मध्य प्रदेश
प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने का वादा निभा रही है सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
7 Nov, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने के लिये हमारी सरकार प्रतिबद्धतापूर्वक कार्य कर रही है। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा और वन विभाग के 877 पदों के लिए चयनित अधिकारी-कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्दान कर हम अपना वादा पूरा करने की तरफ एक कदम और बढ़ा रहे हैं। यह नियुक्तियां विकसित मध्यप्रदेश के हमारे सामूहिक संकल्प का एक पड़ाव है। हमें आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश की नींव मजबूत करनी है। वन, जहां बेहतर पर्यावरण का आधार है, वहीं स्वास्थ्य विभाग जनसामान्य के जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा करता है। वन विभाग और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की सेवा में आज प्रवेश ले रहे अधिकारी-कर्मचारी मजबूत, सुरक्षित, समृद्ध और स्वस्थ मध्यप्रदेश के निर्माण में पूरी प्रतिबद्धता से अपना योगदान देंगे, हम ऐसी अपेक्षा करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में वन एवं स्वास्थ्य विभाग के नियुक्ति एवं पदस्थापना आदेश वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल भी उपस्थित थे।
जनता का विश्वास शासकीय सेवक की सबसे बड़ी पूंजी है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवनियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम कहते थे कि 'सपना वो नहीं, जो आप सोते हुए देखते हैं, सपना वो है, जो आपको सोने नहीं देता।' शासकीय सेवा में प्रवेश एक उपलब्धि के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। जनता का विश्वास शासकीय सेवक की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को त्वरित, विश्वसनीय और अधिक प्रभावी बनाने में नए अधिकारी-कर्मचारियों का भी सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग वनों के संरक्षण, संवर्धन, पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। आशा है नए वन संरक्षक और अधिकारी, जंगलों की सुरक्षा, वन जीवों की देखभाल के साथ-साथ पर्यावरण और स्थानीय समुदायों की आजीविका के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करेंगे।
वन क्षेत्रपाल, वनरक्षकों, एनेस्थेसिया विशेषज्ञों, सर्जन, शिशु रोग विशेषज्ञ और नर्सिंग ऑफिसर्स को नियुक्ति पत्र प्रदान किए
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतीक स्वरूप सुमनीषा मुकाती, रवि यादव, सोमेश शर्मा, नीरज अंब को वन क्षेत्रपाल के निुयक्ति पत्र प्रदान किए। इसी प्रकार चंद्रपाल सिंह तोमर, कुमारी हिमांगिनी राहंगडाले और सअंजना परते को वन रक्षक के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत डॉ. नेहानंदन चौरसिया, डॉ. राम आशीष शुक्ला, डॉ. मंजूलता आर्य, डॉ. जितेन्द्र कैथवाल, डॉ. भूमा भावना और डॉ. नितिन कुमार को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। उल्लेखनीय है कि वन विभाग द्वारा नवनियुक्त 76 वन क्षेत्रपाल और 467 वनरक्षकों को आज नियुक्ति पत्र जारी किए गए। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में नवनियुक्त 75 एनेस्थेसिया विशेषज्ञों, 62 सर्जन, 106 शिशु रोग विशेषज्ञ ओर 91 नर्सिंग ऑफिसर्स को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कर्मयोगी के समान हो सेवा का भाव
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कहा कि सरकार के प्रयास तभी सफल होंगे, जब समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। प्रदेशवासियों की कर्मयोगी के समान सेवा से नवनियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मान और प्रतिष्ठा प्राप्त होगी।
मध्यप्रदेश पर्यावरण संरक्षण में दे रहा है महत्वपूर्ण योगदान
अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के सबसे बड़े वन क्षेत्र का संधारण कर रहा है। यह गर्व का विषय है कि हमारे प्रदेश के वनों की गुणवत्ता भी श्रेष्ठ है और प्रदेश में सघन वनों के क्षेत्र फल में डेढ़ गुना विस्तार हुआ है। अधिकांश वन्य प्राणियों की संख्या में मध्यप्रदेश, देश में प्रथम है। यह संकेतक बताते हैं कि मध्यप्रदेश पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। वन क्षेत्र की यह उपलब्धियां वनरक्षकों के योगदान से ही संभव हुई हैं। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य संदीप यादव तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
MP सरकार की सोयाबीन किसानों को राहत, भावांतर योजना में मिलेगा 1300 रुपये प्रति क्विंटल
7 Nov, 2025 09:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश सरकार ने सोयाबीन किसानों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि भावांतर योजना के तहत किसानों को प्रति क्विंटल 1300 रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। सरकार ने आज सोयाबीन का मॉडल रेट भी घोषित कर दिया है, जो 4000 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि किसानों से किए गए कमिटमेंट के अनुरूप है और अब इसे पूरा किया जा रहा है।
डॉ. मोहन यादव ने बताया कि 13 नवंबर को एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें किसानों के खातों में यह राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भावांतर योजना पर सवाल उठाए थे, यह कदम उनके लिए स्पष्ट जवाब है। सरकार किसानों के हित में हर संभव प्रयास कर रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि धन की कोई कमी न हो।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी जानकारी साझा की और लिखा कि सोयाबीन उत्पादक किसानों को एमएसपी का पूरा लाभ दिलाने के लिए उन्हें अलग से 1300 रुपये प्रति क्विंटल दिए जाएंगे। यह राशि किसानों के खाते में सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने अधिकारी-कर्मचारियों के साथ गाया “वंदे मातरम्”
7 Nov, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल शुक्रवार को राजभवन के बैंक्वेट हॉल में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150 वीं वर्षगांठ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने राजभवन के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का गायन किया।
राज्यपाल पटेल ने आज़ादी के संघर्ष, बलिदान और प्रेरणा के प्रतीक बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित राष्ट्र गीत वंदे मातरम् की वर्षगांठ की सभी को शुभकामनाएँ दी।
इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, अपर सचिव उमाशंकर भार्गव, जनजातीय प्रकोष्ठ की सचिव श्रीमती मीनाक्षी सिंह सहित राजभवन के अधिकारी-कर्मचारी ने राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव समारोह का किया शुभारम्भ
7 Nov, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वें वर्ष स्मरणोत्सव समारोह का शुभारंभ शुक्रवार को किया। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल भोपाल राजभवन से वर्चुअली शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, अपर सचिव उमाशंकर भार्गव, जनजातीय प्रकोष्ठ की सचिव मीनाक्षी सिंह सहित राजभवन के अधिकारी उपस्थित थे।
राज्यपाल पटेल को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का बैज और स्कार्फ पहनाया
7 Nov, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के 76वें स्थापना दिवस पर बैज लगाया और स्कार्फ पहनाया गया। राज्यपाल से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राज्य मुख्यालय के पदाधिकारी, अधिकारी एवं राष्ट्रपति अवार्ड प्राप्त स्काउट एवं गाइड ने शुक्रवार को राजभवन में भेंट की।
राज्यपाल पटेल को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त पारसचन्द्र जैन ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का स्कार्फ पहनाया। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त स्काउट आदित्य शुक्ला ने स्थापना दिवस का बैज लगाया। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त गाइड कुमारी तमन्ना गौर ने स्थापना दिवस का स्वनिर्मित ग्रीटिंग कार्ड भेंट किया।
इस अवसर पर राज्य आयुक्त (रोवर) राजीव जैन और राज्य सचिव राजेश प्रसाद मिश्रा उपस्थित थे।
नई कैथ लैब यूनिट हार्ट पेशेंट्स के लिए सिद्ध होगी जीवनदायिनी: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
7 Nov, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हृदय रोगियों के उपचार के लिए भोपाल और आस-पास के जिलों के निवासियों को आज बड़ी सुविधा मिल रही है। हमीदिया अस्पताल में आरंभ हो रही नई कैथ लैब यूनिट हार्ट पेशेंट्स के लिए जीवनदायिनी सिद्ध होगी। हमीदिया अस्पताल वर्षों से सेवा और सुरक्षा का प्रतीक है। कैथ लैब का उद्घाटन जनसेवा की दिशा में एक प्रभावी कदम सिद्ध होगा। राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मिशन मोड में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात शुक्रवार को हमीदिया चिकित्सालय में स्थापित नई कैथ लैब यूनिट के उद्घाटन अवसर पर कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कैथ लैब का अवलोकन किया और चिकित्सकों से उसकी विशेषताओं की जानकारी ली।
उल्लेखनीय है कि अत्याधुनिक चिकित्सीय कैथ लैब से हार्ट और ब्लड वेसल्स से जुड़ी बीमारियों का निदान और उपचार हमीदिया अस्पताल में संभव होगा। लगभग 8 करोड़ रूपए लागत से स्थापित यह यूनिट क्षेत्र के हृदय रोगियों के लिए जीवन की नई आशा बनेगी।
इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, हमीदिया अस्पताल की डीन डॉ. कविता सिंह, अधीक्षक डॉ. सुनीत टंडन, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. आर.एस. मीणा, डॉ. अजय शर्मा, डॉ. आर.के. सिंह तथा तकनीशियन, नर्सिंग स्टाफ और प्रबंधन टीम के सदस्य उपस्थित थे।
कांग्रेस में घमासान: दिग्विजय सिंह पर ऑडियो कांड, शहर अध्यक्ष को मुंह काला करने की धमकी, जानिए पूरा मामला
7 Nov, 2025 08:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को लेकर कथित ऑडियो कांड ने राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। यह ऑडियो इंदौर शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे और पूर्व शहर अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा के बीच की बातचीत का बताया जा रहा है, जिसमें दोनों नेता दिग्विजय सिंह को लेकर चर्चा कर रहे थे।
इस मामले में हाल ही में इंदौर कांग्रेस के शहर कार्यवाहक अध्यक्ष को मुंह काला करने की धमकी दी गई है। इस धमकी का वीडियो चिंटू चौकसे के समर्थक लोकेश हार्डिया ने जारी किया। वीडियो में लोकेश ने सुरजीत सिंह चड्ढा को चंदाखोर बताते हुए उन्हें धमकी दी है। इस पर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
कथित ऑडियो वायरल होने के बाद दिल्ली हाई कमान ने नाराजगी जताई और भोपाल से दोनों नेताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस पर कोई सार्वजनिक जानकारी नहीं दी गई है।
ऑडियो में चर्चा के दौरान सुरजीत सिंह चड्ढा दिग्विजय सिंह को पिता तुल्य नेता कह रहे थे, जबकि चिंटू चौकसे ने कहा था कि “वह किसी के बाप के नौकर नहीं हैं।”
इस विवाद पर भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह को मुख्यमंत्री की जनसुनवाई में शिकायत करनी चाहिए। भाजपा नेताओं का कहना है कि सरकार को ऑडियो की जांच कर सही तथ्य सामने लाने चाहिए।
लाडली बहना योजना : नवंबर से बढ़कर मिलेंगे 1500 रुपये, जानिए कब और कैसे मिलेगा पैसा
7 Nov, 2025 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। इस महीने यानी नवंबर 2025 में महिलाओं के खाते में 30वीं किस्त की राशि बढ़कर 1500 रुपए आएगी। इससे पहले हर महीने महिलाओं को 1250 रुपए मिलते थे, लेकिन अब CM डॉ. मोहन यादव ने दिवाली के बाद से इस राशि बढ़ाने का ऐलान किया है।
इस बार से महिलाओं के खाते में एक साथ 1500 रुपए ट्रांसफर होंगे। अक्टूबर में पहले 1250 रुपए आए थे, इसके बाद भाई दूज पर 250 रुपए शगुन के रूप में भेजे गए थे। अब लगातार हर महीने 1500 रुपए की राशि लाभार्थियों को मिलना शुरू होगी।
लाडली बहना योजना की किस्त आमतौर पर हर महीने की 10 तारीख को जारी होती है, लेकिन त्योहारों के समय तारीख बदल सकती है। इस बार 30वीं किस्त 10 से 15 नवंबर के बीच जारी होने की संभावना है।
याद दिला दें कि लाडली बहना योजना की 29वीं किस्त 12 अक्टूबर को जारी की गई थी। उस समय प्रदेश की 1.26 करोड़ महिलाओं के खातों में कुल 1541 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए थे। इसमें महिलाओं के खाते में 1250 रुपए की सामान्य किस्त और भाई दूज पर 250 रुपए शगुन के रूप में भेजे गए थे।
इस योजना से मध्य प्रदेश की महिलाओं को वित्तीय सुरक्षा और सहारा मिलता है। लाडली बहना योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। इस बढ़ोतरी से प्रदेश की महिलाओं के लिए राहत और उत्साह दोनों बढ़ेंगे।
मध्य प्रदेश में मुस्लिम युवती ने प्यार के लिए अपनाया सनातन धर्म, हिंदू प्रेमी से मंदिर में रचाई शादी
7 Nov, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धार । मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के धार जिले (Dhar district) की रहने वाली एक मुस्लिम युवती (Muslim girl) ने अपने हिंदू प्रेमी (Hindu) से शादी करने के लिए धर्म परिवर्तन (Religion change) करते हुए सनातन धर्म अपना लिया और पूरे रीति-रिवाजों के साथ उसके संग विवाह के बंधन में बंध गई। प्यार के लिए धर्म की बेड़ियों को तोड़ने वाली इस युवती का नाम रुखसार है, जो कि धार जिले के धरमपुरी की रहने वाली है, उसने खंडवा के उन्हेल में रहने वाले विशाल राजपूत को अपना जीवनसाथी बनाया। इन दोनों ने खंडवा के महादेवगढ़ मंदिर में आकर शादी की। जहां शादी के बाद रुखसार को वंशिका का नया नाम दिया गया। खास बात यह है कि 27 नवंबर को रुखसार का निकाह होने वाला था, लेकिन विशाल से शादी के लिए उसने घरवालों की मर्जी के खिलाफ जाने का फैसला किया।
वंशिका उर्फ रुखसार ने बताया कि उसे शुरू से सनातन धर्म पसंद है, क्योंकि यहां पर लड़कियों का सम्मान किया जाता है। इस बारे में मीडिया से बात करते हुए उसने कहा ‘मेरा नाम रुखसार है, मैंने अपनी मर्जी से सनातन धर्म में प्रवेश करते हुए विशाल से शादी की है। मुझे ये धर्म अच्छा लगता था, इसलिए मैंने इस धर्म में शादी की है।’ रुखसार ने बताया कि उसे बचपन से सनातन धर्म में रुचि थी। इसलिए वह घर में बिंदी लगाती और साड़ी पहनती थी। यहां तक कि नवरात्रि में माता जी के दर्शन करने भी जाती थी।
वंशिका ने आगे कहा, ‘मुझे अपने धर्म में तो रहना ही नहीं था, इसलिए मैंने यह धर्म अपनाया है। इस धर्म में बहुत कुछ है, यहां लड़कियों को मान्यता दी जाती है, उन्हें देवी का रूप माना जाता है। मेरा निकाह 27 तारीख को होने वाला था, लेकिन मैंने उनको छोड़कर आज हरिहर मिलन था तो इनसे शादी की है।’
विशाल से पहली मुलाकात के बारे में बताते हुए वंशिका उर्फ रुखसार ने कहा कि विशाल से मेरी मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी। इसके बाद हमारी दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया। वंशिका ने कहा, मैंने इनसे शादी का फैसला इसलिए किया क्योंकि मुझे इनका धर्म अच्छा लगा। इस धर्म और जाति के लोग महिला का सम्मान करते हैं, यहां उन्हें देवी जैसा माना जाता है। इसलिए मैंने बिना किसी डर और दबाव के सनातन धर्म अपनाया है। अब पति के साथ रहूंगी, यह मेरे लिए योग्य हैं और ये मेरा पूरा साथ देंगे और मरते दम तक मेरा साथ देंगे। उनके परिवार को मुझसे कोई परेशानी नहीं है।’
विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वंशिका से शादी करने वाले विशाल राजपूत का परिवार खेती-किसानी करता है और विशाल खुद भी किसान है। वह भी इस शादी से बहुत खुश है और उसने रुखसार का हमेशा ध्यान रखने की बात कही है।
खंडवा के महादेवगढ़ मंदिर परिसर में हुई इस शादी में नव विवाहित जोड़े ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र अग्नि के सात फेरे लिए और जीवन भर साथ निभाने का वचन लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने रुखसार का कन्यादान किया और विशाल ने मंगलसूत्र पहनाकर वंशिका को पत्नी के रूप में स्वीकार किया।
परिवार के विरोध के बारे में पूछे जाने पर वंशिका उर्फ रुखसार ने कहा कि उन्हें जो सोचना हैं सोचें, उनको जो करना है वो उनकी मर्जी। मैंने अपनी मर्जी से इनसे शादी की है तो मुझे इनके साथ रहना है। मुझे जबरदस्ती किसी और से शादी नहीं करना है।
भोपाल में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे: PM मोदी ने किया स्मरणोत्सव का शुभारंभ
7 Nov, 2025 12:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज देशभर में स्मरणोत्सव की शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐतिहासिक उत्सव का शुभारंभ किया, जो पूरे वर्ष विभिन्न सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जाएगा।
इस खास अवसर पर भोपाल के शौर्य स्मारक में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर ‘वंदे मातरम्’ के इतिहास और इसकी राष्ट्रीय चेतना में भूमिका पर आधारित एक पुस्तिका का विमोचन किया।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आज़ादी की भावना और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने इस गीत के रचनाकार बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय को नमन करते हुए कहा कि उनका योगदान भारत के स्वाधीनता संग्राम में अमर रहेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री, अधिकारी, विद्यार्थी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के विभिन्न संस्करण प्रस्तुत किए गए, जिसमें कलाकारों ने देशभक्ति के रंग भर दिए।
‘वंदे मातरम्’ स्मरणोत्सव के तहत पूरे वर्ष देशभर में प्रदर्शनी, संगोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा ताकि नई पीढ़ी को इस गीत के महत्व और इसकी ऐतिहासिक यात्रा से अवगत कराया जा सके।
MP में बड़ा हादसा, ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 2 किसानों की मौत
7 Nov, 2025 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर। मध्यप्रदेश (MP News) में रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। वाहनों के अनियंत्रित होने से रोज रोज सड़क हादसे हो रहे हैं। सड़क हादसे में लोगों की असमय मौतें भी हो रही है। ताजा मामला छतरपुर जिले का है जहां ट्रैक्टर ट्राली (tractor trolley) पलटने से दो किसानों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
दरअसल हादसा जिले के सटई थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव में हुआ है। खाद लेकर लौट रहे किसान का ट्रैक्टर ट्राली सहित पलट गया। इस हादसे में 2 किसानों की मौत हो गई। खेत में भरे पानी में ट्रैक्टर ट्राली सहित पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने और पानी में डूबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से शवों को बाहर निकाला गया। दोनों मृतकों की उम्र 35 और 40 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
दंपति की गला काटकर हत्या, खून से लथपथ मिले शव, इलाके में फैली सनसनी
7 Nov, 2025 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बालाघाट। मध्य प्रदेश (MP News) के बालाघाट (Balaghat) जिले के कटंगी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक दंपति की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। वार्ड नंबर 2 में स्थित उनके घर में रमेश हाके (सेवानिवृत) और उनकी पत्नी पुस्तकला हाके के शव मिले। दोनों का गला किसी धारदार हथियार से काटा गया था।
पुलिस के अनुसार, हत्या बीती रात हुई लगती है। रमेश हाके सिंचाई विभाग की राजीव सागर परियोजना में वाहन चालक के पद से सेवानिवृत हो चुके थे। वे रोजाना सुबह मार्निंग वॉक पर निकलते थे। बुधवार सुबह जब वे नहीं उठे और घर से बाहर नहीं निकले, तो पड़ोसियों को शक हुआ।
दरवाजा खोलकर देखा तो दोनों के शव खून से लथपथ पड़े मिले। मृतक दंपति के दोनों बच्चे नागपुर में निजी कंपनियों में नौकरी करते हैं। वे घर से दूर रहते थे, जिसके चलते दंपति अकेले रहते थे। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। लूटपाट या पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, लेकिन कुछ भी पुष्टि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही कटंगी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। इधर इस हत्याकांड से इलाके में दहशत का माहौल है।
भोपाल को मिलेगा एक और नया स्टेडियम, CM मोहन यादव 25 नवंबर को करेंगे लोकार्पण
7 Nov, 2025 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्यप्रदेश (MP News) की राजधानी भोपाल (Bhopal) को 25 नवंबर को एक और स्टेडियम मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव (Chief Minister Dr. Mohan Yadav) स्टेडियम का लोकार्पण करेंगे। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम शहर के कोलार में बनकर तैयार हुआ है।
मामले को लेकर भोपाल विधायक रामेश्वर शर्मा (Bhopal MLA Rameshwar Sharma) ने कहा कि- भव्य इनडोर और आउट डोर स्टेडियम का निर्माण मुखर्जी नगर कोलार एवं भोपालवासियों के लिए किया गया है। यहां एक साथ क्रिकेट, फुटबॉल, खो खो, मलख़म, बास्केट बॉल, टेनिस, बेमिंटम, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, रॉक क्लाइम्बिंग सहित आदि अनेक खेल एक साथ खेले जा सकेंगे।
बता दें कि भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश सरकार (Madhya Pradesh Government) के सहयोग से इस स्टेडियम का निर्माण हुआ है। मुखर्जी नगर कोलार क्षेत्र सहित लगभग 5 लाख आबादी के बीच यह स्टेडियम बनकर तैयार हुआ है।
MP में कलयुगी बेटे ने की मां की हत्या, लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
7 Nov, 2025 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शहडोल। मध्यप्रदेश (MP News) के शहडोल (Shahdol) जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया, जहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी, घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, ब्यौहारी थाना क्षेत्र के बरकछ गांव में रहने वाली 40 वर्षीय सविता कोल की हत्या उसके ही बेटे राजकुमार कोल ने की, बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर बेटे ने अपनी मां पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, बेरहम बेटा तब तक वार करता रहा जब तक मां की सांसें थम नहीं गईं।
स्थानीय लोगों ने जब इस दर्दनाक घटना की जानकारी पुलिस को दी, तो ब्यौहारी थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। इस वीभत्स घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी बेटे का व्यवहार पिछले कुछ समय से असामान्य था और वह अक्सर मां के साथ विवाद करता था। लेकिन किसी ने भी यह नहीं सोचा था कि वह इतनी निर्ममता पर उतर आएगा। लोगों का कहना है कि यह घटना रिश्तों की मर्यादा और ममता के पवित्र बंधन पर करारा तमाचा है। जिस मां ने उसे जन्म दिया, पाला-पोसा, उसी बेटे ने आज उसकी जान ले ली। वहीं इस पूरे मामले में ब्यौहारी ट्रेनी थाना प्रभारी ऋषभ चारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एक पुत्र ने अपने ही मां की हत्या कर दी, अभी कारण अज्ञात है, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
MP में बारिश से राहत, अब रातें होंगी ठंडी, अगले पांच दिन साफ रहेगा आसमान
7 Nov, 2025 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में पिछले कई दिनों से जारी बारिश, आंधी और गरज-चमक का सिलसिला अब खत्म होने वाला है। मौसम विभाग (Meteorological Department) का कहना है कि अगले पांच दिनों तक आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड बढ़ने लगेगी। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार, आने वाले दिनों में रात का पारा 2 से 3 डिग्री तक लुढ़क सकता है। ठंड का सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में देखने को मिलेगा, जहां उत्तरी हवाओं का प्रभाव पहले महसूस होगा।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है, जिसका असर अगले 48 घंटों में मध्यप्रदेश पर भी पड़ेगा। उत्तरी जिलों-ग्वालियर, चंबल, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा और शाजापुर में तापमान तेजी से गिरेगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों ओर से नमी आई थी, जिसके चलते बादल छाए रहे और दिन का तापमान नहीं बढ़ पाया। इस वक्त हरियाणा के पास बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन ठंडी हवाओं को राज्य में प्रवेश करने से रोक रहा है। अगले 24 घंटों में यह सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) में समाहित हो जाएगा, जिसके बाद ठंड तेजी से बढ़ने लगेगी।
पिछले 24 घंटे में श्योपुर, शिवपुरी, ग्वालियर, गुना, सागर, बैतूल, छतरपुर और छिंदवाड़ा में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। नरसिंहपुर में पारा एक रात में 5.4 डिग्री गिरकर 17.2 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं, भोपाल में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री, इंदौर में 18.2 डिग्री और ग्वालियर में 20.1 डिग्री रहा।पचमढ़ी दिन के समय सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में औसतन 2.8 इंच बारिश हुई, जो सामान्य से 121% अधिक है। इस बार नवंबर में भी ठंड के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। भोपाल में 30 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहा, जो पिछले 25 वर्षों में अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन था।
राहुल गांधी की 6 गारंटियां: तमिलनाडु की महिलाओं और छात्रों को हर महीने मिलेंगे 2000 रुपये।
प्रशासन का सख्त एक्शन: बिना लाइसेंस चल रही चांदी रिफाइनरी सील, मौके से आधुनिक मशीनें बरामद।
ईरान की सख्ती: अब जहाजों को लेनी होगी IRGC की इजाजत
साहब की बहाली के लिए बाबू ने मांगी घूस: 40 हजार रुपये के साथ पकड़े गए स्थापना शाखा प्रभारी।
अनुभव का सम्मान या परीक्षा का दबाव? पात्रता परीक्षा पर मप्र के शिक्षकों ने खोला मोर्चा
ग्रामीणों की बहादुरी से बची दो जानें, लेकिन अंचल और पूनम को नहीं बचा सका कोई
"सस्पेंड करो या कोर्ट झेलने को तैयार रहो" - भाजपा नेता संतोष परवाल की तीखी चेतावनी
Health Tips: पाचन तंत्र को लोहे जैसा मजबूत बना देगा 30/30/3 नियम, आज ही करें ट्राई।
20 अप्रैल तक करना होगा सरेंडर: कोर्ट ने दोषी को दी राहत, मगर पुलिस को दी नसीहत
"अब विकास में बाधा नहीं सहेगा बंगाल": भाजपा के समर्थन में बोले डॉ. मोहन यादव
