मध्य प्रदेश
ऊटी में ओस जमी, मप्र में शीतलहर
10 Nov, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । हिमालय की 4000 मीटर ऊंची चोटियों पर हुई ताजा बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में नजर आने लगा है। बर्फबारी के बाद पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवा सीधे मैदानों में पहुंच रही है। इसे रोकने वाला कोई सिस्टम नहीं होने से ठंड और शीतलहर बढ़ गई है।
राजस्थान के 12, मध्य प्रदेश के 10, छत्तीसगढ़ के 1, हरियाणा के 1 और हिमाचल के 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। मध्य प्रदेश के भोपाल, राजगढ़, इंदौर जैसे शहर गुलमर्ग, श्रीनगर जैसे पहाड़ी इलाकों के साथ देश के टॉप 12 ठंडे शहरों में शामिल हो गए। इधर, दक्षिण में लौटते मानसून की बारिश के बीच ऊटी में ठंड का असर नजर आने लगा है। हिल स्टेशन ऊटी में कारों की विंड स्क्रीन, गाडिय़ों और पेड़-पौधों पर पड़ी ओस की बूंदें जम गईं।
मध्य प्रदेश 2 दिन कोल्ड वेव
बर्फीली हवा से पूरा मध्यप्रदेश ठिठुर गया है और नवंबर में ही ठंड रिकॉर्ड तोड़ रही है। बर्फबारी के बाद पहाड़ों से सीधी बर्फीली हवा मप्र पहुंच रही है। इसे रोकने वाला कोई सिस्टम नहीं होने से ठंड बढ़ गई है। कई शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। राजगढ़ सबसे ठंडा रहा। यहां रात का तापमान करीब 7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल, राजगढ़, इंदौर और शाजापुर में तेज शीत लहर चली।
पेंड्रा में 9 डिग्री पहुंचा पारा
छत्तीसगढ़ के पेंड्रा और अमरकंटक क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस सीजन पहली बार पेंड्रा का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों में प्रदेशभर में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। उत्तर छत्तीसगढ़ (सरगुजा संभाग) के एक-दो स्थानों पर शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है।
Ladli Behna Yojana: नवंबर में जारी होगी 30वीं किस्त, जानें कौन ले सकता है लाभ और कैसे करें आवेदन
9 Nov, 2025 03:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Ladli Behna Yojana मध्य प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी सामाजिक योजना है, जिसके तहत राज्य की महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। अब तक 29 किस्तें जारी की जा चुकी हैं, और नवंबर महीने में 30वीं किस्त महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी। इस योजना के जरिए अब तक 1.26 करोड़ महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं। प्रत्येक हितग्राही महिला के खाते में हर महीने 1250 रुपये की राशि ट्रांसफर की जाती थी, जबकि नवंबर में यह बढ़कर 1500 रुपये हो सकती है।
कौन ले सकता है लाडली बहना योजना का लाभ?
मध्य प्रदेश सरकार ने इस योजना के लिए कुछ पात्रता शर्तें तय की हैं। इसके अनुसार महिला लाभार्थी राज्य की स्थायी निवासी और विवाहित होनी चाहिए। योजना का लाभ 21 से 60 वर्ष की आयु वर्ग की महिलाओं को मिलता है। विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्त महिलाएं भी इस योजना के अंतर्गत आती हैं। साथ ही, लाभार्थी महिला की वार्षिक पारिवारिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
कैसे करें आवेदन?
लाडली बहना योजना में आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इच्छुक महिलाएं https://cmladlibahna.mp.gov.in/ पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन फॉर्म कैंप, ग्राम पंचायत, वार्ड कार्यालय या आंगनवाड़ी केंद्रों पर भी भरे जा सकते हैं।
फॉर्म जमा करने के बाद कैंप प्रभारी जानकारी ऑनलाइन अपलोड करते हैं और आवेदिका को रसीद प्रदान की जाती है। यह रसीद SMS या व्हाट्सएप के माध्यम से भी भेजी जाती है। पूरी प्रक्रिया निशुल्क है और इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहयोग करती हैं।
लाडली बहना योजना की 30वीं किस्त नवंबर के दूसरे सप्ताह में जारी होने की संभावना है। लाभार्थी अपने भुगतान की स्थिति योजना की वेबसाइट पर जाकर आसानी से देख सकते हैं।
MPPSC Results 2023: किसान की बेटी बनीं डिप्टी कलेक्टर, हासिल की 21वीं रैंक
9 Nov, 2025 03:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MPPSC Results 2023 का परिणाम जारी हो चुका है, और इस बार बड़वानी जिले के राजपुर तहसील के ग्राम कुसमरी की बेटी सीमा बडोले ने अपने गांव और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। सीमा ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) परीक्षा 2023 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 21वीं रैंक हासिल की है और डिप्टी कलेक्टर पद के लिए चयनित हुई हैं।
सीमा एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता सेवानिवृत्त शिक्षक हैं और अब कृषि कार्य करते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी होने के साथ खेती में भी सहयोग करती हैं। सीमा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से कुसमरी गांव सहित पूरे राजपुर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अपनी सफलता पर सीमा ने बताया कि उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा बिलवानी गांव के प्राथमिक विद्यालय से और माध्यमिक शिक्षा बड़वानी के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय से पूरी की। इसके बाद उन्होंने स्नातक की पढ़ाई इंदौर के शासकीय होलकर कॉलेज से की। सीमित संसाधनों के बावजूद, उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से यह सफलता हासिल की है।
सीमा छह भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं। उनके भाई विनीत बडोले ने बताया कि जैसे ही सीमा की सफलता की खबर गांव पहुंची, लोग घर-घर मिठाई बांटने लगे। ग्रामीणों ने कहा कि सीमा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र की बालिकाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
राहुल गांधी का बड़ा आरोप: “MP, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में वोट चोरी हुई, सबूत दिखाएंगे”
9 Nov, 2025 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पचमढ़ी (मध्य प्रदेश)। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को मध्य प्रदेश दौरे पर पहुंचे। इस दौरान वे पचमढ़ी में पार्टी के नए जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए। कांग्रेस इन दिनों संगठन को मजबूत करने के लिए राज्य के जिला स्तर पर नए पदाधिकारियों को ट्रेनिंग दे रही है।
मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने एक बार फिर वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र और बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में वोट चोरी हुई है। हमारे पास इसके पुख्ता सबूत हैं, जिन्हें हम जल्द ही जनता के सामने रखेंगे। यह मामला गंभीर है और इसे दबाने की कोशिश की जा रही है।”
राहुल गांधी ने आगे कहा कि यह सिर्फ चुनावी हेराफेरी नहीं, बल्कि लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले को “SIR के जरिए कवर किया जा रहा है,” ताकि सच्चाई सामने न आ सके। हालांकि, उन्होंने फिलहाल सबूतों का विवरण साझा नहीं किया और कहा कि पार्टी सही समय पर इसे उजागर करेगी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने जिला अध्यक्षों को संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर जनता से जुड़ने की सलाह दी।
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब मध्य प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायत कर रहे हैं। पार्टी ने पहले भी ईवीएम और मतगणना प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे।
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड, 9 जिलों में कोल्ड वेव अलर्ट जारी
9 Nov, 2025 12:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP Weather Update: पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं ने मध्य प्रदेश में ठंड का असर तेजी से बढ़ा दिया है। नवंबर की शुरुआत होते ही राज्य में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी महसूस की जा रही है। शनिवार (8 नवंबर) को प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक यही ठंडा मौसम बना रहेगा। दिलचस्प बात यह है कि इस समय राजधानी भोपाल और इंदौर में ठंड का असर हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ज्यादा देखा जा रहा है।
शनिवार को राजगढ़ ने प्रदेश में सबसे ठंडे शहर का दर्जा हासिल किया, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके बाद इंदौर का तापमान 7.6 डिग्री, भोपाल का 8.4 डिग्री, सीहोर का 8.9 डिग्री और रीवा का 9.6 डिग्री रहा। वहीं, पचमढ़ी में तापमान 15.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबलपुर में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री, जबकि ग्वालियर और उज्जैन में क्रमशः 10.5 और 10.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने राज्य के 9 जिलों—भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, रीवा और सतना—में कोल्ड वेव अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पिछले 24 घंटों में शीतलहर का असर देखा गया है।
फिलहाल राज्य में बारिश का कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है, लेकिन सर्द हवाओं ने मालवा और मध्य क्षेत्र में ठंड को बढ़ा दिया है। उत्तर भारत से आ रही हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है।
MPPSC 2023 Final Result: देवास के पंकज परमार बने डिप्टी कलेक्टर, तीन असफल प्रयासों के बाद पाई बड़ी सफलता
9 Nov, 2025 12:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MPPSC 2023 Result जारी हो गया है और इस बार देवास जिले के सुमराखेड़ी गांव के पंकज परमार ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई कहानी लिखी है। शनिवार (8 नवंबर) को जारी हुए परिणाम में पंकज का चयन डिप्टी कलेक्टर पद के लिए हुआ है। परिणाम सामने आते ही पूरे परिवार और गांव में जश्न का माहौल बन गया। घर पर बधाइयां देने वालों का तांता लग गया और लोगों ने मिठाई बांटकर इस पल को सेलिब्रेट किया।
पंकज के पिता समंदर सिंह परमार जामगोद स्थित शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में प्रभारी प्राचार्य हैं, जबकि उनकी मां प्रेमलता परमार गृहिणी हैं। उनके बड़े भाई पेशे से फोटोग्राफर हैं और बड़ी बहन कर्मा परमार चौबाराधीरा में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। पंकज ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा देवास के उत्कृष्ट विद्यालय से प्राप्त की और बाद में भोपाल से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया।
पंकज ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में कई बार असफलता का सामना किया। तीन बार मुख्य परीक्षा और दो बार इंटरव्यू देने के बाद भी चयन नहीं हुआ, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने कहा, “सफलता एक दिन में नहीं मिलती, लेकिन एक दिन जरूर मिलती है।” उन्होंने सेल्फ स्टडी को अपनी सफलता की कुंजी बताया और कहा कि उनका लक्ष्य हमेशा से डिप्टी कलेक्टर बनना था, जिसके लिए उन्होंने निरंतर मेहनत की।
देवास के इस युवा की सफलता ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। MPPSC 2023 Result ने एक बार फिर साबित किया कि सतत प्रयास और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
MP: सरकारी स्कूल में 14 साल की नाबालिग से गैंगरेप, 3 युवकों ने बनाया हवस का शिकार
9 Nov, 2025 11:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मऊगंज। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मऊगंज जिले (Mauganj district) के लौर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। जहां गाँव की 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ गाँव के ही तीन युवकों ने सरकारी स्कूल के अंदर सामूहिक बलात्कार किया। घटना के बाद आरोपी पीड़िता को घायल हालत में छोड़कर फरार हो गए। जिन्हें आज पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है ,सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सुबह से बच्ची तड़पती रही, लेकिन स्वास्थ्य विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक घटना लौर थाना क्षेत्र के एक गाँव की है। शाम करीब 6 बजे नाबालिग बच्ची घर से पानी लेने के लिए निकली थी। लेकिन कई घंटे तक लौटकर नहीं आई। जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तो बच्ची धान के खेत में घायल और बेहोश अवस्था में मिली। होश आने पर जब परिवार ने उससे पूछा तो उसने बताया कि गाँव के ही तीन लोगों ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय के अंदर बारी-बारी से उसके साथ गैंगरेप किया। इसके बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर भाग निकले।
पीड़िता के परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने पहुँचे परिवार के साथ पुलिस के द्वारा रास्ते में मारपीट की और उनके मोबाइल तक जब्त कर लिए गए। लेकिन पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी के द्वारा इस आरोप को खारिज कर दिया गया है।
घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही साफ दिख रही है। परिजनों का कहना है कि सुबह से बच्ची तड़प रही है, लेकिन कोई डॉक्टर या स्वास्थ्य अधिकारी अब तक उसे देखने तक नहीं पहुँचा। बच्ची अभी भी डरी सहमी हुई है , और अचेत अवस्था में घर पर पड़ी हुई है।
बागेश्वर बाबा की हिन्दू एकता यात्रा में जोश से दौड़े कैलाश विजयवर्गीय, फिटनेस और जोश से सबको चौंकाया
9 Nov, 2025 10:56 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर। दिल्ली से वृंदावन तक पं. धीरेन्द्र शास्त्री के नेतृत्व में निकाली जा रही हिन्दू एकता यात्रा में देशभर से श्रद्धालु और नेता शामिल हो रहे हैं। इसी बीच इंदौर से भी बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि इस यात्रा में पहुंचे हैं। कुछ दिन पहले अस्वस्थता के कारण अस्पताल में भर्ती हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को लेकर चर्चा थी कि वे यात्रा में शामिल नहीं हो पाएंगे। लेकिन कैलाश विजयवर्गीय ने इन सारी अटकलों पर विराम लगाते हुए अपनी फिटनेस और जोश से सबको चौंका दिया।
विजयवर्गीय न केवल यात्रा में पहुंचे, बल्कि उन्होंने पं. धीरेन्द्र शास्त्री के साथ कदम से कदम मिलाकर चलकर यह साबित कर दिया कि वे पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से मिलकर आशीर्वाद भी लिया और कहा- “मैं एकदम फिट हूं, और बागेश्वर धाम सरकार के इस अभियान में तन-मन से सहभागी हूं।”
इंदौर के युवा नेता अक्षत चौधरी भी अपनी टीम के साथ इस यात्रा में शामिल हुए और एयरपोर्ट पर मंत्री विजयवर्गीय का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि यह ऐतिहासिक हिन्दू एकता यात्रा 7 नवम्बर को दिल्ली के पवित्र छतरपुर मंदिर परिसर से शुरू हुई, जो वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर तक पहुंचेगी। इसमें शिखर धवन, द ग्रेट खली, मनोहरलाल खट्टर सहित कई जानी-मानी हस्तियां भी शामिल हो चुकी हैं।
दतिया में धीरेंद्र शास्त्री का पुतला फूंकने पर भीम आर्मी और हिंदू संगठनों में झड़प, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
9 Nov, 2025 09:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दतिया। हिन्दू समाज (Hindu Society) को एकजुट करने के लिए सनातन हिन्दू एकता पदयात्रा (Sanatan Hindu Unity Padyatra) निकाल रहे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Pandit Dhirendra Krishna Shastri) का पुतला दहन करने को लेकर मध्य प्रदेश के दतिया जिले के इंदरगढ़ कस्बे में शनिवार शाम को बवाल हो गया। पुतला दहन को लेकर भीम आर्मी और हिंदू संगठनों के बीच पथराव और झड़पें हुईं। हालात को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। झड़प में 3 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इंदरगढ़ के अस्पताल में लाया गया है। कस्बे में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विरोध में रैली
बताया जाता है कि शनिवार को भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के लगभग 200 कार्यकर्ता ग्वालियर संभागीय अध्यक्ष केशव यादव के नेतृत्व में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुतला दहन करने के लिए अंबेडकर पार्क से रैली निकाल रहे थे। यह जुलूस जब ग्वालियर चौराहे के पास पहुंचा तो तय जगह से करीब 25 फुट पहले कार्यकर्ताओं ने धीरेंद्र शास्त्री का पुतला फूंक दिया।
पहले हुआ विवाद शांत कराया
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुतला दहन करने के दौरान वहां मौके पर मौजूद हिंदू संगठनों के 70 से 80 कार्यकर्ताओं ने विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव का पुतला जला दिया। इसी दौरान दोनों पक्षों में तू-तू, मैं-मैं शुरू हो गई। बवाल बढ़ता उससे पहले ही पुलिस ने फौरन ऐक्शन लेते हुए शुरुआत में ही दोनों पक्षों को शांत करा दिया।
दोबारा झड़प फिर पथराव
हालांकि पुलिस के समझाने के बाद भी तनाव कायम रहा। कुछ देर बाद भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता इंदरगढ़ थाने पहुंचे और धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदू संगठनों के सदस्यों ने जातिगत गालियां दीं और कार्यक्रम में बाधा डाली। बताया जाता है कि थाने से लौटते समय दोनों गुटों का फिर आमना सामना हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया। इसमें कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। झड़प में तीन लोगों के घायल होने की खबर है।
इलाके में पुलिस फोर्स तैनात
सनातन हिंदू संगठन के नगर अध्यक्ष शिरोमणि सिंह राठौर ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री जात पात मिटाने और सनातन एकता की बात करते हैं। हम संतों का पुतला नहीं जलाने देंगे। विरोध करना है तो नेताओं का करें। संतों का विरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके जवाब में कार्यकर्ताओं ने दामोदर यादव का पुतला जला दिया। पुलिस का कहना है कि हंगामा करने वाले दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं की पहचान कर ली गई है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। हर सूरत में शांति व्यवस्था कायम रखी जाएगी।
मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटे-बेटी ने मां को रखा बंद, पड़ोसी की सूचना पर खुला राज
8 Nov, 2025 06:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल के पिपलानी क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग मां को मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटे-बेटी ने ढाई साल तक कमरे में कैद कर रखा था। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने महिला को खराब हालत में रेस्क्यू कर हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। पति के निधन के बाद दोनों संतानें भीख मांगकर जी रहे थे।
राजधानी के पिपलानी इलाके के कल्पना नगर में बेटा-बेटी द्वारा अपनी 70 साल की बुजुर्ग मां को कैद रखने का मामला सामने आया है। बेटा-बेटी भी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे हैं। पड़ोसियों से मिली सूचना के बाद पुलिस ने बुजुर्ग महिला को घर के बंद कमरे से रेस्क्यू किया तथा अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार कल्पना नगर में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। 70 वर्षीय बुजुर्ग मां को उसके ही मानसिक रूप से कमजोर बेटे और बेटी ने करीब ढाई साल तक एक कमरे में कैद कर रखा था। पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो महिला की हालत देखकर हैरान हो गए। पुलिस टीम ने बुजुर्ग को बरामद करके इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा। जहां पर डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। बुजुर्ग महिला का पति कई साल पहले गुजर चुका है। वे अपने बेटे अजय सैनी और बेटी मीनाक्षी सैनी के साथ कल्पना नगर में रहती थीं। दोनों संतानें मानसिक रूप से कमजोर हैं और आसपास के लोगों से खाना मांगकर जीवन-यापन कर रहे थे।
धीरे-धीरे बुजुर्ग मां की हालत इतनी बिगड़ गई कि वह चल-फिर नहीं पाती थीं। ऐसे में दोनों बच्चों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आसपास के लोगों ने जब कई दिनों तक बुजुर्ग को बाहर न देखा और घर से बदबू आने लगी तो पड़ोसी अनिल सेवानी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिपलानी पुलिस मौके पर पहुंची तथा दरवाजा खोलने के बाद महिला को बाहर निकाला गया। उनकी हालत बेहद खराब थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
श्योपुर में मिड-डे मील लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, स्कूल प्राचार्य निलंबित और टेंडर रद्द
8 Nov, 2025 09:54 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्योपुर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में बच्चों को मिड-डे मील का खाना जमीन पर परोसे जाने के मामले ने प्रशासन को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया है। जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा ने घटना का संज्ञान लेते हुए एसडीएम को तत्काल जांच के निर्देश दिए थे। जांच के बाद स्कूल के प्रभारी प्राचार्य भोगीराम धाकड़ को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, मिड-डे मील की सप्लाई करने वाले स्व-सहायता समूह का टेंडर भी रद्द कर दिया गया है।
घटना के सामने आने के बाद प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बच्चों के साथ इस तरह का असंवेदनशील व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर वर्मा ने कहा, “बच्चों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। भविष्य में ऐसी लापरवाही पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
BRC और CAC को नोटिस जारी किया गया
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी एमएल गर्ग ने भी एक्शन लेते हुए ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर (BRC) और क्लस्टर एकेडमिक कोऑर्डिनेटर (CAC) को नोटिस जारी किया है। उनसे तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
प्रशासन ने सभी स्कूलों को सख्त निर्देश दिए हैं कि मिड-डे मील की गुणवत्ता और बच्चों की गरिमा दोनों से किसी भी तरह की लापरवाही न की जाए। जिले में इस घटना के बाद शिक्षा विभाग ने मिड-डे मील की निगरानी को और सख्त करने की तैयारी शुरू कर दी है।
पचमढ़ी में कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर जारी, राहुल गांधी आज देंगे राजनीतिक मंत्र
8 Nov, 2025 09:53 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पचमढ़ी (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में कांग्रेस का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर जारी है, जहां पार्टी के जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों को राजनीतिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस शिविर में शनिवार, 8 नवंबर को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे।
राहुल गांधी इस दौरान पार्टी नेताओं को संगठन को मजबूत करने के टिप्स देंगे और राजनीतिक रणनीति, जनसंपर्क और जमीनी स्तर पर कांग्रेस को फिर से सक्रिय करने पर जोर देंगे। वे प्रशिक्षण सत्र के एक महत्वपूर्ण सेशन को संबोधित करेंगे, जिसमें संगठनात्मक ढांचे, बूथ प्रबंधन और लोकसभा चुनाव 2026 की तैयारियों पर भी चर्चा होगी।
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी शिविर में मौजूद कुछ चुनिंदा जिला अध्यक्षों और नेताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात भी कर सकते हैं। इस बातचीत का उद्देश्य संगठन की स्थानीय चुनौतियों को समझना और आने वाले चुनावों के लिए बेहतर रणनीति तैयार करना है।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि ऐसे प्रशिक्षण शिविरों से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और विभिन्न जिलों के पदाधिकारी भी मौजूद हैं।
राहुल गांधी पचमढ़ी कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर से पार्टी का संदेश साफ है—कांग्रेस अब संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आने वाले चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर पूरा ध्यान दे रही है।
खंडवा विधायक कंचन तनवे ने मदरसे का किया निरीक्षण, नकली नोट मामले में दी ₹50,000 इनाम की घोषणा
8 Nov, 2025 08:19 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP News: खंडवा में नकली नोट मिलने के बाद राजनीति से लेकर प्रशासन तक हलचल मच गई है। इसी बीच भाजपा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने शुक्रवार को उस मदरसे का निरीक्षण किया, जहां से 19 लाख रुपये से अधिक के नकली नोट बरामद हुए थे। विधायक ने मौलाना के कमरे का ताला खुलवाकर खुद जांच की और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की। उन्होंने ऐलान किया कि जो भी व्यक्ति आतंकवाद, नकली नोट या किसी अवैध गतिविधि की जानकारी देगा, उसे ₹50,000 का इनाम दिया जाएगा।
मौलाना के कमरे से बरामद हुए थे नकली नोट
विधायक कंचन तनवे शुक्रवार को ग्राम पेठिया पहुंचीं, जहां नकली नोटों का मामला सामने आया था। उन्होंने कहा कि मौलाना कब आया, कौन लाया, और उसके पहले यहां कितने मौलाना रहे—इन सभी की विस्तृत जांच कराई जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की देशविरोधी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सभी मदरसों की जांच की मांग
भाजपा विधायक ने जिले में चल रहे सभी मदरसों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी के पास गलती से भी नकली नोट आ जाए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि दोषियों को पकड़ा जा सके। विधायक ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
मामले में अब तक चार गिरफ्तारियां
बता दें कि खंडवा के ग्राम पेठिया स्थित मदरसे से 19 लाख से अधिक के नकली नोट मिले थे। इस मामले में मौलाना जुबेर अंसारी और उसके साथी को मालेगांव पुलिस रिमांड पर रखा गया है। अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि बुरहानपुर के डॉ. प्रतिक की तलाश जारी है। मालेगांव और खंडवा पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है।
क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने देश-दुनिया में मध्यप्रदेश का नाम किया रोशन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
7 Nov, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप-2025 जीतकर पूरी दुनिया में भारत का परचम लहराया है। छतरपुर जिले के घुवारा की तेज गेंदबाज क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने देश-दुनिया में मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। कठिन परिस्थितियों, संसाधनों की कमी और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद परिश्रम और दृढ़ संकल्प के आधार पर क्रांति ने यह मुकाम हासिल किया। क्रिकेटर क्रांति गौड़ केवल प्रदेश ही नहीं, पूरे देश की बेटियों के लिए प्रेरणा है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जबलपुर में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में क्रिकेटर क्रांति गौड़ का सम्मान किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए छतरपुर में नया क्रिकेट स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि क्रिकेटर क्रांति गौड़ के पिता की बहाली के लिए अपील करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ल्ड कप 2025 की विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रदेश की प्रतिभावान खिलाड़ी और तेज गेंदबाज क्रिकेटर क्रांति गौड़ के मुख्यमंत्री निवास में आयोजित अभिनंदन समारोह में यह विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रिकेटर क्रांति गौड़ के आगमन पर पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रिकेटर क्रांति के माता-पिता मुन्ना सिंह गौड़ तथा श्रीमती नीलम सिंह गौड़ और कोच राजीव बिरथरे को अंगवस्त्रम और पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका अभिवादन किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किए। अभिनंदन समारोह में मध्यप्रदेश खेल अकादमी की बालिकाओं ने क्रिकेटर क्रांति गौड़ से संवाद किया।
योग और ध्यान, फिटनेस तथा एकाग्रता के लिए जरूरी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रिकेटर क्रांति गौड़ और खेल अकादमी की बालिकाओं के संवाद में सहभागिता करते हुए उपस्थित बालिकाओं को फिटनेस का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग और ध्यान, फिटनेस तथा एकाग्रता के लिए जरूरी हैं। यह दोनों तत्व खेल के साथ-साथ बेहतर जीवन के लिए भी आवश्यक हैं। उपस्थित बालिकाओं ने क्रिकेटर क्रांति से उनके फिटनसे रूटीन, रूचियों, संघर्ष, खेल की निरंतर प्रैक्टिस और राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में हुए अनुभवों के बारे में चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से बालिकाओं ने उनके बचपन की रूचियों और पसंदीदा खेल आदि के संबंध में भी प्रश्न किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि उज्जैन में सभी त्यौहारों और व्रत आदि पर क्षिप्रा नदी में स्नान की परम्परा है। वे भी बचपन में अपनी माताजी के साथ क्षिप्रा में स्नान के लिए प्राय: जाते थे। उन्हें तैरना तथा हॉकी खेलना भी विशेष रूप से पसंद था।
कोच राजीव बिरथरे ने बताए क्रिकेटर क्रांति की सफलता के आधार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में क्रिकेटर क्रांति ने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर संघर्ष आवश्यक है। हम, स्वयं से जो प्रतिबद्धता करें और माता-पिता की हमसे जो अपेक्षा हो, उसे पूर्ण करने के लिए प्राण-प्रण से प्रयास करना जरूरी है। निरंतर प्रयास से सफलता निश्चित है। क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने कहा कि खेल में सफलता के लिए फिटनेस और खान-पान का अनुशासन विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने बताया कि इस अनुशासन का पालन करते हुए ही उन्होंने मीठा खाना पूरी तरह छोड़ दिया।
कोच राजीव बिरथरे ने कहा कि क्रिकेटर क्रांति गौड़ की फिटनेस पर शुरू से ही विशेष ध्यान दिया गया। इसी का परिणाम है कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक के मैचों में फिटनेस को लेकर क्रिकेटर क्रांति को कभी समस्या नहीं आयी। यह फिटनेस ही थी, जिससे कई बार क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने चोटिल होने पर भी जल्द ही रिकवर हुईं और हर बार खेल के मैदान में जल्द वापस लौंटी। कोच राजीव बिरथरे ने खेल अकादमी की बालिकाओं को अपने उज्जवल और सफल भविष्य के लिए नियमित व्यायाम-योग-फिटनेस और खान-पान के अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, विधायक भगवानदास सबनानी तथा बड़ी संख्या में खेल अकादमी की बालिकाएं उपस्थित थीं।
प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने का वादा निभा रही है सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
7 Nov, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने के लिये हमारी सरकार प्रतिबद्धतापूर्वक कार्य कर रही है। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा और वन विभाग के 877 पदों के लिए चयनित अधिकारी-कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्दान कर हम अपना वादा पूरा करने की तरफ एक कदम और बढ़ा रहे हैं। यह नियुक्तियां विकसित मध्यप्रदेश के हमारे सामूहिक संकल्प का एक पड़ाव है। हमें आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश की नींव मजबूत करनी है। वन, जहां बेहतर पर्यावरण का आधार है, वहीं स्वास्थ्य विभाग जनसामान्य के जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा करता है। वन विभाग और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की सेवा में आज प्रवेश ले रहे अधिकारी-कर्मचारी मजबूत, सुरक्षित, समृद्ध और स्वस्थ मध्यप्रदेश के निर्माण में पूरी प्रतिबद्धता से अपना योगदान देंगे, हम ऐसी अपेक्षा करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में वन एवं स्वास्थ्य विभाग के नियुक्ति एवं पदस्थापना आदेश वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल भी उपस्थित थे।
जनता का विश्वास शासकीय सेवक की सबसे बड़ी पूंजी है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवनियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम कहते थे कि 'सपना वो नहीं, जो आप सोते हुए देखते हैं, सपना वो है, जो आपको सोने नहीं देता।' शासकीय सेवा में प्रवेश एक उपलब्धि के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। जनता का विश्वास शासकीय सेवक की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को त्वरित, विश्वसनीय और अधिक प्रभावी बनाने में नए अधिकारी-कर्मचारियों का भी सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग वनों के संरक्षण, संवर्धन, पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। आशा है नए वन संरक्षक और अधिकारी, जंगलों की सुरक्षा, वन जीवों की देखभाल के साथ-साथ पर्यावरण और स्थानीय समुदायों की आजीविका के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करेंगे।
वन क्षेत्रपाल, वनरक्षकों, एनेस्थेसिया विशेषज्ञों, सर्जन, शिशु रोग विशेषज्ञ और नर्सिंग ऑफिसर्स को नियुक्ति पत्र प्रदान किए
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतीक स्वरूप सुमनीषा मुकाती, रवि यादव, सोमेश शर्मा, नीरज अंब को वन क्षेत्रपाल के निुयक्ति पत्र प्रदान किए। इसी प्रकार चंद्रपाल सिंह तोमर, कुमारी हिमांगिनी राहंगडाले और सअंजना परते को वन रक्षक के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत डॉ. नेहानंदन चौरसिया, डॉ. राम आशीष शुक्ला, डॉ. मंजूलता आर्य, डॉ. जितेन्द्र कैथवाल, डॉ. भूमा भावना और डॉ. नितिन कुमार को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। उल्लेखनीय है कि वन विभाग द्वारा नवनियुक्त 76 वन क्षेत्रपाल और 467 वनरक्षकों को आज नियुक्ति पत्र जारी किए गए। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में नवनियुक्त 75 एनेस्थेसिया विशेषज्ञों, 62 सर्जन, 106 शिशु रोग विशेषज्ञ ओर 91 नर्सिंग ऑफिसर्स को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कर्मयोगी के समान हो सेवा का भाव
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कहा कि सरकार के प्रयास तभी सफल होंगे, जब समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। प्रदेशवासियों की कर्मयोगी के समान सेवा से नवनियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मान और प्रतिष्ठा प्राप्त होगी।
मध्यप्रदेश पर्यावरण संरक्षण में दे रहा है महत्वपूर्ण योगदान
अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के सबसे बड़े वन क्षेत्र का संधारण कर रहा है। यह गर्व का विषय है कि हमारे प्रदेश के वनों की गुणवत्ता भी श्रेष्ठ है और प्रदेश में सघन वनों के क्षेत्र फल में डेढ़ गुना विस्तार हुआ है। अधिकांश वन्य प्राणियों की संख्या में मध्यप्रदेश, देश में प्रथम है। यह संकेतक बताते हैं कि मध्यप्रदेश पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। वन क्षेत्र की यह उपलब्धियां वनरक्षकों के योगदान से ही संभव हुई हैं। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य संदीप यादव तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अनुभव का सम्मान या परीक्षा का दबाव? पात्रता परीक्षा पर मप्र के शिक्षकों ने खोला मोर्चा
ग्रामीणों की बहादुरी से बची दो जानें, लेकिन अंचल और पूनम को नहीं बचा सका कोई
"सस्पेंड करो या कोर्ट झेलने को तैयार रहो" - भाजपा नेता संतोष परवाल की तीखी चेतावनी
Health Tips: पाचन तंत्र को लोहे जैसा मजबूत बना देगा 30/30/3 नियम, आज ही करें ट्राई।
20 अप्रैल तक करना होगा सरेंडर: कोर्ट ने दोषी को दी राहत, मगर पुलिस को दी नसीहत
"अब विकास में बाधा नहीं सहेगा बंगाल": भाजपा के समर्थन में बोले डॉ. मोहन यादव
भारत का करारा जवाब: पाकिस्तान ने समंदर में दिखाई बौखलाहट, भारत ने दोगुनी ताकत से घेरा
डायमंड सिटी को जाम से मिलेगी मुक्ति; सूरत मेट्रो के 8.5 किमी लंबे रूट पर टेस्टिंग जारी।
देवघर और हजारीबाग में नए चेहरों की एंट्री; झारखंड सरकार ने प्रशासनिक अमले में किया बड़ा उलटफेर।
झारखंड के जंगलों में 'ऑपरेशन मिसिर बेसरा': 10 किमी का घेरा और 50 माओवादी कैद।
