरत बन गई है।
कैसे करता है काम
इंडक्शन कुकटॉप देखने में भले ही साधारण लगे, लेकिन इसके पीछे का विज्ञान बेहद रोचक और जादुई है। जब आप अपने कुकटॉप को चालू करती हैं, तो सिरेमिक ग्लास के नीचे स्थित तांबे की कुंडली में करंट प्रवाहित होने लगता है, जिससे उसके चारों ओर एक चुंबकीय क्षेत्र बनता है। जब कुकटॉप पर इंडक्शन के अनुकूल कोई बर्तन रखा जाता है, तो चुंबकीय क्षेत्र बर्तन के अंदर विद्युत धारा उत्पन्न करता है, जिससे बर्तन खुद एक 'हीटर' में बदल जाता है।
वैज्ञानिकों ने इसे चुंबकीय प्रेरण (मैग्नेटिक इंडक्शन) के सिद्धांत पर बनाया है। इस तकनीक का सबसे बड़ा लाभ यह है कि इसमें तापमान बहुत तेजी से घटता और बढ़ता है। पानी और खाना न केवल जल्दी गरम होते हैं, बल्कि बर्तन हटाते ही सतह तेजी से ठंडी हो जाती है। चूंकि विद्युत चुंबकीय तरंगें केवल खास धातुओं के साथ क्रिया करती हैं, इसलिए आपको स्टील या कच्चा लोहा (कास्ट आयरन) जैसे बर्तनों का उपयोग करना होगा। आप घर पर एक छोटा सा टेस्ट कर सकती हैं- बर्तन के तले पर एक चुंबक लगाकर देखें, अगर चुंबक चिपक जाए तो वह बर्तन इंडक्शन के लिए तैयार है।
सुरक्षित भी है
एक गृहणी के लिए रसोई में सबसे बड़ी चिंता सुरक्षा की होती है। इस मामले में इंडक्शन कुकटॉप गैस चूल्हे से कहीं आगे है। इसमें खुली आग नहीं होती, जिससे पल्लू जलने या गर्मी से परेशान होने का डर नहीं रहता। गैस लीक का खतरा शून्य है और इसकी सतह ठंडी रहती है, जिससे खाना बनाते समय हाथ जलने की आशंका भी न्यूनतम हो जाती है।सफाई के मामले में यह महिलाओं का सबसे बड़ा दोस्त है, बस गीले कपड़े से पोंछते ही यह चमक उठता है। आधुनिक मॉडल्स में ऑटो-शट ऑफ और चाइल्ड लॉक जैसे फीचर्स इसे बच्चों और बुजुर्गों वाले घरों के लिए वरदान बनाते हैं।
इसके अलावा, धुआं और कार्बन उत्सर्जन नहीं होने के कारण रसोई की हवा शुद्ध रहती है और दीवारों पर कालिख भी नहीं जमती। कुछ मॉडलों में टाइमर और तापमान नियंत्रक जैसी स्मार्ट सुविधाएं भी आ रही हैं, जो खाना पकाने को और अधिक आसान और सुरक्षित बना रही हैं। कुल मिलाकर कह सकते हैं कि इंडक्शन कुकटॉप सुरक्षा, सफाई और सुविधा का आदर्श मिश्रण प्रस्तुत कर रहा है।
हॉस्टल के बच्चों का साथी
आज इंडक्शन कुकटॉप केवल शहरी महिलाओं की पसंद नहीं रहा, बल्कि यह बाहर पढ़ रहे बच्चों का भी सहारा है। हॉस्टल या किराए के कमरों में रहने वाले छात्र और युवा पेशेवर, जो अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं, उनके लिए यह सबसे सुलभ साधन है।आंकड़ों के अनुसार, लगभग 40 प्रतिशत घरों में इंडक्शन का उपयोग युवाओं और कामकाजी पेशेवरों द्वारा किया जा रहा है। छोटे अपार्टमेंट और व्यस्त जीवनशैली में, जहां समय की कमी है, वहां इसकी तेज गति और कम बिजली खपत इसे अनिवार्य बनाती है।यह उन माताओं के लिए भी सुकून की बात है जिनके बच्चे अकेले रहकर अपना खाना खुद बना रहे हैं। इसके अलावा, इंडक्शन कुकटॉप की सफाई आसान होती है, और यह गैस की तुलना में अधिक सुरक्षित भी है। यह आधुनिक जीवन की तेज रफ्तार में भोजन तैयार करने का सुविधाजनक और भरोसेमंद विकल्प साबित हो रहा है।
भविष्य है ‘स्मार्ट किचन’
आज की वैश्विक स्थिति सोचने पर मजबूर करती है कि क्या हम पूरी तरह पारंपरिक ईंधन पर निर्भर रह सकते हैं? शायद नहीं। इंडक्शन कुकटॉप इसी आत्मनिर्भरता का जवाब है। यह एक विकल्प के साथ आधुनिक जीवन-शैली की दिशा है। हालांकि, भारत में आज भी गैस चूल्हों का बड़ा प्रभाव है, क्योंकि वे सस्ते हैं। मिट्टी के बर्तनों या साधारण एल्युमिनियम का उपयोग इंडक्शन पर न हो पाना इसकी एक सीमा जरूर है, लेकिन बढ़ती बिजली उपलब्धता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता इसे भविष्य का इकलौता विकल्प बना रही है।
प्रमुख इंडक्शन कुकटॉप मॉडल्स
बॉश 800 सीरीज एनआईटी 8661 यूसी
इसमें 13 इंच का बड़ा हीटिंग एलिमेंट है। यह 17 पावर सेटिंग्स और 11 प्रीसेट तापमान विकल्पों के साथ आता है, जो कुकिंग को प्रोफेशनल टच देता है।
जीई प्रोफाइल पीएचपी 9036
यह 36 इंच का प्रीमियम मॉडल 19 पावर सेटिंग्स के साथ आता है। इसमें वाई-फाई और एप के जरिये तापमान को कंट्रोल करने की आधुनिक सुविधा है।
मीले केएम 7740 एफआर
यह अपनी मजबूती और टिकाऊपन के लिए जाना जाता है। इसमें खास ‘कीप-वार्म’ मोड है, जो खाने को परोसने तक गर्म रखता है।
इंडक्शन कुकटॉप की विकास यात्रा
20वीं सदी की शुरुआत
वैज्ञानिकों के मन में पहली बार इंडक्शन का विचार आया।
1906 और 1909
आर्थर बेरी और साइमन होहलफेल्ड ने इस तकनीक का पेटेंट करवाया।
1950 का दशक
जनरल मोटर्स ने पहली बार दिखाया कि कैसे बर्तन और स्टोव के बीच कागज रखकर भी पानी उबाला जा सकता है और कागज नहीं जलता।
1970 का दशक
वेस्टिंगहाउस इलेक्ट्रिक कॉर्पोरेशन ने इसे एक वास्तविक उत्पाद के रूप में बाजार में उतारा।
आज
यह तकनीक स्मार्ट कंट्रोल और हाई-स्पीड कुकिंग के साथ हर आधुनिक रसोई का हिस्सा बन चुकी है।
दाल में नहीं आता स्वाद? अपनाएं ये आसान और सही तरीका
6 Apr, 2026 10:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Dal Banane Ka Sahi Tarika: दाल तड़का भारतीय खाने की जान मानी जाती है, लेकिन अक्सर ऐसा होता है कि घर पर बनाने के बावजूद उसमें वह रेस्टोरेंट जैसा स्वाद नहीं आ पाता। कई लोग शिकायत करते हैं कि उनकी दाल या तो फीकी रह जाती है, या फिर उसमें वह खुशबू और गहराई नहीं होती जो खाने का मजा दोगुना कर दे। असल में दाल स्वादिष्ट बनाने के पीछे सिर्फ सामग्री ही नहीं, बल्कि उसे पकाने का तरीका, मसालों का संतुलन और तड़के का सही समय बहुत बड़ी भूमिका निभाते हैं।इस लेख में दाल तड़का बनाने का सही और आसान तरीका बताया जा रहा है, साथ ही कुछ ऐसे सीक्रेट टिप्स भी जानिए जिन्हें अपनाकर आप घर पर ही होटल जैसा स्वाद पा सकते हैं। अगर आप चाहते हैं कि आपकी दाल हर बार परफेक्ट बने, तो यह गाइड आपके बेहद काम आने वाली है।
दाल को भिगोना जरूरी है
अक्सर लोग दाल को बिना भिगोए सीधे कुकर में डाल देते हैं। दाल को कम से कम 20–30 मिनट भिगोने से वह जल्दी पकती है। स्वाद बेहतर होता है और पाचन आसान होता है।
सही पानी का इस्तेमाल
दाल बनाते समय पानी का संतुलन बहुत जरूरी है। सामान्य नियम है कि एक कप दाल में 2.5 से 3 कप पानी मिलाएं। ज्यादा पानी दाल को पतला कर देगा और कम पानी उसे अधपका छोड़ सकता है।
मसाले सही समय पर डालें
दाल पकाते समय हल्दी और नमक डालें और गर्म मसाला अंत में डालें, जब दाल पक जाए। नमक शुरुआत में डालने से दाल अंदर तक स्वाद देती है।
कुकर की सीटी का ध्यान रखें
हर दाल की पकने की टाइमिंग अलग होती है। जैसे अलग आप मूंग दाल बना रहे हैं तो 2 से तीन सीटी लगाएं। मसूर दाल के लिए 3-4 सीटी और अरहर दाल के लिए 4-5 सीटी लगानी चाहिए। इससे ज्यादा सीटी से दाल का टेक्सचर खराब हो सकता है।
तड़का है सबसे जरूरी
दाल का असली स्वाद तड़के से आता है। परफेक्ट तड़का दाल बनाने के लिए घी या तेल गर्म करें। फिर उसमें जीरा, लहसुन और हींग डालें। लाल मिर्च और प्याज डालकर हल्का तड़का दें। तड़का हमेशा दाल पकने के बाद डालें।
धीमी आंच पर पकाएं
कुकर में दाल पकने के बाद 5-10 मिनट धीमी आंच पर दाल को उबालें। इससे दाल गाढ़ी और स्वादिष्ट बनती है।
दाल बनाते समय ये गलतियां करते हैं लोग
दाल बिना धोए पकाना
ज्यादा मसाले डालना
तड़का पहले लगा देना
बहुत ज्यादा पानी डालना
टिप्स- अगर आप रेस्टोरेंट जैसा स्वाद चाहते हैं तो अंत में 1 छोटा चम्मच घी और थोड़ा सा कटा हरा धनिया डालें।
त्वचा हो ठंडी और दमकती, ये 5 मिनट के फेस पैक आजमाएं
4 Apr, 2026 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Summer Skincare Tips: गर्मी का मौसम केवल तापमान नहीं बढ़ाता है, बल्कि यह त्वचा की सहनशक्ति को भी चुनौती देता है। अब ऐसी भीषण गर्मी में हर किसी के पास एसी तो नहीं होता और सच कहें तो हर समय उसके भरोसे रहना भी सही नहीं। असली स्किन केयर वहीं है, जहाँ प्राकृतिक ठंडक, अनुशासन और सही घरेलू उपाय मिलते हैं।इस गर्मी में अगर आप भी अपनी स्किन को ठंडा रहना चाहते हैं तो ऐसे ऐसे असरदार और आसान तरीके जानें जो बिना एसी के भी आपकी त्वचा को ठंडक, नमी और चमक दे सकते हैं।
बिना एसी के भी त्वचा को ठंडा रखने के उपाय
ठंडा नहीं, संतुलित पानी पीएं
बहुत ठंडा पानी शरीर को राहत देता है, लेकिन स्किन को अंदर से हाइड्रेट रखने के लिए सामान्य या हल्का ठंडा पानी ही बेहतर है।
दिन में 2 बार हल्का फेस वॉश
बार-बार चेहरा धोना स्किन को और ऑयली बना देता है। सुबह और रात, बस यही नियम काफी है।
ठंडी पट्टी
रूमाल को ठंडे पानी में भिगोकर चेहरे पर रखें,यह स्किन को तुरंत शांत करता है।
एलोवेरा जेल का इस्तेमाल
एलोवेरा प्राकृतिक कूलिंग एजेंट है। रात में लगाने से स्किन को ठंडक और मरम्मत दोनों मिलती है।
धूप से बचाव सबसे जरूरी
छाया, दुपट्टा, छाता, ये पुराने तरीके आज भी सबसे प्रभावी हैं। सनस्क्रीन भी तभी काम करेगा जब आप धूप से सीधे बचाव भी करें।
आइस फेशियल करना चाहिए या नहीं?
अगर आइस फेशियल सही तरीके से किया जाए तो काफी फायदेमंद हो सकता है। जैसे,
यह स्किन को तुरंत ठंडक देता है।
पोर टाइट करने में मदद करता है।
हल्की सूजन और पफीनेस कम करता है।
हालांकि गलत तरीके से आइस फेशियल करने से कई नुकसान भी संभव हैं। जैसे सीधे बर्फ लगाने से स्किन जल सकती है। संवेदनशील त्वचा में रैश या लालिमा हो सकती है। ज्यादा देर लगाने से केशिकाएं प्रभावित हो सकती हैं।
क्या है आइस फेशियल का सही तरीका
बर्फ को कपड़े में लपेटकर लगाएं।
1-2 मिनट से ज्यादा नहीं लगाएं।
रोज नहीं, हफ्ते में 2-3 बार ही करें।
घर पर ठंडक देने वाले फेस पैक
खीरा और दही फेस पैक
2 चम्मच खीरे का रस में 1 चम्मच दही मिलाकर चेहरे पर लगाएं। यह टैन हटाने और ठंडक देने में असरदार उपाय है।
गुलाब जल और चंदन
चंदन पाउडर में गुलाब जल मिलाकर लगाएं। त्वचा को ठंडा और फ्रेश रखता है
एलोवेरा और शहद
एक चम्मच एलोवेरा में कुछ बूंदें शहद की मिलाएं। ये फेसपैक ड्राय और जलती स्किन के लिए राहतमंद है।
आलू का रस
कच्चे आलू का रस चेहरे पर लगाएं। इससे सनबर्न और जलन में तुरंत आराम मिलती है।
तरबूज फेसपैक
तरबूज का गूदा सीधे त्वचा पर लगाएं। यह हाइड्रेशन और ग्लो दोनों देता है।
गर्मी में स्किन केयर की बड़ी गलतियां
बार-बार फेस वॉश करना
सनस्क्रीन छोड़ देना
बहुत ज्यादा केमिकल प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करना
ये छोटी गलतियां ही स्किन को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाती हैं।
केतली से बने टेस्टी डिश, 7 रेसिपी जो आप मिस नहीं कर सकते
4 Apr, 2026 03:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Kettle Me Khana Kaise banaye: इन दिनों एलपीजी गैस की वैसे भी दिक्कत है। वहीं जो पढ़ाई या नौकरी के लिए घर से दूर पीजी, हाॅस्टल या किराए पर कमरा लेकर रहते हैं, उनके पास गैस सिलेंडर होना थोड़ा मुश्किल होता है। ऐसे में वह अधिकतर टिफिन सर्विस, मेस या होटल के खाने पर निर्भर रहते हैं। लेकिन अब कई ऐसे इलेक्ट्रिक कुकिंग आइटम्स बाजार में हैं जो हाॅस्टलर्स या बैचेलर्स के काम के हैं।
किचन की सुविधा न होने पर भी आप इलेक्ट्रिक केतली का इस्तेमाल कर लेते हैं। हालांकि इसका उपयोग पानी गर्म करने, चाय या काॅफी बनाने के लिए होता है। ज्यादा से ज्यादा इलेक्ट्रिक केतली में लोग मैगी बना सकते हैं या अंडा उबाल लेते हैं। लेकिन ये सिर्फ पानी उबालने वाली मशीन नहीं है। केतली में आप कई टेस्टी और हेल्दी चीजें आसानी से बना सकते हैं।
बस केतली का उपयोग करते समय ये ध्यान रखना चाहिए कि ज्यादा मसाले या तेल न डालें। इस्तेमाल के बाद इसे तुरंत साफ करें और खाना बनाते समय क्षमता अनुसार ही सामग्री भरे, यानी ओवरफिल से बचना है। आइए जानते हैं इलेक्ट्रिक केतली में बनने वाले फूड के बारे में और उनकी रेसिपी।
मैगी
इलेक्ट्रिक केतली में आप इंस्टेंट नूडल्स आसानी से बना सकते हैं। इसके लिए पानी उबालें। उसमें मैगी डालें और मैगी मसाला मिलाएं। तीन से चार मिनट में आपकी मैगी तैयार है। ये सबसे आसान और अकेले रहने वालों का पसंदीदा फूड है।
इंस्टेंट पास्ता
इसे बनाना भी काफी आसान है। केतली में पानी उबालें। फिर पास्ता डालकर 5-7 मिनट पकाएं। जब पास्ता उबल जाए तो एक बाउल में निकाल लें। बारीक कटे टमाटर, प्याज और उबले काॅर्न मिला सकते हैं। साॅसेज या मायोनीज मिलाकर पास्ता तैयार किया जा सकता है। अगर आप चाहें तो उबले पास्ता को केतल में हल्का तेल डालकर 1 मिनट के लिए फ्राई भी कर सकते हैं। ये जल्दी बनने वाला टेस्टी ऑप्शन है।
उबले अंडे
केतली में अंडे भी उबाले जा सकते हैं। इसके लिए केतली में पानी और अंडे डालें। 8-10 मिनट उबालें। ये हेल्दी और प्रोटीन रिच फूड है।
ओट्स
केतली में पानी गर्म करें। अब इसमें ओट्स डालें। नमक या चीनी मिलाएं। इसे गर्मागर्म सर्व करें। जिम वालों या फिटनेस पर ध्यान देने वालों के लिए ये बेस्ट डाइट फूड है।
इंस्टेंट सूप
इलेक्ट्रिक केतली में सूप भी बना सकते हैं। केतली में पानी गर्म करके उसमें सूप पाउडर मिलाएं। ये हल्का और जल्दी बनने वाला खाना है। गर्मागर्म सर्व करें।
वेज पुलाव या तहरी
केतली में हल्का तेल डालें। फिर बारीक कटी सब्जियां फ्राई करें। पानी मिलाकर हल्का उबाल दें। अब इसमें पहले से भिगोए हुए चावल डालकर मिलाएं। नमक, मसालें मिलाकर पकाएं। केतली आटो कट होती है, इसलिए थोड़ी थोड़ी देर में बंद हो जाएगी, लेकिन आप इसे दोबारा आन करें, ऐसा तब तक करें जब तक पानी पूरी तरह पक न जाए और तहरी न बन जाए।
मटर पनीर और नान को एयर फ्रायर में बनाने की ट्रिक
4 Apr, 2026 03:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Air Fryer Me Sabji Kaise banaye? आजकल एयर फ्रायर हर रसोई का हिस्सा बनता जा रहा है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इसमें ग्रेवी वाली सब्जी बन सकती है? अगर सही तरीका अपनाया जाए तो एयर फ्रायर में मटर पनीर और नान दोनों ही बनाया जा सकता है, वो भी रेस्तरां जैसे स्वाद वाला।
एयर फ्रायर का इस्तेमाल करते समय कुछ बातों का ध्यान रखें। हमेशा एयर फ्रायर सेफ बाउल का इस्तेमाल करें। ग्रेवी ज्यादा पतली न रखें। सब्जी बनाते समय हर 5-7 मिनट में चलाएं और ओवरफिल न करें। आइए जानते हैं एयर फ्रायर में मटर पनीर की सब्जी और नान कैसे बनाई जा सकती है। बिना कढ़ाई में फ्राई किए रेस्तरां स्टाइल स्वाद के लिए क्या तरीका अपनाए।
एयर फ्रायर में मटर पनीर कैसे बनाएं?
सामग्री
200 ग्राम पनीर (क्यूब्स)
1 कप मटर
2 टमाटर (प्यूरी)
1 प्याज (बारीक कटा)
1 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला, धनिया पाउडर
2 चम्मच तेल या बटर
नमक स्वादानुसार
एयर फ्रायर में मटर पनीर की सब्जी बनाने की विधि
एयर फ्रायर को 3-5 मिनट तक 180°C पर प्रीहीट करें।
एक एयर-फ्रायर सेफ बाउल में तेल, प्याज और अदरक-लहसुन डालें।
इसे 5 मिनट तक पकाएं। बीच में एक बार चलाएं।
अब टमाटर प्यूरी और सारे मसाले डालकर 7-8 मिनट पकाएं।
मटर और पनीर डालें, थोड़ा पानी मिलाएं।
5-7 मिनट और पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें।
मटर पनीर की सब्जी तैयार है। इसे बनाने में कुल 15-20 मिनट का समय लग सकता है।
रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पाने के टिप्स
अंत में 1 चम्मच बटर डालें।
कसूरी मेथी क्रश करके डालें।
थोड़ा क्रीम मिलाएं।
बीच-बीच में चलाना न भूलें।
एयर फ्रायर में नान कैसे बनाएं?
सामग्री
2 कप मैदा
आधा कप दही
आधा चम्मच बेकिंग पाउडर
नमक, चीनी
थोड़ा तेल
एयर फ्रायर में नान कैसे बनाएं?
स्टेप 1- सभी सामग्री मिलाकर सॉफ्ट आटा गूंध लें।
स्टेप 2- एक घंटे के लिए ढककर रखें।
स्टेप 3- नान बेलकर एयर फ्रायर में रखें।
स्टेप 4- 180 C पर 5-7 मिनट तक पकाएं।
ऊपर से बटर लगाएं। बिल्कुल ढाबा स्टाइल स्वाद मिलेगा।
घर पर बनाएं बाजार जैसा सांभर मसाला, स्वाद रहेगा लाजवाब
2 Apr, 2026 01:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Sambar Masala Kaise Banaye: दक्षिण भारतीय खाना स्वादिष्ट और हेल्दी के साथ ही बनाने में भी आसान होता है, अगर आपको कुछ ट्रिक्स पता हों। डोसा हो, इडली या वड़ा, सभी के साथ सांभर परोसा जाता है। अगर आपको सही तरीके से सांभर बनाना आता हो तो खाने का स्वाद बढ़ जाएगा। हालांकि सांभर बनाने के लिए सब्जियों और दाल के अलावा जो सबसे जरूरी सामग्री है, वो है सांभर मसाला।सांभर का असली स्वाद उसके मसाले में छिपा होता है। बाजार का मसाला अक्सर फ्लेवर में कम और प्रिजर्वेटिव्स से भरा होता है, लेकिन अगर आप इसे घर पर बनाते हैं, तो स्वाद और खुशबू दोनों ही बेहतरीन मिलते हैं।घर का बना सांभर न केवल हेल्दी होता है, बल्कि यह आपके हर खाने को खास बना देता है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी। घर पर बना सांभर मसाला आपके खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है। एक बार इसे बनाकर देखें, फिर बाजार का मसाला लेना भूल जाएंगे।
सांभर मसाला की सामग्री
1 कप धनिया बीज
8-10 सूखी लाल मिर्च
2 चम्मच चना दाल
1 चम्मच उड़द दाल
1 चम्मच मेथी दाना
1 चम्मच जीरा
आधा चम्मच काली मिर्च
8-10 करी पत्ते
आधा चम्मच हल्दी पाउडर
सांभर मसाला बनाने का तरीका
स्टेप 1- मसालों को भूनें
एक कढ़ाई में बिना तेल के धनिया, दालें, मेथी और जीरा को हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
स्टेप 2. मिर्च और करी पत्ते डालें
अब सूखी लाल मिर्च और करी पत्ते डालकर खुशबू आने तक भूनें।
स्टेप 3. ठंडा करें
गैस बंद करके मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें।
स्टेप 4. पीस लें
इस मिश्रण को मिक्सर में डालकर बारीक पाउडर बना लें और अंत में हल्दी मिलाएं।
टिप्स
मसाले को एयरटाइट कंटेनर में रखें।
होममेड मसाला 2-3 महीने तक फ्रेश रहता है।
ज्यादा तीखापन चाहिए तो मिर्च बढ़ा सकते हैं।
हनुमान जन्मोत्सव पर बनाएं ये खास भोग, बजरंगबली होंगे प्रसन्न
2 Apr, 2026 12:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
hanuman ji ka priya bhog kaun sa hai: हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भगवान हनुमान जी को उनके प्रिय भोग अर्पित करना बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि सच्चे मन से चढ़ाया गया प्रसाद बजरंगबली को शीघ्र प्रसन्न करता है और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं।बजरंगबली जी को बूंदी के लड्डू, बेसन के लड्डू, चना-गुड़, तुलसी पत्ता और सिंदूर अर्पित करना शुभ माना जाता है। ये भोग उनकी प्रिय वस्तुओं में शामिल हैं और इन्हें चढ़ाने से भक्तों को आशीर्वाद मिलता है। आप घर पर भी रामभक्त हनुमान के लिए भोग बनाकर अर्पित कर सकते हैं। इस खास दिन पर घर में बने प्रसाद का विशेष महत्व होता है। आइए जानते हैं बजरंगबली के प्रिय भोग और उनकी आसान रेसिपी।
बूंदी के लड्डू
उनके सबसे प्रिय भोग में से एक बूंदी का लड्डू है। बूंदी लड्डू को आप आसानी से घर पर बना सकते हैं। यहां बताई जा रही रेसिपी से प्रसाद बनाएं, इसका स्वाद बाजार से लाए लड्डूओं से भी बेहतर हो सकता है। यहां बताई जा रही सामग्री और विधि नोट कर लें।
लड्डू बनाने के लिए सामग्री
बेसन 1 कप
चीनी 1 कप
इलायची पाउडर
घी
बूंदी का लड्डू बनाने का तरीका
बेसन में पानी मिलाकर घोल बना लें।
घोल बहुत अधिक गाढ़ा या बहुत पतला न बनाएं।
अब एक कढ़ाई में तेल या घी गर्म करें।
छन्नी की मदद से बेसन का घोल गर्म तेल में गिराएं।
और बेसन के घोल से बूंदी तल लें।
दूसरी तरफ चीनी की चाशनी तैयार करें।
डेढ़ कप चीनी में 3/4 कप पानी मिलाकर मध्यम आंच पर पकाएं
गाढ़ा होने तक पकाएं। दो उंगलियों के बीच चिपचिपापन आने पर चाशनी तैयार है।
अब चाशनी में बूंदी को मिलाकर अच्छे से मिक्स कर लें।
हल्का ठंडा हो जाए तो इसी बूंदी के लड्डू बना लें।
कुछ देर इन्हें सेट होने के लिए रख दें।
IPL के मजे के साथ तैयार करें मिनटों में ये क्विक स्नैक्स
1 Apr, 2026 01:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आईपीएल शुरू हो चुके हैं। ऐसे में क्रिकेट के शौकीन लोग मैच का समय होते ही टीवी के सामने या मोबाइल पकड़कर बैठ जाते हैं। आईपीएल का रोमांच शुरू होते ही हर कोई टीवी या मोबाइल के सामने बैठकर मैच का आनंद लेना चाहता है।मैच के रोमांच के साथ अगर स्वादिष्ट स्नैक्स मिल जाएं, तो मजा दोगुना हो जाता है। लेकिन आईपीएल मैच को छोड़कर किचन में जाना शायद ही किसी को पसंद आता हो। तो क्यों न मैच के दौरान कुछ ऐसा बनाया जाए तो मिनटों में तैयार हो जाए और जिसे बनाने के लिए टीवी छोड़कर रसोई में भी न जाना पड़े।अगर आप भी मैच के दौरान बिना समय गंवाए कुछ टेस्टी खाना चाहते हैं, तो यहां बिना कुक किए स्नैक्स रेसिपीज बताई जा रही हैं जो आपके लिए परफेक्ट हैं। ये झटपट बनते हैं और स्वाद में भी लाजवाब होते हैं। साथ ही इन रेसिपीज को बनाने के लिए एलपीजी गैस का उपयोग भी नहीं करना पड़ता है।नो कुक स्नैक्स बनाते हैं तो समय की बचत होती है, गैस या बिजली की जरूरत नहीं पड़ती है। इस तरह के स्नैक्स हेल्दी और लाइट रहते हैं। साथ ही मैच का मजा बिना ब्रेक के लिया जा सकता है। ये 5 बिना गैस वाली स्नैक्स रेसिपीज नोट कर लें जो आपके मैच टाइम को और भी खास बना देंगी।
इंस्टेंट ब्रेड सैंडविच
आप मैच के दौरान ब्रेड सैंडविच बना सकते हैं। इसके लिए ब्रेड स्लाइस में बटर, खीरा, टमाटर और चटनी लगाकर सैंडविच तैयार करें। ये स्नैक्स दो मिनट में तैयार हो जाएगा। हेल्दी और हल्का स्नैक्स है और बिना कुकिंग या किचन में जाए बना सकते हैं।
मसाला काॅर्न चाट
उबले कॉर्न में नमक, चाट मसाला, नींबू और बारिक कटा प्याज मिलाएं। इस तरह आप मिनटों में मसाला काॅर्न चाट बना सकते हैं, वो भी टीवी के सामने बैठे-बैठे। मसाला काॅर्न चाट टैंगी और स्वादिष्ट होता है। साथ ही मैच के दौरान के लिए परफेक्ट लाइट वेट स्नैक्स होता है।
फ्रूट चाट
सेब, केला, तरबूज जैसे फलों को लेकर बैठ जाएं और मैच देखते देखते इन्हें काट लें। अब फलों में काला नमक और चाट मसाला डालकर अच्छे में मिला लें। ये नाश्ता हेल्दी होने के साथ ही रिफ्रेशिंग भी होता है और तुरंत एनर्जी देता है।
चटपटी भेल
ये एक कुरकुरा और चटपटा स्नैक है, जिसे बनाने के लिए मुरमुरे में बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, सेव को मिला लें। नींबू का रस मिलाकर सर्व करें। चाहें तो बाजार से भेल मिक्सचर भी ला सकते हैं। इसमें भी प्याज, टमाटर और चटनी मिलाकर बिना गैस या इंडक्शन के तैयार किया जा सकता है।
पीनट बटर बनाना बाइट्स
हेल्दी और कुछ एनर्जी बूटर रेसिपी ट्राई करना चाहते हैं तो केले के स्लाइस पर पीनट बटर लगाकर सर्व करें। इसका स्वाद मीठा होता है। साथ ही ये स्नैक्स मैच के रोमांच के बीच आपकी ऊर्जा कम नहीं होने देता।
पसीना और चिपचिपाहट कंट्रोल करने के लिए चुनें सही फेसवॉश
31 Mar, 2026 01:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Garmi Me Kaun Sa Face Wash Use Karna Chahiye: गर्मियों का मौसम आते ही त्वचा से जुड़ी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। जैसे पसीना, ऑयल, पिंपल्स और डलनेस। ऐसे में सही फेस वॉश का चुनाव आपकी स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।हर किसी की स्किन अलग होती है, इसलिए एक ही फेस वॉश सभी पर सूट नहीं करता। गर्मियों में सही फेस वॉश का चुनाव आपकी स्किन को पसीने, ऑयल और पिंपल्स से बचा सकता है। अपनी स्किन टाइप को समझकर सही प्रोडक्ट चुनें और पाएं हेल्दी, फ्रेश और ग्लोइंग स्किन। आइए जानते हैं कि स्किन टाइप के अनुसार कौन-सा फेस वॉश आपके लिए सही रहेगा।सिर्फ सही फेस वाॅश नहीं, बल्कि गर्मियों में सही तरीके से फेस वॉश करना भी जरूरी है। ध्यान रखें कि इस मौसम में दिन में 2 बार फेस वॉश करें। बहुत ज्यादा फेस वॉश करने से बचें। ठंडे पानी से चेहरा धोएं और स्किन टाइप के अनुसार प्रोडक्ट बदलें।
स्किन टाइप के अनुसार फेस वॉश
ऑयली स्किन
गर्मियों में ऑयली स्किन वालों को ज्यादा पसीना और ऑयल की समस्या होती है। इसलिए उन्हें ऐसे फेसवाॅश का चयन करना चाहिए जो त्वचा से अतरिक्त तेल को कम करे और पसीने को कंट्रोल करने में सहायक हो। आयॅली स्किन वालों के लिए जेल बेस्ड या फाॅमिंग फेस वाॅश बेस्ट होते हैं। फेस वाॅश का चयन करते समय देखें कि वह सैलिसिलिक एसिड युक्त फेसवाॅश हो। इस तरह के फेसवाॅश मुहांसे, ब्लैकहेड्स, वाइटहेड्स और त्वचा की डेड स्किन हाटने में अत्यधिक प्रभावी होते हैं। ये फेसवाॅश एक्स्ट्रा आॅयल हटाता है और पिंपल्स से बचाता है।
ड्राई स्किन
अगर आपकी रूखी त्वचा है तो गर्मियों में स्किन डिहाइड्रेट हो सकती है। ड्राई स्किन वालों को क्रीम बेस्ड फेस वाॅश का इस्तेमाल करना चाहिए। ऐसे फेस वाॅश चुनें जिसमें हाइड्रेटिंग इंग्रीडिएंट्स जैसे ग्लिसरीन हो। ये स्किन को मॉइस्चराइज रखते हैं और रूखापन कम करते हैं।
सेंसिटिव स्किन
जिन लोगों की संवेदनशील त्वचा होती है, उन्हें जल्दी जलन और रिएक्शन हो सकता है। ऐसे लोगों को सल्फेट फ्री और फ्रेग्रेंस फ्री फेस वॉश अपनाना चाहिए। एलोवेरा या कैमोमाइल (बबूना) वाले फेस वॉश का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है। ऐसे फेस वॉश स्किन तो शांत रखते हैं और एलर्जी से बचाते हैं।
कॉम्बिनेशन स्किन
ऐसे स्किन वालों के चेहरे में टी जोन ऑयली होता है और बाकी हिस्सा ड्राई होता है। अगर आपकी भी इस तरह की मिश्रित त्वचा है तो माइल्ड जेल बेस्ड फेस वॉश से चेहरा धोना चाहिए। कॉम्बिनेशन स्किन के लिए बैलेंसिंग फार्मूला वाले प्रोडक्ट बेहतर विकल्प हो सकते हैं। ऐसे फेस वॉश ऑयल और ड्राईनेस दोनों को बैलेंस करते हैं।
गर्मी से बचने का आसान तरीका: ट्राय करें ये पारंपरिक ठंडे पेय
31 Mar, 2026 01:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Garmi Ki Drinks: गर्मी का मौसम आते ही सबसे बड़ी जरूरत होती है शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखना। तेज धूप, पसीना और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए समर ड्रिंक्स बेहद जरूरी हैं। अच्छी बात यह है कि आप घर पर ही कुछ आसान और हेल्दी ड्रिंक्स बनाकर खुद को और अपने परिवार को तरोताज़ा रख सकते हैं। यह ड्रिंक्स न केवल शरीर को ठंडा रखते हैं, बल्कि इम्यूनिटी बढ़ाने और एनर्जी देने में भी मदद करते हैं।घर पर बने देसी ड्रिंक्स फायदेमंद भी होते हैं। ये शहीर को हाइड्रेट रखते हैं। हीट स्ट्रोक से बचाते हैं और एनर्जी व फ्रेशनेस देते हैं। साथ ही स्किन को ग्लोइंग बनाते हैं। गर्मी में हेल्दी और नेचुरल ड्रिंक्स को अपनी डेली लाइफ में शामिल करना बेहद जरूरी है। ये न सिर्फ आपको ठंडक देंगे बल्कि आपको पूरे दिन एक्टिव और हेल्दी भी बनाए रखेंगे। आइए जानते हैं घर पर हेल्दी देसी ड्रिंक्स बनाने के तरीके।
आम पन्ना
गर्मियों में कच्चे आम आना शुरू हो जाते हैं। आप इन्हीं कच्चे आम से आम पन्ना बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए कच्चे आम को उबालकर उसका गूदा निकालें, उसमें पानी, काला नमक, जीरा और पुदीना मिलाएं।आम पन्ने का सेवन लू से बचाता है। शरीर को ठंडा रखता है और पाचन में सुधार लाता है।
नींबू पानी
गर्मी में सबसे फायदेमंद और तुरंत एनर्जी देने वाला ड्रिंक नींबू पानी है। पानी में नींबू का रस, शक्कर या शहद मिलाएं। हल्का नमक मिलाकर सेवन करें। ये मिनटों में तैयार होने वाली ड्रिंक है जो डिहाइड्रेशन से बचाती है।
तरबूज जूस
गर्मियों का मौसमी फल तरबूज बाजार में आ गया है। तरबूज का जूस भी काफी स्वादिष्ट और हेल्दी होता है। इसे बनाने के लिए तरबूज के टुकड़ों को ब्लेंड करें और ठंडा करके सर्व करें। तरबूज का जूस हाई वाटर कंटेंट है और शरीर को हाइड्रेट रखता है।
खीरा-पुदीना ड्रिंक
खीरा, पुदीना और नींबू को ब्लेंड करके उसमें ठंडा पानी मिलाएं। काला नमक मिलाकर सर्व करें। इस तरह की देसी ड्रिंक बाॅडी को डिटाॅक्स करती है। ये त्वचा के लिए भी फायदेमंद है।
छाछ
गर्मियों मे छाछ का सेवन पेट को ठंडक देता है और पाचन बेहतर बनाता है। इसे बनाने के लिए दही में पानी मिलाकर फेंटे। अब इसमें नमक और भुना जीरा मिलाएं।
जलजीरा
जलजीरा बनाना आसान है और गर्मी में इसका सेवन स्वाद को बढ़ा देता है। इसे बनाने के लिए पुदीना, धनिया, जीरा, काला नमक और इमली का पानी आवश्यक है। इन सभी चीजों को मिलाकर जलजीरा तैयार कर लें। इसे ठंडा करके पीएं।जलजीरा पाचन में मदद करता है और शरीर को ठंडा रखता है।
एक बैटर, कई स्वाद: जानिए 5 आसान साउथ इंडियन रेसिपी
30 Mar, 2026 01:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सुबह का नाश्ता अगर हर दिन अलग-अलग तरह का हो, तो स्वाद भी बदलता है और नाश्ता करने में रुचि भी बढ़ती है। एक ही जैसा नाश्ता प्रतिदिन बोरियत महसूस कराता है। लेकिन रोज-रोज नाश्ते में नया बनाने के लिए समय और मेहनत दोनों लगती है। अधिकतर महिलाएं इसी विचार में उलझ जाती हैं कि हर दिन नाश्ते में क्या अलग बनाएं जो जल्दी भी बन जाए।अगर आप रोज-रोज नाश्ते में नया बनाने की सोचते हैं लेकिन समय और मेहनत से बचना चाहते हैं, तो दक्षिण भारतीय स्टाइल मल्टीपर्पज़ बैटर आपके लिए परफेक्ट है। इस एक बैटर से आप डोसा, इडली, उत्तपम, अप्पे और कई स्वादिष्ट डिशेज बना सकते हैं।आप पहले से एक खास बैटर बनाकर रख लें तो हर दिन उस बैटर से आप एक अलग नाश्ता बना सकते हैं। यह किफायती और टाइम सेविंग कुकिंग टिप है। एक ही बैटर से कई रेसिपीज बनाई जा सकती हैं। यहां आपको जिन मल्टीपर्पज बैटर की रेसिपी बताई जा रही है, उसे आराम से तीन-चार दिन तक फ्रिज में स्टोर किया जा सकता है। आइए जानते हैं कि इस बैटर को कैसे बनाएं और इससे क्या क्या रेसिपी बनाई जा सकती है।
बैटर बनाने की सामग्री
3 कप चावल,1 कप उड़द दाल,1 छोटा चम्मच मेथी दाना,नमक स्वादानुसार,पानी आवश्यकतानुसार |
बैटर बनाने की विधि
स्टेप 1- चावल और दाल और मेथी दाना अलग-अलग धोकर 6-8 घंटे भिगो दें।
स्टेप 2- पहले दाल को पीसें, फिर चावल को थोड़ा दरदरा पीस लें।
स्टेप 3- दोनों को मिलाकर गाढ़ा बैटर तैयार करें।
स्टेप 4- इसमें पिसा हुआ मेथा दाना मिलाएं।
स्टेप 5- इसे 8- 12 घंटे के लिए गर्म जगह पर फर्मेंट होने दें। यानी फ्रिज में न रखें।
स्टेप 6- ऐसा करने से बैटर फूल जाएगा। अब इसमें नमक मिलाएं।
बैटर से बनने वाले पकवान
डोसा-अपने बैटर में पानी मिलाकर पतला कर लें। अब इस पतले बैटर को तवे पर फैलाकर क्रिस्पी डोसा बनाएं।
इडली-पहले से तैयार गाढ़ा बैटर सांचों में डालकर स्टीम करें औऱ इडली तैयार करें। सांभर संग सर्व करें।
उत्तपम-इसी बैटर में बारीक कटी सब्जियां डाल तवे पर फैलाएं और मोटा पैनकेक जैसा बनाएं।
अप्पे -अप्पे पैन में थोड़ा तेल डालकर इस बैटर के छोटे-छोटे बॉल्स बनाएं। जब ये पक जाएं तो चटनी के साथ गर्मागर्म सर्व करें।
पनियारम- बैटर में प्याज, मिर्च, करी पत्ता मिलाकर स्वाद बढ़ाएं और स्पेशल अप्पे बनाएं।
MP में बड़ा एक्सीडेंट, कार-ट्रैक्टर ट्रॉली टक्कर में 5 की मौत, 6 घायल अस्पताल में
MP में विवादित पोस्ट पर कार्रवाई, अमित शाह के खिलाफ FIR
‘3 ऑप्शन में से चुना ये रास्ता,’ राघव चड्ढा ने इस्तीफे पर दी सफाई
बायपास पर खतरा बढ़ा, अधूरे फ्लायओवर-अंडरपास से हादसे, डेडलाइन तय
मरीन ड्राइव पर हादसा, स्कूटी की टक्कर से तीन की मौत, इलाके में सनसनी
केजरीवाल ने ममता का थामा हाथ, BJP पर साधा निशाना
