पंजाब
एचएस फूलका ने थामा बीजेपी का दामन, 2014 में AAP से की थी शुरुआत
1 Apr, 2026 12:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। दाखा के पूर्व विधायक एचएस फुलका आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया।
2014 में सांसद का चुनाव हारे थे
फुलका ने 2014 में लुधियाना लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन कांग्रेस के रवनीत सिंह बिट्टू से 19,709 वोटों से हार गए थे। 2017 में पंजाब विधानसभा चुनाव में, उन्होंने दाखा निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की और अकाली नेता मनप्रीत सिंह अयाली को हराया था। जनवरी 2019 में उन्होंने औपचारिक रूप से आप छोड़ दी थी।
सिख दंगा पीड़ितों के लिए लगातार लड़ी लड़ाई
दिल्ली हाई कोर्ट के वरिष्ठ वकील फुलका एक मानवाधिकार कार्यकर्ता, लेखक और राजनेता भी हैं। वे 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए अपनी लगातार लड़ाई के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने उन सबसे लंबी और मुश्किल कानूनी लड़ाइयों में से एक का नेतृत्व किया। उनके इन प्रयासों के लिए, उन्हें 2019 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया। दंगों के बाद, फुलका ने 1985 में 'सिटिजन्स जस्टिस कमेटी' बनाने में मदद की। इस कमेटी ने कानूनी विशेषज्ञों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को एकजुट किया था ताकि वे न्यायिक आयोगों के सामने पीड़ितों का पक्ष रख सकें। 2001 में उन्होंने एक वेबसाइट शुरू की ताकि दंगों से जुड़े दस्तावेज और जांच के नतीजे आम लोगों तक पहुंच सकें।
सीएम मान ने दी शुभकामनाएं
एडवोकेट एचएस फुलका के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्हें मेरी शुभकामनाएं। तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो नेता अपनी राजनीतिक आस्था बदलते हैं जनता उन्हें दोबारा नहीं जितवाती। फिलहाल तो मैं सिर्फ फुलका साहब को शुभकामनाएं ही दे सकता हूं।
जांच में करीब 200 करोड़ रुपये का टर्नओवर छिपाने का खुलासा
31 Mar, 2026 10:26 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का खुलासा करते हुए करीब 200 करोड़ रुपये का टर्नओवर छिपाने का मामला पकड़ा है। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने सोमवार को बताया कि 882 ढाबों, रेस्टोरेंट्स और अन्य खाने-पीने के संस्थानों की जांच जारी है। शुरुआती जांच के अनुसार यह मामला 500 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि ढाबों, रेस्टोरेंट्स और फास्ट-फूड आउटलेट्स में बड़े स्तर पर टैक्स चोरी की जा रही थी। अब तक 239 मामलों की जांच में 5 प्रतिशत टैक्स दर से 2.54 करोड़ रुपये की देनदारी सामने आई है जिसमें से 2.02 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है। विभाग ने एडवांस्ड डेटा एनालिटिक्स, टैक्स इंटेलिजेंस यूनिट और स्टेट इंटेलिजेंस एवं प्रिवेंटिव यूनिट की मदद से यह कार्रवाई की है। जांच में सामने आया कि तीन करदाताओं ने 2 करोड़ रुपये से अधिक, छह ने 1 करोड़, 18 ने 50 लाख और 91 करदाताओं ने 5 लाख रुपये से अधिक का टर्नओवर छिपाया। ढाबों का हिस्सा करीब 10 करोड़, छोटे खाने-पीने के स्थानों का 8 करोड़ और पिज्जा व फास्ट-फूड आउटलेट्स का हिस्सा 6 करोड़ रुपये से अधिक पाया गया।
मोहाली में सबसे ज्यादा मामले
टैक्स चोरी के मामलों में मोहाली 8.16 करोड़ रुपये के साथ सबसे आगे है। इसके बाद जालंधर में 6.72 करोड़ और लुधियाना में 5.48 करोड़ रुपये का टर्नओवर छिपाने के मामले सामने आए हैं। विभाग अब यूपीआई और अन्य डिजिटल भुगतान के रिकॉर्ड की भी जांच कर रहा है।
प्रभावित बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया
31 Mar, 2026 09:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फाजिल्का। पंजाब के गांव मुरादवाला में खेलते-खेलते कई बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार बच्चे खेल मैदान में खेल रहे थे इसी दौरान उन्होंने पास लगे रतनजोत के पौधे का फल बादाम समझकर खा लिया। एक बच्चे को देखकर अन्य बच्चों ने भी वही फल खा लिया। कुछ ही समय बाद बच्चों को उल्टियां और बेचैनी होने लगी। बच्चों के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत उन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया। सरकारी अस्पताल के एसएमओ डॉ. एरिक ने बताया कि करीब सात बच्चों को अस्पताल लाया गया था जिनमें फूड प्वाइजनिंग जैसे लक्षण पाए गए। इनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया जबकि अन्य 6 बच्चों का इलाज जारी है और वे खतरे से बाहर हैं। डॉक्टरों के अनुसार रतनजोत एक औषधीय पौधा है लेकिन इसका सीधा सेवन खतरनाक हो सकता है। इसमें मौजूद कुछ रसायन शरीर के लिए जहरीले साबित हो सकते हैं, जिससे उल्टी, दस्त, पेट दर्द और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। अधिक मात्रा में सेवन करने से लीवर पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को अनजान पौधों और फलों से दूर रखें तथा जागरूक करें ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
कोर्ट ने योजना को वैध मानते हुए इसे जारी रखने की अनुमति दी
31 Mar, 2026 07:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में हस्तक्षेप करने से इन्कार कर दिया है। अदालत ने कहा कि यह सरकार का नीतिगत निर्णय है और ऐसे मामलों में न्यायालय आमतौर पर दखल नहीं देता। हालांकि कोर्ट ने यह टिप्पणी जरूर की कि यदि योजना को उन लोगों तक सीमित किया जाता जो यात्रा का खर्च वहन करने में सक्षम नहीं हैं तो यह अधिक न्यायसंगत होता। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू और जस्टिस रमेश कुमारी की खंडपीठ के समक्ष आरटीआई कार्यकर्ता परविंदर सिंह किटना की याचिका पर सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता ने दलील दी थी कि योजना में आय का कोई मापदंड तय नहीं किया गया है जिससे आर्थिक रूप से सक्षम लोग भी इसका लाभ उठा सकते हैं। साथ ही इसे करदाताओं के पैसे की बर्बादी बताया गया। याचिका में यह भी आरोप लगाया गया कि 20 नवंबर 2023 को शुरू की गई यह योजना लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर लागू की गई। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले का भी हवाला दिया गया जिसमें हज सब्सिडी को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने की बात कही गई थी ताकि धन का उपयोग शिक्षा और सामाजिक विकास में हो सके। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि नीतिगत मामलों में हस्तक्षेप सीमित होता है। साथ ही याचिकाकर्ता को अपनी आपत्तियां और सुझाव राज्य सरकार के समक्ष रखने की स्वतंत्रता दी गई। अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि इन सुझावों पर विचार कर उचित निर्णय लिया जाए।
दिनदहाड़े वारदात: बस स्टैंड पर नेता की कुल्हाड़ी मारकर हत्या
30 Mar, 2026 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लुधियाना। के गांव तखरां में बाइक सवार दो युवकों ने कांग्रेस के ब्लाॅक प्रधान परमिंदर तिवारी की तेजधार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाग निकले। वारदात की सूचना पर माछीवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि यह लुधियाना कमिश्नरेट का एरिया है। इसके बाद थाना कूमकलां पुलिस के साथ एसीपी इंद्रजीत सिंह बोपाराय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परमिंदर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार देर शाम परमिंदर तिवारी गांव तखरां के बस स्टैंड पर मौजूद थे। चश्मदीदों ने बताया कि दो अज्ञात युवकों ने तिवारी पर कुल्हाड़ी से हमला किया। परमिंदर तिवारी का बेटा कुछ समय बाद उसी रास्ते से गुजरा तो देखा कि उसके पिता खून से लथपथ तड़प रहे थे। इसके बाद उन्हें माछीवाड़ा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए लुधियाना के फोर्टिस अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के समय मौके पर मौजूद चश्मदीद ने दावा किया कि जब हमलावर वारदात को अंजाम दे रहे थे, तब उसने 100 नंबर पर सहायता के लिए फोन किया था। आरोप है कि बार-बार रिंग जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कॉल रिसीव नहीं की गई। एसीपी इंद्रजीत सिंह बोपाराय ने बताया कि पहले हदबंदी के अनुसार माछीवाड़ा पुलिस जांच कर रही थी लेकिन अब कूमकलां पुलिस ने जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।
चंडीगढ़ में युवक का सुसाइड, बिल्डर्स से तंग आकर उठाया कदम
30 Mar, 2026 08:53 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बठिंडा। में कांग्रेस के दिवंगत नेता सुखराज सिंह नत्त के इकलौते बेटे और पेशे से एडवोकेट दविंदर पाल सिंह नत्त (32) ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने 8 मिनट 45 सेकेंड का एक वीडियो रिकॉर्ड किया और एक पन्ने का सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें मोहाली-जीरकपुर के बिल्डर और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट व वीडियो को जांच में शामिल कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला करोड़ों रुपये के लेन-देन और कथित धोखाधड़ी से जुड़ा बताया जा रहा है।
करोड़ों फंसे, कर्ज और तनाव ने तोड़ दिया
वीडियो और सुसाइड नोट में दविंदर नत्त ने खुलासा किया कि उन्होंने मोहाली-जीरकपुर के बिल्डर बिंदरपाल मित्तल, प्रतीक मित्तल और भरत मित्तल को भारी रकम दी थी, जो वापस नहीं मिल रही थी। उन्होंने दावा किया कि उनके खुद के करीब 5.5 करोड़ रुपये फंसे हुए थे, जबकि दोस्तों और जान-पहचान वालों के भी 6-7 करोड़ रुपये उन्होंने निवेश करवाए थे। उन्होंने कहा कि अपनी जिंदगी की जमा पूंजी, पिता की जमीन बेचकर मिले पैसे, बीमा राशि और घर की बचत तक उन्होंने लगा दी, लेकिन अब पैसे लौटाने से इनकार किया जा रहा था। आर्थिक दबाव के साथ उन पर एसबीआई का करीब 80 लाख रुपये का कर्ज भी था, जिससे वे गहरे मानसिक तनाव में थे।
नेताओं के दरवाजे खटखटाए, नहीं मिला इंसाफ
वीडियो में उन्होंने बताया कि न्याय के लिए कई नेताओं और मंत्रियों से गुहार लगाई, यहां तक कि कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी से भी संपर्क किया, लेकिन कहीं से राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि हर संभव कोशिश के बावजूद उन्हें इंसाफ नहीं मिला और अंततः उन्होंने यह कदम उठाया।
परिवार के नाम भावुक संदेश
अपने आखिरी वीडियो में दविंदर नत्त बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने दिवंगत पिता से माफी मांगी और कहा कि वे उनका सपना पूरा नहीं कर सके। उन्होंने अपनी बुजुर्ग मां समेत बाकी परिवार का जिक्र करते हुए समाज और वकील समुदाय से परिवार का ख्याल रखने और उन्हें न्याय दिलाने की अपील की।
पोस्टमार्टम न कराने की इच्छा, पुलिस ने निभाई प्रक्रिया
वीडियो में उन्होंने पोस्टमार्टम न कराने की अपील की थी, लेकिन पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इलाके में शोक, लोगों में रोष
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और वकील समुदाय में भारी रोष है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। दविंदर नत्त अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पीछे बुजुर्ग मां, बीमार पत्नी और बहनें हैं।
मामला दर्ज, जांच जारी
एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि मृतक की मां के बयानों के आधार पर थाना कैनाल कॉलोनी में सुसाइड नोट में नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और वीडियो व सुसाइड नोट के आधार पर आरोपियों की भूमिका की गहराई से पड़ताल की जाएगी।
फार्म हाउस में दुष्कर्म का आरोप, विधायक हरमीत पठानमाजरा विवादों में
30 Mar, 2026 08:26 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटियाला। आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा से जुड़े दुष्कर्म मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी विधायक ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश स्थित अपने फार्म हाउसों पर पीड़िता के साथ न केवल कई बार दुष्कर्म किया बल्कि वहां गुप्त कैमरे लगाकर अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड किए। इन गंभीर खुलासों के बाद अदालत ने रविवार को विधायक को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के दतिया और उत्तर प्रदेश के हरदोई स्थित फार्म हाउसों में वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताकर महिला को झांसे में लिया और शादी का ढोंग रचाकर इन ठिकानों पर ले गया। पुलिस का दावा है कि इन फार्म हाउसों के कमरों में पहले से ही गुप्त कैमरे फिट थे, जिनके जरिए पीड़िता की आपत्तिजनक क्लिप्स बनाई गईं। अब पुलिस टीम विधायक को इन राज्यों में ले जाकर उन कैमरों की डीवीआर और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद करेगी।
सरकारी दस्तावेज बरामद करने की चुनौती
पूछताछ में एक और बड़ा खुलासा यह हुआ है कि आरोपी ने पुलिस से छीने गए सरकारी दस्तावेज और अपना मोबाइल फोन हरदोई स्थित फार्म हाउस में छिपा रखा है। गौरतलब है कि सितंबर 2025 में हिरासत से फरार होने के दौरान विधायक ने पुलिस कर्मियों से कुछ महत्वपूर्ण कागजात छीन लिए थे। रिमांड के दौरान पुलिस इन दस्तावेजों की रिकवरी को प्राथमिकता देगी।
धमकी देने वालों की तलाश तेज
जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़िता को शिकायत दर्ज न कराने के लिए अज्ञात लोगों से लगातार धमकियां दिलवाई जा रही थीं। पुलिस अब उन कॉलर्स की पहचान कर रही है जिन्होंने आरोपी के इशारे पर पीड़िता को डराया। पुलिस ने अदालत को बताया कि दूसरे राज्यों से डिजिटल साक्ष्य और छीने गए दस्तावेज जुटाने के लिए विधायक से गहन पूछताछ जरूरी है, जिसके आधार पर 7 दिन का रिमांड मंजूर किया गया।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद बाघापुराना में सत्ता बंटी, AAP-कांग्रेस में समझौता
28 Mar, 2026 03:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मोगा। हाई कोर्ट के निर्देशों के तहत भेजे गए कमीशन के निगरानी में बाघापुराना ब्लॉक समिति के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के पदों के लिए दोबारा चुनाव करवाए गए। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर 14 सदस्यों के समर्थन से चेयरमैन तथा वाइस चेयरमैन के पद पर जीत हासिल की। आम आदमी पार्टी की सरबजीत कौर चेयरमैन और कांग्रेस की चरणजीत कौर वाइस चेयरमैन चुनीं गईं। शिरोमणि अकाली दल को 12 वोट मिले।
पहले 17 मार्च को हुए थे चुनाव
बाघापुराना ब्लॉक समिति में कुल 25 सदस्यों का चुनाव हुआ था, जिसमें अकाली दल के 13, कांग्रेस पार्टी के 3, एक निर्दलीय और आम आदमी पार्टी के आठ सदस्य जीतकर आए थे। 17 मार्च को हुए पहले चुनाव के दौरान अकाली दल और कांग्रेस ने मौजूदा सरकार पर आरोप लगाया था कि उनके सदस्यों को मतदान करने से रोका गया। आरोपों के बावजूद आम आदमी पार्टी ने अपना चेयरमैन और वाइस चेयरमैन घोषित कर दिया था। इसके बाद शिरोमणि अकाली दल ने मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की, जिसमें चुनाव दोबारा करवाने की मांग की गई।
हाईकोर्ट ने दिए थे 28 मार्च को चुनाव के आदेश
इस दौरान तत्कालीन एसडीएम ने भी पंजाब चीफ सेक्रेटरी को पत्र लिखकर मोगा डिप्टी कमिश्नर पर दबाव के आरोप लगाए गए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने हस्तक्षेप करते हुए बाघापुराना के एसडीएम बबनदीप सिंह वालिया को कोट में पेश होने को कहा था। 23 मार्च को एसडीएम कोर्ट में पेश हुए जिसके बाद हाईकोर्ट ने जिला प्रशासन को 28 मार्च को दोबारा चुनाव करवाने के निर्देश दिए। अदालत के आदेश पर आज प्रशासन की निगरानी में निष्पक्ष तरीके से मतदान कराया गया जिसमें आम आदमी पार्टी की सरबजीत कौर चेयरमैन और कांग्रेस की चरणजीत कौर वाइस चेयरमैन बनीं। विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद ने बताया कि आज दोबारा हुए चुनाव में उनकी जीत हुई है। उन्होंने कहा कि 17 मार्च को हुए पिछले चुनाव में भी सरबजीत कौर चेयरमैन बनी थीं, लेकिन विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोप आज पूरी तरह से झूठ साबित हो गए। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को मिलाकर कुल 14 सदस्यों का समर्थन मिला और सर्वसम्मति से चेयरमैन व वाइस चेयरमैन का चयन किया गया। विपक्ष को 12 वोट मिले। उन्होंने बताया कि 17 मार्च को हुए चुनाव के दौरान विपक्ष द्वारा की गई कथित गुंडागर्दी के मामले में भी कार्रवाई करने की बात कही गई।डीसी मोगा सागर सेतिया ने बताया कि आज हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत ब्लॉक समिति के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पदों के लिए चुनाव करवाए गए। यह चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए, जिसमें 25 सदस्यों के साथ विधायक ने अपना वोट दिया। पूरी चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई। सभी के सहयोग से चुनाव सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
दूल्हे को मिला बड़ा झटका: शादी से पहले खुला दुल्हन का राज
28 Mar, 2026 12:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अबोहर। शादी के नाम पर धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राजस्थान के सूरतगढ़ के एक परिवार को ठगी का शिकार बनाया गया। जानकारी के अनुसार जब लड़के की बरात अबोहर के अजीत नगर पहुंची, तो वहां खुलासा हुआ कि जिस लड़की से शादी तय हुई थी, वह पहले से ही दो बार शादी कर चुकी है और उसकी एक बेटी भी है। सच्चाई सामने आते ही लड़की और उसका परिवार मौके से फरार हो गया।
लड़की पक्ष ने मांगे थे एक लाख रुपये
पीड़ित परिवार के अनुसार उनके बेटे को बोलने और सुनने में दिक्कत है। इसी बीच एक महिला ने उनकी मुलाकात अबोहर की एक बिचौलन से करवाई। बिचौलन ने उन्हें अजीत नगर की एक लड़की से मिलवाया और उसकी शादीशुदा होने की जानकारी छुपाते हुए रिश्ता तय करवा दिया। इस दौरान लड़की पक्ष की ओर से एक लाख रुपये की मांग की गई, जिसे लड़के वालों ने लड़की के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए स्वीकार कर लिया।
दस्तावेजों से सामने आई सच्चाई
रिश्ता तय होने के बाद 27 मार्च को बरात लेकर आने का दिन निर्धारित किया गया। जब बरात अबोहर पहुंची, तो लड़की पक्ष ने कहा कि पहले तहसील में दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और शादी सूरतगढ़ में होगी। लेकिन तहसील में दस्तावेजों की जांच के दौरान सच्चाई सामने आ गई कि लड़की पहले से दो बार शादीशुदा है और उसकी एक बेटी भी है। यह सुनते ही लड़के वालों के होश उड़ गए। मामले के खुलासे के तुरंत बाद लड़की और उसका परिवार वहां से फरार हो गया। इसके बाद गुस्साए लड़के वालों ने रिश्ता करवाने वाली बिचौलन और उसके एक रिश्तेदार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में एक संगठित गिरोह काम कर रहा है, जो भोले-भाले लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे पैसे ऐंठता है। लड़के वालों ने बताया कि एक लाख रुपये की डील में से उन्होंने 10,500 रुपये ऑनलाइन भेज भी दिए थे। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि इस धोखाधड़ी में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
Bhagwant Mann ने दिया भरोसा, राज्य में ईंधन सप्लाई पूरी तरह सामान्य
28 Mar, 2026 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ किया है कि पंजाब में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। मान ने बताया कि सूबे में पेट्रोल के लिए 12 दिन, डीजल के लिए 14 और एलपीजी के लिए 6 दिन का स्टॉक मौजूद है। रूटीन सप्लाई पूरी तरह क्लियर की जा रही है। उन्होंने बताया कि 26 मार्च तक 71 हजार सिलिंडरों की बुकिंग हुई थी। इसमें से 69 लाख डिलीवर हो चुके हैं। पंजाब में किसी तरह से हालात खराब नहीं हैं। प्रधानमंत्री से मांग की गई है कि सूबे में अब गेहूं की कटाई का सीजन शुरू होने वाला है, लिहाजा
पंजाब के लिए पर्याप्त तेल उपलब्ध करवाया जाए।
सीएम ने अफसरों को निर्देश दिए कि जिन पेट्रोल पंप पर लाइन लगी है, उसकी निगरानी की जाए क्योंकि कहीं भी हालत नियंत्रण से बाहर नहीं हैं। मान ने कहा कि घबराहट में लोग तेल की ज्यादा खरीद कर रहे हैं, इसलिए कुछ पेट्रोल पंपों पर स्टॉक खत्म हो गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर में तेल इकट्ठा न करें। यह आपके परिवार की जिंदगी के लिए खतरनाक हो सकता है। मान ने बताया कि एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो तेल कंपनियों से संपर्क रखेगी और रोजाना पेट्रोल डीजल और एलपीजी के स्टॉक पर अपडेट देगी। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल बैठक में उन्हें पंजाब के हालात से अवगत करवाया था। मान ने कहा था कि दुनिया में आपका प्रभाव है इसका इस्तेमाल देश के लोगों को राहत दिलवाने के लिए किया जाए। खाड़ी देशों में भारत के जो पेट्रोल डीजल के जहाज रुके हुए हैं उन्हें तुरंत देश में लाया जाए।
ईंधन खत्म होने की आशंका से मची भगदड़, कई पंपों पर स्टॉक खत्म
27 Mar, 2026 01:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमृतसर/जालंधर। ईरान-इस्राइल युद्ध के बीच पेट्रोल और डीजल खत्म होने की अफवाहों से हड़कंप मच गया है। पंजाब भर में पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगी हुई है। पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के चलते ईंधन आपूर्ति लगातार प्रभावित हो रही है। अमृतसर में कुछ तेल कंपनियों की ओर से रेट बढ़ाए जाने और आपूर्ति प्रभावित होने की खबरों के बीच अधिकतर पेट्रोल पंप आउट ऑफ स्टॉक हो गए है। जबकि बहुत से पंपों पर पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सीमित हो गई है। जो पेट्रोल पंप अभी चालू हैं, वहां गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई जगहों पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस की तैनाती भी देखी गई। शहरवासियों के बीच इस स्थिति को लेकर चिंता और अनिश्चितता का माहौल है। लोगों को आशंका है कि यदि जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। परिवहन सेवाओं और दैनिक जरूरतों पर भी इसका असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर बनाए रखी जा रही है और आपूर्ति बहाल करने के लिए संबंधित कंपनियों के साथ संपर्क किया जा रहा है, ताकि शहर में सामान्य हालात जल्द से जल्द बहाल किए जा सकें। जालंधर में गुरु रविदास चौक, बीएसएफ चौक और वर्कशॉप चौक में देर रात पेट्रोल पंप पर लाइनें लगी हुई थी। वहीं फगवाड़ा में भी पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगी हुई है।
जालंधर में लंबी कतारों के बीच पंप बंद
जालंधर में पेट्रोल-डीजल को लेकर अचानक अफरातफरी का माहौल बन गया। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। पेट्रोल खत्म होने और संभावित लॉकडाउन जैसी अफवाहों के चलते लोग देर रात से ही वाहनों की टंकियां फुल करवाने के लिए लाइनों में लग गए। संविधान चौक के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ के बीच स्टॉक खत्म हो गया, जिसके बाद पंप को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। पंप के सेल्समैन सुदर्शन सिंह ने बताया कि पेट्रोल का स्टॉक खत्म हो गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि सप्लाई में थोड़ी देरी के कारण पंप बंद करना पड़ा और लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। इस मुद्दे पर भारत पेट्रोलियम के पंप मालिक एवं एसोसिएशन के प्रेजिडेंट सुखमोहन सिंह ने भी लोगों से अपील की है कि वे पैनिक न हों। उनका कहना है कि कंपनियों के पास पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। अफवाहों के कारण लोग अनावश्यक रूप से टैंक फुल करवा रहे हैं, जिससे अस्थायी दबाव की स्थिति बन रही है। उन्होंने यह भी बताया कि डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की गई है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। प्रशासन और पंप संचालकों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सामान्य रूप से ही ईंधन भरवाएं।
रंजिश का खौफनाक अंजाम, SUV से बाइक सवार को कुचला; लुधियाना रेफर
27 Mar, 2026 11:02 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगरांव। में पुरानी रंजिश के चलते फॉर्च्यूनर कार सवार दो युवकों ने बाइक सवार युवक पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को सिविल अस्पताल जगरांव ले जाया गया जहां से गंभीर हालत में उसे लुधियाना रेफर कर दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कार सवार दो युवकों के खिलाफ थाना सदर जगरांव में धारा 109, 324(4) बीएनएस तथा 25, 54, 59 असला एक्ट के तहत हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान कुलजिंदर सिंह उर्फ कमल निवासी गांव गालिब कलां और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श निवासी रामूवाल, हाल निवासी रानी वाला खूह जगरांव के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। थाना सदर की चौकी गालिब कलां के इंचार्ज जगरूप सिंह ने बताया कि पीड़ित जसकरन सिंह निवासी गांव कोकरी बुटरा (मोगा) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 मार्च शाम करीब 4:30 बजे वह अपने दोस्त सुखविंदर सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर घर का सामान खरीदने जगरांव जा रहा था मोटरसाइकिल उसका दोस्त चला रहा था। करीब 5 बजे जब वे गांव गालिब कलां के बड़े आंगन वाले पार्क के पास पहुंचे तो सड़क पर एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार खड़ी दिखाई दी, जिसमें दो युवक बैठे थे। कार की ड्राइवर सीट पर कुलजिंदर सिंह उर्फ कमल बैठा था। उसके साथ बैठे युवक ने हाथ में पिस्तौल निकालकर उन्हें रुकने का इशारा किया। पिस्तौल देखकर उन्होंने बाइक रोकने के बजाय वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने कार से उनका पीछा किया और जान से मारने की नीयत से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए और जसकरन सिंह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। इसके बाद उसका दोस्त सुखविंदर सिंह लोगों की मदद से उसे सरकारी अस्पताल जगरांव लेकर पहुंचा, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए लुधियाना रेफर कर दिया। घायल होने और दवाइयों के असर के कारण वह काफी समय तक पूरी तरह होश में नहीं था। पुलिस जांच के दौरान पता चला कि कुलजिंदर सिंह उर्फ कमल के साथ बैठा युवक अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब दो साल पहले आरोपियों और पीड़ित के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके चलते रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर फॉर्च्यूनर कार और पिस्तौल बरामद कर ली जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों के पास मौजूद हथियार लाइसेंसी था या अवैध। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
पंजाब के जालंधर में गोलियां चलीं, हमलावर वारदात के बाद फरार
27 Mar, 2026 08:25 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जालंधर। के शहीद बाबू लाभ सिंह नगर में देर रात हथियारबंद युवकों ने सरेआम फायरिंग कर दी और फिर एक युवक पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए, जबकि घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक काली रात को अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान कुछ युवक हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे और आते ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से पूरे मोहल्ले में भगदड़ मच गई और लोग अपने घरों में छिप गए। फायरिंग के बाद हमलावरों ने काली को घेर लिया और उस पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। युवक के शरीर पर कई गहरे घाव पाए गए हैं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी पर पहले भी हत्या और तस्करी जैसे संगीन मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर है। घटना के बाद इलाके में रोष और भय का माहौल बना हुआ है।
पूजन से पहले अफरा-तफरी! अबोहर में मधुमक्खियों ने किया हमला, कई घायल
26 Mar, 2026 03:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अबोहर। के राजीव नगर क्षेत्र में वीरवार सुबह अष्टमी के अवसर पर कंजक बैठने के लिए जा रहे बच्चों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिससे सात बच्चे और एक महिला घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब बच्चे गली नंबर 5 स्थित एक घर जा रहे थे और रास्ते में एक पेड़ पर लगे मधुमक्खी के छत्ते पर शरारत से पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगते ही मधुमक्खियां भड़क उठीं और सभी बच्चों पर हमला कर दिया। घायल बच्चों में पायल, खुशी, निक्की, चांद, राजीव, युवराज और प्रियांशी शामिल हैं। बच्चों के चीखने-चिल्लाने पर युवराज की मां रजनी मौके पर पहुंची, लेकिन मधुमक्खियों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। घायलों को तत्काल इलाज के लिए एक ऑटो चालक ने अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में फार्मासिस्ट अक्षय कुमार ने बताया कि सभी घायलों को मधुमक्खियों ने काटा था और इलाज के बाद उन्हें इंजेक्शन लगाए गए। सभी को निगरानी में रखा गया और बाद में छुट्टी दे दी गई। इस घटना ने क्षेत्र में चिंता का माहौल बना दिया है। लोग अब पेड़-पौधों के पास अधिक सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
35 हजार के कर्ज के बदले फाइनेंसर की आपत्तिजनक मांग, मामला उजागर
26 Mar, 2026 11:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हलवारा। सुधार पुलिस ने इलाके बिल्डर, होटेलियर और कोलोनायजर ब्रहमदीप सिंह सिद्धू को संगीन आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। सिद्धू पर महिला की प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप हैं। आरोपी पर महिला को कर्ज के रूप में दिए 35 हजार रुपये माफ करने के बदले शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश और हफ्ते में एक रात साथ सोने के पांच हजार रुपये देने की पेशकश का आरोप है।
थाने में दी खुदकुशी करने की धमकी
आरोपी ने इतनी मानसिक यातनाएं दी कि पीड़ित महिला ने अपनी पीड़ा पुलिस को सुनाते हुए थाने में ही खुदकुशी कर लेने की धमकी दे डाली। इस पर पुलिस प्रशासन ने उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया। आरोपी ने पीड़ित महिला के कार्यस्थल पर जाकर भी उसे प्रताड़ित किया, जिसके बाद प्राइवेट कंपनी मालिकों द्वारा उसे नौकरी से निकाल दिया गया। महिला ने किसी तरह हिम्मत करके अपने पति को आरोपी के बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने थाना सुधार में शिकायत दर्ज करवाई। डीएसपी दाखा वरिंदर सिंह खोसा और थाना सुधार के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी ब्रहमदीप सिंह सिद्धू के खिलाफ पर्याप्त सबूत और महिला के साथ फोन पर बातचीत की रिकॉर्डिंग मौजूद है। आरोपी के खिलाफ चार्जशीट तैयार की जाएगी। उन्होंने स्वीकार किया कि आरोपी ने अपनी ऊंची पहुंच और पैसों की धौंस दिखाते हुए पीड़ित महिला को बहुत मानसिक यातनाएं दी। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 75,78,79 के अधीन मुकदमा दर्ज करके गुरुवार तड़के उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पांच जनवरी को लिया था कर्ज
महिला ने बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में काम करती थी और उसकी माली हालत ठीक नहीं थी। ब्रहमदीप सिंह सिद्धू पुत्र बलवीर सिंह निवासी सुधार फाइनेंस का काम करता है। पांच जनवरी की शाम 6 बजे वो अब्बूवाल रोड स्थित ब्रहमदीप सिंह सिद्धू के दफ्तर पहुंची और 35 हजार रुपये फाइनेंस करवाए। छह जनवरी को ब्रहमदीप सिंह सिद्धू ने एक खाली चेक और प्रोनोट पर हस्ताक्षर करवाए और फाइल तैयार करके 35 हजार रुपये उसे दे दिए। मार्च से हर महीने 10 हजार रुपये वापसी की बात तय हुई। सात मार्च को ब्रहमदीप सिंह सिद्धू का फोन आया जिसके बाद वह शाम को उनके दफ्तर गई। वहां सिद्धू ने उसके सामने एक प्रपोजल रखा। आरोपी ने कहा कि पैसे वापस करने की जरूरत नहीं है। बस हर हफ्ते एक रात मेरे साथ सोना पड़ेगा। सिद्धू ने कहा कि हर हफ्ते एक रात के बदले साल में पांच-छह लाख रुपये देगा।
नाैकरी से धोना पड़ा हाथ
बकौल पीड़िता उसने ब्रहमदीप सिंह सिद्धू को पिता तुल्य कहते हुए शर्म लिहाज करने को कहा लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। आरोपी लगातार डील पर विचार करने का दबाव बनाता रहा। पीड़िता ने बताया कि मुल्लांपुर में जहां वो प्राइवेट नौकरी कर रही थी, वहां आकर भी आरोपी ने उसे परेशान किया जिसके चलते कंपनी मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने सोना बेचकर ब्रहमदीप सिंह सिद्धू को 35 हजार रुपये गूगल ट्रांसफर करके लौटा दिए। आरोपी ने लेनदेन क्लियर होने का भरोसा दे दिया। उसने महिला के सामने कर्ज की फाइल, खाली चेक और प्रोनोट जलाने का ड्रामा भी कर दिया, लेकिन असलियत में उसने पीड़िता की फाइल अपने पास रख ली और अदालत में घसीटने की धमकी भी दी। थाना सुधार के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह ने बताया कि आरोपी ब्रहमदीप सिंह सिद्धू को अदालत में पेश करके रिमांड की मांग की जाएगी। उसके फोन जब्त करके सीएफएसएल रिपोर्ट ली जाएगी। इसके अलावा उसके दफ्तर और पीडिता की काम करने की जगह की फुटेज भी कलेक्ट की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़िता को आरोपी ने बहुत प्रताड़ित किया है जिसके चलते उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। बुधवार को जब पीड़िता के बयान लिए जा रहे थे, उस वक्त भी उसे ग्लूकोस की पाइप लगी थी। पीड़िता ने कई दिन से खाना भी नहीं खाया जिसके चलते वो बहुत कमजोर भी हो चुकी है।
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
