राजनीति
चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के खिलाफ जारी की एडवाइजरी, कांग्रेस सांसद को सतर्क रहने की दी सलाह
6 Mar, 2024 09:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । लोकसभा चुनावों को लेकर जारी गहमागहमी के बीच भारतीय निर्वाचन आयोग ने राहुल गांधी को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें चुनाव आयोग ने उन्हें भविष्य में अधिक सतर्क रहने की सलाह दी है। आयोग ने पीएम मोदी के खिलाफ बयानों और टिप्पणियों से जुड़े मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश और राहुल गांधी के जवाबों और अन्य तथ्यों पर विचार-विमर्श के बाद यह एडवाइजरी जारी की है।
पीएम मोदी पर राहुल ने की थी विवादित टिप्पणी
राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा था- पीएम का मतलब है, 'पनौती मोदी'। उन्होंने विश्व कप के फाइनल मैच का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे लड़के अच्छा खासा वर्ल्ड कप जीत रहे थे। लेकिन, उन्हें हरवा दिया।
इसके अलावा जिस जेबकतरे वाले तंज पर नोटिस जारी किया गया है उसकी कहानी राहुल गांधी लगभग हर सभा में सुना रहे हैं। कहते हैं- 'जेब काटने के लिए तीन लोग आते हैं। एक जेब कतरा ध्यान भटकाने की कोशिश करता है। दूसरा पीछे से अकार जेब काटता है। तीसरा खड़ा होकर देखता रहता है और आक्रमण करने की फिराक में रहता है। जेब कतरे की तरह ध्यान भटकने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। जेब काटने वाले अदाणी है और लाठी मारने वाले अमित शाह हैं।
एम्स में वेंटिलेटर पर हैं ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे, फेफड़ों में हुआ संक्रमण
6 Mar, 2024 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां और पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया की पत्नी माधवी राजे की तबियत खराब है। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने पर 15 फरवरी को दिल्ली के एम्स में भर्ती किया गया था। फिलहाल उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। खुद ज्योतिरादित्य ने गुना के एक कार्यक्रम में राजमाता के बीमार होने की जानकारी दी। भाजपा ने लोकसभा चुनावों के लिए 195 प्रत्याशियों की सूची दो मार्च को जारी की थी। इसमें सिंधिया को ग्वालियर राजपरिवार की पारंपरिक सीट गुना से उम्मीदवार बनाया गया है। नाम घोषित होने के तीन दिन बाद मंगलवार रात को गुना पहुंचे। भोपाल एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद उन्होंने सड़क के रास्ते गुना का सफर तय किया। तीन दिन के गुना प्रवास पर हैं। उन्होंने बुधवार को कई कार्यक्रमों में भाग लिया। ओला प्रभावित किसानों और उनके परिजनों से मुलाक़ात की। इस दौरान सिंधिया ने बताया कि राजमाता पिछले कुछ दिनों से बीमार है। आप लोगों में भी तो मेरा भाई, बहन, मां-पिता हैं। मैं परिवार को परेशानी में नहीं देख सकता। ओलावृष्टि ने फसलों को बर्बाद किया है। ऐसे दुख के समय में मुझे भी आपसे मिलने आना ही था।
15 फरवरी को किया था भर्ती
ज्योतिरादित्य अपने मां के काफी करीब हैं। माधवी राजे को सांस लेने में तकलीफ होने पर 15 फरवरी को दिल्ली एम्स में भर्ती किया गया था। इसके बाद से उनकी सेहत नाजुक बनी हुई है। मां की तबियत ठीक नहीं होने की वजह से ज्योतिरादित्य भी भाजपा के कार्यक्रमों से दूर ही रहे। सिर्फ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद से वे लगातार दिल्ली में ही बने हुए हैं और मां की सेहत पर नजर रखे हुए हैं। उनके करीबियों का कहना है कि मंत्रालय में भी वह कम ही समय दे रहे हैं। उनका अधिकांश समय अपनी मां के साथ गुजर रहा है।
पीएम मोदी की जनसभा में शामिल नहीं होंगे सीएम नीतीश कुमार
6 Mar, 2024 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना/बेतिया। लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तूफानी दौरा कर रहे हैं। बुधवार को भी पीएम बिहार के दौरे पर जा रहे हैं। प्रधानमंत्री की जनसभा बिहार के पश्चिमी चंपारण के बेतिया में होनी है जहां वो एक साथ बिहार के लोगों को कई परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस मौके पर तमाम भाजपा और जेडीयू के नेता मौजूद रहेंगे लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन आयोजनों में शामिल नहीं होंगे। हां इतना जरुर है कि इस विशेष अवसर पर लोजपा के चिराग पासवान मंच पर दिखाई दे सकते हैं।
दरअसल बेतिया में होने वाली जनसभा में बिहार के सीएम नीतीश कुमार हिस्सा नहीं लेंगे। पहले बिहार के सीएम नीतीश कुमार को भी प्रधानमंत्री के साथ बेतिया में मंच साझा करना था लेकिन जो ताजा जानकारी मिली है उसके मुताबिक सीएम नीतीश कुमार अब पीएम नरेंद्र मोदी की सभा में नहीं जाएंगे। दरअसल नीतीश कुमार को बुधवार की शाम ही पटना से दिल्ली रवाना होना है जहां से नीतीश कुमार कल यानी गुरुवार को विदेश दौरे के लिए उड़ान पकड़ेंगे। नीतीश कुमार की बुधवार की शाम 6:40 पर पटना से फ्लाइट है ऐसे में उनके दिल्ली शेड्यूल को देखते हुए बेतिया का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। इस बात की जानकारी जनता दल यूनाइटेड की तरफ से दी गई है। नीतीश कुमार की गैर मौजूदगी में उनके करीबी और बिहार सरकार के वरीय मंत्री विजय कुमार चौधरी सीएम के प्रतिनिधि के तौर पर पीएम नरेंद्र मोदी की सभा में शामिल होंगे।
संदेशखाली में जो हुआ, उससे देश हुआ शर्मसार
6 Mar, 2024 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बारासात में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि संदेशखाली में जो हुआ, उससे देश शर्मसार हुआ है। पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में हुए कथित महिला उत्पीड़न को लेकर बंगाल में हंगामा बरपा है, ऐसे में पीएम मोदी ने इस मामले को लेकर सीधे ममता सरकार पर निशाना साधा और गुनहगार को बचाने तक का गंभीर आरोप लगाया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को बंगाल के बारासात में एक रैली को संबोधित करते हुए संदेशखाली मामले को प्रमुखता से उठाया। पीएम मोदी ने संदेशखाली मामले को उठाते हुए पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि संदेशखाली में जो हुआ उससे देश शर्मसार हुआ है। उन्होंने कहा कि यह सब हो जाने के बाद भी टीएमसी सरकार बंगाल की महिलाओं के गुनहगार को बचाने का प्रयास कर रही है।
कहां है मेरा परिवार?
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि विपक्ष वाले जानना चाह रहे हैं कि कहां है मेरा परिवार? इन घोर परिवारवादियों को यहां आकर देखना चाहिए कि यही तो है मोदी का परिवार। उन्होंने कहा कि मोदी का हर पल इसी परिवार और देश की मातृशक्ति के प्रति समर्पित है। मुझे कष्ट होने पर यही माताएं-बहनें रक्षा कवच बनकर खड़ी हो जाती हैं। आज हर देशवासी खुद को मोदी का परिवार बता रहा है। हर गरीब, हर किसान, हर नौजवान, हर बहन-बेटी मैं हूं मोदी का परिवार कह रहे हैं।
मेट्रो का विस्तार
रैली में पीएम मोदी ने कहा कि कोलकाता वह शहर है, जिसकी कितनी ही पीढ़ियां मेट्रो को देखकर ही बड़ी हुई हैं। जब यहां मेट्रो की शुरुआत हुई तब के शुरुआती 40 साल में कोलकाता मेट्रो का सिर्फ 28 किलोमीटर का कॉरिडोर ही बना था, लेकिन भाजपा सरकार ने बीते 10 सालों में कोलकाता मेट्रो का 31 किलोमीटर विस्तार किया है।
संदेशखाली की महिलाएं भी पहुंचीं रैली में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नॉर्थ 24 परगना जिले के बारासात में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंचे तो रैली में 85 किलोमीटर दूर से संदेशखाली की महिलाएं भी शामिल होने पहुंचीं थीं। गौरतलब है कि संदेशखाली की महिलाओं ने टीएमसी नेता शाहजहां शेख पर रेप और जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। इस पर पश्चिम बंगाल की राजनीति पिछले 2 माह से गरमाई हुई है। इस मामले को लेकर पीएम मोदी ने ममता सरकार को खूब निशाने पर लिया और आरोपी को बचाने का आरोप भी उन्होंने रैली के दौरान लगाया।
राजा के बयान पर भाजपा हमलावर, क्या कांग्रेस करती है बयान का समर्थन
6 Mar, 2024 11:09 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । जय श्री राम के नारे पर डीमएके नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ए राजा की टिप्पणी के बाद भाजपा की तरफ से कड़ी प्रतिक्रया आई है। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ए राजा ने कहा है कि वह जय श्री राम और भारत माता की जय को कभी स्वीकार नहीं करने वाले है, क्या सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका और मल्लिकार्जुन खरगे, ए राजा की बात से सहमत हैं। प्रसाद ने सवाल उठाया कि क्या डीएमके को किसी अन्य धर्म के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करनी चाहिए? उन्होंने कहा कि हम सभी धर्मों का आदर करते हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि यह पूरी तरह से स्पष्ट हो चुका है कि भारतीय परंपरा पर सवाल उठाना, हिंदू देवी-देवताओं का सार्वजनिक अपमान करना इंडिया गठबंधन का राजनीतिक एजेंडा बन चुका है। प्रसाद ने कहा कि क्या कांग्रेस राजनीति में आगे बढ़ने के लिए इस कदर नीचे गिर चुकी है कि वह इस तरह की टिप्पणियों को स्वीकार कर रही है।
वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता अमित मालवीय ने भी ए राजा के बयान पर सवाल उठाया है। मालवीय ने लिखा कि डीएमके की तरफ से नफरत भरा भाषण जारी है। स्टालिन के सनातन धर्म को खत्म करने के आह्वान के बाद, अब ए राजा भारत के विभाजन की बात कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि ए राजा भगवान राम का मजाक उड़ा रहे हैं। दरअसल ए राजा अपने भाषण में कह रहे हैं कि भारत एक देश नहीं है। भारत कभी एक देश नहीं हो सकता। एक देश होने का मतलब एक भाषा, एक परंपरा और एक संस्कृति। इसके बाद भारत एक देश नहीं, बल्कि एक उपमहाद्वीप है। वे कहते हैं कि तमिलनाडु एक देश है, क्योंकि यहां एक भाषा मलयालम है। ओडिशा एक देश है, क्योंकि वहां एक भाषा है। यह सभी देश मिलकर एक भारत बनाते हैं, यहां बहुत सारी परंपराएं और कल्चर हैं।
राजा कहते हैं कि तमिलनाडु का कल्चर अलग है, केरल का अलग है और दिल्ली का अलग है। मणिपुर में लोग कुत्ता खाते हैं। यह उनका कल्चर है। इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
कांग्रेस तब से जब अर्जुन मोढवाडिया पैदा भी नहीं हुए थे : भरतसिंह सोलंकी
6 Mar, 2024 10:07 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंचमहल | गुजरात विधानसभा की सदस्यता से बीते दिन इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस के दिग्गज नेता अर्जुन मोढवाडिया आज भाजपा में शामिल हो गए| इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री भरतसिंह सोलंकी ने कहा कि कांग्रेस तब से जब अर्जुन मोढवाडिया पैदा भी नहीं हुए थे| बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 7 मार्च को झालोद से गुजरात में प्रवेश करेगी और 8 मार्च को पंचमहल जिले के कालोल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से गुजरेगी| उसी की तैयारियों को लेकर भरतसिंह सोलंकी ने आज कालोल में पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया| अर्जुन मोढवाडिया और अंबरीश डेर के कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने के सवाल पर भरतसिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की| उन्होंने कहा कि जब अर्जुन मोढवाडिया पैदा भी नहीं थे, तब से कांग्रेस खड़ी है| अब भाजपा जाने के बाद अर्जुन मोढवाडिया छोटे आदमी हो गए हैं| सोलंकी ने कहा कि कांग्रेस के लिए तीन गांधी ने अपने जीवन का बलिदान दे दिया| विपक्ष मजबूत नहीं होने के सवाल भरतसिंह ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के चमत्कारिक परिणाम ही बताएंगे कि कांग्रेस कितनी मजबूत है| खुद के और शक्तसिंह गोहिल व अमित चावड़ा के भाजपा में शामिल होने की खबरों को लेकर भरतसिंह ने कहा कि अगर कोई थूंक उडाना चाहता है तो उसे मना नहीं किया जा सकता| सोलंकी ने कहा कि मेरे परिवार की चौथी पीढ़ी आज कांग्रेस में है|
कांग्रेस ने द्रमुक के नेता ए. राजा की विवादित से शत प्रतिशत असहमति जताई
6 Mar, 2024 09:06 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । कांग्रेस ने अपने सहयोगी द्रमुक के नेता ए. राजा की विवादित टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि वह इससे शत प्रतिशत असहमत है। पार्टी की सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने यह भी कहा कि नेताओं को संयमित होकर बात करनी चाहिए। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सांसद ए. राजा ने कहा है कि भारत कभी एक राष्ट्र नहीं रहा, बल्कि यह एक उपमहाद्वीप है, जहां विभिन्न प्रथाएं और परंपराएं हैं।
राजा एक वीडियो में पार्टी द्वारा आयोजित एक बैठक को संबोधित करते हुए दिख रहे हैं, जिसमें वह कथित रूप से कहते हैं, “भारत एक राष्ट्र नहीं है। इस बात को अच्छे से समझ लें। भारत कभी एक राष्ट्र नहीं रहा। एक राष्ट्र एक भाषा, एक परंपरा और एक संस्कृति को दर्शाता है और ऐसी विशेषताएं ही एक राष्ट्र का निर्माण करती हैं।”
सुप्रिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं उनकी बात से शत प्रतिशत असहमत हूं। मैं ऐसे वक्तव्य की पूरी तरह निंदा करती हूं।
राजा के रामायण और भगवान राम के बारे में कुछ टिप्पणियां करने पर उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि राम सबके हैं, राम हम सबमें हैं। जिस राम को इमाम-ए-हिंद कहा गया है, वो संप्रदायों, धर्म और जाति से ऊपर हैं। राम जीवन जीने का आदर्श हैं, राम मर्यादा हैं, राम नैतिकता हैं, राम प्रेम हैं।
तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि राम मंदिर में भक्तों की भीड़ कम हुई
6 Mar, 2024 08:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने राम मंदिर के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में भक्तों की भीड़ कम हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने जिस प्रकार का माहौल बनाया था। उसकी हवा निकल चुकी है। उन्होंने राम मंदिर में जाने वाले भक्तों पर बड़ा बयान दिया।
राम मंदिर का मुद्दा विपक्ष की ओर से लगातार गरमा रहा है। दरअसल, भाजपा ने राम मंदिर के उद्घाटन और अक्षत वितरण कार्यक्रम से विपक्ष पर बड़ी बढ़त बना ली है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण ठुकराने वाली कांग्रेस, सपा और अन्य विपक्षी दल इस मामले में घिर रहे हैं। ऐसे में नेताओं का बड़ा बयान सामने आ रहा है। पिछले दिनों राहुल गांधी ने एमपी में न्याय यात्रा के दौरान राम मंदिर का मुद्दा जोर- शोर से उठाया था। उन्होंने एक रैली में कहा कि मोदी जी चाहते हैं देश का युवा दिन भर मोबाइल चलाएं, जय श्री राम बोलें और भूखे मर जाएं।
डीएमके नेता ए. राजा ने भी भगवान राम पर विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ये आपके ईश्वर हैं। हम उस ईश्वर और भारत माता को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। उनको कह दो, हम सब राम के शत्रु हैं। मुझे रामायण और भगवान राम पर विश्वास नहीं है। ए राजा ने इस दौरान भगवान हनुमान की तुलना बंदर से करते हुए जय श्री राम नारे को घृणास्पद बताया। भाजपा इन नेताओं के बयान पर सवाल कर रही है कि आखिर भगवान राम और रामभक्तों से विपक्ष इतनी घृणा क्यों करता है?
370 का लक्ष्य भेदने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आधी आबादी को बड़ा तोहफा देंगे पीएम मोदी?
5 Mar, 2024 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में महिलाओं के लिए चलाई गई विभिन्न योजनाओं का परिणाम ये रहा,कि राज्य के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बंपर जीत मिली। महिलाओं ने जमकर वोटिंग और भाजपा उम्मीद से ज्यादा सीटें जीत गई। अब लोकसभा चुनाव है और पार्टी अच्छी तरह जानती है कि आधी आबादी को साध लेने से 370 का लक्ष्य पार करना आसान हो जाएगा। इस बात की संकेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में दे चुके हैं। लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा के उम्मीदवारों की सूची में लगभग सभी राज्यों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व में वृद्धि देखी जाएगी। इस सप्ताह की शुरुआत में हुई भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की मैराथन पहली बैठक में पीएम मोदी ने दोहराया था कि चुनाव में अधिक महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाना चाहिए। भाजपा नेताओं ने कहा कि हालांकि 370 सीटों के लक्ष्य को साकार करने के लिए उम्मीदवारों के चयन के लिए पार्टी के मानदंडों में जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी गई है, लेकिन पीएम चाहते हैं कि पार्टी की सीटों में महिलाओं का पर्याप्त प्रतिनिधित्व हो। ऐसे में जानकार मानने लगे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आधी आबादी के लिए कोई बड़ा तोहफा दे सकते हैं।
अब भाजपा की केंद्रीय इकाई महिलाओं को ध्यान में रखते हुए चुनावी प्रचार सामग्री तैयार करेगी। इसमें मोदी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए की गई पहलों का विवरण दिया जाएगा, जिसमें पाइप से पेयजल आपूर्ति और हैंडआउट्स जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ महिला आरक्षण विधेयक को पारित करना भी शामिल है। इसके अलावा, पार्टी शासित राज्य सरकारें लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले महिलाओं के लिए किए गए अपने वादों को पूरा करने के लिए कदम उठाएंगी।बीजेपी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि पीएम मोदी पार्टी नेताओं के साथ बातचीत में अक्सर उन्हें याद दिलाते हैं कि महिला मतदाता चुनावी परिदृश्य में गेम चेंजर बनने जा रही हैं और उनका समर्थन राजनीतिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण बदलाव लाएगा। पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पार्टी की हालिया शानदार जीत के लिए अन्य कारकों के अलावा महिला मतदाताओं को भी जिम्मेदार ठहराया। छत्तीसगढ़ में महिलाओं से पीएम मोदी ने वादा किया था कि हर विवाहित महिला को प्रति माह 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी। इस वादे ने वास्तव में पार्टी के लिए काम आया। इसलिए, छत्तीसगढ़ सरकार 9 मार्च को महतारी वंदना योजना के तहत जनवरी, फरवरी और मार्च के लिए अपनी तीन किस्तें वितरित करेगी। नवंबर 2023 के विधानसभा चुनावों में छत्तीसगढ़ में महिला मतदाताओं की संख्या भी अपने पुरुष समकक्षों से अधिक थी। राज्य में मतदान करने वाले कुल 1.56 करोड़ लोगों में से लगभग 78.1 लाख महिलाएं और 77.5 लाख पुरुष थे।
पार्टी सूत्रों के हवाले से मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक भाजपा बेरोजगारी, महंगाई और कृषि संकट जैसे मुद्दों पर लोगों के एक वर्ग का गुस्सा झेल रही है लेकिन इसको दूर करने के लिए कई प्रमुख राज्यों में महिलाओं के बीच अपना समर्थन आधार बढ़ाने का प्रयास करेगी। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में संदेशखली की घटनाओं पर भाजपा काफी हमलावर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को संदेशखालि में महिलाओं पर अत्याचार को लेकर पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि इस मुद्दे पर पूरा देश गुस्से में है। टीएमसी पर पीएम मोदी के ताजा हमले ने संकेत दिया है कि पार्टी का लक्ष्य बंगाल की महिला मतदाताओं के बीच पहुंच बढ़ाना है ताकि इस बार लोकसभा में अपनी सीटों की संख्या भी बढ़ाई जा सके। भाजपा के तेज विरोध ने टीएमसी को डिफेंस मोड में ला दिया है। यही वजह है कि पार्टी के स्थानीय ताकतवर नेता शेख शाहजहां को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर हमले के मामले में गिरफ्तार किया गया है। आगामी लोकसभा चुनावों के लिए वस्तुतः बिगुल बजाते हुए मोदी ने बंगाल के लोगों से आग्रह किया कि वे चोट का जवाब वोट से दें। उन्होंने कहा, क्या आप ऐसी पार्टी को माफ करेंगे? क्या आप टीएमसी को माफ करेंगे। हर चोट का जवाब वोट से देना है। सुंदरबन के मुहाने पर स्थित संदेशखालि क्षेत्र टीएमसी नेता शाहजहां शेख और उनके साथियों के खिलाफ यौन शोषण और भूमि हड़पने के आरोपों के कारण एक महीने से अधिक समय से हंगामे और प्रदर्शनों से जूझ रहा है। पुलिस ने 55 दिनों से फरार चल रहे शेख को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया था। मोदी ने कही, संदेशखालि की महिलाओं ने मदद मांगी। और उन्हें क्या मिलता है? मुख्यमंत्री ने उन दोषियों को बचाने के लिए हर संभव कोशिश की। गौरतलब है कि महिला मतदाताओं ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी का पुरजोर समर्थन किया है, जिससे 2021 में तीसरी बार सत्ता में वापसी हुई।
गुजरात कांग्रेस में टूट का दौर जारी, एक और दिग्गज नेता जाएगा भाजपा में
5 Mar, 2024 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद | 7 मार्च से गुजरात में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू हो रही है और उससे पहले कांग्रेस को झटके पे झटके लग रहे हैं| बीते दिन पोरबंदर से विधायक और कांग्रेस के दिग्गज नेता अर्जुन मोढवाडिया ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था| उनसे पहले अमरेली के राजुला से पूर्व विधायक अंबरीश डेर ने इस्तीफा दिया और देर शाम तापी जिला कांग्रेस के धर्मेश पटेल ने पार्टी का साथ छोड़ दिया है| अब खबर है कि देवभूमि द्वारका जिला कांग्रेस के दिग्गज नेता मूळु कंडोरिया भी हाथ का साथ छोड़ भाजपा जॉइन करने जा रहे हैं| मूळु कंडोरिया आज ही अर्जुन मोढवाडिया, अंबरीश डेर के साथ भाजपा का भगवा धारण कर सकते हैं| मूळु कंडोरिया ने 2019 में लोकसभा और 2022 में गुजरात विधानसभा का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था, लेकिन कामियाबी नहीं मिली| जानकारी है कि देवभूमि द्वारका जिला कांग्रेस के कई अन्य नेता और कार्यकर्ता भी जल्द ही भाजपा जॉइन कर सकते हैं| एक और कांग्रेस जामनगर-द्वारका लोकसभा सीट पर उम्मीदवार की तलाश कर रही है, वहीं दूसरी ओर एक के बाद एक उसके नेता हाथ का साथ छोड़ते जा रहे हैं| बता दें कि गुजरात कांग्रेस के अब तक 10 दिग्गज नेता हाथ का साथ छोड़ चुके हैं| जिसमें से कई भाजपा जॉइन कर चुके हैं तो कई जल्द ही भगवा धारण कर लेंगे| इन 10 दिग्गज नेताओं में सीजे चावड़ा, चिराग पटेल, चिराग कालरिया, नारण राठवा, संग्राम राठवा, घनश्याम गढ़वी, बलवंत गढ़वी, जोईताराम पटेल, अंबरीश डेर और अर्जुन मोढवाडिया शामिल हैं| जानकारी है कि भाजपा अर्जुन मोढवाडिया को जूनागढ़ लोकसभा सीट से टिकट दे सकती है|
भाजपा के सीनियर नेता ने दिए संकेत, बुधवार को फाइलन हो सकती दूसरी सूची
5 Mar, 2024 11:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु । भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य एवं कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने संकेत दिया कि लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों की दूसरी सूची को बुधवार को अंतिम रूप देने की संभावना है। भाजपा ने दो मार्च को 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 195 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी।
येदियुरप्पा ने कहा कि वे बुधवार को दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘परसों (बुधवार को) दिल्ली में बैठक है। मैं वहां जा रहा हूँ। संभवतः कर्नाटक सहित दूसरी सूची (लोकसभा उम्मीदवारों की) को अंतिम रूप दिया जा सकता है। इसलिए, मैं दिल्ली जा रहा हूं। मेरा मानना है कि बुधवार को सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। सूची पर अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व लेगा।’’ यह पूछने पर कि क्या उम्मीदवारों की दूसरी सूची में कर्नाटक के सभी 28 निर्वाचन क्षेत्रों (लोकसभा सीट) के लिए उम्मीदवारों का नाम होगा, येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘संभवतः कोई देरी नहीं होगी। सभी सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा हो सकती है’’ कर्नाटक में कुछ नए चेहरों को टिकट देने की संभावना पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के मन में क्या है। उन्होंने कहा, ‘‘अंतिम निर्णय दिल्ली में पार्टी के नेताओं द्वारा लिया जाएगा।’’
हमारी यात्रा का मकसद हर वर्ग को ‘न्याय’ दिलाने का है, इसलिए भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं : राहुल गांधी
5 Mar, 2024 10:04 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल/राघोगढ़ । कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने राधौगढ़ में बड़ी संख्या में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को अपना समर्थन देने आए लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि पहली यात्रा करीब 4 हजार किलोमीटर की थी, जिसे आप सबका जबर्दस्त समर्थन मिला था जिसमें कई राज्य छूट गए थे, इसलिए अब यह दूसरी बार भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली जा रही है जो कि मणिपुर से महाराष्ट्र तक चलेगी। मध्यप्रदेश ऐसा राज्य है जहां हमें दोनों बार यात्रा करने का सौभाग्य मिला है।
श्री गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने लोगों को धर्म, जाति और प्रदेश की राजनीति में बांट दिया है। कांग्रेस पार्टी यह सुनिश्चित कर रही है कि सब लोग एक साथ आए। भाजपा की विचारधारा नफरत की विचारधारा है और हमारी विचारधारा नफरत के खिलाफ मोहब्बत की दुकान की विचारधारा है।
श्री गांधी ने आगे कहा कि इस यात्रा में हमने एक और शब्द जोड़ दिया है और वह शब्द है ‘‘न्याय क्योंकि हमारी यात्रा का मकसद हर वर्ग को ‘न्याय’ दिलाने का है। भारत जोड़ो यात्रा कई प्रदेशों में नहीं पहुंच पाई थी और लोगों ने निवेदन किया था कि उनके प्रदेशों से भी यात्रा निकलनी चाहिए इसलिए दूसरी बार यह यात्रा की जा रही है।
श्री गांधी ने कहा कि आज 22 लोग हैं जिनके पास देश का 50 प्रतिशत धन है। मोदी जी ने 16 लाख करोड रुपए व्यापारियों के माफ कर दिए हैं, लेकिन किसानों का 1 रुपया भी माफ नहीं किया। श्री गांधी ने कहा कि 50 प्रतिशत पिछड़े, 15 प्रतिशत दलित एवं 8 प्रतिशत आदिवासी, अल्पसंख्यक एवम सामान्य गरीब मिलाकर 90 प्रतिशत होते हैं उनकी भागीदारी नगण्य है। किसी बड़ी कंपनी की लिस्ट निकालो जितनी बड़ी कंपनियों की लिस्ट में उनके मालिकों में एक नाम भी इस 90 प्रतिशत वर्ग के लोगों का नहीं है, उनके सीनियर मैनेजमेंट में भी एक नाम नहीं, मीडिया के मालिकों में भी इस 90 प्रतिशत वर्ग का एक भी नाम नहीं, ब्यूरोक्रेसी में देखें तो 90 लोग जो कि आईएएस अधिकारी हैं उसमें से केवल तीन ओबीसी, एक आदिवासी एवं तीन दलित हैं, जब बजट आता है 100 में से 6 रुपए का केवल ये लोग फैसला करते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि जीएसटी 90 प्रतिशत लोग देते हैं, लेकिन जेब 20 अमीर उद्योगपतियों की भरती है, इन समस्याओं से निजात पाने का तरीका है जाति आधारित जनगणना। अग्नि वीर योजना की बजह से आज गरीब के पास सरकारी सेवा में जाने का रास्ता बंद है, पीएसयू कांग्रेस लायी, बीएसएनल, वीएसएनल, हिंदुस्तान पेपर यह सब कांग्रेस ने बनाया, मोदी जी ये उद्योगपतियों को दे रहे हैं।
श्री गांधी ने कहा की जिस तरह हाथ टूट जाए तो उसका एक्स-रे किया जाता है, उसी तरीके से जाति आधारित जनगणना समाज का एक्स-रे है, हमने जब इस क्रांतिकारी राजनीतिक कदम की बात की तो मोदी जी ने कहा कि वे सिर्फ 4 जातियां जानते हैं, मैं आपसे कहना चाहता हूं कि वे सिर्फ 20-22 उद्योगपतियों की मदद करना चाहते हैं आपकी नहीं।
श्री गांधी ने कहा कि मीडिया में आज बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, जाति आधारित जनगणना नहीं दिखाई जाती है, अंबानी के यहां की शादी दिखाई जाती है, टीवी पर आप बॉलीवुड देख लो बिल गेट्स देख लो लेकिन बॉर्डर पर मरते हुए किसान नहीं दिखाई देते हैं। जाति आधारित जनगणना इस 90 प्रतिशत वर्ग के फायदे का मुद्दा है, हम कर्ज माफी की बात करते हैं। रोजगार की बात करते हैं हम आपके साथ न्याय की बात करते हैं इसी के साथ श्री गांधी ने उन्हें सुनने आए लोगों का दिल से धन्यवाद दिया।
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मोहन यादव पर्ची के सीएम हैं, हरियाणा के मुख्यमंत्री आए और उन्होंने पर्ची निकाल दी, ऐसा लगा कि शादी में चेहरा दिखाया किसी और का और शादी किसी और से कर दी। मैंने कई बार कहा कि यह सरकार 3-सी की सरकार है कर्ज, क्राइम और करप्शन की सरकार है।
श्री पटवारी ने कहा कि कोई भी वादा इस सरकार ने पूरा नहीं किया चाहे वो 2700 में गेहूं खरीद की बात हो, 450 में सिलेंडर या 3000 रू. लाडली बहनों को देने की बात हो। भाजपा नेताओं ने वचन पत्र गीता-रामायण जैसा बताया था तो अब उसे पूरा करें। लाडली बहन को भ्रम हुआ था कि 3000 रू. मिलने वाले हैं इस कारण उन्होंने भाजपा को वोट दिया, लेकिन अब जब वादा खिलाफी हुई है तो हमारे प्रयासों से हम लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। सभा को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह और मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने भी संबोधित किया।
राघोगढ़ की सभा के बाद ब्यावरा में अभा कांग्रेस कमेटी के महासचिव जयराम रमेश, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।
इस मौके पर अभा कांग्रेस के प्रवक्ता मप्र मीडिया प्रभारी चरणसिंह सपरा, मप्र विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के.के. मिश्रा भी उपस्थित थे।
कांग्रेस के बाद अब आप में इस्तीफे का दौर शुरू, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी छोड़ी पार्टी
5 Mar, 2024 09:03 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद | लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और हर राजनीतिक दल अब लोगों का विश्वास जीतने और अपनी पार्टी को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। लोकसभा चुनाव से पहले दल बपदल के दौर से गुजरात की सियासत गरमा गई है| गुजरात में भाजपा के विरोधी दलों के एक के बाद एक बड़े नेता पार्टी छोड़ रहे हैं| एक-एक कर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता या तो पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं या फिर भाजपा में शामिल हो रहे हैं| आज ही में अर्जुन मोढवाडिया ने विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी को अपना इस्तीफा है| कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी (आप) नेता ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है| दक्षिण गुजरात के तापी में कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी में इस्तीफों का सिलसिला शुरू हो गया है| तापी में आप के प्रदेश पदाधिकारी बिपिन चौधरी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। बिपिन चौधरी के पार्टी छोड़ने से तापी आम आदमी पार्टी को झटका लगा है| बिपिन चौधरी के इस्तीफे से तापी जिले की सियासत गरमा गई है| बिपिन चौधरी ने आम आदमी पार्टी की सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है| बिपिन चौधरी गुजरात क्षेत्र आप में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। बिपिन चौधरी ने व्यारा विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी से चुनाव भी लड़ा था, लेकिन हार गए थे| बता दें कि इससे पहले आप के कई नेता और हजारों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो चुके हैं| जूनागढ़ के विसावदर निर्वाचन क्षेत्र से आप विधायक भूपत भायाणी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा जॉइन कर चुके हैं| देखना यह होगा कि लोकसभा चुनाव से पहले गुजरात में कितना सियासी उलटफेर होता है|
बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ने राज्यसभा से दिया इस्तीफा
5 Mar, 2024 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महज 13 दिन के बाद ही राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। कहा जा रहा है कि उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा इसलिए दिया है क्योंकि उन्हें लोकसभा चुनाव लड़ना है। जेपी नड्डा के इस्तीफे को राज्यसभा चेयरमैन ने स्वीकार भी कर लिया है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। फिलहाल यह तय नहीं है कि वो किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, इसका ऐलान अभी नहीं किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने को राज्यसभा चेयरमैन ने स्वीकार भी कर लिया है। गौरतलब है कि जेपी नड्डा 13 दिन पहले ही 20 फरवरी को गुजरात से निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। श्री नड्डा लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और किस सीट से लड़ेंगे इसका ऐलान फिलहाल नहीं किया गया है।
अमित शाह ने भाजपा को दान में दिए 2 हजार
4 Mar, 2024 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली।केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा चुनाव से पहले, रविवार को भाजपा के पार्टी फंड में 2,000 रुपये का दान दिया। गृहमंत्री शाह का योगदान दान अभियान में व्यापक भागीदारी के अनुरोध के साथ आया। उन्होंने अपने दान की एक तस्वीर साझा करते हुए एक्स पर पोस्ट किया, विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति का समर्थन महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रही है। नमो ऐप का उपयोग करते हुए डोनेशन फॉर नेशन बिल्डिंग को राष्ट्रव्यापी अभियान बनाएं। भाजपा के चंदा अभियान में तेजी तब आई है, जब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 1 मार्च को पार्टी को 1,000 रुपये का योगदान देकर इस अभियान की शुरुआत की जेपी नड्डा ने विकसित भारत के लिए पीएम मोदी के दृष्टिकोण के प्रति लोगों के समर्थन के महत्व पर जोर दिया था। भाजपा अध्यक्ष ने एक्स पर पोस्ट किया था, मैंने भारत को विकसित भारत बनाने के पीएम मोदी के दृष्टिकोण को अपना व्यक्तिगत समर्थन देने के लिए भाजपा को दान दिया है।