छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस की लोकसभा प्रत्याशियों की सूची को लेकर कसा तंज
13 Mar, 2024 11:25 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांग्रेस की ओर से जारी लोकसभा प्रत्याशियों की सूची पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हारी हुई लड़ाई लड़ रही है।
बता दे कि मोहन यादव मंगलवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस की सूची में कोई बड़ा नाम नहीं आया है। कांग्रेस के लिए आने वाला समय खराब है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता पार्टी छोड़ रहे हैं और उसके रिजल्ट भी दिखाई दे रहे हैं।
#WATCH रायपुर: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस की उम्मीदवार सूची पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "...कांग्रेस के लिए आने वाला समय बहुत खराब है। उनके बड़े नेता पहले ही मैदान छोड़ रहे हैं और उसका परिणाम भी दिखाई दे रहा है..." pic.twitter.com/A371sSMM4o
मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में ऐसी है कांग्रेस की स्थिति
गौरतलब है कि कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशियों की दो सूचियां जारी कर चुकी है। पार्टी की ओर से जारी 39 उम्मीदवारों की पहली सूची में कांग्रेस में मध्य प्रदेश के एक भी प्रत्याशी का नाम शामिल नहीं था, जबकि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 11 में से 6 सीटों पर उम्मीदवार के नाम घोषित कर दिए थे।
वहीं मंगलवार को कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दूसरी जारी की। जिसमें पार्टी ने 43 नाम घोषित किए। इस सूची में छत्तीसगढ़ से एक भी नाम शामिल नहीं था, जबकि मध्य प्रदेश की 29 में से 10 प्रत्याशियों के नाम कांग्रेस साफ कर चुकी है।
रेल यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत; सिकंदराबाद से दरभंगा के बीच चलेगी होली स्पेशल ट्रेन
13 Mar, 2024 11:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
होली पर्व पर सिकंदराबाद - दरभंगा मार्ग की ट्रेनों में होने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने एक होली स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। एक फेरे के लिए चलने वाली यह ट्रेन 07221 नंबर के साथ सिकंदराबाद से दरभंगा के लिए 21 मार्च को और 07222 नंबर के साथ दरभंगा - सिकंदराबाद होली स्पेशल दरभंगा से 23 मार्च को रवाना होगी।
रेलवे ने इस ट्रेन का परिचालन समय भी घोषित किया है। इसके तहत सिकंदराबाद से ट्रेन 19:00 बजे छूटकर 20:43 बजे काजीपेट, पेद्दपल्ली जंक्शन, रामगुंडम, मंचेरियाल, बल्लामपल्ली, सिरपुर कागजनगर, वल्लारशाह होते हुए 5:10 बजे नागपुर, 7:05 बजे गोंदिया, 9:25 बजे दुर्ग, 10:05 बजे रायपुर और 12:00 बजे बिलासपु रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। दरभंगा पहुंचने का समय 10:00 बजे निर्धारित किया गया है। इसी तरह वापसी में दरभंगा से 11:30 बजे छूटेगी और 7:50 बजे झारसुगुड़ा और 11:20 बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। सिकंदराबाद पहुंचने का समय 4:50 बजे तय किया गया है। रेलवे का मानना है कि इस ट्रेन के परिचालन से लोग त्योहार में अपने घर पहुंच सकते हैं। अभी तो केवल एक रूट पर होली स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। कुछ और रेलमार्ग पर परिचालन होने की उम्मीद है। रेलवे हर साल इस पर इसी तरह सुविधाएं देती है, ताकि लोगों को पर्व के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
छत्तीसगढ़ में 41 से अधिक जजों का तबादला
13 Mar, 2024 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने हायर ज्यूडशियल सर्विस के 41 से अधिक जजों का तबादला आदेश के साथ ही लॉ ऑफिसर्स के प्रभार में बदलाव भी किया है। जारी आदेश के मुताबिक, उच्च न्यायिक सेवा के अफसर बलराम प्रसाद वर्मा को रजिस्ट्रार विजिलेंस की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, दुर्ग के परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश सिराजुद्दीन कुरैशी को हाईकोर्ट की स्थापना शाखा में छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी बिलासपुर के निदेशक के रूप में स्थानांतरित कर पदस्थापना दी गई है।
जारी आदेश के तहत रजिस्ट्रार (आई एंड ई) बलराम प्रसाद वर्मा को हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (सतर्कता) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। राजनांदगांव के जिला एवं सत्र न्यायाधीश आलोक कुमार को हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (आइ एंड ई) की जिम्मेदारी दी गई है। दुर्ग के चतुर्थ अतिरिक्त सत्र एवं जिला सत्र न्यायाधीश विवेक कुमार वर्मा को हाईकोर्ट के स्थापना शाखा में अतिरिक्त रजिस्ट्रार के पद पर पदस्थ किया गया है।
कोरबा जिले के कटघोरा में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश वेन्सेस्लास टोप्पो को हाईकोर्ट के स्थापना शाखा में रजिस्ट्रार (कम्प्यूटरीकरण) के पद पर तबादला किया गया है। मनेंद्रगढ़ के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एफटीसी कोर्ट के आनंद प्रकाश दीक्षित का भी हाईकोर्ट के स्थापना शाखा और राज्य न्यायिक अकादमी में अतिरिक्त निदेशक बनाया गया है।
हाईकोर्ट ने हायर ज्यूडिशियल सर्विस के चार एडिशनल सेशन जजों को स्पेशल जज के रूप में पदस्थ कर ट्रांसफर किया है। इसमें दुर्ग के एडिशनल सेशन जज संजीव कुमार टामक को दुर्ग, रायपुर के कमर्शियल कोर्ट के जज जयदीप गर्ग को कोरबा, बेमेतरा के एडिशनल सेशन जज पंकज कुमार सिन्हा को रायपुर, अंबिकापुर के एडिशनल सेशन जज मनोज कुमार सिंह को अंबिकापुर में ही पदस्थ किया गया है।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने हायर ज्यूडिसियल सर्विस के 34 जजों का ट्रांसफर आदेश भी जारी किया है। इसके तहत दुर्ग, रायपुर, कोरबा, जगदलपुर, भाटापारा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोअर कोर्ट में पदस्थ एडिशनल सेशन जज शामिल हैं।
हाईकोर्ट ने 40 से अधिक न्यायिक अधिकारियों के तबादले भी किए हैं। बलराम प्रसाद वर्मा को हाई कोर्ट का रजिस्ट्रार विजिलेंस नियुक्त किया गया है। अब तक वे प्रभार संभाल रहे थे। वहीं, ज्यूडिशियल एकेडमी की डायरेक्टर सुषमा सावंत राजनांदगांव की जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाई गई हैं। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव आनंद प्रकाश वारियल को सूरजपुर में एडीजे बनाया गया है।
तेज धूप के साथ बढ़ने लगी गर्मी, तेजी से बढ़ेगा दिन का तापमान, पारा 35 डिग्री के पार
12 Mar, 2024 12:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
द्रोणिका का प्रभाव समाप्त होने के बाद अब राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ में गर्मी बढ़ने लगी है। रायपुर में मंगलवार को सुबह से तेज धूप खिली हुई है। बुधवार से तापमान में वृद्धि की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार दिन के तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। अभी यह 35-36 डिग्री सेल्सियस पर है। उसके बाद रात के तापमान में भी वृद्धि होने लगेगी।
मौसम की अनुकूलता के बीच गर्मी के शुरुआती दिनों में काफी राहत मिल रही है। आसमान में बादलों के बीच शाम को ठंडी हवा चल रही है। लेकिन यह जल्द ही समाप्त होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन बाद तापमान में क्रमिक वृद्धि होने लगेगी। यानी होली के पहले धूप परेशान करने लगेगी।
अब बढ़ने लगा है तापमान
मौसम विभाग के रिपोर्ट के अनुसार तापमान में हल्की वृद्धि का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को जिले में अधिकतम तापमान 36 व न्यूनतम 20 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री के साथ सामान्य से पांच अधिक था। वहीं रात में 20 डिग्री के साथ सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया गया था। शनिवार को दिन का तापमान 35 और रात का 20 डिग्री सेल्सियसदर्ज किया गया था।
रायपुर के होटल में मिली बिहार युवती की लाश
12 Mar, 2024 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी रायपुर के गंज थाने के नहरपारा स्थित होटल में बिहार की रहने वाली एक युवती की देर शाम लाश मिली है। युवती की मौत कैसे हुई? इस बात की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही सामने आएगी।
वहीं एफएसएल की टीम मंगलवार को होटल पहुंची हैं और कमरे की जांच कर रही है। गंज पुलिस के अनुसार युवती अपनी सहेली के साथ तीन दिन पूर्व होटल में कमरा बुक कराकर रह रही थी। युवती किस वजह से रायपुर आई थी? उसकी पतासाजी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक बिहार, नालंदा निवासी 31 वर्षीया जोया खातून का होटल में शव मिला है।
पुलिस के अनुसार कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। देर तक कमरा बंद होने की वजह से होटल कर्मियों ने खिड़की के अंदर से झांक कर देखा तो युवती पड़ी हुई थी। होटल कर्मियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
युवती के कमरे में शराब की बोतल के साथ सिगरेट भी मिली है। इसके अलावा शराब पीने दो से ज्यादा कांच के गिलास मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवती की मौत के पहले कई लोग वहां बैठकर आपस में शराब पिए होंगे।
छत्तीसगढ़ के किसानों का धान खरीदी का वादा होगा आज पूरा
12 Mar, 2024 12:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में भाजपा की एक और मोदी गारंटी आज पूरा होने जा रही है। कृषक उन्नति योजना के जरिए 24.75 लाख किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से 13,330 करोड़ रुपये ट्रांसफर होंगे।
राज्य सरकार धान खरीदी की अंतर की राशि मंगलवार को जारी करेगी। महिलाओं के बाद अब किसानों के चेहरों पर मुस्कान दिखेगी। केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा 12 मार्च को कृषक उन्नति योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल होंगे। राज्य स्तरीय शुभारंभ बालोद के सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में हजारों किसानों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में होगा। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से राज्य सरकार की सबसे बड़ी गारंटी भी पूरा होने वाली है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विधानसभा चुनाव के पहले चुनावी सभा में 3100 रुपये प्रति क्विंटल के मान से धान खरीदी का वादा किया था।
दो दिन पहले राज्य सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को 655 करोड़ रुपये की राशि जारी की थी। सरकार ने कहा है कि किसानों को धान का सर्वाधिक मूल्य देने वाला देश का इकलौता राज्य छत्तीसगढ़ बनने जा रहा है। योजना के तहत किसानों को आदान सहायता राशि का अंतरण उनके बैंक खातों में करने के लिए सभी जिला मुख्यालयों सहित विकासखंड मुख्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे।
917 रुपये प्रति क्विंटल के मान से होगा भुगतान
खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में 24.72 लाख किसानों से 144.92 लाख टन धान खरीदी की गई थी, जिसके एवज में किसानों को 31 हजार 914 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। अब किसानों को धान के मूल्य में अंतर की राशि कुल बेचे गए धान के मुताबिक होगी।
प्रति क्विटंल अधिकतम 917 रुपये के हिसाब से किसानों को राशि प्राप्त होगी। कृषक उन्नति योजना के लिए राज्य सरकार ने इस साल के बजट में 10 हजार करोड़ और पिछले साल के अनुपूरक बजट में तीन हजार करोड़ इस प्रकार कुल 13 हजार करोड़ रूपए की व्यवस्था की है।
कृषि क्षेत्र के लिए यह निर्णय
जशपुर जिले के कुनकुरी में कृषि व्यवसाय प्रबंधन महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र तथा बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर में पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट एवं प्रोसेसिंग टेक्नोलाजी महाविद्यालय खुलेगा। इसी तरह सूरजपुर जिले के सिलफिली एवं रायगढ़ में शासकीय उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, तथा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खडगंवा में कृषि महाविद्यालय प्रारंभ होगा।
कृषि में आधुनिक उपकरणों के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए कृषि अभियांत्रिकी संचालनालय की स्थापना एवं राज्य स्तरीय नवीन कृषि यंत्र परीक्षण प्रयोगशाला के भवन का निर्माण, दुर्ग एवं सरगुजा जिले में कृषि यंत्री कार्यालय तथा रासायनिक उर्वरकों की जांच के लिए सरगुजा जिले में गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला की स्थापना की जाएगी।
ब्याज मुक्त ऋण के लिए 8,500 करोड़ रुपये का प्रविधान
राज्य के किसानों को सहकारी एवं ग्रामीण बैंकों से ब्याज मुक्त कृषि ऋण उपलब्ध कराने के लिए आठ हजार 500 करोड़ का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा भूमिहीन कृषि मजदूरों की सहायता के लिए दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के तहत भूमिहीन परिवारों को प्रतिवर्ष 10 हजार रूपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है। इसके लिए बजट में 500 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज आएंगे छत्तीसगढ़
12 Mar, 2024 10:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा मोहन यादव 12 मार्च मंगलवार को एकदिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने दौरे के तहत राजधानी रायपुर में मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में लोकसभा कोर कमेटी की बैठक लेंगे।
लोकसभा के चुनावी समर में जनता के बीच अपनी मजबूत पकड़ कैसे बनाएं, इस पर कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे।इस संबंध में रायपुर लोकसभा के सहप्रभारी अशोक बजाज ने तैयारियों का जायजा लिया और सभी प्रमुख पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री मोहन यादव के आगमन के संबंध में विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी।
दुर्ग, राजनांदगांव व डोंगरगढ़ भी जाएंगे सीएम मोहन यादव
वहीं दुर्ग, राजनांदगांव व डोंगरगढ़ प्रवास में भी जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक डॉ. यादव सुबह 11 बजे विशेष विमान से रायपुर पहुंचेंगे, विमानतल से सीधे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात करने उनके मौलश्री विहार स्थित निवास जाएंगे, फिर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में भेंट करेंगे।
मुख्यमंत्री निवास से सीधे एकात्म परिसर आएंगे। यहां लोकसभा कोर कमेटी की बैठक लेंगे, फिर दोपहर 2.10 बजे राजनांदगांव पहुंचेंगे, राजनांदगांव के कृषि उपज मंडी में आयोजित एक स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे, वहां से सीधे डोंगरगढ़ रवाना होंगे और वहां जाकर आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के समाधि स्थल में जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, वहां से दुर्ग लौटेंगे और दुर्ग के मानस भवन में आयोजित पार्टी की बैठक में शामिल होकर, शाम 6.15 बजे रायपुर से रवाना होकर भोपाल जाएंगे।
जिले की लखपति दीदियों को मिला सम्मान : प्रधानमंत्री मोदी के संवाद कार्यक्रम से जुड़ी जिले की महिलाएं
11 Mar, 2024 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरिया : सशक्त नारी विकसित भारत कार्यक्रम अंतर्गत जिले के विकासखंड बैकुंठपुर के ग्राम बड़गांव में लखपति दीदी योजना के तहत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने और विभन्न व्यवसायों के माध्यम से अपनी आजीविका को सुदृढ़ करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से देश भर से जुड़ी लखपति दीदियों को संबोधित कर उनसे संवाद भी किया। बिहान से जुड़ी जिले की 10 महिलाओं को लखपति दीदी का सम्मान मिला जिसमे किरण, हिरमानिया, कलेनिया, पूनम, मनीबाई, संगीता, उवंती, अंजू, सुंदरी और सरोज को सम्मानित किया गया। इस दौरान जिलास्तरीय कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ.आशुतोष चतुर्वेदी शामिल हुए।
इसी कड़ी कलेक्टर लंगेह ने उपस्थित महिलाओं से कहा कि भारत सरकार लगातार महिलाओं को सशक्त बनाने में प्रयासरत है चाहे फिर वो महतारी वंदन योजना हो, ड्रोन दीदी या राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं निरंतर प्रयास और मेहनत जारी रखें और एकदीन लखपति दीदी क्या हमारे जिले से करोड़पति दीदियां भी बनेंगी। डॉ. चतुर्वेदी ने भी महिलाओं को बताया की सरकार महिलाओं, किसानों और गरीब के उत्थान में विभिन्न योजना चला रही है।
कार्यक्रम में सम्मानित महिलाओं ने आजीविका मिशन से जुड़ा अपना अनुभव साझा किया। कार्यक्रम में पहुंची संगीता राजवाड़े ने बताया की उन्होंने पहले सिलाई मशीन खरीद कर काम शुरू किया जिससे उन्हें काफी कमाई हुई और अभी वे मछली पालन और सब्जी,फलों की खेती भी करती हैं। उन्होंने सभी महिलाओं से आवाह्न किया की सरकार की तरफ से हमे जो भी सहायता मिलती है उसका भरपूर फायदा उठाना चाहिए।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने की छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के कार्यों की समीक्षा
11 Mar, 2024 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : छत्तीसगढ़ के आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने शंकर नगर स्थित अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के कार्यों की समीक्षा की है। ओपी चौधरी ने वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में मंडल के पूर्व निर्मित, प्रगतिरत एवं आगामी परियोजनाओं के संबंध में जानकारी ली।
ओपी चौधरी ने समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को प्रगतिरत परियोजनाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने तथा रहवासियों को उच्च स्तर की आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
11 Mar, 2024 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बलरामपुर : बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में छत्तीसगढ़ शासन महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस पहुंचने पर आत्मीय स्वागत कर पुलिस विभाग द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, कलेक्टर रिमिजियुस एक्का, पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, वनमण्डलाधिकारी विवेकानन्द झा, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी रेना जमील, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी मौजूद रहें।
महापंचायत, पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन 2024 में शामिल होने साइंस कालेज ग्राउंड पहुंचे केंद्रीय पंचायती राज्य मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल
11 Mar, 2024 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : महापंचायत, पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन 2024 में शामिल होने साइंस कालेज ग्राउंड पहुंचे केंद्रीय पंचायती राज्य मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, लोकसभा सांसद सुनील सोनी, राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, विधायकगण सर्वमोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा और गुरू खुशवंत साहेब भी मंचासीन।
मोबाइल में मैसेज की बजी घंटी,पूरी हुई मोदी की गारंटी
11 Mar, 2024 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : अपना बैंक का खाता खुलवाने के बाद हर दिन कुछ रुपये बचत करने और खाते में जमा करने की सोचने वाली लता आज खुश है...दरअसल उनकी खुशी यूँ ही नहीं है...खुशियों के पीछे की वजह है..और यह वहीं वजह है...जिनके लिए वह बेसब्री से इंतजार में थी कि कब उनके मोबाइल में मैसेज की घण्टी बजे तो वह आश्वस्त हो जाए कि अब बचत की जुगत लगाते समय नहीं कटेगा अपितु मोदी की गारंटी के तहत हर माह खाते में महतारी वंदन योजना की राशि आने की गारंटी होगी। कुछ ऐसा ही विश्वास द्वासा बाई, कैलाश बाई और सुकृता, यामिनी कश्यप का भी है कि मोदी की गारंटी के तहत हर महीने एक हजार रुपये उनके खाते में आएंगे,इस रकम से उनकी जरूरी आवश्यकताओं की पूर्ति होंगी।
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की शुरुआत करते हुए सभी पात्र महिलाओं के खाते में ऑनलाइन राशि भेजे जाने से महिलाओं में न सिर्फ उत्साह का माहौल है,अपितु आर्थिक रूप से मजबूत होने और सम्मान तथा आत्मविश्वास की नई आशा भी जगी है। कटघोरा ब्लॉक के ग्राम कसाइपाली की सुकृता बाई और यामिनी कश्यप ने बताया कि उन्होंने अपना आवेदन जमा किया था,तब से खाते में राशि आने का इंतजार था। आज प्रधानमंत्री ने सभी के खाते में पैसे भेजे हैं। यह एक हजार की राशि हमारी बहुत काम आएगी। उन्होंने बताया कि घर मे छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी कुछ रुपयों की आवश्यकता पड़ती रहती है,इस बीच ऐन वक्त पर कोई नहीं रहने पर किसी और से पैसे मांगने तक कि नौबत आ जाती है,अब जबकि महतारी वंदन योजना से हर माह पैसे मिलेंगे तो निश्चित ही यह रकम खाते में जमा होते रहेंगे और हमें जब जरूरत होगी,पैसे निकाल लेंगे। इस तरह यह पैसा हमारी बचत के साथ सुरक्षित भी है और हमारी महत्वपूर्ण आवश्यकताओं को पूरा करने में मददगार भी। ग्राम देवरी की द्वासा बाई ने बताया कि यह एक हजार रुपए उनके बहुत काम आएंगे। वृद्ध हो चुकी द्वासा बाई का कहना है कि पति रोजी मजदूरी करते हैं, किसी तरह से घर चलता है, वह बार-बार पैसे नहीं मांग सकती है,अब खाते में पैसा आने से घर के लिए कुछ जरूरी सामान खरीद पाएगी। ग्राम घना डबरी की 65 वर्षीय वृद्ध श्याम बाई का कहना था कि उन्हें पेंशन भी नहीं मिलता था,अपनी बेटी लता के पास ही रहती है। एक हजार रुपए हर माह मिलने से उन्हें विश्वास तो रहेगा कि वह जरूरत पड़ने पर खुद के लिए कुछ सामान खरीद सकती है या किसी की मदद भी कर सकती है। बांकीमोंगरा की गोमती साहू, घना कछार की कुंती महंत का कहना था कि महिलाओं के विषय में सरकार ने सोचा और उनके खाते में राशि दी, यह हम सबके लिए सौभाग्य की बात है। हम सभी इस पैसे का सदुपयोग करेंगे। महिलाओं ने महतारी वंदन योजना लागू किए जाने और खाते में रुपये भेजे जाने पर इसे मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा दी गई गारंटी पूरा होने पर उनका आभार भी जताया है। गौरतलब है कि प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं और कोरबा जिले में 2 लाख 95 हजार 405 महिलाओं को महतारी वंदन योजना से लाभान्वित किया गया है।
सरपंच गांव के विकास की चाबी, बड़ी उम्मीद से आप पर भरोसा कर ग्रामीणों ने सौंपी है जिम्मेदारी- केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल
11 Mar, 2024 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : सरपंच गांव के विकास की चाबी हैं। ग्रामीणों ने बड़ी उम्मीद से भरोसा कर गांव के विकास की चाबी सरपंचों को सौंपी है। छत्तीसगढ़ सरकार पंचायत प्रतिनिधियों को मुख्यधारा में शामिल कर प्रोत्साहित कर रही है। यह बात राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय महापंचायत कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री पंचायतीराज कपिल मोरेश्वर पाटिल ने कही। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक अनुज शर्मा ने भी राज्य स्तरीय महापंचायत को संबोधित किया। राज्य स्तरीय महापंचायत कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के हितग्राहियों, ज्ञानोदय वाचनालय एवं अनुसूचित क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में कम्प्यूटर प्रदाय हेतु राशि अंतरण किया गया। सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण के विशिष्ट कार्य करने वाले ग्राम पंचायतों को 9 थीम पर, नियद नेल्लानार के परिकल्पना को साकार करने वाले ग्राम पंचायतों के सरपंचों, लखपति दीदी तथा ड्रोन दीदी को सम्मानित किया गया।
केन्द्रीय पंचायतीराज राज्य मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में गांवों का विकास पीछे नहीं रहेगा। प्रधानमंत्री का पूरा ध्यान और जोर गांवों के विकास पर है। विकसित भारत यात्रा के दौरान सरकार की योजनाओं को गांव-गांव पहुंचाकर लोगों को लाभान्वित किया गया है।
केन्द्रीय पंचायतीराज राज्य मंत्री पाटिल ने राज्य के कोने-कोने से आए पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद वित्त आयोग के माध्यम से स्थानीय सरकारों को दिए जाने वाली राशि में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2014 तक 13वें वित्त आयोग के कार्यकाल में देशभर की पंचायतों और नगरीय निकायों के लिए 60 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान था। प्रधानमंत्री की पहल पर 15वें वित्त आयोग आते-आते अब यह राशि दो लाख 36 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है। पाटिल ने पंचायत प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत आयोजित होने वाले प्रशिक्षणों का पूरा लाभ लेने को कहा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ग्राम पंचायतों के डिजिटलीकरण पर जोर दे रही है। कई पंचायतें अपना बहुत सा काम ऑनलाइन कर रही हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को मेरी पंचायत एप डाउनलोड कर इसका उपयोग करने को कहा।
राज्य स्तरीय महापंचायत कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मोदी जी की गारंटी के अंतर्गत राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की है। लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण की अवधारणा के अंतर्गत सत्ता की सबसे मूल इकाई पंचायत राज संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक सुझाव और सहयोग प्राप्त करने के आकांक्षा के साथ इस महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने विस्तार से सरकार द्वारा पंचायत विभाग में लिये गये निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार गठन के तुरंत बाद पहली केबिनेट बैठक में 18 लाख ग्रामीण परिवारों को पक्के आवास दिये जाने का निर्णय लिया गया। योजना अंतर्गत कुल 65,615 आवास पूर्ण किये गये हैं एवं 457 करोड़ रूपये की राशि जारी की गयी है। निर्माणाधीन आवासों को पूर्ण किये जाने के लिये 711 करोड़ रुपए की राशि शासन द्वारा जारी की गई है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान अंतर्गत 26,357 विशेष पिछड़ी जनजाति समूह परिवारों का पंजीयन, 15,154 परिवारों को स्वीकृति एवं 13,254 परिवारों को राशि रूपये 55 करोड़ 41 लाख रुपए जारी किया गया है। शासन द्वारा पीएम जनमन योजना में 81.73 करोड़ रूपए की राशि उपलब्ध करायी गयी हैं।
पीएम जनमन योजना के तहत 467 विशेष पिछड़ी जनजाति समूह बसाहटों को जोड़ने हेतु भारत सरकार के लक्ष्य के अनुरूप वर्ष 2023-24 में राशि 847 करोड़ रुपए की लागत की 1180 किमी. लंबाई की 333 सड़कों की स्वीकृति प्रदान की गयी, इन सड़कों से 366 विशेष पिछड़ी जनजाति समूह बसाहटें लाभान्वित होगी। शेष 82 विशेष पिछड़ी जनजाति समूह बसाहटों के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत 256 सड़कें घोर नक्सली क्षेत्र में आने के कारण 4-5 वर्षों से अपूर्ण थी, इन अपूर्ण सड़कों को पूर्ण करने कार्य-योजना तैयार की गयी। जिनमें वर्तमान में पुलिस प्रशासन के सहयोग से 23 सड़कों में निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा चुका है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत सुदृढ़ीकरण कार्य हेतु 1419 किमी लंबाई की 346 सड़कों हेतु राशि 349 करोड़ रूपए का बजट प्रावधान किया गया है।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि जब हम गांव जाते थे तब माताएं बताती थीं कि गांव में हमारे बैठने के लिए कार्य करने के लिये जगह नहीं होती। हम सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन बनाएंगे। फिलहाल उनकी मांगों के अनुरूप हमने 3000 से अधिक जनसंख्या वाले लगभग 700 ग्राम पंचायतों में वर्ष 2024-25 में महतारी सदन का निर्माण किया जायेगा, महतारी सदन की लागत राशि 20.00 लाख होगी जिसे महतारी सदन योजना, महात्मा गांधी नरेगा एवं स्वच्छ भारत मिशन के अभिसरण से बनाया जायेगा। ई-गवर्नेस के तहत पंचायतों को शत-प्रतिशत डिजिटल करने के उद्देश्य से राज्य के 1000 ग्राम पंचायतों को वाईफाई सुविधा युक्त बनाया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा में 33 प्रतिशत का आरक्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिलाया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गांव गांव से आये सरपंचगणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कार्य से प्रभावित होकर आभार व्यक्त करके पंचायत प्रस्ताव पास करके पोस्ट के माध्यम से माननीय नरेन्द्र मोदी को आभार पत्र प्रेषित किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त करने, आने वाले दिनों में पंचायतों में क्या क्या कार्य हो इसके लिए हमने सुझाव पेटी रखी है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत विभाग पंचायत प्रतिनिधियों के सुझाव से चलेगा।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद सुनील सोनी, राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, विधायकगण सर्वमोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, और गुरू खुशवंत साहेब के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण के विशिष्ट कार्य करने वाले ग्राम पंचायतों को 9 थीम पर किया गया सम्मानित
सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण के विशिष्ट कार्य करने वाले ग्राम पंचायतों को 9 थीम पर सम्मानित किया गया। पंचायती राज मंत्रालय ने व्यापक दृष्टिकोण अपनाते हुए सतत विकास लक्ष्यों को स्थानीयकरण करते हुए 9 संकल्पों के रूप में अपनाया, जिससे सभी समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित हो और ग्राम पंचायतों का समग्र रूप से विकास हो।
थीम-1 के अंतर्गत गरीबी मुक्त और आजीविका उन्नत ग्राम पंचायत हेतु ग्राम पंचायत नागम को सम्मानित किया गया।
थीम-1 अंतर्गत गरीबी मुक्त और आजीविका उन्नत ग्राम पंचायत हेतु ग्राम पंचायत नागम, जनपद पंचायत लुण्ड्रा, जिला-सरगुजा को सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत नागम ने मनरेगा के अंतर्गत रोजगार, स्व-सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण जैसे अथक प्रयासों से सभी के लिए आजीविका तथा स्थायी रोजगार के अवसर सुनिश्चित किये और गरीबी मिटाने में अच्छा काम किया।
थीम-2 के अंतर्गत स्वस्थ ग्राम पंचायत हेतु ग्राम पंचायत सांकरा को किया गया सम्मानित
थीम-2 के अंतर्गत स्वस्थ ग्राम पंचायत हेतु ग्राम पंचायत सांकरा जनपद पंचायत नगरी, जिला-धमतरी द्वारा गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाते हुए सभी के लिए उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण सुनिश्चित किया।
थीम-3 के अंतर्गत बाल हितैषी ग्राम पंचायत हेतु ग्राम पंचायत निलजा को किया गया सम्मानित
ग्राम पंचायत निलजा, जनपद पंचायत-धरसींवा, जिला-रायपुर को अपने ग्राम पंचायत क्षेत्र में बच्चों से जुड़े सभी प्रमुख मुद्दों को स्पष्टता के साथ समझने और इनका निवारण करते हुए एक बाल हितैषी ग्राम पंचायत बनाने में अग्रसर रही है। अतः ग्राम पंचायत को थीम-03 बाल हितैषी ग्राम पंचायत हेतु सम्मानित किया जाता है।
थीम-4 के अंतर्गत जल की प्रचुरता ग्राम पंचायत हेतु ग्राम पंचायत बाघनदी को किया गया सम्मानित
ग्राम पंचायत बाघनदी, जनपद पंचायत डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव द्वारा जल आपूर्ति और संरक्षण में विशिष्ट कार्य करते हुए अपने पंचायत को जल युक्त ग्राम पंचायत बनाया है। अतः ग्राम पंचायत को थीम-04 जल की प्रचुरता ग्राम पंचायत हेतु सम्मानित किया जाता है।
थीम-5 के अंतर्गत स्वच्छ एवं हरित ग्राम पंचायत हेतु ग्राम पंचायत जोंकबाला को किया गया सम्मानित
कचरा, और गन्दगी न हो, गलियों में साफ सफाई रहे, जहाँ हमारे बच्चे खुशहाली से खेले - कूदे, ऐसा ही एक ग्राम पंचायत है जोंकबाला, जनपद पंचायत-कुनकुरी, जिला - जशपुर, इसने अपने अथक प्रयासों से ग्राम पंचायत को स्वच्छ एवं हरित गाँव बनाया है। अतः ग्राम पंचायत को थीम -05 स्वच्छ एवं हरित ग्राम पंचायत हेतु सम्मानित किया जाता है।
थीम-6 के अंतर्गत आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा ग्राम पंचायत हेतु ग्राम पंचायत आड़ावाल को किया गया सम्मानित
ग्राम पंचायत आड़ावाल, जनपद पंचायत- जगदलपुर, जिला-बस्तर, ने बुनियादी ढांचे को शहर जैसा विकसित करने का प्रयास किया है अतः ग्राम पंचायत को थीम-06 आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा ग्राम पंचायत हेतु सम्मानित किया जाता है।
थीम-7 के अंतर्गत सामाजिक रूप से सुरक्षित ग्राम पंचायत हेतु ग्राम पंचायत पिकरीपारा को किया गया सम्मानित
बेरोजगार, सामाजिक बहिष्कार, बीमारी, विकलांगता और वृद्धावस्था जैसे आर्थिक एवं सामाजिक समस्याओं को प्रबंधित करते हुए लोगों का क्षमतावर्धन कर गरीबी और असमानता से बाहर आने हेतु सहयोग प्रदान करता है। ग्राम पंचायत पिकरीपारा, जनपद पंचायत- गुरुर, जिला बालोद, समाज के सभी वर्गों को साथ लेते हुए आगे बढ़ रही है। अतः ग्राम पंचायत को थीम-07 सामाजिक रूप से सुरक्षित ग्राम पंचायत हेतु सम्मानित किया जाता है।
थीम-8 के अंतर्गत सुशासन ग्राम पंचायत हेतु ग्राम पंचायत खडगवांकला को किया गया सम्मानित
सुशासन में ग्राम पंचायत के समस्त नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुनिश्चित करना एवं पारदर्शिता, जवाबदेही, सहानुभूतिपूर्ण उत्तरदायित्व एवं नागरिकों का अधिकतम सहयोग, भागीदारी सम्मिलित है।
ग्राम पंचायत खडगवांकला, जनपद पंचायत-प्रतापपुर, जिला-सूरजपुर ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी जी के सुशासन के दृष्टिकोण को चरितार्थ करते हुए अपने ग्राम पंचायतों को समस्त उत्तरदायित्व के निर्वहन में सक्षम बनाने हेतु सुशासन का उदहारण प्रस्तुत किया है, अतः ग्राम पंचायत को थीम-08 सुशासन ग्राम पंचायत हेतु सम्मानित किया जाता है।
थीम-9 के अंतर्गत महिला हितैसी ग्राम पंचायत हेतु ग्राम पंचायत कुथरेल को किया गया सम्मानित
लैंगिक समानता बढ़ाने के लिए सूत्रधार बनना भी ग्रामीण अंचल में पंचायतों को जिम्मेदारी है ताकि महिलाएं व बालिकाएं विकास की प्रक्रिया से वंचित न रह जाएं। सभी रूपों में महिलाओं व बालिकाओं के विरुद्ध प्रचलित लैंगिक भेदभाव, ग्राम पंचायत क्षेत्र में खत्म हो। इसके साथ ही राजनैतिक, आर्थिक, सामाजिक जीवन में महिलाओं व बालिकाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पंचायतों की है। ग्राम पंचायत कुथरेल, जनपद पंचायत-दुर्ग, जिला- दुर्ग ने महिलाओं के हित में अग्रणी काम करते हुए नारी शक्ति को सशक्त बनाया है। अतः ग्राम पंचायत को थीम-09 महिला हितैषी ग्राम पंचायत हेतु सम्मानित किया गया।
नियद नेल्लानार की परिकल्पना को साकार करने वाले ग्राम पंचायतों के सरपंचों का किया गया सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा नक्सल आतंकवाद से प्रभावित गाँवों तक बुनियादी सुविधाएँ और कल्याणकारी परियोजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिये नियद नेल्लानार योजना प्रारंभ की गई है। नियद नेल्लानार, अर्थात आपका अच्छा गाँव के अंतर्गत माओवादी आतंक प्रभावित क्षेत्रों में प्रारंभ किए गए 14 नये कैंपों की 5 किलोमीटर की परिधि के गांवों में 25 से अधिक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही इन गांवों के ग्रामीणों को शासन की 32 व्यक्तिमूलक योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।
नियद नेल्लानार, की परिसंकल्पना को साकार करने हेतु सुकमा जिले के कोंटा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायतों के सरपंचों को सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत बगड़ेगुड़ा, कैम्प परिया, ग्राम पंचायत दुलेड़, कैम्प - दुलेड़, ग्राम पंचायत एलमागुण्डा, कैम्प मुकराजकोण्टा, ग्राम पंचायत चिमलीपेटा, कैम्प टेकलगुड़ेम एवं पूवर्ती, ग्राम पंचायत पोटकपल्ली, कैम्प - शालातोंग, एवं ग्राम पंचायत सिलगेर, कैम्प - सिलगेर के सरपंचों को सम्मानित किया गया।
लखपति दीदी नीलम साहू को किया गया सम्मानित
राज्य स्तरीय महापंचायत में आज ग्राम पंचायत डोमा, विकासखण्ड अभनपुर जिला रायपुर की नीलम साहू को सम्मानित किया गया । साहू बिहान योजना से जुड़ी हुई हैं और 2021 से बैंक सखी के रूप में बैंक ऑफ बड़ौदा के ब्रांच-तोरला में कार्यरत हैं । साहू लोक सेवा केन्द्र संचालित कर रही है जहाँ वो पेन कार्ड, आधार कार्ड, लाइसेंस का निर्माण कराने का कार्य,बीमा संबंधी कार्य, श्रमिक कार्ड रेलवे टिकट फंड ट्रान्सफर इत्यादि एवं कृषिगत कार्य भी कर रही है जिससे इनकी वार्षिक आय लगभग 3 लाख रुपए होती है।
निरूपा साहू गृहणी से बनी ड्रोन दीदी को किया गया सम्मानित
आज राज्य स्तरीय महापंचायत कार्यक्रम में बलौदाबाजार के लाहोर ग्राम की निवासी निरूपा साहू का सम्मान किया गया। साहू ने गृहणी होकर भी कुछ कर दिखाने के जज़्बा को जगाए रखा। उन्होंने अपने सपनों को पूरा करने गृहणी से ड्रोन दीदी तक का सफर तय किया है अपनी नई पहचान बनाई है। उन्होंने इफको संस्था के सहयोग से ड्रोन दीदी हेतु ग्वालियर में 15 दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त की है। साहू बिहान योजना से जुड़ी हुई हैं और कृषिगत कार्यों से 2 लाख 50 हजार रुपए वार्षिक आय भी प्राप्त कर रही है।
भीषण सड़क हादसे में ट्रक के नीचे दबकर चार लोगों की मौत
11 Mar, 2024 02:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बालोद जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। ट्रक के नीचे दबने से कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने मौत की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि गाड़ी फंसी है। मौके पर पुलिस निकालने की कोशिश कर रही है।जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग दिल्ली के रहने वाले थे। वह किसी काम से बिलासपुर आए थे और बस्तर घूमने के लिए जा रहे थे। इस दौरान बालोद जिले के मरकाटोला घाट में हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला। शवों की शिनाख्त की जा रही है। इसके बाद ही पता चल पाएगा कि सभी दिल्ली के हैं या फिर छत्तीसगढ़ के भी लोग शामिल हैं।पुलिस अधीक्षक एस आर भगत ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ट्रक के नीचे दबने से कार बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हुई और कार सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
शक में पति बना हैवान: युवक पर कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतारा
11 Mar, 2024 01:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के युवक की कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार देने का मामला सामने आया है। हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कार्यवाही कर पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजवा दिया है। वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।महकाकला निवासी सुनील कुर्रे ने पत्नी के चरित्र पर शंका करते हुए आरोपी ने अपने ही पड़ोसी कामेश्वर मार्कण्डेय पर कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया था।
हत्या की सूचना पर उतई थाना प्रभारी मनीष शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वहीं फरार आरोपी सुनील कुर्रे को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस की टीम आरोपी सेर पूछताछ कर रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।उतई थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि घटना रात 9.30 से 10 बजे की है। ग्राम महकाकला निवासी कामेश्वर मार्कण्डेय (36 वर्ष) अपने पड़ोसी की पत्नी पर गंदी नियत रखता था। यह बात महिला के पति आरोपी सुनील कुर्रे को जानकारी लगी। जिसके बाद आरोपी सुनील कुर्रे ने कामेश्वर मार्कण्डेय की हत्या की प्लानिंग बनाई।
आरोपी ने मृतक को शराब पीने के बहाने बुलाकर पहले दो दिनों तक शराब पी। फिर आरोपी ने अपने पड़ोसी कामेश्वर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर कुल्हाड़ी चलाकर लहूलुहान कर दिया। वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद सुनील उसे छोड़कर फरार हो गया। आरोपी गांव के बाहर ही घुम रहा था। पुलिस ने आरोपी की खोजबीन शरू की। इस बीच जानकारी मिली कि गांव के बाहर आरोपी सुनील को देखा गया है। पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और पूछताछ कर रही है।