ख़बर
ईरान ने दिखाया कड़ा रुख: पाकिस्तान की भूमिका खारिज, सैन्य अभियान तेज
4 Apr, 2026 12:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेहरान | ईरान ने पश्चिम एशिया संघर्ष में मध्यस्थता की पाकिस्तान की कोशिश को सिरे से खारिज कर दिया है। तेहरान ने स्पष्ट कर दिया है कि वह पाकिस्तान में अमेरिका नेतृत्व वाले किसी भी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात नहीं करेगा। वहीं, ईरान ने अमेरिका की मांगों को अस्वीकार्य बताते हुए संकट के शीघ्र समाधान की संभावनाओं को भी पीछे धकेल दिया है।
ईरान का रुख और पाकिस्तान की भूमिका
ईरान ने पाकिस्तान द्वारा खुद को पश्चिम एशिया संघर्ष में मध्यस्थ के तौर पर पेश करने के प्रयासों को ठुकरा दिया है। सूत्रों के अनुसार, तेहरान ने पाकिस्तान में अमेरिका के नेतृत्व वाले किसी भी प्रतिनिधिमंडल से मिलने से इनकार कर दिया है। इससे पाकिस्तान की कूटनीतिक कोशिशों को बड़ा झटका लगा है।पाकिस्तान ने यह दावा करते हुए अपनी कूटनीतिक क्षमता का इस्तेमाल करने की कोशिश की थी कि वह ईरान और अमेरिका दोनों पक्षों से संवाद स्थापित करने में सक्षम है। हालांकि, ईरान और पाकिस्तान के बीच गहरे अविश्वास के चलते, ईरानी पक्ष किसी भी बातचीत में इस्लामाबाद को कोई भूमिका देने से हिचकिचा रहा है।
कतर के जरिए मध्यस्थता की उम्मीद
हालांकि, इस बीच कुछ उम्मीद की किरण जगी है, क्योंकि रिपोर्टों से पता चलता है कि ईरान इस क्षेत्र के एक अन्य महत्वपूर्ण खिलाड़ी कतर के जरिए मध्यस्थता के प्रयास पर विचार कर सकता है। इस बीच, क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।
ईरान का जवाबी अभियान जारी
ईरानी सेना का कहना है कि उन्होंने अमेरिका-इज़राइल के खिलाफ अपने जवाबी अभियान की 93वीं लहर पूरी कर ली है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने कब्जे वाले क्षेत्रों के अंदर गहरे इस्राइली सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए हैं। IRGC ने यह भी कहा कि पश्चिमी गैलिली, हाइफा, काफर कन्ना और क्रायोट में इज़राइलियों के एकत्रित होने और युद्ध समर्थन के केंद्रों को सटीकता से निशाना बनाया गया।
अमेरिकी का दूसरा एफ-35 फाइटर जेट गिराने का ईरान ने किया दावा, पायलट का बचना मुश्किल
4 Apr, 2026 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेहरान। ईरान ने अमेरिका का शक्तिशाली एफ-35 स्टील्थ फाइटर जेट मार गिराने का दावा किया है। ईरानी बलों ने अमेरिका का दूसरा एफ-35 लड़ाकू विमान मार गिराया है। एजेंसी ने यह भी दावा कि पायलट को गंभीर चोटें आई हैं और उसके बचने की संभावना कम है। अभी तक अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इस बारे में कोई बयान या टिप्पणी नहीं की है। ईरान के खतम अल-अंबिया मुख्यालय के प्रवक्ता के मुताबिक सेंट्रल ईरान के क्षेत्र में दूसरा अमेरिकी एफ-35 स्टील्थ फाइटर मार गिराया गया। बयान में कहा कि एफ-35 लाइटनिंग-2 को ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम ने निशाना बनाया। यह फाइटर जेट ब्रिटेन में रॉयल एयर फोर्स लेकनहीथ से जुड़े एक स्क्वाड्रन का हिस्सा था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मध्य ईरान के ऊपर एक दूसरे पांचवीं पीढ़ी के अमेरिकी एफ-35 विमान पर हमला कर उसे मार गिराया। टकराते समय और क्रैश के दौरान जबरदस्त धमाके को देखते हुए इस बात की संभावना कम ही है कि पायलट इजेक्ट हो पाया होगा। ईरान ने इसके दो सप्ताह पहले दावा किया था उसने एक अमेरिकी एफ-35 लाइटनिंग-2 विमान पर हमला किया था। 19 मार्च को सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने बताया कि अमेरिका एक एफ-35 फाइटर जेट ईरान के ऊपर युद्ध मिशन पर था, जब उसे आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। हॉकिन्स ने कहा कि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और जांच की जा रही है। सूत्रों के हवाले से बताया था कि विमान पर ईरान की तरफ से हमला हुआ था।
बता दें एफ-35 को अमेरिका के सबसे आधुनिक और शक्तिशाली विमानों में गिना जाता है। अगर ईरान का दावा सच होता है तो अमेरिका के पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर जेट के वर्चस्व के लिए बड़ा झटका होगा। ईरान के खिलाफ संघर्ष में अमेरिका और इजराइल दोनों ही एफ-35 फाइटर जेट का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस विमान की कीमत 10 करोड़ डॉलर से ज्यादा है।
क्लब के बाहर चली गोली, एक युवक घायल; पुलिस जांच में जुटी
4 Apr, 2026 11:14 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के प्रीत विहार थाना क्षेत्र में स्थित एक क्लब के बाहर शनिवार तड़के गोलीबारी की एक घटना सामने आई है, जिसमें 21 वर्षीय एक युवक घायल हो गया है। उसके पैर में गोली लगी है। गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की पहचान समीर (21 वर्ष) के रूप में हुई है। वह नूर-ए-इलाही, घोंडा का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक, सुबह लगभग 04:33 बजे जीटीबी अस्पताल से पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक युवक को गोली लगी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि समीर अपने दोस्तों के साथ प्रीत विहार स्थित शोशा क्लब गया था। क्लब के अंदर उनकी दूसरे लड़कों से झगड़ा हो गया। जिसके बाद दोनों पक्ष क्लब से बाहर सर्विस रोड की तरफ आ गए। इसी दौरान बाहर एक अज्ञात व्यक्ति ने फायरिंग कर दी, जिसकी गोली समीर के दाहिने पैर (घुटने के नीचे) में जा लगी। इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल समीर को उसके दोस्तों ने तुरंत जीटीबी अस्पताल पहुंचाया। समीर ने बताया है कि वह गोली चलाने वाले कोे नहीं पहचानता है। क्राइम टीम द्वारा घटनास्थल का मुआयना किया गया है और लोगों से पूछताछ जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बढ़ता संघर्ष: ईरान का सख्त रुख, US को पीछे हटने का अल्टीमेटम
4 Apr, 2026 10:14 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेहरान | पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। ईरान ने अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसके खिलाफ किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई की गई, तो उसका जवाब पहले से कहीं ज्यादा करारा और विनाशकारी होगा।ईरानी सशस्त्र बलों के केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता इब्राहिम ज़ोल्फाघारी ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि अमेरिका के हालिया बयानों और धमकियों को हल्के में नहीं लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा।
अमेरिकी ठिकानों और सहयोगियों पर निशाना
ईरान ने सिर्फ अमेरिकी सैन्य ठिकानों ही नहीं, बल्कि उन देशों को भी चेतावनी दी है जो अपने यहां अमेरिकी सैन्य बेस की अनुमति देते हैं। प्रवक्ता ने कहा कि ऐसे देशों को अमेरिका को अपने क्षेत्र से बाहर करने के लिए कदम उठाने चाहिए, अन्यथा उन्हें भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
ऊर्जा और आर्थिक ढांचे पर हमले की चेतावनी
ईरानी सेना ने संकेत दिए हैं कि जवाबी कार्रवाई केवल सैन्य ठिकानों तक सीमित नहीं होगी। इसमें ऊर्जा संयंत्र, ईंधन केंद्र और आर्थिक ढांचे भी निशाने पर हो सकते हैं। बयान में कहा गया है कि यह कार्रवाई पहले से कहीं ज्यादा व्यापक और कठोर होगी।
डोनाल्ड ट्रंप के बयान से बढ़ा विवाद
यह पूरा विवाद उस समय और बढ़ गया जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के बुनियादी ढांचे जैसे पुल, बिजली संयंत्र और ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाने की बात कही थी। ईरान ने इसे उकसाने वाला और खतरनाक बयान बताया है। ईरान ने साफ शब्दों में कहा है कि जो देश अमेरिकी सेना को अपने यहां पनाह दे रहे हैं, वे तुरंत उन्हें हटाएं। अन्यथा, संभावित संघर्ष में वे भी निशाने पर आ सकते हैं।
अमेरिका में बजट बदलाव: रक्षा पर जोर, शिक्षा और विदेशी सहायता में कटौती की तैयारी
4 Apr, 2026 10:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वॉशिंगटन | अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वित्त वर्ष 2027 के लिए अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा रक्षा बजट पेश किया है। ट्रंप प्रशासन ने डेढ़ खरब डॉलर के रिकॉर्ड रक्षा बजट का प्रस्ताव पेश किया है। यह रक्षा बजट में 44 प्रतिशत की बड़ी वृद्धि है, जिससे पेंटागन के खर्च में खासी बढ़ोतरी होगी। रक्षा बजट बढ़ाने के लिए कई घरेलू कार्यक्रमों में कटौती करने की तैयारी है। व्हाइट हाउस ने अपने आधिकारिक बजट प्रस्ताव में कहा, 'राष्ट्रीय रक्षा के लिए पहले दिए गए ऐतिहासिक 1 खरब डॉलर के बजट को आगे बढ़ाते हुए 2027 के लिए 1.5 खरब डॉलर की मांग की गई है, जो 44 प्रतिशत की वृद्धि है।'
अमेरिका को दुनिया का सबसे ताकतवर देश बनाए रखने की कवायद
अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि यह प्रस्ताव बढ़ते सुरक्षा दबावों के बीच अमेरिका की सैन्य बढ़त को बनाए रखने में मदद करेगा। दस्तावेज में कहा गया, '2027 का बजट इस वादे को सुनिश्चित करेगा कि अमेरिका दुनिया की सबसे शक्तिशाली और सक्षम सेना बनाए रखे।' प्रस्ताव में लगभग 1.1 खरब डॉलर का आधारभूत रक्षा खर्च शामिल है, जबकि करीब 350 अरब डॉलर गोला-बारूद उत्पादन और रक्षा औद्योगिक ढांचे के विस्तार के लिए निर्धारित किए गए हैं।इस बजट का एक प्रमुख हिस्सा 'गोल्डन डोम' मिसाइल रक्षा प्रणाली विकसित करने के लिए रखा गया है। व्हाइट हाउस के अनुसार, गोल्डन डोम परियोजना को मजबूत वित्तीय समर्थन दिया जाएगा और इसे घरेलू सुरक्षा रणनीति के तहत प्राथमिकता मिलेगी।
बजट में जहाज निर्माण के लिए 65.8 अरब डॉलर का प्रावधान भी किया गया है, जिसमें नए युद्धपोत और सहायक पोत बनाने की योजना है। साथ ही, सैन्य कर्मियों के वेतन में वृद्धि का भी प्रस्ताव है, जिसमें ई-5 और उससे नीचे के रैंक के जवानों के लिए 7 प्रतिशत वेतन बढ़ोतरी शामिल है।
शिक्षा-स्वास्थ्य जैसे कई अहम मदों में बजट कटौती की तैयारी
रक्षा खर्च में इस बढ़ोतरी के साथ अमेरिकी सरकार कई अन्य अहम कार्यक्रमों के बजट में कटौती की तैयारी कर रही है। आधिकारिक दस्तावेज के मुताबिक, '2026 के गैर-रक्षा कार्यक्रमों की तुलना में बजट में 10 प्रतिशत की कटौती का प्रस्ताव है।' प्रस्ताव में शिक्षा, पर्यावरण, स्वास्थ्य और विदेशी सहायता कार्यक्रमों में कटौती का खाका पेश किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पर्यावरण, शिक्षा और स्वास्थ्य अनुसंधान कार्यक्रमों में 73 अरब डॉलर तक की कटौती हो सकती है।कांग्रेस में इस प्रस्ताव पर राजनीतिक मतभेद साफ दिखे। रिपब्लिकन नेताओं ने रक्षा बजट में बढ़ोतरी का स्वागत किया, जबकि डेमोक्रेट्स ने इसे अत्यधिक बताते हुए कहा कि इससे घरेलू प्राथमिकताओं पर असर पड़ेगा। अब यह बजट प्रस्ताव कांग्रेस के पास जाएगा, जहां सांसद तय करेंगे कि नए वित्त वर्ष (1 अक्टूबर से शुरू) से पहले इसमें कितना हिस्सा मंजूर होता है। अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा सैन्य खर्च करने वाला देश है। यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब वॉशिंगटन को पश्चिम एशिया संघर्ष, चीन के साथ प्रतिस्पर्धा और हथियार भंडार को फिर से भरने व सेना के आधुनिकीकरण की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
ईरान की सुपरसोनिक मिसाइल ने इजराइल में मचाई तबाही, ड्रोन फैक्ट्री को उड़ाया
4 Apr, 2026 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेहरान,। अमेरिका-इजराइल लगातार ईरान पर हमले कर रहे हैं। इस जंग को एक महीने से ज्यादा हो चुका है। दोनों ओर से मिसाइल हमले जारी हैं। ईरान ने इजराइल के पेटा टिकवा में एक ड्रोन फैक्ट्री को उड़ा दिया। ईरान की सुपरसोनिक मिसाइल ने इजराइल में तबाही मचा दी है, पूरी फैक्ट्री खंडहर में तब्दील हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इजराइल के सेंट्रल में पेटा टिक्वा वह जगह है, जहां ईरान की मिसाइल आकर गिरी। इस हमले से हुई भारी तबाही और विनाश साफ दिख रहा है, इजराइल में इस हमले की भयानक तस्वीरें सामने आई हैं उससे ईरान की सुपरसोनिक मिसाइल के असर का अंदाजा लगाया जा सकते हैं कि एक पूरा कारखाना खंडहर बन गया है। माना जा रहा है कि यह फैक्ट्री इज़राइल की रक्षा जरूरतों के लिए ड्रोन तकनीक से जुड़ी थी। यह मिसाइल जहां गिरी वहां बड़ा गड्ढा बन गया। पास में ही ऊंची-ऊंची रिहायशी इमारतें भी हैं. अगर यह मिसाइल इधर-उधर गिरती तो भारी जनहानि हो सकती थी। हालांकि, मिसाइल एक खुले इलाके में गिरी, जिससे नुकसान कुछ हद तक सीमित रहा, लेकिन इसके बावजूद फैक्ट्री पूरी तरह तबाह हो गई। मशीनें जल चुकी हैं, एसी यूनिट्स, वायरिंग और इंसुलेशन सब बाहर निकल आए हैं। यह दृश्य दिखाता है कि मिसाइल का असर कितना जबरदस्त था।
यह बड़ा सवाल है कि तमाम दावों के बावजूद इज़राइल का मिसाइल डिफेंस सिस्टम इस मिसाइल को रोक नहीं सका। यह मिसाइल कैसे इस सुरक्षा कवच को भेदते हुए यहां तक पहुंची, यह जांच का विषय है। वाहनों और इमारत के बाकी हिस्से इस हमले से प्रभावित हुए हैं। यह जगह एक बार फिर इस युद्ध की भयावहता को दिखाती है। गुरुवार को ईरान की ओर से करीब 6 मिसाइलें दागी गई थीं, जिन्होंने इज़राइल के अलग-अलग हिस्सों, जैसे बेइत शेमेश और अन्य इलाकों को निशाना बनाया। इन हमलों में संपत्ति का नुकसान जरूर हुआ, लेकिन किसी की जान नहीं गई।
खाकी पर दाग: ASI शर्मिला 33 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
4 Apr, 2026 09:56 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कुरुक्षेत्र (हरियाणा)। वैवाहिक कलह के एक मामले में 33 हजार रुपये की रिश्वत लेती हुए केयूके थाने में तैनात एएसआई शर्मिला मलिक को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अंबाला की टीम रंगे हाथ पकड़ा है। शर्मिला पीड़ित से उसके पक्ष में बयान लिखकर मामले को रफा-दफा करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग कर रही थी। आखिर में पीड़ित ने जब इतने रुपये देने में असमर्थता दिखाई तो 35 हजार में सौदा तय कर दौ हजार रुपये मौके पर ही ले लिए थे। बाकी रुपये देने के लिए शुक्रवार का दिन तय किया था। पीड़ित एसीबी से संपर्क कर शर्मिला को रंगे हाथ पकड़वाया। एसीबी को दी शिकायत में शरीफगढ़ के रहने वाले नवदीप सिंह ने बताया कि पंजाब के जालंधर जिले रामगढ़ फिलौरा रहने वाले उनके ताऊ के बेटे सिमरनजीत सिंह की शादी ज्योतिसर गांव की रहने वाली प्रभजीत कौर से 15 सिंतबर 2024 को हुई थी। शादी के लगभग छह माह के बाद दो अप्रैल 2025 को प्रभजीत के पिता हरमीत सिंह उन्हें लेने के लिए उनके घर पर आए और बोले की प्रभजीत की माता का जन्मदिन है और घर पर कुछ कार्य है, जिन्हें निपटाने के बाद वह प्रभजीत को वापस पहुंचा देंगे। लगभग एक साल बाद भी प्रभजीत वापस नहीं आई और सिमरनजीत सिंह के खिलाफ थाना केयूके के महिला हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज करवा दी।
इसके बाद एएसआई शर्मिला मलिक ने दोनों पक्षों को थाने में बुलाया, जहां शर्मिला ने शिकायतकर्ता व सिमरनजीत को अलग बुलाकर कहा की प्रभजीत के परिजन 10 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। उन्होंने 10 लाख रुपये देने में असमर्थता दिखाते हुए कहा कि सेक्शन नौ के तहत मामले की अपील कोर्ट में दायर कॉपी एएसआई को सौंप दी। शर्मिला ने इसके बाद 50 हजार रुपये की मांग करते हुए कहा कि वह बयान उनके पक्ष में लिख देगी, जिससे उनकी अदालत में मदद होने का हवाला दिया। अंत में दाेनों के बीच 35 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद एएसआई ने शिकायतकर्ता से दो हजार रुपये मौके पर लिए और बकाया राशि शुक्रवार को बयान लिखवाने के समय देने की बात तय हुई। शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत देते हुए कहा कि वह एएसआई को रिश्वत नहीं देना चाहते हैं अगर उन्होंने रुपये नहीं दिया तो वह उनका काम रोक देगी। इसलिए उसे रंगे हाथ पकड़कर एएसआई पर कार्रवाई की मांग की। टीम ने शिकायतकर्ता को 500-500 रुपये के 66 रंगे ही नोट देकर एएसआई को देने के लिए बोला। सेक्टर 13 में शाम के समय जब एएसआई रुपये लेने आई तो एएसआई को रुपये देते ही शिकायतकर्ता ने एसीबी टीम को इशारा कर दिया और टीम ने मौके पर पहुंचकर एएसआई शर्मिला मलिक को रंगे हाथ दबोच लिया।
जिले में पहले भी खाकी कई बार हो चुकी है दागदार
13 मार्च को पुलिस नहर से एक शव निकालने में आनाकानी करते हुए अपना क्षेत्र होने से नकारती रही। वहीं दोनों जगहों की पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिसकर्मी क्षेत्र विवाद को लेकर आमने-सामने हो गए थे।
24 अक्टूबर 2025 काे थाना शहर प्रभारी विनय एक मामले को रफा-दफा करने के नाम पर 50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ काबू किया गया था।
कुछ साल पहले बाबैन थाना में खाकी धारी समाज के रक्षक ने ही थाना परिसर में बने महिला मित्र कक्ष में 16 वर्षीय किशोरी को हवस का शिकार बना लिया था।
जुलाई 2025 में पिहोवा थाना के बाहर पुलिसकर्मी की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें अन्य पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे।
करीब तीन साल पहले जिले में विजिलेंस की टीम ने सेक्टर-सात चौकी प्रभारी और महिला एएसआई को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। केस रफा-दफा करने के लिए ऐवज में शिकायतकर्ता से 60 हजार रुपए की डिमांड की थी।
21 अगस्त 2023 को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कुरुक्षेत्र और करनाल की टीम ने लाडवा थाने के एक हवलदार को 13 हजार रुपये की रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी के कब्जे से राशि भी बरामद की है। आरोपी हवलदार ने दुर्घटना के मामले में वाहन की सुपुर्ददारी के एवज में 20 हजार रुपये मांगे थे। बाद में 13 हजार रुपये में बात पक्की हुई थी।
Haryana में मौसम का करवट लेना, 7 अप्रैल से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
4 Apr, 2026 09:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिसार (हरियाणा)। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया। प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी हुई है। सिरसा जिले में सबसे अधिक 21 एमएम बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हो गया। हिसार जिले में वीरवार देर रात दो गांवों बालसमंद और डोभी में ओलावृष्टि होने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी कुछ स्थानों पर बारिश व तेज हवाएं चलने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि नया पश्चिमी विक्षोभ दो अप्रैल को सक्रिय होने से वीरवार को पश्चिमी जिलों में बारिश और बूंदाबांदी हुई है। शुक्रवार को सिरसा ,फतेहाबाद ,हिसार ,जींद ,कैथल, भिवानी पानीपत, करनाल ,महेंद्रगढ़, रेवाड़ी ,गुरुग्राम, फरीदाबाद ,मेवात ,पलवल में हल्की बारिश बूंदाबांदी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियों को दर्ज किया गया है।
नया पश्चिमी विक्षोभ सात अप्रैल से सक्रिय होगा
मौसम विभाग के अनुसार नया पश्चिमी विक्षोभ सात अप्रैल से सक्रिय होगा। इस वजह से उत्तर-पश्चिम भारत विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली में मौसम में बदलाव आएगा। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में 7-8-9 अप्रैल आंधी चलने के साथ ही बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने के आसार है। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर भारी बर्फबारी होने से तापमान में रिकॉर्ड तोड़ गिरावट देखने को मिलेगी।
किसानों की माथे पर चिंता की लकीरें
गेहूं की कटाई के समय लगातार बदल रहे मौसम ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें बढ़ा दी है। किसानों के लिए फसल निकालना चुनौती बन गया है। मौसम का मिजाज पल पल बदल रहा है। कभी धूप खिल रही है तो कभी बादल छा रहे हैं।
गांव तरकांवाली में घर पर गिरी बिजली, युवती झुलसी
सिरसा। जिले के चोपटा गांव तरकांवाली में वीरवार रात बिजली गिरने से एक घर क्षतिग्रस्त हो गया और युवती ज्योति (18) झुलस गई।
बढ़ता तनाव: होर्मुज के बाद अब बाब अल-मंदेब को लेकर ईरान की धमकी
4 Apr, 2026 09:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेहरान | ईरान ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर दबाव बढ़ाने की ओर इशारा किया है। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने कहा कि तेहरान अपने विरोधियों पर दबाव बढ़ाने के लिए बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य को भी निशाना बना सकता है। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब होर्मुज जलडमरूमध्य पर जारी समुद्री नाकाबंदी अंतरराष्ट्रीय शिपिंग पर गहरा आर्थिक और लॉजिस्टिक दबाव बना रही है।गालिबाफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई सवाल पोस्ट करते हुए वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं की कमजोरियों को उजागर किया। उन्होंने इस जलमार्ग पर दुनिया की निर्भरता पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि वैश्विक तेल, एलएनजी, गेहूं, चावल और उर्वरक शिपमेंट का कितना हिस्सा बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है?
गालिबाफ का इशारा बढ़ा रहा दुनिया की चिंता
ईरानी संसद के अध्यक्ष ने आगे कहा कि कुछ देश और कंपनियां इस रणनीतिक कदम से विशेष रूप से प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने पूछा, "किन देशों और कंपनियों का इस जलडमरूमध्य से गुजरने वाले शिपमेंट में सबसे अधिक हिस्सा है?" इससे यह संकेत मिलता है कि इस्लामिक गणराज्य अपने प्रभाव को अधिकतम करने के तरीकों का मूल्यांकन कर रहा है।
ईरान के जवाबी हमलों में नहीं आई कमी
यह समुद्री रणनीति युद्ध के मैदान पर बढ़ते तनाव के साथ मेल खाती है। ईरान और उसके सहयोगियों ने एक सतत जवाबी अभियान ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 के तहत हमलों क नई लहर शुरू कर दी है, जिसने कब्जे वाले क्षेत्रों के भीतर महत्वपूर्ण इस्राइली सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। यह हमले हाल की शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों की सीधी प्रतिक्रिया माने जा रहे हैं, जो क्षेत्रीय संघर्ष में एक महत्वपूर्ण वृद्धि का संकेत देते हैं।
ऊर्जा सुविधाओं और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का आरोप
ईरान का कहना है कि यह जवाबी कार्रवाई उन हमलों का भी जवाब है, जिनमें ईरान की ऊर्जा सुविधाओं और नागरिक बुनियादी ढांचे को जानबूझकर निशाना बनाया गया। प्रेस टीवी ने बताया कि विरोधी ताकतों की पिछली कार्रवाइयों के कारण सैकड़ों ईरानी नागरिकों की मौत हुई थी, जिनमें मिनाब में एक प्राथमिक विद्यालय में लगभग 170 बच्चे शामिल थे।
ऐतिहासिक उपलब्धि: रिनी संपत वॉशिंगटन डीसी मेयर चुनाव में दक्षिण एशियाई चेहरा बनीं
4 Apr, 2026 09:23 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वॉशिंगटन | अमेरिका की राजनीति में भारतीय मूल के लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में रिनी संपत ने इतिहास रचते हुए वॉशिंगटन डीसी मेयर चुनाव के बैलेट में जगह बना ली है। वह इस पद के लिए बैलेट तक पहुंचने वाली पहली दक्षिण एशियाई उम्मीदवार बन गई हैं। तमिलनाडु के थेनी में जन्मी रिनी संपत बचपन में ही अमेरिका चली गई थीं। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि पूरे दक्षिण एशियाई समुदाय के लिए गर्व का पल है।
अमेरिकन ड्रीम से राजनीति तक का सफर
रिनी ने कहा कि वह सात साल की उम्र में अमेरिकन ड्रीम को पूरा करने के लिए अमेरिका आई थीं। अब उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यह सपना वॉशिंगटन डीसी के हर नागरिक के लिए हकीकत बने। उनके अभियान के मुताबिक, 4,500 से ज्यादा लोगों ने उनके समर्थन में हस्ताक्षर किए, जिसके बाद उन्हें आधिकारिक तौर पर बैलेट में जगह मिली।
मुद्दों पर आधारित चुनावी एजेंडा
31 वर्षीय रिनी संपत पिछले एक दशक से वॉशिंगटन डीसी में रह रही हैं और एक सरकारी ठेकेदार के रूप में काम कर चुकी हैं। उनका चुनावी एजेंडा शहर की बुनियादी समस्याओं को सुधारने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि अगर वह मेयर बनती हैं, तो सड़कों की मरम्मत, सीवर और जल निकासी समस्याओं का समाधान, 911 सेवाओं में सुधार और महंगाई को कम करना उनकी प्राथमिकता होगी।
सिस्टम पर उठाए सवाल
रिनी संपत ने मौजूदा प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शहर की बुनियादी सेवाएं लगातार कमजोर हो रही हैं। उन्होंने हाल की बर्फबारी का जिक्र करते हुए कहा कि सड़कों और फुटपाथों की हालत खराब हो गई थी और कचरा प्रबंधन भी बिगड़ गया था। उन्होंने खुद को एक आउटसाइडर उम्मीदवार बताते हुए कहा कि वह पारंपरिक राजनीति से अलग हैं और किसी बड़े राजनीतिक समूह का समर्थन उन्हें नहीं मिला है। उनका मानना है कि शहर को नई सोच और जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेतृत्व की जरूरत है।
भारतीय जड़ों से प्रेरणा
रिनी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, खासकर अपने दादा और पिता को दिया। उन्होंने कहा कि भारत से मिले संस्कार और परिवार की प्रेरणा ही उन्हें सार्वजनिक सेवा के लिए आगे बढ़ने की ताकत देती है। रिनी संपत की उम्मीदवारी अमेरिका में भारतीय और दक्षिण एशियाई समुदाय की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी को दर्शाती है। हाल के वर्षों में इस समुदाय की उपस्थिति कांग्रेस और राज्य स्तर पर बढ़ी है, लेकिन बड़े शहरों के मेयर चुनाव में यह अभी भी कम देखने को मिलती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से नहीं हो पा रहा है तो जंग आप ही रोक दो
4 Apr, 2026 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेहरान। ईरान बनाम अमेरिका-इजराइल जंग थमती नहीं दिख रही है। ट्रंप ईरान से पंगा लेकर फंस चुके हैं, युद्ध में सीजफायर हो नहीं पा रहा और ईरान लगातार मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सैन्य अड्डों और खाड़ी के सहयोगी देशों पर हमले कर रहा है साथ ही इजराइल पर भी अपनी मिसाइलें दाग रहा है और भारी नुकसान पहुंचा रहा है। ऐसे वक्त में ईरान को ट्रंप स्टाइल में ट्रंप को काउंटर करने की सलाह मिली है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के पूर्व विदेश मंत्री जावेद जरीफ ने ईरानी शासन को सलाह ही है कि ट्रंप से न हो पा रहा है तो जंग आप ही रोक दो। उन्होंने कहा कि ईरान को खुद को विजेता घोषित कर लड़ाई रोक देनी चाहिए, डील कर लेनी चाहिए और खुद अपनी ओर से सीजफायर का ऐलान कर देना चाहिए। ये ट्रंप के खिलाफ मास्टरस्ट्रोक साबित हो सकता है। ज़रीफ़ ने अपने देश से गुजारिश की है कि वह जीत का ऐलान करे और एक ऐसा समझौता करे, जो इस संघर्ष को खत्म भी करे और अगले संघर्ष को रोके भी।
अमेरिका स्थित एक अखबार में लेख में जरीफ ने एक ऐसी रूपरेखा पेश की है, जिसे उन्होंने ईरान के लिए अमेरिका और इजरायल के साथ युद्ध खत्म करने का एक खाका बताया। यह खाका तेहरान के लिए फायदेमंद शर्तों पर आधारित है। जरीफ कई सालों तक ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका और दूसरे देशों के साथ बातचीत में ईरान का चेहरा रहे थे। उन्होंने लेख के जरिए कहा कि ईरान को अपने परमाणु कार्यक्रम पर सीमाएं लगाने और होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलने का प्रस्ताव देना चाहिए, जिसके बदले में उस पर लगे सभी प्रतिबंध हटा दिए जाएं। यह एक ऐसा समझौता है, जिसे वॉशिंगटन पहले स्वीकार नहीं करता, लेकिन अब शायद कर ले।
ईरान को अमेरिका के साथ आपसी संधि स्वीकार करने के लिए भी तैयार रहना चाहिए, जिसमें दोनों देश भविष्य में एक-दूसरे पर हमला न करने का वादा करें। ईरान, अमेरिका के साथ आर्थिक लेन-देन का प्रस्ताव भी दे सकता है, जो अमेरिकी और ईरानी दोनों देशों के लोगों के लिए एक जीत होगी। सुझाव में कहा गया है कि इन सभी नतीजों से ईरानी अधिकारियों को अपने देश को विदेशी दुश्मनों से बचाने पर कम और अपने लोगों की जिंदगी को बेहतर बनाने पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करने का मौका मिलेगा। दूसरे शब्दों में तेहरान उस नए और शानदार भविष्य को सुरक्षित कर सकता है, जिसके ईरानी लोग हकदार हैं।
ईरान ने एफ-35 फाइटर जेट मार गिराया, दावा- अमेरिकी पायलट हिरासत में
4 Apr, 2026 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेहरान। ईरान ने एक अमेरिकी एफ-35 फाइटर जेट मार गिराया है, जिसका दावा करते हुए कहा जा रहा है कि इसके पायलट को भी हिरासत में ले लिया गया है। एफ-35 मार गिराने और पायलट को हिरसत में लेने की खबरें ईरानी मीडिया रिपोर्ट से सामने आई हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि होना शेष है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फाइटर जेट गिरने से पहले ही पायलट ने कूदकर अपनी जान बचा ली। पायलट ने ईरान की जमीन पर कदम रखा, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। वहीं दूसरी तरफ ईरान की सेना का कहना है, यदि अमेरिका और इजराइल ने उसके इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमले जारी रखे तो वह पूरे मिडिल ईस्ट में उनके ठिकानों को निशाना बनाएगा। ईरानी सेना के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फाघरी ने अपने एक बयान में अमेरिका और इजराइल को चेतावनी देते हुए कहा, यदि हमारे पुल, बिजली घर या ऊर्जा ढांचों को छुआ, तब हम मिडिल ईस्ट में आपके सभी ठिकानों को खत्म कर देंगे।
इसी के साथ ही ईरानी सेना ने कहा, यदि ईरान के पुल, बिजली घर या ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया गया तो अंजाम भुगतने को तैयार रहें, इसके बाद आपके पूरे क्षेत्र के ठिकाने खत्म कर दिए जाएंगे। ईरानी सेना के प्रवक्ता ने कहा, जिन देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकाने हैं उन्हें भी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
कुवैत में एक बार फिर ऑयल रिफाइनरी पर हमला
कुवैत की ऑयल रिफाइनरी पर हमला किया गया है। जानकारी अनुसार मीना अल-अहमदी पोर्ट पर बनी ऑयल रिफाइनरी पर दो हफ्तों के भीतर तीसरी बार हमला किया गया है। यह रिफायनरी मिडिल ईस्ट की सबसे बड़ी रिफाइनरी में शुमार की जाती है। लगातार हो रहे हमलों की बड़ी वजह कुवैत और ईरान की दूरी महज 80 किमी होना है।
मिडिल ईस्ट तनाव बढ़ा: कुवैत की तेल रिफाइनरी फिर बनी निशाना
3 Apr, 2026 03:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी लड़ाई के बीच अमेरिका-इजरायल ने ईरान के सबसे ऊंचे बी1 (B1) पुल को निशाना बनाया, जिसके बाद मध्य पूर्व में युद्ध की आग और भड़क गई है। पुल पर हुए हमले के बाद ईरान ने अब जवाबी कार्रवाई की तैयारी कर ली है।दरअसल, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी 'फार्स' ने खाड़ी देशों और जॉर्डन के आठ महत्वपूर्ण पुलों की एक सूची जारी की है, जिसे इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने अपने संभावित हमले के रूप में चिन्हित किया है।
किन पुलों को निशाना बना सकता है ईरान?
अनादोलु की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की सूची में कुवैत का शेख जाबेर अल-अहमद अल-सबाह समुद्री पुल, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शेख जायद पुल, अल मकता पुल और शेख खलीफा पुल, सऊदी अरब को बहरीन से जोड़ने वाला किंग फहद कॉजवे, साथ ही जॉर्डन के किंग हुसैन पुल, दामिया पुल और अब्दौन पुल शामिल हैं।गौरतलब है कि यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा ईरान को "पाषाण युग में वापस भेजने" की धमकी के बाद हुआ है। गुरुवार को हुए अमेरिकी-इजरायली हमलों में मिडिल ईस्ट का सबसे ऊंचा पुल आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। 136 मीटर ऊंचा बी1 पुल अभी निर्माणाधीन था और इसे तेहरान को पश्चिमी शहर कराज से जोड़ना था। इस हमले में की लोग घायल हो गए।
आठ लोगों की मौत
ईरान के सरकारी मीडिया ने अल्बोरज प्रांत के अधिकारियों के हवाले से बताया कि अमेरिका द्वारा ईरान के एक प्रमुख पुल पर किए गए हमले में कम से कम आठ लोग मारे गए और करीब 95 अन्य घायल हो गए। ये लोग प्रकृति दिवस मनाने के लिए पास ही इकट्ठा हुए थे।
ट्रंप ने दी चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने तेहरान से 35 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित बी1 पुल से धुआं उठते हुए फुटेज पोस्ट किए और चेतावनी दी कि अगर ईरान पांच सप्ताह से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत के लिए तैयार नहीं होता तो और विनाश होगा।
ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा, "ईरान का सबसे बड़ा पुल ढह गया है, जिसका फिर कभी इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा और भी बहुत कुछ होने वाला है। ईरान के लिए अब समझौता करने का समय आ गया है, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, और एक महान देश बनने की उसकी कोई उम्मीद बाकी न बचे!"
ईरान के विदेश मंत्री ने बताया दुश्मन की हार
वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक पोस्ट में कहा, "अधूरे पुलों सहित नागरिक ढांचों पर हमला करने से ईरानियों को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकेगा। यह केवल अस्त-व्यस्त दुश्मन की हार और मनोबल के पतन को दर्शाता है।"
हड़प्पा कालीन स्थल राखीगढ़ी से फिर मिला कंकाल, सावधानी से निकासी जारी
3 Apr, 2026 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बास (हांसी)। हड़प्पाकालीन पुरातात्विक स्थल राखीगढ़ी की साइट नंबर-7 पर खोदाई के दौरान एक और मानव कंकाल का ऊपरी हिस्सा मिला है। इसी साइट पर चार दिन पहले भी एक कंकाल मिला था। दोनों कंकालों को सुरक्षित बाहर निकालने में 10 से 15 दिन लग सकते हैं। मौसम में लगातार बदलाव के कारण खोदाई कार्य में बाधा भी आ रही है। पुरातत्व विभाग के अधिकारियों की देखरेख में चल रही खोदाई के दौरान मिट्टी को चरणबद्ध और वैज्ञानिक तरीके से हटाया जा रहा है ताकि यहां मिल रहे अवशेषों को कोई नुकसान न पहुंचे। विभाग की तकनीकी टीम अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से इन कंकालों को सुरक्षित रूप से बाहर निकालेगी। खोदाई की पूरी प्रक्रिया की वीडियो और फोटोग्राफी भी कराई जा रही है। साइट नंबर -7 राखीगढ़ी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां अब तक 60 से अधिक मानव कंकाल मिल चुके हैं जिससे इस स्थल को प्राचीन कब्रिस्तान स्थल के रूप में पहचाना गया है। दो कंकालों का एक ही स्थान पर मिलना हड़प्पाकाल में मानव के अंतिम संस्कार की परंपराओं के प्रचलन का संकेत देता है। कंकालों के अध्ययन से उस दौर के सामाजिक ढांचे, रीति-रिवाजों और मानव जीवन से जुड़े कई अहम पहलुओं की जानकारी मिल सकेगी।
बारिश की वजह से धीमा चल रहा काम
खोदाई के दौरान मौसम भी चुनौती बन रहा है। पिछले एक सप्ताह से रुक-रुककर बारिश से खोदाई कार्य बाधित रहा है। मिट्टी में नमी होने के कारण खोदाई में लगी टीम पूरी सतर्कता के साथ कार्य को आगे बढ़ रही है। साइट 7 से कंकालों को निकालने के बाद उनका वैज्ञानिक परीक्षण किया जाएगा। उम्र, लिंग, स्वास्थ्य और मृत्यु के संभावित कारणों का विश्लेषण किया जाएगा। इसके साथ ही डीएनए और अन्य जैविक परीक्षण से उस समय के लोगों की जीवनशैली और आनुवंशिक विशेषताओं पर जानकारी जुटाई जाएगी।
अधिकारी के अनुसार
राखीगढ़ की साइट नंबर सात पर खोदाई चल रही है और पुरातात्विक महत्व की कई चीजें मिल रही हैं जो शोध की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। खोदाई में जो भी सामग्री मिल रही है उनका बारीकी से अध्ययन भी किया जा रहा है।
फोन न उठाने पर विवाद, नवविवाहिता की संदिग्ध मौत
3 Apr, 2026 12:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
करनाल (हरियाणा)। मोतीनगर में नवंबर माह में प्रेम विवाह रचाने वाली नवविवाहिता महक (19) ने अलमारी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह वीरवार रात को बार-बार पति दीपक को फोन कर रही थी। पति ने फोन से परेशान होकर पत्नी का नंबर ब्लॉक कर दिया था। इसी के चलते नव विवाहिता ने जान दे दी। थाना शहर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शवगृह में पहुंचा दिया। पुलिस मायके पक्ष के लोगों से संपर्क का प्रयास कर रही है। पति दीपक के अनुसार, वह प्राइवेट गाड़ी पर बतौर चालक नौकरी करता है। रात को गाड़ी में लेकर मेरठ रोड पर गया था। इसी दौरान देर रात को पत्नी ने बार बार पति दीपक के पास फोन करना शुरू कर दिया। पत्नी ने जल्दी घर आने की बात कही तो पति ने कहा कि मैं नहीं आता। इसके बाद लगातार फोन करने से परेशान होकर पति ने पत्नी महक का नंबर ब्लैकलिस्ट में डाल दिया। पत्नी ने भी पति का नंबर ब्लॉक कर दिया। रात को करीब डेढ़ बजे दीपक घर पहुंचा तो पत्नी को आवाज लगाई। दरवाजा नहीं खोला तो फोन किया, नंबर ब्लैकलिस्ट में होने के कारण व्यस्त बताया। दीपक रात को गाड़ी में जाकर सो गया। गर्मी लगी तो दीपक दोबारा कमरा खुलवाने गया। फिर भी नहीं खोला तो पहली मंजिल पर रह रहे दूसरे युवक के पास जाकर सो गया। सुबह सात बजे फिर दरवाजा तोड़ा तो देखा पत्नी अलमारी से फंदा लगाकर लटकी हुई मिली। इसके बाद पुलिस और एफएसएल की टीम पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
प्रेम प्रसंग के चलते छोड़ा था घर, चार माह पहले किया था प्रेम विवाह
सोनीपत जिला के मुरथल निवासी महक का जींद निवासी 27 वर्षीय दीपक के साथ प्रेम संबंध था। महक ने दीपक से शादी करने के लिए अपना घर छोड़ दिया था। वह 12 फरवरी 2025 को घर से चली गई थी और करीब एक साल तक अपने परिवार से अलग रही। बाद में 29 नवंबर 2025 को दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया और करनाल में मोती नगर में किराये के मकान में रहने लगे।
पत्नी को आते थे दौरे, इसलिए लगा रात को दरवाजा नहीं खोला
मृतका के पति दीपक ने बताया कि वह रात को शराब पी लेता था। इसी कारण अक्सर झगड़ा हो जाता था। वीरवार रात को उसे ये था कि सामान लोड करने के बाद शराब पीकर पत्नी का फोन नंबर अनब्लॉक करके बात कर लेगा। इसके बाद घर जाकर पत्नी को मना लेगा। पत्नी को दौरे आते थे। रात को दरवाजा नहीं खुला तो उसे लगा कि पत्नी को दौरा आ गया होगा, इसलिए दरवाजा नहीं खोला। वह बाहर गाड़ी में सो गया।
अधिकारी के अनुसार
थान शहर प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को शवगृह पहुंचाया है। मृतका के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। उनके बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।
सपा और कांग्रेस पर मायावती का तीखा प्रहार, महिला आरक्षण बना मुद्दा
लिवर की सेहत क्यों है जरूरी? जानिए इसके मुख्य कार्य
क्या फिर से जवान हो सकता है दिमाग? रिसर्च में चौंकाने वाला खुलासा
रेलवे की लापरवाही उजागर, बीच रास्ते रुकी मालगाड़ी से लगा जाम
परिसीमन विवाद: काले झंडे, बिल की कॉपी जलाकर विरोध, स्टालिन के प्रदर्शन से गरमाई राजनीति
शाम की चाय के लिए परफेक्ट स्नैक, घर पर बनाएं स्प्रिंग रोल्स
वर्ल्ड कप मैच पर संकट, कनाडा टीम की भूमिका पर जांच
तीसरी बार उपसभापति चुने गए हरिवंश नारायण, पीएम मोदी ने की जमकर तारीफ
