मध्य प्रदेश
MP शासकीय स्कूल में मिड-डे मील का खाना जमीन पर परोसा गया, मामला वायरल
6 Nov, 2025 08:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्योपुर/मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हुल्लपुर स्थित सरकारी माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को मिड-डे मील जमीन पर परोसा गया। बच्चे स्कूल की बिल्डिंग के बाहर दीवार के सहारे बैठकर पेपर पर रोटी और सब्जी खा रहे थे।
मामला कैमरे में कैद
स्कूल में इस हालात को एक शख्स ने कैमरे में रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। वीडियो तेजी से वायरल हो गया और अधिकारियों का ध्यान इस ओर गया।
BEO ने बताया- जांच चल रही है
ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (BEO) हरिशंकर गर्ग ने विस्तार न्यूज़ से बातचीत में कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि स्कूल स्टाफ की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।
“स्कूल में पांच रसोइए होना चाहिए थे, लेकिन केवल तीन ही तैनात थे। वीडियो सामने आने के बाद मामला उजागर हुआ है। जांच की रिपोर्ट एसडीएम को भेजी जाएगी।”
क्या है मिड-डे मील योजना?
मिड-डे मील, जिसे अब पीएम-पोषण योजना कहा जाता है, भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। यह सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के बच्चों को दोपहर में मुफ्त और पौष्टिक भोजन प्रदान करती है। योजना का उद्देश्य बच्चों में कुपोषण कम करना और स्कूल में उनकी उपस्थिति बढ़ाना है। यह योजना प्राथमिक (कक्षा 1-5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6-8) स्तर के बच्चों को कवर करती है।
MP युवा कांग्रेस की कमान यश घनघोरिया को, जल्द होगा आधिकारिक ऐलान
6 Nov, 2025 06:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के संगठन चुनावों में जबलपुर के यश घनघोरिया ने प्रदेश अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 3 लाख 13 हजार 730 वोट मिले, जबकि भोपाल के अभिषेक परमार 2 लाख 38 हजार 780 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे। सीधी के देवेंद्र दादू तीसरे और ग्वालियर के शिवराज यादव चौथे स्थान पर रहे। जानकारी के मुताबिक, युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आधिकारिक ऐलान इंटरव्यू के बाद किया जाएगा। अध्यक्ष पद की इस रेस में सबसे ज्यादा वोट बटोरने वाले यश घनघोरिया, पूर्व मंत्री और जबलपुर विधायक लखन घनघोरिया के पुत्र हैं।
15 लाख से ज्यादा युवाओं ने ली सदस्यता
मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए 18 अप्रैल 2025 को चुनावों की घोषणा की गई थी। इसके बाद पार्टी में सदस्यता अभियान भी चलाया गया था। युवा कांग्रेस ने एप के माध्यम से ऑनलाइन शुल्क जमा करवाकर मेंबरशिप दिलाई गई थी। जिसमें 20 जून से 19 जुलाई तक सदस्यता अभियान के तहत 15 लाख 37 हजार 527 युवाओं ने सदस्यता के लिए फॉर्म भरे थे। प्रदेश महासचिव पद पर सबसे ज्यादा वोट धीरज सिंह परिहार को मिले हैं। संगठन के तहत जिला, विधानसभा और ब्लॉक अध्यक्षों के चुनाव भी पूरे हो चुके हैं। अब इंटरव्यू प्रक्रिया के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद की औपचारिक घोषणा की जाएगी। वहीं, भोपाल ग्रामीण अध्यक्ष के रूप में राहुल मंडलोई को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वरिष्ठ पत्रकार नरेश बाथम की सासु मां सुशीला रायकवार का मुम्बई में निधन
6 Nov, 2025 04:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल, 6 नवंबर। एमपी1 न्यूज भोपाल के सीईओ एवं वरिष्ठ पत्रकार नरेश बाथम की सासु मां, माधुरी बाथम की माता और एल. पी. रायकवार (सेवानिवृत्त रेलवे इंजीनियर) की धर्मपत्नी श्रीमती सुशीला रायकवार का मुंबई में अचानक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिजन, शुभचिंतक और पत्रकार मित्रों के बीच में गहरा शोक व्याप्त है। श्रीमती रायकवार एक धर्मनिष्ठ, सौम्य एवं संस्कारवान व्यक्तित्व की धनी थीं। उन्होंने जीवनभर सादगी, सेवा और परिवार के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया। इस दुखद घड़ी में एमपी1 न्यूज परिवार सहित समस्त पत्रकार बिरादरी नरेश बाथम जी एवं उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति दें। उनका पार्थिव शरीर आज सायं 5:30 बजे निवास स्थान — जावकर लेन, लक्ष्मी कॉटेज, रूम नंबर 4, मुंबई से चुना भट्टी श्मशान घाट ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार संपन्न होगा। पुत्र अतुल रायकवार और उनके परिवार की ओर से यह गहन शोक व्यक्त किया गया है कि उन्होंने परिवार की एक पूजनीय, स्नेहमयी और प्रेरणादायी व्यक्तित्व को खो दिया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें।
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने ठंड और साफ आसमान का पूर्वानुमान जारी किया
6 Nov, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्यप्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी बारिश, आंधी और गरज-चमक का सिलसिला अब खत्म होने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड बढ़ने लगेगी। मौसम वैज्ञानिक अनुसार, आने वाले दिनों में रात का पारा 2 से 3 डिग्री तक लुढ़क सकता है। ठंड का सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में देखने को मिलेगा, जहां उत्तरी हवाओं का प्रभाव पहले महसूस होगा।
पहाड़ों पर बर्फबारी का असर एमपी में भी दिखेगा
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है, जिसका असर अगले 48 घंटों में मध्यप्रदेश पर भी पड़ेगा। उत्तरी जिलों-ग्वालियर, चंबल, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा और शाजापुर में तापमान तेजी से गिरेगा।
नमी के चलते नहीं गिरी ठंड पहले
विशेषज्ञों का कहना है कि अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों ओर से नमी आई थी, जिसके चलते बादल छाए रहे और दिन का तापमान नहीं बढ़ पाया। इस वक्त हरियाणा के पास बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन ठंडी हवाओं को राज्य में प्रवेश करने से रोक रहा है। अगले 24 घंटों में यह सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) में समाहित हो जाएगा, जिसके बाद ठंड तेजी से बढ़ने लगेगी।
कई जिलों में पारा 20 डिग्री के नीचे
पिछले 24 घंटे में श्योपुर, शिवपुरी, ग्वालियर, गुना, सागर, बैतूल, छतरपुर और छिंदवाड़ा में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। नरसिंहपुर में पारा एक रात में 5.4 डिग्री गिरकर 17.2 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं, भोपाल में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री, इंदौर में 18.2 डिग्री और ग्वालियर में 20.1 डिग्री रहा।पचमढ़ी दिन के समय सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अक्टूबर में रिकॉर्ड बारिश, नवंबर में ठंड का ट्रेंड
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में औसतन 2.8 इंच बारिश हुई, जो सामान्य से 121% अधिक है। इस बार नवंबर में भी ठंड के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। भोपाल में 30 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहा, जो पिछले 25 वर्षों में अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन था।
चेन व मोबाइल स्नैचिंग पर प्रभावी अंकुश
5 Nov, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रदेश में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों, खासकर चेन व मोबाइल स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। हाल ही में कटनी, इंदौर, नीमच एवं गुना पुलिस की त्वरित कार्यवाहियों में कई शातिर अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं, जिन्होंने महिलाओं और आम नागरिकों को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दिया था।
इंदौर में दो शातिर चैन स्नैचर गिरफ़्तार — ₹5 लाख का माल बरामद
शहर में स्नैचिंग पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कनाडिया पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा है, जो खुद को छात्र बताकर सुनसान इलाकों में अकेली महिलाओं से चेन झपटते थे। पुलिस ने उनके पास से तीन थानों की वारदातों में लूटी गई सोने की चेन व आभूषण लगभग ₹5 लाख मूल्य के बरामद किए हैं। थाना प्रभारी डॉ. सहर्ष यादव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।
नीमच में स्नैचर और सुनार गिरफ्तार — तीन सोने की चेन बरामद
नीमच पुलिस ने लगातार हो रही चेन स्नैचिंग घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जयेश उर्फ जीतू मालवीय और चोरी का माल खरीदने वाले सुनार राजेश सोनी को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई ने महिलाओं से संबंधित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है।
गुना में मोबाइल स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश — 20 से अधिक घटनाओं का खुलासा
गुना पुलिस ने दो शातिर मोबाइल स्नैचरों को गिरफ्तार कर 20 से अधिक घटनाओं का खुलासा किया है। आरोपियों से छीने गए मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस की प्रभावी सूचना तंत्र, गश्त और तकनीकी विश्लेषण से यह सफलता मिली, जिससे लंबे समय से सक्रिय गिरोह निष्प्रभावी हुआ।
कटनी में झपटमार गिरफ़्तार — सोने के लॉकेट बरामद
बरही थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे सोने के पाँच लॉकेट, कुल लगभग ₹50,000 मूल्य के, बरामद किए हैं। यह कार्रवाई थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में की गई, जिसमें एएसआई दिनेश गौतम और एएसआई राजेश कोरी का योगदान महत्वपूर्ण रहा।
ऐसे अपराध समाज की सुरक्षा भावना को प्रभावित करते हैं। मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों को आश्वस्त करती है कि महिलाओं एवं आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य में इस प्रकार के अपराधों पर पूर्ण अंकुश के लिए निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने सभी पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और फील्ड अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपराधियों के विरुद्ध सघन सर्चिंग, पेट्रोलिंग और तकनीकी निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। मध्यप्रदेश पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें। पुलिस और जनता के सहयोग से ही अपराध मुक्त समाज की स्थापना संभव है।
अपने हुनर के दम पर बुंदेलखंड की क्रांति ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छवि स्थापित की: खाद्य मंत्री राजपूत
5 Nov, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : बुंदेलखंड की क्रांति ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छवि स्थापित की है। क्रांति की तरह अन्य होनहार खिलाड़ी अपना टैलेंट दिखाकर नाम रोशन करें। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने यह विचार 69वीं शालेय खेल प्रतियोगिता के रंगारंग समापन अवसर पर सागर के खेल परिसर मैदान में व्यक्त किये।
मंत्री राजपूत ने कहा कि जिसके दिल में प्रतिभा होती है वह किसी की मोहताज नहीं होती और यह सब कर दिखाया है हमारे सागर संभाग एवं बुंदेलखंड की बेटी क्रांति गौड़ ने। जब उसने अपनी छवि को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया और लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हमने क्रांति से मोबाइल पर चर्चा कर उसको बधाई दी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा क्रांति को सम्मान के स्वरूप एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा प्रतिभाओं को निखारने का कार्य किया जा रहा है और हमारी महिला बहनों के लिए आगे बढ़ने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले एक कहावत थी कि पढ़ोगे लिखोगे तो बनोगी नवाब खेलोगे कूदोगे तो बनोगे खराब। लेकिन अब यह कहावत थोड़ी अलग हो गई है। पढ़ोगे लिखोगे तो बनोगे नवाब वहीं खेलोगे कूदोगे तब भी बनोगे नवाब। इसलिए खेलना आवश्यक है।
परिश्रम एवं संकल्प के साथ खेलने वाला व्यक्ति कभी नहीं हारता : डॉ वानखेड़े
सांसद श्रीमती डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि श्रम, परिश्रम एवं संकल्प के साथ खेलने वाला व्यक्ति कभी हारता नहीं है। हमें संकल्प एवं ईमानदारी के साथ खेलना चाहिए उन्होंने कहा कि खेल से प्रतिभा को उभारने का मंच प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि गांव की मिट्टी में खेलने वाली खिलाड़ियों के लिए केंद्र एवं राज्य शासन के द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है और उचित प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जा रहा है।
विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार ने खेल के लिए हजारों रुपए का बजट उपलब्ध कराया है जिसके माध्यम से आज हमारे बच्चे आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के साथ मध्यप्रदेश को हमारी बेटी क्रांति गौड ने गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि जुनून मेहनत लगन हो तो व्यक्ति अपनी छवि को राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित कर सकता है।
वर्ल्ड ट्रेवल मार्ट लंदन में: मध्यप्रदेश ने अतुल्य भारत का हृदय के रूप में दी दस्तक : राज्य मंत्री लोधी
5 Nov, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी के नेतृत्व में 'अतुल्य भारत का हृदय' मध्यप्रदेश ने दुनिया के प्रभावशाली यात्रा और पर्यटन आयोजन, वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट लंदन 2025 में अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराई है। मध्यप्रदेश पैवेलियन का उद्घाटन यूनाइटेड किंगडम में भारत के उप उच्चायुक्त कार्तिक पांडे ने किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. इलैयाराजा टी और ट्रैवल और टूर ऑपरेटर मौजूद थे। डब्ल्यूटीएम वैश्विक पर्यटन उद्योग के पेशेवरों के लिए एक प्रमुख B2B (बिजनेस-टू-बिजनेस) मंच है, जहाँ 180 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, टूर ऑपरेटर और नीति निर्माता पर्यटन के भविष्य को आकार देने के लिए जुटते हैं। यह यूनाइटेड किंगडम में लंदन में 4 नवंबर से 6 नवंबर तक एक्सेल लन्दन में आयोजित हो रहा है।
वैश्विक मंच पर मध्यप्रदेश पर्यटन की पहले दिन से ही दिखी धूम
वर्ल्ड ट्रेवल मार्ट के पहले दिन मध्यप्रदेश पैवेलियन में जबरदस्त उत्साह देखा गया। राज्य का प्रतिनिधिमंडल, यात्रा और आतिथ्य क्षेत्र के हितधारकों के साथ मिलकर, राज्य की समृद्ध विरासत, वन्य जीवन, आध्यात्मिकता और जीवंत संस्कृति का प्रदर्शन कर रहा है। दुनिया भर से आए ट्रैवल ट्रेड पार्टनर्स, टूर ऑपरेटर्स और मीडिया प्रतिनिधियों ने पैवेलियन का दौरा किया। यह दिन मध्यप्रदेश प्रतिनिधिमंडल और अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों के बीच इंटरैक्टिव चर्चाओं और भविष्य के सहयोग की संभावनाओं से भरा रहा। डब्ल्यूटीएम में यह भागीदारी राज्य के पर्यटन को अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राज्यपाल पटेल को म.प्र. लोक सेवा आयोग का 68वां वार्षिक प्रतिवेदन किया भेंट
5 Nov, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेशलाल मेहरा, सदस्य डॉ. नरेन्द्र कोष्ठी, सचिव श्रीमती राखी सहाय और परीक्षा नियंत्रक डॉ. वी. के. गुप्ता ने राजभवन में सौजन्य भेंट की। उन्होंने राज्यपाल पटेल को आयोग का 68वां वार्षिक प्रतिवेदन भेंट किया।
राज्यपाल पटेल को आयोग के अध्यक्ष डॉ. मेहरा ने बताया कि आयोग द्वारा वर्ष 2024-25 में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के लिए 5 हजार 581 पदों हेतु 71 विज्ञापन जारी किये गये। आयोग द्वारा राज्य सेवा परीक्षा एवं राज्य वन सेवा परीक्षा 2023, 2024 और 2025 की प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा का आयोजन किया गया। आयोग द्वारा द्विस्तरीय परीक्षाओं और राज्य पात्रता परीक्षा का आयोजन भी किया गया। लोक सेवा आयोग द्वारा वर्ष 2024-25 में विभिन्न विभागों के पदों के लिए 6 हजार 260 अभ्यार्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया। कुल 1 हजार 479 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन कर शासन को अनुशंसा भेजी गई।
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. मेहरा ने बताया कि आयोग द्वारा उत्तरोत्तर गुणवत्ता संवर्धन और अभ्यर्थियों को आयोग की विभिन्न गतिविधियों की उपयोगी जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से नवाचार के क्रम में ई-न्यूज लेटर ‘संवदिया’ का प्रकाशन किया गया। विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के गोपनीय कार्यों के लिए विषय विशेषज्ञ आमंत्रित करने ‘विषय विशेषज्ञ पोर्टल’ प्रारंभ किया गया है। इसी प्रकार राज्य सेवा मुख्य परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैनिंग कर ऑनस्क्रीन मार्किंग के माध्यम से मूल्यांकन कार्य किया जा रहा है।
राज्यपाल पटेल से अनुसूचित जाति, जनजाति कल्याण संबंधी संसदीय समिति ने की सौजन्य भेंट
5 Nov, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल से अनुसूचित जाति और जनजाति के कल्याण संबंधी संसदीय समिति के सदस्यों ने बुधवार को राजभवन के बैंक्वेट हॉल में सौजन्य भेंट की।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने समिति के सदस्यों के राजभवन आगमन पर उनका स्वागत किया। पारस्परिक परिचयात्मक चर्चा की। संसद के दोनों सदनों में अनुसूचित जातिऔर जनजाति के प्रतिनिधित्व के संबंध में जानकारी ली। समिति के मध्यप्रदेश प्रवास और कार्यों के संबंध में विचार-विमर्श किया।
राज्यपाल पटेल को अनुसूचित जाति और जनजाति के कल्याण संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष फग्गन सिंह कुलस्ते ने बताया कि समिति अनुसूचित जाति जनजातियों के प्रतिनिधित्व की स्थिति के अध्ययन के लिए 03 नवंबर से 07 नवंबर तक मध्यप्रदेश और गोवा राज्य के भ्रमण पर है। समिति मध्यप्रदेश में पचमढ़ी प्रवास उपरांत भोपाल आई है। प्रवास के दौरान समिति द्वारा शासन के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, सार्वजनिक प्रतिष्ठानों, संगठनों और स्वशासी संस्थाओं का अध्ययन किया जा रहा है।
इस अवसर पर समिति के सदस्य प्रतिमा मंडल, जगन्नाथ सरकार, हरीशचन्द्र मीणा, गोविंद एम. करजोल, डी. प्रसादराव, सुमित्रा बाल्मीक, मिथलेश कुमार, आर. नारज़ारी, फूलोदेवी नेताम, देवेन्द्रप्रताप सिंह, प्रतिनिधि मण्डल के सचिव डी.आर. शेखर और उपसचिव मोहन अरूमला उपस्थित थे।
गुरु नानक जी का उपदेश मानवता की सेवा का है सर्वोच्च मार्ग : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
5 Nov, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को गुर नानक जयंती के अवसर पर अरेरा कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका। शबद कीर्तन (गुरुवाणी) का श्रवण किया और सभी देशवासियों को गुरुपरब की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने वाहेगुरु जी से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं सबके कल्याण की मंगलकामना की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुरु नानक देव जी सामाजिक एकता, सद्भावना और सेवा भाव की मिसाल थे। उन्होंने मानवता की सेवा और सबके प्रति समानता का भाव रखने का जो संदेश दिया है, वह आज भी सर्व समाज के लिए प्रकाशपुंज है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक जी का जीवन सत्य, करुणा और परोपकार का प्रतीक है। उनका जीवन संदेश समय की सीमाओं से भी परे है और मानवता की सेवा के लिए हमेशा प्रेरणा-स्रोत रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समाजजनों की मांग पर घोषणा करते हुए कहा कि म.प्र. सरकार गुरु तेग बहादुर जी का 350वां जयंती वर्ष और शहीदी दिवस समाज की मंशा अनुसार धूमधाम से मनायेगी। मध्यप्रदेश सरकार सत्य के मार्ग पर चलने वाले गुरु तेग बहादुर जी के सम्मान लिए हर जरूरी प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरू नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के अवसर पर सभी को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरू नानक देव जी साक्षात ईश्वर समान थे, उन्होंने संसार को मानवता, सेवा और कीर्तन की शिक्षा और सिख धर्म की स्थापना की। उन्होंने भारत में पदयात्रा तो की ही, यहां से बाहर निकलकर पाकिस्तान, अफगानिस्तान और अरब तक सिख धर्म का प्रकाश पहुंचाया। उस दौर में अरब में गुरू नानक देव जी का जो भाव था, वो बाबर के सामने भी रहा। हम सभी ओंमकार रूपी ध्वनि से सचेतन रहें। जातिगत भेदभाव को दूर करते हुए एक संगत में रहें। समाज में दूरियों को मिटाने के लिए किसी भी दिखावे की जरूरत नहीं है। मनुष्य, मनुष्य के काम आए और अन्याय के खिलाफ लड़ें। अफगानी, मुगल और अंग्रेजों के सामने गुरूजी के मार्ग पर चलते हुए हमारे वीरों ने अपना बलिदान तक कर दिया। उन्होंने कहा कि कार्तिक मास की पूर्णिमा पर प्रकाश पर्व अद्भुत है। गुरू नानक देव जी द्वारा सेवा और देश भक्ति के लिए दिया संदेश सभी के लिए प्रेरित करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुरु नानक देव जी की अमरवाणी हमें सिखाती है कि सच्चे अर्थों में धर्म वही है जो सबके हित में हो। हमारी सरकार भी गुरुनानक जी की उसी नेक भावना के अनुरूप जनकल्याण और सबके समुत्थान की राह पर अग्रसर है। गुरु नानक देव जी कहते थे - एक नूर से सब जग उपज्या, कौन भले, कौन मंद? एक ही साजे सब सुरतें, एक ही ज्योति अखंड। अर्थात् ईश्वर एक है, उसी का प्रकाश हर जीव में है। जब हम सबमें उसी एक नूर को देखते हैं, तब भेदभाव मिट जाता है और सच्चा प्रेम प्रकट होता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुद्वारा परिसर में आयोजित विशेष दीवान सभा में सिक्ख श्रद्धालुओं के साथ शबद कीर्तन में शामिल हुए और सतनाम वाहेगुरु जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने मनुष्य को जीवन का जो मार्ग दिखाया है, वह केवल उपदेश नहीं, एक सम्पूर्ण जीवन दर्शन है। उनका मानना था कि ईश्वर के नाम जप से आध्यात्मिक और मानसिक शक्ति मिलती है, तेज बढ़ता है। उन्होंने हमें ईमानदारी से जीवन यापन करना, मेहनत से काम करना और मिल-बांटकर खाना सिखाया। गुरु नानक देव जी ने लंगर की परंपरा शुरू की, जो सामाजिक समरता और भाईचारे का संदेश देता है। लंगर में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता। गुरु नानक देव का जीवन सिख समुदाय के साथ हर भारतीय के लिए प्रेरणा पुंज हैं। उनके संदेशों में हमेशा विश्व को समता, सद्भावना, सदाचार और बंधुत्व पर जोर दिया है। आज के समय में गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। "गुरुग्रंथ साहिब" के रूप के हमारे पास जो गुरुजी की अमृतवाणी है, उसकी महिमा ही अपार है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वाहे गुरु जी की कृपा से हम सभी हमेशा सद्मार्ग पर चलें, सद्भावना, करुणा, प्रेम हमारे आचार-विचारों में रहे। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए हमारी सरकार सेवा को समर्पित है। हमारा उद्देश्य है कि प्रदेश का हर नागरिक सम्मान, सुविधा और अवसर से जुड़ सके। हम सबको एक समान मानते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं हर घर तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। समाज के आखिरी पंक्ति के आखिरी व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे, इस संकल्प की सिद्धि के लिए हम दिन रात एक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए हम सेवा, समानता और संवेदनशीलता के साथ प्रदेश को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक भगवान दास सबनानी, रविन्द्र यति, राहुल कोठारी, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष बलजिन्दर सिंह, पी.एस. बिन्द्रा, ग्रंथी, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में सिक्ख समाज के सेवादार एवं श्रद्धालु उपस्थित थे। शबद कीर्तन में संगतकारों ने प्रदेश की उन्नति और समाज में भाईचारे की भावना के विस्तार की प्रार्थना की। इससे पहले सिक्ख श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का गुरुद्वारे में आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया और उन्हें सरोपा भेंटकर सम्मानित किया।
संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में अफरा-तफरी, बुकिंग हुई B-1 कोच की, पर ट्रेन में जोड़ा ही नहीं गया
5 Nov, 2025 08:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर। ट्रेन से ट्रेवल करने के लिए आप क्या करते हैं? आप कहेंगे IRCTC की वेबसाइट या एप से टिकट बुक करते हैं। कंफर्म टिकट पर सीट नंबर और कोच नंबर होता है और ट्रेन में बैठ जाते हैं। यदि, रेल विभाग टिकट में दिया कोच लगाना ही भूल जाए, तो आप परेशान हो जाएंगे। ऐसा ही कुछ दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन से बेंगलुरु के यशवंतपुर तक जाने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12650) के साथ हुआ। रेलवे थर्ड एसी की बोगी लगाना ही भूल गया। इस गड़बड़ी से यात्रियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। वहीं यात्रियों के हंगामे के बाद थर्ड एसी का एक कोच जोड़ा गया।
रेलवे ने ट्रेन में कोच लगाना भूल गया
दरअसल, हजरत निजामुद्दीन से यशवंतपुर को जाने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12650) में रेलवे ने मंगलवार को थर्ड एसी की रिजर्वेशन बोगी लगाना ही भूल गया, जबकि इस बोगी में रेलवे ने यात्रियों का टिकट कन्फर्म किया था। बीईआइ कोच में करीब 51 यात्रियों का रिजर्वेशन था. जैसे ही ट्रेन हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर आई यात्री बोगी ढूंढने लगे, लेकिन बीईआइ कोच नहीं मिला। वहीं यात्री काफी परेशान होने के बाद टीटीई से लेकर रेलवे के शिकायती नंबरों पर फोन करके पूछते रहे, लेकिन वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद जब ट्रेन स्टेशन से सुबह 8:20 बजे रवाना होने लगी तो यात्री दूसरे बोगी में घुस गए और मजबूरन यात्रा करने लगे।
यात्रियों के हंगामा के बाद बोगी जोड़ी गई
रेलवे के इस गड़बड़ी को देखकर ट्रेन में मौजूद टिकट चेकिंग स्टाफ भी दंग रह गया. इसके बाद स्टाफ ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। जैसे ही ट्रेन ग्वालियर स्टेशन पर पहुंची, वैसे ही यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद ग्वालियर स्टेशन पर थर्ड एसी का एक बोगी जोड़ी गई। दूसरी कोच जोड़ने में समय लगा, जिसके चलते ट्रेन अपने निर्धारित समय से दो घंटे की देरी से ग्वालियर से रवाना हुई।
‘दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी’
इस गड़बड़ी के बाद उत्तर रेलवे मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच हम करा रहे हैं कि किस कारण से ट्रेन में कोच नहीं जुड़ा। आगे उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे उनपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
CM मोहन यादव का बड़ा फैसला: विवादित सर्कुलर वापस, जिम्मेदार इंजीनियर हटाया गया
5 Nov, 2025 04:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बिजली आपूर्ति से संबंधित विवादित सर्कुलर मामले में बड़ी कार्रवाई की है. उन्होंने एक बार फिर जोर देकर कहा है कि अन्नदाता किसानों का हित हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता है. इस मामले में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं. उन्होंने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है. किसानों को हर हाल में 10 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को मीडिया को जारी संदेश में यह बात कही.
गलतफहमी ना पालें जनता-सीएम यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां यह भी कहा कि जिस सर्कुलर को लेकर जनसामान्य में गलतफहमी पैदा हुई है, उस विवादित सर्कुलर को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है. साथ ही विवादित सर्कुलर मामले से जुड़े संबंधित चीफ इंजीनियर को भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है. प्रदेश की जनता गुमराह न हों.
किसान हितैषी सरकार- सीएम यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रदेश में संवेदनशील और किसान हितैषी सरकार काबिज है. किसानों के समग्र उत्थान के लिए हमारी सरकार ने लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये हैं. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बिजली आपूर्ति से संबंधित विवादित सर्कुलर को रद्द कर दिया गया है. और इसे जारी करने वाले संबंधित अधिकारी पर भी विधि अनुरूप कार्रवाई की जा रही है.
आपको बताएं कि बिजली कंपनी की तरफ से कहा गया था कि किसानों को अगर 10 घंटे से ज्यादा बिजली दी जाती है तो संबंधित अधिकारियों के वेतन से पैसे काटे जाएंगे. इस सर्कुलर का भारी विरोध हुआ था. किसानों ने भी नाराजगी जताई थी. जिसके बाद मुख्यमंत्री को खुद मामले में सामने आना पड़ा और कार्रवाई करनी पड़ी.
MP में बड़ा प्रशासनिक विवाद, 12 सितंबर को हुई SPS से IPS पदोन्नति DPC रद्द
5 Nov, 2025 02:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राज्य पुलिस सेवा (SPS) से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति के लिए 12 सितंबर को हुई विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) को निरस्त कर दिया गया है।अब यह DPC 21 नवंबर को फिर से होगी. IPS अवार्ड के लिए होने वाली DPC में यह घटना पहली बार हो रही है। DPC में एक अफसर के रिकॉर्ड को लेकर पेंच फंस गया था, जिसके चलते UPSC ने पुरानी DPC को निरस्त कर नए सिरे से नई DPC किए जाने के निर्देश गृह विभाग को दिए हैं।
इस वजह से हुई DPC निरस्त
आईपीएस में पदोन्नति के लिए एसपीएस अफसरों की 12 सितंबर को आयोजित DPC में एसपीएस के 1997 और 1998 बैच के कुल 15 अफसरों के नामों पर चर्चा की गई थी। इनमें से 5 अफसरों को आईपीएस अवार्ड देने की अनुशंसा की जानी थी। हालांकि, चर्चा के दौरान कुछ अधिकारियों की पात्रता और गोपनीय अभिलेख (एसीआर) को लेकर उस वक्त आपत्ति सामने आई थी, जिसमें एक अफसर के जाति प्रमाण पत्र को लेकर आपत्ति दर्ज की गई थी। इस आपत्ति को लेकर ही डेढ़ महीने पहले हुई DPC में पेंच फंस गया और अब फिर से DPC होने जा रही है। वर्ष 1997 बैच के अमृत मीणा के जाति प्रमाण पत्र को लेकर आपत्ति दर्ज हुई है। अब 21 नवंबर को होने वाली DPC से सभी 15 अफसरों की एसीआर एक बार फिर से पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग चेक करेगा. 12 अफसरों के नाम पर विचार किया गया था। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, DGP कैलाश मकवाना, एसीएस होम शिवशेखर शुक्ला मौजूद थे।
इन अफसरों के नाम को लेकर संशय से बरकरार
बैठक में वर्ष 1997 बैच के सीताराम ससात्या, अमृत मीणा और विक्रांत मुराव के साथ ही वर्ष 1997 बैच के सुरेंद्र कुमार जैन, आशीष खरे, राजेश रघुवंशी, निमिषा पांडे, राजेश कुमार मिश्रा, मलय जैन, अमित सक्सेना, मनीषा पाठक सोनी, सुमन गुर्जर, सव्यसाची सर्राफ, समर वर्मा, सत्येंद्र सिंह तोमर के नाम पर विचार किया गया था।
कल से सख्ती: बाइक या स्कूटी पर बिना हेलमेट बैठे तो कटेगा भारी जुर्माना
5 Nov, 2025 12:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश के दो पहिया वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है।अगर 6 नवंबर से आपकी बाइक या स्कूटी पर पीछे बैठने वाले ने हेलमेट नहीं लगाया तो आपको मोटा जुर्माना भरना पड़ सकता है। ADG PTRI के निर्देशों के बाद गुरुवार से प्रदेश भर में मुहिम शुरू हो रही है। अगर आपके टू-व्हीलर पर पीछे 4 साल की उम्र से बड़ा कोई भी शख्स बैठा है और उसने हेलमेट नहीं लगाया है तो आपका चालाना कट जाएगा।
दो पहिया वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर
मध्य प्रदेश में 6 नवंबर से बाइक-स्कूटर पर 4 साल की उम्र से बड़े पिलियन राइडर यानी पीछे बैठने वालों के लिए हेलमेट अनिवार्य रहेगा। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस अलग-अलग चेकिंग जोन पर तैनात रहेगी. वहीं, नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान काटा जाएगा।
आष्टा नगर पालिका में हंगामा, 85 कर्मचारियों को अचानक हटाया, बिना सूचना हटाए जाने पर फूटा गुस्सा
5 Nov, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीहोर। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के सीहोर जिले (Sehore district) के आष्टा नगर पालिका (Ashta Municipality) में सोमवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब प्रशासन ने एक साथ 85 आउटसोर्स कर्मचारियों को हटा दिया। किसी को भी पूर्व सूचना नहीं दी गई। नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारियों ने पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाया। कई कर्मचारियों की आंखों में आंसू थे।
एक महिला सफाई कर्मचारी ने कहा कि हम सालभर काम करते रहे और अब हमें सड़कों पर ला दिया। कर्मचारियों का कहना था कि वे पिछले एक वर्ष से ठेकेदार के अधीन काम कर रहे थे। नगर पालिका ने किसी भी कर्मचारी को हटाने की सूचना तक नहीं दी। अचानक सुबह जब उन्हें ड्यूटी पर नहीं आने को कहा गया, तो सबके पैरों तले जमीन खिसक गई। विरोध करते हुए कर्मचारियों ने कहा कि यह उनके जीवन पर सीधा वार है।हमारे छोटे-छोटे बच्चे हैं, अब रोटी कैसे जुटाएं?
नगर पालिका सीएमओ विनोद प्रजापति ने स्पष्ट किया कि इन कर्मचारियों को नगर पालिका ने सीधे नियुक्त नहीं किया था, बल्कि ठेकेदार के माध्यम से रखा गया था। उनका कहना था कि ठेका अवधि समाप्त हो चुकी थी, इसलिए ठेकेदार ने उन्हें हटा दिया। सीएमओ ने यह भी जोड़ा कि नगर पालिका की आर्थिक स्थिति फिलहाल कमजोर है, लेकिन छह महीनों में सुधार का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों का दो महीने का पीएफ जल्द उनके खातों में जमा कराया जाएगा।
आउटसोर्स कर्मचारी रीना बाई और जितेंद्र सिंघम ने बताया कि ठेकेदार ने कभी तय वेतन नहीं दिया। कभी ₹7000, तो कभी ₹9600 तक का भुगतान किया गया, जबकि शासन के अनुसार उन्हें कलेक्टर रेट से वेतन मिलना चाहिए था। कर्मचारियों ने खुलासा किया कि नियुक्ति के समय उनसे ₹50,000 तक रिश्वत मांगी गई थी। इसके अलावा पिछले 22 महीनों का पीएफ भी जमा नहीं किया गया। उनका कहना था कि ठेकेदार और नगर पालिका अधिकारियों के बीच गहरी मिलीभगत है, जिसका खामियाजा गरीब कर्मचारी भुगत रहे हैं।
कर्मचारी रामप्रसाद और लताबाई ने बताया कि पिछले कई महीनों से वेतन नियमित नहीं मिला। वेतन मिलने में महीने-दर-महीने देरी होती रही। जब भी कोई शिकायत करता, उसे हटाने की धमकी दी जाती थी। हमने डर के साये में काम किया, अब हमें सड़क पर ला दिया गया। कुछ कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई, पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
नौकरी छूटने से कर्मचारियों के घरों में भूखमरी की स्थिति बनने लगी है। सोमवार के प्रदर्शन के बाद भी जब कोई अधिकारी बात करने नहीं आया, तो कर्मचारियों ने निर्णय लिया कि अब वे कलेक्टर से मिलकर शिकायत दर्ज कराएंगे। उनका कहना है कि अगर प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला, तो वे सामूहिक धरना देंगे। रीना बाई की आंखें भर आईं कि हमने नगर पालिका को अपना घर समझा, लेकिन आज उसी घर ने हमें बेघर कर दिया।
राहुल गांधी की 6 गारंटियां: तमिलनाडु की महिलाओं और छात्रों को हर महीने मिलेंगे 2000 रुपये।
प्रशासन का सख्त एक्शन: बिना लाइसेंस चल रही चांदी रिफाइनरी सील, मौके से आधुनिक मशीनें बरामद।
ईरान की सख्ती: अब जहाजों को लेनी होगी IRGC की इजाजत
साहब की बहाली के लिए बाबू ने मांगी घूस: 40 हजार रुपये के साथ पकड़े गए स्थापना शाखा प्रभारी।
अनुभव का सम्मान या परीक्षा का दबाव? पात्रता परीक्षा पर मप्र के शिक्षकों ने खोला मोर्चा
ग्रामीणों की बहादुरी से बची दो जानें, लेकिन अंचल और पूनम को नहीं बचा सका कोई
"सस्पेंड करो या कोर्ट झेलने को तैयार रहो" - भाजपा नेता संतोष परवाल की तीखी चेतावनी
Health Tips: पाचन तंत्र को लोहे जैसा मजबूत बना देगा 30/30/3 नियम, आज ही करें ट्राई।
20 अप्रैल तक करना होगा सरेंडर: कोर्ट ने दोषी को दी राहत, मगर पुलिस को दी नसीहत
"अब विकास में बाधा नहीं सहेगा बंगाल": भाजपा के समर्थन में बोले डॉ. मोहन यादव
